हमीरपुर : सुजानपुर शहर को मिला विद्युत विभाग का डिवीजन कार्यालय, अधिसूचना जारी-प्राे.धूमल

मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
सुजानपुर शहर को विद्युत विभाग का डिवीजन कार्यालय मिल गया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के आग्रह पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुजानपुर के लिए विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय को मंजूरी दे दी है। सर्विस कमेटी की बैठक में डिवीजन कार्यालय खोलने को मंजूरी दे दी गई है। सुजानपुर में विद्युत डिवीजन कार्यालय खोलने के साथ-साथ दो सब डवीजन खोलने की भी मंजूरी प्रदान की गई है। जानकारी अनुसार सुजानपुर शहर में विद्युत विभाग का डिवीजन कार्य खोलने को मंजूरी मिली है और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत चबूतरा और जंगल बेरी में सब डिवीजन कार्यालय खोलने की मंजूरी मिली है। मंगलवार देर शाम को सुजानपुर में विद्युत विभाग का डिवीजन कार्यालय खुलेगा, इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। बताते चलें कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रीय होली महोत्सव के दौरान यहां मुख्यातिथि के रुप में पहुंचे प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सुजानपुर शहर के लिए दो डिवीजन कार्यालय खोलने की मांग रखी थी।
जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री से जल शक्ति मंडल एवं इलेक्ट्रिक डिवीजन सुजानपुर शहर में खोलने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल की इन दोनों मांगों को तत्काल मंजूरी देते हुए होली मेले के दौरान मंच संचालन पर ही इनकी यहां पर खोलने की घोषणा की थी और कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल जो प्रदेश कर दो बार सफलतम संचालन कर चुके हैं उन्होंने सुजानपुर के लिए जो दो डिवीजन कार्यालय खोलने की मांग रखी है उन्हें में तुरंत प्रभाव से खोलने की मंजूरी देता हूं। मुख्यमंत्री की घोषणा के करीब डेढ़ माह बाद सुजानपुर में जल शक्ति मंडल का डिवीजन कार्यालय खुल गया था। डिवीजन कार्यालय खोलने के साथ एक्शन जल शक्ति मंडल नीरज भोगल कि यहां तैनाती भी प्रदेश सरकार ने कर दी थी। अब पूर्व मुख्यमंत्री की दूसरी मांग को भी प्रदेश की भाजपा सरकार ने मंजूर करते हुए सुजानपुर में विद्युत विभाग का डिविजन खोलने की मंजूरी दे दी है।
आने वाले एक सप्ताह के भीतर डिवीजन कार्यालय सुजानपुर में खुल जाएगा। इसके साथ ग्राम पंचायत चबूतरा और जंगल बेरी में विभाग के सब डिवीजन कार्यालय खोले जाएंगे ।पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की दोनों मांगों को जयराम सरकार ने मंजूर करते हुए धरातल पर उतार दिया है, जिससे क्षेत्र वासियों में खुशी की लहर है। सुजानपुर में विद्युत विभाग का डिवीजन कार्यालय खोलने की अधिसूचना जारी होते ही सुजानपुर भाजपा परिवार एवं क्षेत्रवासी गदगद हो गए हैं।
सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता, मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष डॉ विक्रम राणा, महामंत्री पवन शर्मा, अनिल शाम, उपाध्यक्ष जगन कटोच, पंचायत समिति अध्यक्षा अंजना ठाकुर, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, सुजानपुर भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष सुमन, महाजन महासचिव सुधीर भटनागर, भाजपा नेता प्रकाश सड़ियाल, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता कुमारी, उपाध्यक्ष पवन कुमार, पार्षद सुनीता शकुंतला, नगर परिषद पूर्व अध्यक्ष अशोक मेहरा, मनोनीत भाजपा पार्षद तिलक राज व कश्यप लता ठाकुर के साथ- साथ विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ महिला मोर्चा एससी मोर्चा युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का धन्यवाद करते हुए खुशी जाहिर की है।