सोमवार को सोलन के बाईपास चौक पर एक बहुत बड़ा हादसा होते - होते बचा। टिप्पर के बैक होने की वजह से दो स्कूटिया चपेट में आयी है। परंतु स्कूटी सवार, टिप्पर की चपेट में आने से बाल बाल बचे।
पंचकूला: सेक्टर-6 के सामान्य अस्पताल के स्टाफ की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां चल रहे एमआरआई एंड सिटी स्कैन सेंटर में 61 साल के बुजुर्ग राममेहर को एमआरआई मशीन में डालकर वहां के टेक्नीशियन भूल गए। इस बीच मरीज की सांसें टूटने पर उन्होंने काफी हाथ-पांव मारे, लेकिन बेल्ट बंधी होने के कारण वह हिल भी नहीं सके। लेकिन, बुजुर्ग ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार जोर लगाते रहे। इस बीच बेल्ट टूट गई और वह मशीन से बाहर निकलने में कामयाब रहे। पीड़ित ने एमआरआई और सिटी स्कैन सेंटर के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए है और उनकी शिकायत हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से की है। पीड़ित ने अपनी शिकायत में लिखा है कि अगर वह 30 सेकंड और बाहर नहीं आते तो उनकी मौत हो जाती।
इंदौर के एक शख्स ने अपनी बाइक में आग लगा दी और वहां से भाग गया। दरअसल, यह चालान का मामला है, ट्रैफिक पुलिस ने शख्स को रोककर 500 रुपये मांगे थे। घंटे भर उसने ट्रैफिक पुलिस से माफी मांगी लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने कठोरता दिखाई। इससे परेशान होकर युवक ने अपनी बाइक में आग लगा ली और वहां से भाग गया। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी बताया कि ट्रैफिक पुलिस अपनी पहचान छिपाकर गाड़ियों को रोकते हैं और उनसे पैसे लेते हैं। एक अन्य स्थानीय ने बताया, ‘वे हमें रोकते है और कहते है कि हम पर 1000 रुपये का जुर्माना हो गया है और घूस के तौर पर 500 रुपये लेते है, और फिर हमें जाने की अनुमति मिलती है। जबकि मध्यप्रदेश में नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू भी नहीं हुआ है।
बी० एल सेन्ट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार ने ब्लाक अर्की के अंतर्गत आयोजित की गई बाल विज्ञानं सम्मलेन प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया है। प्रधानाचार्य पदम् नाभम ने बताया की इस बाल विज्ञानं सम्मलेन का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड्लाघाट में 19 सितम्बर से 21 सितम्बर तक किया गया था। इसमें खंड अर्की के 96 विद्यालयों से आये लगभग 633 छात्रों ने भाग लिया। उन्होंने बताया की विद्यालय से 15 बच्चों धृति, निहारिका, इशिका, तान्या, लक्षिता, भव्या, दिव्यांशी, ख़ुशी, एडविल, ज्योत्स्ना, निवेदिता, शगुन, सारिका, अंश पाठक और शिवांश ने सम्मलेन में भाग लिया। जानकारी देते हुए अनुराक्षिका विज्ञान अध्यापिका ज्योति नेगी और गणित प्रवक्ता संगीता कुमारी ने बताया की वरिष्ठ वर्ग मे लक्षिता और अंश पाठक ने प्रश्नोत्तरी मे दूसरा स्थान ,वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग प्रश्नोत्तरी मे ख़ुशी और दिव्यांशी शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग विज्ञानं एक्टिविटी कॉर्नर मे भव्या , वरिष्ठ वर्ग मे तान्या और वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग मे निवेदिता ने अपना बहतरीन प्रदर्शन किया। प्रोजेक्ट सर्वे रिपोर्ट कनिष्ठ वर्ग में एडविल, वरिष्ठ वर्ग में धृति और वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग में निहारिका का चयन ज़िला स्तर की बाल विज्ञान सम्मलेन के लिए हुआ है। गणित ओलिंपियाड वरिष्ठ वर्ग में शगुन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इन बच्चों ने ट्रॉफी जीत कर स्कूल और कुनिहार का नाम ज़िला सोलन मे रोशन किया है। प्रधानाचार्य पदम् नाभम, रामेश्वर ठाकुर, किरण लेखा जोशी, सुषमा शर्मा ने सभी अध्यापाक वर्ग, बच्चों के अभिभावकों और विजेता बच्चों को बधाई दी है।
बिलासपुर ज़िले के सदर चुनाव क्षेत्र में त्युंन सरयुन धार की बैठक हरलोग में सम्पन हुई। बैठक की अध्यक्षता हरलोग बीडीसी सदस्या सीमा शर्मा ने की। इस बैठक में युवा नेता आशीष ठाकुर ने विशेष रूप से उपस्थिति दी। बैठक में क्षेत्र से सम्बंधित सभी समस्याओं के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रदेश सरकार और ज़िला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हरलोग को उपतहसील का दर्जा दिया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि अगर अगले 3 महीने में सरकार और प्रशासन की तरफ़ से कोई कार्यवाही अमल में नही लाई गई तो आगामी समय मे जिलाधीश कार्यालय और सरकार के प्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा। इसकी ज़िम्मेवारी सरकार एवम प्रशासन की होगी। इस मौके पर पूर्व प्रधान रूप लाल शर्मा, कैप्टन राम लाल, कैप्टन सुखलाल, बलबीर शर्मा, बंटी भारद्वाज, दूनी चंद, अमि चंद, शुभम चन्देल, आशीष चन्देल, रविंदर, लेखराम, तुलसी राम, नन्द लाल चन्देल, राजेश कुमार, हेम राज, कुलजीत, सुरेश, रत्न सिंह, नरोत्तम दास, यशपाल, ओमप्रकाश व अन्य सदस्यों ने भाग लिया
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में पंजाब से श्रद्धालुओं का एक जत्था लगभग 186 किलोमीटर की यात्रा पेट के बल लेट कर पूरा करने के बाद मंदिर पहुंचा। यह यात्रा 3 दिनों में पूरी हुई। यह श्रद्धालु हर वर्ष श्राद्ध पक्ष में दंडवत यात्रा करते हुए माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचते है। इन श्रद्धालुओं का कहना है कि यह यात्रा पंडित सोहन लाल की प्रेरणा के द्वारा हर वर्ष की जाती है। इसमें वृद्ध, युवा और बच्चे हर तरह के श्रद्धालु शामिल है। इस यात्रा के दौरान यात्रियों का कहना था कि यह उनकी बीसवीं यात्रा है और पंजाब के धूरी से हर वर्ष 186 किलोमीटर का सफर पेट के बल तय कर वह माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचते है। कुछ श्रद्धालुओं के पैरों में छाले पड़ गए थे और कुछ पैरों पर पट्टियां बंधी थी, फिर भी श्रद्धालुओं के माथे पर थकान की कोई भी लकीर नजर नहीं आई। हर वर्ष पितृ पक्ष में यह यात्रा करते हैं ताकि माता रानी की कृपा उन पर बनी रहे और उनके पित्र भी प्रसन्न हो।
देवभूमि व्यासपुर समाजसेवी संस्था ने एक बार फिर आगे आते हुए जरूरतमंद के लिए हाथ बढाए है। संस्था ने कंदरौर के वीरेंद्र कुमार जिनकी दोनो किडनियाँ खराब हो चुकी है, उनके दुख को थोड़ा कम करने की कोशिश की है। उन्होंने वीरेंद्र कुमार को संस्था की ओर से 18 हज़ार रुपये देकर मदद की है। वीरेंद्र के घर मे उनके अलावा कमाने वाला और कोई नही है, इसके चलते उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस दुख की घड़ी में संस्था ने उन्हें हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है। देवभूमि व्यासपुर समाजसेवी संस्था समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए काम करती है।
वैसे तो देश-प्रदेश से विभिन्न विद्यार्थी उच्चत्तर शिक्षा प्राप्त करने के लिए विदेश जाते है। लेकिन एक भी पैसा खर्च किये बिना यूके के विश्व विद्यालय द्वारा निखिल शर्मा पर 52 लाख रुपए खर्च किये जा रहे है। निखिल शर्मा बिलासपुर के जुखाला का समीप पंजेतन गाँव का निवासी है। इनका चयन केलेडोनियन विश्वविद्यालय स्काटलैंड यूके द्वारा पीएचडी अनुसंधान हेतु किया गया है। निखिल शर्मा स्वर्गीय स्वतंत्रता सेनानी मठिया राम के परपोत्रे है। उनके पिता अमित शर्मा भाषा एवं संस्कृति विभाग निदेशालय शिमला में कार्यरत है और माता स्वास्थ्य विभाग में कार्य कर रही है। इन दिनों वह ढाण्डा, शिमला में रह रहे हैं। निखिल ने इस अवसर का श्रेय अपने माता-पिता व गुरूजनो को दिया है और कहा है कि पीएचडी के बाद वह देश की और बेहतर तरीके से सेवा कर पाएंगे।
हिमाचल उत्सव के समापन अवसर पर रविवार आठवें दिन सोलन के जाने-माने निजी अस्पताल साईं संजीवनी की ओर से मेडिकल कैंप लगा कर फ्री चेकअप किया गया। इसमें 100 से ज्यादा पेशेंट को चेक किया गया और उन्हें मुफ्त में दवाईयाँ वितरित की गई।
दी कशलोग बहुउद्देशीय सहकारी सभा समिति चंडी की सभा का साधारण अधिवेशन हुआ। सभा की अध्यक्षता पंचायत के उपप्रधान जय चंद शर्मा ने की। सभा मे सचिव, पूर्व कार्यकारिणी व अन्य सदस्य जो सभा को वसूली (ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक) ना दे पाए, उन्हें आम सभा ने डिफाल्टर घोषित करने की स्वीकृति प्रदान की। इसमें वर्तमान कार्यकारिणी के दो सदस्य सुरेश कश्लोग व जगदीश बड़ोग डिफाल्टर घोषित किए गए। सभा द्वारा वर्तमान समय में राशन प्रणाली को दुरुस्त करने की स्वीकृति प्रदान की गयी। इस अवसर पर प्रधान तुलसीराम, कोषाध्यक्ष जय राम, सदस्यों में सुशील, कृष्ण,चंदू राम, रूपचंद,काशीराम, खेमचंद सहित करीब 70 सदस्य उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट गांव कोठी निवासी सीमा शुक्ला की दूसरी एल्बम "जोतां जाग रहियां" धमाल मचाती हुई रिलीज हो चुकी है। बता दे कि सीमा शुक्ला की पहली एल्बम "जय गोविंदा जय गोपाला" अभी पिछले माह ही रिलीज हुई है। उस एल्बम के मधुर संगीत का क्रेज अभी तक भी लोगों में कम नहीं हुआ है। राज्य पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी सीमा शुक्ला ने भैरवी स्टूडियो बिलासपुर म्यूजिकल डायरेक्टर परमजीत पम्मी तथा इस फिल्म को शूट करने वाले लागू एस कुमार, सुरेश वर्मा, राकेश शुक्ला तथा अन्य सभी मार्ग दर्शकों का धन्यवाद किया है जिन्होंने इस वीडियो को बनाने में उनका मार्गदर्शन किया है। इस क्षेत्र के लोग सीमा द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों तथा इस एलबम की बहुत सराहना कर रहे है, और सीमा शुक्ला को बधाईयां दे रहे है। बधाई देने वालों में नरेंद्र चौधरी, राजेश गुप्ता, सुरेंद्र शुक्ला, राजेश कुमार, कृष्ण चंद शर्मा, कामेश्वर कांत, बलवीर सिंह, आरती शर्मा, करूणा, नीलम शर्मा, नेहा शर्मा, हेम लता, श्रुति शर्मा इत्यादि शामिल है।
ईश्वरम्मा पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में शनिवार को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सुरेश ठाकुर द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नर्सरी से पांचवी कक्षा तक के छात्रों ने भाग लिया। बच्चे विभिन्न ड्रेस में तरह-तरह के किरदार में नजर आए। इस दौरान टैलेंट हंट प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य, नाटक मंचन, वाद्य यंत्र वादन जैसे कार्यक्रमों में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में परिधि, माही, आरव, नमन, स्वस्तिक गुप्ता, दिवांशु ठाकुर, मन्नत इत्यादि छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुती दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश ठाकुर ने कहा कि प्रतिभा सभी के अंदर होती है, बस उन्हें निखारने की जरूरत है। इस मौके पर स्कूल शिक्षक व अन्य स्टाफ सदस्यों सहित बच्चे मौजूद रहे।
17वें हिमाचल उत्सव की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में रिमिक्स नाटी किंग कुलदीप शर्मा का जादू सोलन वासियों के सिर चढ़ कर बोला। खचाखच भरे ठोडो मैदान में तिल धरने की जगह भी नही थी और युवा मैदान के हर कोने में डांस करते देखे गए। रिमिक्स किंग ने गुरू मां की अराधना से अपना कार्यक्रम शुरू किया और फिर उसके बाद मुंदड़ी जोगे ना, आये घूमदे शिमले, मेरी जिंदगी संवारी, पानी री टंकी, तेरा मेरा प्यार अडिए बचपनों रा, पाता पानो रा, तन डोले मेरा मन डोले जैसे गीतों से शानदार कार्यकम पेश किया। पंजाबी गायक अर्जुन गोपाल की सूफी पंजाबी गायकी के दर्शक दिवाने हो गए। अर्जुन ने मेरे रश्के कमर, ओए होऐ कुडिया शहर दियां के बाद पंजाबी बोलियां और मेलोडी गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संध्या में जौनसारी गायक मनोज सागर और एसजे डासिंग जोन सहित कुल्लू के डी पायरेटस की भगत सिंह पर आधारित नृत्य नाटिका खूब सराही गई। युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, महासचिव र्कीती कौशल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खु सहित विशिष्ठ मेहमान नालागढ के विधायक लखविंद्र राणा, जुब्बल कोटखाई के पूर्व विधायक रोहित ठाकुर के साथ गणमान्य लोगों में संजय अवस्थी, अनुराग शर्मा, सरदार सिंह ठाकुर, अंकुश सूद आदि लोग मौजूद रहे। संध्या में ज़िला प्रशासन से एडीएम सोलन विवेक चंदेल ने भी शिरकत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में रविवार 22 सितंबर को 50 हज़ार लोगों की विशाल भीड़ को संबोधित करेंगे। पहली बार किसी देश के नेता अमेरिका में इतना बड़ा शो करने जा रहे है। इस कार्यक्रम को 'हाउडी मोदी' नाम दिया गया है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद रहेंगे। ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम के गेट भारतीय समय के मुताबिक शाम 4.30 बजे खोल दिए जाएंगे और स्टेडियम में 9 बजे रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप का भाषण होगा। इस कार्यक्रम का समापन भारतीय समय के मुताबिक रात 12.30 बजे होगा।
प्रदेश में लोगों की शिकायतों को समयबद्ध आधार पर सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हैैल्पलाईन आरम्भ की गई है। इस हेल्पलाईन पर शिकायतों व समस्याओं के समाधान के लिए लागों को 1100 नंबर पर फोन करना होगा। यह जानकारी सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र के बनलगी में पैंशनर्ज एंव वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के समारोह में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा प्रदान की गई। कलाकारों ने लोगों कोे अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हैैल्पलाईन पर प्राप्त विभिन्न समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा। लोगों से आग्रह किया गया कि शिकायतें दर्ज करने के लिए 1100 नंबर पर सोमवार से शनिवार के मध्य प्रातः 07.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक सम्पर्क किया जा सकता है। कलाकारों ने लोगों को मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना की जानकारी भी दी। लोगों को बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के अंतर्गत युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत 18 से 45 वर्ष आयुवर्ग के युवाओं को 50 लाख रुपये तक की कुल परियोजना लागत वाले उद्यम स्थापित करने के लिए 25 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। महिलाओं को 30 प्रतिशत तक के उपदान का प्रावधान है। योजना के तहत 62 कार्यों को शामिल किया गया है, इसमें हेल्थ फिटनेस सेंटर खोलने से लेकर होटल और रेस्तरां चलाने जैसे कार्य शामिल किए गए है। योजना के अंतर्गत अब तक राज्य में 200 युवाओं को लगभग 31 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए जा चुके है। इस वर्ष 2 हजार युवाओं को 400 करोड़ रुपये के ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। समूह गान तथा नाटक के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार ने सत्ता में आते ही जहां सामाजिक सुरक्षा पैंशन को बढ़ाकर 750 रूपये प्रति माह किया था, वहीं इस वर्ष इसे बढ़ाकर 850 रूपये प्रतिमाह कर दिया गया है। लोगों को जानकारी दी गई कि अब प्रदेश के 70 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के वरिष्ठ नागरिक सामाजिक सुरक्षा पैंशन पाने के हकदार हैं। इस वर्ष से वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन के रूप में प्रतिमाह 1500 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। इस अवसर पर पैंशनर्ज एंव वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष आई.डी.शर्मा, उपाध्यक्ष मनसा राम, महासचिव मदन शर्मा, जिला अध्यक्ष के.डी. शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य तथा उन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ज़िला बिलासपुर में घरेलू हिंसा तथा अन्य प्रताड़नाओं की शिकार महिलाओं की उपायुक्त कोर्ट में सुनवाई की। उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग द्वारा ज़िला बिलासपुर में घरेलू हिंसा तथा अन्य प्रताड़नाओं की शिकार 18 मामलों की सुनवाई की गई। इसमें से 7 मामलों का निपटारा मौके पर किया गया। प्रदेश के हर जिले में प्रत्येक माह इस प्रकार के कोर्ट का आयोजन किया जाता है ताकि विभिन्न हिंसाओं से प्रताड़ित महिलाओं की शिकायतों को सुनकर उनका निपटारा किया जा सके। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य इंदुवाला, लाॅ ऑफिसर अनुज वर्मा, अधीक्षक मोहन सिंह राव उपस्थित रहे।
श्री नैना देवी जी में 29 सितम्बर से 8 अक्तूबर तक आश्विन मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या को नियंत्रण करने एवं कानून व्यवस्था को उचित ढंग से बनाए रखने के लिए ज़िला दण्डाधिकारी राजेश्वर गोयल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए है, कि टोबा से श्री नैना देवी जी सड़क मार्ग पर केवल बसों व छोटे वाहनों की आवाजाही होगी। उन्होंने आश्विन मेले के दौरान लोगों की भीड़ को मदेनजर रखते हुए आदेश जारी किए है, कि मेला परिसर श्री नैना देवी जी में लाऊड स्पीकर, ढोल नगाडे तथा बैंड बाजे आदि के प्रयोग पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।
नगर सुधार समिति बिलासपुर की आपात बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष दिनेश कुमार ने की। इसमें 23 सितम्बर को समिति द्वारा आयोजित नशा विरोध रैली व प्रदर्शन की रूपरेखा बनाई गई। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस रैली व प्रदर्शन का मुख्य उदेश्य बिलासपुर में नशा बेचने वालों के परिजनों को जगाने के प्रति है। रैली में प्रमुख समाजसेवी संस्थाओं को भी आमंत्रित किया गया है। जो इस नशे के विरोध रैली व प्रदर्शन में सहयोग करेंगी। रैली लक्ष्मी नारायण मन्दिर डियारा सैक्टर से ठीक 11 बजे सुबह चलेगी तथा हनुमान मन्दिर, बस अड्डा, चम्पा पार्क, चेतन चैक से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचेगी तथा उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री महोदय व डी.जी.पी. हिमाचल पुलिस को नशा मुक्ति बारे ज्ञापन प्रस्तुत करेगी। इस बैठक में विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। अनुशासन समिति में रामप्यारी ठाकुर, मंजीत कौर, देवेन्द्र, संजीव ढिल्लो और तनुज सोनी शामिल हैं। इसके साथ ही लाल सिंह चौहान, मुनीर अख्तर लाली व राजेन्द्र गौतम, नसीम मोहम्मद भी उनके सहयोगी रहेगे। ईशान अख्तर मंच संभालेगें। रैली का नेतृत्व नगर सुधार समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार करेगें। जबकि प्रमुख समाज सेवी संस्थाएं उनके साथ रहेंगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में चल रही खंड स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का समापन किया गया। इस आयोजन में भाजपा सचिव रत्न पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर में पाठशालाओं के 641 विद्यार्थी भाग लिया। इसमें साइंस एक्टिविटी कॉर्नर, साइंस क्विज, साइंस मॉडल तथा मैथेमेटिकल ओलंपियाड प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। साइंस क्विज प्रतियोगिता में जूनियर ग्रामीण वर्ग में एसवीएन कुनिहार की सिमरन व रमन प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय कंसवाला की ललिता व दिव्या द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट की सानिया व हिमानी तृतीय स्थान पर रहे। शहरी वर्ग में ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल अर्की के सारांश व नम्रता ने प्रथम, एसवीएन कुनिहार की अलंकृता व परांश द्वितीय तथा लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की के आयुष व अक्षित तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर ग्रामीण वर्ग में डीएवी अम्बुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के यक्ष व सौमिल प्रथम, बीएल पब्लिक स्कूल कुनिहार अंश व लक्षित द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगू की रवीना व सोनू तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर अर्बन में लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की की तरणशी व हर्षिता प्रथम, ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल अर्की की मीनाक्षी व अनिशा द्वितीय तथा एसवीएन कुनिहार के मन्नत व शरीष ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर सैकेंडरी वर्ग में ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल अर्की के सोहल व तान्या प्रथम, एसवीएन कुनिहार के मुकुल व अंकिता द्वितीय, ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल कुनिहार के दिव्यांशी व खुशी ने तृतीय प्राप्त किया। साइंस मॉडल प्रतियोगिता में एनपीएस धुन्दन के ध्रुव शर्मा प्रथम, डीएवी दाड़लाघाट के ओम द्वितीय तथा छात्र अर्की के इशांत शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य इंदु शर्मा ने बताया कि यदि हम भारतीय शास्त्रों को खंगाले तो हमें पता चलता है कि जिस साइंस की बात हम आज कर रहे हैं उस विज्ञान का वर्णन पहले ही हमारे ऋषि-मुनियों ने शास्त्रों में कर दिया था। वहीं भाजपा सचिव रत्न पाल ने अपने संबोधन में कहा कि में सभी को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं व सभी बच्चे को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करता हूँ। चंद्रयान-2 को नजदीक से देखने वाले डीएवी अम्बुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के छात्र व इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे सौमिल शर्मा को बधाई देता हूँ। इस अवसर पर भाजपा सचिव रत्न पाल, प्रधानाचार्य इंदु शर्मा, बालक राम शर्मा, राकेश गौतम, हेमराज, संतोष शुक्ला, नरेन्द्र हांडा, हरीश ठाकुर, रूपराम शर्मा, प्रेम शर्मा, खेम राज, सागर शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, पप्पू पुष्पेंद्र शर्मा, बालक राम शर्मा, राकेश ठाकुर, भगत राम, लच्छी राम, हंसराज सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग व विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक व बच्चे मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शनिवार को सोलन ज़िला के कंडाघाट में ज़िला प्रशासन के माध्यम से आयोजित स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि स्वछता न केवल हमारे स्वास्थ्य, घर व आस-पास के परिवेश के लिए आवश्यक है बल्कि ये देश और राष्ट्र की आवश्यकता भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच है कि ‘स्वस्थ शरीर व स्वस्थ दिमाग’ और स्वस्थ शरीर के लिए पहली आवश्यकता है स्वच्छता। उन्होंने कहा कि कोई भी देश तभी प्रगति कर सकता है जब उस देश के नागरिक स्वस्थ हों। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्तूबर, 2014 को स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। स्वच्छ भारत अभियान को गांधी जी के विचारों से प्रेरित होकर शुरू किया गया है, क्योंकि गांधी जी ने स्वतन्त्रता से पहले सपना देखा था कि हमारा देश भी पूर्ण रूप से साफ-सुथरा हो, लेकिन किसी कारणवश यह सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता के सपनों को प्रधानमंत्री ने पूरा करने का जो बीड़ा स्वच्छता अभियान के रूप में उठाया है और पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया है, उसका असर अब दिख रहा है। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल में लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हैं और स्वच्छता के ऐसे कार्यक्रम वृहद स्तर पर आयोजित किये जाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ हमें प्लास्टिक मुक्त देश व प्लास्टिक मुक्त हिमाचल बनाने के लिए भी आगे आना चाहिये। उन्होंने कहा कि जितनी नागरिक समझ बढ़ेगी उतनी स्वच्छता बढ़ेगी। इससे पूर्व, राज्यपाल ने कंडाघाट बाजार में श्रीनगर पंचायत द्वारा स्वच्छता के लिए डे एंड नाईट विजन युक्त कैमरा प्रणाली का शुभारंभ भी किया। उन्होंने बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत अनन्या और रियांशी को सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अन्न प्राशन संस्कार और गोद भराई की रस्म समारोह भी पूर्ण करवाया। उन्होंने इस अवसर पर स्कूली छात्रों द्वारा स्वच्छता के विषय में पूछे गए प्रशनों के उत्तर भी दिए। सोलन के उपायुक्त के.सी.चमन ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि पोषण अभियान के तहत देश के 315 ज़िलों में सोलन को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि एकीकृत बाल विकास योजना के तहत ज़िला में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं और अब सोलन ज़िला को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ-साथ लोगों को जागरूक किया जाएगा। कंडाघाट के उपमंडलाधिकारी डाॅ. संजीव धीमान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। योग भारती हिमाचल के संयोजक श्रीनिवास मूर्ति, विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, कंडाघाट व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, स्कूली बच्चे तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिवसेना हिमाचल प्रदेश ने 370 धारा हटाने पर जहां केंद्र सरकार की प्रशंसा की है, वही हिमाचल में सीमेंट के दाम पंजाब से अधिक होने पर और आउट सोर्स कर्मियों के लिए नीति ना बनाए जाने पर प्रदेश सरकार की आलोचना भी की है। बिलासपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवसेना हिमाचल प्रदेश के कार्यकारी प्रमुख शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि अगले महीने होने वाले शिवसेना की प्रदेश स्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर विशेष चर्चा होगी और मुख्यमंत्री व उद्योग मंत्री से बैठक करके इस मुद्दे का हल निकालने की कोशिश की जाएगी। उनके साथ उपाध्यक्ष हरीश अटवाल, सुखराम, रजत शर्मा तथा अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
अंबुजा सीमेंट उद्योग के विरुद्ध पुलिस थाना दाड़लाघाट में रवि कुमार पुत्र मंसाराम, राकेश कुमार व पवन कुमार पुत्र मस्तराम, काकू कुमार पुत्र बाबूराम सभी गांव निवासी ने शिकायत दर्ज करवाई है, कि कंपनी द्वारा की जाने वाली ब्लास्टिंग से महिलाओं को घास काटने में मुश्किलें आ रही है। ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों में दरारें पड़ रही है। हर समय जानमाल का नुकसान होने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने अपने शिकायत पत्र में लिखा है, कि उन्होंने ब्लास्टिंग रोकने हेतु अंबुजा से बार-बार आग्रह किया, लेकिन कंपनी के लोग उनकी बात को अनसुना कर देते है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला अंडर सेक्शन 336 आईपीसी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट पूर्ण चंद ठुकराल ने की है।
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट में शुक्रवार को प्रमाण वितरित समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान से परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके सिलाई व टेली ट्रेड के प्रशिक्षु आए व उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समारोह का उद्घाटन दाड़लाघाट के समाजसेवी विद्यासागर, नम्होल से राम लोक, धुन्दन पंचायत के उपप्रधान त्रिलोक ठाकुर ने किया। इनके स्वागत समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी व आए हुए अतिथियों का स्वागत किया।
कुनिहार क्षेत्र के लोगों के सहयोग से होने वाला दो दिवसीय दशहरा मेला भी ज़िला सोलन में नया अध्याय लिख रहा है।रियासत काल से कुनिहार में होने वाली रामलीला का आज भी दस्तूर जारी है। वहीं दशहरा पर्व को हर्षोउल्लास से आयोजित करने में पंचायत की भूमिका भी अव्वल रहती है। देवेंद्र तनवर की अध्यक्षता में दशहरा उत्सव नई ऊंचाइयां छू रहा है। इस कार्य मे हंसराज ठाकुर, नवनीत शर्मा, हाटकोट पंचायत प्रधान सुनीता ठाकुर, उप प्रधान राजेश शर्मा सहित रामलीला जनकल्याण समिति के सभी सदस्य व कुनिहार जनपद के लोगों के सहयोग से आगे बढ़ा रहे है। दशहरा उत्सव से पूर्व दशहरा ग्राउंड में फुटबॉल प्रतियोगिता भी खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण रहती है। इसके अतिरिक्त कई खेल प्रतियोगिताओं सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम दशहरा मेला को चार चांद लगा देते है।
17वें हिमाचल उत्सव की छठी संध्या पंजाबी गायक सोनू सुरजीत और गायक सोहन सिंह सोनू के नाम रही। सोनू सुरजीत ने अपने बैंड के साथ जबरदस्त पंजाबी कार्यक्रम पेश किया। संध्या में हिमाचल के गायक सोहन सिंह सोनू ने हिंदी पहाड़ी नगमों से उपस्थित दर्शकों को अपनी गायकी का मुरीद कर दिया। संध्या में गायक डिपंल ठाकुर का कार्यक्रम भी सराहा गया। इससे पहले संजय सहोटा ने भी कार्यक्रम पेश किया। मुख्य संध्या में डांस हिमाचल डांस के विजेता सौरभ और साक्षी का युगल नृत्य खास आकर्षण का केंद्र रहा। दोनो ही डासंर्ज ने अपने शानदार डांस से दर्शकों का दिल जीत लिया। छठी संध्या में मशहूर लोक कलाकार जिया लाल ठाकुर के लोक सांस्कृतिक दल ने बघाटी संस्कृति पर आधारित लोकगायन और लोकनृत्य पेश कर सोलन की प्राचीन संस्कृति का मंच पर जीवंत कर दिया। दल ने नाटियों और गिददे के साथ साथ ठोडा नृत्य की प्रस्तुती भी दी। शुक्रवार को हिमाचल की आवाज गायन प्रतियोगिता के विजेता कुमारी मनु शर्मा, राहुल कश्यप और शुभम शर्मा ने भी गीत पेश किए। नवोदित गायकों को खूब सराहना मिली। चंडीगढ से आए डांस ग्रुप निप्पा के शानदार डांसेज के अलावा एसजे डांसिंग जोन, तानसेन विद्यालय, एलिट इंटरनेशनल स्कूल, टैगोर इंटरनेशन स्कूल, गर्ल्स स्कूल, हैप्पी योगा ग्रुप ने भी बेहतरीन कार्यक्रम पेश किए। इस कार्यक्रम में युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा और महासचिव कृति कौशल, पुरूषोतम गुलेरिया, विशिष्ठ मेहमान विनोद गुप्ता, राजीव चोपड़ा, रश्मि चोपडा, अमित, मीनू आनंद, पवन गुप्ता, भरत साहनी, नरेंद्र ठाकुर, अरूण मेहता आदि मौजूद रहे।
प्राचीन शिव ताण्डव गुफा कुनिहार में 23 सितम्बर जेष्ठ सोमवार को गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष राम रतन तनवर व उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने बताया कि 22 सितम्बर रविवार से गुफा के अंदर 2 दिवसीय राम चरित मानस कथा आरम्भ होगी।
नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने शनिवार को महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र और हरियाणा का मतदान 21 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 24 अक्टूबर तय की गई है। इसे लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों में 64 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव का भी ऐलान किया गया है। आयोग ने फिलहाल झारखंड में चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की। बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभी की कुल 288 सीटें है, जबकि हरियाणा में सीटों की संख्या 90 है। पीएम मोदी ने हरियाणा और महाराष्ट्र में बीजेपी के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत भी कर दी है।
किसानों-मजदूरों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में हज़ारो किसान शनिवार को नोएडा से दिल्ली की कूच कर रहे है। हज़ारो की संख्या में किसान अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मोदी सरकार के सामने रखने के लिए सहारनपुर से पैदल यात्रा करते हुए दिल्ली आ रहे है। नोएडा से दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में है। हालांकि उसके पहले ही दिल्ली पुलिस ने पूरी तैयारी शुरू कर रखी है कि वह किसानों को दिल्ली जाने से रोक सके।
उत्तर प्रदेश के नोएडा थाना सेक्टर 20 इलाके में एक मीडिया कर्मी और उसके दोस्त को एक पुलिस कर्मी को नसीहत देना भारी पड़ गया। जब कथित रूप से एक पुलिस कर्मी शराब के नशे में बिना हेलमेट के मोटर साइकिल पर गलत साइड से आ रहा था और मीडिया कर्मी से टकराते हुए बाल-बाल बचा। इसके बाद मीडियाकर्मी ने पुलिसकर्मी को बोला कि आप बिना हेलमेट और गाड़ी भी गलत साइड चला रहे हो तो आपकी शिकायत पुलिस से की जाएगी। इस पर पुलिसकर्मी को गुस्सा आया और उसने अपने अन्य साथियों को बुलाकर मीडियाकर्मी और उसके दोस्त को जमकर पीटा।
विशेष एवं जिला एंव सत्र न्यायाधीश बिलासपुर राकेश चौधरी ने एक अहम मुकदमे में दोषी को धारा 4 पोक्सो एक्ट 2012, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने संबंधित अधिनियम के तहत दोषी मनोज कुमार सुपुत्र चुन्नीलाल गांव अमरपुर थाना घुमारवीं ज़िला बिलासपुर को दोषी करार देते हुए 7 साल का कठोर कारावास व 1 हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई। मामले की जानकारी देते हुए ज़िला न्यायवादी एवं विशेष लोक अभियोजक विनोद भारद्वाज ने बताया कि दिनांक 11 अप्रैल 2017 को थाना घुमारवीं में काल्पनिक नाम रामलाल की शिकायत पर धारा 363 व धारा 4 पोक्सो एक्ट के अंतर्गत एफआईआर नंबर 88/ 17 दर्ज की गई थी। इसके तथ्य यह थे कि पीड़िता जो कि एक नाबालिक लड़की थी वो 11 अप्रैल 2017 को करीब 10 बजे सुबह अपने घर से घुमारवीं में नलवाड़ी का मेला देखने के लिए गई थी। घर वापिस ना पहुंची तो शिकायतकर्ता भाई ने उसे सब जगह ढूंढा पर वह नहीं मिली। फिर 12 अप्रैल 2017 को वादियां आईपीएच चैक घुमारवीं पर बरामद की गई। इसने सारी आपबीती अपने भाई को बताई कि उसे 11 अप्रैल 2017 को करीब 8 बजे शाम को दोषी अपने मोटरसाइकिल पर मिला। उसने उसे कहा कि वह उसे घर छोड़ देगा पर दोषी ने उसे घर नहीं छोड़ा व उसे पनौल ले गया तथा रास्ते में शिव मंदिर के पास उसने वादिया के साथ बलात्कार किया। इस पर मुकदमा की तफ्तीश अमल में लाई गइर्।। वह सारे सबूत वादिया का मेडिकल मुलहाचा व दोषी का मेडिकल परीक्षण विशेषज्ञ रिपोर्ट व अन्य दस्तावेज हासिल किए गए। उसके उपरांत विशेष न्यायलय में दोषी के खिलाफ चालान पेश किया गया। इस केस में विशेष लोक अभियोजक एवं ज़िला न्याय वादी विनोद भारद्वाज ने 21 गवाह पेश किए व दोषी ने अपने बचाव में 2 गवाह पेश किए। अभियोजन पक्ष की दलीलों को स्वीकार करते हुए व बचाव पक्ष की।दलीलों को नकारते हुए दोषी मनोज कुमार सुपुत्र चुन्नीलाल गांव अमरपुर थाना घुमारवीं ज़िला बिलासपुर को धारा 4 पोक्सो एक्ट के तहत 7 साल का कारावास व 1 हजार रूपए का जुर्माना की सजा सुनाई गई।
विशेष न्यायधीश घुमारवीं अमन सूद की अदालत ने खड़क बहादुर पुत्र करण बहादुर गांव लेखगांव डाकखाना फिनीगाढ़ा तहसील वीरेंद्रनगर ज़िला सुरखेत नेपाल को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत दोषी ठहराते हुए 7 साल का कठोर कारावास और 50 हजार रूपए जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में दोषी को 1 साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। उप ज़िला न्यायवादी उमेश भारद्वाज ने मुकदमा की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 7 मार्च, 2018 को जब पुलिस एएसआई रोशन लाल थाना सदर बिलासपुर के नेतृत्व में गश्त पर नोणी मंडीमाणवा सायं 4ः30 बजे मौजूद थे, तो दोषी अपने हाथ में एक बोरी लिए हुए सड़क पर पैदल जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देख कर दोषी खड़क बहादुर घबरा गया। पुलिस ने उसे काबू किया तलाशी लेने पर उसके पास 770 ग्राम चरस बरामद हुए तफ्तीश के बाद अभियोग पत्र अदालत में पेश किया गया और अदालत ने अभियोग के बाद दोषी को यह सजा सुनाई। इस मुकदमे की पैरवी सरकार की ओर से ज़िला न्यायवादी विनोद भारद्वाज व उप ज़िला न्यायवादी उमेश कुमार ने की।
राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में संपन्न हुई दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय महिला कुश्ती प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। बिलासपुर महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता डॉक्टर प्रवेश शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय की बनीता ने 50 किलो भार वर्ग में गोल्ड मेडल, प्रीति ने 53 किलो में सिल्वर, सोनिका ने 55 किलो में ब्रॉन्ज, ऋषिका ने 57 किलो में गोल्ड, अभिलाषा इस 59 किलो में ब्रॉन्ज तथा प्रियंका ने 72 किलो में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए । 16 अंकों के साथ महाविद्यालय की टीम प्रथम स्थान पर रही जबकि पिछली विजेता महाराजा लक्ष्मण सेन महाविद्यालय सुंदरनगर की टीम ने 13 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्रोफेसर राम कृष्ण ने डॉक्टर प्रवेश शर्मा, टीम के प्रशिक्षक पूर्व राष्ट्रीय पहलवान विवेक ठाकुर को तथा सभी पहलवान छात्राओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
प्रदेश सरकार लोगों को मूलभूत सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयास कर रही है। ग्रामीण स्तर तक लोगों को सभी सुविधाएं मिले इसके लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। यह बात विधायक सुभाष ठाकुर ने अपने कार्यालय में लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत कही। उन्होंने ग्राम पंचायत मारकंडा के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि मारकंडा से शिमला बाया नेरी, मलोखर बस सेवा शुरू कर दी गई है। इससे पहले सम्बन्धित पंचायतों के लोगों को पैदल सफर तय करके मुख्य सडक तक आना पडता था तथा बस सेवा के आरम्भ होने से अब उन्हें मुश्किलों का सामना नहीं करना पडेगा। इसके साथ ही इस बस सेवा के आरम्भ होने से ऋषि मारकण्डे की तपोस्थली में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढोतरी होगी और यह स्थान धार्मिक पर्यटन के केन्द्र के रूप में भी उभरेगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने इस बस सेवा को आरम्भ करने के लिए विधायक सुभाष ठाकुर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, युवक मण्डल प्र्धान पुरूषोतम कुमार, महेन्द्र कुमार, सुनील ठाकुर, रूप सिंह, जितेन्द्र कुमार, देशराज, विनोद, सुरेश के अतिरिक्त स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
नयना देवी मंदिर न्यास की बजट बैठक का आयोजन मातृआंचल भवन में किया गया। इसकी अध्यक्षता मंदिर न्यास आयुक्त एवं उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने की। उन्होंने बताया कि मंदिर न्यास, मंदिर के सौन्दर्यकरण व मास्टर प्लान पर विशेष ध्यान देगा, तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए विकास कार्यों को गति प्रदान करेगा। इस बैठक में न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम, मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार हुस्न चंद, न्यास के सदस्य आशुतोष शर्मा, सुरेश शर्मा, सीता राम, नीलम शर्मा, राजेश चैधरी, संतोष कुमार, कमला देवी, विनोद कुमार, चन्द्र प्रकाश, लाजपत सहित मन्दिर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक को भेंट की। उन्होंने प्रदेश में स्थापित विभिन्न सैन्य क्षेत्रों एवं इनके आसपास रह रहे आम नागरिकों की समस्याओं से अवगत करवाया। डॉ. सैजल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि के नाम से जाना जाता है और प्रदेश के युवाओं ने सदैव भारतीय सेना तथा अर्धसैनिक बलों में कार्य को तरजीह दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवारत सैनिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी है। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुरूप यहां अनेक सैन्य क्षेत्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सैन्य क्षेत्रों में एवं इनके आसपास बड़ी संख्या में आम नागरिक भी निवास करते हैं। किन्तु विभिन्न कारणों से अनेक बार इन नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को अवगत करवाया कि सोलन ज़िला के सुबाथू सैन्य क्षेत्र में वर्तमान में विभिन्न कारणों से आम नागरिकों को अनेक समस्याएं झेलनी पड़ रही है। उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री से आग्रह किया कि सुबाथू सैन्य क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और नियमानुसार लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दे। उन्होंने सुबाथू सैन्य क्षेत्र में वर्तमान में भवनों को गिराए जाने के कारण उत्पन्न स्थिति में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने आग्रह किया कि केंद्र सरकार ऐसे सभी मामलों में सैन्य क्षेत्रों में रह रहे आम नागरिकों के लिए स्थितियां आसान बनाने के संबंध में निर्णय ले। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने डॉ. सैजल को विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार आमजन की समस्याओं को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस विषय में उच्च स्तर पर सर्वमान्य निर्णय लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सोलन ज़िला में आयोजित सेवा सप्ताह का आज कंडाघाट उपमंडल के चायल में वृहद चिकित्सा शिविर के साथ समापन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र नाथ सोफत ने की। इस अवसर पर विधानसभा चुनाव में सोलन से भाजपा के प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। महेंद्र नाथ सोफत ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गत साढ़े पांच वर्षों में भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। विश्व में जहां भारत की साख बढ़ी है वहीं देश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनेक ऐसी जनहितैषी योजनाएं आरंभ की हैं, जो समाज के सभी वर्गों को राहत प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के उपरांत पहली बार भारत कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक हुआ है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के उपरांत भारत की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि विश्व अब सही मायनों में भारत को सम्मान की दृष्टि से देखने लगा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत उज्ज्वला जैसी योजनाओं ने जहां जन-जन को राहत पहुंचाई है वहीं किसान सम्मान निधि योजना ने किसानों को समय पर सहायता पहुंचाने का कार्य किया है। महेंद्र नाथ सोफत ने कहा कि सेवा सप्ताह के तहत यह प्रयास किया गया है कि विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचा जाए। उन्होंने कहा कि सोलन में सेवा सप्ताह की शुरूआत प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज द्वारा नशे जैसी सामाजिक बुराई के विरूद्ध अलख जगाने के साथ की गई थी। युवा राष्ट्र का भविष्य है और युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी का कर्तव्य है। इसके उपरांत सोलन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया और कंडाघाट में डॉ. राजेश कश्यप की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं और नियमित रूप से यह प्रयास किया जाएगा कि प्रदेश एवं सोलन जिला में लोगों को न केवल स्वच्छता एवं जल अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जाए अपितु केंद्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों से भी अवगत करवाया जाए। डॉ. राजेश कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर आयोजित सेवा सप्ताह का मुख्य लक्ष्य लोगों को कल्याणकारी नीतियों की जानकारी देना और ऐसे विषयों के संबंध में जागरूक बनाना है जो सीधे तौर पर उनके जीवन से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज के वृहद स्वास्थ्य शिविर में यह प्रयास किया गया है कि विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ न केवल लोगों का उनके घरद्वार के समीप परीक्षण एवं उपचार करें अपितु यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गंभीर रोगियों को विशेषज्ञों के परामर्श अनुसार आज ही अस्पताल का समय मिल जाए। उन्होंने कहा कि आज के चिकित्सा शिविर में 700 से अधिक रोगियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। गंभीर रोग से पीडि़त रोगियों को परीक्षण के उपरांत समय देकर अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। चायल में आयोजित वृहद चिकित्सा शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके गंजू, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा, आईजीएसमसी शिमला की ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सूद, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के शल्य चिकित्सक डॉ. राजकुमार शर्मा, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अजय आहलुवालिया, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश एवं डॉ. आकांक्षा, एमएमयू सोलन से डॉ. हेमंत, दंत रोग चिकित्सक डॉ. बृजेश्वर, डॉ. कपिल, मेडिसन विशेषज्ञ डॉ. लोकेश, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय शंकर सहित अन्य चिकित्सक एवं चिकित्सका अधिकारी चायल डॉ. निशांत नड्डा तथा पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा। प्रदेश भाजपा चुनाव संयोजक एचएन कश्यप, भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकश्वर शर्मा, मदन ठाकुर, नवीन कुमार, राजीव शर्मा, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।
शुक्रवार को चंबाघाट में महिला एवं बाल विकास विभाग सोलन द्वारा पोषण विषय पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ज़िला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान ने उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण के संदर्भ में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पोषण का अर्थ है उचित खानपान, स्वस्थ दिनचर्या तथा सही आदतें एवं व्यवहार। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डाइट चार्ट के अनुसार जरूरी खाद्य-पदार्थ खाएं एवं नियमित रूप से योग और व्यायाम करने की आदत भी डालें। पोषण अभियान की ज़िला समन्वयक रेखा शर्मा ने किशोरावस्था में ‘स्वास्थ्य एवं पोषण’ विषय की महता एवं मूल्यांकन के साथ होलिस्टिक हेल्थ केयर के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्वस्थ भारत प्रेरक तुषार मल्होत्रा एवं ज़िला समन्वयक राकेश ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य की उपयोगिता विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास योजना के ज़िला समनव्यक नरेंद्र त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे है, तथा इस प्रशिक्षण को पूरा करने पर समुचित रोजगार के अवसर प्रदान किए जाते है।
ज़िला कांग्रेस कमेटी के प्रधान तथा सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने चेतावनी दी है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिलासपुर में निर्मित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय सभागार की राशि अगर वापस हुई तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसे रोकने के लिए अनशन भी आरंभ किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस सभागार का शिलान्यास कांग्रेस कार्यकाल के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था और भाषा एवं संस्कृति विभाग के द्वारा इसका निर्माण किया जाना था। उन्होंने ये भी बताया कि 10 अगस्त 2017 को ₹12 करोड़ की राशि स्वीकृत करवा कर लोक निर्माण विभाग के पास जमा करवा दी गई थी, परंतु भाजपा सरकार का गठन होने के बाद इस ओर किसी का भी ध्यान नहीं है। यहां तक कि स्थानीय विधायक को तो यह भी मालूम नहीं है कि इस तरह की राशि लोक निर्माण विभाग के पास पड़ी है।
डीएवी अम्बुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट में हर माह की तरह इस महीने में भी स्कूल की उन्नति तथा बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति डालते हुए यह कामना की, कि डीएवी अम्बुजा सदैव नई बुलंदियों को छूते हुए आगे बढ़ता रहे तथा साथ ही उन्होंने बच्चों को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
उतर प्रदेश के मेरठ में पुलिस को बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर का चालान काटना भारी पड़ गया। गुस्साए जेई ने चालान काटने पर थाने और चौकी की बिजली काट दी। इससे थाने का काम तो बाधित हुआ ही साथ में थाने वालों को भारी परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बताया जा रहा है कि जेई के पास पॉल्यूशन सर्टिफिकेट न होने के कारण उसका चालान काटा गया।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन एनएसएस व इको क्लब स्वच्छता पखवाड़ा मना रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत इसमें निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी व चित्रकला के अलावा नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। एनएसएस स्वयंसेवी अंजली ने हिमाचल प्रदेश को पॉलिथीन मुक्त कराने की शपथ समस्त विद्यालय परिवार को दिलवाई। गीतांजलि ने व्यक्तिगत स्वच्छता पर अपने विचार रखते हुए हस्त प्रक्षालन विधि को विस्तारपूर्वक बताया। इको क्लब सदस्य मृदुल ने प्लास्टिक की पुनर्चक्रण विधि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक बार प्रयोग होने वाले प्लास्टिक को दोबारा प्रयोग नहीं करना चाहिए। डॉ. उदित शुक्ला ने व्यक्तिगत स्वच्छता को सम्बोधित करते हुए बताया कि हमे अपने बाल, नाखून व हाथ की सफाई समय-समय पर करते रहना चाहिए। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि यह अभियान प्रशासनीय आदेशों के आधार पर नहीं चलाना चाहिए, बल्कि समय-समय पर स्वच्छता अभियान की आवश्यकता देखते हुए हम सब को सहयोग करना चाहिए एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग को निषेध करना चाहिए।
सोलन हिमाचल उत्सव की पांचवी सांस्कृतिक संध्या धूम धाम से आयोजित की गई। इसमें डिप्टी कमिश्नर हिमांशु पंवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं असिस्टेंट कमिश्नर रविंद्र कुमार और म्युज़िक डायरेक्टर परमजीत पम्मी बतौर विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक गायकों और पंजाबी कलाकारों ने संध्या में खूब रंग जमाया, इसका उपस्थित दर्शकों ने खूब लुत्फ़ उठाया। कार्यक्रम में पंजाब दूरदर्शन की कलाकार डोनी राणा ने पंजाबी गीतों पर खूब मनोरंजन किया वहीं मोहित गर्ग ने दर्शकों को खूब झुमाया। दीपक जन्देवा और मदन झालटा ने अपने पहाड़ी गीतों से लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। वहीं राज्यस्तरीय गायन प्रतियोगिता में मनु शर्मा हिमाचल आईडल बनी और राहुल दुसरे पायदान तो शुभम शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। तीनों विजेताओं की भैरवी प्रोड्क्शन द्वारा निशुल्क अलबम निकाली जाएगी। इस मौके पर मुख्यातिथि हिमांशु पंवर ने कहा कि डायनमिक इंडिया युवा मंडल पिछले 17 वर्षों से लगातार हिमाचली कलाकारों को मंच प्रदान कर रहा है जो एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के उत्सवों से ही हिमाचल की संस्कृति आज तक जिंदा है। इसलिए इस तरह के आयोजन भविष्य में भी होते रहने चाहिए। इस मौके पर म्युज़िक डायरेक्टर परमजीत पम्मी ने कहा कि हर घर में संगीत होना चाहिए क्योंकि संगीत ही जीवन में रंग भरता है और जीना सीखाता है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को एक बार फिर नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार भारतीय जीवन बीमा निगम का पैसा घाटे वाली कंपनियों में लगाकर देश के आम लोगों के भरोसे को चकनाचूर कर रही है। दरअसल, एलआईसी ने जिन कंपनियों में निवेश किया था, उन कंपनियों की बाजार पूंजी में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार को रोटरी क्लब सोलन सिटी ने हिमगिरी कल्याण आश्रम में दंत चिकित्सक कैंप का आयोजन किया। इसमें 42 बच्चों का चैकअप किया गया और ज्यादा खराब दांतों वाले बच्चों को डाक्टर प्रीतीश भल्ला ने अपने क्लिनिक पर आगे के उपचार के लिए बुलाया। इसमें बच्चों को सर्दी के लिए स्वेटर, कॉपियां, टूथ ब्रश - पेस्ट, बैग आदि जरूरत का सामान रोटेरियन बंधुओं द्वारा वितरित किया गया। इस प्रोजेक्ट में रोहित बट्टू प्रधान और कमल यादव, वीरेन्द्र अग्रवाल, महेश शर्मा, ओमेश मित्तल, राजीव शर्मा, देश मित्र, रोहित वर्मा, रूपेश शर्मा, रवी गुप्ता, डॉ. प्रतीश भल्ला आदि ने साथ दिया।
विभिन्न उद्योगों की ओर से जीएसटी दरों में कटौती की मांग के बीच शुक्रवार को उच्च अधिकार प्राप्त GST काउंसिल की बैठक होने जा रही है। बैठक से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक प्रेस कांफ्रेंस भी करने वाली है। इस बैठक पर सबकी निगाहें लगी हुई है, क्योंकि इसमें विभिन्न उत्पादों पर टैक्स को लेकर फैसला किया जा सकता है। हालांकि, यह माना जा रहा है कि जीएसटी परिषद रेवेन्यू की स्थिति और इकोनामी को बूस्ट करने के लिए जरूरी कदम को ध्यान में रखकर ही किसी तरह का फैसला लेगी। निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद की यह 37वीं बैठक गोवा में होगी। इसमें विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब आर्थिक वृद्धि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में छह साल के न्यूनतम स्तर पांच फीसद पर आ गई है।
चंद्रयान - 2 मिशन के लैंडर विक्रम से दोबारा संपर्क स्थापित करने का ISRO के पास आज अंतिम मौका है। चांद के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर जहां लैंडर मौजूद है, वहां अंधेरा होना शुरू हो चुका है। आज देर रात तक इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पल एक लूनर डे समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही लैंडर से दोबारा संपर्क होने की संभावनाएं भी लगभग खत्म हो जाएगी। हालांकि, इससे पहले नासा की तरफ से एक खुशखबरी आई है। चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर के बाद, नासा के यान ने भी तीन दिन पहले लैंडर विक्रम की लैंडिंग साइट की तस्वीरें ली है। नासा का यान 17 सितंबर को चांद के दक्षिणी ध्रुव के ऊपर, उस जगह से गुजरा था, जहां विक्रम को लैंड करना था। यहां से गुजरते हुए नासा के यान ने कई तस्वीरें ली है। नासा वैज्ञानिक इन तस्वीरों का अध्यय कर रहे है। उम्मीद की जा रही है कि इन तस्वीरों के अध्ययन से कई अहम जानकारियां प्राप्त हो सकती है।
आज राजकीय महाविद्यालय शिलाई की रोवर रेंजर इकाई ने महाविद्यालय के परिसर व आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक पॉलिथीन इत्यादि इकट्ठा किया गया तथा उसे एक स्थान पर इकट्ठा किया गया ताकि उस प्लास्टिक से वातावरण प्रभावित ना हो। इकाई द्वारा पहले Project #SAY_NO_TO_PLASTIC को आज दिनांक 19/09/2019 को शुरु किया गया। इकाई द्वारा इस प्रोजेक्ट पर आगे भी कार्य जारी रहेगा।
यूथ इंटक के साथ साथ कांग्रेस को भी करेंगे जमीनी स्तर पर मजबूत: राहुल तनवर हिमाचल प्रदेश यूथ इंटक ने पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान की शुरूआत कर दी है। हिमाचल प्रदेश यूथ इंटक प्रदेश भर में 2.5 लाख नये सदस्यों को जोड़ेगी। यूथ इंटक ने इस बद्दी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यूथ इंटक अध्यक्ष राहुल तनवर ने बताया कि संगठन ने सदस्यता अभियान की शुरूआत कर दी गई है। जिसके तहत सर्वप्रथम पहले चरण में सोलन जिला और बीबीएन में सदस्यता अभियान की शुरूआत की जाएगी। 2.5 लाख सदस्यों को जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसे 1 वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा। इस दौरान राहुल तनवर ने कहा कि प्रदेश में मजदूर हितों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। प्रदेश के उद्योगों में ठेकेदारी प्रथा हावी है और कामगर वर्ग का जमकर शोषण हो रहा है। राहुल ने कहा कि प्रदेश में दर्जनों उद्योग गुपचुप तरीके से बंद हो रहे हैं जिसकी आड़ में हिमाचली व बाहरी राज्यों के कामगारों का शोषण हो रहा है जिसे यूथ इंटक बर्दाश्त नहीं करेगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में अर्की सबडिवीज़न का तीन दिवसीय चिल्ड्रन सांइस कांग्रेस का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में अर्की क्षेत्र के पूर्व विधायक गोविंदराम शर्मा तथा अंबुजा सीमेंट उद्योग के यूनिट हेड अनुपम अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस आयोजन में 97 माध्यमिक, उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के 641 विद्यार्थी ने भाग लिया। ज़िला के पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा ने बताया कि विद्यालयों के विद्यार्थी 3 दिनों तक विज्ञान प्रश्नोत्तरी, मॉडल, प्रोजेक्ट सर्वे रिसोर्सज, मैथ्स ओलंपियाड तथा वैज्ञानिक गतिविधियों के अंतर्गत अपनी -अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु शर्मा ने बताया कि यदि हम भारतीय शास्त्रों को खंगाले तो हमें पता चलता है कि जिस साइंस की बात हम आज कर रहे है उस विज्ञान का वर्णन पहले ही हमारे ऋषि-मुनियों ने शास्त्रों में कर दिया था। मुख्य अतिथि अंबुजा सीमेंट के यूनिट हेड अनुपम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा प्रयास हमेशा विद्यालय की शैक्षणिक तथा विकासात्मक गतिविधियों हेतु प्रतिबद्ध रहता है। इस कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जज पंकज, पंकज सेठी, पंकज, विजेंदर, मनीष और जितेंद्र होंगे। विज्ञान मॉडल के जज पंकज प्रधानाचार्य कुनिहार, अनिल बाली मुख्याध्यापक हाईस्कूल पपलोल होंगे। विज्ञान एक्टिविटी के जज हरिंदर, विजय, विजयभूषण, रजनीश और पवन होंगे। इस आयोजन में भूपेंद्र गांधी, ओमप्रकाश शर्मा, राकेश गौतम, जगदीश ठाकुर, बंटू शुक्ला, हीरालाल, धर्मा, हेमराज, हेमचंद, नरेश, धर्मपाल, लच्छीराम, हंसराज इत्यादि गणमान्य लोग उपस्थित थे।
नौणी के वानिकी महाविद्यालय को डॉ. कुलवंत राय शर्मा के रूप में नया डीन मिल गया है। डॉ.शर्मा ने इस हफ्ते वानिकी महाविद्यालय के डीन का कार्यभार संभाला। इस मौके पर डॉ.शर्मा ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.परविंदर कौशल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता वानिकी के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार शिक्षा को मजबूत करना होगा। नौणी विश्वविद्यालय से अपनी शिक्षा ग्रहण करने के बाद वर्ष 1988 में विश्वविद्यालय से जुड़े डॉ. शर्मा ने वन उत्पाद विभाग में शिक्षण, अनुसंधान और विस्तार शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। इस विभाग में उन्होंने वूड साइन्स, वन उत्पाद और औषधीय पौधों के क्षेत्र में अग्रणी कार्य किया। इसमें चिड़ के पेड़ से बिरोजा निकालने की नई विधि जैसी रिसर्च शामिल रही। वर्ष 2013 में डॉ. शर्मा इस विभाग के विभागाध्यक्ष के पद पर नियुक्त हुए। इससे पहले डॉ. शर्मा छात्र कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। डॉ. शर्मा के अभी तक 200 से अधिक शोध पत्र और पाँच पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों और संकाय ने डॉ. शर्मा को शुभकामनाएँ दी।


















































