धर्मशाला : सुक्खू सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में की नई क्रांति की शुरुआत : आरएस बाली
( words)
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत की है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा अधोसंरचना में सुधार के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में खोले जा रहे राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण होंगे तथा राज्य को ज्ञान पटल पर नए आयाम के साथ स्थापित करेंगे। ये स्कूल शिक्षा के मूलभूत ढांचे को और सुदृढ़ करने के साथ सांस्कृतिक, पुरातन, आधुनिक और तकनीकी नवाचार साथ समग्र शिक्षा का केंद्र बनेंगे। बाली ने सोमवार को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए यह उद्गार प्रकट किए।
उन्होंने ओबीसी भवन में आए नगरोटा के अलग अलग इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर समाधान किया। इसके उपरांत आरएस बाली ओबीसी भवन में आयोजित राजीव गांधी इंजीनियरिंग महाविद्यालय नगरोटा बगवां के एमबीए पाठ्यक्रम के बच्चों के फेयरवेल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली एक विकास पुरुष थे और नगरोटा बगवां को शिक्षा का हब बनाना उनका सपना था। इसके लिए वे इंजीनियरिंग और फार्मेसी के बड़े शिक्षा संस्थान क्षेत्र में लेकर आए जिससे आज नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र देशभर में शिक्षा हब के तौर पर नाम कमा रहा है।
431 छात्रों को वितरित किए स्पोर्ट्स ट्रैक सूट
उन्होंने नगरोटा बगवां के ओबीसी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 431 छात्रों को स्पोर्ट्स ट्रैक सूट वितरित किए। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या, रेनबो इंटरनेशनल, हिमालय स्कूल, ग्रीन फील्ड स्कूल, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल पल्ली, मदर टेरेसा स्कूल, मॉडल नर्सरी स्कूल नगरोटा बगवां और लूना अकैडमी के बच्चे शामिल रहे। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भी बराबर भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही अध्यापकों से छात्रों के भविष्य को सही दिशा देने के लिए उनका उचित मार्गदर्शन करने की अपील की।
