देहरा में फिल्मी स्टाइल में पुलिस को चकमा देकर भागा चोर, कुछ ही देर में पकड़ा गया
पुलिस थाना देहरा के बाहर वीरवार रात को एक चोर फिल्मी स्टाइल में पुलिस को चकमा देकर भाग निकला, हालांकि कुछ ही देर में उसको पकड़ भी लिया गया। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति चोरी के कई मामलों में संदिग्ध है, उसे पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस से पुलिस थाना देहरा पूछताछ के लिए लाया जा रहा था। वीरवार करीब रात के सवा आठ बजे जब पुलिस उसे लेकर देहरा थाने के गेट पर पहुंची तो इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।
उसके भागते ही पुलिस व स्थानीय लोग उसका पीछा करने लगे। इतने में आरोपी व्यक्ति पुलिस थाना के पास ही डिपो बाजार स्थित पूर्व विधायक दिलीप सिंह के घर की छत पर जा पहुंचा। पूर्व विधायक के बेटे विकास ने बताया कि उन्हें लोगों की आवाजें सुनाई दीं कि आपके घर में
कोई घुस गया है। इतने में चोर उनके घर की छत से कूद गया, जिसे उन्होंने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि उक्त व्यक्ति चोरी के कई मामलों में संदिग्ध है। इसे पूछताछ के लिए लाया गया था। उसने भागने की कोशिश की, लेकिन इसे पकड़ लिया गया है।
