हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती 26 अगस्त को सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के प्रवास पर आ रहे हैं। सतपाल सिंह सत्ती 26 अगस्त को प्रातः 11.00 बजे बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के बद्दी स्थित हाॅल में विकास खण्ड नालागढ़ के जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा सदस्यों, कुछ ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा नगर परिषद परवाणू, बद्दी एवं नालागढ़ के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
जिला दंडाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने जिला में आवश्यक वस्तुओं का अधिकतम परचून मूल्य निर्धारित करने के संबंध में 09 जुलाई को जारी अधिसूचना को अगले 2 माह तक प्रभावी रखने के आदेश जारी किए हैं। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश 1977 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार बकरा अथवा भेडे का मीट 450 रुपये प्रति किलोग्राम, सूअर का मीट 250 रुपये प्रति किलोग्राम, ड्रेस्ड चिकन तथा डेस्ड ब्राॅयलर 200 रुपये प्रति किलोग्राम, बिना तली मछली 250 रुपये प्रति किलोग्राम, तली हुई मछली 300 रुपये प्रति किलोग्राम तथा जीवित मुर्गे का मूल्य 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। जिला के ढाबों तथा प्रतिष्ठानों में तंदूरी चपाती 07 रुपये प्रति चपाती, तवा चपाती 06 रुपये प्रति चपाती, भरा हुआ परांठा 25 रुपये प्रति परांठा, फुल डाईट (चावल चपाती एवं दाल तथा सब्जी) 70 रुपये, एक प्लेट चावल 50 रुपये प्रति प्लेट, दाल फ्राईड 60 रुपये प्रति प्लेट, मीट करी 120 रुपये प्रति प्लेट, चिकन करी 100 रुपये प्रति प्लेट, वेजीटेबल स्पेशल 70 रुपये प्रति प्लेट, मटर अथवा पालक पनीर 90 रुपये प्रति प्लेट, सब्जी अथवा चना एवं दही के साथ 02 पूरी 50 रुपये प्रति प्लेट तथा रायता 50 रुपये प्रति प्लेट निर्धारित किया गया है। यह अधिकतम परचून मूल्य है। स्थानीय दूध की दर 40 रुपये प्रति लीटर, सभी ब्रान्ड के पैकेट वाले दूध की दर मुद्रित मूल्य के अनुसार, पनीर 260 रुपये प्रति किलोग्राम तथा दही का मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। यह अधिकतम परचून मूल्य है। सभी ब्रान्ड के शीतल पेय मुद्रित दर के अनुसार विक्रय किए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करना समय की मांग है और इस दिशा में केन्द्र तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सत्त प्रयास किए जा रहे हैं। डाॅ.सैजल आज यहां इंडियन फार्मर्ज अलायन्स द्वारा ‘उन्नत किसान उन्नत कृषि’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी एवं सफल किसान सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। डाॅ.सैजल ने कहा कि आज भी कृषि आर्थिकी का मज़बूत स्तम्भ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमें रासायनिक खेती से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना है। अनेक अनुसंधानों ने यह सिद्ध किया है कि रासायनिक खेती मनुष्य सहित अन्य जीव-जन्तुओं एवं उपजाऊ भूमि के लिए हानिकारक सिद्ध हो रही है। इस दिशा में हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना सभी को राह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर जहां सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सुरक्षित खाद्यान्न की पैदावार की जा सकती है वहीं कृषि योग्य भूमि को अन्नत काल तक उपजाऊ रखा जा सकता है। राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, जिला परिषद सोलन की पूर्व अध्यक्ष शीला, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भारती के प्रधान मीना राम, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, डाॅ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वद्यालय नौणी के कुलपति परविन्द्र कौशल, नौणी विश्वविद्यालय में विस्तार शिक्षा के पूर्व निदेशक डाॅ.ओपी शर्मा, आईफा पंजाब के अध्यक्ष सरदार तेजेन्द्र सिंह, प्रगतिशील किसान संगठन सोलन के महासचिव बलदेव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा किसान इस अवसर पर उपस्थित थे।
बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ सोलन ने प्रदेश स्तर पर पीईटी के पदों को भरने का हिमाचल प्रदेश सरकार के कदम का स्वागत किया है।संघ के प्रधान यतेन्द्र पाल ने कहा कि बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ सोलन हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा कल शारीरिक शिक्षकों के 870 पद भरने की मंजूरी प्रदान करने का स्वागत करता है l संघ पिछले कई वर्षों से सभी पीईटी के पदों को भरने की पुरजोर मांग सरकार के समक्ष विभिन्न स्तरों पर समय-समय पर करता रहा है, जिस पर सरकार द्वारा सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन संघ को बार-बार मिलता रहा। संघ के सभी सदस्य सरकार इस कदम का पुरजोर स्वागत करते हैं और संघ सरकार से पीईटी, डीपीई एवं योगा अध्यापकों के पदों को भरने की प्रक्रिया को इसी तरह निरंतर जारी रखने की मांग करता है। जिससे बेरोजगारो की संख्या कम हो सके और उन्हें उचित रोजगार प्राप्त हो सके।
आज यानि बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी जिला सोलन का 14वां जिला सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में नव उदारवाद व साम्राज्यवाद के विरुद्ध लड़ाई व जन मुद्दों पर जनता को लामबंद करते हुए आंदोलन को मजबूत करने के प्राण के साथ 11 सदस्यीय कमेटी का चयन किया गया। जिला सचिव के तौर पर मोहित वर्मा को चुना गया। सम्मेलन की शुरुआत शोक प्रस्ताव से की गई जिसमें सीपीएम के तमाम लोग जिन्होंने पार्टी को बनाने में व उसकी रूपरेखा तैयार करने में काम किया तथा महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की वजह से जिनकी मृत्यु हुई उन सभी की मृत्यु पर शोक प्रकट किया गया। जिला सचिव द्वारा सोलन की राजनीतिक व सांगठनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस रिपोर्ट में जिला सोलन की सामाजिक व आर्थिक संगठन की स्थिति व आने वाले समय में किये जाने वाले कार्यों के बारे में बात की गई। इस सम्मेलन के अंदर आने वाले समय में ठोस रणनीतियों को अपनाते हुए नव उदारवाद व सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष करने व जन मुद्दों को उठाते हुए पार्टी को मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
भारतीय राज्य पैन्शनर्ज महासंघ हिमाचल प्रदेश के तत्वधान में 2 सितंबर को मण्डी शहर के भियुली स्थित भीमाकाली मन्दिर में सुबह 11बजे प्रदेश पैन्शनरो की एक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मानंद व महामंत्री इन्दर पाल शर्मा ने जारी सँयुक्त प्रेस बयान में कहा कि इस बैठक में प्रदेश पैन्शनरो के सभी समान्तर संघो के प्रदेश व जिला पदाधिकारियो को आमंत्रित किया गया है।इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर पर पहली बार होने वाली इस सँयुक्त बैठक में पैन्शनरो की सभी प्रमुख मांगो पर चर्चा होगी तथा सरकार द्वारा इस वर्ग की की जा रही लगातार उपेक्षा पर सर्व सहमती से आगामी रूपरेखा तैयार की जायेगी। सभी समान्तर संघो की एकसंयुक्त समन्वय /संघर्ष समिति का गठन किया जायेगा।
दाड़लाघाट : पिपलुघाट पोस्ट ऑफिस में बजुर्गों व दिव्यागों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है की उन्हें पेंशन लेने के लिए शाखा के कई चक्कर काटने पड़ते है, कभी कैश तो कभी कनेक्टिविटी का बहाना बना दिया जाता है। मंगलवार को सुबह दस बजे जब स्थानीय लोग पेंशन लेने के लिए पोस्ट आफिस पहुचे तो कार्यालय में ताला लटका हुआ था। घण्टों इंतजार के बाद जब पोस्ट मास्टर नही पहुचा तो लोगों ने निरीक्षक से इसकी शिकायत कर दी। जिसके बाद पोस्ट मास्टर ने कर्यालय का ताला खोलकर पेंशन देना तो शुरू कर दिया पर अनपढ़ वृद्ध लोगों को फॉर्म खुद भरने को कहा। वृद्ध पेंशन धारक मार्किट में दुकानदारों से फॉर्म भरवाने के लिए घूमते रहे।स्थानीय लोगों में मोहन लाल, राजू, हेम राज, उमेश, भूपेंद्र, गंगी, निर्मला, शिव राम, प्रभु राम, गुलाबो ने बताया कि बहुत से पेंशन धारक ठागर, भेल, कलावन भलेड से आते है जो पिपलुघाट से लगभग 8 किलोमीटर दूर है। पोस्ट मास्टर कभी कैश तो कभी कनेक्टिविटी न होने की बात कहकर उनके कई चक्कर लगवाता रहता है। स्थानीय लोगों ने परेशान होकर पोस्ट मास्टर पर कार्यवाही की मांग की है। जब इस बारे में रत्न चंद शर्मा अधीक्षक डाकघर सोलन से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, अगर कोई दोषी पाए जाता है तो उस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उधर,पोस्ट मास्टर श्याम लाल का कहना है की कई बार इंटरनेट कनेक्टिविटी नही होने तथा लोगों की जो पेंशन ग्रुप में आती है उसके कारण समस्या आ रही है। क्योंकि ग्रुप की सीरियल में लिस्ट बनकर आती है, जिसमें कई बार पहली लिस्ट में पेंशन आ जाती है तो दूसरी में नही आती है और दूसरी लिस्ट वाले लोग आ जातें है, क्योंकि उन्हें भी पता नहीं होता कि किस लिस्ट की पेमेंट आई है इसलिए उन्हें बार बार चक्कर काटने पड़ते है। उन्होंने कहा कि मुझे भी इनके चक्कर लगना अच्छा नही लग रहा लेकिन जो पेंशन आती है वह सोलन ऑफिस से आती है। इस कारण यह हो रहा है।
दाड़लाघाट : भारतीय किसान संघ खंड कुनिहार की संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष प्रेम दत्त शर्मा की अध्यक्षता में दाड़लाघाट में संपन्न हुई। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी जय सिंह ठाकुर प्रांत प्रचारक प्रमुख उपस्थित रहे। इसमें कुनिहार खंड की विभिन्न ग्राम समितियों के कार्यकर्ताओं, किसान बंधुओं ने भाग लिया। नवगठित कार्यकारिणी के लिए दाड़लाघाट से नरेश कुमार शर्मा को अध्यक्ष, सेवड़ा चंडी से कृष्ण लाल शर्मा को उपाध्यक्ष, वहीं मंत्री पद के लिए पजीणा से किशोर चंद ठाकुर व सहमत मंत्री पद के लिए गवाह से नीमचंद को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। वही महिला प्रमुख पजीणा से सुमन ठाकुर, धुंधन से रतन बट्टू को जैविक प्रमुख, हेमराज ठाकुर को प्रचार प्रमुख और रमेश कुमार को युवा प्रमुख का पदभार सौंपा गया। गठन के पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। हमारी प्रमुख मांग किसानों को उपज की लागत आधारित लाभकारी मूल्य प्राप्त हो इसके लिए संघर्ष के लिए भी हम सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर रतन बट्टू, श्याम सिंह चौधरी, जगदीश्वर शुक्ला, ओम प्रकाश शर्मा, राकेश गौतम आदि उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के बद्दी में राष्ट्रीय मार्ग इलाहाबाद बैंक के सामने चालक की जल्दबाजी के कारण पेट्रोल पंप में आग भड़क गई। पाइप का नोजल गाडी में फंसने के कारण पंप सड़क पर गिर गया। सड़क पर तेल गिरते ही हुए शॉट सर्किट से आग लग गई। पंप के कर्मचारियों ने आग तुरंत आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पंप ऑपरेटर संजय ने बताया कि एक कार चालक पंप पर पेट्रोल डलवाने आया। जब कर्मी गाड़ी में तेल डाल रहा था तो कार चालक ने एकदम से गाड़ी आगे बढ़ा ली। जिससे मशीन की नोजल गाड़ी में फंसी रही और मशीन नीचे गिर गई। मशीन के गिरने से हुए शॉर्ट सर्किट से आग फैल गई। कर्मियों और आसपास के दुकानदारों ने आग पर काबू पाया गया। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पेट्रोल पंप में आग लगने की सूचना उन्हें मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
सोलन में धर्मपुर-स्पाटू रोड़ पर मोहन बॉडी के पास बजरी से भरा एक बड़ा टिप्पर सड़क धंसने से पलट गया। टिप्पर नंबर (HR 68 V 3738) फोरलेन निर्माण करता कंपनी जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर के मिक्सिंग प्लांट के लिए, बजरी लेकर जा रहा था। मोहन बॉडी के समीप सामने से आ रही गाड़ी को पास देने के लिए ड्राइवर कच्चे रोड़ में अपने ट्रक को ले गया। जिससे वहां पर सड़क धंसने से ट्रक सड़क से 4-5 फुट नीचे खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। अन्य किसी को कोई भी नुकसान होने की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा मौके पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सोलन : देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान से नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा 28 अगस्त, 2021 को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ 28 अगस्त, 2021 को प्रातः 6.00 बजे चिल्ड्रन पार्क सोलन से आरम्भ होगी। फिट इंडिया फ्रीडम रन चिल्ड्रन पार्क सोलन से मालरोड सोलन होते हुए चम्बाघाट तथा चम्बाघाट से पुनः वापिस चिल्ड्रन पार्क सोलन में समाप्त होगी। ईरा प्रभात ने कहा कि फिट इंडिया फ्रीडम रन से पहले सभी को फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संदेश भी सुनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय द्वारा देश के 29 राज्यों के 744 जिलों के विभिन्न विकास खण्डों के 75 कस्बों और गांवों में भिन्न-भिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। आजादी की दौड़ का यह कार्यक्रम 02 अक्तूबर, 2021 तक आयोजित किया जाएगा। ईरा प्रभात ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक बनाना है।
दाड़लाघाट : अल्ट्राटेक सीमेंट बागा में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव का आयोजन कंपनी के लॉजिस्टिक्स विभाग द्वारा किया गया। इस मौके पर संस्थान प्रमुख विवेक माथुर व सभी विभाग प्रमुख शामिल हुए। इकाई प्रमुख द्वारा सभी चालक बंधुओं को खुशी का संदेश दिया व रक्षाबंधन के साथ-साथ सुरक्षा के साथ गाड़ी चलाना, खुद भी सुरक्षित रहना व औरों को भी सुरक्षित रखने के बारे संदेश दिया, जिससे घर एवं परिवार दोनों को सुरक्षित रख सके। अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन के समाजिक उतरदायित्व प्रभारी कुलीन देशमुख ने बताया कि सुरक्षा संबंधी संदेश को सभी चालक बंधुओं ने बड़े ध्यान से सुनना समझा व भविष्य में ऐसी गुणवान बातों के ऊपर अमल में लाने के बारे में हामी भरी। तद्पश्चात अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर द्वारा संचालित प्रशिक्षण केन्द्रों पर रक्षा बन्धन हेतु समस्त बहनों को हार्दिक शुभकामनां दी एवं आशा व्यक्त की बहनों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर आय सवर्धन के कार्य किये जायेगें। इसी कड़ी में कंपनी द्वारा सभी चालक बंधुओं एवं प्रशिक्षित केन्द्र में उपस्थित बहनों को उपहार दिये गये जिसमें राखी, सैनिटाइजर मास्क के साथ मिठाई दी गई।
सोलन : भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन में प्रयोग में लाई जाने वाली इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) तथा वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) मंगलवार को तहसील परिसर सोलन में पूर्ण की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त एवं राज्य फर्स्ट लेवल चेकिंग के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी नीलम दुल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण की गई। ईवीएम की जांच भारत इलैक्ट्राॅनिक लिमिटिड (बेल) कंपनी के अभियन्ताओं द्वारा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल ने इस अवसर पर कहा कि उप निर्वाचन के लिए कुल 320 बैलेट यूनिट, 320 कन्ट्रोल यूनिट तथा 320 वीवीपेट मशीनों की मंगलवार को प्रथम स्तरीय जांच की गई। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन त्रुटि रहित एवं सफल निर्वाचन के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिव दत्त ठाकुर, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के अनुराग पराशर, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेन्द्र ठाकुर एवं दीवान चंद ठाकुर तथा अग्निश्मन अधिकारी राजा राम भागटा उपस्थित थे।
दाड़लाघाट : ऑनलाइन पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में प्रधानाचार्य विनोद कुमार के दिशा निर्देश में अध्यापकों द्वारा जरूरतमंद बच्चों को मोबाइल बांट छात्रों की समस्या को दूर करने का प्रयास किया गया। पहली कड़ी में विद्यालय के अध्यापकों प्रवक्ता राजनीति शास्त्र देशराज तथा प्रशिक्षित स्नातक विज्ञान सुमन कौर द्वारा मोबाइल बांटे गए। निकट भविष्य में अन्य अध्यापकों द्वारा भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को मोबाइल दिए जाएंगे, ताकि कोरोना काल में विद्यार्थी घर पर रहकर ऑनलाइन क्लास आसानी से लगा सके। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सभी अध्यापकों, एसएमसी सदस्यों व स्थानीय जनता से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रकाश शर्मा, महेंद्र गौतम, विनोद बंसल, उमा महेश्वर, शीला देवी, पुष्पेंद्र कौशिक, रामलाल, राजबाला, अजय शर्मा, मनोहर शास्त्री, कुलदीप कुमार, जोगिंदर कुमार, दीपंकर गिल, मदन सिंह, ज्वाला दास सहित समस्त अध्यापक तथा स्टाफ उपस्थित रहे।
सोलन : उपमण्डलाधिकारी एवं सक्षम अधिकारी भू-अधिग्रहण सोलन अजय यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत परवाणू से शुंगल के मध्य उन भू-स्वामियों से अपने हिस्से की मुआवज़ा राशि प्राप्त करने के लिए आग्रह किया है जिन्हें किसी कारणवश मुआवज़ा राशि का भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे भू-स्वामियों को उपमण्डलाधिकारी सोलन को 15 दिवस के भीतर आवेदन करने के लिए कहा गया है। यह मुआवज़ा राशि उन भू-स्वामियों को वितरित की जानी है जिनकी अधिगृहित भूमि का मुआवज़ा उन्हें नहीं मिल पाया है। इस सम्बन्ध में जारी सूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर सोलन जिला में परवाणू से चम्बाघाट के मध्य किलोमीटर 67 से किलोमीटर 106.700 तक 34 राजस्व महालों तथा किलोमीटर 106.700 से 131.000 तक चम्बाघाट से शुंगल के मध्य 32 राजस्व महालों में राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन एवं मार्ग को चौड़ा करने के कार्य के लिए विभिन्न भू-स्वामियों की भूमि व भवनों का केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहण किया गया है। अधिगृहित भूमि का मुआवज़ा अधिकांश भू-स्वामियों को वितरित किया जा चुका है। कुछ भू-स्वामी जो कि या तो बाहर रहते हैं अथवा कुछ की मृत्यु हो चुकी है को मुआवज़ा राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे सभी शेष भू-स्वामियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने हिस्से की मुआवज़ा राशि प्राप्त करने के लिए 15 दिन की अवधि के भीतर उपमण्डलाधिकारी सोलन को आवेदन करें। ऐसा न करने की स्थिति में मुआवज़ा राशि सरकारी कोष में जमा करवा दी जाएगी।
सोलन : जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन में आउटसोर्स आधार पर सफाई कार्य के लिए दर-निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका कुल्हरी ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि यह निविदाएं तहसीलदार निर्वाचन कार्यालय सोलन के 04 कमरों, जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के गलियारे, उपमण्डलीय निर्वाचन कार्यालय के 02 कमरों व गलियारे, कार्यालय के बाहर खुले स्थान, गैलरी तथा शौचालय की प्रतिदिन सफाई कार्य व जिला निर्वाचन कार्यालय तथा उपमण्डलीय निर्वाचन कार्यालय सोलन के भण्डारों के कमरों की आवश्यकतानुसार कभी-कभी सफाई के लिए आमंत्रित की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सफाई का यह कार्य पूर्णतः आकस्मिक व अस्थायी है। इच्छुक व्यक्ति या पक्षकार अपनी-अपनी दर संविदाएं मोहरबन्द लिफाफे में 27 अगस्त, 2021 प्रातः 11.00 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी प्राप्त निविदाएं इसी दिन सांय 3.00 बजे खोली जाएंगी। अन्य जानकारी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सोलन के तहसीलदार निर्वाचन से सम्पर्क किया जा सकता है।
सोलन वासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई। सोलन से अब आईजीएमसी जान वाले मरीज़ों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मरीज़ों को अपना ईलाज कराने के लिए शिमला IGMC अस्पताल तक आने-जाने के लिए भारी भरकम पैसे नहीं देने पड़ेंगे। सोलन से अब रोजाना एचारटीसी की बस मरीजों को सीधा IGMC शिमला पहुंचाएगी। रोज़ाना सुबह सोलन के पुराने बस अड्डा से 7:20 पर ये रवाना होगी और IGMC तक जाएगी।
अटल शिक्षा कुंज कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी ने चंडीगढ़ के होटल शिवालिकव्यू (सेक्टर-17), में आयोजित एक कार्यक्रम में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य छात्रों को रोजगार से संबंधित प्रशिक्षण के बेहतरीन मौके, इंटर्नशिप, सेमिनार, कार्यशालाएं आयोजित करना और विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को रोजगार प्राप्त करने के योग्य बनाना है। यह समझौते आईईसी यूनिवर्सिटी ने चेन्नई स्थित प्रसिद्ध जेसको हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और कोलकाता स्थित एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक दूसरे को सुविधाओं, सेवाओं और ज्ञान हस्तांतरण में सहायता करने के इरादे से किए। इसमें मुख्य रूप से फार्मेसी, इंजीनियरिंग, बेसिक साइंसेज और प्रबंधन के छात्रों के लिए अच्छे अंतरष्ट्रीय स्तर के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर जेसको हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के उपाध्यक्ष और एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के एमडी सुदीप्ता बनर्जी ने आईईसी यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के साथ समझौता ज्ञापनों के एजेंडे और उनके प्रभावी कार्यान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और शोधार्थियों की सुविधा के लिए हर संभव मदद की पेशकश की। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि 1962 में स्थापित जेसको हेल्थकेयर कंपनी आज देश में सबसे बड़ी स्पाइनल इम्प्लांट निर्माता बहुराष्ट्रीय कंपनी है जिन्हें विभिन्न भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों जैसे डब्ल्यूएचओ-जीएमपी, यूएस एफडीए, भारतीय एफडीए की स्वीकार्यता प्राप्त है। दूसरी ओर एलाईन कंसल्टेंसी सर्विसेज कंपनी जनशक्ति प्रदान करने के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह समझौते छात्रों की शैक्षणिक तैयारी, छात्र प्रशिक्षण और पेशेवर कौशल में सुधार कर उन्हें नौकरी के लिए तैयार पेशेवरों में बदलने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डॉ.वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए बागवानी, वानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय और व्यापार प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है । इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट या प्रवेश पोर्टल https://www.ysuniversity.ac.in/yspuniversity/ पर लॉग इन करके आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बी टेक जैव प्रौद्योगिकी जैसे स्नातक कार्यक्रमों(सामान्य और स्व-वित्तपोषित सीटों) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर है। एम एससी/ एमबीए (कृषि व्यवसाय)/ एमबीए और पीएचडी प्रोग्राम के लिए छात्र 25 सितंबर 2021 तक आवेदन कर लें। इस वर्ष, विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की प्रवेश परीक्षा के स्कोर के आधार पर अपने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रम में एडमिशन देगा। यह परीक्षा राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय के बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री और बीटेक बायोटेक्नोलॉजी की सामान्य सीटों पर प्रवेश राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित ICAR-AIEEA (UG) 2021 में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। इसी तरह, स्नातकोत्तर कार्यक्रम- एमएससी/एमबीए (कृषि व्यवसाय) और पीएचडी में प्रवेश भी क्रमशः ICAR AIEEA (PG) और AICE-JRF/SRF में प्राप्त अंकों के आधार पर मिलेगा। वह उम्मीदवार, जो विश्वविद्यालय की स्नातक कार्यक्रम की सेल्फ-फाइनेंसिंग सीटों और एमबीए (सामान्य) के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें आईसीएआर परीक्षा नहीं देनी होगी। हालांकि, उन्हें विश्वविद्यालय के ऑनलाइन आवेदन पत्र को भरना होगा। स्नातक कार्यक्रम की सेल्फ-फाइनेंसिंग सीट पर प्रवेश, योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर मिलेगा। एमबीए (सामान्य) के लिए HP MAT परीक्षा की योग्यता के आधार पर प्रवेश मिलेगा, जिसके बाद विश्वविद्यालय में ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू होगा। पीएचडी प्रबंधन में प्रवेश, योग्यता परीक्षा (एमबीए) की मेरिट के आधार पर होगा। संबंधित आईसीएआर परीक्षाओं में भाग लेने के अलावा, उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.yspuniversity.ac.in पर जाकर विश्वविद्यालय का ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार आईसीएआर प्रवेश परीक्षा में भाग नहीं लेता है या विश्वविद्यालय के ऑनलाइन आवेदन पत्र को जमा करने में विफल रहते हैं, वो एडमिशन के लिए पात्र नहीं होंगे। आईसीएआर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऑनलाइन मोड के अलावा अन्य आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विकासखंड कुनिहार के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश शिवा प्रोजेक्ट के सौजन्य से गांव ग्याणा में अनार फल के पौधों का रोपण कार्य शुरू किया गया।पौधरोपण का यह कार्यक्रम डिप्टी डायरेक्टर सोलन राजेंद्र शर्मा, एसएमएस राजेंद्र वर्मा, एचडीओ शगुन, एएचडीओ प्रेम कालिया एवं एचईओ संतोष शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में ग्याणा गांव के सभी लोग मौजूद रहे। इस प्रोजेक्ट के तहत जसोदा रघुवंशी, उमादेवी, नरेश ठाकुर, नागेश ठाकुर, चमन लाल ठाकुर इत्यादि बागवान लाभान्वित होंगे। इन सभी बागवानों द्वारा इस सहायता के लिए सरकार का धन्यवाद किया गया।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में एनएसएस इकाई ने औषधीय पौधे रोप का पौधरोपण किया। मीडिया प्रभारी अमर सिंह वर्मा प्रवक्ता इतिहास ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनिता कौंडल के दिशा निर्देश पर गांव धुंदन (पठियार) में स्थानीय महिलाओं लता देवी, अंजु, शीला, मीरा, यशोदा व अन्य के सहयोग से औषधीय पौधे लगाए गए। गांव की महिलाओं ने लगाए गए पौधों की देख रेख करने का आश्वासन भी दिया। उप प्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू ने कार्यक्रम अधिकारी की इस कार्य के लिए सराहना की।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप निर्वाचन के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता की अनुपालना में राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों का सहयोग सुनिश्चित बनाने के लिए गठित जिला स्तरीय स्थाई समिति का विस्तार किया है। यह समिति जिला दण्डाधिकारी सोलन की अध्यक्षता में गठित की गई है। सहायक आयुक्त सोलन को समित का नोडल अधिकारी एवं संयोजक नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक सोलन, पुलिस अधीक्षक बद्दी, क्षेत्रीय वन अधिकारी (मुख्यालय), जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सोलन के परियोजना अधिकारी, लोक निर्माण विभाग सोलन तृतीय वृत के अधीक्षण अभियन्ता, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियन्ता, प्रदेश विद्युत बोर्ड सोलन वृत के अधीक्षण अभियन्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन तथा जिला सोलन के सभी मान्यता प्राप्त एवं पंजीकत दलों के प्रतिनिधि समिति के सदस्य हैं। उपमण्डलाधिकारी सोलन, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट, उपमण्डलाधिकारी कसौली, तहसीलदार सोलन, तहसीलदार नालागढ़, तहसीलदार कण्डाघाट, तहसीलदार कसौली तथा तहसीलदार बद्दी को समिति का नया सदस्य अमित किया गया है। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निवार्चन में आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन की सभी शिकायतों का निपटारा इस समिति द्वारा किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन द्वारा 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के प्रशिक्षण के लिए प्रयुक्त होनेे वाले टैंट, टेबल, कुर्सी तथा भोजन, चायपान एवं हल्के आहार इत्यादि के लिए इच्छुक फर्मों से 26 अगस्त प्रातः 11.00 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। निविदाएं 26 अगस्त प्रातः 11.00 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार (निर्वाचन) को प्रस्तुत की जानी हैं। प्राप्त निविदाएं 26 अगस्त को ही दिन में 03.00 बजे खोली जाएंगी। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार (निर्वाचन) से प्राप्त की जा सकती है।
प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के कार्य के कारण 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति 25 अगस्त, 2021 को बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां विद्युत बार्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 25 अगस्त, 2021 को प्रातः 09.00 बजे से सांय 06.00 बजे तक वशिष्ट काॅलोनी, रबौन के कुछ क्षेत्रों सहित आस-पास के इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
दाड़लाघाट : भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक करनैल राणा द्वारा दाड़लाघाट के निवासी ओमप्रकाश गौतम को सोलन जिला का सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का संयोजक बनाए जाने पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। एक सादे समारोह में ओम प्रकाश गौतम का इस नियुक्ति पर फूल मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस नव नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए तथा अभिनंदन करते हुए क्षेत्र के भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम,अर्की भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओपी गांधी, जयनंद शर्मा, ओबीसी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र चौधरी, बंटू शुक्ला, कृष्ण चंद भट्टी, प्रेम शर्मा, पवन गौतम, नरेश गौतम, धनीराम चौहान, नरेश गिट्ठू, खेम चंद भोला इत्यादि ने अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष डीके उपाध्याय एवं प्रदेश के हिमको फेडरेशन के चेयरमैन रतन सिंह पाल का धन्यवाद किया है।
दाड़लाघाट : राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद व संस्कृत अकादमी के सौजन्य से 19 अगस्त से 25 अगस्त तक संपूर्ण प्रदेश के विद्यालय में संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान संस्कृत से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजकीय उच्च पाठशाला बैरल में भी संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता में हिमेश ने प्रथम स्थान व सुशील शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सूशील व द्वितीय स्थान भरत ने प्राप्त किया। शलोक लेखन प्रतियोगिता में सुशील ने प्रथम स्थान तथा भरत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में संदीप कुमार ने नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय संस्कृत परिषद व संस्कृत अकादमी ने ऑनलाइन माध्यम से जिला स्तर पर संस्कृत गितीका तथा श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जिसमें राजकीय उच्च पाठशाला बैरल के छात्रों सुशील, मनीषा, ज्योति तथा हिमानी ने भाग लिया। जिसका परिणाम 25 अगस्त को आएगा। विद्यालय के मुख्य अध्यापक अशोक कुमार ने विजेता बच्चों को तथा संस्कृत अध्यापक देवराज को संस्कृत के प्रति बच्चों को प्रेरित करने के लिए बधाई दी।
सोलन :रविवार को कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर जाबली के समीप क्रशर मोड़ पर निजी बस के सड़क में पलटने से कई सवारियां घायल हो गईं। घटना दोपहर बाद की बताई जा रही है, दरअसल कालका की ओर जा रही निजी बस को सेब से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है की ट्रक की ब्रेक फेल हो गई थी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक सवारियों से भरी निजी बस से जा टकराया। टक्कर से ट्रक और बस दोनों हाईवे पर पलट गए। जिससे बस क्रशर मोड़ के पास सड़क में ही पलट गई। उसके बाद ट्रक भी सड़क में ही पलट गया। सूचना पाते ही धर्मपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। लगभग 20 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी धर्मपुर ले जाया गया जिसमें से 6 घायलों को सोलन रेफ़र कर दिया गया है और 2-3 घायलों को फ़्रैक्चर बताया जा रहा है।
दाड़लाघाट : पठानकोट से शिमला जा रही एचआरटीसी बस एचपी-38डी-0539 जब कराडाघाट की उतराई में थोड़ी दूर पहुँची तो बस के पट्टे टूट जाने से एक बड़ा हादसा होते टल गया। हादसा शनिवार को पेश आया लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की बस पठानकोट से शिमला जा रही थी इस दौरान शाम करीब 4:45 बजे के आसपास कराडाघाट की उतराई में बस सड़क से नीचे पैराफिट में टकरा गई और बस का एक तरफ का टायर झूल गया। गनीमत यह रही कि चालक की सूझभबूझ से बस में बैठी सभी सवारियों की जान बच गयी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार गाड़ी के पट्टे टूटने की वजह से यह हादसा हुआ। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं पहुंची लेकिन बस का एक टायर पैराफिट में झूलने से सबके हाथ पांव फूल गए। अगर बस सड़क से नीचे लुढ़क जाती तो जान माल का भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के समय बस में 25 से 30 सवारियां सफर कर रही थीं। यात्रियों को बाद में दूसरी बस में भेजकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में एक बड़ा खेल मैदान बनेगा, बशर्ते उसके लिए पंचायत पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाएगी। भारत सरकार के सूचना प्रसारण एवं युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ये शब्द जन आशीर्वाद रैली के दौरान दाड़ला पंहुचने पर उस समय कहे जब ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज व पंचायत सदस्यों ने उन्हें इस बाबत एक मांग पत्र सौंपा। पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया ने बताया कि दाड़ला पंचायत में खेल मैदान हेतु कई दिनों से लोगों की मांग चल रही थी, इसे लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया था कि इस पंचायत में कोई ऐसा खेल मैदान बनवाया जाए जिसमें पंचायत अपने मेलों का आयोजन या नवयुवाओं की खेल प्रतियोगिताएं समुचित प्रकार से करवा सके। इसलिए उन्होंने इस मांग पत्र को युवा मामले एवं खेल मंत्री भारत सरकार के सम्मुख रखा, ऐसा सुनते ही मंत्री ठाकुर ने कहा कि आप भूमि उपलब्ध कराओ आपको खेल मैदान जरूर मिलेगा।
सोलन : जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हरी ने कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन जिला में आवासीय विद्यालयों के अतिरिक्त अन्य सभी विद्यालय 28 अगस्त, 2021 तक बन्द रहेंगे। अध्यापक एवं गैर अध्यापन वर्ग पूर्व की भान्ति विद्यालय आएंगे। कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए आवासीय विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा विकसित मानक परिचालन प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएंगे। जिला दण्डाधिकारी ने आदेश दिए हैं कि सभी विभाग एवं सरकारी संगठन, पुलिस अधिकारी एवं कर्मी तथा स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित बनाएंगे कि राज्य कार्यकारी समिति एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए जारी सभी आदेशों की अनुपालना हो। पुलिस अधीक्षक सोलन एवं बद्दी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन तथा सभी उपमण्डलाधिकारी पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय शहरी निकायों की सहायता से इन आदेशों का पूर्ण कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाएंगे। इन आदेशों की अवहेलना तथा कोविड-19 से बचाव के लिए उपयुक्त व्यवहार की अनुपालना न करने पर दोषी के विरूद्ध आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
दाड़लाघाट :अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट में 24 अगस्त 2021 को सरकारी या गैर सरकारी आईटीआई द्वारा प्रशिक्षित तथा रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों हेतु सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने नौकरी हेतु साक्षात्कार रखे हैं। जिन उम्मीदवारों ने 2016 से 2020 तक प्रशिक्षण प्राप्त किया है जिनमें फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई, मेकर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, सीओई (ऑटोमोबाइल), ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल इत्यादि ट्रेड्स को शामिल किया गया है। उन प्रार्थियों का चयन होना हैं जिसके तहत प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट तहसील अर्की जिला सोलन में 24 अगस्त 2021 प्रातः 10:00 बजे लिखित तथा मौखिक साक्षात्कार हेतु इच्छुक उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। कैंपस प्लेसमेंट इंचार्ज विनोद वर्मा ने कहा है कि प्रार्थी की आयु साक्षात्कार की तारीख पर 18 से 23 वर्ष होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा होगी उसके बाद उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को 20100 रू मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु कैंपस प्लेसमैंट इंचार्ज विनोद वर्मा से 9218506816 पर संपर्क किया जा सकता है।
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत सुधार सभा दाड़लाघाट की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष एवं पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि बैठक में सुधार सभा के पूर्व उपप्रधान हरि सिंह ठाकुर व उनकी धर्मपत्नी के निधन पर एक साथ शोक प्रकट करते हुए उनके परिवार को संवेदना जाहिर करते हुए 2 मिनट का मौन रखा। सभा में जगदीश ठाकुर, हेतराम ठाकुर, हरिराम, भगतराम, लेखराम, पींकू, हरिचंद, बाबूराम शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, लोक राम, सुखराम, प्रेम केशव, हीरालाल ठाकुर, मीना ठाकुर, मोना देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुनिहार : शुक्रवार को सोलन में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी पर जिला भाजपा ने पलटवार करते हुए कड़ी निन्दा की है। एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी इंदरपाल शर्मा ने कहा कि कल सोलन में कांग्रेस के नेताओ द्वारा अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता में की गई टिप्पणी की भाजपा जिला सोलन कड़ी निन्दा करती है। शर्मा ने कहा कि अनुराग ठाकुर के स्वागत में जिला सोलन के हर स्थान पर उनके स्वागत में उमड़े जन सैलाब को देखकर कांग्रेस वालो के होश उड़ गए है। उन्होंने कहा कि गुटबाजी भाजपा में नही बल्कि उनकी अपनी पार्टी में है जो जग जाहिर है इसलिए वे भाजपा की चिंता छोड़ अपनी पार्टी की चिंता करे जिसमे मुख्यमंत्री पद के लिए अभी से ही होड़ लगी हुई है और एक नही आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार है। शर्मा ने कहा कि भाजपा अर्की उप चुनाव सहित प्रदेश के सभी उप चुनाव जीतेगी।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अनुसूचित जाति) तथा 54-कसौली (अनुसूचित जाति) के मतदान केन्द्रों की सूचियों का प्रारूप प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया है। यह जानकारी शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने दी। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि जिला के सभी 05 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की सूचियां जन साधारण की जानकारी एवं निरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन सहित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की, नालागढ़ एवं सोलन के कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों की सूचियों के सम्बन्ध में आक्षेप एवं प्रस्तावनाएं सम्बन्धित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में 27 अगस्त, 2021 तक दाखिल की जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं प्रस्तावनाओं पर सुनवाई सांसद, विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में की जाएगी।
कुनिहार :इस बार रक्षाबंधन के पर्व पर भद्रा का दखल नहीं रहेगा। भोर में इसका प्रभाव समाप्त हो जाएगा। दिनभर बहनें भाइयों की कलाई पर राखी सजा सकेंगी। खास बात यह है कि इस बार राखी का पर्व गज केसरी योग में मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि करीब तीन दशक बाद ऐसा संयोग बना है। यह बहुत ही लाभकारी है। रक्षाबंधन का पर्व बहनों एवं भाइयों के प्रेम का प्रतीक है। इसमें मुहूर्त व योग बहुत ही मायने रखते हैं। रक्षाबंधन पर्व पर भद्रा की अड़चनें, योग व ग्रहों के संयोग ठीक न होने से त्योहार का उत्साह फीका पड़ जाता है। इस बार राखी के पर्व पर ग्रहों व भद्रा की अड़चनें नहीं रहेंगी। भाई -बहन का पर्व रक्षाबंधन श्रावण पूर्णिमा पर 22 अगस्त को मनाया जाएगा। भद्रा न होने से पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी।कुनिहार के मशहूर पं.कामेश्वर शर्मा ने बताया कि सामान्यत रक्षाबंधन का पर्व श्रवण नक्षत्र में मनाया जाता है, लेकिन इस बार रक्षाबंधन के दिन सावन पूर्णिमा पर धनिष्ठा नक्षत्र के साथ शोभन योग का शुभ संयोग बन रहा है। गुरु कुंभ राशि में वक्री हैं और इसके साथ चंद्रमा भी रहेगा। इन ग्रहों की वजह से गजकेसरी योग बन रहा है। रक्षाबंधन के दिन सूर्य, मंगल और बुध सिंह राशि में रहेंगे। सिंह राशि का स्वामी सूर्य है। इस राशि में उसका मित्र मंगल भी रहेगा। इस दिन शुक्र कन्या राशि में रहेंगे। ग्रहों के यह योग शुभ फल देने वाले हैं। पूर्णिमा तिथि 22 अगस्त रविवार को शाम 5.33 बजे तक रहेगी। उदया तिथि 22 अगस्त को होने से एक मत से रक्षाबंधन पर्व इस बार 22 अगस्त को ही मनाया जाएगा। 22 को भद्रा प्रात: 6.17 बजे तक रहेगी। इसके बाद भद्रा का दोष नहीं होने से प्रात:काल से लेकर पूर्णिमा तिथि के समापन तक दिनभर राखी बांधी जाएगी। इस प्रकार प्रात: 6.17 से शाम 5.33 बजे तक रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा सकेगा।
नौणी : डॉ वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा कृषक परिवार से संबंध रखने वाले युवाओं को फलों, सब्जियों, फूलों और मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन में प्रशिक्षण पाने का सुनहरा अवसर दिया है। विश्वविद्यालय ने 2021-22 सत्र के लिए अपने एक वर्ष के औद्यानिकी प्रबंधन प्रशिक्षण कोर्स (स्व-रोजगार) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रशिक्षण पाठ्यक्रम 4 अक्टूबर, 2021 से विश्वविद्यालय के नेरी महाविद्यालय, क्षेत्रीय औदयानिकी अनुसंधान और प्रशिक्षण स्टेशनों और कृषि विज्ञान केन्द्र चंबा में चलाया जाएगा। विश्वविद्यालय के सात स्टेशनों में इस प्रशिक्षण कोर्स की कुल 130 सीटें होगी। जाछ (कांगड़ा), बाजौरा(कुल्लू), शारबो(किन्नौर), मशोबरा(शिमला) में स्थित विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय औदयानिकी अनुसंधान और प्रशिक्षण केन्द्रों और औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी (हमीरपुर) में इस कार्यक्रम की 20-20 सीटें होगी। सिरमौर के धौलाकुआं में क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र और चंबा के सरु में स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में इस प्रशिक्षण कोर्स की 15-15 सीटें होगी। इस कार्यक्रम के लिए उम्मीदवार ने कम से कम दसवीं या समकक्ष स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण की हो, 17 से 30 वर्ष की आयु और कृषक परिवार से संबंध रखता हो। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन पत्र साधारण कागज पर संबंधित स्टेशनों के अधिष्ठाता/ सह निदेशक या कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी के कार्यालय में 4 सितम्बर या उससे पहले तक जमा कर सकते हैं। साक्षात्कार 20 सितम्बर को कॉलेज के अधिष्ठाता/ केंद्र सह निदेशक/ प्रभारी के कार्यालय में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। सभी उम्मीदवारों को यह घोषणा पत्र भी देना होगा कि वह इसे एक व्यवसाय के रूप में अपनाएंगे। साक्षात्कार के समय उम्मीदवारों को अपने समस्त प्रमाण पत्र तथा उसकी एक-एक प्रतिलिपि साथ लानी होगी। प्रशिक्षण के दौरान कोई भत्ता देय नहीं होगा।
नालागढ़ : सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र के पट्टा में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में करीब 12 यात्री घायल हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 40 लोग सवार थे। यह बस जोहड़ से नालागढ़ की ओर जा रही थी और बस गहरी खाई में जा गिरी। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर बचाव अभियान में जुटी है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
दाड़लाघाट : शिमला मंडी नेशनल हाइवे पर दानोघाट (मधुबन) के समीप एक विशाल काम जर्जर पेड़ दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। बता दें कि किसी दुर्घटना को निमंत्रण देता यह पेड़ एनएच के बिल्कुल साथ लगती पहाड़ी से नीचे को झुका पड़ा है और कभी भी बरसात या तेज हवा के चलने से मलबे के साथ गिर सकता है जिससे किसी भी वाहन या राहगीर को जानी नुकसान पहुंचा सकता है। क्योंकि पिछले वर्ष भी बरसात में शील मन्दिर के पास एक ऐसा ही पेड़ सड़क में आ गिरा था, पर गनीमत यह रही थी कि वह हादसा आधी रात में पेश आया व उस समय कोई भी जानमाल का कोई नुकसान नही हुआ था। गौर रहे आजकल प्रदेश में अधिक बरसात होने से कई जगह पेड़ व पहाड़ दरकने से हादसे पेश आ रहे हैं, परंतु सम्बंधित विभाग है कि इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहा बल्कि अनहोनी का इंतजार कर रहा है। स्थानीय लोगों में ओमप्रकाश शर्मा, संतराम, मस्तराम, नीम चंद शर्मा, टेक चंद ठाकुर, श्याम, मस्तराम शास्त्री, मनसा राम ने कहा कि इस क्षेत्र में एनएच पर अभी भी कई ऐसे पेड़ हैं जो कभी भी हादसे को न्यौता दे सकते है। इसलिए संबंधित विभाग को चाहिए की इन पेड़ों को जल्द से जल्द कटवा कर इन पेड़ों से होने वाले हादसे को रोका जा सके। इस बारे में रेंजर ब्रांच ऑफिस दानोंघाट सत्यदेव शुक्ला ने कहा है कि यह मामला मीडिया के माध्यम से ही मेरे ध्यान में आया है, अगर ऐसा है तो इन जगहों पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा और पेडों को चिह्नित कर आगे की कारवाई की जाएगी।
परवाणू : हिमाचल प्रदेश के परवाणू में भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारी बारिश में भी पार्टी को आशीर्वाद देने सम्मिलित हुए लोगों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनता के इस आशीर्वाद से ही भाजपा की विजय यात्रा अविरल चलती रहेगी, चाहे विपक्ष उनके रास्ते में कितने भी रोड़े अटकाए। अनुराग ठाकुर ने कहा “भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और इसका हर एक कार्यकर्ता पार्टी की मज़बूत धुरी है । आज इस जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं द्वारा मिला सम्मान व आशीर्वाद अभिभूत व भाव विभोर करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मुझे इतनी कम उम्र में कैबिनेट में मंत्री बना कर पूरे हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया है। यह हम सब के लिए गर्व की बात है। 5 दिन की इस जनआशीर्वाद यात्रा का उद्देश्य जन-जन तक मोदी सरकार की नीतियों को पहुँचाना, विपक्ष की नकारात्मकता को उजागर करना व जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना है"। विपक्ष की नकारात्मक सोच पर कटाक्ष करते हुए ठाकुर ने कहा, "जब प्रधानमंत्री मोदी संसद में नए मंत्री परिषद का परिचय कराना चाहते थे और देश को बताना चाहते थे कि समाज के विभिन्न वर्गों और देश के कोने कोने से नए मंत्री बनाए गए हैं, तब विपक्ष ने उन्हें वह परिचय नहीं कराने दिया। कांग्रेस को यह हज़म नहीं हुआ कि देश की जनता ने एक बार नहीं दो दो बार पूर्ण बहुमत के साथ मोदी को देश का प्रधानमंत्री चुना है। कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य है हल्ला करके संसद को ना चलने देना। सड़क से संसद तक अराजकता, अराजकता और सिर्फ़ अराजकता ही विपक्ष का एकमात्र एजेंडा है। ना जनता का हित, ना टैक्सपेयर के पैसे की कद्र और ना ही संवैधानिक मूल्यों की गरिमा की फ़िक्र इन्हें कभी रही है” इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री परिषद के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा, "मोदी सरकार के नए मंत्री परिषद में पिछड़े वर्गों की अब तक की सर्वोच्च संख्या है - 27 ओबीसी (35%), 12 एससी (15%), 8 एसटी (10%) - और 11 महिलाओं को मंत्री पद दिया गया है। इसके अलावा भारत के इतिहास में आज तक के सबसे युवा मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यकों से 5 मंत्री एवं 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व है, जिसमें 5 मंत्री असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा से हैं। मंत्रियों में 13 वकील, 6 डॉक्टर, 5 इंजीनियर और 7 सिविल सेवक हैं, जबकि 7 नए मंत्रियों के पास पीएचडी, 3 के पास एमबीए की डिग्री और 68 स्नातक हैं।" ठाकुर ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 'आज़ादी का अमृत महोत्सव' मनाया और यह विज़न दिया कि जब हमारी स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होंगे तब भारत विश्व की महान शक्ति बन जाएगा। हम सबको यह संकल्प लेना है। इसी विज़न को चरितार्थ करते हुए मोदी ने देश के सभी वर्गों और क्षेत्रों का ध्यान रखते हुए एक विविध मंत्रिपरिषद का गठन किया। आज आपके बीच में आकर मैं आपको यही विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपका प्यार और आशीर्वाद हममें और जोश भरेगा और मोदी सरकार पूरी तत्परता से आपकी सेवा में लगी रहेगी।"
कण्डाघाट: उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने जिला के विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत सिरीनगर के वार्ड संख्या 05-सिरीनगर को अनारक्षित घोषित किया है। यह निर्णय प्रदेश के सचिव, पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया है। इस सम्बन्ध में जारी अधिसूचना के अनुसार विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत सिरीनगर के वार्ड संख्या 05-सिरीनगर को पंचायती राज निर्वाचन 2020-21 के लिए अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया था। किन्तु पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2020-21 व उप निर्वाचन 2021 के दौरान इस वार्ड से किसी भी अनुसूचित जाति उम्मीदवार द्वारा नामांकन प्रस्तुत नहीं किया गया। यहां वार्ड सदस्य का पद रिक्त है। खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट द्वारा सूचित किया गया है कि ग्राम पंचायत सिरीनगर के वार्ड संख्या 05-सिरीनगर में अनुसूचित जाति का कोई भी परिवार नहीं है।
सोलन : उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने जिला के विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड संख्या 02-डढोग को अनारक्षित घोषित किया है। यह निर्णय प्रदेश के सचिव, पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया है। इस सम्बन्ध में जारी अधिसूचना के अनुसार विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड संख्या 02-डढोग को पंचायती राज निर्वाचन 2020-21 के लिए अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया था। किन्तु पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2020-21 व उप निर्वाचन 2021 के दौरान इस वार्ड से किसी भी अनुसूचित जाति महिला उम्मीदवार द्वारा नामांकन प्रस्तुत नहीं किया गया। यहां वार्ड सदस्य का पद रिक्त है। खण्ड विकास अधिकारी सोलन द्वारा सूचित किया गया है कि ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड संख्या 02-डढोग में अनुसूचित जाति का कोई भी परिवार नहीं है।
धर्मपुर : उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने जिला के विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत मंधाला के वार्ड संख्या 01-सैन्सीवाला को अनारक्षित घोषित किया है। यह निर्णय प्रदेश के सचिव, पंचायती राज विभाग की अधिसूचना के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया है। इस सम्बन्ध में जारी अधिसूचना के अनुसार विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत मंधाला के वार्ड संख्या 01-सैन्सीवाला को पंचायती राज निर्वाचन 2020-21 के लिए अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया था। किन्तु पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2020-21 व उप निर्वाचन 2021 के दौरान इस वार्ड से किसी भी अनुसूचित जाति महिला उम्मीदवार द्वारा नामांकन प्रस्तुत नहीं किया गया। यहां वार्ड सदस्य का पद रिक्त है। खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर द्वारा सूचित किया गया है कि ग्राम पंचायत मंधाला के वार्ड संख्या 01-सैन्सीवाला में अनुसूचित जाति का कोई भी परिवार नहीं है।
जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत परवाणू में स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सेहजल द्वारा किया गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री सुखराम चौधरी, राजीव बिंदल, पुरषोत्तम गुलेरिया, के एल ठाकुर, रश्मि धर सूद, डेज़ी ठाकुर , ज़िला अध्यक्ष आशुतोष वैद्या व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का हिमाचल आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा का आज से हिमाचल में शुभारम्भ हो गया है, हिमाचल की जनता में इस यात्रा और अनुराग ठाकुर के आगमन में जनता में भारी जोश है। हमारे लिए सौभाग्य की बात की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के युवा को मंत्रिमंडल में स्थान दिया था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल में देश के सभी वर्गों को जगह दी , प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन। वंही, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जनता का धन्यवाद किया कि वह उनको इस बारिश के मौसम में भी आशीर्वाद देने आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद की प्रधानमंत्री ने इतने छोटे से राज्य से इतनी छोटी आयु में मुझे आपने मंत्रिमंडल में मौका दिया है। मोदी चाहते थे कि मंत्रिमंडल का परिचय लोक सभा मे हो पर कांग्रेस ने ऐसा नहीं होने दिया, हमारे मंत्रिमंडल में हर वर्ग का ख्याल रखा है। केंद्र का मंत्रिमंडल आज तक का सबसे युवा मंत्रिमंडल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूरे भारत के सम्पूर्ण विकास के लिए तत्पर है।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार की स्कूल प्रबंधन समिति के चुनाव प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा की अध्यक्षता में हुए। इसमें चुनाव प्रक्रिया द्वारा किशन चन्द को समिति अध्यक्ष चुना गया। वंही पवन, कमलेश, चन्द्रप्रकाश, गीता, रजनी, सन्तोष, रिम्पी,आदि को सदस्य चुना गया। पुष्पा देवी को समिति सलाहकार के रूप में चयनित किया गया। अध्यापक वर्ग में कैलाश कौशल, रीता देवी, विनोद पाठक तथा पँचायत प्रधान राकेश ठाकुर को पदेन सदस्य चुना गया। इस अवसर पर तजेंद्र कुमार, भुवनेश्वर शर्मा, ताशी फुनचोक, सत्यप्रकाश, पूनम, सुदेश आदि भी उपस्थित रहे।
जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन कार्यकारणी की आपातकालीन बैठक जिला अध्यक्ष के डी शर्मा की अध्यक्षता में कृष्णगढ़ (कुठाड़) में आयोजित की गई। जिसमे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 6 प्रतिशत महंगाई भत्ते की की गई घोषणा की पेंशनर्स ने कड़े शब्दों में भर्त्सना व निंदा की है। के डी शर्मा ने कहा कि हम सब जिला पेन्शनर इस महंगाई भत्ते की कड़ी निन्दा करते है। उन्होंने कहा कि हमारा महंगाई भत्ता केंद्र सरकार ने जनवरी 2020 से फ्रिज कर दिया था जिसे केंद्र सरकार ने बहाल कर 11 प्रतिशत महंगाई भत्ते की गत महीनों पहले घोषणा कर दी थी जो 2020 से लागू होगा। लेकिन प्रदेश सरकार ने मात्र 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता जुलाई 2021 से देने की घोषणा की है उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र सरकार के आदेशानुसार महंगाई भत्ता देना चाहिए। इस आपातकालीन बैठक में जिला की विभिन्न इकाईयों के पदाधिकारियों जी आर भारद्वाज, जगदीश पंवर, मनसा राम पाठक, डी डी कश्यप, बेलीराम राठौर, रूपराम शर्मा, उदय राम चौधरी, बलदेव सिंह, सीताराम ठाकुर, अनन्त राम वर्मा, रोशन लाल, मनोहर सिंह कंवर, कृष्ण सिंह चौहान, हरिदत्त शर्मा, सूर्यकांत जोशी, जगदीश सिंह, रोशन लाल, पलक राम , विमल ठाकुर, गिरधारीलाल आदि ने बैठक में भाग लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा यह 6 प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा कर सरकार ने कर्मचारियों तथा पेंशनरों का मजाक बनाया है। यह जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जिला प्रेस सचिव डी डी कश्यप ने दी है।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे अफगानिस्तान के छात्रों से बातचीत की और उनके परिवार का हाल चाल जाना। वर्तमान में विवि में अफगानिस्तान के आठ छात्र पीएचडी, एमएससी और एमबीए कार्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन छात्रों को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा फेलोशिप प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रशांत सरकेक, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ.जे के दूबे और अंतरराष्ट्रीय छात्रावास के वार्डन डॉ आर के गुप्ता ने बुधवार को सभी छात्रों के साथ बैठक की। यह बैठक कुलपति डॉ.परविंदर कौशल के निर्देश पर की गई। विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने छात्रों से बात की और उन्हें विश्वविद्यालय में शिक्षा और उनके ठहरने को आरामदायक बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। चूंकि पिछले साल कोविड़ के कारण शैक्षणिक सत्र देरी से शुरू हुआ था, इसलिए विश्वविद्यालय ने कुछ छात्रों के वीजा के विस्तार की एप्लिकेशन को पहले ही संबन्धित विभाग को भेज दिया है और उन्हें उनकी डिग्री पूरी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया है। कुलसचिव ने सभी छात्रों से उनके परिवारों का हालचाल भी जाना। छात्र कल्याण अधिकारी डॉ.जेके दूबे ने कहा कि विश्वविद्यालय ने यह सुनिश्चित किया है कि इन छात्रों को वैक्सीन की दूसरी खुराक अग्रिम रूप से दी जाए ताकि जरूरत पड़ने पर इन छात्रों को अपने देश की यात्रा करने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि छात्रों के विभागाध्यक्ष द्वारा भी बातचीत की जा रही है और सभी छात्रों को प्रेरित किया जा रहा है। सभी अफगान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कर्मचारियों, छात्रों और आईसीएआर से मिल रहे सभी समर्थन के आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वे उनके परिवार अफगानिस्तान में सुरक्षित है और वह लगातार उनके संपर्क में हैं। कई छात्रों ने फेलोशिप उपलब्ध कराए जाने पर भारत में डॉक्टरेट की डिग्री हासिल करने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने आशा जताई कि जल्द से जल्द उनके देश में हालात सामान्य हो।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान बंसी राम भाटिया की अध्यक्षता में सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग से मिला। पंचायत प्रधान ने दाड़ला कन्स्वाला सड़क मार्ग की दयनीय स्थिति के बारे विभाग के सहायक अभियंता को अवगत करवाया और शीघ्र उसकी मरम्मत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग की हालत विगत 2-3 वर्षों से अति दयनीय बनी हुई है जिसकी मरम्मत का कार्य करना अति लाजमी है क्योंकि दाड़ला के समीप जहां लोगों की बस्ती है वहां बारिश होने पर सड़क का गंदा पानी वाहनों की आवाजाही के कारण दुकानों के अंदर घुस जाता है और मौसम साफ होने पर दुकानदारों को सड़क से उड़ने वाली धूल से नहाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त स्कूल आने जाने वाले बच्चों तथा मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सहायक अभियंता ने इस मार्ग पर टाइलें लगाने का आश्वासन दिया और कहा कि इसका एस्टीमेट विभाग को भेज दिया गया है और बहुत शीघ्र इस काम को पूर्ण कर दिया जाएगा। इस अवसर पर बंसी राम भाटिया प्रधान ग्राम पंचायत दाड़लाघाट, हेमराज उपप्रधान, महेश्वर, नेमचंद, ओम प्रकाश शर्मा, विक्की सेन इत्यादि लोग उनके साथ उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत दसेरन के सब सेंटर भराड़ी में क्वांरला गांव से आई एक 98 वर्षीय महिला जमना देवी ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाकर अपना सामाजिक दायित्व निभाया और उन्होंने समाज मे सभी को यह वैक्सीन लगवाने के लिये मिसाल भी पेश की है। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य सखी स्नेहलता शर्मा ने बताया कि उक्त बुजुर्ग महिला के परिजन हालांकि इनकी अधिक आयु के चलते वैक्सीन के न लगवाने का मन बना चुके थे पर महिला ने उन्हें इस वैक्सीन को लगवाने की जिद्द की। उनकी दृढ़ इच्छा को देखते हुए इनके परिजन इन्हें अपने गांव से पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुन्दन लेकर गए परंतु वहां अधिक भीड़ होने के कारण वे सब सेंटर भराड़ी लेकर आये और यहां उन्हें यह वैक्सीन लगाई गई। वैक्सिनेशन के बाद महिला ने खुशी प्रकट करते हुए महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता शबनम, स्वास्थ्य सखी स्नेहलता शर्मा, आशा कार्यकर्ताओं अंबिका, संगीता, निर्मला, कृष्णा और वीना का आभार प्रकट किया। महिला के साथ आए उनके परिजनों दिनेश और अनु ने बताया कि वे कई दिनों से इस वैक्सीन को लगवाने के लिये उत्सुक थी और आज वैक्सीन लगवाने के बाद उन्होंने सभी के लिये यह वैक्सीन लगवाने के लिये एक प्रेरणा प्रदान की है।
जिला बाल संरक्षण इकाई सोलन द्वारा बाल अधिकारों के विषय में जागरूक करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला कल्याण भवन सोलन में आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी ने की। वंदना योगी ने इस अवसर पर कहा कि सभी हितधारक बाल संरक्षण नियमों के उचित कार्यान्वयन के लिए समन्वित होकर प्रयास करें ताकि प्रत्येक बच्चे को न्याय एवं उचित देखभाल प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि आयोग इस दिशा में सत्त रूप से कार्यरत है और यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में निचले स्तर तक लोगों को बाल संरक्षण नियमों की जानकारी हो। कार्यशाला में जिला बाल कल्याण समिति सोलन के अध्यक्ष एवं सदस्यों, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, चाईल्ड लाइन सोलन, श्रम विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सीसीआई के प्रतिनिधियों सहित 80 लोगों ने भाग लिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र तेगटा ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत विभिन्न विभागों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने गुमशुदा बच्चों के सम्बन्ध में मानक परिचालन प्रक्रिया के बारे में अवगत करवाया। अधिवक्ता श्वेता शर्मा ने किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रावधानों के बारे में जानकारी प्रदान की। अधिवक्ता राजीव नेगी ने बाल विवाह अधिनियम 2006, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, बाल श्रम काननून 1986 तथा पोस्को अधिनियम के बारे में जारी प्रदान की।
हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परवाणू में बुधवार से मसूलखाना, परवाणू तथा बरोटीवाला क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पोषण आहार विषय पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर ने किया। 02 दिवसीय इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण आहार विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भोजन की स्वच्छता एवं रखरखाव तथा गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए आवश्यक संतुलित आहार के बारे में अवगत करवाया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। डाॅ. डेजी ठाकुर ने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्राप्त जानकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में अमल में लाएं ताकि इसका लाभ गांव-गांव तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि जीवन में स्वस्थ रहने के लिए साफ-सुथरा व संतुलित आहार आवश्यक है। इसके लिए हम सभी को खाद्य पदार्थों के रखरखाव तथा इनकी पोषकता की जानकारी आवश्यक है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने इस अवसर पर कोविड-19 से बचाव एवं कोविड-19 टीकाकरण की दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना की। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य सम्बन्धित विभिन्न जानकारी प्रदान की। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, शिशुओं के आहार एवं आमजन को होने वाली साधारण बीमारियों एवं उनकी रोकथाम के बारे में बताया। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला संयोजक नरेन्द्र त्यागी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वाॅकमैन इण्डिया प्राईवेट लिमिटिड द्वारा सोलन जिला के विभिन्न विकास खण्डों में कार्यान्वित किया जा रहा है। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परवाणू की प्रधानाचार्य दिशा शर्मा, समेकित बाल विकास परियोजना परवाणु के आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक विकास भारद्वाज, पोषण आहार विषय प्रशिक्षक नीता देवी, वाॅकमैन इंण्डिया प्राईवेट लिमिटिड के प्रतिनिधि आकाश गुप्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं।


















































