**असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित जिला श्रम कार्यालय किन्नौर द्वारा उपायुक्त कार्यालय के सभागार में असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत ई-श्रम मजदूरों को दुर्घटना के कारण, मृत्यु या विकलांगता होने पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 2 लाख रुपये और 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है जिसके तहत जनजातीय जिला किन्नौर के पंजीकृत श्रम मजदूरों को इस योजना का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी असंगठित क्षेत्र के मजदूर जिन्होंने अपना पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर 26 अगस्त, 2021 से 31 मार्च, 2022 तक करवाया है और दुर्घटना के कारण उनकी मृत्यु या पूर्ण विकलांगता हो गई है, उन्हें 2 लाख रुपये तथा आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकृत ई-श्रम मजदूर या उनके परिवार को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वर्तमान में किन्नौर जिले में कुल 23,617 असंगठित ई-श्रम मजदूर पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए श्रम मंत्रालय द्वारा सभी प्रकार के दावों को जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि सभी पात्र मजदूरों को इसका लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, असंगठित क्षेत्र के मजदूर स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी इंद्र लाल नेगी ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया तथा उपस्थित जनों को श्रम विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से अवगत करवाया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सृष्टि पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
** अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला के लोगों को किया जागरूक ** नशे के दुष्प्रभावों व रोकथाम के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना समूचे देश व प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर में आज अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों व इसकी रोकथाम बारे जागरूक किया गया। इसके अलावा नशे की अवैध तस्करी की रोकथाम बारे भी लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का विषय ‘साक्ष्य स्पष्ट हैः रोकथाम में निवेश करें’ रखा गया है, जिसके तहत नशे की अवैध तस्करी की रोकथाम करना व नशीली दवाओं के दुरूपयोग से आम लोगों को जागरूक कर एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण करना है। उपायुक्त ने कहा कि नशे की बुराई पर शिकंजा कसने के लिए समाज में इसके विरूद्ध संवेदनशीलता, सतर्कता और जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना व नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। युवा हमारी भावी पीढ़ी है तथा एक स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होती है। इसलिए, हमारा यह दायित्व बनता है कि हम युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी भूमिका अदा करें व अपने परिवार की युवा-पीढ़ी को नशे से दूर रखें। नशा निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय से पंजाब नैशनल बैंक तक एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ व आई.टी.आई रिकांग पिओ के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अवैध तस्करी की रोकथाम विषय पर वेबिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें गूगल मीट के माध्यम से जिला के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
धर्मशाला: सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल सिद्धपुर ने सूचित किया है कि विद्युत उपकेंद्र सिद्धपुर में विद्युत उपकरणों के उचित रखरखाव के लिए 28 जून 2024 को सुबह 9:00 बजे से शाम कार्य समाप्ति तक सिद्धबाडी, सिद्धपुर, फतेहपुर, बागणी, रक्कड़, तपोवन, झिओल, बरवाला, लोअर मोहली, गयतो मोनिस्ट्री, घिआरी पुल, रसां, बरेह, धिकतु, ठम्बा, दाढी, शीला पासू, आईटीआई झाकड़ी, उप्पर बडोल, लोअर बडोल, कंडी, चोला, खनिआरा, सुक्कड, योल, योल बाजार, नरवाना, उठराग्राम, कस्बा, चटेहर, स्लेट गोदाम, खुई बराग, कनेड, लोअर सुक्कड, मनेड, धौलाधार कालोनी आदि क्षेत्रों में कार्य पूर्ण होने तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
रामपुर: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई। इस सड़क दुर्घटना में गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौ*त हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रामपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के प्रत्यक्षदर्शी बगड़ू राम ने बताया कि राम लाल (उम्र 48 साल), राम लाला की पत्नी राधा देवी (उम्र 42 साल) और अजुन टोल्टा (उम्र 34 साल) सभी मोलागी गांव के निवासी हैं। जो की सभी शिमला से गाड़ी में सवार होकर अपने गांव मोलागी जा रहे थे। उनकी बोलेरो कैंपर (नंबर HP 25A 1850) रेत से भरी हुई थी, जिसे अर्जुन टोल्टा चला रहा था. जब उनकी गाड़ी गानवी के पास पहुंची तो खड़ी चढ़ाई होने के कारण चढ़ नहीं पा रही थी। इस बीच गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और तेजी से पीछे की ओर होते हुए सड़क से करीब 70 मीटर नीचे गानवी खड्ड में जा गिरी। इस दुर्घटना में राम लाला की मौके पर ही मौ*त हो गई। जबकि राधा देवी और अर्जुन टोल्टा घायल हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक और घायलों को खड्ड से बाहर निकाला। श*व को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को इलाज के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों का इलाज जारी है। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक हादसा ड्राइवर के तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ है। हादसे की पुष्टि डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि गानवी खड्ड में गाड़ी गिरने से एक की मौ*त हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र के चुवाड़ी में युवक की ह*त्या मामले में नामजद पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मंगलवार को 4 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 28 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में संलिप्त नाबालिग आरोपी को पीएमजेजेबी में पेश किया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृत*क युवक के श*व काे मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। बता दें कि निखिल ठाकुर (24) पुत्र चरण सिंह निवासी गांव मैहला, डाकघर डनी, तहसील नूरपुर व जिला कांगड़ा रविवार को चुवाड़ी छिंज मेले में गया था। रात को मेले से वह अपनी कार में घर वापस लौट रहा था। इस दौरान लाहड़ू-चुवाड़ी संपर्क मार्ग तरुण वर्षाशालिका के पास ओवरटेकिंग को लेकर उसकी स्थानीय युवकों के साथ कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि स्थानीय युवकों ने उसे सीने में चाकू घोंप दिया, जिसके चलते उसकी मौ*त हो गई।
हिमाचल में नर्सिंग कोर्स के लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेज और मान्यता प्राप्त निजी संस्थानों के लिए सीटों का आवंटन कर दिया है। वर्ष 2024-25 के लिए हिमाचल मेडिकल कॉलेजों में 160 और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए 80 सीटों का आवंटन किया गया है। जनरल नर्सिंग और मिड वाइफ के लिए यह तीन साल का कोर्स होगा। हिमाचल प्रदेश में आईजीएमसी, टांडा, नेरचौक, चंबा, हमीरपुर और नाहन छह मेडिकल काॅलेज हैं। इनमें यह कोर्स कराए जाते हैं, निजी संस्थानों को भी सरकार ने कोर्स कराने की मान्यता दी है। हिमाचल प्रदेश में 50 से ज्यादा सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थान है। सरकार की ओर से नर्सिंग स्कूल और कॉलेज खोलने के नियम बनाए गए हैं। इसमें नर्सिंग संस्थानों में आधारभूत ढांचा, अध्यापन स्टाफ, उपकरण और अन्य व्यवस्थाओं को अनिवार्य किया गया है। सरकार की ओर से जिन संस्थानों को कोर्स कराने की मान्यता दी गई है। शिक्षा स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से इनका आधारभूत ढांचा और अन्य सुविधाओं को जांचा जाएगा। नियमों के अनुसार नर्सिंग संस्थान खोलने की अनुमति से पहले भवन सहित आधारभूत ढांचा होना अनिवार्य किया है। इसी के हिसाब से सीटें निर्धारित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को प्रैक्टिकल करने के लिए प्रयोगशाला सहित कैंपस का होना जरूरी है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल में कई नर्सिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर अंगुलियां उठती रही हैं। स्वास्थ्य शिक्षा निदेशालय की ओर से समय-समय पर निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आती रही हैं। बाकायदा इसको लेकर निदेशालय से नोटिस तक जारी भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि हिमाचल में ऐसी नर्सें तैयार हों, जो हिमाचल के स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा विदेशों में भी बेहतर काम कर सकें।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। प्रदेश में मानसून की दस्तक झमाझम बारिश के साथ होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 28 जून से 2 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं 28 से 30 जून तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं आज राजधानी शिमला में बादल छाए रहने के साथ हल्की धूप खिली है। प्रदेश में मानसून के चलते लोक निर्माण विभाग तैयारियों में जुट गया है। बीते साल प्राकृतिक आपदा से सबक लेते हुए विभाग में इंतजामों को लेकर अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को डोजर, जेसीबी और रोबोट सहित अपनी तैयारियां पूरी रखने को कहा है। विभाग को अलर्ट किया गया है। भूस्खलन और आपदा संबंधित शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा है ताकि सड़कें अवरुद्ध होने की समय रहते जानकारी मिलती रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में इन दिनों सड़कों की टारिंग और मेटलिंग का काम चल रहा है। बीते साल प्राकृतिक आपदा के चलते सड़कें खराब हो गई थी। जगह-जगह डंगे गिर गए। उन्हें ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश में सड़कें खराब न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ नरेंद्र पॉल सिंह ने बताया कि बरसात के चलते जोन के चीफ इंजीनियर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता को इंतजाम करने को कहा गया है। फील्ड में तैनात इंजीनियरों से लगातार ऑनलाइन बैठकें की जा रही हैं। समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से निपटने के लिए विभाग ने इंतजाम कर लिए हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में एक अगस्त से यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) की कोचिंग कक्षाओं का इस सत्र से बैच बैठाया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण केंद्र ने 11 जुलाई तक इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। बैच को बैठाने के लिए 17 जुलाई को प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। मेरिट के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। सीट आवंटन के लिए आरक्षण रोस्टर लागू होगा। यूपीएससी के इस बैच की एक अगस्त से 31 मार्च तक कुल 800 घंटे की कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसमें आरक्षित वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को चार हजार और सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को आठ हजार फीस दो किस्तों में केंद्र को देनी होगी। विवि ने बैच को बैठाने की तैयारियां पूरी कर दी हैं और इसके लिए पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। विवि का यह पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र इस बार नए सिरे से यूपीएससी की कोचिंग देने में दक्ष और अनुभवी संस्थाओं के साथ करार करेगा और उन्हें काम सौंपा जाएगा। इसके लिए केंद्र ने 17 जुलाई तक इच्छुक संस्थाओं से निविदाएं आमंत्रित की हैं। बुधवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संस्थान के निदेशक प्रो. जोगिंद्र धीमान ने कहा कि एक साल के अंतराल के बाद फिर से यूपीएससी की कोचिंग कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। बीते वर्ष कोचिंग देने वाली संस्था के साथ करार की समय सीमा समाप्त होने के कारण बैच नहीं बैठाया जा सका था। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने को 26 जून से पोर्टल खुल जाएगा, जिसके माध्यम से छात्र 11 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। 17 जुलाई को इसकी प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। एक अगस्त से यूपीएससी की कोचिंग शुरू हो जाएगी।
**हिमाचल में दो जगह फ़्लैश फ्लड हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून ने दस्तक दी भी नहीं और भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी है। सोलन जिला के कुनिहार में दोपहर बाद करीब तीन बजे बादल फटने की घटना पेश आई है । महज़ थोड़ी देर हुई भयंकर बारिश के चलते गंभरपुल पर भारी मलबा आ गया। इससे कुनिहार को नालागढ़ से जोड़ने वाला हाइवे तक बंद हो गया। ये मलबा गंभरपुल में तीन दुकानों में घुस गया जिससे एक ढाबा जमींदोज हो गया। फ्लैश फ्लड में दो गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक व्यक्ति सहित उसका छोटा बेटा मलबे में चपेट में आ गए थे । यही नहीं आज सुबह चार बजे के करीब लाहौल स्पीति जिला के उदयपुर सब डिवीजन में बीती रात को तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आया । इससे उदयपुर-तांदी स्टेट हाइवे मधग्राम नाला के पास रात से बंद हो गया था जिसे सात घंटे बाद बहाल किया जा सका। बता दें की हिमाचल में प्री मानसून की शुरुआत हो गई है। 27 जून से मानसून भी दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है इस बार प्रशासन हर परिस्थिति के लिए पहले से तैयार रहेगा।
**अपने पिता से फिरौती के रूप में मांगे 1 लाख बिज़नेस से परेशान होकर एक व्यक्ति ने खुद को ही किडनैप करने की झूठी साजिश रची और अपने ही पिता से फिरौती के रूप में 1 लाख रुपए की मांग की। ये मामला है सोलन शहर का। पिछले कल सोलन के कथेड़ निवासी अभय गोयल ने पुलिस थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 23 जून को साढ़े 6 बजे उनका भाई अमन मेले में जाने के लिए निकला था। कुछ देर बाद उसके दोस्त को व्हत्सप्प में मैसेज आया कि वह अमन के पिता को बता दे कि अमन हमारे पास है। एक घंटे बाद मैसेज आएगा तो 1 लाख रुपए ट्रांसफर कर देना। खबरदार अगर पुलिस की मदद ली। इस दौरान उसका एक फोटो भी भेजा है जिसमें अमन बेहोश दिखाया गया। अभय ने बताया कि अमन बेकरी चलाता है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाही करते हुए सीसीटव फुटेज खंगाली और अमन के मोबाइल नंबर और कनेक्शन की तकनीकी जांच की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई । पुलिस टीम ने अमन गोयल को हरियाणा क्षेत्र के शाहपुर स्थित एक गुरुद्वारा के पास सड़क से अकेले ही बरामद किया। पूछताझ के दौरान अमन गोयल ने बतलाया कि वह बिजनेस से परेशान था व अपने परिवार से भी मनमुटाव था । जिस कारण यह परेशान होकर घर से चला गया था । इसे पैसों की भी सख्त जरूरत थी जिस पर इसने अपने परिवार से पैसे लेने के लिये अपने अपहरण की झूठी साजिश रची। व अकेले ही बस द्वारा कालका पहुंचा तथा इसने कालका बस स्टैण्ड में बने वाशरूम में सैल्फी के माध्यम से फोटो ली और उक्त फोटो को अपने नम्बर से अपने भाई अभय गोयल को भेजा उसके बाद वह बस में बैठकर शाहपुर पहुंचा। मामले की जांच जारी है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज बताया कि प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव के लिए मतदान के मद्देनजर इन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए सरकार के सभी विभागों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 10 जुलाई, 2024 को राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन इन क्षेत्रों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी सवैतनिक अवकाश मिलेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के जालंधर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के चलते ऊना, कांगड़ा, चंबा और सोलन जिलों में सेवाएं दे रहे पंजाब के पंजीकृत मतदाताओं और उत्तराखंड के बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के चलते सिरमौर और शिमला में सेवाएं दे रहे उत्तराखंड के पंजीकृत मतदाताओं के लिए भी 10 जुलाई को विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इन राज्यों में पंजीकृत मतदाता जो सरकारी, अर्ध-सरकारी और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं, उनके लिए भी विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा इन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता जो अन्य स्थानों में काम कर कर रहे हैं, उनके लिए भी विशेष आकस्मिक अवकाश का प्रावधान है।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि स्क्रूटनी के उपरान्त अब तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप-चुनावों में अब कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 25 व 26 जून, 2024 को तीन बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। प्रवक्ता ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि देहरा में अब कुल पांच, हमीरपुर में चार व नालागढ़ में छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में कमलेश (53) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, होशियार सिंह (57), भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा देवी (59), अरूण अंकेश स्याल (34) तथा एडवोकेट संजय शर्मा (56) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र देहरा से दो कवरिंग प्रत्याशियों कांग्रेस के हरि ओम (66) तथा भाजपा के वीर सिंह (60) के नामांकन पत्र रद्द हुए। अब यहां से पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से आशीष शर्मा (37) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), डॉ. पुष्पिंदर वर्मा (48) इण्डियन नेशनल कांग्रेस तथा निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार (58) व नन्द लाल शर्मा (64) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर से कोई भी नामांकन रद्द नहीं हुआ। यहां से चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा (44) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, के.एल. ठाकुर (64) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), किशोरी लाल शर्मा (46) स्वाभिमान पार्टी तथा गुरनाम सिंह (48), हरप्रीत सिंह (36) व विजय सिंह (36) निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं । नालागढ़ क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी उदय कुमार सिंह (46) तथा कांग्रेस के कवरिंग प्रत्याशी परमिंदर कौर बावा (43) का नामांकन रद्द हुआ। यहां से अब छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन सही पाए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था। उन्होंने बताया कि मतपत्रों की जांच के लिए 24 जून (सोमवार) की तिथि निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि दर्ज नामांकन पत्रों की जांच आज सोमवार को सामान्य पर्यवेक्षक इजराइल वात्रे इंटी (आईएएस) की उपस्थिति में सम्पन्न कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान उपचुनाव के लिए दाखिल सभी नामांकन वैध पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज छंटनी के दौरान दो मुख्य दलों के प्रमुख प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कवरिंग कैंडिडेट हरि ओम तथा भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग कैंडिडेट वीर सिंह के नामांकन कवरिंग उम्मीदवार होने के नाते स्वतः ही रद्द हो गए। देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए दर्ज नामांकन की छंटनी के बाद प्रत्याशियों की संख्या पांच हो गई है। एसडीएम ने बताया कि कांग्रेस से कमलेश ठाकुर, भाजपा से होशयार सिंह सहित तीन निर्दलीय उम्मीदवार संजय शर्मा, सुलेखा देवी और अरूण अंकेश स्याल अब चुनावी मैदान में हैं। वहीं नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।
विधानसभा उपचुनाव को लेकर देहरा के लिए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) ने आज सोमवार को चुनावी उम्मीदवारों एवं राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसडीएम देहरा के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में सामान्य पर्यवेक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चुनावों के दौरान ध्यान रखने वाली बातों के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा सहित चुनावी ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी व देहरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार व उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सामान्य पर्यवेक्षक द्वारा उन्हें संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही उनके प्रश्नों-जिज्ञासाओं के जवाब देकर शंका समाधान भी किया गया। इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) ने स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने को कहा। उन्होंने पोलिंग व मतगणना एजेंट तैनात करने संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों के रैंडमाइजेशन के संबंध में अवगत कराया । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) का देहरा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कैंप कार्यालय स्थापित किया गया है। चुनाव संबंधी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह देहरा में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह दस बजे से ग्यारह बजे तक जनसाधारण की समस्याएं सुनेंगे। सामान्य निर्वाचन पर्यवेक्षक का मोबाइल नंबर 98057-10223 है।
**मुख्य संसदीय सचिव ने किया सम्मानित सोलन: तीन दिवसीय मां शूलिनी मेला के दौरान पुलिस विभाग व शूलिनी मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में कुश्ती प्रतियोगिता एवं दंगल का आयोजन किया गया। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी का यह मेला ऐतिहासिक ठोडो मैदान में वर्षों से मनाया जा रहा है और ठोडा व दंगल जैसे प्राचीन खेल इसे अनूठा बनाते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान खेल गतिविधियों का आयोजन लोगों के मनोरंजन के साथ ही खिलाड़ियों के शारीरिक सौष्ठव व मानसिक दृढ़ता का भी परिचायक होता है। इससे युवा खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच प्राप्त होता है। उन्होंने विजेता पहलवानों को बधाई दी तथा इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों से हार-जीत की परवाह किए गए बगैर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए और कड़ी मेहनत का आह्वान भी किया। लड़कियों की कुश्ती प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ की गौरी व मैदा के बीच खेला गया। इसमें गौरी विजयी रहीं। दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस के गगन और पंजाब के रहने वाले ताज गोनी के बीच खेला गया। इसमें गगन ने खिताब जीत लिया। विजेता को 40 हजार रूपए तथा उप-विजेता को 35 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस महासचिव सुरेंद्र सेठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
**विक्रम ठाकुर बोले, सरकार की कठपुतली बन गये हैं विधान सभा अध्यक्ष **विधानसभा अध्यक्ष के पद की गरिमा के विपरीत काम कर रहे विधानसभा अध्यक्ष **विधानसभा से बीजेपी के विधायकों को निष्कासित कर बचाई है सरकार तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफ़े को स्वीकार करने के मामले में भाजपा नेता, पूर्व मंत्री व विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि माननीय विधानसभा अध्यक्ष को जब यही करना था तो पहले क्यों नहीं किया। जान बूझकर पूरे मामले को लटकाया गया, जिससे तीनों निर्दलीय विधायक गत दिनों हुए आम लोकसभा और विधान सभा उप-चुनावों में भाग न ले पाए, जिससे बहुत समय और संसाधन की बचत हो सकती थी। इस तरह से जानबूझकर किसी फ़ैसले को लटकाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। विक्रम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष संवैधानिक पद पर बैठे हैं, लेकिन वह अपनी गरिमा के विपरीत काम कर रहे हैं। विधान सभा अध्यक्ष सरकार की कठपुतली बन कर काम कर रहे हैं। इस तरह से पद की गरिमा के विपरीत वह क्यों काम कर रहे हैं, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। विक्रम ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के पिछले दिन दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा छह विधायकों का सर कलम कर देने और तीन विधायकों के सर आरी के नीचे हैं, होने जैसे बात करना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। एक संवैधानिक एवं गरिमापूर्ण पद पर बैठे किसी भी माननीय द्वारा इस तरह की बात करना समझ से परे है। हिमाचल की यह संस्कृति नहीं रही है। इस तरह के बयानों की हिमाचल जैसी देवभूमि में कोई जगह नहीं है। विक्रम ठाकुर ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में वह कांग्रेस सरकार को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर कर रहे हैं। हिमाचल के इतिहास में उनके द्वारा गरिमा एक विपरीत किया गया आचरण याद किया जाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि यह सब कार्य सरकार को ग़लत तरीक़े से बचाने के प्रयास हैं। सरकार को बार-बार बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों की उपेक्षा की जा रही है। बजट पास करवाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी के 15 सदस्यों को निष्कासित करके सरकार बचाई। यह सरकार संख्याबल और लोगों की नज़रों में गिर चुकी है, नैतिकता के आधार पर इस सरकार को बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
सोलन: मां शूलिनी मेला की तीसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने उन्हें मेला आयोजन समिति व शहरवासियों की ओर से सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी व विनोद सुल्तानपुरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक-संस्कृति व देव परम्परा देश-विदेश में विख्यात है। यहां के अधिकतर मेले व त्यौहार देवी-देवताओं से जुड़े हैं और मां शूलिनी का यह तीन दिवसीय मेला माता के प्रति शहर व प्रदेशवासियों की अगाध श्रद्धा व आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी लोक मान्यताओं, परम्पराओं और लोक संस्कृति को न केवल जीवंत बनाए रखने में मददगार होते हैं, अपितु इनके संरक्षण एवं संवर्द्धन में भी अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से हिमाचल की विशिष्ट लोक संस्कृति व लोक कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले कलाकार हमारी सांस्कृतिक विविधता को नए आयाम प्रदान करते हुए संस्कृति के आदान-प्रदान में सहायक बनते हैं। उन्होंने कहा कि शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित ठोडा नृत्य धनुर्विद्या की हमारी पुरातन विरासत को संजोए हुए है, वहीं कुश्तियां एवं दंगल के आयोजन प्राचीन खेलों को आगे ले जाने में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन व मेला समिति को बधाई दी और इसमें शहरवासियों सहित सभी के सहयोग की भी सराहना की। इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस महासिचव सुरेंद्र सेठी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम की आयुक्त एकता काप्टा, उपमंडलाधिकारी डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री से पहले ही मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला है। लाहौल घाटी के उदयपुर में फ्लैश फ्लड आया है। हालांकि, किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन उदयपुर को तांदी से जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया है। फिलहाल, बीआरओ की मशीनरी मौके के लिए रवाना हुई है। वहीं, मार्ग बंद होने से बड़ी संख्या में गाड़ियां और एचआरटीसी की बस फंस गई है। लाहौल स्पीति के आपदा प्रबंधन केंद्र ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, लाहौल घाटी के उदयपुर के पास मडग्रां नाले में यह फ्लैश फ्लड आया है। इस कारण सड़क के ऊपर से मलबा और पानी गुजरने से मार्ग बाधित हो गया है। सड़क मार्ग बंद होने से फंसे हुए एक युवक ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से फंसे हुए हैं। फिलहाल, सड़क बहाल होने का इंतजार किया जा रहा है।
हिमाचल में एक और सरकारी शिक्षक पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे है। बीते दिनों जोगिन्दरनगर से मामला सामने आया था जहां शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि अध्यापक पढ़ाई के समय छात्राओं से अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था। छात्राओं को घर में न बताने की धमकी देता था। आरोप है कि वह कहता था कि अगर उन्होंने घर में बताया तो आपको पेपरों में पास नहीं होने दूंगा। जमा एक की छात्राओं ने पहले स्कूल अध्यापिकाओं से मौखिक शिकायत की। इसके बाद भी अध्यापक हरकतों से बाज नहीं आया। कोई बात न बनता देख छात्राओं ने आखिरकार घर में इसके बारे में बताया। एक छात्र के शिकायतकर्ता पिता ने इसकी शिकायत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन में की तथा इस पर कार्रवाई की मांग रखी। चाइल्ड हेल्पलाइन की तरफ से पुलिस को शिकायत भेजी गई। पुलिस ने स्कूल में पहुंचकर टीचर को थाना में बुलाया। पुलिस ने अध्यापक से थाना में पूछताछ की है। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने कहा कि पुलिस ने टीचर को थाना में बुलाकर पूछताछ की है और जांच जारी है।
**मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया का किया स्वागत 16वां वित्त आयोग 23 जून को प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचा। शिमला पहुंचने पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया का स्वागत किया। आयोग की आज (24 जून ) प्रदेश सरकार के साथ राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में महत्वपूर्ण बैठक होगी। आयोग आगामी पांच वर्षों के लिए आर्थिक मदद पर एक रिपोर्ट तैयार करेगा। 01 अप्रैल, 2026 से वित्त आयोग की सिफारिशें लागू होनी हैं। वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत ही राज्यों के लिए राजस्व का वितरण होता है। प्रदेश में अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया सहित वित्त आयोग की 13 सदस्यीय टीम आई है, जिसमें सदस्य डॉ. मनोज पांडा, सदस्य अजय नारायण झा, सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, सदस्य डॉ. सौम्या कांति घोष, सचिव रित्विक पांडे, संयुक्त सचिव राहुल जैन, संयुक्त निदेशक अमरूथा, उप-निदेशक मानस बाजपेयी, सहायक निदेशक कुलदीप सिंह मीणा, सहायक निदेशक आनन्द कुमार सिंह और निजी सचिव कुमार विवेक शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की 23 जून को 90वें जयंती थी। साल 2021 में उनके देहांत के बाद यह उनका तीसरा जन्मदिन था। 23 जून,1934 को जन्मे वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। वे छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। निधन के बाद भी हिमाचल प्रदेश की राजनीति में उनके नाम का खासा प्रभाव है। उनके निधन के बाद से ही लगातार उनकी प्रतिमा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित करने की मांग उठती रही है। रविवार को उनकी जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल कांग्रेस के राज्य कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि देने पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह के साथ उन्हें करीब 22 साल काम करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के काम को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। यहां जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापना को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में सरकार विचार कर रही ह। रिज पर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रतिमा स्थापित की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार रिज के आसपास के उपयुक्त स्थान का चयन करने में जुटी हुई है। निश्चित तौर पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बता दें कि इसी साल फरवरी महीने के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। विक्रमादित्य सिंह वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य ने विधानसभा सभा परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने पिता की अपमान की बात कही थी। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विक्रमादित्य सिंह की आंखों से आंसू भी छलक पड़े थे। हालांकि बाद में विक्रमादित्य सिंह का इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ और कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें मना लिया। इसके बाद मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़े, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वीरभद्र सिंह के देहांत के करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी उनकी प्रतिमा स्थापना की मांग पूरी नहीं हुई है।
** शूलिनी शक्तिपीठम से 100 मीटर पहले आया हार्ट अटैक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के ओएसडी संजय शर्मा (53) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार देर शाम वह सोलन के प्रसिद्ध शूलिनी शक्तिपीठम में माथा टेकने पहुंचे थे। करीब 100 मीटर पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया और वह गिर गए। दुकानदार उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृ*त घोषित कर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विनोद सुल्तानपुरी रेस्ट हाउस में थे। उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। अग्निहोत्री शूलिनी मेले की सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। सभी मंत्री और नेता ठोडो मैदान चले गए। वहां संजय शर्मा के निधन का समाचार मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक विनोद सुल्तानपुरी समेत अन्य नेता भी तुरंत अस्पताल पहुंच गए। सभी कांग्रेसी नेताओं ने संजय शर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया है। संजय लंबे समय से डॉक्टर शांडिल के साथ जुड़े थे। वह सिरमौर जिला के नारग के रहने वाले थे।
सोलन में आयोजित तीन दिवसीय शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित उत्तर क्षेत्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के अंडर-13 आयु वर्ग में मोक्ष बरेट प्रथम तथा मनन शर्मा द्वितीय रहे। अंडर-15 वर्ग में अर्पण कश्यप प्रथम व ईशान गुप्ता द्वितीय तथा आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में मल्हार बेक्टा पहले, पार्थ शर्मा दूसरे तथा अर्नव तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में मयूर सक्सेना पहले, अधृत शर्मा दूसरे और तरूल तीसरे स्थान पर रहे। भाविका सूद को यंगेस्ट फीमेल खिलाड़ी चुना गया। वरिष्ठ वर्ग में उत्तम प्रकाश पहले, सूरज दहीया दूसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में गौरव शर्मा को सोलन में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ वर्ग में सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार सूर्यांशी शर्मा को दिया गया। विजेता खिलाड़ियों को सोलन ज़िला बार ऐसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता डी.के. शर्मा ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर सदस्य गौरव शर्मा, संकेत शर्मा, अधिवक्ता पियूष चंदेल, कौस्तुभ भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
**मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन डाडासीबा अस्पताल के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत निर्माणाधीन डाडासीबा नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में यह अस्पताल 50 बिस्तर का बनाया जा रहा है और दूसरे चरण में इसकी क्षमता 100 बिस्तर तक बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जसवां क्षेत्र का यह प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है और इस क्षेत्र के लोगों को सेवाएं प्रदान करता है, इसलिए अस्पताल में कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है और शेष निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 3.61 करोड़ रुपए की आवश्यकता है, जिसे राज्य सरकार जल्द उपलब्ध करवाएगी। इसके साथ ही यहां पर महिला रोग, हड्डी रोग, सर्जरी और एनेस्थिसिया के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ-साथ लैब तकनीशियन भी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा डाडासीबा अस्पताल को राज्य सरकार आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डाडासीबा नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य बीते पांच वर्षों से धीमी गति से चल रहा है तथा इसमें तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को राज्य सरकार विशेष अधिमान दे रही है तथा इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 200 पद भरने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर तथा सहायक प्रोफेसर के 22 पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए भी प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में आपाकालीन चिकित्सा अधिकारी के आठ पद भरे जाएंगे। साथ ही पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में सहायक प्रोफेसर के पांच पद भरे जाएंगे, ताकि इन दोनों चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रॉमा सेंटर क्रियाशील कर लोगों को सुविधा प्रदान की जा सके। इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र मनकोटिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
**मेटी-घरोह-बंडी-नागनपट्ट में कूहल निर्माण को खर्च होंगे एक करोड़ 38 लाख धर्मशाला: उप मुख्य सचेतक, विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं इस के लिए सिंचाई की नई परियोजनाओं की कार्य योजना भी तैयार की गई। रविवार को शाहपुर विस क्षेत्र में 20 लाख की लागत से निर्मित बडोदर कूहल का विधिवत शुभारंभ करने के उपरांत उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि एक करोड़ 38 लाख की लागत से मेटी, घरोह,बंडी कल्याड़ा, नागनपट्ट के किसानों के लिए कूहल का निर्माण किया जाएगा ताकि खेतों में सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल सके। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पिछले कई वर्षों से बढोदर कूहल को ठीक करने की मांग किसानों द्वारा उठाई जा रही थी इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए अब ठीक किया गया है तथा कूहल में अब पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आशीर्वाद से शाहपुर विस क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 38 लाख से मेटी,घरोह,बंडी कल्याड़ा, नागनपट्ट के किसानों के खेतो की सिंचाई के लिए कुहल बनाई जाएगी। जिससे किसानों के 54 हेक्टेयर खेतों की सिचाई के लिए उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हमेशा जन हित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। कांग्रेस सरकार ने चुनावों के समय जो जनता से वायदे किये थे उनको पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से हिम उन्नति क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिम उन्नति योजना के अंतर्गत क्षेत्र विशेष आधारित एकीकृत और समग्र कृषि को प्रदेश में बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिम उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदेश भर में चिन्हित किए गए समूहों के लिए भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय जलवायु और मिट्टी की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए क्लस्टर तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान वित्त वर्ष में हिम उन्नति योजना के अन्तर्गत 25 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। हिम उन्नति के अंतर्गत अब तक 286 क्लस्टरों को चिन्हित किया गया है जिनमें से 186 क्लस्टरों में खरीफ 2023 सीजन से गतिविधियॉं शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, एसडीओ रज्जाक बीडीओ महेश, प्रधान रेशम बेगम, पूर्व प्रधान हंसराज, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रणदीप राणा, सलीम खान सम्मू,अर्जुन सिंह,रमन कुमार,सादिक खान,सुधीर धीमान,पम्मी धीमान,विनोद कुमार,मनु मेहरा,कल्पिन्दर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने आज शूलिनी मेला के अंतिम दिवस पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का फाईनल सोलन और कण्डाघाट के बीच खेला गया। इनमें सोलन की महिलाएं विजयी रहीं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं मेले के स्वरूप को विविधता प्रदान करती है। इससे महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के मेले समिति के प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजीलेंस श्वेता ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने शूलिनी मेला के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से ठोडो मैदान में आयोजित हेल्दी बेबी शो के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण के प्रति लोगों में जागरूकता लाना है। इससे अभिभावकों को बच्चों के प्रतिरक्षण से सम्बन्धित टीकें इत्यादि समय पर लगाने, उम्र के अनुसार वज़न और लम्बाई, आयु के अनुरूप उनके विकास तथा व्यक्तिगत स्वच्छता इत्यादि के प्रति जागरूक एवं प्रेरित भी किया जाता है। उन्होंने विजेता शिशुओं एवं उनके माता-पिता को शुभकामनाएं दी तथा सभी प्रतिभागियों का इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि हेल्दी बेबी शो में शून्य से एक, एक से तीन तथा तीन से पांच साल तक के तीन वर्गों में शिशुओं व बच्चों को शामिल किया गया। इनमें विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुरूप तीन श्रेणियां हरित, पीली व लाल रखी गई थी। प्रतियोगिता में कुल 51 प्रतिभागियों ने भाग लिया और कोई भी बच्चा रेड ज़ोन में शामिल नहीं पाया गया। 35 बच्चे ग्रीन ज़ोन तथा 16 बच्चे यलो ज़ोन में पाए गए। इस अवसर पर जोगिन्द्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, संधीरा सीनू सिंह, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित थे।
सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित शूलिनी मेले के दौरान नन्हे बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में चम्मच दौड़, फ्रोग रेस, गुब्बारा फुलाना, शू टाई रेस, सैक रेस, गोलगप्पा खाओ जैसी रोचक खेलें शामिल रही। गोलगप्पा प्रतियोगिता में मोनिका, दिक्षा तथा मीना, सूई-धागा दौड़ में हिमानी, स्वाती व करीना, गुब्बारा फुलाओं में गोलू, अनिकेत व अनिष, शू टाई रेस में राजीव ठाकुर, उज्जवल व सोनाक्षी तथा सैक रेस में आरव शर्मा, आदित्य व आरव ठाकुर क्रमशः पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त महिलाओं व लड़कियों के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिला वर्ग में सविता तथा लड़कियों के वर्ग में भाव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
**स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विशेष रूप से रहे उपस्थित सोलन: माँ शूलिनी मेला-2024 की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। शूलिनी मेला समिति की ओर से मुख्यातिथि तथा विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं। इनके माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति एवं परम्पराओं का सम्वर्द्धन एवं संरक्षण भी सुनिश्चित होता है। सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से उभरते हुए लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उचित मंच प्राप्त होता है। उन्होंने मेला आयोजन समिति की सरहाना करते हुए कहा कि इस बार पहाड़ी लोक कलाकारों को अधिमान देते हुए अच्छी पहल की है। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में ए.सी. भारद्वाज तथा अजय तोमर व अजय चौहान ने अपनी प्रस्तुतियां दी। इनके अतिरिक्त मदन झाल्टा, विक्की राजटा व अरुण जस्टा सहित अन्य कलाकारों ने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेला समिति की ओर से की गई विशेष पहल के तहत राजकीय विद्यालयों की छात्राएं भी अपनी प्रस्तुति दे रही हैं। दूसरे संध्या में गीता आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन के विभिन्न पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन विकास और राज्य की जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। प्रदेश को खुशहाल और आधुनिक राज्य बनाने के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
**मुख्य परियोजना निदेशक समीर रस्तोगी ने स्व्यं सहायता समूहों की सराहना मंडी: जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद बिक्री के लिए मंडी के सेरी मंच पर सजने लगी है। यहां साप्ताहित मार्केट के दौरान बीते शनिवार को सेपु-बड़ी, पाइन नीडल प्रोडक्ट्स, आचार-चटनी और पत्तल की खूब ब्रिकी हुई। जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक समीर रस्तोगी ने स्वयं सहायता समूहों के इस पहल को खूब सराहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में मेलों का आयोजन किया जाता है तो वहां पर जाइका के स्टाल लगाए जा रहे हैं, ताकि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रिकी हो सके। समीर रस्तोगी ने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना के माध्यम से प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। परियोजना के सहयोग से मंडी वन मंडल में स्वयं सहायता समूह को बड़ियां व सीरा तैयार करने की ग्राइंडिंग मशीनें दी जा चुकी हैं। महिलाओं को उनके घरों के अंदर ही निर्मित बड़ियों व सेपु बड़ियों की काफी मांग रहती है। सेरी मंच पर सीपीडी जाइका समीर रस्तोगी के साथ सेवानिवृत हिमाचल प्रदेश वन सेवा अधिकारी वीपी पठानिया, प्रोग्राम मैनेजर विनोद शर्मा, एसएमएस जितेन शर्मा और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं। इससे पहले मुख्य परियोजना निदेशक ने वन मंडल मंडी में समीक्षा बैठक भी की।
हिमाचल प्रदेश में 28 जून को मानसून पहुंचने का पूर्वानुमान है। 26 जून से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार को कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। 24 और 25 जून को धूप खिली रहने की संभावना है। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बारिश नहीं होने से मौसम में उमस बढ़ गई है। राजधानी शिमला में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के मैदानी जिलों में भी हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 26 जून से प्रदेश में बारिश शुरू होगी। 27 और 28 जून को अधिक बारिश होने के आसार हैं। 28 जून तक प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। मानसून इस वर्ष सामान्य तारीख को ही हिमाचल में प्रवेश कर सकता है। उन्होंने बताया कि रविवार को कई जगह बादल बरसेंगे। 24 और 25 जून को मौसम साफ बना रहेगा।
अपनी अनूठी परम्परा के लिए विख्यात माँ शूलिनी मेला के दूसरे दिन प्राचीन खेल ठोडा का आयोजन ऐतिहासिक ठोडो मेला मैदान में किया गया। शाठा-पाशा दलों में होने वाले तीरंदाजी के इस रोचक एवं प्राचीन खेल का जुड़ाव महाभारत कालीन कौरवों एवं पांडवों से माना गया है। इस वर्ष शूलिनी मेला के ठोडा खेल में चार ठोडा दल भाग ले रहे हैं। इनमें ठोडा दल डरोल-ठियोग, कोटी-टिब्बा (सिरमौर), किशोर (ठियोग) तथा पाशी ठोडा दल दंवा (क्योंथल) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वाद्य यंत्र दल सिरमौर भी इसमें सहभागिता जता रहा है। इसमें अध्यक्ष राजीव ठाकुर, उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, सचिव हेमन्त अत्री, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार तथा सदस्य ललित कश्यप, भूषण कुमार शामिल हैं।
नौणी विश्वविद्यालय में NSUI नौणी द्वारा रक्त दान शिविर अयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में विनीत काम्बोज (राष्ट्रीय महासचिव युवा कांग्रेस एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) मौजूद रहे ।कार्यक्रम में जयवर्धन खुराना (प्रदेश उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) डॉ. रणजीत वर्मा (प्रदेश सचिव हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) छत्तर ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई) मदन हिमाचली प्रधान ग्राम पंचायत नौणी) तथा बलदेव ठाकुर (राजीव गाँधी पंचायती राज हिमाचल प्रदेश के प्रभारी) भी उपस्थित रहे । रक्तदान शिविर में 40 छात्र छात्राओं ने रक्त दान किया। इस मौके पर ईकाई अध्यक्ष ध्रुव सागर ने सभी अतिथियों और छात्रों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि NSUI नौणी छात्र हित में सदैव तत्पर है और आगे भी छात्र एवं समाज हित में कार्य करती रहेगी।
* मरीजों को अब एम्स और पीजीआई के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे *हिमकेयर और आयुष्मान योजना के अंतर्गत फ्री में होगा उपचार राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नए आयाम स्थापित कर रहा है यह उद्गार हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने टांडा मेडिकल कॉलेज में व्यक्त करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज टांडा में डॉक्टरों द्वारा गुर्दे का सफल प्रत्यारोपण ऑपरेशन करके स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित किया गया इस कार्य के लिए आर.एस. बाली ने समस्त टीम को बधाई दी है। आर.एस. बाली ने कहा कि गुर्दे के प्रत्यारोपण की इस सुविधा का लाभ यहां आने वाले अनेकों मरीजों को मिलेगा और अब उन्हें पीजीआई, एम्स के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और इससे उनके पैसों की भी बचत होगी। उन्होंने कहा इस सुविधा का लाभ मरीजों को हिमकेयर और आयुष्मान योजना के अंतर्गत फ्री में मिलेगा। उन्होंने कहा टांडा में इस सुविधा को शुरू करने के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री निरंतर फीडबैक लेते रहे और उन्हीं के प्रयासों से आज हम सभी को इसमें सफलता मिली है। पीजीआई के डॉक्टरों का भी पूरा सहयोग इसके लिए प्राप्त हुआ इसके लिए उन्होंने उनका भी धन्यावाद किया। उन्होंने बताया दिल के छेद और वल्व प्रत्यारोपण की सुविधा भी मेडिकल कॉलेज टांडा में मरीजों को मिल रही है यह भी कॉलेज की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया हमारा अगला लक्ष्य इस मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए ओपन हार्ट सर्जरी और ट्रॉमा सेंटर की सुविधा लाना है और जल्द इस कार्य को भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने मेडिकल कालेज में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है ताकि डा राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज में राज्य के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि डा राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज में नर्सिंग स्कूल को स्तरोन्नत कर नर्सिंग कालेज का दर्जा दिया गया इसके साथ ही टांडा मेडिकल कालेज में नवजात शिशुओं को स्तनपान को प्रोत्साहित करने के लिए शिशुओं तथा जच्चाओं के लिए लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर खोला जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ मिलाप शर्मा ने कहा मेडिकल कॉलेज टांडा में गुर्दे के प्रत्यारोपण की इस सफलता का श्रेय हिमाचल सरकार तथा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली को बहुत जाता है क्योंकि इस सुविधा को यहां लाने के लिए इन्होंने निरंतर प्रयास किए उन्होंने कहा आज जिस डाक्टर द्वारा गुर्दे का प्रत्यारोपण ऑपरेशन किया जा रहा है वह डाक्टर अमित भी इसी कॉलेज के छात्र रहे हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक डॉ मेजर अवनिंद्र कुमार, डॉ अभिनव राणा, डॉ अमित, डॉ संजीव, डॉ धीरज उपस्थित थे।
** भितलु में कुट-चम्यारा सड़क निर्माण पर व्यय होंगे 88 लाख विधानसभा में उप-मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को विकास खंड रेत की ग्राम पंचायत भितलू में 88 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली कुट से चम्यारा सड़क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकंडी व करेरी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्रदेश की सुख सरकार ऐसे स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने जा रही है। उप-मुख्य सचेतक ने कहा कि आने वाले समय में यहां पर्यटक बढेंगें और स्थानीय युवाओं को रोजगार के और अधिक अवसर मिलेंगें। उन्होंन कहा कि धारकंडी तथा करेरी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कारगर प्लान भी तैयार किया है तथा सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से खूबसूरत स्थानों को सड़कों के साथ जोड़ा जा रहा है ताकि पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि एससीडीपी स्कीम के अंतर्गत सुखुघाट, लाहडू, पलोया व पलून इलाकों में विद्युत समस्या का हल करने के लिए 22 लाख रुपए की लागत सुखुघाट एक ट्रांसफार्मर में लगाया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा, धारकंडी कांग्रेस के अध्यक्ष शशि शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी विनय, स्थानीय प्रधान रीना देवी, उप प्रधान राजेंद्र, समस्त वार्ड सदस्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अन्कज सूद, जल शक्ति अमित डोगरा, एसडीओ विधुत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।
शूलिनी मेले के दौरान आज उद्यान विभाग सोलन द्वारा नगर निगम सोलन के परिसर में इन्नर व्हील क्लब सोलन सिटी के सौजन्य से ‘फ्लावर शो’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्यान विभाग की अध्यक्षता डॉ. शिवाली ठाकुर ने की। इस पुष्प प्रदर्शनी में सोलन ज़िला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। आयोजन के दौरान गमले में उगाए जाने वाले फूलों, पुष्प प्रबंधन व नारा लेखन श्रेणी में विद्यार्थियों ने भाग लिया। फ्लावर शो प्लांट श्रेणी में स्थानीय लोगों तथा कट फ्लावर श्रेणी में पुष्प उत्पादकों द्वारा अपनी सहभागिता जताई गई। फ्लावर ऑफ द शो का पुरस्कार झाझा गांव के गगन दीप को लीलियम फूल की उत्कृष्ट किस्म के लिए दिया गया। कार्यक्रम में नौणी विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक डॉ. सुमन भाटिया और पुष्प विशेषज्ञ दुर्लभ पुरी भी उपस्थित थे।
धर्मशाला शहर में सोमवार 24 जून को प्रातः 10.00 बजे से सायं पांच बजे तक विद्युत लाइनों के रखरखाव के चलते विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। यह जानकारी देते हुए सहायक अभियंता रमन भरमौरिया ने कहा कि, आईपीएच कॉम्प्लेक्स, एमसीकार्यालय, यात्री निवास, क्षेत्रीय अस्पताल, आयुर्वेदिक अस्पताल, न्यायिक परिसर, टेलीफोन एक्सचेंज, एसपी कार्यालय, डीसी कार्यालय, डिपो बाजार, सिविल लाइंस, रामनगर, लोअर टीसीवी, महाजन क्लीनिक शामनगर, पुलिस लाइंस, एकजोत कॉलोनी, चीलगाढ़ी, हाउसिंग बोर्ड, शिक्षा बोर्ड, एआईआर, राजकीय महाविद्यालय, बीएड कॉलेज तथा सकोह, चेलियां, एचपीसीए स्टेडियम, सरस्वती नगर, सिविल लाइंस सिविल बाजार, फोरेंसिक लैब, माइक्रो वेव, टेलीफोन एक्सचेंज नरघोटा, टी एस्टेट पेट्रोल पंप (मानफिलिंग) गोरखा कॉलोनी, हाउसिंगकॉलोनी, सर्किट हाउस, ऑफिसर कॉलोनी चिलगाढ़ी, मैकलोडगंज मुख्यचैक, परमपावन दलाई लामा मंदिर, जोग्वियारागांव, हेरूगांव, दुसलान, टिप्पारोड, संजय मार्गऔर आसपास के क्षेत्रों में धर्मशाला शहर के काला पुलसबस्टेशन औरइससे जुड़े 11 केवी फीडरों के सामान्य रखरखाव का कार्य किया जाएगा। मौसम खराबी की स्थिति में विद्यतु लाइनों का रखरखाव का कार्य अगले दिन यानि मंगलवार को किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
धर्मशाला: राज्य परियोजना निदेशक, डॉ. सुनील चौहान ने कहा कि जाइका चरण-1 के तहत 300 से अधिक स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं और इन समूहों को ऋण प्रबंधन, लेखा और बहीखाता, कटाई के बाद, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विभिन्न प्रशिक्षण दिए गए। शनिवार को बैजनाथ में महिला, बाल मामले और महिला सशक्तिकरण मंत्रालय,श्रीलंका तथा जाइका-श्रीलंका के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल को जाइका के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए राज्य परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान ने कहा कि श्रीलंकाई प्रतिनिधियों की यह यात्रा दोनों देशों के बीच आपसी सीख और विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण अवसर है और यह आदान-प्रदान नई रणनीतियों और सहयोगों को प्रेरित करेगा, जिससे दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को लाभ होगा। पालमपुर में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार और उनकी टीम ने किया तथा प्रतिनिधिमंडल ने जाइका समर्थित हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने खंड परियोजना प्रबंधक पालमपुर के अंतर्गत बिनवा स्वयं सहायता समूह पपरोला, गोधन सिद्ध स्वयं सहायता समूह हरटाडा तथा त्रिशा स्वयं सहायता समूह टंग बोधल का दौरा किया तथा इन समूहों से चर्चा कर उनकी संरचना और कार्यप्रणाली को समझा। इन समूहों द्वारा उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई और समूहों द्वारा इन उत्पादों को बेचने के तरीकों की जानकारी भी प्रतिनिधिमंडल ने हासिल की। इन समूहों द्वारा बनाए गए अभिलेखों को भी विदेशी प्रतिनिधियों के साथ साझा किया गया। प्रतिनिधियों ने जाइका समर्थित बैजनाथ प्रगतिशील किसान उत्पादक उत्पादक कंपनी लिमिटेड, पपरोला का भी दौरा किया और इस कंपनी से जुड़े निदेशक मंडल और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से बातचीत की। वर्तमान में 450 किसान इस कंपनी से जुड़े हुए हैं और बेमौसमी सब्जियों, अनाज और दालों के भंडारण, प्रसंस्करण और खुदरा बिक्री में लगे हुए हैं। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के तहत गठित समूहों ने भी इस कंपनी के साथ संबंध स्थापित किए हैं और इस कंपनी के माध्यम से अपने उत्पाद बेच रहे हैं। इस दौरे के दौरान वरिष्ठ सलाहकार बलजीत संधू, रविन्द्र सिंह चैहान, योगिन्द्र पॉल, रितु गुप्ता,सपन ठाकुर, रजनीश शर्मा, अमित भूषण और परियोजना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनावों के लिए बीते रोज पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उदय कुमार सिंह पुत्र विद्या सिंह, निवासी गांव निचला खेड़ा, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़, गुरनाम सिंह पुत्र जागर सिंह, गांव चुहुंवाल, डाकघर एवं तहसील नालागढ़, हरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह गांव एवं डाकघर राजपुरा तहसील नालागढ़ तथा विजय सिंह पुत्र श्याम सिंह, गांव मंगूवाल, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़ ने आज़ाद प्रत्याशियों के रूप में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अतिरिक्त किशोरी लाल शर्मा पुत्र राम लोक शर्मा, गांव अम्बवाला, डाकघर पंजैहरा, तहसील नालागढ़ ने स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि तक कुल 08 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी 24 जून, 2024 को की जाएगी, जबकि नामांकन वापिस लेने की तिथि 26 जून, 2024 को सायं 03.00 बजे तक निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने गत देर सायं माँ शूलिनी मेला-2024 की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारम्भ भी किया। इस अवसर पर सोलन वासियों को माँ शूलिनी मेला की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. शांडिल कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति एवं लोक परम्पराओं को सहेजने में अपनी प्रमुख भूमिका निभाते हैं। देव भूमि हिमाचल में अधिकंश मेले एवं उत्सव देव परम्परा से गहरे से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि माँ शूलिनी के प्रति लोगों की अगाध श्रद्धा एवं आस्था का प्रतीक यह मेला निरंतर विस्तार पा रहा है जिसके लिए स्थानीय लोग एवं आयोजन समिति बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर मेला आयोजन समिति की ओर से स्वास्थ्य मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर माँ शूलिनी मेला-2024 की स्मारिका का विमोचन भी किया। इससे पूर्व उन्होंने मेला मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया एवं इनका अवलोकन कर इनमें गहन रूचि दिखाई। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में सारेगामा फेम तन्मय चतुर्वेदी, अभिज्ञ बैंड तथा रैप आई.डी. ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त एन.जेड.सी.सी. की ओर से प्रायोजित सांस्कृतिक दल द्वारा हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। मेला आयोजन समिति द्वारा स्थानीय सांस्कृतिक दलों व लोक कलाकारों को भी उचित अधिमान दिया गया है। ज़िला के तीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के बच्चों की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। पहले दिन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की की छात्राओं ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन के विभिन्न पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, कसौली नारायण सिंह चौहान, कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में बी.एड तृतीय सत्र के परीक्षा परिणाम में अव्वल आए छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों ने प्रथम श्रेणी में आकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसमें से 12 छात्रों ने 70 से 80% और 61छात्रों ने 80 से 85 % एवं 25 छात्रों ने 85 से 90% अंक प्राप्त किए हैं। यह परीक्षा परिणाम शैक्षणिक योग्यता की सफलता को दर्शाता है। सभी बच्चों ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त करके मिनर्वा कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसके अलावा कोई भी विद्यार्थी किसी भी विषय में अनुत्तीर्ण नहीं है। अनुष्का शोम ने 88.28% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान व निकेता और अनीता ने 87.71% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा रुचिता ने 87.14% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है । मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल ने सभी छात्रों और अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमारे कॉलेज के छात्रों ने हर साल की तरह अच्छे अंक प्राप्त करके प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए सम्मानित किया। कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है तथा महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहे है। और उन्होंने बताया कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में अव्वल आए मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
*कहा, मुख्यमंत्री हैं इस उपचुनाव के व प्रदेश के ख़राब हालात के ज़िम्मेदार *विश्व की सबसे बड़ी पार्टी को नहीं मिला जनसभा स्थल, सड़क पर करनी पड़ी सभा धर्मशाला : देहरा विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक विपिन सिंह परमार ने सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं दोषी हैं। उन्होंने इस तरह के हालात पैदा किए हैं कि अपने ही विधायक मंत्री और पार्टी के नेता ख़िलाफ़ हो गए। निर्दलीय जीतने वाले विधायकों को इस्तीफ़ा देना पड़ा। मुख्यमंत्री तानाशाही से सत्ता चलाना चाहते हैं लेकिन प्रदेश के लोग तानाशाही को स्वीकार नहीं करेंगे। देहरा के विकास के लिए होशियार सिंह ने पूरी लगन के साथ काम किया है। इस उपचुनाव में देहरा की जनता भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह भारी मतों से विजयी बनाने जा रही है। सत्ता के दुरुप्रयोग का आलम यह है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी को सरकार ने जनसभा के लिए मैदान नहीं दिया गया और हमें सड़क पर कार्यक्रम करना पड़ा। सत्ता के दुरुपयोग से हम रुकने वाले नहीं हैं और पूरी ताक़त के साथ ऐसी तानाशाही का सामना करेंगे। वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति के साथ-साथ प्रदेश के ठप पड़े विकास, व्याप्त अराजकता और ध्वस्त क़ानून व्यवस्था के ज़िम्मेदार भी मुख्यमंत्री स्वयं हैं। वह विधायकों को साथ लेकर चलने में यक़ीन नहीं रखते हैं। परमार ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा तानाशाही का पूर्ण रवैया अपनाया गया। हज़ारों की संख्या में चलते संस्थान बंद कर दिये गये। दस हज़ार से ज़्यादा युवाओं को नौकरी से निकाल दिया। मनमाने ढंग से अपने ‘लोगों’ को सरकार में ऐडजस्ट किया, जिन्होंने पार्टी के नेता पदाधिकारियों के साथ-साथ चुने हुए विधायकों का भी अपमान किया। उनके जनहित के काम रुकवाए। विकास के कामों को ठप किया, जिसके ख़िलाफ़ उन्होंने बार-बार आवाज़ उठाई, अपनी बातें कहने की कोशिश की, उनकी आवाज़ नहीं सुनी गई। उन्होंने सरकार की झूठी गारंटियों पर सवाल उठाया तो उन्हें चुप कराने की कोशिश हुई। उन्हें प्रताड़ित किया गया। विपक्ष डेढ़ साल से सरकार द्वारा की जा रही तानाशाही के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता रहा। तीन दिन पहले तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री पर बंधक बनाकर अपनी बातें मनवाने का आरोप लगाया। सरकार द्वारा इस तरह से व्यवस्था का दुरुपयोग पहले नहीं हुआ। क्या व्यवस्थाओं के दुरुपयोग को ही मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का नाम दिया है। विपिन सिंह परमार ने कहा कि देहरा से दो बार के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह को प्रताड़ित करने में मुख्यमंत्री ने कोई कसर नहीं छोड़ी। क्योंकि उन्होंने राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेसी के प्रत्याशी को वोट न देकर चम्बा के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता को वोट किया था। यही बात मुख्यमंत्री से सहन नहीं हुई और निर्दलीय विधायकों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री उन्हें, डरा-धमकाकर अपनी बात मनवाना चाहते हैं। इस प्रताड़ना से तंग आकर तीनों निर्दलीय विधायकों ने विधायकी से इस्तीफ़ा दे दिया। भाजपा के सहयोग के कारण ही उन्हें प्रताड़ित किया गया इसलिए भाजपा ने उन्हें इस उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने होशियार सिंह को भारी से भारी मतों से जिताने की अपील की।
द एसवीएन स्कूल बडोर घाटी में विद्यालय के अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित स्कूल कमेटी के सदस्य, चयनित हेड ब्वाय, हेड गर्ल और विद्यालय के चारों सदनों के कप्तान व उप कप्तानों का औपचारिक प्रवेश हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमन टी सी गर्ग, पुष्पा गर्ग,सोना गर्ग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल निदेशक लूपिन गर्ग ने की। समारोह का शुभारंभ छात्राओं द्वारा गणेश वंदना व दीप प्रज्वलित करते हुए किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि की आज्ञानुसार मार्च पास करते हुए सभी सदस्यों व सदनों का परिचय दिया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा नवगठित विद्यालय समिति के हेड बॉय, हेड गर्ल तथा चारों सदनों के कप्तानों व उप कप्तानों को औपचारिक रूप से बैज पहनाकर अलंकृत किया गया। इसके उपरान्त सभी सदस्यों ने पूरे सत्र में निष्ठा, समर्पण और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। निदेशक लूपिन गर्ग ने बताया कि 30 मई को विद्यालय में कक्षा 5 से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने स्वयं वोट देकर विद्यालय के हेड गर्ल के रूप में योगिता और हेड बॉय के रूप में आर्यन पाल का चुनाव किया था । इसके अतिरिक्त डिसिप्लिन इंचार्ज रितिका, कल्चरल इंचार्ज निवेदिता, स्पोर्ट्स इंचार्ज तनिष्क अरोड़ा, हेल्थ एंड हाइजीन इंचार्ज दिव्यांशी, आर्ट इंचार्ज हर्षिता, हॉस्पिटालिटी इंचार्ज स्नेहा, उदय हाउस के कप्तान के रूप में अदिति, उप कप्तान सूर्यांश, उज्जवल हाउस के कप्तान कनिष्क, उप कप्तान सियांशी, उमंग हाउस के कप्तान निकिता, उप कप्तान अदम्य व उड़ान हाउस के कप्तान शगुन व उप कप्तान चेतना को चुना गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि टी सी गर्ग ने सभी चयनित विद्यालय समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। साथ ही विद्यालय में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए समिति की भूमिका की महत्वपूर्णता भी बताई और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के एन.आई.सी. सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम) व वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट.) मशीनों की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रथम स्तरीय रैंडमाइजेशन की गई। मनमोहन शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैलेट यूनिट (बीयू)-169, कन्ट्रोल यूनिट (सीयू)-169 तथा वी.वी.पैट.-181 मशीनों की प्रथम स्तरीय छंटनी प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की उपस्थिति में कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ई.वी.एम. व वी.वी.पैट. अतिरिक्त संख्या में रखी जानी अनिवार्य हैं ताकि मतदान के दौरान इनमें कोई खराबी आने पर तुरंत दूसरी ई.वी.एम. से बदला जा सके। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 121 मतदान केन्द्रों के लिए 169 बीयू, 169 सीयू तथा 181 वी.वी.पैट उपलब्ध हैं। इस अवसर पर ज़िला के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ई.वी.एम. तथा वी.वी.पैट. के रैंडमाइजेशन की एक-एक सत्यापित प्रति भी उपलब्ध करवाई गई। प्रथम स्तरीय रैंडमाईजेशन में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर व संधीरा दुल्टा, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाजवादी पार्टी के राकेश बराड़ तथा आम आदमी पार्टी के भरत ठाकुर उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में इग्नू के माध्यम से स्नातक करने वाले छात्र - छात्राओं के लिए इग्नू द्वारा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन में डिप्लोमा शूरू किया गया है, जिसमें एडमिशन की अन्तिम तिथि 30 जून तक है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान स्कूल के लोक प्रशासन संकाय ने आपदा प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम प्राकृतिक और मानव जनित आपदाओं से बढ़ते खतरों से निपटने के लिए तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य हमारे देश को अधिक सुरक्षित और लचीला बनाना है, साथ ही शिक्षार्थियों के कैरियर की संभावनाओं को बढ़ाना है। कार्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप इंटर्नशिप घटक सहित आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को व्यापक रूप से कवर करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इंदौरा कालेज इग्नू के समन्वयक डॉ कमल सिंह ने बताया कि इसके इलावा स्नातक व पीजी डिप्लोमा व डिग्री के लिए एडमिशन की अन्तिम तिथि भी 30 जून तक है।
**शिवनाथ और ख़बली पंचायत में रविवार से सुचारू होगी पेयजलापूर्ति **सीएम के निर्देश पर हरकत में जलशक्ति विभाग, प्रतिनिधिमंडल ने बताई थी समस्या देहरा विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में अब पेयजल की किल्लत नहीं रहेगी। शिवनाथ व ख़बली पंचायत में पीने के पानी की समस्या रविवार को खत्म हो जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पेयजल संकट पर कड़ा संज्ञान लिया है। शुक्रवार को दोनों पंचायत का प्रतिनिधिमंडल देहरा में मुख्यमंत्री से मिला था। लोगों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को तुरंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। विभाग ने हरकत में आते हुए ख़बली व शिवनाथ पंचायत की पेयजल समस्या हल कर दी। दोनों पंचायतों के गांवों को अन्य पेयजल योजनाओं से जोड़ दिया गया है, रविवार से पानी की सुचारू आपूर्ति शुरू हो जाएगी। विभाग के उच्च अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पेयजल संकट का मूल कारण जाना है। ख़बली व शिवनाथ के अलावा अगर अन्य किसी पंचायत में भी पीने के पानी की आपूर्ति में दिक्कत आ रही होगी तो उसे भी दूर किया जाएगा। उच्च अधिकारियों ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में तैनात फील्ड स्टाफ से पेयजल आपूर्ति की जानकारी भी ली है। सीएम ने कहा कि लोगों ने उनसे मुलाकात कर पेयजल समस्या के बारे में बताया था। भीषण गर्मी पड़ने के कारण जलशक्ति विभाग की अनेक पेयजल योजनाएं ठप हो गई है। योजनाओं के स्रोत सूखने के कारण दिक्कत आ रही है। उन्होंने लोगों की पेयजल समस्या को दूर करने के निर्देश विभाग के उच्च अधिकारियों को दिए थे, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की है। पूरे देहरा विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी पीने के पानी की दिक्कत नहीं होगी। विभाग को समस्या का स्थायी समाधान निकालने को भी कहा है। ब्यास नदी से नई योजनाएं बनाकर पेयजल संकट को स्थायी रूप से खत्म किया जाएगा। ब्यास नदी पर बनी पुरानी पेयजल योजनाओं का सुदृढ़ीकरण कर नई तकनीक का इस्तेमाल कर साफ पेयजल लोगों को मुहैया कराएंगे। विभाग के अधिकारियों को देहरा के साथ ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पेयजल की कमी न होने देने के निर्देश दिए हैं।
सोलन पुलिस ने शूलिनी मेले को लेकर इस वर्ष एक नई पहल शुरू की है। इस बार सोलन पुलिस द्वारा मेले के दौरान 100 वालंटियर्स युवाओं का एक कोर ग्रुप तैयार किया गया है इस कोर ग्रुप में लड़के व लड़कियों की बराबर की हिस्सेदारी रहेगी। यह युवा मेले में आने जाने वाले लोगों को असामाजिक तत्वों के बारे में अवगत करवाएँगे तथा असामाजिक तत्वों की पहचान भीड़भाड़ वाले इलाके में करेंगे। इसके अतिरिक्त यह वालंटियर मेले में आने जाने वाले बाहरी राज्यों के लोगों की भी सहायता करेंगे तथा बुजुर्गों या बच्चो को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो यह वालंटियर्स उन्हें सहायता उपलब्ध करवाएंगे। शहर में यातायात को सुचारू रूप से चलाने में भी यह युवा पुलिस की सहायता करेंगे।
**सरकार बनाने के सपने छोड़ दे जयराम! **अपने नौ विधायकों की करें चिंता आने वालो दिनों में बीजेपी के 9 विधायकों की सदस्यता जा सकती है। ये बयान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हमीपुर में दिया है। दरअसल सीएम सुक्खू आज हमीरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा के नामांकन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी के नौ विधायकों ने बीते बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुंडागर्दी की थी, स्पीकर के सामने सदन पटल पर रखे कागजात को फाड़कर हवा में लहराया था। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से दी गई याचिका पर स्पीकर को फैसला लेना है और कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले में जल्दी फैसला लेने का आग्रह किया है। अगर ये नौ विधायक अयोग्य घोषित हुए तो दोबारा चुनाव में एक-दो ही गलती से जीतकर आएंगे। इससे कांग्रेस विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। अब ऐसा होता है या नहीं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन अगर ऐसा हुआ तो भारतीय जनता पार्टी की परेशानी बढ़ सकती है।
**महिलाओं को दे मुफ्त शौच सुविधा **कोर्ट ने दिए आदेश कोर्ट के आदेशों के बावजूद भी महिलाओं से शौच के लिए पांच रुपए का शुल्क लिया जा रहा है। प्रदेश हाई कोर्ट ने महिलाओं को मुफ्त शौचालय सुविधा सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम शिमला व सुलभ इंटरनेशनल सोशल आर्गेनाइजेशन को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। अब यदि महिलाओं से शौच के लिए शुल्क वसूला गया तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। कोर्ट ने इस बाबत दो सप्ताह का समय दिया है। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान व न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की खंडपीठ ने जनहित याचिका की सुनवाई के पश्चात नगर निगम शिमला को आदेश दिए कि महिलाओं को मुफ्त शौचालय सुविधा संबंधी जानकारी का प्रचार प्रसार सभी उपलब्ध माध्यमों से किया जाए। कोर्ट को बताया गया था कि कोर्ट के आदेशों के बावजूद शौच के लिए महिलाओं से पांच रुपए का शुल्क अभी भी लिया जा रहा है। कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए सुलभ इंटरनेशनल सोशल आर्गेनाइजेशन को निर्देश दिए कि अब यदि महिलाओं से शौच के लिए शुल्क वसूला गया तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।


















































