शिमला की चार बेटियों ने कराटे में हिमाचल प्रदेश का नाम किया रोशन
कोलकाता में 4 जुलाई से 11 जुलाई तक आयोजित ऑन लाइन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में जिला शिमला की ग्राम पंचायत चनावग में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनावग की चार छात्राओं रुचिका शर्मा, मोना शर्मा, नम्रता हरनोट और दिशा शर्मा ने ब्राउन बेल्ट हासिल करने के साथ रुचिका ने गोल्ड जबकि मोना और नम्रता ने सिल्वर मैडल जीत कर हिमाचल व अपने स्कूल के साथ ग्राम पंचायत का नाम भी रोशन किया है। यह सभी छात्राएं प्लस-टू की कक्षा की विद्यार्थी है। ट्रेडिशनल कराटे ओकिनावा कोविडो इंडो क्योकाई की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में 24 देशों के 600 प्रतिभागियों ने आनलाइन भाग लिया था। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार ने बताया कि आनलाइन प्रतियोगिता में उनके विद्यालय के बच्चों ने पीईटी चरणदास की अध्यक्षता में भाग लिया।
स्कूल के 38 विद्यार्थियों ने कराटे का अभ्यास चरणदास पीइटी, जो खुद कराटे में ब्लैक बेल्ट हैं, से वर्ष 2019 से लेना प्रारंभ किया है। दिसंबर 2019 में सभी विद्यार्थियों ने यलो बेल्ट प्राप्त कर ली है। मोना शर्मा ने इस बार जमा दो कक्षा में 500 में से 484 अंक प्राप्त हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान और रुचिका शर्मा ने 500 में से 464 अंक प्राप्त किए हैं। ग्रामीण विकास सभा चनावग ने चारों छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। सभा के मुख्य सलाहकार एसआर हरनोट ने कहा कि यह सम्मान चनावग में होने वाले साहित्य उत्सव में प्रदान किया जाएगा। उन्होंने रुचिका के पिता ओम प्रकाश गांव घाटरु, मोना शर्मा के पिता मेहर चंद गांव सीतकीजायण, नम्रता के पिता पूर्णचंद गांव चनावग और दिशा के पिता हेमराज को शुभकामना दी है।
