16 सितम्बर, 2021 से भारत के राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रबन्धों की समीक्षा के लिए आज यहां सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष को मनाने के लिए वर्ष भर समारोहों के आयोजन की योजना बनाई है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे बड़े स्तर पर मनाना सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है और राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द इस सत्र को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर सभी वर्तमान और पूर्व विधायकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बहुत ही गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा ताकि इसे अविस्मरणीय बनाया जा सके। जयराम ठाकुर ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से हर सम्भव सहयोग का आग्रह किया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि इस आयोजन में सभी पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने विधानसभा में होने वाले राष्ट्रपति के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए 73 से अधिक पूर्व सांसदों और विधायकों ने अपनी सहमति दी है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती को मनाने के लिए राज्य विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह समारोह पार्टी राजनीति से ऊपर है। उन्होंने राज्य सरकार को कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि यह राज्य की जनता का आयोजन है, जिन्होंने प्रदेश के विकास में अपना असीम योगदान दिया है। मुख्य सचेतक बिक्रम जरयाल, विधायक आशा कुमारी और राम लाल ठाकुर ने इस अवसर पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डू, विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक शिमला मोनिका भटुंगरू और अन्य अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से 17 से 23 सितंबर तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है यह जानकारी बुधवार को विभागीय प्रवक्ता द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के तहत 17 सितंबर 2021 को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच एवं योग सत्र जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 18 सितंबर 2021 को बढ़ती उम्र का उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक से भाषण कविता नृत्य व गीत इत्यादि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को सेवा संकल्प दिवस के अंतर्गत वृद्धाश्रम व अन्य संस्थानों का दौरा कर बुजुर्गों से मुलाकात कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 20 सितंबर को आशीर्वाद दिवस के तहत सेल्फी विद द ग्रैंड चिल्ड्रन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाएगा। 21 सितंबर को वरिष्ठ नागरिक सम्मान दिवस के चलते 90 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्गों का सम्मान पौधारोपण व अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 22 सितंबर को संवाद दिवस का आयोजन कर बुजुर्गों की समस्याओं को जानने तथा उन उन्हें दूर करने के प्रयास व दिशा में लिए जाने वाले निर्णय के संबंध में कार्यक्रम किया जाएगा। सप्ताह के अंतिम 23 सितंबर को प्रज्ञता दिवस के मौके पर बुजुर्गों के ज्ञान व अनुभव को डॉक्यूमेंट्री का रूट दिया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ी अपने बुजुर्गों के ज्ञान अनुभव और संघर्षों को समझा कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञ भाव प्रकट करने में सक्षम हो सकें।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला रमणीक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहडू उपमण्डल के अंतर्गत आने वाली पंचायतों के 120 प्रधानों, उप-प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों को विभिन्न कानूनों के बारे में अवगत करवाने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानों, उप-प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों को विभिन्न कानूनों के बारे में डिजिटल तरीके से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को मुफ्त कानूनी सहायता, विवाद के वैकल्पिक समाधान, हिमाचल प्रदेश (अपराध से पीड़ित व्यक्ति) प्रतिकार स्कीम 2019, पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत न्यायिक शक्तियां, घरेलू हिंसा अधिनियम, रिमांड स्टेज पर गिरफ्तार व्यक्तियों के अधिकारों तथा गिरफ्तारी के पहले अधिकारों तथा अधिनियम 41(a) व 41(d) के प्रावधानों के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के सदस्य, संविधान के अनुच्छेद 23 में मानव दुव्र्यवहार या बेगार का शिकार, महिला या बालक, मानसिक रोगी या विकलांग व्यक्ति, अनपेक्षित अभाव जैसे बहुविनाश जातीय हिंसा, जातीय अत्याचार, बाढ़, सूखा, भूकम्प या औद्योगिक संकट के शिकार, औद्योगिक श्रमिक, करागृह, किशोर, मनोचिकित्सा अस्पताल, मनोचिकित्सकीय परिचर्या गृह में अभिरक्षा में रखे गये व्यक्ति, हिजड़ा समुदाय से सम्बंधित, सामान्य वर्ग का व्यक्ति जिसकी सालाना आय रूपये तीन लाख से कम हो और एच आई वी या एड्स से पीड़ित सभी व्यक्ति विधिक सेवा अधिनियम, 1987 के अनुसार मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने का अधिकार रखते हैं। इस कार्यशाला में उन्होंने गिरफ्तार व्यक्तियों तथा रिमांड स्टेज पर गिरफ्तार व्यक्तियों के अधिकारों तथा गिरफ्तारी के पहले अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पंचायतों के दिवानी मुकदमों से संबंधित कार्यक्षेत्र तथा पंचायत स्तर के फौजदारी मुकदमों में पंचायतों की शक्तियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यशाला में घरेलू हिंसा के विरुद्ध महिलाओं के अधिकारों के बारे में भी बताया गया। अतिरिक्त मुख्य दण्डाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला ने घरेलू हिंसा के अधिनियम के तहत पीड़ित महिलाओं के अधिकारों जैसे संरक्षण आदेश, घर का आदेश, खाने खर्चे का आदेश, बच्चे के निगरानी के आदेश तथा मुआवजे के आदेशों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
कुपवी में बुधवार को यूथ कांग्रेस ने एक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में कुपवी कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल रहे । इस बैठक में कुपवी क्षेत्र से सम्बन्धित आम समस्याओं व विशेष मुद्दों के लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक में यूथ कांग्रेस ने भाजपा सरकार व विधायक बलबीर वर्मा पर निशाना साधा। यूथ कांग्रेस ने कहा की समस्त कुपवी की 15 पंचायतें विकास शब्द को सुनने के लिए तरस रही है, 4 साल से ज्यादा समय बीत गया लेकिन कुपवी क्षेत्र विकसित होने कि बजाए पिछड़ता ही जा रहा है। भाजपा विधायक बलबीर वर्मा ने हमेशा कुपवी क्षेत्र की अनदेखी की है ,चुनाव जीतने के समय बलबीर सिंह वर्मा ने कुपवी क्षेत्र के लोगो के साथ जो वादे किए थे वो आज तक झूठे साबित हुए। कांग्रेस ने कहा की भाजपा नेता विधायक बलबीर वर्मा कुपवी क्षेत्र में अब तक मुख्यमंत्री का दौरा नहीं करवा पाए। यदि विधायक कुपवी क्षेत्र को इसी तरह अनदेखा करेंगे , तो समस्त यूथ कांग्रेस क्षेत्र के आम लोगो को साथ लेकर उग्र आंदोलन करेगी। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कुपवी के पूर्व जिला परिषद हरी सिंह पचनाईक, पुर्व उपप्रधान मंझौली सुरेंद्र लालटा, पुर्व प्रधान कुपवी सुखराम नगराईक,कुपवी युथ कांग्रेस अध्यक्ष राजेश लालटा,मनु रावत समेत कांग्रेस व युथ कांग्रेस के काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
आईजीएमसी शिमला में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में एक सफाई कर्मचारी ने कपड़े बदल रही एक महिला स्वास्थ्य कर्मी का वीडियो बना लिया। महिला कर्मी की शिकायत पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी सफाई कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह घटना बीते कल की है। पुलिस के मुताबिक महिला स्वास्थ्य कर्मी आईजीएमसी के एक विभाग में तैनात है। आईजीएमसी पहुंचने के बाद ड्यूटी के लिए वह चेंजिंग रूम में जाकर अपनी ड्रेस बदल रही थी। इसी बीच महिला कर्मी ने पाया कि चेंजिंग रूम के बगल वाले कमरे की दीवार के ऊपर एक मोबाइल के जरिये उसका वीडियो बनाया जा रहा है। इस पर घबराई महिला कर्मी चेंजिंग रूम से बाहर निकली तो देखा कि अस्पताल का सफाई कर्मी मोबाइल को ऊपर कर उसका वीडियो बना रहा है। महिला कर्मी ने तुरंत लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी को सूचित किया और आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई। लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार किया और मोबाइल भी कब्ज़े में लिया है। डीएसपी हेड क्वार्टर कमल वर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है।
आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कुर्सी को लेकर जो भविष्यवाणी की थी वो सही होती दिख रही है। मुख्यमंत्री के लागतार दिल्ली दौरे तो इसी बात की तरफ इशारा कर रहे है। ये बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने एक बयान जारी करते हुए कही। पार्टी प्रभारी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चाल और चरित्र की बात करने वाली पार्टी का चेहरा बदलकर अपनी राजनीति चलाने पर मजबूर है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक मोर्चो पर जयराम ठाकुर सरकार की विफलता किसी से छुपी नही है। इसी असफलता की आड़ में सूबे में एक राजनीतिक वर्चस्व की लडाई भी चल रही है। जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदीयो को किनारे लगाते हुए दिख रहे है। पहले धूमल अब जयराम और शायद आने वाले दिनों में अनुराग ठाकुर खुद को हाशिये पर पाए।
तहसील कोटखाई में बुधवार सुबह एक निजी बस सड़क से बाहर की तरफ पलट गई। बस कोटखाई के कलबोग से शिमला की तरफ जा रही थी। हादसा सुबह करीब 6.30 बजे पेश आया, जिसमे कोई बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह कलबोग से शिमला जा रही एक निजी बस कलबोग से कुछ ही दूरी पर सड़क से बाहर की तरफ पलट गई। हादसे के वक़्त बस में ड्राइवर सहित 7 लोग सवार थे। इनमें 2 व्यक्तियों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
आरोग्य भारती हिमाचल प्रदेश एवं अमृत हिमालय फाउंडेशन द्वारा हरित भारत, स्वस्थ भारत विषय पर आयोजित तरंग संगोष्ठी में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ राकेश पंडित ने कहा कि लगातार वर्षा से हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए खस वैटीवर का रोपण भूमि-कटाव रोकने में कारगर सिद्ध हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हरित भारत बनाने से ही स्वस्थ भारत बनना संभव हो सकता है। डॉ राकेश पंडित ने आवाह्न किया कि सभी लोग कम-से-कम 10 वृक्ष जरुर लगाएं तथा अपने आसपास की भूमि में आहार वन एवं पोषण वाटिका विकसित करें। इससे पृथ्वी भी हरित होगी तथा प्राकृतिक खाद्यान्न से कुपोषण की समस्या दूर होगी और शुद्ध आक्सीजन मिलने से स्वस्थ भारत का संकल्प भी पूरा होगा। । भावनगर से पर्यावरण प्रेमी किशोर भाई भट्ट ने वन संरक्षण-संवर्धन में सीड बॉल के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने आरोग्य भारती एवं अमृत हिमालय फाउंडेशन द्वारा आरोग्य, पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के प्रति लगातार जागरुकता अभियान चलाने के लिए बहुत बधाई दी। इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देशभर से पर्यावरण प्रेमी ,चिंतक एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया।
प्रदेश में हो रही भारी बारिश से भूस्खलन की घटनाएं लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण सड़क धंसने से NH-205 यातायात के लिए बंद हो गया है। बीती रात हुई बारिश से ज्यूडिशियल अकैडमी घण्डल के पास NH - 205 सड़क पूरी धस गई है। जिससे दोनों तरफ का यातायात पूर्ण रूप से बंद हो गया है। शिमला के लिए ट्रैफिक को घाणाटी, कालीहट्टी रोड़ पर विभाजित कर दिया गया है। राजधानी में बीती कल रात से बारिश का क्रम लगातार जारी है, जिससे भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के शिमला, सिरमौर, ऊना जिला को छोड़ कर अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है
छराबड़ा राष्ट्रपति निवास “द रिट्रीट’ के स्टाफ सदस्यों में से 3 कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। राष्ट्रपति अब शिमला स्थित राष्ट्रपति भवन ‘द रिट्रीट’ के बजाए ओबेरॉय सीसल में ठहरेंगे। वंही, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के पांच दिनों के लिए शिमला आने का कार्यक्रम में कुछ बदलाव हुआ है। अब उनकी यात्रा कार्यक्रम को घटाकर चार दिन का कर दिया गया है। वह 16 को शिमला पहुंचेंगे और 17 को विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति को तोहफे में फूल, शॉल देने पर पूरी तरह मनाही होगी। कोविड के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शिमला दौरे को लेकर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सभी पुलिस अधिकारियों और अतिथियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कोविड प्रोटोकाल का हवाला देते हुए कहा गया है कि राष्ट्रपति के संपर्क में आने वालों को हर हाल में कोविड टेस्ट करवाना होगा। इसके लिए विशेष तौर पर जोर दिया गया है कि टेस्ट करवाने और निगेटिव आने के बावजूद अतिथियों व ड्यूटी पर तैनातअधिकारियों-कर्मचारियों को हर समय एन-95 मास्क लगाए रखना जरूरी होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की ताकत से भयभीत होकर बेबुनियाद बयानबाज़ी कर रही है। कांग्रेस ने खुद केंद्र व प्रदेश में इतनी मज़बूत साकार नही देखी, यह भाजपा की मज़बूत इरादे वाली सरकार है जो कहती है वो करके दिखती है। कांग्रेस के नेता प्रदेश में रैलियों के माध्यम से जो बयानबाज़ी कर रहे है वो पूरी तरह से तथ्यहीन है, जो कांग्रेस का भाजपा से भय दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जनकल्याणकारी योजनाओ से कांग्रेस डर चुकी है, कांग्रेस को साफ दिख रहा है कि वो हिमाचल व देश मे फिर नहीं आ सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंक्ति में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति का ध्यान रखते हुए काम किया है और योजनाएं बनाई है, आज गरीबों के लिए पक्की छत सुनिश्चित कर रही है हमारी लोकप्रिय मोदी सरकार। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब तक कुल 1.13 करोड़ से अधिक आवासों के निर्माण की स्वीकृति केंद्र सरकार द्वारा दी जा चुकी है। जिनमें से 50.21 लाख आवासों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा की किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाने में सहायता प्रदान करने में हमारी सरकार पीछे नहीं है आज राष्ट्रीय कृषि बाजार ई-नाम पोर्टल के अंतर्गत 18 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों की 1,000 मंडियां पोर्टल पर एकीकृत हैं । 1.71 करोड़ से अधिक किसान और 1.74 लाख से अधिक व्यापारी इस पोर्टल पर पंजीकृत हैं। कांग्रेस ने अपने कार्यालय में देश की जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ और काम नही किया।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने सोमवार को बिउलिया में हुए भूस्खलन क्षेत्र का दौरा किया तथा स्तिथि का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को आगामी कार्यवाही हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उपमंडलाधिकारी शिमला ग्रामीण को इस संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके उपरांत बैठक में निर्णय लिया गया कि शोघी मेहली बायपास मे 14 सितंबर को सुबह 5 बजे से 8 बजे तथा शाम 6 बजे से 10 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए सड़क बंद रहेंगी ताकि लटके हुए पत्थरों को हटा कर आगामी खतरे को टाला जा सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान इस क्षेत्र में अनावश्यक यात्राएं टाले। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सचिन कंवल, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, तहसीलदार ग्रामीण संजीव गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अंकुष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय शिमला, हिमाचल प्रदेश द्वारा मैनेजर, लाइफ एडवाइजर, बिज़नस एसोसिएट्स के रिक्त पदों को भरने के लिए वाक इन इंटरव्यू का आयोजन वाईएमसी-शिमला नियर चर्च एंड रिट्ज, द रिज शिमला-171001 में 15 सितंबर को प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक आयोजन किया जा रहा है। उन्होनें बताया कि उपरोक्त पदों के लिए ग्रेजुएट, एमबीए, एक्स-बैंकर्स, रिटायर्ड ऑफिसरस, एक्ससर्विसमेन, बिजनेस ओनर आदि भाग ले सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए 94180-27207 पर संपर्क करें।
हिमाचल प्रदेश ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पात्र आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में अब तक पहली और दूसरी खुराक सहित 74 लाख से अधिक खुराकें लोगों को लगाई जा चुकी हैं। आज प्रदेश में केवल 1500 सक्रिय मामले हैं। राज्य सरकार कोरोना को नियन्त्रित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। पहले जहां प्रदेश में 32 आइसीयू सुविधाओं के साथ 440 बिस्तरों वाले 11 समर्पित कोविड स्वास्थ्य केंद्र थे वहीं वर्तमान में प्रदेश में इस प्रकार के 80 केंद्र हैं जहां 880 आईसीयू बिस्तरों के साथ 8765 बिस्तर की सुविधा है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर 11000 बिस्तरों तक बढ़ाया जा सकता है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नागरिक अस्पताल पालमपुर में आयोजित वीडियों काॅन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होंने पीएम केयर्स के अन्तर्गत नागरिक अस्पताल पालमपुर में नए स्थापित किए गए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र जनता को समर्पित किया। यह संयंत्र 100 बिस्तरों को ऑक्सीजन प्रदान करेगा। इस संयंत्र के निर्माण में दो करोड़ रुपये की लागत आई है। डीसीएचसी हरोली में स्थित ऑक्सीजन संयंत्र मैसर्ज नैस्ले इंडिया प्राईवेट लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया है और यह 50 बिस्तरों को ऑक्सीजन की सुविधा प्रदान करेगा। इन दोनों प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम प्रति प्लांट है और क्रमश इन्हें लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इन्हें स्थापित किया गया है। जोनल अस्पताल ऊना में पीएम केयर के अन्तर्गत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से 1000 एलपीएम क्षमता का पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किया गया है जो 144 बिस्तरों को सुविधा प्रदान करेगा। ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक विशाल नेहरिया, अरुण कूका और मुल्ख राज प्रेमी, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व सांसद कृपाल परमार और पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रोफैसर राम कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा खुशाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन, सीएमओ कांगड़ा डाॅ. जी.डी. गुप्ता, सीएमओ ऊना डाॅ. रमन शर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
रामपुर: नोगली कलना टनसेरी बत्तूना सड़क पिछले पांच दिनों से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है और विभाग द्वारा अभी तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने की कोई भी मशीन नहीं भेजी गई है। गौरतलब है कि पिछले कल विभाग द्वारा ठेकेदार की मशीन भेजी गई, जिसने लगभग एक घंटा कार्य किया और कुछ मैकेनिकल खराबी आने के कारण वापिस चली गई। सड़क बंद होने के कारण तीन गांव के लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बहुत से लोगों को अपनी सब्जी, दूध इत्यादि बेचने के लिए पीठ पर पैदल मंडियों तक पहुंचानी पड़ रही एवं अपनी दुकानों और दफ्तरों तक पैदल अपनी जान जोखिम में डालकर पहुंचना पड़ रहा है। बहुत शर्म की बात है कि विभाग पिछले पांच दिनों से गहरी नींद में सोया हुआ है। बता दे कि अगर विभाग द्वारा सड़क को बहाल करने में कोई कारवाई नहीं ली गई तो ग्रामवासी सड़क में उतरने को विवश हो जाएंगे।
23 जून 2020 को सतलुज नदी में नीम चंद को छलांग लगाकर 17 वर्षीय बालक राहुल रैना ने डूबने से बचाया था। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा प्रदेश के सबसे बड़े "हिमाचल गौरव पुरस्कार" 2021 से सम्मानित किया गया था। तत्तापानी निवासी राहुल रैना का रविवार को तत्तापानी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बताया जा रहा है कि यह इतिहास में सबसे कम उम्र के "हिमाचल गौरव पुरस्कार" से सम्मानित बालक हैं। गौरतलब है कि अपने जीवन की परवाह किए बगैर दूसरे के जीवन को मौत के मुंह से निकालना ईश्वरीय प्रेरणा से ही संभव है। हीरामणि भारद्वाज ने कहा कि राहुल को मिला सम्मान समाज के युवा वर्ग के लिए लिए प्रेरणा है। राहुल का यह सराहनीय कार्य प्रेम रैना परिवार के संस्कारों की अमूल्य निधि है। राहुल के पिता समाज सेवी प्रेम रैना ने राहुल के स्वागत के लिए तत्तापानी वासियों का भावुक भाव से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्म की सार्थकता पुरषार्थ में है।
मुख्यमंत्री एवं विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास (वीएमआरटी) के मुख्य संरक्षक जय राम ठाकुर ने विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास (वीएमआरटी) द्वारा जनता को प्रदान की जाने वाली सेवाओं पर खुशी व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और अन्य ट्रस्टियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में न्यास द्वारा अपने परिसर में लोगों को दो प्रमुख सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शांता कुमार ने दशकों पहले क्षेत्र के लोगों की सेवा करने का सपना संजोया था और वर्तमान में ट्रस्ट के माध्यम से उन्होंने यह साबित किया है। उन्होंने आज विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान न्यास, पालमपुर के परिसर में आयोजित बैठक में यह बात कही। वर्ष 2005 में कायाकल्प में एक कलस्टर उपचार प्रणाली के अन्तर्गत योग, नेचुरोपेथी, पंचकर्म और फिजियोथेरेपी सेवाएं आरम्भ की गई थीं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद अस्पताल को स्थापना की प्रारम्भिक अवधि में बहुत सारी बाधाओं और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वर्षों के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2012 में इसे शुरू किया गया। हिमाचल प्रदेश में कायाकल्प पहला आयुष अस्पताल है जिसे अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता हेतू राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) द्वारा अनुशंसा प्रदान की गई है। इस अस्पताल ने जीवनशैली से संबंधित रोगों के उपचार में देश-विदेश में अच्छा नाम कमाया है। क्षेत्र के लोगों को उनके घर-द्वार के निकट उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर आपात स्थिति में बड़ी संख्या में बहुमूल्य मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें शांता कुमार की नई परियोजना के संकल्प के बारे में जानकारी प्राप्त हुई है, जिसकी आधारशिला रखी जा चुकी है। इस परियोजना के अन्तर्गत विश्रांति नाम से वयोवृद्ध सेवा केंद्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस ट्रस्ट के सुचारू संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। यहां एमआरआई की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और आवश्यकता के समय हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि वीएमआरटी द्वारा दो माह के भीतर कैथलैब स्थापित करने संबंधी रूप रेखा तैयार कर ली जाएगी। परिसर में शहीद सौरभ कालिया नर्सिंग काॅलेज और धर्मगुरू दलाईलामा की इच्छानुसार कैलाश ब्लाॅक के माध्यम से चिकित्सा और स्वास्थ्य गतिविधियों में नए चरण की शुरूआत होगी। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई एकीकृत स्वास्थ्य सुविधाओं की अवधारणा को वीएमआरटी ने साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को हिमाचल प्रदेश की पात्र व्यस्क आबादी के कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक का शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए बधाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री और वीएमआरटी के अध्यक्ष शांता कुमार ने बैठक में उपस्थित जय राम ठाकुर और अन्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने विवेकानंद चिकित्सा अनुसंधान ट्रस्ट की स्थापना के इतिहास को स्मरण करते हुए वर्तमान में चल रही बैठक को ऐतिहासिक बताया। जय प्रकाश सेवा संस्थान के संस्थापक जे.पी. गौड ने हिमाचल प्रदेश में एक उद्यमी के रूप में अपनी यात्रा को सांझा किया।वीएमआरटी के प्रबन्ध ट्रस्टी मनोज गौड ने बैठक का संचालन करते हुए ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री व अन्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वीएमआरटी में निर्धारित अवधि के अंदर कैथ लैब आरम्भ हो जाएगी।
प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में अब सरकार 30 फीसदी इलेक्ट्रिक वाहन चलाने की तैयारी में है, इसके लिए सरकार ने परिवहन विभाग को प्लान बनाने के लिए निर्देश जारी कर दिए है। सरकार ने विभाग को यह भी निर्देश दिए है कि सड़क के साथ दुकानों और पेट्रोल पंपों में चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने का खाखा तैयार करे। बता दें कि हिमाचल में सरकारी क्षेत्र में 120 छोटे-बड़े इलेक्ट्रिक वाहन चल रहे हैं। सरकारी क्षेत्र में भी पेट्रोल और डीजल के बजाय इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर विचार चल रहा है। खाद्य आपूर्ति निगम ने इलेक्ट्रिक वाहन बेचने का फैसला लिया है। जिस किसी व्यक्ति को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना है, वह खाद्य आपूर्ति निगम के पास आवेदन कर सकता है। निगम कंपनी से संपर्क कर लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराएगा। शिमला में इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा छोटे इलेक्ट्रिक वाहन भी दौड़ाए जा रहे हैं। सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसें कामयाब हुई हैं। इसके चलते धर्मशाला और अन्य शहरों के लिए भी इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं।
सरदार सरबजीत सिंह यानी वेला बॉबी, वेला इसलिए कि यह असरदार सरदार केवल अपने लिए नहीं जीता बल्कि इनका जीवन मानवता की सेवा में समर्पित हैं। विशेषकर आईजीएमसी आने वाले मरीजों व तीमारदारों के लिए सरबजीत सिंह बॉबी नायक हैं। दरअसल बॉबी की संस्था ऑलमाइटी ब्लैसिंग्स बीते कई सालों से अस्पताल में निशुल्क लंगर का संचालन करती आई है, जहाँ रोज़ाना कम से कम तीन हजार लोग चाय-नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का भोजन पाते हैं। इसके अलावा सरबजीत की संस्था कैंसर और अन्य गंभीर रूप से बीमार रोगियों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा का संचालन करती है और कोविड संकट में भी उनकी यह सेवा जारी रही। बॉबी की संस्था रोटी बैंक का संचालन भी करती है। सरबजीत सिंह ने अक्टूबर 2014 में कैंसर अस्पताल शिमला में मरीजों के लिए चाय-बिस्किट सेवा की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे मरीजों को सूप, दलिया देने लगे। लोगों का सहयोग मिला तो चावल, दाल, खिचड़ी का प्रबंध किया। फिर सुबह से लेकर रात तक तीन हजार से अधिक लोग निशुल्क भरपेट भोजन पाने लगे। प्रदेश के कोने-कोने से शिमला स्थित रीजनल कैंसर अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से अगर कोई पूछे कि सरबजीत सिंह कौन है तो उन लोगों के भाव सारी कहानी कह देते हैं। इस संस्था से जुड़ा एक और बेहद सुखद पहलू है और वो है स्कूली बच्चों को मानव सेवा के इस अभियान से जोड़ना। दरअसल सरबजीत सिंह ने पीड़ित मानवता की सेवा के लिए कुछ साल पहले शहर के स्कूली बच्चों के सामने 'एक रोटी रोज' का मंत्र रखा। नतीजन शिमला के कई स्कूलों के बच्चे रोटियां एक्सट्रा लाने लगे। स्कूली बच्चों से यह रोटियां एकत्रित कर लंगर में दी जाती है। संस्था ने रोटियां गर्म करने के लिए खास मशीन खरीदी है। इसके अलावा स्कूली बच्चे घरों से एक मुट्ठी अन्न भी लाते थे, ये सिलसिला लगातार चला। पर बीते दिनों पुलिस बल का प्रयोग कर ये लंगर बंद करवाने की कोशिश की गई। आईजीएमसी प्रशासन ने इस लंगर को अवैध बताकर इसका बिजली व पानी का कनेक्शन काट दिया। इसके बाद प्रदेश के हर हिस्से के लोग सरबजीत सिंह बॉबी के साथ दिखे है। बेशक प्रशासन की कार्रवाई कानून और नियमों के दायरे में है, पर सवाल ये है कि क्या जरूरतमंदों की सहायता करने वाली इस संस्था के खिलाफ ऐसी कार्रवाई ही एकमात्र विकल्प था ? यदि कोई अनियमितता थी भी तो क्या पहल कर उसे दूर नहीं किया जा सकता था ? जनता सवाल उठा रही है कि बॉबी की संस्था को अवैध बताकर कार्रवाई करने वाला प्रशासन सैकड़ों अवैध निर्माण के मामले में ऐसी इच्छाशक्ति क्यों नहीं दिखाता ? ये है आईजीएमसी का तर्क आईजीएमसी प्रशासन ने संस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने संस्था द्वारा लंगर के आयोजन के लिए इस्तेमाल हो रहे अस्पताल के बिजली और पानी को चोरी करार दिया और संस्था को आ रहे धन के स्त्रोतों पर भी सवाल खड़े कि ये हैं। एमएस डॉ जनकराज का कहना है कि 2014 में तत्कालीन सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि संस्था को ना कोई जगह दी जाए ना ही कोई अन्य गतिविधि की इजाज़त, केवल बनी हुई चाय और खिचड़ी को बाँटने की इजाज़त दी गयी थी। वर्ष 2016 में इस संस्था ने चाय बिस्कुट बांटने का कार्य शुरू किया था। उसके बाद इन्होने कैंसर अस्पताल के अंदर खाना बनाने का कार्य शुरू किया। उन्होंने यह भी कहा की अस्पताल के पास बहुत सारी एनजीओ के आवेदन आते रहते है की हमे भी दान पुण्य करने के लिए जगह दी जाये। उन्होंने यह भी कहा कि भावनाओं से व्यवस्था नहीं चलती है, व्यवस्था को चलाने के लिए कानून और नियमों के अनुरूप कार्य करना होता है। सेवा के नाम पर अराजकता को नहीं पनपने दिया जा सकता। बताया जा रहा है कि जब आईजीएमसी की ओर से बॉबी को लंगर की परमीशन दी गई थी, तो उसमें केवल सर्व करने की ही परमीशन थी, लेकिन बॉबी ने वहां पर धीरे-धीरे किचन बना दिया। आरोप है कि अस्पताल में लंगर लगाते हुए सात साल बीत चुके हैं, लेकिन लंगर का टेंडर सिर्फ एक साल के लिए दिया गया था। यानी करीब छह सालों से यह लंगर अवैध रूप से चला हुआ है। सवाल ये है कि इन छ वर्षों तक प्रशासन कहाँ सोया रहा और अब अचानक ऐसी क्या परिस्थिति आ गई कि लंगर को पूरी तरह से बंद करवाना पड़ रहा है। बहरहाल आईजीएमसी प्रशासन जो भी कहे, भले ही कानून और नियमो का तर्क दे लेकिन जन भावनाएं बॉबी के साथ दिख रही है। सैकड़ों संस्थाएं और हज़ारों लोग बॉबी के समर्थन में उतर आये है और सोशल मीडिया पर इसकी झलक स्पष्ट दिख रही है। आमजन के बीच सरकार की भी इस मामले में खूब आलोचना हुई है। ऐसे में बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने जांच बैठा दी है। राज्य सरकार के गृह विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की गई। इस मामले की जांच का ज़िम्मा शिमला जिला न्यायिक अधिकारी राहुल चौहान को सौंपा गया है और उन्हें पद्रंह दिन के अंदर इस पूरे प्रकरण पर अपनी रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं।
प्रदेश के अस्पतालों में मरीज़ों को बेहतर सुविधा के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी के चलते सोमवार को प्रदेश के पांच अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को पालमपुर अस्पताल में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन करने के साथ वही से वर्चुअल तरीके से चार अन्य ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ करेंगे। जिसमें पालमपुर से ही जिला कांगड़ा के दो और जिला ऊना के तीन ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री विवेकानंद मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट की बैठक में शिरकत करेंगे। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल भी मौजूद रहेंगे। पालमपुर के साथ जिला कांगड़ा के जोनल अस्पताल , धर्मशाला और जिला ऊना के जोनल अस्पताल ऊना, सिविल अस्पताल हरोली व सीसीएस पालकवाह के पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पालमपुर से ही वर्चुअल तरीके से करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम को शिमला के लिए रवाना होंगे ।
हैली टैक्सी कंपनी द्वारा अपने यात्रियों की सुविधा के लिये किराये में भारी कटौती की गई है। अब धर्मशाला-चंडीगढ़ हवाई यात्रा के लिए यात्रियों को अब 5700 रुपये चुकाने होंगे वहीँ इससे पहले यात्रियों से कंपनी द्वारा 8000 रूपए किराया वसूल किया जाता था। इसके साथ ही अब धर्मशाला - शिमला रूट पर भी कंपनी किराया कम करने की योजना बना रही है। धर्मशाला-चंडीगढ़ वाया शिमला रूट पर यह हैली टैक्सी सप्ताह के मंगलवार, बुधवार और वीरवार को उड़ान भरती है। कंपनी प्रबंधक अनुसार कॅरोना काल में अपने यात्रियों को बेहतर सुविधा और उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए हैली टैक्सी शिमला-धर्मशाला हवाई ट्रैक पर भी किराये में कमी करने की योजना बना रही है। इस समय में गगल एयरपोर्ट से राजधानी शिमला के लिए कंपनी की ओर से 5003 रुपये वसूले जाते हैं। हेली टैक्सी धर्मशाला से 12 बजे चलती है, एक बजे शिमला और एक बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचती है।
कोटखाई क्षेत्र की जनता के लिए कोटखाई से हरिद्वार बस सेवा की सुविधा रविवार से शुरू कर दी गई है। इसका शुभारंभ शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज द्वारा किया गया। कोटखाई से बस का समय शाम 5:30 का होगा जो शिमला से 8:10 पर हरिद्वार के लिए चलेगी और सुबह 5:40 पर हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं बस हरिद्वार से शाम 6:40 पर चलेगी व सुबह 6:40 पर कोटखाई पहुंचेगी। कोटखाई से हरिद्वार बस सेवा वाया चंडीगढ़, अंबाला, सहारनपुर होकर हरिद्वार के लिए शुरू की गई है। इसके चलने से बागवानों को सेब सीजन में आने वाली लेबर के लिए सुविधा मिल पाएगी। इस मौके पर आईटी प्रमुख चेतन बरागटा, जिला परिषद सदस्य अनिल कालटा, आर एम एचआरटीसी विनोद शर्मा, मंडल अध्यक्ष जुब्बल कोटखाई भाजपा गोपाल जबैईक मौजूद रहे।
भाजपा हिमाचल प्रदेश के सेवा और समर्पण अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश पदाधिकारी, संसदीय क्षेत्र प्रभारी, संसदीय क्षेत्र विस्तारक, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं सेवा और समर्पण अभियान प्रदेश संचालन टोली ने भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी संजीव कटवाल और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बैठक का संचालन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक भाजपा सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी भाजपा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ स्तर पर भाजपा सेवा कार्य करने जा रही है। इन कार्यक्रमो के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि 21 दिन तक यह सब सेवा कार्य चलने वाले है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को महिला मोर्चा की अध्यक्षा रश्मि धार सूद और युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित ठाकुर की देख रेख में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा एवं हस्पतालों में फल वितरण होंगे ।उन्होंने कहा को 25 सितंबर को भाजपा के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह और धनेश्वरी ठाकुर की देख रेख में 7792 बूथों पर कायक्रमो का आयोजन किया जाएगा और उनकी जीवनी पर संगोष्ठी एवं उनको पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता टिकाकरण केंद्रों पर सेवा कार्य भी करेंगे और हर विधानसभा क्षेत्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद पत्र भेजे जाएंगे। 26 सितंबर को हर बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। उन्होंने कहा 2 अक्टूबर को प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा एवं किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश बब्ली की देख रेख में स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम हर बूथ पर आयोजित किए जाएंगे, खादी को बढ़ावा देते हुए खादी का बढ़ चढ़ कर उपयोग किया जाएगा, छोटे शिल्पकाको को प्रोत्साहित करने के कार्यक्रम किए जाएंगे और इस प्रकार से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कक गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत राशन वितरण का कार्यक्रम पूरे प्रदेश भर में किए जाएंगे। भाजपा मुख्यप्रवक्ता रणधीर शर्मा व सह मीडिया प्रभाती सुमित शर्मा इस कार्यक्रमों से संबंधित प्रचार प्रसार का काम देखेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा स्वयं इन सभी सेवा कार्यों की मॉनिटरिंग करेंगे।
एस.सी.वी.टी.पी.टी.आई. संघ, मण्डी के एक प्रतिनिधिमण्डल ने अध्यक्ष पप्पू भाटिया के नेतृत्व में रविवार को ओक ओवर शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की और उन्हें संघ की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
चार वर्षो तक जुब्बल-नावर-कोटखाई की सुध तक नही ली और उप चुनाव को देखते हुए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को अब हमारे क्षेत्र की याद आई हैं। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मुन्नीलाल नरसेठ, पंचायत समिति जुब्बल-कोटखाई की अध्यक्षा रेखा चौहान, देविन्दर नेगी, निदेशक हिमाचल प्रदेश सहकारी, कृषि एवम् ग्रामीण विकास बैंक, भीम सिंह झौहटा निदेशक हिम्फेड़, कौशल मुंगटा जिला परिषद सदस्य सरस्वती नगर, नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्षा अंजली चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, यशवंत जस्टा उपाध्यक्ष पंचायत समिति आदि ने सँयुक्त ब्यान में कहीं। चार वर्षो वर्ष बाद याद आया जुब्बल-नावर-कोटखाई उन्होंने कहा कि सुरेश भारद्वाज के जिला शिमला से एकमात्र मंत्री होने से जहां सम्पूर्ण जिले के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनती थी वहीं उनके कार्यकलापों से समस्त जिला शिमला के साथ जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता को भी घोर निराशा ही हाथ लगी हैं। एक ओर जयराम सरकार जिला शिमला के साथ हर क्षेत्र में भेदभाव करती रही दूसरी ओर सुरेश भारद्वाज धृतराष्ट्र बनकर देखते रहें। चार वर्षो के कार्यकाल में सुरेश भारद्वाज एक बार भी आधिकारिक दौरे पर जुब्बल-नावर-कोटखाई नहीं आएं और अब उप चुनाव को देखते हुए हितैषी बनने का नाटक कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश भारद्वाज के पास शिक्षा जैसा महत्वपूर्ण विभाग रहा और इनके कार्यकाल में जिला शिमला में एक शिक्षण संस्थान खुलना तो दूर की बात हैं प्रदेश भर में जिला शिमला के स्कुलों में सर्वाधिक अध्यापकों के पद रिक्त रहें। मास्क वितरण पर गृह युद्ध छेड़ा और अब बनें एक-दूसरे के कर्णधार उन्होंने कहा कि शिमला के मास्क वितरण के द्वन्द में सुरेश भारद्वाज और चेतन बरागटा के बीच डेढ़ वर्ष तक गृह युद्ध छिड़ा रहा। दोनों मुख्यमंत्री और पार्टी आलाकमान तक एक दूसरें की शिकायतें भी करते रहें और आएं दिन ये जंग अख़बारों में सुर्खियां पर रहा जिससे भाजपा की जग हसाई हुई। भाजपा के अंतर्कलह का जुब्बल-नावर-कोटखाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। कोरोना काल के संकट में चेतन बरागटा जुब्बल-नावर-कोटखाई को छोड़ मास्क बांटने के बहाने शिमला में राजनीतिक ज़मीन तलाशने में लगे रहें और अब बदली परिस्थितियों में जुब्बल-नावर-कोटखाई आकर जनता को बनावटी विज़न दिखा रहें हैं। उन्होंने कहा कि अब सुरेश भारद्वाज और चेतन बरागटा जुब्बल-नावर-कोटखाई में उप-चुनाव को देखते हुए एक दूसरें के खे़वनहार बने हुए हैं मग़र ये पब्लिक हैं, सब जानती हैं। बाग़वानों के प्रति उदासीन उन्होंने कहा कि उपरी शिमला के बाग़वानों को उम्मीद थी कि मन्त्री सुरेश भारद्वाज सेब पर आएं संकट को दूर करने के लिए पहल करेंगे लेकिन वरिष्ठ मंत्री के नकारात्मक ब्यान से उनके ज्ञान और रुचि का पता चलता हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपने बयान के द्वारा जले पर नमक छिड़कने का काम किया हैं जो कि बाग़वानों के प्रति उदासीनता को दर्शाता हैं। उन्होंने कहा कि कीटनाशक- फफूंदनाशक दवाइयों पर अनुदान ख़त्म करना भाजपा सरकार का बागवान विरोधी निर्णय हैं। भाजपा सरकार ने हार सामने देख टालें चुनाव भाजपा सरकार प्रदेश में जहां जन आर्शीवाद यात्रा, स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा और जनमंच का आयोजन कर रही हैं वहीं मुख्यमंत्री और मंत्री भारी भीड़ इक्कठी कर जनसभाएं कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं प्रदेश सरकार कबायली ज़िलों में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवा रही हैं जिसमें कोरोना संक्रमण फ़ैलने का कोई भय नहीं जबकि हार सामने देख प्रदेश सरकार ने कोरोना का बहाना बना कर उप-चुनाव से हाथ खींच लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने प्रदेश सरकार के इशारों पर केंद्रीय चुनाव आयोग को ग़ुमराह करने वाले तथ्यों देकर उप-चुनाव टालनें का कार्य किया हैं। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जुब्बल-नावर-कोटखाई को मंत्री पद का झुनझुना दिया था और आज उप-चुनाव टाल कर भाजपा ने बिना विधायक की विधानसभा बना कर रख दी हैं। चेतन बरागटा असंवैधानिक अधिकार (Unconstitutional Authority) से घोषणाएं कर रहें हैं और अधिकारियों को धमका रहें हैं। उन्होंने कहा कि आएं दिन जुब्बल-नावर-कोटखाई में चेतन बरागटा असंवैधानिक तरीक़े से स्वंयम्भू विधायक बनकर घोषणाएं कर रहें हैं जिसके कई वीडियो अक़्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहें हैं। इतना ही नहीं चेतन बरागटा अपने चहेतों को लाभ पहुँचाने के लिए अफ़सरों को धमका रहें हैं। अंत में उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी हैं और भाजपा सरकार की उप-चुनाव से प्रेरित घोषणाओं में नहीं आने वाली। जनता बेसब्री से उप चुनाव का इंतज़ार कर रही हैं और जब भी चुनाव होगें जनता भाजपा सरकार से अपना हिसाब सूत समेत चुकता करेगीं।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के इस्तीफे के बाद तेजी से बदले घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी (हिमाचल प्रदेश) ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर तंज कसा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि गुजरात में मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद हिमाचल के सीएम की कुर्सी भी जाती दिख रही है। ऐसे में 'आप' की सलाह है कि भाजपा को सूबे में ऐसी किसी भी कवायद से बचना चाहिए क्योंकि 15 महीने बाद होने वाले चुनाव में जनता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा सरकार दोनों को ही बदल देगी। उत्तराखंड, कर्नाटक और अब गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सूबे में भी बदलाव की अटकलें तेज़ हो गयी है। पार्टी ने कहा कि ये सर्वविदित है कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की कुर्सी जाने के पीछे का सबसे बड़ा कारण है, गुजरात में 'आप' की तेज़ी से बढ़ती लोकप्रियता। जिस पर अंकुश लगाने में विफल होने पर उनको यह कीमत चुकानी पड़ी है। हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी तेज़ी से अपने पांव पसार रही है। संगठन विस्तार बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, साथ ही कई बड़े नाम भी पार्टी से लगातार जुड़ रहे है। पार्टी चाहती है कि सीएम की विफलताओं का जवाब जनता वोट से दे, जिसका वो मन बना चुकी है। गुजरात और हिमाचल के चुनाव 15 महीने बाद एक साथ होने है तो भाजपा मुख्यमंत्री बदल कर अपनी नाकामियों को छुपाने की कोशिश हिमाचल में न ही करे तो बेहतर है।
राजधानी में भारी बरसात होने के कारण विकास नगर से ब्रॉक होस्ट छोटा शिमला की तरफ जाने वाली सड़क, जो विकास नगर बाईफ्रिक्शन से 50 मीटर आगे ब्रोककॉस्ट की तरफ है, वहां ऊपर पहाड़ी से लैंडस्लाइड हुआ है। इस कारण आने जाने वाली गाड़ियों तथा लोगों को आने जाने में परेशानी आ रही है। छोटा शिमला थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई है। इस हादसे में कोई भी जानी व माली नुकसान नहीं हुआ है।
शिमला व्यापार मंडल द्वारा सर्वसम्मति से करवाए गए व्यापार मंडल के चुनावों के खिलाफ शहर के कारोबारियों ने मोर्चा खोल दिया है और कारोबारी सर्वसम्मति से नहीं बल्कि चुनाव के जरिए व्यापार मंडल का गठन करने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर व्यापार मंडल के पूर्व पदाधिकारी बाजारों में जाकर कारोबारियों को एकजुट कर रहे हैं और रविवार को जैन हॉल में चुनावों को लेकर बैठक बुलाई गई है, जिसमें चुनावों पर चर्चा की जाएगी। शनिवार को व्यापार मंडल के पूर्व महासचिव संजीव ठाकुर सहित कई कारोबारी ने लोअर बाजार, गंज बाजार में कारोबारियों को पेम्पलेट वितरित किए और रविवार को होने वाली बैठक में आने का अग्राह किया गया। संजीव ठाकुर ने कहा कि व्यापार मंडल के चुनाव 12 सितंबर में होने तय हुए थे, लेकिन चुनाव समिति ने बन्द कमरे में सर्वसम्मति से कार्यकारणी का गठन अपनी मर्जी से कर दिया, जबकि चार पैनल ने अपने नामंकन भरे थे। इसी कारोबारियों की राय जानने के लिए रविवार को जैन हाल में बैठक बुलाई गई है जहाँ चुनावों को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। शहर के कारोबारी भी चुनाव न करवाने से नाखुश है और मतदान करवाकर कार्यकारणी का गठन करने की मांग कर रहे है। शहर के दुकानदारों का कहना है कि पहले से ही व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारी चुनाव के जरिए चुने जाते रहे है। लेकिन अब कुछ कारोबारियों ने कमरे में बैठ कर अपनी मनमर्जी से प्रधान सहित अन्य कार्यकारणी का गठन कर दिया है जोकि सही नही है और शहर के कारोबारी चुनाव चाहते है। बता दें कि शिमला व्यापार मंडल के चुनाव 12 सितंबर को रखे गए थे। इसके लिए 21 कारोबारी नेताओं ने दावेदारी पेश की थी। एक कारोबारी का नामांकन रद्द होने के बाद 20 कारोबारी चुनाव मैदान में थे। लेकिन चुनाव से पहले ही आपसी सहमति बनाकर कारोबारियों ने नया व्यापार मंडल बना दिया। जिसमे हरजीत मंगा को अध्यक्ष चुना गया है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्वर्णजयंती समारोह के अवसर पर 17 सितम्बर को आयोजित किए जाने वाले विधानसभा के विशेष सत्र के लिए नई दिल्ली में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने भाजपा प्रभारी अविनाश खन्ना को निमंत्रण दिया है । इस कड़ी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार पहले ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को न्यौता दे चूके हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने नई दिल्ली में प्रभारी अविनाश राय खन्ना से स्वर्णजयंती समारोह के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती के लिए 1 से 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इस बार कांस्टेबलों के 1334 पदों के लिए भर्ती का नोटिस जारी किया गया है। पहले के मुकाबले आवेदक इस बार ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदक शुल्क जमा करवा सकते है। आवेदन करने की अधिकतम उम्र सीमा में कोविड के चलते दो साल की छूट दी गई है। महिलाओं को पहली बार भर्ती में 25 फीसदी आरक्षण का विशेष प्रावधान है और वहीं आर्थिक रूप से कमज़ोर गरीब स्वर्णों के आवेदकों को भी पहली बार आरक्षण मिलेगा। कुल 1334 पदों में 932 पुरुष और 311 महिला कांस्टेबल के अलावा 91 पुरुष चालक कांस्टेबल के पद शामिल हैं। 6 चरण में होने वाली इस भर्ती को जिला रिक्रूटमेंट कमेटी (डीआरसी) आयोजित करेगी। सभी डीआरसी भर्ती की तारीख के लिए अलग से अधिसूचना जारी करेगी। पहला चरण ऑनलाइन रिक्रूटमेंट एप्लीकेशन व फीस जमा करने का होगा। अगले चरण में भर्ती शेड्यूल और स्थान नोटिफाई होंगे। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, दस्तावेजों की स्क्रूटनी और अंत में मेडिकल परीक्षण होगा। भर्ती प्रक्रिया अधिकतम 100 अंकों की होगी जिसमें लंबाई के अधिकतम 5 अंक, लिखित परीक्षा के अधिकतम 80 और सर्टिफिकेट परीक्षण के अधिकतम 15 अंक दिए जाएंगे। चयनित हुए सभी अभ्यर्थियों को 8 साल की सेवा के बाद ही नियमित ग्रेड मिल पाएगा। भर्ती के लिए पात्रता हेतु 31 अक्तूबर को अधिकतम व न्यूनतम आयु सीमा को कैलकुलेट करने के लिए कट ऑफ डेट निर्धारित किया गया है। इसी तरह हाई स्कूल की न्यूनतम शैक्षणिक अर्हता के लिए भी 31 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई है। सभी जरूरी सर्टिफिकेट जिनमें हिमाचली बोनाफाइड, आरक्षण श्रेणी सर्टिफिकेट और पुरुष कांस्टेबल चालक के लिए भारी परिवहन ड्राइविंग लाइसेंस 31 अक्तूबर तक वैलिड होने जरूरी होंग। 6 श्रेणी में होने वाले आवेदनों में सामान्य, गोरखा और होमगार्ड श्रेणी के लिए 200 रुपये, एससी, एसटी, ओबीसी, बीपीएल, ईडब्ल्यूएस, महिला व ओबीसी, एससी, एसटी श्रेणी के होमगार्ड के लिए प्रोसेसिंग फीस 50 रुपये रखी है। अन्य वर्षो के मुकाबले इस बार कोरोना प्रोटोकॉल के चलते पुलिस मुख्यालय ने आवेदन शुल्क बढ़ाया है।
बाल विकास परियोजना मशोबरा स्थित टुटू द्वारा आज ग्राम पंचायत दुधालटी में पोषण माह के अन्तर्गत परियोजना स्तरीय पोषण दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त किरण बड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त किरण भड़ाना ने अपने सम्बोधन में महिलाओं को सही पोषण व आत्मनिर्भर होने तथा महिला सषक्तिकरण की ओर आगे बढ़ने का आहवान करने हुए कहा कि सरकार द्वारा जच्चा-बच्चा के भरण पोषण तथा महिलओं के कल्याण व उत्थान के लिए अनेकों योजनाऐं चलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वंय सहायता समिूहों के अन्तर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्रात्साहन राषि प्रदान की जा रही है । इन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृवन्दना व स्वय सहायता समूहों से लाभान्वित हो रही महिलाओं के साथ वार्तालाप भी किया । व इन महलाओं ने अपने अनुभव भी साझां किए। किरण बड़ाना द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं के हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत भी की गई । इसके अतिरिक्त उनके द्वारा गोद भराई व अन्न प्राषन की रस्म अदायगी भी की गई। उन्होंने मशोबरा परियोजना स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया । मातृ वंदना योजना के अन्तर्गत सर्वाधिक महिलाओं को लाभान्वित करवाने के लिए पर्यवेक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रथम व द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पोषण माह से सम्बन्धित तथा विभाग द्वारा महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से भी आहवान किया कि वे विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अपनी अपनी पंचायत क्षेत्र की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए प्रयास करें। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्यगण, दुधालटी व घनाहटी पंचायत प्रधान व उपप्रधान, परियोजना के अन्तर्गत कार्यरत सभी पर्यवेक्षकों व विभिन्न वृतों से आई आंगनवाडी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं सहित स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डा0 राजीव सैजल की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला रोगी कल्याण समिति के नियामक मण्डल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वर्ष 2021-22 में 177 लाख रुपए की प्राप्ति तथा 380 लाख रुपए का अनुमानित बजट को अनुमोदित किया गया । वहीं वितिय वर्ष 2019-20 में 71 लाख तथा 2020-21 में 175 लाख रुपए के व्यय को भी समिति द्वारा अनुमोदित किया गया। उन्होनें बताया कि डैंटल काॅलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं को ओर बेहतर बनाने के उद्ेश्य से 250 किलो वोल्ट एम्पियर डी0 जी0 सेट खरीदने की अनुमति प्रदान की गई। जिससे ओ पी डी की सभी कुर्सियों को डी0 जी0 सेट के साथ जोड़ा जाएगा ताकि बिजली जाने की स्थिती में डाक्टरों तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त मुख चिकित्सा एवं रेडियोलॉजी विभाग के लिए एक नई 3डी सीबीसीटी मशीन खरीदने की अनुमति भी प्रदान की गई। जिसकी लागत लगभग 65 से 70 लाख रुपए आंकी गई है। ये मशीन ट्रॉमा, ऑर्थो, इम्प्लांट, आरसीटी आदि मामलों के रोगियों का फायदेमंद रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के साथ लगते राज्य के सरकारी अस्पतालों एवं कॉलेजों के यूजर चार्जेज को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा कुछ टेस्ट के यूजर चार्जेज में संशोधन किया गया ताकि डेंटल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लागत सामग्री के दर वृद्धि को ध्यान में रखते हुए लिया गया है तथा दर में वृद्धि लागत सामग्री से ज्यादा नहीं रखा गया है ताकि गरीब व्यक्ति अस्पताल में अपना इलाज करवा सके। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अस्पताल में बीपीएल, आईआरडीपी, कैंसर, क्षय रोग, एचआईवी पॉजिटिव, 40 प्रतिशत से अधिक विकलांग, स्वतंत्रता सेनानी एवं 18 साल से कम उम्र के लोगों का मुफ्त उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में आने वाले मरीजों तथा छात्रों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अस्पताल के हर मंजिल में एक्वागार्ड लगाने की भी मंजूरी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त काॅलेज में फ्री वाई फाई उपलब्ध करवाया जाएगा तथा कॉलेज के छात्रों एवं कर्मचारियों को आने जाने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सरकारी एजेंसी से बस हायर करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा0 रजनीश पठानिया, प्रधानाचार्य डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल डा0 आशु गुप्ता, सदस्य सचिव देवेन्द्र पाॅल, चिकित्सा अधीक्षक डेंटल कॉलेज डा0 नरवीर ठाकुर एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
नगर निगम शिमला में यूनाइटेड स्टेट एजेंसी फाॅर इन्टरनेशनल डवेलप्मेंट, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम और केन्द्र सरकार के अंतर्गत आपदा प्रबंधन परियोजना कार्य क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसके तहत शिमला शहर के लिए आपदा प्रबंधन की 4 नई योजनाएं विकसित की गई है। जिनकी जानकारी शिमला नगर निगम के पार्षदों को प्रदान किया जा रही है। शहरी विकास आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शुक्रवार को होटल होलिडे होम में नगर निगम पार्षदों के लिए आयोजित आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ये विचार व्यक्त किए। उन्होनें बताया कि इन 4 नई योजनाओं के माध्यम से किस प्रकार शिमला नगर वासियों की आपदा के समय में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है के संबंध में बहुमूल्य जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होनें बताया कि ये 4 नई योजनाओं में सिटी डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान, शिमला शहर के लिए आपदा प्रबंधन योजनाएं, फाॅयर डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान और डिसेबिलिटी प्लान शामिल है। उल्लेखनीय है हिमाचल के शहरों और शहरी निकायों के तहत शिमला नगर में इन योजनाओं को क्रियान्वित करने में पहल की है। उन्होनें बताया कि सिटी डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दिशा में चल रहे कार्यों एवं राज्य आपदा प्रबंधन योजना और जिला आपदा प्रबंधन योजना को आधार बनाकर इस योजना को विकसित किया गया है। आपदा प्रबंधन के कार्यों में आए बहुत बड़े बदलाव का गहनता से अध्ययन कर विशेष बिंदुओं को इसमें शामिल किया गया है। कोविड काल के उपरांत महामारी आपदा को भी इसमें शामिल किया गया है। जिसमें विशेष मानक संचालनों, आवश्यक सेवाओं के कार्यों की प्रणाली व अन्य जानकारियां इसमें शामिल की गई है। शिमला शहर के विभिन्न वार्डो के लिए आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत जोखिम, अतिसंवेदनशीलता और आपदा के खतरों को शामिल किया गया है। इस योजना को नाॅलेज लिंक गाजियाबाद द्वारा बनाया गया है। आपदा के समय आपदा कमेंटियों का आवश्यकता और वालिंटियर की उपयोगिता आपदा के समय नागरिक की सुरक्षा एवं पुनर्वास के लिए कितनी आवश्यक है के बारे में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई हैं ताकि लोगों की सुरक्षा व पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। फायर डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान हिमाचल के शहरों एवं शहरी निकायों में ऐसी पहली योजना है। इसके तहत आगजनी आपदा के दौरान खतरों व क्षमता निर्माण के संदर्भ में जानकारी जुटाई गई है ताकि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके तहत शिमला शहर के सभी वाटर हाइड्रेंट को चिन्हित कर उनकी गूगल मैपिंग की गई है ताकि लोगों को हादसे के दौरान मलबे में दबे वाटर हाइड्रेंट की स्थिति का पता लग सके और इसका इस्तेमाल आग बुझाने के लिए किया जा सके। उन्होनें बताया कि एक अन्य योजना डिसेबिलिटी प्लान इस योजना के तहत बनाया गया है। जिसमें आपदा के समय दिव्यांग लोगों के लिए की गई तैयारियों, प्रदान की जाने वाली सुविधाओं व अन्य कार्यों को शामिल किया गया है। एकदिवसीय जागरुकता कार्यक्रम में नवनीत यादव ने स्वैच्छिक संस्था डियोर के प्रतिनिधि ने शहरी आपदा प्रबंधन योजना तथा अग्नि आपदा प्रबंधन योजना पर जानकारी प्रदान की नाॅलेज लिंक गाजियाबाद की संस्था के प्रतिनिधि शरद पांडे ने वाॅर्ड आपदा प्रबंधन योजना तथा पार्षदों द्वारा इसे समाज की मुख्य धारा में उपयोग करने बारे जानकारी दी। इसी संस्था की कोमल प्रिया सिंह ने अक्षम व्यक्तियों के लिए आपदा प्रबंधन योजना के तहत विभिन्न सिद्धांतों की समझ और इसकी उपयोतिा के संबंध में जानकारी दी। रोहित जम्वाल अध्यक्ष हिमालयन एसोशिएशन फाॅर रिसर्च एंड इनोवेशन ठियोग द्वारा डिजास्टर मैनेजमेंट एप के संबंध में जानकारी दी। उन्होनें बताया कि से एप आवश्यक उपयोगी सेवाओं की मैपिंग के लिए आरम्भ किया गया है। जिसका उदेश्य सार्वजनिक शौचालयों, अस्पतालों, स्कूलों, दूकानों आदि की वाॅर्ड में मैपिंग करना है। बैठक में महापौर शिमल नगर निगम सत्या कौंडल, उपमहापौर शैलेन्द्र चैहान, समस्त पार्षद गण, आयुक्त नगर निगम आशीष कोहली, संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज भी उपस्थित थे।
जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बचत भवन में आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने की। बैठक में 30 जून 2021 तक की तिमाही के आय-व्यय प्रगति व निर्धारित लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त आदित्य नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि वित वर्ष 2021-22 में जून 2021 तक कुल 232 स्वंय सहायता समूहों को 3.४१ करोड़ की राषि से क्रेडिट लिंक किया गया है उन्होंने एलडीएम के सभी बैकों को निर्देष दिए कि वे स्वयं सहायता समूहों से संबन्धित सभी विलंबित आवेदनों का षिघ्र निपटारा सुनिष्चित करे। उन्होंने परियोजना अधिकारी डीआरडीए से भी आग्रह किया कि जिन बैंकों को स्वंय सहायता समूह से सम्बन्धित आवेदन नहीं दिए गए है उन बैंकों को भी भविष्य में आवेदन दिए जाए ताकि उनके माध्यम से स्वंय सहायता समूह लाभान्वित हो सके । उन्होंने कहा कि आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने स्ट्रीट वेंडर के समग्र विकास और आर्थिक उत्थान तथा उन्हें सषक्त बनाने के लिए प्रधान मंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्म निर्भर निधि व स्वनिधि योजना चलाई गई है इस योजना का उददेष्य 50 लाख रेहडी-फड़ी वालोे को एक वर्ष के कार्यकाल के लिए दस हजार रू0 तक व्याज मुक्त कार्यषील पूंजी ़ऋण की सुविधा प्रदान करवाना है जिसके तहत षिमला जिले में 30 जून तक कुल 32.40 लाख रू. व्यय कर 325 रेहड़ी फड़ी वालों को ऋण स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार प्रदान करने एवं आत्मनिर्भर बनाने के उददेष्य से पीएमईजीपी योजना प्रदेष में संचालित है जिसके तहत बेरोजगारों को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों द्वारा युवाओं को कार्य प्रषिक्षण उपरान्त अधिकतम 25 लाख तक ऋण सुविधा प्रदान की जाती है । उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 30 जून तक 1.29 करोड़ व्यय कर 18 मामले स्वीकृत किए गए है । उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना हिमाचल सरकार की एक महत्वकांक्षी योजना है इस योजना के तहत चालू वित वर्ष के तहत 30 जून की तिमाही तक 7.29 करोड़ व्यय कर 69 मामलों की स्वीकृति प्रदान की गई है । उन्होंने समस्त बैंकों सहित उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देष दिए कि वे इस योजना का जिला के सभी क्षेत्रों में प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करें ताकि लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके। सीडी अनुपात विष्लेषण के संबन्ध में चर्चा करते हुए बताय कि जून माह की तिमाही तक सीडी अनुपात 39.43 प्रतिषत से बढ़कर 39.52 प्रतिषत हुआ है जिसमें मामूली वृद्धि दर्ज की गई है ।उन्होंने कहा कि सीडी अनुपात की समीक्षा के लिए एक विषेष उप समिति का गठन उन जिलों के लिए किया जाना है जिन जिलों में सीडी अनुपात कम है । उन्होंने सभी बैंकों से सीडी अनुपात बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयास करने को कहा ताकि षिमला जिला में सीडी अनुपात को 40 प्रतिषत से उपर लाया जा सके । उन्होंने समस्त बैंकों को निर्देष दिए कि इन सभी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि षिमला के सभी पात्र व्यक्तियों को इस योजना का लाभ मिल सके। जिला सलाहकार समिति की बैठक में उपायुक्त ने जिला शिमला की वार्षिक ऋण योजना वर्ष 2021-22 की कार्य प्रगति की समीक्षा भी की । इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जिला शिमला में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में वार्षिक ऋण योजना के तहत जून की तिमाही तक 13.20 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त किया गया है और सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में वार्षिक ऋण योजना के तहत 21.13 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि कृषि के क्षेत्र में वार्षिक ऋण योजना के तहत जहां 12.05 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है वहीं वार्षिक ऋण योजना के तहत अप्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में 67.75 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है । उन्होंने सभी बैंकों से आग्रह किया कि कृषि क्षेत्र में वित्तपोषण अपेक्षा के अनुरूप नहीं है और इसमें बैंकों का कृषि ऋण अनुपात बेहद कम है उन्हें अधिक ध्यान देने और ऋण अनुमोदित करने की आवश्यकता है ताकि आने वाली तिमाही तक कुल ऋण के साथ कृषि ऋण के अनुपात से वंचित वृद्धि प्राप्त की जा सके। उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं अन्य समस्त बैंकों को निर्देश दिए कि आने वाली तिमाही में सैक्टर आधारित लक्ष्यों के साथ वार्षिक लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तत्परता से प्रयास करें ताकि निर्धारित वार्षिक ऋण लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक के सिंह ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक शिमला शाखा से एलडीओ अमरेन्द्र गुप्ता, डीडीएम नाबार्ड करण, संयुक्त निदेशक खादी विकास निगम गगन कुमार तिवारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग योगेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजय भगवती सहित समस्त बैंकों के प्रतिनिधिगण, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस तथा कृषि इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अधिकारी संघ के चुनावों में कांग्रेस समर्थित सभी उम्मीदवारों की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित प्रशासनिक अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय अधिकारी मतदाताओं का कांग्रेस को भारी समर्थन देने के लिए आभार प्रकट किया है। राठौर ने कहा कि विश्वविद्यालय में कांग्रेस को लगातार मिल रहे जन समर्थन से साफ है कि कर्मचारी व अधिकारी वर्ग भाजपा की नीतियों व निर्णयों से परेशान और दुखी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव कर्मचारी हित में कार्य किया और यही कारण है कि प्रदेश के लोग चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रहें है ,जिससे भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाए।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचलवासियों को गणेश चतुर्थी पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभ संदेश में राज्यपाल ने कहा कि गणेश चतुर्थी हिन्दुओं का एक प्रमुख त्यौहार है, जो पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी देवताओं में प्रथम आराध्य भगवान गणेश जी की सब पर अपार कृपा बनी रहे और समाज में सौहार्द व प्रेम का वातावरण कायम रहे। मुख्यमंत्री ने अपने शुभ सन्देश में सभी को गणेश चतुर्थी की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सुख, शान्ति और आरोग्य लेकर आए। उन्होंने कहा कि विघ्न विघ्नेश्वर भगवान गणेश जी सभी के हर प्रकार के कष्टों का निवारण करेंगे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की दृष्टिबाधित पीएचडी छात्रा एवं बेहतरीन गायिका मुस्कान को हिमाचल प्रदेश के लिए भारत निर्वाचन आयोग का यूथ आइकन बनने पर बधाई दी। वह युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां समाज में बेहतर प्रर्दशन कर रही हैं और समाज मेें महत्वपूर्ण योगदान भी दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला शिमला के चिड़गांव के दूर-दराज गांव सिंदासली की रहने वाली मुस्कान ने साबित किया है कि मन में इच्छा हो तो किसी भी प्रकार की बाधा लक्ष्य प्राप्त करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि मुस्कान की इस उपलब्धि ने हमें गौरवान्वित किया है।
मंडियों में सेब के रेट औंधे मुंह गिरने के बाद बागवानों ने अपनी फसल के विपणन के लिए नया तरीका निकाला है। शिमला जिले के कोटगढ़ के बागवान अपना प्रीमियम क्वालिटी का सेब ट्रायल के तौर पर एक किलो के पैक ऑफ सिक्स में बेचेंगे। इसके लिए बागवानों ने चंडीगढ़, दिल्ली और गुड़गांव के सुपर मार्केट और ग्रॉसरी स्टोर से संपर्क साधा है। बागवानों को उम्मीद है कि एक किलो का पारदर्शी डिब्बा150 से 200 रुपये में बिकेगा। इन दिनों मंडियों में बढ़िया क्वालिटी का सेब औसतन 1500 से 1800 रुपये प्रति पेटी बिक रहा है। 25 किलो की पेटी के बागवानों को प्रतिकिलो 60 से 70 रुपये मिल रहे हैं।
पेन्सिलवेनिया राष्ट्रमण्डल की भारत और संयुक्त अरब अमीरात की विशेष दूत कनिका चौधरी ने वीरवार को जायका मुख्यालय वन विभाग पोटर हिल का दौरा किया। मुख्य परियोजना निदेशक जायका वानिकी परियोजना के साथ उन्होंने इस दौरान बैठक कर बताया कि वानिकी परियोजना के उददेश्य से पेन्सिलवेनिया राष्ट्रमंडल का प्रतिनिधित्व कर रही है जिसके तहत परस्पर इस संबध में किए जा रहे कार्यो की उपयोगिता को सांझा किया जा सके। बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य अरण्यपाल एवं मुख्य परियोजना अधिकारी जायका नागेश गुलेरिया ने प्रदेश में चल रही जायका फोरस्टी परियोजना की गतिविधियों से अवगत करवाया । उन्होंने बताया कि प्रदेश में 800 करोड़ रू0 की जायका फोरेस्टी योजनाऐं सात वन वृतों, 18 खण्डों तथा 61 रेंजों में क्रियान्वित की जा रही है जिसके तहत मण्डी, कुल्लू, बिलासपुर, शिमला, किन्नौर एवं लाहौल स्पिति जिले शामिल है। ंउन्होंने बताया कि वानिकी परिस्थितिकीय तंत्र प्रबन्धन योजना अथवा सामुदायिक जैव विविधता प्रबन्धन योजना को सभी हितकारकों की भागेदारी सुनिश्चित करते हुए योजनाऐं बनाई जा रही है । उन्होंने बताया कि आजीविका घटकों के तहत 382 स्वंय सहायता समूहों का गठन किया गया है इसके तहत 345 समूह महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे है जिनमें से 80 उद्यमी योजनाओं में 15 आय सृजन एवं वृद्धि की दृष्टि से कार्य किया जा रहा है । उन्होंने विशेष दूत को विभिन्न पर्यावरण, सामाजिक आर्थिक व औषधीय इस्तेमाल वाले चरमा औषधीय पौधा जो लाहौल स्पिति और किन्नौर के प्राकृतिक वातावरण और सीमांत भूमि पर उगता है के बारे में भी जानकारी दी । उन्होंने बताया कि जायका फोरेस्ट्री परियोजना के तहत चरमा के एक लाख पौधे लाहौल स्पिति वन मंडल में आगामी वर्ष तक लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है । कनिका चौधरी ने प्रदेश की सम्पन्न जैव विविधता की सराहना करतु हुए इसके प्रचार प्रसार की विधि और औषधीय गुणों तथा विभिन्न चरमा औषधी के विभिन्न उत्पादों के संबध में जानकारी प्राप्त करने के लिए उत्सूकता जाहिर की। उन्होंने इस अवसर पर चीनार का पौधा भी रोपित किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रो0 अरविन्द कुमार भटट, जडी बूटी प्रकोष्ट के सेवानिवृत निदेशक डा0 आरसी कंग और श्री राजेश शर्मा व जायका परियोजना प्रबंधन के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
डी.ए.वी महाविधयालय कोटखाई में नवागुनतकों के लिए बी ए / बी कॉम द्वितीय एव तृतीय वर्ष के छात्रों द्वारा फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्ययातिथि पाण्डली पंचायत की प्रधान शशि चौहान ने शिरकत की। मंच का संचालन बी कॉम द्वितीय वर्ष के छात्र आनंद ने किया। कार्यक्रम का आगाज़ बी ए तृतीय वर्ष की छात्राओ अस्मिता और वंशिका ने मुख्यातिथि को शॉल व पुष्पगुच्छ देकर किया। बी ए द्वितीय वर्ष की छात्रा अनिता ने मुख्यातिथि का महाविद्यालय में आने के लिये धन्यवाद किया और बीए/ब कॉम प्रथम वर्ष के छात्रों का स्वागत किया। तत्पश्चात नए छात्रों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें मॉडलिंग, म्यूजिकल चेयर और डमशीराज आदि आकर्षण का केन्द्र रही। सभी नए छात्रों ने इन प्रातियोगिताओ में बढ़चढ़ कर भाग लिया। इसमें छै छात्रों का अगले राउंड के लिए चयन किया गया। उनमें से ही मिस और मिस्टर फ्रेशर चुने गए। चुने गए छात्रों में मिस फ्रेशर ईशा और मिस्टर फ्रेशर रितिक रहे। जज की भूमिका मे डाक्टर जोगिंदर दुल्टा, डॉ कमलेश वर्मा और दिनेश शर्मा रहे। मुख्यातिथि ने मिस व मिस्टर फ्रेशर को सम्मानित किया और छात्रों को उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी तथा अपने व्यक्तिगत जीवन को छात्रों के साथ सांझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी डी ए वी कोटखाई से ही स्नातक स्तर की शिक्षा ग्रहण की है। आज यहां आकर गौरवान्वित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के जीवन मे इस फ्रेशर पार्टी का अहम योगदान है क्योंकि ये दिन सभी को जीवन मे याद रहता है। अन्त में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राजकुमार जीस्टू ने मुख्यातिथि का धन्यवाद किया और बताया कि वह स्वयं को बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहे है कि मुख्यातिथि इस महाविद्यालय से संबंध रखती है और कोटखाई क्षेत्र में ग्रामीण प्रधान के रूप मे सेवाए दे रही है जो इस महाविद्यालय के लिये गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मंडी जिले में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण तथा शिमला, भुन्तर और कांगड़ा में हवाई अड्डों के विस्तारीकरण से संबंधित स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करनेे का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक लोकप्रिय पर्यटन गंतव्य है और हवाई अड्डों के निर्माण और विस्तारीकरण से पर्यटकों के आगमन में वृद्धि होगी जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा व रोजगार सृजन की सम्भावनाएं भी बढ़ेगी। उन्होंने उड़ान योजना के तहत किराया घटाने के लिए केंद्रीय मंत्री तथा केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि उड़ानों को सस्ता करना सार्वजनिक हित में एक बड़ी पहल है। केंद्रीय मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को मामले में तेजी लाने के निर्देश दिए और इसकी प्रगति बारे जानकारी देने को कहा। उन्होंने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह तथा प्रधान आवासीय आयुक्त एस.के. सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से भेंट की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को प्रदेश के राज्यत्व की स्वर्ण जयन्ती के उपलक्ष्य में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने के लिए हिमाचल प्रदेश में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने राष्ट्रपति को जानकारी दी कि इस वर्ष 25 जनवरी को राज्य के 50 वर्ष पूर्ण हुए हैं और स्वर्ण जयंती के अवसर पर राज्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार तथा मुख्य सचिव राम सुभग सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री से 100 मिलियन डाॅलर के एशियाई विकास बैंक के प्रथम चरण की परियोजना को पुनः आरम्भ करने का आग्रह किया। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य में विश्व स्तर की अधोसंरचना का निर्माण कर राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में 20 उप-परियोजनाएं शामिल हैं और कहा कि राज्य सरकार अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर अधोसंरचना विकसित कर इस स्थल को बड़े पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना चाहती है। केंद्रीय मंत्री ने एशियाई विकास बैंक परियोजना को पुनः आरम्भ करने के पर विचार करने का आश्वासन दिया और शीघ्र इससे संबंधित प्रस्ताव भेजने को कहा। केंद्रीय वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री को विकास में गति के लिए शीघ्र निधि तथा स्वीकृति प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय अधोसंरचना पाइपलाईन का उपयोग करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री को कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए बधाई दी। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने बैठक में बहुमूल्य सुझाव दिए। प्रधान आवासीय आयुक्त एस के सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता एवं देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस 17 सितम्बर को है। माननीय प्रधानमंत्री जी सदैव गरीब, वंचित, दलित, आदिवासी, पिछड़ों एवं किसानों के कल्याण हेतु समर्पित रहते हैं। दशकों की उपेक्षा के बाद समाज के इन वर्गों की आवाज को नरेन्द्र मोदी की सरकार में सुना जा रहा है और वह अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भी सशक्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि हम सबके यशस्वी नेता माननीय नरेन्द्र मोदी का प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री के रूप में 7 अक्तूबर, 2021 को लगातार 20 वर्ष का कार्यकाल जनता के आशीर्वाद से पूरा हो रहा है। 7 अक्तूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने तथा 2014 में विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री बने, लोकतंत्र में जननेता के रूप में यह अवसर बहुत ही कम लोगों को प्राप्त होता है, यह माननीय प्रधानमंत्री जी की निरन्तर बढती हुई लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष हम सभी कार्यकर्ता आम जनमानस के साथ उनके जन्मदिवस को सेवा सप्ताह के रूप में विभिन्न सेवा के कार्यक्रमों के माध्यम से मनाते हैं एवं माननीय प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु की कामना करते हैं । इस वर्ष माननीय प्रधानमंत्री का जन्मदिवस एवं उनके 20 वर्ष जनसेवक के रूप में कार्यकाल का एक साथ सुखद संयोग हो रहा है। कश्यप ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार “ सेवा और समर्पण अभियान "17 सितम्बर से 07 अक्तूबर, 2021 तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनायेंगे। इसके माध्यम से सेवा के महत्व तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव को जन जागृत करेंगे। उन्होंने कहा भाजपा युवा मोर्चा मोदी मेला का आयोजन करेगी सभी जिला स्तरीय भाजयुमो समितियां पिछले 7 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन करेंगी । साथ ही ज़िला स्तर पर रक्त दान शिविरों का आयोजन, आज़ादी का अमृत महाउत्सव कार्यक्रम, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर ओर स्वछता से सम्मान अभियान, 25 सितंबर पंडित दीनदयाल जयंती पर मोदी का अंत्योदय अभियान और अनेकों अभियान चलाएगी भाजपा।
करुणामूलक संघ ने आज यानी वीरवार को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर से मिल कर उन्हें मांग पत्र व ज्ञापन पत्र सौंपा। हिमाचल करूणामुलक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार की अध्यक्षता में करुणामूलक आश्रितों का प्रतिनिधिमंडल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर से मिलने सचिवालय पंहुचा था। उन्होंने अश्वनी ठाकुर से जेसीसी की बैठक में करुणामूलक नौकरियों को बहाल करने की मांग की। साथ ही उन्होंने समस्त विभागों, बोर्डों, निगमों में लंबित पड़े करुणामूलक आधार पर दी जाने वाली नौकरियों के केस जोकि 7 मार्च 2019 की पॉलिसी में आ रहे हैं, उन्हें वन टाइम सेटलमेंट के तेहत सभी को एक साथ नियुक्तियाँ दी जाने की मांग की है। बता दें कि करुणामूलक आधार पर नौकरी देने के मामलों पर अभी सरकार कोई अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। जबकि सरकार के पास विभिन्न विभागों में करुणामूलक के लंबित करीब 4500 मामले पहुंचे हैं और प्रभावित परिवार करीब 15 साल से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। कई विभागों में कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु होने के बाद आश्रित परिवार की महिला ने बच्चे छोटे होने के कारण नौकरी नहीं ली थी।
एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संघ शिमला खंड की मासिक बैठक राज्यस्तरीय कमेटी के प्रधान सत्य प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन से जुड़े 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। जिला महासचिव दयाल सिंह कंवर ने बताया कि बैठक में पेंशनरों की मांगों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी प्रवक्ताओं ने सरकार व निगम प्रबन्धन की द्वेषपूर्ण रवैये को लेकर रोष व्यक्त किया। बैठक के दौरान मंडी में होने वाली आक्रोश रैली के आयोजन पर चर्चा की गई। सभी पेंशनरों ने रैली को सफल बनाने लिए मंडी पहुँचने की अपील की। उन्होंने बताया कि सभी वक्ताओं ने सरकार द्वारा समय पर फ़ीड देने के बावजूद पेंशनर्ज की पेंशन रोकने पर प्रबन्धन के प्रति रोष व्यक्त किया तथा तुरन्त पेंशन देने का अनुरोध किया। सभी सदस्यों व प्रवक्ताओं ने प्रदेश भर के एचआरटीसी पेंशनर से इस यज्ञ को सफल बनाने के लिए मंडी पहुँचने के आह्वान किया।
दिल्लीः हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। सीएम ने कार्यालय की ओर से जारी वक्तव्य के मुताबिक मांडविया को राज्य की संपूर्ण पात्र आबादी, कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक टीकाकरण पूरा करने की सफलता से अवगत करावाया। ठाकुर ने कहा कि "राज्य ने 103 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है" जिसमें प्रवासी मजदूर और पर्यटक भी शामिल हैं। ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री को यह भी बताया कि राज्य सरकार 30 नवंबर तक पात्र आबादी को टीके की दूसरी खुराक देने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की और उनसे राज्य के लिए 'दवाइयों के विशाल फॉर्मा पार्क' को मंजूरी देने का आग्रह किया। तत्पश्चात सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एशिया में फार्मास्यूटिकल हब है और 'दवाइयों के विशाल फॉर्मा पार्क' को मंजूरी देने से राज्य में औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही साथ लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार को कोरोना से लड़ने के बजाय जनमंच की चिंता ज्यादा है। कोविड महामारी की तीसरी लहर का खतरा अभी टला नहीं है। रोजाना 150-200 से ज्यादा नए केस मिल रहे हैं। 3-4 लोग संक्रमण से अपनी जान भी गंवा रहे। उन्होंने कहा है कि सरकार को जनमंच के जरिए राजनीति चमकाने की जगह जनता की जान बचाने को तवज्जो देनी चाहिए। अभी प्रदेश में जनता को कोविड की पहली ही डोज लगी है। दूसरी डोज लाखों लोगों को लगनी बाकी है। सरकार को यह लक्ष्य भी जल्दी पूरा करना चाहिए। 18 साल से कम उम्र के लिए अभी टीका ईजाद नहीं हुआ है। जल्दी इनके टीकाकरण की कोई संभावना नहीं दिख रही। इसलिए सरकार को अभी जनमंच शुरू करने से बचना चाहिए। क्योंकि, इन आयोजनों से लोगों व किशोर संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की पात्र जनता को पहली डोज लगाने का श्रेय स्वास्थ्य कर्मियों व अग्रणी कोरोना योद्धाओं को जाता है। सरकार को पीठ थपथपाने के साथ ही इन्हें सम्मानित भी करना चाहिए। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि प्रदेश में सेवा का अधिकार कानून सख्ती से लागू किया जाए। सेवा का अधिकार आयोग बनाएं। ताकि लोगों के काम तय समय पर हो सकें।
प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आइजीएमसी में इन दिनों चल रहे लंगर विवाद की सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश जारी कर दिए है। जांच का जिम्मा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर शिमला राहुल चौहान को सौंपा गया है। एडीएम आगामी 15 दिनों में सरकार को जांच की रिपोर्ट सौंपेगे। शनिवार को आइजीएमसी प्रशासन ने ऑलमाइटी ब्लैसिंग संस्था का सामान अवैध बताकर बाहर निकलवा दिया था। जिसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। इस वाक्य के बाद अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की थी। मामले पर आगामी कदम उठाते हुए अब सरकार ने जिला प्रशासन को इसकी जांच का दायित्व सौंपा है। हालांकि अभी भी अस्पताल में संस्था की ओर से चलाया गया लंगर सुचारू रूप से चल रहा है।
शिमला: बीते दिन आईजीएमसी शिमला में स्क्रब टाईफस से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती मंडी जिले की रहने वाली थी। युवती को पिछले महीने आईजीएमसी शिमला में उपचार के लिए लाया गया था। युवती का लगातार चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा था, लेकिन गंभीर अवस्था के चलते लड़की की मौत हो गई। बता दें कि अस्पताल में इस बीमारी से यह पहली मौत है। वंही अस्पताल में युवती की मौत के बाद से हड़कंप मच गया।


















































