शिमला: हिमाचल को केंद्र सरकार से आपदा राहत के 633 करोड़ मंजूर

हिमाचल को केंद्र सरकार से मिलने वाली आपदा राहत राशि का इंतजार खत्म हो गया है। गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत के रूप में 633.73 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
बता दें कि बरसात में आपदा से हिमाचल को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था। हिमाचल प्रदेश में आपदा को लेकर पक्ष-विपक्ष में कई आरोपों और बयानबाजी के बाद आखिरकार केंद्र ने हिमाचल को आपदा राहत राशि दे ही दी। इस बारे में गृह मंत्रालय ने ट्वीट कर जानकारी दी है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष से 633.73 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। इस साल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण राज्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। प्रभावितों को त्वरित राहत प्रदान करने के पीएम नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का अनुसरण करते हुए, राज्य सरकार से ज्ञापन की प्रतीक्षा किए बिना नुकसान के आकलन के लिए एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम की प्रतिनियुक्ति की गई।