राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी के दो छात्रों ने एन.एम.एम.एस. (NMMS) छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा दिशिता ठाकुर और लक्ष्य वर्मा ने इस छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण कर विद्यालय सहित जिला का नाम रोशन किया है। छात्रा दिशिता ने इस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त किया है। इस छात्रवृत्ति परीक्षा के अंतर्गत दोनों छात्रों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जो उन्हें कक्षा 9वीं से लेकर 12 कक्षा तक मिलती रहेगी। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल चंद शर्मा ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से लगातार इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही विद्यार्थी इस परीक्षा में सफलता हासिल कर रहे हैं। प्रधानाचार्य ने विशेष रूप से टी.जी.टी. (नॉन-मेडिकल) नलेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन और प्रयासों की सराहना की, जिनकी मेहनत से विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिली। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करने और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
सोलन जिला के कण्डाघाट क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कण्डाघाट नगर पंचायत को डिनोटिफाई कर ग्राम पंचायत बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार कण्डाघाट को पुनः ग्राम पंचायत बनाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की गरिमामयी उपस्थिति में कांग्रेस सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों में आस्था व्यक्त करते हुए पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत सिरीनगर तथा भाजपा के प्रमुख नेता गुरविन्द्र सिंह लगभग 50 कार्यकर्त्ताओं सहित भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र में विकास की गति में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
धर्मपुर में 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन दो युवकों से बरामद किया गया। 10/11 मार्च 2026 की रात्रि को जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने पुलिस थाना धर्मपुर के क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। जाँच के दौरान पाया गया कि उक्त आरोपियों के साथ एक तीसरा युवक भी मौजूद था, जो पुलिस को देखकर गाड़ी रुकते ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है और उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिनांक 11-03-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार एल.टी. लाइन के आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 11 मार्च, 2026 को शहर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अधिशाषी अभियंता सोलन विपुल कश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को दोपहर 12:00 बजे से सांय 05:00 बजे तक पुराना पावर हाउस मार्ग, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय, नया बस अड्डा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय तथा मॉर्डन ढाबा के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग करने की अपील की है, ताकि रखरखाव कार्य को समय पर और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
सोलन जिला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अढ़ाई साल के बच्चे की हत्या कर दी। मामला सलोगड़ा का है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और कोर्ट में पेश किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बालूघाटी के सलोगड़ा में नेपाली मूल की महिला तारा देवी पत्नी राजेंद्र ने बताया कि उसके अढ़ाई साल का बच्चा प्रवीन घर के आंगन में गिर गया था, जिसे इलाज के लिए वह अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जब मृतक बच्चे को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा था, तब ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी और फिर मामले का दूसरा पहलू उजागर हुआ। जानकारी के अनुसार महिला तारा देवी अपने पहले पति राजेंद्र को छोडक़र वर्तमान पति राज थापा के साथ रह रही थी। अब राजेंद्र और राज थापा के बीच अढ़ाई साल के बच्चे के पालन-पोषण को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच 2 दिन पहले राज थापा, जो कि प्रवीन का सौतेला पिता था, ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात को नेचुरल डेथ का रूप दिया जा रहा था। अगर ग्रामीणों को बच्चे के दफनाने की सूचना नहीं मिलती, तो मामले का किसी को पता नहीं चल पाता। बहरहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सोलन ने मामले की पुष्टी की है।
सोलन के जिला दण्डाधिकारी मनमोहन शर्मा ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए माल रोड पर वाहनों की आवाजाही को लेकर आवश्यक आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 117, सड़क नियमन नियम, 1999 के नियम 15 एवं 17 तथा हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन नियम, 1999 के नियम 184 एवं 196 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लागू किए गए हैं। आदेशों के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवधि में 2 मार्च, 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक पुराना उपायुक्त कार्यालय से पुराने बस अड्डे तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि यह आदेश रोगी वाहन (एंबुलेंस), अग्निशमन वाहन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात वाहनों तथा कचरा उठाने वाले वाहनों पर लागू नहीं होंगे। प्रशासन द्वारा जारी ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन परिसर एवं कण्डाघाट, अर्की, कसौली, नालागढ़ न्यायालय परिसर में 14 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव आकांक्षा डोगरा ने दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौते के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, चेक बाउंस मामले, वाहन चालान के मामले, धन वसूली के मामले इत्यादि की सुनवाई कर निपटारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम के मामले, श्रम विवाद के मामले, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्तों तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई कर निपटारा होगा। प्राधिकरण की सचिव ने कहा कि जो मामले अब तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं, उनका भी लोक अदालत में निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में समय एवं धन की बचत होती है। न्यायालय शुल्क नहीं लगता और पुराने मुकदमों का न्यायालय शुल्क वापस हो जाता है। इसमें किसी पक्ष को सजा भी नहीं होती। उन्होंने कहा कि वाहन चालान के मामलों में वर्चुअल कोर्ट की साइट पर जाकर भी भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति यदि अपने मामलों का निपटारा करवाना चाहता है तो 14 मार्च, 2026 से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय सोलन व जिले के सभी न्यायालयों में सादे कागज पर आवेदन कर सकता है। जिस न्यायालय में मामला विचाराधीन है, वहां भी इस संबंध में आवेदन किया जा सकता है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने आज यहां नगर निगम सोलन की परिधि में नुकसान दायक सिद्ध हो रहे वृक्षों को हटाने के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। उद्योग मंत्री ने नगर निगम सोलन की परिधि में वृक्ष प्राधिकरण समिति द्वारा संस्तुत 28 वृक्षों को हटाने के लिए प्रस्तावित 13 स्थलों में से चंबाघाट में शिव मंदिर के समीप, नए बस स्टैंड के समीप लोहार मोहल्ला, नहोड़ गांव के समीप, ठोड़ो मैदान के समीप तथा खुंडीधार में निर्धारित स्थलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। हर्षवर्द्धन चौहान ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि भविष्य में भी सोलन नगर निगम के क्षेत्र में वृक्ष कटान की अनुमति उन्हीं स्थानों पर दी जाएगी जहां पर जान-माल का खतरा हो। उन्होंने कहा कि एक पेड़ काटने के एवज में व्यक्ति को 05 पेड़ लगाना अनिवार्य होगा ताकि हरित क्षेत्र प्रभावित न हो। उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र आर्थिकी के आधार स्तम्भ में से एक है और हरित आवरण पर्यटकों की संख्या में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष कटान की अनुमति देते समय सभी आवश्यक पहलुओं का ध्यान रखा जाता है। उन्होंने इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर, पार्षदों तथा अधिकारियों से सोलन शहर के सौंदर्यकरण, मूलभूत सुविधाओं एवं अधोसंरचनात्मक आवश्यकताओं के सम्बन्ध में फीडबैक ली। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक पहलुओं को प्रदेश सरकार के ध्यान में लाया जाएगा। ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चन्द बरमानी, नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, राजीव कौडा, संतोष ठाकुर, अभय, मनोनीत पार्षद रजत थापा, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, ज़िला उद्योग महाप्रबंधक सुरेंद्र ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, नगर निगम सोलन के संयुक्त आयुक्त चेतन चौहान, ट्री ऑफिसर चन्द्रिका शर्मा सहित अन्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
साई संजीवनी हॉस्पिटल में आपातकालीन सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए, प्रसिद्ध सर्जन डॉ. संजय अग्रवाल के नेतृत्व में डुओडेनल अल्सर परफोरेशन (आंत में छेद) का सफल लैप्रोस्कोपिक ऑपरेशन किया गया। रोगी को तीव्र पेट दर्द, उल्टी तथा पेट में गंभीर संक्रमण (एक्यूट एब्डॉमेन) के लक्षणों के साथ अस्पताल लाया गया था। आवश्यक जांचों एवं चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद डुओडेनल अल्सर परफोरेशन की पुष्टि हुई। मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. संजय अग्रवाल एवं उनकी टीम ने पारंपरिक ओपन सर्जरी के स्थान पर आधुनिक लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन विधि) तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान डुओडेनम में हुए छेद की पहचान कर उसे सफलतापूर्वक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से ठीक किया गया। सर्जरी बिना किसी जटिलता के संपन्न हुई। इस आधुनिक विधि से मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव, छोटे चीरे तथा शीघ्र स्वस्थ होने का लाभ मिला। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वस्थ हो रहा है। यह सफल आपातकालीन सर्जरी सोलन में उन्नत लैप्रोस्कोपिक सुविधाओं की उपलब्धता को दर्शाती है, जिससे अब गंभीर मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पेप्टिक अल्सर परफोरेशन जैसी गंभीर स्थिति में समय पर पहचान और शीघ्र सर्जरी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि देरी होने पर पेरिटोनाइटिस और सेप्सिस जैसी जानलेवा जटिलताएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) ने शूलिनी विश्वविद्यालय के सहयोग से सोलन स्थित विश्वविद्यालय परिसर में एआईयू अन्वेषण 2025-26 अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस राष्ट्रीय छात्र अनुसंधान सम्मेलन में देश भर के संस्थानों से लगभग 200 छात्र और संकाय सदस्य एकत्रित हुए, जिन्होंने मौलिक अनुसंधान मॉडल, प्रोटोटाइप और नवोन्मेषी विचारों का प्रदर्शन किया। यह आयोजन बौद्धिक आदान-प्रदान और अकादमिक सहयोग के लिए एक जीवंत मंच साबित हुआ। एआईयू की प्रमुख छात्र अनुसंधान पहल, अन्वेषण का उद्देश्य युवा विद्वानों में वैज्ञानिक सोच, समस्या-समाधान कौशल और एक सशक्त अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देना है। संरचित प्रस्तुतियों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से, इस मंच ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के साथ-साथ उभरती वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप अनुसंधान परिणामों को प्रस्तुत करने में सक्षम बनाया, जिससे नवाचार-आधारित विकास के महत्व को बल मिला। शूलिनी विश्वविद्यालय की मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला ने अपने स्वागत भाषण में शोध आधारित शिक्षा और नवाचार उन्मुख शिक्षण प्रणालियों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं के पोषण के महत्व पर बल दिया। एआईयू के संयुक्त निदेशक डॉ. अमरिंदर पाणि ने अन्वेषण को छात्र नवाचार को समर्पित देश के सबसे बड़े शोध सम्मेलनों में से एक बताया। इस परिप्रेक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए, शूलिनी विश्वविद्यालय के नवाचार एवं विपणन विभाग के अध्यक्ष, प्रोफेसर आशीष खोसला ने अकादमिक मंचों में भागीदारी के महत्व पर बल दिया। मोहम्मद हिदायतुल्लाह द्वारा एक राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में व्यक्त की गई टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि भागीदारी स्वयं एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अनुसंधान की सच्ची भावना सार्थक प्रश्न पूछने, साहस के साथ नवाचार करने और सामूहिक रूप से ज्ञान का निर्माण करने में निहित है। भारतीय अनुसंधान संस्थान (एआईयू) के अध्यक्ष, प्रोफेसर विनय पाठक ने प्राचीन विद्वानों, ऋषियों और गणितज्ञों द्वारा संवर्धित भारत की समृद्ध वैज्ञानिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, गणित और खगोल विज्ञान जैसे क्षेत्रों में भारतीय अनुसंधान ने ऐतिहासिक रूप से विश्व का नेतृत्व किया है। अपने संबोधन में, कुलपति प्रोफेसर पी. के. खोसला ने युवा शोधकर्ताओं को वैश्विक उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उन्हें सीमाओं से परे सोचने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और विज्ञान और नवाचार में नेतृत्व के पदों की आकांक्षा रखने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे भारत वैश्विक अनुसंधान मानचित्र पर प्रमुख स्थान प्राप्त कर सके। धन्यवाद ज्ञापन शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर, चंदर मोहन गुप्ता ने दिया, जिन्होंने कहा कि प्रत्येक नवाचार एक विचार से शुरू होता है और सार्थक अनुसंधान परिणामों में परिवर्तित होने के लिए व्यवस्थित अवधारणा की आवश्यकता होती है।
योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर्स एंड डेटा साइंसेज ने बाइटएक्सएल के सहयोग से "जनरेटिव एआई पर एक व्यावहारिक कार्यशाला: निर्माण, सृजन और स्वचालन" शीर्षक से एक आकर्षक और व्यावहारिक कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का संचालन बाइटएक्सएल के डॉ. शमनेश शर्मा ने किया, जिन्होंने जनरेटिव एआई और स्वचालन के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र पर एक ज्ञानवर्धक सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रों को चैटजीपीटी, गूगल जेमिनी, परप्लेक्सिटी, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट, नोटबुक एलएम, जैपियर और एन8एन सहित कई उन्नत एआई उपकरणों से परिचित कराया। लाइव प्रदर्शनों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से, प्रतिभागियों ने विचारों को बुद्धिमान समाधानों में, संकेतों को उत्पादकता में और अवधारणाओं को स्वचालित कार्यप्रवाहों में परिवर्तित करना सीखा। इस सत्र में विभिन्न विषयों के छात्रों ने भाग लिया, जिससे यह अत्यधिक संवादात्मक और आकर्षक बन गया। प्रतिभागियों ने संकेत इंजीनियरिंग, एआई-संचालित अनुसंधान, सामग्री निर्माण और कार्यप्रवाह स्वचालन में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस कार्यशाला में जनरेटिव एआई के व्यापार, मीडिया, अनुसंधान और डेटा प्रबंधन में वास्तविक अनुप्रयोगों पर भी प्रकाश डाला गया। योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर्स एंड डेटा साइंसेज के प्रमुख डॉ. पंकज वैद्य ने कहा कि इस तरह की उद्योग-उन्मुख कार्यशालाएं अकादमिक शिक्षा और व्यावसायिक आवश्यकताओं के बीच की खाई को पाटने में सहायक होती हैं। इस कार्यक्रम ने छात्रों को उभरती प्रौद्योगिकियों से परिचित कराया और उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तेजी से बढ़ते क्षेत्र में करियर के अवसरों का पता लगाने के लिए तैयार किया।
जिला सोलन में उप-रोजगार कार्यालयों में आगामी 26 और 27 फरवरी, 2026 को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को उप-रोजगार कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर, बद्दी में 57 पदों के लिए और 27 फरवरी को उप-रोजगार कार्यालय, नालागढ़ में 86 पदों के लिए भर्ती कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। जगदीश कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को मैसर्ज़ हिम इंजीनियर इंडिया प्रा. लि., बद्दी के वेल्डर, प्रेस ऑपरेटर, ड्राइवर ट्रक के 17 पद तथा मैसर्ज़ अर्युदा ग्लोबल, चंडीगढ़ के ऑपरेटर, टेली कॉलर, कोऑर्डिनेटर और फील्ड इंजीनियर के 40 पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित होंगे। वहीं 27 फरवरी को मैसर्ज़ पेंगुइन इलेक्ट्रॉनिक प्रा. लि., नालागढ़ द्वारा ट्रेनी के 80 पद और मैसर्ज़ कोमेड केमिकल, बद्दी द्वारा एग्जीक्यूटिव, हेल्पर व केमिस्ट के 6 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू होंगे। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, वेल्डर, बी.फार्मा, डी.फार्मा, बी.टेक इलेक्ट्रॉनिक्स तथा आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। जगदीश कुमार ने बताया कि उम्मीदवारों को सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित प्रातः 10.30 बजे संबंधित उप-रोजगार कार्यालय में पहुंचना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
कसौली चौक, धर्मपुर के समीप खड़ा किया गया एक टिप्पर चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर वाहन बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक ने 21 फरवरी को अपना टिप्पर नंबर HP-64C-9622 कसौली चौक के पास खड़ा किया था। 22 फरवरी को जब उसका कंडक्टर उक्त स्थान पर पहुंचा तो टिप्पर वहां नहीं मिला। इसके बाद वाहन मालिक ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बताया गया है कि उक्त टिप्पर को दो महीने पहले ही खरीदा गया था। अज्ञात व्यक्ति द्वारा 21/22 फरवरी की रात को वाहन चोरी कर लिया गया। चोरी हुए टिप्पर की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों और विभिन्न टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 22-02-2026 को चोरी हुआ टिप्पर हरियाणा राज्य के जिला नूंह क्षेत्र से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं तथा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
बी. एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा पर चर्चा विषय पर एक अत्यंत प्रेरणादायक, मार्गदर्शक एवं विचारोत्तेजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रखते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ सफलता की ओर अग्रसर करना रहा। अपने प्रेरक संबोधन में अध्यक्ष महोदय ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा किसी भी छात्र के ज्ञान, अनुशासन और धैर्य की वास्तविक परीक्षा होती है, जिसे भय नहीं बल्कि अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए नियमित अध्ययन और योजनाबद्ध तैयारी पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्मार्ट अध्ययन तकनीकों, प्रभावी संशोधन रणनीतियों, तथा पाठ्यक्रम को सरल एवं व्यवस्थित ढंग से तैयार करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि “स्वास्थ्य ही धन है”, अतः परीक्षा के समय पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और सकारात्मक दिनचर्या अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को परीक्षा हॉल में पालन किए जाने वाले दिशानिर्देशों, अनावश्यक तुलना से बचने, तथा डिजिटल उपकरणों के सीमित एवं अनुशासित उपयोग के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और परीक्षा में सफलता हेतु माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसके अतिरिक्त, बच्चों को आत्मविश्वास बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने, तथा तनाव-मुक्त रहकर परीक्षा देने के प्रभावी उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणास्पद बताते हुए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के मार्गदर्शक कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर आत्मबल, अनुशासन और सफलता की दृढ़ इच्छा शक्ति को विकसित करते हैं, जिससे वे न केवल परीक्षा में बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), शिमला की ओर से पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, कुनिहार में वीरवार को दो दिवसीय विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी एवं जन सूचना अभियान का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों और युवाओं को देश की वैज्ञानिक, सामरिक और विकासात्मक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में भारत के अंतरिक्ष अभियान की ऐतिहासिक सफलता चंद्रयान 3 से लेकर सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर तक की उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस की मारक क्षमता और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश की तीन रामसर साइट रेणुका झील, चंद्र ताल व पौंग डैम को भी प्रमुखता से दर्शाया गया। इसके अलावा ऐम्स बिलासपुर, आई आईटी मंडी सहित प्रदेश में विकसित हो रहे राष्ट्रीय राजमार्गों और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार यादव ने किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका अहम है। इस तरह के आयोजन युवाओं को देश की उपलब्धियों से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं को केंद्र सरकार की योजनाओं और भारत की उपलब्धियों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम की शुरुआत जन जागरूकता रैली से हुई, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047 और स्वच्छता अभियान के संदेश के साथ लोगों को जागरूक किया। इसके बाद चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय की उप प्राचार्य अनिता कंवर ने आभार व्यक्त किया। दूसरे दिन विकसित भारत विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने कुलाधिपति प्रो. पी. के. खोसला के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले प्रेरणा दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी सदस्य कृतज्ञता, प्रेरणा और उत्कृष्टता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति नवप्रवर्तित प्रतिबद्धता की भावना से एकजुट हुए। समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय मंदिर में हवन के साथ हुआ, जिसके बाद वृंदावन उद्यान में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जो सतत विकास और पर्यावरण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। दिन का प्रमुख आकर्षण रतन टाटा गैलरी, टैगोर सेमिनार हॉल और पहल फाउंडेशन कियोस्क सहित महत्वपूर्ण सुविधाओं का उद्घाटन था। ये पहलें नवाचार, सामाजिक प्रभाव और अनुभवात्मक शिक्षा पर विश्वविद्यालय के निरंतर ध्यान को दर्शाती हैं। कुलाधिपति प्रो. पी. के. खोसला ने सरोज खोसला के साथ मिलकर शूलिनी पहल फाउंडेशन के सहयोग से सेंटर फॉर लीडरशिप कोचिंग की एक पहल, प्रोजेक्ट प्रगति कियोस्क का औपचारिक उद्घाटन किया। यह कियोस्क आसपास के गांवों की ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करता है, जिसमें स्थानीय रूप से उत्पादित मसाले और मूल्यवर्धित वस्तुएं शामिल हैं, जिससे उन्हें व्यापक बाजारों से जुड़ने में मदद मिलती है। शूलिनी विश्वविद्यालय के विपणन और नवाचार निदेशक प्रो. आशीष खोसला ने कहा, “प्रेरणा दिवस हमें याद दिलाता है कि कुछ भी असंभव नहीं है। यह सबसे मूल्यवान सबक है जो हमने अपने कुलाधिपति प्रो. पी. के. खोसला से सीखा है। उनकी दूरदृष्टि, दृढ़ संकल्प और लचीलेपन ने शूलिनी विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के संस्थान के रूप में आकार दिया है और हमें और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।” सेंटर फॉर लीडरशिप कोचिंग की एसोसिएट डायरेक्टर और हेड, पायल जिंदल खन्ना ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रगति का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को लाभार्थी होने से स्वतंत्र उद्यमी बनने में सक्षम बनाना है। उन्होंने कृषि विभाग और खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया, जिनका नेतृत्व क्रमशः डॉ. सोमेश शर्मा और डॉ. दिनेश कुमार कर रहे हैं। शूलिनी पहल फाउंडेशन के राहुल बहादुर और इस पहल में शामिल स्वयंसेवकों के योगदान को भी सराहा गया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर विशाल आनंद ने आगामी चरण में इस पहल को 100 गांवों तक विस्तारित करने का अपना दृष्टिकोण साझा किया, ताकि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा सके, बाजार तक पहुंच में सुधार किया जा सके और ग्रामीण उद्यम विकास के लिए एक स्थायी मॉडल का निर्माण किया जा सके। इस समारोह में युवराज स्टेडियम में चांसलर इलेवन और रजिस्ट्रार इलेवन के बीच पारंपरिक क्रिकेट मैच भी शामिल था, जिसमें चांसलर इलेवन विजयी रही।
बुधवार को जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की 88वीं वार्षिक आम साधारण बैठक सोलन में आयोजित की गई। यह बैठक वित्त वर्ष 2024-25 की वित्तीय स्थिति, उपलब्धियों एवं भावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श हेतु बुलाई गई थी। बैठक में विभिन्न सहकारी समितियों के 209 प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 87वीं आम सभा में प्रस्तुत किए गए सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने वित्त वर्ष 2024-25 के विस्तृत वित्तीय आंकड़े एवं उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने बताया कि बैंक ने चालू वित्त वर्ष में सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। चेयरमैन मुकेश शर्मा ने बैंक के कुशल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, प्रबंधन, कर्मचारियों एवं लाखों खाताधारकों का बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बैंक तकनीकी सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन, युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में और अधिक प्रभावी कदम उठाएगा। इस अवसर पर असिस्टेंट रजिस्ट्रार, सोलन गिरीश नड्डा, निदेशकगण योगेश भारतीय, संजीव कौशल, रोशन वर्मा, लाजकिशोर, लक्ष्मी ठाकुर, विजय ठाकुर, पीताम्बर नेगी, प्रबंध निदेशक पंकज सूद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी प्रतिनिधियों ने बैंक की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में विजिलेंस ने एक फॉरेस्ट गार्ड को 5 हजार रुपए रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने फॉरेस्ट गार्ड समीर को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार- आरोपी फॉरेस्ट गार्ड नालागढ़ वन विभाग के तहत दभोटा बीट में तैनात था। उस पर पेड़ कटान से जुड़े एक मामले को रफा-दफा करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। विजिलेंस टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी फॉरेस्ट गार्ड को रिश्वत की राशि लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी को विजिलेंस बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।
जिला सोलन के धर्मपुर क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंडीगढ़ से शिमला जा रही उत्तराखंड परिवहन की एक बस में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धर्मपुर क्षेत्र में बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक के कब्जे से 10.01 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान दीपक (30) पुत्र भगत राम, निवासी गांव दोलग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 17 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
जिला सोलन के तहत पुलिस थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को 2.22 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 44/2026 दिनांक 15.02.2026 को धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को पुलिस चौकी सुबाथू की टीम नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब टीम नया नगर स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप पहुंची तो एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को मौके पर रोका और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 2.22 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान वेद प्रकाश (30 वर्ष) निवासी गांव गंभरपुल, डाकघर हरिपुर, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है।
अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में 'राब्ता' सांस्कृतिक संध्या का धूमधाम से आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राम कुमार चौधरी, विधायक एवं आईईसी विश्वविद्यालय की गवर्निंग काउंसिल के सम्मानित सदस्य, का कुलपति डॉ० अशोक पुरी एवं अन्य अधिकारियों ने शॉल-टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। अपने प्रेरक अभिभाषण में राम कुमार चौधरी ने छात्रों को लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहने एवं नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। छात्रों ने मॉडलिंग, गायन, हरियाणवी, राजस्थानी, अंतरराज्यीय, समकालीन, सेमी-क्लासिकल, सोलो, फनी, रेट्रो डांस, गिद्दा, नाटी, भांगड़ा प्रस्तुतियों के साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स की विशेष प्रदर्शन एवं सूडान के छात्रों द्वारा अंतरराष्ट्रीय नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुलपति डॉ० अशोक पुरी ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की कलात्मक प्रतिभा निखारने हेतु ऐसे आयोजनों के प्रति कटिबद्ध है। कार्यक्रम के समापन पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण-पत्र, पदक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड, सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 12 फरवरी, 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कण्डाघाट, दोलग, परोंथा, डेढ़घराट, शनेच, टिक्कर, मही, सिरीनगर, हाथों, पलेच, शलुमणा, हिमुडा, वाकनाघाट, छावशा, डुमैहर, कोट, क्वारग, कोठी, भारा, आंजी ब्राहमणा, सैंज, गोग, कैथलीघाट, शालाघाट, क्यारी बंगला, बीशा, बाशा, सुरो, जे.पी. विश्वविद्यालय, चायल, दोची, मिलिट्री स्कूल, जीत नगर, आलमपुर, भलावग, हिन्नर, कुरगल, मिहाणी, बिनू, डुबलू, टिक्कर, नगाली तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि खराब मौसम अथवा अन्य तकनीकी कारणों से निर्धारित तिथि एवं समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
शूलिनी विश्वविद्यालय के विधि संकाय के सोलह छात्रों ने YUKTI 2026 (ज्ञान और परिवर्तनकारी इंटर्नशिप के माध्यम से युवा मुक्त) कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। यह कार्यक्रम जनरल काउंसल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (GCAI) द्वारा आयोजित एक प्रतिष्ठित माह-स्तरीय राष्ट्रीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम था। दीक्षांत समारोह डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किए गए। देश भर के 15 विश्वविद्यालयों के कुल 120 विधि छात्रों को समारोह में प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किए गए, जो 5 जनवरी से 31 जनवरी, 2026 तक आयोजित इस प्रमुख कार्यक्रम के सफल समापन का प्रतीक है। इस पहल का उद्देश्य संरचित अनुभवात्मक अनुभव और पेशेवर मार्गदर्शन के माध्यम से अकादमिक शिक्षा और वास्तविक दुनिया के कानूनी अभ्यास के बीच की खाई को पाटना था। कार्यक्रम के दौरान, छात्रों ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय और भारतीय संसद का शैक्षणिक और संस्थागत दौरा किया, जिससे उन्हें न्यायिक और विधायी प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का भी दौरा किया, जिससे सेवा, उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के मूल्यों को सुदृढ़ किया गया। डॉ. रेणु पाल सूद, एसोसिएट प्रोफेसर, विधि विज्ञान संकाय, शूलिनी विश्वविद्यालय, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों का साथ दिया, ने कहा कि YUKTI 2026 एक परिवर्तनकारी शिक्षण अनुभव साबित हुआ। उन्होंने कहा, “कार्यक्रम ने हमारे छात्रों को कॉर्पोरेट, नियामक और शासन व्यवस्था में कानून के व्यावहारिक कामकाज का दुर्लभ राष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान किया। संरचित मार्गदर्शन, उद्योग जगत के साथ संवाद और संस्थागत दौरों ने उनके पेशेवर आत्मविश्वास और व्यावहारिक समझ को काफी बढ़ाया, जिससे वे वास्तव में भविष्य के लिए तैयार हो गए।
सोलन पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने माननीय न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक आरोपी को अंतर्राज्यीय स्तर पर की गई सुनियोजित एवं प्रभावी कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस थाना धर्मपुर में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा यह कार्रवाई अमल में लाई गई। माननीय उप-मंडल पुलिस अधिकारी परवाणु के निर्देशन में गठित पुलिस टीम उद्घोषित अपराधी की तलाश हेतु विभिन्न संभावित स्थानों पर रवाना थी। तलाश के दौरान आरोपी दिला राम पुत्र लच्छी राम निवासी गांव मैणू, डा० पारनू, तहसील अर्की, जिला सोलन (हि.प्र.) को दिनांक 07.02.2026 को राजस्थान राज्य के जिला दौसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी को माननीय न्यायालय ACJM कसौली द्वारा दिनांक 01.12.2025 को पुनः उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। आरोपी न्यायालय में विचारण के दौरान लगातार निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से लंबे समय से रुहपोश चल रहा था, जिससे उसने न्यायालय द्वारा निर्धारित जमानत मुचलकों की शर्तों का उल्लंघन किया। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के मामलों में वांछित है। आरोपी के विरुद्ध धर्मपुर थाना में FIR No. 40/26 दिनांक 08.02.2026 धारा 209 व 269 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस थाना धर्मपुर द्वारा नियमानुसार की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 08 फरवरी, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 08 फरवरी, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 03.00 बजे तक ओच्छघाट, नंदल, गवाहीली, दोलांजी, कालाघाट, टटूल, शूलिनी विश्वविद्यालय, मझोली, शमरोड़, धारों की धार, कोईघाट, बदलेच, जटोली, कोठों, मझगांव, पंडाह, नौणी विश्वविद्यालय और आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम व किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उक्त तिथि व समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
3 फरवरी को जिला सोलन पुलिस की SIU टीम द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सनवारा टोल प्लाज़ा पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका गया, जिसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 18.59 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान सचिन राठौर पुत्र बलबीर राठौर निवासी गाँव पुन्दर, डाकखाना देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला (हि.प्र.), उम्र 27 वर्ष, नवनीत उर्फ सन्नी पुत्र लोकेंद्र सिंह निवासी गाँव पुन्दर, डाकखाना देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला (हि.प्र.), उम्र 29 वर्ष, तथा मनीष कुमार पुत्र तपेंद्र निवासी गाँव चौकर, तहसील नौराधार, जिला सिरमौर (हि.प्र.) उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर, सोलन में एफआईआर संख्या 35/2026, धारा 21, 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान मामले में संलिप्त कार को जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को दिनांक 04.02.2026 को न्यायालय में पेश करके चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस थाना सोलन कि टीम द्वारा दिनांक 03-02-2026 को एक भगोड़े आरोपी संतोष कुमार उर्फ़ रिंकू पुत्र भीम सिंह निवासी गाँव लावनधार, डाकखाना मंझोली, तहसील कुपवी जिला शिमला हि०प्र० उम्र 27 वर्ष हॉल रिहाईश गाँव डमरोग तहसील व जिला सोलन हि०प्र० को गिरफ्तार किया गया I उल्लेखनीय है दिनांक 20-08-2019 को पुलिस थाना सदर सोलन की पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपी को 18.82 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था I जिस पर पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 172/2019 दिनांक 20-08-2019 धारा 21 NDPS Act के तहत पंजीकृत किया गया था I इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र तैयार करके न्यायालय में प्रेषित किया गया था I आरोपी न्यायालय से जमानत मुचलका पर रिहा था I उक्त मामले के ट्रायल/विचारण के दौरान आरोपी संतोष कुमार उर्फ़ रिंकू को न्यायालय द्वारा बार-बार पेश होने के आदेश दिए जा रहे थे, परंतु इसके बावजूद वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। परिणामस्वरूप न्यायालय द्वारा उसे दिनांक 03-03-2025 को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था। उक्त भगोड़े आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस थाना सदर सोलन की टीम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे थे, जो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था परंतु गुप्त सूचना एवं सतत निगरानी के आधार पर अंततः उसे दिनांक 03-02-2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त भगोड़े आरोपी को आज दिनांक 04-02-2026 को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सरसरी जाँच के दौरान यह भी पाया गया की यह आरोपी पहले भी अपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है जिसके विरुद्ध थाना सदर सोलन में चोरी के 02 मामले पंजीकृत पाए गए है जिसमे उसने 02 कारें चोरी की थी जिनकी कीमत लगभग 4,30,000/- रूपए थी I इसके अतिरिक्त इसके अन्य अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है I मामले में जांच जारी है ।
सोने की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहकों को राहत देने और भविष्य की बेहतर योजना का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से वर्मा ज्वैलर्स ने 25% अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना की शुरुआत की है। यह योजना 1 फरवरी से 15 फरवरी तक विशेष अभियान के रूप में संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत ग्राहक केवल 25 प्रतिशत राशि अग्रिम जमा कर वर्तमान स्वर्ण दर को 90 दिनों के लिए लॉक कर सकते हैं। इन 90 दिनों के भीतर ग्राहक किसी भी समय अपनी पसंद के आभूषण बनवा या खरीद सकते हैं, वह भी सोने की कीमत बढ़ने की चिंता किए बिना। वर्मा ज्वैलर्स के अनुसार, स्वर्ण केवल आभूषण नहीं बल्कि पारिवारिक विश्वास, सुरक्षा और दीर्घकालिक योजना का प्रतीक है। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है, ताकि ग्राहक समय रहते निर्णय लेकर आर्थिक रूप से निश्चिंत रह सकें। कंपनी वर्षों से विश्वास, पारदर्शिता और शुद्धता के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। इस अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना के अंतर्गत भी ग्राहकों को हॉलमार्क युक्त स्वर्ण और पूर्ण पारदर्शिता का आश्वासन दिया जा रहा है। यह योजना विशेष रूप से उन परिवारों के लिए लाभकारी है जो विवाह या अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए पहले से स्वर्ण खरीद की योजना बना रहे हैं। यह योजना केवल निवेशकों तक सीमित न होकर सामान्य परिवारों और नियमित ग्राहकों के लिए भी सरल और सुलभ बनाई गई है। 25% अग्रिम स्वर्ण बुकिंग योजना (90 दिनों की वैधता के साथ) सोलन, रोहड़ू तथा वर्मा ज्वैलर्स द्वारा आयोजित सभी स्वर्ण आभूषण प्रदर्शनियों में मान्य रहेगी। वर्मा ज्वैलर्स का उद्देश्य केवल आभूषण बेचना नहीं, बल्कि ग्राहकों को सुरक्षित, तनाव-मुक्त और समझदारी भरा स्वर्ण खरीद अनुभव प्रदान करना है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए देर रात औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी और मौके पर ही कड़े कदम उठाए। जानकारी के अनुसार, एसपी ने बुधवार तड़के करीब दो बजे के बाद परवाणु, धर्मपुर और सोलन के सदर थाना क्षेत्रों में अचानक दबिश दी। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी और चार होमगार्ड जवान ड्यूटी में लापरवाही बरतते पाए गए। बताया जा रहा है कि देर रात के समय नाकाबंदी में ढिलाई की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते एसपी ने जानबूझकर रात्रि निरीक्षण की रणनीति बनाई। निरीक्षण में कोताही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल, एक एचएचसी (HHC) और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया, जबकि एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया। इसके अलावा चार होमगार्ड जवानों को बटालियन वापस भेजते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब दो सप्ताह पूर्व ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक एएसआई को निलंबित किया जा चुका है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि सोलन पुलिस में अनुशासन से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसपी गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि धर्मपुर और परवाणु जैसे थाने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है, जहां सुरक्षा में छोटी सी चूक भी गंभीर परिणाम ला सकती है।
दिनांक 31-01-2026 को पुलिस थाना परवाणू की एक टीम द्वारा गश्त के दौरान हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी युवकों में से एक की पहचान आर्यन पुत्र राजेश कुमार, निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा), उम्र 18 वर्ष, के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग) पाया गया, जो उसी पते का निवासी है। मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपी आर्यन पुत्र राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाल अपचारी से पूछताछ के उपरांत उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था I इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करके 04 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया था I इस अभियोग में आगामी कार्यवाई के दौरान इस मामले में पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों द्वारा बरामद चिट्टा मनीमाजरा चंडीगढ़ से शिवम् उर्फ़ काकू नमक व्यक्ति से 14,000/- रूपए में खरीदा गया था। इसके अतिरिक्त जाँच के दौरान पुलिस टीम द्वारा मामले में तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स एवं अन्य डिजिटल इनपुट) का भी गहन विश्लेषण किया गया। आरोपियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में संलिप्त मुख्य सप्लायर शिवम् उर्फ़ काकू पुत्र स्व० राम भरोसे न्यू इन्दोर कॉलोनी सेक्टर 13 मनीमाजरा चंडीगढ़ उम्र 25 वर्ष को दिनांक 02-02-2026 को Backward Linkage के आधार पर मनीमाजरा चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया और इसके ठिकाने पर दबिश दी गई और आरोपी से करीब 7 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 03-02-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है I गिरफ्तार आरोपी के पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है I मामले में जाँच जारी है I
भारतीय जनता युवा मोर्चा कंडाघाट मंडल के अध्यक्ष कार्तिक ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026–27 के बजट का पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट संदेश देता है कि आज का भारत अपने युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और हुनर के बल पर आगे बढ़ रहा है। कार्तिक ठाकुर ने कहा कि बजट में रोज़गार सृजन, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, डिजिटल इंडिया और नई तकनीकों पर दिए गए विशेष ज़ोर से देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के युवाओं को भी नई दिशा और नई उड़ान मिलेगी। अब युवा केवल नौकरी ढूँढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला युवा बनेगा — यही इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए पर्यटन, सड़क, कनेक्टिविटी, स्टार्टअप और स्वरोज़गार से जुड़े प्रावधान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाले हैं। इससे प्रदेश के युवा अपने गांव और अपने प्रदेश में रहकर ही आगे बढ़ सकेंगे और पलायन पर रोक लगेगी। किसानों और बागवानों के हितों को लेकर भी बजट में ठोस कदम उठाए गए हैं। कृषि और बागवानी क्षेत्र में निवेश से सेब उत्पादक, दुग्ध पालक और ग्रामीण युवा सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। यह बजट गांव, किसान और युवा— तीनों को साथ लेकर चलने वाला बजट है। कार्तिक ठाकुर ने कहा कि यह केवल 2026–27 का बजट नहीं, बल्कि 2027 और विकसित भारत की ओर बढ़ते युवा भारत का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने युवाओं पर भरोसा जताकर देश को नई दिशा दी है।
देवभूमि हिमाचल के जिला सोलन के ऐतिहासिक क्षेत्र कुनिहार में स्थित अनादि कालीन शिव तांडव गुफा में शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 4 फरवरी 2026 से 11 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। 'समस्त शंभू परिवार' एवं 'गुफा विकास समिति कुनिहार' के सौजन्य से आयोजित इस पावन यज्ञ में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं को शिव भक्ति के रस में सराबोर होने का अवसर मिलेगा। आयोजन का भव्य आगाज 4 फरवरी को सवेरे 9 बजे शिव महापुराण ग्रंथ व कथावाचक के स्वागत तथा एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा कोठी घाटी से आरंभ होकर शिव तांडव गुफा तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होकर मंगल गान करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान शिव के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराने के लिए प्रख्यात कथा व्यास आचार्य बलवंत शांडिल गाँव दोची कुनिहार वाले अपने मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक अमृत वर्षा करेंगे। गुफा विकास समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, व मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कथा के उपरांत प्रतिदिन सायं 5 बजे से भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शंभू परिवार व गुफा विकास समिति ने सभी क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और शिव भक्तों से निवेदन किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कलश यात्रा और कथा श्रवण कर पुण्य के भागी बनें। साथ ही, समिति ने समस्त प्रदेशवासियों को आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जटौली शिवालय (योगानंद आश्रम) एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनने जा रहा है। स्वामी कृष्णानंद परमहंस महाराज के दिव्य आशीर्वाद से यहां 15 एवं 16 फरवरी 2026 को एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी वर्मा ज्वेलर्स परिवार ने दी। यह आयोजन भक्ति, साधना, संगीत और सामाजिक समरसता का एक सुंदर संगम होगा। यह पावन अवसर वर्मा ज्वेलर्स के डायरेक्टर नरेश चंद वर्मा के 71वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में समर्पित है। नरेश चंद वर्मा ने सोलन को अपनी कर्मभूमि बनाकर जिस विश्वास और ईमानदारी की नींव रखी, उसी पर वर्मा ज्वेलर्स का निर्माण हुआ। गुणवत्ता, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए यह ब्रांड हिमाचल प्रदेश के जन-जन के विश्वास का प्रतीक बन चुका है। आज वर्मा ज्वेलर्स केवल एक व्यापारिक पहचान नहीं, बल्कि परंपरा, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है। 15 फरवरी 2026, रविवार को जटौली शिवालय परिसर में रात्रि भजन एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 07:00 बजे विधिवत पूजन से होगा, जिसके पश्चात 07:30 बजे ज्योति प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके बाद शिवभक्ति और संगीत से सजी एक विशेष सांस्कृतिक संध्या आरंभ होगी, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ देंगे। इस संध्या में सिंगर प्रेम मेहरा, पंकज राज (टी-सीरीज़ फेम), मोहित चोपड़ा (इंडियन आइडल फेम, मुंबई), पवन शर्मा (इंडिया राइज – राम-कृष्ण भजन) और सोनी सिस्टर्स (शिव भजन प्रस्तुति) अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान अघोरी बाबा झांकी, काली माता झांकी और अन्य आध्यात्मिक दृश्य प्रस्तुतियाँ वातावरण को और अधिक दिव्य एवं भावविभोर करने वाला बनाएंगी। इसी पावन रात्रि में 09:30 बजे नरेश चंद वर्मा का 71वां जन्मदिवस समारोह सम्मान एवं केक कटिंग के साथ आयोजित किया जाएगा। रात्रि भर चलने वाला यह आयोजन प्रातः 05:00 बजे महाआरती के साथ संपन्न होगा। 16 फरवरी 2026, सोमवार को जटौली शिवालय में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जो प्रातः 09:00 बजे से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए निरंतर चलता रहेगा। यह भंडारा जटौली मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। परवाणू में बीते 10 जनवरी को सामने आए चिट्टा तस्करी के मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने पंजाब से एक और मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक कुल तीन आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। एसपी सोलन गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने 10 जनवरी को परवाणू की टर्मिनल मार्केट से एक युवक को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस युवक से पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पहले चंडीगढ़ से एक सप्लायर को पकड़ा। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोहाली (पंजाब) से सतनाम सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार किया। सतनाम के पास से भी पुलिस को 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान सतनाम ने खुलासा किया कि वह यह नशा कुलविंदर सिंह निवासी ग्राम चंगराई उत्तर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) से खरीदता था। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस की टीम ने बीते 30 जनवरी को सुहाना, जिला मोहाली में दबिश दी और मुख्य तस्कर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपियों के बीच बड़े आर्थिक लेन-देन की बात भी सामने आई है। आरोपी कुलविंदर सिंह की बैंक डिटेल्स खंगालने पर अन्य आरोपियों के साथ लाखों रुपए की ट्रांजैक्शन पाई गई है, जो इस नशे के नैटवर्क की पुष्टि करती है। इस मामले में अब तक कुल 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है और कुल 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपी कुलविंदर सिंह को न्यायालय में पेश कर 4 दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में रविवार तड़के उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब सोलन–सपाटू मार्ग पर देवठी के समीप आसमानी बिजली गिरने से 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। सभी भेड़ पालक जिला किन्नौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब पौने चार बजे हुआ। उस समय क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बारिश से बचाव के लिए भेड़ पालक अपने पशुओं के लिए टेंट लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां आ गईं। बिजली गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पशु इधर-उधर बिखर गए। इस हादसे में किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र के विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और विनोद कुमार चौरा की भेड़-बकरियों को भारी नुकसान हुआ है। बताया गया है कि इन चारों भेड़ पालकों की कुल लगभग 650 भेड़-बकरियां थीं, जिनमें से 55 से अधिक की मौत हो गई है, जबकि कई पशु घायल अवस्था में हैं। घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन नुकसान को देखते हुए भेड़ पालक गहरे सदमे में हैं। भेड़ पालकों का कहना है कि यह उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित भेड़ पालकों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें। प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार का चयन जिला सोलन के टॉप 20 विद्यालयों में ‘ग्रीन स्कूल प्रोग्राम’ के अंतर्गत राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर एवं सराहनीय प्रयासों का परिणाम है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालय परिसर में नियमित रूप से पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक-मुक्त परिसर, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा बचत तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहे हैं। यह सम्मान सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE), नई दिल्ली द्वारा संचालित ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (GSP) के अंतर्गत देशभर के विद्यालयों के पर्यावरणीय ऑडिट के आधार पर प्रदान किया जाता है। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) सोलन, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) सोलन एवं जिला साइंस सुपरवाइजर अमरीश शर्मा के मार्गदर्शन में लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर द्वारा GSP ऑडिट को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जिसके उपरांत विद्यालय का चयन जिला सोलन के टॉप 20 ‘ग्रीन स्कूल’ में किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय को 30 जनवरी को भारत हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित GSP कार्निवल एवं अवार्ड समारोह में प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय के इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, पीटीए अध्यक्ष, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया है। विद्यालय अध्यक्ष ने लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इसी प्रकार अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। यह सम्मान न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे कुनिहार क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव कार्यों के दृष्टिगत 29 व 30 जनवरी, 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि 33 के.वी. कथेड़ फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से 10:30 बजे तक तथा सायं 5:00 बजे से 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में मॉल रोड, अपर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद कॉम्प्लेक्स, न्यायालय परिसर, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, सन्नी साइड, विवांता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फ्लाई, बेल, जबलाटी, सेवला, बरड़ बस्ती, तरनतारन, विंसम होटल, कोधारी, कोठी, बजरोल, शामती, ऑफिसर कॉलोनी, मिनी सचिवालय, लकड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, मोहन कॉलोनी, मधुबन कॉलोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम, चौक बाजार, सर्कुलर रोड, पुराना व नया बस अड्डा, जौणाजी मार्ग, ठोडो मैदान, जेबीटी मार्ग सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 11 के.वी. राजगढ़ फीडर के अंतर्गत न्यू कथेड़, पुलिस लाइन, कारागार, सब्जी मंडी, बीएसएनएल कॉलोनी, आयकर विभाग, उप-कारागार एवं आसपास के क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी प्रकार 11 के.वी. हिमाचल कंडक्टर एवं सराहां फीडर के अंतर्गत खुंडीधार, साईं मंदिर, शामती, क्वागड़ी, शियोथल, मेरिडियन, डमरोग, धरांजटी, बदखोर, चिल्ला, बागड़, आंजी, बलाणा, काली माता मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में भी निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 29 जनवरी को 11 के.वी. सोलन नंबर-02 फीडर के अंतर्गत न्यू कथेड़, 132 के.वी. उप-केंद्र के समीप, हाउसिंग बोर्ड, डिग्री कॉलेज, साइंटिस्ट कॉलोनी, तहसील कार्यालय, धोबीघाट, डाइट, टैंक रोड, फॉरेस्ट रोड, चौंरीघाटी, सेरी, गलानग, खनोग, मतियूल एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि 11 के.वी. शिवालिक फीडर के अंतर्गत मैसर्स शिवालिक बायमेटल कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड, चम्बाघाट में भी 29 जनवरी को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अतिरिक्त 11 के.वी. चम्बाघाट फीडर, एक्सप्रेस फीडर चम्बाघाट, कण्डाघाट फीडर तथा डब्ल्यू.एस.एस. फीडर के अंतर्गत आने वाले चम्बाघाट औद्योगिक क्षेत्र, बसाल, कालाघाट, शिल्ली, बेर, करोल बिहार, एनआरसीएम, उपायुक्त आवास सहित अनेक क्षेत्रों में 29 व 30 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने बताया कि खराब मौसम अथवा किसी अपरिहार्य कारणवश निर्धारित तिथि व समय में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यद्यपि 33 के.वी. कण्डाघाट फीडर से वैकल्पिक रूप से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध है, तथापि ओवरलोडिंग की स्थिति में अन्य क्षेत्रों में भी अस्थायी रूप से बिजली कटौती की जा सकती है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोलन जिला स्तर पर आयोजित भव्य समारोह में मात्र 33 वर्ष की आयु में 49 बार रक्तदान करने वाले युवा विजय भट्टी को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने भट्टी को सम्मान पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर विधायक अर्की संजय अवस्थी, विधायक कसौली विनोद सुल्तानपुरी, जोगिंद्रा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक सोलन के चेयरमैन मुकेश शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विजय भट्टी सोलन जिला के निवासी हैं, और सोलन हेल्पिंग सोसायटी के संस्थापक भी है, जहां उन्होंने 65000 से ज्यादा जरूरतमंद को रक्त मुहैय्या करवाया है। संस्थापक विजय भट्टी ने रक्तदान को एक आदत बनाकर समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि उन सभी स्वयंसेवी रक्तदाताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है जो बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की जान बचाने में लगे रहते हैं। समारोह में रक्तदान की महत्वपूर्णता पर जोर देते हुए कहा गया कि रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। आयोजकों ने सभी युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और इस नेक कार्य को बढ़ावा दें। विजय भट्टी ने इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह मेरे परिवार, मित्रों और सभी सहयोगियों के समर्थन का परिणाम है। मैं भविष्य में भी रक्तदान जारी रखूंगा और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करूंगा।” हिमाचल प्रदेश सरकार और सोलन जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने रक्तदान जागरूकता को नई ऊर्जा प्रदान की है।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, तिरंगे झंडों एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सजावट से सजाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतन लाल तंवर, पीटीए अध्यक्ष रहे, जिनके साथ उनकी धर्मपत्नी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मंच का संचालन करते हुए मीरा कौशल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं बच्चों का इस गणतंत्र दिवस पर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात सभी छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रीय गान गाया। इसके उपरांत विद्यालय की विभिन्न टुकड़ियों—एनएसएस, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स—द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को अत्यंत प्रभावित किया। इस अवसर पर विद्यालय में ग्रैंड पेरेंट्स डे समारोह भी बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। नर्सरी कक्षा के बच्चों के दादा-दादी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए, जिन्होंने समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें देखकर ग्रैंड पेरेंट्स भावविभोर हो उठे। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मंच से मुख्य अतिथि, सभी ग्रैंड पेरेंट्स, अभिभावकों, शिक्षकों एवं बच्चों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है तथा नई पीढ़ी को संस्कारवान एवं राष्ट्रभक्त बनाना हम सभी का दायित्व है। विद्यालय अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि रतन लाल तंवर को शॉल, टोपी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समस्त पीटीए सदस्य, सभी अध्यापक वर्ग एवं सभी बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को जलपान एवं मिष्ठान वितरित किया गया।
थाना क्षेत्र कुनिहार में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कुनिहार की टीम गश्त और मोबाइल नाकाबंदी के दौरान नए बस अड्डा चौक से पुराने बस अड्डा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बाईं ओर एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (एचपी-11ए-6156) दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखाई दी। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि हादसे में घायल लोगों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची जहां कार चालक आकाश ठाकुर पुत्र कृष्ण चंद ठाकुर निवासी गांव हाटकोट डाकघर कुनिहार तहसील अर्की, जिला सोलन घायल अवस्था में उपचाराधीन पाया गया। वहीं कार में सवार युवती आहना चैटर्जी पुत्री श्याम चैटर्जी, निवासी गांव व डाकघर बनूटी, तहसील व जिला शिमला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल अर्की के शवगृह भेजा गया है।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक आकाश ठाकुर कोठी चौक से पुराने बस अड्डा कुनिहार की ओर युवती के साथ जा रहा था। इस दौरान वाहन की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाया, जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि डी एस पी सोलन अशोक चौहान ने की है।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में ज्ञान, विद्या एवं कला की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती को समर्पित बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूर्णतः भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत रहा तथा चारों ओर उल्लास और उमंग का माहौल देखने को मिला। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में स्थित माँ सरस्वती के मंदिर में आचार्य विनीत भारद्वाज द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। विद्यालय अध्यक्ष ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि बसंत पंचमी भारतीय संस्कृति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में धार्मिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, एकता और सामाजिक समरसता की भावना भी प्रबल होती है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। पूजन उपरांत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित जनसमूह ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर अधिकांश विद्यार्थियों ने पीले परिधान धारण किए, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर बसंती रंग में रंगा हुआ प्रतीत हुआ और पर्व की शोभा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाती रहेगी।
जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिमाचल प्रदेश राज्य स्थापना दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर दो दिवसीय बीबीएन बाइक राइड का भव्य आयोजन कर रहा है। इस वर्ष आयोजन का उद्देश्य "नशे को कहो ना" है, जो युवाओं को नशा विरोधी अभियान से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा। इस अवसर पर दिल्ली 'रॉयल एनफील्ड राइडर्स' के सहयोग से बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो पहले दिन दिल्ली से आईईसी विश्वविद्यालय और दूसरे दिन बीबीएन में नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देगी। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी नशा मुक्ति अभियान पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह रैली न केवल एक साहसिक यात्रा होगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता का प्रतीक भी बनेगी।
ग्राम पंचायत हाटकोट में एंटी चिट्टा के खिलाफ ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम सभा में ग्रामीणों की युवाओं को लेकर बढ़ती चिंता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। पंचायत के विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों ने खुलकर अपनी बात रखी और एंटी चिट्टा जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत प्रधान जगदीश अत्री ने की। सभा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ समय से गांव और आसपास के क्षेत्रों में एंटी चिट्टा को लेकर चर्चाएं तेजी से बढ़ी हैं। पंचायत प्रधान जगदीश अत्री ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में अफवाह फैलाने और डर का माहौल बनाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग मिलकर एंटी चिट्टा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ें। कुनिहार की तीनों पंचायतों के बुद्धिजीवियों, युवाओं और महिलाओं को जोड़कर एक विशेष समूह बनाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य क्षेत्र को पूरी तरह चिट्टा मुक्त बनाना है। उप प्रधान रोहित जोशी ने कहा कि यह केवल पंचायत का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सवाल है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है, इसलिए हर ग्रामीण को आगे आना होगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पंचायत को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ग्रामीण राकेश झांजी ने कहा कि चिट्टा के कारण लोगों में दहशत का माहौल है और अभिभावकों को बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। युवा वर्ग से संजय और तेजेंदर ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभा के अंत में पंचायत ने गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पंचायत या प्रशासन को देने का निर्णय लिया। साथ ही, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित करने का भी फैसला लिया गया। इस अवसर पर वार्ड सदस्य प्रदीप पुरी, संजय जोशी, तेजेंदर, विमला, राकेश झांजी, संजय राघव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बिजली विभाग के सब स्टेशन कुनिहार से हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस थाना कुनिहार में दर्ज एफआईआर के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया एलुमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को बिजली विभाग के जेई कांशी राम ने पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 19/20 जनवरी की रात वह अपने सहकर्मियों के साथ सब स्टेशन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सब स्टेशन के यार्ड से सामान गिरने की आवाजें सुनाई दीं। जब कर्मचारियों ने यार्ड में जाकर देखा तो कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी कर भागते हुए नजर आए। बाद में यार्ड की जांच करने पर पाया गया कि वहां से एक एलुमिनियम कंडक्टर चोरी हो चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान चोरी की वारदात में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें 20 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार (33) निवासी कुमारहट्टी, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन, ओम प्रकाश (22) मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी विकास नगर, शिमला तथा कमल (27) मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी सलोगड़ा, जिला सोलन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एलुमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा वीरो गाड़ी को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को 21 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री यादविंदर गोमा सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उपायुक्त ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यातिथि यादविंदर गोमा कार्यक्रम के तहत प्रातः 10.40 बजे कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11.00 बजे ठोडो मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद मुख्यातिथि पुलिस, गृह रक्षा एवं अन्य टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने सोलन के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में ठोडो मैदान पहुंचकर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लें और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने अपने कर्मचारियों के बच्चों के लिए शीतकालीन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 5 से 16 जनवरी तक सतत विकास एवं सामुदायिक सहभागिता की निदेशक पूनम नंदा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस शीतकालीन शिविर का उद्देश्य सीखने, रचनात्मकता और शारीरिक गतिविधियों को मिलाकर बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। इस वर्ष शिविर में सतत विकास और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया गया, जिससे बच्चों को आकर्षक और अंतःक्रियात्मक अनुभवों के माध्यम से सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पूरे शिविर के दौरान, विद्यार्थियों ने योग, नृत्य, संगीत, अभिनय और नाटक, इनडोर और आउटडोर खेल, और बेकार सामग्रियों का उपयोग करके कला और शिल्प परियोजनाओं सहित कई गतिविधियों में भाग लिया। इन सुविचारित गतिविधियों ने युवा प्रतिभागियों में रचनात्मकता, शारीरिक क्षमता, टीम वर्क और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने में मदद की। समापन दिवस पर, बच्चों ने अपने माता-पिता और विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के लिए आयोजित एक प्रदर्शनी में गर्वपूर्वक अपनी हस्तनिर्मित कृतियों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी शिविर के दौरान प्राप्त रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने के परिणामों को दर्शाती है। इस अवसर की मुख्य अतिथि शूलिनी विश्वविद्यालय की मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला थीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और संतुलित विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। शीतकालीन शिविर को माता-पिता और कर्मचारियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जिन्होंने बच्चों के लिए एक सुरक्षित, आनंदमय और समृद्ध वातावरण प्रदान करने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोलन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 18 जनवरी 2026 की रात पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंबाघाट के समीप बेर पानी क्षेत्र में स्थित एक होम स्टे में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होम स्टे के एक कमरे में ठहरे दो युवक और एक युवती को 2.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार (31 वर्ष), पुत्र बद्री दत्त, निवासी गांव व डाकखाना सलोगड़ा, तहसील व जिला सोलन; विक्रांत भरद्वाज (26 वर्ष), पुत्र विद्या दत्त, निवासी गांव व डाकखाना साधुपुल, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन; तथा सुष्मिता कौशल (28 वर्ष), पुत्री शेर सिंह, निवासी गांव भरनाल, डाकखाना ढलवां, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके कब्जे से बरामद चिट्टा/हेरोइन को जब्त कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर, सोलन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। इसके साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सोलन जिला की ग्राम पंचायत कुनिहार में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी की घटना में प्लांट पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे पंचायत को लगभग 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि यह प्लांट क्षेत्र में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक पृथक्करण के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा थी। उन्होंने कहा कि इस प्लांट का शुभारंभ करीब एक माह पूर्व ही किया गया था और इससे पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद थी। आगजनी की इस घटना से न केवल पंचायत को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई पहल को भी बड़ा झटका लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने आगजनी की इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने बताया कि नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सोलन ज़िला के अर्की में गत दिनों हुए दुःखद अग्निकांड घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुःख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें यथा सम्भव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विक्रमादित्य सिंह ने अर्की बाज़ार में इस दुःखद घटना में जानो-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अर्की का यह बाज़ार ऐतिहासिक है और यहां ऐसी घटना होना दुःखद है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रभावितों को फौरी राहत मुहैया करवा दी गई है और भविष्य में भी यथासम्भव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन तथा बचाव दलों की टीमों से बातचीत कर घटना तथा राहत एवं बचाव कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए एहतियाती उपाय अपनाने आवश्यक हैं। इस दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति की तैयारी के लिए भविष्य के अनुसार कार्य योजना तैयार करना आवश्यक है। इस दिशा में सभी विभागों को उचित दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि अग्निकांड में प्रभावित सभी लोगों को फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। उन्होंने अग्निकांड के प्रभावित दुकानदारों को उचित सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। विक्रमादित्य सिंह ने आग बुझाने में स्थानीय युवाओं के साहसिक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि अर्की शहर के लिए 11 करोड़ रुपए की अमृत 2 योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत अर्की शहर में हाईड्रेंट का प्रावधान भी किया जाएगा ताकि आपातकालीन स्थिति में इसका उपयोग किया जा सके। लोक निर्माण मंत्री ने तदोपरांत लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, नगर पंचायत अर्की के उपाध्यक्ष पदम् देव कौशल, पार्षदगण, पंचायत समिति सदस्य शशिकांत शर्मा, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्णकांत चौहान, प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग अर्की अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित थे।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुनिहार में लोहड़ी और मकर संक्रांति का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक वातावरण में मनाया गया। जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ लोहड़ी और मकर संक्रांति का पर्व मनाया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भारतीय संस्कृति व परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने योग्य रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। शिक्षकों ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि लोहड़ी और मकर संक्रांति सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक हैं तथा यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मकता और परिश्रम का संदेश देता है। बच्चों को तिल-गुड़ के महत्व, पतंग उड़ाने की परंपरा और फसल उत्सव से जुड़े तथ्यों की जानकारी भी दी गई। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी बच्चों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और मिठाई के रूप में रेवड़ियां वितरित कीं। नन्हे बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सज-संवरकर कविता पाठ, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा बनाई गई पतंगों तथा लोहड़ी और मकर संक्रांति से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे शिक्षकों ने खूब सराहा। तिल, गुड़ और खिचड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से बच्चों को त्योहार की विशेषताओं से परिचित कराया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे बच्चों में अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। साथ ही बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग का संदेश भी मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे आयोजन ने बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों को भी भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया।


















































