सोलन: दर्शन सेवा योजना से जुडेंगे सोलन जिला के नालागढ़ और बद्दी : मुकेश अग्रिहोत्री
** नालागढ़-अयोध्या, नालागढ़-वृदांवन, बद्दी-अमृतसर बस सेवा होगी शुरू
** उप मुख्यमंत्री ने पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेले की सांस्कृतिक संध्या में की घोषणा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि महत्वकांक्षी दर्शन सेवा योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। यह योजना हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक पर्यटक स्थलों से सभी को रू-ब-रू करवाने में सहायक बनेगी। उप मुख्यमंत्री गत देर सायं सोलन जिला के नालागढ़ उप मंडल की ग्राम पंचायत किरपालपुर में चार दिवसीय पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेले की सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दर्शन सेवा योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों से प्रदेश में स्थित एवं अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों के लिए भी लगभग 100 नए बस रूट आरंभ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नालागढ़ से अयोध्या, नालागढ़ से वृदंावन तथा बद्दी से अमृतसर तक श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बस सेवाएं आरंभ की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और प्रदेश सरकार विभिन्न स्तरों पर यह सुनिश्चित बना रही है कि हमारी विरासत संरक्षित रहे और युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में जान सके। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना हम सभी का कर्तव्य है और हमारी संस्कृति इस दिशा में सहायक बन सकती है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेला समूचे क्षेत्र में विशेष पहचान रखता हैं। इस मेले की परम्परा का इतिहास लगभग 300 वर्ष पुराना है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी को मेले की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में मेले एवं उत्सव मेलजोल एवं मनोरंजन के प्रमुख साधन थे।