हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा वर्तमान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे जनजागरूकता अभियान के तहत आज नग्गर विकास खंड में मन्नत कला मंच के कलाकारों ने सरकार गांव की ओर के कार्यक्रम बेंची पंचायत व रायसन पंचायत में फोक मीडिया से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत कर वर्तमान सरकार द्वारा जनहित में लिए गए फैसलों,जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंच के कलाकारों ने कुल्लवी नाटिओं के माध्यम से लोगों का मनोरंजन किया व साथ ही नाटक, विकास गंगा के माध्यम से पुरानी पेंशन की बहाली, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, वृद्धाश्रम में रहने वालों हेतु त्यौहार अनुदान योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कुल्लू जिले की मनाली विधानसभा क्षेत्र के नग्गर विकास खंड के रायसन में आज सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने की। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मनाली विधानसभा क्षेत्र की 4 पंचायतों रायसन, बैंची, शिरड, बंदरोल, से 47 शिकायत व मांगें प्राप्त हुईं। अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर लिया गया। विधायक ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटान के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ब्यास के तट पर विभिन्न आवश्यक स्थानों पर बाढ़ संरक्षण का कार्य किया जा रहा है साथ ही ब्यास के बाएं तट से रात्रि बस सेवा की लॉन्ग रूट की व्यवस्था की करने के निर्देश दिये, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि बंदरोल में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
अखाड़ा बाजार कुल्लू में आज व्यापार मंडल के चुनाव हुए, जिसमें कुल्लू शहर के एक से लेकर 11 वार्ड के तमाम दुकानदार मौजूद रहे तो वहीं व्यापार मंडल कुल्लू के पूर्व के तीनों अध्यक्ष राकेश कोहली, रितेश काईस्था व राजेश सेठ भी बैठक में उपस्थित रहे, जहां सभी ने बिना विरोध के मदनलाल सूद को जिला का नया प्रधान नियुक्त किया गया। इस दौरान वरिष्ठ दुकानदार दिनेश सेन और पूर्व अध्यक्ष पंडित जनक राज शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने सर्वसम्मति से चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया गया कुल्लू शहर के एक से लेकर 11 वार्ड तक सभी लोगों को कार्यभार भी दिया गया। वार्ड नंबर 1 से वरुण शर्मा सुमित सूद वार्ड नंबर 2 से सचिन सूद वार्ड नंबर 3 से इंद्र चावला नीरज बेहल वार्ड नंबर 5 से गोपाल चौधरी वार्ड नंबर 11 से जगदीश बंगा को सदस्य बनाया गया है तो वहीं चीफ पैटर्न दिनेश सेन और अन्य पैटर्न सदस्य राजेंद्र सूद, रितेश कार्यस्था, राजेश सेठ को बनाया गया।
** प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा रहे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा ने ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ देव सदन में आयोजितएक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से किया। जिला किसान मोर्चा के इस कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा अध्यक्ष दूनी चंद ठाकुर ने की। जिला किसान मोर्चा ने इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा का भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर,बंजार विधान सभा के विधायक सुरेंद्र शौरी,पूर्व विधायक महेश्वर सिंह विशेष तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा ने बताया कि किसान मोर्चा इस कार्यक्रम के माध्यम से एक महीने तक गांवों गांवों जा कर किसानों को जागरूक करेगा। उन्होंने बताया की जिस प्रकार प्रदेश सरकार ने किसानों से छल किया है,प्रदेश के किसान आने वाले लोकसभा चुनावों में इसका बदला भाजपा को चारों सीटें जिता कर देगा।
विधायक संजय रत्न ने सोमवार को विश्राम गृह ज्वालामुखी में मुख्यमंत्री आपदा कोष के तहत लाभार्थियों को 50 लाख के चेक वितरित किए। इस अवसर पर विधायक संजय रत्न ने कहा कि प्रभावितों की मदद के लिए हमारी सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का पैकेज जारी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए मुआवजा राशि में भी 25 गुणा तक की बढ़ोतरी की है ताकि आपदा प्रभावितों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से प्रभावित सड़कों तथा पेयजल योजनाओं को भी रिकार्ड समय में दुरूस्त करवाया गया है ताकि लोगों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए राज्य सरकार ने एनपीएस कर्मचारियों के लिए बिना किसी राजनीतिक लाभ की लालसा व आर्थिक तंगी के बावजूद ओपीएस बहाल की। शिक्षा व्यवस्था को पुन: सुदृढ़ करने के दृष्टिगत शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करना सरकार के इन प्रयासों का ही परिणाम है। अगले शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में शिक्षा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार की दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए दूध के खरीद मूल्य में 6 रुपये की बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार ने 4,000 अनाथ बच्चों को 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेटÓ के रूप में अपनाया है। उनके कल्याण के लिए कानून बनाया और मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष की स्थापना की गई, जिसके तहत राज्य सरकार 27 वर्ष तक इनकी देखभाल और उच्च शिक्षा के लिए उचित सहायता प्रदान कर रही है।देश कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया गया था। सतर्कता जांच के दौरान आयोग के कामकाज में भ्रष्टाचार के संकेत मिले थे। उन्होंने कहा कि अब वर्तमान प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करते हुए स्वच्छ एवं पारदर्शी प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
किन्नौर जिला के काशंग नाले में गत 4 फरवरी को टोयोटा क्रिस्टा कार दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण लापता हुए तामिलनाडु के 45 वर्षीय वेत्री दुराईसेमी का शव आज 2 बजे के करीब पांगी नाले के समीप बरामद किया गया। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि माहूंनाग डाइविंग ऐसासिएशन सुदंरनगर मंडी की टीम द्वारा शव को बरामद किया गया। उपायुक्त ने बताया कि 4 फरवरी को राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर काशंग नाला के समीप हुए हादसे में एक इनोवा गाड़ी सतलुज नदी में गिर गई थी तथा गाड़ी में सवार 3 पर्यटकों में से एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, एक व्यक्ति घायल अवस्था में पाया गया जिसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया था तथा हादसे में लापता हुए तामिलनाडु के वेत्री दुराईसेमी के लिए सर्च अभियान आरंभ किया गया था। 8 दिन तक चले इस सर्च अभियान में भारतीय नेवी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर, एनडीआरएफ, एसटीआरएफ, पुलिस व होमगार्ड की रेस्क्यू टीमों द्वारा संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया तथा आज दोपहर लापता हुए तामिलनाडु के वेत्री दुराईसेमी का शव बरामद किया गया।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन जिला के कंडाघाट एवं आसपास के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 15 फरवरी को प्रात: 9बजे से सायं 5.30 बजे तक वाकनाघाट, क्यारीघाट, क्वारग, शालाघाट, कैथलीघाट, छावशा, डुमैहर, कदौर, गरू, पावघाट, कून, आंजी सुनारा, साधुपुल, कलहोग, दोची, सोनाघाट, सैंज, कोटला, चायल, नगाली, हिन्नर, कुरगल, झाझा, धंगील, आलमपुर, जनेड़घाट, टिक्कर एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त निर्धारित तिथि व समय में खराब मौसम व अन्य परिस्थितियों के दृष्टिगत परिवर्तन किया जा सकता है।
** शिमला, सोलन, सिरमौर व किन्नौर जिले के युवाओं को सेना में जाने का मौका सेना भर्ती कार्यालय शिमला के कर्नल पुष्विंदर कौर ने आज यहां बताया कि प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर व किन्नौर जिला के युवा अग्निवीर योजना के तहत 13 फरवरी से 22 मार्च तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण केवल भारतीय सेना की विभागीय वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ही स्वीकार्य होगा। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए वेबसाइट में वीडियो लिंक दिया गया है जिससे उम्मीदवार बदली हुई प्रक्रिया पंजीकरण कैसे करें और ऑनलाइन परीक्षा में कैसे उपस्थित हो की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा 22 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा उम्मीदवार अपनी पंसद का केंद्र चुन सकते हैं।
पालमपुर में हुआ जिला स्तरीय 'ईट राइट मिलेट फेस्टिवल' का आगाज पौष्टिक आहार शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ हमारे आचार, व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य को भी संबल प्रदान करता है। आज के समय में हमें फूड सिक्योरिटी के साथ न्यूट्रीशनल सिक्योरिटी पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। पालमपुर के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा मैदान में आज सोमवार को जिला स्तरीय 'ईट राइट मिलेट फेस्टिवल' के शुभारंभ के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने यह बात कही। इस दौरान मिलेट मैन के नाम से विख्याम पदम्श्री पुरस्कार विजेता नेकराम विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मोटे अनाज की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारी पारंपरिक खेती का हिस्सा रहे मिलेट्स या मोटे अनाज पोषण की खूबियों के चलते सुपर फूड हैं। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, डायबिटीज जैसी अनेक बीमारियां आज आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज के सेवन से न केवल हम इन्हे नियंत्रित कर सकते हैं अपितु इन बीमारियों से निजात भी पा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी खान-पान में इसका सेवन बढ़ाने की बात कही। आंगनबाड़ी केंद्रों तक ले जाएंगे मिशन भरपूर उपायुक्त ने कहा कि कुपोषित बच्चों में न्यूट्रीशन की कमी पूरी करने के उद्देश्य से जिला कांगड़ा में मिशन भरपूर की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तथा महिला बाल विकास विभाग की ओर से शुरू किये गये इस अभियान में कुपोषित बच्चों के लिए सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर के सहयोग से चॉकलेट बार तैयार करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज से बनी इस चॉकलेट बार में सभी पौषक तत्व मौजूद हैं, जो बच्चों में कूपोषण को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी। डीसी ने कहा कि कांगड़ा जिला में आंगनबाड़ी केंद्रों तक इस अभियान को ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में इसके तहत 920 कुपोषित बच्चों की पहचान की गई है तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से इन बच्चों तक पोष्टिक तत्वों से युक्त चाकलेट बार पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी उपस्थिति में कुपोषित बच्चों को यह चॉकलेट बार खिलाएंगे तथा आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक पाक्षिक निरीक्षण के दौरान खपत का सत्यापन करेंगे। मोटा अनाज नहीं अमृत है श्रीअन्न : नेकराम इस दौरान पदमश्री पुरस्कार से अलंकृत नेकराम ने अपने संबोधन में कहा कि यह मोटा अनाज नहीं अपितु अद्भुत अनाज एवं अमृत है। उन्होंने कहा कि यह अनाज कभी भी खराब नहीं होता इसलिए इसके सेवन से सेहत भी कभी खराब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम केवल चावल और गेहूं पर ही निर्भर हैं, जिनमें सबसे कम पौष्टिकता होती है। उन्होंने कहा कि हमें पूरे वर्ष एक प्रकार का अन्न खाने की बजाय प्रकृति और ऋतु के अनुरूप अन्न का सेवन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज से बने भोजन का रंग भले ही काला, पीला और भूरा है लेकिन इनकी पौष्टिकता सर्वाधिक है। इसी खूबी के चलते इसे श्रीअन्न नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने भी 2023 को इंटरनेशनल मिलेट्स ईयर घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जहां तक मिलेट्स के फायदे की बात है तो श्रीअन्न में शामिल ज्वार ग्लूटेन फ्री और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। डायबिटीज के मरीजों के लिए बढ़िया भोजन है। इसी तरह बाजरा में विटामिन बी6, फॉलिक एसिड मौजूद है। ये खून की कमी को दूर करता है। मडुआ नेचुरल कैल्शियम का स्रोत है। बढ़ते बच्चे और बुजुर्गों की हड्डी मजबूत करने में मदद करता है। सांवा फाइबर और आयरन से भरपूर है। एसिडिटी, कब्ज और खून की कमी को दूर करता है। कोदो भी फाइबर से भरपूर है। घेंघा रोग, रूसी की समस्या से संबंधित बीमारी और बवासीर में फायदेमंद है। इन गतिविधियों का हुआ आयोजन स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में मोटे अनाज के लाभ और उनके उपयोग को लेकर लोगों में जागरूक पैदा करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया। मेले में मिलेट्स से बने व्यंजनों के स्टाल लगाए गए। साथ ही मिलेट्स के फायदे बताने वाले जागरूकता के कार्यक्रम, विद्यार्थियों के बीच विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मिलेट्स की उपयोगिता को दर्शाती प्रदर्शनियां विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गईं। ईट राइट के संदेश को व्यापकता देने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें मिलेट्स (ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, मडुआ, सावां, आदि) को नियमित खाद्य के रूप में शामिल करने का संदेश विभिन्न माध्यमों से दिया गया। वहीं भवारना विकास खंड के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने मिलेट्स से संबंधित अपने स्टाल यहां लगाए।
** दूध, सब्जियों-फलों और अन्य नकदी फसलों के बनाए जाएंगे क्लस्टर ** कहा, पंचायत स्तर पर आयोजित करें किसान गोष्ठियां आयुष, युवा सेवायें एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि किसानों को स्वावलंबी बनाने के लिए किसानों के हित में हिम उन्नति योजना आरंभ की गई है। इस योजना में किसानों के उत्पादों के लिये दूध, सब्जियों-फलों और अन्य नकदी फसलों के क्लस्टर बनाए जाएंगे। मंत्री सोमवार को जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत करनघट्ट में आतमा परियोजना के माध्यम से आयोजित किसान गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल कृषि अभियांत्रिकी उप मिशन के अंतर्गत ट्रैक्टर, पावर वीडर या पावर टिल्लर जैसे कृषि उपकरणों पर महिला किसानों को 50 प्रतिशत तथा अन्य किसानों को 40 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कहा कि प्रदेश के करीब पौने 2 किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाई है और 24,000 हैक्टेयर से अधिक भूमि पर किसान-बागवान इस विधि से कृषि-बागवानी का कार्य कर रहे है। गोमा ने कहा कि प्रदेश अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी योजनाओं की जानकारी गोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाने के लिये पंचायत स्तर तक ऐसे शिविरों का आयोजन करें। जयसिंहपुर अस्पताल बनेगा हलके का आदर्श स्वास्थ्य संस्थान उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जयसिंहपुर को सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाया जायेगा, ताकि लोगों को यहां अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जयसिंहपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों तैनात करने के अतिरिक्त 20 लाख की आधुनिक एक्सरे मशीन उपलब्ध करवाई गई है और आने वाले समय में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जयसिंहपुर विधान सभा का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उस समय करनघट्ट के लिये मुख्यमंत्री से 10 बिस्तरों वाले आयुर्वेदिक अस्पताल की घोषणा करवाई जायेगी। आयुर्वेद औषधालय करनघट्ट के भवन को 25 लाख उन्होंने आयुर्वेद औषधालय करनघट्ट के भवन निर्माण के लिये पहली किस्त के रूप में 25 लाख, सीनियर सेकंडरी स्कूल में 4 कमरों, जय दुर्गा महिला मंडल के भवन के लिये अढाई लाख, सामुदायिक भवन के लिये 3 लाख, मैदान निर्माण के लिये 5 लाख, मंदिर के लिये डेढ़ लाख तथा हैंडपंप को विद्युतीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने पंचायत की सभी मांगो को चरणबद्ध पूरा करने का आश्वासन दिया।इससे पहले सहायक निदेशक आतमा परियोजना डॉ दिनेश राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और जिला में कृषि विभाग तथा आतमा परियोजना के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
जिला मंडी सी एंड वी अध्यापक संघ के अध्यक्ष दयाराम ठाकुर ने कहा कि शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में आज से कलस्टर सिस्टम पूरी तरह से लागू होने की संभावना है। क्लस्टर सिस्टम लागू होने से स्कूलों को इस शैक्षिक सत्र में अध्यापकों की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। इससे शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ेगी और हर कक्षा में विषय विशेषज्ञ अध्यापक मिलेंगे। दयाराम ठाकुर ने कहा कि जो अधिसूचना विद्यालय को क्लास में समायोजित करने की हुई है इससे विद्यार्थियों को विषयवार विषय विशेषज्ञ अध्यापक मिलेंगे। इससे शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ेगी। क्लोस्टर सिस्टम लागू होने से स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी अध्यापक संगठनों को विद्यालयों को प्लास्टर में समायोजित करने के निर्णय का स्वागत करना चाहिए, यह विद्यार्थी हित में है।
थर्ड बको इंडिया ओपन इंटरनेशनल के अंडर-14 बॉक्सिंग टूर्नामेंट का आयोजन केडी जाधव इंडोर स्टेडियम न्यू दिल्ली में हुआ। यह टूर्नामेंट 7 से 11 फरवरी तक चला, जिसमें 22 देश के बच्चों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के चनौन पंचायत से संबंध रखने वाले गांव गौशाला के पार्थ पुरोहित ने भी इस प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें पार्थ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इससे बंजार क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। अब पार्थ का चयन ईरान में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। पार्थ ने कहा, 'मैं बेेहद खुश हूं कि मैं दूसरे स्थान पर रहा और ईरान में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए मेरा चयन हुआ है।Ó पार्थ ने इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता व किक बॉक्सिंग के कोच इंडिया के महासचिव हंस राज शर्मा को दिया।
** प्रदेश सरकार से परिणाम निकालने की कर रहे मांग ** बोले, हड़ताल के बाद सरकार के खिलाफ शुरू करेंगे न्याय यात्रा तीन दिन के क्रमिक अनशन के बाद जेओए आईटी पोस्ट कोड 817 सहित अन्य पोस्ट कोड के अभ्यर्थियों ने आज से शिमला में भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह हड़ताल एक महीना तक चलेगी और लोकसभा चुनावों के आगाज के साथ ही सरकार के खिलाफ न्याय यात्रा में तब्दील हो जाएगी। भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती परीक्षाओं का परिणाम निकालने की मांग को लेकर अभ्यर्थी 3 दिन से यहां क्रमिक अनशन पर बैठे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से कोई भी उनकी सुध नहीं ले रहा। उन्होंने आज से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। एक अभ्यर्थी की आज तबीयत भी बिगड़ी है, जिसे अस्पताल ले जाया गया है। एक महीने की भूख हड़ताल के बाद सरकार के खिलाफ न्याय यात्रा निकाली जाएगी।
** मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 फरवरी को पेश करेंगे बजट ** लोकसभा चुनावों की आहट के बीच सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार का दूसरा बजट सत्र 14 फरवरी से शुरू हो रहा है। बजट सत्र 29 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 13 बैठकें होंगी। लोकसभा चुनाव से पहले बजट सत्र को लेकर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष आमने-सामने हैं, जिसके चलते सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। बजट सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल का दूसरा बजट 17 फरवरी को पेश करेंगे। उसके बाद चार दिन तक बजट पर चर्चा होगी। 29 फरवरी को बजट पारित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार विधानसभा सदस्यों द्वारा अभी तक कुल 793 प्रश्नों की सूचनाएं भेजी गई हैं, जिनमें 582 तारांकित और 209 आतारांकित प्रश्न हैं। वहीं, नियम 130 के तहत 8 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
** अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में होगी वृद्धि ** बोले, राज्य में खेलों के लिए उचित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि प्रदेश में खेल ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए सरकार एक नई व्यापक खेल नीति ला रही है। इस खेल नीति का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए खेल स्तर को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं मुहैया करवाना सरकार की प्राथमिकता है और उभरते खिलाड़ियों के कौशल को और निखारने तथा खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने की दिशा में कार्य कर रही है। इस लक्ष्य के दृष्टिगत ही नई खेल नीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित खेल नीति के अन्तर्गत अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि मेें उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। यह कदम न केवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगा, अपितु विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों के अथक परिश्रम और प्रयासों को पुरस्कृत भी करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ कर उन्नत सुविधाएं व खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक सक्षम वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की कई खेल हस्तियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और सरकार उत्कृष्ट खेल ढांचा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए उनके भविष्य को संवारने के लिए दृढ़ संकल्पित है ताकि वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
** अभी भी तीन कामगार लापता, तलाश जारी औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के झाड़माजरी में ईत्र फैक्ट्री एनआर अरोमा में हुए अग्रिकांड में लापता कामगारों की तलाश को लेकर सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। तलाशी अभियान के 10वें दिन फैक्ट्री की दूसरी मंजिल से दो कामबारों के शव बरामद हुए हैं। ये शव मलबे के ढेर से मिले हैं, जो कि पूरी तरह से जल चुके हैं और इनके कंकाल ही बचे हैं। इस वजह से दोनों शवों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रशासन ने इन्हें नालागढ़ अस्पताल भेजा है, जहां डीएनए जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे। बता दें कि फैक्ट्री में फॉरेंसिक एक्स्पर्ट की चल रही छानबीन और केमिकल वेस्ट हटाने जाने की वजह से पांच दिन सर्च ऑपरेशन रुका रहा। रविवार को जैसे ही के मिकल वेस्ट हटाने का कार्य अंतिम दौर में पहुंचा एसडीआरएफ ने फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में मलबे से दो शव बरामद हुए।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एवं हिमाचल के होटल व्यवसायी वेद गर्ग ने कहा कि मेरा प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से अनुरोध है कि वे प्रदेश बजट में जीएसटी में छूट और बिजली शुल्क में छूट देकर हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने की दिशा में कदम उठाएं और पूरे राज्य में पर्यटन सूचना केंद्र बनाएं और वेबसाइटों और सामाजिक प्लेटफार्मों के माध्यम से हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा दें। कसौली एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। कसौली में और उसके आसपास हजारों बीघे आरक्षित वन हैं, जो वन्यजीव अभ्यारण्य/चिड़ियाघर के लिए उपयुक्त हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कौशल्या नदी पर एक जलाशय बनाया जाना चाहिए, जो दोहरे उद्देश्य को पूरा करेगा, पहला इसका उपयोग जल गतिविधियों के लिए किया जाएगा और दूसरा, पानी की समस्या के लिए किया जाएगा। कसौली क्षेत्र में धर्मपुर से कसौली तक केवल 12 किमी सड़क के रखरखाव के लिए एक बजट रखा गया है और क्षेत्र को सुंदर बनाने के लिए फूलों और फलों दोनों के पौधे लगाए जाने चाहिए और कुछ दृश्य बिंदु बनाए जाने चाहिए जहां से पर्यटक घाटी/पहाड़ी का आनंद ले सकें। यदि मुख्यमंत्री इन सुझावों एवं मांगों को ध्यान में रखकर अतिरिक्त बजट देंगे तो कसौली के होटल व्यवसायी इन मांगों को पूरा करने के लिए सरकार के बहुत आभारी रहेंगे।
भुंतर की टीम ने बड़ा भूईन में गश्त के दौरान राजेश कुमार (27 वर्ष) पुत्र लाल चंद निवासी गाव व डाकघर पतलीकुहल तहसील मनाली जिला कुल्लू के कब्जे से 62 ग्राम हेरोइन/ चिट्टा बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधीनियम के तहत अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को आज अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया जाएगा। अभियोग में आगामी अन्वेषण जारी है इस मामले की पुष्टि कुल्लू एसपी ने की है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी के निधन पर ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा ने वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में शोक सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत की आत्मा शांति हेतु दो मिनट की मौन प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि गत दिवस जब वह दिवंगत के अंतिम संस्कार में शामिल हुए तो उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उनका सब कुछ उजड़ गया, यह शब्द हृदय व्यथित करने वाले थे। उन्होंने कहा कि दिवंगत एक महान समाजसेवी, एक शिक्षाविद् होने के साथ साथ मुकेश अग्निहोत्री के लिए सैकड़ों किलोमीटर पदयात्रा करना और उनके राजनीतिक सफर में भी उनकी रीढ़ की तरह काम करने वाली शख्सियत थी। उन्होंने कहा कि उनकी कमी को तो पूरा नहीं तिया जा सकता, लेकिन दुख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ है।
** मोटे अनाज के उपयोग के लिए किया जाएगा जागरूक ** सीपीस आशीष बुटेल होंगे मुख्य अतिथि, डीसी विशिष्ट अतिथि पौष्टिक आहार विशेषतौर पर मोटे अनाज के उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा इस के लिए जिला स्तरीय ईट राइट मिलेट्स मेले का आयोजन पालमपुर के शहीद कैप्टन विक्रम बतरा पुलिस में 12 फरवरी को किया जाएगा। मेले की तैयारियों की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियम विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित किए जा रहे ईट राइट मिलेट्स मेले में मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल मुख्य अतिथि होंगे जबकि उपयुक्त हेमराज बैरवा बतोर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। उत्पादों की लगेगी प्रदर्शन मेले में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा मिलेट्स के उत्पादों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिलेट्स उत्पादों पर आधारित शैफ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। मिलेट्स या मोटा अनाज को सुपर फूड कह सकते हैं। इसमें खास सेहतमंद गुण होते हैं। पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज के अंतर्गत आठ फसलें शामिल हैं। इसमें ज्वार, बाजरा, रागी, सावां, कंगनी, चीना, कोदो, कुटकी और कुट्टू को मोटा अनाज की फसल कहा जाता है। इस मेले का खास आकर्षण यहां लगने वाले हेल्दी फूड के स्टाल रहेंगे। इसके अलावा हिमालय जैव प्रौद्योगिकी संस्थान के हैल्थ फूड प्रोडक्टस का स्टाल भी लगाए जाएंगे। फूड साइंस क्विज, फूड एक्सपर्ट टॉक मेले में फूड साइंस क्विज, फूड एक्सपर्ट टॉक का आयोजन भी किया जाएगा। फूड साईंस क्विज में विभिन्न स्कूलों के छात्रों की टीमें भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त तंबोला तथा लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी।
** हिमाचल प्रदेश के 1047 राम भक्तों ने किए रामलला के दर्शन स्नोर घाटी के प्रवेश द्वार औट में अयोध्या से पधारे राम भक्तों का यहां के कार्यकर्ताओं द्वारा गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। कुल्लू, बंजार व लाहौल स्पीति के राम भक्तों से भरी बसें जैसे ही औट पहुंची तो पूरा इलाका जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। घाटी के प्रवेश द्वार औट में पहुंचने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठतम कार्यकर्ता व पूर्व संघ चालक मोती लाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि भगवान श्रीराम का मूल स्थान अयोध्या है और रामलला की जन्मस्थली अयोध्या करोड़ों हिंदुओं की आस्था व ऊर्जा का केंद्र है। उन्होंने बताया कि अयोध्या के राम मंदिर में की गई नकाशी अपने आप में अद्भुत व दिव्य है जो प्राचीन हिंदू संस्कृति को दर्शा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुल्लू जिला के संघ चालक नरेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश से 1047 राम भक्त 7 फरवरी को अयोध्या के लिए रवाना हुए थे।
धन्यवाद सीएम साहब! 30 साल में दूध खरीद रेट 18 रुपये बढ़ा, आपने एक साल में 6 रुपये बढ़ाया : दूध उत्पादक
हिमाचल प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के साथ संवाद के दौरान विभिन्न दुग्ध सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों ने दूध के खरीद मूल्य एकमुश्त छह रुपये बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। जिला कांगड़ा के पालमपुर क्षेत्र के अनिल कुमार ने कहा कि वह वर्ष 1995 से दुग्ध सोसायटी का संचालन कर रहे हैं और 30 वर्ष में दूध खरीद मूल्य केवल 18 रुपये बढ़ा, जबकि मुख्यमंत्री ने एक वर्ष में 6 रुपये बढ़ाकर प्रदेश के हजारों किसानों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने भेड़ और बकरी की मृत्यु पर मिलने वाले मुआवजे को बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने तथा गाय-भैंस की मृत्यु पर मिलने वाले मुआवजे को बढ़ाकर 55 हजार करने पर भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं, जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के विकास सरीन ने कहा कि वह गुड़गांव के एसी ऑफिस में बैठ कर काम करते थे और कभी नहीं सोचा था कि दुग्ध सोसायटी बनाकर दूध उत्पादन से जुड़ेंगे। शुरूआत में काफी दिक्कत आई और तीन लीटर दूध एकत्र करने के लिए तीन महीने तक प्रयास किए और एक लाख रुपये खर्च किए, लेकिन दूध खरीद मूल्य में एकमुश्त छ: रुपये की बढ़ौतरी से अब 450 किसान उनकी सोसायटी से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध की गुणवत्ता काफी अच्छी है तथा इसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। जिला हमीरपुर की नादौन निवासी सुनीता ने कहा कि कभी किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि कोई सरकार दूध के खरीद मूल्य को एक साथ छ: रुपये बढ़ाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए प्रदेश के हजारों किसानों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहले अधिकतम 50 पैसे या एक रुपये तक की ही बढ़ौतरी होती थी, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पहले सोसायटी से लोगों को जोड़ने में कठिनाई आती थी, लेकिन अब वे खुद-ब-खुद दूध उत्पादन से जुड़ने लगे हैं। कुल्लू निवासी रीना देवी ने भी दूध खरीद मूल्य छह रुपये बढ़ाने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे उनकी आय लगभग 4500 रुपये बढ़ी है। पहले प्रतिमाह उन्हें 18,600 रुपये आय होती थी तथा अब वह हर महीने लगभग 22,900 रुपये तक कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग मनमर्जी के मूल्य पर दूध खरीदते थे, लेकिन अब वह मिल्कफैड को दूध बेच कर अच्छा मुनाफा कमा रही हैं। मनाली निवासी पन्ना लाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दूध खरीद मूल्य एक साथ छ: रुपये बढ़ाने से प्रदेश के हजारों किसानों को लाभ हुआ है और उन्हें अब 4500 रुपये प्रति माह की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। आनी के ओम प्रकाश ने भी रेट बढ़ाने पर धन्यवाद किया। जिला शिमला के रामपुर बुशैहर निवासी तुला राम ने कहा कि राज्य सरकार की सीधे किसानों से बात करने का प्रयास सराहनीय है, जिसका लाभ किसानों को आने वाले समय में मिलेगा। उन्होंने कहा कि मिल्कफैड के माध्यम से किसानों को 15 दिन में पैसा उनके खाता में आ रहा है। उन्होंने पशु आहार को सस्ता करने और दुधारू पशुओं का बीमा करने का सुझाव भी दिया। व्यास कामधेनु बिलासपुर के जेआर कौंडल ने कहा कि प्रदेश के किसान सौभाग्यशाली हैं कि मुख्यमंत्री ने स्वयं किसानों के साथ संवाद करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से सरकार से बातचीत करना चाहते थे, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने उन्हें एक मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि संस्था गांव के भले के लिए काम कर रही है और 70 ग्राम पंचायतों से प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध एकत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों के सच्चे हमदर्द हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा वर्तमान प्रदेश सरकार के एक साल की जन कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों व जनहित में लिए गये महत्वपूर्ण निर्णयों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाये जा रहे प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान के तहत आज जिला की बंदरोल पंचायत व शिरड़ पंचायत में फोक मीडिया से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। आज हुए कार्यक्रमों में मन्नत कला मंच के कलाकारों ने कुल्लवी नाटीओं व नाटक, विकास गंगा के माध्यम से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन करते हुए वर्तमान सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों के बारे विस्तृत जानकारी दी। मंच के संयोजक नवनीत भारद्वाज ने बताया कि सरकार ने आपदा से हुये नुकसान की भरपाई हेतु 4500 करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा कर बाढ़ पीड़ितों की सहायता की। सरकार द्वारा 101 करोड़ रुपए के मुख्यमंत्री सुख आश्रय सहायता कोष की स्थापना की गई है जिसके तहत जरूरतमंद बेसहारा बच्चों व निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक रूप से सहायता हो सके।
मुख्य संसदीय सचिव संसदीय सचिव वन, पर्यटन, ऊर्जा एवं परिवहन सुंदर सिंह ठाकुर ने आज मणिकर्ण घाटी में 70 लख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन छिंजरा का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा पार्वती घाटी में इस सामुदायिक भवन के वन जाने से घाटी के समस्त लोगों को लाभ होगा तथा सामुदायिक कार्यों के लिए उन्हें अपने ही क्षेत्र में इस प्रकार का सुविधा पूर्ण स्थान उपलब्ध हो पाएगा। उन्होंने कहा की भविष्य में जिले की प्रत्येक पंचायत में नेचर पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीया-मणिकर्ण सड़क के लिए 38 करोड़ 68 लख रुपए का बजट मंजूर हुआ है, जिससे इस सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जां पंचायत में पंचायत भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपए खर्च कर पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ पीणी, छलाल पंचायतों को भी 10 बिस्वे जगह चिन्हित होने पर सरकार एक करोड़ 14 लाख रुपए से भवन निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि रसोल के लिए रशोल गांव के लिए पांच चरणों में एफआरए का केस बनाकर शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
** पैराग्लाइडर पायलट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज ** डीसी ने जारी किए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश कुल्लू जिला की डोभी साइट में पैराग्लाइडर से महिला पर्यटक गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैराग्लाइडिंग पायलट सुरक्षित है। मृतका की पहचान हैदराबाद की 26 वर्षीय नव्या के रूप में हुई है। वहीं, डीसी कुल्लू तोरूल एस. रवीश ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। लिहाजा मजिस्ट्रेट जांच के बाद इन तमाम पहलू का खुलासा होगा। उधर, पुलिस ने पैराग्लाइडर पायलट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर दिया है, जबकि महिला पर्यटक के शव को मौके पर जाकर अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौप जाएगा। उधर, जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा ने बताया कि जिस साइड से पैराग्लाइडर ने उड़ान भरी है, वह साइट अप्रूव्ड है और पैराग्लाइडर भी विभाग से पंजीकृत है। जो पायलट उड़ान भर रहा था, वह लाइसेंस धारक है। ऐसे में हादसा कैसे हुआ है इसका जांच के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल इसमें लापरवाही सामने आ रही है।
हमीरपुर के सिंथेटिक ट्रैक अणु में आयोजित तीन दिवसीय इंटर डाइट स्पोर्ट्स मीट के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने केेंद्र सरकार द्वारा पिछले कल संसद में लाये गए श्वेत पत्र को लेकर कहा कि केंद्र सरकार ने श्वेत पत्र में अपनी उपलब्धियां न दर्शाकर केवल पूर्व सरकार के बारे में ही व्याख्यान किया है, जबकि होना यह चाहिए था कि वह अपनी उपलब्धियां बताती, लेकिन ऐसा बिलकुल भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के श्वेत पत्र के जवाब में कांग्रेस भी ब्लैक पेपर लेकर आएगी, जिसमें भाजपा की सारी गलतियों का समावेश होगा। इस दौरान उनके साथ कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती सहित कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस के केंद्र से लिए कर्ज में 11000 करोड़ भाजपा का कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं के द्वारा कांग्रेस पर 14000 करोड़ का कर्ज लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि जो कर्ज कांग्रेस ने लिया था, उसमें 11000 करोड़ का कर्ज तो भाजपा का ही था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना सोचे समझे चुनाव के दौरान प्रदेश में कई संस्थान खोल दिए। हालांकि बाद में कांग्रेस सरकार ने इन संस्थाओं को प्रदेश हित में दी नोटिफाई किया। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वर्ण जयंती समारोह मानती रही, जिसमें भाजपा पार्टी के झंडे लगाए गए। उन्होंने कहा कि यह एक स्वतंत्र कार्यक्रम होना चाहिए था जिसे भाजपा ने राजनीतिक रूप दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने केवल पूर्व सरकार की समय की अनियमितताओ को पूरा करने के लिए कर्ज लिया है। भाजपा के 2 करोड़ नौकरियां देने के वादे का क्या हुआ उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव लड़ने का ट्रिक ढूंढती रहती है तथा नेगेटिव पॉलिटिक्स करती है। भाजपा ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था जो कि पूरा नहीं किया। वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का भी वादा किया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती थी कि महंगाई खत्म कर देंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बहुत कुछ किया है तथा जनता हित के लिए बहुत कुछ करने की योजना है।
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर का एक शातिर अपने आपको आर्मी का बड़ा ऑफिसर बताकर भोले-भाले बेरोजगारों युवाओं को आर्मी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लूट रहा है। यह व्यक्ति जिला कांगड़ा के भिन्न-भिन्न इलाकों के कई युवा बेरोजगारों को कॉल करके उन्हें नौकरी दिलाने का लालच देकर ठग रहा है। ताजा मामला उप मंडल देहरा के अंतर्गत गांव निचला करियाड़ा में सामने आया है। इस व्यक्ति ने यहां एक 19 वर्षीय युवक को यह कहकर अपने झांसे में ले लिया कि आर्मी में आईटीआई होल्डर फिटर, इलेक्ट्रिशन व वाटर कैरियर की पोस्ट खाली है। वह खुद यहां आर्मी में उपरोक्त पदों पर प्रवेश करवाएगा और इसके लिए कुछ फार्म आदि की औपचारिकता करनी पड़ेगी, जिसके लिए उसके बैंक अकाउंट में कुछ पैसे डालने पड़ेंगे। लिहाजा इस शातिर व्यक्ति ने युवक को अपने विश्वास में लिया और इसी विश्वास पर उपरोक्त बेरोजगार युवक से हजारों रुपये अपने बैंक अकाउंट में जमा करवा लिए। जब यह मामला पुलिस थाना देहरा पहुंचा और पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन का पता किया तो वहां लोगों से पता चला कि उपरोक्त ठग ऐसे कई युवाओं को अपने झांसे में लेकर पैसे लूट रहा है। वहीं, पीड़ित युवक ने पुलिस से मांग की है कि उपरोक्त लुटेरे का बंैक अकाउंट चेक करके छानबीन की जाए। इस मामले की सच्चाई उसके बैंक अकाउंट को चेक करने से सामने आ जाएगी। वहीं, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि पुलि के पास एक ऐसा मामला आया है। पुलिस ने उपरोक्त व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू की है। उसके मोबाइल लोकेशन से उसके गांव का पता लगाकर लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि वह घर पर कम ही रहता है और बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगने के काम में जुटा रहता है।
विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर में भाजपा के चलो गांव की ओर अभियान के तहत प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री व वार्ड जिला पार्षद संजीव ठाकुर ने टंबर, रोपड़ी, बालू, मझोटी के साथ अन्य बूथों का दौरा किया। संजीव ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ के घर-घर जाकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी की गारंटी का प्रचार कर लोकसभा चुनाव के लिए समर्थन जुटाया जाएगा। उन्होंने कार्यकताओं से अपील की कि इस अभियान को सफल बनाएं और आने वाले संसदीय चुनाव में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को रिकॉर्ड बढ़त दिलाकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। संजीव ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस दोबारा हिमाचल में विधानसभा चुनाव के दौरान किए वादों को पूरा करने से पीछे हट रही है। बेरोजगारों को रोजगार के नाम पर केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
** होटल पीटरहॉफ में प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के साथ किया सीधा संवाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के होटल पीटरहॉफ में प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि को उद्योग के रूप में प्रोत्साहित कर रही है, ताकि किसानों को सामर्थ्यवान एवं स्वावलंबी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर निर्भर है, जिसमें कृषि व दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार आगामी बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई योजनाएं ला रही है, ताकि पशुपालन और कृषि के बारे में समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आ सके। आगामी दो वर्षों में राज्य सरकार के इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती में किसानों का भविष्य है, जिसमें पशुपालन की भूमिका अहम है क्योंकि कृषि व दूध उत्पादन का सीधा आपसी संबंध है। उन्होंने कहा कि किसानों के हाथ में पैसा पहुंचे, इसके लिए नीतियों व नियमों में मूलभूत परिवर्तन किए जा रहे हैं। वर्तमान राज्य सरकार जन सहयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है और कृषि में क्रांतिकारी परिवर्तन के दृष्टिगत पशुपालन को विशेष रूप से बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध खरीद के मूल्य में छह रुपए की बढ़ौतरी राज्य सरकार की ओर से पशुपालकों को निश्चित आय का आश्वासन है और इससे वे दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दूध उत्पादकों को कर में रियायत देने पर भी विचार करेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में दूध की गुणवत्ता बेहतर है तथा इसमें और सुधार करते हुए बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़कर किसानों की आय में आशातीत बढ़ोतरी की जा सकती है। इसी दृष्टिकोण के साथ सरकार अब कृषि को रोजगार के रुप में अपनाने के लिए प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज तक इस बारे में गम्भीरता से विचार नहीं किया। उन्होंने कहा, ''मैं आपको स्वावलंबी बनाना चाहता हूं, ताकि किसान घर में बैठकर अपनी आय के साधन बढ़ा सके। किसानों को शोषण से बचाने और उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। इन प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। जब गांव के लोगों की आय बढ़ेगी, तभी हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा। इसके लिए हमें पुरानी परंपराओं और नई टेक्नोलॉजी को साथ लेकर चलना होगा। मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ खुले संवाद सत्र में व्यापक चर्चा भी की और किसानों व अन्य हितधारकों से मिले सुझावों को राज्य सरकार की नीति में शामिल करने का आश्वासन भी दिया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मिल्कफैड की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार, निदेशक पशु पालन डॉ. प्रदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
** मेजर जनरल एसके खजूरिया एवं विधायक मलेंद्र राजन ने किया ध्वजारोहण विजय मेमोरियल स्कूल इंदौरा में संपूर्ण समुदाय के सामूहिक एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल एसके खजूरिया (रि.) एवं विधायक मलेंद्र राजन द्वारा हिमाचल प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराकर राष्ट्रीय गान के साथ सलामी देकर सम्मान देते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर सचिन शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों में सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाने का सपना उनके पिता प्रेसिडेंट अवॉर्ड विनर विजय शर्मा ने देखा था। जो आज 111 फुट तिरंगे के विजय मेमोरियल स्कूल इंदौरा के परिसर में लहराने के साथ पूरा हुआ है। तिरंगे के साथ ही अमर जवान स्थल का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में सबसे ऊंचा लहराने वाला 111 फुट का यह पहला सबसे ऊंचा झंडा होने से विजय मेमोरियल स्कूल, इंदौरा एक ऐतिहासिक स्कूल बन गया है। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सोनिया शर्मा ने कहा कि आज का छात्र देश का भावी कर्णधार हैं। आदर्श छात्र ही आदर्श नागरिक बनकर अपने उत्तरदायित्व का कर्तव्य का निर्वहन करता है। प्रधानाचार्या ने बताया इस समारोह की परिकल्पना जीवन मूल्यों का विकास करने और बेहतर समाज के लिए विद्यार्थियों की चेतना जगाने के लिए किया गया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि हमारी संस्कृति समानता और सहानुभूति जैसे नैतिक मूल्यों पर टिकी है और विद्यार्थियों को इन आदर्शों को अपनाना चाहिए। इस खास मौके पर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों जैसे गणेश वंदना, एनसीसी कैडेट द्वारा परेड, स्केट्स, ताईक्वानडो, आर्मी बैंड, डांडिया नृत्य, भांगड़ा, कालबेलिया नृत्य, छोटे बच्चों द्वारा पार्टी नृत्य तथा अन्य कई गतिविधियों द्वारा ध्वजारोहण के पर्व पर भक्ति देश भक्ति के प्रति प्रेम की भावना को प्रदर्शित किया गया।
टांडा मेडिकल कॉलेज में रविवार को समाजसेवी, भाजपा नेता व युवा उद्यमी दिशांत कपिल ने अपने सामाजिक सरोकारों के काफिले को आगे बढ़ाया। रविवार को प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज टांडा में मरीजों व उनके तीमारदारों को लंगर सेवा दी गई। दिशांत कपिल ने बताया कि उन्होंने अपने पिता की स्मृति में दि विजय कपिल फाउंडेशन बनाई है। इस फाउंडेशन के बैनर तले वह सामाजिक कार्य करते हैं। हाल ही में उन्होंने कांगड़ा मिनी सचिवालय में चल रही लाइब्रेरी को किताबें भेंट की थीं। इसके अलावा वह कई जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा में भी योगदान दे चुके हैं। दिशांत कपिल मूलत: कांगड़ा जिला के नगरोटा सूरियां के रहने वाले हैं। वह दिल्ली, हिमाचल व अन्य जगहों पर बिजनेस भी करते हैं। उनकी किताब अर्बन मोंक देश दुनिया में लोकप्रिय हुई है। इस किताब को पवित्र धार्मिक ग्रंथ गीता को आधार बनाकर लिखा है।
औद्योगिक क्षेत्र मुबारिकपुर में कामधेनु गोल्ड सीमेंट फैक्ट्री का काम शुरू गया। असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश चेयरमैन व सचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजीव राणा ने सीमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन किया। मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में राजीव राणा ने कहा कि उद्योगों में निवेश से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और ये श्रेय हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच को जाता है। राजीव राणा ने कहा कि प्रदेश की सुख की सरकार की नीतियां आम जनमानस के कल्याण के लिए हंै। आज ई टैक्सी, राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना, वन मित्र योजना, स्वावलंबन योजना, रोजगार संगम योजना जैसी योजनाओं को धरातल पर उतार कर युवाओं के लिये रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। राजीव राणा ने फैक्ट्री प्रबंधक पवन ठाकुर का सीमेंट उद्योग चलाने पर आभार जताया और कहा कि इस उद्योग से क्षेत्र के कई युवाओं को रोजगार मिलेगा। राणा ने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि नये उद्योग स्थापित करें, ताकि हिमाचल की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ युवाओं को रोजगार मिल सके। इस मौके पर प्रदेश सचिव सचिन बालियान, जिलाध्यक्ष ठाकुर रजनीश पटियाल, सुरेंद्र कुमार आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
** आंगनबाड़ी वर्कर्स हेल्पर्स यूनियन सीटू की प्रोजेक्ट कमेटी संगड़ाह ने की बैठक ** 16 फरवरी को होने वाली अखिल भारतीय हड़ताल में भाग लेना का लिया फैसला आंगनबाड़ी वर्कर्स हेल्पर्स यूनियन सीटू की प्रोजेक्ट कमेटी संगड़ाह की बैठक आज अध्यक्ष किरण बाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्रीय बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की उपेक्षा करने पर कड़ा विरोध जताया गया। किरण बाला ने कहा कि संगड़ाह कमेटी की सभी सदस्य 16 फरवरी को होने वाली अखिल भारतीय हड़ताल में बढ-चढ़ कर भाग लेंगी। प्रोजेक्ट कमेटी ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से 16 फरवरी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने और हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया है। प्रोजेक्ट अध्यक्ष किरण, महासचिव सीमा, धन्वंती, सीमा, कांता देवी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब बजट में 300 करोड़ रुपये से अधिक की कटौती की गई है। 2023-24 में 21521.13 करोड़ रुपये से अब 21200 करोड़ रुपये हो गया है। इसका मतलब है कि केंद्रीय निधि जारी न होने के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के वेतन के भुगतान में लगातार देरी, किराया, टीए/डीए, पोषण के लिए धन आदि का कई महीनों तक भुगतान न होना। वहीं, सीटू जिला महसचिव आशीष कुमार ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में मोदी-2 सरकार ऐसी एकमात्र सरकार है, जिसने आईसीडीएस की स्थापना के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स के मानदेय में एक बार भी वृद्धि नहीं की है। उन्होंने आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स की अनदेखी पर लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देने की बात कही।
जसवां-परागपुर के अंतर्गत पड़ते घाटी बिलवां में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें पंचायत के पूर्व वार्ड पंच शेर सिंह पुत्र राम दत्ता की आटा चक्की के पट्टे की चपेट में आने से दुखद मौत हो गई। 80 वर्षीय शेर सिंह पिछले काफी समय से अपनी आटा चक्की चलाते थे। उनके छोटे बेटे रूप लाल के अनुसार उनके पिता रोज की तरह सुबह चक्की पर काम कर रहे थे और इसी बीच वह पट्टे की चपेट में आग गए। पहले उनकी टांग पट्टे में फंसी फिर इसके बाद वह उसमें उलझ गए, जिससे उनके सिर पर गहरी चोट आई। कुछ देर में ही उनकी जान चली गयी। आज दोपहर स्थानीय श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सिरमौर जिले के संगड़ाह में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में 29 साल के युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि एक युवती घायल बताई जा रही है। युवती को घायलवस्था में नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे संगड़ाह से कुछ किलोमीटर दूर कालथ में पेश आया है। एक टाटा टियागो कार करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार मुकेश (26) पुत्र जीत सिंह गांव मंडोली संगड़ाह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि रजाना युवती घायल हुई है। युवती को ददाहू अस्पताल से नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। हादसे कि पुष्टि डीएसपी मुकेश कुमार डाढवाल ने की है।
** बोले, सभी वादों को चरणबद्व तरीके से किया जाएगा पूरा पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि समाज सेवा तथा सुशासन ही सरकार की प्राथमिकता है तथा लोगों से किए गए सभी वादों को चरणबद्व तरीके से पूर्ण किया जाएगा। शनिवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने 192 से अधिक समस्याओं का सुना तथा उसमें अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया जबकि अन्य शिकायतों के त्वरित निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोगों द्वारा रखी विभिन्न मांगों पर संबंधित विभागों को यथाशीघ्र विस्तृत रिपोर्ट बनाकर सौंपने को कहा। कार्यक्रम में मुख्यत: रास्ते, पानी, सड़क, महिला मंडलों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। मेधावी बच्चों को टैब्स किए वितरित, बेटियों को चेक भी दिए पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न स्कूलों के 65 मेधावी बच्चों को टैबस वितरित किए तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत 14 बेटियों को 21-21 हजार के चेक भी वितरित किए। इस अवसर पर आरएस बाली ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वोंगीण विकास तथा बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार अनेकों कार्यक्रम संचालित कर रही है। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 230 लोगों ने करवाया चेकअप सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें 230 से अधिक लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। इस शिविर में लोगों के ब्लड टेस्ट भी किए गए तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील शर्मा ने लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वास्थ्य को लेकर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।
भारतीय जनता पार्टी ने अपने मंडलों से गांव चलो अभियान बूथ स्तर पर शुरू कर दिया है। पार्टी के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। इस दौरान पूर्व में जयराम सरकार द्वारा की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की भी चर्चा की जा रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के बूथ मैनेजमेंट की भी पदाधिकारी द्वारा धरातल पर जानकारी प्राप्त की जा रही है। इससे न केवल संगठन मजबूत हो रहा है, बल्कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भी पार्टी के लिए यह अभियान मददगार साबित होगा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीजेपी एसटी मोर्चा शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी प्रदीप सिंह सिंगटा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा शुरू कि गांव चलो अभियान से कार्यकर्ताओं के बीच एक नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए देश हित मे ऐतिहासिक निर्णय को कार्यकर्ताओं द्वारा जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 70 सालों से शोषित वंचित और पिछड़े लोगों को उनका अधिकार मोदी सरकार द्वारा दिया गया है जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को जनजाति अधिकार नरेंद्र मोदी सरकार की देन है, जबकि कांग्रेस पार्टी द्वारा इसको लटकाने का कार्य किया गया। इसके साथ एक गांव 11 किस प्रहरी अभियान भी साथ में चलाया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जा रहा है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में ऊर्जा विज्ञान और प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र (सीईईएसटी) के वैज्ञानिकों ने ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय के सहयोग से एक अग्रणी कंप्रेसर मुक्त शीतलन तकनीक का अनावरण किया है। फोटोवोल्टिक (पीवी) प्रणाली द्वारा संचालित यह अभिनव दृष्टिकोण, नेट-शून्य ऊर्जा भवनों (एनजेडईबी) को प्राप्त करने और वैश्विक स्तर पर ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है। इस परिवर्तनकारी अध्ययन के नतीजे प्रतिष्ठित इंटरनेशनल जर्नल ऑफ क्लीनर प्रोडक्शन में प्रकाशित हुए, जिसमें साइट स्कोर 18.5 और प्रभाव कारक 11.1 था। राहुल चंदेल, श्याम सिंह चंदेल, देव प्रसाद और आरपी द्विवेदी की टीम ने पारंपरिक कंप्रेसर-आधारित एयर कंडीशनिंग सिस्टम को थर्मोइलेक्ट्रिक कूलिंग तकनीक से बदलने के लिए एक टिकाऊ तरीका पेश किया। नवीन, मॉडल प्रणाली का परीक्षण पूर्ण सौर लोडिंग स्थितियों के तहत सीईईएसटी की सौर ऊर्जा अनुसंधान सुविधा में किया गया था, और इनडोर तापमान को 5-16 डिग्री सेल्सियस तक प्रभावी ढंग से कम करने की क्षमता का प्रदर्शन किया। अध्ययन का मुख्य आकर्षण उपन्यास अर्ध-पारदर्शी थर्मोइलेक्ट्रिक-पीवी (एसटीईएम-पीवी) मॉड्यूल का विकास है, जो भविष्य के वाणिज्यिक शीतलन उपकरणों और एनजेडईबी में आगे के शोध का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रोफेसर श्याम सिंह चंदेल ने बताया कि यह मॉडल दुनिया भर में विभिन्न जलवायु परिस्थितियों में प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सकता है, ठोस-राज्य अर्धचालक उपकरणों का लाभ उठा सकता है जो ऊर्जा रूपांतरण के लिए सीबेक या पेल्टियर प्रभावों पर काम करते हैं और सीएफसी और एचसीएफसी पर आधारित पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली रेफ्रिजरेंट गैसों के उपयोग से बचते हैं। श्याम सिंह चंदेल, सह-लेखकों में से एक और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर द्वारा ऊर्जा में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त शीर्ष 2त्न वैज्ञानिक हैं। थर्मोइलेक्ट्रिक तकनीक संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी), विशेष रूप से एसडीजी 7 (सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा) और एसडीजी 13 (जलवायु कार्रवाई) के अनुरूप, सीएफसी, एचसीएफसी या ग्लोबल वार्मिंग और ओजोन रिक्तीकरण में योगदान देने वाली किसी भी गैस के उपयोग से बचती है। प्रोफेसर श्याम सिंह चंदेल ने ऐसी टिकाऊ प्रौद्योगिकियों को अपनाने की तात्कालिकता पर जोर दिया ग्लोबल वार्मिंग चुनौतियों और संयुक्त राष्ट्र एसडीजी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के मद्देनजर, इन टिकाऊ शीतलन समाधानों पर आगे शोध करना और उनका उपयोग करना जरूरी है।
जिला सिरमौर में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम द्वारा वार्षिक फैमलराइजेशन कार्यक्रम (5 फरवरी से 17 फरवरी तक) के अंतर्गत आज छटे दिन रोनहाट बस अड्डा एवं स्थानीय बाजार में आपदाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीम के प्रभारी, निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम में रोनहाट बाजार के स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं आम जनता सहित राजकीय महाविद्यालय, रोनहाट के समस्त छात्र-छात्राओं एवं शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ को आपदाओं के प्रकार एवं उनके प्रभाव, एनडीआरएफ के कार्य एवं जिम्मेदारियां भूकंप से पूर्व, दौरान एवं बाद में किए जाने वाली क्रियाओं जैसे कि रुको झुको एवं ढको, प्राथमिक बचाव एवं उपचार, क्षमता निर्माण, तीव्र रक्त को नियंत्रित करने वाली तकनीको तथा सीपीआर एवं अग्नि सुरक्षा एवं आधुनिक स्ट्रेचर बनाने की प्रक्रिया को विस्तृत रूप से आमजन को बताया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 150 के लगभग लाभार्थियों ने भाग लिया जिसमें कि महाविद्यालय के शैक्षिक एवं गैर शैक्षिक स्टाफ, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, स्थानीय जनता तथा अन्य स्टाफ शामिल था। इस अवसर पर एनडीआरएफ टीम, महाविद्यालय स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समस्त स्थानीय प्रशासन/विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
** ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने की 500-700 लोगों की जांच ** शिविर में हुई दंत, रक्त, शुगर, ब्लड प्रेशर छाती के रोगों की निशुल्क जांच क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और अमित सिंगला सोशल वेलफेयर सोसाइटी के फाउंडर चेयरमैन सुमित सिंगला की माता दर्शना देवी के जन्मदिवस पर सोसाइटी द्वारा ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों के सहयोग से क्योरटेक प्रांगण में एक भव्य मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया गया। इस मेडिकल कैंप का मुख्य लक्ष्य आम जनता को दरपेश रोजमर्रा की बिमारियों की समय रहते जांच कर उनके संदर्भ में अवगत करवाना था। इस शिविर में दंत, रक्त, शुगर, ब्लड प्रेशर छाती व आंखों रोगों की निशुल्क जांच की गयी। इस शिविर में 500-700 लोगों की निशुल्क जांच ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा की गयी। इनमें बीपी, शुगर, लिपिड प्रोफाइल, डब्लूबीसी, सीबीसी, ईसी जी, आंखों की जांच के साथ दांतों के निशुल्क टेस्ट भी किये गए. इस जांच शिविर में यह देखने को मिला कि अधिकतर लोगों को अपनी बीमारियों के बारे में पहले कोई ज्ञान ही नहीं था। शिविर में जांच के दौरान ही उन्हें ज्ञात हुआ कि उन्हें शुगर जैसे नामुराद बीमारी है। कई लोगों के हॉस्पिटल द्वारा एक्स रे भी करवाए गए। सुमित सिंगला ने बताया कि ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में उक्त शिविर की शुरुआत होते ही सैकड़ों लोगों ने इस शिविर में जांच हेतु अपना नाम रजिस्टर करवाया। इन लोगों की निशुल्क जांच ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ परवीर गोयल की देखरेख में वरिष्ठ चिकत्सक और मेडिकल स्टाफ ने की। इस अवसर पर अमित सिंगला सोशल वेलफेयर सोसाइटी के फाउंडर चेयरमैन सुमित सिंगला ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जायेगा ताकि जरूरतमंदों और आम जनता को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. परवीर गोयल का धन्यवाद किया, जिनकी टीम ने इस शिविर को बखूबी सफलता से पूरा किया। सुमित सिंगला ने कहा कि समाज को अपनी यथा शक्ति के अनुसार अपने परिवार के मेंबर के जनम दिवस पर जहां पौधरोपण करना चाहिए, वहीं कोई ऐसा सामाजिक कार्य अवश्य करना चाहिए, जिससे समाज को सीधा लाभ मिल सके। इस अवसर पर ग्लोबल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम में डॉ. परवीर गोयल, डॉ. निखिल, अनीता शर्मा, जबरखान, सुरजीत सिंह, सोहैल अली, ख़ुशी, अनूप, मीणा, पूजा व् रिकू शामिल थे, जबकि दांतों की जांच हेतु भोजीया डेंटल कॉलेज के डॉ अविजित अवस्थी, डॉ शशिकांत, कंवरप्रीत रितिका भी शामिल थीं। उल्लेखनीय है कि सुमित सिंगला की माता दर्शना देवी भी सामाजिक क्षेत्र में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती हैं, जिनमें बद्दी के काठा एरिया स्थित गौशाला और कृष्ण मंदिर की सेवा संभाल और अन्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं और और जरूरतमंदों की सहायता में सदैव अग्रसर रहती हैं।
** शोक संतप्त परिवार से संवेदनाएं कीं व्यक्त मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला ऊना के हरोली उपमंडल के गोंदपुर जयचंद पहुंचकर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का गत रात्रि को देहावसान हो गया। मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री के पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा तथा संस्कार में भाग लिया। उप मुख्यमंत्री की बेटी आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन से परिवार में भारी शोक है तथा उनकी कमी हमेशा रहेगी। उन्होंने कहा, ''मैं प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री से विश्वविद्यालय काल से परिचित था, वह सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित एक उच्च शिक्षित महिला थीं। मुकेश अग्निहोत्री तथा उनकी पुत्री को इस दु:ख से उबरने के लिए एक-दूसरे का साथ देना होगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। इस दु:खद घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं।' इस अवसर पर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, राजनेता तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
** धर्मशाला के सिद्धपुर स्थित कॉर्ड संस्था में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन ** नूरपुर वन मंडल के 60 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने ग्रामीण विकास का भी लिया ज्ञान जाइका वानिकी परियोजना के तहत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास का पाठ पढ़ाया गया। धर्मशाला के सिद्धबाड़ी स्थित चिनमय ऑग्रेनाइजेशन फॉर रूरल डेवलेपमेंट यानी कॉर्ड संस्था में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए रखा गया। जिसमें महिलाओं को आजीविका कमाने और अपनी आर्थिकी को मजूबत करने के गुर सिखाए। जाइका वानिकी परियोजना के तहत वन मंडल नूरपुर के 60 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपनी आर्थिकी मजबूत करवाने के लिए पारंपरिक हिमाचली उत्पादों का तैयार करने के लिए कॉर्ड संस्था के साथ अनुभव साझा किए। बताया गया कि कॉर्ड संस्था के तहत चल रहे विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कॉर्ड के मुख्य निदेशक नरेंद्र ठाकुर और प्रशिक्षक विनोद पठानिया ने महिलाओं को सशक्त होने एवं आत्मपिर्भर होने के टिप्स दिए। इस अवसर पर नूरपुर वन मंडलाधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि जाइका वानिकी परियोजना हिमाचल के ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ आजीविका कमाने के लिए हरेक क्षेत्र में कार्य कर रही है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जाइका वानिकी परियोजना के तहत नूरपुर से सब्जेक्ट मैटर स्पेशलिस्ट सुकृति, ज्वाली रेंज की एफटीयू प्रियंका, रे रेंज के एफटीयू अमित और नूरपुर की एफटीयू आयुषि ने यहां मौजूद स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जाइका वानिकी परियोजना की हरेक गतिविधियों के से अवगत कवाया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को कॉर्ड संस्था ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
** शुक्रवार रात को हृदय गति रुकने के कारण हो गया था निधन ** पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में हुआ अंतिम संस्कार ** बेटी आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी ** दिवंगत आत्मा को मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार देर रात हृदय गति रुकने के कारण देहांत हो गया था। आज उनके पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में हजारों लोग उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सहित कई नेता पहुंचे थे। हजारों लोगों ने सिम्मी अग्निहोत्री को शमशान घाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार के समय में भी मुख्यमंत्री वहां पर मौजूद रहे। सीएम सुक्खू ने पत्रकारों से कहा कि जाहिर सी बात है कि जब कोई परिवार का सदस्य अचानक चला जाता है तो दिल को बड़ी ठेस पहुंचती है। इस परिवार का कांग्रेस पार्टी के लिए काफी योगदान रहा है। हम सब लोग जहां पर दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। हमारी भगवान से प्रार्थना है कि वे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। राज्यपाल ने निधन पर व्यक्त किया शोक राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का गत देर सायं निधन हो गया। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति से उबरने की प्रार्थना की है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विधालय बढ़लग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में प्रधान ग्राम पंचायत बढ़लग सतीश कुमार राघव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, वहीं विशेष अतिथि पुर्व प्रधान सुमन राघव ने भाग लिया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार व एसएमसी अध्यक्ष जोगेेंदर सिंह ने मुख्यातिथि का फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। वहीं, मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। उसके बाद स्कूली छात्राओं द्वारा वंदे मातरम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार व एसएमसी अध्यक्ष जोगेंदर सिंह ने मुख्यातिथि, विशेष अतिथियों व विद्यालय में आये सभी अभिभावकों का स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में आने के लिए धन्यवाद किया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और मुख्यातिथि को विद्यालय की समस्याओं एवं मांगों से अवगत करवाया।
जिला कुल्लू स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान अविकानगर के उत्तरी शीतोष्ण क्षेत्रीय केंद्र गड़सा में आज हिंदी कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष द्वीप प्रज्जवलन कर किया गया। कार्यशाला के आरंभ में आईबी कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर ने राजभाषा हिंदी के इतिहास व हिंदी के कार्यालयी स्वरूप विषय पर व्याख्यान दिया। तत्पश्चात नरेश कमल, उप-प्रबंधक राजभाषा एनपीएचसी सह सदस्य सचिव, नराकास कुल्लू -मनाली ने कार्यालयों में सहज और सरल हिंदी के प्रयोग से संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यशाला में कार्यालयी कार्यों के लिए हिंदी के प्रयोग का एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा, प्रधान वैज्ञानिक, भाकृअनुप केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर ने बेहतर पोषण के लिए मोटे अनाज के प्रयोगविषय पर हिंदी में प्रस्तुति दी।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर व अन्य पदाधिकारियों, जिला सोलन के पदाधिकारियों व अर्की इकाई के अध्यक्ष बलबीर चौधरी सहित सभी सदस्यों तथा पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन हिमाचल प्रदेश केप्रधान धनीराम तंनवर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य दिप राम ठाकुर नागेंद्र ठाकुर,रती राम शर्मा, लेख रामकाइथ,ओम प्रकाश, संत राम चंदेल, पंत राम पंवर, नेकीराम,सतपाल शर्मा, आशा राणा, वेद ठाकुर, पुष्पा सुद, बिना चौहान श्यामलाल ठाकुर जसविंदर सिंह,श्याम लाल भाटिया इत्यादि ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी के अचानक निधन होने पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें व अपने चरणों में लीन करें तथा दुख की इस घड़ी में सभी परिवार के सदस्यों को इस असहनीय घटना को सहने की शक्ति प्रदान करें।
लॉरिएट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कथोग ने अपनी रेड रिबन यूनिट के साथ अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को जारी रखते हुए सिविल अस्पताल ज्वालामुखी के सहयोग से आईसीटीसी (एकीकृत परामर्श और परीक्षण केंद्र) पर एक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला के प्रशिक्षक मीनाक्षी (आईसीटीसी परामर्शदाता ज्वालामुखी) और एनजीओ कार्यकर्ता थीं। संसथान के प्राचार्य एवं निर्देशक डॉ. एमएस आशावत ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया। कार्यशाला का विषय एचआईबी के बारे में जागरूकता, एचआईबी की रोकथाम और औषधि उपचार था। कार्यशाला में एड्स और उपचार सेवाओं से संबंधित सभी पहलुओं को शामिल किया गया। संरक्षक के रूप में संस्थान के प्रबंधक एवं निदेशक डॉ. रण सिंह कार्यशाला में वर्चुअली मौजूद रहे। इस कार्यशाला में 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संस्थान के डीन एवं स्टूडेंट वेलफेयर अफसर डॉ. सीपीएस वर्मा ने अंत में धन्यवाद भाषण प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में डॉ. परवीन, एसोसिएट प्रोफेसर शिव कुमार खुशवा, एसोसिएट प्रोफेसर निशांत गौतम, सहायक प्रोफेसर आरती देवी, सहायक प्रोफेसर रेनू राणा, सहायक प्रो. देव राज, सहा. प्रो. आस्था, सहा. प्रो डिंपल एवं रेड रिबन इकाई के इंचार्ज तरुण कुमार शर्मा उपस्तिथ रहे।
वरिष्ठ आईएएस अभिषेक जैन सीने में दर्द के चलते आईजीएमसी में भर्ती हुए हैं। वे हिमाचल सरकार में गृह सचिव हैं। अस्पताल के डॉक्टर्स ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद सीसीयू में दाखिल कर लिया। जानकारी के मुताबिक अभिषेक जैन को शुक्रवार दोपहर बाद अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। दिक्कत बढ़ने पर शाम को वे आईजीएमसी पहुंचे। अस्पताल के ह्रदय रोग विभाग के चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। ईसीजी टेस्ट भी किया। वहीं, रुटीन ब्लड टेस्ट भी किए जा रहे हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
** बोले, कैबिनेट सब कमेटी बनाकर सरकार परिणाम को लटकाने का काम कर रही ** लिखित में आश्वासन मिलने पर ही लौटेंगे घर जेओए आईटी पोस्ट कोड 817 के अभ्यर्थी बीते कल से शिमला सचिवालय के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। हालांकि शिमला में रात को कड़ाके की ठंड थी, बावजूद इसके अभ्यर्थियों का हौसला नहीं डगमगाया। हालांकि इस दौरान तीन लड़कियों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें घर भेज दिया गया है, लेकिन अन्य अभ्यर्थी परिणाम निकालने को लेकर लिखित आश्वासन की मांग कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने पिछले कल ही लंबित भर्तियों को लेकर कैबिनेट सब कमेटी बनाने का निर्णय लिया है, लेकिन धरने पर डटे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार कैबिनेट सब कमेटी बनाकर परिणाम को लटकाने का काम कर रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को सत्ता में लाने के लिए बेरोजगार युवाओं ने बड़ी मेहनत की थी। कांग्रेस सरकार से उम्मीद थी कि लटकी हुई भर्तियों को जल्द बहाल किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार का रवैया बेहद ही चिंताजनक है युवा मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार रात को निधन हो गया है। उप मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने फेसबुक पेज पर शुक्रवार आधी रात इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, 'हमारी प्रिय सिम्मी अग्निहोत्री हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गईं।' बताया जा रहा है कि सिम्मी गोंदपुर जयचंद स्थित अपने घर में ही थी कि अचानक उनका रक्तचाप घटने लगा। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया जा रहा था कि पंजाब के कुराली के पास उनकी मृत्यु हो गई। उस समय मुकेश अग्निहोत्री शिमला में कैबिनेट बैठक के बाद घर लौट रहे थे, जब उन्हें डॉ. सिम्मी के बीमार होने की सूचना मिली। डॉ. सिम्मी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कार्मिक प्रशासन विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार 2 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद (हरोली) में किया जाएगा। सीएम सुक्खू ने जताया दुख सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जी की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री के निधन की सूचना एक वज्रपात से कम नहीं है। इस दुखद समाचार से मैं बहुत व्यथित हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को स्वर्ग में स्थान दे व परिवार जनों और परिजनों को इस दारुण दु:ख को सहने की शक्ति दें।' नड्डा, बिंदल और जयराम ने भी शोक प्रकट किया भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रभारी श्रीकांत शर्मा सहित प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर, डॉक्टर सिकंदर कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सतपाल सती ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी 56 वर्षीय डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार रात को निधन हो गया। इस दुख की घड़ी में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं उनकी पुत्री आस्था को भगवान संबल प्रदान करें।


















































