ज्वालामुखी : जूजपुर स्कूल के अध्यापक लोगों को बता रहे सरकारी स्कूलों की खूबियां
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की पिछड़ी पंचायत पीहडी के अधीन आने वाले शहीद रणजीत सिंह राजकीय उच्च विद्यालय जुजपुर के अध्यापक मुख्य अध्यापक ओंकार दत्त शर्मा के मार्गदर्शन में लोगों को सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली सुविधायों के बारे में अवगत करवा रहे हैं। समय मिलने पर ये अध्यापक अपने आसपास के 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में घर-घर जाकर लोगों को सरकारी स्कूल और हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देकर बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिल करवाने का अनुरोध कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुनील कुमार ने अध्यापकों के इस कार्य के लिए भूरी-भूरी प्रशंसा की हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षक राकेश राणा के प्रयासों से यह सब संभव हो पाता है, जो गरीब बच्चों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। वहीँ मुख्याध्यापक ओंकार दत्त शर्मा ने कहा आगामी सत्र के लिए हमारे विद्यालय में दाखिले शुरू हो गए हैं। राकेश राणा ने कहा अगर कोई अभिभावक अपने बच्चों की फीस नहीं दे सकता तो उनका खर्चा वे खुद उठाएंगे।
