सुजानपुर : कामगार कल्याण बोर्ड ने हर एक कमी काे किया पूरा-प्राें धूमल
अनूप। सुजानपुर
कामगार कल्याण बोर्ड लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। बात शिक्षा के क्षेत्र की हो या फिर आवश्यक जरूरतमंद वस्तुओं को प्राप्त करने की। हर एक कमी को कामगार कल्याण बोर्ड ने पूरा किया है। ऐसे में पंजीकृत कामगार कल्याण बोर्ड हिमाचल प्रदेश के साथ जुड़े और केंद्र एवं प्रदेश सरकार के योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चबूतरा में आयोजित का कामागार कल्याण बोर्ड के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहीं। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष तिलक राज शर्मा, पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजेश कुमार, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कपिल मोहन के साथ साथ पंचायत प्रतिनिधि गणमान्य लोग एवं लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का कामगार कल्याण बोर्ड पदाधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं स्थानीय लोगों पंचायत प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सैकड़ों परिवारों को इंडक्शन चूल्हा महिला शक्ति को बाइसिकल एवं अन्य जरूरतमंद उपयोगी वस्तुएं वितरित की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बैठकर जो भी योजना चलाते हैं, उसका सीधा लाभ देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को मिलता है। ऐसा अगर संभव हो पाया है, तो इसका सारा श्रेय केंद्र की मोदी सरकार यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। बात किसान सम्मान निधि की हो। बात प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत मिलने वाली तमाम सबसिडियों की हो। यह तभी संभव हो पाया है, जब देश का प्रत्येक नागरिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधा जुड़ा है। यशस्वी प्रधानमंत्री दिल्ली से एक अंगुली दबा कर योजनाओं से मिलने वाली सबसिडी लोगों के सीधे खातों में पहुंचाते हैं। पहले ऐसा नहीं होता था यह भाजपा नहीं खुद कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने माना है।
उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में पहुंचने पर कुछ लोगों ने कहा कि साहब फार्म तो पहले भी बहुत भरते थे, लेकिन ना पैसे आते थे न सामान मिलता था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इसलिए होता था कि जब देश और प्रदेश में कांग्रेस सरकार थी, तब बीचोलिये योजनाओं का सीधा लाभ लोगों तक पहुंचने नहीं देते थे। आज देश के आम नागरिक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य कोई नहीं है। कोई भी बीचोलिया नहीं है। इसलिए देश की चलाई गई हर योजना का सीधा लाभ प्रत्येक नागरिक को मिलता है। धूमल ने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड समाज के निर्धन मजदूर वर्ग के लिए वरदान साबित हुआ है। यह तभी संभव हो पाया है, जब चलाई गई योजनाओं का सीधा लाभ लाभार्थी परिवारों को मिल रहा है।
उन्होंने प्रयास संस्था एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन पर काम कर रही प्रयास संस्था बेहतरीन कार्य कर रही है। कामगार कल्याण बोर्ड में लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है, विशेष शिविर संस्था द्वारा लगाकर लोगों को घर द्वार पर सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। भाजपा सरकार शिक्षा वजीफा, वर्दी व सिलाई सब कुछ निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। इसलिए आने वाले विधानसभा चुनावों में तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए मतदान करें अच्छी सरकार बनाएं भाजपा की सरकार बनाएं।