मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. नागराज पवार ने बताया कि कुल्लू जिले में आज राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के अवसर पर 29617 बच्चों को पल्स पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। उन्होंने बताया कि जिले में स्थापित 402 बूथ पर 28004 बच्चों को,जबकि हाई रिस्क एरिया में सभी 196 बच्चों को और जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 10 ट्रांजिट बूथों पर 667 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई है। कुल्लू जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 31 521 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने बताया कि जिले में लक्ष्य का 94.12 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जिले में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फ गिरने के कारण अविभावक कुछ बच्चों को बूथ तक नहीं ला पाए उन सभी बच्चों को 5 मार्च को घर-घर जा कर पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी।
** डेढ़ लाख की नकदी व 2 लाख के गहनों सहित सारा सामान जलकर राख ** घटना में बाल-बाल बचीं घर पर मौजूद 2 महिलाएं संगड़ाह की नौहराधार तहसील की गवाही पंचायत के जामल गांव में आसमानी बिजली गिरने से राम लाल शर्मा का मकान जलकर राख हो गया। घटना में करीब 2 लाख के गहने, डेढ़ लाख की नकदी और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार प्रभावित राम लाल शर्मा का परिवार अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में गया हुआ था और घर में केवल उनकी बहन दया देवी व भांजी थीं। शाम को अचानक साथ लगते कमरे में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठीं। समय रहते दोनों रसोई से बाहर निकल गई, जिस कारण दोनों की जान बच गई, हालांकि हादसे में दया देवी आंशिक रूप से घायल हो गई हैं। आग की लपटों को देखकर गांव वाले भी मौके पर पहुंचे, मगर आग इतनी तेजी से फैली कि सब कुछ राख हो गया। वहीं, स्थानीय पंचायत की प्रधान सीमा धीमान ने बताया कि रविवार को पटवारी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई तुरंत राहत नहीं मिली है। उन्होंने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से प्रभावित परिवार की जल्द से जल्द मदद करने की अपील की है।
पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को जिला कांगड़ा में 0 से 5 साल तक के 107030 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर सुशील शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा इस अभियान के अंतर्गत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 1070 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे, जिन पर 4268 टीम मेंबर तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त 21 ट्रांजिट प्वाइंट तथा 173 अति जोखिम वाले क्षेत्र जैसे झुग्गी झोपड़ी, ईट भट्टे, निर्माण कार्य वाली जगह, क्रशर पर कार्य करने वाले श्रमिक तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों को दवाई पिलाई गई। उन्होंने बताया कि हमारा यह प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा छूटने ना पाए। पोलियो बूथ पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को दवाई पिलाई गई तथा चार और पांच मार्च को स्वास्थ्य कर्मी घर घर जाकर सर्वे करेंगे तथा अगर कोई बच्चा छूट गया होगा तो उसे दवाई पिलाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी कारणवश कोई बच्चा छूट गया हो तो घर-घर जब पोलियो सर्वे के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आएंगे तो बच्चे को ड्रॉप्स पिलाना सुनिश्चित करें।
** कहा, समाज के नवनिर्माण में साहित्य की भूमिका अहम कुल्लू साहित्य उत्सव का आयोजन इस वर्ष की भांति प्रति वर्ष किया जाएगा तथा इसके माध्यम से देश के प्रमुख लोगों को आमंत्रित कर साहित्य की विविध विधाओं पर चर्चा के माध्यम से समाज के नवनिर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। यह बात कुल्लू साहित्य उत्सव कोर समिति सदस्य एवं वरिष्ठ लेखक व समीक्षक डॉ. निरंजन देव शर्मा ने मोनाल कैफे, ढालपुर, कुल्लू आयोजित हाल ही में संपन्न हुए कुल्लू साहित्य उत्सव-2024 की समीक्षा बैठक के दौरान कही। डॉ. निरंजन देव शर्मा ने बताया कि साहित्य का आविर्भाव भी इसी समाज से होता है, जिसे रचनाकार अपने भावों के साथ मिलाकर उसे एक आकार देता है तथा यही रचना समाज के नवनिर्माण में पथ-प्रदर्शक की भूमिका निभाने लगती है। उन्होंने कहा कि साहित्य वह सशक्त माध्यम है, जो समाज को व्यापक रूप से प्रभावित करता है।
** तेगु बहेड अस्पताल में 10 बिस्तरों वाले बर्थ वेटिंग रूम का किया लोकार्पण ** अस्पताल में ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का लोकार्पण भी किया राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर आज मुख्य संसदीय सुंदर सिंह ठाकुर ने नागरिक अस्पताल तेगु बहेड में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के शिशुओं को पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य ससंदीय ने इस अस्पताल में 10 बिस्तरों वाले बर्थ वेटिंग रूम का लोकार्पण भी किया। उन्होंनेे कहा कि इस बर्थ वेटिंग रूम के आरंभ होने से दूर दराज क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं यहां प्रसव से 15 दिन पूर्व दाखिल हो सकंगी तथा उन्हें यहां पर सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्य संसदीय सचिव ने तेगु बहेड अस्पताल में ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन में 38 व्यक्तियों के एलएफटी, आरएफटी लिपिट प्रोफाइल से सम्बंधित लगभग डेढ़ दर्जन टेस्ट एक साथ हो सकेंगे।
** अभी इंडी गठबंधन सीटों के समझौतों में उलझा है और बीजेपी ने 195 प्रत्याशी भी उतार दिये ** बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं की मेहनत जितनी ज्यादा होगी, जीत उतनी बड़ी होगी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी तीसरी बार भी भारत के प्रधानमंत्री बने यह भारतीय ही नहीं पूरा विश्व चाहता है। दुनिया के हर कोने से उनके समर्थन में लोग खड़े हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास की ऐतिहासिक गाथा लिखी है, इसलिए हर भारतीय चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश फिर से प्रधानमंत्री बने। यह लक्ष्य आसानी से तभी हासिल होगा जब हर कार्यकर्ता पूरी ताकत से जमीन पर कार्य करेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि बूथ लेवल पर कार्यकर्ता जितना जी-जान से काम करेगा, बीजेपी की जीत उतनी ही बड़ी होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी हिमाचल प्रदेश के लोगों के हितों को लेकर कभी खामोश नहीं बैठेगी। वह प्रदेश सरकार की नाकामियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश के हर बूथ से बीजेपी ने बढ़त हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान होता है। किसी प्रकार से लोगों को असुविधा होने पर उनका ध्यान रखना, उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत करवाना और उनका लाभ सभी को आसानी से मिले यह सुनिश्चित करना भी इन्ही ज़मीनीं कार्यकर्ताओं का दायित्व होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह से हम आश्वस्त हैं कि बीजेपी इस बार सभी बूथों से प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस नीत इंडी गठबंधन पिछली बार से भी कम सीटें पाएगी। क्योंकि उनके गठबंधन के एजेंडे में कहीं भी भारत के विकास की कल्पना नहीं है। उनके एजेंडे में अपने लाभ के सिवा कुछ भी नहीं। तभी तो बीजेपी ने जहां अपने 195 प्रत्याशी भी उतार दिये वहीं कांग्रेस और इंडी गठबंधन के बीच अभी भी सीटी के बंटवारे की लड़ाई चली हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन को चार सौ से ज़्यादा सीटें मिलेगी और विपक्ष की पार्टियों को देश की जनता उनके विकास विरोधी एजेंडे कारण पूरी तरह से नकार देगी। नेता प्रतिपक्ष शिमला शहरी विधान सभा क्षेत्र के त्रिदेव और पंच परमेश्वर सम्मेलन में बोल रहे थे। इस मौके पर उनके साथ विधायक सुखराम चौधरी, बलवीर वर्मा, इंदर सिंह गांधी, सुरेंद्र शौरी, प्रकाश राणा, दिलीप सिंह ठाकुर, पूर्ण चंद, पूर्व प्रत्याशी संजय सूद, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा, मंडल अध्यक्ष सुनील धर, उपाध्यक्ष किमी सूद, मंडल सचिव तरुण राणा और शैली शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी और शिमला शहरी के सभी त्रिदेव और पंच परमेश्वर आदि उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लि. पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन उप इकाई कुनिहार की मासिक बैठक का आयोजन कुनिहार में एक निजी होटल के हॉल में किया गया। बैठक में कुनिहार, बराबरी, डुमेहर,बातल, घाघर, देवरा, कक्कड़ाहटी, सुबाथू, कुफ्टू, देवठी आदि स्थानों से बहुत अधिक संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। सबसे पहले सभी सदस्यों ने सोलन से पधारे राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष ईं. जेसी शर्मा का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जेसी शर्मा ने अपने राज्य कार्यकारिणी द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा बोर्ड प्रबंधन के साथ उठाए गए मसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उसके बाद इकाई प्रधान रत्न तंवर ने बताया कि इकाई के द्विवार्षिक चुनाव आज होने हंै इसलिए एक चुनाव कमेटी ई जेसी शर्मा की अध्यक्षता में बनाई गई। इसके बाद प्रधान ने अपनी पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का एलान किया और नई कार्यकारिणी का गठन किया। यह रही नवगठित कार्यकारिणी पैटर्न ई. वाईके ठाकुर, प्रधान ई रत्न तंवर, वरिष्ठ उप प्रधान ई रूपेंद्र कौशल, उप प्रधान सुरेश चंद रिखी राम, रमेश चौधरी, नरेंद्र पाल, दलीप कुमार, महासचिव आरएन कश्यप, संयुक्त सचिव पीएस चौहान वित्त सचिव। एसआर कश्यप, उप वित्त सचिव सुरेश मेहता, ऑडिटर ई राजिंदर तंवर, संगठन सचिव सुनील कुमार,भूपेंद्र पाठक, सोहन लाल, मुख्य सलाहकार ई आरपी तंवर, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल गर्ग, देवी दत्त, बृज लाल, दलवीर देवेंद्र शर्मा ,रोशन लाल, देवी चंद, रूप राम पाल, सालिग राम, मस्त राम को बनाया गया।
** मेगा ड्राइव में आठ कॉलेजों के कुल 83 छात्रों ने लिया भाग ** डिजिटल मार्केटिंग, वेब डिजाइनिंग और डेवलपमेंट फील्ड में हुआ चयन लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव 2024 में इस वर्ष भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। 8 कॉलेजों से कुल 83 छात्रों ने इस मेगा ड्राइव में भाग लिया, जिसमें से 25 छात्रों को डिजिटल मार्केटिंग, वेब डिजाइनिंग और डेवलपमेंट के क्षेत्रों में प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी के लिए चुना गया। संस्थान ने लगातार चौथे वर्ष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया है, जो न केवल छात्रों के लिए, बल्कि क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। यहां हर साल छात्रों को सीधे लॉरेट कैंपस से ही नौकरी मिलती है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होता है। संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. रण सिंह ने कहा कि यह प्लेसमेंट ड्राइव न केवल भाग लेने वाले छात्रों के लिए अहम है, बल्कि स्किल्ड इंडिया के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाए और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कुशल युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह प्लेसमेंट ड्राइव ऐसे ही कुशल युवाओं को तैयार करने में मदद करता है। जल्द आयोजित होगी कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव फेज-2 डॉ. रण सिंह ने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव फेज-2 का आयोजन जल्दी ही होगा, ताकि ओर छात्रों को भी रोजगार का मौका मिले। इस सफल आयोजन में लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के निदेशक सह प्राचार्य डॉ. अदवत और डॉ. वर्मा भी उपस्थित थे। कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रमुख प्रो. जसबीर सिंह और कार्यक्रम प्रभारी अक्षु धीमान ने पूरे आयोजन को सफल बनाने विभाग के सह प्रो. विजय धीमान, देवरूप, बंदना धीमान, भुवनेश, ज्योति बंसल, रिम्पी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बीसीए और बीबीए कार्यक्रमों के छात्रों ने इस ड्राइव में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में चिनार, देवदार, ओक और टीक सदनों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग और वरिष्ठ वर्ग के चारों सदनों के एक-एक प्रतिभागी ने हिंदी हास्य काव्य वाचना प्रतियोगिता में भाग लिया। टीक सदन से कनिष्ठ वर्ग के समर गौतम को प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार, चिनार सदन के स्वास्तिक ठाकुर को दूसरा स्थान, जबकि ओक सदन की शफक और देवदार सदन के विजेंद्र राणा तीसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग का प्रथम पुरस्कार टीक सदन की काव्या ने प्राप्त किया, जबकि ओक सदन की पायसविनी को दूसरा स्थान तथा चिनार मदन के अक्षत को तीसरे स्थान पर संतुष्ट रहना पड़ा। अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का ओवरऑल खिताब टीक मदन के नाम रहा। प्रतियोगिता के दूसरे स्थान पर ओक सदन और चिनार सदन, जबकि तीसरा स्थान देवदार सदन ने अपने नाम किया। निर्णायक मंडल में डिंपल चुग और वंदना वर्मा, जो कि पाइन स्कूल धर्मपुर में कार्यरत उन्होंने समय देकर नन्हे बाल कवियों की खूब सराहना की। हेड टीचर पंकज शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चारों सदनों के प्रतिभागियों की सराहना की और विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने भय को दूर करने के लिए यह अवसर उनके लिए सुनहरी होता है। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह एवं प्रबंधन प्रमुख समीक्षा सिंह ने सभी विजेताओं, आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
जसवां-परागपुर विधानसभा के अंतर्गत पड़ते पुलिस थाना रक्कड़ के स्टाफ द्वारा रविवार को वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। यहां से गुजरने वाले राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले यहां हवन भी कराया गया। इस मौके पर देहरा के डीएसपी अनिल कुमार और रक्कड़ थाना प्रभारी गुरदेव सिंह भी मौजूद रहे। वहीं, रक्कड़ थाना के प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन नरसिंह मंदिर में किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों सहित राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
** अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना ने किया डीएसपी का घेराव ** डीएसपी को हिंदुत्व समर्थक संगठनों से दिक्कत क्यों ? अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना इकाई के अध्यक्ष विशाल ठाकुर ने बीते शनिवार को हुए घटनाक्रम में डीएसपी अजय ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अजय ठाकुर को भारत माता के नारों से क्या दिक्कत है, उन्होंने कहा कि कल विद्यार्थी परिषद ऊना द्वारा उपायुक्त कार्यालय ऊना के बाहर डीएसपी अजय ठाकुर के खिलाफ एक धरना प्रदर्शन किया व स्क्क को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और कार्यकर्ताओं पर बनाए गए एकतरफा झूठे मुकदमे का विरोध दर्ज करवाया। इसी बीच डीएसपी अजय वहां आ पहुंचे व कार्यकर्ताओं से उलझने लगे। एक डीएसपी की भाषाशैली कैसी होती है ये शायद पिछले कल वो तैश में आकर भूल गए। अपनी भाषाशैली के चलते अजय ठाकुर न सिर्फ जिला ऊना, बल्कि पूरे प्रदेश में हंसी का पात्र बन रहे हैं। तरुण ने बताया कि एक तरफ डीएसपी खुद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में जाते हैं वहीं दूसरी तरफ बहन-बेटियों के साथ हो रहे ब्लात्कार की घटनाओं पर विरोध दर्ज करवाने पर झूठे मुकदमे दायर कर देते हैं। परंतु जब कांग्रेस व एनएसयूआई के लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग को घंटों जाम कर पुतले जलाये जाते हैं तो उन पर कार्यवाही न कर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का कौन सा कर्ज डीएसपी अजय ठाकुर उतार रहे हैं। तरुण ने बताया कि विद्यार्थी परिषद ने झूठी एफआईआर पर कानूनी सलाह भी ली है व इसमें शामिल झूठे तथ्यों का सबूतों व वीडियो सहित कुछ दिन में प्रेस कांफ्रेंस जल्द पर्दाफाश करेगी, जिससे डीएसपी अजय ठाकुर व एफआईआर में झूठे तथ्य देने वाले पुलिस के जवानों पर भी कोर्ट जायेगी। पुलिस ने डीएसपी अजय ठाकुर के दबाव में आकर झूठा मामला दर्ज किया है, जिसका विद्यार्थी परिषद विरोध करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को ये चेतावनी भी दी है कि जल्द झूठे मुकदमे को वापिस लिया जाए, नहीं तो आने वाले समय में न सिर्फ जिला ऊना, बल्कि पूरे प्रदेश में डीएसपी अजय ठाकुर के पुतले जलाए जायेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी 60 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में ई-गवर्नेंस सेवाएं शुरू कर रही है। इस पहल का उद्देश्य वृहद राज्य-व्यापी सेवा वितरण अधोसंरचना के माध्यम से एकीकृत व पूर्ण समाधान प्रदान करके नागरिकों के लिए सार्वजनिक सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (एनयूडीएम) के तहत अर्बन प्लेटफार्म फॉर डिलीवरी आफ ऑनलाइन गवर्नेंस (उपयोग) प्लेटफॉर्म के कार्यान्वयन के लिए आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी मामलों के संस्थान के साथ त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह प्लेटफार्म प्रदेशवासियों के लिए एकीकृत पोर्टल प्रदान करके शहरी सेवाओं को डिजिटल बनाने और बदलने के लिए तैयार किया गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नागरिकों को शहरी सेवाओं की सरल उपलब्धता, स्वचालित स्थिति अपडेट और शहर के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जबकि शहरी स्थानीय निकाय उत्पादकता में वृद्धि, सेवाओं की बेहतर समयबद्ध डिलीवरी, बेहतर राजस्व सृजन और डेटा-संचालित निष्पादन करेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार को योजना और नीतियां बनाने, परियोजना लक्ष्यों के आधार पर निधि वितरण में तेजी लाने और विभिन्न शहरों के बीच नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में वास्तविक डेटा से लाभप्रद सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में ई-गवर्नेंस सेवाओं को लागू करने की पहल का उद्देश्य प्रौद्योगिकी एकीकरण के माध्यम से शहरों की गवर्नेंस में पारदर्शिता, दक्षता और समन्वय को बढ़ाना है। राज्य सरकार विभिन्न विभागों में प्रौद्योगिकी के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपयोग प्लेटफार्म की संचालन के लिए कार्यान्वयन योजना के रूप में राज्य स्तर पर स्टेट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट की स्थापना की जाएगी। इसके अतिरिक्त इस पहल में शहरी स्थानीय निकायों में संपत्ति मानचित्रण और सर्वेक्षण के लिए ड्रोन-आधारित भौगोलिक सूचना प्रणाली का उपयोग और परिवार रजिस्टर तैयार करने के लिए प्रत्येक परिवार का सर्वेक्षण शामिल है। उन्होंने कहा कि उपयोग प्लेटफार्म माइक्रो-सेवा-आधारित डिजिटल बुनियादी ढांचा है जो राज्य सरकारों को नागरिकों के लिए शहरी सेवाओं की उपलब्धता को बढ़ाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सभी शहरी स्थानीय निकायों में स्थानीय रूप से प्रासंगिक ऑनलाइन समाधान प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-गवर्नेंस सेवाओं के कार्यान्वयन से राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में नागरिकों के जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा, जिससे नगरपालिका प्रशासन सरल, अधिक उत्तरदायी और पारदर्शी बनेगा।
जिला कुल्लू की दो महिला पत्रकारों पूजा कश्यप व महिमा शर्मा को महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। प्रेस क्लब कुल्लू द्वारा इस वर्ष नवोदित महिला पत्रकारों के नाम जिला प्रशासन को दिए गए हैं, जो फाइनल हो गए हैं। प्रेस क्लब के प्रधान धनेश गौतम ने बताया कि इससे पहले यह अवार्ड शालिनी रॉय भारद्वाज, नीना गौतम, कमलेश वर्मा, आशा डोगरा, रेणुका गौतम, सृष्टि शर्मा, पूजा ठाकुर, प्रियंका, लवलीन थर्माणि, सपना शर्मा, गीता, मधु आदि को प्राप्त हो चुका है। इस वर्ष दो नवोदित महिला पत्रकारों के नाम फाइनल किए गए हैं। उन्होंने दोनों महिला पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में होनहार बालिकाओं के प्रवेश का अर्थ है कि समाज में जागरुकता आई है। पूजा कश्यप ने 2021 में जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन कुल्लू कॉलेज से की है। वर्तमान में कुल्लू के लोकल चैनल देसी चैनल में न्यूज एंकर के तौर पर कार्य कर रही हैं। पूजा न्यूज एंकरिंग, रिपोर्टिंग के साथ न्यूज एडिटर भी है और एडिटिंग का कार्य भी करती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईआईटी दिल्ली में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर डॉ. सीमा शर्मा को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार-2024 के लिए इंडियन काउंसिल फॉर यूएन रिलेशनस, नई दिल्ली द्वारा चयनित किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर की डॉ. सीमा शर्मा की उपलब्धियों पर गर्व जाहिर करते हुए अनुसंधान एवं विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश में कन्याओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत की भूमिका निभाने के लिए उनकी सराहना की। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईआईटी दिल्ली में उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे बताते हुए कहा कि आउटस्टैंडिंग यंग फैकल्टी फैलोशिप तथा टिचिंग एक्सीलेंस अवार्ड प्राप्त करना शिक्षण तथा अनुसंधान में उनकी प्रतिबद्धता को साबित करता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां पोलियो दिवस के अवसर पर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाकर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंंभ किया। उन्होंने भारत को पोलियो मुक्त बनाने के लिए देश के स्वास्थ्य तथा चिकित्सा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में 10,963 दलों द्वारा 5,870 केंद्रों में 5,90,600 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त देश घोषित किया गया है, लेकिन हमारे पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले होने के कारण नियमित अन्तराल में प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर करने के लिए उनके घरद्वार के समीप विभिन्न पोलियो टीकाकरण केंद्र खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त, बस अड्डों, जिलों की सीमाओं, यात्री स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण जन स्थलों पर भी पोलियो की खुराकें पिलाई जाएंगी। सरकार टीकाकरण अभियान में छूटे हुए बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए घर-घर जाकर भी अभियान आरम्भ करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बर्फबारी तथा शीतलहर के कारण लाहौल-स्पिति, किन्नौर तथा जिला चम्बा के पांगी के अलावा पूरे प्रदेश में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में 7 अप्रैल को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
जिला कुल्लू में पुलिस ने दो विभिन्न मामलों में दो लोगों से नशे की खेप बरामद की है। पहले मामले में पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम ने 15 मील रेन शेल्टर के समीप गश्त के दौरान सोनम ज्ञाल्जन लामा (26) पुत्र ठिल्ले लामा तमांग निवासी, नेपाल हाल गांव 15 मील डाकघर बड़ाग्रां से 6 ग्राम हेरोइन बरामद की है। वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस थाना भुंतर की टीम ने हथीथान समीप फ्रूट मार्केट फोरलेन पर गश्त के दौरान सूरत राम (40) पुत्र श्याम लाल निवासी क्षामद डाकघर दोघरी तहसील व जिला कुल्लू से 703 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पतलीकुहल व भुंतर में मादक पदार्थ अधीनियम के तहत अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया जाएगा।
** शिविर में 200 लोगों की आंखों का किया गया चेकअप ** गर्ग आई हॉस्पिटल पालमपुर की टीम ने की जांच सर्वोदय ग्राम कल्याण समिति थिल्ल तहसील खुंडियां द्वारा स्थानीय पंचायत में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें गर्ग आई हॉस्पिटल पालमपुर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गर्ग ने अपनी टीम के साथ लगभग 200 लोगों की आंखों का चेकअप किया व उन्हें आंखों की उचित देखभाल करने का परामर्श दिया। इसके साथ ही निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। सर्वोदय ग्राम कल्याण समिति के प्रधान निखिल अग्न, सचिव रमेश चंद, कोषाध्यक्ष प्रितपाल, पंचायत प्रधान सुनील कुमार ने लोगों की आंखें जांचने के लिए गर्ग आई हॉस्पिटल की टीम को सम्मानित कर धन्यवाद किया। शिविर के दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य सुनील कुमार, अध्यापक कुलदीप डोगरा व समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला पेंशनर्स संघ के प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने सुक्खू सरकार पर पेंशनर्स के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के सेवारत कर्मचारियों और अधिकारियों को तो 4 प्रतिशत डीए की किस्त मई माह से देने का करने की अधिसूचना जारी कर दी है, परंतु बुढ़ापे के कठिन दौर से गुजर रहे पेंशनर्स को महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने की अधिसूचना जारी नहीं की है, जिस कारण हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स में सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए की किस्त की अधिसूचना के अनुसार सरकार द्वारा जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक के एरियर को भी फ्रीज करने की साजिश रची जा रही है जिससे कर्मचारियों में भी रोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि बुढ़ापे की कठिन परिस्थितियों में लाखों पेंशनर्स 2016 से छठे वेतनमान की बढ़ोतरी के बकाये का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं परंतु बढ़े हुए वेतनमान का बकाया और ग्रेच्युटी इत्यादि तो दूर, सरकार ने उन्हें 4 फीसदी महंगाई भत्ते से भी वंचित कर दिया है। सरकार को चेतावनी दी कि यदि पेंशनरों के लिए सरकार ने शीघ्र चार प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त की अधिसूचना जारी नहीं की तो आने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
नशे के खिलाफ लड़ाई में कांगड़ा पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम ने कांगड़ा के तरसूह गांव से दो लोगों को 9.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। एक आरोपी की पहचान 22 साल के रितिक के रूप में की गई है, जो धर्मशाला के पास सिद्धबाड़ी का रहने वाला है। दूसरे की पहचान 23 साल के राहुल के रूप में हुई है, जो तरसूह गांव के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला है। राहुल हेरोइन का आदी है और रितिक अपनी बाइक पर राहुल को हेरोइन बेचने के लिए तरसूह आया था। पुलिस को इस सौदे की भनक लग गई और बड़ी चतुराई से दोनों को बाइक समेत पकड़ लिया। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी राहुल को संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पीटा था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। दोनों को एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की रिमांड के लिए कल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
** प्राचीन शिव मंदिर काठगड़ की ओर से ली गई थी स्कॉलरशिप परीक्षा प्रताप वर्ल्ड स्कूल इंदौरा के अध्यक्ष भरत भूषण महाजन, डायरेक्टर डॉ. विशाल महाजन, एमडी डॉ. रिचा महाजन, प्रिसिंपल रेणु परमार ने बताया कि विद्यालय के कुछ छात्रों ने प्राचीन शिव मंदिर काठगड़ की ओर से करवाई गई स्कॉलरशिप परीक्षा में भाग लिया था, जिसमें स्कूल के रिहान कटोच ने प्रथम स्थान, विहान सिंह द्वितीय स्थान, पांचवें स्थान पर कियाना, अनिकेत राजपूत ने दसवां स्थान और आराध्या ने 12वां स्थान प्राप्त किया। इन सभी छात्रों को शिवरात्रि पर काठगड़ मंदिर की कार्यकारिणी सभा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल रेणु परमार ने छात्रों व उनके अभिभावकों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीवन में कामयाबी के साथ ही अच्छा इंसान भी बनना अहम है। इसी से स्कूल, परिवार, समाज का नाम रोशन होता है। उन्होंने कहा कि परिश्रम और ईमानदारी से सफलता प्राप्त की जा सकती है। श्रम का महत्व असीमित है। प्रताप वर्ल्ड स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के हमेशा से तत्पर रहा है और भविष्य में भी रहेगा।
सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश होने और आसमानी बिजली गिरने से एक नुकसान होने की खबर है। जानकारी के अनुसार उप मंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत गवाही के गांव जामल के रामलाल शर्मा की एक रसोई व एक कमरा आसमानी बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ है। जब यह घटना घटी तो उस समय घर में एक महिला व एक लड़की मौजूद थी। जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली तो उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह घटना सायं लगभग 6 बजे के करीब की बताई जा रही है।
** पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर डीएसपी की एकतरफा कार्रवाई से करवाया अवगत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना जिला के द्वारा पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हुई महिला अत्याचार की विभत्स घटना के विरोध में पिछले कल ममता बनर्जी सरकार का पुतला जलाने एक लिए पुलिस की तरफ से दर्ज किये गए मुकदमे के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के बाहर आज जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय ऊना तहसील के तहसील तरुण जैलदार ने बताया कि पिछले कल उपायुक्त कार्यालय के बाहर ममता सरकार का शाहजहां शेख को समर्थन देने के विरोध में ममता सरकार का पुतला दहन किया गया है व उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया, जिसके बाद पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया था व कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। रात को गुपचुप तरीके से राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, परंतु वहीं दूसरी तरफ कल जब कांग्रेस के लोगों द्वारा राजनीतिक दबाव के चलते पुतले फूंके तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऊना के डीएसपी कांग्रेस के दबाव में काम कर रहे हैं। परिषद ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर डीएसपी की एकतरफा कार्रवाई से अवगत करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल्द से जल्द परिषद के कार्यकर्ताओं पर झूठा मुकदमा वापिस लिया जाए व कांग्रेस के लोगों, जिन्होंने पुतला जलाया है, उनके ऊपर भी मामला दर्ज किया जाए, नहीं तो आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद पूरे हिमाचल में उक्त डीएसपी के पुतले फूंकेगी व बड़ा आंदोलन उक्त डीएसपी के खिलाफ किया जायेगा।
** चंबा जिले की हीना शर्मा फर्स्ट रनर अप, मंडी जिले की स्नेहा सेकंड रनर अप ** आईएफएस ने हेरिटेज नरवाना बैंक्रेट्स में आयोजित की सौंदर्य प्रतियोगिता ** सुमन सिंह ने अपने पूरे परिवार को दिया कामयाबी का श्रेय इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड स्टाइलिंग के शुभारंभ को प्रदर्शित करने के लिए आईएफएस धर्मशाला द्वारा मिस एंड मिसेज डैजलिंग दिवा सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। यह प्रतियोगिता मिस दिव्यांगना मेहता के मार्गदर्शन में आयोजित हुई, जो आईएफएस की ब्रांड एंबेसडर और आधिकारिक गू्रमर हैं। इसमें जिला मंडी निवासी सुमन सिंह गुमरा ने मिस डैजलिंग दिवा- 2024 का ताज अपने नाम किया है। प्रतियोगिता में सुमन ने अनेक प्रतिभागियों को पछाड़कर ताज पर कब्जा जमाया है। वहीं, चंबा जिले की हीना शर्मा फर्स्ट रनर अप और जिला मंडी की स्नेहा सेकंड रनर अप रही । सुमन सिंह गुमरा ने बताया कि वे पिछले 7 साल से विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी किस्मत आजमा रही थीं, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और उसी संघर्ष के चलते आज इस खिताब को हासिल करने में कामयाब हुई हैं। सुमन सिंह गुमरा ने अपनी इस कामयाबी का श्रय अपने माता-पिता व पूरे परिवार को दिया। तीनों विजेताओं ने फैशन ग्रूमर एवं विभिन्न सौंदर्य प्रतियोगिताओं की विजेता दिव्यांगना मेहता का विशेष आभार व्यक्त किया है, जिनके मार्गदर्शन के कारण यह मुमकिन हुआ है। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए आईएफएस धर्मशाला के सीईओ और एमडी दिनेश शर्मा और अंजलि शर्मा का भी विशेष आभार व्यक्त किया है।
** योल की अनामिका साहा पोद्दार रहीं प्रथम रनर अप ** महाराष्ट्र के ठाने की करिश्मा हेमनानी सेकंड रनर अप इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड स्टाइलिंग के शुभारंभ को प्रदर्शित करने के लिए आईएफएस धर्मशाला द्वारा मिस एंड मिसेज डैजलिंग दिवा सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। यह प्रतियोगिता मिस दिव्यांगना मेहता के मार्गदर्शन में हेरिटेज नरवाना बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुई, जो आईएफएस की ब्रांड एंबेसडर और आधिकारिक गू्रमर हैं। प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा निवासी नेहा पुन ने मिसेज डैजलिंग दिवा-2024 का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने कई प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए ताज पर कब्जा जमाया है। नेहा पुन ने फैशन ग्रूमर और विभिन्न सौंदर्य प्रतियोगिता विजेता दिव्यांगना मेहता के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन के कारण यह संभव हो सका है। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए आईएफएस धर्मशाला के सीईओ और एमडी दिनेश शर्मा और अंजलि शर्मा का भी विशेष आभार व्यक्त किया। वहीं, जिला कांगड़ा के योल छावनी निवासी युवती अनामिका साहा पोद्दार मिसेज डैजलिंग दिवा-2024 की प्रथम रनर अप रही हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के ठाणे की निवासी करिश्मा हेमनानी ने मिसेज डैजलिंग दिवा-2024 की सेकंड रनर अप का ताज पहना है। अनामिका साहा पोद्दार और करिश्मा हेमनानी ने फैशन ग्रूमर और विभिन्न सौंदर्य प्रतियोगिताओं की विजेता दिव्यांगना मेहता के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया जिनके मार्गदर्शन के कारण यह संभव हो सका है। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए आईएफएस धर्मशाला के सीईओ और एमडी दिनेश शर्मा और अंजलि शर्मा का भी विशेष आभार व्यक्त किया है।
** ज्वालामुखी, जयसिंहपुर और पालमपुर में जल शक्ति विभाग के मंडल खोलने का फैसला ** नीलामी सह निविदा के माध्यम से आबकारी नीति को स्वीकृति मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए नीलामी सह निविदा के माध्यम से आबकारी नीति को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने पशुपालन विभाग में सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पशु चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग के लिए विभाग में 1000 मल्टी टास्क वर्कर्स रखने को मंजूरी प्रदान की। बैठक में लोक निर्माण विभाग में जेओए (आईटी) के 30 पद भरने को भी मंजूरी दी गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के आर्किटेक्ट विंग में वरिष्ठ ड्राफ्ट्समैन के 4 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में पीटीए नीति के तहत रखेे गए 46 पात्र शिक्षकों की सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया, जो राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार अपेक्षित योग्यताएं पूरी करते हैं। बैठक में 10 फूड सेफ्टी वाहन खरीदने और स्वास्थ्य विभाग में 10 खाद्य विश्लेषकों, 10 परिचारकों और 10 ड्राइवरों की सेवाएं लेने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बंगाल चौकी, थरांगन, सलिहार, बोहन भट्टी, देहरियां को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय चौकाथ को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंद्रौण को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त जिला चंबा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय फगोट को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय जोलना, रंग, भराड़ी और मथोलु को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला शिमला के विकास खंड ठियोग के राजकीय माध्यमिक विद्यालय कराणा को राजकीय उच्च विद्यालय में आवश्यक पदों के साथ स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत मशोबरा और ब्यूलिया के और क्षेत्रों को नगर निगम शिमला के दायरे में शामिल करने को मंजूरी प्रदान की।मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी, जयसिंहपुर और पालमपुर में जल शक्ति विभाग के मंडल खोलने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने और लोगों की सुविधा के दृष्टिगत चंबा जिला में जल शक्ति मण्डल को डलहौजी से चुवाड़ी स्थानान्तरित करने और शिमला जिला में जल शक्ति विभाग के कसुम्पटी, सुन्नी, नेरवा और मतियाणा मण्डलों के पुनर्गठन करने का निर्णय लिया। बैठक में मंडी जिले के धर्मपुर में उपमंडलीय पुलिस कार्यालय खोलने, हमीरपुर जिले के भोरंज पुलिस स्टेशन के तहत लदरौर में पुलिस चौकी खोलने और कुल्लू जिले में पुलिस चौकी मणिकर्ण को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों के पदों के सृजन और भरने को मंजूरी दी गई। बद्दी पुलिस जिले में सिटी पुलिस पोस्ट वर्धमान को क्रियाशील बनाने के लिए विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने जिला शिमला के ब्लॉक टिक्कर में स्वास्थ्य उप-केंद्र कोठारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा के जिला स्तरीय छिंज सल्याणा, लिदबार मेले, ऊना जिला के हरोली उत्सव और बिलासपुर जिला के घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव को राज्य स्तरीय मेले में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। इसके अलावा, जयसिंहपुर का होली मेला, जिला बिलासपुर का अजमेर (भराड़ी) ग्रीष्मोत्सव, सांगला होली उत्सव और गंगथ कारु महाराज मेला को जिला स्तरीय मेलों में स्तरोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया।
भारत के सर्वोच्च न्यायालय में वरिष्ठ वकील और भारत की पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डॉ. पिंकी आनंद ने आधुनिक समाज की जरूरतों को पूरा करने और सभी को न्याय दिलाने के लिए आपराधिक न्याय प्रणाली में सुधार के महत्व पर प्रकाश डाला। शूलिनी विश्वविद्यालय में नए आपराधिक कानूनों के प्रति संवेदनशीलता पर आयोजित पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) में अपने मुख्य भाषण में, डॉ. पिंकी आनंद ने कहा कि हमें परिवर्तन करना होगा और यह आवश्यक था और हमें उम्मीद है कि नई आपराधिक न्याय प्रणाली के माध्यम से लोगों को जल्दी न्याय मिल सकता है इसके अलावा समय, समीचीनता, दोषसिद्धि के मामले में भी सुधार करना और यह सुनिश्चित करना कि सभी को न्याय मिले। उन्होंने सपनों की शक्ति और सामाजिक न्याय के उपकरण के रूप में कानून की भूमिका पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। उनका कथन कि यदि हम सपने नहीं देखते हैं, तो हम हासिल नहीं कर सकते, सामाजिक और कानूनी सुधारों को प्राप्त करने में महत्वाकांक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। कार्यशाला में डॉ. पिंकी आनंद और सौदामिनी शर्मा द्वारा लिखित रेजिंग द बार नामक पुस्तक का विमोचन भी हुआ, जो कानूनी अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है। डॉ. आनंद नए आपराधिक कानूनों के प्रति संवेदनशीलता पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) के दौरान मुख्य वक्ता थी। अधिवक्ता आनंद ने कानूनों के विभिन्न मानदंडों पर एक व्याख्यान दिया और बताया कि कैसे कानून के आपराधिक पहलू में ये बदलाव न्यायशास्त्र के नए रूपों के लिए एक पोर्टल खोलेंगे जो कुल मिलाकर कानून का एक महान पक्ष सामने लाएगा। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के औचित्य और निहितार्थों पर चर्चा की और वे नागरिकों और राज्य के अधिकारों और कर्तव्यों को कैसे प्रभावित करेंगे। उन्होंने हाल के कुछ मामलों और फैसलों का उदाहरण भी दिया, जिन्होंने देश के कानूनी परिदृश्य को आकार दिया है। उन्होंने सभी पहलुओं को बहुत ही इंटरैक्टिव तरीके से समझाया जिससे सभी छात्रों के लिए बिंदुओं को समझना आसान हो गया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रश्न पूछने और विषय पर अपने विचार साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। डॉ. पिंकी आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में एक व्यापारिक स्टॉल का भी उद्घाटन किया।
** गाय की सेवा का महत्व, गौमूत्र व गाय के दूध के लाभ भी बताए ** 7 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को दिया जाएगा विराम शिव तांडव गुफा विकास समिति व शंभू परिवार की ओर से प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में करवाई जा रही 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा के छठे दिन कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भगवान भोले श्रद्धा भाव के भूखे हैं। श्रद्धा से उन्हें जो भी आप दूध, बिलपत्र, गंगाजल, फल-फूल चढ़ाते हैं, वे खुश होकर भक्त को मनचाहा वरदान दे देते हैं। आचार्य ने श्रोताओं को गाय की सेवा करने, गौमूत्र व गाय के दूध के लाभ भी बताए। वहीं, कथा के दौरान श्रोताओं ने शिव के भजनों पर नाच-गाकर खूब आनंद उठाया। समिति अध्यक्ष राम रतन व प्रेस सचिव मनोज भारद्वाज ने बताया कि प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर शिवलिंग की विशेष पूजा की जा रही है। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। 8 मार्च को शिवरात्रि महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। कथा व शिवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन पर 9 मार्च को विशाल भंडारा लगाया जाएगा। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर,उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, कोषाध्यक्ष गुमान कंवर, प्रेस सचिव मनोज भारद्वाज, पंडित हेमंत शर्मा, दलीप ठाकुर, हरि सिंह पाल, नेकराम वर्मा, जयपाल, राजेश, पवन सहित सभी समिति व शंभू परिवार के सदस्य व सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। कांग्रेस सरकार ने चार फीसदी महंगाई भत्ते की अधिसूचना जारी कर दी है। यह भत्ता अप्रैल माह से दिया जाएगा, जो कि मई में मिलने वाले वेतन में नकद मिलेगा। पहले महंगाई भत्ता 24 फीसदी था, जो कि अब 28 फीसदी कर दिया गया है। बता दें कि अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करते समय सुक्खू सरकार ने दो लाख कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से नए वेतनमान का एरियर देने और करीब साढ़े तीन लाख कर्मियों-पेंशनरों को चार फीसदी महंगाई भत्ता जारी करने की घोषणा की थी। बढ़ा हुए महंगाई भत्ते का एरियर जुलाई, 2022 से दिया जाएगा।
-निगुलसरी में आयोजित कार्यशाला में डॉ. एसके काप्टा ने दी जानकारी जिला किन्नौर में जैव विविधता संरक्षण के लिए निगुलसरी में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जाइका वानिकी परियोजना के जैव विविधता विशेषज्ञ डॉ. एसके काप्टा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि जिला किन्नौर में जाइका वानिकी परियोजना और वन विभाग ने 105 हेक्टेयर भूमि पर चिलगोजा के पौधे रोपे। इससे साबित होता है कि इस जिले में जैव विविधता के संरक्षण के लिए बेहतरीन कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डॉ. एसके काप्टा ने कहा किन्नौर के ऐसे क्षेत्र जहां-जहां पर चिलगोजे के पौधे रोपे जाते हैं वहां के लिए जाइका वानिकी परियोजना पौधे वितरित कर रही है। उन्होंने यहां मौजूद स्वयं सहायता समूहों को जैव विविधता के उचित संरक्षण एवं संवर्धन की जानकारी दी। किन्नौर वन मंडल के वन परिक्षेत्र भावानगर, निचार, कटगांव, मूलिंग व पूह में कुल 22 ग्रामीण वन विकास समितियां बन चुकी हैं। इन समितियों के माध्यम से परियोजना द्वारा पौधरोपण, जैव विविधता प्रबंधन व ग्रामीण ढांचागत सुधार के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यशाला के दौरान सेवानिवत्त डीएफओ सीएम शर्मा ने वन मंडल किन्नौर में जाइका वानिकी परियोजना के माध्यम से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। पीएमयू शिमला से विषय वस्तु विशेषज्ञ रीना शर्मा ने यहां उपस्थित स्वयं सहायता समूहों से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे लोगों को जानकारी दी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को हथकर्घा, खाद्य प्रसंस्करण, केचुआ खाद तैयार करना, सिलाई-कटाई एवं बुनाई, आचार तैयार कर अपनी आजीविका में और सुधार करने के तरीके बताए। इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञ राधिका, एफटीयू को-ऑर्डिनेटर प्रियंका नेगी समेत सभी चार वन परिक्षेत्र के प्रभारी भी मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के अंदर मौजूदा राजनीतिक संकट के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री बनने के बाद सभी विधायकों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी उनकी थी, परंतु उन्होंने अपनी पुरानी राजनीतिक कुंठा को मन में पाले रखा और अपने विरोधियों के प्रति चली आ रही दुर्भावना को नहीं निकाला और उन्हें ठिकाने लगाने के षड्यंत्र रचते रहे। क्योंकि पार्टी का अध्यक्ष रहते सुखविंदर सिंह सुक्खू को वीरभद्र सिंह खेमे ने कभी भी अध्यक्ष स्वीकार नहीं किया और इसी खुन्नस के चलते मुख्यमंत्री बनने के बाद वे उन्हें लगातार दरकिनार करते रहे, जबकि प्रदेश के मुखिया के नाते उनको साथ लेकर चलना उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती थी। लेकिन मुख्यमंत्री ने उसकी तरफ ध्यान नहीं दिया और विधायकों की नाराजगी को लगातार बढ़ने दिया जिसका परिणाम सबके सामने है। क्षेत्रीय राजनीतिक संतुलन बनाने में भी मुख्यमंत्री नाकामयाब रहे और उन क्षेत्रों के कद्दावर नेताओं को ठिकाने लगाने के षड्यंत्र में लग रहे। इसलिए भाजपा को कोसने की बजाय मुख्यमंत्री को स्वयं का आत्म निरीक्षण करना चाहिए। चुने हुए विधायकों को काले नाग और जहरीले नाग की संज्ञा देना यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री सत्ता जाने के भय से अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और अब उनका अपनी वाणी और स्वयं पर भी नियंत्रण नहीं है। सरकार के मंत्री अपने विभागों में स्वतंत्रता के साथ कार्य नहीं कर पा रहे थे उनके विभागों में मुख्यमंत्री कार्यालय का अनुचित हस्तक्षेप रहता है जिसकी वजह से मंत्री स्वयं को असहाय महसूस करते हैं। यही सब कारण हैं जो विधायकों को अपनी पार्टी लाइन से हटकर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार को समर्थन देना पड़ा है। जबकि भारतीय जनता पार्टी को सरकार के भीतर के गतिरोध को लेकर कुछ लेना देना नहीं है। बागी विधायकों के घरों पर और उनके समर्थकों पर हिंसक प्रदर्शनों के साथ सरकार खुद प्रदेश की कानून और व्यवस्था को खराब कर रही है। मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए और ऐसी घटनाओं को तुरंत प्रभाव से रोकने के लिए निर्देश देने चाहिए, ताकि प्रदेश की कानून और व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे।
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, बलात्कार, हत्याओं के विरोध में एबीवीपी ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा इकाई में ममता बनर्जी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इकाई अध्यक्ष पुष्प राज ने बताया कि वर्ष 2011 से पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार का राज है और जब से ये सरकार शासन में आई है तबसे वहां पर रहने वाली महिलाओं के साथ आए दिन बलात्कार और यौन शोषण की घटनाएं सामने आती रहती हैं। विद्यार्थी परिषद ने धरने के माध्यम से भी केंद्र सरकार से ये अपील की है कि वहां पर रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठाए जाएं व आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आने वाले समय में ऐसी घटनाएं बढ़ने के मुकाबले कम हों और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।
हिमाचल में दो दिन से मौसम खराब बना हुआ है। कुल्लू जिले में भारी बर्फबारी व बारिश से कई सड़कों के साथ कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। शुक्रवार रात से मूसलाधार बारिश होने से ब्यास नदी के साथ सरवरी खड्ड का जलस्तर भी बढ़ गया है। वहीं, छरूडू के पास भूस्खलन होने से कुल्लू-मनाली वामतट बंद हो गया है। भुंतर मणिकर्ण सड़क में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। जिला मुख्यालय के सरवरी में स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डा के साथ लगते हनुमानी बाग और खोरीरोपा में सरवरी खड्ड का पानी पार्किंग और फुटपाथ पर बह रहा है। पार्किंग में निजी स्कूल बस के साथ दस से 15 छोटे-बड़े वाहन फंस गए हैं। वहीं, हनुमानी बाग तथा खोरीरोपा होकर ढालपुर पहुंचने वाले दोनों पैदल रास्ते भी बंद हो गए हैं। ढालपुर पहुंचने के लिए राहगीरों को कुल्लू बस अड्डा से होते हुए वाया लोअर ढालपुर आना पड़ रहा है। कुल्लू-मनाली हाईवे पर भी रामशिला से कुल्लू की ओर आने वाली लाइन पर बारिश का पानी भर गया है। हाईवे आधा किलोमीटर में तालाब बना हुआ है। साथ ही सालों पुराना मलबा भी यहां से हटाया नहीं गया है।
-जाइका वानिकी परियोजना के तहत सुकेत के थल्ला में लगाए 25 हजार एलोवेरा के पौधे -मुख्य परियोजना निदेशक नागेश गुलेरिया ने की स्वयं सहायता समूहों की सराहना जंगली जानवरों के आतंक से खेती छोड़ चुके ग्रामीणों ने बंजर भूमि पर एलोवेरा के पौधे लगाए तो उनके लिए नया सवेरा शुरू हो गया। जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूह ने वन मंडल सुकेत के थल्ला में बंजर खेत में एलोवेरा के 25 हजार पौधे रोपे। जिससे आने वाले समय में इसी औषधीय पौधों की बिक्री से आजीविका में सुधार होगा और ग्रामीणों की अच्छी कमाई भी होगी। जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने थल्ला क्षेत्र का दौरा कर यहां रोपे गए एलोवेरा के पौधों का निरीक्षण किया। बता दें कि सरस्वती स्वयं सहायता समूह थल्ला ने यहां निजी भूमि पर एलोवेरा के 25 हजार पौधे रोप दिए हैं। जो आने वाले समय में आजीविका सुधार का साधन बनेगा। स्वयं सहायता समूह की इस बेहतरीन कार्यशैली के लिए मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने जमकर सराहना की। उन्होंने यहां स्वयं सहायता समूहों के साथ समीक्षा बैठक कर आर्थिकी सुदृढ़ करने बारे महत्वपूर्ण टिप्स दिए। गौरतलब है कि सुकेत के थल्ला में रोपे गए एलोवेरा के पौधों की मार्केटिंग और बिक्री के लिए रूद्रा शक्ति हर्बस प्राइवेट लिमीटेड के साथ हाल ही में एमओयू हस्ताक्षर किए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार एलोवेरा के पत्ते 7 रुपये प्रति किलो और 21 से 25 रुपये प्रति बेबी प्लांट इस कंपनी को बेचे जाने हैं। ऐसे में आने वाले समय में औषधीय पौधों से स्वयं सहायता समूह की अच्छी कमाई सामने आएगी। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि थल्ला क्षेत्र में मेहनतकश किसान जंगली जानवर और आवारा पशुओं से आहत होकर अब औषधीय पौधे तैयार करने में जुट गए हैं, जो अपने आप में मिसाल है। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में पौधे रोपने के लिए जाइका वानिकी परियोजना हर संभव सहयोग कर रही है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हिमाचल प्रदेश वन सेवा अधिकारी वीपी पठानिया, रेंज ऑफिसर सुकेत राज कुमार, विषय वस्तु विशेषज्ञ विजय कुमार, एफटीयू को-ऑर्डिनेटर मनीष कुमार, सरस्वती स्वयं सहायता समूह की प्रधान शारदा देवी समेत वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
आज भारतीय जनता युवा मोर्चा जयसिंहपुर मंडल द्वारा आलमपुर जोन के विभिन्न ग्राम केन्द्रों में युवा चौपाल कार्यक्रम चलाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने भाग लिया। रविंद्र धीमान ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम में युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दरमिंदर सिंह जोली, अजय सिंह संजू , प्रधान बालकरूपी सुनील चौधरी आदि युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में 'मतदाता जागरूकता अभियान' श्रृंखला के तहत मतदाता जागरूकता पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। एनएसएस के संयोजक विवेकानंद शर्मा ने व्याख्यान में मुख्य वक्ता प्रो. संजीव शर्मा, सभी छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों का स्वागत करते हुए मुख्य वक्ता को मंच पर आमंत्रित किया। मुख्य वक्ता प्रो. संजीव शर्मा ने मतदान का महत्व बताते हुए छात्र-छात्राओं को मतदान की प्रक्रिया से भी अवगत कराया और वीडियो के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया को समझाया। इस कार्यक्रम में डॉ. शमशेर राणा, प्रो. राजेश कुमार, डॉ. उज्ज्वल कटोच, डॉ. नीतिका शर्मा, प्रो शिखा धरवाल, प्रो. योगेश पाण्डेय और रवींद्र कुमार उपस्थित रहे। अंत में एनएसएस संयोजक विवेकानन्द शर्मा ने सभी का धन्यवाद करते हुए व्याख्यान का समापन किया।
श्री रेणुका थाना प्रभारी एसएचओ जीत सिंह माहल की हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। पुलिस विभाग में कार्यरत थाना प्रभारी के निधन से शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार गवाही के सिलसिले में पांवटा साहिब गए हुए थे। मूलत: ऊना के रहने वाले दिवंगत इंस्पेक्टर जीत सिंह को 2025 में सेवानिवृत होना था। जानकारी ये भी है कि दिवंगत इंस्पेक्टर को स्टंट डले हुए थे। पुलिस विभाग में कार्यरत थाना प्रभारी के निधन से शोक की लहर है। बता दें कि श्री रेणुका जी से पहले दिवंगत निरीक्षक पुरुवाला में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। संगड़ाह के डीएसपी मुकेश कुमार ने थाना प्रभारी के निधन पर शोक प्रकट किया है। उधर, पांवटा साहिब से पुलिस ने पूरे सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह को पैतृक गांव ले जाने की तैयारी कर ली थी, जबकि डीएसपी (मुख्यालय) रमाकांत ठाकुर दिवंगत निरीक्षक के पैतृक गांव रवाना हो गए थे, ताकि पार्थिव देह की पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जा सकेे। तत्काल प्रभाव से पुलिस विभाग द्वारा 35 हजार की राशि शोकाकुल परिवार को जारी की जाएगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना जिला के द्वारा पश्चिम बंगाल के संदेशखाली स्थान में हुई महिला अत्याचार की विभत्स घटना के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया व उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को मामले का संज्ञान लेने हेतु ज्ञापन सौंपा गया। जिला संयोजक चंदन सेखड़ी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थान पर पिछले कुछ समय में महिलाओं के साथ हुई बलात्कार की घटनाएं वहाँ पर कोई नई बात नहीं है। कुछ समय पहले तक वहाँ पर मुस्लिम जनसंख्या न के बराबर थी परंतु वोट बैंक की राजनीति के चलते ममता सरकार ने वहाँ पर लाखों रोहिंगियों को अवैध रूप से शरण दी व आज उस स्थान में कश्मीर की तरह हालात पैदा हो गए हैं। इस सारे घटनाक्रम में तृणमूल कांग्रेस का नेता शाहजहाँ शेख जैसे लोग शामिल हैं जिनपर कार्यवाही करने के बजाय ममता सरकार उन्हें सरंक्षण देने का काम काम कर रही है।
लंबे समय से कुछ मांगों को लेकर विद्यार्थी परिषद विधि विभागाध्यक्ष से मिलती आई है। बीते कुछ दिनों से छात्र अपनी मांगे विद्यार्थी परिषद से साझा करती आ रही है। इस संबंध में विधि विभाग इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने बताया कि सेमेस्टर शुरू होने के कारण केंद्रीय पुस्तकालय में छात्रों की भीड़ बढ़ जाने की वजह से छात्रों को समस्यायों का सामना करना पड़ रहा है और साथ ही साथ विधि विभाग के पुस्तकालय में पुरानी किताबे अभी तक वहां से हटाकर New Addition की किताबे नहीं लाई गई है। साथ ही साथ कक्षाओं का फर्नीचर पुराना हो जाने की वजह से भी छात्रों को समस्यायों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे ही आज अभाविप विधि विभाग इकाई का विधि विभागाध्यक्ष से मिलना हुआ जिसमे कुछ मांगों को उनके समक्ष रखा । इसमें कक्षाओं में नए फर्नीचर लगाने की बात रखी गई, जिसके साथ विभाग के पुस्तकालय में बैठने के समय को 5 बजे से बढ़ाकर 7 बजे तक करने की मांग उठाई गई। साथ ही विभाग में दिव्यांग श्रेणी में आने वाले लोगो के लिए लिफ्ट की सुविधा देने की और साथ ही साथ पुस्तकालय में नई किताबें लाने की मांग रखी गई। विधि विभागाध्यक्ष ने विद्यार्थी परिषद की मांगो को देखते हुए इसमें तुरंत प्रभाव से काम करने का आश्वासन दिया और कहा की जल्द ही ये सुविधाएं विभाग के द्वारा छात्रों को प्रदान की जाएगी । साथ ही कहा की कुछ मांगे विद्यार्थी परिषद लंबे समय से उठाती आ रही है जिसमे काम करना विभाग ने शुरू कर दिया है।
पाइनग्रोव स्कूल, धर्मपुर छात्र परिषद 2024 की घोषणा 28 फरवरी 2024 को आयोजित प्रतिष्ठित अलंकरण समारोह में मुख्य शिक्षक संजय चौहान द्वारा की गई । इसमें हेड बॉय, हेड गर्ल, प्रीफेक्ट्स और समन्वयक के रूप में चयनित विद्यार्थियों को स्कूल के प्रमुख शिक्षकों द्वारा औपचारिक रूप से बैज देकर सम्मानित किया गया। शपथ ग्रहण का संचालन पिछले वर्ष के हेड ब्वॉय आदित्य राज सिंह ने किया। विद्यार्थी परिषद 2023 के सदस्यों ने विद्यालय के भीतर उच्चतम मानकों को बनाए रखने की जिम्मेदारी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों को कार्यभार और ध्वज सौंपा। उत्साह के बढ़ते स्तर के साथ येरिक गौरी को पाइनग्रोव स्कूल, धर्मपुर का हेड बॉय और महक कौर ढिल्लों को हेड गर्ल घोषित किया गया। राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रदर्शित अपनी खेल प्रतिभा के कारण, देवाशीष सैजल और आयुष राय को क्रिकेट और सॉकर सीज़न, यानी स्कूल के पहले और दूसरे सत्र के लिए स्पोर्ट्स प्रीफेक्ट नियुक्त किया गया, जिसमें उनके साथ आध्या शर्मा भी खेल समन्वयक के रूप में कार्य करेंगी। धैर्य शर्मा और अशमन कौर बाजवाको चिनार हाउस प्रीफेक्ट, नेनसांग लेप्चाऔरसिमरत ढिल्लों, देवदार हाउस प्रीफेक्ट्स, रोहक गोयलऔरआयशा प्रधान,ओक हाउस प्रीफेक्ट्स, जबकिअथर्व शर्माऔरसारा ठाकुर, टीक हाउस प्रीफेक्ट्स घोषित किए गए।छात्र समन्वयकों को स्कूल में कामकाज के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का काम सौंपा गया। अधिकांश क्षेत्रों में, विद्यार्थियों के बीच कार्यों की निगरानी के लिए क्रमशः एक लड़के और लड़की दोनों को समन्वयक के रूप में नियुक्त किया जाता है। छात्र समन्वयकों ने अपनी नई जिम्मेदारियों को शालीनता और उत्साह के साथ स्वीकार किया। कला विभाग की देखभाल का ज़िम्मा कर्मा लेप्चा को प्रदान किया गया। एमयूएन के लिए सुयश बंसल तथा पारिस्थितिकी विभाग के लिएविशेष और वृद्धि शर्माको चयनित किया गया।तारीश मित्तल और महक सिंहद्वारा समाज सेवा का कार्यभार संभाला गया जबकि विद्यालय के प्रतिष्ठित ब्रास बैंड और पाइप बैंड का संचालन रोहित गर्ग और प्रियलद्वारा किया जाएगा। पीए प्रबंधन पृथ्वीश मोंगा तथा भाषण और वाद-विवाद विभागपार्थ गोयलऔर गुनीत कौरके नेतृत्व में कार्य करेगा।रूपांश जैनको फोटोग्राफी, सात्विक शोकल और अमृता रायको स्टेज प्रबंधन, सुखविंदर सिंह और निशा रायको अनुशासन तथासुपश गोस्वामी और हरगुन कौरको प्रकाशन विभाग को सुदृढ़ बनाने का कार्य प्रदान किया गया। प्री फैक्टोरियल बॉडी को शामिल करने के अलावा, पिछले वर्ष के अंतिम सत्र में गतिविधियों और खेलों में उत्कृष्ट तथा सराहनीय प्रदर्शन के लिए 2023 के बारहवीं कक्षा के 8 छात्रों को पाइनग्रोव स्कूल कलर्स से सम्मानित किया गया।आदित्य राज सिंह को एमयूएन और परेड के लिए, कुशांश सिंह खत्रीको पीटी, सॉकर और जिम्नास्टिक के लिए स्कूल ऑनर्स प्रदान किया गया। संगीत और परेड के लिए दिव्यांश सरावगी, कला, एमयूएन और परेड के लिए प्रांजल चाहर, परेड के लिए अभयराज सिंह, आकर्ष जावा, हर्षित गौड़ और कृष्णा बंसल को भी स्कूल ऑनर्स से सम्मानित किया गया। कार्यकारी निदेशक, कैप्टन ए जे सिंह और निदेशक प्रशासन समीक्षा सिंह ने सभी स्कूल प्रमुखों के साथ स्कूल ऑनर्स के पुरस्कार विजेताओं और छात्र परिषद को बधाई दी। कैप्टन सिंह ने देखभाल, करुणा और सहयोग के मूल 'सी' मूल्यों को प्रोत्साहित करते हुए छात्र नेताओं को उनकी नई जिम्मेदारियों को अपनी क्षमताओं के अनुसार संभालने के लिए प्रेरित किया।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 27 फरवरी से एक मार्च तक लेवल ओ अंपायर व रैफरी के लिए सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें पूरे प्रदेश से लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सेमिनार के पश्चात् लिखित व मौखिक परीक्षा हुई तथा जो प्रतिभागी इसमें चयनित होंगे वे एचपीसीए की प्रतियोगिताओं में अपनी सेवा देंगे। इस सेमिनार में आईसीसी के अंपायर वीरेंद्र शर्मा, बीसीसीआई के अंपायर अमित राणा व बीसीसीआई के रेफ़री शक्ति सिंह ने प्रतिभागियों की परीक्षा ली। फैकल्टी ने बताया कि एचपीसीए न केवल खिलाड़ियों अपितु खेल के अन्य विभागों जैसे अंपायर, रैफरी को भी नये आयाम पर पहुँचाने के लिए कार्यरत है। इसके लिए फैकल्टी ने सांसद अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया।
राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में राष्ट्रीय आवासीय कला शिविर के समापन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनीष कुमार गोंड को राष्ट्रपति भवन का प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। बता दें कि मनीष कुमार गोंड हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, देहरा परिसर के दृश्य कला विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर हैं और हिमाचल प्रदेश के युवा कलाकारों में समकालीन चित्रकला के विशेषज्ञ है। वे विगत कई वर्षों से हिमाचल प्रदेश की गद्दी संस्कृति पर आधारित शोधकार्य करते हुए चित्रनिर्मित कर रहे हैं और चित्रकला के क्षेत्र में कई सारे राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। गौरतलब हो कि पिछले 21 फरवरी 2024 से ही राष्ट्रपति भवन द्वारा एक राष्ट्रीय आवासीय कला शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कुल 13 राष्ट्रीय, युवा एवं वरिष्ठ कलाकारों का राष्ट्रपति भवन द्वारा चयन किया गया। इनमें हिमाचल प्रदेश से एकमात्र कलाकार मनीष कुमार गोंड को भी चुना गया और आमन्त्रित किया गया । इस राष्ट्रीय कला शिविर के दौरान मनीष कुमार गोंड ने अपने चित्रों में हिमाचल प्रदेश की गद्दी संस्कृति की सुंदरता और भव्यता को दर्शाया और एक अन्य चित्र में राष्ट्रपति भवन की शाम की भव्यता को लैंडस्केप चित्र के रूप में बनाया। मनीष कुमार गोंड ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को अपनी एक पेंटिंग भी भेंट स्वरूप प्रदान की जिसको राष्ट्रपति भवन के संग्रहालय में संग्रहित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी कलाकारों के चित्रों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई जिसका शुभारंभ राष्ट्रपति द्वारा हुआ। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वाति शाही और पंकज बोरोडोलोई ने की तथा साथ मे शिक्षा अधिकारी शुभा बनर्जी, गीता सैनी तथा रामप्रकाश इत्यादि लोंगो की सहभागिता रही। इस राष्ट्रीय आवासीय कला शिविर में चित्रित कलाकृतियों की प्रदर्शनी आमजनमानस हेतु 15 दिनों के लिए खुली रहेंगी। राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने एवं विश्वविद्यालय का नाम देश भर में रोशन करने पर सहायक प्रोफेसर मनीष कुमार गोंड को विश्वविद्यालय के मुखिया कुलपति प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल, कुलसचिव प्रो. सुमन शर्मा, अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. प्रदीप कुमार व विभागाध्यक्ष तथा अन्य संकाय सदस्यों ने शुभकामनाएं एवं बधाईयां दी।
भाजपा जयसिंहपुर जोन की बैठक कुंजेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में हुई। इसमें लोकसभा चुनावों के लिए आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व भाजपा नेता रविंद्र रवि धीमान उपस्थित रहे। रवि धीमान ने कहा कि राज्यसभा के चुनावों में भाजपा प्रत्याक्षी हर्ष महाजन को विजय मिली। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर लंबगांव के पूर्व प्रधान विनोद मेहरा, उप प्रधान व मंडल मीडिया प्रभारी हरी दास, अजय पठानिया सहित जयसिंहपुर जोन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय ने 27 फरवरी से नए आपराधिक कानूनों पर पांच दिवसीय कार्यशाला और संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य संकाय सदस्यों, कानून के छात्रों और पेशेवरों के बीच भारत की आपराधिक कानून प्रणाली में हाल के संशोधनों और प्रगति की समझ को समृद्ध करना है। कार्यशाला का उद्घाटन कानूनी दिग्गजों की उपस्थिति में किया गया। हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल पहले दिन के मुख्य अतिथि थे। अपने उद्घाटन भाषण में, गोयल ने नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन और संबंधित चुनौतियों पर पुलिस के दृष्टिकोण पर गहन अंतर्दृष्टि प्रदान की। प्रतिभागियों के साथ उनके इंटरैक्टिव सत्र ने इन कानूनी परिवर्तनों को समझने और अपनाने की महत्वपूर्ण प्रकृति को रेखांकित किया। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा दूसरे दिन के मुख्य वक्ता थे, उन्होंने भारत में आपराधिक कानूनों के विकास पर एक विचारोत्तेजक व्याख्यान के साथ चर्चा में योगदान दिया, जिसमें सामाजिक लाभों पर जोर दिया गया। कार्यशाला में और अधिक कानूनी पहलुओं को जोड़ते हुए तीसरे दिन के सत्र में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पिंकी आनंद शामिल थे, जिन्होंने नए आपराधिक कानूनी ढांचे की परिवर्तनकारी क्षमता और चुनौतियों के लिए हमारी कानूनी प्रणाली को अपनाने के महत्व पर जोर दिया। आधुनिक दुनिया, जिसमें कानूनी प्रथाओं में सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का एकीकरण शामिल है। डॉ. पिंकी आनंद, जो भारत के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल हैं, ने सपनों की शक्ति और सामाजिक न्याय के एक उपकरण के रूप में कानून की भूमिका पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। उनका कथन यदि हम सपने नहीं देखेंगे हैं, तो हम उन्हें हासिल नहीं कर सकते, सामाजिक और कानूनी सुधारों को प्राप्त करने में महत्वाकांक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। कार्यशाला में डॉ. पिंकी आनंद और सौदामिनी शर्मा द्वारा लिखित रेज़िंग द बार नामक पुस्तक का विमोचन भी हुआ, जो कानूनी अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है। डॉ. पिंकी आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में स्थित एक व्यापारिक स्टॉल का भी उद्घाटन किया। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय के लिए अपना दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र इस विश्वविद्यालय को दुनिया का नंबर 1 विश्वविद्यालय बनाते हैं। हम एक वैश्विक विश्वविद्यालय बनने की दिशा में लगन से काम कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. पी.के. खोसला ने मात्रा से अधिक गुणवत्ता के महत्व और स्कूल स्तर से शुरू होने वाले शैक्षिक सुधार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और कहा की इसे समृद्ध भारतीय संस्कृति से प्रेरित होना चाहिए। धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर नंदन शर्मा एसोसिएट डीन फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज ने दिया, उन्होंने डॉ. पिंकी आनंद की प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि वह सभी छात्रों के लिए प्रेरणा हैं।
पाइनग्रोव स्कूल सूबाथू में शैक्षणिक सत्र 2021-2022 के लिए छात्र परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में हेड टीचर पंकज शर्मा ने बताया कि नवगठित छात्रों के परिषद का चुनाव बड़े ही लोकतांत्रिक रूप से तथा कई पैमानों पर खरा उतरनें के बाद किया गया, जिसमें न केवल शैक्षणिक प्रदर्शन अनुशासन, बल्कि खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में प्रदर्शन को मद्देनजर रखा गया। इस प्रक्रिया को और भी पारदर्शी बनाने के लिए न केवल बारहवीं कक्षा के छात्रों ने मतदान कर अपनी प्राथमिकता दिखाई, बल्कि कनिष्ठ वर्ग के छात्रों ने भी मतदान कर छात्रों के चुनाब में अहम भूमिका निभाई । सर्वप्रथम चार सदनों के नए परिषद कप्तानों के नामों की घोषणा हुई। अनुज सोनी व श्रुति को चिनार सदन का कार्यभार सौंपा गया, वहीं, देवदार सदन के लिए त्रिभुवन नरेश तथा कायरा दत्ता को चयनित किया गया। सृजन शर्मा और स्नेहा ठाकुर ओक सदन के लिए मनोनीत किया गए जबकि रोहन सिडाना और राशि सहारन को टीक सदन की जिमेदारी सौंपी गई । इसके साथ-साथ एम यूएन का कार्यभार कायरा दत्ता, स्टेज इवेंट की देखरेख कृश गुप्ता और काव्य, जशंनदीप सिंह को बैंड क्लब, गरबोलॉजी की देखरेख अथर्व सिंह और गुरसेहज कौर, त्रिभुवन नरेश, को पीए सिस्टम, श्रुति, कायरादत्त, आकांक्षा को देवदार सदन की जिम्मेदारी के साथ-साथ प्रकाशन का कार्यभार सिमरनदीप सिंह ढिल्लों को बैंड क्लब के साथ-साथ खेल कप्तान का कार्यभार सौंपा गया। तत्पश्चात वह घड़ी आ गई जिसका सबको बेसबरी से इंतजार था। कर्तव्य सूद को हेड बॉय तथा हैड गर्ल आकांक्षा शर्मा को मनोनीत किया गया। नवगठित छात्र परिषद को पद और गोपनीयता की शपथ, गत वर्ष के हैड बाय प्रणव लिहांतु ने दिलाई। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी अद्यक्ष एवं निर्देशक कैप्टन एजे सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपना कार्य पूर्णनिष्ठा से करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र परिषद अपना कार्य सही रूप से करेंगे और स्कूल का नाम रोशन करने में सहयोग देते रहेंगे। इस अवसर पर डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन, निर्देशक कैप्टन एजे सिंह, समीक्षा सिंह के अलावा पाइनग्रोव स्कूल, सूबाथू के हेड टीचर पंकज शर्मा, गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह तथा अन्य शिक्षण गण मौजूद रहे और छात्र परिषद के सदस्यों को बधाई दी।
** जनता से लेकर नेता की नजर में पहले ही गिर चुकी है यह सरकार ** सरकार की नाकामी को जनता के बीच लेकर गई भाजपा, बाकी कोई रोल नहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार प्रदेश की जनता और अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं, मंत्रियों और विधायकों की नजर में गिर गई है। अगर हमारे विधायकों को सदन से आलोकतांत्रिक तरीके से निष्कासित नहीं किया जाता तो यह सरकार कल सदन में भी गिर गई थी। कट-मोशन पर यदि हमारे मत विभाजन की मांग को भी स्वीकार किया जाता तो यह सरकार परसों ही गिर गई थी। पत्रकारों के सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अल्पमत में हैं और इस तरह से सरकार को कब तक बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिसे भी सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जाएगा। जिसे भी जनता की आवाज़ उठाने के बदले सरकार द्वारा, तंत्र द्वारा परेशान किया जाएगा, बीजेपी हर उस व्यक्ति के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है, चाहे वह आम आदमी हो खास आदमी। आज नेता प्रतिपक्ष अपने विधायकों के साथ मॉल रोड पर चहलकदमी भी की। जयराम ने कहा कि आज कांग्रेस सरकार की जो दुर्दशा हुई है, यह सरकार के अपने कर्मों का ही फल है। जब सरकार में बैठे लोग जनता और अपने कार्यकर्ताओं तथा नेताओं की आवाज को अनसुना कर देंगे तो यही स्थिति होगी। आज जो हुआ वह दीवार पर लिखी साफ़ इबारत की तरह था, जिसे मुख्यमंत्री अनदेखा कर रहे थे। प्रदेश जनता कह रही है हमारी सुनी नहीं जा रही है। पार्टी के कार्यकर्ता कह रहे हैं हमारी नहीं सुनी जा रही है। पार्टी के नेता कह रहे हैं हमारी नहीं सुनी जा रही है। पार्टी के विधायक, मंत्री और पार्टी अध्यक्ष स्वयं कह रही हैं कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। एक बार नहीं यह बार-बार यह कहा जा रहा है। जब किसी की सुनी ही नहीं जाएगी तो वह कुछ न कुछ करेगा ही। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनप्रतिनिध की अपने क्षेत्र की जनता के प्रति भी ज़िम्मेदारी होती है। उन्हें भी जवाब देना होता है। वह कब तक उन लोगों से नज़रें चुरायेंगे जिन्होंने उन्हें विधायक बनाया। कांग्रेस नेता अपने गिरेबान में झांककर देखें नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार समेत कांग्रेस के नेताओं को हम पर उंगली उठाने की बजाय अपने गिरेबान में झांककर देखने की आवश्यकता है। उन्होंने ऐसा क्या कर दिया कि उनके 43 की संख्या घूमकर आज 34 हो गई है। जो आगे कहां तक गिरेगी, वह भगवान जानें। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस समय जो हो रहा है उसमें हमारा कोई योगदान नहीं है। हमें कुछ करने की आवश्यकता ही नहीं हैं। सरकार की अपने नेताओं और प्रदेश की जनता के साथ जो रवैया है वह आने वाले समय उनके साथ कुछ नहीं रहेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस हमने बस कांग्रेस के झूठे वादे और गारंटियों को जनता के बीच लेकर गये। जिसकी वजह से सरकार के सारे झूठ बेनकाब हो गये और मुख्यमंत्री लोकप्रिय होने की बजाय लॉकप्रिय के नाम से मशहूर हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी झूठी गारंटियों के सबूत और ठगने की कला को हम देश भर में ले गये जिससे इनका गारंटी कार्ड उस छत्तीसगढ़ में ही दफन हो गया, जहां से कांग्रेस ने इसकी शुरुआत की थी।
** सरकार और संगठन के बीच में समन्वय स्थापित करने के लिए बनेगी कमेटी : डीके शिव कुमार ** कहा, कांग्रेस के कुछ नेताओं में जो मतभेद थे, उन्हें बातचीत से सुलझा लिया सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। केंद्रीय आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश में उठे सियासी बवाल को थामने के लिए कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिव कुमार को यहां भेजा था। उनके साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सियासी उठापटक को थामने के लिए यहां पहुंचे थे। डीके शिव कुमार ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं में आपसी मतभेद थे, बातचीत से इन मतभेदों को सुलझा लिया गया है। अब सभी कांग्रेस नेता मिलजुल कर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच में समन्वय स्थापित करने के लिए एक कमेटी का गठन होगा। इस कमेटी में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष के साथ तीन अन्य सदस्य होंगे। कमेटी की घोषणा दिल्ली से की जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह शराफत में रहे और इसी वजह से राज्यसभा चुनाव में हार हो गई। सीएम ने हार की जिम्मेदारी भी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायक कांग्रेस की टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने जनता के वोट का मान नहीं रखा। हालांकि मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर वे वापस आना चाहते हैं, तो वे फिर से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ सकते हैं।
जनमानस के सतत विकास तथा बेहतर स्वरोजगार प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत भारत सरकार पूरे भारत वर्ष में 1 करोड़ घरों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली सौर उपकरणों के माध्यम से प्रदान करेगी। इस महत्वाकांक्षी योजना पर भारत सरकार 75,000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर या उपयुक्त खाली स्थान पर सौर बिजली उत्पादन उपकरण स्थापित किए जाएंगे। सौर उपकरण लगाने हेतु भारत सरकार लाभार्थियों को आकर्षक सब्सिडी प्रदान करेगी। अधीक्षक डाकघर मंडी स्वरूप चंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना हेतु लाभार्थियों को पंजीकृत करने का कार्य डाक विभाग को सौंपा गया है। डाक विभाग के पोस्टमैन घर-द्वार जाकर इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कर रहे हैं।
** सुजानपुर में आयोजित पहाड़ी महिला गीत-संगीत कार्यक्रम में दी जानकारी ** बोले, लोकसभा चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद जारी करेंगे दूसरा शेड्यूल 'आईपीएल मुकाबलों का प्रथम शेड्यूल जारी हो गया है, जैसे ही दूसरा शेड्यूल जारी होगा, उसमें धर्मशाला का नाम भी शामिल होगा। यहां पर एक या दो मुकाबले होंगे। हम केवल आने वाले लोकसभा चुनाव की तिथियों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उसके मुताबिक हर राज्य में शेड्यूल बनाया जा सके।Ó यह बात आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने सुजानपुर में आयोजित पहाड़ी महिला गीत-संगीत कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज धर्मशाला के स्टेडियम की पूरी दुनिया में चर्चा है। बात इसकी खूबसूरती की हो या यहां पर क्रिकेट खेलने की हो सुविधाओं की हो, हर चीज की तारीफ सुनने को मिलती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हमें विश्व का सबसे सुदर एवं बेहतरीन क्रिकेट स्टेडियम हिमाचल में मिला है। अरुण धूमल ने कहा कि यहां पर अधिक से अधिक क्रिकेट मुकाबले हों, इस पर काम किया जा रहा है। अगले महीने यहां पर भारत इंग्लैंड का टेस्ट मैच हो रहा है, आने वाले दिनों में आईपीएल के मुकाबले होंगे। उन्होंने कहा कि जब एक क्रिकेट का मैच यहां होता है तो व्यपारी वर्ग को करोड़ों रुपए का व्यापार 1 दिन में होता है।
** कहा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी दिया साथ ** छह विधायकों की नाराजगी को ठहराया जायज धर्मशाला समेत पूरे प्रदेश की जनता सुधीर शर्मा के साथ है। सुधीर शर्मा के विजन से ही धर्मशाला शहर और हिमाचल पूरी दुनिया में शहरी विकास में चर्चा का विषय रहा है। यह बात गुरुवार को धर्मशाला ब्लॉक के अध्यक्ष राजकुमार कश्यप ने प्रेस नोट जारी कर कही। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शिमला में प्रेस को यह कहा कि छह विधायकों की नाराजगी जायज है। मुख्यमंत्री तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं। विधायकों के काम नहीं हो रहे, जिस कारण छह विधायकों ने नाराजगी आलाकमान के सामने जाहिर की थी, लेकिन प्रदेश सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी । उन्होंने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में छह विधायकों को बागी करार देने पर प्रदर्शन करने वाले मु_ी भर प्रदर्शनकारियों को लेकर कहा कि यह लोग स्वयं मौका परस्त लोग हैं। इन्होंने वर्ष 2017 एवं 2022 के विधानसभा चुनावों में भीतर घात किया था, बावजूद उसके सुधीर शर्मा के कामों और विजन की बदौलत पार्टी ने धर्मशाला में जीत हासिल। वर्ष 2019 में हुए उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ने पार्टी को हाशिए पर धकेल दिया था व धर्मशाला में ऐसे लोगों की बदौलत पार्टी की किरकिरी हुई थी और कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई थी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अपने नेता सुधीर शर्मा के साथ है। विरोध करने वाले मु_ी भर लोग जो प्रेस वार्ता या प्रदर्शन कर रहे हैं वे हिम्मत रखते हैं तो स्वयं सुधीर शर्मा के सामने चुनाव लड़ें। जनता की खातिर उठाया हर कदम राजकुमार कश्यप ने कहा कि वीरभद्र सिंह सरकार में सुधीर शर्मा ने बेहतरीन काम किए हैं। सुधीर शर्मा को मौजूदा सरकार में मंत्री नहीं बनाया, तो उन्होंने कोई शिकवा नहीं किया। उन्होंने बतौर विधायक पिछले 14 माह में अपने शानदार काम किए। धर्मशाला में स्मार्ट सिटी, नगर निगम, जिला प्रशासन व दो दर्जन से अधिक विभागों में तालमेल बनाकर एक बार फिर धर्मशाला शहर को चमका दिया है। यही नहीं, निवार्सित तिब्बत की सरकार से भी अच्छे संबंध कायम किए हैं। मौजूदा सरकार में सुधीर शर्मा बतौर विधायक भी मंत्रियों की तरह काम करवा रहे थे, लेकिन उन्हें धर्मशाला के भविष्य की चिंता थी। इसी कारण उन्होंने जनता की खातिर यह कदम उठाया है।
** उड़न दस्तों में सीएंडवी वर्ग से संबंधित शिक्षकों को नहीं किया जा रहा शामिल ** शिक्षा बोर्ड सचिव ने बिना सीएंडवी शिक्षक के उड़न दस्ता न बनाने की कही है बात राजकीय सीएंडवी संघ ने आरोप लगाया है कि मंडलाधिकारी द्वारा दसवीं और बाहरवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान छापा मारने के लिए जिन उड़न दस्तों को गठित किया जा रहा है, उसमें सीएंडवी वर्ग की अनदेखी की जा रही है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष दुर्गा नंद शास्त्री व प्रदेश महासचिव ने बताया कि कसौली में उप मंडल स्तर पर दो प्रवक्ताओं व एक प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक को लेकर एक उड़न दस्ते का गठन किया गया, जिसमें सीएंडवी से संबंधित कोई भी शिक्षक शामिल नहीं है। जब इस बारे कार्यालय में संबंधित अधिकारी से बात की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, बल्कि ये कह कर टाल दिया कि आप स्वयं एसडीएम से बात कर लें। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को बोर्ड कार्यालय में शिक्षा बोर्ड सचिव के साथ हुई बैठक में सचिव ने संघ को विश्वास दिलाया था कि बिना सीएंडवी वर्ग से संबंधित अध्यापक के कोई भी उड़न दस्ता गठित नहीं किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने बोर्ड सचिव से अनुरोध कि कि इस बारे एक बार फिर से सख्त आदेश जारी किए जाएं।


















































