राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी में आज एनएचएआई द्वारा रोड सेफ्टी पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्विज में स्कूल की पांच टीमों ने भाग लिया। इस क्विज में अक्षित और आसिफ की टीम प्रथम, अनुज और संदीप की टीम द्वितीय और आयुष और आयुष कौंडल की टीम तृतीय रही। स्कूल प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने बच्चों को सड़क पर चलने वाले नियमों का पालन करने का आह्वान किया और एनएचएआई की टीम का धन्यवाद किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में जागरूकता बढ़ती है और बच्चे दूसरे लोगों को भी जागरूक करते हैं। इससे सड़क हादसे में कमी आती है। इस मौके पर अमित कुमार हाईवे इंजीनियर, शिवम मिश्रा हाईवे इंजीनियर, रोड सेफ्टी क्लब प्रभारी विकास धीमान आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि समाज का समग्र विकास तभी संभव है, जब कमजोर और पिछड़े वर्ग के साथ महिलाओं और बच्चों का भी समावेशी विकास हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार इन वर्गों के विकास के लिए पहले दिन से ही कार्य कर रही है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की दिशा में कार्य करते हुए राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग में कार्यरत 17,889 महिला कुक-कम-हेल्पर को मातृत्व लाभ अधिनियम, 1962 के तहत 180 दिन का मातृत्व अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि महिला कुक के लिए शिक्षा विभाग में पहले इस तरह का कोई प्रावधान नहीं था। लेकिन वर्तमान सरकार ने शिशु और मातृ कल्याण को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से चली आ रही मूलभूत मांग को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार सत्ता संभालने के पहले दिन से ही कर्मचारियों और श्रमिकों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में पुरानी पेंशन बहाल करना सरकार का ऐतिहासिक फैसला था। इससे 1 लाख 36 हजार कर्मचारियों को लाभ मिला है। कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करना और उनके बुढ़ापे को सम्मानजनक बनाना सरकार का ध्येय है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से गीत-संगीत व नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को राज्य सरकार की जनहित योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। नाट्य दल चंगर कला मंच टिहरी के कलाकारों ने जयसिंहपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत नहालना में लोगों को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे जागरूक किया। उन्होंने लोगों को बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों तक गुणात्मक शिक्षा पहुंचाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है और मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के बारे में भी लोगों को अवगत करवाया गया। इस अवसर पर चंगर कला मंच नाट्य दल के कलाकारों में जीवन कुमार, अशोक, नेक चंद, मुकेश, प्रवीण, कश्मीर सिंह, मंजू, अंजनी, शिवानी, रेखा तथा कार्यक्रम में नहालना पंचायत उप प्रधान कुलवीर वार्ड सदस्य व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कुनिहार क्षेत्र के गांव नमोल से संबंध रखने वाले हेमंत तनवर की जल शक्ति विभाग में एसई से चीफ इंजीनियर के पद पर पदोन्नति हुई है। उनकी इस पदोन्नति से गांव नमोल सहित पूरे कुनिहार क्षेत्र में खुशी का माहौल है और हेमंत तनवर को ढेरों बधाइयां मिल रही हैं। विकास सभा कुनिहार के प्रधान धनिराम तनवर व अन्य सभा सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि हेमंत तनवर एक काबिल अधिकारी होने के साथ-साथ समाज सेवा में भी अपनी अग्रणी भूमिका में रहते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आगामी लोक सभा चुनाव से पूर्व जिला के बचत भवन रिकांगपिओ में स्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और सभी सुविधाओं की जांच कर संतुष्टि वयक्त की। इस अवसर पर, उपयुक्त ने ईवीएम मशीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पुलिस कर्मियों द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की। उपायुक्त ने तहसीलदार निर्वाचन जीएस राणा से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों में सभी न्यूनतम सुविधाओं की जानकारी हासिल की तथा निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाताओं के लिए सभी सुविधाए सुनिश्चित बनाएं।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भूस्खलन होने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जुन्गा में हुए लैंडस्लाइड की चपेट में एक शेड आ गया, जिस कारण इसमें रह रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। मृतकों की पहचान राकेश (31) पुत्र विलास राम बिहार और राजेश (40) पुत्र जोगेंद्र राम बिहार के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित प्रशासन के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है।
** नाले में गिरते-गिरते बाल-बाल बचा ट्रक, रास्ता बंद, लोग परेशान ** एसडीओ बोले, जेसीबी भेजी जा रही है, तुरंत रास्ता खुलवा दिया जाएगा ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ती बारी पंचायत के साथ लगते टम्बर चौक के पास दलदले रास्ते की वजह से रात को लकड़ी से भरा एक ट्रक नाले में गिरते-गिरते बाल-बाल बचा। गौर रहे कि टम्बर चौक पर सड़क की हालत बहुत ही खराब है, यहां बरसात की वजह से सड़क दलदल बन गई है, जिस वजह से देर रात एक लकड़ी से भरा ट्रक यहां फंस गया। इस कारण जाम भी लग गया और आने-जाने वाले राहगीरों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा है। ट्रक के बीच सड़क पर फंसने की वजह से लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी निखिल अगन ने प्रशासन से बात कर इस रोड को खुलवाने की बात कही है। वहीं, इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जेसीबी भेजी जा रही है, तुरंत रास्ते को खुलवा दिया जाएगा व जो रास्ता खराब है, उसकी मरम्मत का कार्य भी करवा दिया जाएगा।
** लोक निर्माण मंत्री ने अरसू में सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं ** कहा, आनी को पुन: नगर पंचायत बनाने का किया जाएगा प्रयास ** अरसू में विश्राम गृह का किया जाएगा विस्तार कुल्लू जिले की आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड उप मंडल के अरसू में आज सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में आनी विधानसभा क्षेत्र की 5 पंचायतों अरसू, कोट, बाड़ी, बाडीधार व निशानी से 52 शिकायते व मांगें प्राप्त हुईं। अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर लिया गया। विक्रमादित्य ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारे के निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिन के भीतर एसडीएम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि अरसू में विश्राम गृह के दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा आनी नगर पंचायत को पुन: गठित करने का भी पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दलाश में पॉलिटेक्निक संस्थान के निर्माण के लिए त्वरित उचित कदम उठाने का आश्वासन भी स्थानीय लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने स्तर पर समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों की समस्याओं व शिकायतों का उनके घर द्वार के निकट समाधान सुनिश्चित बनाने लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आरम्भ किया है, ताकि लोगों के समय व पैसे की बचत हो सके व तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने कहा कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई विभिन्न महत्वकांक्षी योजनाओं व कार्यक्रमो व सरकार द्वारा प्रदेश के समग्र विकास के लिए गए निर्णयों के बारे में जानकारी देना भी कार्यक्रम का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गत एक वर्ष के कार्यकाल मे अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति लाभांवित हो सके। लोक निर्माण मंत्री ने अधिकारियों को लोगों से प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेने तथा तत्काल समाधान करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोग उनके पास बड़ी उम्मीद से शिकायतों व समस्याओं को ले कर आते हैं ऐसे में आप सभी का दायित्व बनता है कि लोगों की समस्याओं व शिकायतों का तुरंत निपटारा कर उन्हें राहत प्रदान करें।
जिला रोजगार अधिकारी कुल्लू मनोरमा देवी ने जानकारी दी कि मेसर्ज पायनियर एम्ब्रॉयडरीज लिमिटेड काला अंब द्वारा कॉप्स वाइंडिंग ऑपरेटर, प्राइमरी टीएफओ ऑपरेटर, सेकेंडरी टीएफओ ऑपरेटर, एमटी ऑपरेटर, एलटी ऑपरेटर, एचएसडब्ल्यू ऑपरेटर, हाई बल्किंग ऑपरेटर, एफओवाई और एफडीवाई ऑपरेटर, ट्रेनीस सुपरवाइजर और अपरेंटिस (हेल्पर) के कुल 300 रिक्त पदों की भर्ती के लिए इस कार्यालय को मांग अधिसूचित की गई है। उक्त भर्ती हेतु कैंपस साक्षात्कार उप रोजगार कार्यालय आनी में आयोजित करवाए जाएंगे। रिक्तियों के लिए आवश्यक योग्यता 8वीं, 10वीं , 12वीं, ग्रेजुएशन एवं डिप्लोमा टेक्सटाइल है तथा आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वेतनमान 11,250 से 15,000 मासिक होगा तथा नौकरी का कार्यस्थल नाहन जिला सिरमौर है। योग्य उम्मीदवार अपने सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित 9 फरवरी को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय आनी में पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश के रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो और यदि पंजीकृत नहीं हैं तो ऑनलाइन अपना पंजीकरण करवा लें तथा इंटरव्यू के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। इच्छुक तथा योग्य उमीदवारों से अनुरोध है कि वे ऑनलाइन पंजीकरण के लिए www.eemis.hp.nic.in पोर्टल पर जाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू 01902222522 पर संपर्क करें।
** पूरी सरकार आपस में ही उलझी हुई है, नहीं है आम जन की सुध लेने वाला कोई ** बद्दी अग्निकांड में पीड़ितों की तरफ से बहुत आरोप सामने आ रहे हैं, निष्पक्षता से जांच करवाए सरकार पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार आए दिन अपनी गारण्टियां पूरी करने की बातें करती हैं। आए दिन नई नौकरियां निकालने की बात करती है। लेकिन कोई भर्ती निकल नहीं रही है। एक भी युवा को सरकार रोज़गार नहीं दे रही है। युवाओं द्वारा सड़कों पर संघर्ष करते 14 महीनें बीत गये, लेकिन अभी तक पुरानी भर्ती परीक्षाओं के परिणाम जारी नहीं हुए। सरकार को न प्रदेश के विकास की चिंता है और न ही युवाओं के भविष्य की। आज पूरे प्रदेश के लोग सरकार की कारगुज़ारियों से परेशान हैं। आपदा राहत के लिए अभी भी वास्तविक प्रभावित सरकार की राह देख रहे है उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस समय वर्तमान सरकार और कांग्रेस पार्टी सिफ़र् आपस में उलझी हुई है। उनकी आपसी खींचतान की वजह से प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आज प्रदेश का विकास पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। सड़कों से लेकर पुलों और स्कूलों से लेकर अस्पतालों के काम रूके पड़े हैं। लोगों को पहले से मिल रही सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। एक लाख नौकरी हर साल देने का वादा करने वाली सरकार एक भी नौकरी नहीं निकाल रही है। मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालते ही जो वादे जनता के साथ किए थे वह आज तक वैसे के वैसे पड़े हैं। कांग्रेस ने चुनाव के पूर्व जो भी गारंटिया और चुनावी घोषणा पत्र में जो भी वादे किए थे अब सरकार को याद भी नहीं हैं। सरकार से लेकर कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता इसके बारे में बात नहीं कर रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि बद्दी अग्निकांड में कई लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उस हादसे में घायल और अपनी जान गवाने वाले लोगों के परिजनों द्वारा फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं सरकार से मांग करता हूं कि उनके द्वार लगाए जा रहे आरोपों पर ध्यान देते हुए सभी आरोपों की गंभीरता के साथ निष्पक्ष जांच करवाए।
** धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में 99 लाभार्थियों को बांटे 31 लाख ** कहा, समय पर योजनाओं का लाभ दिलाकर पूरा किया वादा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने सोमवार को चार योजनाओं के 99 लाभार्थियों को 31 लाख रुपए से ज्यादा की राशि वितरित की। धर्मशाला के लायंस क्लब में बाल विकास परियोजना के कार्यक्रम में सुधीर शर्मा ने धर्मशाला हलके की जनता से आह्वान किया कि वह उनके तीनों कार्यालयों में अपनी समस्याओं को रखें। हिमाचल में अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए तीन विधायक खोलने वाले एकमात्र एमएलए सुधीर शर्मा ने कहा कि ये ऑफिस आमजन की सुविधा के लिए खोले गए हैं। विधायक सुधीर शर्मा आगे कहा कि इन लाभार्थियों के दस्तावेज समय पर पूरा करके तमाम प्रक्रिया को पूरा करके समय पर यह राशि दी जा रही है। योजनाओं का सही मायने में लाभ तभी होता है, जब पात्रों को समय पर यह राशि मिले। लायंस क्लब में हुए कार्यक्रम में सुधीर शर्मा ने बेटी है अनमोल, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, विधवा विवाह के लाभार्थियों को ये चेक व फिक्स डिपोजिट के रूप में सहायता राशि। कार्यक्रम में शगुन योजना के तहत 64 लाभर्थीयों को 1984000 रुपए 31000 प्रति लाभार्थी दिए गए। इसी तरह मुख्यमंत्री कन्या दान योजना में 14 लाभार्थीयों में 51000 प्रति लाभार्थी की दर से 714000 रुपए के चेक बांटे गए। इसके अतिरिक्त बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत भी 21 लाभार्थीयों को 410000 रुपए की 21000 रुपए प्रति लाभार्थी की दर से दिए गए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में कुपोषित बच्चों के लिए मिशन भरपूर अभियान भी आरंभ किया गया है तथा इस अभियान के तहत जिला में 940 के करीब कुपोषित बच्चों को हर दिन पौष्टिक तत्वों से युक्त चाकलेट बॉर उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला ब्लॉक की 162 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से इस अभियान को चलाया जा रहा है ताकि कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर हो सके। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला शिक्षा, खेल और इवेंट कैपिटल के रूप में पहचान बना चुका है। यह सबके सामूहिक प्रयासों से हुआ है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी, नगर निगम के कार्यों की लगातार मानीटरिंग की जा रही है। बजट की कमी कभी नहीं आने दी सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें पता है कि विकास के लिए बजट का कैसे इंतजाम करना है। धर्मशाला में पंचायतों से लेकर शहर तक एकसमान काम चल रहे हैं। पंचायतों केा लगातार विकास कार्यों के लिए राशि दी जा रही है। विभाग बनाएं समन्वय सुधीर शर्मा ने कहा कि सर्दी के मौसम में बिजली व पानी की आपूर्ति बड़ी चुनौती रहती है। साथ ही पीडब्ल्यूडी को भी धर्मशाला हलके की सडक़ों में ड्रेनेज को सही करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अधिकारियों को समन्वय बनाना होगा।
** कहा, टास्क फोर्स एक माह में सुनिश्चित बनाएगी उद्योगों का निरीक्षण ** उत्पादन क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण करने की नहीं मिलेगी अनुमति उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी की बद्दी के झाड़माजरी स्थित कंपनी जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। विभिन्न विभागों की टास्क फोर्स बनाकर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) में स्थापित उद्योगों का निरीक्षण कर उद्योगों में कामगारों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हर्षवर्धन चौहान आज सोलन जिला के नालागढ़ के बद्दी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दु:खद घटना से आहत हैं और उन्होंने इस मामले में समुचित कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह दु:खद घटना के दोषियों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के उद्योगों में काम कर रहे श्रमिक सुरक्षित रहें और प्रदेश का पर्यावरण संरक्षित हो। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बद्दी के झाड़माजरी स्थित कंपनी में यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना एनआर एरोमा उद्योग की आपराधिक लापरवाही के कारण घटित हुई है। उक्त कंपनी ने कामगारों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के लिए स्थापित किए जाने वाले सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया है। चौहान ने कहा कि टास्क फोर्स विभिन्न उद्योगों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करेगी कि डीजल, पेट्रोल, अल्कोहल और केमिकल का भंडारण क्षमता के अनुसार ही हो। उन्होंने कहा कि अति ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण उत्पादन क्षेत्र में करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी उद्योगों का फायर ऑडिट किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित बनाया जाए कि सभी उद्योगों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों। सभी उद्योगों में सुरक्षा की दृष्टि से चार निकासी द्वार तथा फोल्डेबल सीढ़ियां स्थापित होनी चाहिएं ताकि आपदा की स्थिति में कामगारों को बाहर निकलने का सुरक्षित रास्ता मिल सके। उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उद्योगों में प्रत्येक माह में एक बार मॉक ड्रिल अवश्य आयोजित होनी चाहिए, ताकि आकस्मिक घटना या आगजनी अथवा अन्य आपदा के समय त्वरित कार्रवाई कर नुकसान को न्यून किया जा सके।
** सरकार सभी क्षेत्रों एवं वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़संकल्प ** पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे प्रभावी कदम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल में व्यवस्था परिवर्तन की भावना से कार्य करते हुए प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार तथा तीव्र विकास पर विशेष ध्यान कंेद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का आगामी बजट भी इन्हीं बिंदुओं पर कंेद्रित होगा और इसमें राज्य सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों की भी झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों एवं सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़संकल्प है। उन्होंने कहा कि अपनी चुनावी गारंटी को पूरा करते हुए सरकारी कर्मचारियों के लिए ओपीएस बहाल किया गया है। इससे लगभग 1.36 लाख कर्मचारियों का सेवानिवृत्ति के उपरान्त सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित हुआ है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार हिमाचल में सभी मौसमों के अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बर्फीली पहाडियां, हरे-भरे मैदान, यहां के जलाशय तथा सघन वन क्षेत्र पर्यटन क्षेत्र को विविधता प्रदान करते हैं। यह प्रत्येक आयु वर्ग के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में ढांचागत विकास को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है तथा कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार करने के साथ ही प्रत्येक जिला मुख्यालय को हैलीपोर्ट से जोड़ कर हवाई सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। इससे पर्यटकों को आवागमन की तीव्र एवं सुगम सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष आपदा के दौरान चंद्रताल की बर्फीली चोटियों सहित अन्य क्षेत्रों में फंसे हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया, जोकि पर्यटन एवं पर्यटकों की सुरक्षा के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस आपदा के उपरांत रिकॉर्ड समय में सामान्य व्यवस्था बहाल करते हुए प्रदेश सरकार ने सुशासन का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल केएस बांश्टू भी उपस्थित थे।
** 212 लोगों के दांतों की हुई जांच, 55 का मौके पर ही उपचार स्माइल हिमाचल संस्था द्वारा मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच में हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर के दंत चिकित्सकों के सहयोग से एक विशेष निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह कैंप विश्व कैंसर सप्ताह के अंतर्गत लगाया गया। कैंप में लोगों की निशुल्क जांच की गई। शिविर का आयोजन डेंटल कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. अनिल सिंगला, डॉ. विकास जिंदल, प्रधानाचार्य डॉ. बलजीत सिंह के नेतृत्व में किया गया। शिविर में डॉक्टर अक्षत ने रोड सेफ्टी के बारे मेंं जागरूक किया तथा लोगों के दांतों की जांच एवं उपचार किया। इस दौरान 212 लोगों के दांतों की जांच की गई, जिसमें से 55 का मौके पर ही उपचार किया गया। दंत चिकित्सकों डॉक्टर वसुंधरा, डाक्टर तमना, डाक्टर साहिल ठाकर, डॉ. अक्षत, डॉ. मोनिका कुमारी, डॉक्टर साहिल नेगी, डॉ. निपुण, डॉ. अकांशा, डॉ. अवनी, डॉ. सोनम, डॉ. अर्पण, डॉक्टर आंचल, डॉक्टर अर्जुन, डॉक्टर अर्शिया पठानिया, डॉ. अर्पण, डॉक्टर अर्शिया शर्मा, डॉक्टर हरमहर, डॉ. अंजलि, डॉक्टर प्रांजल, डॉ. एस अकांशा, डॉ. रोशन, द्रौपदी और सेवक राम ने दांतों की जांच करते हुए सभी लोगों को दांतों से संबंधित बीमारियों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी। स्माइल हिमाचल संस्था के अध्यक्ष निखिल वालिया ने बताया कि संस्था द्वारा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य इस कैंप का आयोजन किया गया। इसी के साथ मैगल में 70 बच्चों ने डेंटल हेल्थ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। संस्था द्वारा लगातार यह कार्यक्रम लोगों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं और संस्था इस वर्ल्ड कैंसर डे को पूरे माह मनाने का प्रयास कर रही है, जिस हेतु आने वाले हफ्ते में डेंटल कैंप पंडोह क्षेत्र में उसके उपरांत कोटली क्षेत्र में लगाया जाना तय है। उन्होंने बताया कि सात फरवरी को डेंटल हेल्थ कैंप बेहना और आठ को लालजी कॉलेज गुटकर में आयोजित किया जाएगा।
** सीता राम, राजू रांटा को सौंपी ऑडिट कमेटी की जिम्मेदारी ** जनरल हाउस में सर्वसम्मति से बनाई गई नई कार्यकारिणी आउटर सराज भवन में सोशल वेलफेयर एसोसिएशन फार आउटर सराज पीपल द्वारा प्रथम जनरल हाउस बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सभी सदस्यों ने सुरेश कुमार को एसोसिएशन का प्रधान नियुक्त किया। महासचिव पद पर नरोत्तम चंद, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष हरीश शर्मा, संयुक्त सचिव कारदार दादा बंटी ठाकुर, प्रेस सचिव दविंद्र ठाकुर, कार्यकारिणी व मुख्य सलाहकार दलीप सिंह को नियुक्त किया गया। इसके अलावा एसोसिएशन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आडिट कमेटी के गठन करने पर चर्चा की गई। इसमें सर्वसम्मति से सीता राम व राजू रांटा को ऑडिट कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई। जनरल हाउस में कई अहम निर्णय लिए गए। इसमें सदस्य की प्रथम सदस्यता शुल्क 300 रुपये और मासिक चंदा 100 रुपये निर्धारित किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संघ की मासिक बैठक हर माह के पहले रविवार को आउटर सराज भवन में आयोजित की जाएगी।
** डिप्टी सीएम ने पालकी उठाकर किया शोभा यात्रा का आगाज ** बोले, मंदिरों की भव्यता और विस्तारीकरण के लिए सरकार उठा रही विशेष कदम हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने आज ऊना में बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया और शोभा यात्रा की पालकी उठाकर यात्रा का आगाज किया। मीडिया से रूबरू होते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाबा बाल जी महाराज का आश्रम उत्तर भारत में काफी प्रसिद्ध है। उत्तर भारत के कोने-कोने से श्रद्धालु बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। आज मुझे भी जहां पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अनेक मंदिर व शक्तिपीठ हैं। सरकार मंदिरों की भव्यता व विस्तारीकरण को लेकर अनेक कदम उठा रही है। एचआरटीसी द्वारा धार्मिक स्थलों के लिए 175 के करीब विशेष रूट चलाए जा रहे हैं। शक्तिपीठों तक पहुंचने के लिए साइन बोर्ड व अन्य होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। हिमाचल सरकार द्वारा अयोध्या व खाटू श्याम के लिए भी बसें चलाई जा रही हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा क्षेत्र इंदौरा की पंचायत घेटा में विधायक मलेेंद्र राजन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने अपनी निजी व सार्वजनिक समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। कार्यक्रम में दो पंचायतों घेटा व भलाख के लोगों की समस्याओं को सुना गया। विधायक के साथ एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर व संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। विधायक के समक्ष 20 समस्याओं को रखा गया जिसमें लगभग समस्याएं सार्वजनिक थीं व कुछ निजी थीं। विधायक द्वारा कई समस्याओं को मौके पर हल किया गया व अन्य को संबंधित विभागों को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक मलेेंद्र राजन, एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर, नायब तहसीलदार गंगथ परवेश, एसडीओ पीडब्ल्यूडी अनूप, एसडीओ बिजली तरुण, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ स्वाइल विजय ठाकुर, एसएचओ नुरपुर सुरेेंद्र धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, जिला परिषद प्रवीण कुमार, लिगल सेल अध्यक्ष जसवीर कटोच, पौंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, जिला परिषद तरसेम सिंह अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता व जनता उपस्थित रही।
** भेड़ या बकरी के मरने पर पशुपालक को मिलेगा 8 हजार क्लेम ** तीन साल का जीवन बीमा करने की घोषणा हिमाचल प्रदेश में अब भेड़-बकरियों का भी लाइफ इंश्योरेंस किया जाएगा। दरअसल पशुपालन विभाग प्रदेश के 38 हजार से अधिक भेड़-बकरियों का बीमा करने जा रहा है। विभाग बीपीएल, एससी और एसटी पशुपालकों की की कुल 21050 भेड़-बकरियों का बीमा करेगा तो वहीं एपीएल पशुपालकों की कुल 17250 भेड़-बकरियों का भी बीमा किया जाएगा। भेड़-बकरियों की बीमित राशि 912 रुपए रखी गई है। इसमें से बीपीएल, एससी और एसटी पशुपालकों को भेड़-बकरियों की बीमित राशि 173 रुपए जमा करवानी होगी, जबकि एपीएल पशुपालकों के लिए 365 रुपए बीमित राशि रखी गई है। शेष राशि विभाग की तरफ से जमा करवाई जाएगी। पशु पालक 31 मार्च से पहले अपने पालतू भेड़-बकरियों का बीमा करवाना सुनिश्चित कर सकते है। बताया गया है पशुपालन विभाग पांच माह से अधिक आयु के भेड़-बकरियों का ही बीमा करेगी। यह बीमा तीन वर्ष के लिए किया जा रहा है। इस बीच अगर पशुपालकों की भेड़-बकरियों की बीमारी के चलते मौत होती है, तो उसे 8000 रुपए की राशि बीमे के तौर पर मिल सकेगी। हालांकि पशु की उम्र व बेट के मुताबिक बीमा राशि इससे कम भी दी जा सकती है।
** एचआरटीसी के 640 रूट ठप, 76 बसें विभिन्न रूटों में फंसी हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात होने से कई सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। ज्यादातर सड़कें पहाड़ी इलाकों में बंद हुई हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने फील्ड में तैनात 15,000 कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विभाग के मुताबिक जिला शिमला में 242 सड़कें बंद हैं। लाहौल स्पीति में 157, चंबा 61, किन्नौर 24, कुल्लू 93, मंडी 51 और सिरमौर में 16 सड़कें यातायात के लिए बाधित है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि हिमाचल में बर्फबारी से बंद सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर सड़कें बहाल करने को कहा गया है। प्रतिदिन अधीक्षण व अधिशासी अभियंताओं से अपडेट लिया जा रहा है। ताजा बर्फबारी के बाद रविवार को निगम के करीब 640 रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रहीं। बर्फबारी के कारण कुल्लू, शिमला, मंडी और चंबा जिला में सबसे अधिक बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। निगम की करीब 76 बसें विभिन्न रूटों में फंसी हुई हैं। इन बसों को निकालकर मुख्यालय पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
** कहा, पार्क में घूम-फिरने और व्यायाम करने की मिलेगी सुविधा ** वन विभाग ने 24 लाख रुपये से निर्मित किया है यह पार्क उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सिरमौर जिला के प्रवास के दौरान पांवटा साहिब में गुरुद्वारा साहिब के समीप यमुना रिवरफ्रंट नेचर पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क वन विभाग ने 24 लाख से निर्मित किया है। पार्क में बच्चे, बुजुर्ग तथा अन्य वर्ग के लोग घूम-फिर सकते हैं और व्यायाम भी कर सकते हैं। इस दौरान मंत्री ने कहा कि आजकल के व्यस्त जीवन में इस प्रकार के पार्कों का होना अति अनिवार्य है। पार्क ऐसी जगह होती है, जहां जाकर हम अपना सारा दु:ख दर्द भूल जाते हैं और हमारा मन हल्का हो जाता है। इस भाग-दौड़ भरी जिंदगी में हम खुद के लिए भी समय नहीं निकाल पाते, जिस कारण हमें तनाव का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुछ पल खुद के लिए निकाल कर किसी पार्क में व्यतीत करना हमें सुकून का एहसास करवा सकता है।
विशाल इवेंट गुरु कंपनी हिमाचली प्रतिभाओं और संस्कृति को आगे ले जाने और साथ में टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष अनेकों प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित करवाती है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा को विशाल इवेंट गुरु इस साल भी जारी रखेगा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश अचीवर अवॉर्ड से हिमाचल की 101 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और शिमला संसदीय क्षेत्र के वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप रहेंगे। मातृ शक्ति और युवाओं के लिए अनेकों आयोजन करवा चुकी है। विशाल इवेंट गुरु कंपनी इस वर्ष अपनी चौथी वर्षगांठ शिमला में आयोजित समारोह के दौरान मनाएगी। इस कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम मातृ शक्ति और नन्हे-नन्हे बच्चों द्वारा पेश किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजक विशाल शर्मा ने कहा कि हमारी कोशिश है कि पूरे प्रदेश में इसी तरह के आयोजन हों और हम हिमाचल के हर टैलेंट को एक मंच प्रदान कर पाएं। हमारी कोशिश है कि हिमाचल के हर जिले में हम शो ऑर्गेनाइज करें, ताकि सभी प्रतिभाओं को मंच मिले और हिमाचल के समग्र विकास में सभी मिलकर सहयोग करें।
मंडी जिला के करसोग में रविवार देर रात एक दुखद हादसा पेश आया। देर रात लगभग साढ़े 10 बजे मुमेल-सुरसी-बखरुंडा सड़क मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई गिर गई। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि कार हादसे में एक व्यक्ति पुष्प राज (25) पुत्र उदय निवासी बखरुंडा की मृत्यु हो गई व अन्य एक व्यक्ति मनोज कुमार पुत्र खेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
** कांगड़ा जिले के गगल में एक निजी होटल में हुई बैठक हिमाचल भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक रविवार को कांगड़ा जिले के गगल में एक निजी होटल में हुई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी भाग लिया। बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और विभिन्न प्रतिनिधियों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी टिप्स दिए। इसमें भाजपा के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन उपस्थित रहे। इस बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जेसी शर्मा को विधिवत भाजपा का सदस्य बनाया गया। जेसी शर्मा को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा पटका पहना कर भाजपा का सदस्य बनाया। कांगड़ा से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में प्रदेश जिला और मंडल स्तर तक चलने वाला है।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के लिए लेटरल चयन परीक्षा नवम तथा दस जमा एक कक्षा के लिए 10 फरवरी को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है वे अपना परीक्षा प्रवेश पत्र आनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना प्रवेश पत्र के किसी को भी परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं दी जाएगी इसलिए परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी भी तरह की दिक्कत हो तो जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के कार्यालय में किसी भी दिन संपर्क कर सकते हैं।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैक आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार चालू वित वर्ष में सात हजार विधवा तथा एकल नारियों को गृह निर्माण के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का अनुदान देगी, ताकि महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ सकें। बाली ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के जोड़ने के लिए भी ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से कई कार्यक्रमों एवं योजनाओं का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सृदृढ़ किया जाएगा तथा महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बिक्री के लिए उचित कदम भी उठाए जाएंगे, ताकि स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे इस के लिए यूनिटी मॉल भी स्थापित किया जाएगा इसके साथ ही अपना कांगड़ा ऐप के माध्यम से भी उत्पादों को विक्रय करने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है। बाली ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रगाढ़ता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के कुशल नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनमानस तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा सरकार द्वारा अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका सीधा लाभ लोगों को प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया तथा दस माह में इस योजना को धरातल पर उतारा गया। वर्तमान राज्य सरकार ने देश का पहला कानून बनाया और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना आरम्भ की, जिसके तहत 27 वर्ष की आयु तक उनकी देखभाल, उनकी उच्च शिक्षा तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायता देगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश में डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
देहरा : व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच साबित कर रहा 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम : डॉ. राजेश
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहरा ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए देहरा स्थित श्री बालाजी हवेली (रिवर व्यू) में मीटिंग का आयोजन किया। इस मीटिंग में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा विशेष तौर पर उपस्तिथ रहे। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसमें आम जन की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया जाएगा। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों की शुरुआत करके मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच में साबित किया है। सरकार सीधे जनता के द्वार पर आकर समाधान कर रही है। देहरा विधानसभा में भी सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। डॉ.राजेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देहरा विधानसभा के हर घर तक सरकार के इस कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी पहुंचाने का कार्य करना है, साथ ही देहरा विधानसभा को हिमाचल प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाना ही उनका लक्ष्य है। देहरा विधानसभा को सभी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए वो हमेशा से प्रयासरत हैं। जब तक देहरा विधानसभा आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित नहीं हो जाता है, वे ऐसे ही प्रयास करते रहेंगे। देहरा में इस कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर कॉलेज ऑफ एक्ससिलेंस के साथ लगते मैदान में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान भाग ले रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस मीटिंग में ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौधरी सहित तमाम वरिष्ठ व कर्मठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया है।
वन मंडल कुनिहार में वन मित्र योजना के तहत प्रतिभागियों का शारीरिक मापदंड परीक्षण कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। यह जानकारी मुख्य अरण्यपाल बिलासपुर वन वृत्त अनिल कुमार शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सभी पुरुष प्रार्थियों की शारीरिक मापदण्ड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 फरवरी तथा महिला प्रार्थियों की 9 फरवरी को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अर्की में डिग्री कॉलेज बातल, दाड़लाघाट में वन विश्राम गृह दाड़लाघाट, कुनिहार में वन विश्राम गृह कुनिहार तथा कुठार में शारीरिक मापदंड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा बनलगी में आयोजित की जाएगी। सभी स्थानों पर यह कार्यक्रम प्रात: 9 बजे से आरंभ होगा। मुख्य अरण्यपाल ने कहा कि यदि किसी कारण निर्धारित दिवस पर यह प्रक्रिया नहीं हो पाती है तो प्रार्थियों को उसी समय अगली तिथि बता दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 33 केवी कंडाघाट फीडर के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 5 फरवरी की प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक वाकनाघाट, क्यारीघाट, क्वारग, शालाघाट, कैथलीघाट, छावशा, डुमैहर, कदौर, गरू, पौघाट, कून, आंजी, सुनारा, साधुपुल, कलहोग, दोची, सोनाघाट, सैंज, कोटला, चायल, नंगाली, हिन्नर, कुरगल, झाझा, धंगील, आलमपुर, जनेड़घाट, टिक्कर एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त निर्धारित तिथि व समय में खराब मौसम व अन्य परिस्थितियों के दृष्टिगत परिवर्तन किया जा सकता है।
** प्रदेश में बन रहे 12 फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट और सीए स्टोर ** पराला फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट से आए क्रांतिकारी बदलाव हिमाचल प्रदेश में बने फल उत्पादों की बिक्री के लिए एचपीएमसी ने दिल्ली और जयपुर मेट्रो स्टेशनों पर 97 आउटलेट्स खोले हैं। एचपीएमसी ने हाल ही में फल उत्पाद तैयार करने और मार्केटिंग में अभूतपूर्व प्रगति की है। यह प्रगति शिमला के पराला में हाल ही में स्थापित किए गए फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट और अन्य बदलाव का नतीजा है। HPMC के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदेश कुमार मोखटा ने बताया कि अब एचपीएमसी के देश भर में 244 आउटलेट्स हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मार्केटिंग और बिक्री के लिए सेना और भारतीय रेलवे से भी बातचीत जारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे 12 फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट और सीए स्टोर बनाए जा रहे हैं, जिनसे आने वाले समय में एचपीएमसी को फ्रूट प्रोसेसिंग क्षेत्र में काफी प्रगति की उम्मीद है।
** प्रदेश सरकार तथा एनडीडीबी के बीच समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि जिला कांगड़ा के ढगवार में अत्याधुनिक स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए परामर्श सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से स्वचालित इस संयंत्र की क्षमता शुरुआत में 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकता है। इस परियोजना के तहत प्रथम चरण में 225 करोड़ के निवेश से निर्माण कार्य किया जाएगा। संयंत्र का उद्देश्य दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, फलेवर्ड मिल्क, खोया तथा मौजरेला चीज जैसे डेयरी उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के आरंभ होने से दुग्ध उत्पादकों के जीवन में खुशहाली आएगी तथा प्रदेश की समग्र प्रगति में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा तथा ऊना जिले के किसानों से सीधे तौर पर दूध खरीद कर ग्रामीण अर्थ-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने दूध प्रापण में पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि किसानों को उनकी मेहनत के उचित दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दूध प्रापण नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 43 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश का प्रावधान किया गया है। संयंत्र को संचालित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन 2.74 लाख लीटर दूध की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
** राजा वीरभद्र खेल स्टेडियम कुमारहट्टी में 3 से 5 मई तक होगी प्रतियोगिता ** 26 राज्यों की टीमें लेंगी भाग, 1000 से ज्यादा प्रतिभागी दिखाएंगे दमखम स्टार कराटे अकादमी सोलन तीसरी कराटे प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है, जिसमें 1000 से ज्यादा प्रतिभागी भाग लेंगे। अकादमी के अध्यक्ष पीसी कश्यप ने सोलन के निजी होटल में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 3 से 5 मई को तीसरी कराटे लीग राजा वीरभद्र खेल स्टेडियम कुमारहट्टी में होने जा रही है, जिसमें एक हजार से ज्यादा प्रतिभागी और 26 राज्यों की टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता 26 कैटेगरी में होगी। इसमें लड़के व लड़कियां दोनों भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आज के युवा नशे की लत में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। उन्हें नशे से बचाने के लिए खेल ही सबसे अच्छा माध्यम है और हमारी अकादमी यही काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विजेता को ट्रॉफी व गोल्ड मेडल के साथ 3 लाख का कैश प्राइज दिया जाएगा। उनका कहना है कि बीते 2 साल से हम इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित कर रहे हैं, जिसमें अभी तक कई हजारों खिलाड़ी भाग लेकर गोल्ड मेडल जीत चुके हैं और भविष्य में भी हम इस तरह की प्रतियोगिता करवाते रहेंग। भविष्य में सभी सुपर गोल्ड मेडलिस्ट को अकादमी अपने खर्चे पर ही भविष्य में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका देगी। कमेटी का सभी देश व प्रदेशवासियों से निवेदन है कि आप हमारी इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए हमें आर्थिक सहयोग करें, ताकि हम इसे और अच्छे ढंग से आयोजित कर पाएं।
हिमाचल प्रदेश के महाविद्यालयों में प्रथम वर्ष में पड़ रहे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अब 10 फरवरी तक 10 विभिन्न छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अब तीसरी बार छात्रवृत्तियों की तिथि बढ़ाई गई है ताकि विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूर्व में आवेदन की तिथि 30 नवंबर और 31 दिसंबर थी। अब 31 जनवरी से 10 फरवरी की गई है। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को तीन वर्षों तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला पुुलिस नूरपुर ने नशे के खिलाफ शुरू किए अपने अभियान के तहत 151 ग्राम चरस और 29.30 ग्राम चिट्टा पकड़ने में सफलता हालि की है। जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पहले मामले में नारकोटिक्स टीम ने जिला नूरपुर के बासा वजीरा में एक बाइक सवार से 151 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की। आरोपी अभय चौधरी (25) निवासी कंडी (नूरपुर) के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अन्य मामले में नारकोटिक्स टीम ने डमटाल के हिल टॉप मंदिर के पास एक बाइक सवार से 29.30 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की और आरोपी गुरदीप राज (33) निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करवाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार प्रयासरत है व लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन कुल्लू के आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड उप मंडल के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरसू में 5 फरवरी को किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य करेंगे। यह जानकारी उप मंडलाधिकारी मनमोहन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम प्रात: 10 बजे आरंभ होगा, जिसमें अरसू सहित साथ लगती ग्राम पंचायत कोट, बड़ीधार, बाड़ी तथा निशहानी के लोगों की शिकायतों व समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों व स्वयं सहायता समूहों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, जहां गैर संचारी रोगों के टेस्ट के अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की जाएगी। हिम केयर कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड के अलावा आधार कार्ड आदि बनाने की सुविधा भी होगी। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संबंधित पंचायत में पूर्व गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
रक्कड़ में कटे 12 चंदन के पेड़ों में वन विभाग व पुलिस ने कार्यवाई करते हुए 29 किलो चंदन पकड़ा है, इस पर समाजसेवी सूर्यवंशी जगबीर सिंह ग्गी ने सवाल खड़े किए हैं। ग्गी का कहना है कि वह इस मुद्दे को लाइम लाइट में लाने वाले हैं। यह चंदन लगभग 150 किलो था, जिसे अब 29 किलो दिखा दिया गया। ग्गी ने कहा उनके पास इसके साक्ष्य हंै कि विभाग गलत कार्रवाई कर रहा है। वह इस जांच को आगे तक लेकर जाएंगे। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। जगबीर सिंह ग्गी ने आरोप लगाया है वन व पुलिस विभाग इस विषय पर निष्पक्ष जांच नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि न जाने विभाग को किस बात का प्रेशर है कि वह ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ममाले में जांच बिठाने और निष्पक्ष जांच करवाने की अपील की है।
सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी के झाड़माजरी स्थित एनआर एरोमा कंपनी में कार्यान्वित किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एनडीआरएफ द्वारा कंपनी प्रागंण से आज चार शव निकाले गए। पोस्टमार्टम के लिए इन चार शवों को नागरिक अस्पताल नालागढ़ भेजा गया है। यह जानकारी आज झाड़माजरी में जिलाधीश सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में अभी तक पांच व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि एक महिला की गत सायं मृत्यु हुई थी, जबकि आज राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कंपनी प्रागंण से चार शव निकाले गए हैं। जिलाधीश ने कहा कि अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार इस दुखद घटना में 8 व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त नहीं हुई थी। इनमें से 4 के शव कंपनी प्रागंण में पाए गए हैं, अन्य की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ द्वारा गत रात्रि से ही राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। आज प्रात: एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने कम्पनी के भीतर राहत एवं बचाव कार्य आरंभ किया। यह कार्य सभी व्यक्तियों की जानकारी मिलने तक जारी रहेगा। मनमोहन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस दु:खद घटना कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव इस दुर्घटना की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचारधीन घायलों को फौरी राहत राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गत दिवस दु:खद घटना में मृत्यु को प्राप्त महिला के परिजनों को भी राहत राशि प्रदान की जा रही है। जिलाधीश ने कहा कि जिला प्रशासन सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित बना रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि इस कंपनी में कार्य करने वाले ऐसे व्यक्तियों जिनकी कोई सूचना उपलब्ध नहीं हो रही है कि जानकारी उनके पास है तो जिला आपातकालीन केंद्र सोलन के दूरभाष नंबर 01792-220048, 220049, 220882 अथवा 221200 या जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के समन्वयक के मोबाइल नंबर 62303-76825 पर सूचित करें।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते रक्कड़ में चंदन काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में वन व रक्कड़ पुलिस विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई अमल में गई है, जिसमें रक्कड़ के ही एक स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायत दर्ज करवाई गई है । उक्त व्यक्ति की पहचान पंजाब सिंह, निवासी रामनगर (रक्कड़) के रूप में हुई है। व्यक्ति के घर से ही काटा हुआ चंदन मिला है। डीएफओ सन्नी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चंदन की मात्रा 29 किलोग्राम तथा बाजार में इसकी कीमत तीन लाख से ज्यादा है। मामले के अनुसार पांच दिन पहले, रक्कड़ के पास एक वन भूमि से एक दर्जन से अधिक चंदन के पेड़ काट दिए गए थे। जब घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों को हुई, तो उन्होंने मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और आधे कटे हुए पेड़ पाए। सन्नी वर्मा के अनुसार विभाग ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। बरहाल मामला दर्ज करवा दिया गया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कुल्लू राजेश भंडारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 15 जनवरी से 14 फरवरी तक जिला कुल्लू सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में मनाया जा रहा है। इसी संदर्भ में परिवहन विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 4 से 6 फरवरी तक तीन दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर टैक्सी यूनियन कार्यालय, ढालपुर में 4 फरवरी को, टैक्सी यूनियन कार्यालय भुंतर में 5 फरवरी और बस स्टैंड कुल्लू में 6 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अनुरोध किया है कि विभिन्न प्रतिष्ठान व यूनियनें अपने सभी ड्राइवरों को इन शिविरों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
** 25 फरवरी से 29 फरवरी तक होंगी स्टार नाइट्स ** वाइस ऑफ धौलाधार, ब्रास बैंड कांटेस्ट भी होगा ** पारंपरिक वेशभूषा फैशन शो बनेगा आकर्षण का केंद्र पर्यटन विभाग धर्मशाला में 25 से 29 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश टूरिज्म स्प्रिंग कार्निवाल का आयोजन करेगा। यह जानकारी देते हुए पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि कांगड़ा जिला को पर्यटन की राजधानी बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए जा रहे हैं तथा इसी कड़ी में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या तीन करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है इस के लिए अधोसरंचना विकसित करने के साथ साथ विभिन्न स्तरों पर पर्यटन विभाग के माध्यम से भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की कार्य योजना तैयार की गई है। आरएस बाली ने कहा कि पहली बार आयोजित किए जा रहे हिमाचल टूरिज्म स्प्रिंग कार्निवल में पांच स्टार नाइट्स आयोजित की जाएंगी। इन 5 स्टार नाइट्स में कई प्रसिद्ध गायक पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का मनोरंजन करेंगे। इसमें वॉयस ऑफ धौलाधार प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पहली बार ब्रास बैंड कांटेस्ट भी आयोजित किया जायेगा। इससे हिमाचल के ब्रास बैंड कलाकारों किसी सार्वजनिक मंच पर अपनी प्रतिभा दर्शाने का पहली बार मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में कलाकारों के अलग अलग ग्रुप हिमाचली नृत्य की विहंगम प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में फूड फेस्टिवल, हिमाचली कला की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किया जायेगा। इसके अलावा पारंपरिक वेशभूषा फैशन शो भी आयोजित होगा। पर्यटन विभाग की कोशिश है कि कांगड़ा जिला में निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहें जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले। आरएस बाली ने कहा कि पर्यटन विभाग के अधिकारियों को स्प्रिंग कार्निवल के सफल आयोजन के लिए निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन जिला के नालागढ़ क्षेत्र के झाड़माजरी स्थित एक निजी फैक्ट्री में आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घटना की जांच करने और प्रभावित परिवारों को हरसम्भव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। सीएम ने इस घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मतस्य विभाग के अध्यक्ष व लोकसभा क्षेत्र शिमला के को-ऑर्डिनेटर नरदेव कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द देहरा का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि अभी समय, जगह व दिनांक तय नहीं हुई है, लेकिन शीघ्र ही मुख्यमंत्री देहरावासियों से रूबरू होंगे। सीएम दौरे की तैयारी को लेकर उन्होंने आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस देहरा में एसडीम देहरा सहित समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि सीएम अपने देहरा दौरे के दौरान लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाएंगे। इस दौरान लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लि. पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की आज बैठक हुई। यह बैठक एसोसिएशन की उप इकाई कुनिहार के अध्यक्ष ई. रत्न तंवर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें कुनिहार, बातल, डूमेहर, वरावरी, घागर, कक्करहट्टी, सुबाथू, देओथी आदि स्थानों से सदस्यों ने भाग लिया। सभा के शुरू में आज नए सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण की, जिनका कार्यकारणी ने हार पहनाकर तथा सदस्यों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। आरएन कश्यप महासचिव ने सभा के सामने यूनिट की ऑडिट रिपोर्ट रखकर पूरा लेखा-जोखा विस्तार से प्रस्तुत किया, जिसको सभा ने वॉइस वोट से स्वीकार कर दिया। ई. रत्तन तंवर ने बताया कि कैसे जनवरी माह में ज्वाइंट फ्रंट तथा पेंशनर्स ने लड़ाई लड़ कर रोकी हुई पेंशन/वेतन की अदायगी करने को बोर्ड को मजबूर किया और ओपीएस लागू करवाने तथा एमडी को हटाने की लड़ाई अभी जारी है। उन्होंने मंच से मांग की कि बिजली की सब्सिडी को तत्काल रूप से खत्म किया जाए ताकि वेतन/ पेंशन की समस्या का निदान हमेशा के लिए किया जाए।नए पेंशनर्स की ग्रेच्युटी, लीव इंकेशमेंट तथा अन्य देय राशि का भुगतान शीघ्र किया जाए। संशोधित वेतनमान का एरियर का इंतजार करते करते बहुत से पेंशनर्स इस दुनिया से चले भी गए, लेकिन बोर्ड उनका एरियर उन्हे उनके जिंदा रहते न दे पाया। इसलिए बोर्ड से आग्रह किया जाता है कि सभी पेंशनर्स का एरियर जल्द से जल्द दिया जाए। संशोधित वेतनमान के निर्धारण की कछुआ चाल में तेजी लाकर पेंशनर्स को नए वेतनमान के अनुसार जल्द पेंशन का भुगतान शुरू किया जाए। बोर्ड में ओपीएस तुरंत लागू की जाए। बोर्ड में पूर्णकालिक एमडी की नियुक्ति जल्द की जाए। उन्होंने सदस्यों से विचार विमर्श कर बताया कि यूनिट के चुनाव 3 मार्च दिन रविवार को 11बजे एवरग्रीन होटल कुनिहार के सभागार में होंगे। इसमें केंद्रीय तथा जिला कार्यकारणी के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
आईएएस अधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने शनिवार को बतौर उपायुक्त किन्नौर अपना पदभार संभाल लिया। वे जिला किन्नौर के 40वें उपायुक्त हैं। वर्ष 2016 बैच के आईएएस डॉ. अमित कुमार शर्मा डीसी किन्नौर का कार्यभार संभालने से पहले राज्य विद्युत बोर्ड में निदेशक (निजी व वित्त) तथा अतिरिक्त नियंत्रक (भंडार) उद्योग विभाग का कार्यभार संभाल रहे थे। इससे पहले उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त जिला ऊना, उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर, उपमंडलाधिकारी भोरंज व खंड विकास अधिकारी पच्छाद के पद पर अपनी सेवाएं दी हैं। वे कांगड़ा जिले के धर्मशाला से संबंध रखते हैं।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के झाड़माजरी में एक परफ्यूम बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग पर शनिवार सुबह को नियंत्रण पा लिया गया है। अग्निकांड में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीमों को कंपनी के अंदर से चार कामगारों के शव मिले हैं। पांच लोग अभी भी लापता हैं। वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि मामले की विस्त़ृत जांच के लिए एसटीआई का गठन किया गया है। शुक्रवार रात को प्लांट प्रबंधक को गिरफ्तार किया और उसने स्वीकार किया कि घटना के समय इमारत के अंदर लगभग 85 लोग थे। इनमें से एक महिला की मौत हो गई। 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 13 लोग लापता थे, जिनमें से 4 लोग के शव मिल गए हैं। अब लापता लोगों का पता लगाने के लिए ऑपरेशन चल रहा है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और बद्दी की मृतक महिला के प्रति शोक व्यक्त किया।
आईटीआई नैहरनपुखर में एक बार फिर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। क्वेस कॉर्प लिमिटेड 12 फरवरी को कैंपस इंटरव्यू लेगी। कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी ने बताया कि 12 फरवरी को होने वाले कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से श्रीराम पिस्टन एंड रिंगस लिमिटेड के लिए युवाओं का चयन करेगी। कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के शैक्षणिक योग्यता वर्ष 2020 से 2023 मे आईटीआई के तकनीकी व्यवसाय फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, और फाउंडरी मे कोर्स पूरा कर चुके सभी अभ्यर्थी पात्र होंगे। कंपनी द्वारा चयनित युवाओं 14500 रुपये मासिक वेतन व इसके अतिरिक्त बोनस व भत्ते की सुविधा दी जाएगी। पात्र युवा 12 फरवरी को सुबह दस बजे अपने बायो डाटा, मूल प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पास बुक की प्रतिलिपियों के साथ आईटीआई नैहरनपुखर में पहुंच जाने चाहिए। इस विषय बारे संस्थान प्रधानाचार्य ई. ललित मोहन ने बताया कि युवाओं की चयन प्रक्रिया में पहले एक लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में प्रदेश भर के सभी सरकारी व निजी आईटीआई पास छात्र अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संस्थान की वेबसाइट या ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी मुकेश कौशल से मोबाइल नंबर (9418162333) व सदस्य रवि गुलेरिया से मोबाइल नंबर (8580467991) पर संपर्क करें।
** ट्रक चालक ने स्कूटी, बाइक और कार को भी मारी टक्कर, चार जख्मी हिमाचल के जिला कांगड़ा की पालमपुर तहसील के मनियाड़ा ठंडोल खैरा मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भयानक हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे एक दुकान से सब्जी खरीद रही महिला को रौंद दिया। महिला की मौत मौके पर ही हो गई। बेकाबू हुए ट्रक ने इसके बाद एक स्कूटी, बाइक और बाद में एक कार को भी टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार पर दो युवतियां और एक बाइक सवार भी घायल हो गया। वहीं, ट्रक सड़क पर ही पलट गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने शराब पी हुई थी। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू की। मृतका की पहचान कमला देवी पत्नी साधु राम के तौर पर हुई है। उधर, थाना प्रभारी नंद लाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल तक पहुंच दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में खाद्य आपूर्ति विभाग के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो हमीरपुर की टीम ने सिविल सप्लाई गोदाम के इंचार्ज और हेेल्पर को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। विजिलेंस को एक ठेकेदार ने शिकायत भेजी थी कि गोदाम का इंचार्ज सबसिडी पर मिलने वाले सीमेंट की सप्लाई रिलीज करने की एवज में पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था। इस पर विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाया। इसके तहत ठेकेदार ने गोदाम इंजार्च को पैसे लेने के लिए एकांत में बुलाया था, लेकिन इंचार्ज खुद न आकर उसने अपने हेल्पर को पैसे लेने के लिए भेजा था। जैसे ही हेल्पर ने पांच हजार हाथ में पकड़े तो घात लगाकर बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे पैसे लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान जेओए आईटी नीलकमल निवासी मंडी और हेल्पर देवेश निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। ममाले की पुष्टि एएसपी विजिलेंस रेणु शर्मा ने की है।
रामपुर के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 6 फरवरी को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस बात की जानकारी देते हुए झाखड़ी परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने कहा कि यह शिविर 6 फरवरी को सुबह 9 बजे से सायं 3 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने ने कहा कि इस शिविर आईजीएमसी शिमला के ब्लड बैंक की देखरेख में परियोजना अस्पताल झाकड़ी में किया जा रहा है । यह भी उल्लेख है कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ऊर्जा-उत्पादन के साथ-साथ अनेक सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निवर्हन करती है, जिसमें स्टेशन के कर्मचारी/अधिकारी कंधे से कंधा मिलाकर इस भागीदारी में सहयोगी बनते हैं। परियोजना के कार्यकारी निदेशक/परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने कहा है कि रक्तदान शिविर का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है और इस महादान के लिए स्वैच्छिक रक्तदान कर कई जिंदगियों को बचाना है ।
जिला कुल्लू के मौहल में नेचर पार्क के पास हेरोइन की खेप फेंककर भागे 2 तस्करों को एएनटीएफ की टीम ने दबोच लिया है। आरोपियों की पहचान आकाश (31) निवासी शाढ़ाई कालोनी व अमन (27) निवासी तेगुबेहड़ भुंतर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक कार (एचपी 66-8664) भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार बीते 23 जनवरी को एएनटीएफ की टीम ने 2 हेरोइन तस्करों को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। इस दौरान दोनों आरोपी 61.72 ग्राम हेरोइन को मौहल में नेचर पार्क के पास फेेंककर फरार हो गए थे। इसके बाद से टीम इनकी तलाश कर रही थी और आखिरकार ये दोनों डोभी के फोजल रोड पर टीम के हत्थे चढ़ गए। इस मामले की पुष्टि एएनटीएफ के डीएसपी हेमराज वर्मा ने की है।
** सोलन जिला की प्रारूप क्षेत्रीय योजना पर हितग्राही परामर्श बैठक आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन जिला की प्रारूप क्षेत्र योजना में सभी हितधारकों के सुझावों को समाहित करने के लिए कार्य किया जाना चाहिए। डॉ. शांडिल आज सोलन के बडोग में नगर नियोजन विभाग द्वारा सोलन जिला की प्रारूप क्षेत्र योजना को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित हितग्राही परामर्श बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन जिला हिमाचल प्रदेश का सबसे तीव्र गति से विकसित होता जिला है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण और सभी को बेहतर अधोसंरचना सुविधाएं प्रदान करने के लिए योजनाबद्ध विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन सभी आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए वर्ष 2041 को ध्यान में रखकर सोलन जिला की प्रारूप क्षेत्र योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारूप योजना में आवासीय सुविधा, यातायात एवं परिवहन सुविधा, आर्थिक गतिविधियां, उद्योग, कृषि एवं सम्बद्ध गतिविधि, सामाजिक अधोसंरचना और पर्यावरण तथा आपदा प्रबंधन को विशेष अधिमान दिया जाना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गत वर्ष प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा ने निर्माण और विकास की अवधारणाओं में आधारभूत बदलाव की आवश्यकता की और सभी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य और वर्तमान को सुरक्षित रखने के लिए यह आवश्यक है कि सभी प्रकार के निर्माण क्षेत्र विशेष की भौगोलिक परिस्थिति और प्राकृतिक आपदा के खतरे से बचाव के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना समृद्धि का कारक बनती है और इस दिशा में नगर नियोजन विभाग के साथ-साथ अन्य सभी हितधारकों को भी कार्य करना होगा।


















































