शाहपुर: नशे से दूर रहकर युवा पीढ़ी सशक्त समाज का करे निर्माण: पठानिया
विधायक ने लंज कॉलेज में 100 केवी ट्रांसफार्मर का किया लोकार्पण
नशे से दूर रहकर युवा पीढ़ी सशक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित कर सकती है। युवाओं को पढ़ाई के साथ साथ समाज सेवा के प्रकल्पों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। यह उद्गार शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय लंज में 100 केवी के ट्रांसफार्मर का लोकार्पण करने तथा सेंट्रल स्टूडेंट एसोसिएशन के नव नियुक्त पदाधिकारियों के शपथ समारोह में बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं ताकि बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त पदों को चरणबद्व तरीके से भरने के लिए प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। इससे पहले कालेज के प्रिंसिपल एसके सोनी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सीएमओ डा सुशील शर्मा, अधिशासी अभियंता अमन चौधरी, पंचायत प्रधान तिलक, हेमराज, सुमन मैहरा, केके डोगरा, रेखा चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी विनय सिंह सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
