प्रदेश में हाेने वाले तीन उपचुनावाें के लिए कल देर रात काे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सरकारी आवास पर रणनीति बनी। हालांकि अभी भारत के निर्वाचन आयोग की ओर से उप चुनावाें के लिए ऐसा काेई शेडयूल जारी नहीं किया है, मगर प्रदेश भाजपा पहले ही अपनी तैयारियाें में हैं। दाे दिन पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली प्रवास पर निकले। इस दाैरान हालांकि उन्हाेंने केंद्रीय मंत्रियाें से तुफानी मुलाकात कर हिमाचल के हित एवं लंबित प्राेजेक्ट्स पर विस्तार से चर्चा की, लेकिन दूसरा मकसद मंडी संसदीय सीट, जुब्बल-काेटखाई और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में हाेने वाले उप चुनाव पर मंथन करना था। सूत्राें से मिली जानकारी के मुताबिक पिछली रात यानी साेमवार काे सीएम जयराम ठाकुर ने जेपी नड्डा के साथ तीनाें उपचुनावाें पर संगठन की जीत दर्त करवाने के लिए लंबी चर्चा की। उससे पहले टिकट मसले पर भी मंथन हुआ। बताया गया कि मंडी संसदीय सीट से पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक महेश्वर सिंह और सैनिक कल्याण बाेर्ड के चेयरमैन ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के नाम पर चर्चा हुई। जबकि जुब्बल-काेटखाई विधनसभा सीट से पूर्व चीफ व्हिप स्व. नरेंद्र सिंह बरागटा के बेटे चेतन बरागटा के नाम पर चर्चा हुई, मगर फतेहपुर मसले पर याेग्य नेता तलाशने की बात चली। सूत्राें के मुताबिक सीएम जयराम ठाकुर के साथ दिल्ली दाैरे पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी माैजूद थे। दिल्ली के तुफानी प्रवास के बाद जयराम ठाकुर आज शिमला लाैटेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को फरीदाबाद निगम को लक्कड़पुर-खोरी गांव के वन-क्षेत्र में स्थित तमाम घरों को छह हफ्ते के भीतर ढहाने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि हर हालत में वन-क्षेत्र खाली होना चाहिए और इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। वन-क्षेत्र में करीब 10 हजार घर बने हुए हैं। अदालत ने कहा है कि छह महीने के भीतर अनुपालन रिपोर्ट पेश किया जाए, इसके बाद हम अनुपालन रिपोर्ट की सत्यता जांच करेंगे। पीठ ने साफ कहा कि अगर इस आदेश का पालन नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने फरीदाबाद के पुलिस अधीक्षक को निगम कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी है। कोर्ट ने कहा है कि सुरक्षा मुहैया कराने में कोताही होने पर एसपी जिम्मेदार होंगे। पीठ ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई कि वर्ष 2016 में हाईकोर्ट ने इस वन क्षेत्र में बने निर्माणों को हटाने का आदेश दिया था लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी अब तक इसे अंजाम नहीं दिया जा सका है। इतना ही नहीं पीठ ने यह भी कहा कि फरवरी 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने भी निगम को इन अवैध मकानों को ढहाने के लिए कहा था। इसके बाद सितंबर 2020 में भी सुप्रीम कोर्ट ने इसे दोहराया था। इतने आदेशों के बावजूद वन-क्षेत्र को खाली नहीं कराया जा सका है। पीठ ने कहा कि कहीं ना कहीं इसमें निगम की उदासीनता दिखाई देती है। फरीदाबाद निगम की ओर से पेश वकील ने बताया कि ढहाने की कार्रवाई हुई है लेकिन वहां लोगों द्वारा निगम की टीम पर पथराव किए जाते हैं। लिहाजा उन्हें पर्याप्त पुलिस सुरक्षा कराने का निर्देश दिया जाए जिससे कि ढहाने की कार्रवाई को बिना किसी बाधा के अंजाम दिया जा सके। जिसके बाद पीठ ने हरियाणा सरकार से निगम टीम को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कहा है। वहीं वन क्षेत्र में रह रहे लोगों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कॉलिन गोंजाल्विस ने कहा कि कार्रवाई फिलहाल रोक दी जाए और वहां रहने वाले लोगों के पुनर्वास के मामले का निपटारा कर दिया जाए। गोंजाल्विस की इस दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि आपने छह वर्षों से आदेश का पालन नहीं किया है और आप कह रहे हैं कि पहले पुनर्वास का मामला निपटाया जाए फिर ढहाने की कार्रवाई की जाए, यह उचित नहीं है। पीठ ने साफ कहा कि पहले जगह खाली होनी चाहिए, उसके बाद इस याचिका पर सुनवाई होगी। पीठ ने कहा कि पुनर्वास का मसला, नीतिगत है। कोर्ट ने अवैध रूप से वन क्षेत्र में घर बनाकर रह रहे लोगों से कहा है कि बेहतर होगा कि वे स्वयं घरों को खाली कर दें।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा के लिए व्यावहारिक/आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपलोड करने की अंतिम तिथि 28 जून तक बढ़ा दी है। जिन स्कूलों का व्यावहारिक/आंतरिक मूल्यांकन लंबित है उनको केवल ऑनलाइन मोड में संचालित करने की अनुमति है। इस बात की जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्विट के जरिए दी है। इससे पहले सीबीएसई बोर्ड के सचिव ने कहा था कि दो हफ्ते के भीतर बारहवीं कक्षा के रिजल्ट के मूल्यांकन मानदंड को घोषित कर दिया जाएगा। बता दें कि 1 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया था।
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर जारी है। लेकिन राहत की बात ये है कि कोरोना के नए मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के इलाज के लिए संशोधित गाइडलाइंस जारी की है। इसमें कोरोना मरीजों के इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन, आइवरमेक्टिन, डॉक्सीसाइक्लिन समेत कई दवाओं पर रोक लगा दी है, जबकि इससे पहले जमकर ये दवाएं कोरोना मरीजों को दी जा रहीं थीं। केंद्र सरकार की ओर से जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, जिन मरीजों में कोरोना संक्रमण के लक्षण नजर नहीं आते या हल्के लक्षण हैं, उन्हें किसी तरह की दवाइयां लेने की जरूरत नहीं है। हालांकि, दूसरी बीमारियों की जो दवाएं चल रही हैं, उन्हें जारी रखना चाहिए। ऐसे मरीजों को टेली कंसल्टेशन लेना चाहिए। अच्छी डाइट लेनी चाहिए। साथ ही मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे जरूरी कोरोना नियमों का पालन करना चाहिए। डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (डीजीएचएस) ने नई गाइडलाइंस के तहत एसिम्प्टोमेटिक मरीजों के इलाज में इस्तेमाल की जा रहीं सभी दवाओं को लिस्ट से हटा दिया है। गाइडलाइन में कहा गया है कि ऐसे संक्रमितों को दूसरे टेस्ट करवाने की जरूरत भी नहीं है। इससे पहले 27 मई को गाइडलाइन जारी की गई थी, जिसमें हल्के लक्षणों वाले मरीजों पर हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन, आइवरमेक्टिन, डॉक्सीसाइक्लिन, जिंक और मल्टीविटामिन के इस्तेमाल की मनाही की गई थी। इसके अलावा एसिम्प्टोमेटिक मरीजों के लिए सीटी स्कैन जैसे गैर जरूरी टेस्ट लिखने से भी मना किया गया था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार शाम नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट की। उन्होंने शाह के साथ राज्य के विभिन्न मसलों पर चर्चा की। शाह ने सरकार और संगठन के कार्यों पर सीएम से फीडबैक लिया। उन्होंने राज्य में कोविड के हालात पर भी चर्चा की। सीएम ने कोरोना से निपटने के लिए केंद्र से मिल रही सहायता के लिए आभार जताया। सीएम ने प्रदेश में 18 से 44 साल आयु वालों के लिए वैक्सीन की जरूरत भी बताई। सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर सीएम ने लाहौल से सटी चीन सीमा के उस पार चल रही निर्माण गतिविधियों के बारे में मंत्रणा की। मुख्यमंत्री सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मिल सकते हैं।
देश की राजधानी दिल्ली को कोराना की दूसरी लहर से कुछ राहत मिली है। हर रोज़ आने वाले नए मामलों की संख्या अब कुछ कम हुई है, एक्टिव केस की संख्या भी तेज़ी से घट रही है। ऐसे में सोमवार से दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजधानी में आज से मॉल ,बाजार समेत सभी कार्यालय भी खुल रहे हैं। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो भी पटरी पर दौड़नी शुरू हो चुकी है। ऐसे में कोरोना से बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित हो इसके लिए दिल्ली पुलिस और सभी जिला प्रशासन ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त टीमें तैनात की हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बाजार मॉल और शराब की दुकानों के आसपास काफी लोगों की भीड़ आती है। ऐसे में यह स्थान कोरोना के सुपर स्प्रेडर बन सकते हैं। लोग कोविड से बचाव के नियमों का पालन करें। इसके लिए इन सभी जगह पर दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस के की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। यह टीम लोगों पर नजर रखेगी, जो भी व्यक्ति को भीड़ से बचाव के नियमों का उल्लंघन करेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटाकी जिले के डहारकी में सोमवार तड़के करीब 3:45 बजे मिल्लत एक्सप्रेस और सर सैय्यद एक्सप्रेस की आपस में टक्कर हो गई। इससे मिल्लत एक्सप्रेस के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। मिली सूचना के मुताबिक, अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घोटाकी जिले के डिप्टी कमिश्नर ने मौतों की पुष्टि की है
कोरोना कहर के बिच देश में बच्चों पर कोरोना वैक्सीन का ट्रायल शुरू हो गया है। पटना एम्स में स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन का बच्चों पर क्लिनिकल ट्रायल मंगलवार को शुरू हो गया। इसके तहत तीन बच्चों को कोविड टीका कोवैक्सीन की पहली डोज दी गई है। फिलहाल तीनों बच्चे स्वस्थ हैं। पटना एम्स के कोविड प्रभारी डॉक्टर संजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि 12 से 18 वर्ष के उम्र के बच्चों पर यह परीक्षण 1 जून यानी मंगलवार से शुरू हो गया। कोवैक्सीन के बच्चों पर ट्रायल के पहले दिन तीन बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। ये तीनों 12 से 18 साल की आयु के हैं और पटना के ही निवासी हैं। तीनों स्वस्थ हैं। किसी पर कोई दुष्प्रभाव नहीं देखा गया है। अस्पताल ने तीन बच्चों के माता-पिता को एक डायरी दी है और उनसे उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने को कहा है। अगर इस दौरान बच्चों को कोई भी दिक्कत होती है तो उन्हें फौरन पटना एम्स से संपर्क करने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार यहां एक मकान में धमाका होने से पूरी बिल्डिंग भरभरा कर ढह गयी। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग ढहने से करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग मलबे में दब गए। जिन्हें गांववालों ने मुश्किल से बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से दबे हुए लोगों को मलबे से निकाल कर नवाबगंज पीएचसी भेजा गया। जिसमें से आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं 7 लोग बुरी तरह घायल हैं। मामला जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के टिकरी के ठठेर पुरवा का है। जहां एक मकान में अचानक धमाका हुआ। जिससे दो मंजिला इमारत ज़मींदोज़ हो गई।
दिल्ली सरकार ने मोबाइल ऐप या ऑनलाइन वेब पोर्टल के जरिए शराब की होम डिलीवरी करने की इजाजत दे दी है। इससे पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने शराब की होम डिलीवरी शुरू की थी। अब दिल्ली में भी शराब की होम डिलीवरी शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार ने मोबाइल ऐप या ऑनलाइन वेब पोर्टल के जरिए शराब की होम डिलीवरी करने की इजाजत दे दी है। इसके पीछे सरकार का तर्क है कि इस फैसले से कोरोना काल में शराब की दुकानों पर भीड़ इकट्ठा नहीं होगी। दिल्ली आबकारी (संशोधन) नियम 2021 के अनुसार, एल-13 लाइसेंस धारकों को लोगों के घर तक शराब पहुंचाने की अनुमति होगी। अधिसूचना में कहा गया है की लाइसेंसधारक केवल मोबाइल ऐप या ऑनलाइन वेब पोर्टल के माध्यम से ऑर्डर मिलने पर ही घरों में शराब की डिलीवरी करेगा और किसी भी छात्रावास, कार्यालय और संस्थान को कोई डिलीवरी नहीं की जाएगी।
साल का पहला चंद्र ग्रहण 26 मई 2021 को लगने जा रहा है। इस बार का चंद्र ग्रहण पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। यह चंद्र ग्रहण पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत .और अमेरिका में दिखाई देगा। यह प्रशांत, अटलांटिक और हिंद महासागर के कुछ हिस्सों से भी दिखाई देगा। इस साल का पहला चंद्र ग्रहण दोपहर 2 बजकर 17 मिनट पर मिनट पर शुरू होगा और शाम 7 बजकर 19 मिनट पर खत्म होगा. पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एक रिलीज के अनुसार, बुधवार को पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा और यह भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्से, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से कुछ वक्त के लिए दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार चंद्र ग्रहण दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 23 मिनट पर खत्म होगा. ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया,अंटार्कटिका, प्रशांत महासागर और हिंद महासागर को कवर करने वाले क्षेत्र में भी दिखाई देगा।
व्हाट्सएप भारत सरकार के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा है। व्हाट्सएप ने कहा है कि भारत सरकार बुधवार से लागू होने वाली अपनी नई पॉलिसी पर रोक लगाए, क्योंकि इससे प्राइवेसी खत्म हो रही है। व्हाट्सएप ने दिल्ली हाई कोर्ट से अपील की है कि सोशल मीडिया को लेकर भारत सरकार की नई गाइडलाइन भारत के संविधान के मुताबिक यूजर्स की प्राइवेसी के अधिकारों का उल्लंघन करती है, क्योंकि नई गाइडलाइन के मुताबिक सोशल मीडिया कंपनियों को उस यूजर्स की पहचान बतानी होगी जिसने सबसे पहले किसी मैसेज को पोस्ट या शेयर किया है। व्हाट्सएप ने साफतौर पर कहा है कि यदि कुछ भी गलत होता है वह सरकार की शिकायत के बाद अपने नियमों के मुताबिक उस यूजर पर कार्रवाई करेगा। व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड है, इसलिए कानून का पालन करने के लिए व्हाट्सएप को इस एन्क्रिप्शन को तोड़ना होगा। ऐसे में व्हाट्सएप यूजर्स की प्राइवेसी खतरे में आ जाएगी। भारत में व्हाट्सएप के करीब 55 करोड़ यूजर्स हैं। बता दें कि इसी साल फरवरी में सरकार ने सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए नई गाइडलाइन जारी की थी जिसे लागू करने के लिए इन कंपनियों को 90 दिनों का वक्त दिया था जिसकी डेडलाइन आज यानी 26 मई को खत्म हो रही है। सरकार की नई सोशल मीडिया गाइडलाइंस में साफ लिखा गया है कि देश में सोशल मीडिया कंपनियों को कारोबार की छूट है , लेकिन इस प्लेटफॉर्म के हो रहे दुरुपयोग को रोकना जरूरी है। केंद्र सरकार की नई सोशल मीडिया गाइडलाइन के तहत शिकायत के 24 घंटे के भीतर सोशल प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक कंटेंट को हटाना होगा। नई गाइडलाइंस के अनुसार आपत्तिजनक कंटेंट को समयसीमा के अंदर हटाना होगा। देश में इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी (नोडल अधिकारी, रेसिडेंट ग्रीवांस अधिकारी) को नियुक्त करना होगा। किसी भी सूरत में जिम्मेदार अधिकारियों को 15 दिनों के अंदर OTT कंटेंट के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों का निपटारा करना होगा। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को हर महीने अपनी रिपोर्ट जारी करनी होगी।
वरिष्ठ पत्रकार एवं फाइनेंशियल एक्सप्रेस के प्रबंधक संपादक सुनील जैन का शनिवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। उनकी बहन संध्या जैन ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद जैन को इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। संध्या जैन ने ट्वीट किया की 'कोविड-19 के कारण उत्पन्न हुईं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण आज उन्होंने अपने भाई सुनील जैन को खो दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और इंडियन एक्सप्रेस समूह के कार्यकारी निदेशक अनंत गोयंकाने ने भी वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर शोक प्रकट किया |
गोवा में ऑक्सीजन की कमी से मरीजों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को यहां भर्ती 8 और कोरोना मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हो गई। कोरोना की दूसरी लहर में पिछले पांच दिन के भीतर इस मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी के कारण अभी तक कुल 83 मरीजों की जान जा चुकी है। जानकारी के मुताबिक इनमें से सर्वाधिक मौतें देर रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुई हैं। अस्पताल में लगातार हो रही मौतों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गंभीर हालत में लाए गए मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है जिससे उनकी मौतें हो रही। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि गोवा में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई है। बता दें कि गोवा मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कमी के कारण हो रही मौतें के लिए विपक्ष ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से इस्तीफे की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अधिकांश मौतें ऑक्सीजन कमी के कारण नहीं, बल्कि कोरोना के कारण हुए निमोनिया से हुई। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एसएम बांडेकर के मुताबिक इन मौतों को सीधे-सीधे ऑक्सीजन संकट से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। मरीजों की मौत निमोनिया से हो रही है।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव सातव का आज निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के चलते पिछले कुछ समय से वह अस्पताल में भर्ती थे। 22 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी थे, तब से उनका पुणे के जहांगीर अस्पताल में इलाज चल रहा था। वो वेंटिलेटर पर थे। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी। उनके निधन के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट के जरिए संवेदना प्रकट की है। पिछले महीने संक्रमित होने के बाद राजीव सातव ने कहा था कि हल्के-फुल्के लक्षण दिखने के बाद जांच कराई, जिससे कोरोना से संक्रमित होने का पता चला। उन्होंने लोगों से आग्रह किया था की जो लोग उनके सम्पर्क आए है वो सभी अपनी जाँच करवा ले और कोरोना सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें। राजीव सातव महाराष्ट्र से राज्य सभा के सदस्य थे। इससे पहले वो 2014 में महाराष्ट्र के हिंगोली से लोकसभा सांसद भी रह चुके थे। वर्तमान में सातव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और गुजरात कांग्रेस के प्रभारी थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक ऑनलाइन किसान इवेंट को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण देशवासी जिस दर्द से गुज़र रहे हैं, उसे वे भी महसूस कर रहे हैं। देश में कोरोना का कहर लगातार जारी है और इस बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े नौ करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 19,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को संबोधित किया और इसी मौके पर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हिम्मत रखने को भी कहा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी देश का एक अदृश्य दुश्मन है, जो बहरुपिया भी है, इससे हम सबको मिलकर लड़ना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत हार ना मानने वाला देश और मुझे पूरा यकीन है कि भारत इस महामारी का डटकर सामना करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना वायरस परीक्षा ले रहा है लेकिन हम हारेंगे नहीं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस महामारी के दौरान देशवासी जिन तकलीफों से गुजर रहे हैं, मुझे उसका एहसास है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी गतिरोधों को दूर करने में जुटी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते कुछ समय से जो कष्ट देशवासियो ने सहा है,अनेको लोग जिस दर्द से गुजरे है, तकलीफ से गुजरे है वो मैं भी उतना ही महसूस कर रहा हूं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने जानकारी दी कि देश में ऑक्सीजन प्लांट लग रहे हैं और जल्द ही हालात पर काबू पा लिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशभर के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त टीकाकरण किया जा रहा है। इसलिए जब भी आपकी बारी आए तो टीका जरूर लगाएं। ये टीका हमें कोरोना के विरुद्ध सुरक्षा कवच देगा, गंभीर बीमारी की आशंका को कम करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, 'ऑक्सीजन रेल ने कोरोना के खिलाफ बहुत बड़ी ताकत दी है। देश के दूरदराज के हिस्सों में यह विशेष ट्रेनें ऑक्सीजन पहुंचाने में जुटी हैं। ऑक्सीजन टैंकर ले जाने वाले ड्राइवर बिना रुके काम कर रहे हैं।'प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के समय दवाइयां और जरूरी वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी में भी कुछ लोग अपने निहित स्वार्थ के कारण लगे हुए हैं। इसे मानवता के खिलाफ बताते हुए उन्होंने राज्य सरकारों से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए वैक्सीनेशन मुहिम चलाई गई है, लेकिन टीके की कमी के कारण कई राज्यों में यह मुहिम कमजोर पड़ती जा रही है। इसके चलते महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, राजस्थान और ओडिशा में टीके की कमी के कारण कई केंद्रों को बंद कर दिया गया है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने राज्यों की ओर से टीके की कमी के सवाल उठाने पर नाराजगी जताई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि राज्यों के ये आरोप केंद्र सरकार के समग्र दृष्टिकोण को नुकसान पहुंचाता है और लोगों में ओछी राजनीति को दर्शाता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन में गुरुवार को छह राज्यों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों ने वैक्सीन की खुराक बढ़ाने की मांग की। बता दें कि ये सभी राज्य कोरोना की दूसरी लहर से बुरी तरह प्रभावित हैं। इन राज्यों में कर्नाटक का सबसे बुरा हाल है। इसके बाद मुंबई में कोरोना से हालात खराब है। वहीं दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 14 फीसदी है। 1 मई से 18 से 44 साल के लोगोंं को टीकाकरण करने का अभियान चलाया गया, लेकिन राज्यों में टीके की कमी के चलते रोक दिया गया है। केंद्र सरकार ने 45 प्लस वाले लोगों की दूसरी खुराक लगाने को कहा है, इन राज्यों में वैक्सीन की किल्लत की वजह से कई टीकाकरण केंद्रों को बंद कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वैक्सीन की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दे रही है। वहीं राज्यों के पास टीकों की खरीद के लिए गैर सरकार चैनल मौजूद हैं। इस चैनल के इस्तेमाल से राज्य टीका निर्मताओं से सीधा संपर्क कर टीके ले सकती है।
स्पुतनिक (Sputnik V) कोविड-19 वैक्सीन की एक डोज भारत में करीब 1,000 रुपये की पड़ेगी। भारत में स्पुतनिक का आयात करने वाली कंपनी डॉ. रेड्डीज लेबारेटरीज ने यह जानकारी दी है। कंपनी ने कहा कि इस टीके को सेंट्रल ड्रग्स लेबोरेटरीज (CDL) से जरूरी मंजूरी मिल गई है। इस टीके को डॉ. रेड्डीज लैब ने भारत में आयात किया है। डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज ने स्टॉक एक्सचेंजों को यह जानकारी दी है। गौरतलब है कि इस टीके की दो डोज लगवानी जरूरी है। कंपनी ने बताया कि इस वैक्सीन के एक डोज के लिए अधिकतम खुदरा मूल्य 948 रुपये है, जिस पर 5 फीसदी का जीएसटी लगेगा। यानी टीके का एक डोज करीब एक हजार रुपये में पड़ेगा। कंपनी ने बताया कि अभी टीके की और खेप आयात के द्वारा आएगी, लेकिन आगे इसे भारतीय साझेदार कंपनियों के द्वारा ही उत्पादित किया जाएगा।
भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच ऑक्सीजन किल्लत का संकट जारी है। गोवा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार के तड़के ऑक्सीजन के अभाव में और 15 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कई दिनों से ऑक्सीजन कमी के चलते लोगों की मौत हो रही है। दो दिन पहले ही यहां 26 कोरोना मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई थी। प्रशासन की लापरवाही उजागर हो रही है। सरकार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को यह जानकारी दी। राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट की गोवा बेंच को बताया गया कि अस्पताल में ऑक्सीजन का दबाव कम होने के कारण अधिकांश मरीजों की मौत हुई। कोर्ट ने केंद्र से गोवा के हालात के मद्देनजर जल्द कोटा के मुताबिक ऑक्सीजन की आपूर्ति करने को कहा है। हालांकि जस्टिस नितिन डब्ल्यू साब्रे और एमएस सोनाक ने कहा कि 12 मई के आदेश के बावजूद बृहस्पतिवार को करीब 40 कोरोना मरीजों की मौत हुई जिनमें 15 की मौत तड़के 2 से 6 बजे के बीच हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन भी सवालों के घेरे में है।
देश में कोरोना से हो रही मौतों की संख्या घट नहीं रही है। भले ही रोजाना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही हो, लेकिन उच्च मृत्यु दर बनी हुई है। गुरुवार को देश में कुल 3,43,122 मामले सामने आए जबकि 3994 मरीजों की मौत हो गई। एक दिन पहले बुधवार को 3,62,720 मरीज संक्रमित पाए गए थे और चार हजार से अधिक की मौत हुई थी। हालांकि पिछले सात दिन के आंकड़े बता रहे हैं कि रोजाना के मामलों में कमी आई है। कुछ राज्यों में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। कर्नाटक में गुरुवार को 35,297 मामले सामने आए जबकि 5 मई को ये 50,112 तक पहुंच गए थे। इसी तरह दिल्ली में 10,489, उत्तर प्रदेश में 17,775, छत्तीसगढ़ में 9,121, मध्यप्रदेश में 8,419, बिहार में 7,752 और तेलंगाना में 4,693 मामले दर्ज किए गए।
देश के साढ़े नौ करोड़ से ज्यादा किसानों के लिए आज राहत की खबर है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत वित्तीय लाभ की आठवीं किस्त को जारी किया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए साढ़े नौ करोड़ किसानों के खातों में 19 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम से जुड़े किसानों से बात भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे छोटे किसानों को फायदा हो रहा है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री और कई सांसद भी उपस्थित थे।
देश में जारी कोरोना संकट के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस में मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल, डॉ बलराम भार्गव, आईसीएमआर और नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल मौजूद रहे। लव अग्रवाल ने बताया कि देश के 187 जिलों में पिछले 2 हफ्तों से कोरोना मामलों में गिरावट जारी है। 24 राज्य में पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी तक है, जबकि 12 राज्य ऐसे हैं जहां एक लाख से अधिक कोरोना के केस हैं । इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अगले हफ्ते से स्पुतनिक (Sputnik V) वैक्सीन की बिक्री भारत में शुरू हो जाएगी। साथ ही स्पुतनिक अक्टूबर तक भारत में उत्पादित होकर मिलने लगेगी। मंत्रालय के बयान से साफ है कि भारत में अब रूसी वैक्सीन स्पूतनिक अगले हफ्ते से बाजारों में दिखने लगेगा। अगले 2 महीनों में ऐसी योजना है कि भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर रूस की कंपनी भारत में ही इस वैक्सीन का उत्पादन करेगी. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने बताया कि अब धीरे-धीरे फिर से रिकवरी रेट बढ़ रहा है। मौजूद समय में रिकवरी रेट 83.26% है। अब केस भी घट रहे हैं। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग भी अब सबसे अधिक हो रही है ।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अपना जीवन गंवा चुके 43 फ्रंटलाइन वर्कर के परिवार वालों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है। इसके साथ ही अप्रैल महीने के लिए फ्रंटलाइन स्टाफ को इंसेंटिव देने की भी बात कही।
देश में इस वक्त कोरोना का कहर चरम पर है, ऐसे में इस महामारी के प्रकोप से बचने के लिए और अगली लहर का डट कर मुकाबला करने के लिए टीकाकरण में तेजी लाना जरूरी है। लेकिन यह संभव नहीं है कि कोई एक कंपनी ही भारत जैसे बड़े देश की वैक्सीन जरूरतों को पूरा कर सके। ऐसे में अलग-अलग कंपनियां जब तक वैक्सीन उत्पादन के क्षेत्र में नहीं उतरेंगी देश की मांग पूरी कर पाना आसान नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब भारत बायोटेक द्वारा निर्मित कोवैक्सीन को अब बुलंदशहर स्थित कंपनी बिबकोल भी बनाएगी। यहां हर माह कोवैक्सीन की 10 लाख डोज का निर्माण किया जाएगा। इस बात की पुष्टि बिबकोल के जनरल मैनेजर/ कंपनी सेक्रेटरी संदीप कुमार लाल ने की है। उन्होंने कहा कि यहां हर माह एक मिलियन डोज का उत्पादन होगा और ऑर्डर मिलते ही उत्पादन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम आ रहे हैं, लेकिन इससे हो रही मौतों का सिलसिला अभी भी जारी है। बीते 24 घंटे में देश में संक्रमण के 3,48,371 मामले सामने आए हैं जबकि 4208 मरीजों की मौत हुई है जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पहली बार मौत का आंकड़ा सर्वाधिक स्तर पर पहुंचा है। लगातार तीसरे दिन संक्रमण का आंकड़ा गिरा है। मार्च के बाद पहली बार ऐसा हुआ है। देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 2.5 लाख पार कर चुका है। इनमें से 50 हज़ार मौतें पिछले 14 दिनों में हुई हैं। मौत का औसत रोजाना 3528 है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोवैक्सीन की टीके खत्म होने की वजह से हमें इसके केंद्र बंद करने पड़े। उन्होंने बताया कि करीब 17 स्कूलों में चल रहे 100 से ज्यादा केंद्रों को बंद कर दिया गया है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमने भारत बायोटेक से 1.34 करोड़ खुराकें मांगी थी लेकिन कंपनी ने मना कर दिया है। वहीं अब दिल्ली में कोविशील्ड वैक्सीन ही लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र को इस पर ध्यान देना चाहिए और वैक्सीन के निर्यात पर पूरी तरह से रोक लगानी चाहिए।
देश में कोरोना वायरस का कोहराम अभी भी जारी है। पिछले तीन दिनों से भले ही कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट आ रही हो लेकिन मौत के आंकड़ों पर कोई लगाम नहीं लग रही है। पिछले 24 घंटे में देश में रिकॉर्ड तोड़ 4205 मौत दर्ज की गई हैं। वहीं संक्रमित मामलों से ज्यादा एक दिन में ठीक हुए मरीजों के मामले सामने आए हैं। वहीं गुजरात के भावनगर में एक अस्पताल में आग लग गई है। इधर सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी ने 2-18 साल के बच्चों के लिए क्लीनिकल ट्रायल के दूसरे और तीसरे चरण के लिए कोवैक्सीन को मंजूरी दी। वहीं डॉ. हर्षवर्धन आठ राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज पीयूष चावला के पिता प्रमोद कुमार चावला का कोरोना से निधन हो गया। सोमवार को पीयूष चावला ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस बात की पुष्टि की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज उनके बिना जीवन पहले जैसा नहीं रहा, आज मेरी ताकत का स्तंभ खो गया है। प्रमोद कुमार चावल ने नोएडा के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह 12 दिन से कोरोना से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने पर रविवार को उन्हें मुरादाबाद के निजी कोविड अस्पताल से नोएडा रेफर किया गया था। जहां सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रमोद कुमार चावला मुरादाबाद में विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे।
सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में पार्टी ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर एक बड़ा फैसला लिया। अगले महीने की 23 तारीख को कांग्रेस अध्यक्ष के पद का चुनाव किया जाएगा। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में देश में कोरोना के व्यापक प्रसार को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा हाल ही में हुए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेशों के चुनाव नतीजों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी विचार किया गया और आगे की रणनीति तय की गई।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित राजभवन में आज सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार के मंत्रिमंडल ने शपथ ली, जिसमें कुल 43 मंत्री शामिल हुए तथा कुछ विधायक वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बन गई हैं। ममता बनर्जी ने शपथ लेकर कामकाज भी संभाल लिया है, लेकिन उनके मंत्रिमंडल ने आज शपथ ली है। बंगाल में आज ममता सरकार के 43 विधायकों ने शपथ ली, जिनमें 24 कैबिनेट रैंक के मंत्री है। ममता के मंत्रिमंडल के 3 मंत्रियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए शपथ ली। क्रिकेटर मनोज तिवारी को राज्य मंत्री बनाया गया। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के दौरान ममता बनर्जी भी राजभवन में मौजूद रहीं।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते देश भर में हाहाकार मचा हुआ है | देश में बीते 24 घंटे में 3.66 लाख से अधिक नए मामले सामने आए और 3,754 लोगों की जान चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, पिछले चार दिनों से लगातार हर रोज 4 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिल रहे थे। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देशभर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की भारी किल्लत जारी है। सैकड़ों मरीज बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। श्मशान घाटों पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2,26,62,575 पहुंच गई है। देश में सक्रिय मामले बढ़कर 37,45,237 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
भाजपा नेता हिमंत बिस्व सरमा सोमवार को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सरमा ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल जगदीश मुखी से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। राज्यपाल ने दावे को स्वीकार करते हुए सरमा को सरकार गठन का निमंत्रण दिया। इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे, इससे पहले दिन में भाजपा और राजग विधायक दल के नेता चुने गए सरमा ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में सोमवार को दिन में 12 बजे राज्यपाल सरमा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद को लेकर लग रही अटकलें भी खत्म हो गई हैं क्योंकि सोनोवाल और सरमा दोनों को दावेदार माना जा रहा था। भाजपा नेतृत्व ने दोनों नेताओं को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए शनिवार को दिल्ली बुलाया था और ऐसी संभावना है कि सोनोवाल को केंद्र सरकार में स्थान मिलेगा
देश में जहां कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने कोहराम मचाया हुआ है वहीं ऐसे में सेंट्रल विस्टा परियोजना को लेकर विवाद शुरू हो गया है। विपक्षी दल लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर हमले किए जा रहे हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि देश को पीएम आवास नहीं, सांस चाहिए। केंद्र सरकार की सेंट्रल विस्टा परियोजना लगातार विवादों में फंसती दिख रही है। कोरोना काल में इसे रोकने की मांग जोर पकड़ रही है। बीते शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई है। याचिकाकर्ता की तरफ से जोर देकर कहा गया है कि समय की गंभीरता को समझते हुए इस परियोजना को अभी के लिए रोक देना चाहिए। क्या है सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट? राजपथ पर करीब 2.5 किमी लंबे रास्ते को सेंट्रल विस्टा कहा जाता है। वहीं इंडिया गेट से लेकर राष्ट्रपति भवन तक सेंट्रल विस्टा मार्ग में करीब 44 इमारत संसद भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक आदि शामिल हैं। इस पूरे क्षेत्र को रि- प्लान किया जा रहा है जिसका नाम सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट रखा गया है। इसकी लागत करीब 30 हजार करोड़ रुपए है। विस्टा प्रोजेक्ट में पुराने गोलाकार संसद भवन के सामने करीब 13 एकड़ जमीन पर नया तिकोना संसद भवन बनाया जाएगा। नए संसद भवन में लोकसभा और राज्यसभा के लिए एक-एक इमारत होगी लेकिन सेंट्रल हॉल नहीं होगा।
कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा लगाया गया लॉकडाउन अब एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में जो लॉकडाउन पहले 10 मई को खत्म होना था अब वो 17 मई की सुबह तक लागू होगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार लॉकडाउन के चलते ज़्यादा सख्ती बरती जाएगी ताकि संक्रमण की रफ्तार को काबू में लाया जा सके। दिल्ली में सोमवार से मेट्रो सर्विस को भी बंद कर दिया जाएगा। राजधानी के सीएम ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन का अच्छा असर देखने को मिल रहा है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब थोड़ी कम होने लगी है। पिछले कुछ दिनों में संक्रमण की दर 35% से घटकर 23% पर आ गई है। शनिवार को बीते 24 घंटों में दिल्ली में कोरोना के 17,364 नए मामले सामने आए और 332 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ दिल्ली में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 19 हजार का आंकड़ा पार कर गई है। दिल्ली में अब तक 19,071 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 13,10,231 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, एक्टिव केसेस की संख्या अभी 87,907 है।
भारत में कोरोना महामारी बेकाबू हो रही है। कोरोना संकट के बीच संक्रमण की चेन तोड़ने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है। जिसका असर भारतीय रेलवे (Indian Railways) पर भी देखने को मिल रहा है। इस बीच पश्चिम रेलवे (Western Railways) ने कई स्पेशल ट्रेनों (Special Trains) को रद्द करने का ऐलान किया है। पश्चिम रेलवे द्वारा जारी कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट में मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत कई जगहों की ट्रेनें शामिल।
कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच शनिवार को एक और राहत भरी खबर सामने आई। ड्रग्स कंट्रोलर ने डीआरडीओ की बनाई कोरोना की दवा के इमरजेंसी यूज को मंजूरी दे दी है। ये दवा अब तक हुए क्लीनिकल ट्रायल्स में सफल साबित हुई है। इसकी मैनुफैक्चरिंग की जिम्मेदार हैदराबाद स्थित डॉ. रेड्डी लैबोरेट्रीज को दी गई है साथ ही मरीजों की ऑक्सीजन पर निर्भरता भी कम हो गई। ये भी दावा है कि दवा के इस्तेमाल से मरीजों की कोरोना रिपोर्ट बाकी मरीजों की तुलना में जल्दी निगेटिव यानी, वो जल्दी ठीक भी हो रहे हैं।
बिहार में कोरोना संक्रमण की वजह से जदयू नेता और विधान परिषद के सदस्य तनवीर अख्तर का निधन हो गया है। वो कई दिनों से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। शनिवार को उनका निधन हो गया। सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर उनके निधन पर दुख जताया है। सीएम नीतीश ने ट्वीट कर लिखा, "बिहार विधान परिषद के सदस्य मो. तनवीर अख्तर का निधन अत्यंत दुखद है। वे एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें जन्नत में आला मक़ाम अता करें। "
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है की सिस्टम फेल नहीं हुआ है, मोदी सरकार फेल हो गई है। पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव जीतने में मशगूल रहे जिसके चलते तमाम चेतावनियों को अनदेखा किया गया। मोदी सरकार ने लोगों की मदद करने की जगह अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां त्याग दी हैं। इसके साथ ही सोनिया ने कोरोना संकट पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की भी मांग भी की है। सोनिया गांधी ने कहा कि संसद की स्टैंडिंग कमेटी ने भी करोना की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी लेकिन प्रधानमंत्री ने उसकी भी अनदेखी की। इन पहलुओं पर मोदी सरकार बिल्कुल विफल हुई है, सही समय पर वैक्सीन का आर्डर नहीं दिया गया, तमाम चेतावनियों को अनदेखा किया गया, और ना ही ऑक्सीजन,दवाईयों या वेंटिलेटर की व्यवस्था को मजबूत किया। लोगों के ज़ख्मों पर मरहम लगाने की जगह कई भाजपा शासित सरकारें तानाशाह रवैया अपनाते हुए कार्रवाई कर रही हैं, सोशल मीडिया और बाकी प्लेटफार्म पर लोगों की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि सिस्टम फेल नहीं हुआ है, मोदी सरकार का नेतृत्व विफल रहा है। भारत आज इसलिए बेबस है क्योंकि मोदी सरकार की लोगों के प्रति कोई संवेदना नहीं है। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि मोदी सरकार सर्वदलीय बैठक बुलाए क्योंकि यह विपक्ष बनाम सरकार की लड़ाई नहीं, यह हमारी कोरोना के खिलाफ जंग है। इसके साथ ही एक स्टैंडिंग कमेटी बनानी चाहिए ताकि एक एकजुट होकर कार्रवाई की जा सके। कांग्रेस कार्यसमिति जल्द ही बैठक बुलाएगी।
कोरोना का संकट दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और हजारों लोगों की जान ले रहा है। शुक्रवार की सुबह मीडिया जगत के लिए कोविड एक और बुरी खबर लेकर आया है। वरिष्ठ हिन्दी पत्रकार शेष नारायण सिंह का निधन हो गया, वह कोरोना संक्रमित थे। शेष नारायण सिंह का ग्रेटर नोएडा के GIMS अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीते दिन ही उन्हें प्लाज़्मा थैरेपी दी गई थी लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। शेष नारायण सिंह के निधन के बाद मीडिया जगत में शोक की लहर है। कई वरिष्ठ पत्रकारों व राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शेष नारायण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। पत्रकारिता जगत में अपने महत्वपूर्ण योगदान के लिए वे हमेशा जाने जाएंगे। शेष नारायण सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से थे। बीते कई वर्षों से हिन्दी पत्रकारिता में वह अपना योगदान दे रहे थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। कई पत्रकार इस महामारी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं जिसके कारण अब कई राज्य सरकारों ने अपनी ओर से पत्रकारों को फ्रंटलाइन वर्कर्स की श्रेणी में शामिल किया है, ताकि जल्द से जल्द सभी पत्रकारों को वैक्सीन लगाई जा सके।
हिंदुस्तानी और पाश्चात्य शास्त्रीय संगीत पर बराबर की पकड़ रखने वाले दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर और नेशनल अवॉर्ड विनर वनराज भाटिया का शुक्रवार सुबह मुंबई में अपने आवास पर निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारी से ग्रस्त होने के कारण प्रसिद्ध संगीतकार वनराज भाटिया ने 93 साल की उम्र में इस दुनिया से विदा लेली। वनराज सिंगल थे और साउथ मुंबई के घर में अकेले रहते थे। उनके निधन पर एक्टर फरहान अख्तर ने शोक व्यक्त कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके काम को याद किया है। वनराज ने 70s,80s और 90s में एडवर्टाइजिंग जिंगल कंपोज किए थे। उन्होंने लगभग 7000 जिंगल कंपोज किए। वनराज ने फिल्मों व टीवी शोज के लिए भी म्यूजिक बनाया है। उन्होंने मंथन, भूमिका, जाने भी दो यारों, 36 चौरंगी लेन, जुनून जैसी फिल्मों के लिए म्यूजिक कंपोज किया है। भारत एक खोज और तमस जैसे टीवी शोज के लिए भी उन्होंने म्यूजिक बनाया। उन्हें भारत के वेस्टर्न क्लासिकल म्यूजिक का सबसे बड़ा कंपोजर कहा जाता है। उन्होंने 1988 में टीवी शो तमस के लिए अपने म्यूजिक स्कोर के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता वहीं, 2012 में उन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था।
कोरोना की दूसरी लहर देश में प्रतिदिन नए रिकॉर्ड बना बना रही है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 4,14,433 नए मामले सामने आए हैं और 3,920 मरीजों की मौत हुई है। यह पहली बार है जब एक दिन में कोरोना के नए आंकड़े 4.14 लाख से ज़्यादा हैं और ऐसा तीसरी बार है जब देश में कोरोना के नए आंकड़े 4 लाख पार पहुंचे हों। इससे पहले बुधवार को देश में कोरोना के कोरोना के 412,618 नए मामले सामने आए थे। वहीं, 30 अप्रैल को कोरोना के नए मामलों का आंकड़ा 4,02,351 था। लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच इस महामारी की संभावित तीसरी लहर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से तैयारियों पर सवाल किया है। सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि तीसरी लहर में अगर बच्चे कोरोना से संक्रमित होते हैं तो सरकार के पास उनके इलाज के लिए क्या प्लान है। सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि अगर बच्चे संक्रमित हुए तो क्या माता-पिता अस्पताल में रहेंगे। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने यह सवाल भी किया कि क्या हम नए ग्रेजुएट डॉक्टर और नर्स का तीसरी लहर के दौरान इस्तेमाल कर सकते हैं।
कोरोना महामारी के इस काल में जहां हज़ारों कि संख्या में लोग मर रहें हैं वहीं मानवता भी अब मरती नज़र आ रही है। मानवता को शर्मसार करने वाला एक किस्सा कानपुर में दिखा है जहां खांसी, बुखार आने पर एक बुजुर्ग को परिजनों ने सड़क पर फेंक दिया। जिसके दरवाजे फेंका उसने बुजुर्ग के दूसरे रिश्तेदार को बुलाया लेकिन उस रिश्तेदार ने भी बुजुर्ग को एक किलोमीटर दूर दुकान के बाहर छोड़ दिया। पुलिस ने कार को ट्रेस कर रिश्तेदार को बुलाया और हिदायत देकर बुजुर्ग को उसके हवाले कर दिया। सुरेंद्र सिंह (52)की शादी नहीं हुई थी। वह 20 सालों से गुजैनी के ब्लॉक निवासी रिश्तेदार गौरव और सौरभ के यहां रह रहे थे। दो दिन पूर्व खांसी, जुकाम और बुखार आने पर रिश्तेदारों ने उन्हें कोरोना के डर से घर से ही बाहर निकाल दिया। सोमवार को सुरेंद्र गुजैनी सब्जीमंडी में किसी के घर के बाहर लेट गए। इस पर लोगों ने विरोध किया और उनके रिश्तेदारों को ले जाने को कहा। गुजैनी में ही रहने वाले सुरेंद्र के सगे भतीजे मुकेश को सूचना दी गई। मुकेश कार से वहां पहुंचा और बुजुर्ग को कार में लिटाकर करीब एक किमी दूर स्थित जैना पैलेस के अंदर एक दुकान के बाहर एक बिस्कुट का पैकेट थमाकर चला गया। दुकानों की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने इसकी जानकारी रतनलाल नगर चौकी इंचार्ज अरविंद सिंह को दी। दरोगा ने कार के नंबर को ट्रेस कर दोबारा मुकेश को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। इस पर मुकेश ने बताया कि पहले वह अस्पताल गया था भर्ती न होने पर उन्हें यहां छोड़ा था। पुलिस कार्रवाई के डर से मुकेश सुरेंद्र को लेकर चला गया।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसात्मक घटनाएं थमती नज़र नहीं आ रही हैं। इस बीच केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन पर मेदिनीपुर में हमले हुआ है। उन पर केजीटी ग्रामीण विधानसभा के पंचखुड़ी में हमला किया गया। उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए। हमले पर वी मुरलीधरन ने कहा कि पश्चिमी मिदिनापुर के दौरे के दौरान उनकी गाड़ी पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया, शीशे तोड़ दिए गए, और उनके पर्सनल स्टाफ पर भी हमला किया गयाजिस कारण उन्हें अपना दौरा बीच में ही छोड़कर वापस आना पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन उस प्रतिनिधमंडल का हिस्सा हैं जो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में पश्चिम बंगाल आई है। इस प्रतिनिधिमंडल में बीएल संतोष और भूपेंद्र यादव भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल हिंसा में मारे गए या घायल बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर-घर जा रहे हैं और जमीनी रिपोर्ट जुटा रहे हैं।
कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे देश में स्थिति बेहद गंभीर हैं। इसी बीच केंद्र सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के विजयराघवन ने इस महामारी को लेकर एक और गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने बुधवार को कहा कि जिस तरह तेजी से वायरस का प्रसार हो रहा है कोरोना महामारी की तीसरी लहर आनी तय है, लेकिन यह साफ नहीं है कि यह तीसरी लहर कब और किस स्तर की होगी। उन्होंने कहा कि हमें बीमारी की नई लहरों के लिए तैयारी करनी चाहिए।
दिल्ली में कोरोना का कहर कम नहीं हो रहा है। लगातार बढ़ते मामलों के साथ ही ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड की किल्लत से कोरोना मरीज जूझ रहे हैं। मौत के रोजाना डराने वालें परिणाम सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। इन्हीं बदहाल व्यवस्थाओं की वजह से एनएसजी के ग्रुप कमांडर की सांसें थम गईं।
यूपी की राजधानी लखनऊ में ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर फटने से मौके पर मौजूद तीन लोगों की मौत हो गई ,जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव काम शुरू कर दिया। हादसा चिनहट के केटी ऑक्सीजन प्लांट में हुआ।
दिल्ली हाईकोर्ट में ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर आज भी सुनवाई जारी है। कोर्ट ने एक बार फिर ऑक्सीजन की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र से कहा कि आप आंखें मूंद सकते हैं, लेकिन हम नहीं।
एक्ट्रेस कंगना रनौत अपने बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहती है। कई बार ट्रोलिंग का भी सामना उन्हें करना पड़ता है। ट्विटर पर कंगना काफी एक्टिव हैं और बेझिक अपनी राय लिखती हैं। हालांकि, इस बार उन्हें ये भारी पड़ गया है। कंगना रनौत लगातार ममता बनर्जी और उनकी सरकार के खिलाफ ट्वीट कर रही थीं। माना जा रहा है कि बंगाल चुनाव रिजल्ट के बाद ममता बनर्जी पर की गई टिप्पणी के बाद कंगना का अकाउंट सस्पेंड किया गया है।
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच आईपीएल को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है। पिछले कुछ दिनों से आईपीएल की कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आए थे। टीम के खिलाड़ियों ओर सदस्यों के लगातार पॉजिटिव होने के बाद BCCI ने ये फैसला लिया है। आखिरकार मंगलवार को विश्व की सबसे ज्यादा लुभावनी टी20 लीग को अनिश्चितकाल काल के लिए निलंबित कर दिया गया।
कोरोना के बढ़ते कहर के बीच हरियाणा ने संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने ऐलान किया है कि 3 मई से अगले सात दिन तक संपूर्ण लॉकडाउन लागू रहेग। इससे पहले शुक्रवार को ही सरकार ने 9 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी। हरियाणा सरकार ने ये फैसला इसलिए लिया है ताकि कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सके। हरियाणा में हालात पूरी तरह से बेकाबू होने लगे हैं। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हरियाणा में अब तक 5,01,566 मामले सामने आ चुके हैं और 4,341 मरीजों की जान जा चुकी है। यहां एक्टिव केसेस की संख्या 1,02,516 पहुंच गई है।


















































