सोलन: पाइनग्रोव स्कूल के वार्षिक समारोह के दूसरे दिन विधायक सुल्तानपुरी रहे मुख्य अतिथि
पाइनग्रोव स्कूल के वार्षिक समारोह-2023 के दूसरे दिन का आगाज सभागार 'द कलोजियम' में मुख्य अतिथि विधायक विनोद सुल्तानपुरी की गरिमामय उपस्थिति के साथ हुआ। सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा की पहली प्रस्तुति 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन सी' और 'माई हार्ट विल गो ऑन' दर्शकों को गहरे समुद्र की संगीतमय यात्रा पर ले गई। इसके पश्चात अनेक दर्शकों के पसंदीदा गायक बॉब डायलन के ' नॉकिंग ऑन हैवन्स डोर' गीत पर सभी की जुबां गुनगुनाने लगी।
बॉब डायलन के ' नॉकिंग ऑन हैवन्स डोर' गीत के पश्चात अपनी नाट्य कला से सभी को अचंभित करते हुए कक्षा एक से पांच के छात्रों द्वारा रस्किन बॉन्ड की सुप्रसिद्ध कृति 'द ब्लू अंबरेला' को न्यायसंगत अभिनय के साथ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं और सिद्ध कर दिया कि अभिनय उम्र के बंधनों से परे है। इस प्रस्तुति के पश्चात अहंकार एवम सत्ता के लालच को दर्शाता नृत्य नाटक 'भस्मासुर' प्रस्तुत किया गया, जिसमें दर्शक, मुख्य अतिथि, अभिभावक एवम अन्य दर्शक एकटक देखते रह गए कि नृत्य के रूप में किस कुशलता से एक कहानी को बखूबी दर्शकों के दिलों में उतारा गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी भावुक थी जिसमें हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई बाढ़ त्रासदी के दुखद क्षण स्मरण हो आए।
पाइनग्रोव स्कूल के विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवम कर्मचारियों द्वारा हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में बाढ़ त्रासदी की क्षतिपूर्ति हेतु ग्यारह लाख धनराशी का चैक पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह के कर कमलों द्वारा मुख्य अतिथि को सुपुर्द किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि नें अपना सम्बोधन प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने पाइनग्रोव द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, समाज के प्रति उन्हें संवेदनशील बनाने एवम अद्भुत सुविधाओं के लिए खूब सराहा।
विदित हो कि कोविडके समय भी पाइनग्रोव स्कूल द्वारा डीसी सोलन एवं मुख्यमंत्री राहत कोष में अलग-अलग बहुत बड़ी धनराशी का सहयोग दिया गया था। कार्यक्रम के पश्चात, भोजनोपरांत कक्षा 1-5 के विद्यार्थी आउट पास लेकर दिवाली अवकाश पर चले गए।
