हिमाचल प्रदेश में अनुबंध अवधि के कारण जिन कर्मचारियों की दस साल की नियमित सेवा पूरी न हुई हो, उन्हें अब ओपीएस का लाभ मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब राज्य सरकार के वित्त विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार ने इस पर एक कार्यालय आदेश जारी किया है। इस आदेश के अनुसार हालांकि केवल उन्हीं अनुबंध कर्मचारियों को पेंशन का लाभ मिलेगा जिनका चयन हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग या कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के माध्यम से अनुबंध नीति में हुआ हो। जिन कर्मचारियों ने ओपीएस के बजाय एनपीएस का विकल्प लिया है, वे अनुबंध सेवा की पेंशन गणना करने के पात्र नहीं होंगे। अनुबंध और नियमित सेवा के बीच कोई ब्रेक न हो। ऐसे सभी कर्मचारियों को अपने विभागाध्यक्ष के माध्यम से 30 दिन में विकल्प देना होगा। नियमित हुए बगैर अनुबंध अवधि में ही मृत्यु हो गई है, तो पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा। राज्य सरकार ने मई 2003 से हिमाचल में एनपीएस को लागू किया था। 31 मार्च 2023 को फिर से ओल्ड पेंशन शुरू की गई। सुप्रीम कोर्ट से आयुर्वेद विभाग की शीला देवी केस में एक फैसले के बाद 10 जून को वित्त विभाग ने कार्यालय आदेश जारी किए हैं। इससे अनुबंध अवधि पेंशन देने के लिए कंसीडर होगी। जिन्हें अब ऐसे कर्मचारियों या पेंशनरों की 10 साल की नियमित सेवा अनुबंध अवधि के कारण पूरी नहीं हुई, यह लाभ उन्हें मिलेगा। आयुर्वेद विभाग से शीला देवी केस में 7 अगस्त 2023 को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार राज्य सरकार को ऐसे कर्मचारियों की अनुबंध अवधि पेंशन के लिए गिनना होगी, जो अनुबंध से सीधे नियमित हुए। इस फैसले को कुछ शर्तों के साथ लागू करने का निर्णय लिया है। हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते की 4 फीसदी महंगाई भत्ते की किस्त जारी की गई है। बिजली बोर्ड के कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को 4 फीसदी महंगाई भत्ता पहले ही दिया जा चुका है। यानी इसे अब बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनरों को भी 34 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत किया गया है। इसे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनरों को एक अप्रैल से दिया जाएगा। अप्रैल 2024 से लेकर जून 2024 के बीच अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया जाएगा। कर्मचारियों को इसे जून महीने के वेतन और पेंशनरों को पेंशन में दिया जाएगा। जबकि एक जुलाई 2022 से लेकर 31 मार्च 2024 के बीच का एरियर देने के लिए अलग से आदेश निकाले जाएंगे। प्रदेश सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को नौतोड़ भूमि उपलब्ध करवाने के लिए एक बार फिर राज्यपाल से हिमाचल में लागू वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) से छूट देने का आग्रह किया है। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में नौतोड़ अधिनियम को लागू करने का फैसला किया था जो कि 2018 तक लागू रहा। साल 2017 में जब भाजपा सरकार सत्ता में आई उस समय 2018 में मात्र एक ही केस नौतोड़ का मंजूर किया गया। हिमाचल प्रदेश नौतोड़ भूमि नियम 1968 में 20 बीघा से कम भूमि वाले पात्र लाभार्थियों को 20 बीघा सरकारी भूमि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत जनजातीय लोगोें को लाभान्वित किया गया है। जगत सिंह नेगी ने बताया कि गत शुक्रवार को पुनः राज्यपाल से निवेदन कर जनजातीय लोगों की इस मांग को प्रस्तुत किया गया ताकि पात्र लाभार्थियों को नौतोड़ भूमि प्रदान की जा सके।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में अनियमितता के आरोपों को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नीट परीक्षा आयोजित होने के समय से ही विवादों के घेरे में आ गई थी। मामले ने तूल तब पकड़ा जब रिजल्ट जारी हुआ। देशभर से छात्रों, राजनेताओं द्वारा रिजल्ट में अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में नीट यूजी को रद्द करने और फिर से आयोजित कराने की गुहार के साथ एक याचिका दायर की गई थी। यह याचिका डॉ. विवेक पाण्डेय के साथ-साथ शिवांगी मिश्रा और अन्य छात्रों द्वारा दायर की गई है। इसमें कहा गया है कि बिहार पुलिस द्वारा नीट परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों की जांच पहले से ही की जा रही है। नीट परीक्षा के खिलाफ दाखिल इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई की जाएगी। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति एहसानुद्दीन अमानुल्लाह की वेकेशन बेंच द्वारा इस याचिका पर सुनवाई की जानी है। वहीं, दूसरी और अभ्यर्थियों को ग्रेस मार्क्स देने के एनटीए के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक रिट याचिका भी दायर की गई थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि रिजल्ट में ग्रेस मार्क्स देना एनटीए का मनमाना फैसला है। संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका आंध्र प्रदेश के NEET UG आवेदक जरीपते कार्तिक द्वारा दायर की गई है। नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 5 मई को देशभर के 571 और विदेश के 14 शहरों में किया गया था। वहीं, इस परीक्षा का रिजल्ट निर्धारित समय से 10 दिन पहले यानी 14 जून की जगह 4 जून को जारी किया गया। इस वर्ष नीट यूजी में रिकॉर्ड 67 उम्मीदवारों ने AIR-1 हासिल की है, जिसमें से 6 उम्मीदवार हरियाणा के एक ही केंद्र से हैं। वहीं, कुछ छात्रों ने 720 में से 718 और 719 अंक हासिल किए है, जिसे परीक्षा की प्रकृति को देखते हुए असंभव बताया जा रहा है। ऐसे में नीट यूजी को लेकर तरह तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। नीट यूजी के खिलाफ दर्ज याचिका पर आज सुनवाई होनी है, ऐसे में आज सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर होंगी।
दिनांक 10जून, 2024 को दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में कक्षा बारहवीं द्वारा कक्षा ग्यारहवीं के छात्रों का अभिनंदन किया गया। सर्वप्रथम 12वीं कक्षा के छात्रों ने तिलक लगाकर और टोकन ऑफ लव देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात प्रिंसिपल उषा मित्तल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा सकारात्मक सोच रखें और उन्नति की राह पर चलकर सफलता की ऊंचाइयों को छुए,उन्होंने सभी छात्रों से प्रण लिया कि जीवन में नशे व बुरी संगत से दूर रहें और अपने परिवार, समाज व देश का नाम रोशन करें। 11वीं के छात्र-छात्राओं साक्षी, रक्षित ने इस विद्यालय में अपने अनुभव को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया l हेडब्वॉय-अनमोल हेड गर्ल काव्य उज्जवल, तनीषा, अन्तर्ज्ञा, देवांशी द्वारा कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों का वेलकम किया गया l इस उपलक्ष पर प्रिंसिपल उषा मित्तल ने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहे तभी सफलता प्राप्त होगी। अपने आप पर भरोसा रखें और कभी हार ना माने क्योंकि ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मेहनत करते हैं। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं विधायन निगम (एच.पी.एम.सी.) की स्वर्ण जयंती के अवसर पर सेब बागवानी में एच.पी.एम.सी. के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। जगत सिंह नेगी ने कहा कि एच.पी.एम.सी. की स्थापना 10 जून, 1974 को शिमला में की गई थी, जिसका उद्देश्य सेब एवं अन्य फल बागवानों के हितों की रक्षा, विपणन सुविधाएं, फल प्रसंस्करण एवं पोस्ट हार्वेस्ट सुविधाएं प्रदान करना था। गत 50 वर्षों में एच.पी.एम.सी. ने सेब बागवानी की उन्नति में उत्प्रेरक का काम किया है। उन्होने कहा कि एच.पी.एम.सी. फल प्रसंस्करण एवं पोस्ट हार्वेस्ट तकनीक के क्षेत्र में देश भर में पिछले 5 दशक से अग्रणी संस्थान है। बागवानी मंत्री ने कहा कि निगम ने वर्ष 1980 में परवाणू में देश का पहला एप्पल जूस कंसंट्रेट संयंत्र स्थापित किया था। एच.पी.एम.सी. ने 1970 एवं 1980 के दशक में दिल्ली, मुंबई एवं चेन्नई में शीत गृहों तथा प्रदेश में 4 शीत गृहों का निर्माण किया। इसके अतिरिक्त एच.पी.एम.सी. ने देश में पहली बार बोतलबंद जूस का उत्पादन एवं विपणन प्रारंभ किया। जगत सिंह नेगी ने कहा कि एच.पी.एम.सी. प्रतिवर्ष प्रदेश के लगभग 30,000 सेब बागवानों से मंडी मध्यस्थता योजना के अंतर्गत सी ग्रेड सेब की सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर खरीद कर परवाणू, पराला एवं जड़ोल (सुंदरनगर) स्थित अपने फल प्रसंस्करण संयंत्रों में एप्पल जूस कंसंट्रेट का उत्पादन करता है। इसके अतिरिक्त एच.पी.एम.सी. टेट्रा पैक जूस, जैम, स्क्वैश, एप्पल साइडर विनेगर एवं अचार आदि का उत्पादन भी करता है। बागवानी मंत्री ने कहा कि एच.पी.एम.सी. सेब बागवानों को विश्वस्तरीय पोस्ट हार्वेस्ट तकनीक से लैस 10 ग्रेडिंग पैकिंग हाउस एवं 5 सी.ए. स्टोर की सुविधा उचित दरों पर उपलब्ध करवा रहा है। बागवानी मंत्री ने एच.पी.एम.सी. के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एच.पी.एम.सी. के प्रबन्ध निदेशक सुदेश मोखटा तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि निगम राज्य के लोगों को परिवहन सुविधाएं प्रदान करने में सबसे महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निगम के संचालन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए निगम द्वारा 25 नई वॉल्वों बसें तथा 50 टैम्पों ट्रैवलर खरीदे जाएंगे। इसके अतिरिक्त निगम के बेडे़ में इलैक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिनके प्रापण के लिए प्रक्रिया जारी है। वर्तमान वित्त वर्ष में इलैक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए 327 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। प्रदेश में सीमित हवाई तथा रेल नेटवर्क के दृष्टिगत निगम की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों को श्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान करने के लिए निगम के संचालन को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निगम को 63 प्रतिमाह करोड़ रुपये प्रदान करेगी। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बैठक के दौरान कहा कि प्रदेश में परिवहन सुविधा को सुदृढ़ करने के साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इलैक्ट्रिक बसों की विशेष भूमिका रहेगी।बैठक में प्रधान सचिव परिवहन आर.डी. नज़ीम, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा भी उपस्थित थे।
जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां शिमला से जारी प्रेस वक्तव्य के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों में पात्र लोगों को नौतोड़ भूमि प्रदान करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हिमाचल प्रदेश नौतोड़ भूमि नियम 1968 के तहत 20 बीघा से कम भूमि वाले पात्र लाभार्थियों को 20 बीघा सरकारी भूमि प्रदान करने का प्रावधान किया गया था। इसके तहत जनजातीय लोगोें को लाभान्वित किया गया है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि वन संरक्षण अधिनियम-1980 के फलस्वरूप प्रदेश में प्रार्थियों को नौतोड़ भूमि आबंटित नहीं की जा सकी। लोगों की मांग को देखते हुए वर्ष 2014 में कांग्रेस सरकार ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद-5 के तहत वन संरक्षण अधिनियम 1980 को निलंबित किया जो वर्ष 2016 तक तथा उसके पश्चात वर्ष 2016 से 2018 तक जारी रहा। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को नौतोड़ भूमि प्रदान की गई। दिसम्बर, 2017 में सरकार बदलने पर इस प्रावधान के तहत केवल एक लाभार्थी को नौतोड़ भूमि आबंटित की गई जबकि वर्ष 2018 तक नौतोड़ भूमि प्रदान की जा सकती थी। नौतोड़ के कई मामले अभी भी लम्बित पड़े हैं। जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि वर्ष 2020 में जन आंदोलन के कारण भाजपा सरकार को प्रदेश में एक साल के लिए नौतोड़ का प्रावधान लागू करना पड़ा लेकिन इस दौरान किसी भी व्यक्ति को लाभ प्रदान नहीं किया गया। वर्ष 2023 में कांग्रेस सरकार ने नौतोड़ भूमि प्रदान करने के लिए राज्यपाल से वन संरक्षण अधिनियम 1980 को जनजातीय क्षेत्रों से हटाने का आग्रह किया। गत शुक्रवार को पुनः राज्यपाल से निवेदन कर जनजातीय लोगों की इस मांग को पुनः प्रस्तुत किया गया ताकि पात्र लाभार्थियों को नौतोड़ भूमि प्रदान की जा सके।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार दिल्ली सरकार के साथ किए गए समझौते के अनुसार दिल्ली को पानी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों के बारे में कहा कि इन क्षेत्रों में मतदाओं द्वारा निर्दलीय विधायक चुने गए थे जो विधानसभा में विभिन्न मुद्दों पर प्रदेश सरकार या विपक्ष का साथ दे सकते थे। इसके बावजूद उन्होंने अपनी सदस्यता को त्यागने का निर्णय किस आधार पर लिया है, यह बात उन्हें जनता के सामने रखनी चाहिए। यह बात स्पष्ट है कि उन्होंने अपनी सदस्यता को निजी लाभों के लिए दांव पर लगाया है। यह भी देखना होगा कि क्या भाजपा इन पूर्व तीन निर्दलीय विधायकों को अपना उम्मीदवार घोषित करती है या नहीं। उन्होंने कहा कि इन तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता इन पूर्व विधायकों से यह प्रश्न करेंगे कि जब उन्हें पांच वर्षों के लिए अपने क्षेत्र का नेतृत्व करने के लिए चुना गया था तो फिर उन्होंने किन कारणों के चलते राज्य पर उपचुनाव का बोझ डाला गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में तीर्थ यात्रियों से भरी बस पर हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में अब तक 9 लोगों की मृत्यु हुई है।
**एडीसी बोले, बेहतर आपसी समन्वय से हो टीकाकरण, नहीं छूटे एक भी बच्चा धर्मशाला: अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल की अध्यक्षता में आज सोमवार को डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा और बच्चों के टीकाकरण को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। डीसी ऑफिस में आयोजित इस बैठक में 15 से 30 जून, 2024 तक होने वाले डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा और जिले में बच्चों के टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने इन अभियानों के बेहतर परिणाम के लिए विभिन्न विभागों को तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए। बैठक में रूटीन इम्यूनाइजेशन, मीजल्स रूबेला उन्मूलन और एनीमिया मुक्त हिमाचल अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सही समय पर बच्चों के टीकाकरण को लेकर सभी विभागों को बेहतर आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और समग्र विकास के लिए सही समय पर टीकाकरण बहुत जरूरी है, इसलिए टीकाकरण अभियान सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है। एडीसी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यूएनडीपी के माध्यम से यू-विन पोर्टल का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि यू-विन पोर्टल के माध्यम से बच्चों को होने वाले टीकाकरण का सारा रिकॉर्ड डिजिटाइज किया जा रहा है। जिससे भविष्य में किसी भी स्थान पर यदि वे जाते हैं तो उनके टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि बरसात के मौसम में डायरिया संबंधित रोगों की चपेट में आने की अधिक संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच और समय से उपचार को लेकर 15 से 30 जून तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसके तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों की डायरिया संबंधित जांच करेंगी और दवाईयां उपलब्ध करवाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत 5 साल तक की आयु के बच्चों को घर-घर जाकर आशा वर्कर ओआरएस का पैकेट देगी तथा दस्त रोग के बारे में लोगों को जागरूक करेगी। लोगों को स्वच्छता और हाथ धोने के सही तरीके के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वंदना ने रूटीन इम्यूनाइजेशन और मीजल्स रूबेला उन्मूलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के सूद, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वंदना, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी संगठन तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
धर्मशाला: विद्युत उपमंडल-2 धर्मशाला के सहायक अभियंता रमेश धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जून, 2024 (बुधवार) को विद्युत लाइनों की सामान्य रख-रखाव के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों मंदल, मसरेड़, भड़वाल, त्रैंबलू, हरनेड़, घियाना खुर्द, ढगवार, खटेहड़, मनेड़, अप्पर बगली, कोहाला, मटौर, तथा साथ लगते क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं 14 जून, 2024 (शुक्रवार) को 11 केवी बगली फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों नन्देहड़, पुराना मटौर, घुंडी, बगली, अनसोली, पटोला, घना, गंग भैरों, गगली, चैतड़ू, बनवाला, मनेड़, मस्तपुर, कंदरेहड़, चकवां ढगवार, सराह, लोअर सकोह, पुलिस लाइन सकोह तथा साथ लगते क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
**प्रदेश में क़ानून व्यवस्था गर्त में, सरकार ने लोगों का जीवन भगवान भरोसे छोड़ा शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी प्रेस वक्तव्य में कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार देश के किसानों, युवाओं, ग़रीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री ने अपने तीसरे कार्यकाल के पहले फ़ैसले में किसानों को सम्मान निधि की 17वीं किश्त जारी की। यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने "पीएम किसान सम्मान निधि" की 17वीं किस्त के रूप में लगभग रुपये 20 हजार करोड़ से अधिक की राशि से 9 करोड़ से अधिक किसानों के देने के निर्णय की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी 3.0 की सरकार इसी तरह से देश के लोगों के विकास के काम करती रहेगी। आने वाले समय में और बड़े फ़ैसले तथा जनहितकारी योजनाएं ज़मीन पर उतरती दिखाई देंगी। जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। ऐसी-ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। एक दिन में तीन -तीन लोगों की बेरहमी से हत्या हो रही है। सरकार, पुलिस और प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। सुक्खू सरकार ने हिमाचल के लोगों कि जीवन को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है। जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तभी से अपराधियों के हौसलें बुलंद हैं। एक अपराध पर कार्रवाई न करने से ही अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। कहा कि सरकार जिस तरह से आँख मूँदकर बैठी है, ऐसे काम नहीं चलेगा। सरकार को सरकार की तरह काम करना होगा। आम आदमी की ज़िंदगी के साथ खिलवाड़ हो यह भारतीय जनता पार्टी सहन नहीं करेगी। उन्होंने से मुख्यमंत्री से हाल में हुई आपराधिक घटनाओं पर सख़्त से सख़्त कदम उठाने की माँग की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव ख़त्म हो गए, आचार संहिता हट गई लेकिन सरकार अभी अपने नींद से नहीं जागी। विकास के काम जस के तस पड़े हैं। बस अख़बारों के माध्यम से सरकार के क़र्ज़ पर क़र्ज़ लेने का पता चलता है। इस महीनें फिर से सरकार ने 1200 करोड़ का क़र्ज़ लिया है। इसी वित्तीय वर्ष में सरकार 2900 करोड़ का क़र्ज़ लें चुकी है। जबकि दिसंबर तक क़र्ज़ की लिमिट 6200 करोड़ रुपए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या क़र्ज़ लेकर ही सरकार चलेगी। कहा कि सत्ता में आने के पहले कांग्रेस के नेताओं द्वारा कहा जाता था कि हम आय नए साधन बनायेंगे। लेकिन सत्ता में आने के बाद से रिकॉर्ड स्तर पर क़र्ज़ ले रहे हैं। जबकि न तो सरकार ने अपने चुनावी वादे पूरे किए हैं और न ही विकास के कार्य कर रही है। ऐसे में यह क़र्ज़ किस काम के लिए लिया जा रहा है सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु 2024 के दौरान सोलन जिला के जल अभाव वाले क्षेत्रों में विभिन्न स्वीकृत स्रोतों से टैंकर, मिनी ट्रकों के माध्यम से पेयजल के परिवहन एवं वितरण के लिए निविदाएं जमा करवाने की तिथि बढा दी गई है। उन्होंने बताया कि निविदाएं जमा करने की तिथि 11 जून से बढ़ाकर 13 जून, 2024 की गई है। अन्य शर्तें पूर्ववत ही रहेंगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज विधानसभा क्षेत्र नालागढ़ के उप-चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे सोलन ज़िला में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके दृष्टिगत ज़िला दण्डाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा सीआरपीसी की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों के अनुसार उप-चुनाव की प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण करवाने के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार चुनावों की घोषणा से लेकर परिणाम घोषित होने तक किसी भी प्रकार के शस्त्र/गोला-बारूद इत्यादि को लेकर चलने पर तत्काल रूप से पाबंदी रहेगी। ज़िला सोलन के साथ लगती हरियाणा एवं पंजाब की सीमा पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के भी आदेश जारी किए गए हैं ताकि उप-चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग एवं सुचारू रूप से सम्पन्न की जा सके। आदेशों के तहत सभी लोगों, नागरिकों, संगठनों, गैर सरकारी संगठनों को ज़िला सोलन की सीमा के भीतर आर्म्ज एक्ट, 1959 के तहत परिभाषित किसी भी प्रकार के हथियार और गोला-बारूद इत्यादि लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी। यह आदेश पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, सुरक्षा बलों, ड्यूटी पर तैनात सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी अथवा बैकों के तथा अन्य अधिकृत सुरक्षा कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे तथा निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक मान्य रहेंगे। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
**गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाओं को अपनाने का किया आह्वान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सिक्ख धर्म के पांचवें गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर शिमला के कॉर्ट रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब, गुरु सिंह सभा में माथा टेका। इस मौके पर उन्होंने गुरूद्वारा साहिब में शब्द कीर्तन श्रवण किया और समाज से गुरु अर्जुन देव की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव ने सच्चाई, अहिंसा और करूणा से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मुख्यमंत्री को सिरोपा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया। शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, उपायुक्त अनुपम कश्यप और अन्य अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित थे।
उत्तरी भारत में एक बार फिर से गर्मी बढ़ने लगी है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में सैलानियों का तांता लगा हुआ है। गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी लगातार हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली, मंडी, कुल्लू और धर्मशाला सहित अन्य इलाकों में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। हालांकि, ये सभी इलाके जाम से भी बेहाल हैं। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर वीकएंड और रविवार शाम को भी जाम लगा। वहीं, कुल्लू के बंजार और जीभी में वाहन चालक जाम से बेहाल रहे। वहीं, मंडी से सुंदरनगर तक भी जाम से काफी परेशानी हुई और यहां पर चार किमी के लिए चार घंटे तक का वक्त लग रहा है। प्रदेश में बीते एक सप्ताह में रुक रुक कर बारिश होती रही। ऐसे में टूरिस्ट भी राहत पाने के लिए हिमाचल पहुंच रहे हैं। मनाली में करीब 90 फीसदी होटल बुक हुए हैं। शिमला में भी 70-80 फीसदी होटलों में ऑक्युपेंसी रही है। रोहतांग पास भी गाड़ियों का जमावड़ा देखने को मिला है। यहां परमिट पर रोजाना 1200 गाड़ियां जा रही हैं। शिमला में वन मिनट ट्रैफिक प्लान फिलहाल बंद किया गया और ऐसे में शोघी से शिमला तक जाम का सामना करना पड़ रहा है। मनाली शहर से अटल-टनल तक 30 किमी के सफर के लिए रविवार को छह घंटे लगे हैं। सोशल मीडिया पर यजूर्स नें अपनी परेशानी जाहिर की। सुबह चार बजे ही टूरिस्ट की गाड़ियां रोहतांग पास के लिए निकल रही हैं। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून से पहले कमोबेश ऐसा ही हाल रहने वाला है। प्रदेश में 20 जून के बाद मॉनसून की एंंट्री होगी।
हिमाचल की राजधानी शिमला स्थिति डिप्टी डायरेक्टर एलिमेंटरी एजुकेशन दफ्तर को सील कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड ने आज सुबह यह कार्रवाई की है। शिमला के चक्कर स्थित सीबीआई कोर्ट के फैसले के बाद रेलवे प्रबंधन ने यह कार्रवाई की है। इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। दरअसल, शिमला के चौड़ा मैदान में रेलवे बोर्ड की बिल्डिंग में पांच दशक से भी ज्यादा समय से डिप्टी डायरेक्टर एलिमेंटरी एजुकेशन दफ्तर चल रहा था। साल 2014 से इस पर रेलवे बोर्ड और शिक्षा विभाग के बीच कब्जे को लेकर कोर्ट में लड़ाई चल रही थी। बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग कब्जे को लेकर कोर्ट में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस वजह से कोर्ट ने रेलवे बोर्ड के पक्ष में फैसला सुनाया। कोर्ट की जजमेंट के बाद रेलवे प्रबंधन ने डिप्टी डायेरक्टर दफ्तर पर कब्जा कर लिया है। इसके बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारी सड़कों पर आ गए है।अब शिक्षा महकमा इस मामले में कोर्ट के आदेशों को अपेक्स कोर्ट में चुनौती देने पर विचार कर रहा है और लीगल ऑपिनियन ली जा रही है।
जून की तपिश से बचने के लिए मैदानी इलाकों से पर्यटक हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं। मनाली का पर्यटक सीजन खूब चमक रहा है। बड़े होटलों में सौ फीसदी तक कमरे बुक हैं। छोटे होटलों में 70 से 90 प्रतिशत तक कमरे पैक चल रहे हैं। इन दिनों रोजाना मनाली में तीन हजार से अधिक पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं। अप्रैल और मई में पर्यटकों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही थी। अब चुनाव संपन्न होने के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। इस साल पर्यटन सीजन लंबा चलने की संभावना जताई जा रही है। 20 जून तक मनाली में अच्छी बुकिंग बताई जा रही है। कई होटल एडवांस में बुक हो गए हैं। होटलियर एसोसिएशन मनाली के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि पर्यटकों की अच्छी भीड़ जुट रही है। अधिकतर बड़े होटल पैक चल रहे हैं। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओक्टा ने बताया कि निगम के होटल लगभग पैक चल रहे हैं। वीकेंड में पर्यटकों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक जुट रही है। उन्होंने कहा कि 20 जून तक एडवांस बुकिंग है। मनाली में हर रोज 3,000 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं। ग्रीन टैक्स बैरियर से जुटाए आंकड़ों के अनुसार हर रोज 3,000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली में दाखिल हो रहे हैं। इसके अलावा 100 से अधिक वोल्वो बसों में भी पर्यटक मनाली का रुख कर रहे हैं।
** देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव **आज से तीन जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू **13 जुलाई को होगी मतगणना... लोकसभा चुनाव व विधानसभा की छह सीटों के उपचुनाव के नतीजे घोषित होते ही अब हिमाचल में तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश में निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के शेड्यूल के अनुसार 10 जुलाई को इन सीटों के लिए मतदान होगा। 13 जुलाई को मतगणना व नतीजे घोषित होंगे। 15 जुलाई से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उपचुनाव के लिए 14 जून को राजपत्र में अधिसूचना जारी होगी। 21 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथ तय की गई है।
हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। ऐसे में धूप खिलने से मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 16 जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 12 से 14 जून तक मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली हुई है।
कांगड़ा जिला के उपमंडल इंदौरा के पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत भदरोया में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की तेजदार हथियार से बेरहमी से हत्या करने का मामला पेश आया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस संबंध में एएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया के थाना डमटाल में सुबह करीब 9 बजे ग्राम पंचायत भदरोया के प्रधान ने फोन पर सूचना दी कि भदरोया में एक प्रवासी परिवार की नाबालिग लड़की का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसएचओ डमटाल देवराज टीम सहित घटना स्थल पर पहुंचे ओर शव को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की झुग्गी में रहती थी तथा रानी के घर में सफाई का काम करती थी। उसके माता-पिता राजस्थान गए हुए थे। लड़की अपनी मामा महेंद्र के साथ रहती थी। रविवार को उसका मामा नहाने के लिए गया तो उसने देखा कि उनकी भांजी का किसी ने कत्ल कर दिया है तथा मौके पर मोहन (40) पुत्र रामदास जो बिहार का रहने वाला है, हाथ में तेजधार दराट लेकर बाहर जा रहा है। जब उन्होंने कमरे के अंदर देखा तो उसकी भांजी खून से लथपथ बैड पर पर पड़ी थी। गांव वाले इकट्ठे होकर लड़की को अस्पताल ले जाने लगे परंतु तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। आरोपी भागने की फिराक में था तथा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को धर दबोचा। अभी यह जांच का विषय है कि आरोपी ने कत्ल क्यों किया। मौके पर एएसपी धर्मचंद वर्मा, डीएसपी विशाल वर्मा तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा तथ्यों को जुटा कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी पर आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की सराज घाटी के बगस्याड के समीप आहुण नाला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में मामले में पति और पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य 5 अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये सभी गाड़ी सवार मंडी के प्रसिद्ध शिकारी मंदिर माथा टेकने जा रहे थे। फिलहाल, जंजैहली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार, रविवार की यह घटना है। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान संदीप कुमार (30) गांव राजपुरा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर और नीलम (24) के तौर पर हुई है। संदीप और नीलम पति-पत्नी थे। संदीप का बेटा हर्ष (4) और एक साल की बेटी पूर्वी घायल हैं। इसके अलावा, घायलों में धर्मपाल पुत्र जगत राम, गांव खुजाण लुणारू, रामशहर, सोलन, धर्मपाल की पत्नी राजू देवी, बलदेव राज (20) पुत्र बबलू राम गांव कलर, आनंदपुर, रूपनगर (पंजाब) के तौर पर हुई है। घटना के समय सभी लोग कार में सवार होकर क्षेत्र के शक्तिपीठ माता शिकारी देवी के दर्शनों के लिए जा रहे थे, लेकिन मौके पर दूसरे वाहन को पास देते समय अचानक से 150 मीटर गहरी खाई में कार लुढ़क गई। घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए नागरिक अस्पताल बगस्याड ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना जंजैहली की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पुलिस थाना जंजैहली ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि दो लोगों की हादसे में मौत हो गई है।
तीन दिवसीय चायल मेले के दौरान जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की खुशबू महक उठी। रविवार यानी 9 जून से 11 जून तक चलने वाले इस मेले में कोटी रेंज के तहत जाइका के कई स्वयं सहायता समूहों ने स्टॉल लगाए। आचार, जूस, चटनी, जैम, शहद और बैग समेत अन्य उत्पाद खरीदने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी रही। सशक्त महिला स्वयं सहायता समूह कोट और दुर्गा स्वयं सहायता समूह डवारों द्वारा निर्मित उत्पादों के दाम बाजार से कम और पूरी तरह से ऑग्रेनिक हैं। इसे देखते हुए मेले का लुत्फ उठाने पहुंचे लोगों की निगाहें जाइका वानिकी परियोजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल पर पड़ रही हैं और अच्छी-खासी बिक्री भी होने लगी है। जाइका के मुख्य परियोजना निदेशक समीर रस्तोगी ने मेहनकश स्वयं सहायता समूहों के सभी सदस्यों की सराहना की। मेले के अवसर पर एसएमएस योशा सोलंकी, मशोबरा फोरेस्ट रेंज की एफटीयू कॉ-ऑर्डिनेटर पूजा और तारादेवी फोरेस्ट रेंज की कॉ-ऑर्डिनेटर प्रतिभा शर्मा मौजूद रहीं।
** कांगड़ा में कहाँ चुक गई कांग्रेस ** चेहरा गलत या कारण कुछ और .... ? अपनी गलती माने कौन? दर्द पराया जाने कौन? इक दूजे को गुनहगार बताए सब, खुद को कसूरवार माने कौन? 11 विधायकों में से एक विधानसभा अध्यक्ष, दो कैबिनेट मंत्री, दो कैबिनेट रैंक, दो सीपीएस और एक मुख्य उप सचेतक, यानी कांगड़ा के लगभग आठ विधायक सरकार में एडजस्ट हैं बावजूद इसके कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को चारों लोकसभा सीटों में से सबसे बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की एक भी विधानसभा सीट से कांग्रेस को लीड नहीं मिली है। अब हार का ठीकरा किसके सर फूटेगा ? गलती किसकी मानी जाएगी, अब सवाल तो उठेंगे ही कि आखिरकार कांग्रेस की हार के क्या कारण रहे होंगे ? 15 महीने पहले 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से ही कांग्रेस ने सत्ता का रास्ता प्रशस्त किया था। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पार्टी ने यहां से 12 सीटों में जीत हासिल की थी। फिर राज्यसभा चुनाव में सियासी उठापटक के बाद धर्मशाला विधानसभा सीट कांग्रेस से छिटक गई और अब कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस विधायकों का संख्यां बल 11 हो गया। यहां भाजपा के सिर्फ 5 ही विधायक है और इस बार ये 5 विधायक 11 पर भारी पड़े है। यहां कांग्रेस ने पूरा दारोमदार ही अपने विधायकों पर छोड़ा हुआ था। कांग्रेस के विधायक फील्ड पर बेहद मेहनत करते भी नज़र आ रहे थे, लेकिन परिणाम शून्य रहे। नतीजे दर्शा रहे है कि कांग्रेस के सभी के सभी विधायक आनंद को लीड दिलाने में फेल साबित हुए है। 30 मार्च को ही भाजपा ने डॉ. राजीव भारद्वाज को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था, जबकि कांग्रेस ने गहन चिंतन मंथन के बाद हुए आनंद शर्मा को 30 अप्रैल को टिकट देकर अपना प्रत्याशी घोषित किया था। पहले चर्चा कई नामों की थी मगर कांग्रेस ने चौंकाते हुए आनंद शर्मा को मैदान में उतारा। 71 वर्ष की आयु में पहला लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले आनंद शर्मा ने देरी से टिकट मिलने के बावजूद महज़ 25 दिनों में 76 चुनावी बैठकें कर कांग्रेस की जीत को लेकर कदमताल तो किया, लेकिन उनकी इस मेहनत पर मोदी फैक्टर ज़्यादा असरदार दिखा। शुरुआत से ही आनंद शर्मा पर बाहरी होने का टैग लगा रहा। दूसरा फैक्टर...आनंद शर्मा उस संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे थे जहाँ उनका खुद का वोट भी नहीं था हालाँकि आनंद ने बाहरी टैगलाइन की काट के लिए मोदी की वाराणसी सीट का उदहारण ज़रूर दिया मगर इसका कोई लाभ आनंद को नहीं मिला। काँगड़ा संसदीय सीट के सियासी समीकरणों को देखा जाए तो यहाँ क्षेत्रवाद और जातिवाद का असर किसी भी चुनाव में निर्णायक साबित होते हुए आए है। अब भाजपा ने यूँ ही तो नहीं ब्राह्मण फेस पर दांव खेला होगा। पिछले चुनावी नतीजे बताते है कि काँगड़ा संसदीय सीट पर अधिकाँश बार ब्राह्मण चेहरा ही जीत कर संसद भवन पहुंचा है। तीसरा बड़ा फैक्टर .. कांग्रेस अगर किसी स्थानीय नेता को टिकट देकर मैदान में उतारती तो शायद परिणाम कुछ बेहतर होते। जीत मिलती न मिलती मगर ऐसी करारी हार का मुँह तो न देखना पड़ता। कई नेता थे जो चुनाव लड़ने के इच्छुक थे और कई नेता ऐसे भी थे जिनकी चुनाव लड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं थी, मगर फैसला तो आलाकमान को लेना था और आलाकमान ने ऐसे चेहरे पर दांव खेला जो जी -23 में शामिल हुआ करते थे। अब परिणाम सबके सामने है। काँगड़ा में भाजपा के प्रत्याशी डॉ राजीव भारद्वाज ने 2,51,895 वोटो से जीत हासिल की है। आनद शर्मा की ये हार आनंद से ज़्यादा कांग्रेस के 11 विधायकों की हार है। अब रिपोर्ट कार्ड दिल्ली भी जाएगा और प्रदेश में भी इस पर सवालिया निशान उठेंगे।
**फिलफॉट फोरम की 36वीं प्रतियोगिता अभिनय-2024 सम्पन्न स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि अपनी संस्कृति की रक्षा करने वाला समाज हमेशा आगे बढ़ता है। डॉ. शांडिल गत देर सांय सोलन के कोठों में फिलफॉट फोरम द्वारा आयोजित 36वीं अखिल भारतीय नृत्य, नाटक और संगीत प्रतियोगिता ‘अभिनय 2024’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि फिलफॉट फोरम द्वारा संगीत, नृत्य व अभिनय के माध्यम से पूरे भारत को जोड़ने का एक बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। ऐसी प्रतियोगिताएं जहां उभरते हुए कलाकारों को मंच प्रदान करती है वहीं हमारी समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने में भी सहायक सिद्ध होती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हमारी संस्कृति के सवंर्द्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने के लिए वचनबद्ध है और यह प्रयास किया जा रहा है कि संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत किया जा सके। डॉ. शांडिल ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और फिलफॉट फोरम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिलफॉट फोरम वर्ष 1986 से कलाकारों को अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता देश के साथ-साथ हिमाचल के उभरते हुए कलाकारों को भविष्य का बेहतर कलाकार बनने की दिशा में उचित मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी युवा पीढ़ी को अपने देश की रंग-बिरंगी संस्कृति से रू-ब-रू करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से फिलफॉट फोरम को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। डॉ. शांडिल ने प्रतियोगिता के विभिन्न आयामों के विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन, फिलफॉट फोरम के अध्यक्ष विपुल गोयल, प्रधान विजय पुरी, वरिष्ठ उप प्रधान सुनीता शर्मा, निदेशक मनोज गुप्ता तथा मोहिनी सूद, महासचिव राजीव उप्पल सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कलाकार सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिमाचल पुलिस ने मनाली में उत्तर प्रदेश के एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मोहम्मद जावेद 19 निवासी गांव धनीरामपुर, डाकघर सराय, तहसील अकवरपुर, जिला कानपुर, देहात उत्तर प्रदेश के कमरे की तलाशी ली गई तो कमरे के अंदर एक पैकेट मिला। पैकेट के अंदर 8.4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के तार किससे जुड़े हैं पुलिस इसका भी पता लगाने में जुटी हुई है।
माँ शूलिनी मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथियां निर्धारित कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव ने दी। अजय यादव ने कहा कि हिमाचल के लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथि 12 जून से 14 जून, 2024 तक निर्धारित की गई है। ऑडिशन नगर निगम सोलन के हॉल में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑडिशन के लिए कलाकारों को 11 जून, 2024 तक आवेदन करना होगा। आवेदन अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला भाषा अधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकता है। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। स्थानीय एवं विभिन्न ज़िलों के लोक कलाकार अथवा सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति के लिए आवेदन ई-मेल adm-sol-hp@nic-in तथा dlosolan39@gmail.com पर कर सकते हैं।
ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रैकिंग एक्सपीडिशन के तीसरे दिन कैडेट्स को इंद्रू नाग ले जाया गया। कर्नल संजय शांडिल ने कैडेट्स को ट्रेकिंग के लिए रवाना होने से पूर्व ट्रैकिंग की बुनियादी जानकारी दी। कैडेट को ट्रेकिंग की व्यवस्थित योजना, तैयारियां तथा अतिरिक्त आवश्यकता के बारे में जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए ट्रेक से पहले और उसके दौरान संतुलित आहार का ध्यान रखने का निर्देश दिया। कैडेट्स ने इंद्रुनग मंदिर में पहुंच कर इंद्रुनाग का इतिहास जाना तथा प्राग्लाइडिंग साइट से पैराग्लाइडिंग होती हुई भी देखी। कर्नल संजय शांडिल भी ट्रैक पर मौजूद रहे। इसी दौरान बैच 2 का ओपनिंग एड्रेस हुआ, इसके साथ ही सभी कैडेट्स, एनो तथा जीसीआई को ट्रेकिंग कैप्स दी गई। तत्पश्चात उन्हें शहीद स्मारक और एचपीसीए ले जाया गया। ट्रैकिंग से आने के बाद कर्नल संजय शांडिल ने कैडेट्स का हाल-चाल जाना इसी के साथ उनका हौसला बुलंद किया। इसी दौरान संध्या में कैंप में हेल्थ और हाइजीन के विषय में सीनियर रिसोर्स पर्सन, डॉ. अनुराधा द्वारा कैडेट्स को एडोलिसेंट, हेल्थ व हाइजीन का महत्व, एवं लाभ बताए गए। इस सेशन के दौरान कैडेट्स ने अपने प्रश्नों के उत्तर लिए और अपनी सारी शंकाएं दूर करी। इसी कार्यक्रम के साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग के डॉक्टर भुल्लर ( ट्रेनर डीडीएम ) ने कैडेट्स को सीपीआर का डेमो दिया। कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) एक आपातकालीन प्रक्रिया है जो किसी व्यक्ति की सांस या दिल के रुकने पर उसकी जान बचाने में मदद कर सकती है। जब किसी व्यक्ति का दिल धड़कना बंद कर देता है, तो उसे कार्डियक अरेस्ट कहते हैं। कार्डिएक अरेस्ट के दौरान, हृदय मस्तिष्क और फेफड़ों सहित शरीर के बाकी हिस्सों में रक्त पंप नहीं कर सकता है। डॉक्टर भुल्लर ने बताया कि इस प्रक्रिया के ज्ञान से हम किसी व्यक्ति के बचने की संभावना को दोगुना या तिगुना कर सकते है।
शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे। दिल्ली से जारी वक्तव्य में उन्होंने कहा कि वह दिन आ गया है जिसका हर भारतवासी इंतज़ार कर रहा था। भारतीय के प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं। आधिकारिक रूप में मोदी 3.0 की शुरुआत हो रही है। देशवासियों द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और भाजपा को दिया गया स्नेह और समर्थन अद्वितीय है। इसके लिए सभी का मैं के प्रति आभार प्रकट करता हूँ। उन्होंने समस्त देशवासियों को इस अवसर की बधाई देते हुए कहा कि यह समय बहुत महत्वपूर्ण है। बड़े-बड़े लक्ष्यों के हासिल करने के लिए जीतोड़ मेहनत करनी है। सरकार के गठन के साथ ही देश के विकास के लक्ष्यों में जुट जाना है। हर भारतीय नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र निर्माण के मिशन में जी जान से जुटने को तत्पर है। पूरा देश चाहता था कि नरेन्द्र मोदी फिर से केंद्रीय सरकार का नेतृत्व करें। उनके तीसरे कार्यकाल के शुभारंभ का साक्षी होना सौभाग्य की बात है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले कार्यकाल से ही देश के विकास के लक्ष्य निर्धारित किए और निर्धारित समय में योजनाएं पूरा करके देशवासियों की सेवा में समर्पित की। एक से बढ़ाकर एक देश हितैषी योजनाएं देश के लोगों के विकास के लिए चलाई। सबका साथ-सबके विकास के लक्ष्य के साथ काम करते हुए देश के आख़िरी आदमी तक सरकार पहुंचाई। सरकार लोगों के जीवन में बदलाव ला सके ऐसे-ऐसे काम किए, दूसरे कार्यकाल में सरकार की योजनाओं को और व्यापक बनाया, कोविड महामारी जैसी चुनौतियों के बाद भी देश के विकास की गति को रुकने नहीं दिया। देश की विकास यात्रा को नया आयाम देने के साथ-साथ दुनिया में भारत के क़द को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अब तीसरे कार्यकाल में देश के लोगों और सरकार के सहयोगी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। प्रधानमंत्री ने पहले ही कह दिया है कि यह कार्यकाल बड़े फ़ैसलों के लिए जाना जाएगा तो देश को यक़ीन हैं कि मोदी 3.0 का कार्यकाल विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक होने वाला है।
शिमला में पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई है। मैदानी भागों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शिमला में बाहरी राज्यों से रोज आठ से 10 हजार गाड़ियां पहुंच रही हैं। शिमला में वीकेंड के अलावा सप्ताह के अन्य दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई है। होटल एसोसिएशन के अनुसार शहर में 70 फीसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी चल रही है। शिमला के अतिरिक्त मनाली, कुल्लू, डलहौजी और मैक्लोडगंज का भी सैलानी रुख कर रहे हैं। शिमला में दिल्ली, पंजाब और हरियाणा, उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं। इन क्षेत्रों से शिमला की दूरी दूसरे हिल स्टेशनों से कम होना और बेहतर कनेक्टिविटी की वजह से पर्यटकों के लिए शिमला एक बेहतर विकल्प है। आज एचपीटीडीसी लिफ्ट में 3:00 बजे के बाद पर्यटकों की लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने लिफ्ट का इस्तेमाल किया। शाम के समय लिफ्ट में सबसे ज्यादा भीड़ रही। पार्किंग प्रबंधक सतीश के मुताबिक वीकेंड पर बढ़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। चुनाव के बाद शिमला में पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी पर्यटन कारोबार बेहतरीन स्थिति में है। इस समय शिमला के होटलों की बुकिंग 70 प्रतिशत से अधिक है। वीकेंड पर सबसे अधिक पर्यटक शिमला का रुख करते हैं। शहर में पार्किंग की बेहतर सुविधा नहीं होने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसएएस माध्यमिक पब्लिक स्कूल देवामानल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। पारितोषिक वितरण समारोह में रोहित शर्मा, विशेष अतिथि देव शर्मा व जोगेंद्र चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल अशोक शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्यतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मेजवान स्कूल की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत गाकर की गई। इससे पूर्व मुख्यातिथि को प्रिंसिपल व स्कूल प्रशासन द्वारा शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। कार्यक्रम में पहाड़ी, हिमाचली पंजाबी छात्राओं के गिद्दे से सबका मन मोह लिया। प्रिंसिपल अशोक शर्मा ने स्कूल गतिविधिओं की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की तथा मुख्यातिथि व अविभावकों का कार्यक्रम में पहुंचने के लिए आभार प्रकट किया। इस मौके पर सभी अविभावकों ने भाग लिया।
सिरमाैर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में 2 उद्योगों के 2 गोदामों में भीषण आग लग गई, जिसके चलते करोड़ों रुपए का नुक्सान हो गया। जानकारी के अनुसार आग कालाअम्ब स्थित इंडकूस बायोटैक इंडिया कंपनी और श्री आदिनाथ इंटरप्राइजेज कंपनी के गोदाम में लगी। फिलहाल आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग लगने से गोदामों में रखा सामान जलकर राख हो गया है, जबकि कुछेक सामान को बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें ईएसआई अस्पताल कालाअम्ब में उपचार दिया जा रहा है। बताया गया है कि गोदाम में जैसे ही आग ने विकराल रूप धारण किया तो धुएं का गुबार आसमान में छागया। फिलहाल मौके पर दमकल विभाग की टीम के साथ-साथ पुलिस भी पहुंच गई है, जबकि दोनों उद्योगों के कर्मी भी उद्योग में लगे हाईड्रैन्ट से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक गोदामों को आग ने पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था। उद्योग कर्मियों ने बताया कि गोदामों में करोड़ों रुपए का तैयार माल रखा हुआ था जो पूरी तरह से जल गया है। कालाअम्ब के लीडिंग फायरमैन ने कहा कि आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। वहीं इन गोदामों के साथ लगा कोल्ड ड्रिंक का गोदाम आग की चपेट में आने से बच गया है।
धर्मशाला: शाहपुर उपमंडल के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया की अध्यक्षता में एटीसी सभागार शाहपुर में आयोजित की गई। केवल पठानिया ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह खुद फील्ड में जाकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण सुनिश्चित करें ताकि किसी भी तरह की कोई कमी न रहे। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को आदेश दिए कि घटनालू से लेकर रजोल तक फोरलेन के कार्य को और अधिक तीव्रता प्रदान करें ताकि बरसात से पहले कम से कम एक लेन पर यातायात सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो इसलिए एनएचएआई के अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि बरसात के समय निर्माणाधीन सड़क या किनारों पर जलभराव न हो और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था हो । उन्होंने बताया कि पिछले दिनों हल्की बारिश के बाबजूद कुछ स्थानों पर पानी इकठ्ठा हो गया था और निकासी की व्यवस्था न के बराबर थी। एनएचएआई के अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि फोरलेन के काम के चलते धूल-मिट्टी से बचाव के लिए सड़क पर पानी का समुचित छिड़काव भी प्राथमिकता के आधार पर हो ताकि वाहन चालकों, राहगीरों के साथ-साथ आसपास के घरों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने उपमण्डल के सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर अपने-अपने विभाग के पिछले 18 महीने के विभिन्न विकास कार्यों का लेखा-जोखा अगले 15 दिन में बनाने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि पर्यावरण सरंक्षण हम सब की जिम्मेदारी है प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर बरसात के मौसम में उचित भूमि चिन्हित कर पौधरोपण करेगा । उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर धारकंडी क्षेत्र में बरसात के मौसम में उचित मशीनरी की व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि आमजनमानस को किसी तरह की परेशानी न हो । उन्होंने कहा कि लोक निर्माण के साथ साथ ग्रामीण विकास विभाग भी विधानसभा के प्रत्येक गाँव में पानी की निकासी हेतु नालियों की साफ-सफाई बरसात से पहले पुख्ता कर ले। बैठक में आने पर एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने उपमुख्य सचेतक का स्वागत किया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिये गए विभिन्न सुझावों एवं निर्देशों का पालन उपमण्डल के सभी विभाग सुनिश्चित करेंगें । इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर करतार चंद, बीएमओ डॉ विक्रम कटोच, वैज्ञानिक अधिकारी एटीसी शाहपुर सुनन्दा पठानिया, डीएफओ दिनेश शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अंकज सूद, गज प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता सुभाष शर्मा, बीडीओ रैत महेश ठाकुर, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चैन सिंह ,वैटनरी सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ अरविंद शर्मा ,सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा,जल शक्ति मोहम्मद रज्जाक ,लोक निर्माण बलवीत,रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा , एनएचएआई के अधिकारी तथा सोशल मीडिया प्रभारी विनय के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
प्रदेश के सभी जिलों में 14 जून को होने जा रही आठवीं मॉकड्रिल को लेकर शिमला में आज राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक व विशेष सचिव डी.सी. राणा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि व सभी जिलों के उपायुक्त शामिल हुए। प्रदेश भर के सभी जिलों में 12 जून को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा टेबल टॉप अभ्यास किया जाएगा। टेबल टॉप अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में जमीनी स्तर पर की गई तैयारियों का मूल्याकंन करना है। 14 जून को बाढ़, भू-स्खलन, हिम-स्खलन और औद्योगिक आपदा से निपटने के लिए सभी जिलों में मॉकड्रिल की जाएगी, जिसमें विशेषकर स्कूलों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आपदा में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने को लेकर अभ्यास किया जाएगा। डी.सी. राणा ने कहा कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य जीवन और संपत्ति के नुकसान को कम करना और आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, केन्द्रीय सशस्त्र बलों, पुलिस, होमगार्ड आदि में समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के दौरान शैक्षणिक संस्थानों में राहत कैंप न बनाए जाए जिससे कि शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि नदियों, झीलों और ग्लेशियर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समय से पहले ही मॉकड्रिल को लेकर की जा रही तैयारी की जानकारी दी जाए ताकि मौके पर अभ्यास के दौरान लोगों में भय का माहौल न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के लिए गैर सरकारी संगठनों के साथ भी समन्वय स्थापित कर कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में भी बेहद संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। ऐसे स्थानों में त्रासदी से पूर्व घटना के संबंध में जानकारी मिले इसके लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खतरनाक झीलों के किनारे रह रही आबादी के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने पर भी बल दिया जाए। आपात स्थिति में किसी भी त्रासदी की जानकारी मिलने पर मौके पर जमीनी स्तर पर अपनी कार्य योजना को भी लागू करने के लिए विकल्प रखें। उन्होंने कहा कि इस मॉकड्रिल में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जिला प्रशासन का त्रिस्तरीय समन्वय होगा। डी.सी. राणा ने बताया कि इस बार मॉकड्रिल में संचार सुविधा बाधित हो जाने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास भी किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का विशेष तौर पर नेतृत्व कर रहे सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुधीर बहल ने आपदा से निपटने के लिए विशेष योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल 08 तथा 09 जून, 2024 को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. शांडिल 08 जून, 2024 को 11.00 बजे परवाणु तक फोरलेन कार्य का दौरा करेंगे।स्वास्थ्य मंत्री तदोपरांत सायं 05.00 बजे कोठों स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित फिलफॉट फोरम सोलन के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री 09 जून, 2024 को शाम 04.30 बजे ठोडो मैदान में आयोजित खाटू श्याम के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा से बचाव के अभ्यास के लिए सोलन ज़िला के पाँचों उपमण्डलों में 14 जून को मैगा मॉक अभ्यास का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने आज ऑरियनटेशन एण्ड कॉर्डिनेशन विषय पर आयोजित कार्यशाला में वर्चुअल माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया। कार्यशाला राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक व विशेष सचिव डी.सी. राणा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशानुसार 14 जून, 2024 को सोलन ज़िला के पाँचों उपमण्डलों में बाढ़ व भूस्खलन विषय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल में ज़िला के समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल होकर आपदा से बचाव के गुर सिखेंगे। उन्होंने कार्यशाला में 14 जून को आयोजित की जाने वाली मैगा मॉक अभ्यास के लिए उचित दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि मैगा मॉक ड्रिल में अस्थाई राहत शिविर अस्पताल तैयार किए जाएंगे तथा भूस्खलन व बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एक्शन प्लान के बारे में जागरूक किया जाएगा ताकि आपदा के समय नुकसान को न्यून से न्यून किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का विशेष तौर पर नेतृत्व कर रहे सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुधीर बहल ने आपदा से निपटने के लिए विशेष योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कर्नल संजय शांडिल, कमांडिंग ऑफिसर 1 एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन ने ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रैकिंग एक्सपीडिशन कैंप का आज शुभारंभ किया। उन्होंने अपने ओपनिंग ऐड्रेस के दौरान ट्रैकिंग कैंप की जानकारी दी। यह करते हुए मौजूद एनसीसी कैडेट्स को देवभूमि और वीर भूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के इतिहास और परंपराओं के बारे में बताया गया। उन्हें ट्रैकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। जंगलों में होने वाली समस्याएं और उनसे निपटने के बारे में विस्तार से बताया गया। कैडेट्स को हिमाचल की संस्कृति समझने एवं यहां की अति दुर्गम क्षेत्रों में ट्रैकिंग करने का अनुभव प्रदान करवाया जायेगा । इसी दौरान यहां आए हुए सभी कैडेट्स , एएनओ, जीसीआई,को-ट्रैकिंग कैप्स प्रदान की गई । कर्नल संजय शांडिल ने तैयारी का मुकम्मल जायजा लिया। उन्होंने मेस का पूर्ण रूप से स्वयं निरीक्षण किया एवं साफ- सफाई का ध्यान रखने का निर्देश जारी किया। बच्चों के लिए एमआई रूम की स्थापना की गई, जिसमें 24 घंटे डॉक्टर तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही महिला पुलिस को गर्ल कैडेट की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया। प्रथम दिवस कैडेट को दो टुकड़ियों में बांटा गया। एक टुकड़ी को शहीद स्मारक एवं दूसरी टुकड़ी को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम भेजा गया। आज ट्रैक के दूसरे दिवस कर्नल संजय शांडिल ने सुबह कैडेट्स को कुणाल पथरी के लिए रवाना किया। बच्चों ने वहां जाकर माता कुणाल पथरी इतिहास के बारे में वहां के पुजारी से जानकारी प्राप्त की तथा आते समय उन्होंने चाय के बागानों के सौंदर्य का लुत्फ उठाया।
शिमला: आज जिला सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समिति की हि. प्र. विश्विद्यालय इकाई का गठन हुआ है। इस संबंध में विश्विद्यालय में विशेष बैठक हुई। इसमें हाटी छात्र संगठन की कमान अनिल चौहान जी को सौंपी गई। उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। समीर ठाकुर को महासचिव का जिम्मा दिया गया,जबकि रवींद्र चौहान कोषाध्यक्ष होंगे। यह बनी नई कार्यकारिणी.. अध्यक्ष अनिल चौहान, उपाध्यक्ष बलदेव साम्याल और नेहा ठाकुर, महासचिव समीर ठाकुर, संयुक्त सचिव सचिन तोमर , कोषाध्यक्ष रवींद्र चौहान,कानूनी सलाहकार कुलवीर ठाकुर और ऋषब नेगी। मुख्य सलाहकार प्रदीप सिंगटा, काकू ठाकुर ,वीरेंद्र चौहान,कपिल कपूर बने। मुख्य प्रवक्ता कृष्ण प्रताप, मीडिया प्रभारी प्रवीण ठाकुर को बनाया गया। नवगठित समिति ने भरोसा जताया है कि ये समिति हाटी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए हर तरह से कार्य करेगी और न्यायलय में लंबित हाटी मुद्दे के लिए भी लड़ाई लड़ेगी। इस बैठक में रवींद्र चौहान ,शिवम पुंडीर,प्रतिभा पुंडीर,शालू ,प्रेमलता,तनुजा नेगी,काजल,पिंकी,विनय पुंडीर,विवेक तोमर,प्रवीण ठाकुर,सुभाष,रवींद्र सिंह ,पूजा चौहान ,अंबिका कंवर ,डिम्पल ,साक्षी कंवर, राहुल ठाकुर ,रिंकु चौहान ,बँटी ,दिशांत, सचिन ,रोहन ,सृष्टि, धीरज ,राकेश ,मयंक ,रोनिक ,निखिल ,राकेश सिंगटा ,अनुज ,योगेन्द्र, पीयूष ,निशांत ,प्रणकुर, नेहा ,मानसी ,अंकिता ,कृष्ण प्रताप ,राजेश ,अभिषेक ,दीपक ,सचिन ,अनिल ,संजय नेगी ,अमन चौहान उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून, 2024 को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 11 के.वी. दोची फीडर से संचालित कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने बताया कि 11 जून, 2024 को प्रातः 09.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक कनिष्का रिसोर्ट, दुनती, दुनो, मैपल रिसोर्ट, सोनाघाट एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
आज दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन के प्रांगण में छठी, सातवीं और आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उदय मित्तल मेमोरियल साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 4 टीम के 4 -4 विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्कूल की प्रिंसिपल ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चो का मानसिक विकास होता है। प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता में सभी बच्चो को बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना है। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन संतोष, शिल्पा और मती तमन्ना द्वारा किया गयाl इस प्रतियोगिता के चार राउंड थे जिसमें प्रतिभागियों का प्रदर्शन बहुत जोरदार रहा। उन्होंने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। प्रिंसिपल,ऊषा मित्तल ने प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किए जिसमें, अर्श,नितिन ,अभिनव और सत्यार्थ ने प्रथम व परीक्षा,अखिलेश,अंशिका और सोनाक्षी ने द्वितीय स्थान झटका। वही तृतीय स्थान पर आदित्य,तन्वी,अर्पिता और रूद्र रहे। वंश, सनाया,रिद्धिमा,सम्राट को कॉन्सोलेशन प्राइज मिलाl अंत में प्रिंसिपल, ऊषा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के द्वारा किया गया।
बीते कल पुलिस थाना सदर सोलन में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को अश्वनी खड्ड से चोटिल अवस्था मे ईलाज हेतु लाए है, जिस पर पुलिस थाना सदर सोलन की एक टीम क्षेत्रीय अस्पताल सोलन व मौका रीवा वाटर फॉल अश्विनी खड्ड की रवाना हुई । मामले की जांच के दौरान पाया गया कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली से 13 छात्रों का एक ग्रूप घुमने के लिये हैरिटेज पार्क अश्विनी खड्ड व रेवा वाटर फॉल आया था तथा जब यह सभी छात्र समय करीब 4/5 बजे शाम रेवा वाटर फॉल में नहाने के लिये कपड़े उतार रहे थे तो उस समय अचानक ऊपर पहाड़ी से एक पत्थर गिरकर नीचे खड़े छात्र अक्षत देव पुत्र श्री अलोक कुमार मीणा निवासी A-9 J.P Colony Tonk Phathak VTC Jaipur PO Gandhinagar जिला जयपुर राज्यस्थान उम्र 19 वर्ष के सिर पर लग गया जिससे सिर में चोट लगने के कारण अक्षत देव मौका पर ही अचेत होकर गिर गया। उसके सिर से भारी रक्त स्राव होने लगा। उसके बाद उसके साथी छात्र व वहां पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा अक्षत देव को ईलाज हेतू क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया जहां पर MO साहब अक्षत देव उपरोक्त को brought dead घोषित किया गया। मामले में अभी तक की जांच से यह प्रतीत हो रहा है कि मृतक अक्षत देव की मृत्यु पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण सिर में लगी चोट से अत्यधिक रक्त बहने के कारण हुई है, जो इस संदर्भ में कार्यवाही जेर धारा 174 द0प्र0सं0 अमल में लाई जा रही है ।
जयसिंहपुर: कंवर दुर्गा चन्द राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर मे प्राचार्य उपेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग को हिंदी टंकण में निपुणता हासिल कराना रहा। इस संगोष्ठी में कंवर दुर्गा चन्द राजकीय महाविद्यालय के सभी शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग मौजूद रहे। कंप्यूटर विशेषज्ञ के रूप में गगन ने कार्यशाला का संचालन किया। महाविद्यालय में चल रही विभिन्न शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग के कौशल विकास संगोष्ठी श्रृखंला के अन्तर्गत इस संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उपस्थित सदस्यों द्वारा संगोष्ठी समाप्त होने तक व्यावहारिक कुशलता के साथ गूगल डॉक पर हिन्दी दस्तावेज़ तैयार किए गए। यह संगोष्ठी सभी मौजूद सदस्यों की कार्य क्षमता को बढाने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करेगी। प्राचार्य ने सभी का उत्साह किया और भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करते रहने के लिए प्रेरित किया।
किन्नौर जिला के क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में आज एक दिवसीय टीबी चैम्पियंस (क्षय रोग) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को विशेष एवं विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान करना था जो पूर्व में स्वयं क्षय रोग के मरीज थे तथा टीबी को हरा कर टीबी चैम्पियंस बने हैं। उन्होंने बताया कि इन टीबी चैम्पियंस को प्रशिक्षण के माध्यम से टीबी क्या है, इसके लक्षण क्या होते हैं तथा इसकी जांच व उपचार कहां और कैसे होता है इस बारे विस्तृत प्रशिक्षण एवं जानकारी प्रदान की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि टीबी चैम्पियंस को प्रशिक्षण प्रदान कर इनके माध्यम से अन्य लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह टीबी चैम्पियंस अपने-अपने गांव या समुदाय में जाकर क्षय रोग के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और अपने क्षेत्र में क्षय रोग के मरीजों से मिलकर उन्हें मानसिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करने में अहम योगदान प्रदान करेंगे। इसके अलावा समाज में क्षय रोग के संबंध में फैली भ्रांतियों, भेदभाव एवं लांछन को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षण शिविर में सभी टीबी चैम्पियंस ने प्रतिज्ञा ली कि वह सार्वजनिक मंचों पर जाकर टीबी के बारे में लोगों को जानकारी देंगे तथा क्षय रोग को समाप्त करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान टीबी चैम्पियंस को पंचायत टीबी फोरम की जानकारी भी दी गई और सभी टीबी चैम्पियंस ने स्वीकार किया कि वह पंचायत टीबी फोरम की मीटिंग में अवश्य जाएंगे और वहां टीबी के बारे में वकालत करेंगे। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ सुधीर सिंह ने उपस्थित जनों को क्षय रोग की विशेष जानकारी देते हुए सभी चैम्पियन से आह्वान किया कि वह समुदाय में जाकर अधिक से अधिक टीबी के प्रति जागरूकता फैलाएं। प्रशिक्षण शिविर में जिला कार्यक्रम समन्वयक छैरिंग नेगी और एसटीएस रोहित सहित अन्य उपस्थित रहे।
मानसून तैयारियों को लेकर आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। मनमोहन शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों को मानसून से पूर्व नालियों की सफाई करने व आवश्यक मुरम्म्त करवाने के निर्देश दिए ताकि मानसून में पानी की बेहतर निकासी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते नदियों के किनारे बस्तियों को खाली करवाने तथा नदी-नालों के समीप खतरे के संकेत पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने ज़िला के सभी उपमण्डलों में आपातकालीन स्थिति से त्वरित निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने सभी आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही की जा सके। मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के समय जल जनित रोगों, सांप के काटने, दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाईयों का भण्डारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन को आपात स्थिति से निपटने के उपायों के बारे में जागरूक करने के लिए सम्बन्धित विभागों को समय-समय पर शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों को सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनों व कर्मियों की समय से व पर्याप्त संख्या में तैनाती करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा मानसून के दौरान विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए सुझाव भी दिए गए तथा इस पर गहनता से विचार-विमर्श भी किया गया। उन्होंने कहा कि मानसून से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में आमजन टोल फ्री नम्बर 1077 पर सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, कसौली नारायण सिंह चौहान, अर्की यादविंदर पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा, सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
**अनिरूद्ध सिंह बोले, भाजपा सरकार बनाने की तारीख पर तारीख दे रहे जयराम ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान कांग्रेस सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं और भाजपा सरकार बनाने की तारीख पर तारीख दे रहे हैं। अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं ने कांग्रेस को पांच साल तक हिमाचल प्रदेश में सरकार चलाने का जनादेश दिया है और कांग्रेस सरकार पूरी तरह से मजबूत है। उपचुनाव की चार सीटें जीतने के बाद विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 34 से बढ़कर 38 हो गई है और प्रदेश के मतदाताओं ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी जहां भाजपा ने धनबल से चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया, वहां भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा की खरीद-फरोख्त की राजनीति मतदाताओं को रास नहीं आई है और भाजपा को इससे सबक सीखना चाहिए। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि 4 जून को दो सरकारें बनाने के जय राम ठाकुर के दावे धरे के धरे रह गए और अब भाजपा नेताओं ने जयराम ठाकुर के फैसलों पर खुले मंच से सवाल उठाना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर कांग्रेस सरकार की चिंता छोड़कर अपनी कुर्सी की चिंता करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का 400 पार का नारा भी फेल हो गया, जिससे साबित होता है कि भाजपा से देश की जनता का मोहभंग हो गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग ने आज सोलन में 04 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. वेयरहाउस का लोकार्पण किया। इसका शिलान्यास मार्च, 2021 में किया गया था। मनीष गर्ग ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ई.वी.एम. वेयरहाउस स्थापित किए जा रहे हैं ताकि विशिष्ट मापदण्डों के साथ ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को एक साथ एक स्थान पर सुरक्षित भंडारण किया सके। इससे न केवल मशीनों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूरा करने में भी सुविधा प्रदान होगी। उन्होंने कहा कि पहले ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को राजकीय महाविद्यालयों या स्कूल परिसरों में रखा जाता था और इस स्थिति में इन मशीनों के लिए सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्था करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षण संस्थानों के कमरों का लम्बे समय तक उपयोग होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, उपमण्डलाधिकरी सोलन डॉ. पूनम बंसल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण रवि भट्टी, तहसीलदार निर्वाचन उषा चौहान, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के 2024 के चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोकसभा की लगातार तीसरी बार चार की चार सीटें भाजपा ने जीतकर इतिहास रचा है। पाल ने कहा यह जीत नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जीत है, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व की जीत है, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन के शिल्पकार संगठन मंत्री सिद्धार्थन के कुशल नेतृत्व की जीत है। पाल ने बताया भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश पदाधिकारी तक सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस चुनाव को जीत में बदला है। पाल ने कहा 2024 का लोकसभा का यह चुनाव प्रदेश कांग्रेस की सरकार के खिलाफ जनमत है और प्रदेश की जनता ने सीएम सुक्खू की सरकार व कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मजबूत जनमत दिया है। पाल ने बताया कि इन चुनावों में सुक्खू सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी का जमकर दुरूपयोग किया गया। कर्मचारियों, अधिकारियों, व्यापारियों को निरंतर धमकाया गया, डराया गया। मनी पावर का दुरूपयोग चुनाव को जीतने के लिए किया और सत्ता के दम पर दादागिरी की पर जनता ने उनको इनकी दादागिरी का जवाब दे दिया और भाजपा शिमला संसदीय सीट से सुरेश कश्यप 90548 मतों से विजयी हुए। पाल ने कहा कि यह उद्धृत करना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा सोलन जिला से शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को 52097 की बढ़त दिलवाने में कामयाब हुई । पाल ने जिला सोलन की समस्त जनता विशेषकर अर्की विधानसभा की जनता का कोटि-कोटि आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है और शिमला संसदीय क्षेत्र के अर्की से सबसे अत्यधिक 15484 मतों की बढ़त का सारा श्रेय पाल ने संगठन के सभी कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को दिया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व को पूरा आशीर्वाद दिया है, एनडीए को जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बननें जा रहें हैं यह अपने आप में ऐतिहासिक है। यह बड़ा रिकॉर्ड है, जिसको कोई चैलेंज नहीं कर सकता। पीएम मोदी को जन मत प्राप्त हुआ है, इसके लिए जनता का आभार एवं अभिनंदन।
हाल ही में घोषित नीट के परीक्षा परिणाम में विकास खंड कुनिहार के कजियारा (दानोघाट) की बेटी यशिका ठाकुर ने अपना लोहा मनवाते हुए नीट की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यशिका ने कुल 720 अंको में से 640 अंक लेकर यह परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए कदम बढ़ा दिया है। यशिका ने अपनी आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई बीएल स्कूल कुनिहार से व 12 वीं कक्षा तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार से पूरी करने के बाद एक साल एस्पायर इंस्टीट्यूट शिमला से नीट की कोचिंग ली। यशिका के दादा चेतराम, दादी लीला देवी, पिता रविंद्र सिंह ठाकुर, माता मीना ठाकुर, बहन गुंजन व भाई वंश ठाकुर सहित पूरा परिवार यशिका की इस उपलब्धि से बहुत खुश है और उन्हें लोगो की ढेरो बधाइयां मिल रही है। यशिका की माता मीना ठाकुर जो पेशे से राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में अध्यापिका के पद पर कार्यरत है ने बताया कि हमे अपनी बेटी पर नाज है जिसने अपनी कड़ी मेहनत से इस उपलब्धि को हासिल किया है। यशिका ने इस उपलब्धि के लिए अपनें माता-पिता को श्रेय देते हुए कहा कि मेरी मेहनत के साथ सबसे बड़ा योगदान मेरे परिवार का रहा, जिन्होंने मुझे इस काबिल बनाया व हर समय मुझे प्रेरित करते रहे। यशिका ने कहा कि बचपन से ही मेरा सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने का है जो अब माता-पिता के आशीर्वाद से जरूर पूरा होगा।
**नीट परिणाम में मिनर्वा के राहुल ने 681, साक्षी के 680 अंक **मिनर्वा के 78 बच्चों के 550 व 43 के 600 से अधिक अंक **नीट परिणाम में मिनर्वा के विद्यार्थियों की चमक घुमारवीं: नीट (यू जी) के परीक्षा परिणाम में मिनर्वा शिक्षण व कोचिंग संस्थान घुमारवीं के स्टूडेंट्स ने चमक बिखेरी है। संस्थान के 78 बच्चों ने 550 व 43 स्टूडेंट्स ने 600 से अधिक अंक प्राप्त कर भविष्य की नींव रखी है। संस्थान के राहुल चंदेल ने 681, साक्षी ने 680, संचित ने 674 अंक, रिजवान ने 669, खुशी ने 666, रिया ने 663, उदय ने 662, प्रियल ने 662 , शिवम ने 662, युविका ने 656, प्रशम ने 656 व नितिन ने 654 अंक हासिल कर देश भर में नाम चमकाया। नीट परीक्षा परिणाम के बाद मिनर्वा संस्थान कम से कम 70 छात्रों के एमबीबीएस में चयन की संभावना है। यह बात आज घुमारवीं में मिनर्वा संस्थान के संस्थापक व संयोजक प्रवेश चंदेल व राकेश चंदेल ने पत्रकारवार्ता में कही। प्रवेश चंदेल ने कहा कि मिनर्वा संस्थान हर साल बेहतर परफॉर्मेंस कर रहा है। इस साल नीट का रिजल्ट पिछले साल की अपेक्षा बेहतर रहा है। इसके लिए उन्होंने बच्चों, अभिभावकों व संस्थान के स्टाफ को बधाई देते हुए सफल हुए बच्चों से देश में गरीब वर्ग के लोगों की मदद को नसीहत दी। इस मौके पर राकेश चंदेल ने कहा कि मिनर्वा संस्थान के 350 बच्चों ने नीट की परीक्षा दी थी,जिसमें 250 वॉरियर्स व 100 स्टूडेंट्स रेगुलर बैच के थे। उन्होंने बताया कि संस्थान के 12 बच्चों के 650 से अधिक, 43 बच्चों के 600 से अधिक व 78 विद्यार्थियों के 550 से अधिक अंक है। उन्होंने बताया कि संस्थान में इस समय जेई मेन, जेई एडवांस, एनडीए व नीट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही है। चंदेल ने सभी बच्चों, अभिभावकों व स्कूल स्टाफ को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर स्वदेश चंदेल भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश में नए विधायक चुनने के बाद अब विधायकों का सिटिंग प्लान बदलेगा। उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते सुधीर शर्मा और इंद्रदत्त लखनपाल अब विपक्ष के साथ बैठेंगे, विधानसभा में इस बार तीन नए चेहरे भी शामिल होने जा रहे हैं। 11 या 12 जून को शपथ हो सकती है। इसमें कुटलैहड़ से कांग्रेस पार्टी के विजयी उम्मीदवार विवेक, लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विजयी प्रत्याशी रणजीत राणा शामिल है। आगामी मानसून सत्र में यह व्यवस्था देखने को मिलेगी। विधानसभा में अब दो महिला विधायक होंगी। इससे पहले पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से रीना कश्यप अकेली महिला विधायक थी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में कहा हैं कि विधानसभा में एक ही महिला सदस्य है। उनकी मांगों को गंभीरता से लिया गया है। अब भाजपा के साथ कांग्रेस पार्टी की भी एक महिला लाहौल स्पीति से विधानसभा उपचुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंची है। ऐसे में अब सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से एक-एक महिला विधायक सदन में नजर आएगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से नए सदस्यों के लिए आवास में आवंटित किए जाना है। शपथ समारोह के बाद विधानसभा सचिवालय प्रशासन इसकी व्यवस्था करेगा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में दो बार चुने गए सदस्यों को अब दो आवास सेट आवंटित किए जा सकेंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के आदेश पर सचिव ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्य (एमएलए हॉस्टल एवं विश्राम गृह आवास आवंटन) नियम 2002 के नियम 3 में संशोधन करते हुए सामान्य तौर पर हर सदस्य को केवल एक ही सेट दिया जाता है, मगर अगर आवास की उपलब्धता हो तो उन्हें दूसरा सेट भी दिया जा सकेगा। हिमाचल विधानसभा सचिवालय नए विधायकों के शपथ समारोह की तैयारियों में जुट गया है। बताया जा रहा है कि विधानसभा में यह शपथ समारोह 11 या फिर 12 जून को होगा।
माँ शूलिनी मेला-2024 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथियां निर्धारित कर दी गई है। यह जानकारी बीते कल मेला अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव ने दी।अजय यादव ने कहा कि हिमाचल के लोक कलाकारों के ऑडिशन की तिथि 12 जून से 14 जून, 2024 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि ऑडिशन के लिए कलाकारों को 11 जून, 2024 तक आवेदन करना होगा। आवेदन अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला भाषा अधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकता है। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। स्थानीय एवं विभिन्न ज़िलों के लोक कलाकार अथवा सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति के लिए आवेदन ई-मेल adm-sol-hp@nic.in तथा dlosolan39@gmail.com पर कर सकते हैं।
** हादसे में तीन लोगो ने तोडा दम **10 से अधिक लोग घायल, हालत नाजुक हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बिंदला रोड मार्ग पर आज सुबह 9:00 बजे टाटा सूमो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौ*त हो गई है। हादसे में 10 लोग घाय*ल हो गए हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय गाड़ी में कुल 13 लोग सवार थे। वहीं हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन, पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर कर निजी वाहनों के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। चार गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर मौ*त हो गई है। एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गाड़ी में सवार अन्य लोग चोटिल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार जारी है। हादसे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।


















































