पंचरुखी : इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक चैंपियनशिप में शिवम ने हिमाचल को दिलाया ब्रांज मेडल
तमिलनाडु में आयोजित अखिल भारतीय इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक चैंपियनशिप 2022- 2023 में शिवम शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में हिमाचल को कांस्य पदक दिलाया है। चैंपियनशिप में देश की चारों जोनों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज धर्मशाला के धावक शिवम शर्मा ने किया। शिवम पंचरुखी के बियाडा गांव से संबंध रखते हैं।
शिवम के राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की खबर मिलते ही गांव में उत्सव का वातावरण बन गया। लोग एक-दूसरे को बधाईयां देने लगे। शिवम के पिता मनोज ने बताया कि शिवम भारत सरकार के खेल कार्यक्रम खेलो इंडिया के लिए भी सेलेक्ट हुआ है। शिवम ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। वहीँ, समाजसेवी एवं किसान नेता मंजीत डोगरा ने शिवम शर्मा तथा उनके माता-पिता को राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी तथा शिवम को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
