** अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को लेकर भुंतर में हुई जिला महिला मोर्चा की बैठक आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के 400 पार के लक्ष्य को लेकर भुंतर में जिला महिला मोर्चा की बैठक जिला अध्यक्ष कमलेश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना योगी बतौर मुख्यातिथि शामिल हुईं। बैठक को संबोधित करते हुए वंदना योगी ने बताया इस बैठक का मुख्य लक्ष्य अबकी बार 400 पार, केंद्र में मोदी तीसरी बार रहा। उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित बहनों को इस लक्ष्य को सामने रखते हुए आगामी लोकसभा चुनावों में कार्य करना है। उन्होंने महिलाओं से केंद्र सरकार की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भगवा लहराएगा। प्रदेश की चारों सीटों को भाजपा भारी मतों से जीतेगी। उन्होंने आने वाले दिनों में संगठन द्वारा किए जाने वाले कार्यों की भी जानकारी दी।
पुलिस चौकी डाडासीबा के अंतर्गत पड़ती पंचायत उज्जे खास के गांव कसराल में वीरवार को एक व्यक्ति की सड़क किनारे डंगे से नीचे गिरकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जब व्यक्ति को डंगे से नीचे गिरा हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी, जिस पर डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान कुलदीप कुमार (40) पुत्र रमेश चंद निवासी गांव बाथू डाकघर टिप्परी तहसील डाडासीबा के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए चौकी प्रभारी किशोर चंद ने बताया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में परागपुर के निकटवर्ती गांव बलाहर में चल रहे वेदव्यास परिसर में गुरुवार को विश्व मातृभाषा दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें परिसर के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से यहां कार्यरत कर्मचारी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी अपनी मातृभाषा जैसे पहाड़ी, मैथिली, राजस्थानी, डोगरी, तेलगु व उड़िया आदि भाषाओं में भजन, देशभक्ति गीत एवं संभाषण प्रस्तुत किए। इस अवसर पर इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ओम प्रकाश साहनी ने अपने संभाषण में मातृभाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर राज्य की अपनी एक भाषा होती है जिसे हम मातृभाषा कहते हैं। वहीं, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परागपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा प्रबंधक संतोष सनौरिया ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि परिसर में इस तरह के आयोजनों से जहां छात्र-छात्राओं के बौद्धिक विकास की क्षमता बढ़ती है, वहीं वहीं स्टाफ के आपसी भाईचारे में भी बढ़ोतरी होती है। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्ष एवं वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रोफेसर सत्यम कुमारी ने कहा कि हर राज्य की अपनी एक भाषा होती है, जिसे अपनी मातृभाषा कहा जाता है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजनों से जहां एक दूसरे के राज्य की भाषा को सीखने का अवसर भी मिलता है वहीं आपसी भाईचारे में भी बढ़ोतरी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय पर परिसर में होते रहते हैं। इस अवसर पर शिक्षाशास्त्री विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर शीशराम ने राजस्थानी भाषा में जहां अपना संभाषण प्रस्तुत किया वहीं उन्होंने राजस्थानी भाषा में ही एक गीत गुनगुनाया। जिस पर सभी छात्र-छात्राओं ने खूब तालियां बजाईं। वहीं विभिन्न राज्यों से कार्यरत इस परिसर के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने अपने-अपनी भाषा में अपने-अपने विचार रखे व भजन आदि प्रस्तुत किए।इस समस्त कार्यक्रम का संचालन शिक्षा शास्त्री विभाग के शिक्षक डा मुकेश शर्मा ने किया व समस्त कार्यक्रम में सह संयोजक की भूमिका हिंदी विषय के शिक्षक डा पीयूष त्रिपाठी ने निभाई।
आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत मंडल सोलन के कुछ क्षेत्रों में 4 मार्च को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जानकारी देते हुए विद्युत मंडल सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा कहा कि 4 मार्च को प्रात: 9.30 बजे से सायं 5 बजे तक मॉल रोड, अप्पर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद कॉपलेक्स, न्यायालय परिसर, लोक निर्माण विभाग कालोनी, क्लीन, सेर क्लीन, सन्नी साईड, विवान्ता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फोरेस्ट रोड, जौणाजी, शिल्ली, अशवनी खड्ड, दामकड़ी, फशकना, फ्लाइ, मेला मैदान, हरट, बेल, नेरी, गण की सेर, मनसार, झोखड़ी, हॉट मिक्स के आस-पास के क्षेत्र, ग्रानी, सलोगड़ा के कुछ क्षेत्र, सेवला, बरड बस्ती, ब्रुअरी, तरण-तारण, पडग, विनसम होटल, दाउंसी, गलोथ, कोडहारी, कोठी, कथोग, बजरोल, नडोह, शामती, डमरोग, ऑफिसर कालोनी, कोटलानाला, कथेड, मिनी सचिवालय, लक्कड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, उपायुक्त आवास क्षेत्र, मोहन कालोनी, मधुबन कालोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम तथा आस-पास के क्षेत्र, चौक बाजार, सरकुलर मार्ग, धोबीघाट, आई.टी.आई, पुराना बस अड्डा, सेंट लयूक्स, अंबुशा होटल, चेस्टर हिल्स, अमित अपार्टमेंटस, सुंदर सिनेमा, जौणाजी मार्ग, डिग्री कॉलेज, ठोडो मैदान क्षेत्र, खनोग, मतियूल, खलीफा लॉज, जे.बी.टी मार्ग, सूर्य विहार, तहसील परिसर, टैंक रोड़, खुंडीधार, र्साइंटिस्ट कालोनी, नया बस अड्डा, पुलिस लाईन, सब्जी मंडी, सेरी, चंबाघाट चौक, बसाल मार्ग, बसाल, गुगाघाट, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र बसाल, घडयाल, डांगरी, शिरी, धाला, पट्टी, दयोली की सेर, गारा, पोकन, बाडा, धरोट, सलुमना, ब्लेसिंग हेल्थ केयर, सूर्य किरण, बावरा, गरीब बस्ती, फोरेस्ट कालोनी, एन.आर.सी.एम, करोल विहार, डी.आई.सी कालोनी, मेहर सिंह कालोनी, बेर की सेर, जराश, बेर पानी, बेर गांव, बेर खास, कोनार्क होटल एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रात: 9.30 बजे से सायं 5 बजे तक आंजी, शमलेच, शराणु, नगाली, शुमती, चेवा, बडोग, बाडा, कलोल, कोरो-कैंथडी, लघेचघाट, पॉवर हाउस रोड़, डाकघर सपरुन, आयुर्वेदिक अस्पताल, हाउसिंग बोर्ड कालोनी फेज 1 और 2, रबौन, एससीईआरटी, निगम विहार, देहूंघाट, पडगल, कायलर, देवठी, तार-फैक्टरी, घट्टी, लवीघाट, डोमिनोज, गुरुद्वारा, ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।
** स्कूल में राणा विजय सिंह ने किया 10 मीटर की शूटिंग रेंज का उद्घाटन ** बोले, शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय करियर बनाने के लिए विद्यार्थियों को मिली बड़ी सुविधा विजय मेमोरियल स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में खेल की भावना को विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया गया। इस 10 मीटर शूटिंग रेंज का उद्घाटन जिला राइफल एसोसिएशन कांगड़ा के जनरल सेक्रेटरी राणा विजय सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के संग खेल का यह नया प्रारूप विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा तथा छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर बनाने में मददगार होगा। इस मौके पर स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर सचिन शर्मा ने कहा कि शूटिंग रेंज की सुविधा मिलने से स्कूल के छात्र अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी स्पर्धाओं के लिए भी प्रशिक्षित हो सकेंगे। वहीं, प्रधानाचार्य सोनिया शर्मा ने बताया कि विजय मेमोरियल स्कूल पिछले 37 सालों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि शूटिंग रेंज एक इंडोर खेल है और किसी भी समय इसे खेला जा सकता है।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शहीद लक्खा सिंह राजकीय उच्च विद्यालय बलाहरा के शिक्षक स्कूल में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए घर-घर जाकर हिमाचल सरकार की योजनाओं की अलख जगा रहे हैं। छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए अध्यापकों ने पंपलेट भी छपाए हंै। स्कूल के मुख्याध्यापक दुनी चंद ने बताया कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को सरकार वे तमाम सुविधाएं दे रही है, जिसके लिए अभिभावक भारी भरकम खर्च कर अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। अध्यापक और राकेश राणा ने बताया कि स्कूल में हिंदी मीडियम के अलावा इंग्लिश मीडियम में भी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। अगर कोई अभिभावक फीस देने में असमर्थ होगा तो उनके बच्चों की पूरी फीस में खुद दूंगा। एसएमसी कमेटी, बच्चों के अभिभावकों ने अधयापकों के इस प्रयास की बहुत-बहुत प्रशंसा की है।
** सुधीर शर्मा बोले, बिना नोटिस के हमारी सदस्यता को खत्म किया गया ** हम डर कर राजनीति नहीं करते, प्रदेश हित में सरकार का जाना तय हिमाचल प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर भाजपा के प्रत्याशी को जिताने वाले कांग्रेस के 6 बागी विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष ने दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित कर दिया है। इन विधयकों ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया है। धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कहा है कि वे सभी सदस्यता रद्द करने के फैसले को कोर्ट में चुनौती देंगे। अगर हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो ये सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं। सुधीर ने कहा कि वे सभी 28 फरवरी को विधानसभा सदन में आए थे और रजिस्टर पर साइन भी किए हैं। उन्होंने कहा कि स्पीकर खुद सदन में डेढ़ घंटे तक नहीं आए। हमें कोई नोटिस नहीं मिला केवल एक सदस्य को मिला है। हम डर कर राजनीति नहीं करते। प्रदेश हित में सरकार का जाना तय है। सरकार अल्पमत में है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रजिस्टर में हस्ताक्षर किया। इसका प्रतिदिन 5000 रुपये दैनिक भत्ता मिलता है। लेकिन सदन में वित्त विधेयक पेश करते हुए व्हिप जारी करने के बावजूद छह कांग्रेस विधायक नहीं पहुंचे, इसलिए कार्रवाई की गई ।
** कहा, कभी पूरे नहीं होंगे सुक्खू सरकार को गिराने के मंसूबे प्रदेश कांग्रेस सचिव व राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के निदेशक पुनीत मल्ली ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के छह बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने के निर्णय का स्वागत किया है। यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि पार्टी विचारधारा से बाहर जाकर दूसरे दल को लाभ पहुंचाने वाले जनप्रतिनिधियों को अनैतिक तरीके अपना कर एक दल से दूसरे दल में जाने से रोकने के लिए ही देश दल-बदल में कानून बनाया गया था। प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने इस कानून से जुड़े प्रावधानों के तहत यह निर्णय किया है। मल्ली ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचने वाले अब पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं। अपने लाभ के लिए पार्टी से गद्दारी करने वाले ऐसे नेताओं को पार्टी कार्यकर्ता और जनता कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश में पूरी तरह मजबूती के साथ काम कर रही है और 5 साल का अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी। पुनीत मल्ली ने कहा कि छोटे-मोटे मतभेद हर परिवार में होते रहते हैं, लेकिन पार्टी से बढ़कर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी धन-बल के जरिए कांग्रेस सरकार को गलत तरीके से गिराकर प्रदेश की सत्ता हथियाना चाहती है, लेकिन उसके ये मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना डमटाल पुलिस द्वारा छन्नी में महिला को 6.60 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि थाना डमटाल पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर घर में छानबीन के दौरान 6.60 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसमें रजनी देवी (32) पत्नी अजय कुमार को नशे के कारोबार में संलिप्त होने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है व नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
** कार्यक्रम में झंडुत्ता स्कूल के प्रधानाचार्य पवन संख्यान रहे मुख्य अतिथि ** बच्चों के मॉडलों, गतिविधियों एवं चार्ट्स का किया अवलोकन राजकीय उच्च विद्यालय बलघाड़ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडुत्ता के प्रधानाचार्य पवन संख्यान एवं राजकीय उच्च पाठशाला ज्योरा के मुख्य अध्यापक मदन शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर बच्चों के विभिन्न मॉडलों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया। इस कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष गुरविंदर शर्मा एवं बच्चों के अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अध्यापक देवराज ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों एवं अभिभावकों का कार्यक्रम में हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रदर्शित गतिविधियों की सराहना की। वहीं, विज्ञान अध्यापक अवनीश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के विज्ञान मेले का आयोजन करने से बच्चों को अपनी सृजनात्मकता प्रस्तुत करने का मंच मिलता है तथा इस से विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है एवम वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने बताया कि बच्चे विज्ञान के तथ्यों को जब अपने हाथ से गतिविधियां करते हैं तो ज्यादा बेहतर समझ पाते हैं। अवनीश कुमार ने बताया कि विज्ञान को बेहतर एवं सरल बनाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण सबसे बढ़िया तरीका है और वह सदैव इसी शिक्षण पद्धति को अपनाते हैं जिससे बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है। वहीं, मुख्य अतिथि पवन संख्यान ने बच्चों के सभी मॉडल, गतिविधि एवं चार्ट का अवलोकन किया एवं उससे संबंधित बच्चों से प्रश्न पूछे, जिसका बच्चों ने निडर होकर स्टीक उत्तर दिए। इस तरह के आयोजन की पहल को उन्होंने सराहा तथा बच्चों में जो उत्साह था वह देखते ही बन रहा था। सभी बच्चे बहुत ही रुचिकर तरीके से अपने-अपने मॉडल को प्रदर्शित कर रहे थे और उसके बारे में अच्छे से व्याख्यान कर रहे थे।
** खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने किया आईडी वर्कशॉप का शुभारंभ ** तीन दिन तक चलने वाली कार्यशाला में 50 सीआरसी ले रहे भाग बीआरसी ऑफिस शिलाई में तीन दिवसीय आईडी वर्कशॉप का शुभारंभ खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी गुमान सिंह द्वारा किया गया। वर्कशॉप में खंड कफोटा, बकरास व शिलाई के लगभग 50 सीआरसी भाग ले रहे हैं। कार्यशाला के स्रोत व्यक्ति मायाराम शर्मा ने अध्यापकों को पाठशाला में किस तरह से दिव्यांग बच्चों के लिए कार्य करना है, उसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यशाला में अध्यापकों को 21 तरह की अक्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। सभी अध्यापकों को ग्रुप में बांटकर चार्ट पेपर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की क्लास स्ट्रेटजी को लेकर चर्चा की गई। यह कार्यशाला 3 दिन चलेगी, जिसमें दिव्यांग बच्चों को अन्य बच्चों की तरह स्कूल की मुख्यधारा से जोड़कर शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है।
गरली के निकटवर्ती सदवा के लोटस इंटरनेशन कॉन्वेंट स्कूल में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में स्कूल के चारों सदनों सतलुज, ब्यास, रावी और चिनाब के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों ने प्रश्नों को ध्यान से सुना और उनके उत्तर दिए। चारों सदन के विद्यार्थियों के बीच मुकाबला कड़ा रहा, परंतु चिनाब सदन के विद्यार्थियों ने सभी प्रश्नों के उत्तर देकर जूनियर और सीनियर दोनों प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता के अंत में स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने चिनाब सदन के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि स्कूल इस तरह की प्रतियोगिताएं करवाता रहेगा। इस प्रतियोगिता के दौरान लोटस ग्रुप के चेयरमैन अश्वनी कुमार और गुरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के छह बागी विधायकों के भविष्य पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने फैसला सुना दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी बागी विधायकों की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी है। इनमें राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, देवेंद्र कुमार भुट्टो, इंद्रदत्त लखनपाल और चैतन्य शर्मा के नाम शामिल हैं। कांग्रेस विधायक और संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने दलबदल विरोधी कानून के तहत इन छह विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए याचिका दायर की थी। दरअसल, बागी विधायकों पर आरोप है कि व्हिप जारी होने के बावजूद उन्होंने भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग की। इसके अलावा बजट पारित करने के दौरान व्हिप जारी होने के बावजूद ये सदन से गैर हाजिर रहे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की कि लोकतंत्र में आम जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार है। हिमाचल की जनता ने अपने इसी अधिकार का इस्तेमाल किया और स्पष्ट बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाई। लेकिन भाजपा धनबल, एजेंसियों की ताकत और केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग करके हिमाचल वासियों के इस अधिकार को कुचलना चाहती है। इस मक़सद के लिए जिस तरह भाजपा सरकारी सुरक्षा और मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है, वह देश के इतिहास में अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि यदि 25 विधायकों वाली पार्टी 43 विधायकों के बहुमत को चुनौती दे रही है तो मतलब साफ है कि वह पार्टी प्रतिनिधियों के खरीद-फरोख्त पर निर्भर है। इनका यह रवैया अनैतिक और असंवैधानिक है। हिमाचल और देश की जनता सब देख रही है। भाजपा प्राकृतिक आपदा के समय प्रदेशवासियों के साथ खड़ी नहीं हुई, लेकिन अब प्रदेश को राजनीतिक आपदा में धकेलना चाहती है।
हिमतरु प्रकाशन समिति तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय कुल्लू साहित्य उत्सव का शुभारंभ देवसदन कुल्लू में हुआ। इसकी अध्यक्षता करते उपायुक्त तोरूल एस रवीश ने कहा कि साहित्य की प्रासंगिकता आज भी उतनी ही, जितनी पूर्वकाल में थी। समय के साथ इसमें बदलाव आते रहे। साहित्य देश, विश्व की हर कड़ी को जोड़ता है। काल व इतिहास को संकलित करता है। इन्होंने आधुनिक सूचना तकनीक के युग में साहित्य पठन पाठन के महत्व पर बल दिया तथा बच्चों में बाल्यकाल से ही पाठ्यक्रम पुस्तकों के पढ़ने के साथ अन्य पुस्तकें पढ़ने पर बल दिया। उन्होंने समाज में साहित्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरन्तर अध्ययनरत रहना न केवल हमारे बौद्धिक विकास को बढ़ाता है, बल्कि हमें समाज के प्रति संवेदनशील भी बनाता है। आधुनिक युग में जब पाठक डिजिटल माध्यम के प्रति अधिक आकृष्ट हो रहें हैं ऐसे में भी पुस्तक पाठन लेखन की प्रासंगिकता ओर बढ़ गई है। डॉ. शेखर पाठक ने पहाड़ की चिंताए व हिमालय विषय पर अपने शोधपूर्वक विचार रखे। बजरंग बिहारी तिवारी ने दलित विमर्श पर अपने विचार व्यक्त किए।
जिला रेड क्रॉस कुल्लू के अंतर्गत भुंतर में संचालित एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खल्याणी में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नशा निवारण के बारे में स्थानीय युवक-युवतियों व स्कूल के बच्चों को विभिन्न जानकारियां प्रदान की गईं। डॉ. अपूर्वा ठाकुर ने कहा कि नशा एक बीमारी है, इससे बचने के लिए इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानना आवश्यक है। नशे के गिरफ्त में आये युवक-युवतियों का इलाज संभव है, यदि समय रहते हुए उन्हें नशा निवारण केंद्र में लाया जाए तथा विभिन्न प्रकार के औषधियां एवं उपचार से उन्हें नशे की लत से बाहर निकाला जा सकता है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में इसके लिए डॉक्टरों की देखरेख में उचित परामर्श एवं दवाइयों के साथ-साथ मेडिटेशन, योगा, खेल एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नशे के व्यसनी महिलाओं को नशे की लत से बाहर निकाला जाता है।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रिटायर प्रोफेसर एवं वैज्ञानिक प्रो. आलोक शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रो. आलोक शर्मा एक विश्व विख्यात हस्ती हैं, जिन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम में भी अपनी प्रस्तुति दी है। विज्ञान दिवस के अवसर पर उन्होंने छात्रों के साथ लाइफ इज ए गेम प्ले ईट स्मार्ट विषय पर वाद संवाद किया। इस अवसर पर छात्रों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन द्वारा अपनी अपनी प्रस्तुति दी। भौतिकी और रसायन विषय के छात्रों ने अपने अपने विषय से संबंधित मॉडल भी प्रस्तुत किए तथा वर्तमान में विज्ञान विषय के महत्व पर एक दूसरे से विचार साझा किए। विज्ञान दिवस का आयोजन वरिष्ठ शिक्षक डॉ. स्वदीप सूद के मार्गदर्शन में किया गया तथा महाविद्यालय के शिक्षक प्रो. अनिता, प्रो. श्याम कालिया, प्रो. शैलजा सूद, प्रो. संजय, डॉ. कपिल सूद व डॉ. कुश्माक्षी ने भी छात्रों से संवाद किया।
निदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने आज यहां बताया कि उच्चत्तर शिक्षा विभाग द्वारा मेधा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सत्र 2023-24 के लिए मेधावी विद्यार्थियों से राज्य एवं राज्य से बाहर के संस्थानों से क्लैट, नीट, आईआईटी, जेईई, एम्स, एएफएमसी व एनडीए सहित संघ लोक सेवा आयोग, एसएससी, बैंकिंग व बीमा तथा रेलवे और इनके समकक्ष प्रवेश परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन या ऑफलाईन कोचिंग कक्षाओं में व्यक्तिगत रूप से भाग लेने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदनों की छंटनी के उपरान्त अभ्यर्थियों की अस्थाई सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी यहां से आवेदन की जांच कर लें और यदि उनके आवेदन के साथ संलग्न दस्तावेजों में कोई कमी दर्शाई गई है तो तुरन्त संबंधित दस्तावेेज ईमेल के माध्यम से भेजना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त आवेदन पत्र में भरे गए संस्थान में बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपत्तियों के निराकरण की अन्तिम तिथि 5 मार्च सायं पांच बजे तक निर्धारित की गई है। इसके उपरांत किसी भी प्रकार के निवेदन एवं अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
शूलिनी विश्वविद्यालय में एप्लाइड साइंसेज और जैव प्रौद्योगिकी संकाय (एफएएसबी) द्वारा आज सीवी रमन द्वारा 1928 में रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया। दिन के मुख्य अतिथि एमवी थे ढेकाणे, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक थे । कार्यक्रम की शुरुआत शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके. खोसला के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में सीवी रमन, हरगोबिंद खुराना, चन्द्रशेखर और सुब्रह्मण्यम चन्द्रशेखर जैसे अग्रदूतों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को शूलिनी विश्वविद्यालय के भविष्य में नोबेल पुरस्कार विजेता तैयार करने के दृष्टिकोण से प्रेरित किया, और छात्रों और शिक्षकों से अपने वैज्ञानिक प्रयासों में उच्च लक्ष्य रखने का आग्रह किया। एमवी ढेकाणे ने अपने मुख्य भाषण में उपस्थित लोगों को भारत के अंतरिक्ष मिशनों की यात्रा से अवगत कराया और इसरो के अन्वेषण प्रयासों के अतीत, वर्तमान और भविष्य के बारे में विस्तार से बताया। ढेकाणे ने विफलताओं से सीखने के महत्व और भविष्य के मिशनों में सफलता सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा तंत्र के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में शूलिनी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शोधकर्ताओं को 2023 में अनुसंधान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसंधान विद्वानों ने भी अपने शोध कार्यों पर प्रस्तुतियां दीं। शूलिनी विश्वविद्यालय में अनुसंधान और विकास के डीन प्रो. सौरभ कुलश्रेष्ठ ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर अनुसंधान उपलब्धियों को पहचानने के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रो. कुलश्रेष्ठ ने कहा कि, सही सहयोग से कोई भी शोधकर्ता बन सकता है। अपनी समापन टिप्पणी में, प्रोफेसर कुलश्रेष्ठ ने इसरो के योगदान और उपलब्धियों पर अपनी अमूल्य अंतर्दृष्टि साझा करने के लिए श्री ढेकाने को धन्यवाद दिया।
केंद्रीय संस्कृति विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर द्वारा देहरा नगर में सामाजिक चेतना शेभा यात्रा तथा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें परिसर के शिक्षाशास्त्र विद्याशाखा के प्रथमवर्ष के छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकाओं के द्वार उत्साहपूर्वक भाग लिया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के छात्रों हेतु उनकी क्षमता उन्नयन दक्षता हेतु प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिससे छात्र विद्यालय में नियुक्ति पाने के उपरांत उत्साहपूर्वक अध्यापन और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन कर पाते हैं। इस कार्यक्रम में वेदव्यास परिसर के शिक्षा शास्त्र विभाग के विभाग अध्यक्ष प्रो. शीशराम तथा प्राध्यापक गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मुकेश शर्मा तथा विभागीय प्राध्यापक डॉ. सत्यदेव, डॉ. प्रतिज्ञा आर्या, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. संतोष गोडरा, डॉ. हरि ओम, डॉ. प्रियंका चंद्र के सहयोग से संपन्न किया गया। यह शोभा यात्रा देहरा बस स्टैंड से प्रारंभ होकर कोर्ट गली, डिग्री कॉलेज देहरा, लघु सचिवालय, राधा कृष्ण मंदिर होते हुए हनुमान चौक पर संपन्न हुई। देहरा नगर के चौराहे पर नुक्कड़ नाटक कर छात्रों को जागरूकता लाने का प्रयास किया।
सामाजिक कार्यकर्ता अतुल भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया, जिसके चलते आज सरकार को यह दिन देखने को मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व कांग्रेस आलाकमान ने अपने लाव लश्कर के साथ हिमाचल की जनता के मध्य केंद्रीय विश्वविद्यालय को धर्मशाला में स्थापित करने का निर्णय लिया था, लेकिन सुक्खू सरकार ने अब तक पैसा जमा नहीं करवाया और ना ही विधायक के प्रश्न का जवाब विधानसभा में दिया। ऐसे में कांगड़ा व चंबा की जनता की जनभावनाओं का निरादर किया गया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर सही कहा था कि आत्मसम्मान के साथ कभी समझौता नहीं करना चाहिए। अतुल भारद्वाज ने कहा कि जिन छह विधायकों को बागी कहा जा रहा है, उन विधायकों ने हिमाचल के आत्मसम्मान की रक्षा की है और आत्मसम्मान को बढ़ाया है, ऐसा प्रदेश की जनता मानती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर सब देख रहा है और यह प्रभु कृपा ही है कि बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस के राज्यसभा का उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया और भगवान ने उनका साथ नहीं दिया। इससे स्पष्ट हो गया है कि भगवान भी नहीं चाहते कि यह सरकार चले।
** शिव तांडव गुफा में महाशिव पुराण कथा में किया शिव की महिमा का गुणगान ** कहा, योग और ध्यान के लिए इंद्रियों को वश में करना अति आवश्यक शिव तांडव गुफा कुनिहार के प्रांगण में आयोजित 11 दिवसीय महाशिव पुराण कथा के तीसरे दिन आज कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। शिव भगवान अपने सभी भक्तों की मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं। कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कथावाचक ने बताया कि शिव ब्रह्मांड के कण-कण में विद्यमान हैं। शिव की महिमा असीमित, अकल्पनीय एवं अकथनीय है। भगवान शिव इस धरा के कण-कण में विद्यमान हैं, उन्हें सिर्फ उनके भक्त अंतर्दृष्टि से ही देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग व ध्यान के लिए इंद्रियों को वश में करना अति आवश्यक है। वहीं, कथा के बारे में जानकारी देते हुए शिव तांडव गुफा विकास समिति कुनिहार के अध्यक्ष राम रतन तनवर ने बताया कि 8 मार्च को महाशिवरात्रि का आयोजन होगा एवं 9 मार्च को शिव तांडव गुफा में सभी भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी शिव भक्तों से प्रतिदिन इस कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में बुधवार दोपहर बाद विपक्ष की गैर मौजूदगी में बजट पारित कर दिया गया। इसके बाद बजट सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर कर दिया गया। इससे पहले विधानसभा सदन की कार्यवाही 2 बजे के बाद फिर शुरू हुई। निलंबित विधायकों को सदन में नहीं आने दिया गया। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि विपक्ष ने सदन में गैर मर्यादित व्यवहार किया। आसन पर कागज फेंके गए। यह निंदनीय है। स्पीकर ने कहा कि 15 विधायकों को निलंबित किया, उसके बावजूद वे सभी सदस्य सदन में बैठे, यह भी नियमों की अवहेलना है। वहीं, मुख्यंमत्री ने कहा कि जिन्होंने चेयर से कागज छीने, उन पर कार्रवाई की जाए। जिन्होंने सदन में नाटी लगाई, उन पर भी कार्रवाई करें। जयराम को सत्ता की बहुत भूख है। गुंडागर्दी से यह प्रदेश नहीं चलेगा। यह देवभूमि है। अफसरों को डराने की बात ठीक नहीं है। जयराम ठाकुर का और विपक्ष का राज्यसभा के चुनाव के समय व्यवहार सही नहीं था।
डॉ. सुमेर सिंह के मार्गदर्शन में नीरज ठाकुर और विक्रम कुमार के साथ पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर और सुबाथू दोनों शाखाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले बारहवीं कक्षा के 18 छात्रों ने एमयू 20 लीडरशिप एंड एडवेंचर पर आधारित चार दिवसीय बूटकैंप कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कैंप हाल ही में 21 से 24 फरवरी तक हाउस ऑफ लालपुर पंजाब में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल को बढ़ाना था। कार्यक्रम बूटकैंप कार्यशालाओं और गतिविधियों की एक श्रृंखला पर आधारित था, जिसमें कार्यकारी उपस्थिति, टीम वर्क के महत्व और स्कूल संदर्भ में नेतृत्व पर आयोजित किए गए, जो युवा प्रतिभागियों को आवश्यक नेतृत्व अंतर्दृष्टि और कौशल के साथ सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए थे। इसके अतिरिक्त, छात्रों को स्थानीय इतिहास और कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई तथा साथ-साथ खेतों और बगीचों का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्होंने डॉ. सुमेर सिंह और जसमेर सिंह के साथ आलू की कटाई में सक्रिय रूप से भाग लिया। जसमेर सिंह के नेतृत्व में बसाली के एक निजी जंगल की साहसिक यात्रा और सतलुज नदी पर एक रोमांचक मोटरबोट की सवारी भी प्रतिभागियों के लिए रोमांचक रही। पूरे बूटकैंप के दौरान, भू-राजनीति और आकर्षक राजव्यवस्था परियोजना पर डॉ. सुमेर सिंह की ज्ञानवर्धक बातचीत ने छात्रों के अनुभव को और भी समृद्ध किया। कैंप का समापन सतलुज नदी पर एक यादगार कयाकिंग के साथ हुआ।
** महिला सैन्य पुलिस में चयनित होने वाली एकमात्र हिमाचली महिला ** निदेशक राम प्रकाश बोले, श्वेता की मेहनत और अध्यापकों का परिश्रम लाया रंग माइंड ऑपरेशन अकादमी जोगिंदर नगर की छात्रा श्वेता ठाकुर हिमाचल की एकमात्र लड़की है, जिसका महिला सैन्य पुलिस में चयन हुआ है। श्वेता ठाकुर बनेहड़ की रहने वाली है और काफी समय से माइंड ऑपरेशन अकादमी में तैयारी कर रही थी। हाल ही में हुई अग्निवीर की भर्ती में अकादमी से आठ लड़कों का भी चयन हुआ है। अकादमी के निदेशक राम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि हमारी अकादमी सैकड़ों बच्चों का भविष्य संवार रही है। यहां बच्चों को पढ़ने की नई-नई तकनीके, समय-समय पर बच्चों की काउंसलिंग व अन्य गतिविधियां करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि महिला सैन्य पुलिस में चयनित होने वाली श्वेता हिमाचल की एकमात्र लड़की है। यह श्वेता ठाकुर की मेहनत और अध्यापकों के परिश्रम से ही संभव हो पाया है। निदेशक ने श्वेता ठाकुर और अन्य आठ बच्चे, जो अग्निवीर में चयनित हुए हैं, उनको और उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
संकट में फंसी हिमाचल की कांग्रे सरकार के मुखिया सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस्तीफे की बातों को निराधार बताया है और भाजपा द्वारा फैलाई जा रही अफवाहें बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों पर विश्वास न करें। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। पार्टी हाईकमान का विश्वास पूरी तरह कायम है। मीडिया के सभी वरिष्ठ साथियों से अनुरोध है कि बेबुनियाद खबरें चलाने से बचें। मुख्यमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार घोर संकट में है। क्रॉस वोटिंग के चलते राज्यसभा चुनाव हारने के बाद कई कांग्रेसी नेताओं ने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने तो मंत्री पद से इस्तीफा भी दे दिया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल के साथ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की और सदन में वित्तीय बजट के लिए मत विभाजन की मांग की। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल से मिलकर हमने मौजूदा घटनाक्रम की जानकारी दी। इस सरकार को सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ समय से विधानसभा में जो घटनाक्रम चल रहा है, उसकी जानकारी हमने राज्यपाल को दी है। राज्यसभा चुनाव में जो परिणाम आया, जो वर्तमान स्थिति है उसे देखें तो कांग्रेस को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस हमारी वजह से नहीं, अपनी वजह से संकट में है।
हिमाचल विधानसभा में आज विपक्षी दल भाजपा ने खूब हंगामा किया। सदन शुरू होते ही संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान की ओर से प्रस्ताव लाया गया कि पिछले कल भाजपा के कुछ विधायकों ने विधानसभा स्पीकर के कमरे में जाकर धक्कामुकी की है। इनका यह कृत्य असंसदीय है, जिससे विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंची है। इस हालत में सदन को चलाना संभव नहीं है। इस प्रस्ताव के खिलाफ भाजपा विधायकों ने जबरदस्त विरोध किया और दोनों ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। इस शोर शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के 15 विधायकों को निष्कासित कर दिया है। इन विधायकों को किया निष्कासित हिमाचल विधानसभ अध्यक्ष ने जिन विधायकों को निष्कासित किया है, उनमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विपिन सिंह परमार, विनोद कुमार, हंसराज, जनकराम, बलवीर वर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेंद्र शौरी, दीप राज, पूर्ण चंद, इंद्र सिंह गांधी, दलीप सिंह और रणधीर शर्मा, रणवीर सिंह व लोकेंद्र कुमार शामिल हैं।
हिमाचल की सुक्खू सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे है। कांग्रेस के राज्यसभा चुनाव हारने के सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपनी ही सरकार पर उन्हें अपमानित करने के भी आरोप लगाए हैं। विक्रमादित्य ने कहा कि वर्तमान सरकार के अपने ही बहुत से विधायक मुख्यमंत्री से नाराज चल रहे हैं। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग इसी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने स्व. वीरभद्र सिंह के नाम पर चुनाव लड़ा, लेकिन जीतने के बाद उनकी प्रतिभा तक नहीं लगाई। यह सब बोलते समय विक्रमादित्य काफी भावुक हो गए थे।
** प्लांट एवं मशीनरी में 721.78 करोड़ रुपये का निवेश प्रधान सचिव उद्योग, आरडी नजीम ने आज यहां राज्य स्तरीय समिति की 12वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग की औद्योगिक विकास योजना के अंतर्गत दावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान समिति द्वारा कुल 60 दावों को मंजूरी प्रदान की गई। इसमें प्लांट एवं मशीनरी में 721.78 करोड़ रुपये का निवेश और 2118 लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। इन मामलों में कुल 235.72 करोड़ रुपये की सब्सिडी घटक शामिल हैं और यह मामले भारत सरकार को भेजे जाएंगे ताकि सब्सिडी शीघ्र प्राप्त हो सके। समिति के सदस्य सचिव एवं निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति ने राज्य स्तरीय समिति के समक्ष दावे प्रस्तुत किये और मामला दर मामला विश्लेषण के आधार पर निर्णय लिया गया। इस औद्योगिक विकास योजना की मुख्य विशेषताओं में सभी पात्र नई उद्योग इकाइयों और प्रदेश में स्थापित सभी पात्र औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के लिए ऋण तक पहुंच के लिए केंद्रीय पूंजी निवेश प्रोत्साहन (सीसीआईआईएसी) शामिल है। यह प्रोत्साहन संयंत्र और मशीनरी में निवेश का 30 प्रतिशत या अधिकतम 5 करोड़ रुपये है। ऐसी इकाइयां अखिल भारतीय फायर टैरिफ के अनुसार फायर पॉलिसी 'सीÓ में शामिल हैं और भवन व संयंत्र एवं मशीनरी के बीमा पर 100 प्रतिशत बीमा प्रीमियम की प्रतिपूर्ति के लिए भी पात्र होंगी, जो वाणिज्यिक उत्पादन/संचालन शुरू होने की तारीख से 5 वर्ष की अवधि के लिए कार्यरत रही हैं। यह योजना 1 अप्रैल, 2027 से 31 मार्च, 2022 की अवधि के दौरान स्थापित और विस्तार प्रदान की गई इकाइयों के लिए है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण किन्नौर के सचिव ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल को विभिन्न न्यायालय परिसरों में लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। न्यायालय परिसर रामपुर जिला शिमला, न्यायालय परिसर आनी जिला कुल्लू और न्यायालय परिसर रिकांगपिओ जिला किन्नौर में इसका आयोजन होना है। इन अदालतों में मामलों की सुनवाई और समाधान के लिए लोग जल्द से जल्द अपना मामला न्यायालय परिसर रामपुर जिला शिमला, न्यायालय परिसर आनी जिला कुल्लू, न्यायालय परिसर रिकांगपिओ और जिला लीगल सर्विस अथॉरिटी कार्यालय रिकांगपिओ में दे सकते हैं। इन अदालतों में एनआई सेक्शन 138, मनी रिकवरी केस, लेबर डिस्प्यूट केस, बिजली पानी के बिल (कंपउंडिंग को छोड़कर), मेंटेनेंस सहित अन्य मामलों को दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा मामले, राजस्व मामले सहित सिविल मामलों को भी सुनवाई के लिए दिया जा सकता है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को जल्द से जल्द उक्त न्यायालय परिसरों और जिला लीगल सर्विस अथॉरिटी रिकांगपिओ में अपना केस दें ताकि 14 मई को तय लोक अदालत में मामला लाया जा सके।
** प्रतियोगिता में कॉलेज के 800 विद्यार्थियों ने लिया भाग ** प्रथम तीन स्थानों पर रहे प्रतिभागियों को प्रिंसिपल ने किया सम्मानित राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में आज वार्षिक खेलकूद दिवस मनाया गया, जिसमें प्रिंसिपल समीक्षा गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। खेलकूद प्रतियोगिता में लगभग 800 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाले प्रतिभागियों को प्राचार्य द्वारा मेडल व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. अश्वनी अवस्थी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के बारे जागरूक करते हुए दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
** एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में गगल बाजार को रखा बंद, किया प्रदर्शन ** बोले, 6 मरला जमीन और घर बनाने के लिए डेढ़ लाख की भीख नहीं चाहिए गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आए लोगों ने आज गगल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन ने जो आरएंडआर रिपोर्ट पेश की है, वह बिलकुल भी सही नहीं है। इससे विस्थापित लोगों को केवल 6 मरला जमीन और डेढ़ लाख रुपये घर बनाने के लिए दिए जा रहे हैं, जो कि ठीक नहीं है। लोगों ने कहा कि उन्हें भीख नहीं चाहिए। जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, सदस्य कुलभाष चौधरी, प्रभावित पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि और लोग गगल बाजार में एकत्रित हुए और बाजार को बंद रखा। इस दौरान पंचायत गगल की प्रधान रेणु पठानिया ने कहा कि जिला प्रशासन की रिपोर्ट ठीक नहीं है। लोगों को भीख के रूप में 6 मरले जमीन नहीं चाहिए। हर प्रभावित परिवार के प्रत्येक वयस्क सदस्य को 10 मरला जमीन और चार गुना मुआवजा चाहिए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप कुमार ने जारी प्रेस नोट के माध्यम से जानकारी दी कि 5 मार्च को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण धर्मशाला की विशेष बैठक निदेशक परिवहन कार्यालय शिमला में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि प्रकाशित 26 ई-बस रूटों के आवंटन हेतु यह बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में 26 ई-बस रूट हेतु जिन प्रार्थियों व वाहन मालिकों ने 26 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया है, वे स्वयं इस बैठक में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
जिला रोजगार अधिकारी कुल्लू मनोरमा देवी ने बताया कि मेसर्स एसआईएस सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, आरटीए बिलासपुर द्वारा पुरुष उम्मीदवारों के लिए सुरक्षा गार्ड के कुल 100 रिक्त पदों की भर्ती की जा रही है। उक्त भर्ती हेतु कैंपस साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू, उप रोजगार कार्यालय बंजार और उप रोजगार कार्यालय आनी में आयोजित करवाए जाएंगे। रिक्तियों के लिए आवश्यक योग्यता दसवीं पास, ऊंचाई 168 सेमी और उससे अधिक तथा आयु 21 और 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वेतनमान 16500 से 19500 मासिक होगा तथा नौकरी का कार्यस्थल हिमाचल और चंडीगढ़ है। इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित 1 मार्च को प्रात: 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में, 2 मार्च को उप रोजगार कार्यालय बंजार और 4 मार्च को उप रोजगार आनी में कैंपस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश के रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो और यदि पंजीकृत नहीं है तो ऑनलाइन अपना पंजीकरण करवा ले तथा इंटरव्यू के लिए पोर्टल www.eemis.hp.nic.in पर जाएं अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू 01902222522 पर संपर्क करे।
उपायुक्त तोरुल एस रविश ने आज शी हाट की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कुल्लू जिले के विकास खंड कुल्लू के नलाच बवेली में एक ही छत के नीचे जिले के हथकरघा, हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य पदार्थ व समृद्ध संस्कृति को देखने का अवसर उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त विकास खंड की 6 पंचायतों नलांच, कोठीसारी, बंदरोल, जिंदोड़ व वाशिंग के स्वयं सहायता समूह के सदस्य को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने भवन निर्माण के कार्य में तेजी लाने तथा अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यहां व्यवसायिक गतिविधियों को आरंभ किया जा सके। उन्होंने डीआरडीए व क्लस्टर लेवल फेडरेशन के पदाधिकारियों को यहां बिक्रय किये जाने वाले उत्पादों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कौशल विकास निगम प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिये।
परिवहन विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चयनित मार्गों पर स्टेज कैरिज वाहनों के संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक हिमाचली बेरोजगार युवाओं से विभिन्न जिलों के 57 स्टेज कैरिज बस रूटों के लिए यह आवेदन मांगे गए हैं। आवेदनकर्ता इन रूटों के लिए 21 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। चयनित मार्गों की सूची विभाग की वेबसाइट http://himachal.nic.in/transport पर उपलब्ध है। उन्होंने आग्रह किया कि किसी भी रूट पर आवेदन से पहले आवेदनकर्ता संबंधित रूट का अच्छे से निरीक्षण कर लें। उन्होंने बताया कि प्रकाशित रूटों की शर्तों व अन्य स्पष्टीकरण इत्यादि के लिए संबंधित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी किन्नौर सीमा गुप्ता ने आज यहां बताया कि जिला किनौर में एसआईएस इंडिया लिमिटेड, आरटीए बिलासपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के लिए 100 पद निकाले गए हैं, जिसमें वेतन 16500 से साढ़े 19 हजार रुपए प्रतिमाह होगा। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास, आयु वर्ग 21 से 37 वर्ष, अभ्यर्थी की लंबाई 168 सेंटीमीटर से ऊपर, वजन 54 किलोग्राम से अधिक होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार जो इस पद से संबंधित योग्यता रखते हो, वह अपने सभी अनिवार्य दस्तावेजों व रिज्यूम सहित 1 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय रिकांगपिओ, 2 मार्च को उप रोजगार कार्यालय पूह तथा 4 मार्च को उप रोजगार कार्यालय निचार स्थित भाबानगर में प्रात: 11 बजे पहुंचना सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 01786-222291 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
अपनी उपलब्धि में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए, शूलिनी विश्वविद्यालय को निवेश पर सबसे मजबूत रिटर्न देने वाले विश्वविद्यालयों में देश में नंबर एक और दुनिया भर में चौथे नंबर पर स्थान दिया गया है। प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) द्वारा दुनिया भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के फंडिंग इनपुट के सापेक्ष सर्वोत्तम परिणामों के लिए अपने विश्लेषण बैंग फॉर बक के तहत विश्व रैंकिंग जारी की गई है। टीएचई टीम की डेटा टीम ने संगठन के पास पहले से ही उपलब्ध संख्याओं और डेटा को खंगालने के बाद एक ज्ञानवर्धक बैंग फॉर बक विश्लेषण तैयार किया। वैश्विक उच्च शिक्षा पर अपने पास मौजूद लाखों डेटा बिंदुओं के आधार पर, डेटा वैज्ञानिकों ने तीन आय मेट्रिक्स-संस्थागत आय, अनुसंधान आय और उद्योग आय-का उपयोग करके रैंकिंग में प्रत्येक संस्थान को एक अंक दिया है और उनकी तुलना अनुसंधान के शिक्षण और उद्योग के साथ काम के लिए स्कोर के साथ की गयी है। फ्रांस में स्थित सोरबोन यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिट पेरिस साइट इस सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि यूके के ब्राइटन और ससेक्स मेडिकल स्कूल को तीसरा स्थान मिला है। शूलिनी विश्वविद्यालय, जिसे दुनिया भर में चौथा स्थान मिला था, ने देश के सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। गौरतलब है कि प्रसिद्ध लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस श्रेणी में विश्व स्तर पर पांचवें स्थान पर है। चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने इस उपलब्धि के लिए फैकल्टी और शोध्कर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की ऐसी स्थिति आश्चर्यजनक नहीं है क्योंकि इसकी स्थापना और संचालन शिक्षाविदों द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एक गैर-लाभकारी संस्थान है और मुनाफा कमाना कभी भी हमारा उद्देश्य नहीं रहा। कुलपति प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि वैश्विक रैंकिंग के स्वर्ण मानक टीएचई द्वारा रैंकिंग यह दर्शाती है कि कोई विश्वविद्यालय कितना कुशल है और वह अपने निवेश पर कितना रिटर्न देता है। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि 14 साल पुराने विश्वविद्यालय ने यह उपलब्धि हासिल की है।
रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को और मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, मॉस्को, रूस के एक वैज्ञानिक प्रतिनिधिमंडल ने वैज्ञानिक उन्नति के उद्देश्य से डीएसटी द्वारा वित्त पोषित भारत-रूसी संयुक्त अनुसंधान परियोजना के तहत सहयोग के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया। टीम का नेतृत्व रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को के उच्च तापमान के संयुक्त संस्थान में प्रयोगशाला के प्रमुख प्रोफेसर मिखाइल व्लास्किन और प्रोफेसर किसेलेवा सोफिया मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, मॉस्को, रूस इसके अलावा प्रोफेसर विनोद कुमार, प्रमुख खाद्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ग्राफिक एरा फूड टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर पंकज कुमार चौहान ने अनुसंधान उत्कृष्टता और नवाचार पर सहयोग करने के लिए उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय के नेतृत्व के साथ सार्थक बातचीत की, जिसमें चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला, कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद और शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और शिक्षण के निदेशक आशीष खोसला शामिल थे। एप्लाइड साइंसेज और बायोटेक्नोलॉजी संकाय के डीन। उन्होंने स्कूल ऑफ बायोइंजीनियरिंग एंड फूड टेक्नोलॉजी के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्यों से भी मुलाकात की। इन चर्चाओं ने विभिन्न अनुसंधान क्षेत्रों में अंतर्दृष्टि और विशेषज्ञता साझा करने, अकादमिक संवाद को समृद्ध करने और भविष्य के संयुक्त प्रयासों की नींव रखने के लिए एक मंच प्रदान किया। यह वैज्ञानिक यात्रा अकादमिक चर्चा को बढ़ाने और सीमाओं के पार ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए महत्वपूर्ण है। प्रोफेसर पंकज कुमार चौहान ने कहा, विभिन्न विषयों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के विशेषज्ञों को एक साथ लाकर, शूलिनी विश्वविद्यालय और उसके रूसी समकक्षों ने अनुसंधान और शिक्षा में वैश्विक साझेदारी के लिए एक मिसाल कायम की है।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत पड़ते गांव बानुए दा खू में महीला मोर्चा की बैठक संपन्न हुई, जिसमें मुख्यातिथि भाजपा नेता ठाकुर रविंद्र रवि ने भाग लिया। बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों के बारे में चर्चा की गई। महिला मोर्चा की अध्यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि आगामी 6 मार्च को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नारी शक्ति का अहम योगदान होगा। बैठक में पूजा डोगरा, वीना मंडियाल, मधु बाला, सुलोचना देवी, सावरना देवी, रंजना देवी सुदेश कुमारी, सरोज कुमारी, रूपाली, सुमन कुमार, प्रधान सरोज कुमारी आदि ने भाग लिया।
** मुख्य अरण्यपाल से की शिकायत, लगाए गंभीर आरोप ** वन मंडलाधिकारी ने सभी आरोपों को बताया निराधार ** मुख्य अरण्यपाल बोले, यह कोई बड़ा मसला नहीं वन मंडल कुनिहार के कर्मचारियों ने वन मंडल अधिकारी की कार्यप्रणाली से नाखुश होकर इसकी लिखित शिकायत मुख्य अरण्यपाल वन वृत्त बिलासपुर से की है। शिकायत पत्र में कर्मचारियों ने वन मंडल अधिकारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत पत्र के माध्यम से कर्मचारियों ने कहा है वन मंडलाधिकारी ने सारे स्टाफ को तंग करके रखा है। न तो इनका स्टाफ के साथ व्यवहार ठीक है और न ही इनकी कार्यप्रणाली। आए दिन स्टाफ के साथ गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करते रहते हैं। अधिकारी कर्मियों को नियमों के खिलाफ कार्य करने के लिए मजबूर करते हैं और न करने पर दुर्व्यवहार करते हैं, जिस कारण कार्यालय का माहौल हर समय तनावपूर्ण बना रहता है। वहीं, जब इस बारे में वन मंडलाधिकारी से बात की गई तो उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कर्मचारियों को काम के लिए तो कहना ही पड़ता है। जब इस मामले में मुख्य अरण्यपाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस पत्र को लेकर डीएफओ कुनिहार से बात हुई है, यह कोई बड़ा मसला नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये सम्मान निधि देने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना की शुरुआत की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 25 फरवरी को जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से यह योजना लांच की है। इस योजना के तहत राज्य की करीब 2.42 लाख महिलाओं को अब हर महीने 1500 रुपये पेंशन दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना को जिस जिले से शुरू किया है, उसका भी अपना एक अलग ऐतिहासिक एवं भौगोलिक महत्व है। लाहौल और स्पीति को जोड़कर बना जिला 'लाहौल-स्पीति' इस जिले का इतिहास दो अलग-अलग स्थानों से मिलकर बना है। एक लाहौल और दूसरा स्पीति। प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 1941 ई. में इन दोनों को एक उप तहसील बना कर कुल्लू तहसील के अंतर्गत रखा गया था, जिसे प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते 1960 में पंजाब के कांगड़ा जिले से कुछ भाग अलग करके लाहौल-स्पीति नामक नये जिले के रूप में हिमाचल प्रदेश में मिला दिया गया। इतिहासकारों के अनुसार, लगभग 1000 ईसा पूर्व कोलोंग परिवारों ने लाहौल पर तीन से चार सौ वर्षों तक शासन किया था। लेकिन कोलोंग परिवार का वह शासन स्पीति राजा के अधीन हुआ करता था और बाद में लाहौल भी स्पीति की तरह लद्दाख सल्तनत में शामिल हो गया। बदलते समय के साथ सत्ता के कई पड़ावों से गुजरते हुए 1947 में देश की आजादी के समय नायब तहसीलदार लाहौल का प्रशासनिक कामकाज देखते थे और कोलांग प्रशासन का मुख्यालय हुआ करता था। जब लाहौल-स्पीति को जिला बनाया गया तो कोलोंग (आज का केलांग) को तहसील का दर्जा दिया गया। किस धर्म को मानते हैं जिले के लोग बौद्ध धर्म और हिंदू धर्म दो प्रमुख धर्म हैं, अधिकांश लोग दोनों के मिश्रण का पालन करते हैं। तिब्बत के बॉन धर्म के समान लुंग पे छोई इन दोनों से पहले लोकप्रिय हुआ करता था। इस धर्म के अनुयायी नियमित रूप से उन आत्माओं को पशु और मानव बलि देते थे जिनके बारे में माना जाता था कि वे प्राकृतिक दुनिया में निवास करती हैं। स्पीति में भोटिया परिवार तिब्बती बौद्ध धर्म से गेलुग्पा बौद्ध धर्म का पालन करते हैं। की, काजा, धनकर और ताबो में कई महत्वपूर्ण बौद्ध मठ स्थित हैं। लाहौली के लोग ज्यादातर तिब्बती बौद्ध धर्म के द्रूक्पा काग्यू आदेश का पालन करते हैं। फिर कुछ मंदिर ऐसे भी हैं, जिनमें हिंदू और बौद्ध मूर्तियों और रीति-रिवाजों का मिश्रण है। त्रिलोकीनाथ मंदिर अधिक प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। हिंदू और बौद्ध धर्म की तमाम विरासतों को समेटे लाहौल सदियों से एकता की अद्भुत मिसाल रहा है। बौद्ध धर्म जहां तिब्बत से आया, वहीं दूसरी ओर पंजाब के प्रभाव से हिंदू धर्म लाहौल की आबोहवा में घुल-मिल गया। लाहौल की पट्टन घाटी में हिंदू धर्म के लोग रहते हैं, जबकि रंगोली और गारा घाटियों में बौद्ध मंत्र गूंजते हैं। जीवन शैली और व्यवसाय लाहौल और स्पीति में बुनियादी जीवन शैली समान इलाके और मौसम की स्थिति के कारण काफी हद तक समान है। अधिकांश लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि और पशु पालन (बकरियां, याक, भेड़) पर निर्भर हैं। पर्यटन, हस्तशिल्प और सरकारी नौकरियों में भी संख्या बढ़ रही है। कुछ सतही अंतरों के अलावा मकान कमोबेश एक ही तिब्बती डिजाइन में सपाट छतों के साथ बनाए जाते हैं। छतों पर लकड़ी, भूसा और गोबर के रूप में ईंधन का भंडारण किया जाता है। तमाम मुश्किलों के बावजूद लाहौलियों के चेहरे पर न शिकन, न थकान लाहौल घाटी हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले का वह हिस्सा है, जहां लाहौली जनजाति के लोग पीढ़ी दर पीढ़ी अपना इतिहास जीते आ रहे हैं। तमाम मुश्किलों के बावजूद लाहौलियों के चेहरे पर न तो कोई शिकन है और न ही कोई थकान। अपनी मिट्टी से गहरा लगाव उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेर देता है और अपने हौसलों की बदौलत वह जिंदगी का सफर कदम-दर-कदम तय कर रहे हैं।
केंद्र की मोदी सरकार में जहां देश में रेलवे विस्तार को और रेलवे के आधुनिकीकरण को नई रफ्तार मिली है, वहीं हिमाचल प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहा है। केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल में रेलवे विस्तार के लिए राज्य को दिल खोल कर मदद की है। इसी कड़ी में बैजनाथ-पपरोला के रेलवे स्टेशन का भी पिछले कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत योजना के अंतर्गत पुर्नविकास के लिए शिलान्यास किया। इससे क्षेत्र में पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जहां पूरे भारत में एक साथ 554 स्टेशनों के पुर्नविकास और 1585 रोड ओवर ब्रिज व अंडरपास के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, वहां हिमाचल प्रदेश के पपरोला रेलवे स्टेशन के अतिरिक्त हिमाचल के इंदौरा क्षेत्र से होकर जम्मू जालंधर दिल्ली रेल मार्ग पर मोहटली में बने अंडरपास का भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने जनता की एक लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गत रविवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम के सामने हुई युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के सिरसा से गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि युवक का मर्डर कर फरार हुए आरोपी को हरियाणा के सिरसा से दबोचा गया है। कुछ ही देर में आरोपी को शिमला लाया जाएगा। गौर रहे कि चौपाल के कुपवी निवासी मनीष शिमला में मॉल रोड पर एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रविवार रात करीब 2 बजे मनीष ने एक कैफे में काम करने वाले सतिंदर पाल को चोरी करते हुए देख लिया, जिसके बाद सतिंदर ने तेजधार हथियार से मनीष पर हमला कर दिया था। मनीष की आईजीएमसी शिमला में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। स्मार्ट पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल पुलिस कंट्रोल रूम के सामने हुई घटना के बाद शिमला स्मार्ट पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। रात को पुलिस का मॉल रोड पर पहरा रहता है, लेकिन इतनी बड़ी घटना होने पर भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी, जबकि पुलिस कंट्रोल रूम घटना स्थल के बिलकुल सामने है। युवक ने जान बचाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम का दरवाजा खटखटाया और शीशा तक फोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस जागी और युवक को कंबल में लपेटकर आईजीएमसी ले गई, जहां पर युवक की मृत्यु हो गई।
** राज्य में पर्यटन विभाग की ओर से विभिन्न जगहों पर होंगे मेगा इवेंट ** पर्यटकों के लिए सबसे सुरक्षित पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरा हिमाचल पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से पर्यटकों को अवगत करवाया जाएगा। इसके लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन विभाग की ओर से मेगा इवेंट आयोजित किए जाएंगे, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। रविवार देर रात दाड़ी पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित स्प्रिंग कार्निवल फेस्टिवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कारगर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एशियन विकास बैंक की मदद से हिमाचल में पर्यटन विकास के लिए 2500 करोड़ खर्च किए जाएंगे, प्रारंभिक तौर पर 1300 करोड़ की राशि स्वीकृत भी हो चुकी है। पर्यटन विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पर्यटन निगम के अधिकारियों को तीव्र गति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए कईं महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पालमपुर के मैंझा में वैडिंग रिसॉर्ट, हेलीपोर्ट निर्माण, जिले में धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर, बनखंडी में जूलॉजिकल पार्क, नगरोटा बगवां में ओल्ड एज वेलनेस रिजॉर्ट एवं हाई एंड फाउंटेन,, परागपुर में गोल्फ कोर्स मैदान, धर्मशाला में धौलाधार बायोडायवर्सिटी पार्क, जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य जल्द शुरु किया जाएगा। इसके साथ ही नगरोटा में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर म्यूजिक फाउंटेन भी स्थापित किया जाएगा जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।
लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारियों के दृष्टिगत आज निर्वाचन विभाग द्वारा सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व चुनाव को लेकर गठित समितियों के नोडल अधिकारियों के लिए आज दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कुल्लू स्थित बहुउद्देश्यीय सभागार में किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तोरुल एस रवीश ने की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के सही निष्पादन में एआरओ व नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में उन्हें चुनावी नियमों-प्रक्रियाओं की सही जानकारी होना आवश्यक है ताकि चुनाव का सही प्रकार से निष्पादन किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अपने दायित्वों को सही प्रकार से समझने को कहा। उन्होंने एआरओ व सभी नोडल अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी प्रकार की शंका का कार्यशाला के दौरान निवारण सुनिश्चित बनाने को कहा ताकि , उन्हें निर्वाचन से जुड़े कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
भाजपा चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शिव कुमार गर्ग ने गत दिनों अपनी प्रदेश कार्यकारणी का विस्तार करते हुए कुल्लू जिला के आदित्य करीर को प्रदेश भाजपा चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकोष्ठ का प्रदेश सह संयोजक बनाया है। करीर ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रदेश शीर्ष नेतृत्व सहित जिला के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया की संगठन की मजबूती के लिए वोह शीर्ष नेतृत्व की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे। आदित्य करीर ने बताया कि वे वर्ष 2013-14 में भी भाजपा चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य रहे हैं। विद्यार्थी जीवन में विद्यार्थी परिषद के साथ जुड़े रहने के साथ आदित्य करीर भारत विकास परिषद के प्रदेश संगठन सचिव भी हैं। जिला के शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श करने के पश्चात इन्होंने भाजपा चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकोष्ठ जिला संयोजक के पद पर रमन कुमार को जिला संयोजक व सालगी राम ठाकुर को जिला सह संयोजक बनाया है।
** राज्यसभा चुनाव से पहले सरकार को दी टेंशन ** धर्मशाला के विधायक ने मंत्री बनने से फिर किया इंकार राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बगावती लगातार मुखर हो रहे हैं। बीते दिन जहां राजेंद्र राणा ने मंत्री बनने से साफ इंकार कर दिया, वहीं सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर फिर से पोस्ट डाल कर सियासत गरमा दी है। सुधीर शर्मा ने लिखा 'स्वाभिमान से समझौता यानी पहचान का अंत।' सुधीर शर्मा के इस पोस्ट के लोग काफी मायने निकाल रहे हैं। पूर्व मंत्री व विधायक सुधीर शर्मा से इस पोस्ट को लेकर जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सभी को सोशल मीडिया में आजादी है और जो भी मन में आता है तो वह उसे सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। इसके मायने कुछ खास नहीं हैं, लेकिन लोग इसके जो मायने निकाल रहे हैं, वह उस पर कुछ नहीं बोल सकते। उन्होंने मंत्री बनने से फिर से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे हालात बन रहे हैं, उसमें मंत्री बनना ठीक नहीं है। हालांकि राज्यसभा को लेकर कल होने वाली वोटिंग को लेकर सुधीर ने कहा कि कांग्रेस के पास बहुमत है, ऐसे में कांग्रेस को घबराने की जरूरत नहीं है।
** शिमला के कालीबाड़ी सभागार में सांसद सुरेश कश्यप ने दिया सम्मान ** कार्यक्रम में प्रदेश की 101 महान विभूतियों को किया गया सम्मानित शिमला के कालीबाड़ी सभागार में रविवार को विशाल इवेंट गुरु कंपनी द्वारा देवभूमि अचीवर अवॉर्ड कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में भिन्न-भिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रदेश की लगभग 101 महान विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए संगीत गुरु सुरेश ओबरॉय को सिंगिंग ऐपरिसिऐशन अवॉर्ड से नवाजा गया। संगीत गुरु व मोटिवेटर स्पीकर के नाम से मशहूर सुरेश ओबरॉय संगीत साधना संस्था करसोग के अध्यक्ष एवं संस्थापक हैं तथा हिमाचल एकता मंच के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। सुरेश ओबरॉय करसोग के छोटे से गांव पाटी के स्थायी निवासी हैं। इन्होंने कड़ी मेहनत से संगीत व योग कला द्वारा हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी अहम भूमिका निभाई है। वहीं, मुख्य अतिथि सुरेश कश्यप ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम को करने से समाज को एक नई दिशा व प्रेरणा तथा अपनी संस्कृति को संजोये रखने में सहायता मिलती है।


















































