सुजानपुर : सड़क दुर्घटना में युवा कांग्रेसी नेता आशीष शर्मा का हुआ निधन
अनूप। सुजानपुर
सुजानपुर युवा कांग्रेसी नेता आशीष शर्मा का रविवार देर शाम निधन हो गया। आशीष शर्मा को हाल ही में कांग्रेसी सोशल मीडिया प्रदेश सचिव का दायित्व सौंपा गया था। आशीष शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह को अपना राजनीतिक गुरु मानते थे। पार्टी के कार्यों से लेकर स्थानीय कांग्रेत विधायक राजेंद्र राणा के कार्यक्रमों एवं प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सभी अभियान सोशल मीडिया पर प्रमुखता से उठाने और उन्हें चलाने की जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रहे थे। आशीष शर्मा रविवार रात करीब 8 बजे स्कूटी पर सवार होकर घर की तरफ आ रहे थे कि अचानक स्कूटी चलाते समय स्कूटी से वह सड़क पर गिर गए।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें सिविल हस्पताल सुजानपुर ले जाया गया, जहां पर उन्हें डॉक्टरों द्वारा बचाने की पुरजोर कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। आशीष अपने पीछे माता-पिता और एक विवाहित बहन को छोड़ गए हैं। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार सुजानपुर में कर दिया गया, जहां पर हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से आशीष को अंतिम विदाई दी। सुजानपुर की जनता ने आशीष की असमय मौत पर शोक व्यक्त किया और उसके परिजनों के प्रति सांत्वना व्यक्त की है।
