सोलन: भावी पीढ़ियों को समृद्ध, सुरक्षित और विकसित हिमाचल देना सरकार कर ध्यय : विक्रमादित्य सिंह
** लोक निर्माण मंत्री ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर हिमाचल का निर्माण करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क के माध्यम से विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं के लिए रोज़गार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर सृजित करने और नवोन्मेषी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को विकास का आदर्श बनाने के लिए राज्य सरकार सतत् प्रत्यनशील है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को हरित राज्य बनाने के लिए कृत संकल्प है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए नवीन तकनीक का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भावी पीढ़ियों को समृद्ध, सुरक्षित और विकसित हिमाचल प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृहरक्षा, राष्ट्रीय कैडेट कोर और एनएसएस द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक आशीष कौशल ने परेड का नेतृत्व किया।
उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि गत वर्ष आई आपदा ने प्रदेश को आर्थिक रूप से काफी नुकसान पहुंचाया है। इस आपदा में बड़ी संख्या में मानवीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने आपदा से त्रस्त जन-जन को राहत पहुंचाने के लिए अपने संसाधनों से 4500 करोड़ का विशेष पैकेज जारी किया तथा मुआवज़ा राशि 25 गुणा तक बढ़ाई ताकि पीड़ित मानवता को राहत मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल अब त्रासदी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि विभिन्न विकास कार्यों को गति मिले और रोज़गार तथा स्वरोज़गार के अधिक से अधिक अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 90 तथा वर्क इंसपेक्टर के 25 पद भरे जा रहे हैं। राजस्व विभाग में पटवारी के 874 तथा स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 1450 पद भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रवक्ताओं के 530 पद भरे जा रहे हैं। पुलिस विभाग में 1226 पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लड़कियों की विवाह योग्य आयु को 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ग्रामोद्योग की परिकल्पना को साकार कर ही सही मायनों में गांव को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में सोलन जिला में सड़कों, पुलों एवं भवनों के निर्माण पर लगभग 62 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। ज़िला में नाबार्ड के तहत 36 करोड़ रुपए लागत की 06 सड़क योजना स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ को प्रदूषण मुक्त करवाने के लिए भी कार्य करना होगा।