राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में पर्यावरण दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। आज पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रात:कालीन सभा में कार्यकारी प्रधानाचार्य भूपेंद्र कौशिक एवं NSS प्रभारी लीला शंकर ने बच्चों को पर्यावरण के संरक्षण हेतु जागरूक किया तथा उन्हें पेड़ लगाने तथा उनके रखरखाव के बारे में प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के NSS एवं अन्य छात्रों द्वारा पोस्टरों व बैनर पर लिखे स्लोगन व नारों के माध्यम से एक रैली निकालकर लोगो को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापकों ने भाग लिया।
**बच्चों को किया गया पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित आज यूरोकिड्स प्ले स्कूल में"विश्व पर्यावरण-दिवस"का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण विश्व में मनाया जाने वाला "पर्यावरण - दिवस " के उपलक्ष्य में यूरोकिड्स में आज यह आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत स्कूल में एक गोष्ठीको आयोजन हुआ, जिसमें स्कूल की प्रिंसिपल सीमा बहल ने जानकारी दी कि किस तरह हरे पौधे व वृक्ष हमारे जीवन के लिए उपयोगी है व पृथ्वी के पर्यावरण को सुरक्षित रखते है। बच्चों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया व बच्चों से पौधा रोपण भी करवाया गया, पौधा रोपण कार्यक्रम स्कूल के डायरेक्टर शोभित बहल की देखरेख में हुआ, इस आयोजन के तहत आज स्कूल में "ग्रीन-डे" भी मनाया गया। सभी बच्चो को ग्रीन कलर की जानकारी दी व सभी ग्रीन रंग की पोशाकों में लिए। इस कार्यक्रम में परिणिती, नायरा, आर्यतीर, गौरांश, अदिति, साक्षी, अर्शिया युवान, अरिहान आदि सभी बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
आज विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर एसवीएन स्कूल कुनिहार व वडोर घाटी के बच्चों ने कुनिहार की जनता को रैली के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इस जागरूकता रैली में बच्चों ने पूरे कुनिहार बाजार में पोस्टरों, स्लोगनो व नारों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति लोगो को जागरूक करते हुए पेड़ बचाने व लगाने की अपील की। विद्यालय में बच्चों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई व अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय चेयर मैन टी सी गर्ग व निर्देशक लूपिन गर्ग ने अपील करते हुए कहा कि आज वायु प्रदूषण एक विकराल रूप लेता जा रहा है, जिसका मुख्य कारण अंधाधुंध पेड़ कटान व जंगलों में हर वर्ष लगने वाली आग है। हमे जंगलों को बचाना होगा व संकल्प लेना होगा कि हर व्यक्ति अधिक से अधिक पेड़ लगाए व उनकी सुरक्षा करे। इस मौके पर दोनो स्कूलों के छात्र व छात्राएं तथा सभी अध्यापक मौजूद रहे।
सोलन: साई संजीवनी अस्पताल के डॉ संजय अग्रवाल और डॉ सविता अग्रवाल के घर में अब एक और डॉक्टर बनने के लिए तैयार है। घर में ये चौथे शख्स होंगे जो आने वाले दिनों में डॉक्टर बन लोगों की सेवाएं करेंगे। इससे पहले सत्यम के पिता डॉक्टर संजय अग्रवाल जाने माने सर्जन है। वहीं माता सविता अग्रवाल भी सरकारी अस्पताल में बतौर चिकत्सक सेवाएं प्रदान कर रही है। उनके बड़े भाई आयुष इस समय जनरल सर्जरी में एमएस कर रहे है। अब ये परिवार में चौथे डॉक्टर बनने वाले है। संजीवनी अस्पताल के संस्थापक डॉक्टर संजय अग्रवाल के सपुत्र सत्यम ने जिला सोलन में पहला जबकि हिमाचल में 720 में से 700 नंबर लेकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर इस उपलब्धि को अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनकी दादी ने भी खुशी जताई और सत्यम ने कहा ये सत्य साई बाबा और उनके परिवार की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
**अरविंद पनगढ़िया की अध्यक्षता में 16वें वित्त आयोग ने किया पहली बैठक का आयोजन **हिमाचल प्रदेश से होगी राज्यों के दौरे की शुरुआत भारत सरकार का 16वां वित्त आयोग इस बार हिमाचल प्रदेश से देश के सभी राज्यों के दौरे की शुरुआत कर रहा है और 24 और 25 जून, 2024 को हिमाचल के दौरे पर रहेगा। वित्त आयोग की टीम इन दो दिनों में शिमला में राज्य सरकार के साथ बैठक करेगी और प्रदेश का दौरा भी करेगी। इससे पहले जून के पहले सप्ताह में ही राज्य सरकार को अपना मेमोरेंडम तैयार कर वित्त आयोग के पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इस दौरे की तैयारी के लिए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना में दो दिन पहले ही अपने अफसरों की टीम के साथ बैठक की है। केंद्र सरकार ने नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढिय़ा की अध्यक्षता में 16वें वित्त आयोग का गठन किया है। इसमें चार अन्य सदस्य नियुक्त किए गए हैं, जिनमें से तीन फुल टाइम मेंबर हैं। 16वें वित्त आयोग को 31 अक्तूबर, 2025 तक अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को देनी हैं, जो पहली अप्रैल, 2026 से सभी राज्यों पर लागू होंगी। हिमाचल के लिए 16वें वित्त आयोग का यह दौरा काफी अहम रहने वाला है। हिमाचल को केंद्र से राजस्व घाटा अनुदान यानी रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट मिलती है, जो 15वें वित्त आयोग ने 37,199 करोड़ दी थी। हालांकि यह अनुदान हर साल कम हो रहा है, इसीलिए 16वें वित्त आयोग के पीरियड में इस अनुदान को बचाए रखना हिमाचल के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार के समय 15वें वित्त आयोग ने पांच साल की अवधि के लिए हिमाचल को 81977 करोड़ रेकमंड किए थे। इनमें 37199 करोड़ रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट, 3049 करोड़ स्थानीय निकायों के लिए और 2258 करोड़ डिजास्टर मैनेजमेंट के लिए थे। वित्त आयोग की सिफारिश में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 2222 करोड़ भी दिए थे। इसी वित्त आयोग ने मंडी में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए 1000 करोड़ की सिफारिश भी की थी, जिसे भारत सरकार ने बाद में लागू नहीं किया। वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार ही केंद्र राज्यों के बीच आर्थिक संसाधनों का बंटवारा करता है।
हिमाचल के लोगों को जल्द भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे पहाड़ों पर अगले 5 दिन बारिश के आसार है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कल से अगले चार दिन तक कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिक ऊंचे व मध्यम उंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में आज भी बारिश हो सकती है। मगर मैदानी जिले ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिला के निचले इलाकों में आज भी हीटवेव चल सकती है। इन जिलों में आज हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट दिया गया है। मैदानी इलाकों के लोग बीते 20 दिन से गर्मी से बेहाल है। हमीरपुर के नेरी का तापमान सर्वाधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। ऊना का तापमान 43.6 डिग्री, बिलासपुर का 40.4 डिग्री, हमीरपुर 39.8 डिग्री, चंबा 38.8 डिग्री, धौलाकुंआ 39.8 डिग्री, बरठी 38.7 डिग्री, नाहन 37.7 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों का पारा नॉर्मल से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा चल रहा है। नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 4.9 डिग्री का उछाल ऊना के तापमान में आया है। शिमला का पारा नॉर्मल से 2.3 डिग्री, सुंदनरगर 4.2 डिग्री, ऊना 4.9 डिग्री, नाहन 3.8 डिग्री, सोलन 1.9 डिग्री, बिलासपुर 3.1 डिग्री और हमीरपुर में सामान्य से 3.5 डिग्री तापमान अधिक चल रहा है। परन्तुं जल्द प्रेदशवासियों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। पहाड़ों पर अगले 5 दिन बारिश के आसार है।
हिमाचल प्रदेश के जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रोजाना प्रदेश के हर कोने से आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में जंगलों में आग लगने की 29 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 177.11 हेक्टेयर जंगल राख हुए हैं। इस फायर सीजन में जंगल में आग लगने के मामले 1302 हो गए हैं, जिनमें 12,431 हेक्टेयर में वन संपदा राख हुई है। आग से जंगलों में अभी तक करीब 3 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। शनिवार शाम से रविवार शाम तक हमीरपुर सर्किल में जंगलों में आग लगने की 13 घटनाएं, ग्रेट हिमालय नेशनल पार्क में एक, मंडी में छह, नाहन में सात, शिमला एक और सोलन में एक मामला दर्ज हुआ है। हमीरपुर में 111 हेक्टेयर, मंडी 46. 5, नाहन में 103.51 हेक्टेयर, शिमला में पांच और सोलन में 13.5 हेक्टेयर भूमि पर वन संपदा राख हुई है। आग की घटनाओं से लोग भी परेशान हैं। जंगल की आग घरों तक पहुंच रही है, जिससे कई बार दहशत का माहौल भी बन जाता है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार की घटनाओं ने बीते चार सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 681, वर्ष 2022-23 में 860 और 2021-22 में 33 घटनाएं जंगलों में आग लगने की दर्ज हुई थी। शनिवार को मंडी जिले में जंगलों की आग नियंत्रित हो गई थी, मगर रविवार को कांगणीधार, सुकेत के जैदेवी, सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में एक के बाद एक जंगलों में आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं। इससे कई हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा राख हो गई है। वहीं वन मंडल चंबा के दायरे में आने वाले आधा दर्जन जंगल शनिवार की पूरी रात आग से दहकते रहे। वन विभाग के कर्मचारी जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए मौके पर डटे रहे, लेकिन तेज हवाओं से आग और फैलती गई। इसके चलते कर्मचारी काफी परेशान भी हुए। आग बुझने तक ये कर्मचारी अपने-अपने जंगलों में आग को बुझाने में डटे रहे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 के अंतर्गत 04-शिमला संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आज सोलन ज़िला में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। ज़िला में प्रातः से ही मतदान केन्द्रों पर वोट डालने के लिए लम्बी कतारें नज़र आई। ज़िला में सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,23,121 मतदाताओं में से 3,01,936 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें 1,46,778 महिला, 1,55,154 पुरूष व 04 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल है। ज़िला में अंतिम जानकारी मिलने तक कुल मतदान लगभग 71.36 प्रतिशत रहा। प्रातः 09.00 बजे तक ज़िला में लगभग 16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 15.64 प्रतिशत, 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 15.12 प्रतिशत, 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 16.55 प्रतिशत, 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 17.02 प्रतिशत तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 17.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्रातः 11.00 बजे तक ज़िला में कुल 33.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 33 प्रतिशत, 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 31.90 प्रतिशत, 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 33.81 प्रतिशत, 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 32.69 प्रतिशत तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 36.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 01.00 बजे तक ज़िला में कुल 50.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 48.74 प्रतिशत, 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 48.16 प्रतिशत, 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 51.70 प्रतिशत, 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 49.45 प्रतिशत तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 54.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सायं 03.00 बजे तक ज़िला में कुल 58.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 55.58 प्रतिशत, 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 57.92 प्रतिशत, 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 61.10 प्रतिशत, 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 58.15 प्रतिशत तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 63.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सायं 05.00 बजे तक ज़िला में कुल 67.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 64.23 प्रतिशत, 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 67.45 प्रतिशत, 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 69.81 प्रतिशत, 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 65.91 प्रतिशत तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 72.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्त होने तक ज़िला में कुल 71.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 68.11 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें 33092 पुरूष, 33136 महिला तथा एक तृतीय लिंगी मतदाता ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 66229 मतदाताओं ने वोट डाले। 51-नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 71.73 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें 34374 पुरूष, 32899 महिला व 02 तृतीय लिंगी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 67275 मतदाताओं ने वोट डाले। 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 73.92 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें 29001 पुरूष, 26065 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 55066 मतदाताओं ने वोट डाले। 53-सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 68.59 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें 31058 पुरूष, 29190 महिला व तृतीय लिंगी 01 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 60249 मतदाताओं ने वोट डाले तथा 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 76.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया हुआ जिसमें 27629 पुरूष, 25489 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। क्षेत्र में कुल 53118 मतदाताओं ने वोट डालकर अपने मत का प्रयोग किया।
**कल से प्रदेश में बारिश के आसार, चिलचिलाती गर्मी से मिलेगी राहत **अगले 4 दिन बारिश के आसार, कुछ जगहों पर आंधी-तूफान की संभावना हिमाचल प्रदेश में आज रात से पश्विमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे अगले चार दिन तक पहाड़ों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग द्वारा 4 से 6 जून को ज्यादा बारिश के आसार हैं। प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने तीन दिन तक कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया है। वहीं आज अधिक ऊंचे क्षेत्रों को छोड़कर अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहेगा। इससे कुछ स्थानों पर हीट वेव भी चल रही है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिला के निचले इलाकों में हीटवेव का येलो अलर्ट दिया गया है। कल से प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। हमीरपुर में तापमान 45 डिग्री पार प्रदेश में बीते 18 दिनों के दौरान 16 दिन हीट वेव महसूस की गई है। अगले कल से किसी भी जिला में हीट वेव का अलर्ट नहीं है। प्रदेशवासियों के लिए यह राहत की बात है। अभी प्रदेश के छह शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा हैं। प्रदेश के ज्यादातर शहरों का पारा नॉर्मल से 6 डिग्री तक अधिक चल रहा है। नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 6.2 डिग्री का उछाल मंडी के तापमान में आया है। इसी तरह शिमला का पारा नॉर्मल से 4.3 डिग्री, सुंदनर 5.4 डिग्री, ऊना 5.5 डिग्री, नाहन 4.5 डिग्री, सोलन 5.1 डिग्री, बिलासपुर 4.8 डिग्री और हमीरपुर में सामान्य से 5.7 डिग्री तापमान अधिक चल रहा है। परन्तुं कल से इस चिलचिलाती गर्मी से हिमाचल के लोगों को राहत मिलने वाली हैं।
लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन ने अपने कार्यालय परिसर से एल.ई.डी. मतदाता जागरूकता वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस वाहन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश के विशेष मतदाता जागरूकता संदेश को ऑडियो और वीडियो के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से एक जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी मतदाताओं की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह वाहन सोलन उपायुक्त कार्यालय, नौणी विश्वविद्यालय, एल.आर. इंस्टीट्यूट, शूलिनी विश्वविद्यालय, जे.पी. विश्वविद्यालय, बाहरा विश्वविद्यालय इत्यादि में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक कर रहा है। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी डॉ. पूनम बंसल, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान भी उपस्थित थीं।
कण्डाघाट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर में आज सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक (उच्चतर शिक्षा) डॉ. जगदीश चंद नेगी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों, अध्यापक-अभिभावक संघ के सदस्यों तथा उपस्थित स्टाफ को प्रथम जून, 2024 को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतंत्र को मज़बूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. कमल ने इस अवसर पर मतदान केंद्र पर मिलने वाली सुविधाएं जैसे व्हील चेयर, कतार रहित मतदान, रैम्प इत्यादि के बारे में सभी को जागरूक किया। कार्यक्रम के उपरांत समस्त स्वीप टीम द्वारा उपस्थित अभिभावकों को निऊंदा आमंत्रण पत्र देकर प्रथम जून, 2024 को मतदान के लिए आमंत्रित किया गया तथा हस्ताक्षर चार्ट पर हस्ताक्षर करवाकर भी मतदान के लिए शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों द्वारा मतदान जागरूकता पर आधारित एक लघु नाटिका का मंचन किया गया और समूह गान, कविता तथा समूह नृत्य से भी सभी को मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर, स्टाफ सदस्य, अध्यापक-अभिभावक संघ के सदस्य तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी कसौली नारायण सिंह चौहान ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत ऐसे मतदान केन्द्र जहां पर वृद्धाश्रम, कुष्ठ रोग अस्पताल आते हैं, वहां पर सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किया जाना है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोगियों को मतदान की सुविधा के लिए सोलन ज़िला के 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 27(ए)-ढिल्लों सहायक मतदान केन्द्र लोहान्जी स्थित क्षेत्रीय कुष्ठ रोग अस्पताल में स्थापित करने के प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग ने स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इस बारे में चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी सम्बन्धितों को सूचित कर दिया गया है।
कुनिहार: शालाघाट के अर्जुन खेल मैदान कोटली में कल बुधवार 29 मई को लखदाता दंगल कमेटी शालाघाट द्वारा विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। कमेटी अध्यक्ष डी डी शर्मा व सचिव राजेंद्र रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल दंगल के मुख्यातिथि प्रेम वर्मा सेवा निवृत प्रमुख निजी सचिव मुख्य न्यायाधीश हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय शिमला होंगे। उन्होंने बताया कि दंगल दोपहर ठीक 12बजे आरंभ कर दिया जाएगा, जिसमे प्रदेश सहित अन्य राज्यों से नामी पहलवान भाग लेंगे। कमेटी ने सभी क्षेत्र वासियों से इस भव्य आयोजन में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।
**ग्राम वासियों ने पूजा-अर्चना कर की सुख-समृद्धि की कामना **मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि को शॉल-टोपी देकर किया सम्मानित कुनिहार क्षेत्र का प्रसिद्ध कुश्ती मेला नमोल मंगला माता मंदिर परिसर में धूमधाम से आयोजित हुआ । सुबह ग्राम वासियों ने माता के मन्दिर में दलिए का प्रशाद बनाकर माता के मन्दिर सहित गांव के अन्य मंदिरों में भोग लगाकर पूजा अर्चना कर सुखसमृद्धि की कामना की। मुख्य अतिथि विकास समिति अर्की के सरंक्षक राजेंद्र सिंह ठाकुर ने रिबन काटकर कुश्ती मेले का शुभारम्भ किया। मेला कमेटी के सदस्यों ने अखाड़ा पूजन कर दंगल आरम्भ करवाया। मेला कमेटी द्वारा मुख्य अतिथि को शॉल टोपी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने मेला कमेटी को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां आपसी भाईचारा बढ़ता है तो वहीं हमारी प्राचीन संस्कृति को भी बल मिलता है। उन्होंने अपनी और से मेला कमेटी को 5100 रूपये दिए। दंगल में स्थानीय व बाहरी राज्यों से नामी पहलवानों ने भाग लिया। कुश्ती रात्रि साढ़े 8 बजे तक दूधिया रोशनी में चलती रही काफी संख्या में दर्शक देर रात्रि तक कुश्ती का आनंद लेते रहे। इस मौके पर कुश्ती मेला कमेटी प्रधान इंदरसिंह, सचिव रंजीत ठाकुर, सहित सैंकड़ो महिला व पुरुष मौजूद रहे। कुश्ती रात्रि साढ़े 8 बजे तक दूधिया रोशनी में चलती रही काफी संख्या में दर्शक देर रात्रि तक कुश्ती का आनंद लेते रहे। छोटी माली का मुकाबला वीर सिंह सोलन व मनु पहलवान मरयोग के मध्य हुआ, जिसमें दोनों पहलवानों ने खूब पसीना बहाया इस मुकाबले को वीर सिंह सोलन ने जीतकर छोटी माली अपनें नाम की। कुश्ती का फाइनल मुकाबला लक्खा पहलवान पटियाला व सोनू पहलवान करनाल के बीच हुआ जिसमें दोनो पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, लेकिन सोनू पहलवान ने बेहतरीन कुश्ती का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीता। मन्दिर परिसर में मेले के दौरान एक से एक खाने पीने व अन्य सामानों की दुकाने सजी हुई थी, क्षेत्र वासियों ने मेले में खूब खरीददारी कर खाने पीने के स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनन्द उठाया। वहीं बच्चो ने मेले में झूलों का खूब आनंद उठाया। इस मौके पर कुश्ती मेला कमेटी प्रधान इंदरसिंह, सचिव रंजीत ठाकुर, बहादुर सिंह, कामेश्वर तनवर, अशोक कुमार, कृष्ण लाल, वीरेंद्र तनवर, अजय तनवर, राजेश कुमार, विवेक, कर्मचन्द, प्रीतम जौनी, सतप्रकाश, मुकेश, पीयूष, ज्ञान चन्द, यशपाल, महेंद्र , दलीप सिंह, सोहन लाल, मोहन लाल, राम प्रकाश, रैफरी सुरेश कुमार सहित सैंकड़ो महिला व पुरुष मौजूद रहे।
**शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मज़बूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें: उपायुक्त सोलन में आज सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत ‘बाईसिकल इवेंट फॉर वोटर अवेयरनेस’ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली को ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस जागरूकता रैली का उद्देश्य पहली जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान में मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करवाना है। सोलन में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से चम्बाघाट होते हुए सब्जी मण्डी तक इस जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में देश को मज़बूत बनाने के लिए सभी को मतदान अवश्य करना चाहिए। मतदान हम सभी का अधिकार ही नहीं अपितु कर्तव्य भी है। उन्होंने आह्वान किया कि सोलन ज़िला के सभी मतदाता शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मज़बूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। जागरूकता रैली में लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने की। उन्होंने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने सभी लोगों से प्रथम जून, 2024 को मतदान अवश्य करने की अपील भी की। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी (ना.) सोलन डॉ. पूनम बंसल, स्वीप नोडल अधिकारी एवं नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रियंका चन्द्रा, उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी, नोडल अधिकारी स्वीप हेमेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी व स्थानीय साइकलिस्ट उपस्थित थे।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत आज अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने पुराना उपायुक्त कार्यालय सोलन से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। जागरूकता रैली का आयोजन पुराना उपायुक्त कार्यालय सोलन से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से होकर वापिस पुराना उपायुक्त कार्यालय सोलन तक किया गया। अजय कुमार यादव ने कहा कि जागरूकता रैली के माध्यम से बच्चों ने मतदाताओं को एक जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों द्वारा मतदान से सम्बन्धित नारों के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र को मज़बूत बनाने के लिए मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मतदान करना हम सभी का अधिकार ही नहीं अपितु कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि कई बार देखने में आया है कि विशेषतौर पर शहरी क्षेत्रों में कुछे लोग मतदान के प्रति उदासीन बने रहते है। ऐसे मतदाताओं को जागरूक एवं मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित करने हेतु ज़िला में निर्वाचन विभाग के सहयोग से बड़े स्तर पर स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही है। उन्होंने आह्वान किया कि सोलन ज़िला के सभी मतदाता शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। जागरूकता रैली में राजकीय (छात्र) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय (छात्रा) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, एस.डी. स्कूल, सेंट ल्यूक्स स्कूल, एम.आर.ए.डी.ए.वी, गीता आदर्श स्कूल के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्वीप की नोडल अधिकारी एवं नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रियंका चन्द्रा, उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश चंद नेगी, स्वीप के नोडल अधिकारी डॉ. डी.एन. कमल, हेमेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापकगण उपस्थित थे।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अर्की की सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) टीम ने आज राजकीय उच्च विद्यालय बागा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल तथा बैरल में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया। नोडल अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा ने महिला मंडल, नवयुग मंडल और पंचायत प्रतिनिधियों से लोकतंत्र की मज़बूती के लिए मतदान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अपने माता-पिता एवं परिचितों को मतदान के लिए जागरूक करने की अपील की। स्वीप अधिकारी डॉ. हेम राज सूर्या और प्रो. योगेश कुमार ने भी सभी से चुनाव में अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर मतदान जागरूकता पर गीत-संगीत और नुक्कड़-नाटक के माध्यम से क्षेत्र के लोगों से लोकसभा चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर बागा स्कूल की मुख्य अध्यापिका शारदा देवी, महिला मंडल, नवयुग मंडल और पंचायत प्रतिनिधि सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) की टीम ने आज बी.एल. पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामती सोलन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक, उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी ने की। डॉ. जगदीश नेगी ने सभी से शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया और कहा कि मतदान दिवस को एक पर्व के रूप में मनाना चाहिए और सभी को इस पर्व में भागीदार बनाने के लिए निर्वाचन विभाग पूर्ण रूप से प्रयासरत है। उन्होंने छात्रों से अपने घर के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान करवाकर इसमें भागीदार बनने का आग्रह भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रथम जून, 2024 को मतदान करने के लिए घर के प्रत्येक मतदाता सदस्य को मतदान केंद्र तक ले जाने बारे वादा लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मतदान जागरूकता पर आधारित भाषण, कविता और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित जनों को मतदान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कर्ण प्रीत कौर, संस्थान के निदेशक, अध्यापक-अभिभावक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्टाफ सदस्य व लगभग 150 विद्यार्थी उपस्थित थे।
चुनावी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में मतदान कर्मियों की अहम भूमिका :मनमोहन शर्मा ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करने के लिए सभी मतदान कर्मियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। मनमोहन शर्मा आज सोलन ज़िला के डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के एल.एस. नेगी सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान कर्मियों की दूसरे चरण की रिहर्सल की अध्यक्षता कर रहे थे। मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर मतदान कर्मियों से कहा कि यह प्रशिक्षण मतदान प्रक्रिया को सुलभ व सुचारू रूप से संचालित करवाने के उद्देश्य से करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार कार्य की अनुपालना करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शिता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उपण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बसंल ने इस अवसर पर मतदान कर्मियों को मतदान से पूर्व होने वाले मॉक पोल तथा ई.वी.एम. व वी.वी.पैट. के संचालन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से सम्बन्धित महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य ने कहा कि सभी मतदान कर्मी मतदान की सम्पूर्ण प्रक्रिया को समझकर मतदान के कार्य को बिना किसी रूकावट के सम्पन्न करवाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर तहसीलदार सोलन मुल्तान सिंह बनियाल, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान सहित मतदान कर्मी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में जंगलों की आग ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक पिछले साल की तुलना में 38 घटनाएं ज्यादा दर्ज हो चुकी हैं। प्रदेश में इस साल 1 अप्रैल से अब तक जंगल में आग लगने की कुल 712 घटनाएं वन विभाग ने दर्ज की हैं। जबकि वित्त वर्ष 2023-24 में 674 घटनाएं हुई थीं, जिससे 10,784 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था। इस वित्तीय वर्ष में हुई 712 घटनाओं में 7,027 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र प्रभावित हो चुका है। प्रदेश में आग की घटनाओं में कई दिनों बाद गिरावट दर्ज की गई है। बीते बुधवार शाम से वीरवार शाम तक जंगलों में आग की केवल 15 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 195 हेक्टेयर भूमि पर वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। जंगलों में आग की घटनाएं कम होने का कारण कई जगहों पर हुई बारिश है। वन विभाग ने भी इससे राहत की सांस ली है। करीब एक सप्ताह तक प्रदेश के जंगलों में हर रोज 50 से अधिक स्थानों पर आग लग रही थी। वन विभाग ने बुधवार शाम से वीरवार शाम तक बिलासपुर में एक, चंबा में दो, हमीरपुर में आठ, मंडी में दो, रामपुर में एक और डब्ल्यूएल नॉर्थ में आग लगने की एक घटना दर्ज की है।
दिनांक 22/23-05-2024 की रात पुलिस थाना सदर सोलन की एक टीम गश्त व अपराधों की रोकथाम हेतू सोलन शहर, चम्बाघाट तथा बसाल की तरफ रवाना थी। इसी दौरान टीम द्वारा चंबाघाट के समीप एक ऑटो रिक्शा जो चंबाघाट से बसाल की तरफ जा रहा था, को चेक किया तो ऑटों रिक्शा की डिक्की के अन्दर से 10 पेटीयां (120 बोतले) शराब देसी मार्का पैराडाईज संन्तरा व एक पेटी (12 बोतलें) किंग फिशर बियर कुल 11 पेटियाँ बरामद हुई। ऑटो चालक, जिसका नाम व पता होशियार सिंह पुत्र श्री बृज लाल निवासी गांव सेर कलीन सन्नी साईड सोलन डा०खा० सपरून तह० व जिला सोलन का है,शराब के सन्दर्भ में कोई भी वैध लाईसेंस व परमिट पुलिस के पास पेश नहीं करने पर पुलिस थाना सदर सोलन में दिनांक 23-05-2024 को अभियोग अधीन धारा 39(1)(A) HP Excise Act के अन्तर्गत पंजीकृत किया गया। मामले की जांच के दौरान उक्त ऑटो रिक्शा को जब्त किया गया है। इस आरोपी के पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। अभियोग का अन्वेषण जारी है।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रविवार 26 मई को विकासखंड कुनिहार की ग्राम पंचायत कोठी के गांव नमोल के मंगला माता मंदिर परिसर में कुश्ती मेला बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मेला कमेटी प्रधान इंद्रसिंह व सचिव रणजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि समस्त ग्राम व क्षेत्रवासियों के सहयोग से 26 मई को होने वाले इस कुश्ती मेले की तैयारियां जोरो पर है और सभी ग्रामवासी इसमें अपना-अपना सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने बताया की 26मई सुबह दलीय का प्रसाद बनाकर मां मंगला व गांव के अन्य मंदिरों में भोग लगाकर सबको वितरित किया जाएगा। शाम चार बजे अखाड़ा पूजन के साथ कुश्ती का शुभारंभ होगा। जिसमें स्थानीय व बाहरी राज्यों के नामी पहलवान भाग लेकर अपने कुश्ती के दांवपेंच दिखाएंगे। कमेटी ने सभी दुकानदार भाइयों से अपील की है कि मेले में दुकान लगाने के लिए समय से पहुंचकर अपना स्थान चिन्हित कर लें। मेला कमेटी व समस्त नमोल ग्रामवासियों ने क्षेत्र वासियों से इस कुश्ती मेले में बढ़चढ़ कर भाग लेने की भी अपील की।
**निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करने में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से करें निर्वहन लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत शिमला-04 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक जंग बहादुर यादव की अध्यक्षता में आज यहां उपायुक्त कार्यालय सभागार में माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए द्वितीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करने में माइक्रो ऑब्जर्वर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, यह लोकतंत्र में बड़ी जिम्मेवारी है और इसे बेहतर ढंग से निभाने में सभी को अपने-अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान दल का अंग नहीं हैं और उन्हें मतदान प्रक्रिया का केवल पर्यवेक्षण करना है। सभी माइक्रो ऑब्जर्वर सामान्य पर्यवेक्षक के प्रति उत्तरदायी होते हैं और उन्हीं के निर्देशन में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर अपनी भूमिका को लेकर सजग रहें और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें, साथ ही समय रहते अपनी शंकाओं इत्यादि का निवारण भी कर लें। उन्होंने कहा कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान दिवस पर मॉक पोल से लेकर मतदान के उपरांत ई.वी.एम. की सीलिंग तक पूरी प्रक्रिया का गहनता से पर्यवेक्षण करें। मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होने के उपरांत निर्धारित प्रपत्र पर सभी बिंदुओं के अनुरूप अपनी रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा की ओर से बताया गया कि ज़िला में मतदान प्रक्रिया सुचारू ढंग से सम्पन्न करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए है। ज़िला के सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 592 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं जिनमें से 314 मतदान केन्द्रों को वेबकास्टिंग के लिए चयनित किया गया है। ज़िला में 42 क्रिटिकल मतदान केन्द्र तथा 06 वल्नरेबल मतदान केन्द्र हैं। ज़िला में 61 मतदान केन्द्रों पर 56 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। इनमें से कुछेक मतदान केन्द्र एक ही परिसर में स्थित हैं।नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर ने माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण से सम्बन्धित एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला सोलन पैंशनर्ज एवम वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की शहरी इकाई सोलन का विशेष अधिवेशन 23 मई,2024 को रबोण के सनातन धर्म मंदिर के सभागार में आयोजित होगा। समारोह मे मेहर सिंह कंवर सेवानिवृत मुख्य अभियंता जलशक्ति विभाग हिमाचल प्रदेश मुख्यातिथि के रूप में भाग लेंगे। जबकि पैंशनर्ज कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पैंशनर्ज एवम वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष एवं राज्य कार्यकारणी पैंशनर्ज कल्याण संघ के मुख्य सलाहकार केडी शमी करेंगे। यह जानकारी सोलन सिटी यूनिट के प्रधान मनोहर सिंह कंवर व महासचिव बीएल गाजटा ने दी है। उन्होंने संयुक्त रूप से जिला पैंशनर्ज एवम वरिष्ठ नागरिक कल्याण के तमाम कार्यकारणी सदस्यों तथा जिला की सभी यूनिटों के पदाधिकारियों तथा कार्यकारिणी सदस्यों से आग्रह किया है कि 23 मई,2024 को सनातन धर्म मंदिर रबोण में आयोजित होने जा रहे सोलन सिटी यूनिट के विशेष अधिवेशन में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। अधिवेशन 23 मई,2024 की सुबह ग्यारह बजे आरंभ होगा। इस विशेष अधिवेशन में पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिक की लंबित मांगों, मुद्दों और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा होगी। यह जानकारी संगठन के जिला मीडिया प्रभारी एवम अध्यक्ष पैंशनर्ज एवम वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की पट्टाबरावरी-हरिपुर इकाई डीडी कश्यप ने प्रेस को जारी बयान में दी है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 28 एवं 29 मई अर्थात (15 एवं 16 जेष्ठ ) मास की तिथि को मंदिर समिति, मेला समिति ,ग्राम पंचायत चंडी एवं जिला प्रशासन के संयुक्ततत्ववधान एवं मार्गदर्शन में जिला स्तरीय दो दिवसीय माँ चंडी मेले का आयोजन बहुत ही उमंग एवं भव्यता के साथ आयोजित होगा l इस जिला स्तरीय मेले में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कुश्ती, दंगल एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा l जिसमें प्रदेश के साथ-साथ देश की जाने-माने प्रसिद्ध कलाकार, पहलवान एवं खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे l इस दो दिवसीय जिला स्तरीय माँ चंडी मेले के सफल आयोजन एवं सुचारु प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन एवं मेला समिति चंडी ने अभी से पूरी तैयारी कर ली है l इस मेले एवं मंदिर के पीछे ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं धार्मिक आस्था जुड़ी है l माँ चंडी का मंदिर हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन तहसील कसौली क्षेत्र एवं प्राचीन पट्टा रियासत में अपनी ऐतिहासिक एवं धार्मिक विशेषता को संजोये हुए गांव चंडी में स्थित है l यदि पट्टा रियासत के नाम की भनक कान में पड़े तो माँ चंडी देवी का नक्शा हमारे मानस पटल पर उभर जाता है l चारों ओर से पर्वतीय शैल मालाओं की हरित घाटियों से एवं उत्तंग शिखरो से घिरा हुआ चंडी गांव अपने आप में रमणीय रूप से धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है l पौराणिक मिथको एवं मान्यताओं के आधार पर माँ चंडी इस गांव में पिंडी रूप में प्रकट हुई थी l कहते हैं कि एक स्थानीय किसान के हल के अगले नुकीले भाग में खून लगा देखकर वह अचंभित हो गया कि मेरे हल के नुकीले हिस्से से क्या जीव मर गया होगा l जब उस किसान ने इस घटनाक्रम को ध्यानपूर्वक देखा तो उसने पाया यह खून एक पत्थर नुमा पिंडी की ऊपर से बह रहा है l उसने यह वृत्तांत घर एवं गांव के लोगों को विस्तार पूर्वक सुनाया l इस घटना के उपरांत माँ काली अर्थात चंडी ने स्वप्न में उस किसान को दृष्टांत दिया कि वह उसे पिंडी रूप में इसी गांव में किसी पवित्र स्थान पर स्थापित करें और उसकी सभी ग्रामवासी नियमित्त पूजा करें जिससे गांव में सुख समृद्धि और खुशहाली की वृद्धि होगी l किसान के इस दिव्यता से ओत प्रोत स्वप्न के बाद गांव के लोगों ने उस पत्थर नुमा पिंडी को विधिपूर्वक चौकी बनाकर के उसे एक निश्चित पवित्र स्थान पर प्रतिष्ठित एवं स्थापित किया l माँ चंडी देवी मंदिर की स्थापना पट्टा महलोग रियासत के मैनेजर मियां भवानी सिंह ने धार्मिक आस्था के चलते की थी l यह पवित्र स्थल राज्य उच्च मार्ग नंबर 9 बरोटी वाला, सुबाथु, श्यामला घाट, बनलगी से बाई ओर 6 किलोमीटर दूरी पर समुद्र तट से 3800 फीट ऊंचाई पर स्थित है l यह स्थान सोलन से 45 किलोमीटर, सुबाथू से 14 किलोमीटर, कुनिहार से 18 किलोमीटर ,शिमला से 65 किलोमीटर ,नालागढ़ से 45 किलोमीटर एवं चंडीगढ़ से 70 किलोमीटर दूरी पर स्थित है l इस धार्मिक स्थल से कसौली एवं शिमला के बर्फ से ढकी हुई पर्वत श्रृंखलाओं का नजारा देखते ही बनता है l चंडी मेले की अपनी एक विशेष महतता है l इसे चंडी की जात्रा के नाम से भी जाना जाता है l यहां आसपास गांव के सैकड़ो स्थानीय लोग अपनी नई फसल एवं मनौतियों को लेकर के माँ के चरणों में माथा टेकने मंदिर में इस विशेष अवसर पर आवश्य आते हैं l यह मेला पिछले 100 वर्षों से लगता आ रहा है l यह मेला हर वर्ष 15, 16 जेष्ठ मास की तिथि अर्थात 28, 29 मई को माँ चंडी देवी मंदिर के परिसर के आसपास बड़े उमंग एवं धार्मिकभक्ति भाव के साथ हर वर्ष आयोजित होता है l माँ चंडी देवी का मंदिर प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को संजोएं हुए हैं परंतु वह दिन दूर नहीं जब यह धार्मिक स्थल आस्था एवं मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य छटा से अपनी तरफ सभी का ध्यान आकृष्ट करेगा l
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव की अध्यक्षता में आज यहां मैनुअल स्क्वैंजर्स अधिनियम, 2013 के अंतर्गत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधित-2015) के तहत बैठकें आयोजित की गईं। अजय कुमार यादव ने कहा कि ज़िला में हाथ से मैला उठाने वालों (मैनुअल स्क्वैंजर्स) का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और सोलन ज़िला में कोई भी अस्वच्छ शौचालय व मैनुअल स्क्वैंजर्स नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि मैनुअल स्क्वैंजर्स पर गठित समिति के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि अभी भी कोई व्यक्ति हाथ से मैला ढोने वाले की पहचान कर उसकी जानकारी 28 मई, 2024 तक दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला के सभी तहसील कल्याण अधिकारियों द्वारा अस्थाई बस्तियों में शौचालय की सुविधाओं बारे निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे, जिसे पूर्ण कर लिया गया है।अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देशवासियों को बराबरी के अधिकार प्रदान करता है। जन-जन का सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से ही हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013 पारित किया गया है।इसके उपरांत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ज़िला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।इस अवसर पर नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रियंका चन्द्रा, पुलिस उपाधीक्षक अनिल धौल्टा व बद्दी खज़ाना राम, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिन्द्र प्रकाश राणा, प्रबंधक लीड बैंक (यूको बैंक) तमन्ना मोदगिल सहित समितियों के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज यहां सुव्यवस्थित मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत स्वीप आइकन के वीडियो संदेश जारी किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा चुनावों में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्वीप के अंतर्गत ज़िला से सम्बन्धित सुविख्यात व्यक्तियों को आइकन के रूप में जोड़ा गया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी ज्योति ठाकुर, मास्टर शेफ की फाइनलिस्ट निधि शर्मा, इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी की अध्यक्ष संजना गोयल, ट्रांसजैंडर पूनम महंत तथा एम.टी.वी. हसल 3.0 के रैप्पर मयंक रावत शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी वीडियो संदेश के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में अपना सहयोग दे रहे हैं। उपायुक्त ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे एक जून, 2024 को मतदान अवश्य करें और लोकतंत्र को मज़बूत करने में अपना सहयोग दें। स्वीप आइकन के वीडियो संदेश ज़िला प्रशासन के अधिकारिक फेसबुक पेज व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किए जाएंगे। मास्टर शेफ की फाइनलिस्ट निधि शर्मा, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी ज्योति ठाकुर, इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी की अध्यक्ष संजना गोयल तथा ट्रांसजैंडर पूनम महंत ने अपने संदेश में लोगों से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के साथ ही हम सभी का कर्तव्य है कि लोकतंत्र की मज़बूती के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने सभी मतदाताओं का आह्वान किया है कि चुनाव के इस पर्व को देश का गर्व बनाने में सहयोगी बनें।
गणपति एजुकेशन सोसायटी द्वारा सीनियर सकेंडरी स्कूल दिगल में बाल मेले का आयोजन किया गया। सोसायटी पिछले 7 महीनों से नंदिनी प्रोजेक्ट के अंतर्गत कार्य कर रही है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोशन लाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य किशोरियों तथा महिलाओं को माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के विषय में जानकारी प्रदान करना तथा जागरूक करना है। सोसायटी नालागढ़ ब्लॉक की 12 पंचायत में काम कर रही है, जिसमें 6000 किशोरियों तथा महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है । दिगल में जो बाल मेले का आयोजन किया गया इसमें लगभग 350 लोगों ने भाग लिया जिसमें मुख्ता दिगल स्कूल के सभी बच्चे दिगल आईटीआई की किशोरियों तथा एसएमसी मेंबर ,आशा वर्कर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संदीप गुलेरिया इंचार्ज वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड व वीरेंद्र शर्मा स्टेट मैनेजर वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड तथा आईटीआई प्रिंसिपल ने शिरकत की। बाल मेले का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ इसके उपरांत दिगल स्कूल तथा आईटीआई इंस्टीट्यूट की बच्चियों ने माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिसमें कविता ,भाषण ,नाटक तथा अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया मुख्य अतिथि संदीप गुलेरिया व वीरेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम तथा नंदिनी टीम की भूरि भूरि प्रशंसा की। इसी बीच पोस्टर मेकिंग कंपटीशन का रिजल्ट भी घोषित किया गया तथा विजेताओं तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी बच्चियों को मेडल बांटे गए ।वाइस प्रिंसिपल ने इस तरह के कार्यक्रम के लिए समिति का धन्यवाद किया । कार्यक्रम के अंत में मौजूद सभी सदस्यों तथा विद्यार्थियों का को भोजन की व्यवस्था भी की गई । कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र कुमार ने स्कूल प्रशासन का धन्यवाद किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोगड़ा में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता उप निदेशक (उच्चतर शिक्षा) सोलन डॉ. जगदीश चंद नेगी ने की। डॉ. जगदीश चंद नेगी ने सभी से मतदान में शत-प्रतिशत सहभागिता का आह्वान किया। स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. कमल ने एक-एक वोट के महत्व के बारे में मतदाताओं को जागरूक किया। इस अवसर पर स्वीप नोडल अधिकारी राजेश ठाकुर व हेमेंद्र शर्मा ने मतदान केंद्र पर मिलने वाली सुविधाओं जैसे व्हील चेयर, कतार रहित मतदान, रैम्प इत्यादि के बारे अवगत करवाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोगड़ा की प्रधानाचार्य मधु जनार्था ने निर्वाचन विभाग की तरफ से आई टीम का स्वागत किया। इस कार्यक्रम के उपरांत स्वीप टीम द्वारा सलोगड़ा में घर-घर में निमंत्रण अभियान के तहत ‘निऊंदा’ देकर प्रथम जून, 2024 को मतदान के लिए आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा मतदान जागरूकता के पर एक लघु नाटिका का मंचन तथा समूह गान भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ सदस्य, अध्यापक-अभिभावक संघ के लगभग 100 सदस्य तथा स्थानीय पंचायत के पदाधिकारी व लगभग 300 विद्यार्थी उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत निर्वाचन विभाग अर्की की सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) टीम द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्य पब्लिक स्कूल, बी.एड कॉलेज और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याठ में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा और हेमराज सूर्य ने लक्ष्य पब्लिक स्कूल बी.एड कॉलेज और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याठ में छात्र-छात्राओं को लोकसभा चुनाव में मतदान के प्रति जागरूक किया और मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान की अपील की गई। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव-2024 में शत-प्रतिशत मतदान के लिए शहरों व ग्रामीण स्तर पर आम जनता को प्रेरित किया जा रहा है। प्रो. योगेश कुमार ने ‘वोट करो मतदान करो, मतदान करो सब लोग’ गीत के माध्यम से मतदान करने का संदेश दिया। इस अवसर पर लक्ष्य स्कूल के प्रधानाचार्य आकाश गुप्ता,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की प्रधानाचार्या रीता कश्यप, बीएलओ सुपरवाईजर जितेंद्र शर्मा, बीएलओ रोशनी देवी, निर्वाचक साक्षरता क्लब के प्रभारी प्रेम लाल ठाकुर, योगराज तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
रविवार को साई इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे मनाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोलन की मेयर ऊषा शर्मा और विशेष अतिथि वार्ड नंबर 3 की काउंसलर रजनी बाला रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्जवलन के साथ हुई और उसके बाद मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अन्य अतिथि डॉक्टर एस एन बावा ( साई बावा एजुकेशन सोसायटी के वाइस प्रेसिडेंट),श्रीमती कैलाश बाबा (साईं बावा एजुकेशन सोसायटी के सचिव), मिसेज मोनिका भारद्वाज, मिसेज श्वेता जैन, मिसेज रंजना डोगरा रहे। शिक्षार्थियों ने अपनी प्यारी माताओं के लिए सुंदर नृत्य प्रदर्शन किए, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया ,एक विशेष मॉडलिंग सेशन एथनिक और इंडो वेस्टर्न राउंड का आयोजन किया गया। सोलन की मेयर आदरणीय ऊषा शर्मा जी ने अपने भाषण में बताया कि महिलाओं का समाज में महत्वपूर्ण योगदान है। बच्चों को माएं अच्छे संस्कार दें। बच्चे अपने आस पास और अपने शहर को साफ सुथरा रखें ऐसी शिक्षा दें।सोलन के वार्ड नंबर ३ की काउंसलर मिसेज रजनी बाला ने कहा कि एक बच्चे के भविष्य का निर्माण करने में एक मां का विशेष महत्व होता है। स्कूल की शिक्षिकाओं द्वारा रैंपवॉक के लिए माताओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक मॉडलिंग प्रदर्शन दिया गया। माताओं के लिए हेल्दी स्नैक्स, सलाद डेकोरेशन आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हेल्थी स्नैक्स में प्रथम स्थान पर मिसेज दीपिका और मिसेज रंजू गुप्ता रहे। सलाद मेकिंग में प्रथम स्थान पर मिसेज अंकिता शर्मा रहे।मोस्ट स्टाइलिस्ट मॉम का खिताब मिसेज अंकिता शर्मा,को दिया गया। सिस बेस्ट क्वीन मिसेज वर्षा नेगी, सेकंड रनर अप मिसेज रीना ठाकुर, सिस बेस्ट मॉम मिसेज वर्षा ठाकुर , सेकंड रनर अप कंचन शर्मा चुने गए। इसके अलावा एक विशेष टैलेंट राउंड का भी आयोजन किया गया जिसमे माताओं ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए। जिसमे प्रथम स्थान पर मिसेज मनप्रीत कौर और मिसेज शालिनी रही। संभी को विशेष उपहारों और मोमेंटो से सम्मानित किया गया।
सोलन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत पोस्टल बैलट के माध्यम से सीनियर सिटीजन (85 वर्ष से अधिक) और पात्र दिव्यांग मतदाता का मत 21 मई से 23 मई, 2024 के दौरान उनके घर पर डलवाया जायेगा। इन सभी मतदाताओं से आग्रह किया गया है कि इस दौरान वह अपने घर पर रहें और मतदान करें। इस संदर्भ में आज सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) डॉ. पूनम बंसल की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी माइक्रो आब्जर्वर, सेक्टर अधिकारियों व पोलिंग अधिकारियों को डॉ पूनम सहायक रिटर्निंग अधिकारी 53- सोलन द्वारा हाउस टू हाउस वोटिंग के विषय में ट्रेनिंग दी गयी। पोलिंग अधिकारियों को बताया गया कि वे 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं से और दिव्यांग मतदाताओं से घर-घर जाकर वोट डलवाएंगे। ट्रेनिंग में यह भी बताया गया कि यदि पोलिंग टीम उपरोक्त श्रेणी में से किसी मतदाता के घर जाती है और वह मतदाता उस समय अपने घर पर नहीं पाया जाता है तो उस मतदाता को वोट डालने का एक और मौका दिया जाएगा। यदि दूसरे दिन भी वह मतदाता अपने घर पर नहीं पाया गया तो उसके पश्चात वह मतदान नहीं कर पायेगा। इसके अतिरिक्त यह भी बताया गया कि जिन मतदाताओं ने फॉर्म 12 डी भरा है, वे पोलिंग बूथ पर जाकर वोट नहीं डाल सकते।
**देश की प्रसिद्ध फार्मा कंपनी जुवेंटस के कमर्शियल हेड ने छायादार वृक्ष लगाकर किया शुभारम्भ **गर्मी से बचने हेतु पौधा रोपण को एक अभियान की भाँती ले जनता: सुमित सिंगला बी बी एन : देश भर में बढ़ती गर्मी के प्रकोप को देखते हुए क्योरटेक ग्रुप द्वारा आज एक पौधरोपण समारोह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर देश की प्रसिद्ध फार्मा कंपनी जुवेंटस के मुंबई हेड ऑफिस से पहुंचे कमर्शियल हेड चेतन पुजारी ने एक छायादार वृक्ष लगा कर इस अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला ने भी पौधरोपण किया और उपस्थित कंपनी और स्थानीय लोगों को अपील की कि जिस प्रकार प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते देश में गर्मी का प्रकोप बढा है उससे राहत लेने के एक मात्र उपाए पौधा रोपण को एक अभियान के रूप में शुरू करना होगा। इस अवसर पर जुवेंटस कंपनी के चेतन पुजारी ने क्योरटेक ग्रुप और अमित सिंगला सोशल वेलफेयर सोसाइटी के समाज, पर्यावरण और जन जीवों के लिए किये जा रहे कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले ही आसपास के क्षेत्रों में ग्रुप द्वारा लाखों छायादार और फलदार वृक्ष लगाए जा चुके हैं। इस अवसर पर उनके साथ जुवेंटस कंपनी के श्रीभगवती भी उपस्थित थे। क्योरटेक परिवार के सदस्यों में दीपक शर्मा, मोहन सिंह, लकी राणा, अजय मण्डियाल, मान सिंह शैलेंदर, देसराज उपस्थित थे। यहाँ यह बात उल्लेखनीय है कि ग्रुप द्वारा न सिर्फ प्रत्येक वर्ष हज़ारों छायादार वृक्षों का रोपण किया जाता है अपितु उनको पानी देने की भी व्यवस्था की जाती है। ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला के नेतर्तव में अब तक 2 लाख से अधिक पौधा रोपण करवाए जा चुके हैं जिस कारन उन्हें विदेशों और देश भर की 1700 से अधिक सामाजिक संस्थाओं हिमाचल प्रदेश मुख्य मंत्रियो और राजयपाल द्वारा सम्मानित किया जा चूका है। गर्मी के मौसम में पक्षिओं के लिए पानी और दाना इत्यादि की व्यवस्था भी की जाती है।
शिमला-4 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए भारत निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक जंग बहादुर यादव की अध्यक्षता में आज यहां सोलन ज़िला में चुनावी तैयारियों पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जंग बहादुर यादव ने सभी से स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न करने के लिए निष्ठापूर्वक व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदान केन्द्रों में न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, मतदान कर्मियों के आवागमन एवं ठहरने इत्यादि की समुचित व्यवस्था, ई.वी.एम. के भण्डारण एवं सुरक्षा, क्रिटिकल मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करवाने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निपटारा करने को भी कहा। चुनावी व्यय पर नज़र बनाए रखने तथा मद्य एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध आबंटन इत्यादि पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। सामान्य पर्यवेक्षक ने ज़िला में अभी तक की गई तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मज़बूती के लिए निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन सम्पन्न करवाने में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत ज़िला में किए गए प्रबंधों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ज़िला में कुल 4,23,121 मतदाता हैं जिनमें से 2,16,387 पुरुष, 2,06,728 महिला व 06 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ज़िला के सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 592 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 314 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। ज़िला में 42 क्रिटिकल एवं 06 वल्नरेबल मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। ज़िला में 20 आदर्श मतदान केन्द्र, 10 महिला संचालित तथा पांच युवा संचालित व सात हरित मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित मतदाता श्रेणी में ज़िला में 85 वर्ष से अधिक आयु के 1421 मतदाताओं ने घर से डाक मत पत्र के माध्यम से मतदान का विकल्प चुना है। इसी प्रकार 554 पात्र दिव्यांग व आवश्यक सेवाओं में लगे 121 मतदाताओं ने भी डाक मत पत्र के माध्यम से मतदान का विकल्प चुना है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एकीकृत नियंत्रण कक्ष के माध्यम से चौबीसों घण्टे शिकायत निगरानी प्रणाली स्थापित की गई हैं। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है। चुनावी व्यय निगरानी प्रणाली के तहत ज़िला में 15 स्थैतिक निगरानी दल, 15 उड़न दस्ते, पांच लेखा दल, 10 वीडियो सर्विलांस टीम, पांच वीडियो व्यूइंग टीम व 05 सहायक व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ज़िला में 71 सैक्टर ऑफिसर व 20 सैक्टर मैजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने बताया कि मद्य व अन्य नशीले पदार्थों के लेन-देन पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। पुलिस ज़िला सोलन में अभी तक 1127 लीटर अवैध शराब सहित बड़ी मात्रा में चिट्टा, चरस व गांजा तथा नशीली दवाएं भी जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत 27, एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत 12 व गैम्बलिंग एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह पुलिस ज़िला बद्दी में भी 2350 लीटर से अधिक अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थ भी पकड़े गए हैं।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी (ना.) नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, सोलन डॉ. पूनम बंसल, कसौली नारायण सिंह चौहान, अर्की यादविंदर पाल, बीबीएनडीए की संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रिया नागटा, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के उपरांत सामान्य पर्यवेक्षक ने राजकीय डिग्री कॉलेज सोलन में स्थापित मतगणना केन्द्र का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) टीम द्वारा 1 जून, 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत आज शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा और डॉ. हेमराज सूर्य ने बताया कि निर्वाचन विभाग अर्की मतदाता जागरूकता के लिए सतत् प्रयास कर रहा हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की। स्कूल की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नारे और पोस्टर द्वारा अभिभावकों, दुकानदारों और अपने आस-पड़ोस के मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। स्वीप सहायक अधिकारी प्रो.योगेश कुमार ने जागरूकता गीत के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य बिमला वर्मा, निर्वाचक साक्षरता क्लब के प्रभारी कांशी राम, भारतेन्दु भार्गव, एस.एम.सी. प्रधान रोशन लाल वर्मा, बी.एल.ओ. शकील कुरैशी ,मतदान केंद्र की बी.एल.ओ. राम प्यारी, डी. एन. शर्मा (संगीत अध्यापक), विजय चंदेल, शशि बाला, शिवानी ठाकुर, अनिल शर्मा, ललित कुमार तथा स्कूल का समस्त स्टाफ भी उपस्थित थे।
शुक्रवार को प्रेस रूम सोलन में प्रेस क्लब सोलन की विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी दिनों में किए जाने वाले कार्यों को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष मनीष शारदा ने की इस दौरान सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी बात बैठक में रखी की किस तरह से आगामी दिनों में खेल गतिविधियों और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाया जा सकता है। इस दौरान यह भी निर्णय बैठक में लिया गया कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी प्रेस क्लब कार्य करेगा इसके लिए आआगामी दिनों में कैंपों का आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान खेल गतिविधियों में क्रिकेट, बैडमिंटन करवाने और सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाने के साथ-साथ मेडकिल कैम्पों को करवाने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई।
कुनिहार:कल शनिवार 18मई को घौड़ीया माता मंदिर (नजदीक सिविल अस्पताल) कुनिहार में मंदिर कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी विशाल मां भगवती दुर्गा जागरण करवाया जा रहा है। कमेटी सदस्य कौशल्या कंवर ने बताया कि गुरु कृपा कला मंच जागरण मण्डली द्वारा पूरी रात सुंदर व आकर्षक झांकियों के साथ महामाई का गुणगान किया जाएगा। कमेटी ने सभी क्षेत्र वासियों से जागरण में हाजरी भरने की अपील की है।
**केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने द गुड शेफर्ड स्कूल, धारजा सोलन में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल उपकरणों के उपयोग पर एक व्यापक कार्यशाला का किया आयोजन कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय प्रबंधन और योजना के संबंध में आवश्यक ज्ञान और कौशल से लैस करना है, जो आधुनिक शिक्षा का एक महत्वपूर्ण पहलू है। कार्यशाला का संचालन श्री अभय सूद, सीए सोलन द्वारा किया गया और इसमें बाल भारती पब्लिक स्कूल और चिन्मय विद्यालय के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला में बजट, बचत, निवेश और वित्तीय योजना और डिजिटल उपकरणों के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। अभय सूद ने शिक्षकों को महत्वपूर्ण ज्ञान से भी सुसज्जित किया और धोखाधड़ी और फ़िशिंग से सुरक्षा के बारे में अंतर्दृष्टि प्रदान की। कार्यशाला में सभी शिक्षकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और कार्यशाला में दी गई सभी जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना।
बद्दी: बीआरडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालूझंडा का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। स्कूल की छात्रा अंकिता ने 88.4%, अमनदीप ने 83.8%, ईशा ने 81.6%, दीक्षित ने 81.2% तथा राशी ने 80.8% अंक प्राप्त किए। स्कूल के मुख्य प्रबंधक एसडी शर्मा, मुख्य सचिव देवेंद्र दत्त शर्मा, प्रिंसिपल पूजा ठाकुर व स्टाफ ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रिंसिपल पूजा ठाकुर ने बताया कि बीआरडी स्कूल बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने व बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। जिस फील्ड में बच्चे का टेलेंट रहता है उसे उस फील्ड में भेजने के लिए स्कूल स्टाफ प्रयासरत रहता है। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि अपने बच्चों के टेलेंट को निखारने में उनकी मदद करें और बच्चों को सीखने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। मनमोहन शर्मा ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न करने में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैनात सामान्य पर्यवेक्षक (जनरल ऑब्जर्वर) के सहायक के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला में पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चिन्हित क्रिटिकल मतदान केन्द्रों में माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की जाती है। यह सभी सामान्य ऑब्जर्वर के दिशा-निर्देशन में कार्य करते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित प्रशिक्षुओं से आग्रह किया कि वे चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों को अच्छे से आत्मसात कर लें तथा पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करें। कार्यशाला में माइक्रो ऑब्जर्वर की भूमिका पर विस्तार से प्रस्तुति एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उनके द्वारा मतदान दिवस पर मॉक पोल, राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट, मतदान केन्द्रों में न्यूनतम आवश्यक सुविधा, प्रवेश प्रणाली, मतदान केन्द्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों की उपस्थिति, मतदाता के पहचान पत्रों की समुचित जांच व अंगुली पर स्याही का अंकन, मतदान कक्ष में पर्याप्त रोशनी एवं मत की गोपनियता सहित मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर नज़र रखी जाएगी। मतदान सम्पन्न होने के उपरांत वह निर्धारित प्रपत्र पर अपनी रिपोर्ट सामान्य पर्यवेक्षक को प्रेषित करेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने सभी माइक्रो ऑब्जर्वर से आग्रह किया कि वह अपने कर्तव्यों एवं भूमिका के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने आग्रह किया कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करें। कार्यशाला में तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर ने माइक्रो ऑब्जर्वर के कार्यों पर विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया। खुले सत्र में प्रशिक्षुओं की ओर से प्रस्तुत शंकाओं एवं सवालों का भी समाधान किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमेहर (अर्की) के दो विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति , जिसमें कक्षा सातवीं के सुमित कुमार पुत्र सतीश कुमार ने स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति परीक्षा में जिला सोलन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह छात्रवृत्ति हिमाचल के जो 100 विद्यार्थी मेरिट सूची में आते हैं उन्हें ही दी जाती है। इस छात्रवृत्ति में सुमित कुमार को छठी कक्षा में ₹4000 प्रति माह सातवीं कक्षा में ₹5000 प्रति माह तथा आठवीं कक्षा में ₹6000 प्रति माह सरकार द्वारा दिए जाएंगे । दूसरी 9वीं कक्षा की छात्रा शानवी भारद्वाज पुत्री संदीप कुमार ने वर्ष 2023 -24 के लिए आयोजित नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस छात्रवृत्ति योजना के तहत उत्तीर्ण छात्र को 1000 रू मासिक छात्रवृत्ति दी जाएगी जो 12वीं कक्षा तक जारी रहती है । यह जानकारी विद्यालय के डीपीई राजकुमार पाल ने दी । इस उपलब्धि के लिए सुमित कुमार व शानवी भारद्वाज के माता-पिता को विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, समस्त विद्यालय परिवार व विद्यालय प्रबंधन समिति ने बधाई व शुभकामनाएं दी है।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन विभाग की टीम द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक उच्चतर शिक्षा सोलन डॉ. जगदीश चंद नेगी ने की। उप निदेशक ने पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे एक जून, 2024 को प्रदेश में होने वाले निर्वाचन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र को मज़बूत बनाए। उन्होंने कहा कि मतदान करना अधिकार के साथ-साथ सभी पात्र मतदाताओं का कर्तव्य भी है। डॉ. जगदीश चंद नेगी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को लोगों के लिए सुगम बनाने के दृष्टिगत सूचना प्रौद्योगिकी आधारित विभिन्न ऐप भी जारी किए गए हैं। इनमें मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन, दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम ऐप, उम्मीदवारों के बारे में जानकारी से सम्बन्धित के.वाई.सी ऐप, आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना सम्बन्धित जानकारी प्रदान करने के लिए सी-विजिल ऐप व उम्मीदवारों के लिए सुविधा ऐप उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर मतदान जागरूकता पर कविता पाठन व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों की प्रधानाचार्या रितु शर्मा, स्टाफ सदस्य, अध्यापक-अभिभावक संघ के पदाधिकारी व सदस्य स्थानीय पंचायत के पदाधिकारी व सदस्य, बी.एड. प्रशिक्षु तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।
हिमाचल पथ परिवहन सेवा निवृत कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की हर महीने 15 तारीख को होने वाली मासिक बैठक इस महीने नही होगी। जानकारी देते हुए इकाई अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने बताया कि किन्ही विशेष कारणों से इस महीने 15मई को होने वाली इकाई की बैठक को स्थगित किया गया है। अब यह बैठक अगले महीने 15 जून को पेंशनर भवन तालाब कुनिहार में सुबह 11बजे रखी गई है, जिसमे सभी इकाई सदस्यो से अपील की गई है कि 15जून को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैठक में भाग लें ताकि पेंशनरों की समस्याओं के बारे चर्चा व विचार विमर्श कर अगली रणनीति बनाई जा सके।
अर्की विधानसभा क्षेत्र की सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) टीम ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट तथा प्राथमिक विद्यालय शेरपुर में मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया। स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. यशपाल शर्मा और डॉ. हेमराज सूर्य ने बताया कि निर्वाचन विभाग अर्की मतदाता जागरूकता के लिए सतत् प्रयास कर रहा हैं। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ मतदाता शांति देवी और नई मतदाता सपना कुमारी ने अर्की क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि शेरपुर मतदान केन्द्र में महिलाओं और नए मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक जागरूक अभियान में भाग लिया। साथ ही घनागुघाट विद्यालय की छात्र-छात्राओं से उनके अभिभावकों, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। स्कूल के निर्वाचक साक्षरता क्लब (ई.एल.सी.) के प्रभारी किशोर वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मज़बूती के लिए सभी लोगों की भागीदारी आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने भी सभी विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने माता-पिता तथा परिचितों को मतदान के लिए प्रेरित करें। इस मौके स्वीप अधिकारी प्रो. योगेश कुमार तथा बूथ स्तर अधिकारी अमर सिंह, शेरपुर मतदान केंद्र की बीएलओ गीता देवी, शेरपुर गांव की महिला मंडल के सदस्यगण तथा घनागुघाट स्कूल का समस्त स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे।
शूलिनी यूनिवर्सिटी, सोलन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ SCIMAGO इंस्टीट्यूशंस रैंकिंग 2024 में असाधारण प्रदर्शन दर्ज किया है। विश्वविद्यालय ने रसायन विज्ञान, भौतिकी और खगोल विज्ञान में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जिससे इन क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पकड़ फिर से स्थापित हो गई है। यह उत्कृष्ट उपलब्धि ज्ञान और नवाचार की सीमाओं को आगे बढ़ाने के प्रति संकाय और छात्रों के अथक समर्पण को दर्शाती है। नवीनतम रैंकिंग में 1492 स्थान की प्रभावशाली समग्र रैंक के साथ विश्वविद्यालय की वैश्विक स्थिति में उल्लेखनीय प्रगति दर्शाती है, जो 2023 में 1561 अंक से महत्वपूर्ण वृद्धि दर्शाती है। एशियाई क्षेत्र में, शूलिनी 540वें स्थान से, 496 वें स्थान पर पहुंच गया है, जिसने एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान के रूप में अपना कद मजबूत कर लिया है। इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने ब्रिक्स क्षेत्र में काफी प्रगति की है और 384वें स्थान से, 332वें स्थान पर पहुंच गया है, जिससे वैश्विक मंच पर इसका प्रभाव और बढ़ गया है। विशेष रूप से, भारत में शूलिनी विश्वविद्यालय ने समग्र वैश्विक रैंकिंग में 29वीं रैंक हासिल की है। वैश्विक अनुसंधान की श्रेणी में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रगति दिखाते हुए 739 वन स्थान की वैश्विक अनुसंधान रैंक हासिल की है, जो पिछले वर्ष के 890 से काफी सुधार है। भारत में यह विश्वविद्यालय अनुसंधान उत्कृष्टता में सातवें स्थान पर अपनी स्थिति बनाए रखते हुए अग्रणी बना हुआ है। इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग, पर्यावरण विज्ञान और ऊर्जा सहित अन्य क्षेत्रों में अनुकरणीय प्रदर्शन के साथ विभिन्न विषय क्षेत्रों में कौशल का प्रदर्शन किया है। इनोवेशन की श्रेणी में, शूलिनी ने वैश्विक स्तर पर 2920वां स्थान हासिल करके और एशियाई, ब्रिक्स और भारतीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय स्थान हासिल करके वैश्विक पहचान हासिल की है। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने स्किमागो रैंकिंग में शूलिनी के प्रदर्शन के लिए सभी संकाय और कर्मचारियों को बधाई दी। हालाँकि, उन्होंने कहा, "हमें भारत में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अभी भी कड़ी मेहनत करनी होगी"। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर विशाल आनंद ने शोधकर्ताओं की सराहना की और कहा कि अनुसंधान का महत्व नवाचार और प्रगति को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह शोध शूलिनी विश्वविद्यालय के मिशन के केंद्र में है। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति समर्पण के लिए संकाय और छात्रों की सराहना की। प्रोफेसर खोसला ने आगे कहा कि हमारे संकाय की विशेषज्ञता और हमारे छात्रों की कड़ी मेहनत इन उत्कृष्ट विषय-वार रैंकिंग हासिल करने में सहायक रही है। उन्होंने कहा, "हम सीखने और अनुसंधान के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" शूलिनी विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास डीन सौरभ कुलश्रेष्ठ ने कहा कि विश्वविद्यालय ने पिछले वर्ष की तुलना में अधिकांश मापदंडों में रैंकिंग में सुधार किया है और इस उल्लेखनीय सफलता के लिए पूरे शूलिनी परिवार को बधाई ।
• उपायुक्त ने कंडाघाट के बगेटू गांव में शतायु मतदाता को सम्मानित कर शुरू किया घर-घर आमंत्रण एवं हस्ताक्षर अभियान सोलन जिला में इस बार मतदाताओं को “निऊंदा” देकर “लोकतंत्रो रा पर्व, लोकसभा रा चुनाव” में भाग लेने और वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और मत प्रतिशतता में बढ़ोतरी करने के दृष्टिगत जिला प्रशासन की ओर से यह पहल की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कंडाघाट तहसील में बाशा क्षेत्र के बगेटू गांव में शतायु मतदाता श्री दलिया को यह आमंत्रण पत्र प्रदान कर इस अनूठे अभियान की शुरूआत की। सुव्यव्स्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत घर-घर आमंत्रण तथा बड़े स्तर पर यह हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। विशेष बात यह कि स्थानीय भाषा में यह आमंत्रण पत्र “निऊंदा” तैयार किया गया है। इसमें “वोट पाणे री तारीख 1 जून, 2024 शनिवार, ज्येष्ठ 11 प्रविष्टे” का उल्लेख कर स्थानीय जनमानस से जुड़ाव का प्रयास किया गया है। “म्हारा निऊंदा करो तुस्से स्वीकार पईली जूना खे पाओ वोट पाणे रा अधिकार” की अपील के साथ लोगों से अधिक से अधिक मतदान का आग्रह किया गया है। मतदान कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित करने के दृष्टिगत इसमें “वोट पाईकी तुस्सा आपणा फर्ज जरूर निभाणा” का प्रेरक संदेश भी है। आज उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बगेटू गांव पहुंचकर 105 वर्ष से अधिक आयु के श्री दलिया राम को सम्मानित कर इस विशेष अभियान की शुरूआत की। श्री दलिया ने बताया कि अभी तक के सभी चुनावों में उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर हमेशा वोट डाला है। इस बार भी वे वोट डालने के लिए उत्सुक हैं और मतदान केंद्र 53/35 बाशा में जाकर ही वोट डालने की इच्छा है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में 17 सदस्य हैं और सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व 1 जून, 2024 को होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग का प्रयास है कि इस प्रक्रिया में सभी वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति, नौजवान, महिला, पुरूष सभी वोट अवश्य दें। उन्होंने कहा कि 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए घर से वोट डालने का भी विकल्प दिया गया है। श्री दलिया राम के जज्बे की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि शतायु पूर्ण करने के उपरांत भी मतदान केंद्र में वोट डालने जाने का उनका संकल्प हम सभी को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि सभी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनें और विशेषतौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवा इसे उत्सव की तरह लें तथा मतदान अवश्य करें। इसके उपरांत उन्होंने वॉल ऑफ डेमोक्रसी पर अपने हस्ताक्षर अंकित कर व ग्रामीणों में आमंत्रण पत्र बांट कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। उपमंडलाधिकारी (ना.) सोलन डॉ. पूनम बंसल ने बताया कि अभियान के तहत विशेषतौर पर जिला के कम मत-प्रतिशतता वाले मतदान केंद्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों को आमंत्रण पत्र व हस्ताक्षर के माध्यम से मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। राज्य निर्वाचन विभाग के मिशन-414 के तहत यह अभियान मतदाता जागरूकता व मतदान प्रतिशतता में वृद्धि के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसकी विषयवस्तु “सोलन करेगा वोट” रखी गई है। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना.) कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य व सोलन डॉ. पूनम बंसल, खंड विकास अधिकारी नरेश कुमार, ग्राम पंचायत बाशा के प्रधान चंदन सिंह, उपप्रधान राजेंद्र कुमार सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी व कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत पट्टाबरावरी में निर्माणाधीन बांके बिहारी मंदिर में मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की गई, यह कलश स्थापना विश्व मंगल सेवा धाम के प्रमुख संस्थापक व ख्याति प्राप्त प्रसिद्ध आचार्य हरि जी महाराज के कर कमलों द्वारा की गई। बांके बिहारी के मंदिर के अलावा मन्दिर के ऊपर दाएं व बांए, शिव भगवान व दुर्गा माता मंदिर के कलश की स्थापना भी साथ में की गई। हरि जी महाराज ने कहा कि शीघ्र ही बांके बिहारी मंदिर में मूर्तियों की स्थापना भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश वृंदावन धाम के बाद यहां हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के पट्टाबरावरी पंचायत के शीतला माता मंदिर के समीप यह पहला बांके बिहारी जी का मंदिर होगा। जैसे ही इस बांके बिहारी मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होगा, विधिवत रूप से इसका उद्घाटन करवाया जाएगा। उसके उपरांत यहां पर श्रद्धालुओं का व पर्यटकों का आना-जाना बढ़ेगा। जिससे पट्टाबरावरी पंचायत पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा। और प्रदेश के मानचित्र में पट्टाबरावरी का नाम रोशन होगा। वहीं मिडिया प्रभारी डी डी कश्यप ने बताया कि हरि जी महाराज ने इस मंदिर निर्माण की प्रतिज्ञा की है और बांके बिहारी मंदिर निर्माण का बीड़ा उठाया है। मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने भी दिल खोलकर सहयोग प्रदान किया है। इसके लिए हरि जी महाराज ने उनका आभार प्रकट किया है। वहीं इस अवसर पर श्री जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा से आए सुंदर नगर मंडी निवासी जय सिंह ठेकेदार अपनी धर्मपत्नी सहित इस कलश स्थापना दिवस में शामिल हुए। बांके बिहारी मंदिर निर्माण कमेटी देवेंद्र शर्मा ख्यालीराम,अमर सिंह कौशल आदि ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर के समीप ही हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसका साथ ही उद्घाटन होगा। इस उद्घाटन के लिए विद्वानों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर निर्माण कार्य के लिए अधिक से अधिक सहयोग करें।
**मामले को लेकर 28 मई को होगी अगली सुनवाई हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से आज भी निर्दलीय विधायकों को कोई राहत नहीं मिली। हाईकोर्ट में निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे मंजूर करने को लेकर दायर याचिकाओं पर आज न्यायाधीश संदीप शर्मा की बैंच में सुनवाई हुई और अब मामले को लेकर अगली सुनवाई अब 28 मई को निर्धारित की गई है। 28 मई को सुनवाई के दौरान न्यायाधीश संदीप शर्मा दोनों पक्षों की दलीलें सुनेंगे। बता दें कि हाईकोर्ट ने मामले को लेकर 30 अप्रैल को बहस पूरी होने पर फैसला सुरक्षित रखा था। 8 मई को हाईकोर्ट की डबल बैंच मुख्य न्यायाधीश एमएस राम चंद्र राव और न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ का मामले को लेकर अलग-अलग मत होने के चलते मामला तीसरे जज की राय के लिए रैफर किया गया था। इन तीन निर्दलीय विधायकों में देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह चम्बयाल, नालागढ़ से निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर और हमीरपुर से निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा शामिल है जिन्होंने, 22 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष तथा सचिव को अपने इस्तीफे सौंपे थे।
**100 किलो सब्जियां और 115 किलो फल के साथ 10 किलो चिकन किया जप्त खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने आज शहर के मुख्य बाजारों में दबिश की जिस बाजार में करीब 18दुकानों का मुआयना कर अनियमितताएं मिलने पर व्यापारियों के चालान भी किए। मिली जानकारी के अनुसार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सोलन के नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने आज अपनी टीम के साथ शहर की 18सब्जियों की दुकानों पर निरीक्षण किया जिस दौरान करीबन 100किलो सब्जियां ,115किलो फल और 10किलो चिकन को विभाग द्वारा जप्त किया गया,इसके साथ ही प्लास्टिक का उपयोग कर रहे 2व्यापारियों के चालान भी किए गए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सोलन के नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर वासियों की लगातार आ रही शिकायतों के बाद आज फिर से हमने शहर के बाजारों का निरीक्षण किया और पाया कि अधिकतर दुकानदारों ने अपनी दुकान के बाहर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की है और कुछ दुकानदार तो खराब सब्जियां भी बेच रहे थे जिसके चलते फल सब्जियों को जप्त भी किया गया, हमारी टीम पूरी सजग है और समय-समय पर बाजारों का निरीक्षण कर रही है ताकि दुकानदार शहर वासियों को दोगुनी दामों में सब्जियां फल ना भेज सके। उनका कहना है की कार्यवाही के दौरान प्लास्टिक का उपयोग कर रहे दो व्यापारियों के 3000 के चालान भी किए गए, और साथ ही 100 किलो सब्जियां 115 किलो फल और 10 किलो चिकन जप्त किया गया।
गत वर्ष की भान्ति इस वर्ष भी एस वी एन विद्यालय कुनिहार का कक्षा 10वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। जिसमें कोमल शर्मा ने 666 अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान, कृष्णा 657अंक दूसरा स्थान व जान्वी ने 653 अंक लेकर तीसरा स्थान, सलोनी ने 650 अंक लेकर चौथा तथा ध्रुव मेहता और रुमित ठाकुर ने 628 अंक लेकर संयुक्त रूप से चोथा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय अध्यक्ष टी सी गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि गणित विषय में ध्रुव मेहता, कृष्णा, हरमिंदर सिंह ने सर्वाधिक 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। इसके साथ ही स्कूल की अंजलि ठाकुर, दिव्यांश, आयुष कश्यप, जानवी, अनन्या, हिमांशु ,जतिन चौहान ,जितेन्दर कंवर ,रुमित ठाकुर और शौर्य ठाकुर ने कंप्यूटर साइंस विषय मे 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। अन्य विषयों में जैसे- इंग्लिश मे 99 सर्वाधिक , संस्कृत मे कोमल ने 99 अंक प्राप्त किए। इस उपलब्धि के लिए प्रधानाचार्य पदम नाभम, स्कूल अध्यक्ष टी सी गर्ग, पी टी ए अध्यक्ष हेमंत शर्मा, उपाधय्श तारा शर्मा ने स्कूल की इस उपलब्धी पर खुशी जाहिर करते हुए अध्यापक वर्ग और विद्यार्थियों को बधाई दी है।


















































