छात्रों की रजिस्ट्रेशन के लिए जारी किया गूगल फॉर्म फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विवि इकाई सचिव कमलेश ठाकुर ने एक ब्यान जारी करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद द्वारा फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज पर एंट्रेंस एग्जाम की निःशुल्क कोचिंग हेतु एक लिंक जारी किया गया है। कमलेश ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई विवि के एंट्रेंस एग्जाम के लिए निशुल्क कोचिंग शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विद्यार्थी परिषद ने अपने फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज पर एक गूगल फॉर्म जारी किया है। कमलेश ने कहा कि प्रदेश के हज़ारों छात्रों का इस विश्वविद्यालय में पढ़ने का एक सपना होता है, लेकिन उन छात्रों को सही मार्गदर्शन न मिलने के कारण उनका इस विश्वविद्यालय में पढ़ने का सपना अधूरा रह जाता है। कमलेश ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का मानना है कि कोई भी छात्र जो इस विवि में पढ़ने की इच्छा रखता है, उनका यह सपना अधूरा ना रहे। इसीलिए विद्यार्थी परिषद उन सभी छात्रों के लिए निःशुल्क कोचिंग शुरू करने जा रही है। कमलेश ने कहा कि हम प्रदेश के सभी छात्रों से निवेदन करते हैं कि वे जल्द से जल्द इस गूगल फॉर्म में अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि उन सभी छात्रों के लिए निःशुल्क कोचिंग क्लासेज जल्द से जल्द शुरू की जा सके। यह जानकारी अभाविप हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय इकाई प्रिंट मीडिया प्रमुख सचिन राणा ने दी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कुल्लू में हिमतरू प्रकाशन द्वारा प्रकाशित कविता संग्रह हाशिये वाली जगह का विमोचन किया। हिमाचल प्रदेश के नवोदित कवियों द्वारा रचित इस कविता संग्रह का संपादन प्रसिद्ध कवि व विचारक गणेश गनी ने किया है। मुख्यमंत्री ने हिमतरू प्रकाशन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास राज्य के लेखकों को एक उपयुक्त मंच प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने संग्रह में प्रकाशित सभी कवियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रकाशन पाठकों को न केवल पढ़ने के लिए अच्छी कविताएं प्रदान करेगा, बल्कि नवोदित कवियों को अपने रचनात्मक कौशल को निखारने की भी प्रेरणा देगा। हिमतरू प्रकाशन के सचिव और संपादक किशन ने कहा कि इस संग्रह में हिमाचल प्रदेश के 38 युवा कवियों की कविताएं हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी और किशोरी लाल भी अन्य सहित उपस्थित थे।
मोदी सरकार केंद्र में आठ वर्ष पुरे करने जा रही हैं। इस उपलक्ष पर भाजपा का राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल की राजधानी शिमला में आयोजित होने जा रहा हैं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शिरकत करने शिमला आएंगे। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में 31 मई को इसका आयोजन होगा। विधानसभा चुनावों की नजदीकी को देखते हुए भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के सहारे मिशन रिपीट की ओर एक कदम आगे बढ़ने जा रही हैं। राष्ट्रीय कार्यक्रम की मंजूरी मिलते ही प्रदेश सरकार तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के लगातार प्रदेश में दौरे हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी प्रदेश में सक्रिय हो गए हैं। राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के बड़े पदाधिकारी शिमला आएंगे। हिमाचल प्रदेश को पहली बार इस तरह के राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी करने का मौका मिल रहा है। केंद्र सरकार से कार्यक्रम की मंजूरी मिलते ही शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव रामसुभग सिंह की अध्यक्षता में बैठकों का दौर जारी रहा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज जिला कुल्लू के भुंतर से राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा 108 के अंतर्गत अतिरिक्त 50 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को घर-द्वार के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दूर-दराज के क्षेत्रों में मरीजों को परिवहन की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 25 दिसम्बर, 2010 को राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया था। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत प्रदेश को मिली अतिरिक्त 50 एम्बुलेंस चिकित्सा की आपात स्थिति में मरीजों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 50 नई एम्बुलेंस में 40 एम्बुलेंस बेसिक लाइफ स्पोर्ट और दस एडवांस लाइफ स्पोर्ट सुविधा से लैस है। जय राम ठाकुर ने कहा कि इन 50 एम्बुलेंस के साथ अब (राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा 108) एम्बुलेंस का बेड़ा 219 हो गया है। उन्होंने कहा कि इन 50 नई एम्बुलेंस में से नौ कांगड़ा जिला को, 10-10 मंडी और शिमला, पांच सिरमौर, चार सोलन, दो-दो ऊना और किन्नौर जिला, तीन-तीन बिलासपुर और कुल्लू जिला तथा एक-एक एम्बुलेंस हमीरपुर व लाहौल-स्पीति जिला को उपलब्ध करवाई जाएंगी।इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक हेमराज बैरवा, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग सहित अन्य उपस्थित थे।
शिमला - राजधानी शिमला के गवाही स्कूल में तीन विद्यार्थियों को चार शिक्षकों द्वारा शिक्षा दी जा रही है। राजधानी शिमला के सरकारी स्कूलों के हाल देखे जा सकते है। शिक्षकों का कहना है की पिछले कुछ सालो से इनका यही हाल है । सरकार इनपर कोई कदम नहीं उठा रही है। स्कूल की मुख्याध्यापिका का कहना है कि कोरोना काल में तो स्कूल में 2 ही छात्र थे। शिक्षा स्तर को उठाने के दावे पूरी तरह से फ़ैल होते नज़र आ रहे है। जिले के कुछ ऐसे क्षेत्र भी है जहाँ छात्रों की संख्या अधिक है। प्रदेश में और भी ऐसे कई स्कूल है जहाँ केवल एक-एक शिक्षक ही मौजूद है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है की सरकार और शिक्षा विभाग क्यों इन बच्चो के भविष्य पर ध्यान नहीं दे रही है। शिक्षकों का कहना है की इन स्कूलों में ,कला ,पिटीआई ,व् अन्य शिक्षकों के पद खाली रहते है। उन्हें एक साथ दो विषयो का भी पढ़ाना पड़ता है। स्कूल में सिर्फ जेबीटी टीचर तैनात है।
शहर के कृष्णानगर में सुबह स्टाेव फटने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। आईजीएमसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार मजदूरी करने वाला दीपराम कृष्णानगर में किराए का कमरा लेकर रहता है। जानकारी अनुसार सुबह के समय जैसे ही उसने स्टाेव जलाया, स्टाेव ने एकदम से आग पकड़ ली और ये फट गया। फटने के साथ ही काफी मात्रा में मिट्टी का तेल निकला, जिससे वह पूरी तरह से झुलस गया। आनन् फानन में परिवार के लाेगाें ने उसे आईजीएमसी पहुंचाया, यहां उसकी गंभीर हालत काे देखते हुए डाॅक्टराें ने पीजीआई रैफर कर दिया। डाॅक्टराें के मुताबिक दीपराम लगभग 70 से 80 फीसदी तक जल गया है। पुलिस ने भी माैके का निरीक्षण किया है। हालांकि,अभी तक ये पता नहीं लग पाया है कि स्टाेव के फटने के क्या कारण रहे। आईजीएमसी के एमएस डाॅ. जनकराज का कहना है कि शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति काे आईजीएमसी लाया गया। वह काफी झुलस गया है, इसे इलाज के लिए पीजीआई रैफर कर दिया गया है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने बताया की भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 13-15 मई को अपने पदाधिकारियों की 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।यूथ विंग के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्यों, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्षों और हर राज्य के एक महासचिव को भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं से मिलने, बातचीत करने और मार्गदर्शन लेने का अवसर मिलेगा। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जो पार्टी के जनसंघ से भाजपा तक के सफर पर व्याख्यान भी देंगे। नड्डा “सुशासन पत्रिका” नामक पत्रिका का भी विमोचन करेंगे। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विनय सहस्रबुद्धे, मुरलीधर राव, अमित मालवीय, संबित पात्रा सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता अपने अनुभव साझा करेंगे और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल की विचारधारा पर प्रकाश डालेंगे। केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा भी युवाओं को आगामी चुनावों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य तेजस्वी सूर्या मोदी सरकार की उपलब्धियों पर अपने विचार साझा करेंगे। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्यों को अपने वरिष्ठ नेताओं के अनुभव से सीखने और पार्टी की विचारधारा और मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। समापन सत्र भाजपा के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) बीएल संतोष द्वारा लिया जाएगा जो वर्तमान परिदृश्य में भाजयुमो की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके पश्चात एक प्रश्नोत्तर सत्र होगा जिसमें उपस्थित पदाधिकारी अपने वरिष्ठ नेताओं से सीधे बात कर सकेंगे। कार्यक्रम पर चर्चा करते हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री तेजस्वी सूर्या ने कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवा शक्ति को सही दिशा और सही प्रेरणा देना अति आवश्यक है। यह हमारे देश के जनसांख्यिकीय लाभांश को भुनाने का एकमात्र तरीका है। भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है और इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के अनुसार देश हित में कार्य करने के लिए और अधिक अनुशासित और समर्पित बनाएंगे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने प्रेस को जारी बयान मैं कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में इंटर्न डॉक्टरों के साथ प्रदेश की जयराम सरकार जो अनदेखी कर रही है, उस पर ध्यान दें। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि 2016 बैच के इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आईजीएमसी परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगे नहीं मान रही है। आखिर डॉक्टर प्रदेश के भविष्य है और प्रदेश के ज्यादातर अस्पताल इस समय डॉक्टरों के बिना चल रहे हैं और मात्र सफेद हाथी बन कर रह गए हैं। लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने में प्रदेश में भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम हो चुकी है। उन्होंने ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों का 6 मई को टर्न पूरा हो चुका है, लेकिन प्रदेश सरकार इनके भविष्य को अधर में लटका कर बाहरी संस्थानों से प्रशिक्षण लेकर आ रहे प्रशिक्षु डॉक्टरों को तरजीह देना चाहती है, जिसे हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के प्रशिक्षु डॉक्टरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और अगर जरूरत पड़ी, तो प्रशिक्षु डॉक्टरों की आवाज बनकर सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी। नेगी ने बताया कि 2016 बैच के लगभग 300 डॉक्टर, जिनका 6 मई को टर्न पूरा हो गया है। सरकार ने उन्हें रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन अभी तक कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। प्रदेश में सभी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की पोस्ट खाली पड़ी है, लेकिन जिन्हें सरकार नहीं भर रही है। उन्होंने कहा कि इंटरन डॉक्टर पिछले 6 महीने से सरकार के संपर्क में रहे हैं और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व स्वास्थ्य सचिव से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनका कार्य पूरा होने पर उन्हें रोजगार दिया जाएगा। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि यह सरकार मात्र आश्वासन और जुमलों की सरकार बन कर रह गई है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं. सुखराम के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पं. सुखराम के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें और उनके शोक संतप्त परिवार को अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। सुखराम एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्होंने कई भूमिकाओं में हिमाचल की सेवा की। वह एक दूरदर्शी नेता थे। उनके ईमानदार प्रयासों से ही हिमाचल को टेलीफोन कनेक्टिविटी मिली। उन्होंने मंडी के विकास और हिमाचल की प्रगति के लिए कड़ी मेहनत की और हिमाचल के सर्वांगीण विकास के लिए संघर्ष किया। जब वे संसद सदस्य और केंद्र सरकार में मंत्री थे। उनके प्रयासों को हिमाचल की जनता कभी नहीं भूल सकती। सुखराम 1993 से 1996 तक केंद्रीय संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। उन्होंने पांच विधानसभा चुनाव जीते और तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला शिमला नागरिक सभा की कैथू व अनाडेल इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल में एचआरटीसी टैक्सी सुविधा को लेकर एचआरटीसी कार्यकारी निदेशक भूपिंद्र अत्री से मुलाकात की व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। कार्यकारी निदेशक ने आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों के भीतर गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल के लिए एक के बजाए दो टैक्सियों का प्रबंध कर दिया जाएगा। नागरिक सभा के इकाई संयोजक बालक राम व सह संयोजक रंजीव कुठियाला ने कहा है कि पहले गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल के लिए दो एचआरटीसी टैक्सियां चलती थीं, परंतु अब केवल एक टैक्सी के संचालन से स्थानीय जनता भारी परेशानी में है। गुरु निवास चुंगीखाना व कैथू क्षेत्र में बस सुविधा के अभाव में आम जनता के लिए एचआरटीसी टैक्सी ही एकमात्र सहारा था, परंतु दो में से एक टैक्सी बंद होने से जनता इस सुविधा से भी वंचित हो गई है। एक ही टैक्सी के संचालन से अनाडेल की जनता को भी भारी परेशानी हो रही है। क्योंकि एकमात्र टैक्सी का संचालन गुरु निवास चुंगीखाना कैथू व अनाडेल दोनों जगह से शिफ्ट वार हो रहा है। वर्तमान में जो एकमात्र एचआरटीसी टैक्सी चल रही है, उसकी स्थिति भी अति दयनीय है। उन्होंने मांग की है कि एचआरटीसी द्वारा अनाडेल से बड़ी गाड़ी टैम्पो ट्रेवलर व गुरु निवास चुंगीखाना कैथू से इनोवा गाड़ी का संचालन टैक्सी के रूप में किया जाए। उन्होंने कहा है कि अगर दोनों टैक्सियों की बहाली तुरंत न हुई, तो नागरिक सभा आंदोलन पर कूदेगी व एचआरटीसी प्रबंध निदेशक कार्यालय का घेराव करने से भी नहीं चूकेगी।
मंडी हमारी है, मंडी फलाने की है, सियासत में अक्सर नेता इस तरह के बयान देते है। मंडी को लेकर तरह -तरह के दावे होते है। पर अगर कोई ऐसा है जिसे सही मायने में मंडी ने बाहें फैलाकर स्वीकार किया तो वो थे पंडित सुखराम। कुल 13 मर्तबा मंडी सदर हलके से पंडित जी या उनके पुत्र अनिल शर्मा विधायक बने, पार्टी चाहे कोई भी रही हो। पंडित जी सियासत में किसी भी मुकाम पर रहे हो, किसी भी ओहदे पर रहे हो लेकिन उन्होंने मंडी का विशेष ख्याल रखा। आज भी मंडी के सेरी मंच पर जाकर पता लगता है कि किसी सोच के साथ उस शहर को विकसित किया गया है, वो भी उस दौर में। इसीलिए मंडी के लोग पंडित जी को विकास का मसीहा मानते है। कोई किसी भी राजनैतिक विचारधारा का क्यों न हो ,दबी जुबान में ही सही लेकिन ये जरूर स्वीकार करता है कि मंडी के विकास में पंडित सुखराम का योगदान अमिट है। नब्बे के दशक में पंडित सुखराम केंद्र में दूरसंचार मंत्री थे और उस दौर में बड़े शहरों में भी टेलीफोन का कनेक्शन लेने के लिए महीनों -सालों इन्तजार करना पड़ता था। पर पंडित जी के राज में मंडी में टेलीफोन की घंटी खूब बजी। जिसने चाहा उसे कनेक्शन मिला, मंडी वालों के लिए विभाग का सिर्फ एक ही नियम था, वो था जल्द से जल्द कनेक्शन देना। केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी पंडित सुखराम लोगों की पहुंच में थे, बिल्कुल सरल और जमीन से जुड़े हुए। छोटी -छोटी समस्याएं लेकर भी लोग पंडित जी के पास पहुंच जाते और हर छोटी समस्या को भी पंडित सुखराम पूरी तल्लीनता से सुनते और हरसंभव हल करते। सिंबल कोई भी रहा पर मंडी वालों ने दिया साथ : इसे मंडी वालों का पंडित सुखराम के प्रति स्नेह ही कहेंगे कि उन्होंने या उनके पुत्र अनिल शर्मा ने चाहे किसी भी सिंबल पर चुनाव क्यों न लड़ा हो, मंडी वालों ने हमेशा साथ दिया। पहली बार बतौर निर्दलीय चुनाव जीतने वाले पंडित सुखराम लम्बे वक्त तक कांग्रेस में रहे और हमेशा विधानसभा चुनाव जीते। इसके बाद जब 1998 में उन्होंने हिमाचल विकास कांग्रेस बनाई तो भी मंडी ने उनका साथ दिया। 2017 में जब पंडित जी और उनका परिवार भाजपाई हो गए तो भी मंडी वालों का साथ उन्हें मिला।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व स्क्रीनिंग समिति के सदस्य सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दूरसंचार क्रांति के मसीहा पंडित सुखराम का इस दुनिया से जाना देश व प्रदेश के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रहते देश में नई क्रांति लाई। घर-घर टेलीफोन लगाने और मोबाइल को हर हाथ में पहुंचाने का श्रेय सुखराम को ही जाता है। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहे। उनके साथ अंतिम समय तक मेरे घनिष्ठ संबंध रहे। राजनीतिक रूप से भी उनका हमेशा आशीर्वाद रहा। देश व प्रदेश की राजनीति व युवाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं ला सकता। पंडित सुखराम एक महान दूरदर्शी नेता थे, जिन्हें देश में दूरसंचार क्रांति के लिए स्मरण किया जाएगा। वह अनेक बार विधानसभा व लोकसभा चुनकर पहुंचे। उन्होंने हमेशा नए विचारों को मूर्तरूप देने का काम किया। सुक्खू ने कहा कि प्रभु शोक संतप्त परिवार को यह गहरा आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वह शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं, साथ ही ईश्वर से यह प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर 31 मई को हिमाचल प्रदेश में राष्ट्र स्तरीय समारोह आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस राष्ट्र स्तरीय समारोह को आयोजित करना चाहता है, जिसमें देश के सभी जिला शामिल होंगे। उन्होंने प्रदेश और प्रदेशवासियों के लिए प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और प्रदेश का त्वरित विकास सुनिश्चत करने के लिए राज्य को सहयोग प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार के ईमानदार और अथक प्रयासों से भी अवगत करवाया। प्रधानमंत्री ने इस उद्देेश्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव राम सुभग सिंह भी उपस्थित थे। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी संवाद किया और उनसे हिमाचल प्रदेश का दौरा करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य के सभी बैंकों के प्रमुखों के साथ एक सम्मेलन में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि राज्य में सीडी अनुपात बढ़ाने के लिए उपयोगी विचार-विमर्श किया जा सके। उन्होंने सशक्तिकरण के लिए महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अधिक ऋण प्रदान करने की संभावनाएं तलाशने का भी आग्रह किया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुख राम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि पंडित सुख राम का दूरसंचार क्षेत्र को विस्तार प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वह एक वरिष्ठ नेता थे, जिनका हिमाचल की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दिया, जिसे प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे। राज्यपाल ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महासचिव राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल, त्रिलोक कपूर और संगठन महासचिव पवन राणा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री पंडित सुख राम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुरेश कश्यप ने कहा कि हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को झेलने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति मिले। सुख राम एक दूरदर्शी नेता और एक उत्कृष्ट सांसद थे, यह हमारे राज्य के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमारे वरिष्ठ सहयोगी पंडित सुखराम के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति दे। पंडित सुख राम को 7 मई को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 4 मई को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उन्हें हिमाचल के मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उन्हें शनिवार को एम्स में इलाज के लिए एयरलिफ्ट करके दिल्ली लाया गया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 7 मई को कांग्रेस नेता को दिल्ली ले जाने के लिए एक राज्य हेलीकॉप्टर प्रदान किया। सुखराम 1993 से 1996 तक केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। उन्होंने पांच बार विधानसभा चुनाव और तीन बार लोकसभा चुनाव जीता। सुखराम ने 1963 से 1984 तक मंडी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला आज कोटखाई जोन की कार्यकर्ता बैठक हुई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित चेतन सिंह बरागटा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी रणनीति की योजना को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। युवा नेता चेतन सिंह बरागटा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्व. नरेंद्र बरागटा द्वारा लिखित अंतिम चिट्ठी पर संज्ञान लेते हुए खड़ापप्थर में अपने संबाेधन में जुब्बल व कोटखाई में एसडीएम कार्यलय व कोटखाई में बीडीओ कार्यलय के साथ-साथ नावर क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र, कलबोग में उपतहसील खोलने की घोषणा की थी एवं इन सभी कार्यों को मुख्यमंत्री ने धरातल पर भी उतारा, जिसके लिए जुब्बल नावर कोटखाई की समस्त जनता की ओर से हम बारम्बार मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करती है। बागवानों को काफी लंबे समय से सबसिडी पर उद्यान विभाग के द्वारा दिए जाने वाले उत्पाद नहीं मिल रहे हैं, जो कि परेशानी का सबब बन हुआ है। हम मांग करते हैं कि शीघ्र अति शीघ्र बागवानों को यह उत्पाद उपलब्ध करवाएं जाएं। चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि हिमफेड व एचपीएमसी के द्वारा किसानों बागवानों की जमा राशि पर अदायगी के रूप मे विभिन्न उत्पाद दिए जाते हैं। यहां हमारा निवेदन है कि किसानों बागवानों को एन्टिहेल नट्स व बांस भी उन उत्पादों के साथ एड किए जाएं। इसके साथ साथ जुब्बल व कोटखाई में नियमित रूप से एसडीएम की नियुक्ति व कोटखाई में काफी समय से नायब तहसीलदार के रिक्त पड़े पड़ को भी भरा जाएं। गौरतलब है कि स्व नरेंद्र बरागटा के प्रयासों में मुख्यमंत्री के सौजन्य से कोटखाई में लोक निर्माण विभाग खोला गया था, जिसका क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। इस लोक निर्माण विभाग के डिवीजन में अभी भी कई रिक्त पद पड़े हैं, जिसको भरने की मांग भी हम मुख्यमंत्री करते हैं, ताकि विकासात्मक कार्यों को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा सके। चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि जयराम सरकार ने प्रदेश के अंदर जनहित योजनाओं की झड़ी लगाई है, जिसका लाभ भरपूर मात्रा में प्रदेश की जनता को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली मर्तबा हर वर्ग के लिए एक साथ इतनी योजनाओं को लाया गया है, जिसमें हिमकेयर योजना, सहारा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना व शगुन योजना इत्यादि अनेकों योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है, जिसके लिए हम समस्त जनता की ओर से मुख्यमंत्री का विशेष रूप से आभार प्रकट करते हैं। चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि कांग्रेस के साथ मिलकर कुछ लोगों द्वारा आम आदमी पार्टी को मेरे साथ जोड़कर अटकलें लगाई जा रही हैं, जिसका खंडन करने के साथ-साथ स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं प्रखर राष्ट्रवादी हूं। खालिस्तानीयों के साथ संबंध रखने वालों के साथ मेरा दूर दूर तक कोई लेना देना नहीं हो सकता। मैं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानता हूं। उनके नेतृत्व में देश सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है। एकात्मवाद व राष्ट्रवाद मेरी आत्मा में बसा है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में हमारा झंडा भगवा ही था औऱ भविष्य के लिए भी भगवा ही लहराया था, भगवा ही लहराएगा, यही हमारा संकल्प है। इसके लिए हम प्रयासरत व संघर्षरत हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज बताया कि धर्मशाला विधानसभा में हुई घटना में राज्य पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आज प्रातः पंजाब से इस घटना के एक आरोपी हरविंद्र सिंह पुत्र राजिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर धर्मशाला में दीवार पर खालिस्तानी झंडा और भित्ति चित्रण के आरोपों को स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के संयुक्त प्रयासों से दूसरे आरोपी विनीत सिंह को भी शीघ्र ही ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धर्मशाला के सक्षम न्यायालय से तलाशी एवं गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है।
केंद्रीय मंत्री से बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्वीकृति का आग्रह फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख एल. मांडविया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर का कार्य इस वर्ष जुलाई माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा और प्रदेश सरकार इसे जनता को समर्पित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वकांक्षी परियोजना के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य संस्थानाें का सुदृढ़ नेटवर्क है तथा एम्स के आरंभ होने से यह वर्तमान स्वास्थ्य अधोसंरचना एवं सुविधाओं के क्षेत्र में एक और मील पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्वीकृति के लिए भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एशिया में सबसे बड़े फार्मा हब के रूप में जाना जाता है तथा राज्य में बल्क ड्रग पार्क स्थापित होने से औद्योगिकीकरण को और बढ़ावा मिलने के साथ-साथ राज्य में कच्चे माल के उत्पादन से फार्मा उद्योग को भी संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे फार्मा उद्योग के लिए कच्चे माल के आयात की अन्य देशों पर निर्भरता भी कम होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के स्थापित होने से राज्य में न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं पर भी चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की सभी मांगों पर हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने बैठक के दौरान महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित सुख राम के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने गत रात्रि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में अन्तिम सांस ली। वह 95 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित सुखराम एक महान दूरदर्शी नेता थे, जिन्हें देश में दूरसंचार क्रांति के लिए स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम के निधन से देश ने विशेष रूप से हिमाचल ने सदैव नए विचारों और पहलों को बढ़ावा देने वाला एक उत्कृष्ट सांसद खो दिया है। जयराम ठाकुर ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। पंडित सुखराम 1962 में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए और 1967, 1972, 1974 (उप चुनाव), 1977, 1982, 1998 और 2003 में पुनः चुने गए। वह 1967-72, 1980-85 और 24 मार्च, 1998 से 7 मई, 1998 तक राज्य मंत्रिमंडल में ऊर्जा, लोक निर्माण विभाग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, सिंचाई इत्यादि विभागों के मंत्री रहे। वह मंडी संसदीय क्षेत्र से 1985, 1991 और 1996 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और विभिन्न विभागों में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया।
शिमला के ढली थाना के अंतर्गत आने वाले डिंगूधार में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने देररात घर का ताला तोड़कर गहने और दस हजार नकद चुरा लिए। इस संबंध मिनी वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि अपे घर डींगुधार एनक्लेव में ताला लगाकर अपने ऑफिस गई थी। वह आईजीएमसी में कार्यरत है। जब वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे हुए पाए गए। जब जांच की की तो गले की चेन, मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, दो जोड़ी कानों की बालियां, चांदी की 3 जोड़ी पायल कुछचांदी के सिक्के व दस हजार रुपए गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
प्रदेश महासचिव त्रिलोक जमवाल ने भाजपा का प्रतिनिधित्व किया भाजपा अपनी सरकार को कैसे दोहराती है और चीन महत्वपूर्ण मुद्दों का व्यापार करता है फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला करेन मैक्क्रीया, राजनीतिक अधिकारी, उत्तर भारत कार्यालय और कवलीन चटवाल, आर्थिक और राजनीतिक विशेषज्ञ, अमेरिकी दूतावास कार्यालय, नई दिल्ली चक्कर शिमला में भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, सचिव प्यार सिंह कंवर, कोषाध्यक्ष संजय सूद, मीडिया सह प्रभारी करण नंदा, चेयरमैन गणेश दत्त और आईटी समन्वयक शुभंकर सूद ने उनका स्वागत किया। अमेरिका के प्रतिनिधियों ने भाजपा के प्रदेश महासचिव त्रिलोक जमवाल से मुलाकात की, जिन्होंने हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। करेन मैक्क्रीया और त्रिलोक जमवाल ने राज्य और भाजपा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ताकत के बारे में बात की, जमवाल ने बताया कि हमारा नेतृत्व हमारा गौरव है। जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, वो बिलासपुर से नाता रखते हैं और जब वे स्वास्थ्य मंत्री थे, तो उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा योजना आयुष्मान भारत दी थी। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को पानी वाले मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है। प्रो. प्रेम कुमार धूमल को पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों के मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है, जब प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे, इस योजना के तहत हिमाचल में 51 प्रतिशत सड़कों का निर्माण किया गया था। हमारे यूथ आइकॉन अनुराग ठाकुर अब केंद्र सरकार में मंत्री हैं और 6 वर्ष तक भाजयुमो ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे राज्य की छवि को मजबूत किया है। हमारे वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक बहुत ही गरीब परिवार से हैं, जो ग्रामीण हिमाचल में रहते थे और उनके पिता एक राजमिस्त्री थे। अब मुख्यमंत्री के रूप में वे देश में सबसे अच्छी जनकल्याणकारी सरकार चला रहे हैं। उनकी योजनाएं गरीब समर्थक हैं, जब वे मुख्यमंत्री बने तो उनका पहला निर्णय सामाजिक सुरक्षा पेंशन के बैनर तले वृद्ध नागरिकों के लिए था। जो अब 60 वर्ष से अधिक आयु के 7 लाख वृद्ध नागरिकों की मदद कर रहा है। जयराम ठाकुर ने गृहिणी सुविधा योजना लाई, जिसके तहत हर घर को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर मिला। आज हिमाचल एक धूम्र मुक्त राज्य है, एक डब्ल्यूएचओ अध्ययन है, जो कहता है कि अगर कोई महिला रसोई में पूरा दिन काम करती है, जहां कोई गैस सिलेंडर नहीं है, तो वह प्रति दिन 209 सिगरेट ग्रहण करती हैं। हमारी सरकार ने हिमकेयर दिया है, जिसके तहत नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख स्वास्थ्य कवरेज मिलता है। उन्होंने जन मंच योजना के बारे में भी अवगत कराया जो दर्शाता है कि हमारी सरकार लोगों द्वारा चुनी गई है और लोगों के लिए है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने केंद्र और राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। जम्वाल ने करेन मैक्क्रीया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यूपी की आबादी 23 करोड़ है, जहां हमने सरकार को दोहराकर इतिहास रच दिया, उत्तराखंड एक ऐसा राज्य है, जहां जी स्थलाकृति हमसे मिलती है, हमने वहां सरकार को दोहराया, गोवा हम तीन बार जीते और मणिपुर हमने पहली बार सरकार बनाई। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र नरेंद्र मोदी और बीजेपी के पक्ष में देश की जनता खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में 44 सांसदों पर आ गई है और केवल 2 राज्यों में उसकी सरकार है। एक वर्ष बाद कांग्रेस देश से समाप्त हो जाएगी। कांग्रेस केवल वंशवाद में विश्वास करती है और उनके नेताओं का चयन योग्यता के आधार पर नहीं है, हिमाचल इसका एक आदर्श उदाहरण है। उन्होंने उल्लेख किया कि हिमाचल एक वीर भूमि और देवभूमि है, जो देवी-देवताओं की भूमि है। विश्व का सबसे पुराना राजवंश यहां मलाणा, कुल्लू में मौजूद है। यह हमारा सौभाग्य है कि ग्रामीण क्षेत्र का हर तीसरा व्यक्ति एक फौजी के रूप में हमारे देश की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा, अपनी सरकार और अपने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की छवि पर चुनाव लड़ेगी, जो सीधे-सादे, ईमानदार और सरल हैं। हमारे नेतृत्व ने हिमाचल को एम्स दिया है। जब हम इस उपलब्धि की तुलना 23 करोड़ की आबादी वाले यूपी से करते हैं, जहां एक एम्स है। 71 लाख की आबादी वाले हम लोगों को हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने एम्स उपहार में दिया था। एम्स की शुरुआत और पूरा करना दोनों हमारी सरकार द्वारा किया जाता है। हमारे 12 जिले में 6 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 4 भाजपा ने दिए थे। पूर्व प्रधान मंत्री और भारत रतन अटल बिहारी वाजपेयी ने हिमाचल को औद्योगिक क्षेत्र और औद्योगिक पैकेज दिया, जिसे कांग्रेस ने छीन लिया। हमारा औद्योगिक क्षेत्र एशिया में प्रसिद्ध है और जल्द ही हमारे राज्य में एक बल्क ड्रग पार्क होगा। हम पर्यटन क्षेत्र का उत्थान कर रहे हैं। जिससे युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीन ने भारतीय सीमाओं को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की लेकिन केंद्र में हमारे मजबूत नेतृत्व के कारण चीन ऐसा करने में विफल रहा है। तब से हिमाचल ने भी चीन के साथ व्यापार बंद कर दिया है। आज चीन को एहसास हो गया है कि भारत कमजोर देश नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जेपी नड्डा ने हिमाचल में 3 गांवों को गोद लिया है और हमारे गांवों को हमारे सभी सांसदों ने ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए गोद लिया है। यह प्रयोग धरातल पर सफल है। कैरन मैक्क्रीया ने उल्लेख किया कि निर्वासन में तिब्बत सरकार और दलाई लामा को दी गई मदद के लिए यूएसए ने हिमाचल सरकार की सराहना की है। हिमाचल ने तिब्बत सरकार के लिए बहुत कुछ किया है, जिसकी अमरीका ने सराहना की है। जामवाल ने कहा कि हिमाचल कभी भी तिब्बत सरकार में हस्तक्षेप नहीं करता है और हम उनके चुनाव में भी उनकी मदद करते हैं, उनके साथ हमारे सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।
पुलिस पेपर लीक ने लाखों युवाओं की उम्मीदों पर फेरा पानी पेपर लीक कर भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को लगाना चाह रही नौकरी फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व स्क्रीनिंग समिति सदस्य सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले साढ़े चार के शासन में माफिया राज पनपा है। चाहे वह ड्रग, खनन या फिर पेपर लीक माफिया हो। पुलिस पेपर लीक ने लाखों युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरा है। पौने दो लाख युवा पुलिस भर्ती में शामिल हुए। हमीरपुर जिला में तो भर्ती का परिणाम भी निकल गया। माफिया ने भाजपा सरकार की नाक के नीचे इसे अंजाम दिया है। वह यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारोंं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ही भर्ती परीक्षा ली, पुलिस के पास से ही पेपर लीक हुआ और अब पुलिस की एसआईटी ही इसकी जांच कर रही है। स्थिति मैं ही चोर, मैं ही कोतवाल वाली है। 2019 में हुई पुलिस भर्ती भी विवादों मेंं रह चुकी है। प्रदेश सरकार ने बावजूद इसके पुलिस भर्ती को फुलप्रूफ बनाने के लिए कोई कदम नहींं उठाए। प्रदेश में 11 लाख बेरोजगार है, उनके लिए सरकार के पास रोजगार की कोई नीति नहीं है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को किसी न किसी तरीके से सरकारी नौकरी में लगाना चाहती है। पुलिस भर्ती का पेपर लीक भी इसी कड़ी का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने सिर्फ सिराज में या फिर अपने, मंत्रियों के रिश्तेदारों, करीबियों को नौकरी देने का काम किया है। बैकडोर से भर्तियां हो रही हैं। कांग्रेस आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बड़े खुलासे करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बताएं कि प्रदेश में साढ़े चार वर्षाें में आम आदमी को कितनी नौकरियां दीं। भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर फेल हुई है। चाहे कानून एवं व्यवस्था हो, महंगाई, बेरोजगारी, नशाखोरी व अपराध या फिर विकास का मुद्दा हो। मुख्यमंत्री बताएं कि धर्मशाला विधानसभा के मुख्य गेट पर खालिस्तान के झंडे कैसे लग गए। पुलिस कहां सो रही थी। विधानसभा भवन के बाहर सीसीटीवी कैमरे क्योंं नहीं लगाए गए हैं। चुनाव के समय ही इस तरह की गतिविधियां क्यों होती हैं। सरकार स्पष्टï करे कि सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर किस स्तर पर चूक हुई और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।
फर्स्ट वर्डिक्ट।शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शीघ्र आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए उन्हें हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क परिवहन सुविधा प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने के लिए जारी किया गया अपना प्रवेश पत्र ही दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाल ही में कांस्टेबल पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रद्द कर दी थी।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में आयुष विभाग में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों के 200 पद भरने का निर्णय लिया गया। इनमें से 100 पद सीधी भर्ती के माध्यम से और शेष 100 पद बैचवार आधार पर भरे जाएंगे। बैठक में आयुष विभाग में अनुबंध आधार पर आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के 100 पद भरने का भी निर्णय लिया गया। इन 100 पदों में से 52 पद सीधी भर्ती के माध्यम से और शेष 48 पदों को बैचवार आधार पर भरा जाएगा। मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिला के खुंडियां में नया विकास खण्ड कार्यालय खोलने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया। इस विकास खण्ड के अधीन 20 पंचायतें होंगी। मंत्रिमंडल ने पंचायती राज विभाग के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 32 पदों को भरने का निर्णय लिया। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से अनुबंध आधार पर कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के छह पद भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। राज्य के प्रत्येक जिले में ग्रामीण विकास कार्यालय के परियोजना निदेशक के कार्यालय को सुदृढ़ करने के लिए ग्रामीण विकास में विभिन्न श्रेणियों के 25 पदों को भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक पदों के सृजन के साथ मण्डी जिले के धर्मपुर में श्रम मण्डल कार्यालय एवं उप रोजगार कार्यालय खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने उद्यमियों को उद्योग अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए राज्य की बड़ी औद्योगिक इकाइयों को विद्युत शुल्क में रियायत देने का निर्णय लिया है। मंत्रिमण्डल ने अनुबंध पर नियुक्त व्यक्ति, दिहाड़ी श्रमिक/कंटींजेंट वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने और अंशकालिक कामगारों की सेवाओं को दिहाड़ीदार में बदलने के लिए मौजूदा कट ऑफ तिथि 31.03.2022 और 30.09.2022 को तय करने के लिए अपनी कार्योत्तर मंजूरी दी। बैठक में क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए कांगड़ा जिले की उप तहसील सुलह में पटवार वृत्त वोडा का पुनर्गठन करते हुए नया पटवार वृत्त सिहोटू बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सोलन जिले के कंडाघाट, धर्मपुर और कुठाड़ के प्रारंभिक शिक्षा खण्डों से निकालकर नया खंड शिक्षा कार्यालय खोलने का भी निर्णय लिया गया। इसके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन के साथ उन्हें भरने की स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंड ने शिक्षा खण्ड औट के गांव रैहन में नया प्राथमिक विद्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में सिरमौर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भरापुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को स्वीकृति प्रदान की गई। इस केंद्र के प्रबंधन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पांच पदों के सृजन और भरने को भी मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए लाहौल-स्पीति जिला के केमो में स्वास्थ्य उप केंद्र और बिलासपुर जिला के जबालियां में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने का भी निर्णय लिया गया। सिरमौर जिले में पशु औषधालय चाडऩा को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने को अपनी स्वीकृति प्रदान की गई। अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन के साथ उन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की। इससे क्षेत्र की पांच से अधिक पंचायतों के लोगों को लाभ होगा। बैठक में कुल्लू जिला के हरिपुर पशु औषधालय को तीन पदों के सृजन के साथ पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। इससे क्षेत्र की आठ पंचायतों को लाभ होगा। बैठक में सिरमौर जिला की नाहन विधानसभा क्षेत्र के देवका पुडल्ला, कियारी और संभालका गांवों में आवश्यक पदों के सृजन के साथ पशु औषधालय खोलने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में शिमला जिला में पशु औषधालय पुलवाहल को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया। अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन व इन्हें भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। इससे क्षेत्र की तीन से अधिक पंचायतों के लोगों को सुविधा प्राप्त होगी। मंत्रिमण्डल ने मण्डी जिला के केओलीेधार एवं सहज, कुल्लू जिला के गांव कराड़सू में नये आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने को स्वीकृति प्रदान की गई। प्रत्येक आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र में विभिन्न श्रेणियों के तीन-तीन पदों के सृजन के साथ उन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में प्रदेश में हिमाचली लोक संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लता मंगेशकर स्मृति पुरस्कार आरम्भ करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमण्डल ने चम्बा जिले के चुवाड़ी में नया लोक निर्माण विभाग का मण्डल खोलने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमण्डल ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में डेजिगनेटड शास्त्री शिक्षकों को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (संस्कृत) के रूप में नामित करने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में क्षेत्र की छात्राओं की सुविधा के लिए मंडी जिला के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंगरोटू में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमण्डल ने जिला सिरमौर के राजकीय उच्च पाठशाला बोहोलियन, नेहरस्वर, टोक्यां, जगला-भूद और बड़थल मधाना और कुल्लू जिला की राजकीय उच्च पाठशाला मलाणा को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और सिरमौर जिले के राजकीय माध्यमिक पाठशाला, देवका, नालका, कोडेवाला, पन्याली और सत्तार भदोन को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। नव स्तरोन्नत पाठशालाओं के सुचारू प्रबंधन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 56 पदों के सृजन और भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने मण्डी जिला के राजकीय उच्च पाठशाला खौली को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजकीय माध्यमिक पाठशाला चुलाथाच व योरना और कुल्लू जिला के राजकीय माध्यमिक पाठशाला पिपलेज और सरसारी को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिहार और सुजैणी को माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने के साथ विभिन्न श्रेणियों के 27 पदों को सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जिला सिरमौर के नौहराधार में नया राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने के साथ-साथ इसमें संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 18 पद सृजित कर भरने को अपनी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने हाल ही में खोले गए सरदार पटेल विश्वविद्यालय मण्डी और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के क्षेत्राधिकार के निर्धारण को अपनी स्वीकृति प्रदान की। मंडी, कांगड़ा, चंबा, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिले के 137 महाविद्यालय सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अन्तर्गत, जबकि शिमला, सिरमौर, सोलन, किन्नौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों के 165 महाविद्यालय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के अंतर्गत आएंगे। मंत्रिमंडल ने हमीरपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुलेहड़ा और धबीड़ी में विज्ञान की कक्षाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहारली में वाणिज्य कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया ताकि इन क्षेत्रों के छात्रों की सुविधा हो सके। मंत्रिमंडल ने गौ अभ्यारण्य/गौसदनों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को प्रति गाय प्रति माह 500 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये करने का निर्णय लिया।
धर्मशाला स्थित विधानसभा गेट पर खालिस्तानी झंडे लगे मिलने पर प्रदेश की बीजेपी सरकार आम आदमी पार्टी के निशाने पर है। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा हमला करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व डीजीपी आईडी भंडारी ने कहा कि विधानसभा गेट के बाहर खालिस्तानी झंडे लगे मिलना जयराम की सुस्त और लाचार सरकार का नतीजा है जहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध न होने से देश विरोधी तत्वों ने विधानसभा जैसे महत्त्वपूर्ण और अति संवेदनशील जगह को अपना निशाना बनाया है। इस घटना के बाद प्रदेश के मुखिया जयराम का जो बयान है वह भी बड़ा निंदनीय है। प्रदेश प्रवक्ता आईडी भंडारी ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा परिसर में खालिस्तान के पोस्टर लग रहा बहुत ही शर्मनाक और दुखद घटना है इस पर जो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बयान आया है कि दिन के उजाले में देख लेंगे तो यह बहुत ही बचकाना बयान है।
रेडक्रॉस के उद्देश्य के अनुरूप जिला स्तरीय मेले में युवाओं, महिलाओं, बच्चों, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी एवं स्वैच्छिक संस्थाओं व खिलाडिय़ों को सम्मिलित कर व्यापकता प्रदान की है। यह विचार आज जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने रामपुर कॉलेज मैदान में आयोजित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के समापन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि मेले में 100 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए गए, जिसमें 32 व्हील चेयर, 38 वाकिंग स्टिक, 11 बैसाखियां, 17 श्रवण यंत्र तथा ब्रिल कैन 2 वितरित की गई। स्कूली छात्राओं को 200 स्वच्छता किट भी वितरित की गई। उन्होंने बताया कि मेले में रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 40 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 200 लोगों के स्वास्थ्य जांच तथा 150 लोगों की एचबी जांच और 200 लोगों की शुगर जांच की गई। विभिन्न विकासात्मक, सांस्कृतिक तथा समाज को विभिन्न विषयों के प्रति जागृति को दर्शाती हुई 10 झांकियों में 500 से अधिक कलाकार एवं स्वयंसेवियों ने संदेश सम्प्रेषित किया। उन्होंने बताया कि रस्सा कशी, वॉलीबॉल, मटका फोड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ दो दिन में आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों में लगभग 2000 से अधिक खिलाडिय़ों, कलाकारों, स्कूली बच्चों, महिला मण्डलों, स्वयं सहायता समूहों तथा युवक मण्डलों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों व स्वयं सहायता समूहों द्वारा 41 स्टॉल मेला मैदान में स्थापित किए गए थे, जिसमें लोगों ने स्थानीय उत्पादों की खरीद के साथ-साथ विभिन्न विभागों की कल्याणकारी नीतियों की जानकारी प्राप्त की। एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत आयोजित बेबी शो, प्रश्नोत्तरी तथा नारा लेखन में बच्चों की भागीदारी भी काफी तादाद में रही। इसके अतिरिक्त हाफ मैराथन, फुल मैराथन तथा अन्य कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रामपुर, रोहडू, चैपाल एवं डोडरा क्वार उपमण्डलों के दूर-दराज क्षेत्रों की स्कूली छात्राओं को स्वच्छता किटों का आबंटन किया गया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने रैफल ड्रॉ भी निकाले। इस अवसर पर हिमको फैड के अध्यक्ष कौल नेगी, हिमफैड निदेशक नरेश चौहान, जिला महासु महामंत्री विजय गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष दिशना भंडारी, पार्षद स्वाति बंसल, कांता नेगी, मनीषा मितल, पंचायत समिति सदस्य नीरा शर्मा, वरिष्ठ नेत्री नीना शर्मा, जूही नायल जस्टिस बोर्ड के सदस्य मनमोहन, उपमण्डलाधिकारी सुरेन्द्र मोहन, जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश में सरकारी भर्तियों में मिलीभगत से पेपर लीक होना भाजपा सरकार की नाकामी को दिखाता हैं जिसका खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा हैं। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा ने कोटखाई में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले जेओआईटी पेपर लीक का मामला प्रकाश में आया था और अब पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा का पेपर भी लीक हो गया। मोतीलाल डेरटा ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले चार सालों में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की उदासीनता के चलते प्रदेश में 14 लाख से अधिक पंजीकृत बेरोजगार युवाओं की फौज खड़ी हो गई हैं। मोतीलाल डेरटा ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामलें देखने को मिल रहे थे जिसमें अब जयराम सरकार भी शामिल हो गई हैं।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मंडी के गोहर उप मंडल की ग्राम पंचायत सरोआ में विद्युत अनुभाग तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने सरोआ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इससे पूर्व यह क्षेत्र विद्युत उप मंडल गोहर के विद्युत अनुभाग सैंज से जुड़ा हुआ था और इस क्षेत्र की जनता को संबंधित कार्यों के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब सरोआ विद्युत अनुभाग के शुरू हो जाने से क्षेत्र की तीन पंचायतें सरोआ, कांडी और अनाह विद्युत उप मंडल पंडोह से जुड़ गई हैं, जिससे लगभग 3000 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि गोहर विद्युत उप मंडल में वर्ष 2017 तक 106.4 किलोमीटर 33 केवी एचटी लाइन थी, जो अब बढ़ कर 123.4 किलोमीटर हो गई है, 22 केवी की 387 किलोमीटर एचटी लाइन अब 485 किलोमीटर हो गई है, 11 केवी एचटी लाइन 119 किलोमीटर थी, जो बढ़कर 138 किलोमीटर हो गई है, जबकि 1980 किलोमीटर एलटी लाइन वर्तमान में बढ़ कर 2440 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार गोहर विद्युत उप मंडल में वर्ष 2017 में 561 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर थे, जिनकी संख्या वर्तमान में बढ़कर 674 हो गई है जबकि 33/22/11 केवी सब स्टेशन की संख्या चार से बढ़ कर पांच हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणात्मकता और विस्तारीकरण को प्राथमिकता प्रदान करते हुए इन सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सरोआ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आरंभ हो जाने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा, जो यहां के लोगों की एक लंबित व वांछित मांग थी। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से करीब 10 हजार की जनसंख्या लाभान्वित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत लगभग साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं, बुजुर्गों व अन्य कमजोर वर्गों सहित सभी को समान रूप से लाभ पहुंचा है। सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। राज्य की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए यह अवधि अभूतपूर्व रही है। इस अवसर पर जिला परिषद के अध्यक्ष पाल वर्मा, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, मुख्य अभियंता विद्युत मंडी क्षेत्र यशवन्त ठाकुर, अधीक्षण अभियंता विद्युत वृत्त मंडी प्रवीन धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता विद्युत, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पताल परिसरों में स्थापित निजी लैबों में 233 टेस्ट निशुल्क होंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुणे की कंपनी को टेंडर देने के बाद एग्रीमेंट साइन कर लिया गया है। करार के मुताबिक कंपनी को डेढ़ माह बाद सेवाएं देनी शुरू करनी होगी, वहीं तीन माह के भीतर अस्पतालों में अपना आधारभूत ढांचा विकसित करना होगा। प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों, जोनल अस्पतालों, सिविल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब स्थापित हैं। इनमें सरकारी रेट पर हर तरह के टेस्ट होते हैं। स्वास्थ्य विभाग की अपनी लैब भी हैं। इनमें 12 बजे तक टेस्ट होते हैं। उसके बाद इनकी जांच की जाती है। ऐसे में लोग निजी लैब में टेस्ट करवाते हैं। पहले अस्पतालों में 11 तरह की श्रेणियों में आने वाले मरीजों को ही यह सुविधा मिलती थी, लेकिन अब सभी मरीजों को निशुल्क टेस्ट सुविधा का लाभ मिलेगा। इसमें अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन भी शामिल हैं। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि निशुल्क टेस्ट की संख्या बढ़ाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक रमेश चंद ने कहा कि एग्रीमेंट साइन कर लिया गया है। नई कंपनी सरकार को 41 फ ीसदी तक टेस्ट में छूट देगी। मरीजों के टेस्ट की यह राशि सरकार वहन करेगी। मरीजों से टेस्ट से पैसे नहीं लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास में प्रशासनिक अधिकारियों का सदैव ही सराहनीय योगदान रहा है। उनकी कड़ी मेहनत और व्यवसायिकता के फलस्वरुप प्रदेश को मॉडल राज्य के रूप में अपनी अलग पहचान कायम करने में मदद मिली है। वह गत सायं यहां हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा अधिकारी संघ के वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एसडीएम की सुरक्षा के दृष्टिगत उनके साथ पीएसओ तैनात करने और जिन स्थानों पर एसडीएम के लिए सरकारी आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां रेंट फ्री आवास उपलब्ध करवाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों के समर्थन और ईमानदारी से राज्य सरकार ने अनेक सुधार सुनिश्चित किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी राज्य के दूर-दराज क्षेत्रों में बहुत विपरीत परिस्थितियों में कार्य कर निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किये जा रहे नवोमेश प्रयासों और प्रतिबद्धता के कारण ही राज्य के सूचकांक कई बड़े राज्यों के मुकाबले बेहतरीन हैं। उन्होंने अधिकारियों से समर्पण के साथ कार्य करने को कहा ताकि सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित किया जाए और अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में प्रशासनिक अधिकारियों को न केवल पारदर्शिता व कर्मठता से कार्य करने की आवश्यकता है बल्कि उन्हें अधिक संवेदनशील भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन में महिलाओं की भागीदारी का बढऩा भी बहुत ही सकारात्मक संकेत है। जय राम ठाकुर ने प्रशासनिक अधिकारियों से सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने का आहृवान किया। इससे कार्यो के निष्पादन और प्रभावी निगरानी में भी मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की स्मारिका अभिव्यक्ति का विमोचन भी किया। इस अवसर पर एसोसिएशन ने जय राम ठाकुर को हिमाचल की राजनीति के भद्रपुरुष की उपमा दी। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और एसोसिएशन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। एसोसिएशन के महासचिव श्रवण मांटा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुभासीष पंडा, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हरबंस सिंह ब्रस्कोन और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विख्यात चिकित्सा विज्ञानी पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग ढाई लाख लोग घातक रोग थैलेसीमिया से ग्रस्त । विवाह पूर्व थैलेसीमिया की जांच करने से इस अनुवांशिक रक्त विकार का फैलाव रोका जा सकता है। देश में हिमाचल ऐसा पहला राज्य बन गया है जहां इस रोग को लेकर सर्वेक्षण किया गया। लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। कार्यक्रम की संयोजक एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान में पीएचडी कर रही दृष्टिबाधित छात्रा प्रतिभा ठाकुर ने बताया कि डॉ. भारती अंतरराष्ट्री थैलेसीमिया दिवस पर उमंग फाउंडेशन के वेबिनार में थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों के अधिकार और रक्तदान का महत्व विषय पर बोल रहे थे।
अब राजधानी में शोर मचाया तो खैर नहीं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करेगी। हिमाचल में पहली बार शिमला पुलिस ने 'शोर नहींÓ ऐप लांच किया है। इससे तुरंत अपने आसपास शोर मचाने वालों की शिकायत की जा सकती। गूगल प्ले स्टोर में जाकर यह ऐप डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद चाहे दिन हो या रात, ऊंची आवाज से हो रही असुविधा की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा सकते हैं। एप की खासियत है कि इसको लॉग इन करते ही शिकायतकर्ता की लोकेशन आटोमैटिक दर्ज हो जाएगी। गांव, मुहल्लों में भी अधिक शोर मचाने को अपराध की श्रेणी में रखा है। पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने यह एप विकसित की है। शिकायतकर्ता खुद इस एप पर शोर की ध्वनि का स्तर जांच सकते हैं। यदि शोर तय मानकों से ज्यादा हुआ तो इसकी शिकायत दे सकते हैं। यही नहीं, शिकायतकर्ता संबंधित जगह की फोटो भी एप पर भेज सकेंगे। इसके बाद शिकायत ऑनलाइन संबंधित थाने में जाएगी। इसके अलावा एप में शिकायत का ऑनलाइन रियल टाइम स्टेटस जानने की सुविधा भी दी गई है। 55 से 60 डेसीबल से ज्यादा आवाज बहरा कर सकती है। एसपी डॉ. मोनिका भुटूंगरु ने बताया कि रात के समय आसपास के क्षेत्र में ऊंची आवाज में संगीत बजता है तो असुविधा की शिकायत 'शोर नहींÓ एप पर दर्ज करवा सकते हैं। जिलावासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन प्रयासरत है। इसके साथ पुलिस नंबर 0177-2812344 एवं 112 पर भी सूचना दे सकते हैं।
धर्मशाला विधानसभा परिसर में खालिस्तानी झंडा मामले पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने जयराम सरकार को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर राजनीति न करने की सलाह दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के मंत्री मौज मस्ती छोड़कर प्रदेश हित में कार्य करे। गौरव शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा के मामले में भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए अपितु उन्हे सरकार के आला अधिकारियों को तुरंत आरोपियों को पकडऩे के लिए नकेल कसनी चाहिए।प्रदेश सरकार को अधिकारीयों की जनता के प्रति जवाबदेही को सुनिश्चित करना चाहिए। गौरव शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मंत्री जश्न मनाने और नाच गानों में व्यस्त है और हास्यस्पद बयान दे रहे की आम जनता उन्हें बताएं की क्या हो रहा है, कौन कर रहा है। वे जरूर एक्शन लेंगे। ऐसा लगता है जैसे मंत्री महोदय को प्रदेश में घट रही घटनाओं का बोध नहीं है।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज यहां शिमला स्मार्ट सिटी की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं प्राप्त करने में सहायता मिलेंगी। इस वेबसाइट में पानी के बिल का गणक, भवन योजना अनुमोदन, पानी के बिल, गारबेज बिल अदायगी, पट्टा किराया भुगतान, सम्पत्ति कर अदायगी, बिजली के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन, सीवरेज कनेक्शन के लिए आवेदन और कैनोपी के लिए अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से शिमला स्मार्ट सिटी द्वारा विभिन्न घटकों के तहत कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध होगी। उन्होंने शिमला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रयासों की सराहना करते हुए विभिन्न कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और सेवाओं के एकीकरण करने के निर्देश दिए। शिमला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबन्ध निदेशक मनमोहन शर्मा, नगर निगम शिमला के अतिरिक्त आयुक्त व शिमला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के महा-प्रबंधक अजीत भारद्वाज, महा-प्रबन्धक तकनीकी ब्रह्म प्रकाश और आईटी प्रबंधक प्रेम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
छात्र अभिभावक मंच ने निजी स्कूलों में आम सभाओं के जरिए पीटीए गठन करके भारी फीसों पर रोक लगाने की मांग की है। मंच के संयोजक विजेंद्र मेहरा व सदस्य विवेक कश्यप ने उच्चतर शिक्षा निदेशक को चेताया है कि अगर छात्र अभिभावक मंच के प्रतिनिधिमंडल को किए वादे के अनुसार आम सभाओं, पीटीए गठन व भारी फीसों पर रोक लगाने के संदर्भ में तुरन्त आदेश जारी न किए तो मंच दोबारा से शिक्षा निदेशालय का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा निदेशक को निजी स्कूलों की मनमानी को रोकने के सन्दर्भ में मांग-पत्र सौंपे हुए पूरा एक महीना बीत गया है परन्तु पीटीए व फीसों के संदर्भ में कोई भी आदेश जारी नहीं हुए हैं। मंच ने प्रदेश सरकार व उच्चतर शिक्षा निदेशालय को चेताया है कि अगर निजी स्कूलों में तुरन्त आम सभाएं आयोजित करके पीटीए का गठन न हुआ व भारी फीसों पर रोक न लगी तो अभिभावक सरकार के खिलाफ दोबारा मोर्चा खोलेंगे व शिक्षा निदेशालय पर प्रदर्शन करेंगे।
धर्मशाला विधानसभा के बाहर खालिस्तान का झंडा लगाने व दीवारों पर खालिस्तान लिखने वाले तथाकथित खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर देशद्रोह का मामला दर्ज करने के आदेश दें और हिमाचल विधानसभा में कानून यह कानून भी पारित करें। उपरोक्त शब्द आज एंटी टेरोरिस्ट फंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने इस घटना के बाद जारी प्रेस बयान में कही। शांडिल्य ने कहा खालिस्तान व भिंडरावाला समर्थकों को देखते ही गोली मारने के आदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को देंगे पड़ेंगे तभी यह तथाकथित कट्टरपंथी सर उठाना बंद करेंगे। उन्होंने कहा किसी कीमत भी हिमाचल का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि धर्मशाला की एसपी के मुताबिक खालिस्तान के झंडे लगाने वालों के खिलाफ मामूली धारा में मामला दर्ज किया गया जो कि हिमाचल प्रदेश खुले स्थान (विकृति निवारण) अधिनियम,1985 के तहत मामला किया गया जो बेहद गलत है ऐसे कट्टरपंथियों के खिलाफ देशद्रोह की धारा 124-ए के तहत मामला दर्ज किया जाए ताकि इन्हे सबक मिले और अगली बार ऐसी घटना करने से पहले कोई सौ बार सोचें।
विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आज राजभवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा और राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबन्धन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर, अन्य सदस्य और राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी तथा हि.प्र. रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, जो हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं, को रेड क्रॉस का झंडा लगाया। इस अवसर पर राज्यपाल ने भी रेड क्रॉस सोसायटी के लिए अपना अंशदान दिया।
कच्ची घाटी के समीप पत्रकार विहार शेमरॉक रोजेंस स्कूल ने वाटिका रिजॉर्ट शोघी में मातृ दिवस मनाया। स्कूल प्रधानाचार्य प्रीति चुटानी ने स्टूडेंट्स की माताओं को इस दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्टूडेंट्स को अपनी माताओं का सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रथम गुरु माता ही होती है जो बच्चे को अंगुली पकड़कर चलना सिखाती है।
प्रदेश सरकार राज्य में गुणात्मक और रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर युवाओं को स्वावलंबन की राह पर अग्रसर कर रही है। हिमाचल सरकार प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दे रही है। प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा संस्थानों में कई नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। वर्तमान में तकनीकी शिक्षा विभाग के अन्तर्गत कुल 363 तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान क्रियाशील हैं। प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में 5 इंजीनियरिंग कॉलेज, 4 फार्मेसी कॉलेज, 16 बहुतकनीकी संस्थान, 138 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं एक मोटर ड्राइविंग एवं हैवी अर्थ मूविंग मशीनरी ऑपरेटर स्कूल तथा निजी क्षेत्र में 9 इंजीनियरिंग कॉलेज, 16 फार्मेसी कॉलेज, 9 बहुतकनीकी संस्थान, 14 डी-फार्मेसी कॉलेज एवं 151 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कार्यरत हैं। इन संस्थानों की क्षमता 58439 है। प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा के राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान रैहन में कम्प्यूटर इंजीनियरिंग और सिविल इजीनयरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया है। प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में अगले शैक्षणिक सत्र से जवाहर लाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर में कम्प्यूटर सांइस में बीटेक तथा सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान कंडाघाट में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम तथा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ में फार्मेसी डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। प्रदेश में कुशल मानव संसाधन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जिला बिलासपुर के बंदला में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और शिमला जिला के कोटला ज्यूरी में महात्मा गांधी इजीनियरिंग कॉलेज अनुमोदित किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने मंडी जिला के करसोग और सिराज, कांगड़ा जिला के जन्दौर एवं सुलह तथा कुल्लू के दलाश में बहुतकनीकी संस्थान स्थापित करने के लिए अधिसूचना जारी की है। प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिला के सुलाह विधानसभा क्षेत्र में राजकीय फार्मेसी महाविद्यालय खोलने के लिए अधिसूचना जारी की है। शिमला जिला के अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय प्रगतिनगर में डिग्री स्तर का इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग व्यवसाय (ट्रेड) वर्ष 2019 से चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने प्लम्बिग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल मरम्मत जैसी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए कौशल आपके द्वार योजना आरंभ की है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को न्यूनतम संभावित दरों पर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
वर्तमान में साइबर क्राइम बढ़ रहा है। रोज लोगों को चूना लगाया जा रहा है। इसी तरह का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में साइबर सेल शिमला को एक शिकायत प्राप्त हुई। इसमें शातिर ने शिकायतकर्ता को बिजली का नया मीटर लगाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया। शातिर ने पीडि़त के मोबाइल में क्विक सपोर्ट ऐप डाउनलोड करवाया। साथ ही बैंक संबंधी निजी जानकारी भी ले ली। इसके साथ ही उसने पीडि़त के अकाऊंट से 1,60,000 निकलवा लिए। मामले पर साइबर सेल शिमला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1,30,000 रुपए पीडि़त के खाते में वापस करवा दिए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला खंड विकास कार्यालय सोलन में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। यह बैठक विधायक कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक ने विभिन्न पंचायतों में दिए गए धनराशि और विभिन्न स्कीमों की समीक्षा की, जो पंचायतों में कार्य चल रहे हैं और जो किसी कारण से नहीं शुरू हो पाया, उस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपस्थित प्रधानों उप प्रधानों और खंड विकास अधिकारी को कार्यों में थोड़ा तेजी लाने बारे कहा गया। विधायक ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों का विकास कार्यों में अहम भूमिका होती है। बैठक में संजीव ठाकुर अध्यक्ष विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सोलन विशेष रूप से उपस्थित रहे। खंड विकास अधिकारी विजय शर्मा, राजेश आरोड़ा, सुमित ठाकुर, पंचायतों के सचिव, तकनीकी सहायक व सहित उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल भाजपा 8 मई को होटल पीटरहॉफ में मीडिया कार्यशाला का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा संबोधित करेंगे, जहां वह बैठक में आए प्रतिनिधियों को टिप्स देंगे। इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता एवं सभी सात मोर्चा के मीडिया प्रभारी शामिल होंगे। एक सत्र को भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा संबोधित करेंगे और समापन सत्र को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला मीडिया के क्षेत्र से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं के लिए लाभकारी होगी। यह चुनावी साल है और बीजेपी अपने अभियान में काफी आक्रामक होगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रही एनटीटी अध्यापिकाओं ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्री प्राइमरी स्कूलों में भर्ती न होने से ये अध्यापिकाएं काफी परेशान है। हिमाचल में राज्य सरकार ने 4000 से ज्यादा स्कूलों में प्री नर्सरी की कक्षाएं शुरू कर दी हैं। इनमें 700 स्कूल और जोड़े जा रहे हैं। अब तक 55,000 बच्चों का एनरोलमेंट यहां हो चुका है, लेकिन इन्हें संभालने और पढ़ाने के लिए टीचर की भर्ती अब तक नहीं हो पाई है। वर्तमान में सरकार ने जेबीटी को ही ये काम दे रखा है। प्री नर्सरी कक्षाएं अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति का भाग हैं। इसके बावजूद अब तक शिक्षकों की भर्ती के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके लिए समग्र शिक्षा अभियान ने बजट भी दे रखा है, लेकिन भर्ती नीति फाइनल नहीं हो पा रही। एनटीटी अध्यापिकाएं इस देरी से काफी परेशान है और सरकार से नाराज भी हैं। एनटीटी प्रशिक्षित महासंघ का कहना है कि भर्ती में ये विलंब समझ से परे हैं। उनका कहना है कि काफी लंबे समय से वे इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, मगर सरकार द्वारा इसे लंबा खींचे जाने से वे काफी परशान है। संघ का कहना है कि पढ़ी-लिखी होने के बावजूद कई अध्यापिकाएं बेरोजगार है और आर्थिक तंगी झेल रही है। एनटीटी प्रशिक्षित महासंघ की महासचिव कल्पना शर्मा का कहना है कि इन महिलाओं ने नर्सरी अध्यापिका का प्रशिक्षण यह सोचकर प्राप्त किया था कि भविष्य में उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इनमें से अधिकतर महिला गरीब परिवार से संबंधित है और कुछ महिलाएं विधवा है। सभी महिलाओं ने मिलकर बार-बार हिमाचल सरकार से रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए आग्रह किया हैं, लेकिन प्रदेश सरकार सुध लेने को तैयार नहीं। 1996 -97 में नर्सरी अध्यापिकाओं को प्राथमिक पाठशालाओं में लगाया गया था, परंतु उसके बाद से आजतक कोई नर्सरी अध्यापिका नहीं लगाई गई है। उनका कहना है कि सरकार को हमारी मांगें जल्द पूरी करनी होगी, अन्यथा आंदोलन उग्र रूप लेगा। एनटीटी और आंगनबाड़ी वर्कर, दोनों मांग रहे नियुक्ति- एनटीटी कर चुकी महिलाएं बीते लंबे समय से उन्हें ही इन स्कूलों में नियुक्ति देने की मांग कर रही हैं। उधर, आंगनबाड़ी वर्कर भी नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। दोनों ही संगठनों की ओर से विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रदर्शन भी किए गए थे। सरकार के अनुसार ये विलम्ब नीति न बन पाने के कारण हो रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के शिक्षा विभाग के अनुसार एनटीटी कोर्स की मान्यता को लेकर पूरे देश में दिक्कत आ रही है। इसलिए एनसीटीई के भर्ती नियमों में आजकल के हिसाब से कुछ बदलाव करने की जरूरत है। इससे पहले राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने दिल्ली से एनटीटी के रिकाग्राइज्ड संस्थानों की सूची मांगी थी। जवाब के बाद ये उम्मीद दिखी है कि एनसीटीई के 2018 के भर्ती नियमों में बदलाव होगा। इसमें दो साल के एनटीटी डिप्लोमा की बात की गई है, जबकि एक साल की अवधि के कोर्स वाले भी राज्य में मौजूद हैं। ये है एनटीटी की मुख्य मांगे- - प्री प्राइमरी कक्षाओं को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिकाओं को नियुक्त किया जाए। - प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिकाओं की नियुक्ति आरएंडपी रूल्स बनाकर की जाए। - प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिकाओं की नियुक्ति नियमित आधार पर की जाए। - आयु सीमा में छूट दी जाए। - योग्यता प्लस टू पास हो व नर्सरी का विशेष प्रमाण पत्र रखा जाए। - वार्ड ऑफ़ एक्स सर्विस मैन का कोटा दिया जाए। - प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिकाओं की नियुक्ति बैच वाइज की जाए। - उच्च शिक्षा प्राप्त प्रार्थी को शिक्षा योग्यता के अनुसार प्राथमिकता दी जाए। - प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिका की नियुक्ति बिना किसी शर्त के की जाए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 1700 पदों को भरने के लिए फिटनेस टेस्ट के बाद 27 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें कांस्टेबल के 1334 पदों के लिए 75803 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी थी। इनमें 60454 पुरुष और 14653 महिला उम्मीदवार थीं, जिसका परिणाम 5 अप्रैल को जारी कर दिया गया था, परंतु 6 मई को यह सामने आता है कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती का पेपर पहले ही लीक हो चुका था, जिस कारण यह परीक्षा परिणाम हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा रद्द कर दिया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् इस घटना को कड़ी निंदा करती है। जिला कांगड़ा के गगल पुलिस थाना में आईपीसी की धारा-420 और 120 बी के तहत पेपर लीक को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री विशाल वर्मा ने कहा की जिस तरह से देखने में आ रहा है कि पुलिस प्रशासन ने अभी एक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जो की एक निंदनीय विषय है। हिमाचल प्रदेश के डीजीपी भी नाटियां डालने में व्यस्त हैं और इस विषय को लेकर जरा भी सख्त नहीं है। पुलिस प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समाज हित के लिए कार्य करने वाले विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन होने के नाते यह मांग करती है की जल्द से जल्द इस मामले पर कार्रवाई शुरू की जाए व जो भी दोषी पाए जाते हैं, उनको कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी कोई भी इस तरह के निंदनीय कार्य करने के बारे में न सोचे। इसी के साथ विद्यार्थी परिषद पुलिस प्रशासन से यह मांग करती है कि जल्द से जल्द इस परीक्षा को पुनः करवाया जाए। यह जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री विशाल वर्मा ने दी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र में सैंज मेले के अवसर पर विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए नई राहें, नई मंजिलें योजना के अंतर्गत कुल्लू जिला के सैंज क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, सैंज में संयुक्त कार्यालय भवन निर्मित करने तथा क्षेत्र के लोगों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य स्वास्थ्य केंद्र सैंज की क्षमता 50 बिस्तरों तक करने की घोषणा की। उन्होंने 2.70 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सैंज तथा ग्राम पंचायत कोटला में ‘हर घर नल से जल’ योजना के अंतर्गत 2.07 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना लारजी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने सैंज में खण्ड प्राथमिक शिक्षा कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्यौहार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मेले मनोरंजन का मुख्य साधन हैं। इस तरह के आयोजनों से न केवल समृद्ध परंपराओं तथा संस्कृति को संरक्षित करने में मदद मिलती है, बल्कि इससे हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत भी समृद्ध होती है। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी संस्कृति पर हमेशा गर्व करना चाहिए। क्योंकि अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा समाज ही आगे बढ़ता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान प्रदेश के लोग केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना व उज्ज्वला योजना इत्यादि अनेक योजनाओं का प्रदेश के लाखों लोगों ने लाभ उठाया है। इसी प्रकार गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से राज्य के लगभग प्रत्येक परिवार को लाभ पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय सिनहान को उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय कनौन को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मनिहार एवं काइशुधार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्थानीय देवी-देवताओं के आशीर्वाद से आज मुख्यमंत्री ने सैंज में 2.70 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के लोगों के प्रति मुख्यमंत्री के स्नेह के कारण ही क्षेत्र में डिग्री कॉलेज और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना संभव हो पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से भी अवगत करवाया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष भीम सैन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव महन्त, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, पुलिस निदेशक गुरदेव शर्मा अन्य सहित उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश बोर्ड द्वारा मेधावी छात्रों को मिलने वाली स्कॉलरशिप में बढ़ोतरी से बच्चे लाभान्वित होंगे। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार महामंत्री मामराज पुंडीर संगठन मंत्री विनोद सूद एवं समस्त प्रांत कार्यकारिणी एवं समस्त जिला कार्यकारिणी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार और हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड का आभार व्यक्त करता है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए स्कॉलरशिप की राशि में बढ़ोतरी की गई है। प्रांत मीडिया प्रमुख हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ शशि शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में मेरिट में आने वाले छात्रों को दी जाने वाली बोर्ड छात्रवृति राशि में 10000 से 25000 तक की बढ़ोतरी बोर्ड द्वारा की गई है। लिए गए निर्णय से हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले छात्रों को एक अच्छी छात्रवृत्ति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इस संबंध में बोर्ड की 118 की बैठक में जो निर्णय लिया गया ।उसमें इन मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति में अच्छा लाभ होगा। प्रांत महामंत्री डॉ. मामराज प्रदेश ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिंगल गर्ल चाइल्ड को भी बोर्ड द्वारा डॉक्टर राधाकृष्ण छात्रवृत्ति के तहत कक्षा दसवीं एवं जमा दो के छात्रों को कॉरपस अमाउंट के अंतर्गत गठित ट्रस्ट के माध्यम से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। पहले यह छात्रवृत्ति साधारण और शारीरिक रूप से विकलांग छात्रों को ही मिलती थी। बोर्ड द्वारा सरकारी एवम सम्बद्धता प्राप्त स्कूलों की जो अनुदान राशि प्रदान की जाती है उसमें भी बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है, जो पहले गवर्नमेंट और प्राइवेट एफिलेटेड स्कूल को 20000 रुपए की राशि व्यक्ति थी वह अब बढ़कर 50000 रुपए की राशि मिलेगी। यह जानकारी शशि शर्मा प्रांत मीडिया प्रमुख हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने दी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि जयराम सरकार को पेपर लीक सरकार करार दिया। उन्होंने प्रदेश भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में पहले पटवारी, जेओए आईटी अब प्रदेश की कानून व्यावस्था को देखने वाली पुलिस भर्ती का पेपर लीक हो गया और सरेआम प्रदेश के नौजवान युवाओं के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल हर घोटालें में मात्र एसआईटी गठित की जाती है, लेकिन उसका रिजल्ट कोई नही आता है। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोग केंद्रीय विश्वविद्यालय व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में चोर दरवाजे से भर्ती कर बिना पात्रता के हजारों लोगों को भर्ती किया गया हैं। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुख्य पदों पर बैठे नोमिनेटिड मुख्यमंत्री के ओएसडी ने अपनी पत्नी सहित 8 बच्चों को चोर दरवाजे से बिना मापदंडों को पुरे किए विश्वविद्यालय के माॅडल स्कूल में नौकरी दी गई। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करती है। नेगी निगम भंडारी ने मांग की है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में चोर दरवाजे से हुई भर्तीयों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा की भाजपा की जिस भी प्रदेश में सरकारें हैं, उन प्रदेशों में इस तरह के घोटाले सरेआम हो रहें है। चाहे हरियाणा हो, यूपी हो व मध्य प्रदेश हो जहां पेपर लीेक करवा कर नौजवान युवाओं के साथ घोर अन्याय हो रहा है।
खन्ना ने पंजाब पुलिस पर उसके नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा का "अपहरण" का आरोप फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि दिल्ली भाजपा प्रवक्ता तजिंदर सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। आम आदमी पार्टी विरोधियों से हिसाब चुकता करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। आप जनता की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, वे आलोचकों के लिए बिल्कुल भी खुले नहीं हैं। यदि कोई व्यक्ति जनता को उनका असली चेहरा दिखाने की कोशिश करता है, तो आप शत्रुतापूर्ण तरीके से रिएक्ट करती है, जो अनैतिक है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में डमी सरकार चला रहे हैं। यह घटना इसी आरोप की पुष्टि है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के अधिकारियों की एक टीम ने भाजपा नेता को उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्हें बग्गा की गिरफ्तारी के बारे में सूचित नहीं किया गया था और पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। पंजाब पुलिस की टीम को बाद में स्थानीय पुलिस ने हरियाणा में रोका, जिसने बग्गा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। क्या यह संभव है कि पंजाब पुलिस ने दिल्ली पुलिस को विश्वास में नहीं लिया हो? उन्होंने कहा कि 10-12 वाहनों में लगभग 50 पुलिसकर्मी बग्गा को उनके आवास से गिरफ्तार करने आए थे। क्या यह उचित है कि साइबर शिकायत के लिए इतनी बड़ी ताकत लगाई जाए? बग्गा कोई आतंकवादी नहीं, सामान्य नागरिक हालांकि पुलिस टीम को सड़क मार्ग से बग्गा को मोहाली ले जाते समय हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र के पास रोक लिया। यह पूछे जाने पर कि पंजाब पुलिस की टीम को क्यों रोका गया। हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसी सूचना थी कि बग्गा को उनके आवास से "जबरन" उठाया गया था। यह दिल्ली और पंजाब में आप सरकार की गलत मंशा को दर्शाता है। पंजाब सरकार ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के समक्ष एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की, जिसमें हरियाणा द्वारा अपने पुलिसकर्मियों को अवैध रूप से हिरासत में रखने का आरोप लगाया गया। याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया था। यह पूरी तरह से दिखाता है कि कैसे आम आदमी पार्टी पंजाब पुलिस को प्रभावित करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। कोर्ट से ऊपर कुछ भी नहीं है। तजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी के तरीके को लेकर सवाल उठाए गए हैं। दिल्ली पुलिस, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है, ने बग्गा के पिता की शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया कि दिल्ली के जनकपुरी में सुबह करीब 8 बजे कुछ लोग उनके घर आए और उनके बेटे को ले गए। मेरे संज्ञान में आया है कि जब पुलिस के जवान बग्गा के घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर निकाला। जब उसके पिता ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस उसे दूसरे कमरे में ले गई और उसके चेहरे पर मुक्का मारा, यह उनकी बर्बर हरकत को दर्शाता है। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि बग्गा को पंजाब पुलिस ने अवैध रूप से दिल्ली से गिरफ्तार किया था। भाजपा ने दिल्ली उच्च न्यायालय के एक फैसले का हवाला दिया जिसमें कहा गया है कि स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना गिरफ्तारी नहीं की जा सकती है, और कथित प्रक्रियात्मक खामियां हैं। खन्ना ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल सरकार की गुंडागर्दी और निरंकुश रवैये से बीजेपी कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं, हम रुकेंगे नहीं और किसी भी अन्याय का मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने पंजाब पुलिस पर भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा का "अपहरण" करने का आरोप लगाया और आरोप लगाया कि केजरीवाल राज्य पुलिस के माध्यम से प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि अगर आप किसी का असली चेहरा देखना चाहते हैं तो उस शख्स को ताकत दें, केजरीवाल का असली चरित्र और चेहरा अब सामने आ गया है।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विक्रांत शर्मा ने पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा को रद्द करने के सरकार के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह कठोर परिश्रम करने वाले परीक्षार्थियों के साथ घोर अन्याय है। प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। पिछले दो साल से पुलिस की इस भर्ती के लिये करीब 70 हजार युवाओं ने कड़ी मेहनत की थी, जिस पर पानी फिर गया है। कई युवा तो ओवरऐज हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ न करे। उन्होंने सरकार से पूछा कि जांच के आदेश कब दिए और पेपर लीक करने में मुख्य दोषी कौन है। उन क्या कार्रवाई हो रही है। जिन्होंने पेपर लीक किया उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। करवाई न हुई तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतर कर आन्दोलन करेगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला प्रदेश में सुदृढ़ होती न्यूरोसर्जरी की सुविधाएं प्रदेश सरकार के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में न्यूरोसर्जन के पांच पद सृजित किए हैं और पांचों पदों पर न्यूरोसर्जन उपलब्ध हैं। डॉ जनक राज आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, डॉ. ज्ञान चंद सहायक आचार्य, डॉ. विनीत सहायक आचार्य, डॉ. विप्लव सहायक आचार्य व डॉ. अक्षित सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त आईजीएमसी में न्यूरोसर्जरी विभाग में वर्ष 2021 से स्नातकोत्तर प्रशिक्षण भी उपलब्ध है। वर्तमान में हमारे यहां पर दो प्रशिक्षु डॉक्टर न्यूरोसर्जरी की पढ़ाई कर रहें हैं। डॉक्टर विक्रम द्वितीय वर्ष एमसीएच न्यूरोसर्जरी की पढ़ाई कर रहे हैं। डॉ. नीति मोदी एमसीएच प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं हैं। प्रदेश के दूसरे बड़े मेडिकल कॉलेज टांडा में वर्तमान में तीन न्यूरोसर्जन कार्यरत हैं। डॉ. अमित जोशी आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, डॉक्टर मुकेश शर्मा सहायक आचार्य व डॉ. शरीश नलिन सहायक आचार्य के पद कर कार्यरत हैं। कुछ वर्ष पहले कई लोगों को सिर या रीढ़ की हड्डी की चोट और अन्य बीमारियों के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था। वर्तमान में इलाज के लिए अब प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त हिमाचल में 3 न्यूरोसर्जन निजी क्षेत्र में भी कार्यरत हैं।


















































