** एचपीएमसी करेगा निर्माण, 2500 मीट्रिक टन सेब स्टोर करने की क्षमता ** हजारों बागवानों को मिलेगा लाभ, निजी कोल्ड स्टोर संचालकों की मनमानी पर लगेगी रोक बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज दत्तनगर में 21 करोड़ की लागत से बनने वाले कोल्ड स्टोर की आधारशिला रखी। शिमला से दत्तनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों और विभागों के अधिकारियों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक नंद लाल भी उपस्थित रहे। इस कोल्ड स्टोर का निर्माण एचपीएमसी द्वारा करवाया जा रहा है, जिसका क्षेत्र के हजारों बागवानों को लाभ मिलेगा और निजी कोल्ड स्टोर संचालकों की मनमानी पर भी रोक लगेगी। इस कोल्ड स्टोर में 2500 मीट्रिक टन सेब रखा जा सकेगा। बता दें कि ऊपरी शिमला में अधिकतर कोल्ड स्टोर निजी कंपनियों द्वारा चलाए जा रहे हैं। ऐसे में एचपीएमसी का स्टोर खुलने से बागवानों को काफी राहत मिलेगी।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। थाना डमटाल पुलिस द्वारा माजरा में एक जेसीबी व एक टिप्पर जब्त किए गए हैं, वहीं थाना नुरपुर के क्षेत्राधिकार मुकाम कंडवाल में 2 जेसीबी व एक टिप्पर अवैध खनन करते हुए काबू किए गए हैं। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस थाना डमटाल व थाना नुरपुर द्वारा अवैध रूप से कर रहे खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर द्वारा साल 2024 में अवैध खनन माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए माफिया के खिलाफ तीन अभियोग दर्ज किया जा चुके हैं, जिसमें 22 वाहन उपरोक्त अभियोग में पुलिस द्वारा जप्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा अवैध खनन अधिनियम के अधीन में 124 चालान किए गए और आरोपियों से कुल 8,10,950 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।
पहाड़ी राज्य हिमाचल में मेंटल हेल्थ पॉलिसी को सख्ती से लागू किया जाएगा। यह बात प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने शनिवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया द्वारा राज्य में मेंटल हेल्थ को लेकर गैर सरकारी संकल्प दिवस पर लाए गए निजी संकल्प पर हुई चर्चा के जवाब में कही। मंत्री के जवाब से संतुष्ट भवानी सिंह पठानिया ने अपना संकल्प वापस ले लिया। गौरतलब है कि हिमाचल की करीब छह फीसदी जनता मानसिक तनाव से ग्रस्त हैं। यही कारण है कि सुक्खू सरकार के अपने ही विधायक ने निजी संकल्प के तहत सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में मनोचिकित्सक और काउंसलर की तैनाती करेगी। उन्होंने टांडा मेडिकल कालेज में स्थित मेंटल हेल्थ अस्पताल को मजबूत करने और यहां सुविधाएं जुटाने की भी बात कही। उन्होंने आधुनिक लाइफ स्टाइल को मानसिक तनाव और नशे की बढ़ती समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया।
** घुमारवीं में जाइका वानिकी परियोजना की कार्यशाला में बोले कैबिनेट मंत्री ** कहा, प्रोडक्ट बेचने के लिए हाईवे के आसपास स्वयं सहायता समूहों को स्थान किए जाएंगे चिह्नित ** जाइका के सीपीडी नागेश गुलेरिया के कार्यों की जमकर हुई सराहना प्रदेश में बांस उत्पादकों के लिए प्रदेश सरकार एक सहकारी सभा बनाएगी, ताकि उनके द्वारा निर्मित प्रोडक्ट्स को मार्केट में पहचान मिल सके और उनकी आर्थिकी में भी बेहतर सुधार हो सके। यह बात शनिवार को घुमारवीं में जाइका वानिकी परियोजना द्वारा आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए टीसीपी, हाउसिंग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कही। उन्होंने कहा कि मन में कई वर्षों से विचार आ रहा था कि बांस उत्पादों की महनत को देखते हुए प्रदेश में उनके लिए कुछ नया करने की आवश्यकता है। बांस उत्पादकों की आर्थिकी में सुधार हो, इसके लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया के साथ एक साल से चर्चा कर रथा था कि ऐसे समुदायों को आजीविका कमाने के बेहतर अवसर प्राप्त हो इसके लिए उन्हें नई योजना बनाने के जरूरत है। राजेश धर्माणी ने कहा कि बांस उत्पादकों के लिए जो सहकारी सभा बनेगी उसके मालिक आप ही होंगे। उनके उत्पादों को बेचने के लिए प्रदेश के नेशनल हाइवे के समीप स्वयं सहायता समूहों के लिए स्थान चिंहित कर देंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बांस उत्पादों से रोजगार के द्वार भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए अभी एक करोड़ का बजट प्रस्तावित है जिसे और बढ़ाया जाएगा। राजेश धर्माणी ने कहा कि मैंने बांस उत्पादकों को मेहनत करते हुए देखा है। मंत्री ने कहा कि बांस उत्पादकों को आईएचबीटी पानलमपुर में एक्सपोजर विजिट पर ले जा सकते हैं। उन्होंने यहां मौजूद लोगों से आह्वान किया कि अगले दो साल में अंदर आपकी कमाई सामने दिखेगी। कार्यशाला को संबोधित करने से पहले मंत्री राजेश धर्माणी ने जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया। बैंबू इंडिया के फाउंडर एंड सीईओ योगेश शिंदे ने बांस निर्मित उत्पादों से लोगों को आजीविका कमाने और उनकी आर्थिकी सुदृढ़ करने बारे विस्तृत जानकारी दी। जाइका वानिकी परियोजना के प्रोग्राम मैनेजर डा. कौशल्या कपूर, विषय वस्तु विशेषज्ञ डा. उल्शिदा, एफटीयू को-ऑर्डिनेटर, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जहां-जहां मशीनें चाहिए, जाइका परियोजना देगी : नागेश जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बांस पर निर्भर उत्पादकों के लिए यह परियोजना हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कि परियोजना ने पहले चरण में एक करोड़ का बजट रखा है, जिसे और बढ़ाया जाएगा। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि टीसीपी, हाउसिंग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का विजन था कि बांस का कारोबार करने वाले समुदायों की आर्थिकी में सुधार कर सकेत हैं। इसी दिशा में जाइका वानिकी परियोजना इन समुदायों के साथ खड़ी है। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि बांस के कार्यों में सुधार के लिए मशीनें भी दी जाएगी। ताकि उनका उत्पाद हिमाचल में ही नहीं, बल्कि देश के कोने-काने में बिक सके। उन्होंने यहां मौजूद समुदायों के लोगों के साथ सीधा संवाद भी किया और उनमें जोश भरने में कोई कमी नहीं छोड़ी। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि बांस पर आधारित समुदायों को आजीविका कमाने का अवसर आज से ही शुरू हो गया है।
* विधायक ने मुख्यमंत्री और डीजीपी से की शिकायत ** कहा, मेरा ना कोई व्यापार, ना किसी से कोई दुश्मनी धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को जान से मारने की धमकियां मिली हैं। इसकी जानकारी खुद विधायक ने आज धर्मशाला के साथ लगते दाड़ी मेला ग्राउंड के पास रीयल टाइम वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम का लोकार्पण करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दी। विधायक ने बताया कि उनके स्टाफ के सदस्य को विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल आई थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने सीएम व डीजीपी से की है और मामले की जांच करने के लिए कहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि उनका ना तो कोई व्यापार है और ना ही किसी से कोई दुश्मनी है। विधायक ने कहा कि वे स्वयं बहुत कम फोन इस्तेमाल करते हैं, इसीलिए उनके स्टाफ को फोन कॉल आई हैं। यह कॉल कनाडा में छिपे एक गैंगस्टर का नाम लेकर की गई हैं। धमकी देने वाले व्यक्ति ने उस नेता का भी नाम बता दिया है, जिसके कहने पर उसने विधायक को धमकी भरे फोन किए हैं।
** कहा, डैम एरिया में अब खेतीबाड़ी भी हो सकेगी, सरकार ने दे दी इजाजत हिमाचल के कांगड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध पौंग झील क्षेत्र को अभी तक इको सेंसिटिव जोन घोषित नहीं किया गया है और न ही इसकी कोई अधिसूचना जारी की गई है। जब इसे अधिसूचित किया जाएगा, उससे पहले संबंधित विधानसभा हलकों के विधायकों से चर्चा कर उनके सुझाव लिए जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज विधानसभा में विधायक होशियार सिंह के मूल और भवानी सिंह पठानिया व बिक्रम सिंह के प्रतिपूरक के सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि डैम एरिया में अब खेतीबाड़ी भी हो सकेगी। सरकार ने इसकी इजाजत दे दी है। सीएम ने कहा कि सरकार अभी वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी एरिया से कुछ हिस्से को हटाने के प्रयास कर रही है, लेकिन इसके नियम काफी कड़े हैं। पहले वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी की अधिसूचना जारी होगी और उसके बाद ईको सेंसिटिव जोन बनाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला काफी गंभीर है सरकार संबंधित हलकों के विधायकों की चिंता से वाकिफ है और जल्द ही सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा और वे पीसीसीएफ को भी लिखकर दे सकते हैं। सीएम ने कहा कि यहां पर पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। पर्यटन विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं कि वह बोटिंग के लाइसेंस जारी करे।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा न्यूज वेब चैनल्स, न्यूज वेबसाइट्स/पोर्टल और सोशल मीडिया हैन्डलर्स के मनोनयन (इंपैनलमेंट) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों व अन्य पहलों के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश डिजिटल मीडिया नीति-2024 हाल ही में अधिसूचित की गई है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को इसके लिए नोडल एजेंसी बनया गया है। इस नीति का उद्देश्य न्यूज वेब चैनल्स, न्यूज वेबसाइट्स/पोर्टल और सोशल मीडिया हैन्डलर्स के माध्यम से प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकासात्मक पहलों को जन-जन तक प्रचारित एवं प्रसारित करना है। विभाग में मनोनयन के लिए इन चैनल्स, पोर्टल्स और हैंडलर्स को सामान्य एवं तकनीकी योग्यता पूर्ण करनी होगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल मीडिया नीति की प्रति विभाग की वेबसाइट द्धह्लह्लश्च://222.द्धद्बद्वड्डष्द्धड्डद्यश्चह्म्.द्दश1.द्बठ्ठ पर उपलब्ध है और इस नीति के प्रावधानों के बारे में इससे जानकारी प्राप्त कर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आवेदन का प्रारूप भी इसी नीति दस्तावेज के साथ संलग्न किया गया है। मनोनयन के लिए आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ निदेशक, सूचना एवं जन संपर्क, शिमला-2 के कार्यालय में जमा करवाया जा सकता है।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने बताया कि पायनियर एम्ब्रोइडीज लिमिटेड, काला अंब जिला सिरमौर द्वारा ट्रेनी, ट्रेनी सुपरवाइजर व कॉप्स वाइंडिंग ऑपरेटर के 300 पद उप निदेशक रोजगार हिमाचल प्रदेश, शिमला को अधिसूचित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ 29 फरवरी, 2024 को उप रोजगार कार्यालय बड़ोह में सुबह 10:30 बजे पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को साक्षात्कार में भाग लेने से पूर्व ईईएमआईएस डॉट एचपी डॉट एनआईसी डॉट आईएन पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए उक्त वेबसाइट पर अपनी ई-मेल से लॉगइन करने के बाद अपने डैशबोर्ड में दिख रही पायनियर एम्ब्रोइडीज लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है। यह होगी योग्यता क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि ट्रेनी के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं, ट्रेनी सुपरवाइजर के लिए स्नातक के साथ टेक्सटाइल लाइन में डिप्लोमा व कॉप्स वाइंडिंग ऑपरेटर के लिए दसवीं पास रखी गई है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रहेगी। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 11 हजार 250 रुपये से 15 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9355802045 पर संपर्क किया जा सकता है।
** कहा, प्रधानमंत्री और जेपी नड्डा की बदौलत प्रदेशवासियों को मिल रही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पूर्व मुख्यमंत्री एवम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार से हिमाचल प्रदेश को लगातार कई सौगातें मिल रही हैं। आपदा में सैकड़ों करोड़ की राहत राशि देने के अलावा विकास कार्यों के लिए केंद्र उदारता से सहायता राशि उपलब्ध करवा रहा है जिसके लिए हम केंद्र सरकार के आभारी हैं। आज हमारी पार्टी के नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एम्स बिलासपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन तथा विश्राम सदन का शिलान्यास किया। जिससे यहां अब उत्कृष्ट सेवाएं मिलना शुरू हुई है। स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से एम्स एक ऐतिहासिक सौगात है जो हमारे नेता जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहाड़ी प्रदेश को बहुत बड़ी सौगात है। एक रिकार्ड समय में बनकर ये एम्स आज हिमाचल के करीब 75 लाख आबादी के लिए सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से वरदान साबित हुआ है। आज हमें खुशी है कि प्रदेशवासियों को इस सुविधा से अब काफी राहत मिल रही है। अब लोगों को पीजीआई और दिल्ली एम्स नहीं भागना पड़ता। जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी ने जिस प्रकार स्वास्थ्य मंत्री रहते अपने कार्यकाल में इसके लिए रात दिन चिंता की ये उसी का परिणाम है कि आज हमें उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के केंद्र में मिल रही है। मानवता की सेवा में उनका ये योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आज भले ही कांग्रेस पार्टी की सरकार है लेकिन बाबजूद इसके केंद्र बिना किसी भेदभाव के लगातार वित्तीय मदद हमें प्रदान कर रहा है जबकि कांग्रेस नेता आभार जताने के बजाय गालियां निकालने में ज्यादा विश्वास रखते हैं। केंद्र से मिल रही वित्तीय मदद, आभार का एक शब्द तक नहीं बोला कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा में एक भी कांग्रेस नेता ने केंद्र से मिल रही वित्तीय मदद को लेकर आभार का एक शब्द तक नहीं बोला। आपदा में सेना के जवान और हेलीकॉप्टर अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे दो माह तक रेस्क्यू और राहत सामग्री राज्य के दुर्गम इलाकों में पहुंचाते रहे। कांगड़ा के मंड क्षेत्र में ब्यास में भयंकर बाढ़ का बरसाती पानी फैलने से फंसे सैंकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों में निकालना हो या कुल्लू, मनाली और मंडी से सेंकड़ों लोगों को सुरक्षित निकालने का काम आर्मी ने किया लेकिन मुख्यमंत्री कई बार बयान देने के बाद सदन में भी फिर इतना बड़ा झूठ बोले कि। जहां आर्मी ने भी हाथ खड़े किए वहां हमारे मंत्रियों ने पहुंचकर पर्यटकों को बचाया। ऐसा करके मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सेना का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने में तो मुख्यमंत्री अब नया रिकार्ड बनाते जा रहे हैं। सरकार बनने से पहले कहा था पहली कैबिनेट मीटिंग में एक लाख सरकारी नौकरी निकालेंगे लेकिन अब सदन में मुकर रहे हैं। जब हमने इनका घोषणा पत्र और गारंटी पत्र दिखाया तो जवाब देते नहीं बन रहा है। झूठ बोलकर और झूठे आश्वासन देकर सत्ता में आई ये सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। लोगों ने इस सरकार को लोकसभा चुनाव में जवाब देने का पूरा मन बना लिया है क्योंकि जनता जानती है कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार ही विकास को तेज़ी से आगे बढ़ा सकती है।
गर्भधारण पूर्व व प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नागराज पवार ने कहा कि भ्रूण लिंग की जांच गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों को कारावास सहित जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी क्लिनिक या अस्पताल द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने या मशीन के खराब होने के बाद बदलने संबंधित मंजूरी जिला स्तरीय समिति से लेना आवश्यक है। आज की बैठक में अल्ट्रासाउंड मशीन के परिचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मंजूरी व नई अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने व पुरानी मशीन को कम्पनी को वापिस भेजने से संबंधित 6 मामलों पर विचार किया गया, जिनमें 4 मामलों को मंजूरी प्रदान की गई जबकि दो मामलों में आवश्यक पूरी करने के निर्देश दिये गये। सीएमओ ने इसके उपरांत जिला स्तरीय सेरोगेसी मदर सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। सीएमओ ने बताया सेरोगेसी मदर से सम्बंधित दो मामले प्राप्त हुये हैं, जिनकी जांच की गई है। आवश्यक औपचारिकतायें पूर्ण करने के उपरांत दोनों मामलों को मंजूरी प्रदान कर दी जाएगी।
सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल-1, रमन भरमौरिया ने बताया कि 11 केवी कोतवाली फीडर की विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग और स्मार्ट सिटी कार्यों के चलते कोतवाली बाजार, खनियारा रोड, टीसीवी, रामनगर, शिव विहार, गमरू, खजांची मोहल्ला, तिब्बतन लाइब्रेरी, तिब्बतन चिकित्सालय पुराना चड़ी मार्ग, डीसी आवास, दाड़नू के कुछ क्षेत्र तथा साथ लगते इलाकों में सोमवार, 26 फरवरी को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक अथवा कार्य की समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से पूर्व में 19 फरवरी को निर्धारित यह कार्य पूर्ण नहीं किया जा सका था।
हिमाचल प्रदेश सरकार के एक साल की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर फोक मीडिया के माध्यम से जनमानस में जागरुकता के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ संबद्ध निजी सांस्कृतिक दलो द्वारा गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियों से लोगों को विभिन्न योजनाओं के अलावा नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में मन्नत कला मंच कुल्लू के कलाकारों द्वारा आज गाहर व काईस पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किये। मंच के कलाकारों ने समूह गीत हिमाचल सरकार सबके चेहरे पर मुस्कान लाई व कुल्लवी नाटीओं के माध्यम से लोगों का मनोरंजन किया, साथ ही नाटक विकास गंगा के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना में 680 करोड़ रुपए रखे गए हैं, जिसके पहले चरण में ई टैक्सी हेतु 500 परमिट बेरोजगार युवाओं को दिये जायेंगे साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, वृद्धाश्रम में रहने वालों हेतु त्यौहार अनुदान योजना के बारे भी विस्तार से बताया।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में छात्रों को ग्लोबल वार्मिंग से होने वाले घटक व परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय प्रो उपेन्द्र शर्मा मौजूद रहे। साथ में महाविद्यालय के डॉ खुशी राम भगत, प्रो. रजनी, प्रो सचिन भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हमारे वातावरण में बढ़ रहे प्रदूषण की रोक थाम करने के उपायों के बारे में बताना रहा । इस कार्यक्रम में पर्यावरण विज्ञान के प्रथम वर्ष के छात्र मौजूद रहे। छात्रों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों के बारे में अवगत करवाया गया। बढ़ती हुई आबादी के साथ साथ मानव के द्वारा संसाधनों का दुरुपयोग हमें और हमारे भविष्य को खतरे में डाल रहा है। इसलिए आज के युवा छात्र जो हमारे आने वाले कल का भविष्य हैं उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से रूबरू करवाते हुए यह समझाया गया कि किस तरह हम जल संसाधनों का सदुपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी इनका लाभ मिल सके। महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय ने स्मार्ट शिक्षा को प्रोत्साहन देते हुए छात्रों और प्राध्यापकों की सराहना की और कहा की महाविद्यालय में इस तरह की स्मार्ट स्टडी होती रहनी चाहिए जिससे छात्रों को चित्र तथा डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा ज्ञान प्राप्त हो सके।
** कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कल देंगे धर्मशाला हलके को नई सौगातें ** दाड़ी बाजार में वाटर मॉनीटरिंग सिस्टम होगा जनता के नाम धर्मशाला से विधायक व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा विधानसभा हलके को दर्जनों सौगातें लेकर आए हैं। विधानसभा के बजट सत्र के बाद सुधीर शर्मा 24 फरवरी को धर्मशाला के कई इलाकों में कार्यक्रम करने वाले हैं। इसमें उद्घाटन व शिलान्यास शामिल हैं। शुक्रवार को धर्मशाला में जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि पहले जारी बजट पर तेजी से काम करवाएंगे, तो नए कार्यों को तय समय पर पूरा किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने बताया कि 24 फरवरी को मंदल व चैतड़ू पंचायतों में नए पटवार भवनों की नींव रखी जाएगी। इसी तरह दाड़ी बाजार में वाटर मानीटरिंग सिस्टम जनता को समर्पित किया जाएगा। चौबीस फरवरी के दिन सबसे पहले रक्कड़ मौहली चौक के सौंदर्यीकरण की नीवं रखी जाएगी। इसके बाद सेक्रड हार्ट व मस्जिद चौक के विकास का शिलान्यास होगा। तदोपरांत अंदराड़ में चिल्ड्रन पार्क व कम्युनिटी हाल का फाउंडेशन स्टोन रखा जाएगा। अंदराड़ और रसेहड़ में नए पंचायत घरों की भी नींव रखी जाएगी। सिद्धबाडी मेें शहीद अमित थापा गेट बनेगा। सुक्कड़ पंचायत में दो खेल मैदानों की नींव रखी जाएगी। पास्सू में सराय व शीला भटेड़ में कम्युनिटी सेंटर बनेगा। दाड़ी में दुर्गामल दल बहादुर स्मृति वाटिका की नींव रखी जाएगी। बड़ोल में महिला मंडल व फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण होगा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार कश्यप ने कहा कि धर्मशाला की पंचायतों को बजट मिलने के बाद अब नई सौगातें मिलने जा रही हैं। इससे धर्मशाला शहर की तर्ज पर धर्मशाला के गांव भी स्मार्ट बनेंगे। नए पंचायत घर, खेल मैदान व पटवार घर बनने से लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही शहर में रियल टाइम वाटर मानीटरिंग सिस्टम लगने से शुद्ध पेयजल मिलेगा। इसके लिए उन्होंने समस्त पंचायतों की ओर से विधायक सुधीर शर्मा का आभार जताया है।
** बोले, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ किया जा रहा सौतेला व्यवहार ** कांग्रेस सरकार को बने 14 महीने बीते, एक गारंटी भी नहीं हुई पूरी हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के पूर्व प्रदेश समन्वयक व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवीन शर्मा ने आज पंचायत प्रतिनिधियों व जनता के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर जन चेतना यात्रा निकली। इसे 107 वर्षीय बुजुर्ग सविति देवी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पदयात्रा मसियाना से शुरू होकर जंगल रोपा, बाड़ी फरनोहल, लिंगवीं, खटवीं, धनेड, ललीन, सेर बलौनी होते हुए किरवीं में समाप्त हुई। जहां बिभिन्न पंचायतो व गाँव में पहुचने पर पंचायत प्रतिनिधियों व जनता द्वारा नवीन शर्मा का स्वागत किया गया और पदयात्रा में शामिल हुए। लोगों को संबोधित करते हुए नवीन शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़ी-बड़ी घोषणायें की थीं व 10 गारंटियां सरकार बनते ही पूरा करने की बात कही थी, परंतु आज सरकार बने हुए 14 महीने हो गए हैं, अभी तक एक भी गारंटी पूरा नहीं हुई है। यह सरकार हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ भी सौतेला व्यवहार कर रही है। भाजपा सरकार द्वारा हमीरपुर से गलोड़ सड़क के लिए 21 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, परंतु कांग्रेस सरकार आने पर इसका काम रोक दिया गया। कुढ़ार से मसियांना सड़क के लिए पूर्व भाजपा सरकार द्वारा 12 करोड़ दिए गए थे, जिसके काम अत्यंत मंद गति से हो रहा है व मसियांना धनेड सलौनी होकर आने जाने वाली चंडीगढ़ बस सेवा को बंद करके पूरे क्षेत्र की जनता के साथ भेदभाव किया है। इसके अतिरिक्त व्राहलड़ी में बनने वाले अटल आदर्श विद्यालय को भाजपा सरकार ने 5 करोड़ की राशि जारी की थी जिसे वर्तमान सरकार में निरस्त करके क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय किया गया है। नवीन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा खोले गए गलोड़ कॉलेज को बंद करके वर्तमान सरकार ने युवाओ के साथ दुख किया है इससे पता चलता है कि सरकार युवाओ की शिक्षा के प्रति कितनी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से सोयी हुई सरकार को जगाने का प्रयास किया जा रहा है।
'मैं मुख्यमंत्री बन सकता हूं, मैं उप मुख्यमंत्री बन सकता हूं, मैं मंत्री बन सकता हूं, मैं सुजानपुर को 17 सेक्टर बना दूंगा।' पता नहीं कितने झूठ बोलकर सुजानपुर के विधायक ने क्षेत्र की जनता को ठगा है। लेकिन वर्तमान में विधायक की क्या स्थिति है, इस बात से हर कोईपरिचित है। यह बात सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रोफेसर विक्रम राणा सुजानपुर से भाजपा के प्रत्याशी रहे कैप्टन रंजीत राणा जिला सचिव विनोद ठाकुर ने सुजानपुर विधायक के ऊपर तंज कसते हुए कही है। उन्होंने कहा कि विधायक ने जब सुजानपुर की जनता से वोट लिए थे तो यह कहा था कि वह सुजानपुर को 17 सेक्टर बना देंगे चंडीगढ़ की तर्ज पर सुजानपुर का विकास होगा कांग्रेस सरकार में वह मुख्यमंत्री उप मुख्यमंत्री और मंत्री तो बनकर ही रहेंगे। लेकिन आज विधायक की क्या स्थिति यह है कि उन्हें बावड़ियों के उद्घाटन करने पड़ रहे हैं। विधायक को शायद इस बात का अंदाजा नहीं है कि बावड़ियों प्राकृतिक जल स्रोतों का उद्घाटन तो वार्ड सदस्य भी कर देते हैं, लेकिन यहां विधायक इस तरह के उद्घाटन करके अपनी जग हंसाई करवा रहे हैं और सबको यह बता रहे हैं कि अब उनकी स्थिति मात्र एसे कामों के उद्घाटन करने की रह गई है। भाजपा पदाधिकारीयों ने कहा कि विधायक सुजानपुर अब न इधर के हैं न उधर के हैं। पुरानी कहावत है कि दो घर का मेहमान हमेशा भूखा ही रहता है और यही हाल वर्तमान सुजानपुर के विधायक का है आज सुजानपुर की जनता विधायक को अपना प्रतिनिधि चुनकर पछता रही है और हर चौक चौराहे पर यह सवाल कर रही है कि मुख्यमंत्री और विधायक की लड़ाई का खामियाजा शहर की जनता को उठाना पड़ रहा है आखिर सुजानपुर की जनता का कसूर क्या है।
लोक निर्माण विभाग उप मंडल जयसिंहपुर एसडीओ अंकित समकड़िया ने बताया कि इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक का काम जो कि 24 फरवरी से शुरू हो रहा है, वो 26 फरवरी तक जारी रहेगा। एसबीआई बैंक के पास इंटरलॉकिंग पेवर लॉक का कार्य के चलते सड़क मार्ग आलमपुर-हारसीपतन हरोटी पुल तक 26 फरवरी तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान वाहन चालक विकल्प तौर पर हरोटी पुल बाया टिक्करी दाबी सड़क मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं। एसडीओ ने जनता से सहयोग की अपील की है, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल रिकांगपिओ ने जानकारी देते हुए बताया कि पीजी कॉलेज डीटीआर व मेन बाजार की लाइन में मरम्मत कार्य के चलते रिकांगपिओ बाजार, आईटीबीपी रोड़, एचडीएफसी बेंक व आस-पास के इलाके में 24 तथा 25 फरवरी को प्रात: 9 बजे से सायं 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि यदि खराब मौसम के कारण कार्य पूर्ण नहीं होता है तो अगले दिन भी विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की असुविधा के चलते जनसाधारण से सहयोग की अपील की है।
** बजट सत्र के 9वें दिन प्रशिक्षित बेरोजगार अध्यापक संघ ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा ** चौड़ा मैदान में किया धरना-प्रदर्शन, कहा- प्रदेश में आरएंडपी रूल्स के तहत हों सभी भर्तियां हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन बेरोजगार प्रशिक्षित अध्यापक संघ ने मांगों को लेकर चौड़ा मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। प्रशिक्षित बेरोजगार अध्यापकों ने गेस्ट टीचर भर्ती का विरोध किया है और इसे पूरी तरह बंद करने की मांग की। संघ के अध्यक्ष घनश्याम ने कहा कि गेस्ट टीचर भर्ती पर पूर्णतय: रोक लगाई जानी चाहिए और राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्तियां की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी भर्तियां आरएंडपी रूल्स के अनुसार ही होनी चाहिए। घनश्याम ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से राज्य चयन आयोग बंद पड़ा है। इसे जल्द शुरू कर इसके माध्यम से सभी भर्तियां करवाई जानी चाहिए। लंबित भर्तियों के रिजल्ट जल्द घोषित किए जाने चाहिए, तभी नई भर्तियों हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, वे संघर्ष जारी रखेंगे।
** अज्ञात बदमाशों ने मंडी भराड़ी में दिया वारदात को अंजाम ** कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप बिलासपुर सदर के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर और उनके बेटे पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना बिलासपुर शहर के साथ लगते मंडी भराड़ी की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को यहां रेलवे ऑफिस के पास कुछ बदमाशों ने बंबर ठाकुर और उनके बेटे ईशान ठाकुर पर हमला कर दिया, जिसमें बंबर ठाकुर को काफी चोटें आई हैं। वहीं, बंबर ठाकुर पर हमले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, बिलासपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। डीएसपी मदन धीमान ने कहा कि बंबर ठाकुर को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस सचिव सुमन ठाकुर की अगुवाई में आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और वर्ष 2024-25 के बजट में उनके मानदेय में प्रतिमाह 1900 रुपये की बढ़ोतरी करने के लिए आभार व्यक्त किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है। यही नहीं, राज्य सरकार ने चार प्रतिशत महंगाई भत्ता की किस्त देने की घोषणा कर दी है और आने वाले समय में भी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार में सभी कर्मचारियों के हित सुरक्षित हैं और मुख्यमंत्री ने पिछले 14 माह के कार्यकाल में सरकारी कर्मचारियों को अनेक लाभ प्रदान किए हैं। पिछले बजट में भी राज्य सरकार ने कंप्यूटर शिक्षकों के मानदेय में 2000 रुपये की वृद्धि की थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 1321 कंप्यूटर शिक्षक कार्यरत हैं और सभी इस ऐतिहासिक बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं। प्रतिनिधिमंडल में सभी जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश के कार्यकारिणी के सदस्य तथा पदाधिकारी उपस्थित थे।
** ब्रिटिश उच्चायोग और एचपीसीए के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की भेंट ब्रिटिश उच्चायोग और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। ब्रिटिश उच्चायोग के उप प्रमुख अमनदीप ग्रेवाल और ब्रिटिश सरकार में राजनीतिक, प्रेस और परियोजना सलाहकार राजेंद्र एस. नागरकोटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में सात मार्च को आयोजित होने वाले यूके-एचपीसीए के संयुक्त स्वागत समारोह के लिए निमंत्रण दिया। भारत और ब्रिटेन की टीमों के मध्य खेले जाने वाले पांचवे क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन समारोह के आयोजन का उद्देश्य ब्रिटेन और हिमाचल के मध्य सौहार्दपूर्ण एवं मजबूत रिश्ते को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर ब्रिटिश और हिमाचली व्यंजन भी परोसे जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विशिष्ट अतिथियों के साथ भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलिक्स एलिस भी स्वागत समारोह में शामिल होंगी। उन्होंने कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरित हाईड्रोजन, इलेक्ट्रिक वाहन, पर्यटन और जन निकायों सहित विभिन्न क्षेत्रों में ब्रिटेन के साथ सहयोग की संभावनाएं तलाशने में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने ब्रिटिश दल से संयुक्त लाभ के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ब्रिटेन की विशेषज्ञता का उपयोग करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार के साथ मिलकर सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सहयोग पर विचार-विमर्श के लिए ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल के साथ शीघ्र ही बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि हिमाचल प्रदेश ब्रिटेन के साथ साझेदारी का अधिकतम उपयोग कर सके। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक सुरेंद्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री को भारत और इंग्लैड के मध्य क्रिकेट टेस्ट मैच देखने के लिए आमंत्रित किया।
** खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुलशन ग्रोवर के हाथों से मिला पुरस्कार जिला कांगड़ा के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदपुर पंचायत के एक छोटे से गांव के रजत कपूर अपने खेल प्रतिभा का दुनिया भर में लोहा मनवा चुके हैं। रजत कपूर पिछले 10 वर्षों से पावरलिफ्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश और देश के लिए बहुत से मेडल जीते हैं। रजत कपूर अभी हाल ही में दुबई में हुई वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में इंडिया टीम की तरफ से खेले थे, जिसमें उन्होंने अपनी श्रेणी में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बॉलीवुड एक्टर गुलशन ग्रोवर के हाथों उन्हें हिमालयन श्री अवॉर्ड पुरस्कार मिला है। इस बारे में जब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत कपूर से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह इस सफलता के पीछे उनकी माता सविता देवी, पिता राजीव कपूर और गुरु जीवन कुमार का हाथ है। अभी तक खेलों में जीतने भी मेडल जीते हैं, ये उनके मार्गदर्शन में ही जीते हैं। बता दें कि हिमालयन श्री अवॉर्ड का आयोजन हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी एनजीओ आशा किरण संस्थान घुमारवीं द्वारा किया गया था। रजत कपूर इससे पहले भी शान ए भारत, राष्ट्र गौरव सम्मान, जश्न ए धमाका, स्माइल अवार्ड, हिमाचल प्रशंसा अवॉर्ड, शान ए कांगड़ा जैसे कई अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
ज्ञानंदा लाइब्रेरी द्वारा 16 फरवरी से 22 फरवरी तक नशे के खिलाफ विभिन्न पहलें करवाई गईं। प्रथम पहल में सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को एक स्पर्धा के द्वारा ड्रग्स व नशीली चीजों का सेवन न करने के लिए जागरूक किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से जिन लोगों ने बेहतर ढंग से नशे व ड्रग्स के नुकसानों बारे लोगों को जागरूक किया, इनमें योगेश शर्मा, कविता शर्मा, राजील, बबली, अंकुश एवं ट्विंकल चौहान को 6000 रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी गई। दूसरी पहल के तहत 20 फरवरी को मॉल रोड सोलन में ड्रग्स का सेवन न करने के लिए रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बहुत से युवाओं ने भाग लिया। तीसरी पहल के तहत 21 और 22 फरवरी को जिला भाषा कार्यालय कोठो, सोलन में एक प्रश्नोत्तरी कराई गई। इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव थे। इस प्रतियोगिता में 20 टीमों ने भाग लिया। इनमें से सिर्फ पांच टीमें फाइनल के लिए चयनित हुईं। प्रश्नोत्तरी में विजिन एनजीओ ने प्रथम स्थान पर रहते हुए 15300 रुपये नकद और ट्रॉफी प्राप्त की। इस टीम में योगेश शर्मा, राहुल शर्मा, नेहा सोहटा थे। वहीं, द्वितीय स्थान पर ब्रेनआइएक्स टीम रही, जिसे इनाम के रूप में 9300 रुपये और ट्रॉफी मिली। तृतीय स्थान पर द वॉरिअर टीम रही, जिसे 6300 रुपये व ट्रॉफी बतौर इनाम हासिल हुए।
थाना देहरा के अधीन संसारपुर टैरस चौकी के अंतर्गत संसारपुर टैरस के समीप लाल टंकी के पास वीरवार रात करीब आठ बजे एक व्यक्ति से 12 बोतल संतरा मार्का देसी शराब बरामद की गई है। व्यक्ति की पहचान अशोक कुमार पुत्र रामदास के रूप में हुई है। संसारपुर टैरस पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई संजीव कुमार ने के अनुसार देर रात संसारपुर टैरस पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर गश्त पर थी तो उपरोक्त व्यक्ति से देसी शराब बरामद की गई है।
कांगड़ा जिला के सभी न्यायलयों में 9 मार्च को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा । यह जानकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा अजय मेहता ने दी। उन्होंने बताया की लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौतों के आधार पर किया जायेगा। इस दौरान आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, चेक बाउंस मामले, मोटर व्हीकल चालान के मामलों आदि पर सुनवाई कर निपटारा किया जाएगा । इसके अतिरिक्त लोक अदालत में सड़क दुर्घटना में क्लेम, घरेलू हिंसा विवाद व वैवाहिक विवाद आदि के मामलों का भी निपटारा किया जाएगा । उन्होंने कहा कि जो मामले न्यायालय में अब तक दायर नहीं हुए हैं, लोक अदालत में उन मामलों का भी निपटारा किया जाएगा । उन्होंने कहा कि लोक अदालत में समय एवं धन की बचत होती है। न्यायालय शुल्क नहीं लगता और पुराने मुकदमे का न्यायालय शुल्क वापस हो जाता है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार में चलाई जा रही जनहित की योजनाओं के लाभार्थियों को कोई सहायता नहीं मिल रही है, लेकिन जब भी मुख्यमंत्री से यह बात पूछी जाती है तो हमेशा यही जवाब आता है कि कोई योजना बंद नहीं हुई है। न योजना बंद हुई है और न ही योजनाओं का पैसा लोगों को मिल रहा है। समझ में नहीं आ रहा है कि क्या हो रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस तरह का व्यवस्था परिवर्तन पहले नहीं देखा जहां पर अशक्त लोगों को दी जा रही पेंशन को भी बंद कर दिया गया हो और सरकार इस संवेदनहीन कृत्य को स्वीकार करने को भी तैयार न हो। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्ण रूप से अशक्त और बीमार लोगों के लिए हमारी सरकार ने 'सहारा योजनाÓ की शुरुआत की थी। जिसके तहत इस योजना के पात्र लोगों को 3 हज़ार रुपए की मासिक पेंशन दी जा रही थी लेकिन जब से सुक्खू की सरकार आई है तब से इस योजना का पैसा रोक दिया गया है। हमें लोगों के फ़ोन आते है और कहते है कि पेंशन दिलवा दीजिए। जब मुख्यमंत्री से पूछो तो कहते हैं कि किसी योजना को बंद नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री महोदय को बताना चाहिए कि अगर योजना बंद नहीं हुई है तो लोगों को पेंशन क्यों नहीं मिल रही है। अशक्त लोगों को पेंशन न दे पाने वाली व्यवस्था परिवर्तन इस प्रदेश को स्वीकार नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को संवेदना के आधार पर काम करते हुए सहारा जैसी योजनाओं का पैसा हर महीनें जारी करना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस सरकार को लेकर गंभीर नहीं हैं। आज सरकार में बैठे विधायक भी सरकार से परेशान हैं और अपनी आवाज़ उठा रहे हैं। युवा नौकरी के लिए सड़कों पर हैं। कर्मचारी वेतन के लिए सड़कों पर हैं। प्रदेश में हर वर्ग आज सरकार से नाराज़ भी हैं और निराश भी हैं। इसके बाद भी सरकार गंभीर नहीं है। इस बजट में विकास को रफ़्तार देने की कोशिश की जा सकती थी लेकिन मुख्यमंत्री ने पुरानी बजट में घोषित योजनाओं को बिना वित्तीय प्रबंध इस बार के बजट में भी शामिल कर दिया। सरकार के इस रवैये से साफ़ है कि इस बार के बजट में की गई बातें भी हवा हवाई हैं।
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने आज एनएचएआई के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने एनएचएआई से एनएच-3 के क्षतिग्रस्त स्थलों के बारे में जानकारी हासिल की तथा इन स्थलों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी देते हुए एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि फोरलेन के निर्माण होने के इतनी अवधि के बाद अब कुछ लोग सडक निर्माण वाली भूमि पर अपने स्वामित्व के दावे कर मुआवज़े की मांग कर रहे हैं ।उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को दावो के सम्बन्ध में पड़ताल एवं पुन: निशानदेही करवाकर रिपोर्ट प्रतुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकरी दी गई कि कुल्लू से मनाली सड़क पर कुल 11 ऐसे स्थान चिन्हित किये गए हैं, जहां पर बाढ़ से क्षति होने के उपरान्त सड़क का महत्वपूर्ण हिस्सा बह गया है। इन स्थानों को सुरक्षित करने के लिए ड्रेजिंग व् आरसीसी की दीवार बनाकर पक्का करने का कार्य उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। उपायुक्त ने कुल्लू से मनाली के मध्य आवश्यक स्थानों पर ड्रेन के निर्माण करने के भी निर्देश दिए हैं।
कुल्लू के दिनेश सेन को प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू की ऑनरेरी लाइफ टाइम सदस्यता प्राप्त हुई है। आज प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू में इसकी विधिवत घोषणा हुई। प्रधान धनेश गौतम सहित उपस्थित सदस्यों ने उनका यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया और कुल्वी परंपरा के साथ सम्मानित किया। इसके बाद दिनेश सेन को प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू का आईकार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिनेश सेन ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू का ऑनरेरी लाइफ टाइम सदस्य बनने का अवसर प्रदान हुआ। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू द्वारा उन्हें आवार्ड ऑफ प्रेस क्लब से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू के विकास के लिए हर संभव सहायता की जाएगी और प्रेस क्लब कुल्लू हमेशा की तरह पूरे प्रदेश व देश में अग्रणी प्रेस क्लब रहेगा। इस अवसर पर प्रधान धनेश गौतम ने कहा कि प्रेस क्लब कुल्लू द्वारा जिला के प्रतिष्ठित नागरिकों को ऑनरेरी लाइफ टाइम सदस्य बनाया जाता है।
गुलबदन महंत को भाजपा कुल्लू मंडल ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश कुमार सहित भाजपा मंडल के वरिष्ठ नेतृत्व से विचार-विमर्श करके कुल्लू मंडल अध्यक्ष गुलबदन महंत ने मंडल कार्यकारणी की भी घोषणा कर दी है। कुल्लू भाजपा मंडल ओबीसी कार्यकारिणी में नीरत नैयर और भूषण महंत को महामंत्री, माया राम, रमेश कुमार महंत व कार्तिक महंत को उपाध्यक्ष, अनुज महंत, दिनेश महंत व कमल महंत को सचिव, चंद्रसेन को कोषाध्यक्ष, संजीव महंत को आईटी संयोजक सहित अयोध्या गीर, विजय नैयर, प्रेम दास, अनिल महंत ,रविंद्र नैयर, राजेश कुमार महंत, गायत्री महंत, रमेश महंत, ईशांत, जीवन महंत सहित घनश्याम मंहत को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
** बोले, इससे आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, परिवार की मासिक आय में होगी बढ़ोतरी ** आईपीएल के चेयरमैन ने महिलाओं को मार्केटिंग के टिप्स भी दिए अपर निहाल, बिलासपुर स्थित ऑडियोरियम भवन में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद हमीरपुर अनुराग सिंह ठाकुर के सहयोग से 21 फरवरी को 38 महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मुहैया करवाने के लिए सिलाई मशीनें और प्लेट बनाने की मशीनें प्रदान की गईं। इस अवसर पर आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह और महिलाओं से स्थानीय आजीविका पर चर्चा करते हुए मार्केटिंग के कुछ टिप्स दिए। अरुण धूमल ने बताया कि यह पहल महिलाओं की आजीविका और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने का एक प्रयास है। इससे महिलाएं आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनेंगी और उनके परिवार की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की पहल एक से श्रेष्ठ के माध्यम से बिलासपुर में 200 महिलाओं को और पूरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 500 महिलाओं को सीधा रोजगार मिला है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सियालकड़ में 11वीं कक्षा के बच्चों ने 12वीं कक्षा के बच्चों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य व अध्यापकों ने बच्चों को आगामी भविष्य में श्रेष्ठ बनने हेतु प्रेरित किया । 11 वीं कक्षा के बच्चों ने बेहद शानदार प्रस्तुतियां पेश कीं। मंच का संचालन छात्रा महक और पायल ने किया, जिसमें महक और तनु ने पंजाबी डांस, पायल और नेहा ने पहाड़ी डांस, स्नेहा ने शायरी की। वहीं, 12वीं कक्षा के बच्चों से विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं, जिसमें म्यूजिकल चेयर, रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी आदि। निर्णायक मंडल ने 12वीं कक्षा के छात्र अजय को मिस्टर फेयरवेल चुना तथा छात्रा नेहा को मिस फेयरवेल चुना। 12वीं कक्षा के बच्चों ने सामूहिक म्यूजिकल डांस की विशेष प्रस्तुति देकर सभी का मन मोहा। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार शर्मा, विनोद शर्मा, मोनिका शर्मा, विजय कुमार, सरला देवी, भवनेश कुमार, आदि समस्त अध्यापक उपस्थित थे ।
आगामी 24 फरवरी को गुरु रविदास के 647वें प्रकाश महोत्सव के उपलक्ष्य पर आज गुरु रविदास जी महासभा सभा नंगल चौक (नंगल बंडा)) की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। गुरु रविदास महासभा के अध्यक्ष गुरदास राम व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गोगा की अगुवाई में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में दर्जनों गाड़ियों के काफिले सहित सैकड़ों भक्तों ने गुरुद्वारा नंगल बंडा से यह शोभा यात्रा सुबह 10 बजे आरंभ हुई और डाडासीबा पेट्रोल पंप से होते हुए जंबल बस्सी, बढल ठोर से वापस वाया तयामल से शीतला पेट्रोल पंप से होती हुई जौड़बड गुरु रविदास का गुणगान करती गई । इस दौरान जौड़बड में संगत के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
** कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने बाड़ी फरनोहल में सुनीं जनसमस्याएं ** लोगों से बोले- वोट उसी को देें, जो आपके लिए काम करे हमीरपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने आज ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोहल पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि समय आ गया है कि हम लोग जागरूक बनें और अपने वोट की कीमत को समझें। उन्होंने लोगों से कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। आपने केंद्र में बैठी भाजपा सरकार के सांसदों से सवाल करना है कि आप अपने 10 साल का रिपोर्ट कार्ड बताएं। 10 साल में प्रतिवर्ष 2 करोड़ के हिसाब से 20 करोड़ रोजगार के बारे में श्वेत पत्र जारी करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट उसी को देना है, जो आपके लिए और आपके भले के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू आमजन के मुख्यमंत्री हैं और हमारी समस्याओं से भली भांति परिचित हैं। पिछले वर्ष जब प्रदेश में आपदा आई तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने 4500 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज घोषित किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला वनखंडी में पिछले लगभग छह साल से निर्माणाधीन भवन का काम लटका पड़ा था। ऐसे में स्थानीय लोगों सहित एसएमसी एवं स्कूल प्राचार्य ने भवन का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर से की। वहीं, पूर्व सांसद ने मामला सरकार से उठाने का वादा किया। अब उनके प्रयासों से उक्त भवन के निर्माण का शेष कार्य पूरा करने के लिए डीसी के माध्यम से तीन लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। बता दें कि स्कूल में लगभग 250 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सरकार ने 3 लाख रुपये मंजूर करवाने के लिए एसएमसी एवं स्थानीय लोगों ने पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।
जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (जेडएसआई) और इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन चंडीगढ़ चैप्टर के सहयोग से, शूलिनी विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल एंड एनवायर्नमेंटल साइंसेज, विज्ञान संकाय द्वारा सतत विकास के लिए तकनीकी प्रगति जैव विविधता संरक्षण की ओर विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। । यह सम्मेलन जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास की चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति को चिह्नित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन आज प्रो. आरसी द्वारा किया गया। प्रो. सोबती के साथ चांसलर प्रो. पीके खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद, निदेशक योजना शूलिनी विश्वविद्यालय प्रो. जेएम जुल्का, रजिस्ट्रार शूलिनी विश्वविद्यालय प्रो. सुनील पुरी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे । अपने उद्घाटन भाषण में प्रो. आरसी सोबती पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति ने जैव विविधता संरक्षण और स्थिरता की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया। प्रोफेसर धीर सिंह निदेशक, आईसीएआर-एनडीआरआई, करनाल, भारत सम्मेलन के मुख्य अतिथि ने सभा को संबोधित किया और क्रॉस-किंगडम कम्युनिकेशन और एपिजेनेटिक्स पर अपने विचार साझा किए, इसके बाद कार्यक्रम पुस्तक/स्मारिका का अनावरण किया गया। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर जोर दिया और संदेश दिया कि मूल्यों के बिना विज्ञान और सफलता का कोई मतलब नहीं है। प्रोफेसर बीएन पांडे अध्यक्ष, जेडएसआई ने सभा को संबोधित किया और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा के लिए जैव विविधता संरक्षण के महत्व को समझाया। विज्ञान कांग्रेस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर वी. लक्ष्मी सक्सेना ने जैव विविधता संरक्षण में नवाचार और प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके. खोसला ने सम्मेलन के उद्देश्यों को साझा किया और मात्रा, परस्पर संबंधित विज्ञान, अध्यात्मवाद और योग पर गुणवत्ता अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर कमल जयसवाल महासचिव, जेडएसआई ने प्रोफेसर पीके खोसला और प्रो. आरसी सोबती को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। प्रो. आरसी सोबती ने मानद सदस्यों डॉ. धीर सिंह, प्रोफेसर बीएन पांडे, प्रो. अशोक सक्सैना, प्रो. जेएस बंसल, प्रो. वी. लक्ष्मी, डॉ. कमल जसवाल, डॉ. वी. वासुदेव, डॉ. आईके पाई, डॉ. फैयाज अहमद, डॉ. एमसी सिद्धू हिमालयन फोरम फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के नामों की घोषणा की। पूर्ण सत्र में डॉ. धीर सिंह ने म्यू-वेसोम और दवा वितरण और निदान में दूध एक्सोसोम की क्षमता पर अपना अभूतपूर्व शोध प्रस्तुत किया। पंजाब विश्वविद्यालय के डॉ. आनंद एन. सिंह ने जैव विविधता और इसके अनिवार्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। भारत भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने स्थिरता और संरक्षण पर एक बहु-विषयक संवाद को बढ़ावा देते हुए अपना शोध प्रस्तुत किया। पहले दिन का समापन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब की समृद्ध विरासत का जश्न मनाते हुए प्रदर्शन किया।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की दगोह शाखा ने वीरवार को लंबागांव खंड की टंबर पंचायत में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। शिविर में शाखा प्रबंधक विकास कौंडल ने लोगों को सरकार व बैंक की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर शाखा प्रबंधक विकास कौंडल व गुरनाम सिंह, मलका देवी, रीना, साधना, रीता, राज कुमारी व अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बिजली बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कुनिहार सब इकाई की त्रैमासिक बैठक मुख्य सलाहकार ओपी भारद्वाज की अध्यक्षता में एक निजी होटल में हुई। बैठक की कार्यवाही का संचालन महासचिव पीआर कश्यप ने किया। महासचिव ने सभी नये सदस्यों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस बैठक में विशेष रूप से सेवानिवृत्त मुख्य नियंत्रक वित्त एवं लेखे (हिमाचल सचिवालय) एमआर पाठक उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न मुद्दों व समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी अपनी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया व बोर्ड प्रबंधन वर्ग से इनके समाधान के लिए आग्रह किया कि 01-01-2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के देय सेवा लाभ जैसे संशोधित पेंशन, ग्रेच्यूटी व बकाया राशि का भुगतान शीघ्र अति शीघ्र किया जाए। बैठक में बिजली बोर्ड पेंशनरों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और अपने अपने विचार विभिन्न पेंशन मुद्दों पर रखे तथा सभी सदस्यों ने इस सब इकाई द्वारा किए गए कार्यों की भरपूर प्रशंसा की। वहीं, इकाई के प्रधान डीआर चौहान ने भी सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा अलग-अलग समय में पेंशनरों के लिए किए गए कार्यों से अवगत करवाया। इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य सलाहकार ओपी भारद्वाज व महासचिव पीआर कश्यप ने बताया कि इस कार्यकारिणी का गठन 18 जनवरी, 2022 को किया गया था, जिसमें डीआर चौहान को अध्यक्ष और पीआरकश्यप को महासचिव चुना गया था। क्योंकि चुनाव हुए 2 साल से अधिक समय हो चुका है। इसलिए प्रधान डीआर चौहान द्वारा सब इकाई कुनिहार कार्यकारिणी को भंग किया तथा एमआर पाठक, प्रेमचंद ग्रेवाल, रामस्वरूप ठाकुर तथा कामेश्वर तनवार को नई कार्यकारिणी का चुनाव करवाने के लिए नामित किया। सभी उपस्थित सदस्यों की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया व फिर से इकाई की कमान इजि. डीआर चौहान को सौंपी गई है, जबकि वरिष्ठ उपप्रधान के पद पर जगदीश चंदेल को तैनाती दी गई। वहीं, ओपी भारद्वाज मुख्य सलाहकार, प्रेम चंद ग्रेवाल सलाहकार, पीआर कश्यप को महासचिव एवं वित्त सचिव, इजि. जोगिंद्र सिंह, इजि. रामस्वरूप ठाकुर एवं स्वर्ण सिंह उप प्रधान, सतपाल शर्मा प्रेस सचिव, मेहर चंद ठाकुर कैशियर व नंद लाल सह कैशियर चुने गए। कार्यकारिणी में प्रभु राम चौधरी, कामेश्वर तनवार, अतर सिंह सहगल, सुरेश कुमार, रामदिया गर्ग, जगदीश चंद शर्मा, कुलदीप भारद्वाज एवं ओम प्रकाश गर्ग को कार्यकारिणी में सदस्य नामित किया गया। इस मौके पर सभी चयनित पदाधिकारियों व अध्यक्ष इंजि. डीआर चौहान द्वारा पद व गोपनियता की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान बैठक में उपरलिखित चयनित पदाधिकारियों के अलावा इजि एनसी भारद्वाज, तुलसी राम चंदेल, रतिराम कश्यप, दिल राम शर्मा, प्रेम लाल शर्मा, लायक राम भारद्वाज आदि बहुत संख्या में पेंशनर्स सदस्य मौजूद रहे।
** होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से नवाजा जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी में वीरवार को छठा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह का उद्घाटन आईईसी गान के साथ हुआ, जिसके बाद आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर (डॉ.) अशोक पुरी और अकादमिक समुदाय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की पूजा की गई। समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के नियमानुसार हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के गत वर्ष में उत्तीर्ण पीएचडी, एमफिल, स्नातकोत्तर तथा स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान की गई और विभिन्न संकायों के होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी जी ने कहा कि आईईसी यूनिवर्सिटी द्वारा शोध कार्य एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। विश्वविद्यालय के 200 से अधिक पीएचडी शोधार्थी विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सामाजिक विकास के लिए पेटेंट, पुस्तकों और शोध पत्रों के प्रकाशन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शोध कर रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्राध्यापकों ने सभी डिग्री धारकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अर्जित विद्या का उपयोग लोकहित में करने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव विनोद कुमार ने इस दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया और इस दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी।
** विधानसभा में हुई राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक ** बोले, अखबारों की सुर्खियों में बने रहने के लिए विपक्ष हर रोज कर रहा प्रदर्शन हिमाचल में 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में विधानसभा में हुई, जिसमें सीएम ने सभी विधायकों से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने का आग्रह किया। बैठक के बाद सीएम ने कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं और पार्टी प्रत्याशी का राज्यसभा के लिए चुना जाना तय है। इस दौरान सीएम ने तीनों निर्दलीय विधायक के समर्थन का भी दावा किया। वहीं, क्रॉस वोटिंग के सवाल पर सीएम ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग के नियमों में कुछ बदलाव हुआ है, जिसके मुताबिक पोलिंग एजेंट को दिखाकर वोट करना होगा, ऐसे में क्रॉस वोटिंग की कोई संभावना नहीं है। इसके अलावा विपक्ष के उद्योगों के पलायन के आरोपों पर सीएम ने कहा कि अखबारों की सुर्खियों में बने रहने के लिए विपक्ष हर रोज प्रदर्शन कर रहा है। अगर किसी उद्योग का पलायन हुआ है तो विपक्ष उसका नाम बताए।
** बोले, उद्योगों के लिए प्राथमिकता से काम कर रही वर्तमान सरकार ** दुबई में 2800 करोड़ और मुंबई में 3000 करोड़ के एमओयू किए साइन बजट सत्र के आठवें दिन विपक्ष के विधायकों ने हिमाचल से उद्योगों के पलायन को लेकर कांग्रे सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। वहीं, विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से उद्योगों के पलायन की बात सरासर गलत है। प्रदेश की वर्तमान सरकार उद्योगों के लिए निरंतर काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने फार्मा उद्योगों से जुड़े एमओयू साइन करने की बात भी कही। उन्होंने दुबई दौरे का भी जिक्र किया और कहा कि दुबई में 2800 करोड़ के एमओयू साइन किए गए हैं। इसके अलावा मुंबई में हुई फार्मा सबमिट में भी वे हिमाचल का पक्ष रखने पहुंचे थे, जिसमें 3000 करोड़ के एमओयू साइन किए गए। वहीं, स्क्रैप पॉलिसी को लेकर उद्योग मंत्री ने कहा कि विभाग ने स्क्रैप पॉलिसी बनाकर 2 महीने पहले ही मुख्य सचिव को भेज दी है। अब यह पॉलिसी कैबिनेट में जाएगी, जहां से मंजूरी मिलने के बाद इसे अमल में लाया जाएगा।
** वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.63 करोड़ रुपये अधिक लगी बोली प्रदेश राजस्व कर एवं आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व जिला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी 43.07 करोड़ रुपये में की गई है। नीलामी एवं निविदा प्रक्रिया बुधवार देर सायं संपन्न हुई। यह जानकारी आज राज्य कर एवं आबकारी विभाग के राजस्व जिला बद्दी के उप आयुक्त सोमदत्त शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता की। जिला आवंटन समिति में दक्षिण जोन के जोनल समाहर्ता विवेक चौहान, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त उज्जवल सिंह राणा तथा वह स्वयं उपस्थित रहे। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व जिला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.63 करोड़ रुपये अधिक प्राप्त हुए हैं। गत वर्ष इस नीलामी से 34.44 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व ज़िला बद्दी के टोल टैक्स बैरियर नीलामी प्रक्रिया से गत वर्ष की तुलना में 25.05 प्रतिशत की बढ़ौतरी हुई है। उप आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ के 12 टोल टैक्स बैरियर, नीलामीकर्ता जतिन्द्रा ऐसोसिएटस को प्राप्त हुए। नीलामी प्रक्रिया में कुल 3 नीलामीकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नीलामी प्रक्रिया में राजस्व जिला बद्दी के बद्दी एवं बरोटीवाला तथा ढेरोवाल इकाईयों की नीलामी हुई। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल इकाई के 06 टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वर्ष 2024-25 में कुल 17.75 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी 12.72 करोड़ रुपए में हुई थी। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी से 25.32 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की नीलामी से 16 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में बद्दी एवं बरोटीवाला के 06 बैरियर की नीलामी से 21.72 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। उप आयुक्त ने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत बद्दी, झाड़माजरी रोड वाया सन सिटी, बरोटीवाला, गोरखनाथ मंदिर (गोरखनाथ-शाहपुर रोड़), कालुझण्डा तथा रामपुर जग्गी (ट्रक यूनियन बरोटीवाला) सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 89 लाख 20 हजार 10 रुपए निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत गुल्लरवाला, नवगांव, बघेरी, ढेरोवाल, दभोटा तथा रतयोड़ सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 13 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपए निर्धारित किया गया था। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि राजस्व ज़िला बद्दी की दोनों टोल टैक्स बैरियर इकाई के लिए वर्ष 2024-25 में नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 37.88 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह टोल टैक्सी बैरियर प्रथम अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2025 तक की समयसीमा के लिए नीलाम किए गए हैं।
पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों पर उप चुनाव (मतदान होने की स्थिति में) के दृष्टिगत 25 फरवरी को सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश सभी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को तथा नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 की धारा 25 के अंतर्गत देय होगा। इस बारे में जारी अधिसूचना के अनुसार उप चुनाव से संबंधित क्षेत्रों में इस दिन सरकारी कार्यालय, बोर्ड व निगमों के कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, बैंक, डाकघर सहित सभी दुकानें तथा औद्योगिक प्रतिष्ठान इत्यादि बंद रहेंगे। अधिसूचना के अनुसार जो कर्मचारी प्रदेश के अन्यंत्र स्थानों में कार्यरत हैं और उनका मताधिकार उप-चुनाव वाले निर्धारित क्षेत्रों में है, उन्हें मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश भी देय होगा। इसके लिए उन्हें पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान की पुष्टि से संबंधित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।
हिमाचल प्रदेश में सात एचपीएस अधिकारियों को बतौर एसपी नियुक्ति के आदेश जारी हुए हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के बाद इन अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात एचपीएस अधिकारी निश्चिंत सिंह नेगी, पंकज शर्मा, सुशील कुमार, विनोद कुमार, विजय कुमार, कुलभूषण वर्मा और भूपिंदर सिंह नेगी को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत गांव बग्ग डोला खारयान के 65 वर्षीय पूर्व सैनिक नायक चत्तर सिंह का पिछले कल टांडा मेडिकल कॉलेज में बीमारी के चलते निधन हो गया। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल एमएसराणा ने बताया कि चत्तर सिंह 1977 में डोगरा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इन्हें सिख रेजिमेंट में ट्रांसफर कर दिया गया तथा बीस साल सेवा के बाद 1996 में रिटायर हुए थे। चत्तर सिंह अच्छे स्वभाव के थे। इनके निधन से परिवार के साथ-साथ इलाके को भी क्षति हुई है। स्टेशन हेडक्वार्टर योल के सैन्य दल ने थल सेना प्रमुख की ओर से श्रद्धासुमन तथा अंतिम सैल्यूट दिया गया। इस अवसर पर इलाके के कैप्टन बाबू राम, कैप्टन वीरेंद्र, सूबेदार पृथी, सूबेदार अमर सिंह, सूबेदार बख्शी, हवलदार प्रधान सिंह आदि दर्जनों पूर्व सैनिक और अनेक लोग उपस्थित रहे तथा परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
** हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी ** कांग्रेस हटाओ-उद्योग बचाओ का लगाया नारा हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन भी विपक्ष का सरकार के खिलाफ कड़ा रुख जारी रहा। नेता प्रतिपक्ष और विपक्ष के विधायकों ने उद्योगों के पलायन को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। इस दौरान विपक्ष के विधायक हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष ने कांग्रेस हटाओ-उद्योग बचाओ का नारा लगाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते ही हिमाचल प्रदेश से उद्योग जा रहे हैं। उन्होंने बीते कल सदन के भीतर उद्योगों को लेकर हुई तनातनी का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन के भीतर उद्योगों के विकास का श्रेय कांग्रेस के विधायक और उनके पिता को दिया, जबकि हिमाचल प्रदेश में उद्योगों के विकास का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के औद्योगिक पैकेज की बदौलत आज बीबीएन एशिया के सबसे बड़े फार्मा हब के तौर पर विकसित हुआ। वहीं, इसे आगे विकसित करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, लेकिन वर्तमान सरकार उन्हें श्रेय देने की बजाय अपने लोगों को श्रेय देने में लगी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि बद्दी-नालागढ़ में जिस तरह से राजनीतिक हस्तक्षेप की चर्चाएं हो रही हैं, उसका गलत संदेश जा रहा है। मुख्यमंत्री को इस मामले में तुरंत संज्ञान देना चाहिए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दुबई दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री इन्वेस्टर मीट के लिए दुबई गए, लेकिन इसका कोई ब्यौरा सरकार ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके एक निजी कार्यक्रम में जाने की भी खबरें हैं। जयराम ने कहा कि वे भी दुबई गए थे, लेकिन पूरा दौरा रिकॉर्ड का हिस्सा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार के उद्योगों को लेकर रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ निगल लिया गया, जिस कारण इलाज के दौरान उसकी दुखद मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र मुकुंद, निवासी नगरोटा डाकघर सिओरपाई को इलाज के लिए ज्वालामुखी अस्पताल लाया गया था। अनिल कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, वहां डॉक्टरों ने अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी के बयानों के अनुसार मृतक अनिल कुमार ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। अभी तक मृतक के परिजनों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। मामले की पुष्टि एसएचओ ज्वालामुखी विजय कुमार ने की है।
शूलिनी यूनिवर्सिटी और जैल एजुकेशन ने विश्वविद्यालय में बीकॉम प्रोग्राम करने वाले छात्रों को एसोसिएशन ऑफ चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट्स (एसीसीए) प्रमाणन प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जैल एजुकेशन भारत का अग्रणी वित्त और अकाउंट्स एड-टेक प्लेटफॉर्म है। शूलिनी विश्वविद्यालय में प्रबंधन विज्ञान संकाय के अध्यक्ष और डीन प्रोफेसर मुनीश सहरावत और जैल एजुकेशन के सह-संस्थापक और निदेशक अनंत बेंगानी द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत, जैल एजुकेशन उच्च मान्यता प्राप्त एसीसीए प्रमाणन प्राप्त करने में रुचि रखने वाले छात्रों को उनकी डिग्री पूरी करने तक सहायता करेगा। यह एकीकृत दृष्टिकोण छात्रों को 9 छूट प्रदान करेगा, अध्ययन के दो वर्षों के समय की बचत करेगा और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणन के साथ-साथ खातों और वित्त क्षेत्र में विश्व स्तरीय शिक्षा तक पहुंच प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, यह सहयोग शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ एक फिनटेक कार्यक्रम के शुभारंभ का प्रतीक है, जो इस क्षेत्र में एक भविष्य का पाठ्यक्रम है। एमओयू में बहुराष्ट्रीय निगमों के अनुभवी वित्त पेशेवरों के नेतृत्व में नामांकित छात्रों के लिए नियमित मास्टरक्लास भी शामिल हैं। ये मास्टरक्लास छात्रों को करियर की सफलता के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद करने के लिए उद्योग विशेषज्ञों से सीधे सीखने के अवसर और व्यावहारिक अंतर्दृष्टि प्रदान करेंगे। प्रोफेसर मुनीश सहरावत ने कहा कि हम अपने छात्रों को शीर्ष स्तर की शिक्षा और करियर के अवसर प्रदान करने में गर्व महसूस करते हैं। जैल एजुकेशन के साथ साझेदारी करके, हम छात्रों को स्नातक अध्ययन के साथ-साथ प्रतिष्ठित एसीसीए प्रमाणन अर्जित करने का मार्ग प्रदान कर रहे हैं। इससे हमारे छात्रों को एक अवसर मिलता है। विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त साख के साथ महत्वपूर्ण लाभ, जो उन्हें नौकरी बाजार में अलग करता है। हम सार्थक प्रभाव डालने के लिए आवश्यक कौशल, ज्ञान और योग्यता के साथ अगली पीढ़ी के बिजनेस लीडर तैयार करने के लिए समर्पित हैं। जैल एजुकेशन के सह-संस्थापक और निदेशक अनंत बेंगानी ने कहा, हम विश्व स्तरीय शिक्षा तक आसान पहुंच बनाने में दृढ़ता से विश्वास करते हैं जो छात्रों को उनके महत्वाकांक्षी करियर में मदद कर सकती है। यह सहयोग विशेष रूप से शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणन के साथ अपनी डिग्री को अपग्रेड करने के अवसर की एक ओर एक बड़ा कदम है। हम शूलिनी के नवोन्वेषी दृष्टिकोण को मजबूत करने के लिए उत्साहित हैं और अपने प्रतिभाशाली छात्रों को आज के तेजी से विकसित हो रहे व्यावसायिक परिदृश्य में आगे बढ़ने के लिए कौशल और योग्यता से लैस करने के लिए तत्पर हैं।
प्रदेश सरकार के एक साल पूरे होने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चलाये जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अंतिम चरण के तहत मनाली विधानसभा क्षेत्र की दुआड़ा व कटराईं पंचायतों में आज विभाग द्वारा अनुमोदित मन्नत कला मंच कुल्लु के कलाकारों द्वारा लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं व नशे से दूर रहने के बारे में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर विस्तृत जानकारी दी गई।आज हुए कार्यक्रमों में मंच के कलाकारों ने समूहगीत,"खुशी की लहर आई,हिमाचल सरकार सबके चेहरे पे इक नई मुस्कान लाई"लोकगीत'म्हारी सरकारे नवीं नवीं योजना चलाई', लोक नाट्य,'सुख का एक वर्ष' के माध्यम से बेहतरीन प्रस्तुति देते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। मंच के कलाकारों ने नाटक प्रस्तुत करते हुए नशे से दूर रहने के लिए लोगों का आवाहन किया।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने आज जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र प्रबंधन को निर्देश दिये कि वे स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले के दूरदराज गांवों में चिकित्सा जांच शिविर आयोजित करें ताकि दिव्यांग जनों को उनके घर द्वार के निकट स्वास्थ्य जांच सुविधा मिल सके और साथ ही नए दिव्यांग जनों की भी पहचान सुनिश्चित हो सके। बैठक में बताया गया कि पिछली तिमाही में जिले में 35 दिव्यांग जनों को 1,74,700 रुपये के उपकरण निशुल्क प्रदान किये गये जिनमे कृत्रिम अंग,व्हील चेयर, वाकिंग स्टिक, हियरिंग मशीन,ऑक्सील्ला क्रच, लांग कैन, व स्मार्ट केन शामिल है। उन्होंने कहा कि सहायता व उपकरणों के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में आशा कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का खण्ड स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का किया जाएगा ताकि आशा कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिव्यांग जनों की पहचान व उनके अन्य विषयों के बारे में जानकारी हासिल कर सके।


















































