हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अगस्त, 2020 को सोलन नम्बर-3 फीडर के अन्तर्गत दुर्गा क्लब के समीप नए ट्रान्सफार्मर से सम्बन्धित कार्य किया जाना है। इसके दृष्टिगत 26 अगस्त, 2020 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विकास गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 26 अगस्त, 2020 को प्रातः 09.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक सोलन शहर के चम्बा अपार्टमेंटस, मोहन पार्क, चेस्टर हिल्स, एसआईएलबी, जौणाजी, शूलिनी नगर, मोहन काॅलोनी, शूलिनी मंदिर, चैंक बाजार के हिस्सों, गन्ज बाजार, दुर्गा क्लब, क्षेत्रीय अस्पताल व इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी चमन ने कोविड-19 के खतरे के दृष्टिगत जिला के कुम्हारहट्टी स्थित महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के लिए आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कुम्हारहट्टी में अब कोविड-19 पाॅजिटिव महिलाओं के प्रसव भी किए जाएंगे। जिला दण्डाधिकारी ने आदेश दिए हैं कि महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कुम्हारहट्टी में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को वह अन्य चिकित्सा विशेषज्ञ सुविधाएं भी उपलब्ध करवाईं जाएंगी जो इस अस्पताल में उपलब्ध हैं। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि हृदय रोग, गुर्दा रोग एवं डायलिसिस, तन्त्रिका रोग, कर्क रोग इत्यादि जैसी सुपर विशेषज्ञ सुविधाएं जो इस अस्पताल में उपलब्ध नहीं करवाई जा सकती, के लिए आग्रह नहीं किया जाएगा। आदेशों में कहा गया है कि उपरोक्त उपलब्ध सेवाएं निर्धारित शर्तों के अनुरूप प्रदान की जाएंगी। महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कुम्हारहट्टी में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी को आवश्यकतानुसार वेंटीलेटर सहायता 08 हजार रुपए प्रति बिस्तर प्रतिदिन की दर पर उपलब्ध होगी। वेंटीलेटर सहायता के बिना यह दर 800 रुपए प्रति बिस्तर प्रतिदिन होगी। सामान्य प्रसव अथवा लघु शल्य क्रिया की दर आयुष्मान एवं हिमकेयर दर के अनुरूप होगी। सिजेरियन के लिए दर आयुष्मान एवं हिमकेयर दर के अनुरूप होगी। पीपीई किट, एन-95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क इत्यादि मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन द्वारा उपलब्ध करवाए जाएंगे। रोगियों को दी जाने वाली दवाएं महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कुम्हारहट्टी द्वारा उपलब्ध करवाई जाएंगी तथा इनका भुगतान प्रशासन द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन से सत्यापन उपरान्त किया जाएगा। कुल व्यय के लिए महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, कुम्हारहट्टी द्वारा प्रदत्त बिल का भुगतान प्रशासन द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन से सत्यापन उपरान्त किया जाएगा। यह आदेश आगामी आदेशों तक तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं।
कुनिहार शिमला मार्ग पर श्यावां गावं के पास खाली पड़ी सैंकड़ो बीघा भूमी बड़े उद्योगों के लिए लंबे समय से राह ताक रही है। विदित रहे कि 1983 से इस भूमी पर उद्योग लगवाने के लिए कई बार प्रस्ताव पारित करके उद्योग विभाग व सरकार को पंचायत व कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भेजे गए, परन्तु लगभग 37 वर्ष बाद भी आज तक उद्योग विभाग व सरकार द्वारा इन प्रस्तावों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय सामाजिक संस्थाओं नव चेतना, कुनिहार विकास सभा, सम्भव चेरिटेबल सोसायटी सहित कई संस्थाओं ने सरकार से इस खाली पड़ी जमीन पर उद्योग लगवाने की मांग की है। जिला सोलन में बीबीएन, परवाणू के बाद कुनिहार क्षेत्र के साथ लगती कसौली विधान सभा क्षेत्र व जिला सोलन की करीब 1800 बीघा जमीन जोकि वीरान पड़ी है, इस जमीन पर बड़े उद्योग लग सकते है। 7 व 8 नवंबर 2019 को धर्मशाला में सरकार द्वारा आयोजित इन्वेस्टर मीट में देश के बड़े उद्योगपतियों ने भाग लिया था व सरकार ने उद्योगपतियों के साथ एक एमओयू साइन किया था, जिसके तहत हिमाचल में करोड़ो रु की लागत से उद्योग लगने थे। जिला सोलन व प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर कुनिहार के श्यावां की सैंकड़ो बीघा भूमि पर कई बड़े उद्योग लग सकते है। आज जंहा प्रदेश व जिला के युवा बाहरी राज्यो में कार्य कर रहे है, जिला में उद्योग लगने से जिला सहित स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिलेगा। कुनिहार क्षेत्र के समाजसेवी मोहन लाल भारद्वाज का कहना है कि उन्होंने 1983 में इस जमीन पर उद्योग लगवाने के लिए प्रस्ताव पारित करवाकर उद्योग विभाग व सरकार को भेजा था। इस लंबे समय की अवधि में उद्योग विभाग को कई बार अवगत करवाया गया कि यंहा पर उद्योग लगवाने के लिए उपयुक्त पर्यावरण है। यंहा पर होमगार्ड के नाम 5 बीघा जमीन स्थानांतरित की गई थी,परन्तु राजनैतिक लड़ाई में होमगार्ड का कार्यालय भी अर्की शिफ्ट हो गया। नालागढ़ शिमला स्टेट हाइवे पर यह जमीन होने के कारण यंहा पर कोई भी बड़ा उद्योग लगाया जा सकता है व जो युवा बाहरी राज्यो में आजीविका के लिए जा रहे है, उन्हें यहीं रोजगार मिल सकता है। वहीँ जब इस बारे में डीआईसी सोलन कार्यालय में बात की गई तो आईपीओ जय श्री राम ने बताया कि उक्त भूमि को उद्योगिक क्षेत्र घोषित करने के लिए वन्य विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होगा। भविष्य में यहाँ पर उद्योग लगने की संभावनाएं है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के लाभार्थियों को सम्बोधित व बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई नीतियां, कार्यक्रम और कल्याणकारी योजनाएं लक्षित समूह तक पहुंचे ताकि राज्य में गरीबों का सामाजिक, आर्थिक उत्थान को सुनिश्चित किया जा सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की वर्चुअल रैलियों का आयोजन करने से राज्य सरकार को लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने में मदद मिलती है और उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में प्रतिक्रिया भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान सरकार को कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी बेहतर सुझाव मिलते हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि कई बार यह महसूस किया गया है कि विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी के अभाव में लोग कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से लोगों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक करने में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का पहला निर्णय बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष किया है। उन्होंने कहा कि इससे परिणामस्वरूप 200 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय बोझ पड़ा है, लेकिन साथ ही राज्य के 2.90 लाख वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित भी हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन देने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की है, लेकिन राज्य की लाखों महिलाएं इस योजना के अन्तर्गत शामिल नहीं थी, इसलिए राज्य सरकार ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना शुरू की और लगभग 2.76 लाख घरों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां हर घर में गैस कनेक्शन है। जय राम ठाकुर ने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण क्षेत्र से होने के नाते, वे विभिन्न समस्याओं के समाधान में आम आदमी को होने वाली कठिनाई को समझते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार ने जनमंच कार्यक्रम शुरू किया है और राज्य में अब तक लगभग 190 जनमंच आयोजित किए जा चुके हैं और 91 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निवारण किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से भी जनता की शिकायतों के निवारण में मदद की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत लगभग 22 लाख लोगों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से बाहर रह गई राज्य की आबादी को कवर करने के लिए, राज्य सरकार ने राज्य में हिमकेयर योजना शुरू की और 90 करोड़ रुपये खर्च करके अब तक लगभग 90,000 लोगों का इस योजना के अन्र्तगत उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में क्रोनिक बीमार मरीजों के परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए, सहारा योजना भी चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत, ऐसे रोगियों को प्रति माह 3000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं और अब तक लगभग 7000 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार राज्य में विभिन्न आवास योजनाओं के तहत बेघर गरीबों को 10,000 घर देने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत, युवाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए 13 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए। उन्होंने युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने के लिए आगे आने का आग्रह करते हुए कहा कि नौकरी चाहने वालों के स्थान पर नौकरी प्रदाता बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने समाज के हर वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत लगभग 8.75 लाख किसानों के खाते में लगभग 180 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मार्च से जून माह तक प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को 1000 रुपये प्रति माह की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जुलाई और अगस्त माह के लिए प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को प्रति माह 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
2020 का वर्ष राहु का है जिसका योग 4 बनता है। ज्योतिष में राहु अस्थिरता, आक्समिकता, रहस्यात्मक, अप्रत्याशित घटनाओं,धोखा, अस्त्विहीन, अपराध, संक्रमण, अचानक मृत्यु, ऐसी बीमारी जिसका सिरा न हो, गलत प्रवृतियां, विदेश यात्रा, कंप्यूटर, संचार क्रांति , एकाएक परिवर्तन आदि का परिचायक है। आपने देखा कि 2020 लगते ही कोरोना ने पूरे विश्व को डस लिया, ऐसी रहस्यात्मक बीमारी जिसका पता न लगे, ऐसे अपराध जो रहस्यों की गुत्थी बनकर उलझते जाएं, मानव की जीवन शैली में एकाएक परिवर्तन, खाने से लेकर पढ़ाई तक सब कुछ ऑनलाइन हो जाना, भारतीयों का विदेश से उल्टे वापस लौटना अर्थात सब कुछ उल्टा पुल्टा। यहां तक कि मनुष्य मंदिर तक में भगवान के न दर्शन कर सके न पूजा अर्चना। बात यहीं नहीं रुकती, इस बार चतुर्मास पूरे पांच मास का हो गया। लीप वर्ष के कारण अधिक मास दो मास का हो गया। जहां श्राद्ध समाप्ति के अगले दिन नवरात्र आरंभ हो जाते थे , इस बार लगभग एक मास के अंतराल के बाद होंगे। हालांकि यह 160 साल बाद ऐसा हो रहा है यानी 2020 में सब कुछ बदला बदला। श्राद्ध 1 सितंबर से 17 सितंबर इस साल श्राद्ध 1 सितंबर से शुरू होंगे और 17 सितंबर को समाप्त होंगे। इसके अगले दिन 18 सितंबर से अधिकमास शुरू हो जाएगा, जो 16 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं नवरात्रि का पावन पर्व 17 अक्टूबर से शुरू होगा और 25 अक्टूबर को समाप्त होगा। वहीं चतुर्मास देवउठनी के दिन 25 नवंबर को समाप्त होंगे। पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनके तर्पण के निमित्त श्राद्ध किया जाता है। यहां श्राद्ध का अर्थ श्रद्धा पूर्वक अपने पितरों के प्रति सम्मान प्रगट करने से है। श्राद्ध पक्ष अपने पूर्वजों को जो इस धरती पर नहीं है एक विशेष समय में 15 दिनों की अवधि तक सम्मान दिया जाता है, इस अवधि को पितृ पक्ष अर्थात श्राद्ध पक्ष कहते हैं। हिंदू धर्म में श्राद्ध का विशेष महत्व होता है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार जब सूर्य का प्रवेश कन्या राशि में होता है तो, उसी दौरान पितृ पक्ष मनाया जाता है। पितरों की आत्मा की शांति के लिए पितृ पक्ष में तर्पण और पिंडदान को सर्वोत्तम माना गया है। पितृ पक्ष 2020 प्रारंभ और समाप्ति तिथि पितृ पक्ष प्रारंभ तिथि- 1 सितंबर 2020 पितृ पक्ष समाप्ति तिथि -17 सितंबर 2020 पहला श्राद्ध (पूर्णिमा श्राद्ध) – 1 सितंबर दूसरा श्राद्ध -2 सितंबर तीसरा श्राद्ध -3 सितंबर चौथा श्राद्ध -4 सितंबर पांचवा श्राद्ध -5 सितंबर छठा श्राद्ध - 6 सितंबर सांतवा श्राद्ध -7 सितंबर आंठवा श्राद्ध -8 सितंबर नवां श्राद्ध- 9 सितंबर दसवां श्राद्ध -10 सितंबर ग्यारहवां श्राद्ध -11 सितंबर बारहवां श्राद्ध-12 सितंबर तेरहवां श्राद्ध -13 सितंबर चौदहवां श्राद्ध -14 सितंबर पंद्रहवां श्राद्ध –15 सितंबर सौलवां श्राद्ध - 16 सितंबर सत्रहवां श्राद्ध -17 सितंबर (सर्वपितृ अमावस्या) नवरात्र, इस साल पूरे एक मास बाद आरंभ होंगे नवरात्र, ये तिथियां आप अपनी सुविधा और प्लानिंग के लिए नोट कर सकते हैं। नवरात्रि दिन 1: प्रतिपदा माँ शैलपुत्री पूजा घटस्थापना 17 अक्टूबर (शनिवार) नवरात्रि दिन 2: द्वितीया माँ ब्रह्मचारिणी पूजा 18 अक्टूबर (रविवार) नवरात्रि दिन 3: तृतीय माँ चंद्रघंटा पूजा 19 अक्टूबर (सोमवार) नवरात्रि दिन 4: चतुर्थी माँ कुष्मांडा पूजा 20 अक्टूबर (मंगलवार) नवरात्रि दिन 5: पंचमी माँ स्कंदमाता पूजा 21 अक्टूबर (बुधवार) नवरात्रि दिन 6: षष्ठी माँ कात्यायनी पूजा 22 अक्टूबर (गुरुवार) नवरात्रि दिन 7: सप्तमी माँ कालरात्रि पूजा 23 अक्टूबर (शुक्रवार) नवरात्रि दिन 8: अष्टमी माँ महागौरी दुर्गा महा नवमी पूजा दुर्गा महा अष्टमी पूजा 24 अक्टूबर (शनिवार) नवरात्रि दिन 9: नवमी माँ सिद्धिदात्री नवरात्रि पारणा विजय दशमी 25 अक्टूबर (रविवार) नवरात्रि दिन 10: दशमी दुर्गा विसर्जन 26 अक्टूबर (सोमवार)
अर्की पुलिस ने दस वर्ष पूर्व के एक मामले में दोषी पाए गए तथा दो वर्ष पूर्व अर्की न्यायालय द्वारा उदघोषित अपराधी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम पंचायत पलोग के मानण गांव में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को घेर रखा है जोकि अकसर चोरी की वारदातों में संलिप्त रहता है। मुख्य आरक्षी परमेश कुमार अपनी टीम के सदस्यों रमेश शर्मा व रविन्द्र कंवर के साथ जब मौके पर पहुंचे तो पाया कि उक्त व्यक्ति को लोगों ने पकड़ रखा था। उस व्यक्ति की टांगों में चोट लगी थी तथा खून निकल रहा था। डीएसपी प्रताप सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हेमंत उर्फ राजू पुत्र जगदीश गांव नेर डा.मांजू को गिरफतार कर आगे की कारवाई शुर कर दी गई है।
बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की लापरवाही सामने आई है। बोर्ड की गलती का खमियाजा मेधावी परीक्षार्थियों को उठाना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला ग्राम पंचायत कंधर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल में सामने आया है। यहां बारहवीं की परीक्षा देने वाली पूनम के पिता प्रेम लाल ने बताया कि प्रदेश शिक्षा बोर्ड की लापरवाही की वजह से उनकी होनहार बेटी को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पूनम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल से बाहरवीं की परीक्षा दी थी जिसका परीक्षा परिणाम निकलने पर उसने 474 अंक प्राप्त किए। पूनम इन अंकों पर संतुष्ट नही हुई और सभी पेपरों में मूल्यांकन के लिए आवदेन किया। अब उसका परिणाम आने पर अर्थशास्त्र में 2, अंगेजी में 5, बिज़नेस स्टडी में 2 अंक बढ़ाए गए हैं। अब पूनम प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुँच गई। प्रदेश में पूनम ने तीसरे स्थान पर आने पर विद्यालय प्रधानाचार्य मांगल सुरेन्द्र कुमार, पंचायत प्रधान मांगल दीप चंद शर्मा, उपप्रधान श्याम लाल, प्रेम लाल, चौहान कृष्णा, पूनम के अभिभावकों, विद्यालय परिवार सहित ग्रामीणों ने बधाई दी है।
डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने 2020-21 शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। एमएससी/ एमबीए (एग्रीबिजनेस), एमबीए जनरल और पीएचडी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। एमएससी औद्यानिकी में एंटोमोलॉजी, फ्लोरिकल्चर और लैंडस्केप आर्किटेक्चर, फूड टेक्नोलॉजी, फ्रूट साइंस, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी, प्लांट पैथोलॉजी, सीड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, स्पाइस, प्लांटेशन और ऍरोमैटिक प्लांट्स और सब्जी विज्ञान जैसे विषयों में एसएससी की जा सकती हैं। वानिकी में छात्र कृषि अर्थशास्त्र, एग्रोफोरेस्ट्री, पर्यावरण विज्ञान, पर्यावरण प्रबंधन, वन आनुवंशिक संसाधन, औषधीय और सुगंधित पौधे, माइक्रोबायोलॉजी, सिल्विकल्चर, मिट्टी विज्ञान, सांख्यिकी और लकड़ी विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एमएससी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कोरोना संक्रमण के मामलों में अर्की क्षेत्र के कुछ इलाकों व सबसे ज्यादा मामले दाड़लाघाट में आए हैं। एक साथ ही 15 कोरोना पॉजिटिव के मामले आने के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया है। कोरोना के संक्रमणों में दाड़लाघाट से तीन, दसेरन से एक, कंसवाला से एक, सेर गलोटिया से एक, चंडी कशलोग से पांच, भूमती से एक व शालाघाट कोठी से तीन मामले आए हैं। जानकारी के मुताबिक दाड़लाघाट से आए मामलों में तीन व्यक्ति थाना दाड़लाघाट में कार्यरत है। इन व्यक्तियों में दो व्यक्ति गृह रक्षक व एक सफाई कर्मचारी है। उक्त तीनों व्यक्तियों की कोई हिस्ट्री नही है। इन व्यक्तियों के टेस्ट एहतियात के तौर में करवाये गए थे, लेकिन रिपार्ट आने के बाद इन व्यक्तियों की रिपार्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ कंसवाला से भी एक मामला सामने आया है, ये मामला कंसवाला गांव के दो व्यक्तियों का एक सप्ताह पूर्व कोरोना पॉजिटिव आया था जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री पीजीआई चंडीगढ़ थी, इनके परिवार का एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। वहीं 5 पांच मामले चंडी कशलोग के है, इन पांचो व्यक्तियों की ट्रेवल हिस्ट्री बिहार से बताई जा रही है और यह पांचों व्यक्ति होम क्वारंटाइन थे। एक अन्य मामलो में सेर गलोटिया से भी एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है इसकी ट्रेवल हिस्ट्री जम्मू बताई जा रही है। उक्त व्यक्ति अपने घर मे होम क्वारंटाइन था।शालाघाट कोठी से भी एक ही परिवार के तीन सदस्य पॉजिटिव आए है, इनकी ट्रेवल हिस्ट्री चेन्नई बताई जा रही है, उक्त परिवार के सदस्य अपने घर मे होम क्वारंटाइन थे। अन्य दो मामलो में दसेरन व भूमती से भी सामने आया है। इस प्रकार 15 लोगों के एक साथ कोरोना पॉजिटिव आने पर स्वभाविक है कि लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उधर एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि थाने में 3 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव के आये है इसको लेकर थाने को सील कर दिया है जब तक थाने में कार्यरत स्टाफ के टेस्ट नही होते व थाने को सेनिटाइज करने के बाद थाने में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल लोगों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े इसलिए अर्की थाने से दो कर्मचारियों को पंचायत दाड़लाघाट में लगा दिया गया है। लोगों के थाने से सम्बंधित कार्य पंचायत में होते रहेंगे। उपमंडलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला ने कहा कि कोरोना पॉजिटव आए लोगों को कोविड केयर सेंटर बाहवां शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं दाड़लाघाट थाने को बंद कर दिया गया व वहां का कार्यभार बागा थाने को दे दिया गया है। जल्द ही कोरोना संक्रमित क्षेत्रो को सेनेटाइज करवा दिया जाएगा।
प्रदेश में कोरोना से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सोलन के बद्दी से एक और कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया है। बद्दी की रहने वाली 75 साल की एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी जिसे गुरुवार रात आईजीएमसी शिमला में गंभीर हालत में लाया गया था और शनिवार सुबह उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। आईजीएमसी के प्रिंसिपल रजनीश पठानिया ने महिला की मौत की पुष्टि की है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 हो गई है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी.चमन ने जिला के नालागढ़ उपमण्डल में कोविड-19 के दृष्टिगत कुछ क्षेत्रों को कन्टेनमेंट जोन घोषित करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्रालय द्वारा जारी निर्देशों तथा उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ की रिपोर्ट के अनुरूप लिए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ उपमण्डल की बद्दी तहसील के भुड के गांव मलकुमाजरा में कोविड-19 पाॅजिटिव मृतक के आवास एवं इसकी परिधि के सौ मीटर के दायरे को एवं मलकूमाजरा गांव में अन्नपूर्णा होटल के सामने मैसर्ज मार्टिन एण्ड ब्राउन बाॅयो साइंसिज को कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है। उक्त कन्टेनमेंट जोन को पूर्ण रूप से सील करने के आदेश दिए गए हैं। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ ने सूचित किया है कि नालागढ़ उपमण्डल की बद्दी तहसील के भुड के गांव मलकूमाजरा में कोविड-19 लक्षण युक्त पाॅजिटिव रोगी की मृत्यु हो गई है। उक्त मृतक मलकूमाजरा में अन्नपूर्णा होटल के सामने मैसर्ज मार्टिन एण्ड ब्राउन बाॅयो साइंसिज में कार्यरत था। कोविड-19 के संक्रमण को रोकने की दृष्टि से कन्टेनमेंट जोन के सम्बन्ध में आदेश जारी किए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने आपराधिक दण्ड संहिता की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में लोगों तथा वाहनों (आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर) की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगा दिया है। आदेशों के अनुसार आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी उक्त क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाएंगे। उक्त क्षेत्र में पेयजल तथा बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित बनाई जाएगी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ क्षेत्र में फ्लू जैसी बीमारी के लक्षणों वाले व्यक्तियों की घर-घर स्क्रीनिंग के लिए समुचित संख्या में टीमें तैनात करना सुनिश्चित करेंगे। इस दिशा में पूरी निगरानी रखी जाएगी। क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आए सभी व्यक्तियों की खोज कर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें आईसोेलेट किया जाएगा। आदेशों के अनुसार पुलिस अधीक्षक बद्दी उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश तथा निकासी प्रतिबन्धित करने के लिए समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती करेंगे। उक्त क्षेत्र में वाहनों का आवागमन नियन्त्रित करने के लिए पुलिस नाके भी लगाएगी। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन में आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेशों के अनुसार उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ उक्त कन्टेनमेंट जोन के लिए समग्र प्रभारी होंगे। तहसीलदार नालागढ़ एवं बद्दी उनके सहायक होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा उक्त क्षेत्र की सैम्पलिंग एवं सभी सैम्पल की परीक्षण रिपोर्ट नेगेटिव आने तक लागू रहेंगे। .
पुलिस लाईन में सिफरा इंफ्राटेक कर रही है सड़क का निर्माण - कोविड जंग के बीच कोरोना योद्धाओं के लिए कंपनी ने बढ़ाया हाथ - 5 मीटर चौड़ी, 240 मीटर लंबी कर्व स्टोन जीएसवी गे्रड-2 मैटल रोड़ का होगा निर्माण - समाजिक गतिविधियों के तहत विभिन्न पंचायतों में सिफरा ने किए हैं विकास कार्य बीबीएन, 21 अगस्त जिला पुलिस बद्दी के तहत किशनपुरा में निर्माणाधीन पुलिस लाईन में सड़क निर्माण के लिए बीबीएन में कार्यरत सिफरा इंफ्राटेक मिनिरलस प्राईवेट लिमिटेड ने कदम बढ़ाया है। सिफरा इंफ्राटेक सीएसआर एक्टिविटी के तहत पुलिस लाईन में 5 मीटर चौड़ी और 240 मीटर लंबी कर्व स्टोन जीएसवी ग्रेड-2 सड़क का निर्माण कर रही है जिसका 70 फिसदी कार्य पूरा हो चुका है। लाखों की लागत से बनने वाली इस सड़क काम निरंजन दास कांट्रेक्टर द्वारा किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिला पुलिस बद्दी के तहत किशनपुरा में पुलिस लाईन का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है, जहां एक प्रशासनिक भवन के साथ साथ पुलिस जवानों के रहने के लिए रिहायशी भवनों का निर्माण किया जा रहा है। प्रशासनिक भवन और रिहायशी मकानों के साथ साथ पुलिस लाईन में एक स्टेडियम भी तैयार किया गया है। इस भव्य पुलिस लाईन में 5 मीटर चौड़ी और 240 मीटर लंबी कर्व स्टोन जीएसवी गे्रड-2 मैटल रोड़ का निर्माण सिफरा इंफ्राटेक द्वारा करवाया जा रहा है। सिफरा इंफ्राटेक मिनिरलस प्राईवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मनप्रीत सिंह ने बताया कि करोना की इस मुश्किल जंग में जहां हर वर्ग समस्या से जूझ रहा है वहीं सरकार भी परेशान है। ऐसे में सरकार और पुलिस की मदद के लिए सिफरा इंफ्राटेक ने अपनी समाजिक जिम्मेदारी के तहत सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। सिफरा इंफ्राटेक सदैव अपनी समाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करती है और दून व नालागढ़ के विभिन्न पंचायतों में कंपनी ने अपना समाजिक दायित्व निभाया है। सिफरा इंफ्राटेक आगे भी क्षेत्र के विकास में अपना योगदान देती रहेगी। मनप्रीत सिंह ने बताया कि सड़क का 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और मौसम साफ होते ही तारकोल डालने का काम पूरा करवा दिया जाएगा। ---- ब्यान : पुलिस लाईन किशनपुरा में सिफरा इंफ्राटेक मिनिरलस प्राईवेट लिमिटेड ने निशुल्क सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। सिफरा इंफ्राटेक ने अपनी समाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए पुलिस विभाग का सहयोग किया है। जिला पुलिस अन्य संस्थाओं से भी अपील करती है कि वह अपनी सीएसआर गतिविधियों के तहत क्षेत्र के विकास में योगदान दें। जिला पुलिस बद्दी सड़क निर्माण में सहयोग के लिए सिफरा इंफ्राटेक को कोरोना योद्धा के रूप में सम्मानित करेगी। ---- रोहित मालपानी, एसपी, पुलिस जिला बद्दी। फोटो कैप्शन: 31 बद्दी 1 : पुलिस लाईन किशनपुरा में निर्माणाधीन सड़क जिसका निर्माण सिफरा इंफ्राटेक द्वारा करवाया जा रहा है।
जवाहर नवोदय विद्यालय बनिया देवी, कुनिहार, जिला सोलन, के लिए कक्ष ग्यारहवीं के एचटी (hospitality and tourism) वर्ग में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र नि-शुल्क भरे जा रहे हैं। आवेदन पत्र www.navodaya.gov.in एवं nvsadmissionclasseleven.in पर दिनांक 13.08.2020 से 31.08.2020 तक भेज सकते हैं। सोलन जिला के दसवीं उत्तीर्ण कर चुके छात्र छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
इंदिरा गांधी महिला कल्याण समिति बागा (मांगल) की उपाध्यक्ष लता चौहान की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर पुष्पांजलि श्रद्धा सुमन अर्पित की। समिति महासचिव सुरेंद्रा पंवर ने स्वर्गीय राजीव गांधी कि पुण्यतिथि पर कहा कि राजीव गांधी ने भारत को मजबूत स्वरूप आत्मनिर्भर और दुनिया के सभी देशों में से प्रथम में लाना और मानव जाति की सेवा करना व राजीव गांधी ने देश में कई सकारात्मक बदलाव लाए। उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके कार्यकाल में हुए विकास के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा। इस मौके पर समिति महासचिव सुरेंद्रा पंवर,सचिव सरला चौहान,कोषाध्यक्ष सुमित्रा चौहान,रीना पंवर ने पुष्पांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 76वीं जयंती पर पर्वतीय महिला मंडल सरयांज ने उन्हें याद कर पौधरोपण कार्यक्रम किया। महिला मण्डल व स्थानीय कांग्रेसियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व में रहे पार्टी प्रत्याशी संजय अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संजय अवस्थी ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश के युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार व पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार देने, महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण काम किए। भारत में संचार क्रांति के जनक के रूप में उनको जाना जाता है। इस अवसर पर संजय अवस्थी द्वारा उपस्थित सभी महिला मंडल सदस्यों, स्थानीय लोगों व मार्केट में जाकर मास्क व सेनिटाइजर बांटे।इस अवसर पर 50 पौधे सरयांज में गार्ड हट के नजदीक रोपे गए। पर्वतीय महिला मंडल प्रधान नीलम सोनी,सचिव गीता,उप प्रधान सावित्री,लता गुप्ता,अनिता, निशा,रीता,पंचायत समिति कुनिहार के पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर,विजय ठाकुर,शंकर,प्रकाश, जगदीश,प्रेम केशव,जय सिंह,नरेश,हेमंत वर्मा,रोशन वर्मा,मुकुल पाल,दिनेश,दाड़लाघाट पंचायत के पूर्व उप प्रधान राजेश गुप्ता सहित अन्य इस दौरान मौजूद रहे।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए "प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना" चलाई गई है। इससे प्रदेश के किसानों को बहुत लाभ होगा और किसान अपनी आय दुगनी करने में सक्षम होंगे। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 80 फीसदी लोग कृषि व बागवानी से जुड़े है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से किसानों और कृषि सम्बन्धी जो योजनाएं है उन्हें ग्रामीण स्तर पर पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। किसान मोर्चों के जो भी प्रहरी होंगे, इसके लिये उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। सरकार कृषि को ध्यान में रखकर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। आत्मनिर्भर भारत योजना में भी कृषि और किसानों को प्राथमिकता दी गयी है। प्रदेश में कृषि को मनरेगा से भी जोड़ा गया है। किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिये अलग से बजट का प्रावधान रखा गया है। कृषि को बढ़ावा देने के लिए जहां सरकार कार्य कर रही है, वहीं किसान मोर्चा किसानों तक नई तकनीक पहुंचाने के लिये कार्य करेगा। प्राकृतिक खेती करने के लिए जो योजना हिमाचल सरकार द्वारा चलाई गई है , उसके लिये जिला किसान मोर्चा सोलन प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बहुत बहुत आभार व धन्यवाद करता है। प्रदेश में जो भी कृषि क्षेत्र में शोधकार्य चल रहे है उसका लाभ भी किसानों को मिले , यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।
कुनिहार जनपद सहित आसपास की पंचायतों के अधिकांश लोगों का कृषि व पशुपालन मुख्य पेशा है। ज्यादातर किसान टमाटर,शिमला मिर्च,करेला,तोरी,घीया,बैंगन व धनियां आदि नगदी फसलें उगा कर परिवार का पालन पोषण करते है।जाबल झमरोट,देलगी ,आंजी सहित कई गांवों में इस बार बरसात के दौरान होने वाली टमाटर की फसल खराब हो रही है। टमाटर में सड़न रोग बहुत ज्यादा हो रहा है व इस वर्ष किसानों को एक नई बीमारी से झूझना पड़ रहा है। वीरेंद्र वर्मा,तेग राम वर्मा,हेमराज,विक्रम सिंह,मानक चन्द,रमेश आदि किसानों ने बताया कि पहले टमाटर का पूरा गुच्छा पीला हो रहा है व उसपे जलने का दाग पड़ रहा है।तीन चार महीनों की कड़ी मेहनत के बाद आज जब टमाटर की फसल तैयार थी तो इस बीमारी के कारण अधिकतर टमाटर को नाले में फेंकना पड़ रहा है। किसानों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरकार एक ऐसी किसान ऐप बनाए जिससे किसान सीधे विशषज्ञों से जुड़े व अपनी समस्या का हल कर सके। वन्ही, जब किसानों की इस समस्या के बारे में कृषि विभाग कुनिहार कार्यालय के विषयवाद विशेषज्ञ मनोज शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किसानों को अपनी टमाटर की फसल को इस बीमारी से बचाने के लिए कुछ सावधानियां अपनानी होगी।किसान टमाटर के पौधे से करीब 1 फुट तक के सभी पतियों को निकाल ले व उन्हें अपने खेतों से दूर ले जाकर दबा दे।साथ ही खेतो में पानी की निकासी करे व एटोमिल की स्प्रे करे।किसान इस तरह की सावधानियां अपना कर टमाटर की फसल को इस रोग से बचा सकते है।
सोशल मीडिया प्रभारी ब्लॉक कांग्रेस अर्की चौहान कृष्णा की अध्यक्षता में बागा में आधुनिक भारत के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर पुष्पांजलि और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान चौहान कृष्णा ने कहा कि एक ऐसे जननायक जिन्होंने नागरिकों के बीच एक आशा का संचार किया और विश्व के अग्रणी देशों में स्थापित किया। आज भारत के आईटी सेक्टर में सबसे आगे होने में स्वर्गीय राजीव गांधी का अतुलनीय योगदान रहा है। इस विशेष मौके पर एससी एसटी शैल अर्की के उपाध्यक्ष राकेश चौहान,मांगल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चौहान,मांगल युवा कांग्रेस मीडिया प्रभारी सुनील चौहान,युवा कांग्रेस सदस्य रूप लाल,बालकराम बिट्टू और चेतराम शर्मा उपस्थित रहे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने आज यहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस के अवसर पर शपथ दिलवाई। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की आज 76वीं जयन्ती है। इस दिवस को सद्भावना दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। सद्भावना दिवस का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रोत्साहित करना है। केसी चमन ने इस अवसर पर देश की भावनात्मक एकता तथा सद्भावना के लिए कार्य करने एवं सभी प्रकार के मतभेद बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ दिलवाई।कोविड-19 के दृष्टिगत सोशल डिस्टेन्सिग बनाए रखने के लिए उपायुक्त कार्यालय की समस्त शाखाओं में पृथक रूप से सद्भावना दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला सूचना अधिकारी संजीव शर्मा सहित जिला के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी.चमन ने जिला के नालागढ़ उपमण्डल में कोविड-19 के दृष्टिगत कुछ क्षेत्रों को सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्रालय द्वारा जारी निर्देशों तथा उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ की रिपोर्ट के अनुरूप लिए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ उपमण्डल के शिवालिक नालागढ़, झाड़माजरी बद्दी में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी का आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों को सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने बद्दी स्थित हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी फेज-1 में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, बद्दी स्थित हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी फेज-2 में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, बद्दी तहसील के गांव मलकूमाजरा में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, बद्दी तहसील के कडूआणा गांव में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, बद्दी तहसील के थाना गांव में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, बद्दी तहसील के गुल्लरवाला गांव में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों तथा बद्दी तहसील के चक्कां गांव में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों को सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित किया है। इन आदेशों के अनुसार तहसील बद्दी के गांव बरोटीवाला के वार्ड नम्बर 3 में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, नालागढ़ तहसील के गांव ढांग उपरली में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, ग्राम पंचायत खेड़ा के निचला खेड़ा एवं खेड़ा नेनोवाल में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों के आवासों तथा इन आवासों के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, नालागढ़ तहसील के राजपुरा के गांव रगुवाल में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों, न्यू नालागढ़ (गांव घोघड़वाल) में शनिदेव मंदिर के समीप फेज-2 में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों तथा नालागढ़ के वार्ड नम्बर 7 में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास एवं इस आवास के दोनों ओर स्थित 02 आवासों को सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने खेड़ा गांव में मैसर्ज म्यूनिक्स(इंडिया) प्राईवेट लिमिटिड के पूर्ण फैक्टरी परिसर को भी सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित किया है। उक्त सभी सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन की सीमाओं को पूर्ण रूप से सील करने के आदेश दिए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने आपराधिक दण्ड संहिता की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में लोगों तथा वाहनों (आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर) की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगा दिया है। आदेशों के अनुसार आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी उक्त क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाएंगे। उक्त क्षेत्र में पेयजल तथा बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित बनाई जाएगी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ क्षेत्र में फ्लू जैसी बीमारी के लक्षणों वाले व्यक्तियों की घर-घर स्क्रीनिंग के लिए समुचित संख्या में टीमें तैनात करना सुनिश्चित करेंगे। इस दिशा में पूरी निगरानी रखी जाएगी। क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आए सभी व्यक्तियों की खोज कर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें आईसोेलेट किया जाएगा।आदेशों के अनुसार पुलिस अधीक्षक बद्दी उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश तथा निकासी प्रतिबन्धित करने के लिए समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती करेंगे। उक्त क्षेत्र में वाहनों का आवागमन नियन्त्रित करने के लिए पुलिस नाके भी लगाएगी। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन में आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। आदेशों के अनुसार उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ उक्त कन्टेनमेंट जोन के लिए समग्र प्रभारी होंगे। तहसीलदार नालागढ़ एवं बद्दी उनके सहायक होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा उक्त क्षेत्र की सैम्पलिंग एवं सभी सैम्पल की परीक्षण रिपोर्ट नेगेटिव आने तक लागू रहेंगे।
कुनिहार विकास सभा की एक अहम बैठक प्रधान धनीराम तनवर की अध्यक्षता में कुनिहार पँचायत के तालाब सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कार्यकारिणी के सदस्य गोपाल पंवर ,दिपराम ठाकुर ,ज्ञान ठाकुर, राजिंदर कंवर ,विनोद जोशी, बलबीर चौधरी, ओमप्रकाश, इंद्र ठाकुर बाबूराम तनवर, प्रेम चौधरी व तीनो पंचायतों कोठी,कुनिहार व हाटकोट के लोग मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने कुनिहार की तीनो पंचायतों के विकास बारे चर्चा की, जिसमें कुनिहार को नगर पंचायत बनाने की मांग पर सभी ने विरोध कर अपनी असहमति जताई। इस बैठक मे प्रस्ताव पारित करके कुछ दिनों पहले प्रधान धनीराम तनवर व सभा के सदस्यों ने प्रैस द्वारा मांग उठाई थी कि कुनिहार को नगर पंचायत नहीं बनाया जाए क्यूंकि गांव निवासियों के अधिकार समाप्त हो जायेंगे व हर प्रकार से नुकसान होगा जैसे बिना इजाजत के किसी मकान का निर्माण कार्य व किसी भी मकान में बदलाव नहीं कर सकते। जनता को भारी टैक्स देने पड़ेंगे। सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त नहीं होंगे जबकि पंचायतों को हर विकास कार्य के लिए सरकार से पैसा मिलता है। इन कारणों से सोलन की 8 पंचायतों के लोग और बद्दी ,नालागढ़ के सभी पंचायतों के हजारों लोगों द्वारा अपने इलाके को नगर निगम बनाने का भारी विरोध कर रहे हैं। सभा ने पहले के प्रैस नोट में भी लिखा था कि अगर हाटकोट के लोगों की मांग हो तो उस पंचायत को नगर पंचायत बनाने में हमारा कोई ऐतराज नहीं है मगर हाटकोट पचयात के सदस्यों ने भी नगर पंचायत बनाने का विरोध किया की वह 3,4 लोगों के कहने से नगर पंचायत नहीं बनने देंगे। कार्यकारिणी की सहमति से संजय राघव को सभा का प्रचार सचिव एवं ओमप्रकाश ठाकुर को सभा का सलाहकार नियुक्त किया गया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीट्यूशन ऑन इनोवेशन अचीवमेंट में डॉ वाई एस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, हिमाचल प्रदेश में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाला सरकारी विश्वविद्यालय बन गया है। इस रैंकिंग में नौणी विश्वविद्यालय को देश के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों की श्रेणी में ’बैंड ए’ (6 से 25 रैंक) में रखा गया है। राज्य के किसी अन्य सरकारी विश्वविद्यालय को इस सूची में जगह नहीं मिली है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने मुख्य रूप से नवाचार से संबंधित संकेतकों पर शिक्षा संस्थानों और विश्वविद्यालयों को व्यवस्थित रूप से रैंक करने के लिए अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीट्यूशन ऑन इनोवेशन अचीवमेंट शुरू की है। पहली रैंकिंग वर्ष 2019 में जारी की गई थी। अटल रैंकिंग उन सभी प्रमुख संकेतकों के आधार पर रैंकिंग करता है जो आमतौर पर दुनिया में सबसे नवीन शिक्षा संस्थानों / विश्वविद्यालयों को रैंक करने के लिए विश्व स्तर पर उपयोग किए जाते हैं। इस साल रैंकिंग छह श्रेणियों में की गई है। अटल रैंकिंग मुख्य रूप से छह मुख्य मापदंडों पर केंद्रित है जिसमें आईपीआर, नवाचार, स्टार्ट-अप और उद्यमिता पर कार्यक्रम और गतिविधियां; प्री इन्क्यूबेशन, इन्क्यूबेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं का समर्थन; गतिविधियों को बढ़ावा देने और समर्थन करने पर वार्षिक बजट खर्च; नवाचार, आईपीआर और उद्यमिता विकास पर पाठ्यक्रम; बौद्धिक संपदा (आईपी), प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और व्यावसायीकरण; सफल नवाचार और स्टार्ट-अप और फंडिंग नवाचार और स्टार्ट-अप जैसे संकेतक शामिल है। इस अवसर पर है विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने कहा कि देश के शीर्ष 25 (बैंड ए) सरकारी विश्वविद्यालयों में स्थान पाना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। विश्वविद्यालय ने छात्रों और किसानों के कौशल विकास और उद्यमशीलता को विकसित करने, और कृषि-बागवानी क्षेत्र में स्टार्टअप की दिशा में कई पहल की हैं। विश्वविद्यालय, विकसित प्रौद्योगिकी को राज्य के उद्यमियों को हस्तांतरण करने में भी सफल रहा है। विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को इस रैंक का श्रेय देते हुए डॉ कौशल ने कहा कि विवि के लिए बैंड ए में रैंकिंग आना अत्यधिक उत्साहजनक है। विश्वविद्यालय भविष्य में रैंकिंग में सुधार करने के लिए सभी मापदंडों में सुधार करने के लिए इस वर्ष की रैंकिंग एक प्रेरणा है।
वर्ष 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनुराग चन्द्र शर्मा ने आज अतिरिक्त उपायुक्त उपायुक्त सोलन का कार्यभार सम्भाला। अनुराग चन्द्र शर्मा ने पदभार सम्भालने के उपरान्त कहा कि प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे सोलन जिला में उपायुक्त के निर्देशानुसार कार्य करना और विकास की गति में आशातीत वृद्धि करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वे कोविड-19 के दौरान जिला में किए जा रहे विभिन्न कार्यों को गति प्रदान करने के लिए कार्यरत रहेंगे। अनुराग चन्द्र शर्मा ने तमिलनाडु स्थित वैल्लोर इन्स्टीच्यूट आॅफ टैक्नोलाॅजी से इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटैक किया है। वर्ष 2016 बैच के युवा अधिकारी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के औषध विभाग में सहायक सचिव के रूप में कार्य आरम्भ किया। उन्होंने अपनी परिवीक्षाधीन अवधि जिला चम्बा में पूर्ण की। वे चम्बा जिला के भटियात में सहायक आयुक्त विकास के पद पर कार्यरत रहे। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन के पद पर आने से पूर्व वे कुल्लू में उपमण्डलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इस अवधि में उन्होंने 40 दिनों तक अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कुल्लू का कार्यभार भी सम्भाला।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे कोविड-19 के दृष्टिगत केन्द्र एवं प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का पालन करें और पूर्ण एहतियात बरतें ताकि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव रहे। केसी चमन ने कहा कि गत दिवस जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी की कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्हांेने लोगों से आग्रह किया कि गत 05 दिवस में दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी से मिलने वाले अथवा उनके सम्पर्क में आए सभी व्यक्ति कोविड-19 प्रोटोकाॅल के दृष्टिगत बचाव सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में दून के विधायक के सम्पर्क में आने वाले किसी भी व्यक्ति को खांसी, जुखाम, बुखार अथवा आईएलआई जैसे लक्षण पाए जाते हैं तो वे स्वतः क्वारेन्टीन हो जाएं और तुरंत समीप के स्वास्थ्य संस्थान अथवा हेल्पलाइन नम्बर 104 तथा दूरभाष नम्बर 221234 पर सम्पर्क करें ताकि उनका कोविड-19 परीक्षण करवाया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि दून के विधायक से मिलने अथवा सम्पर्क में आए जिन व्यक्तियों में बीमारी का कोई लक्षण नहीं है वे भी तुरंत अपने घर पर ही क्वारेन्टीन हो जाएं। केसी चमन ने कहा कि जिला प्रशासन कोविड-19 के खतरे से निपटने के लिए त्वरित कार्यवाही कर रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोरोना वायरस संक्रमण के सम्बन्ध में किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और सरकार एवं प्रशासन द्वारा उचित माध्यम से जारी की जा रही सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने आग्रह किया कि बीमारी के लक्षण पाए जाने पर घबराएं नहीं और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में जारी किए गए निर्देशों का पालन करें।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल को आज यहां जिला के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विदाई दी। विवेक चंदेल को निदेशक तकनीकी शिक्षा के पद पर तैनाती दी गई है। वे लगभग अढ़ाई वर्ष तक सोलन में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर तैनात रहे। विवेक चंदेल ने इससे पूर्व उनके स्थान पर नियुक्त सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा से भेंट कर उनका स्वागत किया एवं उन्हें सोलन जिला के विषय में प्रशासनिक एवं अन्य जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, खण्ड विकास अधिकारी सोलन ललित दुल्टा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी.चमन ने जिला के नालागढ़ उपमण्डल में कोविड-19 के दृष्टिगत सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित करने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्रालय द्वारा जारी निर्देशों तथा उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ की रिपोर्ट के अनुरूप लिए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नालागढ़ उपमण्डल की बद्दी तहसील के लेही गांव में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी के आवास तथा इस आवास तक जाने वाले सम्पर्क मार्ग को सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन की सीमाओं को पूर्ण रूप से सील करने के आदेश दिए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने आपराधिक दण्ड संहिता की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में लोगों तथा वाहनों (आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर) की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगा दिया है। आदेशों के अनुसार आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी उक्त क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाएंगे। उक्त क्षेत्र में पेयजल तथा बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित बनाई जाएगी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ क्षेत्र में फ्लू जैसी बीमारी के लक्षणों वाले व्यक्तियों की घर-घर स्क्रीनिंग के लिए समुचित संख्या में टीमें तैनात करना सुनिश्चित करेंगे। इस दिशा में पूरी निगरानी रखी जाएगी। क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आए सभी व्यक्तियों की खोज कर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें आईसोेलेट किया जाएगा। आदेशों के अनुसार पुलिस अधीक्षक बद्दी उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश तथा निकासी प्रतिबन्धित करने के लिए समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती करेंगे। उक्त क्षेत्र में वाहनों का आवागमन नियन्त्रित करने के लिए पुलिस नाके भी लगाएगी। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन में आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।आदेशों के अनुसार उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ उक्त कन्टेनमेंट जोन के लिए समग्र प्रभारी होंगे। तहसीलदार बद्दी उनके सहायक होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा उक्त क्षेत्र की सैम्पलिंग एवं सभी सैम्पल की परीक्षण रिपोर्ट नेगेटिव आने तक लागू रहेंगे।
विवेक चन्देल का कार्य के प्रति समर्पण सभी अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक- के.सी. चमन उपायुक्त सोलन तथा अन्य अधिकारियों ने आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चन्देल के स्थानांतरण पर उन्हें विदाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वर्ष 2004 बैच के प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विवेक चन्देल को निदेशक तकनीकी शिक्षा के पद पर तैनाती दी गई है। विवेक चन्देल ने अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सोलन के रूप में 03 जनवरी, 2018 को कार्यभार सम्भाला था। वे इससे पूर्व प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सेवारत रहे हैं। उपायुक्त के.सी. चमन ने इस अवसर पर कहा कि सोलन में विशेष रूप से कोविड-19 के समय में समाज के गरीब एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए विवेक चन्देल द्वारा कर्मठता के साथ किए गए कार्य को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विवेक चन्देल का कार्य के प्रति समपर्ण सभी अधिकारियों के लिए प्रेेरणादायक रहेगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी रितिका, पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. संजीव धीमान, सहायक आयुक्त सोलन भानु गुप्ता, सहायक आयुक्त परवाणु डाॅ. विक्रम नेगी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरेश सिंघा, जिला राजस्व अधिकारी केशव राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सनातन धर्म सभा रबौण के संरक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता और ज्योतिष शास्त्र विशेषज्ञ स्वाधीन चन्द्र गौड के अभिनँदन ग्रँथ का विमोचन मंगलवार को डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति डा. परविंदर कौशल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम में स्वाधीन चंद्र गौड़, सनातन धर्म सभा रबौण के अध्यक्ष डा. शँकर वशिष्ठ और उपाध्यक्ष डा. प्रेमलाल गौतम, केसी बारिया, पूजा ढिल्लों, मंजुला गौड़, जीएस नेगी, सुरेश शर्मा, प्रवीण ठाकुर एवं आकर्षित उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ कौशल ने स्वाधीन चंद्र गौड़ को उनके सहयोगियों को बधाई दी। सनातन धर्म सभा द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी उन्होनें प्रशंसा की। उन्होनें कहा कि साहित्य समाज में नई प्रेरणा लाता है और इस तरह की साहित्यक रचनाएँ सभी के ज्ञान में वृद्धि करती हैं। स्वाधीन चन्द्र गौड ने पुस्तक के विमोचन पर विश्वविद्यालय एवं कुलपति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डा. शँकर वशिष्ठ और डा. प्रेमलाल गौतम का सम्पादन सहयोग के लिए भी हार्दिक आभार जताया। उन्होंने कहा कि अभिनँदन ग्रँथ छपना एक सपना जिसे उनके सहयोगियों ने साकार कर दिया।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन द्वारा उन उपभोक्ताओं के विद्युत कुनैक्शन काट दिए जाएंगे, जिन्होंने जुलाई, 2020 में अपने बिजली के बिल जमा नहीं करवाए हैं। यह जानकारी आज यहां प्रदेश विद्युत बोर्ड निगम लिमिटिड के सहायक अभियंता विदुर ने दी। उन्होंने कहा कि काटे जाने वाले कुनैक्शन की कुल संख्या 183 है। उपभोक्ताओं द्वारा जमा न करवाई गई कुल राशि 22,21,888 रुपये है। इनमें 86 घरेलू उपभोक्ता हैं। इनकी कुल राशि 09,19,032 रुपये है। कुल उपभोक्ताओं में से 90 व्यवसायिक उपभोक्ता हैं। इनकी कुल राशि 11,99,920 रुपये है। अन्य 07 उपभोक्ताओं की राशि 1,02,936 रुपये है। उन्होंने कहा कि विद्युत बिल के संशय के सम्बन्ध में उपभोक्ता दूरभाष नम्बर 01792-223611 पर सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने बिल पेटीएम, गुगल पे, अमेजाॅन, भीम ऐप फोन पे अथवा वैबसाईट www.hpsebl.in के माध्यम से भी जमा करवा सकते हैं।
बनोग के गांववासियों को अब बिजली की समस्या से निजात मिल गयी है। बता दें कि इस गांव में वोल्टेज की समस्या काफी समय से थी। गांववासियों की मांग थी कि गांव में होने वाले बिजली के समस्याओं का समाधान किया जाए। इसके उपरांत विधुत बोर्ड के अधिकारियों ने समस्या को सुन इसका निवारण किया और ट्रांसफर सहित बिजली के खम्बे लगा दिए। ट्रांसफार्मर लगने से अब गांववासियों को होने वाली कई समस्याओं से निजात मिलेगी। गांव के ग्रामीणों में बबलू अत्री सहित अन्य ग्रामीणों ने इस समस्या का स्थायी हल निकालने के लिए एक्सईएन परवाणू राहुल वर्मा, एसडीओ व जेई का आभार व्यक्त किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर ने मंगलवार को उपमंडलाधिकारी नालागढ़ का कार्यभार संभाल लिया। वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर इससे पहले कार्यकारी अधिकारी मनाली, खंड विकास अधिकारी कुल्लू तथा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नालागढ़ में उपमंडलाधिकारी का कार्यभार संभालने के अवसर पर अपनी प्राथमिकताओं के विषय में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव व इसकी रोकथाम उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण पर नियंत्रण के साथ-साथ देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में उद्योग व व्यापार का सुचारू संचालन भी उनकी प्रमुख प्राथमिकता है। सताईस वर्षीय युवा व ऊर्जावान महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि प्रशासनिक कार्य से संबंधित जन अपेक्षाओं का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा।
प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सदस्य सोनू सोनी को प्रदेश भाजयुमो कार्यकारीणी का सदस्य चुना गया है। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी वे इस पद पर लगातार तीन कार्यकाल पूरे कर चुके हैं। इससे पूर्व वे प्रदेश भाजपा खेल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष, जिला सोलन भाजयुमो के उपाध्यक्ष तथा अर्की नगर भाजपा उपाध्यक्ष के अलावा पार्टी के अन्य कई पदों को सुशोभित कर चुके हैं। सोनू सोनी ने पुनः अपनी इस नियुक्ति पर प्रदेश भाजपा संगठन, प्रमुख नेताओं व अर्की भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। सोनू के इस पद पर पुनः नियक्त किए जाने पर अर्की भाजपा कार्यकताओं ने भी प्रदेश भाजपा संगठन व अर्की मंडल का धन्यवाद किया है।
मंगलवार को विकासखंड सोलन की 35 पंचायतों में बीआरसी जल शक्ति विभाग मंडल सोलन जयदेव द्वारा FTK से लगभग 200 महिलाओं को जल जांच गुणवत्ता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने सभी पंचायतों की महिलाओं से यह भी आग्रह किया कि पेयजल स्रोतों को साफ सुथरा रखें ताकि जल्द जल जनित रोगों से सुरक्षित रहें।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को, 2020 को सोलन फीडर नम्बर-1 के तहत विद्युत लाइनों के मुरम्मत तथा खराब विद्युत खम्बों को बदलने के दृष्टिगत सोलन शहर के विभिन्न क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विकास गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 19 अगस्त को प्रातः 09.30 बजे से सांय 6.00 बजे तक जिला न्यायालय, सिटी सेंटर प्लाजा, विवांता माॅल, सुन्दर सिनेमा, कलीन, सन्नी साइड, शेर कलीन, हिमानी रिजाॅर्ट, पैरागाॅन रिजाॅर्ट, हिमालयन पाइप व इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
सोमवार को जल शक्ति विभाग मंडल सोलन बी.आर.सी द्वारा सोलन विकास खंड की पंचायतें धरोट, बसाल एवं सलोगड़ा की पांच-पांच महिलाओं को FTK से जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल जांच गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही सभी से यह भी आग्रह किया गया कि पेयजल स्त्रोतों को साफ-सुथरा रखे ताकि जल जनित रोगों से सभी सुरक्षित रहे। बी आर सी द्वारा लगभग 23 पंचायतों में यह प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
दाड़लाघाट के अंतर्गत कोरोना वायरस के मामलों में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है, ये मामले बीते रविवार को अम्बुजा, कंसवाला व ठेरा से आए। जानकारी के मुताबिक रविवार को क्षेत्र में पांच पॉजिटिव केस आने से हड़कम्प मच गया, हालांकि ये लोग पहले से ही होम कवारंटाइन थे। उक्त व्यक्तियों के सेंपल अभी हाल में ही लिए गए थे। गौर रहे कि रविवार को उक्त व्यक्तियों की सेंपल रिपार्ट आने के बाद प्रशासन द्वारा इन्हें कोविड केअर सेंटर बखालग में शिफ्ट कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पांच पॉजिटिव केस में दो व्यक्ति अम्बुजा सीमेंट उद्योग से थे, जो कि बाहरी राज्य से आए थे। वहीं दो व्यक्ति कंसवाला से थे जिनकी पीजीआई से ट्रेवल हिस्ट्ररी बताई जा रही है। वहीं ठेरा का व्यक्ति भी बाहरी राज्य से आया बताया जा रहा है। हालांकि स्थानीय व्यापार मंडल दाड़लाघाट द्वारा एहतियातन के तौर पर सोमवार व मंगलवार को सुरक्षा के मध्य नज़र पूरे बाजार को बंद करने का फैसला लिया है। इस बारे में दाड़लाघाट व्यापार मंडल के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला व उपप्रधान हेमराज गौतम छोटू का कहना है कि वह स्थानीय प्रशासन के हर निर्णय में कंधे के साथ कंधा मिलाकर खड़े हैं तथा प्रशासन द्वारा जो भी आदेश दिए जाएंगे वे उसका पालन करेंगे। उधर, इस बारे में उपमंडलाधिकारी, अर्की विकास शुकला ने बताया कि दाड़लाघाट के आसपास के क्षेत्रों में 5 कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। उन्होंने लोगो से आह्वाहन किया है कि कोरोना के खिलाफ सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे निदेर्शों का पालन करें।
भारतीय जनता युवा मोर्चा सोलन मण्डल द्वारा कण्डाघाट विकास खण्ड के अन्तर्गत चायल के नगाली गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा मोर्चा द्वारा विभिन्न प्रजातियों के लगभग 100 पौधे रोपित किए गए। पुरूषोत्तम गुलेरिया ने इस अवसर पर कहा कि प्रकृति के संतुलन के लिए पौधरोपण आवश्यक है तथा हम सभी को इस मुहिम में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्र में पौध रोपण का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य खादी बोर्ड रोजगार व स्वरोजगार की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को अपना व्यवसाय आरम्भ करने के लिए पात्रता अनुसार ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि युवा देश का भविष्य है और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना हम सभी का कर्तव्य है। राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजयुमो को आगे बढ़ाने व युवा मोर्चा की हर मुहिम में वे उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि चायल क्षेत्रवासियों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों को उचित मंच पर उठाया जाएगा। इस अवसर पर भाजयुमो के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, भाजपा मण्डल सोलन के कोषाध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, भाजपा नेता राजीव शर्मा, रिंकज गुप्ता, पंकज ठाकुर, इन्द्र सिंह ठाकुर, अरूण मेहता, दिनकर कुमार, अरूण ठाकुर, विशाल बैंस, गौरव साहनी, सुनील शर्मा, वैभव ठाकुर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुरेश शर्मा, मदन शर्मा, भानु प्रकाश, पूर्व प्रधान मुन्नु राम, प्रधान मान सिंह तथा ओम प्रकाश उपस्थित थे।
नालागढ़ कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम 6 सेमेस्टर की होने वाली परीक्षाओं के लिए कॉलेज प्रशासन ने गाइडलाइन जारी कर दी है इस दौरान एग्जामिनेशन सेंटर के साथ-साथ कमरों में सनितिज़ेशन किया जा रहा है जहां पर बच्चे बैठ कर अपना पेपर देंगे । कॉलेज की प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते सभी कमरों और एग्जामिनेशन हाल को सन्नीटाईज़ किया जा रहा है नालागढ़ कॉलेज के दोनों हॉस्टल प्रशासन की ओर से आइसोलेशन सेंटर बनाए गए थे जिन्हें 10 अगस्त को प्रशासन ने खाली कर दिया उसके बाद से कॉलेज प्रबंधन उसमें सैनिटाइज कर रहा है जो बच्चे हॉस्टल में रहते हैं वह बिना डर से एग्जाम दे सकते हैं उनके लिए सभी प्रकार की सुविधाएं दी जा रही है। प्रधानाचार्य ने कहा कि एग्जाम को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं,गेट पर एंटर होते ही बच्चों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी उसके बाद एग्जामिनेशन सेंटर में जाने के लिए सभी तरह की गाइडलाइन गेट पर ही बच्चों को उपलब्ध करवाई जायेगी। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन ने कमेटी का गठन कर दिया है। जो बच्चे अन्य राज्यों से आ रहे हैं वह अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बैरियर से क्रॉस कर सकते है।
पुलिस थाना अर्की में कुते द्वारा एक व्यक्ति को काटने को लेकर मामला दर्ज हुआ है । मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार सुपुत्र चिन्ताराम,गांव कोठी जमोगी डाकघर बथालंग ने अपनी शिकायत में कहा है कि पिछले कल उसके गांव के ही रहने वाले ताराचंद के पालतू कुते ने उसके बेटे को बुरी तरह काट दिया है । उन्होंने कहा कि यह कुता कई मर्तबा अन्य लोगों व बच्चों को काट चुका है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है । शिकायतकर्ता ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अंडर सेक्शन 289 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है व आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है ।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री नेे कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अग्रसर है और अब तक के कार्यकाल में 1400 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। डाॅ. सैजल आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के कसौली में पौधरोपण करने तथा जोहड़जी में वन विश्राम गृह का शिलान्यास करने के उपरान्त स्थानीय लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्राम पंचायत काबा कलां के जोहड़जी में 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले वन विश्राम गृह की अधारशिला रखी तथा महत्वाकांक्षी ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत कन्या शिशुओं एवं उनके अभिभावकों को पौधा एवं किट वितरित की। डाॅ. सैजल ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को उनके घर-द्वार तक बेहतर स्वासथ्य सेवाएं प्रदान करना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं इस दिशा में अत्यन्त महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर ‘हिमकेयर’ योजना कार्यन्वित की जा रही है। इस योजना के तहत पंजीकृत परिवार के पांच सदस्य 05 लाख रुपये तक प्रतिवर्ष निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। योजना में अब तक 5.50 लाख परिवार पंजीकृत हो चुके हैं तथा एक लाख से भी अधिक रोगी योजना के तहत अपना उपचार करवा चुके हैं। योजना के अन्तर्गत 92 करोड़ रुपये से भी अधिक व्यय कर लक्षित वर्गों को लाभान्वित किया गया है। आयुर्वेद मन्त्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में हिमाचल के विकास को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और प्रदेश को इस अवधि में सुशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि-बागवानी सहित सतत् विकास लक्ष्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए अनेक राष्ट्र-स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। डाॅ. सैजल ने कहा कि जोहड़जी धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जोहड़जी सहित ग्राम पंचायत प्राथा, भोजनगर, नारायणी इत्यादि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री ने कहा कि कसौली छावनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए प्रदेश के मुख्यमन्त्री के माध्यम से केन्द्र सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही इस दिशा में केन्द्रीय रक्षा मन्त्री राजनाथ सिंह से मिलकर इन समस्याओं के शीघ्र निपटारे की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सोशल डिस्टेन्सिग, मास्क का प्रयोग तथा बार-बार अपने हाथ साबुन से धोना अथवा एल्कोहल युक्त सैनिटाईजर से साफ करना आवश्यक है। उन्होंने सभी से इन नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को शीघ्र सुलझाया जाएगा। इस अवसर पर जोहड़जी में ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत पारूल, दिव्यांशी तथा अम्बिका के अभिभावकों ने क्रमशः दाड़ु, बेहड़ा तथा हरड़ के पौधे रोपे। डाॅ. सैजल ने कसौली में तुन्नी का पौधा रोपा। इस अवसर पर जगरेण्डा, रीठा, तुन्नी इत्यादि के 150 से अधिक पौधे रोपे गए। लोगों ने इस अवसर पर कसौली छावनी बोर्ड की समस्याओं को सुलझाने तथा कसौली-कालका सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की मांग की। वन मण्डल अधिकारी सोलन डाॅ. नीरज चड्डा ने कहा कि ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत जिला में 339 बेटियों को घर-द्वार पर बूटे उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अवसर पर एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जुवेनाईल जस्टिस बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, जोगेन्द्र्रा बैंक के पूर्व अध्यक्ष लाज किशाोर, कसौली छावनी बोर्ड के सदस्य देवेन्द्र गुप्ता, पूर्व सदस्य सुदेश बंसल, ग्राम पंचायत नारी के उप प्रधान हिमांशु गुप्ता, भाजपा मण्डल कसौली अनुसूचित जाति मोर्चा के सचिव अमित सहोटा, सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के अजमेर सिंह, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी अरण्यपाल अशोक चैहान, वन मण्डल अधिकारी डाॅ. नीरज चड्डा, सहायक अरण्यपाल पवन अचल, वन खण्ड अधिकारी संदीपना गुप्ता एवं प्रदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
जिला सोलन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधि मंडल जिला अध्यक्ष जेके ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश के नव नियुक्त स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुर्वेद मंत्री डॉ राजीव सहज़ल से मिला। जिला अध्यक्ष जे के ठाकुर ने मंत्री को कर्मचारियो की मांगों व समस्या बारे अवगत करवाया। मंत्री ने संघ के प्रतिनिधि मंडल कि मांगो को गंभीरता से सुना व जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला स्तरीय प्रतिनिधि मंडल के सभी सदस्य इस दौरान मौजूद रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लायंस क्लब परवाणू ने कई स्थलों पर अटल त्रिवेणी लगाई । इन पौधों की पूरी देखभाल की जाएगी। व समय-समय पर इन्हें खाद पानी दिया जाएगा। जिस प्रकार अटल जी ने सारा जीवन देश हित के लिए कार्य किया उसी प्रकार यह त्रिवेणी धर्म ही नहीं बल्क़ि स्वस्थ जीवन की भी प्रतीक हैं । यह सदैव ऑक्सीजन देकर मानव जीवन की सुरक्षा करेंगे।
डॉ वाईएस परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय में 74वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डा॰ परविंदर कौशल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया गया । इस वर्ष सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए इस कार्यक्रम में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए। विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी ऑफिसर और नौणी पंचायत के प्रधान ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में सामाजिक दूरी का पूरा पालन किया गया और यह सुनिश्चित किया गया की सभी ने मास्क पहना हो। इस अवसर पर एक विडियो संदेश के माध्यम से कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने छात्रों और संकाय को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी। उन्होनें देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जिनके संघर्ष और निस्वार्थ बलिदान से देश को आज़ादी मिली। डॉ कौशल ने अपने संदेश में विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कर्तव्यदायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ और महत्व को समझना चाहिए जो हमारे पूर्वजों के वर्षों के बलिदान के कारण हमें हासिल हुई है। इस अवसर पर उन्होनें कोरोना महामारी में दिन रात काम कर इस वैश्विक महामारी से लड़ रहे कोरोना वॉरियर्स को सलाम किया और सभी से इनका सहयोग करने और इस कठिन दौर में सरकार और स्वास्थ्य संगठनों द्वारा समय समय पर जारी किए जा रहे दिशा निर्देशों का सख़्ती से पालन करने की अपील की ताकि मिलकर हम इस बीमारी पर जीत हासिल कर सके।
शहीद रोशन क्लब पपलोल द्वारा शहीद स्मारक में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पहले ध्वजारोहण किया गया और उसके पश्चात सेवानिवृत सैनिकों को समानित किया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि रहे समाजसेवी एवं पेशे से अधिवक्ता नीरज भारद्वाज जी ने भारतीय ध्वज फहरा कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नीरज भारद्वाज ने कहा कि आज की तारीख में भगत सिंह सभी को चाहिए परन्तु अपने बेटे को कोई भी भगत सिंह नही बनाना चाहता। उन्होंने कहा कि हमे भारत के सैनिकों से प्रेरणा लेनी चाहिये और कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय सेना के जवानों को भी उनकी सेवा भाव के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में भारत माता के सपूत मदन ठाकुर, हरि दत्त शर्मा, अजय, राकेश, बलबीर, सागर चंद, अनिल को समानित किया गया। इस मौके पर शहीद रोशन लाल के पिता मोहन सिंह के साथ साथ विनीत रत्न, सिरी राम, हरनाम ठाकुर, हर्ष, राहुल, रामलाल, नंदलाल सहित महिला मंडल पपलोल के सदस्य मौजूद रहे। क्लब के निदेशक अरुण ठाकुर ने युवाओं में देश भावना भरने के लिए मुख्यातिथि का धन्यवाद किया।
74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजवैद्य विद्याधर विद्यालंकार सरस्वती विद्या मन्दिर सोलन में भारत माता पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक राकेश शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित लोगों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत को जो स्वतंत्रता मिली है वह अधूरी है। हमें क्षत-विक्षत अवस्था में भारत दिया गया है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि हमें भारत के पूर्ण स्वरूप के लिए सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ इस दिशा में कार्य भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत भूमि को विश्व में महान व त्याग की भूमि कहा गया है। राकेश शर्मा ने कहा कि भारत पर हज़ारों आतताईयों ने आक्रमण किए व मुंह की खाकर वापिस जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी भी किसी राष्ट्र पर अधिकार व कब्जा नहीं किया। उन्होंने भगवान श्रीराम का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने किष्किन्धा नरेश बाली का वध करके उसके वास्तविक हकदार सुग्रीव को ही वहां राजा बनाया एवं रावण का वध कर सोने की लंका विभीषण को प्रदान की। उन्होंने आग्रह किया कि भारत के प्रत्येक नागरिक को भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित मर्यादाओं का ही अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है तथा प्रत्येक नागरिक को इस ओर प्रयत्नशील रहना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष बुध राम ठाकुर, उपाध्यक्ष पूर्ण पंडिता, अधिकृत सदस्य व जिला संघ चालक गुरदीप साहनी, प्रबन्धक कन्हैया लाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि शर्मा, सभी आचार्य, दीदीगण उपस्थित रहीं।
शहरी विकास, नगर नियोजन, आवास, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ऐतिहासिक ठोडो मैदान में कोरोना योद्धाओं एवं जिला की उन कन्याओं को सम्मानित किया जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सुरेश भारद्वाज ने जिला के बद्दी की 22 वर्षीय मुस्कान जिन्दल को सम्मानित किया। मुस्कान जिंदल ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सविर्सिज परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में 87वां रैंक प्राप्त किया है। उन्होंने आंगनबाड़ी वृत सोलन के तहत हरिपुर में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीना ठाकुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुरेखा को सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सोलन की शीतल गुप्ता के अभिभावकों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कोविड-19 के दौरान समर्पण एवं एकनिष्ठ भावना के साथ कार्य करने के लिए सोलन पुलिस में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी मोहन दत्त, वाटर कैरियर देवेन्द्र तथा आरक्षी विकास सहित क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में तैनात डाॅ. कमल अटवाल एवं डाॅ. सुप्रिया अटवाल को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल, पूर्व परिवहन मंत्री महेन्द्र नाथ सोफत, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, सोलन से भाजपा के उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप, नगर परिषद सोलन की उपाध्यक्ष मीरा आनंद, मनोनीत पार्षद भरत साहनी, अन्य पार्षद, सोलन भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष चंद्रकान्त शर्मा, भाजपा नेता अशोक ठाकुर, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष नंदलाल कश्यप, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, सोलन मंडल के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, व्यापार मंडल सोलन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, अजय बंसल, उपायुक्त केसी चमन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने 74 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर अपनी विधान सभा के ग्राम पंचायत, पंजैहरा, नवांग्राम, कशमीरपुर के पंचायत घरों में पंचायत के प्रतिनिधियों व जनता के साथ पंचायत घर में तिरंगा लहराया और बधाई दी। इस मौके पर पंजैहरा के प्रधान हरमेश चौधरी, प्रधान कश्मीर पुर अमरजीत कौर, प्रधान नवां ग्राम सुशीला ठाकुर, उप प्रधान लज्जा राम, उप प्रधान हाकम सिंह, समाजसेवी ज्ञान ठाकुर, श्याम वार्ड पंच, करनेल सिंह, विजय शर्मा, जय पाल, पाल सिंह, केशवा नंद, गुरचरन सिंह, दलविंदर कौर कांता देवी, श्याम वार्ड पंच वार्ड पंच गोपाल जॉनी, बबीता शारदा, भजनों देवी, निशा देवी व पंचायत सचिव राकेश कुमार, नीरज भंडारी, योग राज व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में हर्षॉल्लास के साथ ऑनलाइन माध्यम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जानकारी देते हुए विद्यालय प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल ने बताया की कोरोना महामारी के चलते इस स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालय के सभी एन० सी० सी० कैडेटों, एन० एस० एस० स्वयंसेवकों स्काउट एंड गाइड, लायन इको क्लब की विभिन्न टुकड़ियों, विद्यालय के अन्य बच्चों और सभी अध्यापकों ने ऑनलाइन वीडियो कालिंग के माध्यम से जुड़कर कर इस समारोह का हिस्सा बने। प्रधानाचार्य ने बताया की विद्यालय अध्यक्ष ने विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय गान गाया। सभी बच्चों और अन्य अध्यापकों ने ऑनलाइन ध्वजारोहण का आनदं लिया। विद्यालय प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल ने बताया की इस स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालय के बच्चों ने घर में रहकर ऑनलाइन अनेक गतिविधियां तैयार की जैसे कविता, नारा लेखन, पोस्टर, चित्रकला, नृत्य आदि। उन्होंने बताया की ऑनलाइन गतिविधियाँ करवाने के लिए अध्यापक और अभिभावक कड़ी मेहनत कर रहे है। विद्यालय अध्यक्ष ने विद्यालय के सभी बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की ऑनलाइन के माध्यम से बधाई दी और अपने संबोधन में कहा की हमे केवल अच्छे अच्छे शब्द ही नहीं बोलने चाहिए बल्कि दूसरों के प्रति अपने मनोभावना भी अच्छी रखनी चाहिए और सभी को सच्चाई और इमानदारी से अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। यही सभी शहीदों के लिए हमारी श्रद्धांजलि होगी। विद्यालय अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर और अन्य सभी सदस्यों ने भी सभी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर विद्यालय में प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, उप-प्रधानाचार्य किरण लेखा जोशी, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा भी मौजूद रहे।
वो दौर था 1857 का, पूरे देश में क्रांति की ज्वाला भड़क रही थी। ऐसे में पहाड़ों की शांत वादियों में लगी चिंगारी भी कम नहीं थी। धीमें से सुलग रही इस क्रांति की चिंगारी ने जब विकराल रूप लिया तब लगभग पूरा हिमाचल इसकी जद में आ गया। 20 अप्रैल 1857, वो दिन जब पहली बार हिमाचल प्रदेश में अंग्रेज़ों के खिलाफ धधक रही ज्वाला ने विकराल रूप धारण किया। क्रांति का आगाज़ हुआ कसौली से। अंबाला राइफल डिपो के छह भारतीय सैनिकों ने कसौली थाने को आग के हवाले कर दिया। अंग्रेजों के सुरक्षित गढ़ कही जाने वाली कसौली छावनी पर हुए इस हमले से गोरे बौखला उठे और उन्होंने अन्य छावनी क्षेत्रों व कंपनी सरकार के कार्यालयों की सुरक्षा कड़ी कर दी। गोरों ने कई क्रांतिकारियों को जेलों में डाल दिया और कईयों को सूली पर चढ़ा दिया, पर सैनिकों का बलिदान ज़ाया नहीं गया। कसौली से भड़की इस ज्वाला ने पूरे हिमाचल में आज़ादी की अलख जगा दी। इसके बाद डगशाई छावनी, सुबाथू, कालका व जतोग में क्रांति की लहर दौड़ी। उधर कांगड़ा, नूरपुर, धर्मशाला, कुल्लू-लाहुल, सिरमौर व अन्य रियासतों में भी विद्रोह प्रखर हो गया। बुशहर के राजा शमशेर सिंह, कुल्लू-सिराज के युवराज प्रताप सिंह, सुजानपुर के राजा प्रताप चंद गुप्त रूप से क्रांतिकारियों की गतिविधियों में संलिप्त हो गए। 11 मई को अंग्रेजों को मेरठ, दिल्ली और अम्बाला में विद्रोह की सुचना मिली। गोरों ने कसौली, सुबाथू, डगशाई व जतोग की छावनियों को अंबाला कूच का आदेश दिया। भारतीय सैनिकों ने इस आदेश का खुले तौर पर विद्रोह किया और बगावत का ऐलान कर दिया। 13 मई को जतोग में गोरखा रेजिमेंट ने सूबेदार भीम सिंह के नेतृत्व में देशी सैनिकों ने अंग्रेजों पर धावा बोल दिया। सिर्फ 45 क्रांतिकारियों ने 200 अंग्रेजों को धूल चटा दी। सैनिकों ने कसौली ट्रेजरी को लूटा और जतोग की तरफ बढ़ने लगे। इस बारे में अंग्रेज़ों के तत्कालीन कमिश्नर पी. मैक्सवैल ने अपनी डायरी में जिक्र किया है और हैरानी जताई है कि कैसे मुट्ठीभर क्रांतिकारियों ने अपने से चार गुना अधिक अंग्रेजी सेना को हरा दिया था। इसके बाद विद्रोह की डोर स्थानीय पुलिस ने अपने हाथों में ली। स्थानीय पुलिस गार्ड के दरोगा बुद्धि सिंह जतोग पर कब्जे के लिए रवाना हो गए। जतोग पहुँचते पहुँचते रास्ते में अंग्रेजी सेना ने कुछ क्रांतिवीरों को पकड़ लिया तो कुछ मारे गए। जबकि बुद्धि सिंह ने गोरों के हाथों मरने से भला स्वयं को गोली मरना समझा और वो शहीद हो गए। पहाड़ी रियासतों में क्रांति योजनाबद्ध तरीके से हो रही थी, जिसके लिए एक गुप्त संगठन बना हुआ था, जिसके सदस्य सूचनाओं को यहां-वहां पहुंचाया करते थे। पहाड़ों में इस क्रांति के नेता पंडित राम प्रसाद वैरागी थे। वैरागी सुबाथू मंदिर में पुजारी थे। वे संगठन पत्रों के माध्यम से संदेश भेजा करते थे। 12 जून 1857 को इस संगठन का कुछ पत्र अंबाला के कमिश्नर जीसी बार्नस के हाथ लगे, जिसमें दो पत्र राम प्रसाद वैरागी के भी थे। इसके साथ ही संगठन का भेद खुल गया। वैरागी को पकड़ कर अंबाला जेल में फांसी पर चढ़ा दिया गया। क्रांतिकारियों को सहयोग न मिला व अंग्रेज़ों ने 1857 के विद्रोह को दो महीनो में ही दबा दिया और प्रदेश में लगी विद्रोह की ज्वाला कुचल दी गई।
जल शक्ति विभाग मंडल सोलन बीआरसी जयदेव द्वारा सोलन विकास खंड की पंचायतों सेर-बनेड़ा, शमरोड़ और कोठों की पांच-पांच महिलाओं को फील्ड टेस्ट किट से जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल जांच गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही सभी से यह भी आग्रह किया गया कि पेयजल स्त्रोतों को साफ-सुथरा रखें ताकि जल जनित रोगों से सभी सुरक्षित रहें। बीआरसी द्वारा लगभग दो दर्जन पंचायतों में यह प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।













































