कांगड़ा : तकीपुर में स्वयंसेवकों ने दिया प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश
अटल बिहारी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में आज महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. केएस अत्री और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति बाला व प्रो. लेख राज ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर तथा उसके आसपास साफ़-सफाई की। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान से संबंधित नारों "स्वच्छता को अपनाना है,गंदगी दूर भगाना है" और "सभी रोगों की एक दवाई,गली-गली में हो सफाई" के साथ पूरे क्षेत्र में पॉलिथीन और कचरे को इकट्ठा कर संग्रहित किया और आमजन को स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक किया।
स्वयंसेवकों ने लोगों को श्रमदान व साफ-सफाई के साथ ही प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश भी दिया। प्राचार्य डॉ. अत्री ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा आरंभ किया स्वच्छता अभियान एक राष्ट्र स्तर का अभियान है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2014 को आरंभ किया गया था। अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना है कि स्वच्छता केवल हमारे घर, सड़क के लिए ही जरूरी नहीं होती, यह देश और राष्ट्र की आवश्यकता होती है। इससे न केवल हमारा घर-आंगन स्वच्छ रहेगा, अपितु पूरा देश स्वच्छ रहेगा। एनएसएस स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उनमें जागरूकता पैदा करने की कोशिश की। स्वयंसेवकों ने दस्ताने पहनकर पूरे परिसर की सफाई की और निपटान के लिए कूड़े को बड़े थैलों में एकत्रित किया। अभियान में महाविद्यालय के डॉ. नीरज शर्मा, प्रो. अमरीश घेयी, डॉ. भगवान दास, प्रो. सुरेश, डॉ. अश्वनी, प्रो. अमन वालिया, डॉ. सुनील, प्रो. सतपाल, लाइब्रेरियन सविता और जनक राज ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
