शाहपुर : हारचक्कियां में 3.35 करोड़ से बनेगी पेयजल योजना : पठानिया
( words)
- विधायक बोले, परगोड़ नगरेटा में बनेंगे सामुदायिक भवन
धर्मशाला, मनेई, भरुपलाहड़, हारचक्कियां परगोड़, ठेहड़ तथा लपियाणा पंचायत में पेयजल की समस्या से निजात हेतु 3 करोड़ 35 लाख की कार्य योजना बनाई जा रही है, ताकि लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके। यह जानकारी विधायक केवल पठानिया ने आज परगोड़ में जनता के द्वार कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा के दौरान पूर्णतया क्षतिग्रस्त घरों के मालिक को मिलने वाली राशि को 1लाख 30 हजार से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राजस्व मामलों में शीघ्र न्याय हेतु लैंड कानून में भी संशोधन किया गया है। अब निशानदेही, इंतकाल तथा तक्सीम जैसे मामलों में समय निर्धारित किया गया है और इससे आमजन को बहुत ज्यादा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कलरू रोड नजदीक वर्धन बस्ती से कैप्टन प्रेम सिंह के घर तक 500 मीटर रास्ता भी शीघ्र ही बना दिया जाएगा। नगरेटा में नाले पर एक पुली का निर्माण करवाया जाएगा तथा नरगेटा स्कूल पक्की सड़क के गाँव तक का रास्ता भी पक्का करवाया जाएगा ताकि गाँव वासियों को आने जाने में किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसी गांव में वर्षाशालिका का निर्माण भी शीघ्र होगा।
उन्होंने कहा कि लंज में फिल्टर चौंबर का निर्माण भी शीघ्र ही शुरू होगा ताकि आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की बस गुगलाड़ा -ज्वाली वया परगोड़ से मेडिकल कॉलेज टांडा तथा वापिस भी यहीं से चलाई जाएगी, ताकि मरीजों तथा उनके रिश्तेदारों को आने जाने में किसी तरह की असुविधा न हो ।
उन्होंने कहा कि परगोड़ तथा नगरेटा में चरणबद्व तरीके से सामुदायिक भवन तथा मोक्षधामों का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाएगा तथा परगोड़ में नए हैंडपम्प भी स्थापित किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त परगोड़ वर्षाशालिका से बरुन्दियां बस्ती तक रास्ते पर टाइल डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि बरेटा-बेरिया सड़क का निर्माण भी उनकी प्राथमिकता है। परगोड़ पहुंचने पर केवल पठानिया का स्थानीय नागरिको द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
