शिमला : शहरी विकास मंत्री सुरेश भरद्वाज ने चैडविक फॉल क्षेत्र में किया पौधरोपण
शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज वन विभाग एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के संयुक्त तत्वाधान में समरहिल के नजदीक चडविक-फॉल क्षेत्र में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत कर देवदार का पौधा रोपित किया। पौध रोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता ने की। उन्होंने तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने 100 से अधिक पौधे रोपित किए ।
इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने चडविक फॉल में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के सदस्यों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रतिनिधियों, भगवत एनजीओ तथा महिला एवं युवक मंडलों की सामूहिक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय से लेकर चडविक-फॉल पर्यटन स्थल के रूप में विश्व के मानचित्र पर स्थापित है इसलिए इस क्षेत्र में पौधरोपण करना इसके महत्व को और अधिक बढ़ा देता है क्योंकि इस पर्यटन स्थल में बहुत से पर्यटक आते हैं और यदि यह क्षेत्र हरा भरा व आकर्षक रहेगा तो पर्यटकों की आमद बढ़ेगी जिससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन की कमी जैसे हालातों से निपटने के लिए भी हरित आवरण में वृद्धि करना आवश्यक है ताकि कृत्रिम ऑक्सीजन की आवश्यकता ना रहे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खाली जगह पर पेड़ पौधे रोपित करने के लिए अभियान चलाएं ताकि हिमाचल का हर क्षेत्र हरा भरा हो सके ताकि वैश्विक स्तर पर हो रहे ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को भी कम किया जा सके। इस अवसर पर उन्होंने 4 महिला मंडलों को 25- 25 हजार देने तथा 4 महिला मंडल भवनों को 3-3 लाख प्रति भवन देने, राजकीय उच्च पाठशाला सनहोग की चार दिवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने तथा स्कूल के दो कमरे निर्माण का आश्वासन व कडोग गांव को रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रूपए देने की घोषणा भी की।
