नादौन : गांव धनेटा में शैंकी ठुकराल ने डोर-टू-डोर किया प्रचार
हर घर तक केजरीवाल मॉडल का प्रचार होगा- शैंकी ठुकराल
फर्स्ट वर्डिक्ट। नादौन
आम आदमी पार्टी ने जब से हिमाचल में चुनावी बिगुल फूंका है, तबसे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं नेता जोरों से पार्टी प्रचार कर रहे हैं। इसी तहत नादौन विधानसभा से आम आदमी पार्टी के युवा नेता एवं समाज सेवी शैंकी ठुकराल पार्टी प्रचार तेज़ी से कर रहे हैं। गांव धनेटा में डोर-टू-डोर प्रचार करते हुए शैंकी ठुकराल कहते हैं कि हम आम आदमी हैं, हमारे पास कांग्रेस और भाजपा की तरह भ्रष्टाचार से कमाया पैसा नहीं है। इसलिए हमारे कार्यकर्ता एवं मैं खुद घर-घर पहुंच कर अरविंद केजरीवाल मॉडल के बारे जानकारी दे रहे हैं।
शैंकी ने बताया कि हर घर से हमें भारी समर्थन और प्यार देखने को मिल रहा है। अपने बेटे को लोग पूर्ण समर्थन दे रहे हैं और हिमाचल में ईमानदार शासन स्थापित करने के लिए वे केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित हैं। इस बार नादौन के लोग बहरूपियों को बाहर का रास्ता दिखाएंगे एवं एक ईमानदार पार्टी को मौका देंगे। शैंकी ठुकराल कहते हैं कि नादौन के लोग मूलभूत सुविधाओं से काफ़ी लंबे समय से वंचित हैं, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए हमारी पार्टी हर जरूरी कदम उठाएगी एवं हर वर्ग को पूरा हक दिया जाएगा। इस मौके पर विजय शर्मा, अशोक कुमार, राजिंदर, देशराज, रिशव, गौरव, विकास व परवीन आदि मौजूद थे।