ज्वालामुखी : सर्व धर्म वापसी अभियान तेज करेगी विश्व हिंदू परिषद-रूप लाल
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
ज्वालामुखी में विश्व हिंदू परिषद द्वारा हिमाचल प्रांत धर्म रक्षक का अभ्यास वर्ग की बैठक प्रांत धर्म रक्षक सह प्रमुख रूप लाल की अध्यक्षता में अग्रवाल सराय में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ ओम के उच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रांत धर्म रक्षक सह प्रमुख रूप लाल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद सर्व धर्म वापसी अभियान को और भी तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जो समुदाय अपने रीति-रिवाजों और संस्कारों को छोड़कर दूसरे धर्म के रीति रिवाजों और संस्कारों को अपनाता है, उस समुदाय का नामोनिशान तक मिट जाता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज भारत ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के लोग भी सनातन धर्म में गहरी आस्था रख रहे हैं। उन्होंने हवन यज्ञ में आम की लकड़ी के महत्व को समझाते हुए कहा कि विदेशी वैज्ञानिक भी हवन यज्ञ पर शोध कर प्रमाणित कर चुके हैं कि उक्त हवन यज्ञ करने से किटाणुओं का नाश होता है। वहीं, घर का वातावरण भी शुद्ध और साफ होता है।
हवन यज्ञ करने से नई ऊर्जा का संचार भी होता है। सनातनियों के लिए बड़े ही गर्व की बात है कि आज इंग्लैड, इटली, फ्रांस, अमेरिका व जापान जैसे विकसित देश भी हमारी हिंदू संस्कृति और सनातनी पद्धति को अपनाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भगवा रंग बलिदान का प्रतीक है। इसलिए सनातन संस्कृति को मानने वाले लोग इस भगवा को गले में धारण करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का मुख्य उद्देश्य ऐसे कार्यकर्ता तैयार करना है, जो कि देश और धर्म की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे। इस अवसर पर प्रांत धर्म रक्षक सह प्रमुख रूप लाल, प्रांत बिरादरी प्रमुख चिरंजी लाल, रामपाल शर्मा धर्म रक्षक प्रखंड भवारना, राजेश चौधरी धर्म रक्षक प्रखंड ज्वालाजी, देशराज भाटिया विशेष सम्पर्क प्रमुख जिला देहरा, सतपाल सिंह धर्म रक्षक प्रखंड ज्वाली, भूपिंदर सिंह धर्म रक्षक प्रखंड फतेहपुर व रमन शर्मा धर्म रक्षक प्रखंड इंदौरा आदि मौजूद रहे।
