जीएसटी छह फीसदी कम होने के बाद बागवानों को अब सेब कार्टन तीन रुपये तक सस्ता मिलेगा। सेब कार्टन पर पहले जीएसटी 18 फीसदी था। कुछ दिन पहले दिल्ली में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में कार्टन पर जीएसटी छह फीसदी कम कर 18 से 12 फीसदी किया गया। इस बार प्रदेश में सेब की ढाई से तीन करोड़ पेटियों के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है। उद्योगपतियों ने यूनिवर्सल कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस बार सेब यूनिवर्सल कार्टन में ही बिकेगा। प्रदेश सरकार की ओर से इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यूनिवर्सल कार्टन के अलावा अन्य कार्टन में बागवान सेब नहीं बेच सकेंगे। जीएसटी कम होने से गत्ता उत्पादकों को भी इसका फायदा होगा। अगले माह से सेब सीजन शुरू होने वाला है। तीन रुपये बॉक्स सस्ता होने से सेब उत्पादकों को फायदा होगा। कई बागवानों के 2 से 3 हजार तक बॉक्स प्रतिवर्ष सेब के लगते हैं। ऐसे में उन्हें 6 से 9 हजार रुपये तक का फायदा मिलेगा। गत्ता उद्योग संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि इस बार उत्पादकों ने यूनिवर्सल कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस कार्टन की क्वालिटी काफी बेहतर होगी। यह कार्टन विदेशों से आयात होने वाले सामान के कार्टन की तरह होगा। इसमें एक महीने तक कार्टन खराब नहीं होगा। गत्ता उद्योग संघ के प्रदेशाध्यक्ष आदित्य सूद ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होती है तो गत्ता उत्पादक कार्टन के दाम कर देंगे। सेब का सीजन शुरू होने वाला है और गत्ता उत्पादकों ने कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस बार यूनिवर्सल कार्टन ही बनाए जाएंगे। इस बार गर्मी अधिक होने से सेब की फसल कम बताई जा रही है लेकिन उसके बावजूद भी ढाई से तीन करोड़ कार्टन तैयार किए जा रहे हैं।
कुनिहार के दशहरा मैदान में 10 वर्षों बाद डे एंड नाइट फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 27 जुन से 30 जून तक अशोका-हरी मैमोरियल फुटबॉल कप के नाम से यूथ क्लब व राम लीला जनकल्याण समिति द्वारा संयुक्त रूप से करवाई जा रही है। प्रतियोगिता पहले ठाकुर हरिदास मेमोरियल खेल समिति कुनिहार द्वारा करवाई जाती थीं, लेकिन 2014 के बाद किन्हीं कारणों से यह प्रतियोगिता नहीं हो पाई। यूथ क्लब के अध्यक्ष परीक्षित शर्मा व राम लीला जनकल्याण समिति के अध्यक्ष रितेश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों व फुटबाल प्रेमियों के मांग पर यूथ क्लब व समिति ने इस डे नाईट प्रतियोगिता को करवाने का निर्णय लिया। कुनिहार क्षेत्र के जाने माने फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय अशोक कुमार व स्वर्गीय हरी सिंह की याद में यह प्रतियोगिता करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अधिकतर मैच दूधिया रोशनी में करवाए जाएंगे। लेकिन मौसम के हिसाब से कुछ मैच दिन मे भी करवाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्थानीय टीमों सहित सोलन, शिमला, नाहन, चंडीगढ़, पांवटा साहिब आदी क्षेत्रों की लगभग 15 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में विजेता टिम को 31000 व ट्रॉफी तथा उप विजेता टिम को 21000 व ट्रॉफी से नवाजा जाएगा, तो वहीं बेस्ट प्लेयर, बेस्ट गोल कीपर के सम्मान से भी समिति द्वारा खिलाड़ियों को समानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाली टीमों के खाने व ठहरने की व्यवस्था क्लब व समिति द्वारा की जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए आज नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि को एक नामांकन पत्र वापिस लिया गया। उन्होंने बताया कि नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए आज़ाद उम्मीदवार गुरनाम सिंह पुत्र जागर सिंह, गांव चुहुंवाल, डाकघर एवं तहसील नालागढ़, ज़िला सोलन ने अपना नामांकन पत्र वापिस लिया है। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि अब 05 उम्मीदवार नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए पात्र हैं। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई, 2024 को वोट डाले जाएंगे, जबकि 13 जुलाई, 2024 को मतगणना होगी।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के एन.आई.सी. सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम) व वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट.) मशीनें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नालागढ़ के लिए प्रदाय की गई। यह कार्य अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव की उपस्थिति में सम्पन्न करवाया गया। मनमोहन शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैलेट यूनिट (बीयू)-169, कन्ट्रोल यूनिट (सीयू)-169 तथा वी.वी.पैट.-181 मशीनों को प्रदाय किया गया। मशीनों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया और ई.एम.एस. सॉफ्टवेयर के माध्यम से नालागढ़ उप-चुनाव के लिए उक्त ई.वी.एम. तथा वी.वी.पैट. मशीनों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ द्वारा प्रतिनियुक्त नोडल अधिकारियों को प्रदाय किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर व संधीरा सीनू सिंह, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाजवादी पार्टी के राकेश बराड़ तथा आम आदमी पार्टी के भरत ठाकुर उपस्थित थे।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा निवारण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों को ‘आज हम एकजुट होकर नशामुक्त भारत अभियान के तहत एक प्रतिज्ञा लेते हैं कि न केवल हमारे समुदाय, परिवार दोस्त बल्कि खुद को नशामुक्त बनाएंगे क्योंकि परिवर्तन भीतर से शुरू होता है, इसलिए आओ मिलकर अपने राज्य हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें। मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं अपने देश को नशामुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा’ की शपथ दिलाई। अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा, ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर सोलन ज़िला के विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में नशा निवारण पर शपथ ली। इसके अतिरिक्त ज़िला में स्थित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी इस उपलक्ष्य में रैली सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से सोलन शहर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्कूली छात्रों की रैली निकालकर नशा निवारण संदेश दिया गया।
**हिमाचल में दो जगह फ़्लैश फ्लड हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून ने दस्तक दी भी नहीं और भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी है। सोलन जिला के कुनिहार में दोपहर बाद करीब तीन बजे बादल फटने की घटना पेश आई है । महज़ थोड़ी देर हुई भयंकर बारिश के चलते गंभरपुल पर भारी मलबा आ गया। इससे कुनिहार को नालागढ़ से जोड़ने वाला हाइवे तक बंद हो गया। ये मलबा गंभरपुल में तीन दुकानों में घुस गया जिससे एक ढाबा जमींदोज हो गया। फ्लैश फ्लड में दो गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक व्यक्ति सहित उसका छोटा बेटा मलबे में चपेट में आ गए थे । यही नहीं आज सुबह चार बजे के करीब लाहौल स्पीति जिला के उदयपुर सब डिवीजन में बीती रात को तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आया । इससे उदयपुर-तांदी स्टेट हाइवे मधग्राम नाला के पास रात से बंद हो गया था जिसे सात घंटे बाद बहाल किया जा सका। बता दें की हिमाचल में प्री मानसून की शुरुआत हो गई है। 27 जून से मानसून भी दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है इस बार प्रशासन हर परिस्थिति के लिए पहले से तैयार रहेगा।
**अपने पिता से फिरौती के रूप में मांगे 1 लाख बिज़नेस से परेशान होकर एक व्यक्ति ने खुद को ही किडनैप करने की झूठी साजिश रची और अपने ही पिता से फिरौती के रूप में 1 लाख रुपए की मांग की। ये मामला है सोलन शहर का। पिछले कल सोलन के कथेड़ निवासी अभय गोयल ने पुलिस थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 23 जून को साढ़े 6 बजे उनका भाई अमन मेले में जाने के लिए निकला था। कुछ देर बाद उसके दोस्त को व्हत्सप्प में मैसेज आया कि वह अमन के पिता को बता दे कि अमन हमारे पास है। एक घंटे बाद मैसेज आएगा तो 1 लाख रुपए ट्रांसफर कर देना। खबरदार अगर पुलिस की मदद ली। इस दौरान उसका एक फोटो भी भेजा है जिसमें अमन बेहोश दिखाया गया। अभय ने बताया कि अमन बेकरी चलाता है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाही करते हुए सीसीटव फुटेज खंगाली और अमन के मोबाइल नंबर और कनेक्शन की तकनीकी जांच की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई । पुलिस टीम ने अमन गोयल को हरियाणा क्षेत्र के शाहपुर स्थित एक गुरुद्वारा के पास सड़क से अकेले ही बरामद किया। पूछताझ के दौरान अमन गोयल ने बतलाया कि वह बिजनेस से परेशान था व अपने परिवार से भी मनमुटाव था । जिस कारण यह परेशान होकर घर से चला गया था । इसे पैसों की भी सख्त जरूरत थी जिस पर इसने अपने परिवार से पैसे लेने के लिये अपने अपहरण की झूठी साजिश रची। व अकेले ही बस द्वारा कालका पहुंचा तथा इसने कालका बस स्टैण्ड में बने वाशरूम में सैल्फी के माध्यम से फोटो ली और उक्त फोटो को अपने नम्बर से अपने भाई अभय गोयल को भेजा उसके बाद वह बस में बैठकर शाहपुर पहुंचा। मामले की जांच जारी है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज बताया कि प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव के लिए मतदान के मद्देनजर इन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए सरकार के सभी विभागों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 10 जुलाई, 2024 को राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन इन क्षेत्रों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी सवैतनिक अवकाश मिलेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के जालंधर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के चलते ऊना, कांगड़ा, चंबा और सोलन जिलों में सेवाएं दे रहे पंजाब के पंजीकृत मतदाताओं और उत्तराखंड के बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के चलते सिरमौर और शिमला में सेवाएं दे रहे उत्तराखंड के पंजीकृत मतदाताओं के लिए भी 10 जुलाई को विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इन राज्यों में पंजीकृत मतदाता जो सरकारी, अर्ध-सरकारी और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं, उनके लिए भी विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा इन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता जो अन्य स्थानों में काम कर कर रहे हैं, उनके लिए भी विशेष आकस्मिक अवकाश का प्रावधान है।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि स्क्रूटनी के उपरान्त अब तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप-चुनावों में अब कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 25 व 26 जून, 2024 को तीन बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। प्रवक्ता ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि देहरा में अब कुल पांच, हमीरपुर में चार व नालागढ़ में छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में कमलेश (53) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, होशियार सिंह (57), भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा देवी (59), अरूण अंकेश स्याल (34) तथा एडवोकेट संजय शर्मा (56) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र देहरा से दो कवरिंग प्रत्याशियों कांग्रेस के हरि ओम (66) तथा भाजपा के वीर सिंह (60) के नामांकन पत्र रद्द हुए। अब यहां से पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से आशीष शर्मा (37) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), डॉ. पुष्पिंदर वर्मा (48) इण्डियन नेशनल कांग्रेस तथा निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार (58) व नन्द लाल शर्मा (64) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर से कोई भी नामांकन रद्द नहीं हुआ। यहां से चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा (44) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, के.एल. ठाकुर (64) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), किशोरी लाल शर्मा (46) स्वाभिमान पार्टी तथा गुरनाम सिंह (48), हरप्रीत सिंह (36) व विजय सिंह (36) निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं । नालागढ़ क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी उदय कुमार सिंह (46) तथा कांग्रेस के कवरिंग प्रत्याशी परमिंदर कौर बावा (43) का नामांकन रद्द हुआ। यहां से अब छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
**मुख्य संसदीय सचिव ने किया सम्मानित सोलन: तीन दिवसीय मां शूलिनी मेला के दौरान पुलिस विभाग व शूलिनी मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में कुश्ती प्रतियोगिता एवं दंगल का आयोजन किया गया। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी का यह मेला ऐतिहासिक ठोडो मैदान में वर्षों से मनाया जा रहा है और ठोडा व दंगल जैसे प्राचीन खेल इसे अनूठा बनाते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान खेल गतिविधियों का आयोजन लोगों के मनोरंजन के साथ ही खिलाड़ियों के शारीरिक सौष्ठव व मानसिक दृढ़ता का भी परिचायक होता है। इससे युवा खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच प्राप्त होता है। उन्होंने विजेता पहलवानों को बधाई दी तथा इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों से हार-जीत की परवाह किए गए बगैर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए और कड़ी मेहनत का आह्वान भी किया। लड़कियों की कुश्ती प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ की गौरी व मैदा के बीच खेला गया। इसमें गौरी विजयी रहीं। दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस के गगन और पंजाब के रहने वाले ताज गोनी के बीच खेला गया। इसमें गगन ने खिताब जीत लिया। विजेता को 40 हजार रूपए तथा उप-विजेता को 35 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस महासचिव सुरेंद्र सेठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सोलन: मां शूलिनी मेला की तीसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने उन्हें मेला आयोजन समिति व शहरवासियों की ओर से सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी व विनोद सुल्तानपुरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक-संस्कृति व देव परम्परा देश-विदेश में विख्यात है। यहां के अधिकतर मेले व त्यौहार देवी-देवताओं से जुड़े हैं और मां शूलिनी का यह तीन दिवसीय मेला माता के प्रति शहर व प्रदेशवासियों की अगाध श्रद्धा व आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी लोक मान्यताओं, परम्पराओं और लोक संस्कृति को न केवल जीवंत बनाए रखने में मददगार होते हैं, अपितु इनके संरक्षण एवं संवर्द्धन में भी अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से हिमाचल की विशिष्ट लोक संस्कृति व लोक कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले कलाकार हमारी सांस्कृतिक विविधता को नए आयाम प्रदान करते हुए संस्कृति के आदान-प्रदान में सहायक बनते हैं। उन्होंने कहा कि शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित ठोडा नृत्य धनुर्विद्या की हमारी पुरातन विरासत को संजोए हुए है, वहीं कुश्तियां एवं दंगल के आयोजन प्राचीन खेलों को आगे ले जाने में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन व मेला समिति को बधाई दी और इसमें शहरवासियों सहित सभी के सहयोग की भी सराहना की। इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस महासिचव सुरेंद्र सेठी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम की आयुक्त एकता काप्टा, उपमंडलाधिकारी डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
** शूलिनी शक्तिपीठम से 100 मीटर पहले आया हार्ट अटैक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के ओएसडी संजय शर्मा (53) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार देर शाम वह सोलन के प्रसिद्ध शूलिनी शक्तिपीठम में माथा टेकने पहुंचे थे। करीब 100 मीटर पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया और वह गिर गए। दुकानदार उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृ*त घोषित कर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विनोद सुल्तानपुरी रेस्ट हाउस में थे। उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। अग्निहोत्री शूलिनी मेले की सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। सभी मंत्री और नेता ठोडो मैदान चले गए। वहां संजय शर्मा के निधन का समाचार मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक विनोद सुल्तानपुरी समेत अन्य नेता भी तुरंत अस्पताल पहुंच गए। सभी कांग्रेसी नेताओं ने संजय शर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया है। संजय लंबे समय से डॉक्टर शांडिल के साथ जुड़े थे। वह सिरमौर जिला के नारग के रहने वाले थे।
सोलन में आयोजित तीन दिवसीय शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित उत्तर क्षेत्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के अंडर-13 आयु वर्ग में मोक्ष बरेट प्रथम तथा मनन शर्मा द्वितीय रहे। अंडर-15 वर्ग में अर्पण कश्यप प्रथम व ईशान गुप्ता द्वितीय तथा आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में मल्हार बेक्टा पहले, पार्थ शर्मा दूसरे तथा अर्नव तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में मयूर सक्सेना पहले, अधृत शर्मा दूसरे और तरूल तीसरे स्थान पर रहे। भाविका सूद को यंगेस्ट फीमेल खिलाड़ी चुना गया। वरिष्ठ वर्ग में उत्तम प्रकाश पहले, सूरज दहीया दूसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में गौरव शर्मा को सोलन में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ वर्ग में सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार सूर्यांशी शर्मा को दिया गया। विजेता खिलाड़ियों को सोलन ज़िला बार ऐसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता डी.के. शर्मा ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर सदस्य गौरव शर्मा, संकेत शर्मा, अधिवक्ता पियूष चंदेल, कौस्तुभ भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने आज शूलिनी मेला के अंतिम दिवस पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का फाईनल सोलन और कण्डाघाट के बीच खेला गया। इनमें सोलन की महिलाएं विजयी रहीं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं मेले के स्वरूप को विविधता प्रदान करती है। इससे महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के मेले समिति के प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजीलेंस श्वेता ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने शूलिनी मेला के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से ठोडो मैदान में आयोजित हेल्दी बेबी शो के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण के प्रति लोगों में जागरूकता लाना है। इससे अभिभावकों को बच्चों के प्रतिरक्षण से सम्बन्धित टीकें इत्यादि समय पर लगाने, उम्र के अनुसार वज़न और लम्बाई, आयु के अनुरूप उनके विकास तथा व्यक्तिगत स्वच्छता इत्यादि के प्रति जागरूक एवं प्रेरित भी किया जाता है। उन्होंने विजेता शिशुओं एवं उनके माता-पिता को शुभकामनाएं दी तथा सभी प्रतिभागियों का इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि हेल्दी बेबी शो में शून्य से एक, एक से तीन तथा तीन से पांच साल तक के तीन वर्गों में शिशुओं व बच्चों को शामिल किया गया। इनमें विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुरूप तीन श्रेणियां हरित, पीली व लाल रखी गई थी। प्रतियोगिता में कुल 51 प्रतिभागियों ने भाग लिया और कोई भी बच्चा रेड ज़ोन में शामिल नहीं पाया गया। 35 बच्चे ग्रीन ज़ोन तथा 16 बच्चे यलो ज़ोन में पाए गए। इस अवसर पर जोगिन्द्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, संधीरा सीनू सिंह, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित थे।
सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित शूलिनी मेले के दौरान नन्हे बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में चम्मच दौड़, फ्रोग रेस, गुब्बारा फुलाना, शू टाई रेस, सैक रेस, गोलगप्पा खाओ जैसी रोचक खेलें शामिल रही। गोलगप्पा प्रतियोगिता में मोनिका, दिक्षा तथा मीना, सूई-धागा दौड़ में हिमानी, स्वाती व करीना, गुब्बारा फुलाओं में गोलू, अनिकेत व अनिष, शू टाई रेस में राजीव ठाकुर, उज्जवल व सोनाक्षी तथा सैक रेस में आरव शर्मा, आदित्य व आरव ठाकुर क्रमशः पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त महिलाओं व लड़कियों के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिला वर्ग में सविता तथा लड़कियों के वर्ग में भाव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
**स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विशेष रूप से रहे उपस्थित सोलन: माँ शूलिनी मेला-2024 की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। शूलिनी मेला समिति की ओर से मुख्यातिथि तथा विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं। इनके माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति एवं परम्पराओं का सम्वर्द्धन एवं संरक्षण भी सुनिश्चित होता है। सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से उभरते हुए लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उचित मंच प्राप्त होता है। उन्होंने मेला आयोजन समिति की सरहाना करते हुए कहा कि इस बार पहाड़ी लोक कलाकारों को अधिमान देते हुए अच्छी पहल की है। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में ए.सी. भारद्वाज तथा अजय तोमर व अजय चौहान ने अपनी प्रस्तुतियां दी। इनके अतिरिक्त मदन झाल्टा, विक्की राजटा व अरुण जस्टा सहित अन्य कलाकारों ने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेला समिति की ओर से की गई विशेष पहल के तहत राजकीय विद्यालयों की छात्राएं भी अपनी प्रस्तुति दे रही हैं। दूसरे संध्या में गीता आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन के विभिन्न पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में 28 जून को मानसून पहुंचने का पूर्वानुमान है। 26 जून से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार को कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। 24 और 25 जून को धूप खिली रहने की संभावना है। शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बारिश नहीं होने से मौसम में उमस बढ़ गई है। राजधानी शिमला में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के मैदानी जिलों में भी हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 26 जून से प्रदेश में बारिश शुरू होगी। 27 और 28 जून को अधिक बारिश होने के आसार हैं। 28 जून तक प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। मानसून इस वर्ष सामान्य तारीख को ही हिमाचल में प्रवेश कर सकता है। उन्होंने बताया कि रविवार को कई जगह बादल बरसेंगे। 24 और 25 जून को मौसम साफ बना रहेगा।
अपनी अनूठी परम्परा के लिए विख्यात माँ शूलिनी मेला के दूसरे दिन प्राचीन खेल ठोडा का आयोजन ऐतिहासिक ठोडो मेला मैदान में किया गया। शाठा-पाशा दलों में होने वाले तीरंदाजी के इस रोचक एवं प्राचीन खेल का जुड़ाव महाभारत कालीन कौरवों एवं पांडवों से माना गया है। इस वर्ष शूलिनी मेला के ठोडा खेल में चार ठोडा दल भाग ले रहे हैं। इनमें ठोडा दल डरोल-ठियोग, कोटी-टिब्बा (सिरमौर), किशोर (ठियोग) तथा पाशी ठोडा दल दंवा (क्योंथल) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वाद्य यंत्र दल सिरमौर भी इसमें सहभागिता जता रहा है। इसमें अध्यक्ष राजीव ठाकुर, उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, सचिव हेमन्त अत्री, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार तथा सदस्य ललित कश्यप, भूषण कुमार शामिल हैं।
नौणी विश्वविद्यालय में NSUI नौणी द्वारा रक्त दान शिविर अयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में विनीत काम्बोज (राष्ट्रीय महासचिव युवा कांग्रेस एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) मौजूद रहे ।कार्यक्रम में जयवर्धन खुराना (प्रदेश उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) डॉ. रणजीत वर्मा (प्रदेश सचिव हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस) छत्तर ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई) मदन हिमाचली प्रधान ग्राम पंचायत नौणी) तथा बलदेव ठाकुर (राजीव गाँधी पंचायती राज हिमाचल प्रदेश के प्रभारी) भी उपस्थित रहे । रक्तदान शिविर में 40 छात्र छात्राओं ने रक्त दान किया। इस मौके पर ईकाई अध्यक्ष ध्रुव सागर ने सभी अतिथियों और छात्रों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि NSUI नौणी छात्र हित में सदैव तत्पर है और आगे भी छात्र एवं समाज हित में कार्य करती रहेगी।
शूलिनी मेले के दौरान आज उद्यान विभाग सोलन द्वारा नगर निगम सोलन के परिसर में इन्नर व्हील क्लब सोलन सिटी के सौजन्य से ‘फ्लावर शो’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्यान विभाग की अध्यक्षता डॉ. शिवाली ठाकुर ने की। इस पुष्प प्रदर्शनी में सोलन ज़िला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। आयोजन के दौरान गमले में उगाए जाने वाले फूलों, पुष्प प्रबंधन व नारा लेखन श्रेणी में विद्यार्थियों ने भाग लिया। फ्लावर शो प्लांट श्रेणी में स्थानीय लोगों तथा कट फ्लावर श्रेणी में पुष्प उत्पादकों द्वारा अपनी सहभागिता जताई गई। फ्लावर ऑफ द शो का पुरस्कार झाझा गांव के गगन दीप को लीलियम फूल की उत्कृष्ट किस्म के लिए दिया गया। कार्यक्रम में नौणी विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक डॉ. सुमन भाटिया और पुष्प विशेषज्ञ दुर्लभ पुरी भी उपस्थित थे।
नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनावों के लिए बीते रोज पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उदय कुमार सिंह पुत्र विद्या सिंह, निवासी गांव निचला खेड़ा, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़, गुरनाम सिंह पुत्र जागर सिंह, गांव चुहुंवाल, डाकघर एवं तहसील नालागढ़, हरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह गांव एवं डाकघर राजपुरा तहसील नालागढ़ तथा विजय सिंह पुत्र श्याम सिंह, गांव मंगूवाल, डाकघर राजपुरा, तहसील नालागढ़ ने आज़ाद प्रत्याशियों के रूप में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अतिरिक्त किशोरी लाल शर्मा पुत्र राम लोक शर्मा, गांव अम्बवाला, डाकघर पंजैहरा, तहसील नालागढ़ ने स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि तक कुल 08 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी 24 जून, 2024 को की जाएगी, जबकि नामांकन वापिस लेने की तिथि 26 जून, 2024 को सायं 03.00 बजे तक निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने गत देर सायं माँ शूलिनी मेला-2024 की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारम्भ भी किया। इस अवसर पर सोलन वासियों को माँ शूलिनी मेला की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. शांडिल कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति एवं लोक परम्पराओं को सहेजने में अपनी प्रमुख भूमिका निभाते हैं। देव भूमि हिमाचल में अधिकंश मेले एवं उत्सव देव परम्परा से गहरे से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि माँ शूलिनी के प्रति लोगों की अगाध श्रद्धा एवं आस्था का प्रतीक यह मेला निरंतर विस्तार पा रहा है जिसके लिए स्थानीय लोग एवं आयोजन समिति बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर मेला आयोजन समिति की ओर से स्वास्थ्य मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर माँ शूलिनी मेला-2024 की स्मारिका का विमोचन भी किया। इससे पूर्व उन्होंने मेला मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया एवं इनका अवलोकन कर इनमें गहन रूचि दिखाई। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में सारेगामा फेम तन्मय चतुर्वेदी, अभिज्ञ बैंड तथा रैप आई.डी. ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त एन.जेड.सी.सी. की ओर से प्रायोजित सांस्कृतिक दल द्वारा हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। मेला आयोजन समिति द्वारा स्थानीय सांस्कृतिक दलों व लोक कलाकारों को भी उचित अधिमान दिया गया है। ज़िला के तीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के बच्चों की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। पहले दिन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की की छात्राओं ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन के विभिन्न पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, कसौली नारायण सिंह चौहान, कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
द एसवीएन स्कूल बडोर घाटी में विद्यालय के अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित स्कूल कमेटी के सदस्य, चयनित हेड ब्वाय, हेड गर्ल और विद्यालय के चारों सदनों के कप्तान व उप कप्तानों का औपचारिक प्रवेश हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमन टी सी गर्ग, पुष्पा गर्ग,सोना गर्ग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल निदेशक लूपिन गर्ग ने की। समारोह का शुभारंभ छात्राओं द्वारा गणेश वंदना व दीप प्रज्वलित करते हुए किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि की आज्ञानुसार मार्च पास करते हुए सभी सदस्यों व सदनों का परिचय दिया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा नवगठित विद्यालय समिति के हेड बॉय, हेड गर्ल तथा चारों सदनों के कप्तानों व उप कप्तानों को औपचारिक रूप से बैज पहनाकर अलंकृत किया गया। इसके उपरान्त सभी सदस्यों ने पूरे सत्र में निष्ठा, समर्पण और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। निदेशक लूपिन गर्ग ने बताया कि 30 मई को विद्यालय में कक्षा 5 से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने स्वयं वोट देकर विद्यालय के हेड गर्ल के रूप में योगिता और हेड बॉय के रूप में आर्यन पाल का चुनाव किया था । इसके अतिरिक्त डिसिप्लिन इंचार्ज रितिका, कल्चरल इंचार्ज निवेदिता, स्पोर्ट्स इंचार्ज तनिष्क अरोड़ा, हेल्थ एंड हाइजीन इंचार्ज दिव्यांशी, आर्ट इंचार्ज हर्षिता, हॉस्पिटालिटी इंचार्ज स्नेहा, उदय हाउस के कप्तान के रूप में अदिति, उप कप्तान सूर्यांश, उज्जवल हाउस के कप्तान कनिष्क, उप कप्तान सियांशी, उमंग हाउस के कप्तान निकिता, उप कप्तान अदम्य व उड़ान हाउस के कप्तान शगुन व उप कप्तान चेतना को चुना गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि टी सी गर्ग ने सभी चयनित विद्यालय समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। साथ ही विद्यालय में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए समिति की भूमिका की महत्वपूर्णता भी बताई और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के एन.आई.सी. सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम) व वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट.) मशीनों की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रथम स्तरीय रैंडमाइजेशन की गई। मनमोहन शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैलेट यूनिट (बीयू)-169, कन्ट्रोल यूनिट (सीयू)-169 तथा वी.वी.पैट.-181 मशीनों की प्रथम स्तरीय छंटनी प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की उपस्थिति में कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ई.वी.एम. व वी.वी.पैट. अतिरिक्त संख्या में रखी जानी अनिवार्य हैं ताकि मतदान के दौरान इनमें कोई खराबी आने पर तुरंत दूसरी ई.वी.एम. से बदला जा सके। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 121 मतदान केन्द्रों के लिए 169 बीयू, 169 सीयू तथा 181 वी.वी.पैट उपलब्ध हैं। इस अवसर पर ज़िला के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ई.वी.एम. तथा वी.वी.पैट. के रैंडमाइजेशन की एक-एक सत्यापित प्रति भी उपलब्ध करवाई गई। प्रथम स्तरीय रैंडमाईजेशन में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर व संधीरा दुल्टा, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाजवादी पार्टी के राकेश बराड़ तथा आम आदमी पार्टी के भरत ठाकुर उपस्थित थे।
सोलन पुलिस ने शूलिनी मेले को लेकर इस वर्ष एक नई पहल शुरू की है। इस बार सोलन पुलिस द्वारा मेले के दौरान 100 वालंटियर्स युवाओं का एक कोर ग्रुप तैयार किया गया है इस कोर ग्रुप में लड़के व लड़कियों की बराबर की हिस्सेदारी रहेगी। यह युवा मेले में आने जाने वाले लोगों को असामाजिक तत्वों के बारे में अवगत करवाएँगे तथा असामाजिक तत्वों की पहचान भीड़भाड़ वाले इलाके में करेंगे। इसके अतिरिक्त यह वालंटियर मेले में आने जाने वाले बाहरी राज्यों के लोगों की भी सहायता करेंगे तथा बुजुर्गों या बच्चो को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो यह वालंटियर्स उन्हें सहायता उपलब्ध करवाएंगे। शहर में यातायात को सुचारू रूप से चलाने में भी यह युवा पुलिस की सहायता करेंगे।
**सरकार बनाने के सपने छोड़ दे जयराम! **अपने नौ विधायकों की करें चिंता आने वालो दिनों में बीजेपी के 9 विधायकों की सदस्यता जा सकती है। ये बयान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हमीपुर में दिया है। दरअसल सीएम सुक्खू आज हमीरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा के नामांकन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी के नौ विधायकों ने बीते बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुंडागर्दी की थी, स्पीकर के सामने सदन पटल पर रखे कागजात को फाड़कर हवा में लहराया था। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से दी गई याचिका पर स्पीकर को फैसला लेना है और कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले में जल्दी फैसला लेने का आग्रह किया है। अगर ये नौ विधायक अयोग्य घोषित हुए तो दोबारा चुनाव में एक-दो ही गलती से जीतकर आएंगे। इससे कांग्रेस विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। अब ऐसा होता है या नहीं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन अगर ऐसा हुआ तो भारतीय जनता पार्टी की परेशानी बढ़ सकती है।
हिमाचल में बनी 22 दवाओं के सैंपल फेल हो गए हैं। हिमाचल समेत देश में निर्मित 52 दवाएं मानकों पर खरा नहीं उतरी हैं। पांवटा साहिब की दवा कंपनी जी लेबोरेटरी के तीन और झाड़माजरी के डेक्सीन फार्मा के दो सैंपल एक साथ फेल हुए हैं। ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि फेल होने वाली दवा उद्योगों को नोटिस जारी किए जाएंगे। बाजार से स्टॉक को वापस मंगवाया जाएगा। मई के ड्रग अलर्ट में यह सैंपल फेल हुए हैं। हिमाचल में दवा के सैंपल लेने का अनुपात अन्य राज्यों से 90 फीसदी अधिक है। केंद्रीय औषधि नियंत्रण संगठन ने मई में देशभर में दवाओं के सैंपल लिए। इसमें देश में 52 दवाएं मानकों पर सही नहीं पाई गई। सिरमौर के पांच, ऊना का एक और 16 सैंपल सोलन जिले के फेल हुए हैं। इसमें गले का इंफेक्शन, उच्च रक्तचाप, कैंसर, दर्द, जीवाणु संक्रमण, अल्सर, खांसी, एलर्जी, वायरस संक्रमण, एसिडिटी, खुजली और बुखार की दवा के सैंपल सही नहीं पाए गए हैं। बरोटीवाला के झाड़माजरी के स्काटाडलि कंपनी की बीपी की मेट्रोप्रोजल, झाड़माजरी डेक्सीन फार्मा की गले के इंफेक्शन की सेफुरोक्साइम और संक्रमण की दवा सेफिक्सिम, बद्दी की विंगस बायोटेक की कैंसर की दवा प्रेडनिसोलोल, ऊना के टाहलीवाल स्थित न्यूरो पैथिक की अल्फा लिपोईक एसिड, लोदी माजरा की नवकार कंपनी की उच्च रक्तचाप, पांवटा साहिब के पेस बायोटक कंपनी की जीवाणु संक्रमण, बद्दी के बायो एटलस फार्मा की बीपी की दवा टेलमीसार्टन, बद्दी की हिल्लर लैब की अल्सर की दवा पेंटा प्रोजोल, बरोटीवाला की डब्लयूपीबी फार्मा की खांसी की दवा लेवोसाल, पांवटा की जी लेबोरेटरी की एलर्जी की दवा डेक्सामेथासोन इंजेक्शन, बद्दी के गल्फा लेबोट्री की दर्द की दवा डेक्लोफेनाक के सैंपल फेल हुए हैं। काठा स्थित एलियन बायोटेक कंपनी की एलर्जी की मोंटीलुकास्ट, पांवटा की जी लेबोरेटरी की बैक्टीरिया की सेफ्ट्रिएक्सोन, बरोटीवाला की फार्मा रूट्स हेल्थ केयर की उच्च रक्तचाप की दवा रेमीजोल, झाड़माजरी की केप टेप कंपनी की बैक्टीरिया की दवा सेफ्ट्रिएक्सोन, पांवटा साहिब की जी लेबोरेटरी की नेत्र संक्रमण की जेटामाईसीन, कालाअंब की इंटीग्रेटेड कंपनी की वायरस संक्रमण की दवा सेक्ट्राई एक्सन, बद्दी की विंग्स नोविटास हेल्थकेयर कंपनी की इंफेक्शन की दवा मोक्सीटेस, बद्दी के एलवी लाइफ साइंस की एसिडिटी की दवा रेबोप्रोजोल, नालागढ़ के मझोली की रेकिन केयर लाइफ कंपनी की दर्द और बुखार की दवा लेबोटेज, सोलन को बड़ोग के रोमा फार्मा की दर्द और बुखार की दवा एसिक्लोफेनाक दवा के सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरे हैं।
सोलन की अधिष्ठात्री देवी माँ शूलिनी में अपार श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक तीन दिवसीय माँ शूलिनी मेले का आज सोलन में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ शुभारम्भ हुआ। मेले में पारम्परिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सैंकड़ों लोग माँ शूलिनी मन्दिर में एकत्र हुए और मंगलमयी शोभायात्रा में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से पुरानी कचहरी में माँ शूलिनी की सुसज्जित पालकी की अगुवाई की। उन्होंने इस अवसर पर माँ के समक्ष शीश नवाया और सभी के सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने पवित्र शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने बघाट बैंक से माँ की पवित्र पालकी पर पुष्प वर्षा भी की। इस अवसर पर सोलन शहर के विभिन्न स्थानों पर तीन दिनों तक भण्डारे भी आयोजित किए जाते हैं। इन तीन दिनों तक सोलन शहर भक्ति रस से ओत-प्रोत रहता है। राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला अपने ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है। इससे पूर्व आज प्रातः माँ शूलिनी की पूजा एवं हवन के साथ मेले का विधिवत शुभारम्भ हुआ। डॉ. शांडिल ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शूलिनी मंच पर आयोजित हवन में भाग लिया। इसके साथ ही राज्य स्तरीय तीन दिवसीय मेले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आज से आरम्भ हो गई। स्वास्थ्य मंत्री ने वॉलीबाल प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से भेंट की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने आयोजक मण्डल को खेल प्रतियोगितायों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। नगर निगम सोलन के पार्षदगण, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी व रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, उपमण्डलाधिकारी (ना.) सोलन डॉ. पूनम बसंल, कसौली नारायण सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 21 जून 2024 को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गयाI जानकारी देते हुए विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस स्कूल के प्रांगण में शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा, एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, लायन एको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर , एनसीसी प्रभारी अमर देव स्कॉउट & गाइड्स कप्तान पिंकी कुमारी एवं विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग द्वारा आयोजित किया गया I शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने सभी बच्चों को विभिन्न प्रकार के योग आसन करवाए I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि इस अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यालय में सभी इकाइयों के बच्चों और अध्यापकों ने योग एवं प्राणायाम किया I विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष , पीटीए अध्यक्ष ने भी सभी बच्चों और अध्यापकों को योग दिवस की बधाई दी I इन योग क्रियाओं मे लगभग 150 बच्चों ने, जिसमे एन०सी०सी० केडेट, एन एस एस स्वयंसेवियों , स्काउट एंड गाइड और लायन इको क्लब के बच्चो और इसके प्रभारियों ने भी भाग लिया I इस योग दिवस पर सभी बच्चों को योग के महत्व से अवगत करवाया गया। मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल हमारे शारीर को ही ठीक रखता हे बल्कि हमारे मानसिक दिमाग को भी ताज़ा करता हैं और योग करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है I उन्होंने बच्चो को योग क्रियाओं को प्रतिदिन करने के लिए प्रेरित किया I कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चो को फल बांटे गए I
एसवीएन स्कूल कुनिहार ने 21 जून 2024 को गर्व से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। यह कार्यक्रम स्कूल के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित किया गया और इसमें छात्रों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। उत्सव की शुरुआत स्कूल के शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने दैनिक जीवन में योग के महत्व और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए इसके लाभों पर जोर दिया। इसके बाद स्कूल के एनएसएस दल और शावक और बुलबुल के नेतृत्व में योग सत्रों की एक श्रृंखला आयोजित की गई। विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने विभिन्न योग मुद्राओं (आसन), श्वास तकनीक (प्राणायाम), और ध्यान प्रथाओं का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को लचीलेपन, शक्ति और विश्राम पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक योग दिनचर्या के माध्यम से मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण किंडरगार्टन के बच्चों द्वारा समूह योग प्रदर्शन था । इस प्रदर्शन को तालियाँ और सराहना मिली। प्राचार्य ने अपने समापन भाषण में सभी को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। स्कूल के चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा, "योग हमारी परंपरा का एक मूल्यवान उपहार है जो हमें स्वस्थ और अधिक संतुलित जीवन जीने में मदद कर सकता है। हमें उम्मीद है कि आज का कार्यक्रम हर किसी को योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगा।" कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान सत्र के साथ हुआ, जिससे प्रतिभागियों को तरोताजा और शांतिपूर्ण महसूस हुआ। एसवीएन स्कूल का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाना एक बड़ी सफलता थी, जिससे स्कूल समुदाय के बीच योग के लाभों के बारे में जागरूकता फैल गई और एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा मिला।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर गणपति एजुकेशनल सोसाइटी कुनिहार में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस योग शिविर में 40 विशेष बच्चों तथा उनके अभिभावकों, शिक्षकों तथा अन्य लोगों सहित 120 लोगों ने भाग लिया। योग शिविर में 'आर्ट ऑफ लीविंग' आयुष मंत्रालय से सर्टीफाइड योगा ट्रेनर संजीव हरनोट ने बच्चों को अलग-अलग तरह के योग, ध्यान, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम प्राणायाम, नोका आसन, वृक्षा आसन,अर्धउष्ट आसन, शशांक आसन, पवनं-मुक्त आसन तथा बच्चों की सुविधानुसार अनेक आसन सिखाएं। इस अवसर पर संस्थान के समन्वयक रोशन लाल शर्मा ने योग से होने वाले लाभों तथा योग के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा संजीव हरनौट का संस्था के लिए बहुमूल्य समय देने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर समन्वयक, स्पेशल एजुकेटर ज्योति ,चन्द्रकाता, अंजना, संगीत अध्यापक शादीराम तथा बालक राम उपस्थित रहें।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने शुक्रवार सुबह अपने मुख्य परिसर में 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल उपस्थित रहे। योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस के योग विशेषज्ञ और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुबोध सौरव सिंह और डॉ. माला त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के छात्रों, कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए योग सत्र का नेतृत्व किया। प्रोफेसर चंदेल ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर जोर देते हुए इसे स्वस्थ मन और शरीर को बनाए रखने के लिए आवश्यक विज्ञान आधारित भारतीय अभ्यास बताया। उन्होंने कहा कि भले ही विकास और प्रगति ने हमें हर संभव सुविधा दी है लेकिन यह अपने साथ जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियां भी लेकर आया है जो उच्चतम स्तर पर कार्य करने की हमारी क्षमता को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वस्थ और तनाव मुक्त जीवन प्राप्त करने के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर योग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध सौरव सिंह और डॉ. माला त्रिपाठी ने सभी के लिए योग और ध्यान के महत्व को रेखांकित किया, योग को जीवन के एक तरीके के रूप में चित्रित किया जिसे दैनिक गतिविधियों में सहजता से शामिल किया जा सकता है। 90 मिनट के कार्यक्रम के दौरान, प्रतिभागियों ने विभिन्न योग आसन और उनकी सही तकनीकों के साथ-साथ इन अभ्यासों के लाभों को भी सीखा। इससे पहले, बागवानी के डीन डॉ. मनीष शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और योग दिवस के इतिहास को साझा करके कार्यक्रम की शुरुआत की। डीन छात्र कल्याण डॉ. केके रैना ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया। इस कार्यक्रम में सभी वैधानिक अधिकारियों, एचओडी, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों सहित 150 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, नेरी और थुनाग में विश्वविद्यालय के बागवानी और वानिकी कॉलेज में भी योग दिवस मनाया गया।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने शूलिनी इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बिजनेस मैनेजमेंट (एसआईएलबी) के सहयोग से "महिला सशक्तिकरण के लिए योग" थीम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण को बढ़ाने में योग की परिवर्तनकारी शक्ति पर प्रकाश डाला गया। समारोह में भाग लेने वाले अतिथियों एसआईएलबी की अध्यक्ष सरोज खोसला, चांसलर प्रो. पी.के. खोसला, मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला और संचालन निदेशक ब्रिगेडियर एस डी मेहता शामिल थे। सरोज खोसला को महिला सशक्तिकरण और शिक्षा में उनके योगदान के लिए योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस (YSSH) के निदेशक प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री द्वारा सम्मानित किया गया। अपने मुख्य भाषण में, सरोज खोसला ने महिलाओं की क्षमता और ताकत के बारे में बात की, उन्होंने आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास प्राप्त करने के लिए योग को एक उपकरण के रूप में भी उजागर किया। सहायक प्रोफेसर डॉ. सुमन रावत और पीएचडी स्कॉलर रेनिता सिन्हा ने कार्यक्रम की मेजबानी की। डॉ. रावत ने योग सत्र का नेतृत्व किया और प्रतिभागियों को विभिन्न आसन और श्वास अभ्यास के माध्यम से मार्गदर्शन किया गया । सत्र में लगभग 120-130 व्यक्तियों की भागीदारी देखी गई, जिसमें एसआईएलबी और शूलिनी विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्रों के साथ-साथ आउटरीच टीम और उनके छात्र भी शामिल थे। शूलिनी विश्वविद्यालय में योगानंद पुस्तकालय ने भी योग और सशक्तिकरण पर विषयगत पुस्तकों की दो दिवसीय प्रदर्शनी के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। यह प्रदर्शनी 20 और 21 जून को आयोजित की गई, जिसमें कुलाधिपति और योग संकाय सहित 110 से अधिक छात्र, संकाय और कर्मचारी शामिल हुए। योग सत्रों के अलावा वाईएसएसएच ने पंचकुला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के लिए एक महत्वपूर्ण योग कार्यक्रम का आयोजन किया, जहां 3000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों ने सत्र में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य योग के माध्यम से सुरक्षा बलों की शारीरिक और मानसिक लचीलापन को बढ़ाना था। प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री की देखरेख में सहायक प्रोफेसर डॉ. अपार कौशिक ने प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इन कार्यक्रमों का समन्वय किया। इस अवसर पर योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस (YSSH) के निदेशक प्रोफेसर डॉ. समदु छेत्री ने कहा, “प्रत्येक अस्तित्व योग में उत्पन्न होता है और योग में विलीन हो जाता है। यह न केवल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए एक अभ्यास है, बल्कि इसे मानव के हर सांस लेने के क्षण का हिस्सा बनना चाहिए ताकि परम के साथ अंतिम मिलन से पहले प्रत्येक व्यक्ति का स्वयं के साथ, स्वयं का दूसरों के साथ, और स्वयं का प्रकृति के साथ मिलन हो सके।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव के दृष्टिगत आज ज़िला पंचायत अधिकारी कार्यालय सोलन में स्थित ज़िला पंचायत संसाधन केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ई.वी.एम.) तथा वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट) की प्रथम स्तरीय जांच, मॉक पोल व लोड टेस्ट कड़ी सुरक्षा के बीच में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की निगरानी में की गई। तदोपरांत प्रथम स्तरीय जांच में सही पाई मशीनों को पुराने उपायुक्त कार्यालय में स्थित वेयरहाउस से 12 ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा चयन कर ज़िला पंचायत संसाधन केन्द्र सभागार में मॉक पोल के लिए स्थानांतरित किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनके द्वारा 12 ई.वी.एम. मशीनों में से 02 मशीनों पर 1200 मॉक पोल, 05 मशीनों पर एक हजार व 05 मशीनों पर 500 मॉक पोल डाले गए। मॉक पोल में डाले गए मतों की गणना व वी.वी.पैट. की पर्चियों का मिलान किया गया। इसके अतिरिक्त वी.ई.एल. बैंगलुरू के अभियंता द्वारा 02 मशीनों पर लोड टेस्ट भी किया गया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की संधीरा दुल्टा, भारतीय जनता पार्टी से चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाज पार्टी राकेश बराड़ सहित नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर उपस्थित थे।
उप निदेशक पशुपालन विभाग सोलन डॉ. राजीव खुराना ने कहा कि राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला 2024 के उपलक्ष्य पर ज़िला प्रशासन के सौजन्य से श्वान प्रर्दशनी (डॉग शो) का आयोजन 23 जून, 2023 को नगर निगम हॉल नज़दीक ठोडो मैदान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में पाले जा रहे देशी व संकर नस्ल के श्वान के साथ श्वान पालक भाग ले सकते हैं। श्वान प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए प्रतिभागी अपने पालतू श्वान का पंजीकरण 22 जून, 2023 तक विभाग के किसी भी पशु चिकित्सा संस्थान में मात्र 100 रुपये पंजीकरण शुल्क देकर करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्वान पालक 23 जून, 2023 को प्रातः 09.30 बजे से प्रातः 11.30 बजे तक भी पंजीकरण करवा सकते हैं। डॉ. राजीव खुराना ने कहा कि श्वान प्रदर्शनी में तीन श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप प्रोत्साहन राशि 2100, 1100 तथा 750 रुपये नगद इनाम के तौर पर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर नस्ल में सर्वश्रेष्ठ श्वान को 500 रुपए नगद तथा ‘चैपियन ऑफ द शो’ को 3100 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने सभी श्वान पालकों से श्वान प्रदर्शनी में भाग लेने का आग्रह किया।अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-223593 तथा 221647 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
उप निदेशक सैनिक कल्याण क. सुरेश कुमार अग्निहोत्री (से.नि.) ने बताया कि ज़िला सोलन के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिक विधवाओं के लिए रक्षा पेंशन समाधान योजना का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षा पेंशन समाधान योजना का आयोजन 24 व 25 जून, 2024 को डीडब्ल्यूआई ऑडिटोरियम में रक्षा रेखा नियंत्रण (पेंशन) प्रयागराज द्वारा पेंशन की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिक विधवाओं से आग्रह किया कि अपने किसी भी प्रकार की पेंशन समस्या के निपटारे के लिए पेंशन समाधान योजना के आयोजन में भाग लेना सुनिश्चित करें।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप-चुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत आज एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से कृष्ण लाल ठाकुर पुत्र अमर चन्द ठाकुर, गांव अन्दरोला उपरला, डाकघर पंजैहरा, तहसील नालागढ़, ज़िला सोलन ने उपमण्डलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून, 2024 निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की छंटनी 24 जून, 2024 को होगी तथा 26 जून, 2024 तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए 10 जुलाई, 2024 की तिथि निर्धारित की गई है जबकि मतगणना 13 जुलाई, 2024 को होगी।
अपने माता-पिता की स्मृति में डाॅ. ओम प्रकाश ने किया दान सोलन: अर्की उपमंडल के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरजपुर में डाॅ. ओम प्रकाश शर्मा ने वाटर कूलर भेंट किया है। अपने स्व. पिता अनंत राम शर्मा व स्व. माता रामदेई शर्मा की स्मृति में पिपलूघाट से संबंध रखने वाले डाॅ. ओमप्रकाश ने यह दान किया। वीरवार को उन्होंने अपनी पत्नी राधा शर्मा व बेटी रंजना शर्मा के साथ मिलकर विधिवत रूप से पूजा करवाकर स्कूल प्रशासन को यह वाटर कूलर सौंपा हैं। डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि इस स्कूल से उनकी सभी बेटियों ने शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने इस अवसर पर बच्चों को भविष्य में अपनी पाठशाला व गुरुजनों का सम्मान करने का आग्रह किया। आपको बता दें कि डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा बतौर आयुर्वेदिक मेडिकल आॅफिसर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। इसी के साथ डाॅ. ओम प्रकाश शर्मा व उनके परिवार का सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में अहम योगदान रहता है। वर्तमान में डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा पिपलूघाट क्षेत्र में अपना निजी क्लीनिक चलाते हैं। अगर कोई गरीब व्यक्ति उनके पास ईलाज के लिए आते हैं तो वह उनको निःशुल्क उपचार भी करते हैं। जानकारी के अनुसार डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा की धर्मपत्नी राधा शर्मा गृहणी है और इनकी चार बेटियां हैं जो सरकारी व निजी संस्थानों में बेहतर पदों पर कार्यरत हैं। इस अवसर पर स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रकाश चंद गौतम व अध्यापक हितेंद्र शर्मा, सुरेंद्र, अंजना, धर्मपाल, राकेश, देवीचंद ने डाॅ. ओमप्रकाश शर्मा व उनके परिवार को आभार प्रकट किया है।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाले उप-चुनाव के लिए नामांकन के पांचवें दिन नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा (44) सुपुत्र अमरजीत सिंह बावा, गांव ढ़ाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी तथा परमिंदर कौर बावा (43) पत्नी हरदीप सिंह बावा गांव ढ़ाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़ ने कांग्र्रेस की कवरिंग प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि हमीरपुर व देहरा विधानसभा क्षेत्रों में आज कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राम कुमार गौतम ने बताया कि प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने के लिए 20 जून से 30 जून, 2024 तक ट्रायल रन करवाएगी। इसके अंतर्गत उचित मूल्य दुकानधारकों द्वारा राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों में से किसी एक सदस्य के आधार से जुड़े मोबाईल नम्बर पर ओटीपी भेजा जाएगा तथा उनसे मोबाईल पर सम्पर्क करके ओटीपी की जानकारी ली जाएगी। प्रदेश में वर्तमान में कुल 1960467 राशन कार्ड धारक हैं जिनकी संख्या 7299045 है। इनमें से 99.84 प्रतिशत लोगों के आधार तथा 94.40 प्रतिशत का मोबाईल नम्बर दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त होने के बारे में जानकारी हां या न में देनी होगी तथा ओटीपी किसी भी उचित मूल्य दुकानदार या अन्य किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना है। उन्होंने कहा कि इस ट्रायल का उद्देश्य भविष्य में बायोमेट्रिक सेल में किसी प्रकार की समस्या आने पर ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने की सम्भावना को तलाशना है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार, प्रत्येक राशनकार्ड में दर्ज किसी एक व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी भेज कर उस व्यक्ति से फोन पर सम्पर्क करके ओटीपी प्राप्त होने की पुष्टि करेंगे। यदि ओटीपी उपभोक्ता को प्राप्त होता है तो वे उस सदस्य की प्रविष्ट अपने पास दर्ज कर लेंगे ताकि भविष्य में राशन लेने के लिए उसके मोबाईल पर ओटीपी भेजा जा सके। यदि उस व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी नहीं आता है तो उचित मूल्य दुकानधारक उसी राशन कार्ड में दर्ज किसी अन्य व्यक्ति के मोबाईल पर ओटीपी भेजेगा और ओटीपी प्राप्ति की पुष्टि होने के बाद सम्बंधित व्यक्ति का रिकार्ड अपने पास दर्ज कर लेगा। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे केवल ओटीपी प्राप्त होने या न होने के बारे में जानकारी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ साझा करें और किसी भी सूरत में ओटीपी उचित मूल्य दुकानधारक या किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। जब कोई व्यक्ति स्वेच्छा से ओटीपी के माध्यम से राशन लेना चाहेगा उस स्थिति में ही राशन कार्ड ओटीपी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ साझा करेगा।
आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साई इंटरनेशनल स्कूल में योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष के योगा दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य, "स्वयं और समाज के लिए योग" थीम पर आधारित था| सबसे पहले योगा प्रशिक्षक मिसेज सुमन सिंगला जिन्होंने पतंजली योगा पीठ से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है, का स्वागत किया गया और बच्चों व अभिभावकों से उनका परिचय कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वॉर्म-अप अभ्यास से हुई, जिसमें सभी बच्चों, टीचिंग स्टाफ और बच्चों की माताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने बैठने और खड़े होने के विभिन्न आसनों के बारे में बताया और साथ ही उनके महत्व के बारे में भी बताया। योग प्रशिक्षक ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने और शरीर और मन के बीच सामंजस्य बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में बच्चो की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया जिसमें मिसेज रितु ठाकुर, दीपिका कुमारी, देवींद्रा ठाकुर, करूणा ठाकुर,ममता पंवर, अरुणा चौहान, कुसुमलता आदि शामिल रहे। बच्चों को ताड़ आसन, पदम आसन, वृक्ष आसन, भुजंग आसन, शीर्ष आसन, अनुलोम विलोम, प्राणायाम, कपालभाति आदि जैसे विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास करवाया गया । स्कूल के अध्यक्ष श्री रमिंदर बावा ने छात्रों को फिट रहने और एकाग्रता में सुधार करने के लिए नियमित योग का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया। योग का नियमित अभ्यास निश्चित रूप से हमारे छात्रों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी बेहतर जीवन प्राप्त करने में मदद करेगा। यही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
मकान मालिक 10 दिनों के अंदर अपने मकान में रखे सभी किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें, नही तो भरना होगा भारी जुर्माना। यह बात विकास खंड अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने प्रेस वार्ता में कही। बीडीओ कुनिहार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों व सचिवों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर बैठक में की गई। जिसमे तीनों पंचायतों हाटकोट, कुनिहार व कोठी को निर्देश दे दिए गए है कि ऐसे मकान मालिक जिन्होंने अपने मकान किराए पर दिए हैं सबको सूचित करें कि अपने सभी किराएदारों की 10 दिनों के अंदर पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर पंचायत में रजिस्टर करवाएं,। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी पंचायतों में रह रहे सभी किराएदारों का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी किराएदारों की लिस्ट आपके पास हो कि वह किस कार्य व किस कारण से किराए के मकान में रह रहे हैं। अगर 10 दिनों बाद कोई मकान मालिक ऐसा पाया जाता है जिसने किराएदारों की वेरिफिकेशन नही करवाई है तो उस मकान मालिक को 1000 रूपये जुर्माना भरना होगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैठक में कुछ और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई जिसमे मुख्य मुद्दा कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने का है इसके लिए सभी पंचायतें अच्छा काम कर रही हैं लेकिन लोगों का सहयोग इसमें कम मिल रहा है बहुत से लोग खुले में इधर-उधर भी फैंक रहे है, ऐसे व्यक्तियों पर अब पंचायतों के अलावा अन्य विभागों की पैनी नजर रहेगी अगर कोई व्यक्ति कहीं गंदगी डालता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी लोगो व दुकानदारों से अपील की है कि पंचायत द्वारा निर्धारित कूड़ा इकट्ठा करने के जो रेट तय किए गए है उसके लिए पंचायतों का सहयोग अवश्य करें। अगला मुद्दा विकास खंड के कई जंगलों में आग लगने का रहा जिसमें लोगों से अपील की गई कि जिस जंगल में आग लग जाती है वहां कृपया फायर ब्रिगेड व वन विभाग का आग बुझाने में सहयोग करें ताकि हमारी वन संपदा सुरक्षित रह सके। उन्होंने लोगो से अपील की है कि इस बार 1 जुलाई से सात जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव में चीड़ के पौधों के अलावा अन्य पौधे जैसे पीपल,आंवला ,कचनार, भेड़ा ,अनार आदि का अधिक से अधिक पौधा रोपण करे। अगला मुद्दा लोगों के पालतू कुत्तों का रहा जिसमे देखने में आया है कि लोग अपनें कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमा रहें है जिससे कई लोगों को समस्या आ रही हैं| अगर कोई कुत्ता किसी को काट देता है तो मालिक उसे अपना कुत्ता मानने से या तो इंकारर कर देता है या लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाता है| इसलिए बैठक में निर्णय लिया गया कि वे सभी लोग जिन्होंने घर पर कुत्ता रखा है पंचायत में उसका पंजीकरण करवाए। बीडीओ कुनिहार ने विकास खंड के सभी पंचायतों के लोगों से अपील की है कि मानसून सत्र से पहले पंचायतों के सहयोग से अपने आसपास की नालियों की साफ सफाई करवा लें। ताकि बरसात में कोई समस्या न हो। इसके अलावा लोगों से पंचायतों में हाउस टैक्स जमा करवाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री, उप प्रधान रोहित जोशी,कुनिहार पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर,कोठी पंचायत प्रधान बलबिंद्र कौर व सभी सचिव व वार्ड सदस्य मौजूद रहे।
हर महीने की तरह इस बार भी हिमाचल में बनीं सात दवाओं समेत देशभर की 50 दवाएं मानकों पर सही नहीं उतरी हैं। मई माह में ड्रग अलर्ट में इसका खुलासा हुआ है। प्रदेश में संक्रमण, उच्च रक्तचाप, मांसपेशियों की कमजोरी, बुखार, अल्सर और खांसी की दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। सोलन जिले की चार, सिरमौर जिले की दो व ऊना के एक दवा केंद्रीय औषधि नियंत्रण संगठन ने देशभर के दवा उद्योगों से सैंपल लिए थे। इनमें हिमाचल के सात सैंपल सही नहीं पाए गए। हिमाचल में औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी की अमेस्टर लैब कंपनी की संक्रमण की दवा सेफिक्सीम, सिरमौर के कालाअंब स्थित विद्याशय फार्मास्युटिकल कंपनी की उच्च रक्तचाप की दवा कार्वेडिलोल, बद्दी के संडोली स्थित हेल्थ बायोटेक कंपनी की मांसपेशियों की कमजोरी की दवा नियोस्टिग्माइन मिथाईल, सिरमौर के कालाअंब स्थित कासपेन फार्मास्युटिकल कंपनी की बुखार की दवा डाईफेंहाइड्रमिन, बद्दी के मानपुरा स्थित वीआईपी फार्मास्युटिकल कंपनी की अल्सर की दवा रेबिप्रोजोल, ऊना जिले की स्विश गेम्स बायोटेक कंपनी की उच्च रक्तचाप की दवा टेलमीसार्टन, साई रोड़ बद्दी स्थित एमडीसी फार्मास्युटिकल कंपनी की खांसी की दवा एसिटाइलसिस्टी एब्रोक्सोल दवा के सैंपल मानकों पर सही नहीं पाए गए। राज्य ड्रग नियंत्रक मनीष कपूर ने सैंपल फेल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने जिन उद्योगों के सैंपल फेल हुए है ,उन्हें नोटिस जारी कर दिए हैं। इन उद्योगों को बाजार से स्टॉक वापस मंगवाने को कहा गया है। विभाग की ओर से अपने स्तर पर इन दवाओं के सैंपल भी लिए जाएंगे
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक में पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) के 1226 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतमत आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने को स्वीकृति प्रदान की गई। इस छूट के साथ अब सामान्य वर्ग के उम्मीदवार 18 से 26 वर्ष की आयु तक, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, गोरखा, प्रतिष्ठित खिलाड़ी 18 से 28 वर्ष तक और होमगार्ड 20 से 29 वर्ष की आयु तक पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद की भर्ती के लिए पात्र होंगे। मंत्रिमण्डल ने नौनिहालों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग में 6297 प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रशिक्षकों की नियुक्ति सहित विभिन्न सरकारी विभागों में 6630 से अधिक पद सृजित कर इन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 200 पद सृजित करने और भरने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, मंत्रिमण्डल ने राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रोफेसर, एसोशिएट प्रोफेसर तथा सहायक प्रोफेसर के 22 पद भरने को मंजूरी प्रदान की। लोगों को घर-द्वार के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नाहन में प्रोफेसर के तीन तथा एसोशिएट प्रोफेसर के दो पद, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नैरचौक, मंडी में प्रोफेसर के दो तथा एसोशिएट प्रोफेसर का एक पद, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में विभिन्न विभागों में प्रोफेसर के चार तथा एसोशिएट एवं सहायक प्रोफेसर के पांच-पांच पद भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में आपाकालीन चिकित्सा अधिकारी के आठ पद सृजित कर भरने तथा चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पांच पद सृजित कर भरने सहित दोनों चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रॉमा सेंटर क्रियाशील बनाने के लिए स्टाफ नर्स, ऑपरेशन थियेटर सहायक, तकनीशियन, मल्टी टास्क वर्कर इत्यादि सहायक स्टाफ को नियुक्त करने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में विभिन्न श्रेणियों के 84 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में राज्य में नवगठित फोर लेन नियोजन क्षेत्रों के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 13 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में युवा आयोजकों के चार पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। राज्य सरकार और राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बोर्डों, निगमों, स्थानीय निकायों के अंतर्गत ग्रुप सी के पदों की सीधी भर्ती को हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के तहत लाने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने जिला कांगड़ा के देहरा में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। हालांकि देहरा विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस संबंध में अधिसूचना बाद में जारी की जाएगी। बैठक में जिला ऊना के हरोली में विद्युत बोर्ड का मण्डलीय कार्यालय खोलने को भी मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने प्रदेश में पर्यटन को प्रोत्साहन प्रदान करने और होम-स्टे का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में एक मंत्रिमण्डलीय उप-समिति भी गठित करने का निर्णय लिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस समिति के सदस्य होंगे। इसके अलावा संसाधनों के सृजन के लिए सुझाव देने के उद्देश्य से उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमण्डलीय उप-समिति को स्वीकृति प्रदान की गई। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इस उप-समिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमण्डल ने प्रदेश में वनों की आग, सूखे की स्थिति, जल संकट और मानसून की स्थिति की भी समीक्षा की।
ज़िला के लगभग 80 स्थानों पर होगा योग दिवस का आयोजन इस वर्ष ज़िला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सोलन स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 21 जून, 2024 को होगा। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ज़िला और उपमंडल स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि 21 जून को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में प्रातः 07.00 बजे से प्रातः 08.00 बजे तक विभिन्न योगिक क्रियाएं एवं व्यायाम कर सभी को स्वस्थ रहने का मंत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन का यह प्रयास है कि ज़िलावासियों को योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए। मनमोहन शर्मा ने योग दिवस के सफल आयोजन के संबंध में आयुष विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित दिशा-निर्देश जारी दिए। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग द्वारा 21 जून को ज़िला के लगभग 80 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्रों और आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन व नालागढ़ में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िला के सभी आयुर्वेदिक फार्मेसियों में भी योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने आमजन से आग्रह किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में योग गतिविधियों में भाग लें। ज़िला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीन शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक सोलन अनिल धौल्टा, डॉ. मंजेश शर्मा, डॉ. अनिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कनिष्ठ अभियंता (दूरसंचार) उत्तर रेलवे शिमला हरिहर थमसोए ने कहा कि उत्तर रेलवे के सोलन-सलोगड़ा खण्ड में रेलवे द्वारा नए क्वाड केबल डालने का कार्य चल रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग 05 तथा सोलन-शिमला हाईवे पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 5ए (चम्बाघाट) के पास रेलवे चारदीवारी के भीतर इस केबल को डालने के लिए रोड कटिंग होनी है जिससे यह केबल सड़क को क्रॉस कर के जा सके। कनिष्ठ अभियंता ने कहा कि 18-19 जून, 2024 को मध्यरात्रि उपरांत तड़के 02.00 बजे से 02.45 बजे तक रेलवे फाटक आंशिक रूप से बंद रहेगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेश में सूखे की स्थिति के मद्देनज़र लोगों को पेयजल के साथ-साथ अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक स्त्रोतों में पेयजल की कमी, पेयजल आपूर्ति, पेयजल वितरण व पेयजल योजनाओं को हुए नुकसान की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस गंभीर स्थिति से निपटने और लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि हालात सामान्य होने तक जल शक्ति विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विभाग द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी छुट्टी पर है तो वह तुरंत अपने तैनाती कार्यालय में रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को पेयजल आपूर्ति की कमी से संबंधित समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि राज्य की जनता को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के ज़िला नियंत्रक नरेश धीमान ने बताया कि विकासखण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत जाडला के ग्राम नयानगर में उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए इच्छुक व्यक्ति व संस्थाएं उपरोक्त स्थान पर नई उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए ऑनलाईन माध्यम से वांछित सूचना व अन्य दस्तावेज वेबसाईट emerginghimachal.hp.gov.in पर अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि आवेदन केवल ऑनलाईन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक है व व्यक्तिगत आवेदनकर्ता की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए अधिक जानकारी के लिए वांछित औपचारिकताओं के सम्बन्ध में इच्छुक व्यक्ति व संस्थान किसी भी कार्यालय दिवस में कार्यालय आकर या कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव के दृष्टिगत आज ईलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ई.वी.एम.) तथा वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट) की प्रथम स्तरीय जांच अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव की अध्यक्षता में की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय भारतीय कांग्रेस की संधीरा दुल्टा तथा शिवदत्त ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी से चन्द्रकांत शर्मा सहित तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर उपस्थित थे।


















































