शिमला : ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी का दौर जारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वालो क्षेत्रों में बर्फ़बारी का दौर जारी है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रोहतांग और पांगी सहित कई चोटियों पर शुक्रवार को बर्फबारी हुई। शनिवार को भी प्रदेश के उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 दिसंबर से मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। शनिवार को राजधानी शिमला के साथ अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। बर्फबारी के कारण पांगी उपमंडल के अधिकांश मार्गों पर शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं बारालाचा, कुंजुम दर्रा, घेपन पीक, शिगरी ग्लेशियर, शिंकुला दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है।
गुरुवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0, कुकुमसेरी में 0.1, कल्पा में 1.2, सुंदरनगर में 2.0, मंडी में 2.9, भुंतर में 3.0, सोलन में 3.4, ऊना में 4.4, हमीरपुर में 4.6, बिलासपुर में 5.0, मनाली में 5.8, शिमला में 9.1 और धर्मशाला में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
