** कांग्रेस सरकार ने भाजपा द्वारा स्वीकृत कई संस्थान कर दिए बंद ** मौन व्रत धारण कर बैठे हैं सदर विधायक, जनता परेशान हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के पूर्व वाइस चेयरमैन व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन शर्मा ने कहा कि हमीरपुर सदर विधायक ने चुनावों के समय जनता को बहला-फुसलाकर वोट तो ले लिए, परंतु अब काम करवाने में फिसड्डी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत कई संस्थान बंद कर दिए, परंतु सदर विधायक ने मौन व्रत धारण किया हुआ है। नवीन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा द्वारा स्वीकृत दो बड़े संस्थानों लंबलू डिग्री कॉलेज व वैटनरी हॉस्पिटल को बंद कर दिया, डिडवीं टिक्कर में जल शक्ति विभाग का कार्यालय बंद कर दिया, हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया धनेड़ को जाने वाली बस को बंद कर दिया, हमीरपुर विधानसभा की सड़कों की हालत भी दयनीय है, परंतु विधायक मौन हैं और जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि विधायक की इच्छाशक्ति ही नहीं है जनता के कामों को करवाने की। नवीन शर्मा ने कहा कि जनता विधायक व कांग्रेस सरकार से गत एक साल का हिसाब मांग रही है, परंतु सरकार का अपना ही हिसाब किताब खराब है। यहां माफियाओं को बोल बाला दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, नशा माफिया ने युवा पीढ़ी को बर्बाद कर के रख दिया पर प्रशासन खामोश है। कोई विधायक के पास काम करवाने जाता है तो विधायक कहते हैं कि सरकार में कोई उनकी सुनता ही नहीं है। नवीन शर्मा ने कहा कि जनता ने सरकार के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान चलाया है, जिसमें गांव गांव जाकर क्षेत्र के मुद्दों को लेकर हस्ताक्षर करवाये जा रहे हैं जो अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे जाएंगे। नवीन शर्मा ने कहा कि जनता सड़कों पर है जनचेतना यात्रा कर रही है, जिसे भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इस अवसर पर विभिन्न महिलामंडलों की मातृ शक्ति, विभिन्न युवक मण्डलों के युवा, विभिन्न पंचायतों के चुने हुए पदाधिकारी, बीडीसी चेयरमैन हरीश शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री सुरेश सोनी, प्रधान अनिल शमा, प्रधान अश्विनी ठाकुर, बिमला देवी, युवा मोर्चा महामंत्री अजय शुक्ला, अभिषेक ठाकुर, सुमित गर्ग,आशीष, विपिन सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।
शिमला कालीबाड़ी हॉल में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने गायकी क्षेत्र में नाम कमाने वाले देहरा विधानसभा के छोटे से गांव भटोली फकोरियां के अनीश शर्मा को देवभूमि अचीवर अवॉर्ड-2024 से सम्मानित किया। अनीश शर्मा कॉमेडी में अपना लोहा मनवाने के बाद अब गायकी में किसी पहचान के मोहताज नहीं रहे हैं। अनीश शर्मा के पहले ही गाने छैल लगदी को यू-ट्यूब पर 20 लाख लोगों ने पसंद किया था। विशाल इवेंट गुरु के बैनर तले हुए कार्यक्रम में हिमाचल की और भी जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया।
उप मंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते गुलेर गांव के युवा अमनदीप जो की मिस्टर आइकोनिक हिमाचल-2023 भी रह चुके हँ और साथ में कई मॉडलिंग में खिताब भी जीत चुके हैं। वे कई गानों में मॉडल की भूमिका भी अदा कर चुके हैं। अमनदीप शर्मा अब मंडी निवासी हरीश मंडियाल के मंडी आलिया ठकुरानिये पहाड़ी गीत में मॉडल के रूप में नजर आएंगे। 26 फरवरी को यह नया पहाड़ी गीत लांच हो गया है। बता दें कि गाने की शूटिंग इस माह के शुरू में ही सुंदरनगर की वादियों में पूरा कर लिया गया था। युवा एक्टर अमनदीप ने आज दिन तक बहुत से ख़िताब जीते हैं, जिसमें मिस्टर बेस्ट परफॉर्मर हिमाचल टॉप 5, जलसा कांगड़ा शो विनर और मिस्टर आइकोनिक हिमाचल-2023 के खिताब शुमार हैं।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत राजकीय हाई स्कूल चौकाठ में डॉक्टर युसूफ खान, जो इस स्कूल के विद्यार्थी रहे हैं और हिमाचल के प्रख्यात खेती वैज्ञानिक व मुशरूम विशेषज्ञ हैं, उन्होंने बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकास, प्रोत्साहन एवं गांववासियों की ज्ञान वृद्धि के लिए हाइड्रोपोनिक डिस्प्ले की स्थापना की है। डॉक्टर यूसफ खान ने विदेशों में भी मशरूम एवं आधुनिक खेती के विकास मे अपनी छाप छोड़ी है। डॉ. यूसुफ ने इस दौरान ग्रामीणों व छात्रों के साथ हाइड्रोपोनिक खेती के बारे में बातचीत की। छात्रों व ग्रामीण ने अपनी रुचि दिखाते हुए डॉक्टर साहब से कई पूछे जिनका डॉक्टर साहब ने विनम्रता पूर्वक उत्तर दिया। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान स्कूल अध्यापक व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान स्कूल अध्यापक व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने आज यहां जिला टास्क फोर्स की पोलियो ड्रॉप्स पिलाने की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिले में 3 मार्च को राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर शून्य से 5 वर्ष आयु वर्ग के 31521 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य को पूरा करने के लिए 402 बूथ स्थापित किये जाएंगे।उन्होंने कहा कि पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के लिए 803 दलो का गठन किया गया है, जिसमें 1607 कर्मचारियों को तैनात किया जायेगा। इसके अलावा 10 स्थान पर ट्रांजिस्ट शिविर लगाए जाएंगे, जहां पर बसों व अन्य वाहनों में आने जाने वाले बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। इसके अलावा 10 मोबाइल दल भी पोलियो ड्रॉप्स पिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे उन्होंने आयुष विभाग, डीआरडीए व पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की पोलियो ड्रॉप्स अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग को सहयोग दे ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो ड्रॉप्स पीने से वंचित न रहे। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए कि ऐसे स्थलों जहां पर कामगारों की अधिक संख्या है वहां पर पोलियो ड्रॉप्स पिलाने के लिए विशेष तैयारी प्रबन्ध करें ताकि कोई भी बच्चा पोलियो ड्राप पीने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश 3 मार्च को पोलियो ड्रॉप्स पीने से वंचित रह जाता है तो उन बच्चों को 4 व 5 मार्च को घर-घर जाकर पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डायरिया व निमोनिया से शून्य से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का बचाव के लिए 14 से 25 मार्च के बीच विशेष अभियान के तहत जिंक टैबलेट्स व ओआरएस के पैकेट वितरित किये जाएंगे। बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ उषा ठाकुर ने किया।
जिला किन्नौर के रिकांग पिओ में आज आगामी आम लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन के दृष्टिगत समस्त नोडल और सेक्टर अधिकारियों को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों को चुनाव से पूर्व व चुनाव के दिन उनकी जिम्मेदारियों व कर्तव्यों बारे जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में चुनाव के संबंध में संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने व इन क्षेत्रों में उचित प्रबंध करने बारे भी बताया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण में वोटर हेल्पलाइन, दिव्यांग व्यक्तियों के लिए उपलब्ध सक्षम ऐप, इलेक्शन सीज़र मैनेजमेंट सिस्टम और पोस्टल बैलेट की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में उपमंडलाधिकारी डॉ मेजर शशांक गुप्ता, तहसीलदार निर्वाचन जी. एस. राणा तथा समस्त सेक्टर व नोडल अधिकारी उपस्थित थे
** टुटू में 5 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले खंड विकास कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जवाहर लाल नेहरू ललित कला राजकीय महाविद्यालय लौहारब के 15.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने टुटू में पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले खण्ड विकास कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ललित कला महाविद्यालय में नए पाठ्यक्रम शुरू करने व स्मार्ट कक्षाएं विकसित करने तथा खेल मैदान के लिए 20 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए बस सेवा आरंभ की जाएगी और महाविद्यालय में छात्रावास सुविधा उपलब्ध करवाने के भी प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है और गुणात्मक शिक्षा को विशेष अधिमान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में सभी शिक्षण संस्थानों की वार्षिक रैकिंग और उनके लिए प्रदर्शन आधारित अनुदान व्यवस्था की शुरूआत का प्रावधान किया गया है। यह व्यवस्था ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पढ़ने-लिखने की संस्कृति विकसित करने के लिए बहुआयामी प्रावधान किए गए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस ललित कला महाविद्यालय की नींव पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रखी थी। वर्तमान में संस्थान में 17 राज्यों के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। संस्थान में शिक्षा की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल, क्लस्टर प्रणाली, अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना, मुख्यमंत्री सुख-शिक्षा योजना, मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना, दूध खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य, विभिन्न योजनाओं, आपदा राहत पैकेज, ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्तिकरण, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता सहित विभिन्न विषयों के बारे में सरकार के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
** हिमतरु प्रकाशन समिति तथा भाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा कार्यक्रम ** उपायुक्त तोरूल एस. रवीश करेंगी शुभारंभ, भाषा विभाग के निदेशक राकेश कंवर करेंगे समापन तीन दिवसीय कुल्लू साहित्य उत्सव का आगाज 28 फरवरी को प्रात: देवसदन से किया जाएगा। हिमतरु प्रकाशन समिति तथा भाषा संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव का शुभारंभ देवसदन कुल्लू में उपायुक्त तोरूल एस. रवीश करेंगी, जबकि उत्सव का समापन भाषा संस्कृति विभाग के निदेशक राकेश कंवर द्वारा मांइड स्केप आर्ट गैलरी हरिपुर में किया जाएगा। इस उत्सव में जहां साहित्य पर चर्चा होगी, वहीं समसामयिक मुद्दों जैसे पर्यावरण, दलित विमर्श, स्त्री विमर्श, आदिवासी विमर्श आदि पर भी आमंत्रित वक्ताओं द्वारा चर्चा-परिचर्चा की जाएगी। यह जानकारी कुल्लू साहित्य उत्सव के मीडिया प्रभारी एवं कोर कमेटी के सदस्य रमेश पठानिया ने दी। रमेश पठानिया ने आयोजन समिति द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है कि इस महत्वपूर्ण साहित्य उत्सव में देश के विभिन्न भागों से प्रसिद्ध एवं चर्चित साहित्यकार, कवि, आलोचक, चिंतक, पर्यावरणविद्, फिल्मकार सम्मिलित होंगे तथा अपना वक्तव्य देंगे। उन्होंने जानकारी दी कि यह आयोजन प्रदेश के युवा साहित्यकारों, लेखकों, फिल्मकारों और नई पीढ़ी के लोगों के लिए एक दर्पण का काम करेगा। लोगों में साहित्य के प्रति रुचि और देश के अन्य सामजिक मुद्दों से रू-ब-रू करवाने की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्रीय छात्रों के लिए साहित्य, लेखन व समाज के प्रति दायित्व को लेकर एक नई उम्मीद को जन्म देगा। उन्होंने कहा है कि इस आयोजन के दौरान नवोदित लेखकों को वरिष्ठ एवं स्थापित लेखकों के साथ खुली बातचीत का अवसर प्राप्त होगा, जिसके दूरगामी परिणाम होंगे। उन्होंने कहा है कि इस उत्सव का उद्देश्य हिमाचल जैसे दूरदराज के क्षेत्र में नई पहाड़ी पौध में पठन-पाठन तथा साहित्य के प्रति रुचि पैदा करना है, ताकि विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों में स्त्री, जाति, लोकतंत्र, पर्यावरण, आदिवासी विमर्शों पर दृष्टि विकसित हो सकें।
हिमाचल के पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। इसी के तहत राज्य में डेयरी विकास के लिए नाबार्ड सुक्खू सरकार को ऋण देगा। नाबार्ड ने सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के अनुसार इसको लेकर अगले सप्ताह हिमाचल सरकार और नाबार्ड के बीच करार हो सकता है। इस बारे में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बताया कि नाबार्ड से 4 फीसदी ब्याज पर करीब 250 करोड़ रुपये ऋण लेने की योजना है। गौर रहे कि दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार कांगड़ा जिले के ढगवार में 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के स्वचलित दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना करने जा रही है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर का खर्च सरकार अपने स्तर पर वहन करेगी। प्रोजेक्ट के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड परामर्श सेवाएं उपलब्ध करवाएगा। नाबार्ड से मिलने वाले ऋण से संयंत्र तैयार किया जाएगा। ढगवार संयंत्र के लिए प्रतिदिन 2.74 लाख लीटर दूध की खरीद होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बताया कि कंपनी के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत सभी को गुणवत्तापूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिशा में आगे बढ़ते हुए विवेकानंद नेत्रालय आई हॉस्पिटल देहरादून के नए ऑपरेशन थिएटर के लिए जीस माइक्रोस्कोप मॉडल ओपीएमआई लुमेरा 700 मशीन प्रदान की है। जे. बेहेरा, निदेशक (वित्त) ने 24 फरवरी को मशीन का उद्घाटन किया, जो टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की सामाजिक जिम्मेदारी और विजन को सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा तक पहुंचाने की दृढ़ संकल्पना को दर्शाता है। विश्नोई ने जीवन में अच्छे स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सामाजिक रूप से जिम्मेदार संगठन के रूप में, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड निरंतर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा की चुनौतियों का सामना करने के लिए विभिन्न सीएसआर पहलुओं के माध्यम से प्रयासरत है। इसमें टिहरी जिले के दीन गांव में हंस फाउंडेशन के माध्यम से एक एलोपैथिक डिस्पेंसरी कासंचालन, सीमा डेंटल कॉलेज ऋषिकेश; एम्स, ऋषिकेश; और निर्मल आश्रम नेत्रालय, ऋषिकेश के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना आदि शामिल है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड जिला स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा अनुरोध किये जाने पर समय-समय पर विभिन्न चिकित्सा वस्तुएं और उपकरण प्रदान करके राज्य सरकार के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे का समर्थन भी करता है। उद्घाटन समारोह के दौरान जे. बेहेरा ने बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अपनी सीएसआर योजना के अंतर्गत विवेकानंद अस्पताल, देहरादून के लिए ज़ीस माइक्रोस्कोप मॉडल ओपीएमआई लुमेरा 700 की खरीदारी के लिए 1.25 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की । इसका उद्देश्य उत्तराखंड के दूरदराज क्षेत्रों में बसे समुदायों और उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित व्यक्तियों को सर्वोत्तम श्रेणी की नेत्र देखभाल सुविधाएं प्रदान करना है 7 उत्तराखंड के साथ-साथ इसमें उत्तर प्रदेश के कई जिले जैसे बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, और सहारनपुर आदि भी शामिल हैं। यह नई मशीन नेत्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए एक वरदान के रूप में कार्य करेगी, जिससे मोतियाबिंद सर्जरी, ग्लूकोमा उपचार, रेटिना सर्जरी, और कॉर्निया प्रत्यारोपण जैसे उच्च गुणवत्ता के उपचार और प्रक्रियाएंभी संभव हैं। टीएचडीसी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को पूर्ण करते हुए उत्तराखंड के पहाड़ी समुदायों के लिए आंखों की बीमारियों का समाधान करने, स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं कम लागत में उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। उद्घाटन समारोह के दौरान अमरदीप, महाप्रबंधक तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड व विवेकानंद नेत्रालय अस्पताल, देहरादून के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
** देर रात की वारदात, रेस्टोरेंट में काम करता था युवक शिमला में रविवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के सामने वेक एंड वेक रेस्टोरेंट दी मॉल में काम करने वाले एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने 21 वर्षीय युवक पर रेस्टोरेंट में घुसकर हमला किया, जिसमें युवक बुरी तरह से घायल हो गया। गंभीर रूप से जख्मी युवक अपनी जान बचाने के लिए दौड़कर पुलिस सहायता कक्ष के पास पहुंच गया। उसने अपने हाथ में उस हथियार (गंडासा) को भी पकड़ा हुआ था, जिससे उस पर हमला हुआ था। उसने हथियार से पुलिस सहायता कक्ष के दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। वहीं, पुलिस सहायता कक्ष के कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकाल कर देखा तो वह घायल अवस्था में सामने सड़क पर खड़ा था और देखते ही देखते सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे पुलिस सहायता कक्ष की गाड़ी में बिठाकर इलाज के लिए आईजीएमसी पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष पुत्र सोहन सिंह, गांव कोठी, तहसील कुपवी के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात हमलावर पर मामला दर्ज कर उसकी धड़-पकड़ शुरू कर दी है।
बोले, पालमपुर के विकास पर खर्च किए जा रहे 600 करोड़, हर गांव तक पहुंचेगी सड़क मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा एवं शहरी विकास आशीष बुटेल ने रविवार को पालमपुर विधानसभा में 3 करोड़ 10 लाख के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन किए। उन्होंने ग्राम पंचायत बल्ला में 1 करोड़ 80 लाख की लागत से बनने वाली बाबा बराग लोक सड़क का भूमिपूजन किया। उन्होंने घमरोटा में 47 लाख की लागत से निर्मित स्वास्थ्य अपकेंद्र और 11 लाख की लागत से बनी एप्रोच रोड का उद्घाटन कर उसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इससे पूर्व उन्होंने कंडवाड़ी के ननाहर में 44 लाख से निर्मित वन निरीक्षण कुटीर का लोकार्पण किया तथा ग्राम पंचायत बदेहड़ में 28 लाख की लागत से बनने वाले पशु औषधालय का शिलान्यास किया। बदेहड़ में 20 जरूरतमंद परिवारों को वितरित की सोलर लाइट्स आशीष बुटेल ने बदेहड़ में 20 जरूरतमंद परिवारों को घरों में लगाने के लिए सोलर लाइट्स भी वितरित की। उन्होंने कहा कि पालमपुर विधान सभा क्षेत्र का ऐसा हलका है जहां 600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। पालमपुर में सड़क, पानी और बिजली के क्षेत्र में योजनात्मक रूप में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नयीं सड़के स्वीकृत की गई हैं और इन पर करीब 21 करोड़ रुपये व्यय किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के सुधार पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। पेयजल एवं सिंचाई सुविधा पर व्यय किए जा रहे 225 करोड़ उन्होंने कहा कि पालमपुर हलके में कोई ऐसा गांव नहीं छूटेगा जहां सड़क सुविधा न हो। उन्होंने कहा कि अपने इस कार्यकाल में पालमपुर के हर गांव तक गाड़ी योग्य सड़क पहुंचाने के लिए वे संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर में पेयजल एवं सिंचाई सुविधा पर भी 225 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं ताकि लोगों को भरपूर पेयजल और खेतों के लिये सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए वे पूर्ण योजना से कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में पालमपुर प्रदेश का सबसे अग्रणी विधानसभा क्षेत्र होगा।
** क्षेत्र के लिए 70.07 करोड़ रुपये की 11 विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज केलांग में लाहौल शरद उत्सव का शुभारंभ किया। दो माह तक चलने वाले इस पारंपरिक शीतकालीन त्यौहार के माध्यम से क्षेत्र की जीवंत, अनूठी, समृद्ध संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। बर्फबारी के बाद मनाए जाने वाला यह त्यौहार विभिन्न घाटियों के विविध स्थानीय रीति-रिवाजों को एक मंच पर लाता है। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाहौल शरद उत्सव क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस उत्सव के माध्यम से क्षेत्र में आने वाले हजारों पर्यटक लाहौल-स्पीति जिला की अनूठी संस्कृति, विरासत से रू-ब-रू होंगे और यहां के पारम्परिक पकवानों का लुत्फ उठाएंगे। उन्होंने अपनत्व भरे आतिथ्य सत्कार और आने वाली पीढ़ियों तक सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता के लिए लाहौल स्पीति के लोगों की सराहना की। लाहौल स्पीति जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 70.07 करोड़ रुपये की 11 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में 9.97 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य सड़क रतिल, 4.58 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क रूआलिंग थर्लिंग मेलिंग, 6.41 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क मार्बल, 6.80 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क चौखांग-नैनगाहर, 13.88 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क विहाली-त्रिलोकनाथ-लोबर-उदयपुर, 10.41 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क यांगरंग और 6.18 करोड़ रुपये से मुख्य सड़क शिति नाला-मेह बोग के उन्नयन का कार्य शामिल है। उन्होंने 1.68 करोड़ रुपये की लागत की साइफन के माध्यम से एफआईएस बीलिंग के सुधार कार्य, ग्राम जिस्पा में 3.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली शीतकालीन जल आपूर्ति योजना और 5 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले लाहौल हाट डालंग की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला पुलिस लाहौल-स्पीति के कमांड और कंट्रोल सेंटर (अनिमेष-नेत्रम) का लोकार्पण किया। केंद्र ने जिले के अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के साथ-साथ सुमदो, शिंकुला और सरचू सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में अपने सीसीटीवी कवरेज का विस्तार किया है, जिसे स्कॉच मेरिट ऑफ ऑर्डर पुरस्कार भी मिला है। इस परियोजना के तहत कुल 639 कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 182 पिछले वर्ष स्थापित किए गए थे।
** शिक्षा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों ने स्थापित किए उच्च मानक शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आजादी के समय हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर लगभग 8 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रणी राज्यों में शुमार होने का श्रेय राज्य के सरकारी स्कूलों द्वारा स्थापित उच्च मानकों को दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हमारे प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार ने भी सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से शिक्षा ग्रहण करके उच्च मुकाम हासिल किया। शिक्षा मंत्री ने आज यहां जी पंजाब हरियाणा हिमाचल के सहयोग से क्रैक अकादमी द्वारा राज्य के सभी 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 'मेरे शहर के 100 रतनÓ छात्रवृत्ति कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अकादमी सिविल सेवा, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग प्रदान करती है। यह अकादमी हिमाचल के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 100 छात्रों का चयन कर इन्हें छात्रवृत्ति प्रदान करेगी, जिसके लिए प्रथम मई, 2024 को छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस छात्रवृत्ति से प्रदेश के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लाभ पहुंचेगा, जो आर्थिक या अन्य संसाधनों की कमी के चलते कोचिंग संस्थानों में शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकते। रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के सरकारी स्कूलों से शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थी देश, दुनिया व प्रदेश के उच्च संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस शिक्षा प्रणाली के कारण ही हिमाचल में प्रति व्यक्ति भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों का अनुपात देश के अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है और हिमाचल प्रति व्यक्ति आय के मामले में सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय अवसर प्रदान करने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 15 लाख छात्र हैं, जिनमें से 55 प्रतिशत सरकारी संस्थानों में हैं। राज्य सरकार ने सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में अधिक विद्यार्थी जोड़ने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के अंतर्गत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। सरकार सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस राजीव गांधी गवर्नमेंट मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल भी बना रही है।
** स्वास्थ्य मंत्री ने साधुपुल में तटीकारण कार्य की रखी आधारशिला ** कहा, प्रथम किस्त के रूप में 1.18 करोड़ की राशि कर दी है जारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन जिला के साधुपल क्षेत्र में चार करोड़ की लागत से अश्वनी खड्ड का तटीकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री गत सायं साधुपुल में अश्वनी खड्ड पर तटीकारण कार्य की आधारशिला रखने के उपरांत पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं अन्य के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तटीकारण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.18 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है। डॉ. शांडिल ने कहा कि क्षेत्र में अश्वनी खड्ड के तटीकरण से जहां समूचा क्षेत्र जलीय आपदा से सुरक्षित होगा, वहीं विभिन्न गतिविधियों को संबल भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में आपदाओं से होने वाली क्षति को न्यून करने के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। उन्होंने सभी को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। साधुपुल बाजार के सिंकिंग जोन में 1.50 करोड़ से बनेंगे डंगे उन्होंने कहा कि साधुपुल बाजार में सिंकिंग जोन में भी लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षा के लिए डंगे निर्मित किए जाएंगे। इससे साधुपुल बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और इनके त्वरित निपटारे का आश्वान दिया।
** कहा, प्रदेश की 2.42 लाख महिलाओं को प्रतिमाह मिलेगी 1500 रुपये पेंशन ** अब लाहौल-स्पीति के स्कूलों में सर्दियों में होंगी छुट्टियां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग में इंदिरा गांधी प्यारी महिला सम्मान निधि योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत जिला लाहौल-स्पीति की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा , 'राज्य सरकार ने पहला हिमाचल दिवस स्पीति घाटी के काजा में मनाया था और वहां 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह प्रदान करने की घोषणा की थी। आज मैं अपना वादा पूरा करने के लिए आया हूं। जिला लाहौल-स्पीति में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना शुरू करने के साथ-साथ प्रदेश में 1100 रुपये पेंशन प्राप्त करने वाली 2.37 लाख महिलाओं को भी मैं एक फरवरी से 1500 रुपये प्रदान करने की घोषणा करता हूं। इस प्रकार प्रदेश की 2.42 लाख महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये की पेंशन प्राप्त होगी। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। हम अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव रखने के लिए आए हैंÓ। मुख्यमंत्री ने जिला लाहौल-स्पीति में अब गर्मियों में स्कूल खुले रहेंगे और सर्दी में छुट्टियां होंगी जुलेÓ कहकर अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि -9 डिग्री तापमान में भी स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं तथा लोगों का उत्साह देखकर आनंदित हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से अपनी सभी गारंटियों को पूरा कर रही है। उदयपुर में बीडीओ कार्यालय, दारचा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का एलान मुख्यमंत्री ने जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर में बीडीओ कार्यालय, दारचा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने, केलांग में सीवरेज स्कीम तथा पानी की निकासी की योजना शुरू करने व शहर के सौंदर्यीकरण की योजना बनाने, टिंडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा मडग्रान में पशुपालन विभाग की डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा भी की। राजस्थान में भाजपा सरकार ने वापस ली पुरानी पेंशन स्कीम मंख्यमंत्री ने कहा कि अपनी पहली गांरटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के कई प्रतिबंध लगने के बावजूद पुरानी पेंशन को बहाल किया है, ताकि पेंशनर्स अपना बुढ़ापा सम्मानपूर्वक गुजार सकें। वहीं राजस्थान में भाजपा की सरकार बनते ही उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई पुरानी पेंशन स्कीम को वापस ले लिया है। सांसद प्रतिभा ने मुख्यमंत्री का लाहौल-स्पीति पहुंचने पर किया स्वागत इससे पहले सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री का लाहौल-स्पीति में स्वागत किया और विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लिए जिलावासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया तथा महिलाओं को 1500 रुपये प्रदान करने की पहल भी लाहौल-स्पीति से कर दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस योजना का लाभ चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों में महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा। विधायक रवि ठाकुर ने सीएम का जताया आभार क्षेत्र के विधायक रवि ठाकुर ने 70 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जनजातीय क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने जिलावासियों को लाहौल शरद उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि यह एक आपसी मेल-जोल तथा यहां की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने का मंच है।इससे पहले, मुख्यमंत्री ने सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा दान की कई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विकासात्मक प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस की कॉफी टेबल बुक का अनावरण भी किया।
** गोवा में हुई राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेक्टिस प्रतियोगिता में जीता गोल्ड ** बोले, स्वीडन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलेक्टिस में सोना जीतना है लक्ष्य उम्र के एक पड़ाव में जहां इंसान आराम करना पंसद करता है, वहीं हिमाचल के हमीरपुर जिला के वेटरन धावक सुरेंद्र सिंह ने 68 साल की उम्र में दर्जनों मेडल जीतकर सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने हाल ही में गोवा में संपन्न हुई ओपन मास्टर्स एथलेक्टिस मीट में 10 किमी दौड़ में स्वर्ण पदक तो पांच किमी दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया है। सुरेंद्र सिंह इस उम्र में भी पांच से लेकर पचास किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा ले चुके हंै, जिससे वे सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने हुए हैं। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने 45 साल की उम्र से दौड़ना शुरू किया था और धीरे-धीरे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दौड़ों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। वे अब तक दर्जनों मेडल हासिल कर चुके हैं। अब उनका लक्ष्य स्वीडन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलेक्टिस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतना है। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक सौ के करीब मेडल जीत चुके हैं और अब स्वीडन में अगस्त में होने वाली प्रतियोगिता में मेडल जीतने के लिए तैयारी की जा रही है और कोशिश रहेगी कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भारत का नाम रोशन किया जा सके। सुरेंद्र सिंह ने बच्चों को नशे से दूर रहने की नसीहत दी तथा अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और लगन को दिया है। वहीं, सुरेंद्र सिंह की पत्नी लीला देवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब उनके पति मेडल जीत कर लाते हैं, तो उन्हें बहुत अच्छा लगता है। वहीं, भतीजे अंकुश ने बताया कि वे बचपन से ही अपने ताया को मेडल लाते हुए देख रहे हैं। युवा भी उन्हें देखकर प्रेरणा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके ताया का स्वीडन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जिससे सभी लोग बहुत खुश हंै।
पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत पुलिस चौकी रानीताल के तहत 22 फरवरी को बड़ोह रोड पर एक हादसा पेश आया था, जिसमें एक हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से एक स्कूटी चालक और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रविवार को घायल स्कूटी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह पुत्र रसीला राम निवासी रजियाना, कांगड़ा के रूप में हुई है। हादसे में मृतक की पत्नी पुष्पा देवी को भी चोटें आई थीं, जिसका इलाज टांडा में चल रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए रानीताल पुलिस चौकी प्रभारी जगदीश चंद ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
भारतीय राज्य पेंशनर्स संघ जिला सोलन की कार्यकारिणी की बैठक कुनिहार के एवर ग्रीन होटल में जिला अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कर्मचारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष घनश्याम शर्मा रहे। बैठक में जिला व अन्य इकाइयों के पदाधिकारी व सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष जयदेव शर्मा, महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, कुनिहार विद्युत पेंशनर संघ के अध्यक्ष डीआर चौहान, ओम प्रकाश भारद्वाज, पथ परिवहन संघ के प्रदेश संयोजक गुलाब सिंह धीमान, शान्ति स्वरूप, प्रदेश सचिवालय संघ के मदन शर्मा, भूपराम वर्मा, मुंशी राम , विद्या गर्ग, कंचन माला,विश्व विद्यालय संघ से एमएल भारद्वाज व अन्य संगठनों से दो सौ सदस्यों ने भाग लिया। मुख्यातिथि ने पेंशनर्स महासंघ के द्वारा पूर्व सरकार के समय में आयोजित करवाई गई जेसीसी की बैठक में पेंशनरों को 5,10,15 प्रतिशत के दिलाए गए वित्तीय लाभों के बारे में अवगत करवाया। इसके बाद कुनिहार शहर में बैनरों के साथ नारेबाजी करते हुए सरकार के विरुद्ध रोष रैली निकाल सभा का आयोजन किया, जिसमें सरकार से समय रहते वेतनमानों की बकाया राशि, महंगाई भत्ते की बकाया किस्तों का एक मुश्त भुगतान करने की मांग की और सरकार को चेताया की यदि इन मांगों को शीघ्र ही पूरा नहीं किया गया तो अपने अन्य सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय समिति बनाकर पूरे प्रदेश में सरकार के विरुद्ध संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा।
** कहा, इस बार शिक्षा बोर्ड की मेरिट में स्कूल के दो छात्रों ने पाया स्थान ** प्रधानाचार्य बोले, अभिभावकों व अध्यापकों के मार्गदर्शन से ही संवरता है बच्चों का भविष्य एसवीएन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आज आम सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने की। मंच का संचालन करते हुए रामेश्वर ठाकुर ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आम सभा में पधारने के लिए धन्यवाद व स्वागत किया। विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने अपने संभाषण में अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और सुविधाओं के बारे में बताया तथा आगामी सत्र 2024/25 में होने वाली सभी गतिविधियों से अवगत करवाया। साथ ही बताया कि इस विद्यालय में बच्चे पढ़ाई के क्षेत्र में ही नहीं, अपितु एनएसएस व स्काउट एंड गाइड खेलकूद आदि में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की मेरिट में स्कूल के दो छात्रों ने 10वां व 11वां स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने अभिभावकों को विद्यर्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्तियों से भी अवगत करवाया। वहीं, विद्यालय प्रधानाचार्य पद्मनाभम ने विद्यालय में दी जा रही सुविधाओं के लिए विद्यालय के सभी अध्यापकों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि माता-पिता व अध्यापकों के मार्गदर्शन से बच्चों का भविष्य संवरता है, इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देनी चाहिए। वहीं, विद्यालय निदेशक लुपीन गर्ग ने आम सभा में आने वाले सभी अभिभावकों का अभिवादन किया। उन्होंने अभिभावकों को सकारात्मक सोच रखने की प्रेरणा दी और समय-समय पर साथ देने के लिए अभिभावकों का धन्यवाद किया। इस बैठक में लगभग 300 अभिभावकों ने भाग लिया। आम सभा में सभी अभिभावकों ने भी अपने अपने विचार साझा किए।
** अगर जनता भाजपा में शामिल होने को कहेगी तो उस पर भी विचार करूंगा ** विधायक ने अपने निवास स्थान पटलानदर में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में बयां की मन की बात हिमाचल की सुक्खू सरकार मंत्री पद न मिलने पर सुजानपुर के विधायक राजेेंद्र राणा को काफी मलाल है। विधायक ने रविवार को अपने निवास स्थान पटलानदर में आयोजित कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में अपने मन की बात बयां की है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि शुरू में मंत्रिमंडल में नाम होने के बावजूद उनका नाम काटा गया है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की जनता का फैसला सर्वमान्य था, है और भविष्य में भी रहेगा। जैसा जनता कहेगी, वैसा ही किया जाएगा। अगर जनता कहेगी कि भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाऊं तो उस पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुजानपुर के हितों की अगर अनदेखी होगी तो क्षेत्र की जनता चुप नहीं बैठेगी। सरकार शायद यह भूल रही है कि सुजानपुर की जनता बड़े-बड़े फैसले लेने से गुरेज नहीं करती है। मुख्यमंत्री जो बोलते हैं, उसे पूरा नहीं करते राणा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जो बोलते हैं, उसे पूरा नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री की जुबान से निकला शब्द पक्का होना चाहिए, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद मंत्री बनना नहीं है, उनका मकसद लोगों के काम करवाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें बड़ी गाड़ी और बड़े बंगले की जरूरत नहीं है। वर्ष 2011 से वे लगातार बड़ी गाड़ी में घूमते आ रहे हैं और बड़े बंगले में ही रह रहै हैं।
** नौ महीने से पेंशन न मिलने से काफी परेशान हैं बुजुर्ग महिला ** पीड़िता ने सरकार व प्रशासन से पेंशन जारी करने की लगाई गुहार जिला सिरमौर के उप मंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत शामरा के गांव गराड़ी की शांति देवी कैंसर रोग से पीड़ित हैं। उन्हें पिछले नौ माह से पेंशन भी नहीं मिल रही है, जिस कारण वे काफी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें जो पेंशन मिलती थी, उसी से उनका कैंसर का उपचार हो रहा था, लेकिन पेंशन न मिलने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शांति देवी ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से मांग की है कि उनकी पेंशन को न रोका जाए, क्योंकि पेंशन के सहारे ही वे अपनी बीमारी का उपचार करवा पा रही हैं। उन्होंने सरकार से अपील की है कि 9 महीने से बंद पड़ी पेंशन को जल्द से जल्द जारी कर दिया जाए, ताकि वे अपनी बीमारी का सुचारू रूप से उपचार करवा सकें।
** लाहौल की छेरिंग डोलमा इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि पाने वाली पहली महिला ** मुख्यमंत्री ने केलांग में 1123 महिलाओं को भेंट की सम्मान निधि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान दी अपनी 10 गारंटियों में से एक महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की गारंटी की आज शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग से इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना का आगाज किया। लाहौल के गांव गेमूर की महिला छेरिंग डोलमा महिला सम्मान निधि पाने वाली हिमाचल की पहली महिला बनी हैं। सीएम सुक्खू ने केलांग में जिले की 1123 महिलाओं को यह सम्मान निधि भेंट की।
दुनिया के खूबसूरत स्टेडियमों में शुमार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 7 मार्च से 11 मार्च तक भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच खेला जाएगा। मैच के सफल आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने आज इंद्रु नाग मंदिर में पूजा-अर्चना की है। गौरतलब है कि धर्मशाला स्टेडियम में जितने भी मैच या क्रिकेट टूर्नामेंट होते हंै तो एचपीसीए इन मैचों के सफल आयोजन को लेकर खनियारा स्थित इंद्रु नाग मंदिर में भगवान इंद्रु नाग की पूजा-अर्चना करती है, ताकि मैच में बारिश बाधा न डाले। इसी कड़ी में अब टेस्ट मैच बिना किसी बाधा के हो जाए, इसके लिए एचपीसीए ने भगवान इंद्रु नाग की पूजा की है। इसके अलावा एचपीसीए द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में शिमला डेवलपमेंट प्लान की तर्ज पर 59 शहरी निकायों के लिए नया डेवलपमेंट प्लान प्लान बनेगा। इस पर विधानसभा में भी विस्तृत चर्चा हुई है। राज्य में प्राकृतिक आपदा से सबक लेते हुए सरकार इस पर योजना तैयार कर रही है। माना जा रहा कि प्राकृतिक आपदा में जो मकान गिरे व क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका मुख्य कारण स्ट्रक्चर डिजाइन और इंजीनियरों से सलाह न लिया जाना है। ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार डेवलपमेंट प्लान के तहत ही शहरी निकायों में भवन निर्माण करने पर विचार कर रही है। टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य में प्लान के साथ भवन के निर्माण की जरूरत है। शिमला में तीन से पांच मंजिला तक भवन बनाने को अनुमति बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शिमला प्लानिंग एरिया में तीन से पांच मंजिला तक भवन बनाने को अनुमति दी है। जहां पांच मीटर सड़क है, वहां लोग पांच मंजिला तक भवन निर्माण कर सकते हैं, जबकि जहां सड़क नहीं है, वहां दो मंजिला भवन और एटिक का निर्माण किया जा सकता है। सरकार ने एटिक की ऊंचाई भी 10 फुट के करीब कर दी है। यानी इसको लेकर लोगों को तीन मंजिलें मिल रही हैं। प्रदेश में 59 शहरी निकाय हैं।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान के अंतर्गत थाना इंदौरा भुमला, टांडा तथा बसंतपुर में शराब माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा तीन विभिन्न मामलों में 50 लीटर शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पहले मामले में गांव भुमला में अशोक कुमार पुत्र श्रवण कुमार निवासी गांव भुमला, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के घर से 40 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। दूसरे मामले में संध्या देवी पत्नी चरणजीत सिंह निवासी बसंतपुर, जिला कांगड़ा के मकान से 5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई और तीसरे मामले में टांडा में राजकुमारी पत्नी कुलदीप कुमार निवासी टांडा, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के घर में छापेमारी करके 5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि थाना इंदौरा में उपरोक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अधीन अभियोग पंजीकृत करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा 1000 लीटर कच्ची लाहन नष्ट करने की गई है। अशोक रतन ने बताया कि जिला पुलिस नागपुर द्वारा साल 2024 में नशा माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अधीन 53 अभियोग पंजीकृत किये जा चुके हैं, जिसमें कुल 1 लाख 26 हजार मिलीलीटर अवैध देसी शराब और कुल 3,21,750 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 2280 लीटर कच्ची लाहन को नष्ट किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज ऊना जिले के हरोली उपमंडल के गांव गोंदपुर जयचंद में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की श्रद्धांजलि एवं प्रार्थना सभा में शामिल हुए। उनका 9 फरवरी को आकस्मिक निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का आकस्मिक निधन परिवार विशेषकर मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में उन्हें एक-दूसरे का भावनात्मक सहारा बनना होगा। प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री परिवार के लिए एक बड़ी ताकत और सहारा थीं। उनके विचारों और सरल स्वभाव का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री एक असाधारण शिक्षाविद् होने के साथ-साथ एक कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता भी थीं। शिक्षा एवं सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। महिला उत्थान और सशक्तिकरण के लिए वह प्रेरणास्रोत रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं विश्वविद्यालय के दिनों से ही उनसे परिचित था और उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सादगी और समर्पण से सर्वश्रेष्ठ मुकाम हासिल किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें कभी प्रोफेसर सिम्मी से मिलने का अवसर नहीं मिला। इस प्रार्थना सभा में भाग लेकर उन्होंने महसूस किया कि प्रोफेसर सिम्मी एक बहुआयामी प्रतिभाशाली महिला थीं, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र और सामाजिक कार्यों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। स्व. प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन और कार्यों पर एक वृत्तचित्र भी दिखाया गया।
** गिरते जनाधार के बावजूद नहीं टूट रहा कांग्रेस नेताओं का अहंकार ** केवल पीएम नरेंद्र मोदी के फोबिया से ग्रस्त हैं विपक्षी दल प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और अन्य दलों के सहयोग से बना इंडी गठबंधन है जो आपसी स्वार्थ, मतभेद और दिशाहीन नेतृत्व के कारण बिखर रहा है। लोकतंत्र की बात करने वाले इंडी गठबंधन प्रमुख दल तृणमूल कांग्रेस द्वारा शासन संरक्षित हिंसा ने बंगाल के महिला एवं अन्य नागरिकों के अधिकार छीन लिए है। शनिवार को जारी प्रेस बयान में राकेश शर्मा ने कहा कि दो बार चुनाव हारने के चलते गिरे जनाधार के बावजूद कांग्रेस का अहंकार टूट नहीं रहा है। यही वजह है कि कांग्रेस के प्रमुख नेता विदेशों में भी जाकर भारत के गौरवशाली लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस एवं इसके सहयोगी दलों की मानसिकता इस बात को दर्शाती है कि उनकी राजनीति नीति एवं सिद्धांत आधारित न होकर केवल प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी की फोबिया से ग्रसित है। एक और इनके नकारात्मक सोच के कई प्रमाण है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाज में सभी वर्गों से संवाद स्थापित कर उन्हें साथ लेकर देश में एक सकारात्मक वातावरण के निर्माण का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि देश में 2014 के भी उस दौर को देखा जब यूपीए के शासनकाल में हर ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला था। आज भी जब झारखंड में 350 करोड़ रुपया नकद पकड़ा जाता है, तमिलनाडु में करोड़ों रुपए जब्त किए जाते है और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में महादेव के भी नाम को भी न छोड़ते हुए महादेव ऐप पर करोड़ों की ठगी की जाती है, उसमें कांग्रेस एवं इसके सहयोगी दलों के नेता संलिप्त पाए जाते हैं। यह इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस की सत्ता लोलुपता एवं भ्रष्टाचार की भूख अभी मिटी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार को समूल नष्ट करने का अभियान जोर-शोर से जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विभाजनकारी वक्तव्य देने वालों को संरक्षण देती है, जिससे साफ है कि कांग्रेस का हाथ विभाजनकारियों के साथ है।
नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत जिला की बंजार पुलिस ने एक व्यक्ति को 5 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बंजार थाने की पुलिस टीम ने बीती रात बठाहड़ रोड पर टीला पुल के पास नाका लगाया हुआ था। देर रात लगभग 12:15 बजे एक व्यक्ति पुलिस टीम को पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जिस पर पुलिस टीम ने शक के आधार पर व्यक्ति की तलाशी ली तो उससे 5 किलो 500 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 65 वर्षीय नुप राम पुत्र खिमेराम गांव घलियाड़ टेचा डाकघर मशियार बंजार जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज करके उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
मुख्य संसदीय सचिव कृषि एवं पशुपालन किशोरी लाल ने शनिवार को बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग की लगभग 4 करोड़ा 33 लाख की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन तथा भूमिपूजन किया। सीपीएस ने बैजनाथ के गणेश बाजार में लगभग 75 लाख की लागत से बनने वाले जलशक्ति विभाग के मंडल कार्यालय भवन का भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ करवाया। इससे पूर्व उन्होंने 2 करोड़ 90 लाख की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना धानग, बोलू, लंघू, गदियाड़ा एवं रैनावाड़ी का लोकार्पण किया। साथ ही झिकली बेठ पपरोला और जंडपुर में 68 लाख की लागत से तैयार हुए दो विद्युतीकृत नलकूपों का उद्घाटन कर इन परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया। इन परियोजनाओं के लोकार्पण से बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के 15 गांवों की लगभग 10 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ठोस प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा चुनावों के दौरान वे बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के जिस भी हिस्से में जाते थे, वहां के लोग पानी की किल्लत से बहुत परेशान थे। उन्होंने विधायक बनने के बाद बैजनाथ में जलशक्ति विभाग के कार्यालय निर्माण के काम को प्राथमिकता दी, उन्होंने कहा कि जिसके फलस्वरूप आज इसका भूमिपूजन यहां हुआ। बकौल किशोरी लाल, बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में हर गांव और घर तक शुद्ध जल पहुंचाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र को कई सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बैजनाथ कॉलेज में चार विषयों में एम.ए की कक्षाओं को इस सत्र से प्रारंभ किया है। इससे ग्रामीण परिवेश से आने वाले क्षेत्र के बहुत से युवा छात्रों को अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के बहुत से बस रूट जो पूर्व में बंद कर दिए गए थे, उन्हें भी सरकार ने आते ही बहाल करवाया है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के प्रत्येक जन और क्षेत्र के उत्थान के लिए वे संकल्पबद्ध हैं और पूर्ण योजना के साथ इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
** मंदल-चैतड़ू में नए पटवार भवनों की रखी नींव ** सेक्रड हार्ट चौक को जल्द मिलेगा नया लुक ** कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने उद्घाटन-शिलान्यासों की लगाई झड़ी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने शनिवार को धर्मशाला हलके पर फिर से तोहफों की बारिश कर दी। सुधीर शर्मा ने शनिवार को धर्मशाला के शहरी व देहाती इलाकों में उदघाटन-शिलान्यासों की झड़़ी लगा दी। सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के दाड़ी मेला मैदान के पास रियल टाइम वाटर मानीटरिंग सिस्टम जनता के नाम कर दिया। धर्मशाला शहर में यह दूसरा सिस्टम है। इससे लोगों को पता चल जाएगा कि वे कितनी गुणवत्ता वाला पानी पी रहे हैं। मेट्रो सिटी की तर्ज पर यह सिस्टम लगाने वाला धर्मशाला पूरे प्रदेश के कुछ चुनिंदा शहरों में से एक है। सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने जनता से किया वादा पूरा किया है। शहर से लेकर गांव तक यह सिस्टम लगाए जाएंगे। इस बारे में उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी क र दिए हैं। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने रक्कड़ मौहली चौक के सौंदर्यीकरण की नीवं रखी। साथ ही सेक्रड हार्ट व मस्जिद चौक के विकास का शिलान्यास किया। तदोपरांत अंदराड़ में चिल्ड्रन पार्क व कम्युनिटी हाल का फाउंडेशन स्टोन रखा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने अंदराड़ और रसेहड़ में नए पंचायत घरों की भी नींव रखी। उन्होंने सिद्धबाडी मेें शहीद अमित थापा गेट शिलान्यास किया। बाद में सुक्कड़ पंचायत में दो खेल मैदानों की नींव रखी। कार्यक्रम के बीच में सुधीर शर्मा को जाना पड़ा। उनकी ओर से एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा ने अन्य कार्यक्रमों में औपचारिकता को निभाया। शनिवार को पास्सू में सराय व शीला भटेड़ में कम्युनिटी सेंटर का शिलान्यास भी हुआ। दाड़ी में दुर्गामल दल बहादुर स्मृति वाटिका की नींव व बड़ोल में महिला मंडल व फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण का रास्ता भी साफ हुआ। शाम के समय मंदल व चैतड़ू पंचायतों में नए पटवार भवनों की नींव रखी गई। सुधीर शर्मा ने कहा कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी में तेजी से कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालात चाहे जैसे भी हों, धर्मशाला में विकास और बदलाव का पहिया ऐसे ही चलता रहेगा। इन कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारियों के अलावा बीडीओ सुरेंद्र शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार कश्यप व पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान व सैकड़ों की तादाद में जनता मौजूद रही। अधिकारियों को दिए ये निर्देश कार्यक्रम में बिजली बोर्ड के एक्सईएन विकास ठाकुर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन जगतार ठाकुर व जलशक्ति विभाग के एक्सईएन संदीप चौधरी को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों केे कार्य समय पर पूरा करें। कई गांवों में पानी की मोटरें खराब हैं व कई हैंडपंप भी खराब चले हैं। जलशक्ति विभाग को कड़े निर्देश दिए कि वह इन समस्याओं को समय पर समधान करे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को सडक़ों की ड्रेनेज को ठीक करने की बात कही। बिजली बोर्ड को लो वोल्टेज की समस्या से निपटने को कहा गया। बीडीओ को कड़े निर्देश दिए गए कि वह पंचायतों में कार्यों को तय समय में पूरा करवाएं। जनप्रतिनिधियों व कर्मचारियों में समन्वय बनवाएं। कार्यक्रम में मिली सभी शिकायतों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
** केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन कानून ला रही और कांग्रेस सरकार झूठे वादे कर रही ** सरकार के बजट से साफ है, यह सरकार नहीं चाहती प्रदेश का विकास शिमला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश सिर्फ केंद्र की योजनाओं के सहारे आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में विकास के जो भी काम चल रहे हैं, वह केंद्र द्वारा ही चलाए जा रहे हैं। राज्य सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो गई है। हवा-हवाई बातों के अलावा सुक्खू सरकार कुछ नहीं कर रही है। केंद्र सरकार एक तरफ मातृशक्ति को विधायिका में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन कानून लेकर आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार की योजनाओं को महिला केंद्रित करके देश की करोड़ों महिलाओं को लाभ दे रही है। वहीं हिमाचल की सुक्खू सरकार नारी सम्मान निधि न देने के बहाने खोज रही है। ऐसी जगहों से योजना की शुरुआत करने की घोषणा कर रही है जहां पर महिलाओं की संख्या अंगुलियों पर गिनी जा सके,जबकि वादा 23 लाख महिलाओं को देने का था। यह बात उन्होंने बीजेपी के संगठनात्मक जिला महासू के रोहड़ू मंडल में महिला मोर्चा के कार्यक्रम में कही। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार किसी भी विषय को लेकर गंभीर नहीं हैं। बल्क ड्रग और मेडिकल डिवाइसेज पार्क के मामले में सरकार द्वारा अपरिपक्वता के साथ काम किया जा रहा है। उद्योग और विकास विरोधी काम करके प्रदेश को आत्मनिर्भर नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से हर दिन प्रदेश में किसी न किसी प्रकार की मदद मिल रही है, नई-नई योजनाएं आ रही हैं। एक दिन पहले हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एम्स बिलासपुर में विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने वाली मशीनें समर्पित करके गये हैं और अब एक दिन बाद प्रधानमंत्री ऊना में अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर अस्पताल की आधारशिला रखने जा रहे हैं। यह अस्पताल गंभीर अवस्था के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सुक्खू सरकार के दूसरे बजट से साफ है कि यह सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है और न ही प्रदेश को विकास की राह पर ले जाने की कोई मंशा है। बजट सरकार के संकल्पों की सिद्धि का रोडमैप होता है लेकिन सुक्खू सरकार का बजट तो पहले बजट की कॉपी भर है, जिसमें घोषित योजनाएं जमीन पर उतारे जाने के लिए सरकार की राह देख रही हैं। अब सरकार के भीतर से लेकर जनता के अंदर से एक ही आवज आ रही है कि इस सरकार के बस का कुछ नहीं हैं। हर तरफ निराशा का माहौल है।
** धर्मशाला में पुनर्वास तथा पुनर्स्थापन प्रारूप कमेटी की बैठक में बोले डीसी उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण की प्रक्रिया में लोगों के हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा ताकि प्रभावितों का बेहतर तरीके से पुनर्वास तथा पुनर्स्थापन बेहतर तरीके से हो सके। शनिवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में एयरपोर्ट विस्तारीकरण की पुनर्वास एवं पुर्नस्थापन प्रारूप कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से संबंधित पंचायतों के पटवारघरों में 5, 6 तथा 7 फरवरी को जनसुनवाई आयोजित की गई थी, जिसमें संबंधित प्रतिनिधियों तथा लोगों के सुझावों को प्रमुखता से लिया गया था तथा उसी के आधार पर पुनर्वास तथा पुनर्स्थापन का प्रारूप तैयार किया जा रहा है तथा इसे अंतिम रूप देने से दृष्टि से कमेटी की यह अहम बैठक रखी गई थी। इसमें कमेटी के सभी सदस्यों के साथ प्रारूप को लेकर चर्चा की गई तथा उसमें कमेटी के सदस्यों के सुझावों को भी शामिल किया गया ताकि प्रारूप को मंजूरी के लिए मंडलायुक्त के माध्यम से सरकार को भेजा जा सके। उन्होंने बताया कि भू अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए मंडलायुक्त कांगड़ा को आयुक्त, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी को प्रशासक तथा एसडीएम कांगड़ा को समाहर्ता नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में आठ पंचायतों के 14 राजस्व गांवों की भूमि अधिग्रहित करना प्रस्तावित है इसमें राजस्व गांव रच्छियालु, जुगेहड़, भड़ोल, कयोड़िया, बाग, बल्ला, बरसवालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरहाद, सहौड़ा, सनौरा शामिल हैं। इस अवसर पर एडीएम डॉ. हरीश गज्जू, एसडीएम निशांत जस्वाल, पर्यटन विभाग के उप निदेशक विनय धीमान सहित कमेटी के विभिन्न सदस्य उपस्थित थे।
** सोलन में राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला-2024 आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार आवश्यक है और भारत तथा हिमाचल प्रदेश में पाए जाने वाले मोटे अनाज संतुलित आहार का मुख्य स्त्रोत हैं। डॉ. शांडिल आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला की अध्यक्षता कर रहे थे। मेले का आयोजन स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन निदेशालय सोलन द्वारा किया गया। डॉ. शांडिल ने कहा कि हमारे देश और प्रदेश की जलवायु ज्वार, बाजरा, रागी, कोदा, मडुआ, सावां जैसे मोटे अनाजों के उत्पादन के लिए सर्वथा उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज न केवल भरपूर ऊर्जा का स्त्रोत हैं अपितु इनके उत्पादन में भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाजों के उत्पादन में जल का उपयोग भी काफी कम होता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मोटे अनाज हमारी लगभग सभी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं। इसीलिए इन्हें 'सुपर फूडÓ के नाम से भी जाना जाता है। मोटे अनाज मानव शरीर की पाचन प्रणाली के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि इन अनाजों के प्रयोग से हम वर्तमान समय के अनेक रोगों से बचे रह सकते हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि विश्व के अनेक देश धीरे-धीरे मोटे अनाजों की उपयोगिता समझ रहे हैं और इनका उत्पादन समय के साथ आर्थिक रूप से भी बेहतर बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी मोटे अनाजों को लंबे समय तक बिना किसी रसायन के उपयोग के ठीक रखा जा सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद हमें ऋतु चक्र के अनुसार भोजन का परामर्श देता है और मोटे अनाज इस आवश्यकता को पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ के जीवन और जंक फूड पर निर्भरता से हम विभिन्न बीमारियों की ओर बढ़ रहे हैं। इनसे बचाव के लिए स्वस्थ जीवन शैली और संतुलित आहार-विहार आवश्यक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देश व प्रदेश में पारम्परिक रूप से उगाये जा रहे मोटे अनाजों को नियमित रूप से अपने भोजन में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य एवं भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए मोटे अनाज का उपयोग जरूरी है। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा मोटे अनाज की उपयोगिता विषय पर स्थापित प्रदर्शनियों का शुभारम्भ एवं अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रूचि दिखाई। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर ईट राईट मिलेटस मेला हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित बेबी शो प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया ताकि सभी सही खान-पान की उपयोगिता समझ सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी इस दिशा में सघन प्रयास कर रही है। राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला-2024 के अवसर पर वॉकाथॉन, स्लो साइकिलिंग, प्रश्नोत्तरी, चित्रकारी, रस्सा-कशी, नारा लेखन और शेफ रेसिपी इत्यादि प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई।
** मेले के शुभारंभ व समापन समारोह पर निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा ** जिला पुलिस व स्पेशल बटालियन के पुलिस जवान देंखेंगे कानून-व्यवस्था एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरिंदर ठाकुर की अध्यक्षता में आज काठगढ़ महादेव मंदिर में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर में तीन दिवसीय जिला स्तरीय महा शिवरात्रि मेला धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले के शुभारंभ व समापन समारोह पर एक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस के साथ स्पेशल बटालियन के पुलिस जवान भी तैनात किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा इंदौरा से काठगढ़ मंदिर व पंजाब क्षेत्र की सड़क को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिन व रात स्वास्थ्य विभाग की टीम मंदिर सभा द्वारा चलाई गई डिस्पेंसरी में अपनी सेवाएं देगी। इसके अलावा लंगर लगाने वाली संस्थाओं को बीएमओ इंदौरा व फूड इंस्पेक्टर से गुणवत्ता की एनओसी लेनी होगी। मंदिर सभा द्वारा विकलांग श्रद्धालुओं को भी दर्शन करवाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। वहीं, जल शक्ति विभाग द्वारा मेले के दौरान पानी कि उचित व्यवस्था की जाएगी। मेले के दौरान हिमाचल परिवहन निगम द्वारा भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। मंदिर सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच द्वारा बैठक में उपस्थित, उपमंडल अधिकारी व समस्त विभागाध्यक्ष व अन्य सदस्यों का स्वागत एवं धन्यवाद किया गया और जानकारी दी कि मेले का उद्घाटन 7 मार्च को विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन द्वारा किया जाएगा। वहीं, समापन समारोह में आयुष एवं युवा खेल मंत्री यादविंदर गोमा मुख्य अतिथि रहेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश लोकसभा चुनावों के लिये नियुक्त स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भगता चरण दास 25 फरवरी को पार्टी पदाधिकारियों व प्रदेश से लोकसभा चुनाव के लिए टिकट आवेदकों से दोपहर बाद 2 बजे से पार्टी कार्यालय राजीव भवन में भेंट करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भगता चरण दास प्रदेश के लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह पार्टी के उन उम्मीदवारों से जिन्होंने पार्टी टिकट के लिये आवदेन किया है से वार्ता लाप करेंगे और पार्टी में उनकी दावेदारी को सुनेंगे।
** खेतों की सिंचाई न होने से खफा हैं स्थानीय नागरिक उप मंडल फतेहपुर के अंतर्गत पंचायत डूहग के कस्बा राजपालवां में खेतों की सिंचाई के लिए पानी न मिलने से किसानों को चिंता सताने लगी है। बारिश न होने पर फसलें मुर्झाना शुरू हो गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाह नहर विभाग द्वारा ऊपरी क्षेत्र की सिंचाई के लिए पंप हाउस का जगह-जगह पर निर्माण करवाया हुआ है, जो खासकर ऊपरी क्षेत्रों की सिंचाई के लिए इस्तेमाल होता रहा है। इसी प्रकार से राजपालवां में भी शाह नहर विभाग की तरफ से पंप हाउस नंबर 4 फेस है, जो कि पिछले लंबे समय से बंद पड़ा है। पंप हाउस बंद होने के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों को पानी पहुंचाने के लिए मोटर भी लगाई गई है, लेकिन वो भी काफी लंबे समय से बंद चल है, जिसके चलते लोगों की गेहूं, प्याज, लहसुन, धनिया, सरसों, बरशीन आदि की फसल सूखने लगी हैं। लोगों का कहना है उन्होंने विभाग से कई बार अनुरोध किया है कि पंप हाउस की जो मोटर है, उसे रिपेयर करवा कर हमारे खेतों की सिंचाई की व्यवस्था की जाए, लेकिन विभाग टस से मस नहीं हुआ। लोगों ने बताया कि पिछले लगभग 3 महीने से मोटर बंद पड़ी है और खेतों में पानी की सिंचाई की व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि अब तो बारिश हो रही है, जिस कारण गेहूं की फसल को ज्यादा नुकान नहीं हुआ है, लेकिन आगामी समय में बारिश का कोई अनुमान नहीं लगाया जा रहा, जिस कारण हमें अब खेतों की सिंचाई के लिए पानी की अत्यंत आवश्यकता होगी। इस अवसर पर लोगों ने शाह नहर के पंप हाउस में जाकर नारेबाजी भी की और शाह नहर विभाग मुर्दाबाद के नारे लगाए। लोगों का कहना है कि उनकी समस्या का समाधान अगर 7 दिन के भीतर हो गया तो ठीक है, अन्यथा वे बोरी-बिस्तर लेकर शाह नहर विभाग के कार्यालय संसारपुर टैरस में धरने पर बैठेंगे। क्या कहते हैं विभाग के सहायक अभियंता जब इस समस्या के संबंध में सहायक अभियंता हरजिंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्या जायज है, जिसका समाधान दो दिन के भीतर कर दिया जाएगा। जो पंप हाउस में मोटर थी, उसे रिपेयर के लिए भेजा है और जल्द ही उसे पुन: स्थापित कर दिया जाएगा।
** जिले के मध्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश ** किसान-बागवान खुश, अच्छी फसल होने की जगी आस ** जल स्रोतों के रिचार्ज होने से गर्मियों में नहीं होगी पानी की किल्लत जिला सिरमौर के पहाड़ी क्षेत्रों में आज ताजा बर्फबारी तथा मध्य क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार, नौहराधार एवं हरिपुरघार में बर्फबारी का दौर अभी जारी है, जबकि मध्यवर्ती क्षेत्रों में तेज हवाएं तथा हल्की वर्षा हो रही है। इस बर्फबारी-बारिश से बागवान व किसान खुश हैं, क्योंकि इससे फसलों को काफी लाभ मिलेगा। वहीं, बर्फबारी और बारिश से जल स्रोतों के रिचार्ज होने से गर्मियों में पानी की किल्लत भी नहीं होगी। चूड़धार में इस सीजन का यह सातवां हिमपात है और नौहराधार, हरिपुरधार व गत्ताधार में तीसरा। बर्फबारी और बारिश होने से क्षेत्र में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।
** एचपीएमसी करेगा निर्माण, 2500 मीट्रिक टन सेब स्टोर करने की क्षमता ** हजारों बागवानों को मिलेगा लाभ, निजी कोल्ड स्टोर संचालकों की मनमानी पर लगेगी रोक बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज दत्तनगर में 21 करोड़ की लागत से बनने वाले कोल्ड स्टोर की आधारशिला रखी। शिमला से दत्तनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों और विभागों के अधिकारियों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक नंद लाल भी उपस्थित रहे। इस कोल्ड स्टोर का निर्माण एचपीएमसी द्वारा करवाया जा रहा है, जिसका क्षेत्र के हजारों बागवानों को लाभ मिलेगा और निजी कोल्ड स्टोर संचालकों की मनमानी पर भी रोक लगेगी। इस कोल्ड स्टोर में 2500 मीट्रिक टन सेब रखा जा सकेगा। बता दें कि ऊपरी शिमला में अधिकतर कोल्ड स्टोर निजी कंपनियों द्वारा चलाए जा रहे हैं। ऐसे में एचपीएमसी का स्टोर खुलने से बागवानों को काफी राहत मिलेगी।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। थाना डमटाल पुलिस द्वारा माजरा में एक जेसीबी व एक टिप्पर जब्त किए गए हैं, वहीं थाना नुरपुर के क्षेत्राधिकार मुकाम कंडवाल में 2 जेसीबी व एक टिप्पर अवैध खनन करते हुए काबू किए गए हैं। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस थाना डमटाल व थाना नुरपुर द्वारा अवैध रूप से कर रहे खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर द्वारा साल 2024 में अवैध खनन माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए माफिया के खिलाफ तीन अभियोग दर्ज किया जा चुके हैं, जिसमें 22 वाहन उपरोक्त अभियोग में पुलिस द्वारा जप्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा अवैध खनन अधिनियम के अधीन में 124 चालान किए गए और आरोपियों से कुल 8,10,950 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।
पहाड़ी राज्य हिमाचल में मेंटल हेल्थ पॉलिसी को सख्ती से लागू किया जाएगा। यह बात प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने शनिवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया द्वारा राज्य में मेंटल हेल्थ को लेकर गैर सरकारी संकल्प दिवस पर लाए गए निजी संकल्प पर हुई चर्चा के जवाब में कही। मंत्री के जवाब से संतुष्ट भवानी सिंह पठानिया ने अपना संकल्प वापस ले लिया। गौरतलब है कि हिमाचल की करीब छह फीसदी जनता मानसिक तनाव से ग्रस्त हैं। यही कारण है कि सुक्खू सरकार के अपने ही विधायक ने निजी संकल्प के तहत सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में मनोचिकित्सक और काउंसलर की तैनाती करेगी। उन्होंने टांडा मेडिकल कालेज में स्थित मेंटल हेल्थ अस्पताल को मजबूत करने और यहां सुविधाएं जुटाने की भी बात कही। उन्होंने आधुनिक लाइफ स्टाइल को मानसिक तनाव और नशे की बढ़ती समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया।
** घुमारवीं में जाइका वानिकी परियोजना की कार्यशाला में बोले कैबिनेट मंत्री ** कहा, प्रोडक्ट बेचने के लिए हाईवे के आसपास स्वयं सहायता समूहों को स्थान किए जाएंगे चिह्नित ** जाइका के सीपीडी नागेश गुलेरिया के कार्यों की जमकर हुई सराहना प्रदेश में बांस उत्पादकों के लिए प्रदेश सरकार एक सहकारी सभा बनाएगी, ताकि उनके द्वारा निर्मित प्रोडक्ट्स को मार्केट में पहचान मिल सके और उनकी आर्थिकी में भी बेहतर सुधार हो सके। यह बात शनिवार को घुमारवीं में जाइका वानिकी परियोजना द्वारा आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए टीसीपी, हाउसिंग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कही। उन्होंने कहा कि मन में कई वर्षों से विचार आ रहा था कि बांस उत्पादों की महनत को देखते हुए प्रदेश में उनके लिए कुछ नया करने की आवश्यकता है। बांस उत्पादकों की आर्थिकी में सुधार हो, इसके लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया के साथ एक साल से चर्चा कर रथा था कि ऐसे समुदायों को आजीविका कमाने के बेहतर अवसर प्राप्त हो इसके लिए उन्हें नई योजना बनाने के जरूरत है। राजेश धर्माणी ने कहा कि बांस उत्पादकों के लिए जो सहकारी सभा बनेगी उसके मालिक आप ही होंगे। उनके उत्पादों को बेचने के लिए प्रदेश के नेशनल हाइवे के समीप स्वयं सहायता समूहों के लिए स्थान चिंहित कर देंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बांस उत्पादों से रोजगार के द्वार भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए अभी एक करोड़ का बजट प्रस्तावित है जिसे और बढ़ाया जाएगा। राजेश धर्माणी ने कहा कि मैंने बांस उत्पादकों को मेहनत करते हुए देखा है। मंत्री ने कहा कि बांस उत्पादकों को आईएचबीटी पानलमपुर में एक्सपोजर विजिट पर ले जा सकते हैं। उन्होंने यहां मौजूद लोगों से आह्वान किया कि अगले दो साल में अंदर आपकी कमाई सामने दिखेगी। कार्यशाला को संबोधित करने से पहले मंत्री राजेश धर्माणी ने जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया। बैंबू इंडिया के फाउंडर एंड सीईओ योगेश शिंदे ने बांस निर्मित उत्पादों से लोगों को आजीविका कमाने और उनकी आर्थिकी सुदृढ़ करने बारे विस्तृत जानकारी दी। जाइका वानिकी परियोजना के प्रोग्राम मैनेजर डा. कौशल्या कपूर, विषय वस्तु विशेषज्ञ डा. उल्शिदा, एफटीयू को-ऑर्डिनेटर, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जहां-जहां मशीनें चाहिए, जाइका परियोजना देगी : नागेश जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बांस पर निर्भर उत्पादकों के लिए यह परियोजना हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कि परियोजना ने पहले चरण में एक करोड़ का बजट रखा है, जिसे और बढ़ाया जाएगा। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि टीसीपी, हाउसिंग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का विजन था कि बांस का कारोबार करने वाले समुदायों की आर्थिकी में सुधार कर सकेत हैं। इसी दिशा में जाइका वानिकी परियोजना इन समुदायों के साथ खड़ी है। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि बांस के कार्यों में सुधार के लिए मशीनें भी दी जाएगी। ताकि उनका उत्पाद हिमाचल में ही नहीं, बल्कि देश के कोने-काने में बिक सके। उन्होंने यहां मौजूद समुदायों के लोगों के साथ सीधा संवाद भी किया और उनमें जोश भरने में कोई कमी नहीं छोड़ी। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि बांस पर आधारित समुदायों को आजीविका कमाने का अवसर आज से ही शुरू हो गया है।
* विधायक ने मुख्यमंत्री और डीजीपी से की शिकायत ** कहा, मेरा ना कोई व्यापार, ना किसी से कोई दुश्मनी धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को जान से मारने की धमकियां मिली हैं। इसकी जानकारी खुद विधायक ने आज धर्मशाला के साथ लगते दाड़ी मेला ग्राउंड के पास रीयल टाइम वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम का लोकार्पण करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दी। विधायक ने बताया कि उनके स्टाफ के सदस्य को विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल आई थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने सीएम व डीजीपी से की है और मामले की जांच करने के लिए कहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि उनका ना तो कोई व्यापार है और ना ही किसी से कोई दुश्मनी है। विधायक ने कहा कि वे स्वयं बहुत कम फोन इस्तेमाल करते हैं, इसीलिए उनके स्टाफ को फोन कॉल आई हैं। यह कॉल कनाडा में छिपे एक गैंगस्टर का नाम लेकर की गई हैं। धमकी देने वाले व्यक्ति ने उस नेता का भी नाम बता दिया है, जिसके कहने पर उसने विधायक को धमकी भरे फोन किए हैं।
** कहा, डैम एरिया में अब खेतीबाड़ी भी हो सकेगी, सरकार ने दे दी इजाजत हिमाचल के कांगड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध पौंग झील क्षेत्र को अभी तक इको सेंसिटिव जोन घोषित नहीं किया गया है और न ही इसकी कोई अधिसूचना जारी की गई है। जब इसे अधिसूचित किया जाएगा, उससे पहले संबंधित विधानसभा हलकों के विधायकों से चर्चा कर उनके सुझाव लिए जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज विधानसभा में विधायक होशियार सिंह के मूल और भवानी सिंह पठानिया व बिक्रम सिंह के प्रतिपूरक के सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि डैम एरिया में अब खेतीबाड़ी भी हो सकेगी। सरकार ने इसकी इजाजत दे दी है। सीएम ने कहा कि सरकार अभी वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी एरिया से कुछ हिस्से को हटाने के प्रयास कर रही है, लेकिन इसके नियम काफी कड़े हैं। पहले वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी की अधिसूचना जारी होगी और उसके बाद ईको सेंसिटिव जोन बनाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला काफी गंभीर है सरकार संबंधित हलकों के विधायकों की चिंता से वाकिफ है और जल्द ही सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा और वे पीसीसीएफ को भी लिखकर दे सकते हैं। सीएम ने कहा कि यहां पर पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। पर्यटन विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं कि वह बोटिंग के लाइसेंस जारी करे।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा न्यूज वेब चैनल्स, न्यूज वेबसाइट्स/पोर्टल और सोशल मीडिया हैन्डलर्स के मनोनयन (इंपैनलमेंट) के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों व अन्य पहलों के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश डिजिटल मीडिया नीति-2024 हाल ही में अधिसूचित की गई है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को इसके लिए नोडल एजेंसी बनया गया है। इस नीति का उद्देश्य न्यूज वेब चैनल्स, न्यूज वेबसाइट्स/पोर्टल और सोशल मीडिया हैन्डलर्स के माध्यम से प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकासात्मक पहलों को जन-जन तक प्रचारित एवं प्रसारित करना है। विभाग में मनोनयन के लिए इन चैनल्स, पोर्टल्स और हैंडलर्स को सामान्य एवं तकनीकी योग्यता पूर्ण करनी होगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल मीडिया नीति की प्रति विभाग की वेबसाइट द्धह्लह्लश्च://222.द्धद्बद्वड्डष्द्धड्डद्यश्चह्म्.द्दश1.द्बठ्ठ पर उपलब्ध है और इस नीति के प्रावधानों के बारे में इससे जानकारी प्राप्त कर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आवेदन का प्रारूप भी इसी नीति दस्तावेज के साथ संलग्न किया गया है। मनोनयन के लिए आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ निदेशक, सूचना एवं जन संपर्क, शिमला-2 के कार्यालय में जमा करवाया जा सकता है।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने बताया कि पायनियर एम्ब्रोइडीज लिमिटेड, काला अंब जिला सिरमौर द्वारा ट्रेनी, ट्रेनी सुपरवाइजर व कॉप्स वाइंडिंग ऑपरेटर के 300 पद उप निदेशक रोजगार हिमाचल प्रदेश, शिमला को अधिसूचित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ 29 फरवरी, 2024 को उप रोजगार कार्यालय बड़ोह में सुबह 10:30 बजे पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को साक्षात्कार में भाग लेने से पूर्व ईईएमआईएस डॉट एचपी डॉट एनआईसी डॉट आईएन पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए उक्त वेबसाइट पर अपनी ई-मेल से लॉगइन करने के बाद अपने डैशबोर्ड में दिख रही पायनियर एम्ब्रोइडीज लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है। यह होगी योग्यता क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि ट्रेनी के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं, ट्रेनी सुपरवाइजर के लिए स्नातक के साथ टेक्सटाइल लाइन में डिप्लोमा व कॉप्स वाइंडिंग ऑपरेटर के लिए दसवीं पास रखी गई है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रहेगी। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 11 हजार 250 रुपये से 15 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9355802045 पर संपर्क किया जा सकता है।
** कहा, प्रधानमंत्री और जेपी नड्डा की बदौलत प्रदेशवासियों को मिल रही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पूर्व मुख्यमंत्री एवम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार से हिमाचल प्रदेश को लगातार कई सौगातें मिल रही हैं। आपदा में सैकड़ों करोड़ की राहत राशि देने के अलावा विकास कार्यों के लिए केंद्र उदारता से सहायता राशि उपलब्ध करवा रहा है जिसके लिए हम केंद्र सरकार के आभारी हैं। आज हमारी पार्टी के नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एम्स बिलासपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन तथा विश्राम सदन का शिलान्यास किया। जिससे यहां अब उत्कृष्ट सेवाएं मिलना शुरू हुई है। स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से एम्स एक ऐतिहासिक सौगात है जो हमारे नेता जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहाड़ी प्रदेश को बहुत बड़ी सौगात है। एक रिकार्ड समय में बनकर ये एम्स आज हिमाचल के करीब 75 लाख आबादी के लिए सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से वरदान साबित हुआ है। आज हमें खुशी है कि प्रदेशवासियों को इस सुविधा से अब काफी राहत मिल रही है। अब लोगों को पीजीआई और दिल्ली एम्स नहीं भागना पड़ता। जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी ने जिस प्रकार स्वास्थ्य मंत्री रहते अपने कार्यकाल में इसके लिए रात दिन चिंता की ये उसी का परिणाम है कि आज हमें उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के केंद्र में मिल रही है। मानवता की सेवा में उनका ये योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आज भले ही कांग्रेस पार्टी की सरकार है लेकिन बाबजूद इसके केंद्र बिना किसी भेदभाव के लगातार वित्तीय मदद हमें प्रदान कर रहा है जबकि कांग्रेस नेता आभार जताने के बजाय गालियां निकालने में ज्यादा विश्वास रखते हैं। केंद्र से मिल रही वित्तीय मदद, आभार का एक शब्द तक नहीं बोला कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा में एक भी कांग्रेस नेता ने केंद्र से मिल रही वित्तीय मदद को लेकर आभार का एक शब्द तक नहीं बोला। आपदा में सेना के जवान और हेलीकॉप्टर अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे दो माह तक रेस्क्यू और राहत सामग्री राज्य के दुर्गम इलाकों में पहुंचाते रहे। कांगड़ा के मंड क्षेत्र में ब्यास में भयंकर बाढ़ का बरसाती पानी फैलने से फंसे सैंकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों में निकालना हो या कुल्लू, मनाली और मंडी से सेंकड़ों लोगों को सुरक्षित निकालने का काम आर्मी ने किया लेकिन मुख्यमंत्री कई बार बयान देने के बाद सदन में भी फिर इतना बड़ा झूठ बोले कि। जहां आर्मी ने भी हाथ खड़े किए वहां हमारे मंत्रियों ने पहुंचकर पर्यटकों को बचाया। ऐसा करके मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सेना का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने में तो मुख्यमंत्री अब नया रिकार्ड बनाते जा रहे हैं। सरकार बनने से पहले कहा था पहली कैबिनेट मीटिंग में एक लाख सरकारी नौकरी निकालेंगे लेकिन अब सदन में मुकर रहे हैं। जब हमने इनका घोषणा पत्र और गारंटी पत्र दिखाया तो जवाब देते नहीं बन रहा है। झूठ बोलकर और झूठे आश्वासन देकर सत्ता में आई ये सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। लोगों ने इस सरकार को लोकसभा चुनाव में जवाब देने का पूरा मन बना लिया है क्योंकि जनता जानती है कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार ही विकास को तेज़ी से आगे बढ़ा सकती है।
गर्भधारण पूर्व व प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नागराज पवार ने कहा कि भ्रूण लिंग की जांच गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों को कारावास सहित जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी क्लिनिक या अस्पताल द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने या मशीन के खराब होने के बाद बदलने संबंधित मंजूरी जिला स्तरीय समिति से लेना आवश्यक है। आज की बैठक में अल्ट्रासाउंड मशीन के परिचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मंजूरी व नई अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने व पुरानी मशीन को कम्पनी को वापिस भेजने से संबंधित 6 मामलों पर विचार किया गया, जिनमें 4 मामलों को मंजूरी प्रदान की गई जबकि दो मामलों में आवश्यक पूरी करने के निर्देश दिये गये। सीएमओ ने इसके उपरांत जिला स्तरीय सेरोगेसी मदर सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। सीएमओ ने बताया सेरोगेसी मदर से सम्बंधित दो मामले प्राप्त हुये हैं, जिनकी जांच की गई है। आवश्यक औपचारिकतायें पूर्ण करने के उपरांत दोनों मामलों को मंजूरी प्रदान कर दी जाएगी।
सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल-1, रमन भरमौरिया ने बताया कि 11 केवी कोतवाली फीडर की विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग और स्मार्ट सिटी कार्यों के चलते कोतवाली बाजार, खनियारा रोड, टीसीवी, रामनगर, शिव विहार, गमरू, खजांची मोहल्ला, तिब्बतन लाइब्रेरी, तिब्बतन चिकित्सालय पुराना चड़ी मार्ग, डीसी आवास, दाड़नू के कुछ क्षेत्र तथा साथ लगते इलाकों में सोमवार, 26 फरवरी को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक अथवा कार्य की समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से पूर्व में 19 फरवरी को निर्धारित यह कार्य पूर्ण नहीं किया जा सका था।
हिमाचल प्रदेश सरकार के एक साल की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर फोक मीडिया के माध्यम से जनमानस में जागरुकता के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ संबद्ध निजी सांस्कृतिक दलो द्वारा गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियों से लोगों को विभिन्न योजनाओं के अलावा नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में मन्नत कला मंच कुल्लू के कलाकारों द्वारा आज गाहर व काईस पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किये। मंच के कलाकारों ने समूह गीत हिमाचल सरकार सबके चेहरे पर मुस्कान लाई व कुल्लवी नाटीओं के माध्यम से लोगों का मनोरंजन किया, साथ ही नाटक विकास गंगा के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना में 680 करोड़ रुपए रखे गए हैं, जिसके पहले चरण में ई टैक्सी हेतु 500 परमिट बेरोजगार युवाओं को दिये जायेंगे साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, वृद्धाश्रम में रहने वालों हेतु त्यौहार अनुदान योजना के बारे भी विस्तार से बताया।


















































