Reading ⇾
भारत की समृद्ध विरासत, आध्यात्मिक शक्ति और आधुनिक प्रगति विश्व को कर रही है प्रेरित: राज्यपाल प्रधानमंत्री के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र से ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव हो रही है तैयार अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला भारतीय सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का प्रतीक: राज्यपाल महिला नेतृत्व वाले विकास और सांस्कृतिक विरासत के डिजिटल संरक्षण पर दिया बल धार्मिक पर्यटन में हिमाचल की आर्थिक उन्नति की अपार संभावनाएं समृद्ध, नशामुक्त हिमाचल और विकसित भारत के लिए पांच संकल्प लेने का किया आह्वान आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को सनातन मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर बल राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत तीव्र गति से आधुनिक विकास की ओर अग्रसर होने के साथ-साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण के एक नए दौर से गुजर रहा है। देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और सम्मान मिल रहा है। राज्यपाल आज सिरमौर जिला में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित थीं। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र देश की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान कर रहा है। यह मंत्र आधुनिक प्रगति के साथ-साथ भारत की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देता है। कविन्द्र गुप्ता ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी पहल भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी मेले जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन देश की सभ्यतागत पहचान को सुदृढ़ करने, पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने माता रेणुका जी और भगवान परशुराम जी के दिव्य मिलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला मातृत्व के स्नेह, त्याग, श्रद्धा और भारतीय पारिवारिक मूल्यों की अटूट शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने सनातन धर्म में नारी के विशिष्ट स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि सीता-राम, राधा-कृष्ण और लक्ष्मी-नारायण के नामों का एक साथ स्मरण करना भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के प्रति गहन सम्मान और श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और सामाजिक आचरण में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। प्रधानमंत्री के महिला नेतृत्व वाले विकास के विजन के अनुरूप समाज को महिलाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, राजनीति और लोक प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की अधिक से अधिक संभावनाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने श्री रेणुका जी जैसे पवित्र स्थलों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्रों के रूप में योजनाबद्ध ढंग से विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं परिवहन संपर्क, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प के प्रचार-प्रसार और पर्यटन आधारित उद्यमिता से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अभियान का आह्वान करते हुए कहा कि पारंपरिक मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय आजीविका को मजबूती मिलेगी तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी बल मिलेगा। राज्यपाल ने युवा पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शोधकर्ताओं से प्रदेश की प्राचीन देव परंपराओं, लोक कथाओं, लोक संगीत, मंदिरों और धार्मिक मेलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण एवं डिजिटल संरक्षण करने का आह्वान किया, ताकि यह अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुलभ बनी रहे। राज्यपाल ने नशे की बढ़ती समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और युवाओं से नशे के विरुद्ध व्यापक जन आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति का जीवन ही बर्बाद नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को भी नष्ट कर देती है। राज्यपाल ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा प्राकृतिक पत्तलों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने रेणुका जी झील की पारिस्थितिक पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर बल दिया। राज्यपाल ने माता रेणुका जी की पावन धरती से प्रदेशवासियों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया। इनमें सांस्कृतिक विरासत एवं देव परंपराओं का संरक्षण, हिमाचल को नशामुक्त बनाने में योगदान, महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तिकरण, स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, श्री रेणुका जी विकास बोर्ड, कलाकारों, स्वयंसेवी संगठनों सहित आमजन को बधाई दी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इससे पूर्व राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता ने भगवान परशुराम मंदिर और माता रेणुका जी मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया। राज्यपाल ने मेले के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विभिन्न विभागों को भी सम्मानित किया। श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने श्री रेणुका जी में राज्यपाल के प्रथम आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेले में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर को पारंपरिक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव बिंदल, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे। इसके उपरांत, राज्यपाल ने श्री रेणुका जी झील की परिक्रमा की तथा चिड़ियाघर का भ्रमण कर वहां रखे गए बंगाल टाइगर को भी देखा।
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जयराम ठाकुर ने की प्रदेशवासियों की खुशहाली की अरदास
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, पूज्य गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका और गुरु चरणों में शीश नवाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए अरदास की। जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन और उनकी शिक्षाएँ मानवता के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने ‘एक ओंकार’, सेवा, सच्चाई, समानता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को भेदभाव एवं ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति मानव सेवा, परोपकार और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान के भाव में निहित है। गुरु नानक देव जी के विचार और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
विपक्ष पार्टी के नेता जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर तंज करते हुए कहा की शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार हर दिन युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जब प्रदेश के युवाओं से वोट लेने की बारी थी, तब ठूँजा साल की पक्की नौकरी देने की कसमें खाई जा रही थीं और अब झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने के बाद नए-नए तरह की नौकरियां निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ मित्रों को सेट करने में ही मशगूल हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार द्वारा अधिसूचित इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 में प्रावधान किया गया है कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सरकार द्वारा अधिसूचित इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ एक भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि सुक्खू प्रदेश के संसाधन सिर्फ मित्रों पर लुटाकर प्रदेश के भविष्य को एडहॉक की तरफ धकेल रहे हैं। चीफ सेक्रेटरी से लेकर डीजीपी सब अस्थाई हैं। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री अब पूरे प्रदेश को चलाना चाहते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह व्यवस्था न प्रदेश के हित में है, न युवाओं के हित में और न ही शिक्षा व्यवस्था के हित में। इसलिए इस व्यवस्था को बंद किया जाए और सरकार अपने वादे के मुताबिक पक्की नौकरियों का प्रबंध करे। इसी तरह सरकार ने सीबीएसई स्कूलों में भी इसी तरह की भर्तियां की हैं, जहां पाँच साल बाद युवाओं का क्या होगा, सरकार को नहीं पता। उन्हें 12 महीने के बजाय 11 महीने का ही वेतन मिल रहा है। तकनीकी संस्थानों में भी पाँच साल के लिए शिक्षकों की भर्ती के फैसले को सरकार वापस ले। जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यावसायिक दक्षता प्रदान करके ही प्रदेश में लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम तेज की जा सकती है, लेकिन सरकार उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षकों की भर्ती के नाम पर ही मजाक कर रही है। अब नौकरी देने के नाम पर चारों तरफ चुप्पी है। नौकरियां देने की कसमें खाने वाले लोग गायब हैं। नौकरियों के नाम पर मुख्यमंत्री देश भर में घूम-घूमकर और राष्ट्रीय महत्व के मंचों पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं तथा नौकरियों के झूठे आंकड़े परोस रहे हैं। अब उनका झूठ पूरी तरह बेनकाब हो गया है। सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से बदसलूकी दुर्भाग्यपूर्ण जयराम ठाकुर ने सेना के सम्मान में शिमला में प्रदर्शन कर रहे आम लोगों पर पुलिस द्वारा बर्बरता करने की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। एक तरफ संवैधानिक संस्थाओं के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आग लगाने की धमकी देने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संरक्षण दिया जा रहा है, तो दूसरी तरफ सेना के अपमान के खिलाफ हुए प्रदर्शन का दमन किया जा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसे सरकार छीन नहीं सकती।
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पशुपालन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र में गंगथ और इंदौरा में दो सिविल अस्पताल में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर किया गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संभाला था, उस समय गंगथ अस्पताल में केवल एक डॉक्टर कार्यरत था, जबकि अब यहां छह डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। गंगथ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग भी सरकार को भेज दी गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। मलेंद्र राजन ने कहा कि गंगथ से घेटा सड़क सहित विधानसभा क्षेत्र की छह अन्य सड़कों का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन सड़कों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा जल्द किया जाएगा। इन सड़कों के तैयार होने से क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के चार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिनमें गंगथ का स्कूल भी शामिल है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पर जल शक्ति विभाग द्वारा गंगथ में विभागीय विश्राम गृह के निर्माण के लिए भूमि तलाशने की प्रक्रिया भी जारी है। इसके बनने से क्षेत्र में विभागीय कार्यों को गति देने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने की मांग के साथ गंगथ को नूरपुर जिला मुख्यालय यानि जिला नूरपुर एट गंगथ करने की मांग मुख्यमंत्री जी के सामने पुरजोर से उठाई जाएगी। उन्होंने 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के तहत आर्थिक रूप से पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण करवाने की कोई निर्धारित सीमा नहीं है। पात्रता के सभी निर्धारित मापदंड पूरे करने वाले इच्छुक परिवार पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर जरम सिंह , कुलदीप शर्मा, मनोहर सिंह, पिंकी, शशिकांता, राजेश कुमार, नरेश कुमार, मनोज कुमार, केवल कलोत्रा,गुलाम रसूल, सुशील शर्मा, सुनील ठाकुर, नरेश शर्मा, राकेश शर्मा, असलम खान, दिनेश शेट्टी, विवानिदात, राजीव चौधरी, इलेक्ट्रिसिटी विभाग से संदीप सन्याल, वीडियो सुदर्शन सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी राजीव बिंद्राल, वेटरनरी ऑफिसर मुनीश गुप्ता एवं तनु डोगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अर्की के विधायक संजय अवस्थी 25 नवम्बर, 2026 को अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। संजय अवस्थी 25 नवम्बर, 2026 को प्रातः 11.30 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग में आयोजित वार्षिक दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। विधायक तदोपरान्त जन समस्याएं भी सुनेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य से चिट्टे सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों का समूल नाश करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सभी संबंधित विभागों एवं केंद्रीय एजेंसियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में नशे के विरुद्ध लड़ाई को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रखकर व्यापक जन-आंदोलन बनाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक, महिला मंडल, युवक मंडल तथा आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रदेश में पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के तस्करों तक सीमित न होे, बल्कि मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों तथा अंतरराज्यीय संबंधों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए तथा 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा सहित बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया, जिनमें 159 को वर्ष 2026 में निरुद्ध किया गया है। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। पहली बार प्रदेश में नशे से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। इसके अतिरिक्त एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण से संबंधित 86 संपत्तियों की पहचान की गई है, जिनमें से 22 के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं बेदखली की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है। सरकार नशे के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा तथा बिलासपुर स्थित नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस के संचालन एवं प्रबंधन के लिए सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार, आउट-पेशेंट उपचार व्यवस्था का मानकीकरण तथा सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो एवं ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से नशे से प्रभावित व्यक्तियों तथा तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। अब तक लगभग 12,000 व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है, ताकि जरूरतमंदों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ा जा सके और तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। सरकार नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी शून्य सहनशीलता की नीति अपना रही है। ऐसे 168 सरकारी कर्मियों के विरुद्ध मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है। शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग क्लब, प्रहरी क्लब एवं साथी-शिक्षा कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है। जून से अगस्त 2026 के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा 158 स्कूलों को गोद लिया गया तथा 332 शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रदेश के लगभग 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। नशा तस्करी से संबंधित सूचनाएं साझा करने के लिए प्रदेश सरकार शीघ्र ही विशेष व्हाटसएप चैटबॉट आरम्भ करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए तस्करी से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे। साथ ही नशे से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से एंटी-चिट्टा अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा नशे के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जाएगा।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश एवं राष्ट्रीय एकता की प्रेरणास्रोत: राज्यपाल गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरुन में माथा टेककर लिया आशीर्वाद; सिख विरासत के सम्मान एवं संरक्षण के लिए केंद्र सरकार की पहलों की सराहना की कहा ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश समानता, सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को प्रेरित करता है हिंदू-सिख समुदायों के सदियों पुराने संबंधों को संरक्षित करने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का किया आह्वान राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की कालजयी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश हैं। उनकी शिक्षाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को समानता, निःस्वार्थ सेवा, विश्व बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती रही हैं। राज्यपाल श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जिला सोलन के गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरुन में माथा टेकने के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों, विशेषकर सिख संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी के तीन मूलभूत सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ एक संवेदनशील, समतामूलक एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का सशक्त आधार प्रदान करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि सिख गुरुओं के अद्वितीय बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय का अतुलनीय योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सिख विरासत एवं गौरवशाली इतिहास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का शुभारंभ सिख समुदाय की दशकों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम रहा। उन्होंने 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने की पहल का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से साहिबजादों के सर्वाेच्च बलिदान को स्मरण किया जाता है। कविन्द्र गुप्ता ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के राष्ट्रव्यापी आयोजनों का भी उल्लेख किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना, सेवा भोज योजना तथा वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ये सभी पहलें सिखों की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, धार्मिक भावनाओं के सम्मान तथा समुदाय के कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। हिंदू और सिख समुदायों के बीच सदियों पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दोनों समुदायों की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने समाज में धार्मिक आधार पर विभाजन पैदा करने वाली शक्तियों के प्रति आगाह करते हुए नागरिकों से ऐसी विभाजनकारी सोच के प्रति सतर्क रहने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को नशामुक्त हिमाचल प्रदेश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत /2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी के लिए सुख-शांति, समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की।
Featured Videos
Video
Latest
वीरभद्र सिंह की अनदेखी पर फिर उठे सवाल, MLA रोहड़ू से जनता ने जताई नाराजगी
हिमकेयर की जगह आएगी ₹10 लाख की नई स्वास्थ्य बीमा योजना
यूजीसी नेट 2026 की परीक्षा शहर पर्ची अब 25 नवंबर को होगी जारी
बीएल स्कूल कुनिहार में 32वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता, खेलों के साथ पढ़ाई में भी विद्यार्थी आगे
कल से शुरू होंगे चैत्र नवरात्रि, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और कलश स्थापना की विधि
पाताल भुवनेश्वर मंदिर: रहस्य, आस्था और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम
विकास और विरासत के मंत्र से तैयार हो रही विकसित भारत की मजबूत नींव: राज्यपाल
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ ₹183.50 सस्ता, विमान ईंधन के दाम भी घटे
अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति, 19 जून को हो सकते हैं ऐतिहासिक हस्ताक्षर
अधजली सिगरेट, चाय के झूठे प्याले और अधूरा इश्क़..
जयसिंहपुर: लोअर लंबागांव की बेटी अलीशा बनी ऑडिट इंस्पेक्टर
ममलेश्वर महादेव मंदिर: करसोग की धरती पर इतिहास, आस्था और महाभारत की अमर विरासत
11 साल बाद हरियाणा कांग्रेस को मिले जिला अध्यक्ष, हिमाचल में भी 9 महीने से इन्तजार














