नगर निगम सोलन के चुनाव में भाजपा द्वारा अपनी तमाम ताकत झोंक दिए जाने के बावजूद जिस तरह कांग्रेस ने धमाकेदार जीत अर्जित की है, उससे राजनीतिक पर्यवेक्षक भी सुजानपुर के विधायक व सोलन चुनाव के प्रभारी राजेंद्र राणा की सियासी मैनेजमेंट व उनके द्वारा रचे गए चक्रव्यूह के कायल हो गए हैं। राजेंद्र राणा को कांग्रेस नेतृत्व द्वारा सोलन नगर निगम के चुनाव की कमान सौंपी गई थी और जिस तरह राणा ने सोलन में डेरा डालकर तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट करके भाजपा के खिलाफ व्यूह रचना रची, उसकी काट भाजपा नहीं ढूंढ पाई। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन चुनावों के दौरान लगातार सोलन के तीन दौरे किए और राजनीतिक मैनेजमेंट में माहिर माने जाने वाले अपने दिग्गज नेता राजीव बिंदल को फ्री हैंड देकर यहां के दंगल को जीतने की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन कांग्रेस के चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा व स्थानीय कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल की जुगलबंदी ने भाजपा को दिन में तारे दिखा दिए। इस चुनाव में कर्नल धनीराम शांडिल्य की साख व राजेंद्र राणा की मैनेजमेंट स्किल दांव पर लगी थी। भाजपा सोलन नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने के दावे कर रही थी। लेकिन राजेंद्र राणा ने जो चक्रव्यूह रचा और जिस तरह सोलन से जुड़े जमीनी मुद्दों को उठाकर भाजपा को आक्रामक तरीके से घेरना शुरू किया, उससे न केवल कांग्रेसी वर्करों का हौसला बढ़ा बल्कि मतदाताओं में भी उन मुद्दों का खासा असर दिखा। भाजपा ने सोलन के पूर्व विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल के चुनावी प्रबंधन के सहारे सोलन में धमाकेदार जीत अर्जित करने का ख्वाब संजोया था। लेकिन राजेंद्र राणा की मैनेजमेंट के आगे न केवल बिंदल बुरी तरह चित हो गए बल्कि उनके सबसे करीबी व खासमखास माने जाने वाले बाघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता चुनाव हार गए। सोलन में कांग्रेस की जीत को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोग मजेदार टिप्पणियां दर्ज कर रहे हैं। कई लोगों ने यह कहकर चुटकी ली है कि सुजानपुर में राजेंद्र राणा ने पहले अपने गुरु पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को उनके घर में शिकस्त देकर उनके मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब चूर कर दिया और अब सोलन में पूर्व मुख्यमंत्री के चेले और भाजपा के दिग्गज मैनेजमेंट गुरु माने जाने वाले राजीव बिंदल को भी उन्हीं के घर में धूल चटा दी है। निश्चित रूप से कांग्रेस की इस जीत से कांग्रेस आलाकमान में सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा का सियासी कद बढ़ गया है।
कोविड-19 बचाव टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत जिला सोलन के 46 विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 2577 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वर्तमान में सोलन जिला में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कार्यक्रम कार्यान्वित किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित मानक प्रक्रिया के अनुसार निर्धारित आयु वर्ग में टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आज जिला में 51 स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण किया गया है। 22 स्वास्थ्य कर्मियों, 30 फ्रंटलाईन कर्मियों को टीका लगाया गया। जिला में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1706 तथा 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 819 व्यक्तियों का भी टीकाकरण किया गया। कोविड-19 के प्रभावी प्रबन्धन के दृष्टिगत जिला में कोरोना वायरस संक्रमण के अधिक से अधिक परीक्षण करने पर भी बल दिया जा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए जिला में आरटीपीसीआर परीक्षण अब ठोडो मैदान
ग्राम पंचायत रौड़ी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल स्रोतों की साफ सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत गांव बागा की पुरातन व ऐतिहासिक बावड़ी की सफाई प्रधान रीना शर्मा तथा उपप्रधान जीत राम बिट्टू की देख देख में की गई। उप प्रधान जीतराम बिट्ट ने बताया कि गर्मी का मौसम आ रहा है अतः इस मौसम में पीने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों का ठंडा जल सभी ग्रामीण प्रयोग करते हैं। ग्रामीणों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए बावड़ी के जल की गुणवत्ता का परीक्षण भी करवाया गया जिसमें उस जल की गुणवत्ता 8.0 सामान्य पाई गई। सभी ग्रामीणों ने बावड़ी में जमा हुए कचरे को बाहर निकाला बॉडी की अच्छी प्रकार से साफ सफाई की और उसमें दवाई भी डाली ,उन्होंने बताया कि उनका जल जीवन मिशन के अंतर्गत इस पंचायत में आने वाली सभी प्राकृतिक जल स्रोत वाली बावड़ियों को इसी प्रकार साफ सफाई करने का कार्यक्रम है। जिससे इन जल स्रोतों के रखरखाव में भी सहायता मिलेगी और लोग गर्मियों में जल स्रोतों के मृदुल तथा शीतल जल का आनंद ले सकेंगे। इस कार्यक्रम में महिला मंडल प्रधान मीना देवी और पंचायत वार्ड सदस्य हरदेव, मदन शर्मा ,वीना देवी ,आशा वर्कर मीरा देवी ,यशोदा देवी ,शकुंतला देवी ,मंजू,लीला ,मीरा ,शीला ,रजनी ,अनीता ,प्रेमलता सहित समस्त महिला मंडल के सदस्यों ने अपना सहयोग दिया।
कुनिहार में एक बाइक चालक की ट्रक से टक्कर होने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे बाइक चालक कुनिहार से अर्की मार्ग पर जा रहा था। इस दौरान कुनिहार पुराने बस स्टैंड से 200 मीटर की दूरी पर कूफटू मार्ग की ओर जा रहे एक ट्रक के साथ बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई व बाइक में सवार एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे शिमला रैफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दे दी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि कुनिहार अर्की मार्ग में एक बाइक सवार की ट्रक के साथ टक्कर हो जाने से मौके पर ही मृत्यु हो गई व बाइक में सवार एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल है। घायल लड़की को शिमला रैफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सोलन की एक महिला डॉक्टर में यूके का नया स्ट्रेन पाया गया है, जो पिछले वायरस से 70 फीसदी ज़्यादा संक्रामक है। ये स्ट्रेन दिल और फेफड़ों को पूरी तरह से प्रभावित करता है। प्रदेश सरकार ने नए कोरोना स्ट्रेन को लेकर सभी जिलों को अलर्ट किया और सभी सीएमओ को सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोलन की महिला डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने के निर्देश भी दिए गए। इस विषय पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हमें और सावधानी बरतने की जरूरत है। सोलन जिले में सबसे ज़्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं, एक्टिव केस 673 पहुंच गए हैं। लगातार मामले बढ़ने से स्वाथ्य विभाग और सरकार की चिंता बढ़ गई है। जिस तरह चुनावों में लोगों की भीड़ उमड़ी है, उससे 15 अप्रैल के बाद मामले और ज्यादा बढ़ने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के वार्ड सदस्यों और पंचायत प्रधानों के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। चार नगर निगमों, छह नगर पंचायतों सहित 128 पंचायतों को देर शाम जनप्रतिनिधि मिलेंगे। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है और शाम चार बजे तक मतदान होगा। प्रोटोकॉल के तहत शाम 4 से 5 बजे तक कोरोना संक्रमित वोट डाल सकेंगे। मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती की जाएगी और इसके तुरंत बाद नतीजे घोषित होंगे। मतदान से एक दिन पहले यानी मंगलवार को सैनिटाइजेशन किया जा चुका है ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। चार नगर निगमों के 64, नगर पंचायतों में 44 वार्ड सदस्य चुने जाने हैं। नगर निगम चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से मतदान हो रहा है जबकि छह नगर पंचायतों और पंचायत प्रधानों के चुनाव में मतपत्रों का इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना के नेतृत्व में पहला चुनाव है। इन दोनोें नेताओं के साथ साथ भाजपा व् कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना महामारी बेक़ाबू होती जा रही है। आठ दिन के अंदर-अंदर प्रदेश में कोरोना 34 लोगों की जान ले चुका है। ये सभी लोग 60 साल और इससे ज्यादा उम्र के हैं। प्रदेश में कोरोना से मृत्यु दर 0.2 प्रतिशत बढ़ी है। पहले मृत्यु दर 1.60 प्रतिशत थी, जो अब 1.62 प्रतिशत पहुंच गई है। दूसरी ओर रिकवरी दर में कमी दर्ज हुई है। पहले प्रदेश में रिकवरी दर 94 प्रतिशत थी, वह अब गिरकर 93.13 प्रतिशत पहुंच गई है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने सोमवार को मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की, इसमें कोरोना पर काबू पाने पर चर्चा हुई। ऊना, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और सोलन जिले में कोरोना के ज्यादा मामले आ रहे हैं। जिला शिमला में अब तक कोरोना से सबसे ज्यादा 275 लोगों की मौत हुई है, जबकि कांगड़ा जिले में भी 228 लोग दम तोड़ चुके है। जिला ऊना में सामुदायिक संक्रमण हो गया है। कस्बों में कोरोना के मरीज आ रहे है। सरकार ने जिला ऊना के डीसी और सीएमओ को बीमारी के प्रति सतर्क रहने के लिए कहा है।
नगर निगम सोलन के 17 वार्डों में 07 अप्रैल, 2021 को होने वाले निर्वाचन में कुल 36435 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अजय यादव ने आज यहां दी। अजय यादव ने कहा कि कुल मतदाताओं में 18730 पुरूष, 17704 महिला तथा एक अन्य मतदाता हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर-01 देहूंघाट सपरून में कुल 2825 मतदाता अपने मतदाधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1480 पुरूष तथा 1345 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-02 रेलवे स्टेशन में 1450 पुरूषों तथा 1346 महिला मतदाताओं के साथ कुल 2796 मतदाता अपने मतदाताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड नम्बर-03 कथेड़ में कुल 1812 मतदाता हैं। इनमें 959 पुरूष तथा 853 महिला मतदाता हैं। उपमण्डलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर-04 चम्बाघाट सलोगड़ा में कुल 1980 मतदाता हैं। इनमें 1041 पुरूष तथा 939 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-05 लोअर बाजार में 581 पुरूष तथा 521 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1102 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-06 जवाहर पार्क में कुल 2479 मतदाता हैं। इनमें 1250 महिला मतदाता तथा 1229 पुरूष मतदाता हैं। अजय यादव ने कहा कि वार्ड नम्बर-07 ठोडो ग्राउन्ड में 1168 पुरूष तथा 1124 महिला मतदाताओं के साथ कुल मतदाताओं की संख्या 2293 है। यहां एक अन्य मतदाता भी है। उन्होंने कहा कि वार्ड नम्बर-08 शिल्ली रोड में कुल 2549 मतदाता हैं। इनमें 1322 पुरूष तथा 1227 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-09 मधुबन काॅलोनी में 959 पुरूष तथा 939 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1898 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-10 चैंरीघाटी में कुल 2248 मतदाता हैं। इनमें 1132 पुरूष तथा 1116 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-11 डिग्री काॅलेज में कुल 2224 मतदाता हैं। इनमें 1149 पुरूष तथा 1075 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-12 सनी साईड में 1112 पुरूष तथा 1079 महिला मतदाताओं के साथ कुल 2191 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-13 कलीन वार्ड में कुल 1703 मतदाता हैं। इनमें 888 पुरूष तथा 815 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-14 हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में 901 महिला तथा 887 पुरूष मतदाताओं सहित कुल 1788 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-15 तहसील पटरार में कुल 1626 मतदाता हैं। इनमें 855 पुरूष तथा 771 महिला मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-16 रबौण आंजी में 1030 पुरूष तथा 939 महिला मतदाताओं के साथ कुल 1969 मतदाता हैं। वार्ड नम्बर-17 बसाल पट्टी कथेड़ में कुल 2952 मतदाता हैं। इनमें 1488 पुरूष तथा 1464 महिला मतदाता हैं।
बद्दी स्थित भारत सरकार की संस्था केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (सिपेट) द्वारा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सिपेट बद्दी में तकनीकी शिक्षा विभाग, द्वारा 06 दिवसीय ‘कौशल उन्नयन’ कार्यक्रम आज से शुरू हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के 20 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं ग्रुप अनुदेशकों को डिजाइन एवं टूल रूम से सबंधित औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि तहसीलदार बद्दी मुकेश शर्मा, दून इनफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक जे.जी. गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुकेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में दैनिक आधिकारिक कार्यों के अलावा कुछ नया सीखना चाहिए। उन्होने कहा की यह तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा की गई अच्छी पहल है जिसके माध्यम से आई.टी.आई. के प्रधानाचार्यों एवं ग्रुप अनुदेशकों क तकनीकी ज्ञान में बढ़ोतरी होगी। दून इनफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक जे.जी. गोयल ने प्रतिभागियों को उद्योगों की आज के समय की जरूरतों के विषय में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को साॅफ्ट स्किल्स के विकास के किए अधिक महत्व देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए जिससे वह उद्योगों में अच्छा कार्य कर सकें। सिपेट बद्दी के निदेशक एवं प्रमुख डाॅ.आलोक साहू ने कार्यक्रम के विषय एवं सिपेट बद्दी की विभिन्न गतिविधियों के बारे में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस 6 दिन के कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में भ्रमण करवाया जाएगा जिससे की प्रतिभागीयों को उद्योगों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सकें एवं उनके तकनीकी ज्ञान में भी बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने निदेशक तकनीकी शिक्षा विभाग का इस तरह के कौशल उन्नयन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार प्रकट किया। सिपेट बद्दी के प्रशासनिक अधिकारी पुनीत भार्गव ने प्रतिभागियों को 06 दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में सिपेट बद्दी सहायक तकनीकी अधिकारी राहुल डोगरा तथा पुष्पेंद्र कुमार ने धन्यवाद प्रस्तावत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रघु शर्मा, राजेश कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आज यहां इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों व वीवीपैट मशीनों के भण्डार कक्ष सहित एम-1 ईवीएम के वेयरहाउस का त्रैमासिक आन्तरिक निरीक्षण किया गया। त्रैमासिक आन्तरिक निरीक्षण के तहत तहसील परिसर कोटलानाला स्थित ईवीएम वेयर हाउस एवं पुराना उपायुक्त कार्यालय स्थित वीवीपैट वेयर हाउस को जांचा गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर, उपायुक्त सोलन केसी चमन, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, तहसीलदार सोलन गुरमीत सिंह नेगी, नायब तहसीलदार निर्वाचन मोहिन्द्र ठाकुर सहित निर्वाचन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
भले ही केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया बनाने का सपना लेकर चली हो लेकिन अभी भी कई क्षेत्र ऐसे है जहाँ दूरसंचार व इंटरनेट की सुविधा से लोग महरूम है। ऐसी ही उपमण्डल अर्की की एक पंचायत दावटी है जहाँ के लोगों के मोबाइल फोन खाली डिब्बे बन कर रह गए हैं। दावटी पंचायत के गांव फाँजी, खांगड, शावग, शिवनगर, दावटी सहित अन्य गांव में मोबाइल टॉवर के सिंग्नल आंख मिचौली खेलते रहते है। जिस कारण लोगों को अपने रिश्तेदारों व किसी अन्य काम को लेकर दूसरों से सम्पर्क करने को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत दावटी के कर्मचारियों को पंचायत के काम को लेकर फोन व इंटरनेट की सही से सुविधा न मिलने के कारण उन्हें घनागुघाट जाना पड़ता है। स्थानीय पंचायत के हरिराम कौंडल, मुकेश, खेमचंद, पिंकू, संतलाल, अमित, राहुल सहित अन्य का कहना है कि उन्हें रोज़ाना फोन के माध्यम से लोगों से सम्पर्क करना होता है लेकिन नेटवर्क सही से न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि वह इस समस्या की ओर ध्यान देकर उन्हें इससे निजात दिलवाएं ताकि देश के प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मांगल में कोरोना टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। टीकाकरण के दौरान पंचायत प्रधान उर्मिला देवी व उपप्रधान सीताराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। इस कैंप में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने सभी लोगों को कोविड-19 के तहत बचाव की जानकारी दी। पंचायत प्रतिनिधियों ने खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की व उपमंडलाधिकारी अर्की का मांगल में टीकाकरण कैंप लगवाने के लिए आभार प्रकट किया व आग्रह किया कि हर सप्ताह यह कैंप आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मांगल में आयोजित किया जाना चाहिए। इस मौके पर पंचायत प्रधान मांगल उर्मिला देवी, उपप्रधान सीताराम ठाकुर, स्वास्थ्य कर्मचारी संध्या नेगी, फार्मासिस्ट दिनेश शर्मा, सीएचसी याचना, आशा वर्कर सपना, हीरा देवी, गोविंद राम, प्यारे लाल, अर्जुन सिंह, नरपत राम, गुलदेव, अछरू राम, नंद लाल पंवर, शेर सिंह, जगत राम तथा पंचायत के अन्य सदस्यों सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
नगर निगम सोलन तथा नगर पंचायत कण्डाघाट की परिधि में 07 अप्रैल को निर्वाचन के दृष्टिगत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस सम्बन्ध में उपायुक्त सोलन एवं निर्वाचन अधिकारी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नगर निगम सोलन तथा नगर पंचायत कण्डाघाट की परिधि में सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों, शिक्षण संस्थानों तथा औद्योगिक संस्थानों में अवकाश रहेगा। उक्त क्षेत्रों की परिधि में 07 अप्रैल को दुकानें भी बन्द रहेंगी। नेगोशिएबल इन्स्ट्रूमेन्ट अधिनियम 1881 की धारा 25 के तहत दिहाड़ीदारों के लिए भी यह वैतनिक अवकाश होगा।
हिमाचल प्रदेश निकाय अधिनियम 1994 की धारा 304-आर के प्रावधानों के अनुसार 07 अप्रैल को नगर निगम सोलन तथा नगर परिषद कण्डाघाट में सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत मतदान के लिए निर्धारित समय की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से नगर निगम सोलन तथा नगर पंचायत कण्डाघाट की परिधि में मदिरा आदि की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस सम्बन्ध में जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। मतदान वाले क्षेत्रों में उक्त अवधि को ड्राई डे घोषित किया गया है। मतगणना एवं परिणाम दिवस पर भी ड्राई डे रहेगा। इस अवधि में मतदान वाले क्षेत्रों में किसी होटल, रेस्तरां, दुकान, सार्वजनिक स्थल इत्यादि में किसी भी प्रकार की मदिरा एवं अन्य मादक द्रव्यों की बिक्री एवं वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला दंडाधिकारी ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से नगर निगम सोलन तथा नगर पंचायत कण्डाघाट की परिधि में शस्त्र साथ रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक जारी रहेंगे। शस्त्र तथा गोला-बारूद साथ लेकर चलने पर विधि अनुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश सेना, अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस, गृह रक्षा तथा केंद्रीय पुलिस बल पर लागू नहीं होंगे। इन आदेशों की अवहेलना पर उल्लंघनकर्ता को नियमानुसार दण्डित किया जाएगा।
दाड़लाघाट में करुणामूलक संघ की मीटिंग संघ के अध्यक्ष अजय की अगुवाई में गूगल मीट के जरिए हुई। उन्होंने सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जो राजनैतिक पार्टी करुणामूलक नौकरियां बहाल करेगी, वे उसी पार्टी को आने वाले विधानसभा के चुनाव में समर्थन प्रदान करेगी। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अजय ने कहा कि करुणामूलक आश्रितों ने सरकार बनाने मे अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने सरकार का घेराव करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें विधानसभा बजट सत्र में अनदेखा किया है। एक तरफ मुख्यमंत्री बोलते हैं की हमारी मंशा है कि हम नौकरी देंगे लेकिन दूसरी तरफ इस करुणा भरी मंशा को वे भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के मन में करुणामूलक परिवारों को नौकरी देने की मंशा होती तो वे बिना किसी शर्त के सबको नौकरी दे देते। आने वाले विधानसभा चुनाव मे हिमाचल के करुणामूलक आश्रित परिवारों ने ठान लिया है कि जो करुणा की मंशा से इन परिवारों की तरफ देखेगा उन्हीं को ही राजनीती का तेज़ पहनाया जाएगा।
प्रदेश के चार नगर निगम में 7 अप्रैल काे हाेने वाली वाेटिंग के लिए कल शाम यानी साेमवार काे प्रचार थम जाएगा। अंतिम दिन 6 मार्च काे डाेर-टू-डाेर वाेट मांग सकेंगे। बीते 22 मार्च से लेकर अब तक चाराें नगर निगम क्षेत्राें में कांग्रेस और भाजपा ने जमकर प्रचार किया। भाजपा प्रत्याशियाें की जीत सुनिश्चित करने के लिए सरकार और संगठन दाेनाें ने खूब पसीना बहाया, ताे कांग्रेस ने भी काेई कसर नहीं छाेड़ी। सीएम जयराम ठाकुर ने चाराें नगर निगम के लिए अपना समय निकला और सहयाेगी मंत्रियाें काे जाे जिम्मेवारियां साैंपी गई उसका भी परिणाम सात अप्रैल काे सामने आएगा। हालांकि हार या जीत का फैसला जनता 7 अप्रैल काे करेगी, लेकिन दाेनाें राजनीतिक दलाें ने अपनी-अपनी दावेदारी जताने में काेई कमी नहीं रखी। ऐसे में अब देखना है कि नगर निगम साेलन, पालमपुर, धर्मशाला और मंडी की जनता किसे शहरी निकाय की चाबी साैंपती है।
कुनिहार के न्यू बस स्टैंड पर लगे गन्दगी के ढेर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान स्वच्छ भारत मिशन को ठेंगा दिखा रहे हैं। पिछले दो-तीन हफ़्तों से बस स्टैंड पर गन्दगी के ढेर लगे है। हालांकि, बस स्टैंड पर शुलभ शौचालय है व सफाई कर्मचारी भी तैनात है। बस स्टैंड पर नियमित रूप से निजी व सरकारी बसों में हजारों मुसाफिर सफर करते हैं व बस स्टेंड पर कूड़े कचरे के लिए कोई स्थायी व्यवस्था न होने से कचरे के ढेर लगे हुए हैं जिसके कारण यात्रियों, व्यापारियों व स्थानीय लोगों को यंहा से गुजरते हुए बदबू के कारण अपने नाक मुंह बंद करने पड़ते है। जानकारी के अनुसार पिछले काफी समय से पंचायत द्वारा यंहा से कचरा उठाया जाता रहा है जिसके लिए परिवहन विभाग इस कचरे को उठाने के लिए पंचायत को कुछ राशि दिया करता था। परन्तु, पिछले एक साल से सफाई व कचरे को उठाने के लिए पैसा न आने के कारण पंचायत ने कूड़ा-कचरा उठाना बन्द कर दिया। परिवहन व पंचायत की इस आपसी खींचतान में मुसाफिरों और आम लोगों सहित व्यापारियों को भी तकलीफें झेलनी पड़ रही है। मनोज कुमार, विनोद, धीरज, सिकन्दर, पवन आदि व्यापारियों ने परिवहन व पंचायत से इस मसले को जल्द हल करके कूड़े-कचरे को उठाने की मांग की है। वहीं, हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्रि ने बताया कि परिवहन विभाग से कचरे को उठाने के लिए पंचायत को पैसा दिया जाता था, जोकि पिछले कई महीनों से विभाग ने देना बंद कर दिया है। विभाग से बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था के लिए पंचायत की ओर से लिखित व मौखिक तौर पर कई बार बात की जा चुकी है, परन्तु परिवहन विभाग की ओर से सफाई के लिए पिछले काफी समय से कोई भी राशि जारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सफाई शुल्क मिलते ही पंचायत के सफाई कर्मचारी यंहा से गन्दगी उठाना शुरु कर देंगे। वहीं, आरएम सोलन शुगल सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि कुनिहार न्यू बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था की ज़िम्मेवारी शुलभ शौचालय वालों की है। पंचायत को कोई भी सफाई शुल्क विभाग की ओर से नही दिया गया है। शुलभ शौचालय के ठेकेदार को इस बारे में नोटिस निकाल दिया गया है व जल्द ही कुनिहार बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से की जाएगी।
कुनिहार क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर विशालकाय सफेदे और पोपलर के पेड़ किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। क्षेत्र में चलने वाली तेज़ हवाओं के कारण अक्सर पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां टूटकर गिरती रहती है। जिससे कई बार सड़क में खड़े वाहनों को भी नुकसान हो चुका है। इतना ही नहीं पेड़ो की टहनियों के गिरने से विद्युत विभागीय मेन लाइन भी कई बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार सुबह कुनिहार शिमला मार्ग तालाब के नज़दीक देखा गया, जंहा सफेदे के विशालकाय पेड़ से एक मोटी टहनी अचानक विद्युत विभागीय मेन लाइन पर जा गिरी। जिससे क्षेत्र के कुछ हिस्सों में काफी देर तक विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। विभागीय कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद विभागीय लाइन के ऊपर गिरे पेड़ की टहनी को हटाया। गनीमत यह रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। क्योंकि जिस जगह पेड़ की टहनी गिरी उसी पेड़ के नीचे कुछ वाहनों की आवाजाही के अतिरिक्त लोग भी इधर-उधर टहल रहे थे। अध्यक्ष नव चेतना समाजिक संस्था कुलदीप कंवर, अध्यक्ष विकास सभा कुनिहार धनीराम तनवर, सुरेश जोशी, अनिल गर्ग, देवराज, अशोक कुमार, हरजिंदर, कर्मचन्द आदि ने कहा कि कुनिहार क्षेत्र में सफेदे व पोपलर आदि के काफी पेड़ है। वह इतने विशालकाय हो गए हैं कि आए दिन उनकी मोटी-मोटी टहनियां अक्सर गिरती रहती है। क्षेत्र में चलने वाली तेज़ हवाओं के कारण कई बार सड़को में खड़े वाहनों के अतिरिक्त विद्युत विभागीय लाइन भी टूट जाती है। कई पेड़ मकानों के लिए भी खतरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार वन मण्डल कुनिहार, लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया जा चुका है कि विशालकाय पेड़ो की छंगाई करवाई जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। इसी विषय में कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग एम.एस. चौधरी ने कहा कि पेड़ की टहनी अचानक मेन लाइन के ऊपर गिर गई थी। जिसे विभागीय कर्मियों ने हटाकर लाइन को दरुस्त कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में पांच अप्रैल से विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। अभिभावक फोन के माध्यम से भी शिक्षकों से संपर्क कर अपने बच्चों के दाखिले करवा सकेंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के बिना भी अभिभावक स्कूलों में आकर दाखिलों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। स्कूलों में पांच अप्रैल से शिक्षक और गैर शिक्षक आना शुरू कर देंगे। उधर, स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई कब से शुरू होगी। इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग इस बाबत प्रस्ताव तैयार कर सरकार की मंजूरी को भेजेगा। नया शैक्षणिक सत्र 12 अप्रैल से शुरू किया जाना प्रस्तावित था लेकिन 15 अप्रैल तक विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद होने के चलते फिलहाल इस बाबत भी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में नए शैक्षणिक सत्र और ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर फैसला ले लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल से प्रदेश में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होनी है। सभी जिला उपनिदेशकों और स्कूल प्रिंसिपलों को पत्र जारी कर परीक्षा केंद्रों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाने को कह दिया है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए एसओपी में ही परीक्षाएं ली जाएंगी।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 7 अप्रैल को होने वाले मतदान के दृष्टिगत शराब की बिक्री पर तुरन्त प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए है। उन्होंने बताया कि इन मतदान केन्द्रों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में दुकानों, ढाबों, होटलों, सार्वजनिक स्थलों तथा घरों में शराब का वितरण व बिक्री को पूर्णतयः प्रतिबंधित किया गया है। यह प्रतिबंध 48 घंटे के लिए लगाया गया है, जो मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय तक जारी रहेगा। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में शनिवार को सेवानिवृत्त अध्यापक धनीराम चौधरी के घर में बाडुबाड़ा देव का शुभागमन हुआ। इस आयोजन में देवों के देव बाड़ूबाड़ा देव ने उनके पुत्र श्याम सिंह चौधरी के नवगृह में पदार्पण किया। इस अवसर पर देवताओं के करींदो ने क्षेत्र की भलाई के लिए देवता से आशीर्वाद मांगा। बाडुबाड़ा देव कार्य समिति के सचिव श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों में बाडुबाड़ा देवता के प्रति अटूट आस्था है। इसमें देवता लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इस दौरान कोविड-19 के दृष्टिगत सरकार और प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेशों का पालन किया गया। विशेषकर सोशल डिस्टेंसिंग का खास ध्यान रखा गया ।जात्रा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर बीडीसी कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उप प्रधान हेमराज, पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, धनीराम चौधरी, जयपाल चौधरी, श्याम चौधरी, देवराज कौंडल, संतराम पंवर, ओमप्रकाश शर्मा, संजू, केशव वशिष्ठ, लोकेश, मनीष, नरेन्द्र चौधरी, विजय कौंडल, बालक राम शर्मा, कमल, पवन शर्मा, रमेश, कृष्ण चंद भट्टी सहित स्थानीय ग्रामीणों ने देवता का आशीर्वाद लिया।
सोलन नगर निगम चुनाव के चलते 3 अप्रैल को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा प्रतियाशियों के लिए प्रचार प्रसार कार्यक्रम चलाया। स्वयं मुख्यमंत्री ने कुछ वार्ड में जाकर भाजपा प्रतियाशियों के लिए वोट अपील की। वही यदि उनके कार्यक्रम की शुरुआत की बात करे तो मुख्यमंत्री का कार्यक्रम वार्ड 4 से शुरू हुआ। जहां से स्वाति मैदान में है, जो पहले भी पार्षद रही है। स्वाति वार्ड न 4 में पहले से अपने सरल व सुलझे व्यक्तित्व से लोगों का दिल जीतती आई है। अब मुख्यमंत्री के आगमन के बाद उनकी जीत का इरादा पक्का नज़र आ रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों को सम्बोधित करते हुए स्वाति के लिए वोट अपील की। बता दें कि स्वाति काफी लम्बे समय से चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। स्वाति डोर टू डोर जाकर प्रचार कर रही है। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनी और उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त किया है कि यदि उन्हें जनता का प्यार मिला, तो वे जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान निकालेगी। चुनाव के प्रचार में काफी लोग उनके साथ जुड़ रहे है। लोगों से उन्हें प्रचार में काफी समर्थन मिल रहा है। लोगों का कहना है कि स्थानीय निवासी होने के चलते स्वाति इस चुनावी रण में जीत हासिल करेगी।
प्रदेश में तीन दिन बाद नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चुनाव करवाना चुनौती से कम नहीं होगा। नगर निगम चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान होगा। 7 अप्रैल को चार नगर निगम, छह नई नगर परिषदों और 128 पंचायतों में मतदान होगा। नगर पंचायत और पंचायत के चुनाव में बैलेट पेपरों से वोटिंग होंगे। माना जा रहा है कि कोरोना महामारी के खौफ से मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है। राज्य चुनाव आयोग के आदेशों पर मतदान से एक दिन पहले सभी मतदान केंद्रों को सैनिटाइज करना अनिवार्य होगा। चुनाव आयोग के जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कोरोना संक्रमित वोटरों के लिए 4 बजे के बाद एक घंटे का समय वोट डालने के लिए रखा है। ऐसे वोटरों को पीपीई किट पहने स्वास्थ्य कर्मी मतदान कराने के लिए लेकर जाएंगे। इसके बाद ईवीएम को सैनिटाइज किया जाएगा और दूसरे वोटर से मतदान करवाया जाएगा। इस दौरान इस्तेमाल दस्तानों और मास्क को सुरक्षित तरीके से नष्ट कराया जाएगा। ऐसे वोटरों से पहले सुबह 8 बजे से दोपहर बाद 4 बजे तक दूसरे वोटर मतदान करेंगे। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार थर्मल स्कैनर, मास्क, पीपीई किट, सैनिटाइजर फेस शील्ड का स्टाक उपलब्ध होगा । इनका इस्तेमाल मतदान के समय किया जाना है। राज्य चुनाव आयोग के चुनाव अधिकारी संजीव महाजन का कहना है कि चुनाव अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तैयारियां कर ली हैं।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में इंदर सिंह चौधरी व नरेन्द्र सिंह चौधरी के घर पर देवताओं के देव बाडुबाडा दाड़लाघाट, देव बाडुबाडा कांगरी धार वाले की जात्रा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर देवताओं के करींदो ने क्षेत्र की भलाई के लिए देवता से आशीर्वाद मांगा दोनों देवताओ के कारिंदों ने पारंपरिक विधि विधान व वाद्य यंत्रों की मंगल धुनों के साथ देवता की स्तुति की। देवताओं ने अपने पुजारियों के माध्यम से लोगों को आशीर्वाद दिया। देव दाड़लाघाट के सचिव श्याम चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों में बाडुबाड़ा देवता के प्रति अटूट आस्था है। इसमें देवता लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इस दौरान कोविड-19 के दृष्टिगत सरकार और प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेशों का पालन किया गया। इस मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग का खास ध्यान रखा गया। जात्रा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, अमर सिंह ठाकुर, बालकराम, धर्मपाल धर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, इंदर सिंह शर्मा, जीत राम, इंदर सिंह चौधरी, नरेन्द्र सिंह चौधरी, राहुल चौधरी, हेतराम, बाबूराम शर्मा, बलिराम शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, संजीव, करमचंद चौधरी, संजू सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
द कृषक उत्पादक एवं विपणन सहकारी सभा समिति के प्रधान रत्न चंद बट्टू ने बताया कि कृषक उत्पादक एवं विपणन सहकारी सभा समिति द्वारा 8 अप्रैल को दुर्गा माता मंदिर धुन्दन में स्वास्थ्य चिकित्सा आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच चिकित्सा विशेषज्ञ द्वारा की जाएगी। इस कैंप में लोगों को निशुल्क दवाइयां बांटी जाएगी। उन्होंने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने लोगों से अपील कि की सभी अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं और ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस केम्प को सफल बनाएं।
हिमाचल के राशन कार्ड उपभोक्ताओं को अब सस्ता राशन लेने के लिए दूर के डिपो में जाने से मिलेगा छुटकारा। सरकार शहरी क्षेत्रों में तीन और ग्रामीण क्षेत्रों में दो किलोमीटर के दायरे में सस्ते राशन के डिपो खोलने जा रही है। पहले पांच व इससे ज्यादा किलोमीटर में डिपो खोले जाते थे। कैबिनेट की मंजूरी के बाद खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। विभाग पंचायतों व अन्य क्षेत्रों में मांग पर भी सरकार डिपो खोलेगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश में नए मिट्टी के तेल के डिपो नहीं खुलेंगे। वर्तमान में जिन डिपुओं में केरोसिन तेल मिल रहा है, उन्हीं डिपो में मिलता रहेगा।
विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत अनुभाग नवगांव के गांव चाखड़, बुघार, चमरोल, सुहानी, नेहर, पवाब, पारनु,बडाल में 2 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता दाड़लाघाट मनमोहन सिंह चंदेल ने बताया कि लाइन के आवश्यक रख रखाव व मुरम्मत हेतु प्रातः 10 बजे से 5 तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जिला के विभिन्न स्थानों पर डिजिटल माध्यम से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्राधिकरण द्वारा मार्च माह विभिन्न विषयों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन की सचिव गुरमीत कौर ने गत दिवस दी। गुरमीत कौर ने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा कण्डाघाट विकास खण्ड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफ्टू में बच्चों को उनके अधिकार व बाल श्रम, बाल शोषण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शेल्टर होम कथेड़ सोलन के बच्चों को ‘गूड टच व बैड टच’, सड़क सुरक्षा नियम व नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता शिविरों में इस माह ग्राम पंचायत कैंडोल, मंडेसर, बढलग, आंजी मातला, महलो, चामियां, कनैर, रणो तथा बाघा करोग में लोगों को कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, घरेलू हिंसा के बारे, न्यायालय की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को नालसा स्कीम व 10 अप्रैल को आयोजित की जाने वाली वाली लोक अदालत के बारे में भी लोगों को अवगत करवाया गया। गुरमीत कौर ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढांग, बिशा, घैंटी, धूंधन, परवाणू तथा कोठी देवरा में बच्चों को डिजिटल माध्यम से विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। बच्चों को मौलिक अधिकारों, नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, बाल श्रम, सड़क सुरक्षा नियम व कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में जानकारी प्रदान की गई। माह के दौरान अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीच्यूट सोलन की महिलाओं तथा ग्राम पंचायत कोटबेजा, सनवारा, कोटला द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि सोलन जिला की उपमण्डल स्तरीय विधिक सेवाएं समितियों द्वारा भी इस दिवस को मनाया गया जिसमे महिलाओं को उनके अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता व घरेलू हिंसा अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शिविर में पीड़ित मुआवजा योजना की भी जानकारी प्रदान की गई। जिला कारागार सोलन की महिलाओं के साथ भी अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर बनाई गई वीडियो को साझा किया गया। उन्होंने कहा कि भारत का अमरूत महोत्सव ग्राम पंचायत सपरून, किशनपूरा, थाना के आदिवासी लोगों के साथ मनाया गया आदिवासियों के अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। जेल अधीक्षक सोलन के साथ डिजिटल माध्यम से कैदियों को उनके अधिकारों, प्ली बारगेनिंग, निःशुल्क निकानूनी सहायता तथा कोविड-19 के बारे में जानकारी प्रदान की गई। गुरमीत कौर ने कहा कि माह के दौरान कण्डाघाट में वैजिटेबल कुलैक्शन सेंटर क्यारी की महिलाओं के साथ कानूनी जागरूकता शिविर में महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित मुआवजा योजना(राज्य वनालसा), मध्यस्थता, घरेलू हिंसा, मोटर वाहन अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। सोलन जिला के विकास खण्ड धर्मपुर में खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर के सहयोग से धर्मपुर की 26 ग्राम पंचायतों में डिजिटल माध्यम से शिविर आयोजित किए गए। शिविर में लोगों को डिजिटल माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता, पंचायती राज संस्थाओं की न्यायिक शक्तियां, पीड़ित मुआवजा योजना, नशीली दवाओं के शिकार लोगों के लिए कानूनी सेवाएं योजना, कोविड-19 से बचाव तथा मध्यस्थता एवं लोक अदालत के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा इस माह 01 पीड़ित प्रतिकर बालिका मुआवजा राशि प्रदान की गई है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा डीएलएसए सोलन के नाम से बने यू-टयूब चैनल के माध्यम विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई है। गुरमीत कौर ने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन के दूरभाष नम्बर 01792-220713 पर किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
कोविड-19 महामारी से बचाव से लिए किए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक सोलन जिला में 30105 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया है। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ.राजन उप्पल ने दी। डाॅ.उप्पल ने कहा कि जिला में टीकाकरण के लिए पंजीकृत किए गए 9707 स्वास्थ्य कर्मियों में से 7836 को कोविड-19 से बचाव के लिए प्रथम तथा 4846 को द्वितीय खुराक दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत 3500 फ्रंटलाईन वर्कर में से 2345 को पहली तथा 1139 को दूसरी खुराक दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 13939 व्यक्तियों को कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण की पहली खुराक दी गई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए द्वितीय खुराक के रूप में टीकाकरण 06 से 08 सप्ताह के उपरान्त किया जाएगा। आरटीपीसीआर परीक्षण के लिए ठोडो मैदान सोलन में सैम्पलिंग ली जा रही है। सैम्पलिंग के लिए इच्छुक व्यक्ति प्रतिदिन प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक सैम्पलिंग के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। कोविड जांच के लिए इच्छुक व्यक्तियों की दोपहर 12.00 बजे से 1.00 बजे तक सैम्पलिंग ली जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सही तरीके से मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथ-हाथ बार-बार साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से धोते रहें। खांसी, जुखाम, बुखार होने पर पुरन्त अपने समीप के स्वास्थ्य संस्थान में जांच करवाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम सोलन के स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव के लिए समर्पित होकर कार्य करें। केसी चमन ने नगर निगम सोलन के निर्वाचन के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारियों, सेक्टर ऑफिसर तथा निर्वाचन के लिए तैनात कर्मचारियों के द्वितीय चरण अभ्यास कार्यक्रम को सम्बोधित किया। केसी चमन ने सभी को निर्देश दिए कि चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए और नियमानुसार सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करवाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु कार्यान्वयन में अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख कड़ी हैं तथा इसके लिए सभी को टीम के रूप में कार्य करना होगा। चुनाव से पूर्व सभी पीठासीन अधिकारी माॅक पोल करवाना सुनिश्चित करें तथा वास्तविक मतदान निर्धारित समय पर आरम्भ किया जा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन त्रुटिरहित एवं सफल निर्वाचन के लिए प्रतिबद्ध है और निर्वाचन के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान एवं मतगणना इत्यादि के लिए समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। केसी चमन ने कहा कि नगर निगम सोलन का निर्वाचन इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्य के लिए प्रयुक्त की जाने वाली सभी 55 ईवीएम का समुचित निरीक्षण एवं जांच की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईवीएम के प्रयोग में बरती जाने वाली सावधानियों को स्मरण रखना होगा ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाईश न रहे। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि ईवीएम की कार्यप्रणाली को ठीक प्रकार से समझ लें। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं तहसीलदार निर्वाचन को निर्देश दिए कि निर्वाचन तथा ईवीएम के प्रयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के बारे में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को विस्तार से अवगत करवाएं। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने ईवीएम की विस्तृत कार्यप्रणाली एवं इसके विभिन्न हिस्सों की जानकारी दी। नगर निगम सोलन के निर्वाचन पर्यवेक्षक डी.के. रतन, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हर्ष अमरिन्द्र सिंह, सहायक आयुक्त एच.एस. राणा सहित निवार्चन के लिए नियुक्त अन्य कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने नगर निगम सोलन के निर्वाचन के दृष्टिगत उपायुक्त कार्यालय सोलन में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार उपायुक्त सोलन कार्यालय के कमरा नम्बर 503 को नगर निगम सोलन के निर्वाचन के दृष्टिगत नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष के लिए जिला राजस्व अधिकारी सोलन केशव राम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होने तक कार्यरत रहेंगे। नगर निगम सोलन की निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में कोई भी जानकारी इस नियंत्रण कक्ष से दूरभाष संख्या 01792-224033 पर प्राप्त की जा सकती है। निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में शिकायत एवं सूचना तथा अन्य जानकारी उक्त दूरभाष नम्बर पर प्राप्त की जा सकती है।
33 केवी सब स्टेशन अर्की के रखरखाव के कारण सब- डिवीजन कुनिहार के अंतर्गत आने वाले समस्त गांवों में सोमवार 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उप मण्डल कुनिहार के सहायक अभियंता इंजीनियर विनोद भट्टी ने उपरोक्त जानकारी देते हुए जनता से सहयोग की अपील की है।
डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के आठवीं कक्षा के छात्र मास्टर मौलिन चंदेल ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपने अभिभावकों सहित स्कूल का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश काउंसिल फॉर साइंस एवं टेक्नोलॉजी तथा पर्यावरण विभाग के सौजन्य से 9 मार्च को करवाई गई थी। प्रतियोगिता में कुल 59 स्कूलों के लगभग 118 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। ऑनलाइन हुई इस प्रतियोगिता में मास्टर मौलिन ने प्रथम स्थान हासिल कर स्कूल तथा अभिभावकों को गौरवान्वित किया। इसके अतिरिक्त ग्रीन स्कूल प्रोग्राम में आठवीं कक्षा की ओजस्वी तथा आरोही ने नवीकरणीय ऊर्जा की मॉडल प्रतियोगिता में अगले दौर के लिए प्रवेश किया , जिसमें इनका रेजिडेंशियल कैंप का आयोजन होगा। स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन मनोज जिंदल तथा प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों को उनकी सफलता की बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान 15 अप्रैल तक बंद करने की घोषणा अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान कुल्लू में की। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही पर पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। कोविड को लेकर सरकार 5-6 दिन में समीक्षा बैठक करेगी। उसके बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा की टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना से बचाव के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। वंही, सीएम ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में खाली चल रहे विशेषज्ञों के पदों को प्रदेश सरकार प्राथमिकता के साथ भरेगी। पुलिस के जवानों द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके साथ उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आवासीय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ जिला में कोरोना व अन्य प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की और नगर के समीप घुड़दौड़ का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घुड़दौड़ में आध्यत्मिक गुरु सुधांशु महाराज का आशीर्वाद लिया।
अगर मन में कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो कोई भी कार्य बखूबी किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ करने की सोच के साथ उपमंडल के तीन युवा मेडलिप्स वीडियो के माध्यम से हिमाचली बोली को बढ़ावा दे रहे है। ग्राम पंचायत पारनु के गांव कनोह के रहने वाले राहुल शर्मा (राहुल85777), पंचायत दावटी के गांव दाती के रहने वाले नीतेश शर्मा (शर्मा73133) व लाधी गांव के कुनाल शर्मा (कुकूडागा) इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए है। इन तीनों युवाओं की मेडलिप्स वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप व इंस्टाग्राम पर धूम मचा रही है। राहुल, नीतेश व कुनाल ने मेडलिप्स वीडियो के जरिए एक नया रिकॉर्ड कायम किया है, सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने विभिन्न वीडियो बनाकर पहाड़ी भाषा (लोकल भाषा) में रिकॉर्ड तोड़ दिया। हमेशा अलग तरह की लोकल भाषा मे मेडलिप्स के जरिये इन वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और लोग इसे वायरल भी कर रहे हैं। इन वीडियो में लोकल बोली को खूब पसंद किया जा रहा है। मेडलिप्स की आवाज़ के माध्यम से राहुल शर्मा ,नीतेश शर्मा व कुनाल शर्मा ने वीडियो की खूबसूरती में चार चांद लगा दिये हैं। बता दे कि इन दिनों अर्की, हिमाचल और साथ लगते पड़ोसी राज्यो में हिमाचली बोली ओर बाघल्याणि बोली के चर्चे सोशल मीडिया पर मशहूर हो रहे है। इन तीनों युवाओं का कहना है कि लोगों को खुश करने में उनके दिल को खुशी मिलती है, वो प्रधानमंत्री तो कभी अमिताभ बच्चन की मिमकरी से लोगों की वाहवाही लूट लेते है। वहीं नीतीश पक्षियों की बोली निकालने में भी माहिर है, नीतेश व कुनाल का कहना है कि सोशल मीडिया से हम अपनी बोली को प्लेटफॉर्म पर रखकर लोगों से सीधा संवाद कर सकते है। राहुल शर्मा का कहना है कि ये एक मनोरंजन का साधन है जिससे चुट्कुले सभी को लोटपोट कर रहे है। उन्होंने कहा कि मेडलिप्स बनाना एक कला है। राहुल शर्मा का कहना है कि वह अपनी बोली को प्रचलित करने के लिए एक पहल कर रहे है। उन्होंने कहा की आज जो प्यार हमें जनता द्वारा मिल रहा है उसके हम सदैव आभारी रहेंगे। सोशल मीडिया पर उनके बहुत फैन हैं, जो लगातार उनकी वीडियो को देखते हैं और पसंद करते हैं। साथ ही उन्होंने नशे की गर्त में फंस रहे युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया है।
आए दिन बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्राम पंचायत पारनू के साथ लगते घाट गांव के लोगों को बिजली विभाग के सहायक अभियंता दाड़लाघाट एवं कनिष्ठ अभियंता नवगांव के द्वारा स्थापित 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर समर्पित किया गया। जिससे अब उक्त गांव में लोगों को बिजली की समस्या से राहत देखने को मिलेगी। गांव में लोगों के घरों में वोल्टेज कम होने से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ विद्युत उपकरणों द्वारा सही से काम न कर पाने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। परन्तु विद्युत विभाग द्वारा नया ट्रांसफॉर्मर लगाने से लोगों की दिक्कतें कम होंगी। जिसके लिए चेतराम शास्त्री, मुंशी राम, यशपाल शर्मा, मदनलाल, श्याम लाल, जीतराम, बजीरू राम, राम लाल, दौलत राम सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग का धन्यवाद किया।
पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन पट्टाबराबरी - हरिपुर इकाई के चुनाव सर्व सम्मति से जिला उपप्रधान जी आर भारद्वाज सर्वेक्षक एवं चुनाव अधिकारी की देखरेख में संम्पन हुए। इस मौके पर राज्य प्रतिनिधि रूप राम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक बार फिर सर्व सम्मति से डी डी कश्यप को इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ उप प्रधान केशवा राम, सचिव जगदेव गर्ग,कोषाध्यक्ष महमूद वेग,मुख्य सलाहकार रोशन कौंडल,मुख्य ऑडिट ऑफिसर हरदेव गर्ग,मुख्य कानूनी सलाहकार जगदीश शर्मा,कानूनी सलाहकार दीनानाथ गर्ग,उपप्रधान खेमचंद ठाकुर,दुनीचंद ठाकुर,प्रेम चन्द कश्यप,शीलादेवी, संगठन सचिव चेतराम,गीता देवी,सन्तोष कुमार,बिशन दास ,नेकराम कौंडल,शीशराम कश्यप,हंसराज शर्मा व संयुक्त सचिव ख्याली राम को बनाया गया। चुनाव प्रक्रिया के बाद डी डी कश्यप ने सर्वसम्मति से हुए चुनाव के लिए सभी को बधाई दी व संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए एक जुट कार्य करने की सबसे अपील की।
पुलिस थाना दाड़लाघाट के तहत चमाकड़ी पुल के पास एक ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।मृतक की पहचान अमृतसर निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र ने पुलिस में लिखवाई रिपोर्ट में बताया कि वह चालक का कार्य करता है व मनाली की एक पिकअप चलाता है। वह अपने पिता के साथ उपरोक्त गाड़ी में कैरी बैग व नैपकिन आदि की सप्लाई करने अमृतसर से सैंज, चौपाल व नेरवा की तरफ गया था। नेरवा से सप्लाई करके वे लोग वापस अमृतसर जा रहे थे, तो रात को चमाकड़ी पुल के पास उसने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। पिता ने कहा कि रात को यहीं पर कमरा लेकर ठहर जाते हैं। जब उसके पिता सड़क क्रॉस करके होटल की तरफ जा रहे थे तो उसी समय एक ट्रक दाड़लाघाट की तरफ से तेज रफ्तार में आया और पिता को टक्कर मार दी। ट्रक उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। मृतक को दाड़लाघाट अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
भारतीय किसान संघ खंड कुनिहार के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल खंड कुनिहार के मंत्री नरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में नायब तहसीलदार दाड़लाघाट बसंत लाल राजटा को मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश को सुखा ग्रस्त राज्य घोषित करने एवं फसलों के नुकसान से किसानों को सीधी राहत प्रदान करने को लेकर नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन सौपा। उन्होंने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में अधिकतर कृषि एवं बागवानी वर्षा पर आधारित होती आ रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में औसतन 1000-1200 मि.मी. वर्षा के द्वारा जल पूरा वर्ष भू-भाग को मिलता रहता है। लेकिन वर्ष 2020-21 के दौरान सितम्बर 2020 से मार्च 2021 तक सामान्यतया बहुत कम वर्षा हुई है। इसके अलावा हिमपात भी बहुत कम हुआ है परिणामस्वरूप सूखे की स्थिति बन चुकी है। इसका असर सीधा रबी की फसलों पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों ने गेहूँ को चारे के रूप में काटना शुरू कर दिया है। एक क्विंटल उत्पादन के स्थान पर 15-20 किलोग्राम गेहूँ के उत्पादन की आशा की जा रही है। कृषि विभाग द्वारा एक माह पूर्व अपनी रिपोर्ट में सूखे का प्रभाव जो केवल 30-40 प्रतिशत आंका था, अब 70-80 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अधिकतर खेती की भूमि असिंचित, छोटी जोत, पहाड़ी क्षेत्र होने एवं अनाज की कम आय वाली फसलों के कारण किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रहते हैं। भारतीय किसान संघ ने हिमाचल सरकार से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश को सूखाग्रस्त राज्य घोषित किया जाए और रबी फसलों के नुकसान की राहत किसानों को प्रति बीघा जमीन के हिसाब से बैंक द्वारा किसानों के खाते में सीधे दी जाए। जिससे किसानों को कम से कम कृषि आदानों में व्यय राशि राहत के रूप में उपलब्ध हो। इस मौके पर खंड मंत्री नरेश कुमार शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा ओपीएस, हंसराज भाटिया, महेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
होली का त्यौहार दाड़लाघाट और इसके आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि पिछले वर्षों के मुकाबले इस होली पर धूमधाम ओर रौनक कम ही दिखी। कोविड-19 के निरंतर बढ़ते संक्रमण की वजह से होली पर्व पर लोग गुलाल नहीं उड़ा पाए। प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार लोगों घर पर ही होली खेलने की हिदायत मिली थी। लोगों का कहना है था कि सालाना त्योहारों की रंगत कोरोना की वजह से धीरे-धीरे फीकी पड़ रही है। जिसका हमारे समाज तथा बाजार पर काफी विपरीत असर पड़ रहा है। पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, नरेंद्र सिंह चौधरी, अनिल गुप्ता, पंकज, राजेंद्र कपिल, तनुज शुक्ला, दुकानदार दीपक गजपति, अमरदीप, राज, बॉबी, मुकेश, नितीश, रितिक, राकेश, पवन ठाकुर, शुभम का कहना है कि कोरोना महामारी की वजह से इस बार होली का त्यौहार पिछले वर्षों की तुलना में फीका रहा। इसके अलावा लोगों ने अपने परिचितों व रिश्तेदारों के यहां जाकर उनको होली के रंग भेंट करने के साथ माथे पर रंगों के टीके लगा कर होली खेली। कोरोना संक्रमण के चलते व्यापार मंडल या अन्य किसी भी संस्था ने सार्वजनिक तौर पर होली नहीं खेली। संस्थाओं में लोगों ने अपने स्तर पर एक दूसरे को रंग लगाकर आपस में होली खेली।
कोविड-19 टीकाकरण के लिए पूर्व में निर्धारित दिशा-निर्देशों में आंशिक परिवर्तन किए गए हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण करवा चुके लाभार्थी दूसरी खुराक नए दिशा-निर्देशों के अनुसार ले सकते हैं। जिन लाभार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण की दूसरी खुराक 28 दिन बाद दी जानी तय हुई थी, वे सभी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार दूसरी खुराक पहला टीका लगने के 6 से 8 सप्ताह के मध्य कभी भी ले सकते हैं। लाभार्थियों को अब 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाने की बाध्यता नहीं है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हाल ही में पाॅजिटिव पाए गए कोविड-19 रोगियों से आग्रह किया कि होम आईसोलेशन नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि रोगी अपने-अपने सम्पर्क में आए व्यक्तियों की सूचना स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करें ताकि विभाग इस दिशा में सजगता से कार्य कर सके। उन्होंने कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों से आग्रह किया कि वे अपने सम्पर्क में आए व्यक्तियों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को प्रदान करें अन्यथा उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनें, सोशल डिस्टन्सिंग नियम का पालन करें, भीड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें।
नगर निगम सोलन के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने नगर निगम निर्वाचन-2021 के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए 02 उड़न दस्ते गठित किए हैं। यह उड़न दस्ते नगर निगम सोलन के विभिन्न वार्डों में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना का अनुश्रवण कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में आदेश हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम-2012 के नियम 30 (3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने 07 अप्रैल को नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गोलजमाला में प्रधान पद के लिए होने वाले मतदान के दृष्टिगत विभिन्न मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया है। इस सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) केसी चमन द्वारा पुलिस अधीक्षक बद्दी को उचित आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत गोलजमाला में प्रधान पद के लिए होने वाले मतदान के लिए वार्ड नम्बर-1 गोलजमाला, वार्ड नम्बर-2 कल्याणपुर तथा वार्ड नम्बर-3 नंगल निहला के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोलजमाला को संवेदनशील घोषित किया गया है। इसी ग्राम पंचायत के वार्ड नम्बर-4 पलासडा घाडुआ तथा वार्ड नम्बर-5 पलासडा दितु के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला पलासडा घाडुआ को संवेदनशील घोषित किया गया है। वार्ड नम्बर-6 पलासडा निहला, वार्ड नम्बर-7 नंगल उपरला-1, वार्ड नम्बर-8 नंगल उपरला-2 तथा वार्ड नम्बर-9 नंगल निहला-2 के लिए निर्धारित मतदान केन्द्र राजकीय उच्च पाठशाला नंगल उपरला को संवेदनशील घोषित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 158-आर के प्रावधानों के अनुसार 07 अप्रैल को पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव के दृष्टिगत मतदान के लिए निर्धारित समय की समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से जिला सोलन के उन क्षेत्रों में मदिरा आदि की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा जहां यह उप चुनाव होना है। इस सम्बन्ध में जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेशों के अनुसार मतदान वाले क्षेत्रों में उक्त अवधि को ड्राई डे घोषित किया गया है। मतगणना एवं परिणाम दिवस पर भी ड्राई डे रहेगा। इस अवधि में मतदान वाले क्षेत्रों में किसी होटल, रेस्तरां, दुकान, सार्वजनिक स्थल इत्यादि में किसी भी प्रकार की मदिरा एवं अन्य मादक द्रव्यों की बिक्री एवं वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला दंडाधिकारी ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से जिला सोलन के उन स्थानों में शस्त्र साथ रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है, जहां पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव निर्धारित हैं। यह आदेश चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक जारी रहेंगे। शस्त्र तथा गोला-बारूद साथ लेकर चलने पर विधि अनुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश सेना, अर्धसैनिक बलों, राज्य पुलिस, गृह रक्षा तथा केंद्रीय पुलिस बल पर लागू नहीं होंगे।
आरपी नेगी।शिमला प्रदेश के चार नगर निगमों में हाेने जा रहे चुनावाें के लिए सरकार और संगठन ने पूरी ताकत झाेंक दी है। ऐसे में अब आगामी सात दिनों तक सरकार के मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी समेत कार्यकर्ता खूब पसीना बहाएंगे। सीएम जयराम ठाकुर भी दाे दिनों में धर्मशाला और पालमपुर में वाेटर्स के नब्ज टटाेलेंगे। वे आज ही धर्मशाला में प्रचार के लिए कूद पड़े हैं। चुनावी शेडयूल के मुताबिक 7 अप्रेल काे सुबह 8 से दाेपहर बाद 4 बजे तक वाेटिंग हाेनी है। प्रचार के लिए अब कम समय रहते देख सरकार के सभी मंत्री और संबंधित क्षेत्राें के विधायकों ने भी पूरा माेर्चा संभाल रखा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार हाेने के नाते चाराें नगर निगमों पर भाजपा कब्जा जमाने की आस में हैं। इन दिनों राज्य सचिवालय से भी राैनक गायब हाे चुकी है। कारण यह है कि अधिकांश मंत्री मिशन इलेक्शन में कूद पड़े हैं और वैसे भी सीएम आउट ऑफ स्टेशन हाेते ही मंत्रियाें की अनुपस्थिति आम बात बन जाती है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस भी सभी सीटाें पर जीत दर्ज करने के लिए काेई कसर नहीं छाेड़ना चाहती। प्रदेश अध्यक्ष कुलदउीप सिंह राठाैर से लेकर विधयकों ने भी जिम्मेवारियाँ साैंपी है। ऐसे में अब देखना हैं कि 7 अप्रैल के दिन वाेटर्स किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं? उल्लेखनीय है कि मंडी, साेलन और पालमपुर में पहली बार चुनाव हाे रहे हैं, जबकि नगर निगम धर्मशाला में दूसरी बार।
रिकांगपिओ। प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्य स्तर पर 15 अप्रैल से आरंभ हो रही स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा के मार्ग निर्देशिका (रूट-चार्टर) व कलस्टर को लेकर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिला के तीनों उपमण्डलों कल्पा, भावानगर व पूह को स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा, 2021 के लिए अलग-अलग कलस्टरों में बांटा जाएगा। जिसके तहत नाको कलस्टर में सुमरा, शलखर, चांगो, नाको, हांगो, चूलिंग व लियो ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है और मुख्य कार्यक्रम नाको पंचायत घर के नजदीक लखांग मैदान में किया जाएगा। इसी प्रकार पूह कलस्टर में नमज्ञयां, डूबलिंग, पूह, नेसंग, रोपा, ज्ञाबुंग व सुन्नम पंचायत को शामिल किया गया है तथा मुख्य कार्यक्रम गांधी मौहला स्टेडियम पूह में किया जाएगा। मूरंग कलस्टर के तहत स्पीलो, कानम, लाबरंग, ठंगी, चांरग, मूरंग, रारंग, जंगी, लिप्पा, आसरंग, अकप्पा, रिस्पा तथा रिब्बा ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम ट्रक यूनियन मैदान स्किबा में किया जाएगा। उपमण्डल कल्पा के तहत 2 कलस्टर बनाए गए हैं। कल्पा कलस्टर के अंतर्गत मेबर, बारंग, पवारी, पूर्वनी, पांगी, खवांगी, तेलंगी, शुदारंग, दूनी, युवारंगी, कल्पा, रोघी व कोठी पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम रामलीला मैदान रिकांग पिओ में आयोजित किया जाएगा। सांगला कलस्टर के तहत शौंग, सापनी, ब्रुआ, किल्बा, चांसू, कामरू, सांगला, थेमगरंग, बटसेरी, रकच्छम तथा छितकुल पंचायत को शामिल किया गया है तथा स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला के प्रागंण में किया जाएगा। भावानगर (निचार) उपमण्डल के तहत तीन कलस्टर बनाए गए हैं। टापरी कलस्टर के तहत मीरू, चगांव, उरनी, यूला, पानवी, पूनंग तथा रामनी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है जबकि मुख्य कार्यक्रम टापरी स्थित सब्जी मण्डी ग्राउंड में किया जाएगा। कटगांव कलस्टर के तहत यंगप्पा-1, यंगप्पा-2, कटगांव, काफनू, क्राबा व नाथपा ग्राम पंचायतों को लिया गया है। स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काफनू के प्रागंण में आयोजित किया जाएगा। भावानगर कलस्टर के तहत निचार, सुंगरा, पौण्डा, बरी, तराण्डा, चोरा, छोटा-कम्बा, बड़ा-कम्बा व रूपी ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है। मुख्य कार्यक्रम कला मंच ग्राउंड भावनगर में होगा। उपायुक्त ने कहा कि स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा, 2021 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए उपमण्डल स्तर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी/उपमण्डलाधिकारी नोडल आॅफिसर होंगे, जबकि कलस्टर स्तर पर गठित कमेटियों के नोडल आॅफिसर खण्ड विकास अधिकारी/ तहसीलदार होंगें।
हर व्यक्ति में कला समाहित होती है, केवल उसे अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। यह साबित कर दिखाया है सोनम सोई ने। सोनम बहुत ही अच्छी कलाकार है तथा उनकी आर्ट गैलरी में बहुत सी बढ़िया एवं उम्दा पेंटिंग्स रखी गई हैं। इन पेन्टिंग्स का सिंहावलोकन करने से ऐसा लगता है कि यह पेंटिंग अभी बोल पड़ेगी। उनके द्वारा तस्वीरों में जान डाल दी गई है केवल जुबान नहीं डाली जा सकी। सोनम सोई को बचपन से ही आर्ट एंड क्राफ्ट में रुचि थी तथा वह स्कूल समय से ही पेंटिंग्स बनाती थी। उनकी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी कई बार लग चुकी है जिसमें जानी-मानी हस्तियों ने इनकी पेंटिंग को बहुत सराहा तथा इनाम दिए हैं। सोनम सोई का सपना है कि उनकी पेंटिंग्स को किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनी में शामिल किया जाए ताकि उनकी कला को पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि उनके पास इस तरह की पेंटिंग की बहुत सारी क्लेक्शन है जिसे किसी उचित प्लेटफार्म की तलाश है। अगर कोई पाखी उनकी पेंटिंग्स को उचित स्थान दे, तो उनकी कला में और भी निखार आ सकता है। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही कुछ महान हस्तियों के पोर्ट्रेट बनाएंगे जिसमें मोदी, अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर तथा पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह आदि शामिल हैं।
ग्राम पंचायत हाटकोट के अंतर्गत प्राचीन पेयजल स्रोत की सफाई की गई। इस मौके पर पंचायत के प्रधान जगदीश अत्रि उपस्थित रहे। वहीं, पंचायत सदस्य रक्षा शर्मा, विमला शर्मा, महिला मंडल प्रधान निर्मला राघव, उपप्रधान लता शर्मा, कोषाध्यक्ष संतोष, सचिव रुकमणी, मीरा, पूनम, निर्मला सुदेश, कंचन, प्रभा शर्मा, सावित्री देवी, मीना, उमा देवी, बृज बाला, हेमा, मीरा शर्मा, हिमा देवी संग कई महिलाओं द्वारा गर्मियों के मौसम को देखते हुए प्राचीन बावड़ी की सफाई की गई। प्रधान जगदीश अत्रि ने महिलाओं द्वारा प्राकृतिक स्त्रोत की साफ सफाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूरी पंचायत को साफ व स्वच्छ रखने की समस्त पंचायत वासियों से अपील की।
ग्राम पंचायत क्यारड में गांव कुंद के ग्रामीणों ने बावड़ी एवं रास्तों की साफ-सफाई की। इस अवसर पर गांव के युवाओं ने सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सब तहसील दाड़लाघाट के वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह व मनोहर लाल फौजी ने बताया कि इस सफाई अभियान में जुड़े युवाओं का उत्साह देखने लायक था। युवाओं ने बावड़ी में पड़े कचरे और गंदगी को साफ किया। उन्होंने बताया कि बावड़ी पुरानी होने से दीवारों एवं सीढिय़ों पर झाडिय़ा उग आई थी तथा गंदगी फैंके जाने से यह कचरे से अट चुकी थी। ऐसे में युवाओं ने घंटों मेहनत कर बावड़ी की सफाई में अपना योगदान दिया। उन्होंने बताया कि युवाओं ने भविष्य में इस पुनीत कार्य का जिम्मा उठाने की शपथ ली। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह, मनोहर लाल फौजी, नरेश, दिनेश, राहुल, मोहित, मोहन, मान सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सूरजपुर में सामाजिक कल्याण एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जागरूकता शिवर का आयोजन किया गया। इस दौरान कल्याण विभाग, न्याय विभाग, पुलिस विभाग द्वारा नागरिकों को उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत से जानकारी दी गई। इस मौके पर महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में अवगत करवाया गया। कल्याण विभाग द्वारा लोगों को बुढ़ापा पेंशन, विधवा पैंशन व अपंगता पेंशन के साथ-साथ सरकार की तरफ से कल्याण विभाग से मिलने वाली योजनाओ के बारे में स्थानीय ग्राम वासियों को अवगत करवाया गया। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी राकेश गौतम, कमलेश, पुलिस विभाग से कमला वर्मा, न्याय विभाग से वकील रोहित और जिला परिषद सदस्य धुन्दन भुवनेश्वरी शर्मा, पंचायत उप प्रधान कामेश्वर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















































