अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर बलाहर में विश्वविद्यालय-स्तरीय दसवें अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन प्रातः 06.15 बजे योगासनों के द्वारा किया गया। इसके उद्घाटक मुकुल कानिटकर ने योग के महात्म्य पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा भारत देश में 18 प्रकार के सूर्य नमस्कार प्रचलन में हैं। योग का अर्थ केवल व्यायाम नहीं हैं अपितु यह तो मोक्ष पर्यन्त जाने का मार्ग है। इस सत्र में अध्यक्ष के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. श्री निवास वरखेड़ी ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब तक भारत पूर्णतया विकसित नहीं हो जाता तब तक हम योग करते रहेंगे, क्योंकि योग से ही विकसित भारत बनाया जा सकता है। इसी सन्दर्भ में उन्होंने आगे कहा जब तक विश्व के सभी देशों के सभी नागरिक स्वयं से प्रेरित होकर स्वयं के स्वास्थ्य लाभ के लिए योग नहीं करेंगे तब तक हम योग दिवस मनाते रहेंगे। इस कार्यक्रम के सम्पूर्ति सत्र में योग स्पर्धा के विजेताओं को कुलगुरु सहित मुख्यातिथि एवं गणमान्यों ने पुरस्कृत किया। साथ ही 3 पत्रिकाओं एवं संस्कृत ओलम्पियाड का विमोचन किया गया। उसके उपरान्त विश्वविद्यालय खेल कूद उत्कृष्टता केन्द्र का भी उद्घाटन किया गया जिसकी अधिसूचना एक वर्ष पूर्व जारी हुई थी। ध्यातव्य है कि अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के शुभ अवसर पर वेदव्यास परिसर, बलाहर में देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 200 प्रतिभागी मार्गदर्शकों सहित उपस्थित रहें जिन्होंने विभिन्न प्रकार की योगिक मुद्राओं के द्वारा सभी को प्रभावित किया। इस दौरान अतिथियों सहित विश्वविद्यालय के मार्गदर्शकों, प्राध्यापकों, प्रतिभागियों, कर्मचारियों ने मिलकर सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। इस अवसर पर वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी ने सभी का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। इसमें प्रो. बनमाली बिश्वाल एवं प्रो. मदन मोहन झा आमन्त्रित अतिथियों के रूप में उपस्थित रहें। महोत्सव के संयोजक डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी,प्रो मंजूनाथ भट्ट, डा पुरुषोत्तम, डा सत्यदेव, डा नाथधर द्विवेदी, डा श्याम बाबू, डा अमित वालिया, डा राजन मिश्र, डा मनीष कुमार, डा संजय मनकोटिया ,डा मनोज श्रीमाल, डा हरिओम, डा अमर चंद, डा रामनारायण ठाकुर, डा योगेश पांडे, डा वीनापाणी, डा मुकेश शर्मा, डा दीप कुमार सहित समस्त शिक्षक,कार्यालय कर्मचारी व छात्र छात्राएं भी मौजूद रहे।
हिमाचल में बनी 22 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। हिमाचल समेत देश में निर्मित 52 दवाएं मानकों पर खरा नहीं उतरी हैं। पांवटा साहिब की दवा कंपनी जी लेबोरेटरी के तीन और झाड़माजरी के डेक्सीन फार्मा के दो सैंपल एक साथ फेल हुए हैं। ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि फेल होने वाली दवा उद्योगों को नोटिस जारी किए जाएंगे। बाजार से स्टॉक को वापस मंगवाया जाएगा। मई के ड्रग अलर्ट में यह सैंपल फेल हुए हैं। हिमाचल में दवा के सैंपल लेने का अनुपात अन्य राज्यों से 90 फीसदी अधिक है। केंद्रीय औषधि नियंत्रण संगठन ने मई में देशभर में दवाओं के सैंपल लिए। इसमें देश में 52 दवाएं मानकों पर सही नहीं पाई गई। सिरमौर के पांच, ऊना का एक और 16 सैंपल सोलन जिले के फेल हुए हैं। इसमें गले का इंफेक्शन, उच्च रक्तचाप, कैंसर, दर्द, जीवाणु संक्रमण, अल्सर, खांसी, एलर्जी, वायरस संक्रमण, एसिडिटी, खुजली और बुखार की दवा के सैंपल सही नहीं पाए गए हैं। बरोटीवाला के झाड़माजरी के स्काटाडलि कंपनी की बीपी की मेट्रोप्रोजल, झाड़माजरी डेक्सीन फार्मा की गले के इंफेक्शन की सेफुरोक्साइम और संक्रमण की दवा सेफिक्सिम, बद्दी की विंगस बायोटेक की कैंसर की दवा प्रेडनिसोलोल, ऊना के टाहलीवाल स्थित न्यूरो पैथिक की अल्फा लिपोईक एसिड, लोदी माजरा की नवकार कंपनी की उच्च रक्तचाप, पांवटा साहिब के पेस बायोटक कंपनी की जीवाणु संक्रमण, बद्दी के बायो एटलस फार्मा की बीपी की दवा टेलमीसार्टन, बद्दी की हिल्लर लैब की अल्सर की दवा पेंटा प्रोजोल, बरोटीवाला की डब्लयूपीबी फार्मा की खांसी की दवा लेवोसाल, पांवटा की जी लेबोरेटरी की एलर्जी की दवा डेक्सामेथासोन इंजेक्शन, बद्दी के गल्फा लेबोट्री की दर्द की दवा डेक्लोफेनाक के सैंपल फेल हुए हैं। काठा स्थित एलियन बायोटेक कंपनी की एलर्जी की मोंटीलुकास्ट, पांवटा की जी लेबोरेटरी की बैक्टीरिया की सेफ्ट्रिएक्सोन, बरोटीवाला की फार्मा रूट्स हेल्थ केयर की उच्च रक्तचाप की दवा रेमीजोल, झाड़माजरी की केप टेप कंपनी की बैक्टीरिया की दवा सेफ्ट्रिएक्सोन, पांवटा साहिब की जी लेबोरेटरी की नेत्र संक्रमण की जेटामाईसीन, कालाअंब की इंटीग्रेटेड कंपनी की वायरस संक्रमण की दवा सेक्ट्राई एक्सन, बद्दी की विंग्स नोविटास हेल्थकेयर कंपनी की इंफेक्शन की दवा मोक्सीटेस, बद्दी के एलवी लाइफ साइंस की एसिडिटी की दवा रेबोप्रोजोल, नालागढ़ के मझोली की रेकिन केयर लाइफ कंपनी की दर्द और बुखार की दवा लेबोटेज, सोलन को बड़ोग के रोमा फार्मा की दर्द और बुखार की दवा एसिक्लोफेनाक दवा के सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरे हैं।
खेल तथा क़ानून मंत्री, यादविंदर गोमा ने कहा कि निरोग रहने के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना वेहद जरूरी है। योग को दिनचर्या में शामिल कर लोग शारीरिक और मानसिक रूप में निरोग तथा खुद को सशक्त बनाए रख सकते हैं। गोमा ने राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय पपरोला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग कार्यक्रम में कही। उन्होंने 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए हम सभी को योग अभ्यास को अपनी दिनचर्या में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग भारत की ऐतिहासिक और समृद्ध परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। वर्तमान में हृदय रोग, मधुमेह जैसी कई ऐसी बीमारियां जिनके लिए योगाभ्यास जरूरी है। उन्होंने लोगों से आह्वान भी किया कि वे रोजाना योग के लिए समय निकालें। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय पपरोला प्रदेश का एकमात्र आयुर्वेदिक महाविद्यालय है। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे और रिक्त पदों को भी जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में और अधिक सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर उपचार मिल सके। इससे पहले महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ विजय चौधरी ने आयुष मंत्री का महाविद्यालय में पहुंचने पर स्वागत किया। योग शिविर में प्राध्यापक वर्ग, प्रशिक्षु चिकित्सक और लोगों ने योग क्रियाएं की।
सोलन की अधिष्ठात्री देवी माँ शूलिनी में अपार श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक तीन दिवसीय माँ शूलिनी मेले का आज सोलन में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ शुभारम्भ हुआ। मेले में पारम्परिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सैंकड़ों लोग माँ शूलिनी मन्दिर में एकत्र हुए और मंगलमयी शोभायात्रा में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से पुरानी कचहरी में माँ शूलिनी की सुसज्जित पालकी की अगुवाई की। उन्होंने इस अवसर पर माँ के समक्ष शीश नवाया और सभी के सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने पवित्र शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने बघाट बैंक से माँ की पवित्र पालकी पर पुष्प वर्षा भी की। इस अवसर पर सोलन शहर के विभिन्न स्थानों पर तीन दिनों तक भण्डारे भी आयोजित किए जाते हैं। इन तीन दिनों तक सोलन शहर भक्ति रस से ओत-प्रोत रहता है। राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला अपने ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है। इससे पूर्व आज प्रातः माँ शूलिनी की पूजा एवं हवन के साथ मेले का विधिवत शुभारम्भ हुआ। डॉ. शांडिल ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शूलिनी मंच पर आयोजित हवन में भाग लिया। इसके साथ ही राज्य स्तरीय तीन दिवसीय मेले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आज से आरम्भ हो गई। स्वास्थ्य मंत्री ने वॉलीबाल प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से भेंट की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने आयोजक मण्डल को खेल प्रतियोगितायों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। नगर निगम सोलन के पार्षदगण, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी (ना.) सोलन डॉ. पूनम बसंल, कसौली नारायण सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राजकीय दंत महाविद्यालय एवं चिकित्साल्य में 21 जून को कॉलेज का तीसरा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, जिसमें आयुष हेल्थ सेंटर के प्रशिक्षक मनीषा द्वारा एक घंटे का योग सेशन किया गया ,जो कि सुबह 7:३० से 8 :30 बजे तक हुआ। इस सेशन में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ.आशु गुप्ता, डॉ.आशीष, डॉ. पुष्पलता, डॉ.अर्चना, डॉ. मनीष, डॉ.पारुल और लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया। सेशन के दौरान सभी ने शांति और सकारात्मकता का अहसास किया अतः अंत में प्रधानाचार्या द्वारा योग प्रशिक्षक मनीषा को सम्मानित किया गया अथवा सभी भागियों को जलपान और टी शर्ट्स बांटी गई। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अटल मैडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी नेर चौक मंडी द्वारा किया गया।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 21 जून 2024 को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गयाI जानकारी देते हुए विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस स्कूल के प्रांगण में शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा, एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, लायन एको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर , एनसीसी प्रभारी अमर देव स्कॉउट & गाइड्स कप्तान पिंकी कुमारी एवं विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग द्वारा आयोजित किया गया I शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने सभी बच्चों को विभिन्न प्रकार के योग आसन करवाए I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि इस अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यालय में सभी इकाइयों के बच्चों और अध्यापकों ने योग एवं प्राणायाम किया I विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष , पीटीए अध्यक्ष ने भी सभी बच्चों और अध्यापकों को योग दिवस की बधाई दी I इन योग क्रियाओं मे लगभग 150 बच्चों ने, जिसमे एन०सी०सी० केडेट, एन एस एस स्वयंसेवियों , स्काउट एंड गाइड और लायन इको क्लब के बच्चो और इसके प्रभारियों ने भी भाग लिया I इस योग दिवस पर सभी बच्चों को योग के महत्व से अवगत करवाया गया। मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल हमारे शारीर को ही ठीक रखता हे बल्कि हमारे मानसिक दिमाग को भी ताज़ा करता हैं और योग करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है I उन्होंने बच्चो को योग क्रियाओं को प्रतिदिन करने के लिए प्रेरित किया I कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चो को फल बांटे गए I
एसवीएन स्कूल कुनिहार ने 21 जून 2024 को गर्व से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। यह कार्यक्रम स्कूल के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित किया गया और इसमें छात्रों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। उत्सव की शुरुआत स्कूल के शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने दैनिक जीवन में योग के महत्व और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए इसके लाभों पर जोर दिया। इसके बाद स्कूल के एनएसएस दल और शावक और बुलबुल के नेतृत्व में योग सत्रों की एक श्रृंखला आयोजित की गई। विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने विभिन्न योग मुद्राओं (आसन), श्वास तकनीक (प्राणायाम), और ध्यान प्रथाओं का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को लचीलेपन, शक्ति और विश्राम पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक योग दिनचर्या के माध्यम से मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण किंडरगार्टन के बच्चों द्वारा समूह योग प्रदर्शन था । इस प्रदर्शन को तालियाँ और सराहना मिली। प्राचार्य ने अपने समापन भाषण में सभी को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। स्कूल के चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा, "योग हमारी परंपरा का एक मूल्यवान उपहार है जो हमें स्वस्थ और अधिक संतुलित जीवन जीने में मदद कर सकता है। हमें उम्मीद है कि आज का कार्यक्रम हर किसी को योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगा।" कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान सत्र के साथ हुआ, जिससे प्रतिभागियों को तरोताजा और शांतिपूर्ण महसूस हुआ। एसवीएन स्कूल का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाना एक बड़ी सफलता थी, जिससे स्कूल समुदाय के बीच योग के लाभों के बारे में जागरूकता फैल गई और एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा मिला।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर गणपति एजुकेशनल सोसाइटी कुनिहार में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस योग शिविर में 40 विशेष बच्चों तथा उनके अभिभावकों, शिक्षकों तथा अन्य लोगों सहित 120 लोगों ने भाग लिया। योग शिविर में 'आर्ट ऑफ लीविंग' आयुष मंत्रालय से सर्टीफाइड योगा ट्रेनर संजीव हरनोट ने बच्चों को अलग-अलग तरह के योग, ध्यान, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, नोका आसन, वृक्षा आसन,अर्धउष्ट आसन, शशांक आसन, पवनं-मुक्त आसन तथा बच्चों की सुविधानुसार अनेक आसन सिखाएं। इस अवसर पर संस्थान के समन्वयक रोशन लाल शर्मा ने योग से होने वाले लाभों तथा योग के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा संजीव हरनौट का संस्था के लिए बहुमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर समन्वयक, स्पेशल एजुकेटर ज्योति ,चन्द्रकाता, अंजना, संगीत अध्यापक शादीराम तथा बालक राम उपस्थित रहें।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शुक्रवार सुबह अपने मुख्य परिसर में 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल उपस्थित रहे। योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस के योग विशेषज्ञ और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुबोध सौरव सिंह और डॉ. माला त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के छात्रों, कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए योग सत्र का नेतृत्व किया। प्रोफेसर चंदेल ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर जोर देते हुए इसे स्वस्थ मन और शरीर को बनाए रखने के लिए आवश्यक विज्ञान आधारित भारतीय अभ्यास बताया। उन्होंने कहा कि भले ही विकास और प्रगति ने हमें हर संभव सुविधा दी है लेकिन यह अपने साथ जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियां भी लेकर आया है जो उच्चतम स्तर पर कार्य करने की हमारी क्षमता को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वस्थ और तनाव मुक्त जीवन प्राप्त करने के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर योग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध सौरव सिंह और डॉ. माला त्रिपाठी ने सभी के लिए योग और ध्यान के महत्व को रेखांकित किया, योग को जीवन के एक तरीके के रूप में चित्रित किया जिसे दैनिक गतिविधियों में सहजता से शामिल किया जा सकता है। 90 मिनट के कार्यक्रम के दौरान, प्रतिभागियों ने विभिन्न योग आसन और उनकी सही तकनीकों के साथ-साथ इन अभ्यासों के लाभों को भी सीखा। इससे पहले, बागवानी के डीन डॉ. मनीष शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और योग दिवस के इतिहास को साझा करके कार्यक्रम की शुरुआत की। डीन छात्र कल्याण डॉ. केके रैना ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया। इस कार्यक्रम में सभी वैधानिक अधिकारियों, एचओडी, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों सहित 150 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, नेरी और थुनाग में विश्वविद्यालय के बागवानी और वानिकी कॉलेज में भी योग दिवस मनाया गया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र के कुड्डू के समीप चौड़ी कैंची में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटना में चार लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह बस कुड्डू से गिलटाड़ी जा रही थी। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। राज्यपाल ने घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत प्रदान करने और नागरिक अस्पताल रोहड़ू में उपचाराधीन घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है। उप-मुख्यमंत्री ने बस हादसे पर शोक व्यक्त किया और घटना में मृत*कों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
** किन्नौर जिला की 309 महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 4500 रुपये की राशि जारी ** किन्नौर जिला के पुलिस लाईन रिकांग पिओ में 02 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित एन.जी.ओ मैस का लोकार्पण किया ** 07 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले प्रशासन ब्लॉक का शिलान्यास किया ** 05 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र का शिलान्यास किया राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित पुलिस लाईन में 02 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित एन.जी.ओ मैस का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 07 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले प्रशासन ब्लॉक तथा मिनी स्टेडियम रिकांग पिओ में 01 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि से बनने वाली पार्किंग तथा सुलभ शौचालय का शिलान्यास किया। राजस्व मंत्री ने इससे पूर्व जिला के रिकांग पिओ में 05 करोड़ 65 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र का शिलान्यास किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला परिषद किन्नौर ने सभी जिला परिषद सदस्यों की और से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 01 लाख 04 हजार 400 रुपये का चैक राजस्व मंत्री को भेंट किया। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार सम्पूर्ण प्रदेश सहित जनजातीय जिलों का विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी गांरटियों को पूरा करने के लिए तत्पर है तथा इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने की गांरटी को भी प्रदेश सरकार द्वारा पूर्ण किया गया है, जिसके तहत जनजातीय जिला किन्नौर में 309 महिलाओं को 01 अप्रैल से 30 जून, 2024 तक 4500 रुपये उनके बैंक खातों मे जमा कर दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इसके तहत भूमिहीन लोगों को भूमि का अधिकार प्रदान करने के लिए वन अधिकार अधिनियम-2006 तथा नौ-तोड़ के तहत भूमि शीघ्र प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को एफ.आर.ए व नौ-तोड़ की बारीकियों व पहलुओं से अवगत करवा दिया गया है ताकि शीघ्र उपेक्षित वर्गों को इसका लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधिक्षक सृष्टि पांडे, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, जिला परिषद के अन्य सदस्यों सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने शूलिनी इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बिजनेस मैनेजमेंट (एसआईएलबी) के सहयोग से "महिला सशक्तिकरण के लिए योग" थीम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण को बढ़ाने में योग की परिवर्तनकारी शक्ति पर प्रकाश डाला गया। समारोह में भाग लेने वाले अतिथियों एसआईएलबी की अध्यक्ष सरोज खोसला, चांसलर प्रो. पी.के. खोसला, मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला और संचालन निदेशक ब्रिगेडियर एस डी मेहता शामिल थे। सरोज खोसला को महिला सशक्तिकरण और शिक्षा में उनके योगदान के लिए योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस (YSSH) के निदेशक प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री द्वारा सम्मानित किया गया। अपने मुख्य भाषण में, सरोज खोसला ने महिलाओं की क्षमता और ताकत के बारे में बात की, उन्होंने आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास प्राप्त करने के लिए योग को एक उपकरण के रूप में भी उजागर किया। सहायक प्रोफेसर डॉ. सुमन रावत और पीएचडी स्कॉलर रेनिता सिन्हा ने कार्यक्रम की मेजबानी की। डॉ. रावत ने योग सत्र का नेतृत्व किया और प्रतिभागियों को विभिन्न आसन और श्वास अभ्यास के माध्यम से मार्गदर्शन किया गया । सत्र में लगभग 120-130 व्यक्तियों की भागीदारी देखी गई, जिसमें एसआईएलबी और शूलिनी विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्रों के साथ-साथ आउटरीच टीम और उनके छात्र भी शामिल थे। शूलिनी विश्वविद्यालय में योगानंद पुस्तकालय ने भी योग और सशक्तिकरण पर विषयगत पुस्तकों की दो दिवसीय प्रदर्शनी के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। यह प्रदर्शनी 20 और 21 जून को आयोजित की गई, जिसमें कुलाधिपति और योग संकाय सहित 110 से अधिक छात्र, संकाय और कर्मचारी शामिल हुए। योग सत्रों के अलावा वाईएसएसएच ने पंचकुला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के लिए एक महत्वपूर्ण योग कार्यक्रम का आयोजन किया, जहां 3000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों ने सत्र में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य योग के माध्यम से सुरक्षा बलों की शारीरिक और मानसिक लचीलापन को बढ़ाना था। प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री की देखरेख में सहायक प्रोफेसर डॉ. अपार कौशिक ने प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इन कार्यक्रमों का समन्वय किया। इस अवसर पर योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस (YSSH) के निदेशक प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री ने कहा, “प्रत्येक अस्तित्व योग में उत्पन्न होता है और योग में विलीन हो जाता है। यह न केवल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए एक अभ्यास है, बल्कि इसे मानव के हर सांस लेने के क्षण का हिस्सा बनना चाहिए ताकि परम के साथ अंतिम मिलन से पहले प्रत्येक व्यक्ति का स्वयं के साथ, स्वयं का दूसरों के साथ, और स्वयं का प्रकृति के साथ मिलन हो सके।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रिज पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में योग क्रियाएं की। आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अन्य व्यक्तियों ने भी योग में भाग लिया। इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज पूरा विश्व योगमय हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और सम्पूर्ण विश्व इसे अपना रहा है। योग हमें प्राचीन संस्कृति, परम्परा और अध्यात्म से जोड़ता है। यह व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। वर्तमान में अधिकांश बीमारियां मानसिक स्वास्थ्य से संबन्धित होती है और मन को दृढ़ करने के लिए व्यक्ति को जीवन में योगाभ्यास अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग जीवन जीने की पद्धति है और लोगों को योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। यह हमारे जीवन की नकारात्मकता को दूर करने में भी मदद करता है। योग हमें प्रकृति के भी करीब लाता है, जिससे हम शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। इस अवसर पर विधायक जे.आर. कटवाल, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल के विद्यार्थी और लोगों ने यौगिक क्रियाएं की। इससे पहले, राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के योगाध्ययन विभाग के डॉ. सत्य प्रकाश पाठक द्वारा राजभवन में आयोजित किए गए योग और ध्यान कार्यक्रम में भाग लिया। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा और स्टाफ के अन्य सदस्यों ने भी योगासन किए।
हमीरपुर जिला के तहत भोटा के नजदीक टियाले दा घट के कैंची मोड़ के पास अज्ञात वाहन द्वारा एक वृद्ध महिला को बुरी तरह से कुचलने का मामला सामने आया है। हादसे के दौरान वृद्ध महिला का शरीर तीन हिस्सों में बंट गया। वहीं हादसे को अंजाम देने वाला वाहन चालक मौके से फरार हाे गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा श*व को इकट्ठा कर कब्जे में लिया। मृत*क वृद्ध महिला की पहचान बर्फी देवी (95) पत्नी बक्शी राम गांव टिबड़ा पंचायत भैल डाकघर बरोटी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। महिला अपनी रिश्तेदारी में गांव चौकड़ डाकघर अग्घार तहसील जिला हमीरपुर के पास रहती थी। जो सुबह सैर करने निकली थी। पुलिस के अनुसार फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव के दृष्टिगत आज ज़िला पंचायत अधिकारी कार्यालय सोलन में स्थित ज़िला पंचायत संसाधन केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ई.वी.एम.) तथा वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट) की प्रथम स्तरीय जांच, मॉक पोल व लोड टेस्ट कड़ी सुरक्षा के बीच में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निगरानी में की गई। तदोपरांत प्रथम स्तरीय जांच में सही पाई मशीनों को पुराने उपायुक्त कार्यालय में स्थित वेयरहाउस से 12 ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा चयन कर ज़िला पंचायत संसाधन केन्द्र सभागार में मॉक पोल के लिए स्थानांतरित किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनके द्वारा 12 ई.वी.एम. मशीनों में से 02 मशीनों पर 1200 मॉक पोल, 05 मशीनों पर एक हजार व 05 मशीनों पर 500 मॉक पोल डाले गए। मॉक पोल में डाले गए मतों की गणना व वी.वी.पैट. की पर्चियों का मिलान किया गया। इसके अतिरिक्त वी.ई.एल. बैंगलुरू के अभियंता द्वारा 02 मशीनों पर लोड टेस्ट भी किया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की संधीरा दुल्टा, भारतीय जनता पार्टी से चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाज पार्टी राकेश बराड़ सहित नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर उपस्थित थे।
उप निदेशक पशुपालन विभाग सोलन डॉ. राजीव खुराना ने कहा कि राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला 2024 के उपलक्ष्य पर ज़िला प्रशासन के सौजन्य से श्वान प्रर्दशनी (डॉग शो) का आयोजन 23 जून, 2023 को नगर निगम हॉल नज़दीक ठोडो मैदान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में पाले जा रहे देशी व संकर नस्ल के श्वान के साथ श्वान पालक भाग ले सकते हैं। श्वान प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए प्रतिभागी अपने पालतू श्वान का पंजीकरण 22 जून, 2023 तक विभाग के किसी भी पशु चिकित्सा संस्थान में मात्र 100 रुपये पंजीकरण शुल्क देकर करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्वान पालक 23 जून, 2023 को प्रातः 09.30 बजे से प्रातः 11.30 बजे तक भी पंजीकरण करवा सकते हैं। डॉ. राजीव खुराना ने कहा कि श्वान प्रदर्शनी में तीन श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप प्रोत्साहन राशि 2100, 1100 तथा 750 रुपये नगद इनाम के तौर पर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर नस्ल में सर्वश्रेष्ठ श्वान को 500 रुपए नगद तथा ‘चैपियन ऑफ द शो’ को 3100 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने सभी श्वान पालकों से श्वान प्रदर्शनी में भाग लेने का आग्रह किया।अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-223593 तथा 221647 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
** किन्नौर जिला के आई.टी.डी.पी भवन में जिला योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की ** वन अधिकार अधिनियम-2006 व नौ-तोड़ की बारीकियों से उपस्थित अधिकारियों को करवाया अवगत राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने किन्नौर जिला के प्रवास के दौरान आज जिला के रिकांग पिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन में जिला योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जिला में आरंभ किए गए विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान करें ताकि जिला के सभी लोगों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सम्पूर्ण प्रदेश सहित जनजातीय जिलों के विकास के लिए दिन-रात कार्य कर रही है तथा वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से जनजातीय जिलों के भूमिहीन लोगों को भूमि प्रदान की जाएगी। इस दौरान उन्होंने वन अधिकार अधिनियम-2006 पर विस्तृत चर्चा की तथा वन अधिकार अधिनियम की बारीकियों एवं विभिन्न पहलुओं से अधिकारियों को अवगत करवाया। इसके अलावा उन्होंने नौ-तोड़ के विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी प्रदान की। बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर में मनरेगा, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन इत्यादि जैसी कई योजनाओं के माध्यम से लोगों को रोजगार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कहा कि वह उनके विभाग के माध्यम से कार्यन्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में किसी प्रकार की कौताही न बरतें व अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं नागरिक अस्पताल चांगो में रिक्त पड़े पदों पर विस्तृत चर्चा की गई और कैबिनेट मंत्री ने इन पदों को शीघ्र भरने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा प्रदान किए जा रहे मटर के बीज एवं जागरूकता शिविरों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा इन शिविरों के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान रूपी वैली में सेब के किस्म के पौधों एवं किवी पर चर्चा की गई तथा बागवानी विभाग द्वारा जिला में आयोजित किए गए जागरूकता शिविरों का ब्यौरा मांगा गया। बागवानी विभाग को इन शिविरों के माध्यम से रूपी वैली में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पूह विकास खण्ड में बिजली की लो-वोल्टेज की समस्या का मामला उठाया गया तथा कैबिनेट मंत्री ने विद्युत विभाग को इस समस्या को शीघ्र दुरूस्त करने के निर्देश दिए और ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के स्थान चिन्हित करने को कहा ताकि स्थानिय लोगों को राहत मिल सके। बैठक में पेयजल की समस्या, जल निकासी एवं विद्युत परियोजनाओं द्वारा अवैध डम्पिंग की समस्या पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पूर्व उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सृष्टि पांडे, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, उपमण्डलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, सहायक आयुक्त विजय कुमार तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
** समस्त परियोजना अधिकारियों को प्रभावित पंचायतों में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए ** विद्युत परियोजनाओं में स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करने में प्राथमिकता प्रदान करने को कहा राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के लोक निर्माण विश्राम गृह रिकांग पिओ में स्थानीय क्षेत्र विकास समिति (लाडा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्री ने शोंगटोंग-करच्छम जल विद्युत परियोजना, काशंग जल विद्युत परियोजना व अन्य लघु जल विद्युत परियोजनाओं के प्रबंधकों एवं परियोजना प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ प्रभावित पंचायतों में चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर उन्होंने जल विद्युत परियोजनाओं द्वारा राशि जमा करवाने व परियोजना संशोधित लागत में हुई वृद्धि पर विस्तृत चर्चा की और परियोजना निर्माण के कारण वन सम्पदा एवं वन अधिकारों को हुए नुकसान के संदर्भ में प्रभावितों को मुआवजा अदा करने पर जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने परियोजना निर्माण के कारण प्रदूषण से कृषि व बागवानी फसलों को हुए नुकसान में प्रभावितों को मुआवजा जमा करने पर विस्तृत चर्चा की और दोहराया कि वर्तमान राज्य सरकार कृषक एवं बागवानों के हितों के संरक्षण के प्रति वचनबद्ध है। बागवानी मंत्री ने विद्युत परियोजनाओं में स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करने पर विस्तृत ब्यौरा मांगा और परियोजना प्रबंधकों से आह्वान किया कि वे स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करने में प्राथमिकता प्रदान करें। इसके अतिरिक्त विद्युत परियोजनाओं द्वारा कॉरपॉरेट सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों पर जानकारी मांगी गई तथा परियोजना प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, सामुदायिक अधोसंरचना विकास एवं खेल मैदानों पर बल दिया गया ताकि समावेशी नीतियों को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
** 356.72 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला ऊना के ऊना और हरोली विधानसभा क्षेत्रों के लिए 356.72 करोड़ रुपये की सात विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने पेखूबेला में 220 करोड़ रुपये की 32 मेगावाट डीसी क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना, 92 लाख रुपये के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन पीरनिगाह (बसोली) और ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए 42 लाख रुपये की स्वास्थ्य उप-केंद्र जंकार का लोकार्पण किया। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पन्जुआना में प्रशासनिक और टाउनशिप ब्लॉक से कुठेड़ बीट में बल्क ड्रग पार्क के फैक्ट्री गेट तक 42.04 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग, 73.84 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले प्रशासनिक और आवासीय ब्लॉक बल्क ड्रग पार्क परियोजना, 14.44 करोड़ रुपये की लागत से पोलियां गांव में बल्क ड्रग पार्क स्थल के लिए 10 एमवीए बिजली आपूर्ति और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के 132/33 केवी सब-स्टेशन के समीप टाहलीवाल में 15.83 करोड़ रुपये की लागत से 220/132 केवी 100 एमवीए सब स्टेशन (50 एमवीए की अधिकतम सीमा के साथ) के साथ स्थापित किया जाएगा।
**पावर कॉर्पोरेशन को 500 मेगावाट सोलर ऊर्जा के दोहन का लक्ष्य **पेखूबेला सौर विद्युत परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा करने पर अधिकारियों की सराहना की मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला ऊना के पेखूबेला में 32 मेगावाट क्षमता की सौर विद्युत परियोजना के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को सम्बोेधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन को 500 मेगावाट सोलर ऊर्जा के दोहन का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क में ही 150 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी। उन्होंनेे कहा कि ऊना अब बिजली उत्पादन करने वाला जिला बन गया है और आने वाले समय में सौर ऊर्जा के माध्यम से यहां पर 150 मेगावाट ऊर्जा का दोहन किया जाएगा। उन्होंने पेखूबेला सौर परियोजना के शुभांरभ पर ऊना जिले के निवासियों और परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा करने के लिए अधिकारियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है और यह कदम इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को आर्थिक रूप से सम्पन्न बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। राज्य सरकार प्रदूषण मुक्त विद्युत उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में जल विद्युत ऊर्जा के दोहन के साथ-साथ सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा दे रही है ताकि आने वाले समय में प्रदेश पर्यटक हब बनकर उभरे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक विकासात्मक योजनाएं शुरू की जाएंगी। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा (विक्कू), प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड हरिकेश मीणा, निदेशक कार्मिक और वित्त शिवम प्रताप सिंह, उपायुक्त ऊना जतिन लाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहेे।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की जुब्बल तहसील के तहत कुडडू से गिल्टाड़ी की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम रोहडू डिपो की बस के दुर्घनाग्रस्त होने से चालक, परिचालक सहित चार लोगों की मौ*त हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घाय*ल हुए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से दुर्घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, परिवहन निगम की बस सुबह करीब छह बजे कुडडू से गिल्टाड़ी गांव के लिए रवाना हुई। बस में चालक-परिचालक सहित सात लोग सवार थे। करीब चार किलोमीटर चलने के बाद बस पहाड़ी में ऊपर वाली सड़क से लुढक कर नीचे की सड़क पर रूकी है। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौ*त हो गई, दो ने अस्पताल पहुंचने से पहले दंम तोड़ा है। तीन लोगों को उपचार के लिए रोहडू अस्पताल पहुंचा दिया है। मृत*कों में चालक व परिचालक बताए जा रहे है। एसडीएम रोहडू ने मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण का पता नहीं चला है। एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने हादसे की पुष्टि की है।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस देहरा में कैंप कार्यालय स्थापित देहरा, 20 जून। देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) आज देहरा पहुंचे। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम देहरा के कार्यालय में अधिकारियों संग बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा, डीएसपी देहरा अनिल कुमार, तहसीलदार देहरा कर्मचंद कालिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। देहरा विधानसभा उपचुनाव को लेकर किए गए प्रबंधों का सिलसिलेवार ब्योरा लेते हुए, सामान्य पर्यवेक्षक ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान नामांकन प्रक्रिया, मतदान करवाने वाले दल, निगरानी दल, उड़न दस्ते सहित सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी स्थानीय अधिकारियों से प्राप्त की। अपने अनुभवों को साझा करते हुए इज़राइल वात्रे इंटी ने अधिकारियों को आवश्यक टिप्स दिए और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उनसे संपर्क करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित बनाने हेतु हर आवश्यक कदम उठाने की बात कही। निर्वाचन आयोग के नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने चुनावी प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की बात कही। शिकायत के लिए आमजन कर सकते हैं संपर्क रिटर्निंग अधिकारी शिल्पी बेक्टा ने बताया कि सामान्य निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री इज़राइल वात्रे इंटी का कैंप कार्यालय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह देहरा में स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या सुझाव के लिए कोई भी व्यक्ति उनसे सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार को सुबह दस बजे से 11 बजे तक यहां मिल सकता है। मोबाइल नंबर 98057-10223 में कॉल करके उनसे फोन के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
धर्मशाला, शाहपुर 20 जून। उप मुख्य सचेतक विधानसभा केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार ने 18 से 59 वर्ष आयु की 48 हजार से अधिक महिलाओं को 4500-4500 रुपए तीन महीने की सम्मान-निधि के तौर पर जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस योजना के तहत 23 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। वीरवार को नरेटी के देहरा में परंपरा उत्सव का शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए वर्तमान सरकार कृतसंकल्प है तथा जो वायदे जनता से किए थे उनको चरणबद्व तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन-सेवा ही हमारा एकमात्र ध्येय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 18,000 प्रति वर्ष प्रदान कर रही है, ताकि वे स्वाभिमान के साथ जीवन-यापन कर अपने खर्र्चों के लिए अन्यों पर निर्भर न रहें।, उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को खराब किया लेकिन अब वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश में धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा रहा है। उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र में भी विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं तथा मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में शाहपुर में करोड़ों के विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इस अवसर पर परंपरा उत्सव के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे उत्सवों के आयोजन के माध्यम से लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में मदद मिलती है तथा युवा पीढ़ी भी अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस करती है। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद लोक कलाकारों को प्रदान की जा रही है और विभिन्न स्तरों पर मेलों के आयोजन भी करवाया जा रहा है। इससे पहले कांगड़ा लोक साहित्य परिषद के संस्थापक डा गौतम व्यथित ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि विगत 50 वर्षों से परंपरा उत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है इसके साथ ही कांगड़ा लोक साहित्य परिषद की ओर से लोक संस्कृति और साहित्य के संवर्धन के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर कलाकरों ने लोक नृत्य तथा लोक संगीत प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। मुख्यातिथि ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधी से 21 हजार की राशि भी स्वीकृत की गई।
देहरा, 20 जून। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि देहरा उपचुनाव के लिए आज वीरवार को सुलेखा देवी (59) पत्नी बीर सिंह निवासी गांव व डाकघर करियाड़ा तहसील देहरा जिला कांगड़ा और अरूण अंकेश स्याल (34) सुपुत्र हीरा लाल स्याल निवासी गांव रजोल डाकघर गुम्मर तहसील देहरा जिला कांगड़ा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा उपचुनाव के लिए 21 जून तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में की जा रही है। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 24 जून (सोमवार) को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि 26 जून (बुधवार) तक नामांकन वापिस लेने की तिथि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही 10 जुलाई को मतदान होगा तथा 13 जुलाई को मतगणना की जाएगी।
उप निदेशक सैनिक कल्याण क. सुरेश कुमार अग्निहोत्री (से.नि.) ने बताया कि ज़िला सोलन के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिक विधवाओं के लिए रक्षा पेंशन समाधान योजना का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षा पेंशन समाधान योजना का आयोजन 24 व 25 जून, 2024 को डीडब्ल्यूआई ऑडिटोरियम में रक्षा रेखा नियंत्रण (पेंशन) प्रयागराज द्वारा पेंशन की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिक विधवाओं से आग्रह किया कि अपने किसी भी प्रकार की पेंशन समस्या के निपटारे के लिए पेंशन समाधान योजना के आयोजन में भाग लेना सुनिश्चित करें।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप-चुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत आज एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से कृष्ण लाल ठाकुर पुत्र अमर चन्द ठाकुर, गांव अन्दरोला उपरला, डाकघर पंजैहरा, तहसील नालागढ़, ज़िला सोलन ने उपमण्डलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून, 2024 निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की छंटनी 24 जून, 2024 को होगी तथा 26 जून, 2024 तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए 10 जुलाई, 2024 की तिथि निर्धारित की गई है जबकि मतगणना 13 जुलाई, 2024 को होगी।
अपने माता-पिता की स्मृति में डाॅ. ओम प्रकाश ने किया दान सोलन: अर्की उपमंडल के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरजपुर में डाॅ. ओम प्रकाश शर्मा ने वाटर कूलर भेंट किया है। अपने स्व. पिता अनंत राम शर्मा व स्व. माता रामदेई शर्मा की स्मृति में पिपलूघाट से संबंध रखने वाले डाॅ. ओमप्रकाश ने यह दान किया। वीरवार को उन्होंने अपनी पत्नी राधा शर्मा व बेटी रंजना शर्मा के साथ मिलकर विधिवत रूप से पूजा करवाकर स्कूल प्रशासन को यह वाटर कूलर सौंपा हैं। डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि इस स्कूल से उनकी सभी बेटियों ने शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने इस अवसर पर बच्चों को भविष्य में अपनी पाठशाला व गुरुजनों का सम्मान करने का आग्रह किया। आपको बता दें कि डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा बतौर आयुर्वेदिक मेडिकल आॅफिसर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। इसी के साथ डाॅ. ओम प्रकाश शर्मा व उनके परिवार का सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में अहम योगदान रहता है। वर्तमान में डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा पिपलूघाट क्षेत्र में अपना निजी क्लीनिक चलाते हैं। अगर कोई गरीब व्यक्ति उनके पास ईलाज के लिए आते हैं तो वह उनको निःशुल्क उपचार भी करते हैं। जानकारी के अनुसार डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा की धर्मपत्नी राधा शर्मा गृहणी है और इनकी चार बेटियां हैं जो सरकारी व निजी संस्थानों में बेहतर पदों पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रकाश चंद गौतम व अध्यापक हितेंद्र शर्मा, सुरेंद्र, अंजना, धर्मपाल, राकेश, देवीचंद ने डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा व उनके परिवार को आभार प्रकट किया है।
जिला सिरमौर को विद्यालय क्रीड़ा संघ की आम सभा की बैठक आज जिला परिषद हॉल नाहन में उपनिदेश उच्च शिक्षा अजीत चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई| जिसमें आगामी सत्र के लिए जिला विद्यालय क्रीड़ा संघ के चुनाव हुए तथा राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोया के प्रधानाचार्य नरेंद्र नेगी को सर्व सम्मति से वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया जबकि उप निदेशक उच्च शिक्षा संघ के पदेन अध्यक्ष होंगे ।इनके अतिरिक्त, किशन दत्त शर्मा मुख्याध्यापक देवली टिकरी उपाध्यक्ष, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा मानपुर देवड़ा मनीष टंडन, रणजोत प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा दाहन, डीपीई फागू दिनेश शर्मा, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा राजकीय पी एम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोहरा धार मधु पुंडीर तथा शारीरिक शिक्षक मायाराम को संघ का सदस्य बनाया गया। ए डी पी ओ गुरदयाल सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस बैठक में आम सभा के समक्ष विगत वर्ष के आय- व्यय का विवरण रखा गया तथा आगामी सत्र के लिए विभिन्न मदो पर प्रस्तावित व्यय पर आम सभा से स्वीकृति प्राप्त की गई। आम सभा में शैक्षणिक सत्र 2024- 25 के लिए 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के छात्र तथा छात्राओं के खंड एवम् जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन पर गहन विचार विमर्श हुआ तथा आयोजन स्थल पर आम सभा की सहमति प्राप्त की गई विवादित क्रीड़ा स्थल पर निर्णय लेने का अधिकार नव निर्वाचित क्रीड़ा संघ को दिया गया। एडीपीओ सिरमौर गुरदयाल सिंह ने उपस्थित सभा का स्वागत किया तथा डीपीई संघ जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया। नव नियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने उनके सर्मस्मत्ति से चुने जाने हेतु आभार व्यक्त करते हुए सभा को आश्वत किया कि अपने कार्यकाल में वह क्रीड़ा संघ वरिष्ठ उपाध्यक्ष के कर्तव्य का निर्वाहन सम्पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा से करेंगे। उपनिदेशक उच्च शिक्षा अजीत चौहान ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी विद्यालय प्रमुखों एवम् शारीरिक शिक्षकों से विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सहयोग का आहवान किया तथा प्रशासनिक, शैक्षणिक एवम् गैर शैक्षणिक विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव तथा मार्गदर्शन दिया। आम सभा में जिला सिरमौर की सभी उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, डीपीआई तथा शारीरिक शिक्षकों के अतिरिक्त, एस ओ उच्च शिक्षा अनिल शर्मा , प्रधानाचार्य निरीक्षण सेल आदि ने भाग लिया।
कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में 11 जून को जारी एक नोटिफिकेशन में फीस वृद्धि का मामला सामने आया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विद्यार्थी परिषद ने 13 जून को वाइस चांसलर को ज्ञापन सौंपा और इसके कुछ दिनों बाद एक सांकेतिक धरना भी किया गया। बावजूद इसके, विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय इकाई द्वारा एक अनोखा प्रदर्शन किया गया जिसमें सभी छात्रों ने काले कपड़े पहनकर अपना रोष जताया। इसके बाद एक रैली निकालकर वाइस चांसलर का घेराव किया गया और पूरा विश्वविद्यालय परिसर "वाइस चांसलर तुम एक काम करो, कुर्सी छोड़ो आराम करो" नारों से गूंज उठा। इस विशाल धरना प्रदर्शन में लगभग 800 से 1000 छात्र शामिल थे। यह प्रदर्शन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चला। फीस वृद्धि की बात करें तो विभिन्न कॉम्पोनेंट्स को अचानक छात्रों पर लागू किया गया है जिससे फीस लगभग 500 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। वेटरनरी कॉलेज की फीस में लगभग 2 लाख रुपए की वृद्धि की गई है। एक अव्यवहारिक कॉम्पोनेंट के तहत सभी हॉस्टल्स में वॉशिंग मशीन्स के बावजूद लॉन्ड्री का टेंडर एक प्राइवेट फर्म को दिया गया है, जिससे प्रत्येक छात्र को प्रति सेमेस्टर 2500 रुपये देना पड़ेगा। अभी यह कॉम्पोनेंट ऑप्शनल रखा गया है लेकिन भविष्य में इसे फीस स्ट्रक्चर और प्रोस्पेक्टस में जोड़ा जा सकता है। इन्हीं सभी मुद्दों के खिलाफ आज विद्यार्थियों ने वाइस चांसलर के खिलाफ उग्र आंदोलन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष अभय वर्मा ने बताया कि जिस दिन यह नोटिफिकेशन जारी की गई थी, उसके अगले दिन ही परिषद ने ज्ञापन देकर वाइस चांसलर को चेताया था कि नोटिफिकेशन को जल्द से जल्द वापस लिया जाए। सांकेतिक धरना भी किया गया, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई। प्रदेश के संयोजक गोकुल जी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थिति को देखते हुए फीस स्ट्रक्चर को बनाया जाए ताकि आम छात्र को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े और वे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। किसान परिवार से संबंध रखने वाले छात्रों के लिए यहां पढ़ना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के सभी छात्र जागरूक हैं और अपने हक की लड़ाई लड़ना जानते हैं।
धर्मशाला, 19 जून। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा जिला में नदियों तथा खड्डों के किनारे बाढ़ तथा भूस्खलन की दृष्टि से संवदेनशील क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं ताकि पर्यटक इन जगहों पर नहाने तथा सेल्फी इत्यादि लेने नहीं जाएं। इसके साथ ही पर्यटकों से भी नदी नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि बरसात के दौरान नदियों, नालों तथा खड्डों में अचानक पानी के बहाव में बढ़ोतरी होने की आशंका रहती है तथा इससे कई बार पर्यटकों के बाढ़ में फंसने की घटनाएं भी हो चुकी हैं तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृति नहीं हो इस के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि बरसात के सीजन को देखते हुए जिला तथा उपमंडल स्तर पर 24 घंटें आपदा प्रबंधन केंद्र खुले रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 तक सूचना दें ताकि आपातकाल स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध करवाई जा सके। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि सभी विभागों को आपदा संबंधी कार्यों के लिए तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि किसी भी स्तर पर आम जनमानस को असुविधा नहीं हो|
धर्मशाला 19 जून: जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने कहा कि देहरा विस उपचुनाव -2024 के दृष्टिगत चुनावी जनसभाओं के लिए खबली ग्राउंड, हरिपुर ग्राउंउ तथा पंचायत ग्राउंड नजदीक ठाकुर कालेज ढलियारा निर्धारित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी हेमराज बैरवा ने देते हुए बताया कि शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों के अलावा अन्य स्थानों पर भी चुनावी रैलियों के लिए अनुमति लेना जरूरी है ताकि कानून तथा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए उपयुक्त कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि चुनावी रैलियों की विडियोग्राफी करने का प्रावधान भी किया गया है ताकि चुनावी रैली पर होने वाले खर्च का अनुमान भी लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि रैलियों के लिए टेंट, कुर्सियां, ध्वनि यंत्रों इत्यादि की दरें भी निर्धारित की गई हैं उसके आधार पर ही राजनीतिक दलों तथा प्रत्याशी को रैलियों का खर्चा दर्शाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, पोस्ट आफिस, पुलों, सरकारी बसों, सरकारी भवनों, विद्युत तथा दूरसंचार विभाग के खंभों, शहरी निकायों के भवनों पर राजनीतिक पार्टियां के दीवार लेखन, पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री लगाने की पूर्ण पाबंदी है।
धर्मशाला, 19 जून। उपायुक्त हेेमराज बैरवा ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में स्काउट एंड गाइड की अहम भूमिका है। स्काउट गाइड के माध्यम से युवाओं में समाज सेवा तथा देश सेवा का भाव जाग्रह होता है। बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाढ में भारत स्काउट गाइड के राजस्थान राज्य स्तरीय स्काउटर गाइडर शैक्षिक शिविर के समापन समारोह बतौर मुख्यातिथि उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि स्काउट गाइड निस्वार्थ सेवा भाव के साथ कार्य करता है तथा इससे स्काउट गाइड में शामिल विद्यार्थी समाज की एकजुटता तथा परोपकार के लिए हमेशा तत्परता के साथ कार्य करते हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि स्काउट गाइड के प्राथमिक सहायता, आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा कार्य में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने स्काउट गाइड के सदस्यों को युवा भारत, आपदा मित्र, कौशल विकास, डिजिटल कार्य में बालक बालिकाओं की गतिविधियों को बढ़ाने पर विशेष बल देने का आग्रह किया ताकि स्काउट गाइड के युवा बेहतर भविष्य की नींव रख सकें। इस अवसर पर शिविर संचालक सहायक राज्य संगठन आयुक्त बी. एस. राजपुरोहित ने कहा कि शिविर में राजस्थान प्रदेश के स्काउटर गाइडर ने हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की तथा ट्रैकिंग के माध्यम से पहाड़ों के भूगौलिक जीवन यापन का अध्ययन भी किया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर कंचन ज्योति, जिला सचिव अतुल कटोज, निशा, सुरेश कुमार, सी. ओ. स्काउट गिरिराज गर्ग, एल. आर. शर्मा, गजेंद्र त्यागी, दीपेश शर्मा, रितु शर्मा, प्रियंका कुमारी ने शिविर कार्यक्रमों की जानकारी दी । राजस्थान प्रदेश की लोक संस्कृति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
सिरमौर जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। यहां बुधवार को आसमान में अचानक काले बादल उमड़े और झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश से जहां जलती गर्मी से राहत मिली है वही खेतों और फलदार पौधों को पर्याप्त नमी भी मिली है।लगभग 2 घंटे चली बारिश से जंगलों में लगी आज भी बुझ गई है। यही नहीं खेतों और फलदार पौधों को भी बारिश से नमी मिली है। लिहाजा अच्छी फैसले होने की उम्मीद जगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ दिनों पहले ही किसानों ने मक्की की बिजाई की है। मगर बारिश न होने की वजह से मक्की के अंकुरण मुरझाने लगे थे। वहीं खेतों में खड़ी मुख्य नगदी फसल टमाटर के लिए भी बारिश वरदान बनकर आई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश तापमान में भारी गिरावट आई है। जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। पहाड़ो में बारिश होने से मैदानी क्षेत्रों में भी लोगों को चिल्लाती गर्मी से कुछ राहत मिली है।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाले उप-चुनाव के लिए नामांकन के पांचवें दिन नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा (44) सुपुत्र अमरजीत सिंह बावा, गांव ढ़ाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी तथा परमिंदर कौर बावा (43) पत्नी हरदीप सिंह बावा गांव ढ़ाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़ ने कांग्र्रेस की कवरिंग प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि हमीरपुर व देहरा विधानसभा क्षेत्रों में आज कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राम कुमार गौतम ने बताया कि प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने के लिए 20 जून से 30 जून, 2024 तक ट्रायल रन करवाएगी। इसके अंतर्गत उचित मूल्य दुकानधारकों द्वारा राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों में से किसी एक सदस्य के आधार से जुड़े मोबाईल नम्बर पर ओटीपी भेजा जाएगा तथा उनसे मोबाईल पर सम्पर्क करके ओटीपी की जानकारी ली जाएगी। प्रदेश में वर्तमान में कुल 1960467 राशन कार्ड धारक हैं जिनकी संख्या 7299045 है। इनमें से 99.84 प्रतिशत लोगों के आधार तथा 94.40 प्रतिशत का मोबाईल नम्बर दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त होने के बारे में जानकारी हां या न में देनी होगी तथा ओटीपी किसी भी उचित मूल्य दुकानदार या अन्य किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना है। उन्होंने कहा कि इस ट्रायल का उद्देश्य भविष्य में बायोमेट्रिक सेल में किसी प्रकार की समस्या आने पर ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने की सम्भावना को तलाशना है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार, प्रत्येक राशनकार्ड में दर्ज किसी एक व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी भेज कर उस व्यक्ति से फोन पर सम्पर्क करके ओटीपी प्राप्त होने की पुष्टि करेंगे। यदि ओटीपी उपभोक्ता को प्राप्त होता है तो वे उस सदस्य की प्रविष्ट अपने पास दर्ज कर लेंगे ताकि भविष्य में राशन लेने के लिए उसके मोबाईल पर ओटीपी भेजा जा सके। यदि उस व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी नहीं आता है तो उचित मूल्य दुकानधारक उसी राशन कार्ड में दर्ज किसी अन्य व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी भेजेगा और ओटीपी प्राप्ति की पुष्टि होने के बाद सम्बंधित व्यक्ति का रिकार्ड अपने पास दर्ज कर लेगा। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे केवल ओटीपी प्राप्त होने या न होने के बारे में जानकारी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ साझा करें और किसी भी सूरत में ओटीपी उचित मूल्य दुकानधारक या किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। जब कोई व्यक्ति स्वेच्छा से ओटीपी के माध्यम से राशन लेना चाहेगा उस स्थिति में ही राशन कार्ड ओटीपी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ साझा करेगा।
आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साई इंटरनेशनल स्कूल में योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष के योगा दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य, "स्वयं और समाज के लिए योग" थीम पर आधारित था| सबसे पहले योगा प्रशिक्षक मिसेज सुमन सिंगला जिन्होंने पतंजली योगा पीठ से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है, का स्वागत किया गया और बच्चों व अभिभावकों से उनका परिचय कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वॉर्म-अप अभ्यास से हुई, जिसमें सभी बच्चों, टीचिंग स्टाफ और बच्चों की माताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने बैठने और खड़े होने के विभिन्न आसनों के बारे में बताया और साथ ही उनके महत्व के बारे में भी बताया। योग प्रशिक्षक ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने और शरीर और मन के बीच सामंजस्य बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में बच्चो की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया जिसमें मिसेज रितु ठाकुर, दीपिका कुमारी, देवींद्रा ठाकुर, करूणा ठाकुर,ममता पंवर, अरुणा चौहान, कुसुमलता आदि शामिल रहे। बच्चों को ताड़ आसन, पदम आसन, वृक्ष आसन, भुजंग आसन, शीर्ष आसन, अनुलोम विलोम, प्राणायाम, कपालभाति आदि जैसे विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास करवाया गया । स्कूल के अध्यक्ष श्री रमिंदर बावा ने छात्रों को फिट रहने और एकाग्रता में सुधार करने के लिए नियमित योग का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया। योग का नियमित अभ्यास निश्चित रूप से हमारे छात्रों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी बेहतर जीवन प्राप्त करने में मदद करेगा। यही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
मकान मालिक 10 दिनों के अंदर अपने मकान में रखे सभी किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें, नही तो भरना होगा भारी जुर्माना। यह बात विकास खंड अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने प्रेस वार्ता में कही। बीडीओ कुनिहार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों व सचिवों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर बैठक में की गई। जिसमे तीनों पंचायतों हाटकोट, कुनिहार व कोठी को निर्देश दे दिए गए है कि ऐसे मकान मालिक जिन्होंने अपने मकान किराए पर दिए हैं सबको सूचित करें कि अपने सभी किराएदारों की 10 दिनों के अंदर पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर पंचायत में रजिस्टर करवाएं,। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी पंचायतों में रह रहे सभी किराएदारों का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी किराएदारों की लिस्ट आपके पास हो कि वह किस कार्य व किस कारण से किराए के मकान में रह रहे हैं। अगर 10 दिनों बाद कोई मकान मालिक ऐसा पाया जाता है जिसने किराएदारों की वेरिफिकेशन नही करवाई है तो उस मकान मालिक को 1000 रूपये जुर्माना भरना होगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैठक में कुछ और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई जिसमे मुख्य मुद्दा कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने का है इसके लिए सभी पंचायतें अच्छा काम कर रही हैं लेकिन लोगों का सहयोग इसमें कम मिल रहा है बहुत से लोग खुले में इधर-उधर भी फैंक रहे है, ऐसे व्यक्तियों पर अब पंचायतों के अलावा अन्य विभागों की पैनी नजर रहेगी अगर कोई व्यक्ति कहीं गंदगी डालता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी लोगो व दुकानदारों से अपील की है कि पंचायत द्वारा निर्धारित कूड़ा इकट्ठा करने के जो रेट तय किए गए है उसके लिए पंचायतों का सहयोग अवश्य करें। अगला मुद्दा विकास खंड के कई जंगलों में आग लगने का रहा जिसमें लोगों से अपील की गई कि जिस जंगल में आग लग जाती है वहां कृपया फायर ब्रिगेड व वन विभाग का आग बुझाने में सहयोग करें ताकि हमारी वन संपदा सुरक्षित रह सके। उन्होंने लोगो से अपील की है कि इस बार 1 जुलाई से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव में चीड़ के पौधों के अलावा अन्य पौधे जैसे पीपल,आंवला ,कचनार, भेड़ा ,अनार आदि का अधिक से अधिक पौधा रोपण करे। अगला मुद्दा लोगों के पालतू कुत्तों का रहा जिसमे देखने में आया है कि लोग अपनें कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमा रहें है जिससे कई लोगों को समस्या आ रही हैं| अगर कोई कुत्ता किसी को काट देता है तो मालिक उसे अपना कुत्ता मानने से या तो इंकारर कर देता है या लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाता है| इसलिए बैठक में निर्णय लिया गया कि वे सभी लोग जिन्होंने घर पर कुत्ता रखा है पंचायत में उसका पंजीकरण करवाए। बीडीओ कुनिहार ने विकास खंड के सभी पंचायतों के लोगों से अपील की है कि मानसून सत्र से पहले पंचायतों के सहयोग से अपने आसपास की नालियों की साफ सफाई करवा लें। ताकि बरसात में कोई समस्या न हो। इसके अलावा लोगों से पंचायतों में हाउस टैक्स जमा करवाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री, उप प्रधान रोहित जोशी,कुनिहार पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर,कोठी पंचायत प्रधान बलबिंद्र कौर व सभी सचिव व वार्ड सदस्य मौजूद रहे।
हर महीने की तरह इस बार भी हिमाचल में बनीं सात दवाओं समेत देशभर की 50 दवाएं मानकों पर सही नहीं उतरी हैं। मई माह में ड्रग अलर्ट में इसका खुलासा हुआ है। प्रदेश में संक्रमण, उच्च रक्तचाप, मांसपेशियों की कमजोरी, बुखार, अल्सर और खांसी की दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। सोलन जिले की चार, सिरमौर जिले की दो व ऊना के एक दवा केंद्रीय औषधि नियंत्रण संगठन ने देशभर के दवा उद्योगों से सैंपल लिए थे। इनमें हिमाचल के सात सैंपल सही नहीं पाए गए। हिमाचल में औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी की अमेस्टर लैब कंपनी की संक्रमण की दवा सेफिक्सीम, सिरमौर के कालाअंब स्थित विद्याशय फार्मास्युटिकल कंपनी की उच्च रक्तचाप की दवा कार्वेडिलोल, बद्दी के संडोली स्थित हेल्थ बायोटेक कंपनी की मांसपेशियों की कमजोरी की दवा नियोस्टिग्माइन मिथाईल, सिरमौर के कालाअंब स्थित कासपेन फार्मास्युटिकल कंपनी की बुखार की दवा डाईफेंहाइड्रमिन, बद्दी के मानपुरा स्थित वीआईपी फार्मास्युटिकल कंपनी की अल्सर की दवा रेबिप्रोजोल, ऊना जिले की स्विश गेम्स बायोटेक कंपनी की उच्च रक्तचाप की दवा टेलमीसार्टन, साई रोड़ बद्दी स्थित एमडीसी फार्मास्युटिकल कंपनी की खांसी की दवा एसिटाइलसिस्टी एब्रोक्सोल दवा के सैंपल मानकों पर सही नहीं पाए गए। राज्य ड्रग नियंत्रक मनीष कपूर ने सैंपल फेल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने जिन उद्योगों के सैंपल फेल हुए है ,उन्हें नोटिस जारी कर दिए हैं। इन उद्योगों को बाजार से स्टॉक वापस मंगवाने को कहा गया है। विभाग की ओर से अपने स्तर पर इन दवाओं के सैंपल भी लिए जाएंगे
विधानसभा के उपचुनावों ने राजनीतिक वातावरण में ख़ासी गर्मी पैदा कर दी है। देहरा में मुख्यमंत्री सुख्खु की पत्नी कमलेश ठाकुर की बतौर प्रत्याशी घोषणा के बाद पूरे प्रदेश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कमलेश ठाकुर की बतौर प्रत्याशी की घोषणा के बाद मीडिया को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी डॉ सुकृत सागर ने कहा कि देहरा से भाजपा के प्रत्याशी होशियार सिंह भारी मतों से चुनाव जीतेंगे उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में देहरा से भाजपा को 15 हज़ार से अधिक मतों की लिड मिली थी जोकि आगामी विधानसभा चुनावों में बड़ सकती है. डॉ सुकृत ने कहा कि देहरा भाजपा का संगठन काफ़ी मज़बूत है तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी के लिए दिन रात कार्य कर भाजपा की जीत को सुनिश्चित करेगा। डॉ सुकृत ने कहा कि बीते लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता ने चार सीटें भाजपा की झोली में डाल कर भाजपा की नीतियों पर मोहर लगाई तथा देहरा की जनता भी अब भाजपा के पक्ष में खुल कर मतदान करेगी।
अमेरिकी कांग्रेस का द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बौद्ध नगरी मैक्लोडगंज पहुंचा। हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष माइकल मैककॉलिस के नेतृत्व में आए अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के मैक्लोडगंज दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात करना है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व यूएस हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी, हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी रैंकिंग सदस्य ग्रेगरी डब्ल्यू मीक्स, हाउस रूल्स कमेटी रैंकिंग सदस्य जिम मैकगवर्न, इंडो-पैसिफिक रैंकिंग सदस्य अमी बेरा और कांग्रेसी मैरिएननेट मिलर-मीक्स और हाउस फॉरेन अफेयर्स उपसमिति शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 14वें दलाई लामा, भारत सरकार के अधिकारियों और देश में अमेरिकी व्यवसायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए काफी संख्या में निर्वासित तिब्बतियों सहित तिब्बतियों के विभिन्न समूहों के प्रतिनिधि कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे हुए थे। हाथों में अमेरिका और तिब्बत के राष्ट्रीय ध्वज लेकर निर्वासित तिब्बतियों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक में पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) के 1226 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतमत आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने को स्वीकृति प्रदान की गई। इस छूट के साथ अब सामान्य वर्ग के उम्मीदवार 18 से 26 वर्ष की आयु तक, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, गोरखा, प्रतिष्ठित खिलाड़ी 18 से 28 वर्ष तक और होमगार्ड 20 से 29 वर्ष की आयु तक पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद की भर्ती के लिए पात्र होंगे। मंत्रिमण्डल ने नौनिहालों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग में 6297 प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रशिक्षकों की नियुक्ति सहित विभिन्न सरकारी विभागों में 6630 से अधिक पद सृजित कर इन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 200 पद सृजित करने और भरने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, मंत्रिमण्डल ने राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रोफेसर, एसोशिएट प्रोफेसर तथा सहायक प्रोफेसर के 22 पद भरने को मंजूरी प्रदान की। लोगों को घर-द्वार के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नाहन में प्रोफेसर के तीन तथा एसोशिएट प्रोफेसर के दो पद, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नैरचौक, मंडी में प्रोफेसर के दो तथा एसोशिएट प्रोफेसर का एक पद, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में विभिन्न विभागों में प्रोफेसर के चार तथा एसोशिएट एवं सहायक प्रोफेसर के पांच-पांच पद भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में आपाकालीन चिकित्सा अधिकारी के आठ पद सृजित कर भरने तथा चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पांच पद सृजित कर भरने सहित दोनों चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रॉमा सेंटर क्रियाशील बनाने के लिए स्टाफ नर्स, ऑपरेशन थियेटर सहायक, तकनीशियन, मल्टी टास्क वर्कर इत्यादि सहायक स्टाफ को नियुक्त करने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में विभिन्न श्रेणियों के 84 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में राज्य में नवगठित फोर लेन नियोजन क्षेत्रों के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 13 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में युवा आयोजकों के चार पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। राज्य सरकार और राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बोर्डों, निगमों, स्थानीय निकायों के अंतर्गत ग्रुप सी के पदों की सीधी भर्ती को हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के तहत लाने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने जिला कांगड़ा के देहरा में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। हालांकि देहरा विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस संबंध में अधिसूचना बाद में जारी की जाएगी। बैठक में जिला ऊना के हरोली में विद्युत बोर्ड का मण्डलीय कार्यालय खोलने को भी मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने प्रदेश में पर्यटन को प्रोत्साहन प्रदान करने और होम-स्टे का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में एक मंत्रिमण्डलीय उप-समिति भी गठित करने का निर्णय लिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस समिति के सदस्य होंगे। इसके अलावा संसाधनों के सृजन के लिए सुझाव देने के उद्देश्य से उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमण्डलीय उप-समिति को स्वीकृति प्रदान की गई। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस उप-समिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमण्डल ने प्रदेश में वनों की आग, सूखे की स्थिति, जल संकट और मानसून की स्थिति की भी समीक्षा की।
राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला खुंडियां की एसएमसी कमेटी का चयन प्रिंसिपल कमलेश कुमार की देख-रेख मे हुआ । जिस में खुंडियां के कपिल वालिया को सर्व सम्मति से अध्यक्ष चुना गया साथ में 12 सदस्यों को कमेटी मेंबर्स भी चुना गया। पिछली कमेटी को भंग कर दिया गया, कविता देवी, रंजना शर्मा, दीक्षा राणा, पूजा देवी, वीना कुमारी, कुसम, मोनिका मनु,अंसना देवी,कमलेश कुमारी, कृष्णा सिंपल देवी, बतौर सदस्य चुना। यह स्कूल प्रबन्धन कमेटी अगले तीन साल के लिए चुनी गई, इस कमेटी की देख-रेख में स्कूल के विकासात्मक कार्यों को अमलीजामा पहुंचाया जायेगा।
ज़िला के लगभग 80 स्थानों पर होगा योग दिवस का आयोजन इस वर्ष ज़िला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सोलन स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 21 जून, 2024 को होगा। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ज़िला और उपमंडल स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि 21 जून को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में प्रातः 07.00 बजे से प्रातः 08.00 बजे तक विभिन्न योगिक क्रियाएं एवं व्यायाम कर सभी को स्वस्थ रहने का मंत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन का यह प्रयास है कि ज़िलावासियों को योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए। मनमोहन शर्मा ने योग दिवस के सफल आयोजन के संबंध में आयुष विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित दिशा-निर्देश जारी दिए। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग द्वारा 21 जून को ज़िला के लगभग 80 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्रों और आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन व नालागढ़ में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िला के सभी आयुर्वेदिक फार्मेसियों में भी योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने आमजन से आग्रह किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में योग गतिविधियों में भाग लें। ज़िला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीन शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक सोलन अनिल धौल्टा, डॉ. मंजेश शर्मा, डॉ. अनिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कनिष्ठ अभियंता (दूरसंचार) उत्तर रेलवे शिमला हरिहर थमसोए ने कहा कि उत्तर रेलवे के सोलन-सलोगड़ा खण्ड में रेलवे द्वारा नए क्वाड केबल डालने का कार्य चल रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग 05 तथा सोलन-शिमला हाईवे पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 5ए (चम्बाघाट) के पास रेलवे चारदीवारी के भीतर इस केबल को डालने के लिए रोड कटिंग होनी है जिससे यह केबल सड़क को क्रॉस कर के जा सके। कनिष्ठ अभियंता ने कहा कि 18-19 जून, 2024 को मध्यरात्रि उपरांत तड़के 02.00 बजे से 02.45 बजे तक रेलवे फाटक आंशिक रूप से बंद रहेगा।
बरसात से पहले कूहलों तथा नालियों की मिशन मोड में करें साफ-सफाई: डीसी विकास खंड अधिकारियों को जल निकासी के लिए कारगर कदम उठाने के निर्देश सभी विभागों में आपदा प्रबंधन को लेकर नोडल अधिकारी करें नियुक्त उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा जिला में मानसून आरंभ होने से पहले कूहलों तथा नालियों की साफ सफाई का कार्य मिशन मोड में करने तथा विकास खंड अधिकारियों को सभी पंचायतों में जल निकासी के लिए कारगर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बारिश का पानी कहीं भी रूक न सके। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भू-स्खलन को लेकर संवेदनशील सड़कों एवं अन्य जगहों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। भू-स्खलन इत्यादि से होने वाले नुक्सान को कम करने की दिशा में कारगर कदम उठाए जाएं इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, आईपीएच तथा विद्युत विभाग को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से जेसीबी मशीनें और आवश्यक उपकरण भी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी नियमित तौर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए भी उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे ताकि आम जनमानस पहले से ही मौसम को लेकर पहले से अलर्ट रहें। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर बिलंब नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर तथा उपमंडल स्तर पर आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम खोलने के लिए दिशा-निर्देश भी दे दिए गया हैं ताकि आपदा से त्वरित प्रभाव से निपटा जा सके। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को मानसून के सीजन के दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने निर्देश भी दिए गए हैं ताकि आपदा प्रबंधन का कार्य सुचारू रूप से सके। उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलाधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों तथा वालंटियर्स के साथ आपदा प्रबंधन को लेकर आवश्यक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेश में सूखे की स्थिति के मद्देनज़र लोगों को पेयजल के साथ-साथ अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक स्त्रोतों में पेयजल की कमी, पेयजल आपूर्ति, पेयजल वितरण व पेयजल योजनाओं को हुए नुकसान की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस गंभीर स्थिति से निपटने और लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि हालात सामान्य होने तक जल शक्ति विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विभाग द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी छुट्टी पर है तो वह तुरंत अपने तैनाती कार्यालय में रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को पेयजल आपूर्ति की कमी से संबंधित समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि राज्य की जनता को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के ज़िला नियंत्रक नरेश धीमान ने बताया कि विकासखण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत जाडला के ग्राम नयानगर में उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए इच्छुक व्यक्ति व संस्थाएं उपरोक्त स्थान पर नई उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए ऑनलाईन माध्यम से वांछित सूचना व अन्य दस्तावेज वेबसाईट emerginghimachal.hp.gov.in पर अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि आवेदन केवल ऑनलाईन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक है व व्यक्तिगत आवेदनकर्ता की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए अधिक जानकारी के लिए वांछित औपचारिकताओं के सम्बन्ध में इच्छुक व्यक्ति व संस्थान किसी भी कार्यालय दिवस में कार्यालय आकर या कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को स्वावलम्बी बनने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। प्रदेश में 364 तकनीकी एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर उनका कौशल संवर्धन किया जा रहा है। इन संस्थानों में सुचारू रूप से बच्चों को प्रशिक्षण मिले, इसलिए तकनीकी शिक्षा विभाग में युक्तिकरण प्रक्रिया को शुरू किया गया है। विभाग द्वारा विभिन्न श्रेणियों के लगभग 80 कर्मचारियों का युक्तिकरण किया गया है। इस कदम से व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही तकनीकी संस्थानों को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के दृष्टिगत आधुनिक शैक्षणिक पाठ्यक्रम आरम्भ किए गए हैं। युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान दिया जा रहा है। इंजीनियरिंग महाविद्यालयों और बहुतकनीकी संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, कम्प्यूटर इंजीनियरिंग जैसे नवीन पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। विभाग द्वारा युवाओं के लिए बेहतर प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
**ठहरने के लिए कम पड़ रही सराय **बहुत ज़रूरी होने पर ही करे यात्रा, चुड़ेश्वर सेवा समिति ने की अपील सिरमौर व शिमला जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में इन दिनों श्रद्धालुओ का भारी तांता लगा हुआ है। मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के कारण इन दिनों चूड़धार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। खासकर विकेंट में शनिवार व रविवार को 7 से 8 हजार श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे है। बता दे की हजारों की संख्या में जुट रही श्रद्धालुओ की अप्रत्याशित भीड़ को देखकर प्रशासन व चुड़ेश्वर सेवा समिति भी हैरान व प्रशासन है। इन दिनों क्षमता से चार गुना अधिक श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे है। चूड़धार में चुड़ेश्वर सेवा समिति की सराय व मंदिर कमेटी की सराय में लगभग 3000 हजार श्रद्धालुओ के ठहरने की व्यवस्था है। हैरान करने वाली बात यह है कि रोजाना सात हजार से आठ हजार श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे है। ऐसे में चुड़ेश्वर सेवा समिति व मंदिर कमेटी को श्रद्धालुओ को ठहराने और उनके लिए खाने की व्यवस्था करने में मुश्किल पैदा हो रही है। नतीजन अधिकतर श्रद्धालु को बाहर खुले आसमान के नीचे रातें गुज़ारनी पड़ रही हैं।समिति ने अपील की है कि चूड़धार यात्रा तभी करें यदि बहुत आवश्यक हों वरना अगले कुछ समय बाद ही यात्रा का कार्यक्रम बनायें। वहाँ पर सुविधाएँ सीमित होने के कारण बहुत कष्ट उठाना पड़ सकता है।
**प्रदेश सरकार आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी जिला चम्बा के डलहौजी के खजियार में एनआरआई दम्पति पर हमले से सम्बंधित मामले में अमृतसर में दम्पति द्वारा जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस को इस मामले में विस्तृत जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। खजियार में गत दिनों एक स्पैनिश-पंजाबी दम्पति पर कुछ लोगों ने हमला किया था। इस मामले में प्रदेश पुलिस, अमृतसर पुलिस स्टेशन से आने वाली जानकारी के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अपनी सादगी और सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। हिमाचल में प्रत्येक वर्ष देश-विदेश के विभिन्न कोनों से पर्यटक घूमने आते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटकों को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अतिथि देवो भवः की भावना से पर्यटकों का आतिथ्य सत्कार करते हैं। यह घटना 11 जून, 2024 को पर्यटन नगरी डलहौजी की पार्किंग में हुई थी, जहां दो पक्षों के बीच हुई कहा-सुनी ने झगड़े का रूप ले लिया था। इस मामले में स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। स्थानीय पुलिस द्वारा पर्यटक दम्पति को हर प्रकार से सहयोग प्रदान किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के लिए चम्बा हॉस्पिटल पहुंचाया। दम्पति ने चिकित्सा जांच व मामला दर्ज करवाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में दोनों पक्षों द्वारा समझौता किया गया।


















































