अयोध्या में भगवान रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं ने किया रामलला के भव्य दर्शन किए। इनमें मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद मंत्री अंकुश गुप्ता, प्रचार प्रमुख पंकज शर्मा, बजरंग दल संयोजक राकेश उप्पल, बजरंग दल प्रखंड संयोजक शिवांश, पंजाब प्रांत गौ रक्षा संवर्धन परिषद सह मंत्री अनुज सहगल, भारतीय जनता पार्टी एससी मोर्चा के सचिव सुनील बागड़ी एवं परवाणू टकसाल से नरेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
** बजट सत्र में दिए जाने वाले राज्यपाल के अभिभाषण को स्वीकृति ** बद्दी में उपमंडलाधिकारी कार्यालय खोलने को भी मंजूरी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में हिमाचल प्रदेश 14वीं विधानसभा के बजट सत्र पर दिए जाने वाले राज्यपाल के अभिभाषण को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के संदर्भ में प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियम बनाने को भी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर के तहत पुलिस जांच के कारण लंबित विभिन्न परीक्षा परिणामों के कानूनी पहलुओं के परीक्षण के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता एक मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित करने को स्वीकृति प्रदान की। उद्योग मंत्री हषवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा इस उप समिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमंडल ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों को आवंटित तथा पट्टे पर दी गई और लंबी अवधि से अनुपयोगी पड़ी राजस्व भूमि की समीक्षा के लिए एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति गठित करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी इस उप समिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमंडल ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों में अनुपयोगी पड़े रिक्त भवनों की समीक्षा के लिए एक मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित करने का भी निर्णय लिया। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी तथा आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा इस उप समिति के सदस्य होंगे। मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के बद्दी में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में सोलन जिला के पट्टा और कांगड़ा जिला के पालमपुर में खंड विकास कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं के तहत सीधी भर्ती के माध्यम से 5 पद भरने का निर्णय लिया। यह पद हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे। मंत्रिमण्डल ने राजस्व विभाग में तहसीलदार श्रेणी 'ए' के 9 पद और नायब तहसीलदार श्रेणी 'ए' के 19 पद भरने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने सोलन जिला की बद्दी तहसील के झाड़माजरी में आवश्यक पदों के सृजन सहित नया पटवार-वृत्त सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में योजना विभाग में सीधी भर्ती के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के 7 पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने किन्नौर और लाहौल-स्पिति में सहायक पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालयों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 6 पद सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण अधिकारी के 4 पद भरने का भी निर्णय लिया गया।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज यहां बताया कि प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में सड़कों के रख-रखाव एवं अन्य कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत हमीरपुर जिला में बागछाल से तलाई वाया कलोल सड़क के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शिमला जिला की सैंज-चौपाल-नेरवा-फैडिज़ सड़क की टारिंग व सुदृढ़ीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये, मण्डी जिला की मानपुर से सराज सड़क के लिए 3 करोड़ रुपये, हमीरपुर जिला की धमेटा से बड़सर सड़क तथा बड़सर से शाहतलाई सड़क के उन्नयन के लिए भी 3-3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आजीविका गारंटी मिशन के तहत विभिन्न शहरी निकायों के लिए 1 करोड़ 74 लाख 28 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त मशीनरी एवं उपकरण इत्यादि के लिए भी 5001 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क अधोसंरचना के विकास के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से इसके लिए समय-समय पर समुचित राशि जारी की जा रही है।
आने वाले लोकसभा चुनाव के मध्य नजर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में गांव चलो अभियान की शुरुआत कर रही है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के 104 बूथ में यह अभियान चलाया जाएगा। ये जानकारी सुजानपुर भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा ने सुजानपुर में आयोजित विशेष कार्यशाला को संबोधित करते हुए दी। इस कार्यशाला में सुजानपुर से भाजपा के प्रत्याशी रहे वर्तमान में जिला परिषद सदस्य कैप्टन रंजीत राणा विस्तारक जरनल सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सुजानपुर भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी सुधीर भटनागर ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को भाजपा कार्यालय सुजानपुर में गाव चलो अभियान के तहत एक बैठक का अयोजन किया। इसमें सभी ग्राम केंद्र अध्यक्ष मौजूद रहे आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इस का अयोजन किया गया, जिसमें गांव स्तर पर पार्टी को कैसे ओर मजबूत किया जा सकता है चर्चा हुई। इस बैठक मेें किसान मोर्चा अध्यक्ष पी सी चौहान, महामंत्री, अनिल कौशल, जगन कटोच जिला सचिव, विनोद ठाकुर, अनिल शामा, वरिंदर ठाकुर, मंडल सचिव इंस्पेक्टर प्यार चंद सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
** कहा, हिमाचल प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ी ** अधिवक्ता को नहीं, बल्कि कानून व संविधान को कुचलने की कोशिश हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा बार एसोसिएशन धर्मशाला के प्रवक्ता व सदस्य एडवोकेट विश्व चक्षु ने पालमपुर पुलिस की ओर से अधिवक्ता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने व थप्पड़ मारने सहित अन्य कृत्य किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने इस कृत्य के खिलाफ प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देखकर स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है कि प्रदेश में लॉ एंड आर्डर की स्थिति पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। कानून के पालनकर्ताओं व न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले अधिवक्ता का अपमान सीधे तौर पर कानून व संविधान के खिलाफ उंगली उठाना है। ऐसे में यह कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा, सरकार के जल्द उचित कदम न उठाने पर अधिवक्ता संघ सख्त से सख्त कदम उठाएगी। एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि जबकि पुलिस थाने में कानून के जानकार वकील ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की क्या हालत होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, उनपर तानाशाही व गुंडाराज चलाने के लिए नहीं है। विश्व चक्षु ने कहा कि पालमपुर के अधिवक्ता को थप्पड़ नहीं पड़ा, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के, पूरे भारत वर्ष के अधिवक्ताओं को थप्पड़ पड़ा है। एडवोकेट चक्षु ने कहा कि हम पुलिस का सम्मान करते हैं, पुलिस की वर्दी का सम्मान करते हैं। इसी तरह पुलिस को भी काले कोर्ट का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह वर्दी का गुंडाराज चलने नहीं दिया जाएगा। जिस प्रकार पुलिस ने वकील से शर्मनाक हरकत की है, कैसे पुलिस पर आम लोग विश्वास करेंगे। अधिवक्ता वर्ग समाज में शान्ति-व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। विधि-व्यवसाय में उनका दृष्टिकोण विवादों की संख्या को बढ़ाना नहीं होता, अपितु आसन्न विवादों का समाधान ढूंढना होता है। इस प्रकार अधिवक्ता समाज में भाई-चारे की भावना बढ़ाकर समाज की विधिक व्यवस्था कायम रखने का गुरूतर कार्य संपन्न करते हैं। एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि एक वकील सामाजिक मार्गदर्शक होता है, और उसका बहुत महत्व होता है। आम जनता कानून की सटीक भाषा और उसके उचित कार्यान्वयन की प्रक्रिया को नहीं समझ पाती है। यह वकील की भूमिका है, जो समाज को कानून के शासन और उसके बंधनों से अवगत कराता है। वकील कानूनी व्यवस्था और लोगों के बीच एक पुल बनाते हैं। इसके अलावा, समान वकील-ग्राहक संबंध स्थापित करने के लिए वकील की भूमिका को आचार संहिता के आधार पर परिभाषित किया गया है। वकील की भूमिका लोगों के लाभ और समाज की भलाई के लिए है। बकौल एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि अधिवक्ताओं का इस देश और समाज के लिए बहुत बड़ा योगदान है। देश के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर किसी भी संघर्ष और जन-आंदोलन में अधिवक्ताओं के योगदान रेखांकित किए बिना कोई भी अध्याय अधूरा रहेगा। संविधान की रक्षा और न्याय के लिए अधिवक्ता ही सबसे बड़ी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्रताडऩा से पीड़ित वकील का व्यक्तिगत झगड़ा नहीं था, और न ही उसने अपनी कोई जमीन बंटवानी थी, वह अपने मुवक्किल के काम के लिए पुलिस स्टेशन गए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिस कर्मी पब्लिक डीलिंग के काम के लिए बिल्कुल भी सूटेबल नहीं हैं। ऐसे पुलिस कर्मियों को पब्लिक डीलिंग में नहीं बल्कि पुलिस लाईन में हाज़िर कर देना चाहिए। एडवोकेट विश्व चक्षु ने जहां निष्पक्ष जांच की मांग की है, वहीं कहा कि जब तक जांच पूरी न हो जाए तब तक उन पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर किए जाने की बात रखी है। विश्व चक्षु ने कहा कि अगर वकील को इंसाफ नहीं मिला तो अधिवक्ता संघ पुलिस के खिलाफ आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगा।
वन मण्डल कुनिहार के अंतर्गत वन परिक्षेत्र कुनिहार की 8 बीट के लिए आज कुनिहार में युवतियों ने वनमित्र भर्ती के लिए शाररिक दक्षता में भाग लिया। इन 8 बीट के लिए 122 युवतियों ने आवेदन किया था। वन खंड अधिकारी कुनिहार ब्लॉक नारायण दत्त शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज 122 आवेदनकर्ता युवतियों में से 67 युवतियों ने शारीरिक दक्षता, जिसमें दस मिनट की 1500 मीटर दौड़, चेस्ट व हाइट का परीक्षण किया गया। इसमें 63 युवतियां क्वालीफाई व 4 युवतियां डिस्क्वालिफाई हुए। इस तरह वन मित्र के लिए पहला पड़ाव पूरा हुआ। इस मौके पर वन मंडल अधिकारी कुनिहार राज कुमार शर्मा,वन परिक्षेत्र अधिकारी मीना राम ठाकुर, वन खंड अधिकारी कुनिहार नारायण दत्त शर्मा, वन खंड अधिकारी चंडी दया सिंह सहित कुनिहार रेंज के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर में भाजपा के चलो गांव की ओर अभियान का शुभारंभ अप्पर लंबागांव में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक व प्रदेश कार्यकारणी सदस्य रविंद्र रवि धीमान ने किया। रवि धीमान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ के घर-घर जाकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी की गारंटी का प्रचार कर लोकसभा चुनाव के लिए समर्थन जुटाया जाएगा। रवि धीमान ने कार्यकताओं से अपील की की इस अभियान को सफल बनाएं और आने वाले संसदीय चुनाव में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को रिकार्ड बढ़त दिलाकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। रवि धीमान ने कहा कि कांग्रेस दोबारा हिमाचल में विधानसभा चुनाव के दौरान किए वादों को पूरा करने से पीछे हट रही है। बेरोजगारों को रोजगार के नाम पर आश्वासन मिल रहे हैं।। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा, जयसिंहपुर वार्ड के जिला परिषद संजीव ठाकुर, पार्टी विस्तारक सतीश राणा,पूर्व मण्डल अध्यक्ष राम रतन शर्मा, महामंत्री स्वरूप डोगरा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच सहित बूथ केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।
** हेल्थ चेकअप कैंप में 80 लोगों के स्वास्थ्य की हुई जांच इंदौरा की पंचायत डैंकवां में आज लोधवां, डैंकवां व मंगवाल पंचायतों के लोगों की समस्याओं को सुनने व उनके निवारण हेतु सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार परवेश शर्मा, डॉ. अनुराधा शर्मा वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, डॉ. संदीप जमवाल एएमओ, योगा प्रशिक्षक रमा पठानिया, एपीओ पूनम व टैहल सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि विनय मेहरा, एसडीओ जल शक्ति विभाग रजिंद्र सनौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौका पर पहुंचे। इस दौरान उक्त गांवों की विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 के करीब शिकायतें व समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौका पर ही निपटान किया गया व अन्य का चरणबद्ध ढंग से निदान करने के निर्देश संबंधित विभागों को विधायक मलेंद्र राजन द्वारा दिए गए। इस दौरान आयुश विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए गए, जिसमें 80 से अधिक रोगियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई व उन्हें निशुल्क औषधि वितरित की गई। वहीं विभागों द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं बारे भी लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई गई व उनसे लाभ लेने के लिए जागरुक किया गया। इससे पहले विधायक ने कुड़सां में किसान गोष्ठी में भाग लिया व कुड़सां में विकास कार्यों हेतु 5 लाख रुपये विधायक निधि से व 11-11 हजार रुपये महिला मंडलों को देने की घोषणा की।
** एक ढाबा चलाने वाला और दूसरा निलंबित ट्रैफिक इंस्पेक्टर ** जांच एजेंसियों को दोनों के मोबाइल फोन से परीक्षा के प्रश्नपत्र मिले भंग हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन अयोग में सामने आए भर्ती परीक्षा पेपर लीक स्कैम में विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो हमीरपुर की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भंग आयोग कार्यालय के सामने ढाबा चलाने वाला सोहन सिंह और निलंबित ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार शामिल हंै। दोनों अरोपियों की यह गिरफ्तारी पोस्ट कोड 962 के तहत हुई सचिवालय क्लर्क भर्ती के मामले में की गई है। दोनों के मोबाइल फोन से जांच एजेंसी को इस परीक्षा के प्रश्नपत्र मिले हैं। विजिलेंस एसपी राहुल नाथ ने कहा कि सबूत मिलने के बाद सोहन और रवि को गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आज इन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से 13 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां जल्द हो सकती हैं। वहीं, स्कैम की मास्टरमाइंड उमा आजाद को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश कर उसके 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। दोबारा उसके कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जिला रेड क्रास कुल्लू के अंतर्गत भुंतर में संचालित एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पजोही में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नशा निवारण के बारे में स्थानीय युवक-युवतियों व स्कूल के बच्चों को विभिन्न जानकारियां प्रदान की गईं। मनोवैज्ञानिक दिव्या भारद्वाज ने कहा कि नशा एक बीमारी है, इससे बचने के लिए इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानना आवश्यक है। नशे के गिरफ्त में आये युवक-युवतियों का इलाज संभव है। यदि समय रहते हुए उन्हें नशा निवारण केंद्र में लाया जाए तो विभिन्न प्रकार के औषधियां एवं उपचार से उन्हें नशे की लत से बाहर निकाला जा सकता है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में इसके लिए डॉक्टरों की देखरेख में उचित परामर्श एवं दवाइयों के साथ-साथ मेडिटेशन, योगा, खेल एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशे के व्यसनी महिलाओं को नशे की लत से बाहर निकाला जाता है। परियोजना समन्वयक अनिता ठाकुर ने कहा कि भुंतर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मरीज का उपचार वाहय रोगी या आवासीय रोगी के रूप में किया जाता है। वाहय रोगीयों को नि:शुल्क दवाइयां दी जाती हैं तथा मनोविज्ञानिक/काउंसलर द्वारा रोगी तथा उसके परिवार के सदस्यों के लिए परामर्श सत्रों का आयोजन किया जाता है। गंभीर लक्ष्णों वाले रोगियों को उनकी सहमति से केंद्र में भर्ती किया जाता है। आमतौर पर ऐसे रोगियों को 21 दिनों से 30 दिनों तक केंद्र में इलाज किया जाता है तथा उपचाराधीन रोगियों को डॅाक्टर तथा स्टाफ नर्सों की निगरानी में उनके बीपी, तापमान तथा अन्य लैब टेस्ट करवाए जाते हैं। रोगियों को केंद्र में इलाज के दौरान साफ बिस्तर, नाश्ता, चाय, दोपहर का भोजन, रात का खाना मुफ्त दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 01902 265265 पर संपर्क किया जा सकता है।
** ये भी पूछना, आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने के लिये भाजपा ने क्या किया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने लोगों से कहा है कि जब भाजपा के लोग उनके घर द्वार वोट मांगने आएं तो उनसे यह जरूर पूछना कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के समय वे कहां सो गए थे। उन्होंने कहा कि उनसे यह भी पूछना कि उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों को राहत देने के लिये क्या किया था। आज अपने संसदीय क्षेत्र रामपुर में पार्टी कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न पंचायतों गौरा, झाकड़ी, सनारसा, दोफदा, फंजा, मशनु, रचोली, डंसा, लालसा, शिंगला, दियोठी, कुहल-पटैना के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक बदहाली के लिये पूर्व भाजपा सरकार पूरी तरह दोषी है। उन्होंने कहा कि 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां प्रदेश सरकार को विरासत में मिली है। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति वह संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय इन नेताओं ने प्रदेश के प्रति जो उदासीनता दिखाई वह बहुत ही दुखदाई है। इन सांसदों ने प्रदेश के लिये किसी भी प्रकार की साहयता में कोई भी सहयोग नहीं दिया। इससे साफ है कि इनकी दृष्टि में पूरी तरह खोट है। इस दौरान रामपुर के विधायक नंद लाल, शिमला जिला परिषद की अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिमला ग्रामीण अतुल शर्मा व ब्लॉक अध्यक्ष सतीश वर्मा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सभी को एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में प्रचार कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
शैक्षणिक और व्यावसायिक शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण विकास में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल बैंकिंग (आईपीबी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य शूलिनी विश्वविद्यालय में बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं में एमबीए कार्यक्रम शुरू करना है। एमओयू पर इनोवेशन एंड मार्केटिंग के अध्यक्ष और शूलिनी विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संकाय के डीन आशीष खोसला और आईपीबी से गुरसिमरन सिंह ओबेरॉय ने हस्ताक्षर किए। आईपीबी से सुमीत कौर, रीपिका अरोड़ा, मंजुला और अभय गर्ग भी मौजूद थे। यह आयोजन छात्रों के बीच शैक्षणिक उत्कृष्टता और पेशेवर तत्परता को बढ़ावा देने की दिशा में एक साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। शूलिनी विश्वविद्यालय में इनोवेशन और मार्केटिंग के अध्यक्ष और इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संकाय के डीन आशीष खोसला ने कहा कि बैंकिंग और वित्त में करियर की बहुत मांग है, और हम शूलिनी में छात्रों को ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से सक्षम बनाने की योजना बना रहे हैं। इस क्षेत्र में सफल प्लेसमेंट और भूमिकाओं के लिए प्रासंगिक कौशल, बैंकों, एनबीएफसी और फिनटेक कंपनियों को कौशल प्रदान करने के लिए सबसे पसंदीदा विश्वविद्यालय बनना है। आशीष खोसला ने आगे कहा कि आईपीबी के साथ इस सहयोग के माध्यम से, हम छात्रों को उनके एमबीए पाठ्यक्रम के पहले दिन से ही प्रासंगिक व्यावहारिक कौशल और इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करने का प्रयास करेंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता सक्षम हो सकेगी। मुझे दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अग्रणी बहुराष्ट्रीय बैंकों में एक वरिष्ठ बैंकर बनने का अवसर मिला है और मैं बैंकिंग और वित्त की रोमांचक दुनिया में शूलिनी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन एमबीए छात्रों के लिए द्वार खोलने में मदद करना चाहता हूं। आईपीबी के प्रबंध निदेशक और संस्थापक गुरसिमरन सिंह ओबेरॉय ने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय और इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल बैंकिंग के बीच सहयोग अकादमिक उत्कृष्टता और पेशेवर तत्परता के एक नए युग की शुरुआत करता है, जो बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं में नेताओं की अगली पीढ़ी को आकार देने के लिए तैयार है। शूलिनी विश्वविद्यालय और इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल बैंकिंग के बीच सहयोग की शुरुआत एससीडीओई के संचालन निदेशक तरुण गुप्ता द्वारा की गई थी।
राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज प्राचार्य प्रो. उपेेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा क्लब के द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक का आयोजन हिमाचल प्रदेश परिवहन निर्देशालय द्वारा सडक सुरक्षा के महत्व व जागरूकता पर सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत किया गया। महाविद्यालय में उस नाटक का आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. ख़ुशी राम भगत, प्रो. सचिन कुमार व प्रो. हरजिंदर की अगुवाई में हुआ, जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न छात्रों ने हिस्सा लिया, जिसमें मुस्कान, शिवानी, ईशिका, दिपाली, तमन्ना, कोमल व अभिषेक शामिल रहे। नुक्वड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करवाना रहा। साथ ही नशे के कारण होने वाले व दुर्घटनाओं के कारण व परिणामों के बारे मे महाविद्यालय के छात्रों को जागरूक करवाया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेेंद्र शर्मा जी ने छात्रो को संबोधित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए नियमों का पालन करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया तथा इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रध्यापकों को बधाई दी।
युवा कांग्रेस सचिव ज्वालामुखी नीरज राणा ने सीएम सुक्खू के दौरे को सफल करार दिया है उन्होंने ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न का धन्यवाद करते हुए कहा कि ज्वालामुखी के चंगर क्षेत्र की पंचायत पिहड़ी में बहुत वर्षों से मांग थी कि एक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाए, जिसकी मांग स्थानीय विधायक संजय रत्न ने सीएम सुक्खू से की, जिसकी उन्होंने तुरंत घोषणा कर दी। नीरज राणा ने कहा कि जो चुनाव के समय विधायक ने वादा किया था वो उन्होंने पूरा कर दिया है। नीरज राणा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में उच्चस्तरीय विकास करवाना आपका सदैव प्रथम ध्येय रहा है। विधायक संजय रत्न ने अपने पिछले कार्यकाल में भी बहुत विकास करवाया और अभी भी यह जारी है। युवा कांग्रेस सचिव ज्वालामुखी नीरज राणा ने कहा कि विधायक ने आज ये इतना बड़ा तोहफा देकर एक कांग्रेस कार्यकर्ता का ही नहीं, बल्कि पूरी पीहड़ी पंचायत का दिल जीत लिया है।
** सुजुकी मोटर 1000 से अधिक आईटीआई डिप्लोमा होल्डर्स को देगी रोजगार ** 21500 रुपये प्रतिमाह सैलेरी, कैंटीन और बस की सुविधा भी मिलेगी हिमालयन आईटीआई लगबलियाना में विश्व प्रसिद्ध कंपनी सुजुकी मोटर 21500 रुपये प्रतिमाह सैलेरी पर 1000 से अधिक आईटीआई डिप्लोमा होल्डर्स को 13 फरवरी को रोजगार देने आ रही है। आईटीआई के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने बताया कि इसमें वे युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु 18 से 26 वर्ष के बीच है और 10वीं में 40 प्रतिशत और आईटीआई में 50 प्रतिशत अंक हैं। मेले में वर्ष 2017 से 2023 के बीच पासआउट छात्र भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले में फिटर, मोटर मैकेनिक व्हीकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक, मशीनिस्ट, ट्रैक्टर मैकेनिक, वेल्डर ,पेंटर, टर्नर डीजल मैकेनिक डिप्लोमा होल्डर भाग ले सकते हैं। कंपनी की तरफ से विशेष सुविधा के रूप में कैंटीन और बस सुविधा सब्सिडाईजड रेट पर दी जाएगी और फ्री बर्दी भी दी जाएगी। उन्होंने इच्छुक युवाओं से आग्रह किया है कि वे जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ सुबह 9 बजे से पहले हिमालयन आईटीआई प्रांगण में पहुंचना सुनिश्चित करें।
** कहा, हवाई पट्टी के विस्तार से कुल्लू व लाहौल घाटी में पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए वन स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इससे कुल्लू घाटी की सुरम्य वादियों के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण इस हवाई पट्टी के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के विस्तार के लिए वन (संरक्षण) अधिनियम के तहत आवश्यक स्वीकृतियां सुनिश्चित करते हुए अब हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का कार्य आरंभ हो सकेगा। नागरिक उड्यन महानिदेशालय द्वारा तय नियामक मानकों तथा विस्तारित सुरक्षा उपायों के दृष्टिगत ये स्वीकृतियां आवश्यक थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू घाटी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भुंतर हवाई अड्डे की महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां तक हवाई सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू तथा लाहौल घाटी की सुन्दर वादियों में आसानी से पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर से कुल्लू के लिए अब सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं और ऐसे में देश-विदेश के यात्रियों को इस हवाई अड्डे के विस्तार से लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल में प्रतिवर्ष पांच करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
**कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. योगेश पॉल ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता **सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करने की ली शपथ राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में रोड सेफ्टी क्लब द्वारा रोड सेफ्टी मंथ-2024 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. योगेश पॉल ने की। इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब के नोडल ऑफिसर प्रो. आरके गुप्ता ने बच्चों को रोड सेफ्टी अवेयरनेस से संबंधित जानकारी दी और बताया कि महाविद्यालय में आज से रोड सेफ्टी मंथ-2024 का आगाज किया गया। इसके तहत महीने भर विभिन्न क्रियाकलापों का आयोजन किया जाएगा। आज पहले दिन महाविद्यालय के छात्रों, टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करने की शपथ ली। वहीं, भविष्य में अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करने का प्रण लिया। महाविद्यालय के लगभग 650 छात्रों ने यह प्रतिज्ञा ली।
लंबागांव में हर वर्ष की भांति इस बार भी बसंत पंचमी के उपलक्ष्य पर पांचवां विशाल मां सरस्वती जागरण का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी देते हुए आयोजक कुशल खुराना और अंकू ने बताया कि इस बार भी लोअर लंबागांव के रामलीला कला मंच में 14 फरवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर सुबह 10 बजे हवन किया जाएगा और रात 8 बजे मां सरस्वती का विशाल जागरण होगा, जिसमें मुख्य कलाकार वाइस ऑफ हिमाचल सोनम चौधरी और कुमार बॉबी अपनी मधुर आवाज से माता रानी कर गुणगान करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने इस योजना को सैनिकों के खिलाफ बताया है और सत्ता में आने पर इसको बंद करने की बात कही है। शिमला में प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि सैनिकों की शहादत पर वोट मांगने वाले पीएम मोदी की केंद्र सरकार सैनिकों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। अग्निपथ योजना सेना के जवानों के साथ अन्याय है, जिसके खिलाफ राहुल गांधी ने 31 जनवरी को जय जवान अभियान की शुरुआत की है। मुहिम के जरिए सेना में भर्ती की पुरानी प्रक्रिया को बहाल करने की मांग की जा रही है। वहीं, समान नागरिक संहिता पर अभय दुबे ने कहा कि यूसीसी के मामले में बाबा साहेब अंबेडकर के विचार पर अमल होना चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस के पुराने साथी नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर दुबे ने कहा कि ये सभी नेता ईडी की कार्रवाई से बचने के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्र्रव्यापी आंदोलन छेड़ने का फैसला किया है और इस आंदोलन को तीन चरणों में विभाजित किया है। इसमें पहले चरण में जनसंपर्क अभियान पहली फरवरी से शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में पांच से दस मार्च तक सत्याग्रह आंदोलन छेड़ा जाएगा। वहीं, तीसरे चरण में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सभी जिलों में 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा शामिल रहेगी। यह यात्रा 17 से 20 मार्च तक आयोजित होगी। सभी जिलों में सैनिकों के लिए न्याय यात्रा का नाम दिया गया है।
** बोले, हाटियों को एसटी के तहत मिलने वाले फायदों में अड़ंगा अड़ा रही कांग्रेस सरकार ** संगड़ाह में जनसंपर्क अभियान व मोदी सरकार की योजनाओं की दी जानकारी भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिल ढकोग ने वीरवार को संगड़ाह में मोर्चा की मंडल इकाई की बैठक ली। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं एवं बूथ स्तर पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के बारे में बताया गया। मोर्चा राज्य अध्यक्ष अनिल ढकोग ने कहा कि मोदी सरकार ने जहां हाटी समुदाय की 55 साल पुरानी अनुसूचित जनजाति दर्जे की मांग को पूरा कर अपना वादा निभाया तो दूसरी ओर हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हाटियों को एसटी के तहत मिलने वाले फायदों में अड़ंगा लगाने की पुरजोर कोशिश की। ढकोग न कहा कि प्रदेश व देश में दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस चाहती तो गिरिपार को सालोंं पहले जनजातीय दर्जा मिल गया होता। लेकिन इस पार्टी द्वारा अब भी हाटी जनजाति के संवैधानिक हक छीनने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और योग का प्रयोग सभी के लिए लाभदायक है। अनिरुद्ध सिंह आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पचांयत सनवारा के मौड़ी में वैदिक रिजॉर्ट योग रिट्रीट का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि योग न केवल व्यक्ति के मानसिक तनाव को कम करने में सहायक सिद्ध होता है बल्कि अनेक शारीरिक व्याधियों का अचूक उपचार भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान के भाग दौड़ के जीवन में हम सभी को थोड़ा समय निकालकर योग आवश्यक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग का ज्ञान सम्पूर्ण विश्व को निरोग बनाने का सामर्थ्य रखता है। प्राचीन समय में गुरूकुल भारतीय शिक्षा पद्धति का अभिन्न अंग थे और गुरूकुल में योग का पालन, अध्ययन एवं प्रयोग अनिवार्य था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी योग को अपनाना चाहिए। योग के माध्यम से न केवल विभिन्न जटिल रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है अपितु मानसिक रूप से भी सदैव स्वस्थ रहा जा सकता है। पंचायती राज मंत्री ने आशा जताई कि वैदिक रिजॉर्ट योग रिट्रीट सैलानियों एवं प्रदेशवासियों को सैर-सपाटे के साथ योग की शिक्षा प्रदान कर उन्हें निरोगी रखने में सहायक बनेगा। जिला आयुष अधिकारी सोलन डॉ. प्रवीन शर्मा ने इस अवसर पर योग, आयुर्वेद तथा स्वस्थ जीवन दिनचर्या के बारे में सारगर्भित जानकारी प्रदान की। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, महाराज प्रेमाच्युत, महाराज चारू चैतन्य, विश्व गौरव हरि ओम, कृषि उपज विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति कसौली के अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, ग्राम पचांयत सनवारा के प्रधान दिनेश ठाकुर, ग्राम पंचायत जाबली की प्रधान कल्पना गर्ग, वार्ड सदस्य रमेश कुमार शर्मा, नगर निगम शिमला के पार्षद कुलदीप ठाकुर, पूर्व पार्षद दीपक रोहाल, उपमण्डलाधिकारी कसौली नारायण सिंह चौहान, नगर योजनाकार सोलन प्रेमलता नेगी चौहान, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिन्द्र राणा, खंड विकास अधिकारी धर्मपुर राम स्वरूप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने पहले झूठ का सहारा लिया और सत्ता में आने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। अब सरकार प्रदेश की माताओं बहनों से छल कर रही हैं। चुनाव में प्रदेश की 18 से 60 साल की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की गारंटी दी लेकिन अब सरकार बनने के बाद सिफ़र् गोल-मोल कर रही है। सरकार कहती है कि उसने महिलाओं को 1500 देने की गारंटी पूरी कर दी है। लेकिन यह गारंटी पूरी करना नहीं बल्कि माताओं-बहनों के साथ छल करना है। सरकार लाहौल-स्पीति की माताओं बहनों को 1500 रुपए देने की घोषणा करके कहती है की गारंटी पूरी हो गई। सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश की बाक़ी माताओं बहनों का क्या दोष है जो उन्हें यह सम्मान निधि नहीं मिल रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने के पहले कांग्रेस के छोटे-बड़े नेताओं ने बड़ी-बड़ी बातें की। एक से एक झूठी गारंटिया और वादे किए लेकिन सत्ता में आने के बाद ख़ामोश हो गए। जैसे कांग्रेस ने चुनाव के पहले कुछ कहा ही न हो। बीजेपी द्वारा बार-बार उनके द्वारा किए गये बड़े-बड़े वादों के बारे में सवाल उठाने और उनकी गारंटियां पूरी करने के लिए सड़क से सदन तक दबाव बनाए तो कांग्रेस प्रदेश के लोगों के साथ छल करना शुरू कर दिया। एक चौथाई कार्यकाल बीत जाने के बाद सरकार को अपने गारंटी की याद आई। लेकिन हर बार की तरह कांग्रेस ने यहां भी गोल-मोल और हेरफेर करना शुरू कर दिया। जनजातीय ज़िला लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों की महिलाओं को इस सम्मान निधि के लिए चुना गया। दु:ख इस बात का है कि 10 हज़ार से कम पात्र महिलाओं की आबादी (जनगणना 2011 के अनुसार) वाले इस ज़िले में भी यह योजना सरकार एक बार में पूरी तरह से लागू नहीं कर पाई।
'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में लाभार्थियों ने व्यक्त की भावनाएं 'मुख्यमंत्री जी, पिछले 40 साल से मेरी जमीन के इंतकाल का केस लटका हुआ था। इतनी परेशानी हो रही थी कि बता नहीं सकता। एक किसान का बेटा हूं और इतने अरसे के बाद अपनी जमीन मिली है, जो आपके प्रयासों से ही सम्भव हो सका है। किसान कितने दु:खी थे कोई अंदाजा नहीं लगा सकता। आपने उनकी परेशानियां दूर कर यह बहुत अच्छा काम किया है।' बीरबल शर्मा ने आज कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी क्षेत्र के अंब पठियार में आयोजित 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के दौरान यह भावनाएं व्यक्त कीं। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किए गए संवाद में उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को राहत प्रदान करने के लिए ही प्रदेश भर में राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। आपदा राहत पैकेज के लाभार्थी मदन लाल ने कहा कि बारिश के कारण उनका घर गिर गया और अब राज्य सरकार से तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता पहली किस्त के रूप में मिली है और मकान का काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा सा मकान बनाओ, राज्य सरकार पूरे सात लाख रुपए की मदद प्रदान कर रही है। नियम बदल कर मुआवजा राशि बढ़ाई है। इसी योजना के लाभार्थी मिल्खी राम ने तीन लाख रुपए की प्रथम किस्त के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के लाभार्थी अमित ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उसे 4 हजार रुपए प्रति माह पॉकेट मनी के लिए मिल रहे हैं। वहीं प्रियंका ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपने हम जैसे बच्चों के लिए पहली बार इतनी बेहतर योजना शुरू की है और वास्तव में ही आप हमारा सहारा बने हैं। मुख्यमंत्री ने पूछा पढ़ाई कर रही हो, तो प्रियंका ने कहा कि बीएड करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पढ़ाई का पूरा खर्च भी देगी। इसके साथ ही विवाह तथा स्टार्ट-अप के लिए 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद प्रदान करने, घर बनाने के लिए जमीन और 3 लाख रुपए आर्थिक सहायता सहित अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
देश भर में 15 जनवरी से 14 फरवरी तक सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्रीय परिवहन विभाग कुल्लू के रोड सेफ्टी सेल द्वारा आज से कुल्लू में इसकी शुरुआत हुई। मन्नत कला मंच कुल्लू के कलाकारों द्वारा कुल्लू बस स्टैंड व आई टी आई शमशी में यातायात नियमों के बारे गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों व आईटीआई के प्रशिक्षुओं को जानकारी दी। आज हुए कार्यक्रम में मन्नत कला मंच के कलाकारों नवनीत भारद्वाज, मानचंद,ख़ूबराम, अशोक, संजय,चंपा, आशा शर्मा, गोपाल, रिया, ने गीत, 'हेरी शुणी गड्डी चलानी', 'सुनो गौर से गाड़ी वालों' व नुक्कड़ नाटक 'सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा' के माध्यम से लोगों को गाड़ी लेने से पहले कानूनन उम्र18 की होना,वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बाइक चलते समय हेलमेट का प्रयोग, सीट बेल्ट लगाना,ओवर स्पीड व ओवरटेकिंग न करना, किसी भी नशे की हालत में गाड़ी न चलाना, गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल नहीं करना आदि यातायात नियमों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
** अभियान के तहत केंद्र की योजनाओं का दिया जाएगा लाभ जिला कुल्लू के भुंतर में जिला कुल्लू भाजपा के द्वारा शक्ति वंदन अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने स्वयं सहायता समूह, एनजीओ से जुड़ी हुई महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और यह भी बताया कि किस तरह से महिलाएं केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं। शक्ति वंदन कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कहते हैं कि जब देश में महिलाएं समृद्ध होती हैं, तो दुनिया समृद्ध होती है। ऐसे में आज सही अवसर और समर्थन मिलने पर विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। महामारी के दौरान भी जब पीपीई किट और फेस मास्क की आवश्यकता हुई तो भारतीय महिलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने विवेक और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया।
** सामाजिक कार्यकर्ता व एडवोकेट शिवेंद्र सैनी के नेतृत्व में डीआरएम नॉर्थन रेलवे को भेजा पत्र ** कहा, कांगड़ा से बैजनाथ के बीच चला दी गाड़ी, लेकिन नूरपुर से गुलेर तक नहीं नूरपुर से कांगड़ा के बीच पिछले आठ महीने से रेल सेवा बंद पड़ी है। ऐसे में स्थानीय लोगों में काफी रोष है। उप मंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते रेलवे स्टेशन गुलेर में आज सामाजिक कार्यकर्ता व एडवोकेट शिवेंद्र सैनी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र डीआरएम नॉर्थन रेलवे को भेजा गया। गुलेर रेलवे मास्टर के माध्यम से भेजे गए इस पत्र में नूरपुर से गुलेर तक रेलगाड़ियां बहाल करने की मांग रखी गई। लोगों ने कहा कि एक महीना पहले कांगड़ा से बैजनाथ तक दो रेलगाड़ियां शुरू कर दी गई हैं, लेकिन कांगड़ा से नूरपुर के बीच रेल सेवा बहाल नहीं की गई है। एडवोकेट शिवेेंद्र सैनी ने बताया कि लोगों को आगे आकर अपनी आवाज उठानी पड़ेगी और संघर्ष करने के लिए तैयार होना पड़ेगा तो वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि रेल बहाली के लिए विभाग को जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
** ज्वालामुखी विस क्षेत्र में किए 205 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान लगभग 205 करोड़ रुपये लागत की 11 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। उन्होंने लुथान में प्रदेश के पहले सुख आश्रय आदर्श ग्राम परिसर का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में 38.17 करोड़ रुपये लागत से विभिन्न उठाऊ जल आपूर्ति योजनाओं के जलस्रोत स्तर पर सुधार और संवर्धन, 5.50 करोड़ रुपये से निर्मित पुलिस स्टेशन भवन ज्वालामुखी, 2.13 करोड़ रुपये लागत के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन और 14.35 करोड़ रुपये से निर्मित विवाह भवन सह मंदिर ट्रस्ट पार्किंग का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लुथान में प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी पहल मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अर्न्तगत 92.38 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर की आधारशिला रखने के साथ ही ज्वालामुखी क्षेत्र के लिए 27.30 करोड़ रुपये से हिमाचल प्रदेश उपोष्ण कटिबंधीय बागवानी, सिंचाई और मूल्यवर्द्धन (एचपीशिवा) परियोजना के तहत सिंचाई सुविधा, भरोली और ज्वालामुखी क्षेत्र में 5.91 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले सात नलकूप, पांच करोड़ रुपये लागत के राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल बानी-द-खूह, राजकीय डिग्री कॉलेज ज्वालामुखी में 7.82 करोड़ रुपये लागत के बहुउद्देशीय हॉल, 4.18 करोड़ रुपये लागत के खारा-नाला तटीयकरण तथा ज्वालामुखी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जल शक्ति विभाग की निरीक्षण हट का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इन वर्गों के उत्थान के लिए सरकार ने कई अभिनव पहल की हैं। उन्होंने कहा कि सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर इन्हीं में से एक है। लुथान में स्थापित होने वाली इस परिसर में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के लाभार्थियों को आवास की बेहतर व अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
** बोले, जेपी नड्डा की रैली से कांगड़ा से प्रदेशभर में गया भाजपा की जीत का संदेश प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की हाल ही में धर्मशाला में आयोजित रैली के माध्यम से कांगड़ा ने पूरे प्रदेश को संदेश दिया है कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी। राकेश शर्मा ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर भी पलटवार किया है। वीरवार को जारी प्रेस बयान में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली में उमड़ी जिला कांगड़ा की भीड़ ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भर को चुनावी जीत का संदेश दे दिया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष की अपनी-अपनी डफली अपना राग के बयान पर राकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता एकजुट है और भाजपा अनुशासन वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस सरकार में हालात ये हैं कि सीएम और मंत्रियों में तालमेल नजर नहीं आता। कई मंत्री व विधायक, सीएम से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला की जनता सीयू के लिए आंदोलन कर रही है, लेकिन सरकार 30 करोड़ रुपये जमा करवाने को हामी नहीं भर रही, जो कि सरकार के युवा विरोधी होने को दर्शाता है। प्रदेश में लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, जबकि सरकार गेस्ट फेकल्टी पॉलिसी की बात कर रही है। राज्य चयन आयोग का अभी तक गठन नहीं हो पाया है और युवा भर्तियां शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
** एएसपी बोले, चोटिल होने व ठंड लगने से हुई थी दोनों की मौत ** रेस्क्यू टीम ने टेक ऑफ प्वाइंट से तीन किलोमीटर नीचे बरामद किए थे शव पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बिलिंग घाटी में बीते सोमवार से लापता युवक-युवती के क्षत-विक्षत शव मंगलवार देर शाम को रेस्क्यू टीम ने टेक ऑफ प्वाइंट से तीन किलोमीटर नीचे एक रास्ते पर बरामद किए थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक-युवती की मौत बर्फ में फिसलकर चोटिल होने व अत्यधिक ठंड के कारण से हुई है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि गुमशुदा हुए लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम का गठन किया गया था, जिसमें स्थानीय लोग भी शामिल थे। रेस्क्यू टीम को बीड़ बिलिंग टेक ऑफ साइट पर एक कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी, इसी आवाज का पीछा करते हुए जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तो वहां लापता युवक और युवती के शव पड़े हुए थे। इस कुत्ते को युवक अपने साथ ले गया था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृश्य में प्रतीत हो रहा है कि ये दोनों बर्फ में फिसलकर चोटिल हो गए थे और ज्यादा ठंड होने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। एएसपी ने अपील की है कि जो भी पर्यटक ट्रैकिंग साइट के लिए निकल रहे हैं, वे स्थानीय लोगों या गाइड को अपने साथ लेकर जाएं।
मंडी लोकसभा की सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा पिछले नवंबर माह के कुल्लू दौरे के दौरान की गई विभिन्न घोषणाओं को पूरा करते हुए सांसद निधि से धनराशि जारी कर दी है। सांसद द्वारा स्वीकृत इन कार्यों में संगम जनजातीय कल्याण सराय का ज्वानी रोपा में अतिरिक्त भवन निर्माण तथा सामुदायिक भवन शमशी, के लिए तीन -तीन लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इसके अतिरिक्त आनी उपमंडल के 16 महिला मंडलों बटाला आनी, महिला मंडल गगनी, बटाला, करेर, चौकी, बंदल, जड़ार, जड़ार, पौवी, कून, रायबाग, कटोली, चोवाई, मोहवी, हरमतान, बारी के लिए खेल और अन्य उपकरणों की बीडीओ खरीद के लिए 15 -15 हजार रुपये तथा महिला मंडल सरली-1 के लिए 20 हजार की राशि जारी की है।
कुल्लू पुलिस ने जरी चौकी के समीप एक व्यक्ति को 412 ग्राम चरस के साथ काबू किया है। आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार पुत्र भगतो राम, निवासी गणवाह डाकघर खरोटी तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी नशे की यह खेप अपनी गाड़ी में ले जा रहा था। उसके विरुद्ध थाना कुल्लू में मादक पदार्थ अधीनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उसे गिरफ्तार की लिया गया है। आरोपी को आज अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू कार्तिकेयन गोकुल चंद्र ने की है। उन्होंने कहा है मामले में आगामी जांच की जा रही है।
आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रजाना में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय आवासीय शिविर का समापन हो गया। समापन कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान बलबीर ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं दलीप सिंह पूर्व उप प्रधान ग्राम पंचायत रजाना ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य राजेेंद्र सिंह झामटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रजाना के डीपीई कपिल मोहन ने मंच संचालन कर एनएसएस के बारे में स्वयंसेवकों को संबोधित किया और कहा कि स्वयंसेवक समुदाय को निस्वार्थ सेवा प्रदान कर रहे हैं। एनएसएस का आदर्श वाक्य नॉट मी बट यू, लोकतांत्रिक जीवन के सार को दर्शाता है और नि:स्वार्थ सेवा की आवश्यकता को पुष्ट करता है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में विद्यालय के 26 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जिसमें अंशिका शर्मा और सर्वेश ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुना गया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रोग्राम ऑफिसर बहादुर सिंह शर्मा, सुभाष चंद ठाकुर, नीलम शर्मा, स्टाफ के समस्त लोग और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद थे।
** बोले, औद्योगिक क्षेत्रों में स्मार्ट मीटरिंग और बिजली की तारों को भूमिगत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के झाड़माजरी में एक निजी कंपनी में आग लगने की घटना का मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने अधिकारियों से आग लगने की घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू लापता व्यक्तियों के परिजनों से भी मिले और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा ''आप चिंता न करें, राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में आपके साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।'' पत्रकारों से बात करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आग लगने की घटना पर दु:ख प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं का गहन विश्लेषण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए फैक्टरी प्रबंधकों के साथ बात कर कानून में आवश्यक बदलाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्मार्ट मीटरिंग तथा बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की त्वरित राहत राशि दी गई है तथा उन्हें कुल 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त मृतकों के परिजनों को भी कुल साढ़े छ: लाख रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 5 लोगों की मौत हुई है। एक शव की पहचान की जा रही है, जबकि पांच व्यक्ति अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में 37 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनमें से 13 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अब तक प्रभावित परिवारों को 3.05 लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों का कुशलक्षेम पूछा और उनसे हादसे के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव चौधरी राम कुमार, विधायक के. एल. ठाकुर, उपायुक्त मनमोहन शर्मा सहित अन्य गणमान्य तथा अधिकारी उपस्थित थे।
** कहा, कांग्रेस ने दस साल में प्रधानमंत्री के खिलाफ झूठ फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पिछले दस साल से सिर्फ देश के लोगों से झूठ बोलने का काम कर रही है। दस साल से प्रधानमंत्री के खिलाफ तथ्यहीन अनर्गल बातें कर रही है। प्रधानमंत्री ने संसद के दोनों सदनों में कांग्रेस के हर झूठ को बेनकाब करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 400 पार का लक्ष्य रख दिया है। इस बार बीजेपी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लोकसभा के चुनाव में जनता जनार्दन के आशीर्वाद से नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। कांग्रेस पिछली बार से भी कम सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोक सभा और राज्य सभा में कांग्रेस द्वारा फैलाए गए झूठ को बेनकाब करते करते हुए दो कार्यकाल में देश में हुए विकास के बारे में बताया और भविष्य के विकास की रूपरेखा खींचीं। प्रधानमंत्री ने पिछले दस साल में हुए ऐतिहासिक विकास को आकड़ों के साथ रखा। जिस पर कांग्रेस के नेताओं द्वारा जवाब देते नहीं बना। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले दस साल में देश के पीएसयू की संख्या में इजाफा हुआ। 2014 में देश में कुल 234 पीएसयू थे दस साल के कार्यकाल में 254 पीएसयू हैं। आज के पीएसयू रिकॉर्ड रिटर्न दे रहे हैं। निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा हैं। पहले पीएसयू का नेट प्रॉफिट साल सवा लाख करोड़ था दस साल में यह नेट प्रॉफिट बढ़कर ढाई लाख करोड़ का हो गया है। दास साल में सरकारी उपक्रम भी बढ़े हैं और उनका प्रॉफिट भी। इसी तरह पिछले दस सालों में देश की सूरत बदल गई है लेकिन कांग्रेस कुछ देखना नहीं चाहती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी कारण आज कांग्रेस को देश ने नकार दिया है। देश के अन्य राजनीतिक दलों ने भी नकार दिया है। आज ज़्यादातर क्षेत्रीय दल और पार्टियां कांग्रेस से दूरी बना रही हैं। इंडी गठबंधन में भी पहले शामिल हुई राजनीतिक पार्टियां भी कांग्रेस से किनारा कर रही हैं। क्योंकि वह कांग्रेस का भविष्य जानते हैं। झूठ और भ्रष्टाचार ही कांग्रेस की पहचान है। जहां इनका शासन है वहां भी झूठ बोलकर काम चलाया जा रहा है। हिमाचल कांग्रेस के झूठ का ताजा उदाहरण हैं, जहां पर सरकार झूठ बनाकर बनाई गई और झूठ बोलकर ही चलाई जा रही है।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के वानिकी महाविद्यालय के आठ छात्रों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) उत्तीर्ण और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले छात्रों में प्रदीप पुरी और मुधुलिका ठाकुर सामाजिक विज्ञान विभाग के छात्र हैं, जबकि पंशुल और अंकुश पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थी हैं। मृदा विज्ञान और जल प्रबंधन विभाग के अनंतकृष्णन एस ने भी नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अतिरिक्त, सिल्वीकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग के छात्र रुशाल डोगरा और सौरभ ठाकुर को यूजीसी जूनियर रिसर्च फेलोशिप मिली है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। वानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. चमन ठाकुर एवं सभी वैज्ञानिकों ने भी छात्रों को बधाई दी।
** बोले, कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में नहीं हुआ कोई फैसला ** अगर कैबिनेट बैठक में भी नहीं मानी मांग तो और उग्र होगा आंदोलन हिमाचल प्रदेश सचिवालय में आज एसएमसी शिक्षकों और कंप्यूटर टीचर से जुड़े मसलों को लेकर गठित की गई सब कमेटी की बैठक हुई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसएमसी मसले पर चार विकल्प सुझाए गए। इन सुझावों को कैबिनेट को सौंपा जाएगा। बैठक के बाद एसएमसी शिक्षकों ने कल यानी 8 फरवरी से पेन डाउन स्ट्राइक करने का निर्णय लिया है। एसएमसी शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि आज कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में उनके विषय पर चर्चा हुई, इसके लिए वे सरकार का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी उनके पक्ष में कोई फैसला नहीं आया है, इसलिए वे कल यानी 8 फरवरी से अनिश्चितकाल के लिए पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। अब उनकी नजर 9 फरवरी को आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक पर है। कैबिनेट मीटिंग में अगर उनके पक्ष में निर्णय आता है तो वे अपना आंदोलन वापस लेंगे अन्यथा आने वाले समय में आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिसके लिए सरकार जिम्मेवार होगी।
** विधायक के इतने बुरे दिन कि अपने ही लोगों से स्वयं को करवा रहे सम्मानित ** कहा, अपनी ही सरकार नहीं सुन रही बात, विधायक को लिखने पड़ रहे पत्र झूठ की राजनीति और झूठे वादे करने वाले को भी राज्य सरकार सम्मानित करे और सबसे पहले सुजानपुर के विधायक को यह सम्मान मिले। यह बात भाजपा मंडल अध्यक्ष बिक्रम राणा और जिला भाजपा सचिव विनोद ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने विधायक राजेंद्र राणा पर तंज कसते हुए कहा कि यह बात किसी ने नहीं सोची थी कि विधायक के इतने बुरे दिन आ जाएंगे कि उन्हें अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वयं को सम्मानित करवाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2 दिन पहले सुजानपुर शहर में उनका नागरिक अभिनंदन उनकी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता द्वारा किया गया, जो बेहद हास्यास्पद बात है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस विधायक को अपना सम्मान इसी तरह करवाना पड़ेगा, क्योंकि सरकार में उनकी दाल गल नहीं रही है। प्रदेश सरकार का मुखिया तो उनकी बात को सुनता तक नहीं है, यही कारण है कि विधायक को अपनी ही सरकार में अपनी बात रखने के लिए खुले पत्र लिखने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज विधायक की स्थिति न घर का, न बाहर का वाली हो गई है। चुनावी बेला में जिस तरह से विधायक ने झूठे वादे किये, महिलाओं से 1500 रुपये देने के पर्चे भरवाये और सबसे बड़ा झूठ विधायक ने यह बोला कि सरकार बनने के बाद वह हिमाचल सरकार में या तो उप मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर कैबिनेट मंत्री, लेकिन उप मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री बनना तो दूर प्रदेश कांग्रेस और उनके विधायक उन्हें कांग्रेसी विधायक तक नहीं मानते हैं। आज सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता पछता रही है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को छोड़ बहरूपिया चेहरे को अपना विधायक बनाया, जिसका खामियाजा पूरे सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आज जिला के काशंग नाले में 4 फरवरी को टोयोटा क्रिस्टा कार दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण लापता हुए तामिलनाडु के 45 वर्षीय वेत्री दुराईसेमी के लिए चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान सर्च अभियान में लगी टीमों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि लापता व्यक्ति को शीघ्र ढूंढा जा सके। गौरतलब है कि 4 फरवरी को राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर पांगी नाला के समीप एक इनोवा गाड़ी सतलुज नदी में गिर गई तथा गाड़ी में सवार 3 पर्यटकों में से एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, एक व्यक्ति घायल अवस्था में पाया गया, जिसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया तथा हादसे में लापता तामिलनाडु के वेत्री दुराईसेमी के लिए सर्च अभियान आरंभ किया गया। सर्च अभियान में एनडीआरएफ, पुलिस व होमगार्ड की रेस्क्यू टीमों द्वारा संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
** धर्मशाला बस स्टैंड पर सड़क जागरुकता कार्यक्रम आयोजित सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान के तहत क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला बस स्टैंड में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला मंडल पंकज चड्ढा बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। इसके अतिरिक्त एचआरटीसी अपनी स्थापना का 50वां वर्ष भी मना रहा है, जिसके तहत भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने वाले एचआरटीसी धर्मशाला के चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों सहित अन्य स्टाफ को भी प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला मंडल पंकज चड्ढ़ा ने कहा कि यातायात नियमों की अनुपालना अत्यंत जरूरी है। यातायात नियमों की अनुपालना स्वयं को ही नहीं बल्कि दूसरों की भी अनमोल जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रकार के वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों की कड़ाई से अनुपालना करते हुए अनमोल जिंदगियों को बचाने का आह्वान किया। पंकज चड्ढा ने कहा कि एचआरटीसी अपनी स्थापना का 50वां वर्ष भी मना रहा है, जो प्रत्येक हिमाचलवासी के लिए गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि 50 साल बाद भी एचआरटीसी के प्रति प्रदेश वासियों ने विश्वास को जगाए रखा है। उन्होंने कहा कि आज एचआरटीसी के प्रति लोगों का जो भावनात्मक रिश्ता कायम हुआ है ये एचआरटीसी से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से एचआरटीसी के ड्राइवरों की पूरे देश भर में एक अलग पहचान है, जिन पर एचआरटीसी गर्व महसूस करता है।
आज भारतीय राज्य पेंशन कर्मचारी महासंघ इकाई कुनिहार के पदाधिकारियों की बैठक एवर ग्रीन होटल हाटकोट कुनिहार में हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष आरपी जोशी ने की। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए आरपी जोशी ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की 2016 से बकाया राशि और 12 प्रतिशत डीए और मेडिकल बिलों का भुगतान न किये जाने के संदर्भ में 15 फरवरी को तालाब कुनिहार में समस्त विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मीटिंग सुनिश्चित की गई है, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। इस मीटिंग में भारतीय राज्य पेंशन कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष घन श्याम शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। इसी दिन हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ एक आक्रोश रैली तालाब कुनिहार से नये बस स्टैंड हाटकोट तक निकाली जाएगी।
** गंज बाजार व्यापारियों के अंशदान से निर्मित वाटर फिल्टर का किया लोकार्पण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सभी को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. शांडिल आज गंज बाजार सोलन में व्यापारियों के अंशदान से निर्मित वाटर फिल्टर का लोकार्पण कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि देखने में भले ही यह एक उपकरण है परंतु इससे जहां व्यापारियों को स्वच्छ जल उपलब्ध होगा वहीं आगंतुकों को भी पेयजल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित जलापूर्ति एक स्वस्थ अर्थव्यवस्था का आधार होती है। व्यापारियों की वाटर फिल्टर निर्माण की इस पहल से यहां के निवासियों को भी सुरक्षित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न योजनाएं आरंभ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी पेयजल योजनाओं में फिल्टर और यूवी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग अनिवार्य किया गया है ताकि सभी को पर्याप्त व स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके। डॉ. शांडिल ने गंज बाजार के व्यापारियों का वाटर फिल्टर निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनित कार्यों के लिए सभी नागरिकों को आगे आना चाहिए। नगर निगर पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद, खंड कांग्रेस समिति के महासचिव कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, जिला शिकायत निवारण समिति की सदस्य संधीरा धुल्टा, उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
** स्पेयर पार्ट्स जलकर राख, गाड़ियों का भी हुआ नुकसान ** घटना में लगभग 50 लाख का नुकसान होने का अनुमान शिमला के आईएसबीटी स्थित टाटा शोरूम में आज सुबह तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक आग सुबह करीब 4:30 बजे लगी। इस घटना में शोरूम में रखे स्पेयर पार्ट्स जलकर राख हो गए, साथ ही शोरूम की दो गाड़ियोंं टाटा पंच व टियागो को भारी नुकसान पहुंचा है। आग इतनी भयानक थी कि बालूगंज के अलावा छोटा शिमला व माल रोड के अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। आग की इस घटना में लगभग 50 लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंगथ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा वर्ष भर में प्राप्त उपलब्धियोंं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव संस्थान में वर्षभर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियोंं के लिए सम्मानित करने का अवसर होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ उनको प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक न केवल विषय ज्ञान प्रदान करने के लिए, बल्कि अपने छात्रों में कैरियर मार्गदर्शन और नैतिक आदर्श स्थापित करने के लिए भी जिम्मेदार हैं। विधायक ने अध्यापकों से छात्रों के लिए पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाने का आह्वान किया और छात्रों की प्रतिभा की पहचान कर इन्हें ओर निखारने की दिशा में सकारात्मक शुरुआत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संवेदनशील सरकार है, जो जनता की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझती है। उन्होंने कहां की वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं,गरीबों, किसानों और कर्मचारियों सहित हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है। विधायक ने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है। उन्होंने स्कूल के लिए कबड्डी मैट देने तथा सोलर लाइट्स लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को अपनी तरफ से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
** नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर उठाई मांग तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री, राजेश धर्माणी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। उन्होंने हिमाचल में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान स्थापित करने का आग्रह किया। साथ ही तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास से संबंधित अन्य नए प्रस्तावों सहित लंबित मामलों पर भी चर्चा की। राजेश धर्माणी ने कहा कि भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान स्थापित होने से न केवल प्रदेश, अपितु देश के वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र को विस्तार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बन कर उभरा है और यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी, अखिल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर और केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित हैं। यह संस्थान उच्चतर शिक्षा को मजबूत आधार प्रदान करते हुए देशभर की बेहतरीन प्रतिभाओं को अनुसंधान के लिए एक उत्कृष्ट तंत्र भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस संस्थान के लिए भूमि प्रदान करने सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दृढ़संकल्प है। उन्होंने कहा कि हिमालयी पारिस्थितिकी को ध्यान में रखते हुए यह संस्थान जटिल पर्यावरणीय उपायों में योगदान सुनिश्चित करेगा तथा प्रदेश के सतत विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस योजना को मूर्तरूप प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार और सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए उत्सुक है।
** कहा, कांग्रेस के झूठ को न जनता को भूलने देंगे और न सरकार को भागने देंगे ** अपना चुनावी घोषणा पत्र कांग्रेस के नेताओं को एक बार उठाकर देखना चाहिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी चुनावी घोषणाओं को कब पूरा करेगी। कच्चे मकान वाले लोगों को पक्का मकान बनाने के लिए कब आवास पर सब्सिडी दी जाएगी। कब मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के लोगों को मकान दिए जाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास में बाधा बन रही कांग्रेस पार्टी और सरकार में बैठे लोगों को एक बार कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र पढ़ लेना चाहिए तो उन्हें पता चलेगा कि उन्होंने प्रदेश के लोगों से गारंटियों के अलावा क्या-क्या वादा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद किस-किस तरह के काम किए जा रहे हैं। जो प्रदेश को आगे ले जाने के बजाय पीछे ले जा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस के नेताओं ने एक से बढ़कर एक बातें की हैं। इनके घोषणा पत्र में एक वादा यह भी किया गया है कि कच्चे मकान वाले सभी प्रदेशवासियों को अगले पांच साल में पक्का मकान बनवाने के लिए आवास पर सब्सिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत दिये जाने वाले घरों की संख्या के साथ-साथ योजना की धनराशि बढ़ाई जाएगी। सरकार का एक चौथाई कार्यकाल बीत चुका है। अभी तक इस मामले में एक भी कदम नहीं उठाया गया है। वादे इतने बड़े-बड़े करने के बाद ज़मीनी हकीकत यह है कि लोगों को मकान बनाने के लिए धनराशि देने और मुख्यमंत्री आवास की संख्या और अनुदान राशि बढ़ाना तो दूर सरकार में बैठे लोग इस चुनावी वादे के बारे में बात भी नहीं कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली को देखते हुए कांग्रेस का का चुनावी घोषणा पत्र एक कोरे झूठ के पुलिंदे के सिवा कुछ भी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को यह बात बहुत अच्छे से समझ लेना चाहिए कि बीजेपी कांग्रेस के झूठ से न कांग्रेस सरकार को भागने देंगे और न ही प्रदेशवासियों को भूलने देंगे। चुनाव के समय कांग्रेस के छोटे-बड़े नेताओं ने जो बड़ी-बड़ी बातें हैं उसका हिसाब तो उन्हें देना ही पड़ेगा। कांग्रेस के लोगों को यह भी याद रखना चाहिए की भारत से झूठ और बहकावे की राजनीति ख़त्म हो गई है। इस देश में सिफ़र् प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी की गारंटी चल रही है। जो कही जाए उसे पूरी की जाए।
** अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्गों के पात्र परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम वर्गों का सशक्तिकरण विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभाग के तहत क्रियान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्गों के पात्र परिवारों को गृह निर्माण के लिए डेढ़ लाख प्रति परिवार प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने इस योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के तीव्र निपटारे के लिए एक समुचित प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए ताकि पात्र परिवारों को योजना का समय पर लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने इस योजना के तहत नए लाभार्थियों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। डॉ. शांडिल ने कहा कि अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्गों को अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुआवजा एवं पुनर्वास का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत इसके सुचारू क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस बारे में व्यापक स्तर पर जागरूकता लाते हुए सामाजिक बदलाव की दिशा में भी सार्थक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान व पुनर्वास के लिए बजट का समुचित प्रावधान किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 23 देखभाल केंद्र/परामर्श केंद्र एवं हेल्पलाइन, 7 वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र और 11 वृद्ध आश्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने समृद्ध वर्गों सहित अन्य लोगों से इन केंद्रों के संचालन में उदारतापूर्वक योगदान देने का आह्वान किया, ताकि वृद्ध लोग सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। उन्होंने युवाओं का भी आह्वान किया कि वे अपने परिवार में वृद्धजनों की देखरेख पर विशेष ध्यान दें ताकि उन्हें जीवन के इस पड़ाव में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। वैश्विक स्तर के वृद्ध आश्रम स्थापित करने की महत्ता पर बल देते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठा रही है। कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं के कौशल में निखार लाते हुए उन्हें जीवनयापन के लिए समुचित अवसर सुनिश्चित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए उत्कृष्ट संस्थानों को शामिल करने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसे कार्यक्रमों के लिए समुचित धन एवं आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवा रही है। बैठक में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न दिव्यांगता योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता से संबंधित मामलों की समय पर पहचान और जांच तथा दिव्यांगता कार्ड के प्रावधानों को और सुगम बनाया जाए, ताकि लाभार्थियों को इन सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण से जुड़ी इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला एवं तहसील स्तर पर तैनात अधिकारियों की प्रमुख भूमिका है और ऐसे में उन्हें समर्पित भाव से कार्य करते हुए जरूरतमंदों की हरसम्भव मदद करनी चाहिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने अधिकारियों से इन योजनाओं के लिए प्रदत्त राशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा ताकि पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करते हुए आधारभूत ढांचे का सृजन और कौशल विकास की दिशा में ठोस कार्य किया जा सके। बैठक में इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना 2023, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (आदर्श ग्राम योजना), प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम सहित अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
हिम समाचार ऐप पर अब सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम की प्रतिदिन अपडेट जारी की जा रही है। यह जानकारी उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र रवि वर्मा ने देते हुए बताया कि हिम समाचार ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एक निशुल्क ऐप है। उन्होंने बताया कि यह एक विश्वसनीय समाचार ऐप है जो कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इस ऐप में प्रदेश सरकार के सभी विभागों स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता विभाग, बागवानी, कृषि, उद्योग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, भाषा एवं संस्कृति विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, तकनीकी शिक्षा, पशु पालन विभाग, वन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से जुड़ी सभी जानकारियां और प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए सभी घोषणाओं की जानकारी इस ऐप के माध्यम से मिलेगी। उन्होंने बताया कि हिम समाचार ऐप से योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाना बेहद कारगर साबित हो रहा है तथा कोई भी मोबाइल यूजर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा लिए गए निर्णयों को अपने मोबाइल पर आसानी से देख सकता है। ऐप पर विभाग रोजाना सायं छह बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदेश में तथा प्रदेश के बाहर किए गए दौरों के दौरान लोगों के कल्याण के लिए की गई घोषणाओं को भी समाचार बुलेटिन में संकलित किया जाता है।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने बताया कि इंटेलेक्ट ग्लोबल रिसर्च एंड सॉल्यूशंस मोहाली पंजाब द्वारा पुरुषों के लिए दुबई में सिक्योरिटी गार्ड के 200 पद क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला को अधिसूचित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ 8 फरवरी को रोजगार कार्यालय जवाली, 9 फरवरी को रोजगार कार्यालय धर्मशाला तथा 12 फरवरी को रोजगार कार्यालय ज्वालाजी में सुबह 10 बजे साक्षात्कार के लिए आ सकते हैं। इसके लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन होगा आवेदन रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को साक्षात्कार में भाग लेने से पूर्व ईईएमआईएस डॉट एचपी डॉट एनआईसी डॉट आईएन पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए उक्त वेबसाइट पर अपनी ई-मेल से लॉगइन करने के बाद अपने डैशबोर्ड में दिख रही इंटेलेक्ट ग्लोबल रिसर्च एंड सॉल्यूशंस की रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है। यह रहेगी योग्यता क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता बारहवीं या उससे अधिक और आयु सीमा 24 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक की लंबाई 5 फुट 7 इंच और वजन 60 किलोग्राम से अधिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदनकर्ता के शरीर पर किसी भी प्रकार का विजुअल टैटू नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 50000 से 70000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं आवेदकों को प्रशिक्षण के दौरान 44250 रुपये का भुगतान कंपनी को करना होगा। अधिक जानकारी के लिए कंपनी के दूरभाष नंबर 7307258117 पर संपर्क कर सकते हैं।
** बस में मौजूद थीं लगभग 35 सवारियां आज हमीरपुर से राजगढ़ जा रही हिमाचल पथ परिवहन की बस बड़ा हादसा होने से बच गई। प्राप्त जानकारी अनुसार सुबह हमीरपुर से लगभग 6 बजे चली यह बस जब शाम को साढ़े तीन बजे के करीब कुनिहार सुबाथू मार्ग गम्बरपुल के नजदीक पहुंची तो बस चालक सीताराम के सीने में अचानक असहनीय दर्द उठा तो ड्राइवर ने एकदम बस में ब्रेक लगाकर बस खड़ी कर दी। परिचालक रामचंद ने बताया कि चालक सीताराम के अचानक उठे असहनीय दर्द के बावजूद भी चालक ने बस व सवारियों को सुरक्षित किया। चालक सीट पर ही बेसुध हो गया। यह देखकर सभी परेशान हो गए और कुछ सवारियों ने चालक की छाती को पंप किया। 108 की मदद से चालक को सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया डॉ. प्रिया ने चालक को फर्स्ट एड देकर चालक को बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बस में लगभग 30-35 सवारियां मौजूद थीं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया।
** लापता युवक वेट्री के पिता सईदाई दुरईसामी ने की घोषणा ** बीते दिनों किन्नौर के पांगी नाला के पास नदी में गिरी थी गाड़ी बीते दिनों किन्नौर जिले के पांगी नाला के पास सतलुज नदी में एक गाड़ी गिर गई थी। हादसे में लापता हुए दो लोगों में एक का शव गाड़ी से बरामद कर लिया गया है, लेकिन एक युवक अब भी लापता है। लापता युवक के पिता सईदाई दुरईसामी ने उनके बेटे को ढूंढने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। लापता युवके वेट्री के पिता सईदाई दुरईसामी ने घोषणा की है कि उनके बेटे की तलाश करने वाले व्यक्ति को वे एक करोड़ रुपये का इनाम देंगे। सईदाई दुरईसामी तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पूर्व मेयर हैं। उन्होंने इनाम देने की घोषणा को लेकर किन्नौर जिले के डीसी डॉ. अमित कुमार को भी मैसेज भेजा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अनुरोध किया है कि वे नदी के किनारों पर जाकर उनके बेटे को तलाश करने में मदद करने का प्रयास करें।


















































