धर्मशाला में आज पहली बार खेला जा रहा विश्व कप का मैच
-भारत के दो पड़ोसियों के बीच हो रहा मुकाबला
धर्मशाला में आज पहली बार क्रिकेट विश्वकप का मैच खेला जा रहा है। भारत के दो पड़ोसी बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें जीत के साथ आगाज करना चाहेंगी। धौलाधार की वादियों में साढ़े तीन बाद एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। बांग्लादेश टीम का दारोमदार उनके कप्तान शाकिब-अल-हसन और अफगानिस्तान टीम का दारोमदार पूर्व कप्तान ऑलराउंडर राशिद खान पर रहेगा। दोनों ही खिलाड़ियों के पास इस मैदान पर खेलने का अनुभव है।
यहां अब तक पांच एकदिवसीय मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें से चार का सफल आयोजन हुआ है, जबकि 12 मार्च, 2020 को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। मैच से पूर्व दोनों ही टीमें दो दिन तक यहां अभ्यास कर चुकी हैं। बांग्लादेश टीम के कई खिलाड़ी धर्मशाला में पहले हुए मैचों में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। बांग्लादेश की टीम के पास धर्मशाला में तीन टी-20 मैच खेलने का अनुभव है, जबकि अफगानिस्तान की टीम पहली बार धर्मशाला स्टेडियम में अपना कोई मैच खेलेगी। हालांकि मई में हुए आईपीएल मैचों के दौरान अफगानिस्तान टीम के कई खिलाड़ी यहां खेल चुके हैं।
