-पालकवाह में नवनिर्मित ऑडिटोरियम का किया लोकार्पण हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत पालकवाह में 4.74 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस नवनिर्मित पालकवाह में हरोली ऑडिटोरियम का उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पालकवाह में संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऑडिटोरियम चंडीगढ़ की तर्ज पर बनाया गया है जोकि आधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने बताया कि इस ऑडिटोरियम में 500 चेयर्स के नवनिर्मित आडिटोरियम में फ़ुली ऑटोमेटेड पर्दे, साउंड सिस्टम, आधुनिक लाइटिंग, ग्रीन रूम, रेस्ट रूम, वेटिंग रूम, इलेक्ट्रिक पैनल रूम, प्रोजेक्टर रूम व एलइडी की सुविधा से लैस है। उन्होंने कहा कि अब हरोली हल्के की जनता विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम करने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में रूचि रखने वाले बच्चों को भी एक अच्छा मंच मिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से वायदा किया था कि हरोली में आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के साथ किया गया यह वायदा पूर्ण कर दिया गया है और एक साल भीतर हरोली वासियों को ऑडिटोरियम बनाकर समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही क्षेत्र के लोगों को इस ऑडिटोरियम में हिमाचल प्रदेश के सभी 12 ज़िलो की सांस्कृतिक की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा की हरोली क्षेत्र को सम्पूर्ण हरोली विकसित हरोली बनाने के विज़न पर कार्य किया जा रहा है ताकि आने वाली युवा पीढ़ी को अपना भविष्य संवारने के लिए हरोली हल्के में हर प्रकार की मूलभूत सुविधा मिल सके। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा की उनका मुख्य लक्ष्य दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हरोली विधानसभा क्षेत्र को सम्पूर्ण हरोली विकसित हरोली बनाना है। उन्होंने कहा कि आगामी पाँच वर्षों में हरोली में बिना किसी राजनीति भेदभाव के विकास की गाथा लिखी जाएगी और पूरे हिन्दोस्तान के मानचित्र पर हरोली विधानसभा क्षेत्र एक समृद्ध और संपूर्ण क्षेत्र रूप में उभकर सामने आएगा। 3.65 करोड़ के टै्रफिक पार्क का किया शिलान्यास उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली रामपुर के समीप 3.65 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले ट्रैफिक पार्क का विधिवत रूप से शिलान्यास किया। इस मौक़े पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस ट्रैफिक पार्क में यातायात नियमों की जानकारी, गड़ियों के लाइसेंस बनाने और उनकी जाँच के लिए सेंसर युक्त ऑटोमैटिक ड्राइविंग ट्रेनिंग ट्रैक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टैऊफिक टैऊक में बच्चे, बुजुर्ग, महिला और पुरुष सेहत लाभ के साथ-साथ यातायात नियमों की जानकारी ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया भी इसी ट्रैक पर देखने को मिलेगी। अत्यधुनिक ट्रैक पर सेंसर युक्त प्रक्रिया से कुशल वाहन चालक ही उत्तीर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस टैऊफिक पार्क का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्रीने कहा कि हरोली हल्के को विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए विस क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 18 साल पूरे कर चुके हर बच्चे को अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का संकल्प लेना होगा। इसके लिए उन्होंने सभी स्कूली प्रिंसिपल और हेडमास्टर को भी सभी बच्चों को सड़क सुरक्षा के बारे जागरूक करने के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस बारे भी शिक्षित करने को कहा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित राज्य बनाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं जिसके तहत ई-टैक्सी के लिए आवेदन करने वाले पहले 500 लोगों को ई-टैक्सी के लिए 50 प्रतिशत अनुदान सरकार की ओर से दिया जाएगा। ई-टैक्सी को पहले चार साल एचआरटीसी के बेड़े में शामिल किया जाएगा और हर माह ई-टैक्सी चालक को 50 हज़ार रुपये दिये जाएंगे।
ऊना: तीन राज्यों के चुनावी नतीजे से स्पष्ट हो गया, जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं : भाजपा
जिला भाजपा आईटी सेल और सोशल मीडिया विंग की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश आईटी सेल संयोजक अनिल डडवाल ने की, जबकि भाजपा के जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया विशेष रूप से इस बैठक में उपस्थित हुए। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, उसी कड़ी में आईटी सेल और सोशल मीडिया विंग को मजबूत करने की दृष्टि से पार्टी हाई कमान के नए दिशा निर्देश और पार्टी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर विपक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रांति पूर्ण प्रचार का जवाब देने के लिए भी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से पारंगत किया गया। अनिल डडवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की पिछले 10 साल की गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण रही हंै। प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए नीति निर्धारण किया गया। जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया ने कहा कि कार्यकर्ता वर्तमान प्रदेश सरकार की एक साल की विफलताओं को जनता के बीच लेकर जाएं आईटी और सोशल मीडिया के माध्यम से सभी लोगों को उससे अवगत करवाया जाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में तीन राज्यों के चुनाव नतीजे से स्पष्ट हो गया है कि जनता कांग्रेस के झूठे बहकावे में आने वाली नहीं है। एक तरफ जहां मध्य प्रदेश में जनता ने दोबारा भाजपा को कमान सौंपी है वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जनता द्वारा सत्ता से बेदखल किया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व इन विधानसभा चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।आईटी सेल के जिला संयोजक चंदन कालिया,सोशल मीडिया के जिला संयोजक सूरज शर्मा, रितिका भारद्वाज, नीलम शर्मा, निशा भुल्लर, आकाश राणा, सक्षम कपिला, शुभम जरियाल बा पांचो मंडलों के संयोजक सह संयोजक और पदाधिकारी इस बैठक में मौजूद रहे।
-कहा, भारत वर्ष के प्रत्येक बच्चे को रामायण से सीखना चाहिए वशिष्ठ पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्रों ने अनुराग ठाकुर के सामने रामायण समेत अन्य कई प्रस्तुतियां दीं, जिसके बाद अनुराग ने कहा कि भारत वर्ष के प्रत्येक बच्चे को रामायण से सीखना चाहिए। एक आदर्श पिता, पुत्र, पत्नी, माता, भाई, बहन या पुत्री कैसे बना जा सकता है, यह हमें रामायण से सीखने को मिलता है। कहा कि नवयुग का नवसृजन युवाओं तुम्हारे हाथ में है, उठो, जागो संघर्ष करो यह युग तुम्हारे साथ में हैं। अनुराग ठाकुर ने आगे छात्रों और शिक्षकों के साथ सार्थक संवाद करते हुए उन्हें नए भारत की नई उपलब्धियां से अवगत कराया व छात्रों के लिए बन रही असीम संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया और बच्चों से अपने अंदर साइंटिफिक टेंपरामेंट डेवलप करने को कहा। अनुराग ठाकुर ने बच्चों को अपने आहार में बदलाव लाते हुए उनमें मिलेट्स व अन्य पौष्टिक तत्वों को शामिल करने का आग्रह किया और उन्हें खेलो इंडिया समेत अन्य कार्यक्रमों से भी अवगत कराया। इसके अलावा बच्चों से पर्यावरण व खासकर पानी संरक्षण में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा और माई भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए उससे जुड़ने का भी आग्रह किया।
-बोले, माई युवा भारत से जुड़ें युवा, बनें बदलाव के भागीदार केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने हेतु दो दिनों के हिमाचल प्रवास पर हैं। आज अपने प्रवास के दूसरे दिन अनुराग कुटलैहड़ विधानसभा के बंगाणा ग्राम व चिंतपूर्णी जी विधानसभा के नैहरियां ग्राम में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों में शामिल हुए व आम जन मानस के साथ सार्थक परिचर्चा की। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की अंतिम आदमी तक पहुंच सुनिश्चित करने हेतु शुरू किया गया एक देशव्यापी अभियान है। इसमें मोदी की गारंटी की गाड़ी देश के सभी पंचायत और नगर निकायों में जाएगी। ये मोदी की गारंटी की गाड़ी विकास का सशक्त हस्ताक्षर है। अनुराग ने आगे मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि मात्र 9 वर्षों के अपने कार्यकाल में मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने चार करोड़ से ज्यादा जरूरतमंदों को पक्के आवास दिए। आज यह सभी गरीब दो कमरों के मकान के साथ लखपति बन गए हैं। मोदी जी ने पूरे देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनवाए हैं। पहले जहां पानी ढोते ढोते माता- बहनों के पूरे दिन निकल जाया करते थे, वहां आज मोदी जी ने 13 करोड़ से ज्यादा नल से जल के कनेक्शन पहुंचा दिए। अगले दो वर्षों में हम 25 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचा देंगे। इसी प्रकार लगभग 10 करोड़ माता बहनों को रसोई गैस का सिलेंडर दिया गया। आज जरूरतमंदों को रसोई गैस का सिलेंडर मात्र 603 रुपए में दिया जा रहा है। मोदी जी ने देश के अंतिम गांव तक बिजली पहुंचाई, 60 करोड़ जरूरतमंदों को सालाना ?5 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया गया, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को पिछले 5 वर्षों से प्रतिमाह मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। यह अनाज अगले 5 वर्षों तक इसी प्रकार मुफ्त में मिलता रहेगा। इस पर लगभग 12 लाख करोड रुपए का खर्च आएगा। मोदी सरकार पूरे देश में किसी भी गरीब को भूखा नहीं रहने देगी। आज पूरे देश के 11 करोड़ से ज्यादा किसानों को सालाना 6000 रुपये मिलते हैं। कांग्रेस और भाजपा के शासन में स्पष्ट अंतर बताते हुए ठाकुर ने कहा कि जहां एक ओर राजस्थान और छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सरकारों की विदाई हुई, वहीं मध्य प्रदेश में 20 वर्षों से शासन में भारतीय जनता पार्टी की फिर से रिकॉर्ड 166 सीटों के साथ वापसी हुई।
प्रदेश उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर प्रदेश की जनता को बधाई दी है, वहीं कांग्रेस की सरकार को हर कदम पर सहयोग देने के लिए आभार भी व्यक्त किया। कांग्रेस सरकार के 1 वर्ष पूरा होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार ने 1 वर्ष में जनता को राहत देने के लिए काम किया है। इस दौरान प्रदेश में आई बड़ी आपदा में भी सरकार लगातार फील्ड में सक्रिय रही ,जनता के दुख में शामिल रही, जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया गया। इस 1 साल में जनता को हर संभव मदद करने का काम करते हुए सरकार ने बेहतरीन नीतियां बनाकर हर वर्ग को आगे बढ़ने का काम किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस ने 10 गारंटियां दी हाई कमान ने उनपर एक-एक कर मोहर लगाई जा रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इन गारंटीयों को अपना राज धर्म माना है, हम हर गारंटी को पूरा करेंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बेहतर शासन देते हुए कांग्रेस की सरकार ने ओपीएस सहित तीन गारंटीयों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया है ,इंग्लिश मीडियम स्कूल हर विधानसभा क्षेत्र में बने इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है, स्टार्टअप योजना के तहत रोजगार देने का काम शुरू कर दिया गया है। युवाओं को रोजगार अधिक से अधिक मिले इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम हर गारंटी को पूरा करेंगे। भाजपा के विरोध प्रदर्शन महज दिखावा मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार के 1 साल पूरा होने पर भाजपा के रोज प्रदर्शन में मछजे दिखावा है, अपनी परेशानियां, हताशा, निराशा, कमियों को छुपाने का माध्यम है ।उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को तो जनता को 1 साल पूरा होने पर यह जवाब देना चाहिए हिमाचल की विधानसभा में आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने विशेष आर्थिक पैकेज देने के प्रस्ताव का समर्थन भाजपा के नेताओं ने क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा के पास कोई विरोध का कारण नहीं है, इसलिए विरोध के लिए विरोध करना भाजपा की नीति बन गई है. भाजपा का विरोध पत्रक कागजी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि साल के 1 साल पूरा होने पर भाजपा ने कुछ आरोपों के साथ एक पत्रक छपाए है, यह पत्रक कागजी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर खुद इन पत्रको को पढ़ेगी, तो उसे स्वयं यह हवाई नजर आएंगी ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंदिर चिंतपूर्णी में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए सुगम दर्शन प्रणाली शुरू की गई है,भाजपा ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने इसे सराहा एक करोड़ से ज्यादा की आय मंदिर ट्रस्ट को हुई है, जो निर्धन कन्याओं की शादी पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार नौकरियों में जो हो रहा था ,उसका पर्दाफाश हुआ है, भाजपा को उसे पर पत्र छपना चाहिए ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनता के लिए काम करना हमारी प्राथमिकता है, भाजपा की आलोचना से जनता भ्रमित नहीं होगी।
अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ (रजि.) का दो दिवसीय अर्धवार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ हिमाचल कल्याण सभा चंडीगढ़ के तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल व अन्य राज्यों की हिमाचली संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस मौके पर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम लाल व राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र कंवर ने विशेष रूप से शिरकत की। केएम लाल ने कहा कि अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ हिमाचली सामाजिक संगठनों की एक सर्वोच्च संस्था है। जो देश के विभिन्न शहरों में मानव कल्याण के लिए काम कर रही है। अखिल भारतीय हिमाचल समाजिक संस्था संघ के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को शिखर पर पहुंचाना है। देश भर में अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि संस्था के माध्यम से समाज के हर वर्ग का उत्थान किया जा सकता है। बैठक में केंद्र सरकार से मांग की गई है कि चंडीगढ़ में हिमाचल का 7.19 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए। इसके अलावा प्रदेश सरकार से अनाथालय, वृद्ध आश्रम गैर सरकारी संगठन की अनुदान राशि को बंद करने पर चर्चा की गई। वहीं जल्द इस अनुदान राशि को जारी करने की मांग उठाई गई। हिमाचल के किसानों को सब्जी बेचने के लिए हर जिला में सब्जी मंड़ी खोलने की मांग उठाई गई, ताकि हिमाचल के किसानों को सब्जी बेचने के लिए अन्य राज्यों की और रुख न करना पड़े। किसान अपने क्षेत्र में ही सब्जी बेच सके। इसके अलावा पहाड़ी भाषा को संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने पर भी चर्चा की गई। वहीं नशे पर अंकुश लगाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नशे पर चोट करने के लिए समाज के हर वर्ग को पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सके। वहीं प्रदेश सरकार से मांग की गई कि सामाजिक संस्थाओं को विभिन्न समितियों में राज्य स्तरीय की सामाजिक निकाओं/संगठनों को प्रतिनिधित्व दिया जाए। बैठक में संघ के महासचिव जितेन्द्र कंवर ने संघ के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की कि भाखड़ा विस्थापित परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। हालांकि कई समस्याएं संघ के माध्यम से हल भी करवाई गई है। संघ द्वारा केंद्र सरकार से मांग की गई है कि चंडीगढ़ में हिमाचल का 7.19 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए। बैठक में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम लाल, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र कंवर, राकेश शर्मा, योगेश कौशल, कृष्णपाल शर्मा, अरुण पाल, राजेश शर्मा, सोहन लाल कपिल, पिरथी सिंह प्रजापति, मनोहर लाल राणा, सतीश शर्मा, सचिन रायजादा, कर्म चंद बक्शी, विजय शर्मा, किशोरी लाल, शिवेंद्र, सतेंद्र चड्डा, पंकज, जसवंत सिंह, साहिल आदि उपस्थित थे।
-स्कूल के बच्चों ने अजय ठाकुर को किया सम्मानित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल धुसाड़ा के नन्हे विद्यार्थीयों का एक दल शानिवार को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर, जोकि आजकल ऊना में बतौर डीएसपी कार्यारत हैं, से उनके कार्यलय में जाकर मुलाकात की। बच्चों ने अजय ठाकुर को हिमाचली टोपी पहनाकर व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने जहां अजय ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल करने के लिए बधाई दी, वहीं उनकी सफलता से संबंधित सवाल भी पूछे। अजय ठाकुर ने भी इन बच्चों को निराश नहीं किया और जीवन में सफलता हासिल करने के टिप्स दिए। इन बच्चों में अजय ठाकुर से मुलाकात के बाद अत्याधिक उत्साह देखने को मिला। धुसाडा कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी व स्टाफ से ज्योति, अदिति व सुगंधि उपस्थित रहे।
-सालाना 66.10 मिलियन यूनिट बिजली पैदा करेगा यह प्रोजेक्ट ऊना जिले के पेखूबेला में हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बहुत योगदान देगी और उम्मीद है कि आधारशिला रखने के दो महीने के भीतर इसे लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2 दिसंबर को 32 मेगावाट की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी और फरवरी, 2024 के पहले सप्ताह से पहले परियोजना को पूरा करने की समय सीमा तय की है। 59 हेक्टेयर में फैली इस परियोजना में 82,656 सौर मॉड्यूल हैं, जो 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा केंद्र बनने की राज्य की प्रतिबद्धता में योगदान दे रहे हैं। व्यापक प्रभाव पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल राज्य की बिजली जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी लाएगी। 19 मई, 2023 को निर्माण कार्य अवॉर्ड किया गया, पेखुबेला सौर परियोजना सालाना 66.10 मिलियन यूनिट बिजली पैदा करेगी। उत्पन्न बिजली को रक्कड़-टाहलीवाल ट्रांसमिशन लाइन के 132 केवी डबल सर्किट लाइन-इन और लाइन-आउट के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जो 1.88 किमी की दूरी तय करेगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देते हुए सालाना 2532 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है।
-सभी जिला मुख्यालयों में पायलट आधार पर ट्रैफिक वालंटियर योजना शुरू प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में अब ट्रैफिक पुलिस के साथ ट्रैफिक वालंटियर भी ट्रैफिक कंट्रोल करते दिखाई देंगे। इसी कड़ी में प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने वीरवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में पायलट आधार पर ट्रैफिक वालंटियर योजना का शुभारंभ किया। राज्य में यातायात के बेहतर प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और जन जागरूकता के लिए इस योजना को शुरू किया गया है। यदि जिला मुख्यालयों में ट्रैफिक वलंटियर योजना सफलतापूर्वक संचालित होती है तो इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। स्कीम के तहत राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के स्वैच्छिक लोगों का एक समूह होगा, जो सेवा की भावना से यातायात प्रबंधन और जागरूकता में भाग लेगा और विभिन्न यातायात कार्यों को नि:शुल्क करने में योगदान देगा। स्वयंसेवकों का अनुरोध प्राप्त होने के बाद जिला एएसपी, डीएसपी मुख्यालय व एसडीपीओ उन्हें बातचीत के लिए बुलाएंगे और सत्यापन करेंगे। इसके बाद जिला एसपी की मंजूरी के बाद ट्रैफिक वालंटियर की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। ट्रैफिक जन जागरूकता के लिए योजना में लड़कियों व महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। जिला एसएसपी द्वारा रिफ्लैक्टिव सुरक्षा जैकेट, टोपी और आईडी कार्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस पर प्रमुखता से ट्रैफिक वालंटियर लिखा होगा, ताकि आम जनता को उनकी पहचान ट्रैफिक पुलिस से अलग दिखे।
-नेहा ने फिगर स्केटिंग में गोल्ड और अंशुल ने स्पीड स्केटिंग में जीते सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल -स्कूल पहुंचने पर दोनों का फूलमालाएं पहनाकर किया गया भव्य स्वागत लखबीर सिंह/ऊना। हरियाणा के गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल में 1 से 6 दिसंबर तक स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल एंड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस चैंपियनशिप में देश के सात राज्यों से करीब 50 एथलीट ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल से भी पांच खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें ऊना जिले के प्रेम आश्रम स्पेशल स्कूल के दो खिलाड़ियों नेहा कुमारी और अंशुल ने शानदार प्रदर्शन किया। नेहा कुमारी ने फिगर स्केटिंग में गोल्ड और अंशुल ने स्पीड स्केटिंग में सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपने संस्थान, प्रदेश और माता-पिता का नाम रोशन किया। इन दोनों होनहार खिलाड़ियों के स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक नीलम, प्रिंसिपल संजना और स्टाफ ने फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
-सरकार ने सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता जताई प्रदेश सरकार सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नित नए प्रयोग, तकनीक और अनुसंधानों का उपयोग कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। राज्य में इस क्षेत्र में आवश्यक अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए, सरकार प्रदेशभर में 40 शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है। यह केंद्र राज्य के लोगों को घर-द्वार के समीप आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में नई आशा की किरण साबित होंगे। प्रत्येक शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर में एक समर्पित स्वास्थ्य टीम होगी, जिसमें एक चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली का विस्तार और सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। सार्वभौमिक व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर बल देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, मरीजों की संख्या और मृत्यु दर कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे दूसरे और तीसरे स्तर के ईलाज की आवश्यकता कम होती है, जिससे उपचार पर होने वाला खर्च भी कम होता है। वर्तमान में, एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 50,000 व्यक्तियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इस दूरदर्शी और महत्त्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य प्रत्येक शहरी स्वास्थ्य वेलनेस केन्द्र द्वारा लगभग 20,000 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है ताकि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रणनीतिक पहल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।इन शहरी स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों की स्थापना एक मजबूत और समावेशी स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह नवीन प्रयास शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों और आजीविका के लिए अन्य राज्यों से आए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। यह पहल हालिया कोविड-19 महामारी के दौरान देखी गई फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यबल की कमी का भी समाधान प्रदान करेगी। सुक्खू ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना सर्वजन तक बेहतर स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध करवाने में मील पत्थर साबित होगी, जिसके माध्यम से शहरों में स्वास्थ्य क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री आज यानी शनिवार को ऊना जिले के दौरे हैं और वहां पर उन्होंने संबोधन करते हुए कहा कि राज्य में सरकार तो बन गई है लेकिन सरकार चलाने के लिए पैसे नही थे। 75 हजार करोड़ का कर्ज हिमाचल की जनता पर था। मुकेश और मैं देर रात मंथन करते रहे हमने सभी विभागों को जांचा। बहुत बुरे हालात में प्रदेश को पूर्व सरकार छोडकर गई। हमने इस संकट से निदान का उपाय सोचा और कड़े फैसले लिए। सीएम ने आगे कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमने अभियान शुरू किया और ऊना से आत्मनिर्भर बनने का मार्ग शुरू किया। आने वाले चार साल में हिमाचल पूर्णत: आत्मनिर्भर बनेगा। पहला सोलर पॉवर प्लांट आज शुरू किया जा रहा है। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर फाइलों में था हमने दस्तावेज़ खंगाले और इसका प्रयास शुरू किया। हमने इसके लिए सभी विभागों की क्लीयरेंस दी और तब जाकर काम शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऊना में ड्रग बल्क पार्क बनने से दस हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा और अच्छे शासन के लिए अच्छा प्रशासन जरूरी है। हमने पुण्य का कार्य किया, मैं अनाथ आश्रम गया और वहां मैंने सीखा। इसके साथ उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का पहला कानून अनाथ बच्चों के लिए बनाया गया। राज्य को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट घोषित किया गया और अनाख बच्चों की देखभाल सरकार करेगी। कर्मचारियों को प्रदेश सरकार ने ओपीएस दिया। सीएम आगे बोले कि पिछली पांच साल की सरकार ने जनता को ठगा है और हमने डे बोर्डिंग स्कूल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाने की घोषणा की। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमने अगले वर्ष से पहली कक्षा में इंग्लिश अनिवार्य कर दी। इसके साथ ही पिछली सरकार में खराब पड़ी सीटी स्कैन व एमआरआई में भी हमने सुधार किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि ये दुखद: है कि प्रदेश कैंसर के मामलों में पूरे भारत मे दूसरा स्थान बन गया और जहां सबसे ज्यादा केंसर के मामले सामने आ रहे है। पिछली सरकार के अटके हुए रिजल्ट हमने निकलवाए और युवाओं को इंसाफ दिलवाया। पेपर लीक होते रहे, पुलिस भर्ती घोटाला हुआ व क्रिप्टो करंसी घपला हुआ। इसको लेकर पिछली सरकार में कोई कारवाई नहीं की गई। किसानों, महिलाओं व युवाओं के लिए धीरे धीरे हम योजनाएं बना रहे है। आज सरकार की कमाई 100 रुपए है, तो खर्च 170 रूपए है। इसमें 70 रुपए उधार से हम सरकार चला रहे हैं। युवाओं के लिए ई टेक्सी में 50 प्रतिशत अनुदान देने जा रहे हैं। बिजली को लेकर सीएम बोले कि जिन युवाओं के पास 6 कनाल की जगह होगी, तो उसमे 500 किलोमेगावाट का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा व उसकी बिजली 25 साल तक प्रदेश सरकार खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2061 वन मित्र 7000 टी जी टी अध्यापक नियुक्त करने जा रहे है । भविष्य में राज्य चयन आयोग में पेपर लीक जैसी घटना नही होगी । पुलिस में 30 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जा रहा है। इतिहास की सबसे बड़ी आपदा प्रदेश में आई और 16000 घरों को नुकसान पहुंचा व 4000 घर पूर्णतया: समाप्त हो गए। 500 के करीब लोग मौत का शिकार हुए। 4500 करोड़ का पैकेज आपदा में दिया। 10 साल में हिमाचल हिंदुस्तान का सबसे समृद्ध राज्य होगा जिला ऊना में मुख्यमंत्री के एक दिवसीय दौरे के दौरान राज्य के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आज एक नई शुरुआत हो रही है, जिला ऊना के लिए प्रदेश के निचले इलाकों खासकर ऊना में आज तक नहीं हुआ, केवल ऊपरी हिमाचल में ही बिजली उत्पादन हुआ। आज हम पहली बार ऊना जिले में बिजली पैदा करने जा रहा है। ऊना जिले का पहला सोलर बिजली प्लांट 50 करोड़ की बिजली पैदा करेगा।
-ऊना जनहित मोर्चा, रामलीला कमेटी, गुरु का लंगर, सनातन धर्म सभा, अद्भेता संस्था ने किया सम्मान जिला ऊना निवासी प्रसिद्ध उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. महिंद्र शर्मा को सामाजिक संस्थाओं द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य के लिए ऊना में गरिमापूर्ण कार्यक्रम में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। ऊना की सामाजिक संस्थाओं ने डॉक्टर महेंद्र शर्मा को यह सम्मान समाज सेवा के क्षेत्र में उन्हें डॉक्टर की उपाधि से सम्मानित होने पर दिया। डॉ. महिंद्र शर्मा को अमेरिका के न्यूयार्क राज्य द्वारा अनुमोदित, भारत सरकार के कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा स्वीकृत और मानव अधिकारों की शिक्षा के लिए विश्व भर में कार्यरत प्रतिष्ठित वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन कमीशन ने ऊना (हिमाचल) के प्रसिद्ध उद्योगपति दानवीर महिंद्र शर्मा को में डॉक्टरेट की उपाधि से नावाजा है। ऊना के रायजादा होटल में आयोजित प्रभावी, गरिमा पूर्ण कार्यक्रम में डॉक्टर महिंद्र शर्मा को ऊना जनहित मोर्चा, श्री रामलीला कमेटी ऊना, गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट, सनातन धर्म सभा, आद्भेता फाउंडेशन द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने डॉक्टर महिंद्र शर्मा द्वारा समाज सेवा व धर्म के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों को सराहा। वही डॉक्टर महिंद्र शर्मा के पिता दानवीर पंडित अमरनाथ शर्मा द्वारा ऊना में किए गए सेवा के कार्यों को भी याद किया। अपने संबोधन में महिंद्र शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य पिता पंडित अमरनाथ शर्मा द्वारा समाज के क्षेत्र में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना है, जिसके लिए समर्पित होकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है, जरूरतमंद की मदद करें, कोई भी व्यक्ति बिना मदद के नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद के लिए मदद करना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। पिता पंडित अमरनाथ शर्मा द्वारा दी गई प्रेरणा सदैव सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में श्री रामलीला कमेटी ऊना के चेयरमैन प्रिंस राजपूत, अविनाश कपिला अध्यक्ष, डॉ. सुभाष शर्मा, महामंत्री विजय पुरी, गणेश सांभर, मास्टर चमन लाल चौधरी, ऊना जनहित मोर्चा के अध्यक्ष हरिओम गुप्ता, शिव सांभर, बलबिंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष के अध्यक्ष अश्विनी जेतिक, दिनेश गुप्ता, राजेश सैनी, ज्ञान सिंह, अद्वेता फाउंडेशन की अध्यक्ष मोनिका सिंह,सनातन धर्म सभा के सदस्य पदाधिकारी, हरोली कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद बिट्टू, हिमकेप्स कॉलेज के अध्यक्ष विक्रम सिंह, अमित ठाकुर, एडवोकेट ओंकार कपिला, अनिल कपिल, विश्वजीत, राजेंद्र शर्मा, भाजपा नेता धर्मेंद्र राणा, कुलविंदर सिंह, भरत राणा, एएनएस कंस्ट्रक्शनस के जीएम गर्ग व शिव सहोड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-1226 पदों को भरने के लिए कैबिनेट ने दी संशोधित मंजूरी -मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में जोड़े जाएंगे कुछ और प्रावधान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर 30 प्रतिशत महिला आरक्षण प्रदान करने का निर्णय लिया गया और कांस्टेबल के 1226 पदों को भरने के लिए संशोधित मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने अनाथों और समाज के वंचित वर्गों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में कुछ और प्रावधान जोड़ने को भी मंजूरी दी। नए प्रावधानों के तहत राज्य का प्रत्येक अनाथ 27 वर्ष की आयु तक 4,000 रुपये प्रतिमाह जेब खर्च प्राप्त करने का पात्र होगा। इसके अलावा योजना शुरू होने के बाद बाल देखभाल संस्थान छोड़ने वाले ऐसे अनाथ बच्चों को 2 लाख रुपये विवाह अनुदान देने का भी निर्णय लिया, जिन्होंने योजना के शुरू होने बाद विवाह किया। यह राशि एक बार ही देय होगी। सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में विद्युत अधोसंरचना होगी सुदृढ़ बैठक में पूह से काजा तक के सीमावर्ती क्षेत्रों में भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत 486.47 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को स्वीकृति प्रदान की गई। राज्य के लाहौल-स्पीति जिला के स्पीति ब्लॉक और किन्नौर जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों के 32 गांवों में विद्युत अधोसंरचना विकसित व सुदृढ़ करने के लिए 6.49 करोड़ रुपये की विस्तृत योजना रिपोर्ट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इन पदों को भरने के लिए मिली मंजूरी बैठक में कृषि विभाग में कृषि विकास अधिकारियों के 40 पद, गृह रक्षक और नागरिक सुरक्षा विभाग में हवलदार प्रशिक्षकों के 10 पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा शिमला के चमियाना में अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज के नेफ्रोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के दो पद, आईजीएमसी शिमला में ओर्थोपेडिक्स विभाग में सहायक प्रोफेसर का एक पद और जिला मंडी के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल के ईएनटी विभाग में सहायक प्रोफेसर का एक पद भरने का भी निर्णय लिया गया। 40 नए शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर खुलेंगे मंत्रिमंडल ने प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश में 40 नए शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर खोलने को स्वीकृति प्रदान की। कांगड़ा जिले के देहरा के बनखंडी में वन्य प्राणी उद्यान की चाहरदीवारी, जल संचयन निर्माण और सेवा पथों के निर्माण और हिमाचल प्रदेश चिड़ियाघर संरक्षण प्रजनन सोसायटी के माध्यम से परियोजना लागू करने को स्वीकृति प्रदान की। औद्योगिक निवेश नीति में भी होगा संशोधन मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश औद्योगिक निवेश नीति-2019 में संशोधन करने और इसके संबंधित नियमों में संशोधन करने की स्वीकृति प्रदान की। इससे उदार प्रोत्साहन को बढ़ावा मिलेगा। अब बिजली परियोजनाएं 40 साल की लीज पर ही दी जाएगी( लोगों को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड निगम लिमिटेड का जोन सृजित करने तथा हमीरपुर में मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) का कार्यालय स्थापित करने को भी स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट ने ग्रांट इन एड के उपयोगिता प्रमाणपत्र सरकार को भेजने के लिए एक समय सीमा निर्धारित करने को भी स्वीकृति प्रदान की।
-कहा, जागरूकता से एड्स के प्रति समाज के दृष्टिकोण में आया बदलाव मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां 'लेट कम्यूनिटीज लीड' विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय विश्व एड्स दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आने वाले बजट में एड्स पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए एक योजना लेकर आएगी, जिसमें ऐसे बच्चों को शिक्षा के अवसर प्रदान करने और उन्हें मुख्य धारा में शामिल करने के प्रावधान होंगे। उन्होंने कहा कि पहले समाज में एड्स ग्रसित व्यक्ति को घृणा की दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के कारण आज एड्स के प्रति समाज के दृष्टिकोण में बदलाव आया है। उन्होंने आह्वान किया कि बीमार अपनी बीमारी न छुपाएं, बल्कि समाज के सामने स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि एड्स पीड़ित व्यक्तियों की सहायता के लिए वर्तमान राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में सरकार विधवाओं और मूक बधिर बच्चों के लिए भी एक योजना लाने जा रही है। दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई के लिए एक अच्छा स्कूल और कॉलेज खोलने पर भी सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उस वर्ग की आवाज बन रही है, जो सहज अपनी आवाज सरकार तक पहुंचा नहीं सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित बच्चों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना चलाई गई है, जिसके तहत बच्चों के रहने और उनके भरण-पोषण का दायित्व राज्य सरकार का होगा। उन्होंने कहा कि अब 27 वर्ष की आयु तक अनाथ बच्चों को रहने और उनके पालन पोषण के लिए सरकार की ओर से व्यवस्था की गई है तथा इसके लिए राज्य सरकार ने कानून भी बना दिया है। उन्होंने युवाओं से जीवन में सफलता के लिए चुनौतियों का दृढ़ता के साथ सामना करने का आह्वान भी किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा ''मैं आपके सामने सबसे बड़ा उदाहरण हूं। सब कहते थे कि सरकारी नौकरी करो, लेकिन कड़ी मेहनत से मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचा।ÓÓ मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े सुधार लाने जा रही है। अगले शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी की कक्षाएं शुरु करेंगे। स्कूलों में शिक्षक उपलब्ध करवाए जाएंगे व खेल की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके साथ-साथ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भी खोले जा रहे हैं। सरकारी शिक्षण संस्थानों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार वचनबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार गेस्ट फेकल्टी लेक्चरर लगाने पर विचार कर रही है। इसके साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित नए समय से कोर्स शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव करने जा रही है, ताकि प्रदेश के लोगों को राज्य में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सीमित संसाधनों और कर्ज का भारी बोझ होने के बावजूद राज्य सरकार चार साल में हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाएगी और दस वर्षों में हिमाचल प्रदेश देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसके लिए कड़े फैसले कर रही है, जिनके सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में दिखेंगे।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस बीमारी को फैलने से रोकने में, बहुमूल्य योगदान देने पर विभिन्न संगठनों को पुरस्कार प्रदान किए। स्टैंड अलोन इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर ऊना, डॉ. राधा कृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर (एसटीआई क्लीनिक), एआरटी आईजीएमसी शिमला (एआरटी सेंटर) और एनजीओ सनराइज-टार्गेटेड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट (टीआईपी) ऊना को सर्वश्रेष्ठ सेवा केंद्र के रूप में सम्मानित किया गया। सुखविंदर सिंह ने जिला बिलासपुर के राजकीय आईटीआई बरठीं, जिला चंबा के राजकीय महाविद्यालय चौरी, जिला हमीरपुर के सिद्धार्थ राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन, जिला कांगड़ा के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर, जिला किन्नौर के टीएस नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ, जिला कुल्लू के रामेश्वरी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान शाढ़ाबाई, जिला लाहौल-स्पीति के राजकीय महाविद्यालय कुकुमसैरी उदयपुर, जिला मंडी के वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, जिला शिमला के राजकीय महाविद्यालय धामी, जिला सिरमौर के इंस्टीट्यूूट ऑफ डेंटल साईसिंस पांवटा साहिब, जिला सोलन के राजकीय महाविद्यालय अर्की और जिला ऊना के राजकीय महाविद्यालय अंब को सर्वश्रेष्ठ रेड रिबन क्लब के रूप में पुरस्कृत किया। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह को सफल बनाने के लिए आरकेएमवी कॉलेज शिमला, आरजीजीडीसी कोटशेरा शिमला, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राजकीय महाविद्यालय संजौली, जेएलएन फाइन आर्ट्स कॉलेज, चौड़ा मैदान, सेंट बीड्स कॉलेज शिमला, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय शिमला, राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय शिमला, एचपी कॉलेज ऑफ एजुकेशन टुटू शिमला, शिवालिक नर्सिंग महाविद्यालय भट्टाकुफर शिमला, आईटीआई शिमला, मॉडर्न नर्सिंग महाविद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुटू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संजौली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाडेल के प्राचार्यों के प्रयासों की भी सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विश्व एड्स दिवस के अवसर पर लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर एड्स पीड़ित एक महिला ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने इस महिला को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।
सीबीएसई बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं परीक्षा की डेटशीट रिलीज करने से पहले एक अहम नोटिस जारी किया है। बोर्ड ने आगामी 10वीं और 12वीं परीक्षाओं 2024 के संबंध में जारी एक अहम सूचना में कहा है कि बोर्ड दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में कोई ओवरऑल डिवीजन या डिस्टिंक्शन नहीं देगा। जारी नोटिस में कहा है कि बोर्ड परीक्षाओं में स्टूडेंट्स के मार्क्स कैलकुलेट करने के लिए क्या क्राइटेरिया रहेगा, इस संबंध में सीबीएसई को कई अनुरोध प्राप्त हो रहे थे। परीक्षा उपनियमों के अध्याय-7 के सब सेक्शन 40.1 (3) के अनुसार, कोई समग्र डिवीजन/डिस्टिंक्शन या एग्रीगेट नहीं दिया जाएगा। विदित रहे कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई जल्द ही कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा 2024 की डेट शीटजारी करेगा। संभावना है कि बोर्ड इसी महीने के आखिर में या फिर दिसंबर माह के सेकंड वीक तक टाइमटेबल जारी कर दे। सीबीएसई बोर्ड की इस बार भी फरवरी में आयोजित होनी है। बोर्ड की ओर से पहले जारी सूचना के अनुसार 15 फरवरी 2024 से परीक्षाएं शुरू होंगी। वहीं यह एग्जाम अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे। डेटशीट आधिकारिक वेबसाइट पर रिलीज की जाएगी। स्टूडेंट्स पोर्टल पर जाकर इसे पीडीएफ मोड में डाउनलोड कर पाएंगे।
-इच्छुक अभ्यर्थी 30 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन हिमाचल प्रदेश में वन मित्र भर्ती प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 दिसंबर तक आवेदन करना होगा। सरकार वन विभाग में 2,061 वन मित्र भर्ती कर रही है। भर्ती के लिए वन विभाग की वेबसाइट या संबंधित वन परिक्षेत्राधिकारी (रेंज ऑफिसर) कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। वन मित्र के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष है। वन मित्रों के लिए 100 अंकों का टेस्ट होगा। जो टॉप पर होगा, उसे वन मित्र लगाया जाएगा। अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी है। वन मित्रों को 10 हजार रुपये प्रति माह मानदेय और सरकारी छुट्टियों के अलावा साल में 12 अतिरिक्त छुट्टियां मिलेंगी। ग्राउंड टेस्ट पास करने के बाद ही वन मित्र बन सकेंगे। वन मित्रों को वनों की आग से सुरक्षा, पौधरोपण समेत अन्य काम करने होंगे। जिस बीट में वन मित्र रखे जाएंगे, वहां से उनका तबादला नहीं होगा।
जम्मू के कठुआ में तैनात सीआरपीएफ जवान पवन कुमार का उनके पैतृक गांव पूबोवाल में बुधवार शाम को राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे रोबिन कुमार ने उनकी देह को मुखाग्नि दी। सीआरपीएफ 13 बटालियन के सब इंस्पेक्टर डीडी वानखेड़े की टुकड़ी पवन कुमार की पार्थिव देह को लेकर उनके गांव पहुंची, जहां पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। बता दें कि पवन कुमार वर्ष 1990 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे और अब उनकी ड्यूटी जम्मू के कठुआ में थी। कुछ समय पहले पवन कुमार किडनी की बीमारी से पीड़ित हो गए, जिनका उपचार कठुआ में ही चल रहा था। कुछ दिनों पहले इनको उपचार के लिए चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान 28 नवंबर रात को इनका स्वर्गवास हो गया। पवन कुमार के निधन पर पंचायत उप प्रधान संदीप सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य मदन लाल सीधर, मास्टर किशन कुमार, अजय शर्मा, सुभाष चंद्र, राम कुमार सीधर, चंद्रभान, सतीश चांदला, जोगिंदर सिंह, महिंद्र सिंह ने पवन कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के साथ गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्राथर्ना की है।
-विद्यार्थियों-शिक्षकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा केंद्र राज्य सरकार की अभिनव पहल विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में निर्णायक कदम है। यह केंद्र एआई तकनीक को एकीकृत करके डेटा विश्लेषण के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्विफ्टचैट एआई हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रौद्योगिकी और डाटा संचालित संस्थागत प्रणाली में सक्षम करेगा। यह केंद्र इन टूलकिट के डाटा को राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के लिए डैशबोर्ड और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इससे छात्र की प्रगति, शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूल के समग्र प्रदर्शन संबंधी डाटा उपलब्ध होगा। वास्तविक समय में प्रतिक्रिया और सुधार के आधार पर शिक्षक, शिक्षण संबंधी रणनीतियों में सकारात्मक बदलाव किया जाएगा ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के अवसर प्रदान किए जा सके। वीएसके विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण की ज्ञानता प्रदान करता है, जिससे उनकी वैश्विक सामग्री और जानकारी तक सार्वभौमिक पहुुंच सुनिश्चित होती है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल होम लर्निंग तथा अनुभव प्रदान कर शैक्षिक असमानताओं को समाप्त करना है। चैटबॉट पर साप्ताहिक अभ्यास विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर उत्तर तथा जानकारीपूर्ण वीडियो के साथ पाठयक्रम के अनुरूप उन्हें विषयों को सुदृढ़ करने में मदद करता है। विद्यार्थी विभिन्न भाषाओं में गणित का अभ्यास कर सकते हैं और वीडियो देख कर अपने संदेह दूर कर सकते हैं। चैटबॉट विद्यार्थियों की आवाज का उपयोग कर विभिन्न भाषाओं का उपयोग कर, क्विज के माध्यम से सामान्य ज्ञान और ज्ञानवर्द्धन कर उनकी शिक्षा में गुणात्मक सुधार में सहयोग करता है। चैटबॉट विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को ऑन डिमॉंड (आवश्यकतानुसार) कार्य योजना, पाठ तैयार करना, वर्कशीट और वीडियो बनाने में भी सहायता प्रदान करता हैै। इससे शिक्षक समयबद्ध शिक्षण सामग्री तैयार कर सकते हैं और विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड का त्वरित अध्ययन करने के साथ-साथ उनकी उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। चैटबॉट शिक्षण विधियों को विद्यार्थी अनुकूल बनाने में सहायता करता है। इसके माध्यम से अभिवावक शिक्षा संबंधी प्रश्नों का समाधान कर सकते हैं। इसके माध्यम से प्रशासक राज्य स्तर पर शैक्षणिक प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सीखने के परिणामों के आधार पर रणनीति, योजना और प्रशिक्षण पहल का मूल्यांकन कर सकते हैं, जिसके माध्यम से राज्य स्तर पर प्रशासक विद्यार्थी, अध्यापक और विद्यालय संबंधी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र एआई चैटबॉट के माध्यम से विद्यार्थियों के एक डिजिटल साथी के रूप में, शिक्षक को शिक्षण में सहायक और प्रशासक को महत्वपूर्ण डाटा उपलब्ध करवाएगा। चैटबॉट का डेटा शिक्षकों को विद्यार्थी आधारित रणनीतियों को समायोजित करने में सशक्त बनाता है, जिससे विद्यार्थियों के प्रदर्शन में और सुधार होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ऊना विधानसभा क्षेत्र में पढ़ाई में अव्वल रहे छात्रों को दो दिसंबर को टैबलेट्स बाटेंगे। यह पूरा कार्यक्रम जिला मुख्यालय में पुराने वस अड्डे के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी हिमाचल जिला ऊना उप निदेशक शिक्षा देवेंद्र सिंह चंदेल ने दी। मेधावी विद्यार्थियों का पंजीकरण ठीक 9:30 बजे प्रात: शुरू होगा, ताकि सभी की बैठने की व्यवस्था की जा सके और टेबलेट वितरण समारोह सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने बताया कि 2 दिसंबर को ऊना विधानसभा क्षेत्र के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 2021-22 सत्र के मैट्रिक, 10 + 2 और महाविद्यालय के कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट बाटेंगे। कार्यक्रम में बच्चों को अपना पहचान प्रपत्र संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/मुखिया से प्रमाणित करवाना अनिवार्य है। यदि विद्यार्थी उच्च शिक्षा हेतु स्वयं नहीं आ सकता तो विद्यार्थी के माता-पिता प्रमाणित पहचान पत्र के साथ अपना स्वयं का भी पहचान पत्र साथ लेकर आएं। संबंधित विद्यार्थी या माता-पिता को पहचान पत्र दिखाने पर ही टैबलेट दिया जाएगा।
-सिख फॉर जस्टिस गुरवंत पन्नू ने ली जिम्मेदारी -वीडियो बनाकर किया गया प्रसारित, जांच में जुटी पुलिस -खंगाली जा रहीं सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चिंतपूर्णी मंदिर के तलवाड़ा बाईपास की दुकानों के शटर और दीवारों पर हिमाचल बनेगा खालिस्तान, शहीद भिंडरावाले जिंदाबाद के नारे लिखे हैं और इसका वीडियो बनाकर प्रसारित भी किया गया है, जिसके बाद बुधवार सुबह से ही यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इसकी जिम्मेदारी सिख फॉर जस्टिस गुरवंत पन्नू ने ली है। सुरक्षा की दृष्टि से चाक चौबंद मंदिर क्षेत्र और सुरक्षा बल तैनात होने के बावजूद ये नारे यहां कैसे लिखे गए, यह हैरान करने वाली बात है। न सिर्फ नारे लिखे गए, बल्कि उनका वीडियो भी बनाकर सब जगह प्रसारित किया गया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम संदेश जारी किया गया है, जिसमें 1984 के दंगों में कांग्रेसी नेताओं पर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। एसडीपीओ अंब वसुधा सूद ने मौके पर पहुंचकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व हरोली के संगठन के प्रस्ताव पर हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पांच नए जोन गठित किए हैं। 5 ज़ोन के लिए ने प्रभारी का ऐलान भी कर दिया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस संगठन के मजबूती के लिए गठित 5 ज़ोन के प्रभारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में 5 जोन के प्रभारी उपस्थित रहे। वहीं जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा,हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद बिट्टू व प्रदेश कांग्रेस के सचिव अशोक ठाकुर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे । उप मुख्यमंत्री ने पंडोगा जोन के प्रभारी मेहताब सिंह, हरोली के प्रभारी राजकुमार, पालक्वाह के प्रभारी संदीप अग्निहोत्री, ललडी के प्रभारी सुरेश जोशी वव बीत के प्रभारी जोगिंदर सिंह को शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब की प्राथमिकता कांग्रेस के संगठन को मजबूत करना है, बूथ तक कांग्रेस का संगठन मजबूत हो,कार्यकर्ता सक्रिय हो सभी वर्ग कांग्रेस के साथ मिलकर आगे बड़े, यह हम सब का लक्ष्य है। इसके लिए हरोली कांग्रेस के नेतृत्व में बेहतर काम किया जा रहा है। अब जोन स्तर पर प्रभारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अपने-अपने क्षेत्र में फील्ड में रहकर के काम करें, पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हरोली की जनता ने सदैव कांग्रेस को सम्मान दिया है। लगातार पांच चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मुझे जीताए हंै। मुकेश ने कहा कि हम जनता की उम्मीद पर खरे उतरें, विकास को आगे बढ़ाए, गांव व गरीब की मदद के लिए काम करें, हरोली को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के साथ-साथ हरोली की जनता के सुख-दुख में शामिल हो इसके लिए जरूरी है कि हम हर घर तक पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश बॉल बैडमिंटन संघ का चुनाव गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंबोट में केसी ठाकुर सचिव हिमाचल प्रदेश बाल बैडमिंटन संघ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संघ ने सर्वसम्मति से बीएल गोयल को प्रधान, केसी ठाकुर को सचिव, आरके भारद्वाज को कोषाध्यक्ष, दीपक कुमार शारदा जिला ऊना, कुलभूषण शर्मा जिला कांगड़ा, नर्मदा देवी, सुरेश कुमार को उप प्रधान तथा सचिव के पद पर सुरेंद्र ठाकुर, सुमित पराशर उन्ना, सौरभ कुमार कांगड़ा, टीना शर्मा को चुना गया। वहीं, अनिल कुमार शर्मा को प्रेस सचिव चुना गया। मदन सिंह ठाकुर, रितिका राणावत, संजीव कुमार हमीरपुर, कृतिका उन्ना को सदस्य चुना गया।
- सात लोग हुए घायल, अस्पताल में उपचाराधीन - जालंधर से ऊना में एक शादी समोराह में आ रहे थे सभी लोग ऊना के पंडोगा में एक छोटी पिकअप गाड़ी ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गई। इसमें सवार १० लोगों में से ७ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला सरकारी अस्पताल लाया गया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। पिकअप गाड़ी में सवार सभी लोग पंजाब के जालंधर से ऊना में एक शादी समोराह में कारीगरों का काम करने के लिए आ रहे थे कि अचानक पंडोगा पहुंचते ही गाड़ी की ब्रेक फेल हो जाने के कारण वह सड़क पर पलट गई। हादसे में घायल लोगों का इलाज जिला के सरकारी अस्पताल में करवाया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार आगामी 72 घंटे में मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। बर्फबारी का असर तापमान पर भी पड़ेगा। 26 नवंबर की शाम से प्रदेश में तेजी से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। बर्फबारी का यह असर किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिलों में देखने को मिलेगा। जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कम विजिविल्टी होने की भी बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम करवट बदलेगा और सोमवार को यैलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश में 30 नवम्बर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवम्बर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जो उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसका असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश अग्निहोत्री ने आज ऊना विश्रामगृह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. पे्रम कुमार धूमल से शिष्टाचार की। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में आए थे। जब मुकेश अग्निहोत्री को उनके आने की जानकारी मिली तो वे उनसे मिलने के लिए उनके कमरे में पहुंचे। जहां उप मुख्यमंत्री ने पांव छूकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से आशीर्वाद लिया। दोनों नेताओं के बीच पारिवारिक बातचीत हुई। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
-कहा, रोगियों को बेहतर सुविधा देना रहेगी प्राथमिकता क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रदेश सरकार ने हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉक्टर पुनीत बंसल की तैनाती की है। डॉ. पुनीत बंसल हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। वे हरोली के सिविल अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे, उन्हें अब क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भेजा गया है। डॉक्टर पुनीत बंसल ने कहा कि रोगियों को बेहतर सुविधा देना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हड्डी रोग को लेकर जिस प्रकार से रोगी पीड़ित रहते हैं, उसमें उन्हें आराम मिल सके, बेहतर सलाह मिल सके, बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतरीन इलाज करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में बेहतर से बेहतर व्यवस्था हड्डी रोग विभाग में देने का काम करूंगा।
-कई आरोपी विदेश भाग चुके, कई भागने की फिराक में हिमाचल में करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड में एसआईटी ने 19 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। हालांकि 2500 करोड़ की ठगी के इस मामले में 19 करोड़ की संपत्ति बहुत कम है। वहीं, एसआईटी आरोपियों की संपत्ति का पता लगा रही है, लेकिन धीमी कार्रवाई के चलते कई आरोपी विदेश भागने की फिराक में हैं। क्रिप्टो करेंसी ठगी मामले से जुड़े कई आरोपी विदेश भाग चुके हैं। ठगी मामले में पंजाब और हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही है। करोड़ों के इस क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैसा लगाया है। बताया जा रहा है कि इस रैकेट के सरगनाओं ने सबसे पहले नेताओं और बड़े अधिकारियों को ही जाल में फंसाया। उसके बाद धीरे-धीरे ठगों की चेन बढ़ती गई। करोड़ों के इस ठगी मामले में कई पुलिस कर्मी भी शामिल बताए जा रहे है। शातिरों ने प्रदेश में करीब एक लाख से अधिक लोगों को ठगा है। एसआईटी की कार्रवाई के बाद प्रदेश में क्रिप्टो करंसी ठगी की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही है। ठगी मामले की राशि का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। क्रिप्टो रैकेट में शातिरों ने करीब अढ़ाई लाख आईडी बनाकर क्रिप्टो करेंसी के नाम पर प्रदेश की जनता को करोड़ों का चूना लगाया है। क्रिप्टो करेंसी ठगी मामले में एसआईटी ने अभी तक चार पुलिस कर्मियों सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने हिमाचल के अलावा बाहरी राज्यों में भी बनाई संपत्ति क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी के इस स्कैम में करीब एक लाख लोग शामिल बताए जा रहे हंै। बताया जा रहा है कि अब तक की जांच में करीब 2500 करोड़ की ट्रांजेक्शन मिली है। बताया जा रहा है कि लोगों से करोड़ों रुपए ठगने वाले शातिरों ने हिमाचल के अलावा बाहरी राज्यों में भी संपत्ति बनाई है। ठगी मामले में कई अहम साक्षय एसआईटी के हाथ लगे है। फर्जी वेबसाइट से बनाया शिकार शातिरों ने वेबसाइट बनाकर लोगों को फर्जी कॉईन के नाम पर करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया है। शातिरों ने कोर्वियो कॉइन, डीजीटी कॉइन, फिश टोकन हाइपनेक्सट, बिटपेड एक, बिटवेड दो और एडड फाइनांस कॉइन के झांसे में फंसाकर लोगों को ठगा है। क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में पंजाब और हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। करोड़ों के इस क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैसा लगाया है। एसआईटी क्रिप्टो करेंसी के सभी मास्टरमाइंड की प्रॉपर्टी की मैपिंग कर रही है।
बाथू में निर्मित राजीव गांधी कॉमन फैसिलिटी सेंटर भवन में सोमवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बल्क ड्रग पार्क के कॉरपोरेट ऑफिस का शुभारंभ किया। इसके निर्माण पर एक करोड़ 35 लाख रुपए की लागत आई है। इसके उपरांत उन्होंने दुलैहड़ में 31.05 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले बल्क ड्रग के लिए 15 एमएलडी की पेयजल योजना, 10.06 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली प्रशासनिक खंड बल्क ड्रग पार्क के लिए उठाऊ पेयजल योजना तथा 11.75 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली बल्क ड्रग पार्क की पेयजल के भूजल स्त्रोतों के पुनर्भरण हेतु परियोजना का शिलान्यास भी किया। इस दौरान उनके साथ उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान भी उपस्थित रहे। बाथू में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरोली विस क्षेत्र शिक्षा का हब बन चुका है। विस क्षेत्र में अकादमिक और व्यवसायिक शैक्षणिक संस्थान खोले गए हैं जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर द्वार पर ही उच्च शिक्षा मिल रही है और बड़े-बड़े संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक ओर जहां दो दशक पूर्व हरोली विधानसभा क्षेत्र में केवल चार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थे वहीं वर्तमान में हरोली विधानसभा क्षेत्र में 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एक केंद्रीय विद्यालय तथा तीन महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के लिए लगभग 32 करोड रुपए की पेयजल योजना, बल्क ड्रग पार्क के प्रशासनिक खंड के लिए लगभग 10 करोड रुपए की पेयजल योजना तथा बल्क ड्रग पार्क की पेयजल योजनाओं के भूजल स्रोतों के पुनर्भरण हेतु लगभग 12 करोड़ रुपए की इन सभी परियोजनाओं के निर्माण कार्य को अगले 6 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश का सबसे लंबा पुल बनने के बाद अब सबसे बड़ा जल भंडारण टैंक पोलियां में बनाया जा रहा है। इसके अलावा स्वां नदी पर लगभग 52 करोड़ पर की लागत से पंडोगा व त्यूड़ी के मध्य एक पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली हल्के के हर खेत को सिंचाई की सुविधा प्रदान करने के लिए बीत सिंचाई योजना-दो बनाई जा रही है जिसके लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना पर तीव्रता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सम्पूर्ण हरोली, विकसित हरोली होगी जिसके लिए वह कृतसंकल्प हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विस में तीव्र गति से विकास कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है ताकि भावी पीढ़ी को किसी भी समस्या का सामना न करना पडे। इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग का नया डिवीज़न स्थापित किया गया है। यहां पर जल शक्ति विभाग का पूरा स्टाफ बैठेगा। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में 4500 पैरा कर्मचारियों के पद भरे जाएंगे। इससे पूर्व उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले ड्रग पार्क से न केवल हरोली विधानसभा क्षेत्र बल्कि समूचे जिला ऊना की आर्थिकी में अभूतपूर्व सुधार होगा तथा हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि बल्क ड्रग पार्क में सड़क निर्माण कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग को तथा विद्युत संबंधी परियोजनाओं के लिए 34 करोड रुपए उद्योग विभाग द्वारा जारी किए गए हैं। उद्योग मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के गांव पंजुआना में 175 एकड़ भूमि पर एक बड़ी टाउनशिप विकसित की जा रही है जिसमें बल्क ड्रग पार्क में स्थापित होने वाले उद्योगों के लगभग 10 हजार अधिकारियों व कर्मचारी को को उच्च स्तरीय आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने 10 माह के कार्यकाल के दौरान सरकारी क्षेत्र में लगभग 10 हजार पद स्वीकृत किए हैं। उन्होंने जानकारी दी की वन विभाग में 2100 वनरक्षक तथा आयुष विभाग में 1500 योग अनुदेशक प्रत्येक आयुर्वेदिक स्वास्थ्य संस्थानों में रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चुनावों से पूर्व दी गई गारंटीयों को पूरा करने के लिए कृत संकल्प है जिसकी शुरुआत सरकार ने अपने कार्यकाल के आरंभ में ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली के साथ कर दी गई है। इसके साथ ही प्रत्येक विस क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ जो वायदे किए गए हैं उन्हें पांच वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली ली विधानसभा क्षेत्रवासी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जैसे ईमानदार जुझारू व सक्षम नेता मिले हैं जो विधानसभा में सदैव अपने क्षेत्र वासियों के हितों की मजबूती के साथ पैरवी करते हैं। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में सत्ता की बागडोर संभालते ही भ्रष्टाचार तथा नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है जिसकी बदौलत पूर्व सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का अड्डा बने अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर के कई घोटाले उजागर हुए तथा कई दोषी सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी तथा अवैध खनन जैसे कामों में लगे दोषियों के खिलाफ भी सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है।
-कहा, आधुनिक तकनीक के साथ चलकर होगा विकास सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में किसी भी कार्य को करने के लिए निरंतर नई.नई तकनीकों का विकास व इस्तेमाल हो रहा है जिससे कम श्रम शक्ति से अधिक उत्पादकता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सूचना प्रौद्योगिकी का ही एक अग्रिम चरण है जो कि अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ मीडिया से संबंधित कार्यों के लिए भी सुअवसर के साथ-साथ एक चुनौती भी है। यह बात उपायुक्त राघव शर्मा ने जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर जिला भर से आए प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी विकास के साथ हो रहा कोई भी परिवर्तन कितना लाभदायक या हानिकारक है यह व्यक्ति के इस्तेमाल और विवेक पर निर्भर करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एआई का इस्तेमाल मीडिया जगत के लिए आम जनता तक गुणात्मक व रचनात्मक समाचार पहुंचाने तथा मीडिया से संबंधित कार्य को सुगम बनाने के लिए एक कारगर साबित होगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला के सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पत्रकार बेहतर सूचना दें, सामाजिक बदलाव के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का समाज को अहम योगदान है, इसलिए पत्रकार लोकतंत्र का चौथा मजबूत स्तंभ है। उन्होंने कहा कि निरंतर होने वाला विकास व तकनीक का आधुनिककरण व्यवसाय व प्रोफेशन के लिए लाभदायक रहता है। उन्होंने कहा कि हमें सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए नशे पर भी प्रहार करना है। कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला लोक संपर्क अधिकारी मीना बेदी ने उपस्थित मीडिया कर्मियों का स्वागत किया तथा उन्हें राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रेस परिषद की ओर से जो विषय रखा गया है, यह आधुनिक तकनीक से संबंधित है, जिसमें नए आविष्कार हो रहे हैं, नई तकनीक आगे बढ़ रही है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सूचना क्षेत्र में भी नया अवतार ला रही है, इसका सदुपयोग निश्चित रूप से क्रांति लेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब ऊना के महासचिव जितेंद्र कंवर ने कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर वरिष्ठ पत्रकार जोगिंदर देव आर्य व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संबंधित सूरज शर्मा ने भी अपने विचार रखें और नई तकनीक को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला ऊना के विभिन्न प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े संवाददाता गण उपस्थित रहे।
-उप मुख्यमंत्री ने की राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 'कृत्रिम मेधा के दौर में मीडिया की भूमिकाÓ विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की और मीडिया जगत से जुड़े लोगों को इस दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पत्रकार महत्वपूर्ण सामाजिक घटनाओं, सरकार के काम से सम्बंधित जानकारी और अन्य सूचनाओं को सच्चाई और तथ्य के आधार पर समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खबरों से ही एक पत्रकार की पहचान होती है और पाठकों के बीच पत्रकार की विश्वसनियता ही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सत्यता, वस्तुनिष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता की अपेक्षा रहती है। पिछले दो दशकों में पत्रकारिता के क्षेत्र में डिजिटलाइजेशन का प्रभाव साफ देखा जा सकता है। आधुनिक युग में सूचनाओं का आदान-प्रदान बहुत तेजी से हो रहा है। इसमें सोशल मीडिया की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। समय के साथ पत्रकारिता के तरीकों में भी बदलाव देखने को मिला है और मीडिया में आज नयी तकनीकें अपनायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया और ब्रॉडकास्ट मीडिया के साथ ही आज सोशल मीडिया का दौर है, लेकिन हर माध्यम की अपनी एक महत्ता है जो कभी कम नहीं होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी नवीन प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को अपने विभागों में शामिल करने की पहल की है। इसी का परिणाम है कि आज सरकारी क्षेत्र के सभी विभाग ई-ऑफिस से जुड़ रहे हैं। इसके अलावा सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, पुलिस विभाग व शिक्षा आदि क्षेत्रों में सरकार नवीनतम प्रौद्योगिकी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के विस्तार से आज प्रत्येक व्यक्ति सूचना सम्प्रेषण का एक माध्यम बन चुका है। हाल ही की प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान से संबंधित विभिन्न वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों द्वारा ही प्रसारित किए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में आज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार व जनता के मध्य संवाद कायम करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आह्वान किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार के विकासात्मक कार्यक्रमों एवं कल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश के लोगों तक पहुंंचाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की बसों में न्यूनतम शुल्क पर सामान भेजने की सुविधा, वाहनों के नम्बरों की ऑनलाइन नीलामी और चिंतपूर्णी मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा जैसी नवोन्मेषी पहलों से प्रदेश के राजस्व में करोड़ों रुपयों की वृद्धि होने के साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ी है। ऐसे निर्णयों के सकारात्मक पहलुओं को सही परिप्रेक्ष्य में लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय रही है। मुख्य संसदीय सचिव, सूचना एवं जन संपर्क संजय अवस्थी ने कहा कि आजादी से लेकर वर्तमान तक मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। परिवर्तन के इस दौर को आत्मसात करते हुए हमें अपने मूल्यों एवं आदर्शों पर ही अडिग रहना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित परिचर्चा हमें सामयिक मुद्दों पर विमर्श का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान मीडिया की भूमिका सराहनीय रही है। परिचर्चा में विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, सूचना एवं जन संपर्क विभाग की अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता, संयुक्त निदेशक प्रदीप कंवर एवं महेश पठानिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी व शिमला स्थित विभिन्न मीडिया संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
रोटरी क्लब ऊना के पूर्व प्रधान बरजिंद्रजीत सिंह गोल्डी को रोटरी जिला 3070 का वर्ष 2024-25 के लिए जिला सचिव मेंबरशिप ग्रोथ मनोनीत किया गया है। रोटरी जिला 3070 के वर्ष 2024-25 के लिए जिला गर्वनर डा. पीएस ग्रोवर ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। उन्होंने रोटे. बरजिंद्रजीत सिंह गोल्डी की सेवाओं को देखते हुए उन्हें इस पद के लिए नामित किया है। बरजिंद्रजीत सिंह गोल्डी इससे पहले तीन बार सहायक गर्वनर रह चुके है। जबकि चार बार वह जिला सचिव का भी दायित्व निभा चुके है। उन्होंने 2002 में रोटरी क्लब ऊना में सदस्यता ली थी। वहीं वह 2009-10 में रोटरी क्लब ऊना के प्रधान भी रहे। उन्हें बेहतरीन सेवाओं के लिए उत्कृष्ठ रोटरी प्रधान का अवार्ड भी मिल चुका है। रोटरी क्लब ऊना ने उनकी नियुक्ति का स्वागत किया है। रोटरी क्लब ऊना के प्रधान जगदीश राव, सचिव संजीव पुरी, रोटे. एचएन चीटू, रोट. बलदेव, रोटे. संजीव अग्रिहोत्री व अन्य सदस्यों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए जिला गर्वनर पीएस ग्रोवर का धन्यवाद किया है।
शिमला। एसआईटी ने करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने आरोपियों की सात गाड़ियां जब्त की हैं। गौर रहे कि मामले में एसआईटी ने अब तक चार पुलिस कर्मियों समेत 18 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इसके आलावा एसआईटी ने अब तक 12 करोड़ की प्रॉपटी भी फ्रीज की है, जिसमें क्रिप्टो करंसी ठगी मामले के मास्टरमाइंड सुभाष शर्मा की तीन करोड़ प्रॉपटी मंडी और जीरकपुर में फ्रीज की गई है। जानकारी देते हुए डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि करोड़ों की इस ठगी में कई सरकारी कर्मचारी और पुलिस कर्मी शामिल हैं। एसआईटी की जांच में पता चला है कि पुलिस कर्मी पहले इन्वेस्टर बने और फिर एजेंट बन गए। क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी सुनील स्याल भी इस ठगी का किंग पिन है। एसआईटी ने क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में वेबसाइट डीकोट कर ली है, जिसमें कई ट्रांजेक्शन मिले हैं।
-वापिस लौटने पर शिमला में कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आज दिल्ली से वापिस शिमला लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने होटल मरीना से लेकर ओक ओवर तक मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि हिमाचल प्रदेश के देवी-देवताओं और जनता की दुआओं से वह स्वस्थ होकर वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने कुछ दिनों तक उन्हें आराम करने और समय पर खाना खाने की सलाह दी है, लेकिन वह सरकार की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और अगले 10 वर्षों में देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है और वर्तमान राज्य सरकार इसी दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक भी रखी गई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी कुछ दिन की अनुपस्थिति के दौरान मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों और अधिकारियों ने अपने दायित्व को बखूबी निभाया है, जिसके लिए वह उनके धन्यवादी हैं। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में नहीं जाएंगे, लेकिन इन चुनावों में कांग्रेस की जीत निश्चित है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को दीपावाली की शुभकामनाएं दी और प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि अब सभी मिलकर दोबारा से विकास कार्यों में जुटेंगे और हिमाचल प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे लेकर जाएंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव चौधरी राम कुमार, संजय अवस्थी, आशीष बुटेल, विधायक, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शिक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मेधा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सत्र 2023-24 के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठाने के लिए 25 नवम्बर, 2023 तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दृष्टिगत बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं अपना आवेदन संबंधित जिला के उच्चतर शिक्षा उप-निदेशक के पास डाक द्वारा अथवा ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। स्नातक स्तर के छात्र-छात्राएं अपना आवेदन पत्र अतिरिक्त/संयुक्त निदेशक (कॉलेज), शिक्षा निदेशालय के पास डाक अथवा ई-मेल medha.protsahan@gov.in के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन जमा करवाने की अन्तिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है और इसके उपरांत कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक ई-मेल से केवल एक ही आवेदन पत्र स्वीकार किया जाएगा। योजना से संबधित पूर्ण जानकारी उच्चत्तर शिक्षा निदेशक की वैबसाईट www.education.hp.gov.in पर उपलब्ध है। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि योजना के तहत कोचिंग संस्थानों को उच्चतर शिक्षा विभाग को एक लाख रुपये की बैंक गारंटी जमा करवानी अनिवार्य है। यदि अभी तक किसी संस्थान द्वारा यह राशि जमा नहीं की होगी तो उन्हें यह तुरन्त प्रभाव से यह जमा करवानी होगी और तभी वह कोचिंग संस्थान इस उद्देश्य के लिए पात्र होगा।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात 8 से 10 बजे के बीच ही ग्रीन पटाखे जलाए जा सकेंगे। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर आदेशों को सख्ती से लागू करवाने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड के सदस्य सचिव अनिल जोशी ने बताया कि एनजीटी की ओर से वायु प्रदूषण के लिहाज से अति संवेदनशील शहरों में पटाखों पर प्रतिबंध लगाया है। जबकि मॉडरेट और सामान्य श्रेणी में आने वाले शहरों में सिर्फ ग्रीन पटाखे दो घंटे चलाने की छूट दी गई है।
कृषि सचिव सी पालरासू ने बताया कि प्रदेश में गेहूं के बीज का उत्पादन बढ़ाने के दृष्टिगत विभाग द्वारा इस वर्ष 800 क्विंटल प्रजनक बीज राज्य के विभिन्न जिलों में आबंटित किया जा रहा है। इस वर्ष गेहूं के प्रजनक बीज का मूल्य 7050 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जिसे विभाग के अपने फार्मों व पंजीकृत किसानों को वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा गेहूं के प्रमाणित बीज पर राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 1500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जा रहा हैै। राज्य में किसानों की आर्थिकी को देखते हुए इस वर्ष लगभग 600 क्विंटल प्रजनक बीज किसानों में वितरित किया जा रहा है, प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं के प्रजनक बीजों पर 3000 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अनुदान देने का फैसला लिया है, जिसे सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अलावा 200 क्विंटल प्रजनक बीज जिलों में स्थित विभागीय फार्मों में उपलब्ध करवाया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से किसानों में बीज उत्पादन के प्रति और ज्यादा जागरूकता आएगी व इससे प्रदेश में बीज उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। कृषि निदेशक कुमद सिंह ने बताया कि प्रदेश में अधिकतर किसान लघु एवं सीमांत है। कृषि व्यवसाय की सफलता व पैदावार बहुत कुछ उच्च गुणवता बीजों की उपलब्धता पर निर्भर करती है। प्रदेश में उत्तम बीजों की मांग बढ़ती जा रही है क्योंकि कोरोना महामारी के बाद अधिकतर नौजवान कृषि से जुड़े है। विभाग खाद्यान्नों आदि के बीजों को प्रदेश में ही उत्पादित कर किसानों को वितरित करने की ओर आत्मनिर्भर हो रहा है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज यहां उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री तथा डॉ. विजय सिंह द्वारा लिखित पुस्तक 'एम्पावरिंग ट्राईब्स-ए पाथ टूवॉर्ड्स सस्टेनेबल डेवेल्पमेंटÓ का विमोचन किया। राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत ने दुनिया को अपनी ओर आकृष्ट किया है। प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास के फलस्वरूप अब जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रकाशित पुस्तक में लेखक-द्वय द्वारा विश्व के जनजातीय क्षेत्रों में विकास के बाद हुए बदलाव के बारे में बताया गया है, जो पाठकों के लिए रूचिकर होगा। इसके अतिरिक्त पुस्तक में वैश्विक स्तर पर जनजातीय आबादी के समक्ष पेश आ रही चुनौतियों, इनके सशक्तिकरण, अनूठी जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और इनके सतत् भविष्य के दृष्टिगत नवोन्मेषी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की सुपुत्री आस्था अग्निहोत्री व अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
-उप मुख्यमंत्री ने हरोली में किए 43 करोड़ 20 लाख के शिलान्यास व लोकार्पण -बोले, प्रदेश के विकास में आड़े नहीं आने देंगे धन की कमी हिमाचल प्रदेश का संपूर्ण एवं संतुलित विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसे धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं व कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में 43 करोड़ 20 लाख के विभिन्न 22 विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण के अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने ने बताया कि आज 33.56 करोड़ के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के शिलान्यास तथा 9.64 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा तथा शुरू किए जा रहे प्रत्येक विकास कार्य को न्यूनतम निर्धारित समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शुरू किए गए कार्यों की गति के अलावा गुणवत्ता का भी खास ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र निर्णायक विकास की ओर अग्रसर है तथा यहां पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल जल तथा सिंचाई के क्षेत्र में परियोजनाओं का सुनियोजित ढंग से निर्माण किया जा रहा है ताकि क्षेत्र की वर्तमान पीढ़ी की आवश्यकताओ के अलावा भावी पीढ़ियों के लिए भी इनका लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क में पेयजल जल उपलब्ध करवाने के लिए 32 करोड रुपए, सड़क निर्माण के लिए 40 करोड रुपए तथा विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 15 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भाखड़ा - जमालपुर विद्युत लाइन को हरोली से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा बल्क ड्रग पार्क की विद्युत संबंधी आवश्यकताओं के मध्य नजर नैहरियां से पेखूबेला तथा पोलियां तक 95 करोड़ की लागत से विद्युत लाइन बनाई जा रही है। इसके अतिरिक्त 31 करोड रुपए की लागत से टाहलीवाल में एक नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी विद्युत परियोजनाओं के पूर्ण होने पर इस क्षेत्र में आने वाले कई दशकों के लिए विद्युत संबंधी आवश्यकताएं पूर्ण हो जाएंगी। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि जिला ऊना में एशियन विकास बैंक के माध्यम से 19 पेयजल योजनाएं निर्माणाधीन हैं जिन पर 139 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने एशियन विकास बैंक के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में एडीबी की सभी परियोजनाओं को मई 2024 तक तथा बालीआल व नगनोली में निर्माणाधीन परियोजनाओं को आगामी 1 माह के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली में लगभग 7 करोड रुपए की लागत से बनाया जा रहे बस अड्डे का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे लम्बे रामपुर-हरोली पुल को पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत विकसित किया जा रहा है तथा यहां पर आने वाले लोगों सुरक्षा व सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रामपुर-हरोली पुल पर सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। जबकि लोगों की सुविधा के लिए प्याऊ तथा रैंन शैल्टर यहां बनकर तैयार हो गए हैं।
-जिला पुलिस ने चलाया विशेष सतर्कता अभियान -शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर हो रही गश्त दीपावली व अन्य त्यौहारी के दृष्टिगत जिला पुलिस ऊना द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए 7 से लेकर 14 नवंबर तक विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला पुलिस के समस्त अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक बाजारों, बस एवं टैक्सी स्टैंडों व अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कर्मचारियों सहित उपस्थित रहकर असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रख रहे हैं। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य आम जनता के मध्य सुरक्षा की भावना को विकसित करना और त्योहार के कारण अपेक्षित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सटीक यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक ऊना ने आम लोगों का आह्वान किया है कि वे भी अपने स्तर पर सतर्कता बनाए रखें व किसी भी संदेहजनक या आपातकालीन अवस्था में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हिमाचल को पर्यटन राज्य बनाने के लिए साहसिक गतिविधियों पर दिया जा रहा ध्यान आधुनिक जरूरतों के अनुरूप पर्यटन गतिविधियों के विकास को दिया जा रहा बढ़ावा 'पर्यटक ग्राम' जहां हिमाचली संस्कृति से रू-ब-रू होंगे सैलानी हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार हिमाचल को पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार तथा स्थानीय लोगों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके। इसके दृष्टिगत ट्रैकिंग, कंैपिंग, पैराग्लाइडिंग तथा रिवर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को विशेष तौर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार के प्रयास अब हकीकत में भी नज़र आने लगे हैं। हाल ही में हमीरपुर जिला के नादौन में ब्यास नदी में तीन दिवसीय एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इसमें नेपाल, भूटान और कजाकिस्तान जैसे देशों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल्लू-मनाली के उपरान्त नादौन ब्यास नदी पर राफ्टिंग का नया केंद्र बनकर उभरा है। नादौन क्षेत्र में पर्यटन विकास के दृष्टिगत एशियन विकास बैंक की मदद से 2500 करोड़ रुपये की परियोजना भी प्रस्तावित है। इससे पूर्व बिलासपुर जिला में स्थित गोविन्द सागर झील में भी जल क्रीड़ा से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। मण्डी जिला के ततापानी में कोल बांध झील में भी जल क्रीड़ा पर आधारित साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कांगड़ा जिला के पौंग डैम में वाटर स्पोर्ट्स, शिकारा, क्रूज़ तथा यॉट इत्यादि की भी व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश सरकार पारम्परिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक जरूरतों के अनुरूप पर्यटन गतिविधियों के विकास को बढ़ावा दे रही है। पर्यटन राजधानी कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्फ कोर्स का निर्माण प्रस्तावित है। बनखण्डी में 300 करोड़ रुपये की लागत से चिड़िया घर का निर्माण किया जा रहा है। सरकार ने अपने प्रथम बजट में ही 60 करोड़ रुपये का प्रावधान इसके पहले चरण के निर्माण के लिए किया है। स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए 'पर्यटक ग्रामÓ की स्थापना भी की जा रही है। इसमें स्थानीय कला, संस्कृति, हस्तकला, संगीत इत्यादि को प्रसारित करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। पर्यटन क्षेत्र को नए आयाम देते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'ओल्ड एज होमÓ विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की एक व्यापक पर्यटन विकास योजना की घोषणा सरकार ने इस वर्ष के बजट में की है। इसके अंतर्गत कांगड़ा जिला में 390 करोड़ रुपये, हमीरपुर जिला में 257 करोड़ रुपये, कुल्लू जिला में 229 करोड़ रुपये, शिमला जिला में 123 करोड़ रुपये तथा मण्डी जिला में 138 करोड़ रुपये व अन्य स्थानों पर 174 करोड़ रुपये पर्यटन विकास पर व्यय किए जाएंगे। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं, इलैक्ट्रिक बसें, जल क्रीड़ा, थीम पार्क, सड़क किनारे प्रसाधन सहित अन्य सुविधाएं, उच्च स्तरीय फूड कोर्ट, विरासत स्थलों के सौन्दर्यकरण और ईको टूरिज्म के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। ग्रीष्म एवं शीतकालीन खेलों का सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के दृष्टिगत शिमला आईस स्केटिंग रिंक का उन्नयन करने के साथ ही मनाली में आईस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का मानना है कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन के साथ जोड़कर रोजगार के स्थायी अवसर सृजित किए जा सकते हैं। इससे पर्यटन विकास सुनिश्चित होगा और प्रदेश के राजस्व में भी बढ़ौत्तरी हो सकेगी। पर्यटन तथा आतिथ्य क्षेत्रों में क्षमता निर्माण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं को पर्यटन क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने पर भी विशेष ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है।
-देवदूत बनकर पहुंची कुठार खुर्द की दामिनी -सांप को पकड़ संगत को किया भयमुक्त ऊना के राधा स्वामी सत्संग भवन में आज कुछ संगत सेवा में लगी थी तो एक जगह संगत को एक सांप दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत दामिनी को दी और कुछ ही देर में दामिनी वहां पर पहुंच गई। दामिनी ने कुछ ही मिनट के अंदर इस सांप को पकड़ लिया। सभी संगत ने इस कार्य के लिए दामिनी का धन्यवाद किया। वहीं, दामिनी ने बताया कि यह रसल वाइपर प्रजाति का सांप है, जो कि बहुत खतरनाक होता है। इसमें बहुत ज्यादा जहर होता है। अगर यह एक बार किसी को काट ले तो सबसे पहले उसको सूजन आती है और कुछ ही टाइम बाद उस इंसान की मौत हो जाती है। संगत ने जब दामिनी से पूछा कि उसे सांप से डर नहीं लगता तो उसने कहा, 'सांप से हर कोई डरता है, लेकिन इसे पकड़ने का एक तरीका होता है, जो कि मैंने अपने पिता से सीखा और आज लोगों की सेवा में जुटी हूं।' उसने बताया कि अगर कोई आर्थिक योगदान देता है तो वो पैसा काल भैरव के भंडारे के लिए इस्तेमाल किया जाता है। दामिनी ने लोगों को 5 दिसंबर को काल भैरव जी के भंडारे में आने को आमंत्रित भी किया।
-कहा, सांसद अनुराग और विधायक सत्ती द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्य -नगर परिषद के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदों को किया जा रहा नजरअंदाज नगर परिषद ऊना की चेयरपर्सन पुष्पा देवी ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं पर नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए कोई भी पैसा नहीं देने का आरोप लगाया है। पुष्पा देवी का आरोप है कि कांग्रेस के नेता बेवजह गलत बयानबाजी कर राजनीतिक चमका रहे हैं, जबकि हकीकत में नगर परिषद के विकास के लिए कांग्रेस सरकार और उसके किसी नेता ने एक रुपये तक का योगदान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास के लिए सांसद अनुराग ठाकुर और विधायक सतपाल सत्ती द्वारा विकास करवाए जा रहे हैं। वहीं, अध्यक्ष ने नगर परिषद में करवाए जा रहे कार्यक्रमों में उनको न बुलाने पर भी कांग्रेस नेताओं पर पलटवार किया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर परिषद के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदों को न बुलाकर उनकी अनदेखी की जा रही है, जबकि बीजेपी सरकार के समय में ऐसा नहीं होता था।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक स्कूल प्रधानाचार्य सहित एक दर्जन पूर्व सैनिकों की फर्जी डिग्री का पर्दाफाश होने के बाद जिला शिक्षा विभाग की ओर से की गई जांच में भी बड़ा खुलासा हुआ है। अब तक की जांच में 12 शिक्षकों के प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए हैं। इसमें पहली से आठवीं कक्षा को पढ़ाने वाले 8 और 4 शिक्षक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें शारीरिक शिक्षक ज्यादा हैं। इनके प्रमाण पत्रों को जांच के लिए संबंधित विश्वविद्यालयों में भेजा गया है। रिपोर्ट एक सप्ताह में आने की उम्मीद है। क्षेत्र के सभी सात शिक्षा खंडों के प्रमुखों को निर्देश दिए गए थे कि स्कूलों में तैनात अध्यापकों की डिग्रियां जांची जाएं और कोई संदिग्ध मामला आता है तो तुरंत विभाग को सूचित करें। इस पड़ताल के दौरान लगभग 12 शिक्षकों की डिग्री को लेकर संदेह जाहिर किया गया। बताया जा रहा कि सभी शिक्षकों ने डिग्री बाहरी राज्यों के विश्वविद्यालयों से हासिल की हैं। ऐसे में उनकी डिग्री असली है या नहीं, इसकी जानकारी उन विश्वविद्यालयों से मांगी गई है। ध्यान रहे कि शिक्षा निदेशालय ने फर्जी प्रमाण पत्र मामले को गंभीरता से लिया है। इसमें शिक्षा उपनिदेशक को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि हर स्कूल में तैनात अध्यापकों के शैक्षणिक रिकॉर्ड की जांच हो। उधर, जिले के शिक्षक संगठनों ने भी फर्जी डिग्री जैसे मामलों की गंभीरता से जांच की मांग उठाई है। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा, महासचिव सत्येंद्र मिन्हास सहित सभी खंडों के प्रधानों ने कहा कि शिक्षा निदेशालय को ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। इस बारे में जिला प्रारंभिक एवं उच्चतर शिक्षा विभाग के उप निदेशक देवेंद्र चंदेल ने बताया कि जिले के स्कूलों में अध्यापकों की डिग्री की जांच प्रक्रिया जारी है। अभी तक करीब 12 डिग्रियां संदिग्ध पाई गई हैं। संबंधित विश्वविद्यालयों से जानकारी मांगी गई है। जल्द ही सच सामने आएगा।
- एसएचजी की महिलाएं गोबर के दीप और मोमबत्तियां बनाने में जुटी -जिले में 2700 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं 27 हज़ार महिलाएं - वित्तीय वर्ष में महिलाओं को 6 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई आधुनिकता के दौर में लोगों ने मिट्टी के दीयों को अंधेरे में धकेल दिया था, मिट्टी के दीयों की पहचान बरकरार रखने के लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं दिन-रात एक करके अपनी पुरानी परंपरा को बनाए रखने के लिए गोबर के दीये और मोमबत्तियां बनाने में जुटी हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का कहना है कि त्यौहारों में मिट्टी के दीपक जलाने से घर में सुख, समृद्धि और शांति आती है तथा पर्यावरण को भी नुक्सान नहीं पहुंचता। उनका कहना है कि जैसे-जैसे लोगों को मिट्टी के दीयों की महत्ता के बारे में पता चला रहा है, लोग इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं और इनकी बाजार में मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्राम पंचायत रामपुर की अनीता राणा ने बताया कि नौ स्वयं सहायता समूह संगठित करके एक समूह बनाया है जिसे महाकाल ग्राम संगठन का नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी नौ स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं दीपावली त्यौहार के लिए मोमबत्ती और दीये बनाने में लगी हुई हैं। महिलाएं विभिन्न रंगों की सुंदर आकार की मोमबत्तियां तथा गाय के गोबर और मिट्टी के मिश्रण से सजावटी दिये बना रही हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा इनकी मांग दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। लोगों की मांग को ध्यान में रखकर समूह की महिलाएं मोमबत्तियां व दीये निर्मित कर रही हैं। महाकाल ग्राम संगठन की प्रधान अनीता राणा ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से गु्रप जुड़ा हुआ है। एनआरएलएम के माध्यम गु्रप को 2,500 रुपये स्टार्टअप फंड तथा 15,000 रुपये रिवॉल्विंग फंड के रूप में मिलते हैं। इसके अतिरिक्त गु्रप की महिलाएं अपनी सेविंग से 100-100 रुपये प्रतिमाह एकत्रित करके जमा करती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ी बल्कि जमा राशि में से ही एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया जिससे उन्हें काफी लाभ हुआ और महिलाओं को भी घर बैठे रोजगार का अवसर मिला। अनीता राणा ने बताया कि एसएचजी समूह की सभी महिलाएं दिये और मोमबत्तियां बनाने में प्रशिक्षित हैं और कड़ी मेहनत करके सुंदर और आकर्षक दिये बनाने में काफी मेहनत कर रही हैं ताकि लोग दीये और मोमबत्तियों के सुंदर और आकर्षक डिजाइनों से आकर्षित होकर इन्हें खरीदें। उन्होंने बताया कि निर्मित दीये और मोमबत्तियों की बिक्री के लिए प्रशासन द्वारा उन्हें उचित स्थल उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि अभी दीवाली के लिए कुछ दिन शेष हैं कि लेकिन संबंधित क्षेत्रों के लोग घरों में आकर ही दिये व मोमबत्तियां ले जा रहे हैं तथा और अधिक मांग कर रहे हैं। घर से ही अभी तक 5 हज़ार रूपये की बिक्री कर चुकी हैं जिससे समूहों को काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व ही समूह द्वारा मैहतपुर में स्टॉल स्थापित किया गया था जिसका समूह को काफी लाभ हुआ। अब दीवाली उत्सव पर एमसी पार्क ऊना में भी स्टॉल लगया जाएगा जिसमें रंग-बिरंगी विभिन्न आकार की मोमबत्तियां और मिट्टी-गोबर से बने दीप बिक्री के लिए रखे जाएंगे। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि यदि हमें अपनी प्राचीन कला को विलुप्त होने से बचाना है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है दीपावली के पर्व को मिट्टी के दियों और मोमबत्तियों की रोशनी से रोशन करें। बाजारों में मंहगी लडियां अन्य सजावटी सामान खरीदने की बजाए स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्त निर्मित वस्तुओं को खरीदकर प्रोत्साहित करें ताकि अन्य महिलाएं भी समूहों से जुडें। धन-धन बाबा साहिब सिंह स्वयं सहायता समूह की प्रधान मीनू ने बताया कि गतवर्ष उनके समूह से कम महिलाएं जुड़ी थी। लेकिन वर्तमान में उनके गु्रप से 11 महिलाएं जुड़ी हैं। सभी महिलाएं दीप और मोमबत्तियां बनाने में लगी हुई हैं जिसका समूह की महिलाओं को भरपूर लाभ मिल रहा है और अपने परिवार का काफी सहयोग भी कर रही हैं। वहीं राधे-राधे स्वयं सहायता समूह की प्रधान वंदना कुमारी का कहना है कि समूह की सभी महिलाएं दीप और मोमबत्तियां बनाने का कार्य कर रही हैं। विभिन्न आकार की सुंदर मोमबत्तियां और दीप बना रही हैं जिससे सभी महिलाओं को रोजगार मिला है। वंदना ने बताया कि उनका मोमबत्तियां बनाने का कार्य अच्छे तरीके से चल रहा है जिसका समूह की महिलाओं का काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का अपील की ताकि वह भी अपने लिए आय के साधन सृजित कर आत्मनिर्भर बन सके। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कर रही बेहतर प्रयास पीओ डीआरडीए शेफाली शर्मा ने बताया कि जिला ऊना एनआरएलएम के क्षेत्र में एक अग्रणी जिला है जिसमें लगभग 2700 स्वयं सहायता समूह में लगभग 27 हज़ार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभाग की ओर से रिवॉल्विंग फंड, स्टार्ट अप फंड व लोन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 6 करोड़ रूपये के ऋण की सुविधा भी एसएचजी की महिलाओं को मुहैया करवाई गई है जिसके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है और उनकी आर्थिकी भी मजबूत हो रही है। उन्होंने बतााय कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित किए उत्पादों को सभी ब्लॉकों में हिम ईरा शॉप में बिक्री के लिए रखती हैं। उन्होंने कहा कि जिला के विभिन्न समूहों से जुड़ी महिलाएं दीवाली त्यौहार के लिए मिलेटस से बनी मिठाईयां और गोबर-मिट्टी से बने दीये और मोमबत्तियां बना रही हैं। उन्होंने बताया कि समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बिक्री के लिए एमसी पार्क ऊना में विशेष स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि वहां पर आसानी से एक स्थान पर ही अपने उत्पादों को बेच सकें। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे एसएचजी द्वारा निर्मित उत्पादों को खरीदें क्योंकि यह गुणवत्तायुक्त हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए सरकार द्वारा एक बेहतर प्रयास है।
- शीघ्र लाभ की लालसा में धोखाधड़ी वाली योजनाओं से बचने की अपील की उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां प्रदेश में क्रिप्टो करंसी धोखाधड़ी की जांच सम्बंधी एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि क्रिप्टो करंसी के माध्यम से कम समय में अधिक लाभ का झांसा देकर प्रदेश के भोले-भाले लोगों को सुनियोजित तरीके से ठगा गया है। प्रदेश में 2500 करोड़ रुपये के अवैध निवेश से जुड़ी क्रिप्टो करंसी धोखाधड़ी पर चिंता व्यक्त करते हुए उप-मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अनाधिकृत योजनाओं में निवेश न करें। उन्होंने कहा कि नियमन के अभाव में निवेशकों को ऐसे निवेश से धोखाधड़ी और हेराफेरी का जोखिम बना रहता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग फोरलेन और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से मिले मुआवज़े का पैसा भी क्रिप्टो करेंसी में लगा कर डिजिटल धोखाधड़ी का शिकार बने। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहते हुए इस तरह की धोखाधड़ी वाली योजनाओं के झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रिप्टो करंसी के झांसे में आकर लोगों की मेहनत की कमाई के लगभग 500 करोड़ रुपये डूब गए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने भी क्रिप्टो करेंसी और बिटकॉइन में प्रमाणिकता के संबंध में अस्पष्टता की पुष्टि की है। राज्य के विभिन्न जिलों से क्रिप्टो धोखाधड़ी की शिकायतें निरंतर सामने आ रही हैं। अब तक क्रिप्टो करंसी धोखाधड़ी की 300 से अधिक शिकायतें पुलिस को प्राप्त हुई हैं। इसके सरगनाओं ने प्रदेश के लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्रिप्टो करेंसी सरगनाओं के खिलाफ उचित कार्रवाई कर प्रदेश के लोगों को न्याय दिलाएगी। उप मुख्यमंत्री ने क्रिप्टो नेटवर्क को तोड़ने और मंडी से आरोपी हेमराज और सुखदेव, ऊना से अरुण गुलेरिया और अभिषेक सहित कई गिरफ्तारियां करने के लिए हिमाचल पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंडी जिला के सरकाघाट का एक अन्य आरोपी सुभाष शर्मा शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस महानिदेशक, संजय कुंडू ने बताया कि विभाग ने क्रिप्टो घोटाले में संलिप्त लगभग 2.5 लाख अलग-अलग आईडी वाली वेबसाइटों का पता लगाया है। उन्होंने कहा कि क्रिप्टो करंसी के इस जाल में आरम्भिक स्तर पर 70 से 80 धोखेबाज शामिल होने का अनुमान है। पुलिस ने धोखेबाजों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर हिमाचल और जीरकपुर में विभिन्न स्थानों पर अब तक 8.5 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। उन्होंने कहा कि इसमें पंजाब पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है और गृह मंत्रालय ने भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अनियत्रित जमा योजना पाबंदी विधेयक, 2019 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान है। क्रिप्टो डिजिटल घोटाले की जांच कर रहे विशेष जांच दल के प्रमुख एवं डीआईजी उत्तरी रेंज अभिषेक दुल्लर ने मामले पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सचिव गृह डॉ. अभिषेक जैन और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अभिषेक त्रिवेदी भी उपस्थित थे।
- नशा मुक्त ऊना अभियान के तहत हुई स्टडी में हुआ खुलासा किशोरावस्था सबसे अहम आयु वर्ग है। इस उम्र में जहां भविष्य का आधार बनता है, वहीं नशीले पदार्थों की शुरुआत भी इसी उम्र से होती है। किशोर नशे की शुरुआत अक्सर देखादेखी में करते हैं। इसमें उनके दोस्तों और आस-पड़ोस के वातावरण की महत्वपूरण भूमिका रहती है। यह खुलासा नशामुक्त ऊना अभियान के तहत की गई स्पेशल स्टडी में किया गया। डीआरडीए हाल ऊना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस स्टडी के जरूरी पहलुओं को साझा किया गया। उपायुक्त राघव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में स्टडी रिपोर्ट को सांझा करते हुए बताया कि स्कूलों में वरिष्ठ कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों में तकरीबन हर सातवें छात्र ने किसी न किसी तरह के नशीले पदार्थ का सेवन किया है। इनमें से लगभग पचास फीसदी छात्रों को यह नशीला पदार्थ उनके दोस्तों द्वारा ऑफर किया गया। स्टडी में यह भी पाया गया कि जिन छात्रों के परिजन नशा करते हैं उनमे नशा करने का जोखिम दोगुना बढ़ जाता है। लगभग अठतीस फीसदी छात्रों ने बताया कि उनके घरों में नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। जिससे उनमें नशा के इस्तेमाल के प्रति जोखिम बढ़ जाता है। स्टडी में यह पाया गया कि किशोरों का भावनात्मक जुड़ाव परिजनों के अपेक्षाकृत दोस्तों के साथ अधिक रहता है। दिलचस्प पहलू यह है कि जूनियर कक्षाओं में यह जुड़ाव पिता की अपेक्षा माँ के साथ होता है जबकि आयु बढ़ने के साथ दोस्तों के प्रति झुकाव बढ़ता जाता है। इस अवसर पर उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि नशे से बचाव के लिए शुरुआती हस्तक्षेप जरूरी है। इसके लिए अविभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूरण है। उन्होंने कहा की इस दिशा में जिला प्रशासन ऊना ने आवश्यक कदम बढ़ाते हुए हर घर दस्तक अभियान शुरू किया है जिसमें हर घर में बच्चों को सुरक्षित रखने की जानकारी साझा की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि दोस्तों की अहम भूमिका को देखते हुए स्कूल कार्यक्रम क्रियान्वित किया जा रहा है जहां छात्रों को विशेष रूप से सक्षम बनाया जा रहा है ताकि वह उचित निर्णय ले सकें और स्वस्थ विकल्पों का चयन कर सकें।
- प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्च पर हुई विफल - खनन, चोरी, डकैती, गोली चलना हुआ आम बात ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने एक बार फिर से प्रदेश सरकार पर कड़ा हमला बोला है। भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल गया है। सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल हो गई है, पूरे प्रदेश में गोलियां चलना, अवैध खनन, चोरी, डकैती, गैंगवार आम बात हो गई है और पुलिस नकेल कसने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक इशारों पर माफिया को संरक्षण मिल रहा है, पैसा कमाने में कांग्रेस के नेता लगे हुए हैं जो आसामाजिक तत्वों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से नियमों को तक पर रखकर खनन हो रहा है यह अपने आप में चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार बताएं ?अधिकारी बताएं कि ऐसे खनन को नियमों के विपरीत जो हो रहा है किसका संरक्षण प्राप्त है? सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के नेता सरकार के संरक्षण में धंधा चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से गोलीबारी की घटनाएं हो रही है उसे लोगों में दहशत है .उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में गोली चली, लोग बच गए लेकिन आज तक यह पता नहीं चला कि कौन लोग हैं? जिन्होंने गोली चलाई पुलिस उसे पर क्या कार्रवाई कर रही है? उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में जो विकास के लिए पैसा आया उसी से विकास के कार्य हो रहे हैं ।केंद्र सरकार से जो पैसा आ रहा उस विकास के कार्य हो रहे हैं और कांग्रेस की सरकार व नेता अपना श्रेय लेने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हारे हुए नेता किस प्रकार से उद्घाटन व शिलान्यास कर रहे हैं, उनकी क्या हैसियत है। सरकार को यह बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी व अधिकारी को भी किसी पार्टी का एजेंट बनकर काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऊना सदर के पूर्व विधायक बताएं कि वह किस हैसियत से स्कूलों में और अन्य कार्यक्रमों में जा रहे हैं । सत्ती ने कहा कि नगर परिषद के क्षेत्र में हुए एक कार्यक्रम में जिस प्रकार से नगर परिषद की अध्यक्ष व उपाध्यक्ष , वार्ड के पार्षद व अन्य पार्षदों को बुलाया नहीं गया यह साबित करता है कि कांग्रेस के इशारे पर भाजपा के प्रतिनिधियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का काम हो रहा है ।उन्होंने कहा कि नगर परिषद भाजपा की है ऐसे में हम अपने जनप्रतिनिधियों का अपमान नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हम पूरी लड़ाई लड़ेंगे, मान सम्मान की। इस अवसर पर ऊना भाजपा के मंडल अध्यक्ष हरपाल गोगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोहर लाल शर्मा ,जिला भाजपा महामंत्री राज कुमार पठानिया, मंडल महामंत्री अशोक उपस्थित रहे।
- डीसी, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, अमरजोत बेदी ने शुरू करवाया कार्य ऊना मुख्यालय की ऐतिहासिक 84 पौड़ियों के जीर्णोद्धार के कार्य जिसकी लंबे समय से मांग चली आ रही थी ,उसे जिला प्रशासन द्वारा पहल के आधार पर करवाया जा रहा है, लंबे समय से ऐतिहासिक 84 पौड़ियों की खस्ता होती हालत पर ध्यान आकर्षित किया जा रहा था । 84 पौड़ियों के महत्व को देखते हुए इनका जीर्णोद्धार किया जाए इसको लेकर लगातार मांग उठ रही थी। जिलाधीश ऊना राघव शर्मा के पास इस मांग को लेकर रिप्रेजेंटेशन भी दी गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधी ऊना ने लगातार इस पर प्रयास किया और अंत तक केंद्र सरकार की एजेंसी इंटेक के साथ संपर्क कर इस कार्य को आगे बढ़ाने की इच्छा शक्ति दिखाते हुए अंतत: इस काम को शुरू करवाने में सफलता प्राप्त कर ली है। इंटेक हेरिटेज स्थानों का जीर्णोद्धार करने का काम करती है। जिसमें एक्सपर्ट शामिल है ,जीर्णोद्धार कार्य में इंटेक को काफी महारत हासिल है ,इंटेक हिमाचल चैप्टर द्वारा अब इस कार्य को अपने हाथों में जिला प्रशासन के कहने पर लिया गया है ,करीब 40 लाख रुपए की राशि इस पर खर्च होगी ऐसे में जिला प्रशासन व इंटेक् मिलकर इस जीर्णोद्धार के हेरिटेज कार्य को कर रहे हैं। जिला ऊना में इंटेक् का यह पहला कार्य है जिसको लेकर इंटेक की टीम भी आशावान है, गुरुवार को 84 पोडियों पर ऐतिहासिक कार्य के शुभारंभ पर पूजा अर्चना का कार्यक्रम किया गया, जिसमें जिलाधीश राघव शर्मा, ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी सहित गण मान्य व्यक्ति उपस्थित रहे । वहीं एसडीएम उन विश्वा देव मोहन, नगर परिषद के एसडीओ राजेंद्र सैनी भी उपस्थित रहे। इस कार्य का शुभारंभ पर जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने बताया कि 224 वर्ष पुरानी यह 84 पोडियां बाबासाहीब सिंह जी बेदी द्वारा बनाई गई थी, इनका अपना ऐतिहासिक महत्व है, शहर का ऐतिहासिक स्थल है ,इसी स्थल को शहर की एंट्री के लिए प्रयोग किया जाता था ।उन्होंने कहा कि इस कार्य को इंटैक्ट भारत सरकार की हेरिटेज भावनों को बेहतर करने की एजेंसी करेगी, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा ।उन्होंने कहा कि जिला ऊना के इस ऐतिहासिक स्थल को ऐतिहासिक स्वरूप में बरकरार रखते हुए बेहतर करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन से पांच महीने के अंदर इस कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, इतिहास की जानकारी भी लोगों को मिले और यह रमणीक स्थल बने, लोग जहां आए इसका प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि इंटेक की अच्छी टीम है, स्थानीय लोगों के सहयोग से यह बेहतर काम करेगी। ऐसी मुझे उम्मीद है।उन्होंने की इसके अलावा जीर्णोद्धार के और क्या कार्य हम कर सकते हैं, इसको लेकर के भी भविष्य में चर्चा की जाएगी। वहीं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि जिलाधीश ऊना राघव शर्मा के प्रयासों से एक ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत हो रही है यह अपने आप में ऐसा स्थल है जिसको बेहतर बनाने का लक्ष्य होना चाहिए और आने वाले समय में यह बेहतर स्थल के रूप में हमें देखने को मिलेगा ,इसके लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना है । वहीं नगर परिषद पुर्व अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी ने कहा कि उनके पूर्वजों द्वारा यह 84 पोडियां बनाई गई यह शहर का प्रवेश द्वार रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कई बार इसका प्रयास भी किया है कि इसको बेहतर किया जाए, हमने नगर परिषद के माध्यम से भी कई बार इसका कार्य किया लेकिन अब जिलाधीश राघव शर्मा के प्रयासों से इंटेक एक अनुभव भी एजेंसी इस काम को करेगी यह खुशी का विषय है ,उन्होंने की जल्द लोगों को एक अच्छा स्थल मिलेगा। इस अवसर पर इंटेक की तरफ से उपस्थित मिताली ने कहा कि 84 पौड़ियों के कार्यों को शुरू किया जा रहा है, जितना जल्द हो सकेगा हम इस कार्य को खत्म करेंगे ,इसका ऐतिहासिक महत्व बरकरार रखा जाएगा।
-एसआईटी के पास पहुंचा ढाई लाख निवेशकों का रिकॉर्ड -घोटाले में संलिप्त आरोपियों का जल्द होगा पर्दाफाश क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर बनाई गई ढाई लाख निवेशकों की आईडी का पूरा रिकॉर्ड एसआईटी ने जुटा लिया है। ढाई लाख आईडी में नेता, डॉक्टर, अधिकारी, पुलिस, ठेकेदार और किसान शामिल हैं। अब यह देखा जा रहा है कि किस व्यक्ति ने डबल रिटर्न के लालच में कितने का निवेश किया है। किसके खाते में कितनी राशि आई है। इस रिकॉर्ड से एसआईटी जल्द ही घोटाले में संलिप्त आरोपियों का पर्दाफाश करेगी। इस मामले में और गिरफ्तारियां होनी हैं। 2000 करोड़ रुपये का घोटाला जांच में सामने आया है कि क्रिप्टोकरेंसी घोटाला में ढाई लाख के करीब लोगों की आईडी बनी और करीब 2,300 करोड़ रुपये की ट्रांजेक्शन सामने आई है। इसमें 2000 करोड़ का घोटाला है। आरोपियों ने साल दर साल धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए नए-नए नाम से कंपनियां बनाईं। अब तक की जांच में पूरे फ्रॉड का मास्टरमाइंड सुभाष और अभिषेक को माना जा रहा है। इसके साथ ही घोटाले में संलिप्त कुछ अन्य आरोपियों को भी विभिन्न कपंनियों के एमएलएम से जुड़े बिजनेस में काम करने का अनुभव था। ऐसे में घोटाले से जुड़ी गैंग के सदस्यों को मालूम था किस तरह से लोगों को लालच देकर में जल्द से जल्द चेन को आगे बढ़ाना है। यही कारण रहा कि चंद सालों में करोड़ रुपये के घोटाले को अंजाम देने में आरोपी सफल रहे। इसी बीच जब आरोपियों को पूरे खेल का भंडाफोड़ होने का अंदेशा हुआ तो मास्टर माइंड सुभाष पुलिस का शिकंजा कसने से पहले ही विदेश फरार हो गया। कई आरोपी भूमिगत हो गए। पुलिस एसआईटी घोटाले में अब तक साढ़े 9 करोड़ की संपत्तियों को सीज किया जा चुका है। एसआईटी की ओर से इन दिनों आरोपियों की संपत्तियों को सीज करने का सिलसिला जारी है।