हिमाचल प्रदेश उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने दो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। हिमाचल की हमीरपुर सीट के लिए कांग्रेस ने पुष्पेंद्र वर्मा को टिकट दिया है तो वहीं नालागढ़ के लिए हरदीप सिंह बावा को कैंडिडेट बनाया है। फिलहाल, देहरा विधानसभा के लिए कांग्रेस ने अभी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। हमीरपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा विधानसभा 2022 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। त्रिकोणीय मुकाबले में वह दूसरे नंबर पर रहे थे, जबकि भाजपा के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर। उस वक़्त इंडिपेंडेंट कैंडिडेट आशीष शर्मा ने जीत हासिल की थी। अब इस बार दूसरी बार पुष्पेंदर वर्मा और आशीष शर्मा आमने सामने है। उधर, नालागढ़ सीट से हरदीप सिंह बावा भी पहले कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। 2022 के आम चुनावों में कांग्रेस की ओर से हरदीप सिंह बावा कांग्रेस, लखविंद्र राणा बीजेपी और केएल ठाकुर ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार सोलन जिले के कण्डाघाट में दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) स्थापित करने जा रही है। विशिष्ट सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र में 27 वर्ष की आयु तक के विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए आवासीय सुविधाएं, खेल मैदान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सहित व्यापक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना को दो वर्ष के भीतर पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाएगा। सोलन के कण्डाघाट क्षेत्र के टिक्करी गांव में 45 बीघा सरकारी भूमि को चिन्ह्ति कर, इस परियोजना को स्थापित करने के लिए भूमि का स्वामित्व सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को कंटूर मैपिंग करने तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि डीपीआर तैयार होने के पश्चात निविदा प्रक्रिया आरम्भ की जा सके। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से 300 दिव्यांग विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। विभाग ने इस परियोजना को तैयार करने के लिए प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए विभाग ने विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों का अध्ययन किया है तथा दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रमों की पहचान की है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र की रूपरेखा तैयार करने के लिए दृष्टि एवं श्रवण बाधित विशेषज्ञों तथा समग्र क्षेत्रीय केंद्र सुंदरनगर के प्रतिनिधियों की एक समिति गठित की गई है। परियोजना को और बेहतर बनाने के लिए चेन्नई में ‘दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण संस्थान’ का दौरा करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य संस्थान के उत्कृष्ट मॉडल का अध्ययन करना है ताकि कण्डाघाट केंद्र में सर्वश्रेष्ठ सुविधाओं को शामिल किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में प्रदेश सरकार ने समाज के वंचित वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए अनेक नवोन्मेषी कदम उठाए हैं।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने 24 जून, 2024 (सोमवार) को माँ शूलिनी मेला के अवसर पर सोलन उपमण्डल की परिधि में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। उपायुक्त ने इस सम्बन्ध में कार्यालय आदेश जारी किए हैं।
गर्मी से झुलस रहे हिमाचल के लिए बड़ी खुशखबरी है। अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही रहा तो हिमाचल में 18 जून से मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। मौसम के करवट बदलते ही 19 से 21 जून के बीच हिमाचल के कई हिस्से राहत की रिमझिम से रू-ब-रू होंगे। मौसम विभाग की मानें तो 19 जून से हिमाचल में प्री मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी और उसके बाद 21 जून तक इसका असर रहेगा। फिर 22 जून को ड्राई मौसम का अनुमान है, जबकि इसके बाद फिर मानसून शुरू हो जाएगा। मौसम में संभावित परिवर्तन की बावजूद 17 और 18 जून को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रह सकता है। पिछले 24 घंटे में भी मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सिरमौर और मंडी में गंभीर हीट वेव देखने को मिली है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, कांगड़ा और कुल्लू में भी गर्मी का असर देखा गया है। यदि तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान कांगड़ा के देहरा गोपीपुर में 40 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम लाहुल -स्पीति के कुकुमसेरी में 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई अंतर नहीं आया है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिम विक्षोभ तैयार हो रहा है, जिसका असर दो दिन के बाद से देखने को मिलेगा।
आज दिनांक 14 जून 2024 को दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में आईएससी 10+2 व आईसीएसई 10th के टॉपर व उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि टॉपर को व अभिभावकों का तिलक लगा कर स्वागत किया गया व उन्हें मंच तक लाया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन व मंत्र उच्चारण द्वारा किया गया। अभिभावकों के सम्मान में बच्चों द्वारा वेलकम सॉन्ग गाया गया। आईएससी के टॉपर्स तनिश ठाकुर, मनिंदर सिंह, हीर राणा, सौरभ ठाकुर, एंजेल भंडारी, भूमि भसीन और आईसीएसई के टॉपर साक्षी कौंडल, शौर्य शर्मा, भावना चंदेल ,रक्षितगुप्त ,हर्षिता ठाकुर, शिवांश राज सिंह ,अन्वी को मेडल पहनाकर व फूलों की वर्षा करके आशीर्वाद दिया गया। अभिभावकों को टोकन ऑफ लव देकर उनका धन्यवाद किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने छात्रों व अभिभावकों को बधाई देते हुए छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की, उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भविष्य में भी शत-प्रतिशत परिणाम देने की परंपरा को कायम रखें। उन्होंने ईश्वर से यह भी प्रार्थना की कि हमारे बच्चे शिक्षा के साथ-साथ समाज के अच्छे नागरिक सिद्ध हो व समाज के लिए ईमानदारी से कार्य करें। बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी गई। अंत में अभिभावकों, छात्रों व अध्यापको द्वारा नृत्य करके इस सेलिब्रेशन में चार चांद लगा दिए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले एवं त्यौहार युवा पीढ़ी को इतिहास एवं संस्कृति की जानकारी देने का साधन हैं। डॉ. शांडिल ने आज सोलन के दयोंघाट में सिद्ध बाबा बालक नाथ मेले में उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि राज्य में सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित रहता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि स्थानीय स्तर पर आयोजित किए जा रहे मेलों की परम्परा को टूटने न दें। उन्होंने कहा कि मेले, कुश्ती एवं कबड्डी जैसे पारम्परिक खेलों को बढ़ावा देने में भी सहायक रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मज़बूत बनाया जा रहा है। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व बाबा बालक नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि देहूंघाट में पानी की समस्या के निदान के लिए समिति गठित कर पेयजल आपूर्ति को सुचारू किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य मंत्री ने हीरो होडा शोरूम कमला निवास व अन्य घरों तक सम्पर्क मार्ग के लिए 02 लाख रुपए, कमला निवास से बाबा बालक नाथ मंदिर तक टाईलों व डंगे कार्य के 02 लाख रुपए तथा बाबा बालक नाथ मंदिर प्रवेश द्वार तक सम्पर्क मार्ग के प्रारम्भिक निर्माण कार्य के लिए 05 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर सिद्ध श्री बाबा बालक नाथ मंदिर समिति देहूघाट के प्रधान रणजीत वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनीष सोपाल, पूजा, ईशा सूद, संगीता ठाकुर, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस समिति के सचिव लोकेन्द्र शर्मा, कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।
नगर निगम सोलन क्षेत्र में संपत्ति कर के लिए आधारभूत सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। यह जानकारी आज यहां नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा ने दी। एकता काप्टा ने कहा कि सर्वेक्षण के तहत सोलन शहर में कुल 14105 संपत्तियों का सर्वेक्षण किया गया है व 442 संपत्तियां व भवन निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के पश्चात संपत्ति कर के बिल यूनिट एरिया मेथड से जारी किए जा रहे हैं जोे 04 अगस्त, 2022 से 31 मार्च, 2024 तक की अवधि के होंगे। उन्होंने कहा कि बिलों को जारी करने की तिथि से 15 दिनों के भीतर जमा करने वालों को कुल राशि में 10 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सभी करदाता इन बिलों का भुगतान दो किश्तों में भी कर सकते है, परन्तु 10 प्रतिशत छूट का लाभ दो किश्तों में बिल जमा करने पर नहीं मिलेगा तथा दो किश्तों का भुगतान अधिकतम बिल जारी करने के तीन माह के भीतर करना होगा अन्यथा विलम्ब शुल्क का भुगतान करना होगा।एकता काप्टा ने कहा कि सभी संपत्ति बिल ऑनलाईन मोड में जारी किए जाएंगे व करदाता एवं संपत्ति मालिक को इस बारे में एस.एम.एस प्राप्त होगा जिससे वे ऑनलाईन भुगतान कर सकते हैं।
शूलिनी विश्वविद्यालय का समर पेटेंट स्कूल इसमें भाग लेने वाले स्कूली छात्रों के लिए शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में एक परिवर्तनकारी अध्याय साबित हुआ। कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला द्वारा परिकल्पित अग्रणी पहल ने स्कूली छात्रों को नए विचारों के साथ सशक्त बनाया, जिससे उन्हें सपनों को वास्तविकता में बदलने में मदद मिली। 2021 में शुरुआत के बाद से, समर पेटेंट स्कूल के छह सफल समूह देखे गए और हाल ही में इसका सातवां समूह संपन्न हुआ, जिसमें पूरे भारत से 200 से अधिक छात्र शामिल हुए। समर पेटेंट स्कूल टीम आइडियाज़ दैट मैटर और बौद्धिक संपदा अधिकार कार्यालय के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास का प्रतिनिधित्व करता है। कार्यक्रम ने एक पोषणकारी वातावरण प्रदान किया जहां छात्रों ने अनंत संभावनाओं की जांच की, चुनौतियों पर काबू पाया और पेटेंट दाखिल करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित किया। आलोचनात्मक सोच, समस्या-समाधान और डेटा विश्लेषण को प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन किया गया, इसने छात्रों को एक नवाचार-संचालित दुनिया के लिए तैयार किया। छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों, प्रोफेसरों और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया, जिन्होंने उनकी बौद्धिक संपदा पर स्पष्टता सुनिश्चित करते हुए, उनके विचारों, लेखों और डिजाइनों को परिष्कृत करने में मदद की। कार्यक्रम ने छात्रों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिन्हें बाद में चर्चा और मार्गदर्शन के माध्यम से निखारा गया। यह एक व्यापक कार्यक्रम था जो 10 से 14 जून और 17 से 21 जून, 2024 तक निर्धारित दो समूहों में फैला था। इस व्यापक अनुभव ने पूरे गर्मियों में परिसर में युवा शोधकर्ताओं के एक विविध समूह को एक साथ लाया। कार्यक्रम ने 55 बौद्धिक संपदा (आईपी) दाखिल करने का एक उल्लेखनीय मील का पत्थर हासिल किया, जो शूलिनी समुदाय के सामूहिक समर्पण, टीम वर्क और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने कहा, समर पेटेंट स्कूल ने न केवल बौद्धिक संपदा के बारे में ज्ञान प्रदान किया, बल्कि छात्रों को नए युग की प्रगति से भी अवगत कराया और उन्हें पेटेंट दाखिल करने के लिए आवश्यक कौशल सिखाएं गए।
कुनिहार क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर विशालकाय पेड़ हादसों को न्योता दे रहे हैं। तेज हवाओं के चलते अक्सर इनकी मोटी-मोटी टहनियां तो कभी पूरा पेड़ ही जड़ से गिर जाता है। आज भी थोड़ी सी हवा से विशालकाय पेड़ की एक मोटी टहनी वहां खड़ी गाडियों पर गिरी, गनीमत यह रही की कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। अक्सर इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। तो वहीं इन पेड़ों के साथ से विद्युत विभाग की तारे भी गुजर रही है, जो इनकी चपेट में आकर टूट जाती है। इतना ही नहीं इन विशालकाय पेड़ो से आस-पास के मकानों को तो खतरा हो गया है। कुनिहार विकास सभा के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने कहा कि कुनिहार क्षेत्र के कोठी चौक से ऊंचा गांव, तालाब मार्ग में वर्षो पुराने विशालकाय सफेदे के पेड़ हादसों को न्योता दे रहे हैं। कई पेड़ सूख चुके हैं। तेज हवाओं व बरसात के दौरान कई बार इनकी मोटी-मोटी टहनियां टूट जाती है, जिसके कारण मकानों के अतिरिक्त सड़क में वाहनों को भी खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग होने की वजह से इसमें वाहनों, राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की काफी आवाजाही रहती है। थोड़ा सी भी आंधी आने पर कई पेड़ जड़ों तक हिलते नजर आते हैं, यदि ये पेड़ दुर्भाग्यवश गिर जाते हैं तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त वन विभाग से आग्रह किया है कि सफेदे के विशालकाय पेड़ो की छांग कराई जाए व सूखे पेड़ो को जड़ से काटा जाए। उन्होंने अधिकारियों से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी आस्था अग्निहोत्री ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में सहायक आचार्य का पदभार संभाला। विवि के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज यूआईएलए में आस्था की सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति हुई है। बीते शुक्रवार को हुई कार्यकारिणी परिषद की बैठक में विधि विभाग के दो, मैनेजमेंट के तीन, सहायक आचार्य पदों के लिफाफे खोले गए थे। इसमें उपमुख्यमंत्री की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी शामिल थीं। शनिवार को पदभार संभालने के बाद डा. आस्था अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी सांझा की।
**योजनाओं की समयबद्ध समीक्षा और समुचित निगरानी के निर्देश दिए कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बीते रोज़ कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कृषि मंत्री ने विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को लाभान्वित करने के लिए अधिकारियों को फील्ड स्तर पर जाकर कार्य सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर किसानों की समस्याएं सुनें और उनका निराकरण करने के लिए हर सम्भव प्रयास करें। उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचारों को शामिल करने पर विशेष अधिमान देते हुए कहा कि वे नए सुझावों और वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित कार्यशैली अपनाएं। उन्होंने भू-संरक्षण और सिंचाई योजनाओं के कार्यान्वयन पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कृषि को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। कृषि क्षेत्र में सुदृढ़ होने से प्रदेश की आर्थिकी को संबल मिलेगा, साथ ही मुख्यमंत्री की आत्मनिर्भर हिमाचल की परिकल्पना को साकार करने में भी मदद मिलेगी। प्रो. चन्द्र कुमार ने आपसी समन्वय से कार्य करने तथा नई योजनाओं के बारे में सुझाव देने को भी कहा। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समयबद्ध समीक्षा करने और उनकी निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए। कृषि निदेशक कुमुद सिंह ने विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए समयबद्ध कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अधिकारियों ने विभिन्न सुझाव दिए। बैठक में विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जून, 2024 को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 33 के.वी. कण्डाघाट फीडर से संचालित कुछेक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत मण्डल सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि 19 जून, 2024 को प्रातः 09.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक कण्डाघाट, सिरीनगर, धाली, पलेच, सलुमणा, जदारी, डोलग, परोंथा, देढ़घराट, मेहली, माही, सनेच, कोहारी, वाकनाघाट, क्यारीघाट, कवारग, शालाघाट, कैथलीघाट, बीशा, छोवशा, डुमैहर, बाशा, कदौर, गरू, पावघाट, कून, आंजी, सुनारा, साधुपुल, कलहोग, दोची, सोनाघाट, सैंज, कोटला, चायल, नगाली, हिन्नर, कुरगल, झाझा, दधील, आल्मपुर, जनेड़घाट, टिक्कर एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किन्हीं अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
हेल्पऐज इंडिया एवं ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गा क्लब के सभागार में आज वर्ल्ड एल्डर अब्यूज अवेयनेस डे पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता ज़िला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने की। गावा सिंह नेगी ने इस अवसर पर ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को संस्कारित शिक्षा देना सुनिश्चित करें ताकि समाज का बेहतर निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए हर वर्ग का अपना महत्वपूर्ण स्थान है और वरिष्ठ नागरिकों का स्थान उनमें से सर्वोपरि है। बच्चों का यह कर्तव्य बनता है कि वृद्धावस्था में वह अपने माता-पिता को एक बेहतरीन वातावरण प्रदान करें ताकि वह समाज में अकेला व असहाय महसूस न करें। हेल्पऐज इंडिया के राज्य प्रमुख डॉ. राजेश कुमार ने इस अवसर पर हेल्पऐज इंडिया द्वारा किए गए सर्वे के बारे में उपस्थितजनों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। इस अवसर पर हेल्पऐज इंडिया सर्वे रिपोर्ट की पत्रिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा वृद्धावस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं और चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए गए। हेल्पऐज इंडिया की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मनोज वर्मा, एस.आई.एल.बी. की निदेशक डॉ. शालिनी शर्मा, ओल्ड ऐज हेल्पलाइन सोसायटी के अध्यक्ष शैलेन्द्र कंवर, डॉ. बी.एन. कोरला, डॉ. वी.एस. ठाकुर, डॉ. वी.वी. लाल, आर.के. पठानिया, एस.पी. मरजारा, बी.एल.गुप्ता, वरिष्ठ नागरिक फोरम के अध्यक्ष रोमेश अग्रवाल, सचिव अरूण गोयल, केयर एण्ड शेयर संस्थान के सदस्य खुशी डे केयर सेंटर के सदस्य एवं दुर्गा क्लब के उपाध्यक्ष कंवर केशविन्द्र, सचिव रोहित सभलोक, देश राज गुप्ता सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
बीएल स्कूल कुनिहार में लायन इको क्लब इकाई द्वारा सात दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गयाI जानकारी देते हुए लायन इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर ने बताया कि शिक्षा विभाग सोलन के मार्ग दर्शन से विद्यालय में 5 जून से 14 जून तक सात दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया था, जिसमे विद्यालय से लायन इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ जैसे- पौधा रोपण, किचन गार्डन का निर्माण, इ – वेस्ट का संग्रहण, जल संरक्ष्ण का रख-रखाव, रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन, उर्जा संरक्ष्ण, सिंगल नो यूज़ प्लास्टिक वाद-विवाद प्रतियोगिता करवाई गई I इस सभी गतिविधियों में सभो ने बढ़ चड़ कर भाग लिया I इस समर कैंप के समापन पर विद्यालय प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों द्वारा की गई गतिविधियों के लिए बधाई दी I विद्यालय अध्यक्ष ने भी इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर व बच्चों को इस समर कैंप के सफल आयोजन के लिए बधाई दी I विद्यालय मुख्याध्यापिका व पी.टी.ए अध्यक्ष ने सभी बच्चों और अध्यापकों इस प्रकार के आयोजन के लिए बधाई दी I
मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने बताया कि माँ शूलिनी मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति के लिए जारी ऑडिशन प्रक्रिया आज सम्पन्न हो गई। ऑडिशन के तीसरे एवं अंतिम दिन 76 से अधिक लोक कलाकारों एवं स्थानीय मंचों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने बताया कि ऑडिशन के लिए संगीत व नृत्य विधा में पारंगत निर्णायक मण्डल का गठन किया गया था। उन्होंने ऑडिशन प्रक्रिया में सहयोग के लिए सम्बन्धित विभागों और निर्णायक मण्डल का आभार व्यक्त किया।
बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में अध्यापकों द्वारा विद्यालय के बच्चों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाएं गए I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन से विद्यालय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमे किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा आने पर विद्यालय भवन से किस तरह से बचाव कार्य किया जाए और कौन-कौन सी सावधानियां बरती जाए आदि के बारे विस्तार से व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया I इस प्रशिक्षण में विद्यालय के सभी एन एस एस, एन सी सी, और अन्य बच्चों, अध्यापकों ने व्यवहारिक मॉक ड्रिल किया, जिसमे कोई भी प्राकृतिक आपदा आने पर एक सायरन बजाकर संकेत दिया गया और सभी बच्चों को विद्यालय भवन से बाहर निकला और एक खुले मैदान में एकत्रित किया I इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस मॉक ड्रिल की जानकारी को जीवन उपयोगी बताया और कहा कि इस तरह के उपायों से किसी भी बड़ी घटना से बचा जा सकता है I इससे बच्चों में आत्मविश्वास पैदा होता है और वे हर तरह की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तत्पर रहते हैं I उन्होंने यह भी बताया कि भूकम्प बहुत हिंसात्मक हो सकते हैं और इनमें लोगों को गिराकर चोट पहुँचाने से लेकर पूरे नगर ध्वस्त कर सकने की क्षमता होती है I विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने इस मॉक ड्रिल का आयोजन करने के लिए प्रधानाचार्य और सभी प्रभारियों की सराहना की I
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2024 की तैयारियों को लेकर आज योग जागरूकता अभियान के तहत राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में योग शिविर का आयोजन किया गया। यह जानकारी आज यहां ज़िला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने दी। डॉ. प्रवीण शर्मा ने कहा कि इस अवसर पर स्कूली बच्चों को योग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि आज के तनाव व भाग-दौड़ वाले समय में हमें अपनी शरीर व मन को स्वस्थ रखने के लिए एक स्वस्थ व संतुलित जीवन शैली की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से कई शारीरिक व मानसिक लाभ होते है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से बेहतर मुद्रा, लचीलापन, संतुलित शरीर व सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इस अवसर पर बच्चों से गर्दन के व्यायाम, कंधों के आसन, ताड़ासन, अनुलोम-विलोम प्रणायाम, भ्रामरी इत्यादि योग मुद्राएं करवाई गई। शिविर में डॉ. मंजेश शर्मा, डॉ. अनिता शर्मा, स्कूल के अध्यापगण व लगभग 700 बच्चों ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जून को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत मण्डल सोलन के कुछेक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत मण्डल सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी।राहुल वर्मा ने बताया कि पहले सोलन के कुछेक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने सम्बन्धी तिथि 14 जून, 2024 को निर्धारित की गई थी, परंतु अब प्रशासनिक कारणों से 15 जून, 2024 को बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि 15 जून, 2024 को प्रातः 10.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक मॉल रोड, अप्पर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद काम्पलेक्स, न्यायालय परिसर, लोक निर्माण विभाग कालोनी, क्लीन, सेर क्लीन, सन्नी साईड, विवान्ता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फोरेस्ट रोड, जौणाजी, शिल्ली, अश्वनी खड्ड, दामकड़ी, फशकना, फ्लाइ, मेला मैदान, हरट, बेल, नेरी, गण की सेर, मनसार, झोखड़ी, हॉट मिक्स के आस-पास के क्षेत्र, ग्रानी, सलोगड़ा के कुछ क्षेत्र, सेवला, बरड बस्ती, ब्रुअरी, तरण-तारण, पडग, विनसम होटल, दाउंसी, गलोथ, कोडहारी, कोठी, कथोग, बजरोल, नडोह, शामती, डमरोग, ऑफिसर कालोनी, कोटलानाला, कथेड, मिनी सचिवालय, लक्कड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, उपायुक्त आवास क्षेत्र, मोहन कालोनी, मधुबन कालोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम तथा आस-पास के क्षेत्र, चौक बाजार, सर्कुलर मार्ग, धोबीघाट, आई.टी.आई, पुराना बस अड्डा, सेंट ल्यूक्स, अंबुशा होटल, चेस्टर हिल्स, अमित अपार्टमेंट्स, सुंदर सिनेमा, जौणाजी, जौणाजी मार्ग, डिग्री कॉलेज, ठोडो मैदान क्षेत्र, चिल्ला, बागर, शथोल, कवारगी, मैरिडियन, सेरी, बलाणा, खनोग, मतियूल, खलीफा लॉज, जे.बी.टी मार्ग, सूर्य विहार, तहसील परिसर, टैंक रोड, खुन्डीधार, र्साइंटिस्ट कालोनी, नया बस अड्डा, पुलिस लाईन, सब्जी मण्डी, सेरी, चम्बाघाट चौक, बसाल मार्ग, 132 के.वी. के नज़दीक, बसाल, गुगाघाट, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र बसाल, घडयाल, डांगरी, शिरी, धाला, पट्टी, दयोली की सेर, गारा, पोकन, बाडा, धरोट, सलुमना, ब्लेसिंग हेल्थ केयर, सूर्य किरण, बावरा, गरीब बस्ती, फोरेस्ट कालोनी, एन.आर.सी.एम, करोल विहार, डी.आई.सी कालोनी, मेहर सिंह कालोनी, बेर की सेर, जराश, बेर पानी, बेर गांव, बेर खास, कोनार्क होटल एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किन्हीं अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
**ज़िला के सभी उपमण्डल में पांच स्थलों पर होगी मॉक एक्सरसाइज़ :मनमोहन शर्मा उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि बाढ़, भूस्खलन व अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में राहत एवं बचाव सम्बन्धी उपायों पर एक पूर्वाभ्यास (मॉक एक्सरसाइज़) का आयोजन सोलन ज़िला में 14 जून को किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में यह मॉक एक्सरसाइज़ पूरे प्रदेश सहित सोलन ज़िला में भी शुक्रवार को प्रातः शुरू होगी। इस सम्बन्ध में आज यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि इस पूर्वाभ्यास का उद्देश्य बाढ़, भूस्खलन व हिमनद झील टूटने से बाढ़ के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं विभिन्न विभागों की तैयारी का परीक्षण करना है। उन्होंने बताया कि सोलन ज़िला में इसके लिए सभी उपमण्डलों में एक-एक स्थल चिन्हित किया गया है। इन सभी स्थलों में बाढ़, भूस्खलन व गैस लीकेज से सम्बन्धित काल्पनिक परिदृश्य तैयार किए जाएंगे। अर्की उपमण्डल में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्की में धरातल तल पर बाढ़ का पानी घुसने की स्थिति से सम्बन्धित आपदा प्रबंधन की तैयारियां परखी जाएंगी। कसौली उपमण्डल में कुमारहट्टी-नाहन सड़क पर बैकुन्ठ होम-स्टे के समीप डगशाई पहाड़ी से भूस्खलन, कण्डाघाट उपमण्डल में साधुपुल में बाढ़, नालागढ़ उपमण्डल में वर्द्धमान ऑरो टेक्सटाईल लिमिटिड में अमोनिया गैस रिसाव तथा सोलन उपमण्डल में शामती में भूस्खलन के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर इन आपात स्थितियों में राहत व बचाव कार्यों की तैयारियों पर पूर्वाभ्यास किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने बताया कि इस पूर्वाभ्यास के लिए प्रातः लगभग 09.00 बजे का समय निर्धारित किया गया है और यह प्रक्रिया दोपहर बाद लगभग 02.30 बजे तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि ठोडो मैदान सोलन में स्टेजिंग एरिया निर्धारित किया गया है। सभी लाईन विभाग निर्धारित समय पर वहां आवश्यक मशीनरी एवं उपकरणों के साथ उपस्थित रहेंगे। पूर्वाभ्यास के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के स्वतंत्र पर्यवेक्षक भी इसकी निगरानी करेंगे और अपनी रिपोर्ट प्राधिकरण को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने सभी विभागों से इस पूर्वाभ्यास को तय नियमों एवं निर्देशों के अनुसार पूरी गम्भीरता से पूर्ण करने का आग्रह किया है। उन्होंने सोलन ज़िला के सभी लोगों से भी इस पूर्वाभ्यास में सहयोग का आह्वान किया है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा, सभी उपमण्डलाधिकारी सहित सभी सम्बन्धित विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित थे। इसके उपरांत उन्होंने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बरसात के मौसम में विभिन्न तैयारियों पर आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया। उपायुक्त ने सोलन ज़िला में बरसात के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
हिमाचल पथ परिवहन सेवा निवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की बैठक की विशेष बैठक 15 जून को पेंशनर कार्यालय तालाब कुनिहार में इकाई अध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। बलबीर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले महीने भी यह बैठक कुछ कारणों की वजह से नहीं हो पाई थी, जिसके लिए अर्की इकाई के सभी सदस्यों से आग्रह है कि बैठक में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर बैठक में भाग लें। उन्होंने सभी पेंशनरों से अपील करते हुए कहा कि 15 जून को सुबह ठीक 11 बजे पेंशनर कार्यालय तालाब कुनिहार में पहुंचे तथा पेंशनरो की समस्याओं व आगामी रणनीति बारे चर्चा में भाग लें।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सायरी के नवीं से बारहवीं कक्षा के टूरिज्म और आई.टी. ई. एस. व्यावसायिक विषयों के 34 विद्यार्थियों ने स्पीति घाटी का व्यवसायिक व शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण के तहत बच्चों ने सराहन भीमाकाली माता मंदिर, किन्नौर में नाको झील, काज़ा की मोनेस्टरी, चिचम ब्रिज (एशिया का उच्चस्थ सस्पेंशन ब्रिज), गियो गोम्पा, खाब संगम (स्पिति और सतलुज नदी संगम स्थल), भारत-तिब्बत सीमा सुरक्षा चौकियां ,ज्यूरी गर्म जलस्रोत आदि पर्यटन व धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया। हिमाचल प्रदेश के भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य को नजदीक से जाना व समझा तथा उनके ज्ञान में अपेक्षित वृद्धि हुई। विद्यालयीय सामूहिक भ्रमण में विद्यालय की प्रधानाचार्या इन्दु शर्मा सहित व्यावसायिक प्रशिक्षक महेन्द्र भारद्वाज टूरिज्म, नितिन शर्मा (ITES), दीनानाथ शर्मा, राम प्रताप, मनोहर ने हिस्सेदारी निभाई। प्रधानाचार्या के निर्देशन में सायरी विद्यालय हिमाचल प्रदेश का प्रथम विद्यालय बना जिसने बच्चों का ऐसे दुर्गम क्षेत्र में भ्रमण करवाने का गौरव हासिल किया। प्रधानाचार्या इंदु शर्मा ने कहा कि इस भ्रमण से बच्चों की जानकारी में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम जारी रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को कुछ नया देखने व सीखने को मिलता रहेगा।
एसआईएस कंपनी ने युवाओं के लिए सिक्योरिटी गार्ड के 150 पद अधिसूचित किए हैं। इच्छुक आवेदक अपने मूल शैक्षणिक और अन्य प्रमाणपत्रों के साथ पासपोर्ट साइज के दो फोटोग्राफ सहित उप रोजगार कार्यालय थुनाग में 15 जून को सुबह 10:30 बजे से नियोक्ता के समक्ष साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। रोजगार की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा मौका है। इस बारे जानकारी देते हुए मोहन सिंह, प्रभारी उप-रोजगार कार्यालय थुनाग ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के इन पदों के लिए इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि व स्थान पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। सिक्योरिटी गार्ड के इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं रखी गई है। आवेदक की न्यूनतम लम्बाई 168cm वजन 55 किलोग्राम एवं आयु 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित होने के उपरांत आवेदक को रोजाना 8 घंटे ड्यूटी के लिए प्रतिमाह 15 से 16 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा, जबकि 12 घण्टे के लिए प्रतिमाह 17 से 22 हज़ार रुपये वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक अपने मूल शैक्षणिक और अन्य प्रमाणपत्रों के साथ पासपोर्ट साइज के दो फोटोग्राफ सहित उप रोजगार कार्यालय थुनाग में 15 जून को सुबह 10:30 बजे से नियोक्ता के समक्ष साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। इच्छुक आवेदक ऑनलाइन माध्यम से https://eemis.hp.nic.in पर जाकर Candidate Login से भी आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार में भाग लेने पर किसी भी प्रकार का दैनिक और यात्रा भता नहीं दिया जाएगा।
नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा और पूर्व महापौर पूनम ग्रोवर को पार्षद पद से अयोग्य करार दे दिया है, जबकि पूर्व उप महापौर राजीव कौड़ा और पार्षद अभय शर्मा कार्रवाई से बच गए हैं। दोनों के खिलाफ कोई सबूत न मिलने पर उनकी सदस्यता बरकरार है। शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। दोनों पार्षदों को अब निष्कासित कर दिया गया है। यह कार्रवाई दोनों के खिलाफ चल रही जांच की रिपोर्ट आने के बाद की गई है। ऐसे में अब दोनों पार्षदों को अपना पद छोड़ना होगा। इन पर आरोप था कि दोनों ने व्हिप का उल्लंघन किया था। इन्होंने कांग्रेस पार्टी के निशान पर नगर निगम सोलन में पार्षद का चुनाव लड़ा था, लेकिन बीते दिसंबर में नगर निगम के महापौर और उप महापौर के चुनाव के दौरान पार्टी की ओर से इन्हें प्रत्याशी न बनाए जाने के बावजूद ऊषा ने भाजपा पार्षदों के साथ मिलकर अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी को हराकर महापौर पद हासिल किया था। पूर्व महापौर पूनम ग्रोवर ने ऊषा का नाम प्रस्तावित किया था। उसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष की शिकायत के बाद दोनों पर जांच बिठाई थी। उपायुक्त ने मामले की जांच की। रिपोर्ट आने से पहले ही आर्दश चुनाव आचार संहिता लग गई। अब आचार संहिता हटने के बाद मामले में निर्णय आया, जिसमें दोनों की सदस्यता को अयोग्य करार दिया है। 7 दिसंबर को सोलन में ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद नगर निगम में महापौर व उपमहापौर के चुनाव करवाए गए थे। कांग्रेस ने महापौर पद के लिए सरकार सिंह और उप महापौर पद के लिए पार्षद संगीता का नाम प्रस्तावित किया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही पूर्व महापौर पूनम ग्रोवर ने ऊषा का नाम महापौर पद के लिए प्रस्तावित किया था। ऊषा ने महापौर पद की सीट पर कब्जा कर लिया। हालांकि उप महापौर भाजपा की मीरा आनंद बनी थीं।
माँ शूलिनी मेला-2024 में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के लिए कलाकारों के ऑडिशन आज नगर निगम सोलन के सभागार में आरम्भ हो गए है। यह जानकारी मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने दी। आज प्रथम दिन 40 से अधिक कलाकारों ने स्वर परीक्षण में भाग लिया। ज़िला भाषा अधिकारी की देख-रेख में आयोजित ऑडिशन के लिए संगीत क्षेत्र से जुड़ी शख्सियतों को निर्णायक मण्डल में शामिल किया गया है। ऑडिशन 12 जून से 14 जून, 2024 तक आयोजित किए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड डे मिल की गुणवत्ता पर हमेशा से सवाल उठते है लेकिन अब बच्चों के अभिभावक भी स्कूल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच कर सकेगें| जी हां अब हिमाचल के सरकारी स्कूलों में बच्चों को दोपहर का भोजन उनके माता-पिता प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्री नर्सरी से आठवीं कक्षा तक बच्चों को मिलने वाले मिड डे मील को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब भोजन बच्चों को उनके माता-पिता या एसएमसी सदस्य से चखाने के बाद परोसा जाएगा। प्रदेश भर में प्री नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के 5.34 लाख बच्चों को दोपहर का भोजन दिया जा रहा है। पहले जैसा भी खाना बनाया जाता था, उसे सीधे बच्चों को बांट दिया जाता था। इसकी वजह से बच्चों को कई बार खराब खाना मिल जाता था। लेकिन अब इस नए निर्देश के बाद अभिभावक या फिर एमडीएम प्रभारी को पहले खाने की टेस्टिंग करनी होगी।हर दिन किसी न किसी बच्चे के अभिभावकों को स्कूल आकर खाना टेस्ट करना होगा। खाने का स्वाद, गुणवत्ता को लेकर भी उन्हें बताना होगा। इसके लिए उनके हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे
उत्तर भारत की सबसे कठितम धार्मिक यात्रा श्रीखंड महादेव यात्रा है जो जुलाई महीने में शुरू होने वाली है। अभी यात्रा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा नहीं हुई है| निरमंड प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि आधिकारिक तिथियों की घोषणा से पहले कोई भी व्यक्ति अथवा यात्री अनाधिकृत तरीके से यात्रा न करें। अगर कोई अनाधिकृत तरीके से उपरोक्त यात्रा में जाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभी उपरोक्त यात्रा मार्ग में काफी बर्फ है और रास्ते भी खराब हैं, जिसकी मरम्मत प्रशासन द्वारा अभी की जानी है। प्रशासन ने स्थानीय टैंट मालिकों तथा पर्यटक गाइड से भी अनुरोध किया है कि वे अनाधिकृत तरीके से श्रद्धालुओं को यात्रा में जाने के लिए प्रोत्साहित न करें। एसडीएम मनमोहन सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जुलाई माह में जब भी प्रशासन द्वारा यात्रा का संचालन किया जाएगा। केवल उसी समय श्रीखंड महादेव यात्रा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप-चुनावों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में चुनावी व्यय निगरानी समिति व अन्य दलों के गठन के संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह समितियां एवं निगरानी दल उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले व्यय की दैनिक आधार पर निगरानी करेंगे। आदेशों के अनुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए दो वीडियो सर्विलांस टीम, एक वीडियो व्यूइंग टीम, तीन उड़न दस्ते, तीन स्थैतिक निगरानी दल व एक लेखा टीम गठित की गई है। इसके अतिरिक्त एक ज़िला स्तरीय व्यय निगरानी समिति भी गठित की गई है जिसमें व्यय पर्यवेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अतिरिक्त उपायुक्त को सदस्य बनाया गया है। उप-चुनाव की प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के दृष्टिगत लाइसेंसधारकों के हथियार जमा करवाने के लिए जिला दण्डाधिकारी की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी गठित की गई है। पुलिस अधीक्षक सोलन एवं बद्दी पुलिस जिला इसके सदस्य होंगे। इसके अतिरिक्त उप-चुनावों के दृष्टिगत चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव को मानव संसाधन, ईवीएम प्रबंधन और व्यय निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बद्दी अशोक वर्मा को कानून-व्यवस्था, जिला सुरक्षा प्लान से संबंधित नोडल अधिकारी बनाया गया है। स्वीप एवं मतदाता साक्षरता क्लबों के लिए नोडल अधिकारी अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम सोलन डॉ. प्रियंका वर्मा, सामग्री प्रबंधन के लिए रजनीश कुमार, आदर्श आचार संहिता की अनुपालना, हेल्पलाइन व शिकायत निवारण, सी-विजिल, सुविधा व एनकोर इत्यादि एप तथा लॉजिस्टिक्स व मतदान दलों के कल्याण के लिए सहायक आयुक्त विवेक शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पर्यवेक्षक के लिए नोडल अधिकारी जिला पर्यटन अधिकारी पदमा छोदोन, परिवहन प्रबंधन के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बद्दी, स्वास्थ्य के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, मतपत्रों, डाक मतपत्रों व ईडीसी इत्यादि के लिए जिला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा, प्रशिक्षण प्रबंधन के लिए एसडीएम कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य तथा मीडिया संचार के लिए जिला लोक सम्पर्क अधिकारी हेमन्त कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
**मां शूलिनी मेला कमेटी की बैठक में सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के दिए निर्देश मां शूलिनी मेला कमेटी की बैठक आज यहां उपायुक्त एवं अध्यक्ष मेला आयोजन समिति मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 21 जून से 23 जून, 2024 तक आयोजित किए जा रहे इस मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत सोलन जिला में आदर्श आचार संहिता लागू होने व इसके तहत जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सोलन के लोगों सहित प्रदेशवासियों की आस्था मां शूलिनी से गहरे से जुड़ी हुई है और उनके नाम पर हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले इस मेले को भव्य एवं पारम्परिक ढंग से मनाने के लिए मेला आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्य अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि मेले को सफलतापूर्वक आयोजित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है और आयोजन समिति के सभी सदस्य अपनी भूमिका एवं कर्त्तव्यों का बखूबी निर्वहन करें। उपायुक्त ने कहा कि मेले के प्रथम दिवस प्रातःकाल में शूलिनी माता मंदिर और तत्पश्चात ठोडो ग्राऊंड सोलन मेला मंच में मां शूलिनी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने नगर निगम सोलन को ग्राऊंड की दशा सुधारने तथा साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। मां शूलिनी की शोभा यात्रा व झांकियों का आयोजन 21 जून को दोपहर लगभग 1.50 बजे मंदिर से प्रस्थान किया जाएगा तथा दोपहर लगभग 2.35 बजे डोली का पार्किंग स्थल पर आगमन होगा। यहां मुख्य अतिथि द्वारा डोली की अगवानी की जाएगी और शोभा यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने मां शूलिनी के दर्शनों के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ के दृष्टिगत श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन एवं बेहतर ढंग से दर्शनों की सुविधा के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक प्रबंध करने को कहा। उन्होंने एक स्थल पर झांकियों के न्यूनतम ठहराव और इन्हें गतिमान बनाए रखने व इनके सुचारू संचालन के लिए समुचित प्रबंध करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि मेले में भंडारों के आयोजन के दौरान साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल का उपयोग व अन्य व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा नियमित रूप से इनका निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। भंडारों के दौरान प्लास्टिक कटलरी व थर्मोकोल इत्यादि का उपयोग निषेध रहेगा। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने पर बल देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किए जाएं और ठोडो ग्राऊंड में ड्रोन कैमरा से सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेला अधिकारी सहित मेले के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियां अपनी बैठकें इत्यादि कर समय पर सभी प्रबंध पूर्ण कर लें। बैठक में प्रदर्शनी, खेलकूद, चित्रकला प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो, पेट शो व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों में वृद्धि, प्रकाशन एवं प्रचार समिति के माध्यम से स्मारिका के प्रकाशन, स्टेज व ग्राऊंड पर बैठने की व्यवस्था, स्टॉल, आवास, परिवहन, क्राफ्ट मेला व स्वागत समिति के दायित्वों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने मेला ग्राऊंड में साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शौचालय सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा सहायता का समुचित प्रबंध करने तथा एक एम्बुलेंस, डॉक्टर व पैरा चिकित्सा कर्मी की तैनाती करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को मेले के दौरान शहर के लिए यातायात व्यवस्था से संबंधित योजना समय पर तैयार करने तथा परिवहन विभाग को स्थानीय स्तर पर शटल बस सुविधा की संभावनाएं तलाशने को भी कहा। उन्होंने अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टेंडर सहित सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। नगर निगम को तहबाजारी के लिए केवल खुले स्थानों पर ही अनुमति प्रदान करने तथा ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए भी उपाय करने को कहा। मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने बैठक की कार्रवाई का संचालन किया। बैठक में सरकारी सदस्यों के अतिरिक्त कारदारों की ओर से भी बहुमूल्य सुझाव दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा, सोलन, कंडाघाट, कसौली से उपमण्डलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी व मेला आयोजन से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित थे।
विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत पट्टाबरावरी में निर्माणाधीन भव्य बांके बिहारी मंदिर में बांके बिहारी विश्व मंगलम सेवाधाम के प्रमुख संस्थापक व आचार्य हरीजी महाराज के कर कमलों द्वारा विधिवत मंत्रोचारण के साथ मंदिर की तीसरी मंजिल पर 25 फुट ऊंची हनुमान जी की मूर्ति स्थापित की गई। सेवाधाम के मीडिया प्रभारी डी डी कश्यप ने बताया कि निर्माणाधीन मंदिर के तीसरी मंजिल पर भव्य बांके बिहारी मंदिर के एक और भगवान शिव व एक और मां भगवती का मंदिर होगा। उसके बिल्कुल सामने आज हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना की गई। और जल्द ही अन्य मूर्तियों की स्थापना भी मंदिर में हो जाएगी व भव्य समारोह के साथ ही दर्शनों के लिए मंदिर लोगो के लिए खुल जाएगा। इस अवसर पर मनाली स्वीट्स के ओनर सुरेंद्र सेन, हनुमान जी के मूर्तिकार राम सेवक गुप्ता, आचार्य देवीचंद, आचार्य सुनील शर्मा ,पंडित पंकज शर्मा, मंदिर निर्माण के प्रमुख नामोल निवासी ठेकेदार सोहन लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
देशभर के सैलानियों का इंतजार खत्म हो गया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बहुचर्चित बस सेवा का आगाज हो गया है। 1,026 किलोमीटर लंबे लेह-दिल्ली रूट पर एचआरटीसी की बस आज सुबह लेह के लिए रवाना हुई। एसडीएम केलांग रजनीश शर्मा ने केलांग बस अड्डा से बस को लेह के लिए रवाना किया। उन्होंने बस में सफर करने वाले 23 यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर लेह की ओर रवाना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस बस से यात्री बर्फ से ढके चार दर्रों को पार कर अपने सफर को यादगार बना सकेंगे। लेह-दिल्ली बस का सफर यात्री 1,740 रुपये में पूरा होगा। 30 घंटे के रूट में यात्री दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से होते हुए हिमाचल और लेह-लद्दाख की वादियों का आनंद उठा सकेंगे। पहाड़ी और बर्फीली वादियों से होकर गुजरने वाली सड़क पर सैलानी और आम लोग खूब लुत्फ उठा सकेंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो की बस करीब 9 महीने बाद शुरू हुई है। इस साल से रूट में बदलाव किया है। अब दिल्ली से आने वाली यह बस रात में जिला मुख्यालय केलांग में नहीं रुकेगी। मात्र सुबह के समय 30 मिनट के लिए बस अड्डा में खड़ी होगी। एचआरटीसी केलांग डिपो का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे उमेश शर्मा ने कहा कि बस सुबह 5:00 बजे केलांग से सरचू होते हुए लेह रवाना होगी। यात्री 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नकिल्ला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16,616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे के नजारों से भी रुबरू होंगे। नई समयसारिणी के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12:15 बजे चलेगी। चंडीगढ़ से शाम को 6:10 बजे रवाना होगी और सुबह 5:00 बजे तक केलांग बस अड्डा पहुंचेगी और 5:30 पर लेह के लिए चलेगी।
दिनांक 10जून, 2024 को दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में कक्षा बारहवीं द्वारा कक्षा ग्यारहवीं के छात्रों का अभिनंदन किया गया। सर्वप्रथम 12वीं कक्षा के छात्रों ने तिलक लगाकर और टोकन ऑफ लव देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात प्रिंसिपल उषा मित्तल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा सकारात्मक सोच रखें और उन्नति की राह पर चलकर सफलता की ऊंचाइयों को छुए,उन्होंने सभी छात्रों से प्रण लिया कि जीवन में नशे व बुरी संगत से दूर रहें और अपने परिवार, समाज व देश का नाम रोशन करें। 11वीं के छात्र-छात्राओं साक्षी, रक्षित ने इस विद्यालय में अपने अनुभव को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया l हेडब्वॉय-अनमोल हेड गर्ल काव्य उज्जवल, तनीषा, अन्तर्ज्ञा, देवांशी द्वारा कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों का वेलकम किया गया l इस उपलक्ष पर प्रिंसिपल उषा मित्तल ने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहे तभी सफलता प्राप्त होगी। अपने आप पर भरोसा रखें और कभी हार ना माने क्योंकि ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मेहनत करते हैं। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु 2024 के दौरान सोलन जिला के जल अभाव वाले क्षेत्रों में विभिन्न स्वीकृत स्रोतों से टैंकर, मिनी ट्रकों के माध्यम से पेयजल के परिवहन एवं वितरण के लिए निविदाएं जमा करवाने की तिथि बढा दी गई है। उन्होंने बताया कि निविदाएं जमा करने की तिथि 11 जून से बढ़ाकर 13 जून, 2024 की गई है। अन्य शर्तें पूर्ववत ही रहेंगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज विधानसभा क्षेत्र नालागढ़ के उप-चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे सोलन ज़िला में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके दृष्टिगत ज़िला दण्डाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा सीआरपीसी की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों के अनुसार उप-चुनाव की प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण करवाने के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार चुनावों की घोषणा से लेकर परिणाम घोषित होने तक किसी भी प्रकार के शस्त्र/गोला-बारूद इत्यादि को लेकर चलने पर तत्काल रूप से पाबंदी रहेगी। ज़िला सोलन के साथ लगती हरियाणा एवं पंजाब की सीमा पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के भी आदेश जारी किए गए हैं ताकि उप-चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग एवं सुचारू रूप से सम्पन्न की जा सके। आदेशों के तहत सभी लोगों, नागरिकों, संगठनों, गैर सरकारी संगठनों को ज़िला सोलन की सीमा के भीतर आर्म्ज एक्ट, 1959 के तहत परिभाषित किसी भी प्रकार के हथियार और गोला-बारूद इत्यादि लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी। यह आदेश पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, सुरक्षा बलों, ड्यूटी पर तैनात सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी अथवा बैकों के तथा अन्य अधिकृत सुरक्षा कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे तथा निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक मान्य रहेंगे। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
** देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव **आज से तीन जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू **13 जुलाई को होगी मतगणना... लोकसभा चुनाव व विधानसभा की छह सीटों के उपचुनाव के नतीजे घोषित होते ही अब हिमाचल में तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश में निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के शेड्यूल के अनुसार 10 जुलाई को इन सीटों के लिए मतदान होगा। 13 जुलाई को मतगणना व नतीजे घोषित होंगे। 15 जुलाई से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उपचुनाव के लिए 14 जून को राजपत्र में अधिसूचना जारी होगी। 21 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथ तय की गई है।
हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। ऐसे में धूप खिलने से मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 16 जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 12 से 14 जून तक मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली हुई है।
**फिलफॉट फोरम की 36वीं प्रतियोगिता अभिनय-2024 सम्पन्न स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि अपनी संस्कृति की रक्षा करने वाला समाज हमेशा आगे बढ़ता है। डॉ. शांडिल गत देर सांय सोलन के कोठों में फिलफॉट फोरम द्वारा आयोजित 36वीं अखिल भारतीय नृत्य, नाटक और संगीत प्रतियोगिता ‘अभिनय 2024’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि फिलफॉट फोरम द्वारा संगीत, नृत्य व अभिनय के माध्यम से पूरे भारत को जोड़ने का एक बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। ऐसी प्रतियोगिताएं जहां उभरते हुए कलाकारों को मंच प्रदान करती है वहीं हमारी समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने में भी सहायक सिद्ध होती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हमारी संस्कृति के सवंर्द्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने के लिए वचनबद्ध है और यह प्रयास किया जा रहा है कि संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत किया जा सके। डॉ. शांडिल ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और फिलफॉट फोरम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिलफॉट फोरम वर्ष 1986 से कलाकारों को अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता देश के साथ-साथ हिमाचल के उभरते हुए कलाकारों को भविष्य का बेहतर कलाकार बनने की दिशा में उचित मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी युवा पीढ़ी को अपने देश की रंग-बिरंगी संस्कृति से रू-ब-रू करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से फिलफॉट फोरम को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। डॉ. शांडिल ने प्रतियोगिता के विभिन्न आयामों के विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन, फिलफॉट फोरम के अध्यक्ष विपुल गोयल, प्रधान विजय पुरी, वरिष्ठ उप प्रधान सुनीता शर्मा, निदेशक मनोज गुप्ता तथा मोहिनी सूद, महासचिव राजीव उप्पल सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कलाकार सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
माँ शूलिनी मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथियां निर्धारित कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव ने दी। अजय यादव ने कहा कि हिमाचल के लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथि 12 जून से 14 जून, 2024 तक निर्धारित की गई है। ऑडिशन नगर निगम सोलन के हॉल में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑडिशन के लिए कलाकारों को 11 जून, 2024 तक आवेदन करना होगा। आवेदन अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला भाषा अधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकता है। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। स्थानीय एवं विभिन्न ज़िलों के लोक कलाकार अथवा सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति के लिए आवेदन ई-मेल adm-sol-hp@nic-in तथा dlosolan39@gmail.com पर कर सकते हैं।
प्रदेश के सभी जिलों में 14 जून को होने जा रही आठवीं मॉकड्रिल को लेकर शिमला में आज राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक व विशेष सचिव डी.सी. राणा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि व सभी जिलों के उपायुक्त शामिल हुए। प्रदेश भर के सभी जिलों में 12 जून को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा टेबल टॉप अभ्यास किया जाएगा। टेबल टॉप अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में जमीनी स्तर पर की गई तैयारियों का मूल्याकंन करना है। 14 जून को बाढ़, भू-स्खलन, हिम-स्खलन और औद्योगिक आपदा से निपटने के लिए सभी जिलों में मॉकड्रिल की जाएगी, जिसमें विशेषकर स्कूलों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आपदा में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर अभ्यास किया जाएगा। डी.सी. राणा ने कहा कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य जीवन और संपत्ति के नुकसान को कम करना और आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, केन्द्रीय सशस्त्र बलों, पुलिस, होमगार्ड आदि में समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के दौरान शैक्षणिक संस्थानों में राहत कैंप न बनाए जाए जिससे कि शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि नदियों, झीलों और ग्लेशियर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समय से पहले ही मॉकड्रिल को लेकर की जा रही तैयारी की जानकारी दी जाए ताकि मौके पर अभ्यास के दौरान लोगों में भय का माहौल न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के लिए गैर सरकारी संगठनों के साथ भी समन्वय स्थापित कर कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में भी बेहद संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। ऐसे स्थानों में त्रासदी से पूर्व घटना के संबंध में जानकारी मिले इसके लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खतरनाक झीलों के किनारे रह रही आबादी के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने पर भी बल दिया जाए। आपात स्थिति में किसी भी त्रासदी की जानकारी मिलने पर मौके पर जमीनी स्तर पर अपनी कार्य योजना को भी लागू करने के लिए विकल्प रखें। उन्होंने कहा कि इस मॉकड्रिल में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जिला प्रशासन का त्रिस्तरीय समन्वय होगा। डी.सी. राणा ने बताया कि इस बार मॉकड्रिल में संचार सुविधा बाधित हो जाने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास भी किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का विशेष तौर पर नेतृत्व कर रहे सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुधीर बहल ने आपदा से निपटने के लिए विशेष योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल 08 तथा 09 जून, 2024 को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. शांडिल 08 जून, 2024 को 11.00 बजे परवाणु तक फोरलेन कार्य का दौरा करेंगे।स्वास्थ्य मंत्री तदोपरांत सायं 05.00 बजे कोठों स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित फिलफॉट फोरम सोलन के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री 09 जून, 2024 को शाम 04.30 बजे ठोडो मैदान में आयोजित खाटू श्याम के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव के अभ्यास के लिए सोलन ज़िला के पाँचों उपमण्डलों में 14 जून को मैगा मॉक अभ्यास का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने आज ऑरियनटेशन एण्ड कॉर्डिनेशन विषय पर आयोजित कार्यशाला में वर्चुअल माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया। कार्यशाला राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक व विशेष सचिव डी.सी. राणा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशानुसार 14 जून, 2024 को सोलन ज़िला के पाँचों उपमण्डलों में बाढ़ व भूस्खलन विषय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल में ज़िला के समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल होकर आपदा से बचाव के गुर सिखेंगे। उन्होंने कार्यशाला में 14 जून को आयोजित की जाने वाली मैगा मॉक अभ्यास के लिए उचित दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि मैगा मॉक ड्रिल में अस्थाई राहत शिविर अस्पताल तैयार किए जाएंगे तथा भूस्खलन व बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एक्शन प्लान के बारे में जागरूक किया जाएगा ताकि आपदा के समय नुकसान को न्यून से न्यून किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का विशेष तौर पर नेतृत्व कर रहे सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुधीर बहल ने आपदा से निपटने के लिए विशेष योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कर्नल संजय शांडिल, कमांडिंग ऑफिसर 1 एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन ने ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रैकिंग एक्सपीडिशन कैंप का आज शुभारंभ किया। उन्होंने अपने ओपनिंग ऐड्रेस के दौरान ट्रैकिंग कैंप की जानकारी दी। यह करते हुए मौजूद एनसीसी कैडेट्स को देवभूमि और वीर भूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के इतिहास और परंपराओं के बारे में बताया गया। उन्हें ट्रैकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। जंगलों में होने वाली समस्याएं और उनसे निपटने के बारे में विस्तार से बताया गया। कैडेट्स को हिमाचल की संस्कृति समझने एवं यहां की अति दुर्गम क्षेत्रों में ट्रैकिंग करने का अनुभव प्रदान करवाया जायेगा । इसी दौरान यहां आए हुए सभी कैडेट्स , एएनओ, जीसीआई,को-ट्रैकिंग कैप्स प्रदान की गई । कर्नल संजय शांडिल ने तैयारी का मुकम्मल जायजा लिया। उन्होंने मेस का पूर्ण रूप से स्वयं निरीक्षण किया एवं साफ- सफाई का ध्यान रखने का निर्देश जारी किया। बच्चों के लिए एमआई रूम की स्थापना की गई, जिसमें 24 घंटे डॉक्टर तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही महिला पुलिस को गर्ल कैडेट की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया। प्रथम दिवस कैडेट को दो टुकड़ियों में बांटा गया। एक टुकड़ी को शहीद स्मारक एवं दूसरी टुकड़ी को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम भेजा गया। आज ट्रैक के दूसरे दिवस कर्नल संजय शांडिल ने सुबह कैडेट्स को कुणाल पथरी के लिए रवाना किया। बच्चों ने वहां जाकर माता कुणाल पथरी इतिहास के बारे में वहां के पुजारी से जानकारी प्राप्त की तथा आते समय उन्होंने चाय के बागानों के सौंदर्य का लुत्फ उठाया।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून, 2024 को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 11 के.वी. दोची फीडर से संचालित कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने बताया कि 11 जून, 2024 को प्रातः 09.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक कनिष्का रिसोर्ट, दुनती, दुनो, मैपल रिसोर्ट, सोनाघाट एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
आज दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन के प्रांगण में छठी, सातवीं और आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उदय मित्तल मेमोरियल साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 4 टीम के 4 -4 विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्कूल की प्रिंसिपल ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चो का मानसिक विकास होता है। प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता में सभी बच्चो को बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना है। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन संतोष, शिल्पा और मती तमन्ना द्वारा किया गयाl इस प्रतियोगिता के चार राउंड थे जिसमें प्रतिभागियों का प्रदर्शन बहुत जोरदार रहा। उन्होंने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। प्रिंसिपल,ऊषा मित्तल ने प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किए जिसमें, अर्श,नितिन ,अभिनव और सत्यार्थ ने प्रथम व परीक्षा,अखिलेश,अंशिका और सोनाक्षी ने द्वितीय स्थान झटका। वही तृतीय स्थान पर आदित्य,तन्वी,अर्पिता और रूद्र रहे। वंश, सनाया,रिद्धिमा,सम्राट को कॉन्सोलेशन प्राइज मिलाl अंत में प्रिंसिपल, ऊषा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के द्वारा किया गया।
बीते कल पुलिस थाना सदर सोलन में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को अश्वनी खड्ड से चोटिल अवस्था मे ईलाज हेतु लाए है, जिस पर पुलिस थाना सदर सोलन की एक टीम क्षेत्रीय अस्पताल सोलन व मौका रीवा वाटर फॉल अश्विनी खड्ड की रवाना हुई । मामले की जांच के दौरान पाया गया कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली से 13 छात्रों का एक ग्रूप घुमने के लिये हैरिटेज पार्क अश्विनी खड्ड व रेवा वाटर फॉल आया था तथा जब यह सभी छात्र समय करीब 4/5 बजे शाम रेवा वाटर फॉल में नहाने के लिये कपड़े उतार रहे थे तो उस समय अचानक ऊपर पहाड़ी से एक पत्थर गिरकर नीचे खड़े छात्र अक्षत देव पुत्र श्री अलोक कुमार मीणा निवासी A-9 J.P Colony Tonk Phathak VTC Jaipur PO Gandhinagar जिला जयपुर राज्यस्थान उम्र 19 वर्ष के सिर पर लग गया जिससे सिर में चोट लगने के कारण अक्षत देव मौका पर ही अचेत होकर गिर गया। उसके सिर से भारी रक्त स्राव होने लगा। उसके बाद उसके साथी छात्र व वहां पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा अक्षत देव को ईलाज हेतू क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया जहां पर MO साहब अक्षत देव उपरोक्त को brought dead घोषित किया गया। मामले में अभी तक की जांच से यह प्रतीत हो रहा है कि मृतक अक्षत देव की मृत्यु पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण सिर में लगी चोट से अत्यधिक रक्त बहने के कारण हुई है, जो इस संदर्भ में कार्यवाही जेर धारा 174 द0प्र0सं0 अमल में लाई जा रही है ।
मानसून तैयारियों को लेकर आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। मनमोहन शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों को मानसून से पूर्व नालियों की सफाई करने व आवश्यक मुरम्म्त करवाने के निर्देश दिए ताकि मानसून में पानी की बेहतर निकासी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते नदियों के किनारे बस्तियों को खाली करवाने तथा नदी-नालों के समीप खतरे के संकेत पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने ज़िला के सभी उपमण्डलों में आपातकालीन स्थिति से त्वरित निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने सभी आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही की जा सके। मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के समय जल जनित रोगों, सांप के काटने, दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाईयों का भण्डारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन को आपात स्थिति से निपटने के उपायों के बारे में जागरूक करने के लिए सम्बन्धित विभागों को समय-समय पर शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों को सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनों व कर्मियों की समय से व पर्याप्त संख्या में तैनाती करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा मानसून के दौरान विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए सुझाव भी दिए गए तथा इस पर गहनता से विचार-विमर्श भी किया गया। उन्होंने कहा कि मानसून से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में आमजन टोल फ्री नम्बर 1077 पर सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, कसौली नारायण सिंह चौहान, अर्की यादविंदर पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा, सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग ने आज सोलन में 04 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. वेयरहाउस का लोकार्पण किया। इसका शिलान्यास मार्च, 2021 में किया गया था। मनीष गर्ग ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ई.वी.एम. वेयरहाउस स्थापित किए जा रहे हैं ताकि विशिष्ट मापदण्डों के साथ ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को एक साथ एक स्थान पर सुरक्षित भंडारण किया सके। इससे न केवल मशीनों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूरा करने में भी सुविधा प्रदान होगी। उन्होंने कहा कि पहले ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को राजकीय महाविद्यालयों या स्कूल परिसरों में रखा जाता था और इस स्थिति में इन मशीनों के लिए सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्था करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षण संस्थानों के कमरों का लम्बे समय तक उपयोग होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, उपमण्डलाधिकरी सोलन डॉ. पूनम बंसल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण रवि भट्टी, तहसीलदार निर्वाचन उषा चौहान, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के 2024 के चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोकसभा की लगातार तीसरी बार चार की चार सीटें भाजपा ने जीतकर इतिहास रचा है। पाल ने कहा यह जीत नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जीत है, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व की जीत है, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन के शिल्पकार संगठन मंत्री सिद्धार्थन के कुशल नेतृत्व की जीत है। पाल ने बताया भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश पदाधिकारी तक सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस चुनाव को जीत में बदला है। पाल ने कहा 2024 का लोकसभा का यह चुनाव प्रदेश कांग्रेस की सरकार के खिलाफ जनमत है और प्रदेश की जनता ने सीएम सुक्खू की सरकार व कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मजबूत जनमत दिया है। पाल ने बताया कि इन चुनावों में सुक्खू सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी का जमकर दुरूपयोग किया गया। कर्मचारियों, अधिकारियों, व्यापारियों को निरंतर धमकाया गया, डराया गया। मनी पावर का दुरूपयोग चुनाव को जीतने के लिए किया और सत्ता के दम पर दादागिरी की पर जनता ने उनको इनकी दादागिरी का जवाब दे दिया और भाजपा शिमला संसदीय सीट से सुरेश कश्यप 90548 मतों से विजयी हुए। पाल ने कहा कि यह उद्धृत करना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा सोलन जिला से शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को 52097 की बढ़त दिलवाने में कामयाब हुई । पाल ने जिला सोलन की समस्त जनता विशेषकर अर्की विधानसभा की जनता का कोटि-कोटि आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है और शिमला संसदीय क्षेत्र के अर्की से सबसे अत्यधिक 15484 मतों की बढ़त का सारा श्रेय पाल ने संगठन के सभी कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को दिया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व को पूरा आशीर्वाद दिया है, एनडीए को जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बननें जा रहें हैं यह अपने आप में ऐतिहासिक है। यह बड़ा रिकॉर्ड है, जिसको कोई चैलेंज नहीं कर सकता। पीएम मोदी को जन मत प्राप्त हुआ है, इसके लिए जनता का आभार एवं अभिनंदन।
हाल ही में घोषित नीट के परीक्षा परिणाम में विकास खंड कुनिहार के कजियारा (दानोघाट) की बेटी यशिका ठाकुर ने अपना लोहा मनवाते हुए नीट की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यशिका ने कुल 720 अंको में से 640 अंक लेकर यह परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए कदम बढ़ा दिया है। यशिका ने अपनी आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई बीएल स्कूल कुनिहार से व 12 वीं कक्षा तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार से पूरी करने के बाद एक साल एस्पायर इंस्टीट्यूट शिमला से नीट की कोचिंग ली। यशिका के दादा चेतराम, दादी लीला देवी, पिता रविंद्र सिंह ठाकुर, माता मीना ठाकुर, बहन गुंजन व भाई वंश ठाकुर सहित पूरा परिवार यशिका की इस उपलब्धि से बहुत खुश है और उन्हें लोगो की ढेरो बधाइयां मिल रही है। यशिका की माता मीना ठाकुर जो पेशे से राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में अध्यापिका के पद पर कार्यरत है ने बताया कि हमे अपनी बेटी पर नाज है जिसने अपनी कड़ी मेहनत से इस उपलब्धि को हासिल किया है। यशिका ने इस उपलब्धि के लिए अपनें माता-पिता को श्रेय देते हुए कहा कि मेरी मेहनत के साथ सबसे बड़ा योगदान मेरे परिवार का रहा, जिन्होंने मुझे इस काबिल बनाया व हर समय मुझे प्रेरित करते रहे। यशिका ने कहा कि बचपन से ही मेरा सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने का है जो अब माता-पिता के आशीर्वाद से जरूर पूरा होगा।
माँ शूलिनी मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथियां निर्धारित कर दी गई है। यह जानकारी बीते कल मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव ने दी।अजय यादव ने कहा कि हिमाचल के लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथि 12 जून से 14 जून, 2024 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि ऑडिशन के लिए कलाकारों को 11 जून, 2024 तक आवेदन करना होगा। आवेदन अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला भाषा अधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकता है। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। स्थानीय एवं विभिन्न ज़िलों के लोक कलाकार अथवा सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति के लिए आवेदन ई-मेल adm-sol-hp@nic.in तथा dlosolan39@gmail.com पर कर सकते हैं।
नगर निगम सोलन, विधि महाविद्यालय चम्बाघाट तथा शिवालिक बाईमेटल के संयुक्त तत्वाधान में आज एच.पी.एम.सी. सोलन के आस-पास व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा तथा ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव आकांक्षा डोगरा ने की।उन्होंने कहा कि यह दिवस उत्सव हमें पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन में व्यक्तियों, उद्यमों और समुदायों द्वारा जागरूकता एवं उत्तरदायी आचरण के लिए आधार को और व्यापक बनाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति एक अनमोल कृति हैं, इसके बिना जीवन की कल्पना करना सम्भव नहीं है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। इस अवसर पर नगर निगम सोलन, विधि महाविद्यालय चम्बाघाट तथा शिवालिक बाईमेटल के कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया और सभी को पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के पर्यावरण इंजीनियर अनिल राओ उपस्थित थे।


















































