सुजानपुर : भाजपा किसी मोर्चे का गठन लोगों की समस्याएं हल करने के लिए करती है, राजनीति के लिए नहीं: धूमल
-पूर्व सीएम ने प्रदेश किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिया आशीर्वाद
-बोले, पदों के पीछे न पड़कर एक आम कार्यकर्ता बनकर पार्टीर् के लिए करें काम
भारतीय जनता पार्टी किसी भी मोर्चा प्रकोष्ठ का गठन, लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए करती है, न कि राजनीतिक मकसद से। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को अपने निवास स्थान समीरपुर में नवनियुक्त प्रदेश किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केवल एक कार्यकर्ता ही है, जो कभी पूर्व नहीं होता, बाकी राजनीति में मिलने वाला हर पद एक समय बाद पूर्व हो जाता है। इसलिए पदों के पीछे न पड़कर एक आम कार्यकर्ता बनकर पार्टी के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा हाई कमान ने जो भी जिम्मेदारी जिस किसी भी कार्यकर्ता को दी है, वह उसका ईमानदारी के साथ पालन करे और अपने आप को एक काम कार्यकर्ता ही समझे।
यह जानकारी देते हुए भाजपा मंडल सुजानपुर के मीडिया प्रभारी सुधीर भटनागर ने बताया कि भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के पदाधिकारी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके निवास स्थान पहुंचे थे, यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।