राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चीन के साथ लगती हिमाचल प्रदेश की 240 किलोमीटर सीमा क्षेत्र की पुलिस स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस सम्बन्ध में मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल के समक्ष शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजन्टेशन दिया और उन्हें वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने राज्य पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में चीन के साथ लगती प्रदेश की सीमा बहुत संवेदनशील है और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लगभग 48 सीमावर्ती गांवों के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता है तथा इन क्षेत्रों के अधोसंरचना विकास और अन्य गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इन क्षेत्रों में पुलिस थानों और चैकियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने स्थिति की समीक्षा करने और इन क्षेत्रों में अन्य गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य पुलिस अधिकारियों की एक टीम सीमावर्ती गांवों में भेजने के लिए राज्य पुलिस की सराहना की।
अदालतों में लम्बित मामलों के दृष्टिगत प्रशासनिक सचिवों और महाधिवक्ता के साथ बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कि गई। बैठक में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश के सभी विभागों में बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया है ताकि विभिन्न न्यायालयों में चल रहे मामलों को शीघ्र सुलझाया जा सके तथा प्रदेश में विकासात्मक गतिविधियां चलती रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक लिटिगेशन माॅनिटरिंग साॅफ्टवेयर विकसित किया है और इस साॅफ्टवेयर में सभी अदालती मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महत्वकांक्षी परियोजनाओं से सम्बन्धित और प्रमुखता वाले मामलों को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रशासनिक सचिवों को महाधिवक्ता के कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित करना चाहिए ताकि अदालतों में मामलों को शीघ्र सुलझाया जा सके। आगे उन्होंने कहा कि जेओए आईटी, जेबीटी इत्यादि से सम्बन्धित अदालती मामलों में तेजी लाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे हजारों युवा लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों पर लगी रोक को हटाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने माननीय न्यायालयों से इन मामलों को सुलझाने का अनुरोध किया। विभिन्न स्वीकृतियों और अदालतों में लम्बित मामलों के कारण कई विकासात्मक परियोजनाओं में विलम्ब हुआ है। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में स्वीकृति प्राप्त करने सम्बन्धी मामलों में अधिकारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आम लोगों को लाभ होगा बल्कि परियोजना सम्बन्धी लागत से भी बचा जा सकेगा। उन्होंने विभिन्न लम्बित मामलों की निगरानी के लिए नियमित बैठकों का आयोजन करने के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सम्बन्धित अधिकारी और अधिक समन्वय और समर्पण भाव से कार्य करेंगे। प्रधान सचिव गृह रजनीश ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। महाधिवक्ता अशोक शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जेसी शर्मा, प्रधान सचिव सुभाषीश पांडा, सचिव विकास लाबरू, राजीव शर्मा और अमिताभ अवस्थी भी बैठक में उपस्थित थे।
शिमला ग्रामीण जिला संयोजक अंकुश जिंटा का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंत्रिमंडल द्वारा गठित कमेटी का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि जब से हिमाचल प्रदेश बना है तब से प्रदेश में केवल एक ही प्रदेश विश्वविद्यालय बना है जो शिमला में स्थित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी नहीं है कि प्रदेश के सारे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के लिए शिमला को तरजीह दे सकें। अगर पीजी कक्षाओं में सीटों की बात करें तो सीमित सीटें होने की वजह से भी बहुत सारे छात्र शिमला में दाखिला नहीं ले पाते हैं जिस कारण मजबूरी में छात्रों को या तो निजी विश्वविद्यालयों में भारी भरकम फीस देकर दाखिला लेना पड़ता है या फिर प्रदेश से बाहर पढ़ाई करने जाना पड़ता है। इसलिए विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार से मांग करती रही की क्लस्टर विश्वविद्यालय को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाया जाए। यदि क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाता है तो प्रदेश में निचले क्षेत्रों के लगभग 6 जिलों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा तथा बहुत सारे विद्यार्थी प्रदेश विश्वविद्यालय नजदीक बनने पर अपनी उच्च स्तरीय पढ़ाई का स्वप्न साकार भी कर सकेंगे। मंत्रिमंडल द्वारा चयनित कमेटी से प्रदेश के हजारों छात्रों को लाभ प्राप्त होगा और मंडी जिला में प्रदेश के दूसरे विश्वविद्यालय का निर्माण होगा।
ठियोग में जान से मारने की धमकी देकर रेप का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अरुण नामक पड़ोसी व्यक्ति उसके कमरे में आया व उसकी तस्वीर खींच ली। उसके बाद उसने कहा कि यदि महिला ने उसके साथ शरीरिक संबंध नही बनाए तो वह इन तस्वीरों को वायरल कर देगा। इतना ही नही यदि ये बात किसी को बताई तो वह उसके पति व बच्चों को मौत के घाट उतार देगा। मामला अक्टूबर माह का है लेकिन जब दोबारा अरुण महिला से जबरदस्ती करने लगा उसके बाद महिला ने मामला दर्ज़ करवाया गया है। देहा पुलिस ने धारा 376, 452, 506 के तहत मामला दर्ज़ कर लिया है व जांच शुरू कर दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी बैठक में यह तय हुआ है कि देश में 8 लाख बूथों पर बूथ कमेटी की रचना का काम पूरा हो गया है। बाकि बचे बूथों पर बूथ कमेटी बनाने का काम 25 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पन्ना प्रमुख बनाने का काम भी 6 अप्रैल तक पूरे करने हैं। बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' सुनने के कार्यक्रम का प्रयास सराहनीय है। मई 2022 तक देश के हर बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ के विशिष्ट लोगों के साथ मिल कर मन की बात कार्यक्रम सुनने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि बैठक में पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा हुई और इन चुनावों की तैयारी को लेकर देश के नेतृव ने संतोष व्यक्त किया गया। राष्टीय नेतृत्व ने बैठक में विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा और तेजस्वी, ओजस्वी और विजयी बन कर निकलेगी। उन्होंने बताया कि कोविड के चलते हमें वैक्सीनेशन को ध्यान में रखते हुए अब ' हर घर दस्तक ' कार्यक्रम को सफल बनाना है। भारतीय जनता पार्टी के 10 लाख हेल्थ वालंटियर्स इसमें सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए उपचुनावों की भी चर्चा हुई। तेलंगाना में पार्टी की भव्य जीत, तमिलनाडु के पंचायत चुनाव में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन, असम-बिहार और मध्य प्रदेश में भाजपा का शानदार प्रदर्शन और चुनौतियों के बावजूद हरियाणा की एलानाबाद विधान सभा उपचुनाव पर भाजपा के मत में लगभग 10 % की वृद्धि पर भी रोशनी डाली गई। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी 36 प्रदेशों से कार्यकारी सदस्य, मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष वर्चुअली जुड़े थे। कार्यक्रम को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि बैठक में कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई, आर्थिक सुधार और पर्यावरण के संबंध में भारत की प्रभाविका भूमिका को लेकर 4 पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यकारणी बैठक 31 दिसंबर तक पूरा का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है, भाजपा की प्रदेश कार्यकारणी बैठक 22 नवंबर, ज़िला कार्यकारणी बैठक 6 दिसंबर और मंडल कार्यकारणी बैठक 20 दिसंबर तक पूर्ण की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष व पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चा हिमाचल प्रदेश के राज्यमहामंत्री एलडी चौहान ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि कर्मचारियों की 2003 से छीनी गयी उनके बुढ़ापे की लाठी पुरानी पेंशन को केंद्र व राज्य सरकार को बहाल करना ही पड़ेगा। एलड़ी चौहान ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर जयराम एक ईमानदार, साफ छवि व अच्छे व्यवहार वाले मुख्यमंत्री है और हर वर्ग की बेहतरी हेतु कार्य करते है। लेकिन अफसरशाही द्वारा जानबूझकर कर्मचारियों के मुद्दों को लटकाना व मुख्यमंत्री को गुमराह करना एक बहुत बड़ा कारण है, जिस कारण प्रदेश का कर्मचारी सरकार से खासा नाराज है। उन्होंने कहा कि पेंशन बहाली सँयुक्त मोर्चा मुख्यमंत्री का ध्यान चार साल पूर्व जारी किए गए दृष्टि पत्र की तरफ ले जाना चाहता है। जिसमे 4-9-14 वेतनवृद्धि पर फैंसला, पेंशन पर कमेटी का गठन करने की बात, पिछले वेतन आयोग में विसंगतियों को दूर करने जैसी बातें कही गयी थी। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री समय रहते केंद्र की 2009 की अधिसूचना को प्रदेश में लागू करवाकर शीघ्र पुरानी पेंशन की बहाली हेतु कमेटी के माध्यम से कार्य प्रारंभ करें तथा प्रदेश के लगभग 80 हजार NPS कर्मियों हेतु पुरानी पेंशन को बहाल करवाकर इतिहास रचे।
प्रदेश के राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब गूगल पे और क्यूआर कोड से सस्ता राशन मिलेगा। कोरोना के चलते सरकार ने यह व्यवस्था की है। इससे डिपो होल्डरों को सरकार के अकाउंट में पैसा जमा कराने का झंझट भी खत्म हो जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 50 डिपो में चल रहे सफल प्रयोग के बाद अब सरकार ने सभी 5000 डिपुओं में इसे लागू करने का फैसला लिया है। बता दें कि प्रदेश में 19 लाख राशनकार्ड धारक परिवार हैं। प्रदेश सरकार की ओर से सब्सिडी पर तीन दालें, दो लीटर तेल, नमक, 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी शामिल है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर उपलब्ध कराती है। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले सचिव सी पालरासू ने बताया कि डिपुओं को क्यूआर कोड जारी करने के आदेश कर दिए हैं। डिपुओं में अभी पहले की तरह कैश पर भी राशन मिलता रहेगा। आने वाले समय में इसे बंद किया जा सकेगा।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 10 से 15 दिसम्बर तक जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित करने की सिफारिश करने का निर्णय लिया। इसमें पांच बैठकें होंगी। बैठक में तीसरी से 7वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल 10 नवम्बर से और पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष 15 नवम्बर से खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में परिवहन बसों का परिचालन पहले के 50 प्रतिशत मानदण्ड के बजाय पूरी क्षमता के साथ करने का निर्णय भी लिया गया। मंत्रिमण्डल ने राज्य के विभिन्न भागों में 21 नवम्बर से जनमंच आयोजित करने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने भारतीय जनता पार्टी के स्वर्णिम दृष्टिपत्र के कार्यान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की, जिसे वर्तमान राज्य सरकार ने नीति दस्तावेज के रूप में अपनाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सम्बन्ध में विस्तृत प्रस्तुति दी। मंत्रिमण्डल ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और क्लस्टर विश्वविद्यालय मण्डी के कुलपतियों तथा सचिव शिक्षा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि मण्डी में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की रूपरेख तय करने पर कार्य किया जा सके।मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश राजकीय दन्त महाविद्यालय शिमला के पीजी-एमडीएस विद्यार्थियों की छात्रवृति 1 अपै्रल, 2021 से 5000 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की मंजूरी दी। अब प्रथम वर्ष के एमडीएस विद्यार्थियों को 35 हजार रुपये के स्थान पर 40 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष की विद्यार्थियों को 40 हजार रुपये के स्थान पर 45 हजार रुपये और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को 45 हजार रुपये के स्थान पर 50 हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश कृषि और बागवानी उत्पाद विपणन (विकास व विनियमन) अधिनियम 2005 की वर्तमान अनुसूची में अधिक मदों को शामिल करने को मंजूरी प्रदान की ताकि प्रदेश में कृषक समुदाय के हित में विविध कृषि और सम्बद्ध क्षेत्र में संभावित विकास हो सके। इससे पहले अधिनियम की मौजूदा सूची में 131 वस्तुएं शामिल की गई थीं। अब इसमें अनाज, दालें, तिलहन, फल, सब्जियों के रेशे, पशुपालन उत्पाद एवं पशुधन, मसाले, औषधीय और सुगन्धित पौधों की प्रजाजियां फूल, गमलों में लगे पौधों और उनके बीज और अन्य उत्पादों सहित 259 वस्तुएं शामिल की गई हैं। मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी में राजकीय माध्यमिक पाठशाला चेत को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और इसके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग में सेकंडमेंट आधार पर चालकों के 10 पद भरने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राज्य में कोविड-19 स्थिति और कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों के सम्बंध में एक प्रस्तुति भी दी गई। मंत्रिमण्डल ने इसके द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा भी की।
चेतन बरागटा ने एचपीएमसी से मंडी मध्यस्था योजना के तहत ख़रीदे जाने वाले सेब की ख़रीद को 15 नवम्बर तक बढ़ाने की मांग की है। बरागटा ने कहा कि अभी भी ऊंचाई वाले क्षेत्रो में सेब सीज़न चला हुआ है। जिस कारण इस खरीद को जारी रखना अनिवार्य है। इस वर्ष भारी ओलावृष्टि और बेमौसमी बर्फ़बारी से सेब को भारी नुक़सान हुआ है। बाग़वानों को अधिकतर सेब MIS के तहत सरकार को बेचना पड़ रहा है और नक़दी का भुगतान ना होने से बाग़वान पर आर्थिक संकट गहरा सकता है। बरागटा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि एचपीएमसी 15 नवम्बर तक मंडी मध्यस्था योजना के तहत सेब ख़रीद जारी रखे और बाग़वानों की आर्थिक परिस्थितियों को मध्यनजर रखते हुए इस वर्ष मंडी मध्यस्था योजना के तहत ख़रीदे गए सेब की राशि का नगद भुगतान करे ताकि बागवान को आगामी वर्ष के ख़र्चे उठाने में कोई परेशानी न हो।
हिमाचल प्रदेश भरतीय मजदूर संघ के प्रदेश सचिव ने प्रेस को जारी बयान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड मैनजमेंट वर्ग पर गत 2 माह पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा बोर्ड में कार्यरत हजारों जूनियर टी मेट व जूनियर हेल्पर के पदोन्नति समय सीमा 5 वर्ष से घटाकर 3 वर्ष करने को घोषणा की थी। जिसके आदेश करने व इसे अमलीजामा पहनाने में पूरी तरह ढील बरत रहा है, जोकि एक निंदनीय विषय है। प्रदेश सचिव ने कहा कि इस अधिसूचना के जारी न होने से जिन कर्मचारियों को नियमित जूनियर टी मेट के रूप में 3 वर्ष पूरे कर चुके है। उन्हें हर माह नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह के अधिकारी सरकार की छवि खराब करते है व नुकसान सरकार को भुगतना पड़ता है। प्रदेश सचिव ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है कि इस मामले में हस्तक्षेप करें व जल्द से जल्द आदेश जारी करने को कहें। जिला मंत्री शिमला ने भी प्रेस को जारी बयान में कहा है कि इस तरह के मामलों व हर वर्ग की मांगो पर उचित कार्रवाई न होने पर मजदूर व कर्मचारी वर्ग में भारी रोष है। जिसके लिए प्रदेश कार्यसमिति के निर्णयों के आधार पर प्रदेश के कर्मचारी व मजदूर 29 नवम्बर को शिमला में एकत्रित होंगे व प्रदर्शन करेंगे।
सात दिन के फेस्टिव ब्रेक के बाद सोमवार को फिर से बच्चों की रेगुलर कक्षाएं शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक होनी है। जिसमे छोटी कक्षाओं को खोलने पर फैसला लिया जाना है। अभी भी प्रदेश में कोरोना मामलें सामने आ रहे है। ऐसे में अब दोबारा रेगुलर कक्षाएं कब तक जारी रहेंगी और छोटी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाया जाएगा या नहीं, इस पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया जाना है। शिक्षा विभाग इस पक्ष में है कि बच्चों की रेगुलर कक्षाएं चलती रहनी चाहिए, ताकि उन्हें परीक्षाओं की तैयारियों का समय मिल सके। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए प्रदेश सरकार को फीडबैक भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि स्कूलों में कोविड नियमों का और सख्ती से पालन किया जाएगा। ऐसे में स्कूलों में बच्चों की रेगुलर कक्षाएं जारी रखने पर सरकार बड़ा फैसला ले सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के स्कूलों में नौवीं से 12वीं की टर्म वन की परीक्षाएं भी 16 नवंबर से होनी हैं।
हिमाचल प्रदेश में हुए उपचुनावों में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस के तीन नवनिर्वाचित विधायकों को सोमवार 8 नवम्बर को विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी। राज्य विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार अर्की से विजयी संजय अवस्थी जुब्बल-कोटखाई से विजयी रोहित ठाकुर और फतेहपुर से विजयी भवानी सिंह पठानिया को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण करने के बाद यह तीनों प्रदेश विधानसभा के विधिवत तौर पर विधायक बन जाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 19 से बढ़कर 21 हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया और पूर्व मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निधन के चलते प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में 30 अक्तूबर को मतदान हुआ था और 2 नवम्बर को परिणाम निकला था।
राजधानी शिमला सहित धर्मशाला और मनाली की हवा दिवाली पर कम दूषित हुई है। बीते वर्ष के मुकाबले प्रदेश के कई शहरों में इस बार प्रदूषण का स्तर कम रहा है। हालंकि बद्दी, नालागढ़ और ऊना में इस बार भी कोई सुधार नहीं हुआ है। इन तीनों शहरों में प्रदूषण की मात्रा बीते वर्ष की अपेक्षा और अधिक बढ़ी है। शनिवार को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है। एयर क्वालिटी इंडेक्स को शून्य से 50 तक अच्छा माना जाता है। 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक सीमित, 201 से 300 तक घटिया, 301 से 400 तक बहुत घटिया और 401 से अधिक मात्रा को खतरनाक माना जाता है। इस वर्ष दिवाली के अवसर पर राजधानी शिमला सहित परवाणू, धर्मशाला, डमटाल, सुंदरनगर, पांवटा साहिब, कालाअंब और मनाली का एयर क्वालिटी इंडेक्स बीते वर्ष की दिवाली के मुकाबले बेहतर रहा है।
प्रदेश में पहली से आठवीं कक्षा के सरकारी स्कूलों में सीधी भर्ती से शिक्षकों के करीब 1300 पद भरे जाएंगे। प्रदेश में चुनाव आचार संहिता हटते ही प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने लिखित परीक्षा लेने के लिए कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को पद भरने की संस्तुति भेज दी है। आयोग को जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञापन जारी करने के निदेश दिए गए है। गौरतलब है कि इस सीधी भर्ती के तहत जेबीटी, टीजीटी नॉन मेडिकल, शास्त्री, शारीरिक और कला शिक्षकों के पद भरे जाने हैं। बता दें कि कुछ समय पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के 4000 पद भरने का फैसला लिया है। वंही इस कड़ी में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय को 2640 पद आवंटित किए गए हैं। इनमें शारीरिक शिक्षकों के 870, कला शिक्षकों के 820, जेबीटी के 810, टीजीटी नॉन मेडिकल के 87 और शास्त्री के 53 पद आवंटित किए गए हैं। कुल 2640 पदों में से आधे पद बैचवाइज और शेष आधे पद सीधी भर्ती से भरे जाने हैं। बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया बीते दिनों ही शुरू हो गई है। अब बैचवाइज काउंसलिंग का जिला शिक्षा अधिकारी शेड्यूल जारी करेंगे। सीधी भर्ती के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने संस्तुति हमीरपुर आयोग को भेज दी है। नए शैक्षणिक सत्र से पहले प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इन शिक्षकों की नियुक्तियां हो जाएंगी।
विकासात्मक परियोजनाओं सम्बंधी लक्ष्यों को समयबद्ध प्राप्त किया जाएः मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राज्य सरकार के प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की अध्यक्षता कर कई मुद्दों पर गहन चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न श्रेणियों जैसे जेओए आईटी, जेबीटी, पीटीआई, एनटीटी आदि की भर्ती सम्बन्धी मुद्दों का समाधान करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि करूणामूलक आधार पर होने वाली भर्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि इससे न केवल मृतक के परिजनों को लाभ होगा बल्कि जरूरतमंदों को रोजगार भी मिलेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि एनजीटी में विचाराधीन होने के कारण लंबित सभी विकास परियोजनाओं के कार्य में भी तेजी लाई जाए ताकि परियोजनाओं का कार्य शीघ्र आरम्भ किया जा सके। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से विभिन्न विभागों से संबंधित परियोजनाओं में देरी नहीं हो रही है क्योंकि लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे लागत भी बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में भी संकोच नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाओं से सम्बंधित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नाबार्ड, पीएमजीएसवाई के सम्बंध में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए भी कहा ताकि परियोजनाओं की प्रगति में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में विभिन्न सड़कों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में किसी भी तरह की ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक सचिवों को सम्बन्धित विभागों के लम्बित मुद्दों की पहचान करने के भी निर्देश दिए ताकि इनका शीघ्र निवारण किया जा सके। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि प्रशासनिक सचिव राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जेसी शर्मा, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, रजनीश और सुभाशीष पांडा, सचिव देवेश कुमार, अक्षय सूद, अजय शर्मा, विकास लाबरू, सी पालरासू, राजीव शर्मा और एसएस गुलेरिया भी बैठक में उपस्थित थे।
शहीदो के परिवार से उनकी प्रतिमाओं को बदलने के एवज में लाख रुपए की मांग न केवल बेहद शर्मनाक है बल्कि जयराम ठाकुर सरकार की संवेदनहीनता को भी दर्शता है। ये बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने एक बयान जारी करते हुए कही। प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने साथ ही ये एलान भी किया कि पार्टी के कार्यकर्ता 100-100 रुपए देंगे ताकि, वो रकम जयराम ठाकुर सरकार को शहीद स्मारकों को बदलने के लिए दी जा सके। उन्होंने कहा कि यहाँ बात पैसे की नही है बल्कि उस दिवालिया सोच की जो अपने शहीदों का सम्मान नही कर सकती। उन्होंने आगे कहा कि एक जहां देश के प्रधानमंत्री सीमा पर जवानों पर मनोबल बढ़ा रहे, वहीं प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार वीर सैनिकों की शहादत का अपमान कर रही है। हिमाचल की वीर भूमि भाजपा सरकार के इस कृत्य को कभी माफ नही करेगी। उन्होंने सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि पेंशनर्स, टीचर्स, किसानों और अलग अलग विभागों को देने के पैसे नही है और अब शहीदों के लिए भी हाथ खड़े करने वाली सरकार उपचुनावों के नतीजे से कुछ नही सीखी है। चुनाव परिणाम बताने के लिए काफी है प्रदेश की जनता अब शहीदों का अपमान बर्दाश्त नही करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि कार्यकर्ताओं से मिले पैसे को मुख्यमंत्री को चेक या ड्राफ्ट द्वारा सौंपा जाएगा।
शिमला के जुन्गा में बीती रात आगजनी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आगजनी की ये घटना मकान के भीतर पूजा स्थल (मंदिर) में ज्योत से आग पकड़ने से हुई है। मकान में आग लगते ही फायर विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड माल रोड और छोटा शिमला से टेंडर जुन्गा के लिए रवाना हुए। हालांकि फायर विभाग ने आग पर तो काबू पा लिया लेकिन मकान को जलने से नहीं बचा सके। आगजनी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आगजनी की इस घटना में सुनील गुप्ता का चार मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। आगजनी की इस घटना में किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान की सूचना नही है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाने की मांग की है। अभाविप के प्रदेश मंत्री विशाल वर्मा ने कहा कि पिछले 2 वर्षों से विद्यार्थी परिषद विभिन्न प्रकार के माध्यमों से क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाने के लिए आंदोलन कर रही है और विभिन्न मंचों से भी परिषद ने इस मांग को उठाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां ऐसी नहीं है की प्रदेश के सारे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के लिए शिमला को तरजीह दे सकें। उसकी वजह से दूरदराज क्षेत्रों के बहुत सारे विद्यार्थी शिमला दूर होने की वजह से पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। वहीं अगर पीजी कक्षाओं में सीटों की बात करें तो सीमित सीटें होने की वजह से भी बहुत सारे छात्र शिमला में दाखिला नहीं ले पाते हैं जिस कारण मजबूरी में छात्रों को या तो निजी विश्वविद्यालयों में भारी भरकम फीस देकर दाखिला लेना पड़ता है या फिर प्रदेश से बाहर पढ़ाई करने जाना पड़ता है। विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि क्लस्टर विश्वविद्यालय को प्रदेश विश्वविद्यालय बनाया जाए। यदि क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाता है तो प्रदेश में निचले क्षेत्रों के लगभग 6 जिलों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा तथा बहुत सारे विद्यार्थी प्रदेश विश्वविद्यालय नजदीक बनने पर अपनी उच्च स्तरीय पढ़ाई का स्वप्न साकार भी कर सकेंगे। इसके आलावा परिषद ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में विश्वविद्यालय को चलाने के लिए निर्धारित मानदंड और मानक, सुविधाएं व प्रावधान है उसी तरह से क्लस्टर विश्वविद्यालय में भी सभी तरह के नियम लागू करने की भी मांग की है।
भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज आज देशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भैया दूज को भातृ द्वितीया भी कहते है। इस त्योहार का भाई-बहन के प्रगाढ़ संबंध में विशेष महत्व है। भैया दूज पर बहनें भाइयों के दीर्घायु व् स्वस्थ होने की मंगल कामना करती है। मान्यता है कि इस दिन बहन यमुना ने अपने भाई यम से वर मांगा था कि जो भाई इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने के बाद अपनी बहन के घर भोजन करेगा उसको मृत्यु का भय नही रहेगा। भगवान सूर्य देव की पत्नी का नाम छाया था। यमराज और यमुना उनके पुत्र और पुत्री थे। यमुना हमेशा अपने भाई यमराज को अपने घर पर भोजन के लिए आमंत्रित करती थी, लेकिन व्यस्तता का हवाला देते हुए यमराज हमेशा उनके निवेदन को विनम्रतापूर्वक टाल देते थे। एक दिन देवी यमुना ने भाई यम को भोजन के लिए राजी कर लिया। बहन यमुना के आमंत्रण पर भाई यम ने सोचा कि मैं लोगों के प्राण लेने वाला हूं इसलिए मुझे कोई भी अपने घर आमंत्रित नहीं करता है। मेरी बहन मुझे बड़े आदरभाव से आमंत्रित कर रही हैं इसलिए मुझे बहन के घर भोजन करने के लिए जाना चाहिए। यमराज ने बहन यमुना के घर रवाना होने से पहले उन्होंने नरक निवास करने वाले जीवों को मुक्त कर दिया। जैसे ही यमराज बहन यमुना के घर पहुंचे यमुना बहुत खुश हुई। यमुना ने स्नान कर भाई यमराज को भोजन परोसा। बहन यमुना के आदर-सत्कार और स्नेह से प्रसन्न होकर यमदेव ने उससे वर मांगने को कहा। यमुना ने कहा कि इस दिन जो बहन अपने भाई को अपने घर पर भोजन करवाए और सत्कार करे, उसको आपका भय ना रहे। यमराज ने तथास्तु कहा। इस तरह उस दिन से भाईदूज के पर्व की शुरूआत हुई। भाई दूज की पूजन विधि इस दिन स्नान आदि से निवृत्त होकर भाई को घर पर भोजन के लिए आमंत्रित करें। सुबह जल्दी उठें, नहाएं और इसके बाद नए या नए कपड़े पहनें जिससे पूजा की व्यवस्था हो। शुभ मुहूर्त में अनुष्ठान करना चाहिए। पूजा की शुरुआत भगवान गणेश का आह्वान करने से करनी चाहिए और उनका आशीर्वाद लेकर देवताओं से प्रार्थना करने के बाद अपने भाई को उत्तर-पश्चिम की ओर मुंह करके दूसरी चौकी पर बैठाना चाहिए। अब, अपने भाई को रूमाल से अपना सिर ढँक दें। अब अपने भाई के माथे पर टीका लगाएं और उन्हें नारियल दें। फिर आरती करें, अक्षत को अपने सिर पर रखें, और उन्हें मिठाई खिलाकर अनुष्ठान का समापन करें। भाई को एक पाट पर बैठाकर तिलक करें। इसके साथ भाई की लंबी आयु, आरोग्य और सुखी जीवन की कामना करें। भाई की आरती उतारें और भोजन करवाएं। भाई दूज मंत्र: भाई दूज के दिन टीका करते समय बहन को भाई के लिए इस मंत्र का जाप करना चाहिए। गंगा पूजे यमुना को, यमी पूजे यमराज को। सुभद्रा पूजे कृष्ण को, गंगा यमुना नीर बहे मेरे भाई आप बढ़ें, फूले-फलें।।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को भाई दूज की बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक है जिससे समाज में एकता एवं भ्रातृत्व की भावना सुदृढ़ होती है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि भाई दूज का यह त्यौहार जहां एक ओर भाई-बहन के प्रेम को दर्शाता है, वहीं यह समाज में प्रेम व स्नेह का संदेश भी देता है। a
अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ट्रांसजेंडर मानवाधिकार कार्यकर्ता धनंजय चौहान उमंग फाउंडेशन के वेबीनार में 7 नवंबर को " ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के मानवाधिकार और चुनौतियां" विषय पर चर्चा करेंगी। वह चंडीगढ़ में रहती हैं और अनेक अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के मानवाधिकार संरक्षण के लिए काम कर रही हैं। वह गूगल मीट पर वेबीनार के प्रतिभागी युवाओं के सवालों के जवाब भी देंगी। उमंग फाउंडेशन के प्रवक्ता मुकेश कुमार ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में उमंग फाउंडेशन मानवाधिकारों पर जागरूकता के लिए साप्ताहिक वेबीनार कर रहा है। उसी कड़ी में यह आठवां कार्यक्रम होगा। वेबीनार में मुकेश कुमार ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त धनंजय चौहान भारत के ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भी आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स, फ्रांस, जर्मनी, इटली, थाईलैंड, और ग्रीस आदि देशों में सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें मानवाधिकार कार्यकर्ता के तौर पर अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं और उनके ऊपर डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म भी बनी है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पांच नवंबर को प्रदेश के उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 6 से 9 नवंबर तक प्रदेश के सभी भागों में मौसम साफ रहेगा। वहीं राजधानी शिमला और आसपास भागों में आज मौसम साफ बना है। आज शिमला का न्यूनतम तापमान 8.2, सुंदरनगर 5.8, भुंतर 4.9, कल्पा 0.1, धर्मशाला 12, ऊना 10.2, नाहन 10.2, केलांग माइनस 3.5, पालमपुर 8.5, सोलन 5.7, मनाली 2.8, कांगड़ा 9.1, मंडी 7.4, बिलासपुर 9.5, हमीरपुर 7.2, चंबा 6.6, डलहौजी 8.3, कुफरी 6.8, जुब्बड़हट्टी 11 और पांवटा-साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना में अधिकतम तापमान 29.2, सुंदरनगर 27.2, बिलासपुर 28, कांगड़ा 26.4, मंडी 26.4, हमीरपुर 25.3, नाहन 25, सोलन 24.6, चंबा 23.5, भुंतर 23.6, धर्मशाला 20.8, शिमला 18, कल्पा 14.5, डलहौजी 12.4 और केलांग में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी में पांच और दस रुपये कम किए है, वहीं हिमाचल सरकार ने वैट की दरों में पेट्रोल और डीज़ल पर छूट दे कर पेट्रोल 12 और डीज़ल 17 रु तक कम किया है। यह पेट्रोल और डीज़ल के दामों को नियंत्रण में लाने का केंद्र और प्रदेश सरकार का बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह एक निर्णायक निर्णय है जिससे जनता को बड़ी राहत पहुंचेगी। रबी सीजन से ठीक पहले ईंधन उपभोक्ताओं, खासकर हमारे किसानों के लिए एक बड़ी राहत। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल आज जनता की जीवन की मूल आवश्यकता है, इस कटौती से जनता को बड़ा लाभ होने जा रहा है। डीज़ल के दामों में गिरावट से महंगाई पर लगाम लगेगी, परिवहन लागत भी जल्द नीचे की ओर आएगी जिससे घरेलू वस्तुओं के दामों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनता को आ रही सभी समस्याओं को भली भांति समझती है और समय समय पर सभी समस्याओं का समाधान भी निकालती है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फ़िर शिमला स्थित अपने घर छराबड़ा पहुंची है। प्रियंका गांधी वाड्रा आज दोपहर अपने मकान छराबड़ा में पहुंची है। प्रियंका वाड्रा अपने बेटे और बेटी के साथ शिमला स्थित छराबड़ा अपने घर पहुंची हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए शिमला पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि वे करीब 5-6 दिन तक यहां रुकेंगी। बता दें कि इससे पहले सोनिया और राहुल गांधी समेत पूरा गांधी परिवार छराबड़ा पहुंचा था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने युवा लेखिका कुमारी कुदरत कुकरेजा द्वारा लिखित Enkindling Your Inner Light" और "छोटा सफर लम्बी उड़ान" का विमोचन किया। कुदरत कुकरेजा ने हाई स्कूल लोरेटो कॉन्वेंट तारा हॉल से 2018 मे पूरा किया और वर्तमान में एमबीबीएस कर रही हैं। उन्होंने कम उम्र में ही लिखना शुरू कर दिया था, वे दर्शनशास्र, कविता, विज्ञान और अध्यात्म में गहरी रुचि लेती हैं। उनका लक्ष्य युवाओ को डिप्रेशन मुक्त और नशा मुक्त करने की ओर है। वह आठ पुस्तकों की लेखिका हैं, प्रेरक वक्ता और एक जीवन कोच हैं। उन्होंने युवाओं को तनाव मुक्त बनाने के लिए कोरोना के दौर में कई मोटिवेशनल वेबिनार ऑनलाइन किए हैं। दीपावली के इस शुभ दिन में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा उनके आवास पर अपनी नई प्रकाशित पुस्तकें, "Enkindling Your Inner Light" और "छोटा सफर लम्बी उड़ान" का विमोचन किया। युवाओं के लिए उन्होंने कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे आप दूर नहीं कर सकते क्योंकि संपूर्ण ब्रह्मांड आपके भीतर है।" उनका मुख्य ध्यान दुनिया भर में शांति, खुशी और इच्छा शक्ति की दृष्टि को व्यापक बनाने की ओर है। इस अवसर पर उनकी माता निशा कुकरेजा, शिक्षाविद डॉ मामराज पुंडीर भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने क़ुदरत कुकरेजा के प्रयासों की सराहना करते हुए उसे आशीर्वाद दिया।
राजधानी शिमला में 3 महीने में आदमखोर तेंदुआ फिर से एक 5 साल के छोटे बच्चे को घर के बाहर से उठा ले गया। मामला दीवाली की रात शिमला के बीचोंबीच डाउन डेल कॉलोनी का है जहाँ पटाखों के शोर के बीच तेंदुआ बच्चे को उठा ले गया जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी तो सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे सर्च अभियान चलाया गया लेकिन सुबह तक कोई सुराग नही लगा। सुबह भी वन विभाग और पुलिस ने लालपानी बायपास से होते हुए डाउन डेल कॉलोनी के साथ लगते घने जंगल मे सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हम इन उपचुनावों में जन मत को स्वीकार करते है और सभी चारों जीते हुए प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते है। उन्होंने कहा की इन चुनावों में परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे, भाजपा अपने स्तर पर इन चुनावों की समीक्षा एवं आत्ममंथन करेगी। समीक्षा के दौरान जो भी कमियां सामने आएगी उनको सुधारा जाएगा। भाजपा 2022 में जीत हासिल कर सके, इसलिए सभी कमियों को सुधारकर हम आगे बढ़ेगे। कश्यप ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के इतिहास में पहेली बार इतने कम अंतर से कांग्रेस को जीत हासिल हुई है। संसदीय क्षेत्र में कई स्थानों पर अप्रत्याशित नतीजे सामने आए है। सभी विधानसभा क्षेत्रों का क्षेत्रवार समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा की आने वाले समय मे संगठन व पार्टी स्तर पर किस प्रकार से आगे बढ़ना है उसकी समीक्षा कर विस्तृत रूप रेखा तैयार की जाएगी।
फोरेस्ट गार्ड भर्ती के लिए जिन उम्मीदवारों ने शारीरिक जांच व शारीरिक दक्षता की परीक्षा पास कर ली है, उनके लिए अब लिखित परीक्षा की तिथि निर्धारित हो गई है। आने वाली 7 नवंबर को यह परीक्षा करवाई जाएगी तथा इसके लिए राधा स्वामी सत्संग भवन परौर पामलपुर स्थान निश्चित किया गया है। इसके लिए वन विभाग की ओर से अपनी वेबसाइट में अपलोड कर दिए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-224959 और 228029 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसमें 7507 पुरुष व 653 महिला उम्मीदवारों ने मैदान की परीक्षा पास की है। धर्मशाला सर्किल के तहत 8160 ही मैदान में शारीरिक दक्षता की परीक्षा को पार करके लिखित परीक्षा की श्रेणी में पहुंचे हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासु ने बताया कि मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र और फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई व अर्की विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उप-निर्वाचन की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि मतगणना का कार्य 2 नवंबर को प्रातः 8 बजे से आरंभ किया जाएगा। सभी उप-निर्वाचन के मतों की गणना संबंधित केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच की जाएगी। मतगणना केंद्र में निर्वाचन अधिकारी की टेबल के अतिरिक्त अन्य प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सहायक और एक मतगणना निरीक्षक (सुपरवाइजर) तैनात किया जाएगा। सी.पालरासु ने कहा कि मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए 11 मतगणना पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जबकि फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए तीनों सामान्य पर्यवेक्षकों को ही मतगणना पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक-एक माइक्रो ऑब्ज़र्वर की भी तैनाती की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के डाक मतपत्रों व ईटीपीबीएस मतों की गिनती पूर्ण करने के लिए अलग से दो केंद्र स्थापित किए गए हैं। फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्रों में डाक मतपत्रों व ईटीपीबीएस मतों की गिनती के लिए भी एक-एक केंद्र अलग से स्थापित किया गया है। ऐसे में ईवीएम तथा डाक मतपत्रों के माध्यम से पड़े मतों की गिनती एक ही समय में प्रारंभ हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में मतगणना का परिणाम घोषित होने के उपरांत विजेता प्रत्याशी अथवा उनके समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा रिटर्निंग ऑफिसर से निर्वाचित होने संबंधी प्रमाण-पत्र लेते समय विजेता प्रत्याशी अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि के साथ दो से अधिक लोगों को आने की अनुमति नहीं होगी।
हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के सलाहकार एवं संयोजक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा है कि नशे के प्रकोप पर अंकुश लगाने के लिए राज्य मादक द्रव्य नीति तैयार की जा चुकी है। इसे शीघ्र जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाला यह बोर्ड समस्या से निपटने के बहुआयामी तरीकों को अपनाएगा। नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान 20 नवंबर के बाद शुरू किया जाएगा। उमंग फाउंडेशन के ट्रस्टी संजीव शर्मा के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में फाउंडेशन द्वारा मानवाधिकार जागरूकता पर साप्ताहिक वेबिनार में विख्यात विशेषज्ञ ओमप्रकाश शर्मा ने यह जानकारी दी। वह "नशे का प्रकोप, मानवाधिकार उल्लंघन और समाधान" विषय पर व्याख्यान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा करने वालों को अपराधी की बजाए पीड़ित माना जाना चाहिए। इससे पूर्व उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष और राज्य मेंटल हेल्थ अथॉरिटी के सदस्य प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि नशे और मानवाधिकार उल्लंघन के बीच बहुत गहरा संबंध है। उन्होंने अंतर्रष्ट्रीय और राष्ट्रीय परिस्थितियों के संदर्भ में कहा कि जहां ड्रग्स होंगी, वहां मानवाधिकार उल्लंघन होना स्वभाविक है। ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता वाले नशा निवारण बोर्ड ने राज्य की समेकित मादक द्रव्य निवारण नीति तैयार कर दी है। इसे शीघ्र ही जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तैयार किए गए नीति दस्तावेज में नशे की बुराई से निपटने के लिए बहुआयामी रणनीति का विस्तृत विवरण है।
कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने से पहले प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। पार्टी हाईकमान ने दो महासचिव, आठ सचिव, एक मीडिया पैनलिस्ट और एक को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया है। इसमें शशि शर्मा और भुवनेश्वर गौड़ को महासचिव बनाया गया है। इसी तरह दयाल प्यारी, देवेंद्र भुट्टो, राजेंद्र शर्मा, धर्मपाल चौहान, राजेश कुमार, राकेश नेगी, भूपेंद्र डोगरा और बोधराज भारद्वाज को सचिव बनाया गया है। इसी के साथ अजय सिंह को मीडिया पैनलिस्ट में जगह दी गई है। ज्ञान चंद बढालिया को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। दो साल पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी गठित की थी। इसमें 19 उपाध्यक्ष, 19 महासचिव और 69 सचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्य कार्यकारिणी में 44 सदस्यों को शामिल किया गया है। दो सालों के भीतर कुछ और नियुक्तियां की गई हैं। उपचुनाव से पहले ही कांग्रेस पार्टी मीडिया विभाग, मीडिया पैनलिस्ट की नियुक्तियां की गई थी। पार्टी का कहना है कि हर क्षेत्र को संगठन में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसलिए नई नियुक्तियां की गई हैं। कार्यकारिणी में इस तरह से विस्तार कर कांग्रेस पार्टी अपनी पकड़ को और भी मजबूत करना चाहती हैं।
राजधानी में चोर सक्रिय हैं और आए दिन शहर में चोरी के मामले सामने आने लगे है। हालांकि पुलिस भी मामलों को सुलझाने में लगी हुई है व आरोपियों को पकड़ भी रही है। वंही राजधानी में चोरी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक घर से सोने के गहने चोरी हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तारा हाल के समीप रहने वाले रमेश कुमार ने सदर पुलिस थाना में शिकायत की है कि वह और उनका परिवार घर पर नही था। तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़ कर घर से सोने के आभूषण जिसकी कीमत 1,80,000 के करीब है व 20,000 की नगदी चोरी कर ली है। शिकायत में बताया गया कि घर का सामान भी इधर, उधर बिखरा पड़ा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि त्योहारों का सीजन चल रहा हैं, ऐसे में लोग बाजारों में खरीदारी करते है। इसे पहले भी बीते महीने जाखू में लाखों की चोरी का मामला सामने आया था। डीएसपी कमल वर्मा ने मामले कि पुष्टि की हैं।
सोमवार सुबह राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। जैसे ही लोगों ने ट्रांसफार्मर में आग लगती देखी तो तुरंत इस संबंध में अग्निशमन विभाग को सूचित किया। अग्निशमन विभाग ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। वहीं, इस दौरान मौके पर लोगों में हड़कंप मच गया। शार्ट सर्किट के चलते आसपास के इलाकों की बिजली भी गुल हो गई, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन फायर अधिकारी टेक चंद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि समय पर आग पर काबू पा लिया गया है, जिससे कोई नुकसान की घटना सामने नहीं आई है।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से रन फाॅर यूनिटी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। ऐतिहासिक रिज मैदान से आरम्भ की गई रन फाॅर यूनिटी दौड़ में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया जिसमें खिलाड़ी, खेल प्रेमी, पुलिस बल के कर्मी, विद्यार्थी तथा अन्य शामिल थे। हिमाचल प्रदेश स्टेट रेडक्राॅस सोसायटी तथा जिला शिमला प्रशासन द्वारा आयोजित इस दौड़ का समापन द माॅल तथा छोटा शिमला से होते हुए पुनः रिज मैदान पर हुआ।राज्यपाल के सचिव प्रियतु मण्डल, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक डाॅ.मोनिका भुटुंगरू भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला शिमला हिमाचल प्रदेश द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव' के उपलक्ष्य पर 'देशभक्ति एवम राष्ट्रीय एकता' थीम पर आधारित राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन गेयटी सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल अकादमी के सचिव डॉ. कर्म सिंह ने की। इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में डॉ सरोज भारद्वाज, कल्पना गांगटा, दीप्ति सारस्वत, पंकज, हर्ष, निशा चौहान, देशराज, विकास शर्मा, नवनीता, सुनीता ठाकुर, डॉ.ओपी शर्मा, दक्षा शर्मा, हितेंद्र शर्मा, शिवानी पांडे और आत्मा रंजन ने अपनी रचनापाठ से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का सुन्दर संदेश दिया। कार्यक्रम के संयोजक जिला भाषा अधिकारी शिमला अनिल हारटा द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के समापन में उन्होने सभी प्रतिभागी साहित्यकारों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज शिमला के प्रसिद्ध व्यवसायी कपिल महाशय के घर जा कर उनके परिवारजनों से मिले और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कपिल महाशय की माता रानी देवी सूद, पत्नी मीनाक्षी सूद, पुत्र विप्लव सूद, पुत्रवधु श्वेता सूद व बेटी विदुषी सूद से मिले और कपिल महाशय के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कपिल महाशय एक व्यवसायी के साथ-साथ एक समाज सेवक भी थे, वह समाज के उत्थान के लिए निरन्तर कार्य करते रहे। कपिल महाशय ने विश्व हिंदू परिषद में कोषाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा दुःख की इस घड़ी में शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ मंत्री सुरेश भारद्वाज, चेयरमैन गणेश दत्त, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, कोषाध्यक्ष संजय सूद, महापौर सत्या कौंडल, पार्षद किमी सूद, आरती चौहान, शिमला के आयुक्त आदित्य नेगी, नगर निगम के आयुक्त आशीष कोहली उपस्थित रहे।
दीवाली पर्व पर मिठाई का विशेष महत्व रहता है। बाजारों में हलवाई की दुकानों पर काफी भीड़ रहती है। लेकिन वंही लोगों को अच्छी मिठाई मिल नहीं पाती इसी को देखते हुए मिल्कफेड विभाग ने बाजार में दिवाली के समय शुद्ध घी से बनी मिठाई बनाई है। इस साल मिल्क फेड विभाग 500 क्विंटल मिठाई बनाएगा। पिछले साल मिल्कफेड ने 400 क्विंटल मिठाई बनाई थी। वंही इस बार 100 क्विंटल ज्यादा मिठाई बनाने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में मिल्कफेड विभाग के एमडी भूपेंद्र अत्री ने बताया कि मिल्कफेड विभाग प्रतिवर्ष दिवाली पर मिठाइयां बनाता है और बाजार में उतारता है। उन्होंने कहा कि इस साल 500 क्विंटल मिठाई बनाने का लक्ष्य है लोगों की मांग को देखते हुए इस बार 100 क्विंटल मिठाई अधिक बनाई जा रही है। लोगों को यह मिठाइयां आसानी से मिल सके इसके लिए सभी जिलों के बस अड्डे पर काउंटर रहेगा इसके अलावा विभिन्न जगह में भी काउंटर लगाया जाएगा उन्होंने कहा कि शिमला कांगड़ा और मंडी में विशेष गाड़ी में भी मिठाई भेजी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में त्योहारों में आतिशबाज़ी को लेकर समयसारिणी जारी कर दी गयी है। दीपावली नजदीक आने के साथ ही वायु और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्देश जारी कर दिए है। गुरु पर्व के दिन यानि 19 नवंबर को सुबह 4 से 5 और रात 9 से 10 बजे के बीच आतिशबाजी की जा सकेगी। क्रिसमस पर 25 दिसंबर की रात और नए साल पर 31 दिसंबर की रात 11:55 से 12:30 बजे के बीच ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। इसके साथ ही निर्देश में ये भी किया गया है कि त्योहारों में केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी।
हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री जीएस बाली का शुक्रवार देर रात को निधन हो गया है। जीएस बाली 67 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से वह लगातार अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के एम्स में उपचाराधीन थे। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे रघुवीर सिंह बाली ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनके निधन की सूचना दी है। जीएस बाली का जन्म 27 जुलाई 1954 को हुआ था। वह नगरोटा बगवां से चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे। बाली 1990 से 1997 तक कांग्रेस के विचार मंच के संयोजक, सेवादल के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव जैसे पदों पर रहे।1998 में पहली बार नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। 2003, 2007 और 2012 में यहां से लगातार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। 2003 और 2007 में वह मंत्री रहे। प्रदेश में हो रहे चार उपचुनाव में मंडी उपचुनाव में जीएस बाली को बतौर प्रभारी नियुक्त किया गया था, लेकिन उसके बाद से वह अस्वस्थ चल रहे थे। प्राप्त जानकारी अनुसार एम्स में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। शुक्रवार रात को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, इसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को उनकी पार्थिव देह कांगड़ा लाई जा रही है।
प्रदेश में 4 उपचुनावों के चलते आज शाम 5 बजे शराब के ठेके बंद कर दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों से जुड़े 20 विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे से 48 घंटे तक चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। यह प्रतिबंध मतदान के दिन 30 अक्तूबर तक शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद 2 नवंबर को मतगणना के दिन भी शराब की ब्रिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में आने वाले होटल, रेस्टोरेंट, क्लब में शराब की बिक्री व वितरण पर रोक रहेगी। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक उपचुनावों से जुड़े लोकसभा और विस क्षेत्रों में प्रतिबंध एक साथ लागू होगा। यदि कहीं पर भी शराब की दुकान से बिक्री होते मिली तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इस बाबत निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मजिस्ट्रेट, एडीएम, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि संसदीय क्षेत्र मंडी में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सदर मंडी, करसोग, सुंदरनगर, नाचन, सराज, द्रंग, जोगिंद्रनगर, बल्ह, सरकाघाट, भरमौर, लाहौल-स्पीति, मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी, रामपुर और किन्नौर शामिल हैं। जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की में भी उपचुनाव हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
हिमाचल प्रदेश के 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को डिपुओं में नवंबर में तय रेट से 22 रुपये सस्ती दालें मिलेंगी। उपभोक्ताओं को चार में से तीन दालें दी जा रही हैं। इनमें दाल चना, मूंग, मलका और माश की दाल शामिल है। दालें प्रति किलो 22 रुपये तक सस्ती होंगी। प्रदेश सरकार केंद्रीय सरकारी एजेंसी नैफेड से दालों की खरीद करती है। बताया जा रहा है कि दालों के दाम गिरने से उपभोक्ताओं को सस्ती दालें मिलेंगी। प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को तीन दालें, दो लीटर तेल, चीनी और नमक सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर प्रदेश को दे रही है। सरकार दालों की खरीद केंद्रीय सरकारी एंजेंसी नैफेड से खरीदती है।
शिमला : प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर बढ़ने लगे है। अब आईजीएमसी में 4 डॉक्टर के कोरोना पॉजटिव आने से हड़कम्प मच गया है। यह डॉक्टर ईएनटी व सर्जरी विभाग के बताए जा रहे है। जनाकारी के अनुसार मंगलवार को आईजीएमसी में चिकित्सको के सेंपल हुए थे जिसमे मंलवार रात को 4 डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजटिव आयी है जबकि 1 की रिपोर्ट आनी है। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों के पॉजटिव आने से मरीज़ो में भी डर बैठ गया है। आईजीएमसी के एमएस डॉ जनक राज ने मामले की पुस्टि करते हुए कहा कि लोग सावधानी बरतें नियमों का पालन करते रहे। गौरतलब है कि मंगलवार को प्रदेश में 79 विद्यार्थियों समेत 249 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें अधिकतर विद्यार्थी सरकारी स्कूलों के हैं। कांगड़ा जिले के स्कूलों में सबसे अधिक 59 विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
शिमला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने का समाचार मिला है। ताजा मामले में शिमला में सर्कुलर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित हो कर सड़क से नीचे गिर गई। जानकारी के अनुसार ब्लॉसम होटल के पास गाड़ी सीएच, 03 आर - 07535 यह दुर्घटना हुई। घायल को उपचार के लिये आईजीएमसी ले जाया गया है। वही पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल सरकार ने आगामी 1 नवंबर से 6 नवंबर तक स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। मालूम हो कि 4 नवंबर को दिवाली है, जबकि 6 नवंबर को भैया दूज है। बता दें कि 7 नवंबर को रविवार पड़ने के चलते स्कूल 8 नवंबर को खुलेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक हिमाचल के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। गौरतलब है कि बीते एक महीने में 550 छात्र कोरोना से संक्रमित पाए हैं। जिसमें से 250 एक्टिव मामले हैं। 27 सितंबर से 25 अक्टूबर तक विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के 556 छात्र संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक 196 छात्र हमीरपुर जिले में संक्रमित पाए गए। वहीं, कांगड़ा में 173, ऊना में 104, मंडी में 26, शिमला में 22, किन्नौर में 14, कुल्लू में आठ, बिलासपुर में सात, सोलन में चार, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में एक-एक छात्र संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, खास बात यह है कि सिरमौर जिले से एक भी छात्र कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। वहीं, अगर कोरोना का ग्राफ निरंतर घटता चला गया तो आठ नवंबर से पांचवीं से सातवीं कक्षा के लिए भी स्कूल नियमित खुल सकते हैं। बता दें कि आगामी फैसले तक हिमाचल में 8वीं से 12वीं तक के छात्रों की नियमित कक्षाएं चलती रहेंगी।
आखिल भारतीय परिषद् हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने छात्रों की मांगो को लेकर अधिष्ठाता अध्ययन का किया घेराव। इकाई सचिव आकाश नेगी ने कहा कि हाल ही में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यूजीसी के नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी प्रवेश परीक्षा व नेट जेआरएफ के पीएचडी में विश्वविद्यालय कर्मचारियों के बच्चों को दाखिला देने का फैंसला कार्यकारी परिषद में लिया गया जो बिल्कुल गलत है और आम छात्रों के साथ धोखा है। ऐसा कर प्रशासन सीधे तौर पर उन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है, जो पीएचडी में प्रवेश लेने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे है। इस फैसले ने प्रदेश भर में विश्वविद्यालय के नाम को खराब करने का काम किया है और हर जगह इस फैसले को लेकर विश्वविद्यालय की किरकिरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे भी मामले सामने आए है जिसमें प्रशासन ने अपने चहितों को प्रवेश देने के लिए विभागों में सीटों को 2 से 10 तक कर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियमों को ताक पर रखकर अपनी सहूलियत के अनुसार फैसले ले रहा है। उन्होंने कहा कि पीएचडी दाखिलों में रिजर्वेशन रोस्टर को लागू किया जाए। ताकि समाज के सभी वर्गों के छात्रों को प्रवेश मिल सके। साथ ही साथ अन्य एनएफएसई स्कॉलरशिप वाले छात्रों को भी पीएचडी दाखिले में तवजो दिया जाना चाहिए। आकाश नेगी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना प्रवेश परीक्षा व नेट जेआरएफ पीएचडी में प्रवेश देने की जो अधिसूचना निकाली है। उससे जल्द वापिस किया जाए और विभागों में पीएचडी की खाली पड़ी सीटों को जल्द भरा जाए।
हिमाचल प्रदेश में पांच दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 30 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, राजधानी शिमला में आज सुबह से धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं। उधर, केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2, कल्पा में 1.4, मनाली 3.8, डलहौजी 9.3, शिमला 9.2, सुंदरनगर 9.1, भुंतर 7.2, हमीरपुर 10.6, धर्मशाला 10.0, नाहन 14.9, पालमपुर 9.0, सोलन 8.2, कांगड़ा 11.4, मंडी 11.3, बिलासपुर 13.0, चंबा 9.5, कुफरी 8.0, जुब्बड़हट्टी 11.4, पांवटा साहिब 17.0 और ऊना में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, सोमवार को पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 27.9 सुंदरनगर 27.2, ऊना-बिलासपुर में 27.0, मंडी में 26.1, कांगड़ा में 25.5, हमीरपुर में 24.8, सोलन में 24.0, भुंतर में 23.7, नाहन में 23.3, धर्मशाला में 22.4, शिमला में 18.4, कल्पा में 13.6, डलहौजी में 11.5 और केलांग में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
अटल आशीर्वाद योजना के तहत नवजात शिशुओं को दी जाने वाली बेबी केयर किट मेें छह नई वस्तुएं शामिल की जा रही हैं। इनमें थर्मामीटर, नेलकटर, बीब, हेयर ब्रश, गाउन और माताओं के लिए छह पीस नैपकिन शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार कर इसे मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेजा है। आचार संहिता खत्म होने के बाद इसे मंजूरी दी जा सकती है। वर्तमान में नवजात बेबी केयर किट में 12 वस्तुएं दी जा रही है। जन्म के समय के बाद मां और नवजात शिशुओं के लिए इन वस्तुओं की ज्यादा जरूरत होती है। सरकार का दावा है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थान व निजी अस्पतालों में यह किट मुफ्त में मुहैया करवाई जा रही है। बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए माताओं को हैंड सैनिटाइजर भी दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी से देश के लिए 64,000 करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में 100 करोड़ वैक्सीन खुराक का एक बड़ा लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद, मां गंगा के प्रति दृढ़ आस्था और काशी के लोगों के अटूट विश्वास से सभी के लिए निःशुल्क टीकाकरण का अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस मेगा मिशन का शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह अगले चार-पांच वर्षों में गांव से ब्लाॅक स्तर तक स्वास्थ्य देखभाल नेटवर्क को मजबूत करने में दूरगामी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह मिशन लोगोें को उनके घरों के समीप विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि मिशन के तहत गांवों और शहरों में स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र खोले जाएंगे, जहां बीमारियों का शीघ्र पता लगाने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन केन्द्रों में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, निःशुल्क जांच और दवाईयों की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया कि इस मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में स्वास्थ्य के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पार्टी विरोधी गतिविधियों का संज्ञान लेते हुए सात महिला नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव के बीच संगठन में अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष नैना तनेटा, जुब्बल-कोटखाई मंडल उपाध्यक्ष पिंकी कोटवी, जुब्बल-कोटखाई मंडल महामंत्री रजनी सलाकटा, महासू जिला उपाध्यक्ष विजेता खिमटा, महासू जिला सचिव पूनम मोखटा, विशेष आमंत्रित सदस्य रूबजा नेपटा, विशेष आमंत्रित सदस्य मीनाक्षी मानटा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
आम आदमी पार्टी काले कृषि कानूनों का लगातार विरोध कर रही है। इसी श्रृंखला में पार्टी की प्रदेश इकाई ने केंद्र की मोदी सरकार और सूबे की जयराम ठाकुर सरकार को घेरने की तैयारी की है। पार्टी अक्टूबर 26 को शिमला में एक धरना प्रदर्शन आयोजित करने जा रही है। जिसमे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, उपाध्यक्ष (सेवानिवृत्त) डीजीपी आईडी भण्डारी और (सेवानिवृत्त) तहसीलदार विजय कुमार शर्मा सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। पार्टी की मांग है कि केंद्र की मोदी सरकार देश और किसान हितो को ध्यान में रखते हुए तीनो काले कृषि कानूनों तुरंत निरस्त करे। पार्टी प्रदेश में बन रहे फोर लेन हाईवे से विस्थापित हुए लोगो का मुद्दा भी मुखरता से उठा रही है। पार्टी की जयराम ठाकुर सरकार से मांग है विस्थापितों को उचित मुआवजा देकर उनके पुनर्वास की बेहतर व्यवस्था की जाए, जिसे लेकर जयराम सरकार का रवैया बेहद उदासीन है। साथ ही मौसम की मार झेल रहे प्रदेश के किसानों और बागवानों को दिल्ली सरकार की तर्ज पर मुआवजा देने की मांग भी कर रही है। दिल्ली सरकार मौसम से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए 50 हज़ार रुपए प्रति हेक्टेयर की सहायता राशि देती है। पार्टी अपनी इन्हीं मांगो को लेकर महामहिम राज्यपाल के कार्यालय को एक ज्ञापन भी सौपेगी।


















































