जसवां परागपुर : विनोद शर्मा ने दोदूँ राजपूता में पंचायत घर बनाने के लिए दान की 1 कनाल भूमि
भाजपा मंडल जसवां परागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने अपनी माता स्व. जमना देवी एवं स्व. पिता रोशन लाल की याद में ग्राम पंचायत दोदूँ राजपूता (दोदूँ ब्राह्मणा) में पंचायत घर बनाने के लिए 1 कनाल भूमि दान की है। उन्होंने यह प्रक्रिया पंचायत सचिव महेश कुमार की उपस्थित में नायब तहसीलदार रक्कड़ एसपी शर्मा के माध्यम से पूरी की। हालांकि इस पंचायत घर के लिए पंचायत के प्रधान एवं उनके परिवार ने पहले भी ज़मीन दान कर दी थी, लेकिन अप्रिय कारणों से विभाग को वहां अपना भवन बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
विभाग के आग्रह पर आज विनोद शर्मा ने यह ज़मीन विभाग के नाम कर दी है। विनोद शर्मा ने कहा कि विभाग से आग्रह है कि अब सारी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि पंचायत एवं जनता को इस भवन का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इस भूमि को विभाग के नाम करवाने में आए खर्चे को जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष रमण शर्मा ने स्वयं वहन किया।
