जधाना गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथावाचक आचार्य पंडित प्रवीण भार्गव ने श्री कृष्ण जन्म की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अत्याचार बढ़ता है तो दुष्टों के संहार के लिए भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेते हैं। भाद्रपद कृष्ण अष्टमी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी कहते हैं, क्योंकि यह दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्मदिवस माना जाता है। इसी तिथि की अंधेरी आधी रात को रोहिणी नक्षत्र में मथुरा के कारागार में वासुदेव की पत्नी देवकी के गर्भ से भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लिया। उन्होंने कहा कि द्वापर युग में भोजवंशी राजा उग्रसेन मथुरा में राज करता था। उसके पुत्र कंस ने उसे गद्दी से उतार दिया और स्वयं मथुरा का राजा बन बैठा। कंस की एक बहन देवकी थी, जिसका विवाह वासुदेव नामक यदुवंशी सरदार से हुआ था। एक समय कंस अपनी बहन देवकी को उसके ससुराल पहुंचाने जा रहा था तो रास्ते में आकाशवाणी हुई, कंस जिस देवकी को तू बड़े प्रेम से ले जा रहा है, उसी के गर्भ में तेरा काल जन्म लेगा। कंस ने वासुदेव और देवकी को उसी समय कारागृह में डाल दिया। वासुदेव देवकी के एक-एक करके सात बच्चे हुए और सातों को जन्म लेते ही कंस ने मार डाला। अब आठवां बच्चा होने वाला था। कारागार में उन पर कड़े पहरे बैठा दिए गए। उसी समय नंद की पत्नी यशोदा को भी संतान होने वाली थी, जिस समय वासुदेव देवकी को पुत्र पैदा हुआ, उसी समय संयोग से यशोदा के गर्भ से एक कन्या का जन्म हुआ जो और कुछ नहीं सिर्फ माया थी। जिस कोठरी में देवकी-वासुदेव कैद थे, उसमें अचानक प्रकाश हुआ और उनके सामने शंख, चक्र, गदा, पद्म धारण किए चतुर्भुज भगवान प्रकट हुए। दोनों भगवान के चरणों में गिर पड़े। तब भगवान ने उनसे कहा अब मैं पुन: नवजात शिशु का रूप धारण कर लेता हूँ। तुम मुझे इसी समय अपने नंद जी के घर वृंदावन में भेज आओ और उनके यहां जो कन्या जन्मी है, उसे लाकर कंस के हवाले कर दो। उसी समय वसुदेव नवजात शिशु रूप श्री कृष्ण को सूप में रखकर कारागृह से निकल पड़े और अथाह यमुना को पार कर नंद के घर पहुंचे। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण के जन्म की सुंदर झांकियां निकाली गई और नगर वासियों ने नाच गाकर उत्सव मनाया। वहीं कथा आयोजक बुद्धिराम ठाकुर की ओर से सभी भक्तों को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत रैंखा में जक्ख बाबा महादंगल का आयोजन भारी बारिश की वजह से टल गया है। अब यह आयोजन 4 सितंबर को किया जाएगा। पहले यह आयोजन 28 अगस्त गुरुवार को होना था। यह जानकारी देते हुए जक्ख बाबा दंगल कमेटी के अध्यक्ष सेना के पूर्व कैप्टन सुरेश कुमार व कमेटी सदस्यों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस बार भी रैंखा में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार भी बड़ी माली 71000 रुपए, जबकि छोटी माली 31000 रुपए की रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस बार एक स्पेशल माली 11000 रुपए की रखी गई है। उन्होंने सभी पहलवानों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है और साथ ही क्षेत्र के लोगों व दानदाताओं का आभार प्रकट करते हुए उनसे भी इस आयोजन में बढ़–चढ़कर शामिल होने की अपील की है।
प्रदेश के कुल्लू जिला में भारी बारिश से हो रही तबाही के लिए स्थानीय देवता ने लोगों के कर्मों को जिम्मेदार ठहराया। दरअसल, बीती शाम को हलाण के ग्रामीण अपने आराध्य देवता नाग धुंबल की शरण में पहुंचे और प्राकृतिक आपदा को रोकने व उन्हें सुरक्षित रखने की प्रार्थना की। ग्रामीणों ने देवता से प्राकृतिक आपदा रोकने और उन्हें सुरक्षित करने का आग्रह किया। इस पर देवता ने साफ कहा कि इस आपदा के लिए लोग जिम्मेदार है। देव आदेशों का पालन नहीं हो रहा। देव-नीति में राजनीति की जा रही है। जंगलों का विनाश हो रहा है। नाग धुंबल देवता ने कहा, देवताओं के फैसलों की अवहेलना की गई है। विकास के नाम पर पेड़ों और पर्वतों का अंधाधुंध दोहन किया गया है। धार्मिक स्थलों की शुचिता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। नाग धुंबल ने कहा, '18 करडू' यानी 18 करोड़ देवी-देवता नाराज हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर देवी-देवताओं ने नजर फेर ली तो स्थिति और खराब हो सकती है। नाग धुंबल ने कहा कि वे '18 करडू' के आदेश पर ही इस स्थिति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। देवता ने कहा कि वह अगला आदेश आज (मंगलवार) को देंगे। देवता नाग धुंबल के प्रमुख जवाहर लाल ने बताया, देवता के आदेशानुसार आज फिर पूछ (प्रश्न) डाली जाएगी, देवता जैसा आदेश करेंगे उसकी पालना होगी
अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए दशहरा समिति द्वारा 332 देवी-देवताओं को निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। 2 से 8 अक्तूबर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्सव में बिना निमंत्रण के भी कई देवी-देवता आते हैं, उनका भी प्रशासन स्वागत करेगा। डीसी एवं अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समिति की उपाध्यक्ष तोरूल एस. रवीश ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव देवी-देवताओं के समागम के लिए विश्व में प्रसिद्ध है। यह उत्सव लोगों की आस्था एवं परम्पराओं से जुड़ा है। दशहरा उत्सव के लिए निमंत्रण समिति ने आनी व निरमंड जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के देवी-देवताओं सहित कुल्लू, मनाली, सैंज और बंजार क्षेत्र के देवताओं को भी निमंत्रण पत्र भेज दिए हैं। डीसी ने कहा कि जिला कुल्लू की विभिन्न घाटियों के देवी-देवता दशहरा उत्सव में शामिल होते हैं। कुल्लू जिले के रेवेन्यू रिकॉर्ड में दर्ज मंदिरों के देवी-देवता को दशहरा समिति द्वारा निमंत्रण पत्र भेजा जाता है। यह निमंत्रण पत्र तहसीलदार के माध्यम से भेजे जाते हैं। आमंत्रित देवी-देवताओं के ठहरने का स्थान, बिजली, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था दशहरा कमेटी द्वारा की जाती है, साथ ही सरकार द्वारा तय नियमानुसार नजराना भेंट किया जाता है। ठहरने के लिए टैंट उन्हें पहले ही उपलब्ध करवा दिए गए हैं। साथ ही डीसी ने कहा कि पिछले वर्ष 315 देवी-देवता दशहरा उत्सव में शामिल हुए थे। इस बार गत वर्ष की अपेक्षा अधिक देवी-देवता के शामिल होने की आशा है। दशहरा में आने वाले देवी-देवता ढालपुर मैदान और आसपास के चिन्हित स्थानों पर अस्थायी शिविरों में ठहरेंगे। 7 दिनों तक दशहरा उत्सव के दौरान भगवान रघुनाथ भी ढालपुर में अस्थायी शिविर में रहकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। वहीं, मंगलेश्वर महादेव के कारदार नानक चंद नेगी व पूर्व बीडीसी सदस्य ओम प्रकाश ने कहा कि मंगलेश्वर महादेव का हारियान क्षेत्र बहुत बड़ा है। देवता के हारियान क्षेत्र में छेंऊर, चौहकी, कन्हा, कोट, जछणी, सेऊंड, फागू, पैनीसेरी, शरण व चकरींगा सहित अन्य कई गांव आते हैं। देवता को करीब 25 हजार रुपए नजराना मिलता है। उन्होंने कहा कि कई देवी-देवता महज एक गांव या एक परिवार के ही हैं और उन्हें इससे भी काफी ज्यादा नजराना मिलता है। इस प्रकार की विसंगति को दूर किया जाना चाहिए और बड़े हारियान क्षेत्र वाले देवता को उचित नजराना राशि मिलनी चाहिए।
सुबाथू छावनी के साथ लगते गांव नयानगर में आजाद हिन्द फौज के स्वतंत्रता सैनानी शहीद मेजर दुर्गा मल्ल को आज भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान और समस्त शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने शहीद दुर्गा मल्ल की कुर्बानी को याद किया और पुष्प अर्पित करते हुए कहा की उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। सुबाथू के पूर्व सूबेदार मेजर दीपक तमांग ने बताया कि शहीद दुर्गा मल्ल नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिन्द फौज में एक अहम गुप्तचर विभाग में मेजर के पद पर कार्यरत थे। उन्हें 27 मार्च 1944 को महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित करते समय शत्रु सेना के हाथों मणिपुर में कोहिमा के पास उखरुल में पकड़ लिया गया। बंदी बनाने और मुकदमे के बाद उन्हें बहुत यातनाएं दी गईं। इसके बाद 15 अगस्त 1944 को उन्हें लाल किला के केंद्रीय कारागार में लाया गया और ठीक दस दिनों बाद 25 अगस्त को फांसी के फंदे पर चढ़ा दिया गया। उनके बलिदान दिवस पर पूरे देश ने उन्हें कृतज्ञता से नमन किया। जाडला पंचायत की प्रधान अंजुला भंडारी ने बताया की सोमवार को शहीद मेजर दुर्गा मल्ल को पूर्व सैनिकों सहित स्थानीय लोगो ने श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने खगोल विज्ञान के माइनर छात्रों के सहयोग से भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान संकाय में बड़े उत्साह के साथ राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया और छात्रों को क्षितिज से आगे देखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सहायक प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार के परिचय से हुई, जिन्होंने आधुनिक समय में अंतरिक्ष विज्ञान के महत्व पर बात की, एम.एससी. भौतिकी के छात्र उदय सिंह ने "हम अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का अध्ययन क्यों करते हैं" विषय पर एक प्रेरक भाषण दिया, जिसमें इस बात पर ज़ोर दिया गया कि अंतरिक्ष अनुसंधान मानवता के भविष्य से कैसे जुड़ा है। उत्साह को और बढ़ाते हुए, बी.एससी. खगोल विज्ञान के छात्र केविन ने चंद्रयान मिशन और उस तकनीकी प्रगति पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी जिसने भारत को एक गौरवशाली अंतरिक्ष शक्ति बनाया है। सत्र का समापन एम.एससी. भौतिकी के आशीष ठाकुर के चिंतनशील भाषण के साथ हुआ, जिन्होंने छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा और जुनून को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस समारोह में छात्रों और संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। इसने न केवल अंतरिक्ष में भारत की उल्लेखनीय यात्रा के बारे में जागरूकता पैदा की, बल्कि युवा मस्तिष्कों को बड़े सपने देखने और आसमान से परे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
13 अगस्त, 2025 को गीता आदर्श विद्यालय सोलन द्वारा आयोजित "श्लोक उच्चारण और श्लोक गायन प्रतियोगिता" में दगशाई पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में पूरे क्षेत्र के लगभग 30 स्कूलों ने भाग लिया था। दगशाई पब्लिक स्कूल की अविका गौर ने गीता श्लोक उच्चारण (भाषण) श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया, और अपने स्पष्ट तथा प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण से न्यायाधीशों को प्रभावित किया। भार्गवी वर्मा को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया, और उन्हें गीता श्लोक गायन श्रेणी में प्रशंसा का पुरस्कार दिया गया। अपने छात्रों के असाधारण प्रदर्शन के कारण, दगशाई पब्लिक स्कूल को अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित ओवरऑल ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर, स्कूल के प्रिंसिपल सरदार तेजिंदरजीत सिंह ने कहा, "हमें अपने छात्रों पर बहुत गर्व है। यह जीत उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। यह दिखाता है कि हमारे छात्र सिर्फ शिक्षा में ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों में भी उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं। हम भविष्य में भी उन्हें ऐसे मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कुनिहार : राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में सायरी स्कूल का उत्कृष्ट प्रदर्शन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सायरी जिला सोलन की 12 छात्राओं ने सी एस एल सी विज्ञान संग्रहालय शोघी ( शिमला ) में आयोजित लोक नृत्य प्रतियोगिता तथा चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें विज्ञान वर्णन के साथ लोक नृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा मेरे सपनों का भारत विषय पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक रविकांत ठाकुर ने विजेता तथा उपविजेता छात्रों को पारितोषण देकर सम्मानित किया इस अवसर पर विद्यालय अध्यापक राम कोंडल और निकिता बंसल छात्रों के साथ उपस्थित रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य इंदु शर्मा ने विजेता तथा उपविजेता छात्राओं उनके अभिभावकों तथा विद्यालय अध्यापकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा छात्रों को भविष्य में बढ़ चढ़कर कर इस तरह की भविष्यवादी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश जनजीवन के लिए आफत बन गयी है। इसी बीच जिला चंबा में बादल फटने की घटना सामने आई है। डलहौजी-तलाई मार्ग पर तलाई नामक स्थान पर बादल फटने से नाला उफान पर आ गया। नाले में आई बाढ़ नीचे स्थित गुनियाला गांव तक पहुंच गई। गुनियाला गांव में नाले की बाढ़ की चपेट में आकर कई चौपहिया वाहनों सहित कुछ दोपहिया वाहन बह गए। बिजली के ट्रांसफार्मर सहित खंभों व तारों को भी भारी नुकसान हुआ है। बनीखेत के नाले भी उफान पर हैं। यहां नालों के समीप स्थित घरों के अंदर तक पानी व कीचड़ पहुंच गया है। तलाई में आई बाढ़ में एक जंजघर भी बादल फटने से बाढ़ की चपेट में आ गया। भूस्खलन होने से डलहौजी के सुभाष चौक से गांधी चौक की ओर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया है। साथ ही देवीदेहरा रॉक गार्डन में नाले में आई बाढ़ की चपेट में आकर एक पुल ढह गया व श्मशानघाट भी बाढ़ की चपेट में आ गया है। पुल ढहने से आसपास के लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। बाढ़ का रौद्र रूप देख लोग दहशत में हैं। चंबा-पठानकोट एनएच बाथरी के समीप नाल्डा पुल के साथ पहाड़ी गिरने से बंद हो गया है, इस कारण हजारों मणिमहेश यात्री व अन्य लोग यहाँ फंसे हुए हैं। जिला चंबा में रविवार सुबह से हो रही भारी वर्षा के चलते चंबा-भरमौर एनएच सहित कई मुख्य व संपर्क मार्गों पर भारी भूस्खलन हुआ है, जिस कारण मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। चंबा भरमौर एनएच लाहड़ के समीप भारी भूस्खलन होने के कारण बंद है। मार्ग के बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण की ओर से मशीनरी व कर्मचारियों को इसे बहाल करने के लिए भेज दिया है। भारी वर्षा से चंबा-भरमौर एनएच कलसुईं के समीप भी बंद हो गया है। इसके अलावा चंबा-भटियात वाया जोत, चंबा-खजियार वाया गेट, चंबा-तीसा, शाहपुर-सिहुंता-लाहड़ू तथा तुनुहट्टी-लाहड़ू-चुवाड़ी मार्ग भी भारी बारिश व भूस्खलन के कारण बंद हैं। तीसा-सत्यास मार्ग भारी भूस्खलन के कारण बंद है। रठियार-भनेरा मार्ग पर रठियार नाला में भारी मात्रा में पानी के साथ मलबा सड़क पर बह रहा है, जिस कारण इस मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद है। इसके अलावा सुंडला-भलेई मार्ग पर भलेई नाला के समीप भी भारी भूस्खलन हुआ है। लाहड़ू-ककीरा मार्ग घारी में भूस्खलन के कारण बंद है।
हिमाचल प्रदेश के मणिमहेश में बीती रात में दो और आज सुबह एक श्रद्धालु की मौत हो गई। तीनों श्रद्धालुओं की जान मणिमहेश यात्रा के दौरान ऑक्सीजन की कमी से गई है। इनके शव पोस्टमॉर्टम के लिए भरमौर लाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान पंजाब के पठानकोट के अमन (18), रोहित (18) और गुरुदासपुर के अनमोल (26) के तौर पर हुई है। अमन और रोहित के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद भरमौर में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, अमन को बीती रात को कमल कुंड से रेस्क्यू किया गया और गौरीकुंड में मौत हो गई, जबकि रोहित की मौत कुगती ट्रैक पर ऑक्सीजन की कमी से हुई है। वहीं अनमोल की मौत धंचो में आज सुबह 10 बजे हुई। माउंट ट्रेनिंग और एनडीआरएफ की टीम दोनों के शवों को भरमौर ला रही है। SDM भरमौर ने बताया कि पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण मणिमहेश यात्रा पर अस्थाई रोक लगा दी गई है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल में बीते 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है। वहीं भारी बारिश से पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे जगह जगह लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ा है। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इससे कई जगह मणिमहेश यात्री फंसे हुए हैं।
रविवार को पुलिस थाना मझीन क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता से बिछड़ा 10 वर्षीय बालक सुरक्षित अपने पिता से मिल पाया है।जानकारी के अनुसार बिहार निवासी यह बालक परिवार से बिछड़कर इधर-उधर भटक रहा था। किसी ने इसकी सूचना तुरंत थाना मझीन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बच्चे को सुरक्षित अपने साथ थाने ले आई। पुलिस ने न केवल बच्चे का ख्याल रखा बल्कि धैर्यपूर्वक पूछताछ कर उसके परिवार की तलाश भी शुरू कर दी। लगातार प्रयासों और तफ्तीश के बाद आखिरकार पुलिस को बच्चे के पिता का पता मिल गया। थोड़ी ही देर में पिता चन्द्रशेखर थाना पहुँचे। पुलिस ने औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद मासूम को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया। बेटे को सीने से लगाकर पिता की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े और थाने का माहौल भावुक हो उठा। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि देहरा पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालने में ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा में भी अग्रणी है। स्थानीय लोग भी पुलिस के इस संवेदनशील रवैये की सराहना करते दिखे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों या यात्राओं के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश श्री गुरु रविदास महासभा के द्वारा अंबेडकर भवन दयाल में प्रबुद्ध भारत फाऊंडेशन के सौजन्य से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जीवन संघर्ष प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। सभा के प्रधान राकेश भाटिया ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्र से आए हुए लगभग 100 से अधिक बच्चों ने अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि प्रबुद्ध भारत फाऊंडेशन संस्था की ओर से हर वर्ष अगस्त माह में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है और प्रतिभागियों को इनाम वितरित किए जाते हैं। इससे प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मुख्य रूप से सुदर्शन कुमार प्रधानाचार्य, प्रवक्ता राजकुमार, मुकेश कुमार, संजीव कुमार, दिनेश कुमार वरिष्ठ उप प्रधान, प्रदीप कुमार, गोल्डी, सुनीता देवी और विशेष रूप से राजिंदर कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
नेशनल कराटे फेडरेशन नॉर्थ जोन कराटे चैंपियनशिप 2025 कालका में आयोजित की गयी जिसमें कराटे अकादमी देहरा के बच्चों ने 16 पदक जीते। टीम के कोच सेंसेई पवन ने बताया कि ये बच्चे कराटे अकादमी देहरा में प्रशिक्षण लेते हैं। टूर्नामेंट्स में उम्दा प्रदर्शन करते हुए आयुष्मान ने 1 गोल्ड, अमोघ वालिया ने 2 ब्राउनज़, युवान ने 2 ब्राउनज़, अरव ने 1 ब्राउनज़, अथर्व सरोच ने 1 सिल्वर व 1 ब्राउनज़, शिवा ने 2 सिल्वर, तेनज़िन नेगी ने 1 सिल्वर व 1 ब्राउनज़, अविग्ना ने 1 गोल्ड, छेकीत नेगी ने 1 गोल्ड व 1 सिल्वर, और नव्या शर्मा ने 1 सिल्वर मैडल जीता है। बच्चो ने काता और कुमिते दोनों में अपना दम ख़म दिखा कर अपनी काबलियत का प्रदर्शन किया।
देहरा उपमंडल राजकीय महाविद्यालय में सर्व सम्मति से ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन का गठन किया गया। इस चुनाव में लगभग 150 भूतपूर्व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। जिसमें महाविद्यालय में कार्यरत कई छात्र भी शामिल हुए। महिंद्र सिंह राणा को दूसरी बार कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुना गया एवं कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का चयन उनकी सहमति से किया जाएगा, इस निर्णय का समर्थन हाउस में उपस्थित सभी पूर्व छात्रों ने किया। ओ एस ए के सचिव प्रोफेसर सुशील कुमार भारद्वाज ने पुराने छात्रों एवं नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष तथा सभी अन्य सदस्यों का धन्यवाद किया। इसके साथ उन्होंने महाविद्यालय के सभी कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
विकास खंड कंडाघाट की ग्राम पंचायत जधाना में श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिवस कथा ब्यास प्रवीण भार्गव ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व को बताया। उन्होंने ये भी कहा कि वेदों का सार युगो-युगो से मानव जाति तक पहुंचता रहा है। भागवत महापुराण को वेदों का सार कहा गया है। उन्होंने श्रीमद् भागवत महापुराण की व्याख्या करते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत अर्थात जो श्री से युक्त है, श्री अर्थात चैतन्य,सौंदर्य, ऐश्वर्य। यह एक ऐसी अमृत कथा है जो देवताओं के लिए भी दुर्लभ है। राजा परीक्षित ने स्वर्ग अमृत की बजाय कथामृत की ही मांग की। कथा के दौरान उन्होंने वृंदावन का अर्थ बताते हुए कहा कि वृंदावन इंसान का मन है कभी-कभी इंसान के मन में भक्ति भाव जागृत होता है। परंतु वह जागृति स्थाई नहीं होती इसका कारण यह है कि हम ईश्वर की भक्ति तो करते हैं पर हमारे अंदर वैराग्य व प्रेम नहीं होता। इसलिए वृंदावन में जाकर भक्ति देवी तो तरूणी हो गई पर उसके पुत्र ज्ञान और वैराग्य अचेत और निर्बल पड़े रहते हैं। उनमें जीवंतता और चैतन्यता का संचार करने हेतु नारद जी ने भागवत कथा का ही अनुष्ठान किया। जिसको श्रवण करके वह पुनः जीवंत और सफल हो उठे। क्योंकि व्यास जी कहते हैं कि भागवत कथा एक कल्प वृक्ष की भांति है जो जिस भाव से कथा श्रवण करता है वह उसे मनोवांछित फल देती है। यह निर्णय हमारे हाथों में है कि हम प्रभु से संसार की मांग करते हैं या करतार की। कथा के दौरान सुमधुर भजनों का गायन भी किया जा रहा है। वहीं कथा आयोजकों की ओर से सभी भक्तों के लिए प्रति दिन भंडारे की व्यवस्था की जा रही है।
डीएवी भड़ोली स्कूल में प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा की अध्यक्षता में जेंडर सेंसिटिविटी विषय पर एक दिवसीय सीबीएसई कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कैंब्रिज पब्लिक स्कूल पालमपुर की प्रिंसिपल प्रिया कपिल और डीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा की शिक्षिका स्वाति कालरा ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया। कार्यशाला की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चारण और डीएवी गान से हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि लड़के और लड़कियों के बीच समानता ही एक सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी की क्षमता, अवसर और अधिकार उसके लिंग से नहीं बल्कि उसकी योग्यता, मेहनत और व्यक्तित्व से तय होते हैं। शिक्षकों के लिए आयोजित समूह चर्चाएँ, गतिविधियाँ और व्यावहारिक अभ्यास इस कार्यशाला का मुख्य आकर्षण रहे, जिनसे उन्होंने लैंगिक संवेदनशीलता के सिद्धांतों को गहराई से समझा। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को यह संदेश दिया कि वे इन मूल्यों को अपने व्यवहार और शिक्षण पद्धति में शामिल करें, ताकि विद्यार्थियों के बीच समानता और सम्मान की भावना विकसित हो।कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
शैक्षणिक गतिविधि के अंतर्गत बी डी ओ कार्यालय, डाकघर, हस्पताल, राजदरबार और कृषि फार्म का किया भ्रमण बी एल सेंट्रल पब्लिक स्कूल कुनिहार के बच्चों ने एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक के बच्चों ने शैक्षणिक गतिविधि के अंतर्गत शनिवार को बी डी ओ कार्यालय, डाकघर, हस्पताल, राजदरबार और कृषि फार्म में जाकर शैक्षणिक भ्रमण किया I उन्होंने बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण शैक्षणिक गतिविधि प्रभारी इशान भाटिया की अगुवाई में किया गया I विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि इन सभी बच्चों को बी डी ओ कार्यालय कुनिहार, डाकघर, हस्पताल, राजदरबार और कृषि फार्म के आला आधिकारियों ने व्यवहारिक ज्ञान साझा किया I विद्यालय अध्यक्ष ने इस प्रकार शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन करवाने के लिए सभी अध्यापकों की प्रशंसा की I उन्होंने बताया की इन सभी बच्चों के साथ अध्यापक वर्ग भी मौजूद रहे I सभी बच्चे इस शैक्षणिक भ्रमण से खुश थे I विद्यालय अध्यापक संघ अध्यक्ष रतन तंवर, उप प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल और मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने भी सभी बच्चों और अध्यापकों शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन करने के लिए बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की I
5 जुलाई 2025 को जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन द्वारा अपनी पांच सूत्रीय मांगों के बारे में सरकार को 25 दिनों का नोटिस दिया गया था। लेकिन इस अवधि के दौरान सरकार द्वारा कोई भी सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। अतः मजबूर होकर जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला संर्घष समिति के अध्यक्ष के०डी० शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक करनी पड़ी। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी डी डी कश्यप ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। डी डी कश्यप ने बताया कि बैठक में सर्व-सम्मति से धनीराम तनवर संयोजक एवं मुख्य सलाहकार प्रदेश पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन को संघर्ष समिति का सहायक नियुक्त किया गया। संर्घष समिति के जिलाध्यक्ष व राज्य कार्यकारणी के मुख्य सलाहकार के डी शर्मा ने बैठक में कहा कि 3 सितम्बर 2025 को जिला के तमाम पेंशनरों की एक विशाल जन सभा आयाजित की जायगी जिसमें संघर्ष की आगामी रणनीति की रूपरेखा तैयार की जायेगी। ताकि सरकार पर पेंशनरों की मांगों को लेकर दबाव बनाया जा सके। जल्द ही जन सभा का वैन्यू तय कर सभी को जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने सभी पेंशनरों को इस जन सभा के लिए तैयार रहने की अपील की है।
खेल और संस्कृति से बनेगा सशक्त समाज : दीपक ठाकुर शनिवार को स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी वर्ष 2025 के लिए गठित कर दी गई है। इस अवसर पर संगठन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं और साथ ही कार्यकाल के दौरान खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। नई कार्यकारिणी में पबनेश कुमार को अध्यक्ष, सुरेंद्र को उपाध्यक्ष, अरविंद शर्मा को सचिव, दीपक ठाकुर को महासचिव तथा अभिषेक शर्मा को कैशियर चुना गया है। इसके अलावा अशोक शर्मा, संजय कुमार, प्रिंस शर्मा, उत्तम सिंह, अंकित सूद और युगल किशोर सदस्य बनाए गए हैं, जबकि रवि कुमार को स्टोर कीपर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महासचिव दीपक ठाकुर ने युवाओं से अपील की कि वे नशे को त्यागकर खेलों को अपनाएँ। उन्होंने कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ ही एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव रख सकती हैं। वहीं, अध्यक्ष पबनेश कुमार ने भी साथियों से आह्वान किया कि वे खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने में सहयोग करें।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला देहरा जिला सयोंजक भागमल ने प्रदेश सरकार द्वारा छात्र संघ चुनाव बहाल न करने संबंधी जारी बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का यह तर्क कि "हिंसा के मामलों को देखकर छात्र संघ चुनाव बहाल करना सही नहीं है" पूरी तरह अलोकतांत्रिक और छात्र विरोधी है। जिला सयोंजक भागमल ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे सरकार लगातार 2013 से छीन रही है। वर्ष 2013 तक प्रदेश में छात्र संघ चुनाव होते रहे, लेकिन 2013 के बाद अब तक छात्रों को इस अधिकार से वंचित रखा गया है। शिक्षा मंत्री का बयान यह स्पष्ट करता है कि सरकार छात्रों की आवाज से भयभीत है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव केवल नेतृत्व गढ़ने का मंच ही नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं में लोकतांत्रिक संस्कारों को विकसित करने का माध्यम भी हैं। आज आवश्यकता है कि युवाओं को राजनीति से जोड़ने, उनकी समस्याओं को उठाने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छात्र संघ चुनावों का मार्ग प्रशस्त किया जाए। जिला सयोंजक ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार और मंत्रीगण लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास करते हैं तो फिर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार को क्यों दबा रहे हैं? क्या सरकार को युवाओं की आवाज़ सुनने से डर लगता है? अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार शीघ्र ही छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं करती तो विद्यार्थी परिषद पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। नैंसी अटल ने स्पष्ट कहा कि अब प्रदेश के छात्र और अभाविप चुप बैठने वाले नहीं हैं, बल्कि हर स्तर पर संघर्ष करेंगे ताकि छात्रों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार वापस दिलाया जा सके।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडा सीबा में शनिवार को फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य जतिंदर कुमार ने की। इस पार्टी का आयोजन संयुक्त रूप से बी.ए. और बी.कॉम द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। मंच पर आयोजित रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने पार्टी को यादगार बना दिया। प्रतिभा और आत्मविश्वास के आधार पर बी.ए. प्रथम वर्ष से कार्तिक को मिस्टर फ्रेशर, प्रगति को मिस फ्रेशर, वहीं बी.कॉम प्रथम वर्ष से अनामिका को मिस फ्रेशर चुना गया। विजेताओं को उपाधि और सम्मान प्रदान कर सभी ने उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यवाहक प्राचार्य जतिंदर कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कॉलेज जीवन सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, मित्रता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (ATMA), विभाग धर्मपुर द्वारा विकास खंड पट्टा की ग्राम पंचायत भावगुड़ी में एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सौ से अधिक किसानों ने भाग लिया। मास्टर ट्रेनर संजीव ठाकुर ने बताया कि इस गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों व बाजार संभावनाओं से अवगत कराना था। खंड तकनीकी प्रबंधक गौरव ठाकुर ने किसानों को प्राकृतिक खेती की विधियों, इसकी उपयोगिता तथा इससे तैयार उत्पादों जैसे मक्की, गेहूं व कच्ची हल्दी के विक्रय मूल्य के बारे में विस्तृत जानकारी दी। गोष्ठी के दौरान कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोटबेजा, बाड़ियाँ व गोयला के किसानों ने भी हिस्सा लिया और अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए। इस अवसर पर पंचायत भावगुड़ी की प्रधान दुर्गावती शर्मा, खंड तकनीकी प्रबंधक गौरव ठाकुर, सहायक तकनीकी प्रबंधक संजीव चौधरी, मास्टर ट्रेनर संजीव ठाकुर, स्वाति ठाकुर, किसान हीरा लाल, दीवान चंद, ध्यान सिंह, सुरेंद्र सिंह, रक्षा देवी सहित अन्य कई किसान उपस्थित रहे।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के लायन एको क्लब की छात्रा सृष्टि बदन ने जिला सोलन में कनिष्ट वर्ग सलोगन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया की उप निदेशक स्कूल शिक्षा प्रारम्भिक के मार्ग दर्शन से जिला स्तर पर सलोगन प्रतियोगिता करवाई गई थी, जिसमे विद्यालय से छात्रा सृष्टि बदन ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर पहला स्थान प्राप्त किया हैI उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन आयशर पब्लिक स्कूल परवानू में किया गया था I इस दौरान स्लोगन विजेता सृष्टि बदन जिला सोलन के बेस्ट 20इको क्लब स्कूलों में स्कूल प्रबंधक गोपाल शर्मा व इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर को उप निदेशक स्कूल शिक्षा उच्च सोलन, प्रारम्भिक उप स्कूल शिक्षा निदेशक सोलन , जिला उप शिक्षा अधिकारी व जिला साइंस सुपरवाइसर अमरीश शर्मा द्वारा पारितोषिक व प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय अध्यक्ष ने इस उपलब्धि के लिए लायन एको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर को बधाई दी, और बताया कि विद्यालय में विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं और जिला और राज्य स्तर पर अपना परचम लहराता है I विद्यालय अध्यापक अभिभावक संघ अध्यक्ष रतन तंवर , उप- प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा और सभी अध्यापकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है I
विकास खंड कंडाघाट की ग्राम पंचायत जधाना में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें गाँव की महिलाओं ने पारंपरिक पोशाकों में भाग लेकर श्रद्धा और भक्ति का भाव प्रकट किया। ग्रामवासियों ने कथा वाचक प्रवीण भार्गव (मांजू वाले) का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कलश स्थापना के पश्चात, दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक ब्यास श्री प्रवीण भार्गव जी ने अपनी मधुर वाणी से कथा का रसपान करवाया। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा श्रवण के महत्व को विस्तार से समझाते हुए कहा कि "कलयुग में केवल कथा श्रवण से ही सभी दुखों और कष्टों का अंत संभव है।" कथा आयोजन बुद्धि राम ठाकुर द्वारा अपनी दिवंगत पत्नी स्व. कौशल्या देवी की चतुर्वार्षिक पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया है। इस ज्ञान यज्ञ के माध्यम से दिवंगत पुण्यात्मा की आत्मा की शांति और मोक्ष हेतु प्रार्थना की जा रही है। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि वे प्रतिदिन कथा में सम्मिलित होकर कथा का रसपान करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। आज के शुभारंभ अवसर पर गाँव की बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से आयोजन स्थल श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया।
ग्राम पंचायत रनो में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक, सुबाथू द्वारा नाबार्ड के सौजन्य से तथा भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से एक संयुक्त शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक ओम राज ठाकुर एवं वरिष्ठ सहायक सुंदरलाल ने पंचायत के नागरिकों को वित्तीय प्रबंधन, बचत के महत्त्व और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर के दौरान उपस्थित किसानों को भारत सरकार की ओर से निशुल्क कृषि सामग्री भी वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य किसानों को जागरूक बनाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना रहा। ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम की सराहना की और इसे बेहद लाभकारी बताया।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० अंजू रानी चौहान ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो० संजीव जसवाल ने प्राचार्या का स्वागत किया। उन्होंने भौतिकी विभाग के विद्यार्थियों से कहा कि आज का दिन चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि की वर्षगांठ का प्रतीक है । इस वर्ष की थीम है- “आर्यभट्ट से गगनयान : प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं तक”.इस थीम का उद्देश्य भारत की प्राचीन खगोल परंपरा और आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान को जोड़ते हुए आने वाले भविष्य की ओर संकेत करना है। आर्यभट्ट की खोजों से लेकर गगनयान मिशन की तैयारियों तक यह यात्रा बताती है कि भारत न केवल अतीत से सीख रहा है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के लिए भी पूरी तरह तैयार है. भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण इतिहास में इस ऐतिहासिक क्षण के उपलक्ष्य में इस दिन को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया गया। यह इसरो की उल्लेखनीय प्रगति का सम्मान करता है, और देश की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं पर गर्व की भावना जगाता है। भौतिकी विभाग के छात्र छात्राओं द्वारा भी विभिन्न विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत की गई । इस अवसर पर डॉ. विकास धीमान, डॉ. शगुन, डॉ. कपिल सूद, प्रो० राज कुमार परमार, प्रो० कंचन और प्रो० पीताम्बर आदि उपस्थित रहे।
सोलनवासियों के लिए एक बड़ी राहत और बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधा का अवसर सामने आया है। आगामी रविवार, 31 अगस्त को सोलन डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा एक निःशुल्क मल्टी स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविरका आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जटोली मन्दिर, सोलन में आयोजित किया जाएगा, जो सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जाँच की जाएगी और उन्हें आवश्यक परामर्श भी मुफ्त में दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रोगियों को कुछ जरूरी दवाइयाँ भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिविर का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है, जो किसी कारणवश नियमित जांच और इलाज नहीं करवा पाते। आयोजकों ने बताया कि यह शिविर लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है। इसमें मेडिसिन (जनरल रोग),सर्जरी, अस्थि रोग (हड्डी रोग),स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी), त्वचा रोग,बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) ,मूत्र रोग (यूरोलॉजी), मानसिक रोग (साइकेट्रिक), ईएनटी (कान, नाक, गला रोग), नेत्र रोग, दंत रोग (डेंटल), फिजियोथेरेपी आदि की जाँच होगी।
एमबीएस इंटेलेक्चुअल्स, घुमारवीं के छात्र और बिलासपुर के अमरपुर गांव निवासी शिव मंथन ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट अधिकारी के रूप में चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन तकनीकी प्रवेश योजना (TES-54) के तहत एसएसबी साक्षात्कार के माध्यम से हुआ। 12 अगस्त को इलाहाबाद स्थित एसएसबी चयन केंद्र में आयोजित इंटरव्यू में शिव मंथन ने स्क्रीनिंग टेस्ट, मुख्य साक्षात्कार और मेडिकल परीक्षा – तीनों चरणों में सफलता हासिल की। इसके बाद 11 एसएसबी इलाहाबाद ने उन्हें अंतिम चयन के लिए अनुशंसित किया है। रक्षा मंत्रालय जल्द ही सफल उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट व जॉइनिंग लेटर जारी करेगा। शिव जनवरी 2026 से बी.टेक कार्यक्रम में दाखिला लेकर डिग्री पूर्ण करने के पश्चात भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त करेंगे। शिव वर्तमान में एनआईटी हमीरपुर से गणित एवं कंप्यूटिंग विज्ञान में बी.टेक कर रहे हैं और एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट भी हैं। उनके पिता श्री चमन लाल प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं और माता गृहणी हैं। एमबीएस इंटेलेक्चुअल्स संस्थान के संस्थापक सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर भूपेंद्र सिंह जसवाल ने बताया कि शिव मंथन ने डेढ़ महीने तक संस्थान में एसएसबी इंटरव्यू की तैयारी की और यह बड़ी सफलता अर्जित की। उन्होंने शिव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है और भावी उम्मीदवारों को सही मार्गदर्शन के लिए संस्थान से जुड़ने की सलाह दी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नेहरनपुखर में 28 अगस्त 2025 को एक भव्य कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देश की तीन प्रतिष्ठित कंपनियां Swaraj (Mahindra & Mahindra), GMP Tech. Solutions Pvt. Ltd. और Shriram Pistons and Rings Ltd. भाग लेंगी और युवाओं को सुनहरे रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। पहली कंपनी Swaraj (Mahindra & Mahindra) प्लांट-3, हुमायूँपुर-हंडेसरा, जिला अंबाला (हरियाणा) है। यह भर्ती सभी मैकेनिकल ट्रेड (आईटीआई) अभ्यर्थियों के लिए होगी। चयन फ्रेशर्स के लिए अप्रेंटिसशिप के रूप में किया जाएगा और इसके लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। दूसरी कंपनी GMP Tech. Solutions Pvt. Ltd., चुण्नी कलां, जिला फतेहगढ़ (पंजाब) है, जो आईटीआई वेल्डर ट्रेड के युवाओं की भर्ती करेगी। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा ₹21,600 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इस पद के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। तीसरी कंपनी Shriram Pistons and Rings Ltd., पाथरेड़ी (भीवाड़ी), राजस्थान है। यह कंपनी फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमवी, इलेक्ट्रिशियन, टूल एंड डाई सहित विभिन्न ट्रेडों में भर्ती करेगी। साथ ही नॉन-आईटीआई अभ्यर्थियों को भी अवसर प्रदान किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को लगभग ₹14,430 प्रतिमाह वेतन मिलेगा और इस भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तय की गई है। संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी योग्य उम्मीदवार 28 अगस्त 2025 को प्रातः 9:00 बजे अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, बायोडाटा एवं पासपोर्ट साइज फोटो सहित आईटीआई नेहरनपुखर में उपस्थित होकर इस कैंपस इंटरव्यू में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह इंटरव्यू युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक सुनहरा अवसर है और अधिक से अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होना चाहिए।
जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गांव सुभाषपुर (डा. तियामल) के होनहार युवक साहिल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पंजाब नेशनल बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर का पद हासिल कर गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। साहिल की इस उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। साहिल, गुरदयाल सिंह (भाषा अध्यापक) और माता निशा रानी (गृहिणी) के सुपुत्र हैं। उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई राजकीय उच्च पाठशाला तियामल से तथा जमा दो की शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल देहरा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बी.एससी. एस.डी. कॉलेज चंडीगढ़ से और एमबीए सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला से किया। एमबीए के उपरांत साहिल का चयन जयपुर में ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में मैनेजर पद पर हुआ। नौकरी के दौरान भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए भारत के प्रतिष्ठित संस्थान MICA-अहमदाबाद से डिजिटल मार्केटिंग में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की। साहिल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और दादा-दादी को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और आशीर्वाद के बिना यह संभव नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि साहिल की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि गांव का बेटा भी मेहनत और लगन से बड़ी ऊंचाइयां छू सकता है।
डाडा सीबा से तलबाड़ा वाया बढ़ाल हिमाचल पथ परिवहन निगम की पठानकोट डिपो की बस रूट पर समय पर ना आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा । शुक्रवार सुबह यात्री व स्कूली बच्चे अपने गंतव्य पर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े रहे लेकिन बस तकनीकी खराबी से अपने स्टेशन से ही 2 घंटे लेट निकली जिसके चलते सवारियों ने प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया है। साथ ही स्कूली बच्चों का पेपर भी था परन्तु वो स्कूल में समय पर नहीं पहुंच सके। बस के चालक ने बताया कि बस में इलेक्ट्रिकल फॉल्ट है, इस कारण बस स्टार्ट नहीं हुई । हिमाचल परिवहन पठानकोट डिपो की यह पहली बस सुबह 6:30 बजे डाडा सीबा से स्यूलखडड, मेहड़ा व घाटी होते हुए तलवाड़ा पहुंचती है । यह बस समय पर नहीं आने की वजह से कामगारों, स्कूली व कॉलेज के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । वहीं संसारपुर टैरस उद्योगों में काम करने वाले लोगों व स्थानीय लोगों ने कहा कि यही बस सुबह पहली व शाम को आखिरी बस होने के कारण कई लोगों के घरों तक पहुंचने का साधन है । लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है इस बस को सुचारू रूप से व सही बस भेजकर चलाया जाये। वहीं विद्यार्थियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बस इस रूट पर प्रतिदिन भेजी जाए। उन्होंने सरकार व प्रशासन से आग्रह किया है कि इस बस को प्रतिदिन रूट पर भेजा जाए ताकि स्कूली बच्चों व यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में अवैध खनन पर अंकुश न लगा पाने को लेकर कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने कांगड़ा के डीसी को शपथपत्र दाखिल कर यह बताने को कहा है कि खनन माफिया के खिलाफ प्रशासन ने कितने मामले दर्ज किए हैं। साथ ही ये भी बताने को कहा है कि खनन करने वालों से कितना जुर्माना वसूला गया है। हाईकोर्ट इस मामले में एक जनहित याचिका की सुनवाई कर रहा है। अदालत ने इस बारे में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव की रिपोर्ट का अवलोकन करने पर पाया कि न्यूगल नदी में अवैध खनन रोकने के लिए उपाय नहीं किया गया है। अदालत ने पाया कि न्यूगल नदी के किनारे के पहुंच मार्ग को अवरुद्ध कर खनन रोकने के लिए कोई स्थाई व्यवस्था नहीं की गई है। यही नहीं, कई साल से धर्मशाला में तैनात खनन अधिकारी राजीव कालिया माइनिंग गार्ड संतोष के खिलाफ भी कुछ आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। उद्योग विभाग के भूविज्ञानी के हलफनामे में केवल यह दर्शाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 से जून 2025 तक केवल पांच चालान किए गए। इसके अलावा इस साल 9 अप्रैल को केवल एक एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी जांच अभी चल ही रही है। इसी प्रकार, डीसी बिलासपुर के हलफनामे में बताया गया है कि अवैध खनन/परिवहन के 276 मामले पकड़े गए, जिनमें से 224 का निपटारा कर दिया गया है। साथ ही इसमें 14,15,300/- रुपये की चालान राशि वसूल की गई है। कुल 52 मामले संबंधित न्यायालयों में निर्णय के लिए लंबित हैं। रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर जिले में 13 खनन पट्टे जारी किए गए हैं। हालांकि डीसी कांगड़ा की तरफ से की गई कार्रवाई के संबंध में न तो कोई हलफनामा दाखिल किया गया है और न ही पुलिस ने कोई सक्रिय कार्रवाई की है। अदालत ने यह भी रिपोर्ट तलब की है कि धर्मशाला में तैनात दोनों अफसर राजीव कालिया और संतोष, यहां कितने समय से नौकरी पर हैं ।
विमल नेगी मामला: सीबीआई ने एसआईटी के डीएसपी से दिल्ली में की पूछताछ **जांच से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले **पूर्व पुलिस महानिदेशक को बुलाया दिल्ली हिमाचल प्रदेश राज्य ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता रहे विमल नेगी मौत मामले को लेकर सीबीआइ ने दिल्ली में एसआइटी के डीएसपी सहित दो निरीक्षकों से लंबी पूछताछ की है। इस संबंध में जांच को लेकर और कब्जे में लिए गए रिकार्ड के आलवा अन्य तथ्यों को लेकर सवाल जवाब किए गए हैं। सीबीआइ ने इस मामले में बड़े अधिकारियों को भी दिल्ली पूछताछ के लिए बुलाया हुआ है। बताया जा रहा है कि पूछताछ का सिलसिला आगामी दो दिनों जारी रहेगा। सीबीआइ इस मामले को लेकर ऊर्जा निगम के तत्कालीन अधिकारियों के अलावा एसआइटी जांच में शामिल रहे जांच अधिकारियों के बयान दर्ज कर चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक के बयान भी दर्ज किए जाने हैं। उन्हें बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली बुलाया गया है। सीबीआइ कब्जे में लिए गए सारे रिाकउर् को खांगालने के साथ जो साक्ष्य जुटाए गए हैं उन्हें भी खंगाल रही है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्तकर्ताओं का सत्यापन अब ई–कल्याण मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। जिला कल्याण अधिकारी किन्नौर नितिन राणा ने आज बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था लाना है। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला किन्नौर सहित प्रदेश में लगभग 8.03 लाख पात्र लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं राष्ट्रीय पेंशन योजनाएँ सम्मिलित हैं। किन्नौर जिला में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 9257 लोग लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इन सभी योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन 31 अगस्त, 2025 तक अनिवार्य है। लाभार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या ई–कल्याण मोबाइल ऐप के माध्यम से सत्यापन/पुनः पंजीकरण करवाएँ।
शूलिनी इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बिजनेस मैनेजमेंट (SILB) ने अपनी अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब का उद्घाटन किया, जो छात्रों को डिजिटल युग के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नई सुविधा में Apple और Dell सिस्टम, एक स्मार्ट बोर्ड और आधुनिक बैठने की व्यवस्था है ताकि छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और कोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा सके। इस लैब को नवाचार, समस्या-समाधान और व्यावहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जो शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों से जोड़ती है। SILB अध्यक्ष सरोज खोसला के नेतृत्व में, SILB लगातार भविष्य के लिए तैयार शिक्षा को आकार देने की दिशा में काम कर रहा है, जिसमें मजबूत शैक्षणिक नींव को उद्योग-प्रासंगिक कौशल के साथ जोड़ा गया है। AI लैब इसी दृष्टिकोण से जुड़ी एक नवीनतम पहल है, जो यह सुनिश्चित करती है कि छात्र तेजी से विकसित हो रही डिजिटल अर्थव्यवस्था में फलने-फूलने के लिए सशक्त हों। लैब का उद्घाटन प्रोफेसर आशीष खोसला, अध्यक्ष, नवाचार और विपणन ने किया, जिन्होंने नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा के प्रति SILB की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा की हमारा मानना है कि प्रत्येक छात्र को भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए। हमारी AI लैब केवल तकनीक के बारे में नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने करियर को आकार देने और समाज में सार्थक योगदान देने के लिए कौशल और आत्मविश्वास से सशक्त बनाने के बारे में है।
राजा बृजेन्द्रा सिंह, डाडा सीबा की भूमि पर शिवालिक कॉन्वेंट स्कूल द्वारा किए गए अवैध निर्माण को गिराकर हटाने के लिए ज़िला अदालत ने निचली अदालत के फ़ैसले को बरकरार रखते हुए, शिवालिक स्कूल की अपील को ख़ारिज कर दिया। ज्ञात रहे कि शिवालिक स्कूल ने जिस लीज डीड व जीपीए के आधार पर अवैध निर्माण किया था उसे माननीय अदालत ने ग़ैर क़ानूनी घोषित कर दिया है। राजा बृजेन्द्रा के जीपीए होल्डर अमित राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश के क़ानूनी प्रक्रिया के आधार पर जल्द ही कार्यवाही की जायेगी तथा अवैध निर्माण को हटाया जाएगा। इस बारे में स्कूल के संचालक मलकियत सिंह ने कहा कि वह इस पर हाई कोर्ट से अपील करेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष पर वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा की कार्यकारिणी की विषेश बैठक प्रधान जगदीश चन्द आजाद की अध्यक्षता में हुई। वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु निरन्तर काम करने के लिए अपनी बचनबद्धता दोहराई। भूत पूर्व सैनिकों की मांग पर यह निर्णय लिया गया कि सैनिक कल्याण अधिकारी, जो कि महीना में एक बार देहरा आता है, सप्ताह में एक बार आना चाहिए। इसका प्रस्ताव सैनिक अधिकारियों को उप मण्डल अधिकारी नागरिक देहरा के माध्यम से भेजा जाए। विषेश बैठक में वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा द्वारा समय समय पर जन कल्याण हेतु उठाए गए विषयों पर चर्चा हुई और यह निर्णय लिया कि लंबित मांगों को एक बार फिर उप मण्डल अधिकारी नागरिक के साथ उठाया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मिला प्रवेश राजकीय बाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रागपुर के आशुतोष ने इस वर्ष की नीट परीक्षा में 509 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं हिमाचल में उनका 165 रैंक है। राज्य मेरिट सूची में उनका दाखिला मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में हुआ है। आशुतोष ने 10वीं परीक्षा D.R.पब्लिक स्कूल नेहरन पुखर से एवं कक्षा 11,12 बॉयज स्कूल प्रागपुर से मार्च 2024 में पास किया और साथ ही वे प्लस टू के टॉपर भी रहे। आशुतोष ने बिना कोचिंग के घर में स्वयं तैयारी करके की परीक्षा पास की है। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं भरोसे का यह एक ज्वलंत उदाहरण है। आशुतोष के इस सफलता से विद्यालय में जोश एवं खुशी का माहौल है। आशुतोष ने इस चयन का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया है। आशुतोष नेहरन पुखर से हैं और उनके पिता रजनीश, बनीखेत चंबा में तहसीलदार हैं एवं उनकी माता गृहणी हैं।
देहरा: राष्ट्रीय स्तर क्विज में बॉयज स्कूल प्रागपुर के मयंक और सुहानी रहे प्रथम, जीते ₹20000 के इनाम
भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा स्कूलों के स्टैंडर्ड क्लब के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में राजकीय बाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रागपुर स्कूल के कक्षा 11 के छात्र मयंक एवं सुहानी शर्मा ने प्रथम पुरस्कार जीता है। इस जीत पर उन्हें ₹20000 का कैश प्राइज मिला है और इसके अलावा भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा नई दिल्ली के मंडुपम भ्रमण और अन्य प्रदर्शनी कार्यक्रमों में उन्हें मुफ्त यात्रा भी दी जाएगी। यह जानकारी विद्यालय के स्टैंडर्ड क्लब प्रभारी विवेक शर्मा द्वारा दी गई है। विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा कौशल और स्टाफ ने बच्चों को शुभकामनाएं दी। इस राष्ट्र स्तर की जीत पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में बच्चों द्वारा पौधारोपण किया गया I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के मार्ग दर्शन से विद्यालय में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत एन एस एस, एन सी सी, स्काउट्स एंड गाइड्स, लायन इको क्लब के बच्चों द्वारा पौधा रोपण किया गया I उन्होंने बताया कि वन विभाग मंडल कुनिहार की तरफ से वन रक्षक रीता दास की अगवाई में पौधा रोपण किया गया I विद्यालय से एन एस एस प्रभारी पुर्शोतम लाल व् ए एन ओ अमर देव मौजूद रहे I विद्यालय अध्यक्ष ने इन सभी बच्चों और सभी प्रभारियों के कार्य की सराहना की और साथ ही पौधे उपलब्ध करवाने के लिए वन विभाग का भी आभार व्यक्त किया। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण व् पौधा रोपण के महत्व की जानकारी प्रदान की I विद्यालय मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा और पी टी ए अध्यक्ष रतन तंवर ने भी एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण करने के लिए सभी बच्चों की सराहना की I कार्यक्रम के अन्त में बच्चों को फल बाटें गए I
भगवान कृष्ण की जन्माष्टमी का पर्व 15 अगस्त को पूरे प्रदेश में विधि-विधान से मनाया गया। भगवान कृष्ण के जन्म के छठे दिन उनकी छठी मनाई जाने की भी परंपरा है। इसी कड़ी में मंदिर में महिलाओं ने छठ का पर्व भगवान श्री कृष्ण के भजन गायन कर बड़ी धूमधाम से मनाया । मंदिर को रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। बच्चों ने कृष्ण व राधा बनकर कृष्ण भजनों पर नृत्य कर आये हुए सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। स्त्री सत्संग सभा सुबाथू की प्रधान ईशा गुप्ता ने बताया की भगवान कृष्ण की छठी का पूजन करने से जन्माष्टमी की पूजा पूरी होने के साथ सभी मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं। इस पर्व पर स्त्री सत्संग सभा से सरिता, सरीना, इंदु शर्मा, प्रिया कंवर, श्रुति, आशा, नीरू, मधु गुप्ता, संगीता शर्मा, अरिता शर्मा, अमिता शर्मा, अनीता शर्मा सहित सभा के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
शिमला: हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने B.Ed में प्रवेश के लिए जो पहले राऊंड की काऊंसलिंग प्रक्रिया है उसे पूरी हो जाने के बाद बीते कल बुधवार को खाली सीटों का ब्यौरा जारी कर दिया है। जारी किए ब्यौरे के मुताबिक HPU के शिक्षा विभाग समेत सरकारी व प्राइवेट B.Ed कालेजों में 4336 सीटें अभी खाली हैं। अब इन सभी खाली सीटों को भरने के लिए आज से दूसरे राऊंड की काऊंसलिंग ऑनलाइन शुरू की जाएगी। पहले राऊंड की काऊंसलिंग प्रक्रिया के बाद प्राइवेट B.Ed कालेजों में 4207 सीटें खाली रह गई हैं जबकि इन कालेजों में 991 सीटें ही भर पाई हैं। इसके अलावा HPU के शिक्षा विभाग में 28 सीटें खाली हैं जबकि इस विभाग में पहले राऊंड में 72 सीटेें ही भरी है। राजकीय कालेज ऑफ टीचर एजुकेशन धर्मशाला में 101 सीटें रिक्त रह गई हैं, जबकि यहां पर 149 सीटें ही भर पाई हैं। वहीं 588 उम्मीदवारों ने कालेज शिफ्ट करने के लिए आवेदन दिया है। अब इन खाली सीटों पर प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को एक बार फिर से ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा। उम्मीदवारों को अपनी लॉग इन आईडी के जरिये 5 कालेज की प्राथमिकताएं 25 अगस्त तक देनी होंगी। 27 अगस्त को स्पोर्ट्स कोटे के तहत B.Ed में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग HPU में होगी। 28 अगस्त को कल्चरल कोटे के तहत प्रवेश के लिए काऊंसलिंग होगी। 30 अगस्त को उम्मीदवारों को आबंटित कालेज की सुचना लॉग इन आईडी पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद 21 अगस्त से 2 सितम्बर तक संबंधित आबंटित कालेज में उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जायेगा और फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी।
सैकड़ों वाहन एवं और लोग जाम में फंसे हुए हैं मंडी: हिमाचल में लगातार भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से तबाही मची हुई है। आपको बता दें की कल बुधवार को सुबह मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर लंबाड़ी के नज़दीक भारी लैंडस्लाइड से यातायात पूरी तरह से बाधित है। बारिश के चलते NH-154 बिजनी के समीप मलबा आ गया जिसकी वजह से यह NH बंद हो गया है। पहाड़ी से लगातार पानी के रिसाव होने से बहाली में देरी हो रही है। इस पानी को डायवर्ट करने के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है, और इसके बाद ही हाईवे यातायात के लिए फिर से बहाल हो सकेगी। ऐसा उम्मीद जताई जा रही है कि आज रात तक हाईवे को एकतरफा बहाल किया जा सकता है। हाईवे के बंद होने जाने से सैकड़ों वाहन एवं और लोग जाम में फंसे हुए हैं। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि NH को खोलने में समय लग सकता है, इसी वजह से छोटी गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंडी जाने वाले यात्री के लिए साहल-गरलोग-कटिंडी मार्ग, वहीं पधर की ओर जाने वाले यात्री कटिंडी-नगरोटा-पाली मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि कुछ समय के बाद इन मार्गों पर यातायात को वन-वे कर दिया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति न बने। उन्होंने बड़े वाहन चालकों से अपील की है कि वे जहां हैं, अभी कुछ समय के लिए वहीं सुरक्षित स्थान पर रुके रहें और प्रशासन के आदेशों का पालन करें। एसडीएम ने जानकारी दी है कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पधर-डायना पार्क-कटिंडी मार्ग का निरीक्षण किया जा रहा है। यदि सड़क यातायात के लिए सुरक्षित पाया जायेगा तो इसे भी खोल दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरुरत हो तभी यात्रा करें, अनावश्यक यात्रा से बचे रहें ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने निलंबित एएसआई पंकज शर्मा को पुलिस गेस्ट हाउस में 24 घंटे निगरानी में रखे जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को सुरक्षा के नाम पर पुलिस कर्मी की स्वतंत्रता पर लगाए गए प्रतिबंधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने राज्य सरकार को यह भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं कि व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का हनन किए बिना यदि आवश्यक है तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। निलंबित एएसआई पंकज शर्मा पर चीफ इंजीनियर विमल नेगी के शव के पास बरामद पेन ड्राइव को गायब करने के आरोप लगे थे। न्यायाधीश अजय मोहन गोयल की अदालत ने जल्द से जल्द आवश्यक करवाई करते हुए याचिकाकर्ता को उसके परिवार से मिलने की अनुमति देने के आदेश दिए। कहा कि भविष्य में याचिकाकर्ता की सुरक्षा से संबंधित कोई भी निर्णय उसे विश्वास में लेकर ही लिया जाए। सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता अनूप रतन ने अदालत को बताया कि मामले में खतरे की आशंका को देखते हुए यह सुरक्षा याचिकाकर्ता को मुहिया करवाई गई थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि क्योंकि अब जांच राज्य एजेंसियों के बजाय सीबीआई की ओर से की जा रही है, इसलिए राज्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए तैयार है। सीबीआई की ओर से अदालत को बताया गया कि इस मामले में उनका कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि याचिकाकर्ता को सीबीआई के कहने पर हिरासत में नहीं लिया गया है। याचिका में आरोप लगाए गए थे कि उन्हें केवल निलंबित किया गया है और किसी भी निवारक हिरासत में नहीं है, फिर भी उन्हें जबरन पुलिस गेस्ट हाउस में रखा गया है। उनके कमरे के अंदर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है और 24 घंटे पुलिस गार्ड तैनात रहते हैं, जिससे उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाए कि यह करवाई बिना किसी कानूनी अधिकार और न्यायिक स्वीकृति के की गई है, जो संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राप्त उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने अदालत से मांग की थी कि उन्हें उनके सरकारी आवास भराड़ी में रहने की अनुमति दी जाए, जहां उनका परिवार रहता है। अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद सरकार को निर्देश जारी कर याचिका का निपटारा किया।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के डॉ. सरोजिनी महिषी महिला अध्ययन अनुसंधान केंद्र ने पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के मौके पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में डॉ. किस्मत कुमार, सहायकाचार्य, डॉ. अंबेडकर अध्ययन केंद्र, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शिरकत की। डॉ. किस्मत कुमार ने अपने उद्बोधन में पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से ही सहायक प्राध्यापक डॉ. श्रेया बक्शी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और अपने विचार साझा किए। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा, मनुराधा जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशासन में अपनी सेवाएं दे रही हैं, उन्होंने सारस्वत अतिथि के रूप में महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। इस व्याख्यान का आयोजन वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में हुआ। परिसर के सह निदेशक एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मंजूनाथ एस ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मोहिनी अरोड़ा, निदेशक, महिला अध्ययन अनुसंधान केंद्र ने की और धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रियंका ने और डॉ. दीप कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने आने वाले दिनों में महिला सशक्तिकरण एवं उत्थान के लिए महिला अध्ययन अनुसंधान केंद्र द्वारा उठाए जाने वाले कदमो और प्रस्तावित कार्यक्रमों से भी अवगत कराया, जिनमें मुख्य रूप से महिला अध्ययन में अभिविन्यास कार्यशाला, व्यक्तित्व विकास शिविर, महिला सशक्तीकरण पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, महिला हेल्पडेस्क शामिल है। केंद्र की निदेशक प्रो. मोहिनी अरोड़ा ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी जी के अनुमोदन से जल्द ही इन योजनाओं को प्रारंभ किया जाएगा। प्रो. अरोड़ा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और उत्थान के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के डॉ. सरोजिनी महिषी महिला अध्ययन अनुसंधान केंद्र द्वारा आयोजित इस विशेष व्याख्यान ने पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को यादगार बना दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों और उनके योगदान को याद किया और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा एशिया कप में पाकिस्तान के साथ भारतीय क्रिकेट टीम को खेलने की अनुमति दी गई है, जिसका विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को विधानसभा के मानूसन सत्र के दौरान जीरो अवर में कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन ने सदन के अंदर प्रस्ताव लाकर भारत पाक क्रिकेट मैच को लेकर आपत्ति जताई हैं इस प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से यह आग्रह किया है कि पाकिस्तान के साथ भारतीय क्रिकेट टीम के मैच खेलने की अनुमति को रद्द किया जाए। इंदौरा से कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि सीमा पार से निरंतर आतंकी हमलो को देखते हुए पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार का खेल संबंध न तो राष्ट्रीय भावना के अनुकूल है और न ही शहीदों के प्रति सम्मानजनक है। यदि मैच होता है तो यह शहीदों और उनके परिवार के प्रति अन्याय होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों के जरिए निर्दोष नागरिकों को अपना शिकार बना रहा है, घुसपैठ करवाई जा रही है। उसको देखते हुए माहौल अनुकूल नहीं है। ऐसे में किसी भी तरह का मैच पाकिस्तान के साथ न खेला जाए। इसको देखते हुए आज सदन के अंदर जीरो अवर में इस प्रस्ताव को उठाया गया साथ ही प्रदेश की विधानसभा केंद्र सरकारऔर बीबीसीआई से यह मांग करेगी कि भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान से कोई भी मैच खेलने कि अनुमति नहीं दी जाए।
जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के मुख्य कार्यालय, कथेड़ में बुधवार को बैंक के 101वें स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक की उन्नति के लिए पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। ज्ञात हो कि इस बैंक की स्थापना 20 अगस्त 1924 को नालागढ़ में हुई थी। बीते वर्ष बैंक के इतिहास में स्वर्णिम रहा, जब बैंक ने अपनी गौरवशाली यात्रा के 100 वर्ष पूर्ण किए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शताब्दी समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी और नवनिर्मित मुख्य कार्यालय भवन का लोकार्पण किया था। साथ ही, बैंक के नए लोगो का भी अनावरण किया गया था। इस आधुनिक भवन के निर्माण पर लगभग 8 करोड़ रुपये व्यय हुए, जिसमें सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। बैंक के चेयरमैन अधिवक्ता मुकेश शर्मा और प्रबंध निदेशक पंकज सूद ने बताया कि विगत तीन वर्षों में बैंक ने अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं। बैंक ने 2024 में चार नई बैंक शाखाएँ खोली अब बैंक की कुल 37 शाखाएँ जिला सोलन में कार्य कर रही है। बैंक का सकल और शुद्ध लाभ, एनपीए प्रबंधन, और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य शामिल हैं। बैंक का कुल कारोबार 2139 करोड़ का है , बैंक का शुद्ध लाभ वित्तीय वर्ष 2021-22 में 6.32 करोड़ रुपये था, जो 2022-23 में बढ़कर 18.04 करोड़, 2023-24 में 19.71 करोड़, और 2024-25 में 20.02 करोड़ रुपये रहा। बैंक का नेट एनपीए पिछले तीन वर्षों में शून्य प्रतिशत रहा है, जबकि सकल एनपीए 2022-23 में 8 प्रतिशत से अधिक से घटकर 2.76 प्रतिशत हो गया है। इसके अतिरिक्त, बैंक का प्रोविजनल कवरेज रेशियो 100 प्रतिशत, सीआरएआर रेशियो 15.96 प्रतिशत, और सीडी रेशियो 49.82 प्रतिशत है, जो बैंक की कुशल कार्यप्रणाली को दर्शाता है। वर्ष 2024 में बैंक को क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (CGTMSE) का लाइसेंस प्राप्त हुआ। देश के 351 केंद्रीय सहकारी बैंकों में से केवल 23-24 बैंकों को यह लाइसेंस मिला है, जो बैंक की कार्यकुशलता का प्रमाण है। पिछले वर्ष बैंक को "बेस्ट प्रोमिसिंग बैंकिंग लीडरशिप" अवार्ड से सम्मानित किया गया। हाल ही में नाबार्ड द्वारा बैंक को कोऑपरेटिव क्रेडिट डिलीवरी, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने, और मिनिस्ट्री ऑफ कोऑपरेशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए पुरस्कृत किया गया। बैंक को लोन कैंपेन को बढ़वा देने के लिए वर्ष 2024-25 के लिए जिला विकास कार्यालय द्वारा बेस्ट परफ़ॉर्मर अवार्ड से समान्नित किया गया। नाबार्ड द्वारा बैंक की रैंकिंग को B PLUS किया जाना एक गर्व की उपलब्धि है। इस अवसर पर बैंक के सभी वरिष्ठ अधिकारी, और कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त कांगड़ा एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने धर्मशाला रोपवे परियोजना के समीप भूस्खलन की घटना के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा एवं संभावित जोखिम को देखते हुए तात्कालिक प्रभाव से रोपवे की सभी गतिविधियों को अस्थायी रूप से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मशाला की रिपोर्ट के अनुसार, पिलर संख्या 5 के समीप भूस्खलन हुआ है, जिससे रोपवे संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के अंतर्गत जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। उपायुक्त ने रोपवे संचालन एजेंसी को आदेशों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मशाला को एक तकनीकी समिति गठित करने के लिए कहा गया है, जिसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के भू-वैज्ञानिक विशेषज्ञ, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं नगर निगम धर्मशाला को शामिल किया जाएगा। यह समिति दो दिनों के भीतर स्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उपायुक्त ने कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर ही रोपवे गतिविधियों को निलंबित रखने या पुनः प्रारंभ करने संबंधी निर्णय लिया जाएगा। उपायुक्त ने जिला पुलिस अधीक्षक एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मशाला को आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
एसोसिएशन ने की स्थाई डीजीपी नियुक्त करने की मांग प्रदेश जिला सोलन पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर एवं जिला कार्यकारणी के प्रधान श्यामलाल ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष नेकीराम, चमन लाल, धर्म सिंह ठाकुर, पुष्पा सूद, बेद ठाकुर, संतराम चंदेल, पतराम पंवर, नागेंद्र ठाकुर, दीप राम ठाकुर, रतिराम शर्मा, सतपाल शर्मा, जसबीर सिंह, दिला राम प्रेम कंवर श्याम लाल भाटिया, निर्मल ठाकुर, विनोद कुमार, जीत सिंह , बीना देवी और लेखराम काईथ इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि आज तक हमने अपनी बड़ी लंबी सर्विस के दौरान ऐसा कभी नहीं देखा था कि प्रदेश में महिनो से पुलिस महानिदेशक का पद स्थाई ना किया गया हो जबकि पिछले डीजीपी को रिटायर हुए 31 मई के बाद करीब 3 महीने होने जा रहे हैं जिनकी जगह सरकार ने कार्यकारी डीजीपी का चार्ज तिवारी को दिया है जबकि कुछ ऐसे कार्य व फैसले किए जाने होते हैं जिसे केवल स्थाई डीजीपी ही कर सकते हैं जो कि पता नहीं किस कारण से इस पद पर स्थाई नियुक्ति नहीं हो रही है जबकि इतना लंबा समय में कभी भी कोई डीजीपी कार्यकारी तौर पर नहीं रहे। संयुक्त रूप से इन्होनें सरकार से आग्रह किया है कि जल्द से जल्दी स्थाई डीजीपी की नियुक्ति की जाए क्योंकि यह प्रदेश पुलिस मुखिया की पोस्ट है जो पूरे प्रदेश के कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी जिम्मेवार होते हैं और साथ ही ये भी कहा कि बहुत से ऐसे फैसले लिए जाने होते हैं जिन्हें कार्यकारी डीजीपी नहीं कर सकते।
राजकीय महाविद्यालय खुंडियां में 14 से 19 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया गया। इसमें छात्र और छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर भाषण, काव्य पाठ एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य शिवकुमार ने देश की आजादी को लेकर अपने मंतव्य को विद्यार्थियों से साझा किया। इस समारोह के दौरान सभी शिक्षक वर्ग उपस्थित रहे जिन्होनें विद्यार्थियों को आजादी के महत्व से अवगत कराया।


















































