ज्वालामुखी उपमंडल के तहत थिल्लवाल क्रिकेट क्लब द्वारा थिल्ल के मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 26 नवंबर 2024 से किया जा रहा है, जिसके प्रवेश शुल्क 800₹ प्रति टीम रखा गया है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 7100₹ और उपविजेता टीम को 3100₹ नगद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएगी। कमेटी ने इस प्रतियोगिता में टीम को आमंत्रित किया है, वहीं अधिक जानकारी के लिए प्रधान सर्वोदय कल्याण समिति थिल निखिल अगन से 7018448028 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
**28 नवंबर को होगी कुनिहार में महापंचायत कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के विरोध में क्षेत्र के लोगों में भारी रोष बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर विकास सभा कुनिहार व अन्य संस्थाओं के लोगो सहित तीनो पंचायतों के लोगों ने एक बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि वीरवार 28 नवंबर को कुनिहार के तालाब मंदिर परिसर में सरकार द्वारा कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के विरोध में एक महापंचायत की जाएगी, जिसमें तीनों पंचायतों के महिला, पुरुष व युवाओं से बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की गई। इसी मुद्दे को लेकर आज तालाब मंदिर में बैठक बुलाई गई थी, जिसमे काफी संख्या में कुनिहार के लोग उपस्थित रहे। कुनिहार विकास सभा के वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कुनिहार की तीनों पंचायतों की जनता युवा व सभी व्यक्तियों और जितनी भी महिलाएं और बुद्धिजीवी नागरिक हैं सभी 28 नवंबर को इस महापंचायत में आकर अपना विरोध जताएं। उन्होंने कहा कि अगर कल को नगर पंचायत बनाई गई तो लोगों का जीना हराम हो जाएगा, भारी टैक्स देने पड़ेंगे किसी प्रकार भी अपने मकान को बनाने व तब्दील करने के लिए इजाजत लेनी पड़ेगी और जितने भी जिम्मेदारों के घर में डंगर पशु रहते हैं उन सभी पर टैक्स लगेगा। इसलिए सभी से अनुरोध किया जाता है कि 28 नवम्बर वीरवार 11 बजे समय रहते हुए तालाब मंदिर में पहुंचकर इस महापंचायत में भारी संख्या में भाग ले। ताकि इस जबरदस्ती थोपे जा रहे निर्णय को सरकार वापिस लें। इस बैठक में हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री, उप प्रधान रोहित जोशी, उप प्रधान कुनिहार पंचायत हरिदास तनवर, व्यापार मंडल कुनिहार के प्रधान धीरज ठाकुर, विकास सभा के सचिव संजय राघव, सर्व एकता जनमंच कुनिहार के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ठाकुर, पंकज, वीर सिंह, नवीन कंवर, राजेंद्र चौधरी, प्रेम सिंह, राजेश शर्मा, ज्ञान सिंह,मदन सिंह कंवर, राकेश झांझी, राजेश अत्री, दीपक, अमित, राजीव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नलेटी में पोक्सो एक्ट व जेंडर सेंसटाईजेशन पर बच्चों को डॉ. श्वेता ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों को संरक्षण करने के लिए पॉक्सो एक्ट वर्ष 2012 में बनाया गया है। पॉक्सो एक्ट के तहत सभी अपराधों की सुनवाई एक विशेष न्यायालय द्वारा कैमरे के सामने बच्चे के माता-पिता या जिन लोगों पर बच्चा भरोसा करता है, उनकी मौजूदगी में करने का प्रवधान है। 12 वर्ष से कम उम्र की बच्चियों से रेप के मामलों में मौत की सजा और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चियों से रेप करने पर 20 साल की सजा का प्रवधान है। डॉ श्वेता ने बताया कि जहां दोषी व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा का प्रवधान है वहीं पॉक्सो पीड़िता को भी कुछ सुविधा उपलब्ध करवाई गई है जैसे, पॉक्सो पीड़िता को इसके तहत चार हजार रूपए प्रति माह आर्थिक मदद दी जाती है, पीड़िता को आवास, खाना, शिक्षा, मेडिकल व कानूनी सहायता के साथ बुनियादी सुविधाएं भी निशुल्क 23 वर्ष की उम्र तक कराई जाती है। डॉ श्वेता ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत 18 वर्ष से कम उम्र वाले सभी को बच्चा माना गया है। यहां बच्चा से तात्पर्य है लड़का एवं लड़की दोनों पाक्सों एक्ट का पूरा नाम प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट है। पॉक्सो एक्ट से बचने का कोई उपाय नहीं है, लेकिन अगर ये साबित होता है कि पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से ज्यादा है तो ही इस अधिनियम को हटाया जा सकता है। कार्यशाला में बच्चों को विशेष रूप से बताया गया हैं कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता और नए कानूनी प्रावधानों की व्याख्या पर जोर दिया गया हैं । कानून के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। यह जरूरी है कि हम एक-दूसरे से सीखें। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय नलेटी के प्राचार्य सतनाम सिंह मौजूद रहे। उन्होंने संस्कृत विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ श्वेता का धन्यवाद किया और अंत में उन्होंने बच्चों से कहा कि वे कानूनी विषयों के हर पहलू का गहराई से अध्ययन करें। ये बदलाव समाज में एक नई दिशा देंगे।
** प्रदेश के राज्यपाल ने किया सम्मानित धर्मपुर/डिंपल: धर्मपुर उपमंडल की सरी पंचायत के प्रिंस ठाकुर ने एम फार्मेसी में प्रदेश भर में प्रथम स्थान पाकर सरी पंचायत के साथ-साथ समूचे धर्मपुर उपमंडल का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है। सरी पंचायत के स्नोर गांव के नवनीत ठाकुर एवं सुषमा देवी के घर जन्मे प्रिंस ठाकुर ने प्रदेश भर में अपने माता-पिता का नाम रोशन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रिंस ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय माध्यमिक पाठशाला सरी, जमा दो राजकीय माध्यमिक पाठशाला लौंगानी फार्मेसी में डिप्लोमा राजकीय बहुतकनिकी महाविद्यालय रोहड़ू, फार्मेसी में स्नातक ज्वालामुखी व फार्मेसी में स्नातकोतर फार्मास्युटिकल एनालिसिस एवं क्वालिटी लोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ज्वालामुखी जिला कांगड़ा से प्रदेश भर में प्रथम स्थान पर पास की है। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में आयोजित पांचवे दीक्षांत समारोह में प्रदेश के राज्यपाल द्वारा सम्मानित की गया है, जिससे समूची सरी पंचायत के साथ पूरे धर्मपुर में खुशी है। प्रिंस ठाकुर को बधाइयां मिल रही है। धर्मपुर कांग्रेस के पूर्व महासचिव विकास राही और धर्मपुर कांग्रेस के पूर्व सचिव रमन भरमोरिया और पूर्व सचिव विकास राणा ने प्रिंस ठाकुर को उसकी कामयाबी पर बधाई दी है।
बिलासपुर/सुनील: प्रदेश सरकार के द्विवार्षिक समारोह की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने सोमवार को बचत भवन में जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक आवश्यक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में समारोह की तैयारियों और उसे सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि द्विवार्षिक समारोह न केवल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि यह जिला प्रशासन की क्षमता, समन्वय और एकजुटता का भी परिचायक होगा। उन्होंने सभी विभागों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने कार्यों को पूरा करें और इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार जिला बिलासपुर को प्रदेश सरकार के द्विवार्षिक समारोह की मेज़बानी का सम्मान प्राप्त हुआ है। इस समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को समन्वय, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक विभाग से आग्रह किया कि वे इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी तैयारी करें और अपने कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूरा करें। बैठक के दौरान, पुलिस विभाग को समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। पुलिस विभाग को यह भी निर्देश दिए गए कि वह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनाती करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें। सुरक्षा के लिहाज से यह आयोजन जिले के लिए महत्वपूर्ण है, और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल पर बुनियादी ढांचे की सभी व्यवस्थाओं, स्वच्छता, मंच और बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन सेवाएं, क्रेन व्यवस्था, और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कार्यक्रम स्थल के आसपास पार्किंग व्यवस्था, शौचालयों की सुविधा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि वह समारोह स्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, विभागों को अपने द्वारा स्थापित होर्डिंग्स की मरम्मत समय पर करवाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की दृश्यात्मक असुविधा उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में की गई प्रमुख उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की दो वर्षों में चलाए गए कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और अर्जित उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को यह जानकारी दी जाएगी कि किस प्रकार प्रदेश सरकार ने उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम किया है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश सरकार द्वारा जिले में किए गए प्रमुख विकास कार्यों, सार्वजनिक सेवाओं के सुधार, और आगामी योजनाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा ताकि जनता को सरकार की योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी मिल सके। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और लोक संगीत का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे जिले के नागरिकों का मनोबल बढ़े और वे इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें। उपायुक्त ने सभी विभागों से समय पर तैयारी पूरी करने और आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि यह कार्यक्रम जिले के लिए एक ऐतिहासिक घटना के रूप में याद किया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, एडीसी डॉ. निधि पटेल, एसडीएम गौरव चौधरी, सहायक आयुक्त नरेंद्र अहलूवालिया, और समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज पुस्तक-दान अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के पुस्तकालय में पहाड़ी संग्रह के लिए पहाड़ी लेखक भगत राम मंडोत्रा ने अपनी लिखी पुस्तकें दान की। भगत राम गांव चम्बी, डा. संघोल, जिला कांगड़ा से संबंध रखते है। इन्होंने महाविद्यालय को 9 पहाड़ी किताबें भेट की, जिनमें जुडदे पुल, रिहडू खोलू, परमवीर गाथा, चिहडू-मितडू, फूलल खटनालूये दे, सुरमेया च सुरमे, हिमाचल प्रदेश के शूरवीर योद्धा और परमवीर योद्धा शामिल हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेन्द्र शर्मा ने पुस्तक दान के लिए भगत राम का धन्यवाद किया व साथ में ही उनसे इस प्रकार के सहयोग की आगे भी आशा जताई तथा भगत राम ने प्राचार्य को भविष्य में इस प्रकार के सहयोग के लिए आश्वस्त किया। इस पुस्तकदान के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.उपेन्द्र शर्मा, प्रो रविन्द्र कुमार,डॉ अर्पित कायस्थ, कार्यालय अधीक्षक मिल्खी राम व पुस्तकालय अध्यक्षा तृप्ता मिन्हास मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश में लंबे सूखे के बाद अत्याधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे के दौरान कोकसर और कुकुसमेरी में बर्फबारी की पुष्टि की है, जबकि कुकुसमेरी में बारिश भी दर्ज की गई है। कोकसर में 1.4 सेंटीमीटर और कुकुसमेरी में 0.5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। ताजा बर्फबारी के बाद प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला है। इसके अलावा मनाली, सोलंगनाला और भरमौर में भी हल्की बर्फबारी हुई है। ताबो में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। यहां तापमान माइनस 8.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ताबो में पानी जमने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 200 मीटर विजिविल्टी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना खिसक कर 30 नवंबर को चली गई है। मौसम विभाग ने 30 नवंबर को लाहुल-स्पीति, चंबा, कंगड़ा, कुल्लू और किन्नौर के अलग-अलग स्थानों में बर्फबारी के साथ बारिश होने की आशंका जताई है। नवंबर महीने के तीन हफ्ते गुजर चुके हैं लेकिन ज्यादातर हिस्सों में अभी तक सूखे का माहौल बना हुआ है। प्रदेश में लाहुल-स्पीति के अलावा कहीं भी बारिश नहीं हुई है।
कांगड़ा पुलिस नशे के सौदागरों पर नकेल कस रही है। इसी कड़ी के तहत 5.30 ग्राम हेरोइन रखने के आरोप में एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया गया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपाधिक्षक कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ एक बार फिर कार्रवाई करते हुए कांगड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने 5.30 ग्राम हेरोइन रखने के मामले में एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि आधी रात के समय में कांगड़ा पुलिस स्टेशन ने बाईपास कांगड़ा से सटे हनुमान मंदिर के पास नाका लगा रखा था और इस दौरान जांच के लिए हरियाणा नंबर की एक कार को रोका। उन्होने बताया कि जांच में 5.30 ग्राम हेरोइन साहिल शर्मा नाम के ड्राइवर की चटाई के नीचे से बरामद की गई, जो अपनी पत्नी नायशा अरोड़ा के साथ यात्रा कर रहा था। उन्होने बताया कि परागपुर निवासी साहिल शर्मा और मोहाली से नायशा अरोड़ा को हेरोइन रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया और दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाकर मामला दर्ज किया गया। उन्होने बताया कि कांगड़ा पुलिस उपमंडल मादक पदार्थों के तस्करों और इसका कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। नशे के संबंध में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना पर अब सबसे लंबी टनल 6.7 किलोमीटर होगी। इस टनल को दिसंबर 2026 तक ब्रेक थ्रू करने का लक्ष्य रखा गया है। मैहला नामक स्थान पर अलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। यहां बन रही 10 और 11 नंबर टनल को अब एक ही टनल में बदला जाएगा। पहले इन दोनों टनलों के बीच करीब 550 मीटर पुल बनाया जाना था, लेकिन उस जगह पर लगातार हो रहे भूस्खलन और कच्चा पहाड़ होने के कारण पुल नहीं बनाने का निर्णय लिया गया। नए सर्वे में 3,800 मीटर लंबी 10 नंबर टनल और 2100 मीटर लंबी 11 टनल को आपस में जोड़कर एक ही टनल बनाई जाएगी। दोनों टनलों और बीच में 800 मीटर हिस्से को जोड़कर यह टनल 6,700 मीटर लंबी हो जाएगी। इस परियोजना पर पहले टनल नंबर-10 सबसे लंबी थी। बता दें कि भानुपल्ली से बैरी तक कुल 20 टनल बनाई जानी है। अब तक 17 टनल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिनमें से 13 टनल ब्रेक थ्रू हो चुकी है। अभी 8 नंबर और 17 नंबर टनल की खोदाई की जा रही है। इसके अलावा 10 और 11 नंबर टनल की भी खोदाई चल रही है, लेकिन इन दोनों टनलों को अब एक ही कर दिया गया है। अब इस परियोजना पर टनलों की संख्या भी 20 से घटकर 19 रह जाएंगी। रेल विकास निगम के अधिकारियों का कहना है कि 6.7 किलोमीटर लंबी टनल के दोनों छोर मिलाने का लक्ष्य साल 2026 रखा गया है। खोदाई का काम तेजी से करने के लिए तीन एग्जिट प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं। मकसद मलबा लेकर बाहर निकलने वाले वाहनों को लंबा सफर न करने पड़े।
शिमला: हिमाचल में उपभोक्ताओं को अब जल्द ही महंगी रसोई गैस राहत मिल सकती हैं। प्रदेश अब उपभोक्ताओं को पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन से सस्ती रसोई गैस मिलेगी। इसके लिए अब देश के महानगरों की तर्ज पर प्रदेश के पांच जिलों में पहली बार पाइप्ड नैचुरल गैस सुविधा मिलने जा रही है, जिसके लिए केंद्र ने मंजूरी दे दी है। पहले चरण में जिन शहरों को इस सुविधा से जोड़ा जाना है, इसकी सूची भी जारी कर दी है। केंद्र से योजना मंजूर होने के बाद अब संबंधित जिला प्रशासन को तेल कंपनी से संपर्क कर पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन योजना को सिरे लगाने के लिए भूमि चयन कर ट्रांसफर की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को कहा है। इस योजना के शुरू होने उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर भरवाने के झंझट से छुटकारा मिलने वाला है। हिमाचल में महंगाई के इस मुश्किल दौर में आम आदमी की रसोई का खर्च दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में राशन, सब्जी से लेकर रसोई गैस (LPG Cooking Gas Cylinder) सब कुछ महंगा होने से लोगों की जेब खाली हो रही है। ऐसे में लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) के मुकाबले में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस एक बेहतरीन विकल्प है, जिससे गैस के खर्च को काफी बचा सकते हैं। उपभोक्ताओं को पीएनजी एलपीजी की तुलना में 20 से 25 फीसदी तक सस्ती पड़ेगी। पीएनजी के एक क्यूबीक मीटर का दाम करीब 50 रुपये होता है, वहीं एलपीजी करीब 70 रुपए रुपये प्रति किलो पड़ती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को एक LPG सिलेंडर के बराबर गैस खर्च करने पर 200 से 300 की बचत हो होगी। यहां पाइपलाइन बिछाने का प्रोजेक्ट पूरा: प्रदेश के ऊना में गैस पाइपलाइन बिछाने का प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मुताबिक ऊना में बही हिमुडा कॉलोनी में कई हजार पीएमजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। इसी तरह अंब में भी गैस पाइपलाइन का काम जारी है। इसे भी जल्द फंक्शनल किया जाएगा। वहीं, जिला शिमला में न्यू शिमला, संजौली में हिमुडा कॉलोनी, एसजेवीएनएल कॉलोनी, दत्तनगर और झाकड़ी, जिला सोलन में सोलन शहर, गवर्नमेंट कॉलोनी और दूसरी अन्य कॉलोनी, हिमुडा कॉलोनी नाहन और कालाअंब गवर्नमेंट कॉलोनी हमीरपुर और दियोटसिद्ध, बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर, एम्स व शाहतलाई में पाइप लाइन से गैस सुविधा की मंजूरी दी गई है। पीएनजी या पाइप्ड नेचुरल गैस, प्राकृतिक गैस का एक रूप है, जिसे भूमिगत पाइपलाइनों के एक नेटवर्क के माध्यम से सीधे आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं तक वितरित किया जाता है। यह एक स्वच्छ-जलने वाला जीवाश्म ईंधन है जो मुख्य रूप से मीथेन से बना होता है। इसे अन्य पारंपरिक ईंधनों के लिए अधिक पर्यावरण के अनुकूल विकल्प माना जाता है। यह गैस सिलेंडर की तुलना में काफी सस्ती और सुरक्षित है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक रामकुमार गौतम ने कहा, "केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए मंजूरी दी है। इसके लिए अब आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है ।
ऐतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक शिमला को ऑल-वेदर इंडोर रिंक में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग ने परियोजना के लिए 35 करोड़ रुपये के टेंडर आवंटित कर दिए हैं। रिंक न केवल स्थानीय लोगों बल्कि पर्यटकों और पेशेवर स्केटिंग प्रतियोगिताओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। रिंक को ऑल-वेदर बनाने के लिए परिसर का निर्माण किया जाएगा। इससे रिंक इनडोर बनेगी। एशियन डेवलपमेंट बैंक से इस परियोजना के लिए वित्तीय मदद मिलेगी। बैंक की उपलब्ध कराई धनराशि का उपयोग रिंक के ढांचागत सुधार, तकनीकी उन्नति और उपकरणों की स्थापना में किया जाएगा। पहले यह परियोजना स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनाई जानी थी। यह परियोजना शिमला के पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य के राजस्व में वृद्धि करने के उद्देश्य से की जा रही है। योजना के अनुसार काम अगले साल के मध्य तक शुरू होगा। इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शिमला के रिंक को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है। इसके लिए रिंक का आकार 60 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा तय किया गया है। यह पेशेवर स्केटिंग प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त है। रिंक को पूरी तरह से इंडोर बनाया जाएगा। रिंक में अन्य आधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इनमें चेंजिंग रूम, दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था और एक कैफेटेरिया भी होगा। इन सुविधाओं से न केवल स्केटर्स बल्कि दर्शकों के लिए भी अनुभव बेहतर होगा। रिंक में बर्फ को पूरे साल स्थिर और टिकाऊ बनाए रखने के लिए अत्याधुनिक रेफ्रिजरेशन सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। रिंक की सतह के नीचे ब्राइन पाइप बिछाए जाएंगे। इनमें पानी और एंटीफ्रीज का ठंडा मिश्रण प्रवाहित होगा। रिंक में बर्फ को पूरे साल स्थिर और टिकाऊ बनाए रखने के लिए अत्याधुनिक रेफ्रिजरेशन सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। बड़े चिलर्स ब्राइन को जमने लायक ठंडा करेंगे और पंप्स से इसे सतह के नीचे लगातार प्रवाहित किया जाएगा। यह प्रक्रिया सतह से गर्मी को हटाकर बर्फ को स्थायी रूप से जमी रहने में मदद करेगी। रिंक के नीचे एक इंसुलेशन लेयर बिछाई जाएगी, जो जमीन से गर्मी के प्रभाव को रोकने में सहायक होगी। इस लेयर में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री जैसे विस्तारित पॉलीस्टायरीन या पॉलीयुरेथेन का उपयोग किया जाएगा। यह सुनिश्चित करेगा कि बर्फ लंबे समय तक जमी रहे। इससे लोगों को पूरे साल स्केटिंग करने में सहूलियत होगी। पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा ऑल-वेदर स्केटिंग रिंक पर्यटन उद्योग को नया आयाम देगा। पूरे साल खुला रहने वाला यह रिंक पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगा। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा यह रिंक शिमला को अंतरराष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थल बनाने में भी मदद करेगा। इस सीजन रिंक में प्राकृतिक तरीके से बर्फ जमाई जाएगी। अगले साल गर्मियों में रिंक के निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
धर्मपुर/ डिंपल: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रविवार को चोलथरा में जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया के घर पंहुचकर उन्हें ढांढस बांधा। ज्ञात रहे कि पूर्व मंत्री ठाकुर महेन्द्र सिंह के दामाद जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया के पति दिनेश गुलेरिया का ब्रेन स्ट्रोक से देहांत हो गया था और इससे पूरे धर्मपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चोलथरा में पंहुचकर इस दुःखद घटना पर अपनी सवेंदना व्यक्त की और शोक की इस घड़ी में परमपिता परमेश्वर से शोकाकुल परिवार को संबल व दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की ।
यूएमबी मिसेज इंडिया की प्रथम रनर-अप अक्षिता शर्मा ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की और प्रतियोगिता के बारे में अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने अक्षिता को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके राज्य को गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मूल रूप से शिमला जिले के रोहड़ू की रहने वाली अक्षिता शर्मा वर्तमान में चंडीगढ़ में बैंकर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिमला के तारा हॉल स्कूल से अपनी स्कूल की शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात पंजाब विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। भेंट के दौरान अक्षिता के साथ उनके पति प्रद्युत सुंटा, उनका बेटा अबीर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
** सीएम ने मंडी जिला के वरिष्ठ नेताओं के साथ विकासात्मक मुद्दों पर की चर्चा मुख्यमंत्री सुक्खू ने आज ओक ओवर शिमला में मंडी जिला के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ जिला से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और राज्य सरकार की सभी विकासात्मक योजनाओं का लाभ जिला के लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक में प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगी। इस अस्पताल में जल्द ही एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी, ताकि यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण चरणबद्ध तरीके से कर रही है और मंडी जिला में इन स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के अलग-अलग मंडल बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विधवाओं के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने के लिए मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना शुरू की है तथा सभी नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की प्राथमिकताएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं और उन्हें अगले वित्तीय वर्ष के बजट में इन्हें शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं कार्यन्वित कर रही है और मंडी जिला के नेता इन योजनाओं को लोगों के बीच ले जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सभी नेता मजबूती के साथ राज्य सरकार का पक्ष लोगों के बीच में रखेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में मात्र सिराज विधानसभा क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया गया और अन्य सभी विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। बैठक में विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह एवं प्रकाश चौधरी, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, पूर्व विधायक सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चंपा ठाकुर, लाल सिंह कौशल, नरेश चौहान, पवन ठाकुर, एडवोकेट जीवन ठाकुर, चेत राम ठाकुर और महेश राज उपस्थित थेे।
** 'मन की बात' कार्यक्रम ने देशवासियों की अपेक्षाओं को दिया एक नया मंच शिमला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम में देश और देशवासियों की अपेक्षाओं को एक नया मंच दिया है, जिसके माध्यम से लोग प्रधानमंत्री से और प्रधानमंत्री लोगों से अपील कर अपनी बातें कहते हैं। इन अपील का समाज पर बहुत व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। देश में स्वच्छता हो या पर्यावरण के प्रति जागरूकता या देश के विकास में सहभागिता प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरा देश उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल पड़ता है। जिसका लाभ यह है कि जो काम हजारों करोड़ों रुपए खर्च करके भी नहीं किए जा सकते वह काम जनजागरण और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से ही संपन्न हो जाते हैं। 'एक पेड़ मां के नाम' का अभियान की पर सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता का प्रमाण है। देश भर में मात्र 5 महीने में अब तक 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए जा चुके हैं। सबसे सुखद पहलू है कि लोग उन पेड़ों की रखवाली भी स्वयं करते हैं जिन्हें लगाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ही 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाना और लोगों द्वारा उनका स्वयं संरक्षण करना पर्यावरण के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब यह सिलसिला अब रुकने वाला नहीं है। इसके लिए जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री के इस मार्गदर्शन हेतु मानवता आभारी रहेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ' मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से जितने भी विषय प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए हैं उसमें समस्त देशवासियों का संपूर्ण सहयोग और सहभागिता प्राप्त हुई है, जिसकी वजह से देश में एक के बाद एक बड़े जन भागीदारी के कार्यक्रम प्रारंभ हुए और बड़े लक्ष्यों की प्राप्ति हुई। स्वच्छता से जुड़े तमाम कार्यक्रम इसके उदाहरण हैं। जब प्रधानमंत्री के आह्वान मात्र से भी देश के करोड़ों लोग आगे आए और असंभव से लगने वाले लक्ष्य आसानी से हासिल हो गए। आज देश में छुपी हुई नायाब प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने का यह काम प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से हो रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश ही नहीं विदेश में भी भारत- भारतीयता और मानव- मानवता से जुड़े विभिन्न पहलू हर रोज सामने आते रहते हैं। चेन्नई की क्रिएटिव लर्निंग का हब बन चुकी लाइब्रेरी प्रकृति आरिवागम हो, या जैव विविधता को बढ़ाने के लिए गौरैया बचाने के अभियान हो या कतरनों से कपड़ा बनाने के अभिनव और पर्यावरण हितैषी प्रयोग। प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें अपने मंच पर जगह देने से जहां ऐसे लोगों को प्रोत्साहन मिलता है तो ऐसे कार्यकलाप करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आते हैं। 'मन की बात' दुनिया का सेव सफल जन संवाद कार्यक्रम है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश में राजनीति को नई दिशा और दशा देने के लिए युवाओं के अत्यधिक सहभागिता की आवश्यकता है। जिसको ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से भी कहा था कि वह राजनीति में ऐसे सक्षम और प्रतिभावान युवाओं को लाएंगे जिनके परिवार का राजनीति से कोई लेना देना नहीं होगा। उसी के दृष्टिगत अगले साल जब पूरा देश स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती मना रहा होगा तो प्रधानमंत्री देश की राजनीति में एक लाख से ज्यादा युवाओं को राजनीति में लाने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। उनका यह प्रयास आने वाले समय में भारत की राजनीतिक विरासत को संजोने, संवारने, आगे बढ़ाने और समृद्ध करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन पर जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों को जागरूक करने के लिए आज पर्यावरण, विज्ञान एवं तकनीकी विभाग हिमाचल प्रदेश, जिला प्रशासन किन्नौर व ज़ेडटेल्स संस्था द्वारा रिकांग पियो स्थित बचत भवन में पर्यावरण फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया जिसमें वृत्तचित्रों व फिल्मों के माध्यम से उपस्थित जनों को पर्यावरण के बचाव बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग के कारण पर्यावरण में जो बदलाव आ रहा है इसे ठीक करने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि सर्वप्रथम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए जिसमें इस प्रकार के फिल्म फेस्ट अहम भूमिका निभाते हैं। डॉ अमित कुमार शर्मा ने बताया कि पेड़ों का अत्याधिक कटान, विभिन्न स्तर पर होने वाला प्रदूषण, वनों में आगजनी की घटनाएं, लोगों का शहरों की और पलायन, केमिकल फर्टिलाइजर्स का उपयोग इत्यादि ऐसी वजह है जिससे पर्यावरण बदलाव होता है। इसे रोकने के लिए हम सभी को जागरूक होना पड़ेगा व अपने अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करना पड़ेगा। उन्होंने उपस्थित जनों से आग्रह किया कि सभी अपने स्तर पर प्रदूषण को रोकने का प्रयास करें व अन्य को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों व पेंटिंग्स का अवलोकन भी किया। इस दौरान उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण पर उनके विचारों को भी सुना गया तथा लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के विशेषज्ञों से ऑनलाइन संवाद स्थापित किया व अपने संशयों को दूर किया।इस अवसर पर वन विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसके माध्यम से लोगों को वनों के संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया और पेड़ों के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ मेजर शशांक गुप्ता, सहायक आयुक्त ओ.पी यादव व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
** चौहारघाटी त्रासदी से पीड़ित परिवारों के लिए समाजसेवियों का सहयोग जारी पधर: चौहारघाटी की ग्राम पंचायत धमच्याण के राजबन गांव में 31 जुलाई को हुई भीषण त्रासदी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाजसेवी और दानवीर लगातार आगे आ रहे हैं। जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता मेहर सिंह ठाकुर ने अपनी दिवंगत बेटी स्वर्गीय मंजुला ठाकुर की चौथी पुण्यतिथि के मौके पर राजबन गांव के तीन पीड़ित परिवारों को इक्यावन-इक्यावन हजार रुपये की राशि प्रदान की। मेहर सिंह ठाकुर चौहारघाटी की ग्राम पंचायत वरधाण के राघड़ी (टिक्कन) गांव से संबंधित हैं। उनकी बेटी मंजुला ठाकुर पत्नी चमन चंदेल की गत 24 नवंबर 2020 को सड़क हादसे में दुःखद मौत हुई थी। जो पेशे से अध्यापिका थी। उनकी यादगार में, मेहर सिंह ठाकुर ने 24 नवंबर को टिक्कन में राजबन हादसे के मृतकों के परिवारों- राम सिंह, चंदन और मोहन सिंह को 51-51 हजार रुपये की मदद दी, कुल मिलाकर एक लाख तिरेपन हजार रुपये का योगदान किया। इस मदद के लिए तीनों पीड़ित परिवारों ने मेहर सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को राजबन गांव में बादल फटने से हुए हादसे में 10 लोग जिंदा दफन हो गए थे, जिनमें से 9 शव बरामद हो पाए हैं, जबकि एक युवक का शव अभी भी लापता है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज ओक ओवर, शिमला में डॉ. राकेश कुमार शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवनवृत्त’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से पाठकों को सरदार पटेल के व्यक्तित्व, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को गहराई से समझने का अवसर प्राप्त होगा। डॉ. राकेश कुमार शर्मा हमीरपुर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर), नई दिल्ली में शोधार्थी के रूप में कार्यरत रहे डॉ. शर्मा ने सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेलः जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में भूमिका’ (2022), ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन परिचय’ (2024), और ‘आयरन मैन सरदार वल्लभभाई पटेलः स्वराज संग्राम और राष्ट्रीय एकीकरण में भूमिका’ (2023) शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी, डॉ. राकेश कुमार शर्मा की पत्नी रेखा शर्मा और उनकी बेटियां स्वास्तिका और अर्जिका भी उपस्थित थीं।
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने से बड़ी संख्या में सैलानियों ने हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख करना शुरू कर दिया है। वीकेंड पर प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। दिल्ली के दफ्तरों में वर्कफ्रॉम होम शुरू होने के बाद कई सैलानियों ने होम स्टे के लिए संपर्क कर लंबे समय के लिए कमरों की बुकिंग को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वीकेंड पर शिमला, मनाली, कुल्लू और धर्मशाला में सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। शिमला में 60 से 70, मनाली में 40 से 60 और धर्मशाला में 40 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी पहुंच गई है। शनिवार को लाहौल-स्पीति की चंद्राघाटी और कोकसर में हुई ताजा बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद दिल्ली के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। इसके बाद हिमाचल में फैमिली ट्रिप पर आने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ गई है। शुक्रवार को ही शिमला में सैलानियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शनिवार को शहर की पार्किंगों में पर्यटक वाहनों के अलावा बाहरी राज्यों के टेंपो ट्रैवलर पार्क रहे। शहर के अंदर सबसे बड़ी लिफ्ट कार पार्किंग दोपहर एक बजे पैक हो गई और संचालकों ने एंट्री प्वाइंट पर पार्किंग फुल का बोर्ड लगा दिया। रिज मैदान और मालरोड पर पूरे दिन सैलानियों की खूब चहलपहल रही। धर्मशाला के होटलों में ऑक्यूपेंसी सामान्य दिनों में जहां 20 से 25 फीसदी चल रही है, वीकेंड पर 40 फीसदी तक पहुंच रही है। होटल एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्विनी बांबा ने बताया कि मैदानी इलाकों में स्मॉग से राहत के लिए मल्टीनेशनल कंपनियों के कर्मचारी वर्कफ्रॉम होम के लिए धर्मशाला के होम स्टे में पहुंचने शुरू हो गए हैं। कुल्लू के पर्यटन स्थल मनाली, मणिकर्ण, तीर्थन वैली, बंजार के जिभी और सोझा में सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। होटलों की आक्यूपेंसी 40 से 60 फीसदी तक पहुंच गई है। सोलंग नाला में पर्यटक पैराग्लाइडिंग, ब्यास में रिवर राफ्टिंग और हॉट बैलून का आनंद ले रहे हैं। चंबा के डलहौजी और खज्जियार में भी पर्यटकों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है।
** मॉडल टेस्ट पेपर के साथ मॉक टेस्ट करवाएगा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड नीट और जेईई की तैयारी में विद्यार्थियों की निशुल्क मदद करेगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड मॉडल टेस्ट पेपर देगा और मॉक टेस्ट करवाएगा। यह मॉक टेस्ट परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी फायदेमंद होंगे। शिक्षा बोर्ड से पास जिन-जिन स्कूलों ने सबद्धता प्राप्त की है, वहां पर पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिए नीट-जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए मॉडल पेपर तैयार करेगा। इन मॉडल पेपरों से अभ्यर्थी मॉक टेस्ट देकर तैयारी का आकलन स्वयं कर सकेंगे। यह मॉडल पेपर स्कूलों की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। संबंधित स्कूलों के अभ्यर्थी अपने स्कूल प्रबंधन की लॉगिन आईडी से इन मॉक टेस्टों में हिस्सा लेकर नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी तैयारी का आकलन स्वयं कर सकेंगे। निशुल्क मॉडल पेपरों का स्कूलों के अतिरिक्त अन्य अभ्यर्थी प्रयोग नहीं कर सकेंगे। यह पेपर केवल स्कूलों की ही लॉगिन आईडी पर उपलब्ध होंगे। अलग-अलग तैयार किए जाने वाले मॉडल पेपरों में संबंधित विषय के प्रश्नों का ही अभ्यास करवाया जाएगा। अगर कोई अभ्यर्थी लॉगिन आईडी पर नीट का मॉक टेस्ट देना चाहेगा तो उसके लिए नीट के लिए प्रश्नपत्र उपलब्ध होंगे। इसी तरह अन्य विषयों के प्रश्नपत्रों के जरिए मॉक टेस्ट दिए जा सकेंगे। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड नीट और जेईई की तैयारी करने वाले स्कूलों के अभ्यर्थियों को निशुल्क कोचिंग देगा। इसके लिए शिक्षा बोर्ड मॉडल पेपर तैयार करेगा, जिन्हें स्कूलों की लॉगिन आईडी पर अपलोड किया जाएगा, जहां से अभ्यर्थी इन परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
** विद्यार्थियों को मोबाइल फोन पर भेजे मैसेज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की सोमवार से प्रदेश भर में 46 केंद्रों में स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इन परीक्षाओं के लिए विवि के दावे के अनुसार पहली बार 99 फीसदी एडमिट कार्ड ऑनलाइन अपलोड कर दिए हैं। छात्रों को एडमिट कार्ड को लॉग इन आईडी से डाउनलोड करने को लेकर उनके दिए नंबर पर मैसेज भी भेज दिए हैं। जिन परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड इंटरनल असेस्मेंट या किन्हीं अन्य कारणों से अपलोड नहीं हुए हैं, उसकी वजह भी मैसेज के माध्यम से भेजी गई है। छात्रों को इन कमियों को दूर करने के लिए परीक्षाएं शुरू होने से पूर्व अपने कॉलेज या विभाग में संपर्क करने को कहा गया है। इस परीक्षा में पूरे प्रदेश भर में बने केंद्रों में 35,500 विद्यार्थी अपीयर होंगे। इनमें 18,000 ऐसे हैं ,जो रेगुलर छात्र हैं। इसके अलावा 17,000 छात्र ऐसे हैं जो बतौर प्राइवेट परीक्षा में बैठेंगे या री अपीयर होंगे। नियमित छात्रों को ही आईए अवार्ड जरूरी होते हैं। इनमें से 99 फीसदी के रोल नंबर जनरेट कर दिए हैं। री अपीयर छात्रों की आईए पहले से एंटर होती है। प्राइवेट छात्रों की परीक्षा सौ अंक की होती है। इसलिए उनके रोलनंबर इंटरनल असेस्मेंट के कारण नहीं अटकते हैं। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि इस बार ऑनलाइन जनरेट किए परीक्षा एडमिट कार्ड पर ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा संचालन से संबंधित सभी तरह की समस्याओं के निपटारे के लिए अलग से बनाई निगरानी कमेटी से कॉलेज संपर्क कर सकते हैं, जिससे समस्या को तुरंत निदान हो। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमएड और बैचलर इन लाइब्रेरी साइंस और एम लिब कोर्स का परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर छात्रों के लिए अपलोड कर दिया गया है। इसके अनुसार एमएड और एम लिब की परीक्षाएं 10 से 18 दिसंबर तक होंगी। बी लिब की परीक्षाएं 7 से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चलेंगी। जिनके एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पाए हैं, उनमें अधिकतर इक्डोल विवि सेंटर फाेर डिस्टेंस एडं ऑनलाइन एजूकेशन (सीडीओई) के छात्र हैं। वे समय से सीडीओई में संपर्क कर शेष औपचारिकता को पूरा करवाएं। इससे परीक्षा से पहले उनके एडमिट कार्ड डाउनलोड हो सकेंगे। विवि में चल रहे पीजी कोर्स की परीक्षाएं जो 18 नवंबर से शुरू हुई थीं , वे संचालित की जा रही हैं। इसमें 13 विभागों के करीब 450 विद्यार्थी तय किए शेड्यूल के अनुसार परीक्षा दे रहे हैं।पीजी की 46 परीक्षा केंद्रों में शुरू हो रही स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। एडमिट कार्ड ऑनलाइन अपलोड किए जाने के साथ ही छात्रों को मैसेज से सूचित कर दिया है। जिनके कोई समस्या है, वे छात्र समय रहते परीक्षा शुरू होने से पहले अपने संस्थान में संपर्क कर कमी को दूर करवाएं ।
हिमाचल प्रदेश में जल शक्ति विभाग की पेयजल स्कीमें ऑटोमेशन (स्वचालन) सुविधा से जुड़ेंगी। हाईटेक तकनीक से कौन से पेयजल टैंक और किस लाइन में कितना पानी सप्लाई हुआ है, यह सब कुछ पंप हाउस में बैठे-बैठे पता लग जाएगा। पानी की मात्रा की टैंक एवं पाइपलाइन में उपलब्धता के लिए चिह्नित की गई स्कीमों पर डिस्चार्ज मीटर लगाए जाएंगे। इससे पानी की मात्रा का पूरा आंकड़ा अधिकारियों के पास आएगा। पानी की कमी की सूरत में इन स्कीमों में पानी की भरपाई दूसरे टैंकों से की जा सकेगी। पेयजल स्कीमों में सिग्नल के आदान-प्रदान के लिए जीएसएम प्रणाली का सहारा लिया जाएगा। हाईटेक सुविधा से स्कीमों को जोड़ने के लिए जल शक्ति विभाग के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक मददगार बनेगा। प्रारंभिक चरण में हरोली क्षेत्र की योजनाओं पर ऑटोमेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। बड़ी बात यह है कि आने वाले दिनों में टैंकों में ब्लीचिंग पाउडर डालने के झंझट से भी विभाग मुक्त हो जाएगा। इसके विकल्प में गैसेस क्लोरीनेशन के में पेयजल स्कीमों को लाया जाएगा। हालांकि, एडीबी के तहत प्रदेश की अन्य पेयजल योजनाओं को भी इस सुविधा के साथ जोड़ने का लक्ष्य है। शुरुआत में हरोली क्षेत्र में एडीबी के तहत 32.54 करोड़ रुपये से तैयार हुई रोड़ा, बालीवाल, हरोली और नगनोली आदि ग्राम पंचायतों की पेयजल सुविधाओं को इस तकनीक के साथ जोड़ने के मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। विभिन्न पेयजल स्कीमों को ऑटोमेशन (स्वचालन) तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य प्रक्रिया में है। हरोली की योजनाओं पर कार्य जारी है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से इस दिशा में चर्चा की गई है ओर उनके मार्गदर्शन में कार्य आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में स्वच्छ एवं सुचारू पेयजल सप्लाई हर गांव और घर तक होगी। सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में हाईटेक तकनीक से योजनाओं को जोड़ने का कार्य जारी है।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग में नियुक्त करीब 4,800 मल्टी टास्क वर्करों के मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की है। इस संबंध में शनिवार को अतिरिक्त सचिव लोक निर्माण सुरजीत सिंह राठाैर की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। मल्टी टास्क वर्करों को अब 4500 रुपये बजाय 5000 प्रति माह मिलेंगे। सरकार ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए हैं कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इस संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाए। बता दें, बीते दिनों की हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया गया था।
** फायर ब्रिगेड गांव तक नहीं पहुंची जिला कुल्लू की लग घाटी के दुर्गम गांव तयून में बीती शाम के समय अचानक आग लग गई। आग लगने के चलते पांच मकान पूरी तरह से चलकर राख हो गए हैं। वहीं, सड़क न होने के चलते अग्नि शमन विभाग की टीम मौके तक नहीं पहुंच पाई। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और अब प्रभावित परिवारों को राहत देने का भी काम किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बीती शाम के समय अचानक एक मकान में आग लग गई और आग ने अपने साथ लगते अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि पल भर में ही पांच मकान जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और अब आग लगने के कारण हुए नुकसान की रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। बता दें कि कुल्लू जिले की लग घाटी का तयून गांव काफी दुर्गम है। अभी तक यहां पर सड़क नहीं निकली है। ऐसे में गांव तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंच सकती है। इसी के चलते ग्रामीणों को फायर ब्रिगेड की सहायता नहीं मिल पाई है और देखते ही देखते पांच परिवारों के आशियाने जल कर राख हो गए। अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से हलका पटवारी को मौके पर भेजा गया। इस संबंध में एसडीएम सदर विकास शुक्ला ने कहा, "तयून गांव में आग लगने से पांच मकान जल गए हैं। अग्निकांड की घटना से प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा नियमानुसार फौरी राहत दी जाएगी।
फतेहपुर/ संजीव खटटा: फतेहपुर उपायुक्त हेमराज बैरवा ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों का नियमित तौर पर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के गरीब तथा वंचित वर्गों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं और अधिकारी फील्ड में कैम्प लगा कर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें ताकि पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुँच सके। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति पर भी अधिकारियों से रिपोर्ट ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से राजस्व मामलों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने व मामलों के तुरन्त निपटारे के भी निर्देश दिए ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर एसपी अशोक रत्न तथा एसडीएम विश्रुत भारती भी उनके साथ मौजूद रहे।
*मेले में रक्तदान शिविर का भी हुआ आयोजन पधर में आयोजित उप मंडल स्तरीय रेड क्रॉस मेले में विभिन्न महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खासा समां बांधा। समारोह में एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान "नशा मुक्त पधर-स्वस्थ पधर" थीम पर संदेश दिया गया। इस दौरान एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि नशे के दुष्प्रभाव से आज की युवा पीढ़ी को बचाना व जागरूक करने के लिए समाज के हरेक व्यक्ति का नैतिक दायित्व व कर्तव्य है। नशा मुक्त समाज निर्मित करने के लिए सबका सहयोग जरूरी है। युवा शारीरिक व मानसिक तौर से स्वस्थ होंगे, तभी देश समृद्ध व मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोगी बनने का आग्रह किया है। साथ ही स्वस्थ जीवन जीने व नशे से दूर रहकर खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। इस दौरान युवाओं को नशा आदि कुरीतियों से दूर रखने के लिए खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला व पुरूष वर्ग के विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लिया। मेले के दौरान वाॅलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन , शॉट पुट, हाई जंप, लांग जंप ,कुर्सी दौड़, मटका फोड़ आदि खेलों का भी आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में विकास खंड कार्यालय की कुसुम विजेता रही। मटका फोड़ में महिला मंडल बड़वाहण की सरोज विजेता रही। वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता में स्थानीय नेताजी सुभाष चंद्र मेमोरियल उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। बैडमिंटन प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में आईटीआई पधर विजेता रहा, जबकि छात्रा वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सियून की खिलाड़ी विजेता रही। एथलेटिक्स प्रतियोगिता शॉट पुट में पधर स्कूल का कृष और डिग्री कॉलेज नारला की कमलेश विजेता रही। ऊंची कूद में पधर स्कूल के आयुष और कृतिका ने बाजी मारी। लंबी कूद में गरलोग स्कूल का मनीष और पधर की कृतिका विजेता रही। इस दौरान सेवा आश्रय संगठन के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें रक्तदानियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में विभिन्न विभागों के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं को दर्शाती विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने जमकर सराहा। वहीं महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए कचोरी, भल्ले और लड्डू के स्टाल में खासी भीड़ उमड़ी। सेवा आश्रय संगठन द्वारा 10 निसहाय दिव्यांग लोगों को व्हीलचेयर भी वितरित की गई।
जिला कुल्लू की उझी घाटी के पंनगा शेगली सड़क मार्ग पर एक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुल्लू पुलिस द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। वहीं, अब पुलिस सड़क हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पंनगा शेगली रोड पर एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है और गाड़ी सवार एक अन्य व्यक्ति हादसे में घायल हो गया है। गाड़ी सवार दूसरे घायल व्यक्ति सुखराज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वो गाड़ी के ड्राइवर सेस राम के साथ आ रहा था। इसी दौरान ड्राइवर सेस राम का गाड़ी से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क से नीचे जा गिरी। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों गाड़ी सवारों को गाड़ी से बाहर निकाला। इलाज के लिए पहले उन्हें पतलीकूहल ले जाया गया। जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही गाड़ी के ड्राइवर सेस राम ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुखराज का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया, मृतक व्यक्ति की पहचान से सेस राम (उम्र 21 साल), निवासी सोखनी बड़ाग्रा के रूप में हुई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
** समिति ने गैर सरकारी संस्था में जाकर दिव्यांग बच्चों के लिए किया सेवा कार्य ** बच्चों को मिष्ठान, फलाहार, और अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री की प्रदान सत्य साईं सेवा समिति कुनिहार ने सत्य साईं बाबा के 99वे जन्मोत्सव को बहुत ही हर्षोलल्लास और उमंग के साथ मनाया l इस अवसर पर कुनिहार समिति ने विभिन्न भजन संकीर्तन, सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजन कर साईं बाबा के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की l इस पावन अवसर पर कुनिहार समिति ने विशेषत: गणपति एजुकेशन सोसाइटी के अंतर्गत कार्यरत दिव्यांग एवं विशिष्ट बालको की सेवार्थ गैर सरकारी संस्था में जाकर के ऐसे विशिष्ट एवं दिव्यांग बालकों के लिए नारायण सेवा के रूप में मिष्ठान, फलाहार एवं सर्दियों में उपयोग होने वाले गर्म वस्त्र वितरित किए l साथ ही वहां पर भजन संकीर्तन के साथ-साथ साईं सेवा संगठन द्वारा चलाए जा रहे विश्व भर में मानवीय एवं आध्यात्मिक कार्यों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला l संगठन द्वारा सत्य साईं बाबा के बताए हुए मार्गदर्शन एवं पद चिन्हो पर चलते विश्व स्तर पर मानवीय मूल्यों की शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के कार्य निस्वार्थ भावना के साथ निरंतर चलाए जा रहे हैं l इस सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कुनिहार समिति के संयोजक देवी दत्त परिहार ने बताया कि इस अवसर पर गणपति एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष रोशन लाल शर्मा ने भी अपने संबोधन में सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा चलाए जा रहे निष्काम एवं मानवीय कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की l इस अवसर पर समिति के सदस्यों में गीता राम, हिरा दत शर्मा ,शकुंतला ,निर्मला ,बंती देवी,सुनीता ,सीमा के साथ-साथ गैर सरकारी संस्था कुनिहार के सभी सदस्य सम्मिलित रहे l इस कार्यक्रम के बाद समिति ने दो घंटे का अखंड भजन संकीर्तन का आयोजन किया और उसके बाद वहां पर सभी को प्रसाद वितरित किया गया l
** बोले, बोर्ड अध्यक्ष को हटा अपने हाथों में निगम की कमान लें मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के 18 होटल को बंद करने के हाइ कोर्ट के आदेश के बाद से प्रदेश में HPTDC के होटलों का मुद्दा लगातार गर्माया हुआ है, हालांकि हिमाचल हाई कोर्ट ने ताजा आदेशों में 18 में से 9 होटलों को 31 मार्च तक खोले रखने के आदेश दिए हैं मगर 9 होटल 25 नवंबर तक बंद करने के आदेश बरकरार हैं। इसको लेकर अब हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ ने सभी 18 होटलों को खुला रखने की अपील उच्च न्यायालय में करने की बात कही है। संघ ने सरकार और पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आर एस बाली की कार्यप्राणी पर भी सवाल उठाए हैं। पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ ने निगम के के चेयरमैन आर एस बाली को हटाने की मांग करते हुए निगम की कमान मुख्यमंत्री से अपने हाथों में लेने की मांग की है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ का कहना है कि संघ उच्च न्यायालय में सभी 18 होटल को खुला रखने को लेकर याचिका दायर करेगा। उन्होंने कहा कि बंद किए गए होटल में से कई की होटलों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में इन होटलों को खुला रखना चाहिए। पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ का कहना है कि न्यायालय ने केवल ऑक्युपेंसी को आधार बनाकर अपना फैसला सुनाया है प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने सही ढंग से निगम का पक्ष अदालत के सामने नहीं रखा। पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ का कहना है कि बीते 4 से 5 दिनों से प्रदेश में पर्यटन निगम के होटल को लेकर बवाल मचा हुआ है लेकिन निगम के अध्यक्ष अभी तक सामने नहीं आए। कर्मचारी संघ का कहना है कि पर्यटन निगम के होटल जाने की स्थिति में है लेकिन उनकी ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। प्रेस वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ ने पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष को हटाने की मांग करते हुए निगम की कमान मुख्यमंत्री से अपने हाथों में लेने की मांग की।
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सड़क हादसों में लोग दम तोड़ रहे हैं। ताजा मामला शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू से सामने आया। रोहड़ू में शुक्रवार को एक गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति रोहड़ू क्षेत्र के नासरी गांव का रहने वाला था। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि सारी क्वाटर नामक स्थान पर एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को स्थानीय व्यक्ति राकेश कुमार ने बताया कि लगभग सुबह 9:30 बजे, जब वो सुंगरी में ढाबे के पास अन्य लोगों से बात कर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि नासरी रोड़ पर सारी क्वार्टर नामक स्थान पर एक गाड़ी सड़क से करीब 200-250 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी, जिसके बाद वो लोग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने देखा की एक गाड़ी (नंबर HP 10A 9723) सड़क दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। गाड़ी में एक व्यक्ति सवार था, जो कि गाड़ी से करीब 10 फीट नीचे घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया, रोहड़ू में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। फिलहाल सड़क हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
** 25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ी कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीम ने शनिवार सुबह शिमला रेलवे स्टेशन से पैनोरमिक विस्ताडोम ट्रेन का आखिरी ट्रायल किया गया। शिमला रेलवे स्टेशन से सात कोच वाली पैनोरमिक ट्रेन सुबह करीब 11:50 बजे कालका के लिए रवाना हुई। हालांकि, इसका निर्धारित समय सुबह 11:30 बजे था लेकिन तकनीकी खामी से ट्रेन लेट रवाना हुई। ट्रायल के दौरान ट्रेन की स्पीड भी 25 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रही। इस ट्रैक पर अन्य ट्रेनें भी 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार में चलती हैं। ट्रेन में नागरिक उड्डयन मंत्रालय समेत रेल बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि रेल सेक्शन के बीच ट्रेन को रोक कर जांच की जाएगी। इसी जांच पर चीफ कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीसीआरएस) मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। यह ट्रायल 24 नवंबर तक चलेगा। सीसीआरएस की रिपोर्ट आने के बाद ही रेल मंत्रालय पैनारमिक विस्ताडोम कोच को चलाने का निर्णय लेगा।
हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों के ऊंचाई वाले भागों में आज बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आने के आसार हैं। उधर, राज्य के चार स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 23 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, किन्नाैर, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इससे आगामी तीन-चार दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की कमी आने की संभावना है। वहीं अन्य भागों में आगामी सात दिनों तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। शिमला में आज धूप खिली है। विभाग ने बिलासपुर और सुंदरनगर में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। मंडी जिला प्रशासन बर्फबारी के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें बर्फबारी से पहले अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्दियों के दौरान आपदा प्रबंधन के लिए हर विभाग एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें। उनका मोबाइल नंबर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ साझा किया जाए। बताया कि बर्फबारी के अलर्ट के दौरान संबंधित क्षेत्र का कोई भी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य क्षेत्र को छोड़कर न जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऐसे स्थानों को चिह्नित करें, जहां बर्फबारी के दौरान अधिक सड़कें बंद होने की संभावना रहती है। वहां पर समय रहते जरूरी मशीनरी और ऑपरेटर तैनात किए जाएं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि सर्दियों के दौरान जिले में चौहारघाटी, सराजघाटी, शिकारी देवी, कमरूनाग क्षेत्र, रोहांडा, बरोट, पराशर, थुनाग, जंजैहली और गाड़ागुसैणी इत्यादि क्षेत्रों में अत्यधिक बर्फबारी की संभावना रहती है।
हिमाचल में नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। बिजली बोर्ड में युवाओं को नौकरी मिलने वाली है। सुक्खू सरकार बिजली बोर्ड में दैनिक वेतन पर टी मेट के 1030 पद भरने जा रही है। शिमला स्थित सचिवालय में प्रदेश सरकार, बिजली बोर्ड कर्मचारी एवं बिजली बोर्ड प्रबंधन के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें जल्द औपचारिकताएं पूरी कर पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने की निर्देश दिए गए। प्रदेश सचिवालय में आयोजित बैठक में सरकार की तरफ से प्रधान सचिव मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा सचिव राकेश कंवर, विशेष सचिव ऊर्जा अरिंदम चौधरी ने हिस्सा लिया। वहीं, बिजली बोर्ड प्रबंधन की ओर से निदेशक एमजी शर्मा, मनोज उपरेती और कार्यकारी निदेशक ईशा ठाकुर ने भाग लिया। ज्वाइंट फ्रंट की ओर से ई लोकेश ठाकुर, हीरा लाल वर्मा सहित 9 पदाधिकारियों ने भाग लिया। आधे घंटा तक चली इस बैठक में 66 केवी लाइन पूह से काजा का निर्माण कार्य बिजली बोर्ड को देने को लेकर चर्चा की गई। सरकार ने इस कार्य को बिजली बोर्ड से छीनकर संचार निगम को दे दिया है, जिस पर कर्मचारियों के ज्वाइंट फ्रंट ने सरकार से पुनर्विचार किए जाने की मांग की है। वहीं, बैठक में बिजली बोर्ड में समाप्त किए गए इंजीनियरों के 51 पदों के फैसले पर पुनर्विचार कर बहाल करने, बिजली बोर्ड से छंटनी किए 81 आउटसोर्स ड्राइवर के फैसले पर पुनर्विचार करने पर चर्चा हुई। इसको लेकर बोर्ड प्रबंधन को उचित निर्णय लिए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ज्वाइंट फ्रंट ने बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन के फैसले को लागू करने की भी मांग रखी, जिस पर सरकार की तरफ से कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का भरोसा दिया गया है। वहीं, कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों को ज्वाइंट फ्रंट के साथ चर्चा कर सहमति से ही लागू किए जाने का भी आश्वासन दिया गया है। इसके अतिरिक्त बैठक में बिजली बोर्ड एवं कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दो जैसे उदय योजना, बोर्ड की वित्तीय स्थिति और बोर्ड के कार्य के बारे में फैसला लिए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के सीजन के आते ही ठंड का कहर भी बढ़ने लगा हैं। खासकर प्रदेश के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में बढ़ती ठंड से तापमान काफी गिर गया है, जिससे लाहौल-स्पीति जिले में सड़कों पर बर्फ के जमने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी के चलते डीसी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल और स्पीति राहुल कुमार ने आदेश जारी करते हुए 23 नवंबर से अगले साल गर्मियों तक ग्राम्फू से लोसर एनएच-505 (कुंजुम टॉप) यातायात के लिए बंद कर दिया है। डीसी राहुल कुमार ने बताया कि अब ग्राम्फू से लोसर एनएच-505 पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इस आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 51 के प्रावधान लागू होंगे, जिसमें 1 साल तक के कारावास या जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। डीसी लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने बताया, अत्यधिक ठंड पड़ने से कुंजुम टॉप दर्रे वाली सड़क पर बर्फ जमी हुई है। इस कारण से आपदा की घटनाओं की रोकने और यात्रियों के फंसने की स्थिति के बचने के लिए कुंजुम टॉप पर यातायात की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि पहले भी कुंजुम टॉप पर अचानक होने वाली बर्फबारी के कारण यात्री के फंस जाने की घटनाएं हुई हैं और यहां कठिन परिस्थितियों के कारण बचाव अभियान बचावकर्मियों के लिए बहुत जोखिम भरा हो जाता है। डीसी राहुल कुमार ने बताया कि बीआरओ और एसपी लाहौल स्पीति ने भी इस संबंध में यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए इस सड़क को बंद करने का आग्रह किया था। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी ने लाहौल से स्पीति जाना हो या स्पीति से लाहौल आना हो तो वह वाया किन्नौर आ जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हिप्पा शिमला में एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने हिमाचल प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए स्कूलों की क्लस्टरिंग करने और अपना विद्यालय योजना जैसे विभिन्न फैसलों के बारे में जानकारी दी। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने शिक्षा में तकनीक के इस्तेमाल की उपयोगिता पर चर्चा की। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने कहा, हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूलों की क्लस्टरिंग का फैसला संसाधनों को साझा करने के मकसद से लिया है, जिससे उनका इस्तेमाल बच्चों के हित के लिए किया जा सके। इस फैसले से स्कूलों में न तो किसी की पोस्ट खत्म होगी और न ही किसी की प्रमोशन रुकेगी। क्लस्टर सिस्टम लागू करने का मकसद यही है कि हम बच्चों के लिए कैसे बेहतर कर सकते हैं। हालांकि कई स्कूलों में कुछ शिक्षक पहले से ही ये काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा लिखित निर्देश जारी करने के पीछे सिर्फ यही मंशा है कि इस तरह के शिक्षकों को ऐसा माहौल मिले कि वे अपना काम बिना किसी बाधा के पूरा कर सकें। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने ये भी साफ कर दिया कि इन निर्देशों में ये कहा गया है कि जहां तक संभव हो, वहां क्लस्टर बनाकर स्कूल अपने संसाधनों को शेयर करें। ऐसा करके प्रदेश सरकार ने एक सिस्टम बनाने की कोशिश की है, ताकि प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों के बीच संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर कोई दिक्कत न हो। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा, हिमाचल स्कूली शिक्षा में तकनीक का बखूबी इस्तेमाल कर रहा है। तकनीक की मदद से बच्चों के सीखने की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश में पैल लैब (PAL- Personalized Adaptive Learning Lab) स्थापित करने पर विचार कर रहा है। समग्र शिक्षा निदेशक ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पैल लैब स्कूलों में सफलतापूर्वक स्कूलों में लागू की गई है। वहां इसके बेहतर रिजल्ट भी देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में हिमाचल में इस दिशा में कदम उठाने को लेकर विचार किया जा रहा है। स्कूलों में पैल लैब स्थापित करने के लिए प्रपोजल तैयार कर नीति आयोग के सामने रखा जाएगा। हिमाचल में पहले से कई स्कूलों में आईसीटी लैब है, वहां इन पैल लैब को भी स्थापित किया जा सकता है। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने बताया, पैल लैब एक ऐसा टूल है, जिसके जरिए एक क्लास में हर बच्चे के सीखने की अलग-अलग क्षमता का आकलन किया जा सकता है। किसी भी कक्षा में हर बच्चे के सीखने का स्तर अलग-अलग होता है। आमतौर पर हर बच्चे की कमजोरी और ताकत का पता लगाना शिक्षक के लिए आसान नहीं होता है, जबकि पैल लैब के जरिए ये सब आसानी से किया जा सकता है। इतना ही नहीं, इसकी मदद से कमजोर बच्चों को सुधारा भी जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश से नशा और नशा कारोबारियों का सफाया करने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। शिमला जिले में भी पुलिस मिशन क्लीन के तहत नशेड़ियों का सफाया कर रही है। ताजा मामले में राजधानी शिमला में पुलिस ने चिट्टे के बड़े सप्लायर को पकड़ा हैं। वहीं, चिट्टा तस्करी के इस धंधे में सप्लायर का पूरा परिवार भी संलिप्त है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि कुछ दिन पहले सप्लायर की पत्नी के साथ परिवार के 2 अन्य सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिनसे चिट्टा भी बरामद किया गया था। वो पांवटा साहिब से चिट्टे के साथ एक बस में शिमला आ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया और इनके जरिए शिमला पुलिस मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफल हो पाई। एसपी शिमला ने बताया कि शिमला पुलिस की टीम पुराना बस स्टैंड में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली की डाउनडेल फागली में चिट्टे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद शिमला पुलिस की टीम एएसआई पंकज शर्मा के नेतृत्व में आरोपी के ढारे में पहुंची, जिसके बाद ढारे की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.94 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है। आरोपी शिमला के डाउनडेल फागली का रहने वाला है। शिमला पुलिस के मुताबिक आरोपी अजीत कुमार शिमला शहर में चिट्टा तस्करी का बड़ा सप्लायर है। इस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। ऐसे में अब शिमला पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया, मिशन क्लीन के तहत शिमला पुलिस हर नशा तस्कर और नशे का सेवन करने वाले के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। शिमला शहर में चिट्टे का सबसे बड़ा सप्लायर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका परिवार भी तस्करी में शामिल है। किसी भी सूरत में नशेड़ियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिमला में चिट्टे का कारोबार इतना फैल चुका है कि कई परिवारों ने इसे अपना पारिवारिक धंधा बना लिया है। पुलिस शिमला में नशेड़ियों को किसी भी हालात में नहीं छोडे़गी और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।
सोलन। गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अपना 18वां वार्षिक दिवस समारोह "संवर्धन – सांस्कृतिक और खेलकूद महोत्सव 2024" शानदार तरीके से आयोजित किया। यह आयोजन स्कूल के छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा और समग्र विकास को प्रदर्शित करने का एक आदर्श मंच बना। समारोह में कर्नल संजय शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और उनके साथ कमांडिंग ऑफिसर, 1 एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सोलन, उपस्थित रहे। सम्माननीय अतिथि के रूप में प्रो. पी.के. खोसला, चांसलर, शूलिनी यूनिवर्सिटी, सोलन, ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद, छात्रों ने एक के बाद एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने विद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत किया। इस मौके पर कर्नल संजय शांडिल ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व और शारीरिक फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों को खेलकूद और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा ही वह आधार है, जो छात्रों को न केवल शारीरिक रूप से सक्षम बनाती है, बल्कि उन्हें मानसिक और नैतिक रूप से भी मजबूत करती है। उन्होंने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को उत्कृष्टता और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। इस महोत्सव का एक मुख्य आकर्षण खेलकूद प्रतियोगिताएं रहीं, जिनमें बालवाटिका से कक्षा 5 तक के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों की प्रतिभा और खेल के प्रति उनके उत्साह ने कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। विजेताओं को मुख्य अतिथि कर्नल संजय शांडिल ने ट्रॉफियां और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। समारोह का समापन विद्यालय की प्रधानाचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि कर्नल संजय शांडिल, प्रो. पी.के. खोसला और सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान के लिए सराहा। यह समारोह न केवल छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि विद्यालय की शिक्षण और सांस्कृतिक उत्कृष्टता का प्रमाण भी दिया। मुख्य अतिथि की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुनिहार की दो छात्राएं वंशिका ठाकुर और सिमरन लखनऊ में राष्ट्रिय स्तर की खेलों में हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व करेंगी I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया की हमे यह बड़े गर्व की बात है की वंशिका ठाकुर और सिमरन राष्ट्रिय स्तर अंडर-17 खेलकूद प्रतियोगिता जो की लखनऊ में 26 नवम्बर से 30 नवम्बर तक आयोजित होने वाली शॉट पुट व् हाई जम्प प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं ।उन्होंने बताया की इन दोनों छात्राओं ने राज्य स्तर खेलों में वंशिका ठाकुर ने शॉट पुट में गोल्ड मैडल और सिमरन ने ऊँची कूद में सिल्वर मैडल हासिल किया था।जिस्से इनका चयन राष्ट्रीय स्तर की खेल कूद सपर्धा के लिए हुआ है I विद्यालय अध्यक्ष ने वंशिका ठाकुर , सिमरन और इनके अभिभावकों को राष्ट्रिय स्तर की खेलों में भाग लेने के लिए शुभकामनाये दी है I विद्यालय अध्यक्ष ने बताया की ये दोनों छात्राएं 23 नवम्बर को रा० व्० मा ० विद्यालय बिलासपुर में आयोजित कोचिंग कैंप में भाग ले रही हैं I उन्होंने बताया की इस स्पर्धा के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश व् प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश के मार्ग से आयोजित राज्य सतरीय खेल कूद प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने अपना परचम लहराया है I विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने इस उपलब्धि के लिए उच्च उप शिक्षा निदेशक सोलन जगदीश नेगी , शिव कुमार शर्मा प्रारम्भिक उपशिक्षा निदेशक सोलन, एडिपीओ अशोक चौहान, शारीरिक शिक्षक अमर देव, अरुणा शर्मा का धन्यवाद व्यक्त किया है और कहा की इनके मार्ग दर्शन से ये बच्चे हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व कर विद्यालय का, इलाके का और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेगी I विद्यालय अध्यक्ष ने बताया की राष्ट्रिय स्तर की खेलों में इनके साथ शारीरिक शिक्षिका चंदर प्रभा रा० व्० मा ० विद्यालय बिषा भी मौजूद रहेंगी I विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम गुलेरिया, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने भी वंशिका ठाकुर और सिमरन राष्ट्रिय स्तर पर उम्दा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया व् शुभकामनाये दी I
** संजय पराशर कर रहे हैं भरपूर प्रयास ** हिमाचली बेटियां समुद्री नाविक बनकर मर्चेंट नेवी में बनाएं करियर: संजय पराशर हाई सैलरी, दुनिया भर में यात्रा करने का मौका और समुद्र के रोमांच का आकर्षण...बेशक मर्चेंट नेवी में नौकरी करने के लिए ये बातें प्रदेश व क्षेत्र के युवाओं को लंबे समय से आकर्षित करती रही हैं। बावजूद इस क्षेत्र में करियर कैसे बनाया जाए, उसे लेकर भी युवा पर्याप्त गांइडेंस न मिलने के कारण असमंजस में रहा। वहीं जिला मंडी के गांव कोटली व विभिन्न स्थानों पर आयोजित मार्गदर्शन शिविर के दौरान इंटरनेशनल मैरीटाइम इंस्टीट्यूट संस्थान द्वारा सेमिनार आयोजित किए गए। करियर विशेषज्ञ दलीप ने कहा कि संजय पराशर राेजगार और महिला सशक्तीकरण को लेकर विजन के तहत कार्य कर रहे हैं। अगले वर्ष में युवतियों को मर्चेंट नेवी में अधिक से अधिक राेजगार उपलब्ध हों, इसके लिए रोड़ मैप तैयार किया गया है। इस बारे में युवतियों को अपने क्षेत्र में ही मर्चेंट नेवी के बारे में पर्याप्त जानकारी मिले और इस नौकरी को पाने के लिए बाहर की दौड़ न लगानी पड़े, इसी कारण संजय पराशर के सानिध्य में ऐसे मार्गदर्शन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।इंटरनेशनल मैरीटाइम इंस्टीट्यूट , नोएडा में सीसीएमसी का कोर्स कर रही छात्रा पलक ने सेमिनार में आई छात्राओं से अनुभव शेयर किए और कहा कि बेटियों के लिए मर्चेंट नेवी में कैरियर के सुनहरे अवसर हैं लड़कियां खुद को व अपने परिवार को आर्थिक रूप से सदृढ़ बना सकतीं हैं। इस क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखने वाले कैप्टन संजय पराशर प्रदेश में रोजगार सृजन के साधनों को लेकर गंभीर व क्रियाशील हुए तो उन्हाेंने बेटियों के लिए नौकरियों का भंडार लाकर खड़ा कर दिया है। प्रदेश के बेटियों को अब मर्चेंट नेवी में नौकरी हासिल करने के लिए बाहर के प्रदेशों में दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है। उन्हें पराशर द्वारा घर-द्वार पर इस फील्ड के लिए उचित मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, इस मार्गदर्शन शिविर में ज़िला मंडी के गांव आलग और कोटली के क्षेत्रों की युवतियों ने विशेष रूचि दिखाई। आलग कोटली के स्कूल सर्वोदय इंटरनेशनल स्कूल में 70 के लगभग युवितयों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई ताे कोटली में गवर्मेंट कॉलेज में युवितयों की संख्या का आकंड़ा करीब 70 रहा। व कोटली के आलोक भारती के 70 छात्र छात्राओं ने भाग लिया।सेमीनार में पहुंची कई युवतियों ने मर्चेंट नेवी में करियर को लेकर सवाल किए, जिनका माैके पर ही विशेषज्ञों द्वारा जबाव दिया गया। शिविर में भाग लेने पहुंची लड़कियों सीमा, प्रिया, नेहा, पूजा, शिवानी, निशा, आरती, भारती, ज्योति, दीपिका ,इंदु, सुनिधि ने बताया कि सेमीनार में उन्हें करियर बनाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: हिमाचल में सियासत एक बार फिर गरमा गई है भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष शिवा कटोच ने कहा की हाईकोर्ट ने सरकार की कार्यप्रणाली पर बहुत बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है । हिमाचल भवन की प्रॉपर्टी का अटैच होना दुर्भाग्यपूर्ण है। 2 साल में ही हिमाचल गिरवी होने की स्थिति पर पहुंचे गया है, प्रदेश सरकार की छवि को हर दिन सुखविंदर सिंह सुक्खु की सरकार मिट्टी में मिला रही है। हिमाचल प्रदेश में पिछले 22 और 23 महीने से कांग्रेस पार्टी की सरकार काबिज है। सत्ता में आने के बाद वर्तमान सरकार ने 1500 संस्थान बंद करने का बहुत बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसके कारण जनता को भारी परेशानियों से गुजराना पड़ रहा है । हर तरफ से लूट, अराजकता एवं घटालों व राज्य सरकार पर्यटन निगम के 18 होटलों की बंदर बांट अपने चहतों को करना चाहती है। यह संपत्ति कांग्रेस के उन मित्रों को दी जा सकती है जिनको कैबिनेट रैंक के अध्यक्ष जैसा सम्मान नहीं मिल पाया। कांग्रेस की झूठ कि गारंटियों और भ्रष्ट नीतियों के कारण आज हिमाचल कर्ज में डूब गया है।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा : पंचरुखी में जीपीएस सलियाणा में तीन शिक्षा खंडो के दिव्यांग बच्चों का स्पीच एंड फिजियोथैरेपी कैंप लगाया गया। इस कैंप में लगभग विभिन्न दिव्यांगताओं के 70 बच्चों ने अपनी अभिभावकों के साथ भाग लिया, धर्मशाला के स्वास्थ्य में परिवार कल्याण विभाग से आए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय कानपुर की टीम से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण विशेषज्ञ सीताराम शर्मा निधि पांडे ऑडियोलाजिस्ट मधु शर्मा ने दिव्यांग बच्चों की चिकित्सा जांच करके उनको कान की मशीन टीएलम किट व अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए। दिव्यांग बच्चों के इस कैंप में विशेष रूप से प्रिंसिपल राजपुर संगीता शर्मा, बीईईओ पंचरुखी प्रवीण कुमारी सुपरिटेंडेंट संजय राणा बीआरसी ऑफिस से पंकज व शुभम लदोहीया, सुमित सालियाना केसीएचटी मीना व उनका स्टाफ चढीयार ब्लॉक के स्पेशल एजुकेटर ओमप्रकाश उपस्थित रहे ।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के तीन छात्रों ने राष्ट्रिय स्तर एशियन थाई बॉक्सिंग चैम्पियनशिप गोवा में गोल्ड मैडल पर कब्ज़ा हासिल किया है I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय से तीन छात्र ईशान ठाकुर , आर्यन , तेजस , थाई बॉक्सिंग कोच समुअल संगमा की देख रेख में राष्ट्रिय स्तर एशियन थाई बॉक्सिंग चैम्पियनशिप प्रतियोगिता 2024 में भाग ले रहे थे, जो की गोवा में इंडिया थाई बॉक्सिंग संगठन के सौजन्य से आयोजित किया गया था,जिसमे इन बच्चों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ईशान व आर्यन ने गोल्ड मैडल और तेजस ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का, इलाके का और हिमाचल का राष्ट्रिय स्तर पर नाम रोशन किया हैं I विद्यालय अध्यक्ष ने सभी बच्चों को बधाई दी हैI विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम गुलेरिया व मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने भी इन तीनो बच्चों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है I उन्होंने बताया की ये बच्चे थाई बॉक्सिंग कोच समुल संगमा के नेतृत्व में भाग ले रहे थे I विद्यालय पी टी ए अध्यक्ष, और अन्य सभी अध्यापकों ने भी इन सभी बच्चों को बधाई दी है I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया इस विद्यालय के बच्चे पढ़ाई के साथ साथ अन्य गतिविधियों में भी विद्यालय का राष्ट्रिय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं I
जसवां:परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत दी बणी कृषि सेवा सहकारी सभा समिति ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में खंड स्तर परागपुर में उत्कृष्ट कार्य करने पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है । यह जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला कांगड़ा के ज्वाली में आयोजित किया गया था । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने दी बणी कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित के सचिव रविन्द्र सिंह व प्रबंधक कमेटी को खंड स्तर परागपुर में उत्कृष्ट कार्य करने पर मोमेंटो सहित सम्मानित किया गया। दी बणी कृषि सहकारी सभा सीमित को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने पर सचिव रविंद्र सिंह ,विक्रेता राजेश कुमार ,प्रबंधक कमेटी प्रधान राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, शीशपाल, मनोहर लाल , पवन कुमार, ओमराज , प्रमोद सिंह ,प्रदीप सिंह व रणजीत सिंह ने बणी सहित अन्य कार्य क्षेत्र के लोगों ने शुभकामनाएं सहित बधाई दी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज वर्चुअल माध्यम से लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यों के लिए आवंटित किए गए बजट को समयबद्ध खर्च किया जाए, ताकि अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर सरकार के ध्यान में यह मामला लाया जा सके। उन्होंने अधिकरियों को कार्यों की प्रगति रिपोर्ट का विवरण दो दिनों के भीतर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अनुमति एवं बिना बजट प्रावधान के कोई भी निर्माण कार्य न किया जाए। यदि ऐसा हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों की जबावदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एफआरए के अंतर्गत किसी निर्माण कार्य में बाधा आ रही है तो संबंधित अधिकारियों को तुरंत अवगत करवाया जाए। उन्होंने निविदा प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अभिषेक जैन, प्रमुख अभियंता एन.पी. सिंह, मुख्य अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग सुरेश कपूर और सभी जिलों से मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशाषी अभियंता भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने प्रैसवार्ता में कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता दूसरे राज्यों में चुनावों के दौरान प्रदेश की छवि को धूमिल करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अपनी राजनीतिक महत्वकाक्षाओं के चलते बिना तथ्यों के गलत ब्यानबाजी कर प्रदेश के लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता सहित अन्य भाजपा नेता देश में प्रदेश की छवि को बनाने की जगह निरतंर बिगाड़ने का कार्य कर रही ह, जबकि भाजपा नेताओं को प्रदेश हित में आगे आकर सरकार का साथ देना चाहिए ताकि मुख्यमंत्री के राज्य को आत्म निर्भर बनाने के संकल्प को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से एक पुराने मामले में आए आदेशों में दिल्ली स्थित हिमाचल भवन को अटैच करने के संबंध में भाजपा नेता तथ्यों से परे ब्यानबाजी कर रही है उन्होंने कहा कि यह मामला वर्ष 2009 का भाजपा सरकार के कार्याकाल से जुड़ा हुआ है तथा इस संबंध में प्रदेश के लोगों को भ्रमित कर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से इस प्रकार के आदेश पूर्व भाजपा सरकार के कार्याकाल में भी आते रहे है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि पूर्व सरकार के कार्याकाल में किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा नहीं मिलने की स्थिति में ऊना रेलवे स्टेशन को अटैच करने के आदेश दिए जा चुके है। उन्होंने कहा कि माननीय हाईकोर्ट द्वारा 64 करोड़ रुपये के अग्रिम प्रीमियम भुगतान मामले के संबंध में दिए गए आदेश भी इसी प्रकार का एक मामला है। उन्होंने इस मामलेे को लेकर विपक्ष के नेता पर तथ्यहीन ब्यानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि हम इसके लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, जिसमें हिमाचल भवन को कुर्क करने का आदेश दिया गया था। सरकार के पास कानूनी कदम उठाने के विकल्प खुले हैं। उन्होंने कहा कि किन्नौर स्थित 960 मेगावाट की जंगी-थोपन और थोपन-पोवारी जलविद्युत परियोजनाओं के एक मामले में भी, मेसर्ज अडानी पावर लिमिटेड ने 280 करोड़ रुपये का अग्रिम प्रीमियम वापस करने के लिए अदालत का रुख किया था और इस मामले में भी एकल पीठ के फैसले को डबल बेंच ने खारिज कर अग्रिम प्रीमियम जब्त करने को सही करार दिया था। नरेश चौहान ने कहा कि इस मामले में भी सरकार सभी पहलुओं पर विचार कर रही है और कानूनी रास्ता अपनाएगी। उन्होंने कहा कि एचपीटीडीसी के 18 होटलों को लेकर उच्च न्यायलय के आदेशों का भी राज्य सरकार गहनता से अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम के होटलों की स्थिति को जांचने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा एक सेवानिवृत आईएएस अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी भी गठित की गई है। इस कमेटी की रिपोर्ट व सुझावों का भी राज्य सरकार अध्ययन करेगी। प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पूर्व भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्याकाल के दौरान निगम के होटलों को साजिस के तहत निजी हाथों में लीज पर देने की पूरी तैयारी कर ली गई थी और मामला विधानसभा में भी पहुंच चुका था। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विरोध होने के बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उस, मामले का भी गहनता से अध्ययन करेेगी। उन्होेेंने कहा कि होटलों का यह मामला वर्तमान सरकार के दो वर्षो का नहीं है बल्कि पिछली भाजपा सरकार के कुप्रबंधन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश भर में कांग्रेस की चुनी हुई राज्य सरकारों को निरंतर अस्थिर करने का प्रयास कर रही है लेकिन प्रदेश की जनता इससे भलीभान्ति परिचित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहित ने अनेक निर्णय लिए है। सुख-आश्रय योजना लाकर प्रदेश के लगभग 6 हजार बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट घोषित किया है और इस संबंध में कानून बनाने वाला हिमाचल प्रदेश, देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष इस मामले में चुप क्यों है? उन्होंने भाजपा से सवाल किया है कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान योजना, राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना, सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा में अंग्रेजी माध्यम शुरू करने जैसे फैसलों और कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर भाजपा चुप क्यों है? उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि वे लोगों को भ्रमित करने के बजाए प्रदेश हित में राज्य सरकार के पक्ष को दिल्ली में भारत सरकार के समक्ष मजबूती से रखने में सहयोेग करें।
सोलन के सेंट ल्यूक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा देविका शर्मा ने कोलकाता में राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होकर अपने गृहनगर को बहुत गौरवान्वित किया है। यह टूर्नामेंट 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। शूलिनी विश्वविद्यालय में कानूनी अध्ययन के डीन डॉ. नंदन शर्मा और डॉ. गीतांजलि शर्मा की बेटी देविका शर्मा बचपन से ही बास्केटबॉल की शौकीन रही हैं। इन वर्षों में, उन्होंने कई इंटर-स्कूल, क्लस्टर और राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों में अपने स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्हें लगातार चार वर्षों तक "सर्वश्रेष्ठ एथलीट पुरस्कार" से भी सम्मानित किया गया है और उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान अपनी एनसीसी पलटन की कमान भी संभाली थी। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन, सोलन द्वारा देविका का चयन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है क्योंकि वह इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली सेंट ल्यूक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की एकमात्र लड़की बन गई है। गौरवान्वित माँ और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्वर संगीत में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त डॉ. गीतांजलि शर्मा ने कहा, “देविका की कड़ी मेहनत और समर्पण आखिरकार सफल हो गया। यह उपलब्धि उनके लिए एक सपने के सच होने जैसी है और हमें उन पर बेहद गर्व है। उनके पिता डॉ. नंदन शर्मा ने भी गर्व व्यक्त करते हुए कहा, देविका को हमेशा से बास्केटबॉल का शौक रहा है। यह उपलब्धि उनके दृढ़ संकल्प और फोकस को दर्शाती है। हम उन्हें इतने बड़े मंच पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखकर रोमांचित हैं। देविका के कोच और शिक्षकों ने उनकी अटूट प्रतिबद्धता और अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें बधाई दी ।
** सरकार जल्द बुलाए जीसीसी की बैठक: के डी शर्मा जिला सोलन पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की नवगठित कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक बुधवार को ग्राम पंचायत सायरी के वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स कल्याण संगठन कार्यालय में जिला अध्यक्ष केडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई और ज्यादा से ज्यादा पैंशनरों को संघ की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि संगठन की लंबे समय से राज्य कार्यकारिणी की संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक आयोजित नहीं हो रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कई बार आश्वासन दिया कि बहुत जल्द पेंशनर्स संघ के साथ जेसीसी की बैठक को आयोजित किया जाएगा तथा जेसीसी का गठन किया जाएगा, लेकिन अभी तक कोई भी संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक नहीं बुलाई गई है और न ही जीसीसी का गठन किया गया। इससे पेंशनरों में प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी ने राज्य स्तर पर जेसीसी की बैठक आयोजित न होने पर खेद व्यक्त किया और सरकार से मांग की कि शीघ्र ही जेसीसी की बैठक को बुलाया जाए। केडी शर्मा ने कहा कि नए छठे वेतन आयोग जो जनवरी, 2016 से लागू किया गया है, जिसके तहत अभी तक जनवरी, 2016 से फरवरी, 2022 के बीच के सेवानिवृत कर्मचारियों को न तो अभी तक लीव इन कैशमेंट का एरियर, न ग्रेच्युटी का एरियर और न ही कम्युटेशन आदि का लाभ मिला है। यही नहीं महंगाई भत्ते का एरियर जुलाई, 2022 से मार्च, 2024 का एरियर रोक कर रखा गया है, जबकि केंद्र सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते की एक किस्त जारी कर दी है। इस प्रकार 11 प्रतिशत महंगाई भत्ता सरकार के विचाराधीन है। केडी शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग को दोहराते हुए कहा कि एकमुश्त लंबित सारे एरियर का भुगतान किया जाए। पैंशनरों को हर महीने की प्रथम तारीख को पेंशन मिलनी चाहिए। जिलाध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों में मेडिकल बिल पेंडिंग पड़े हैं, जिनका भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बहुत से पेंशनर जीवन के अंतिम पड़ाव पर किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त है जिन्हें दवा का ही सहारा है। इसलिए पैंशनरों के पेंडिंग मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। बैठक में आगामी 17 दिसम्बर को होने वाले अखिल भारतीय पेंशनर दिवस को जिला स्तर पर मनाने बारे चर्चा की गई तथा निर्णय लिया गया कि इस बार अखिल भारतीय पेंशनर दिवस 17दिसम्बर को जिला स्तर पर बरोटिवाला में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। बैठक में जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीआर भारद्वाज, महासचिव जगदीश पंवर, कोषाध्यक्ष मनसा राम पाठक,मीडिया प्रभारी डी डी कश्यप ,राज्य प्रतिनिधि सूर्यकांत जोशी सहित सभी जिला के सभी यूनिटों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत मण्डल सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने बताया कि 21 नवम्बर को दोपहर 01.00 बजे से सांय 03.00 तक मॉल रोड, अप्पर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद काम्पलेक्स, न्यायालय परिसर, लोक निर्माण विभाग कालोनी, क्लीन, सेर क्लीन, सन्नी साईड, विवान्ता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फोरेस्ट रोड, जौणाजी, शिल्ली, अश्वनी खड्ड, दामकड़ी, फशकना, फ्लाइ, मेला मैदान, हरट, बेल, नेरी, गण की सेर, मनसार, जोखड़ी, हॉट मिक्स के आस-पास के क्षेत्र, ग्रानी, सलोगड़ा के कुछ क्षेत्र, सेवला, बरड बस्ती, ब्रुरी, तरण-तारण, पडग, विनसम होटल, दाउंसी, घलूत, कडहारी, कोठी, कथोग, बजड़ोल, नडोह, शामती, डमरोग, ऑफिसर कालोनी, कोटलानाला, कथेड़, मिनी सचिवालय, लक्कड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, उपायुक्त आवास क्षेत्र, मोहन कालोनी, मधुबन कालोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम तथा आस-पास के क्षेत्र, चौक बाजार, सर्कुलर मार्ग, धोबीघाट, आई.टी.आई, पुराना बस अड्डा, सेंट ल्यूक्स, अंबुशा होटल, चेस्टर हिल्स, अमित अपार्टमेंट्स, सुंदर सिनेमा, जौणाजी मार्ग, डिग्री कॉलेज, ठोडो मैदान क्षेत्र, खनोग, मतियूल, खलीफा लॉज, जे.बी.टी मार्ग, सूर्य विहार, तहसील परिसर, टैंक रोड, खुन्डीधार, र्साइंटिस्ट कालोनी, नया बस अड्डा, पुलिस लाईन, सब्जी मण्डी, सेरी, चम्बाघाट चौक, बसाल मार्ग, बसाल, गुगाघाट, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र बसाल, घडयाल, डांगरी, शिरी, धाला, पट्टी, दयोली की सेर, गरा, पोकन, बाडा, धरोट, सलुमना, ब्लेसिंग हेल्थ केयर, सूर्य किरण, बावरा, गरीब बस्ती, फोरेस्ट कालोनी, एन.आर.सी.एम, करोल विहार, डी.आई.सी कालोनी, मेहर सिंह कालोनी, बेर की सेर, जराश, बेर पानी, बेर गांव, बेर खास, कोनार्क होटल एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन दोपहर 01.00 बजे से सायं 03.00 बजे तक आंजी, शमलेच, शराणु, नगाली, शुमती, चेवा, बडोग, बाडा, कलोल, कोरो-कैंथडी, लघेचघाट, पॉवर हाउस रोड, डाकघर सपरुन, आयुर्वेदिक अस्पताल, हाउसिंग बोर्ड कालोनी फेज 1 और 2, रबौन, एससीईआरटी, निगम विहार, देहूंघाट, पडगल, कायलर, देवठी, तार-फैक्टरी, घट्टी, लवीघाट, डोमिनोज, गुरूद्वारा, ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
** न्यूनतम फीस की मंजूरी के लिए सरकार को भेजा हैं प्रस्ताव शिमला: आईजीएमसी अस्पताल में बुधवार को कार्यकारी समिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में फैसला लिया गया कि अस्पताल में जो टेस्ट मरीजों के निशुल्क होते हैं। उन टेस्टों की न्यूनतम फीस लेने का प्रस्ताव बैठक में तैयार किया गया। 133 मेडिकल टेस्ट हैं निशुल्क: IGMC में मरीजों के 133 मेडिकल टेस्ट निशुल्क करवाए जाते हैं। इन टेस्टों की न्यूनतम फीस लेने के प्रस्ताव को अब मंजूरी के लिए सरकार को भेजा जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल में अब डॉक्टरों व कर्मचारियों को पार्किंग शुल्क भी देना होगा। बैठक में इस प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। डॉक्टरों व कर्मचारियों को 250 रुपये पार्किंग का मासिक शुल्क देना होगा। इसके साथ ही डॉक्टरों व कर्मचारियों को अपने दस्तावेज जमा करवाने होंगे. इसके बाद ही वह पार्किंग में अपनी गाड़ी को पार्क कर पाएंगे। बता दें कि इससे पहले किसी भी तरह का कोई भी पार्किंग शुल्क कर्मचारियों व डॉक्टरों से नहीं लिया जाता था। आईजीएमसी में ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का काम किसी तकनीकी टीम को दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इस काम को करने से मना कर दिया है। अस्पताल तकनीकी टीम को बुलाएगा। इसके बाद अस्पताल में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो सकता है। अस्पताल में जो भी कंपनी पहले से सफाई का काम कर रही है। उस कंपनी को ही सफाई का काम फिर से दिया गया है।
** शामती बाईपास पर हवा में लटका जेसीबी को लेकर जा रहा ट्रक हिमाचल प्रदेश सोलन जिले के शामती बाईपास पर सुबह-सुबह एक ट्राला हादसे का शिकार हो गया। यह ट्राला जेसीबी मशीन लादकर जौनाजी की और जा रहा था। इस दौरान मोड पर चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्राला पैराफिट के ऊपर चढ़ गया और आधा सड़क से बाहर लटक गया। घटना में चालक और अन्य लोग सुरक्षित हैं। अगर यहां पैराफिट न होता तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी।


















































