हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज और कल बारिश होने की सम्भावना है। मौसम विभाग ने इन 5 जिलों ऊना, बिलासपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों के दौरान भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड, जल भराव और बाढ़ जैसे हालात भी देखने को मिल सकते हैं। वहीँ 10 और 11 अगस्त को राज्य के कुछ इलाकों में तेज़ बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। इसे देखते हुए विभाग लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश- लैंडस्लाइड के चलते राज्य में बिजली के 861 ट्रांसफार्मर ठप हो चुके हैं। इसकी वजह से चंबा के 20 गांवों में ब्लैक आउट की स्थिति बन चुकी है। शिमला में भी कई जगहों पर पेड़ गिरने से क्षति हुई है। बारिश से रास्ते बंद होने की वजह से किन्नर कैलाश यात्रा आगे और दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। इस मानसून में अभी तक 51 लैंडस्लाइड की घटनाएं, 58 जगह बाढ़ और 30 जगह पर बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। 202 लोगों की मौत इस मानसून में राज्य में अभी तक 202 लोगों की जान चली गई है। इनमें 32 लोगों की जान बाढ़, बादल फटने और लैंडस्लाइड से हुई, जबकि 36 लोग लापता हैं। वहीँ सड़क हादसों में 94 लोगों की मौत हुई है। बारिश से 1952 करोड़ की संपत्ति हुई नष्ट प्रदेश में भारी बारिश से सरकारी व निजी संपत्ति को मिलाकर अब तक लगभग 1952 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। वहीँ बारिश से चलते लगभग 477 घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के भंजराड़ू-शहवा-भड़कवास मार्ग पर हुए भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर के कारण वीरवार रात सफेद रंग की स्विफ्ट साउआ पधरी के समीप लुढ़क कर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। मृतकों की पहचान राजेश कुमार 40 वर्षीय पुत्र नरेन सिंह, गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा, हंसो 36 वर्षीय पत्नी राजेश कुमार, गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा, आरती 17 वर्षीय पुत्री राजेश कुमार, गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा, दीपक 15 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार, गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा, राकेश कुमार 44 वर्षीय पुत्र हरि सिंह, गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा और चालक हेम पाल 37 वर्षीय पुत्र इंदर सिंह, गांव सलांचा, डाकघर के रूप में हुई है। चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग और पुलिस टीमों ने ग्रामीणों की मदद से सभी छह लोगों के शव गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाए। शुक्रवार को मृतकों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल तीसा में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जेबीटी अध्यापक राजेश कुमार जो वर्तमान में प्राथमिक स्कूल बुलवास में कार्यरत थे। यह दुर्घटना कार पर अचानक एक बड़ी चट्टान गिरने और फिर गहरी खाई में गिरने के कारण हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
माँ बगलामुखी युवा क्लब, हरिपुर-भटोली द्वारा वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बतौर मुख्यतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुकृत सागर उपस्तिथ रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्र सेवा की भावना का संचार करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से राष्ट्र के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। डॉ. सागर ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रहितकारी नीतियों पर भी चर्चा की और बताया कि भाजपा युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के लिए संकल्पबद्ध है। आयोजक कुणाल शर्मा ने डॉ सुकृत सागर का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका हमारे बीच आना सौभाग्य की बात है तथा हम सभी युवा इनकी बातों का अनुसरण करते हुए नशे के विरुद्ध लड़ाई लड़ेंगे। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कर एक अनुकरणीय प्रयास किया, जिसके लिए क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी गई।
बी एल स्कूल कुनिहार के दो बच्चों भानु प्रिया परिहार व् दीक्षित शर्मा का चयन MBBS के लिए हुआ है I यह जानकारी विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के दो पूर्व छात्र-छात्रा का चयन MBBS के लिए हुआ है I उन्होंने यह भी बताया की भानु प्रिया परिहार का चयन इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में व दीक्षित शर्मा का चयन पंडित जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज चंबा में हुआ है I विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भानु प्रिया परिहार व उनके अभिभावक माता शीला देवी तथा दीक्षित शर्मा व उनके अभिभावक माता पूनम शर्मा पिता हीरा दत्त शर्मा को इस उपलब्धि की बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है I विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि इन दोनों बच्चों ने विद्यालय का, अपने माता पिता का, कुनिहार और जिला सोलन का नाम रोशन किया है साथ ही विद्यालय खुलने पर इन दोनों बच्चों और इनके अभिभावकों को विद्यालय में सम्मानित किया जायेगा I विद्यालय अध्यापक अभिभावक संघ अध्यक्ष रतन तंवर व् सभी सदस्यों, उप- प्रधानाचार्य पुर्षोत्तम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा और सभी अध्यापक वर्ग ने भानु प्रिया परिहार व् दीक्षित शर्मा को MBBS में चयन होने पर बधाई दी है।
HRTC की डाडा सीबा -तलवाड़ा- पठानकोट बस तीन दिन से सेवा में नहीं प्रबंधन ने नहीं दी कोई सूचना, आम जनता त्रस्त डाडा सीबा से तलवाड़ा होते हुए पठानकोट तक चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम पठानकोट डिपो की नियमित बस सेवा बीते तीन दिनों से रूट से नदारद है। इस बस की अनुपस्थिति ने स्थानीय ग्रामीणों की दिनचर्या को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। रोज़ सुबह 6:30 बजे डाडा सीबा से चलने वाली यह बस स्यूलखड्ड, मेहड़ा, घाटी और तलवाड़ा के रास्ते फैक्ट्रियों, कॉलेजों और आईटीआई संस्थानों तक जाने वाले यात्रियों की जीवनरेखा मानी जाती रही है। लेकिन बीते सोमवार से न तो बस आई और न ही उसके बंद होने की कोई सूचना दी गई। सोमवार, मंगलवार व बुधवार को यात्रियों की भीड़ रोज की तरह सुबह बस स्टैंड पर जमा हुई, लेकिन इंतज़ार के बाद उन्हें मायूसी और गुस्से के साथ लौटना पड़ा। फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों की शिफ्टें छूट गईं और दर्जनों छात्रों की कक्षाएं मिस हो गईं। ग्रामीणों ने मजबूरी में निजी गाड़ियों का रुख किया, जिनके किराए उनके रोजमर्रा के बजट से कई गुना ज्यादा हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बस उनके लिए सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि शिक्षा और रोज़गार तक पहुँचने की ‘एकमात्र कड़ी’ है। यह बस ही सुबह की पहली और शाम की आखरी उम्मीद होती है, खासकर उन ग्रामीणों के लिए जो दूरदराज़ इलाकों से तलवाड़ा और पठानकोट तक जाते हैं। रविवार जैसे दिन भी जब अधिकतर निजी वाहन उपलब्ध नहीं होते, तब यह बस उनकी वापसी का एकमात्र सहारा होती है। ऐसे में इसका अचानक गायब हो जाना पूरे गांव के लिए एक बड़ी परेशानी बन चुकी है। ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर गहरी नाराज़गी जताते हुए मांग की है कि बस सेवा को तुरंत बहाल किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब लिया जाए। उन्होंने चेताया है कि यदि आने वाले दिनों में स्थिति नहीं सुधरी, तो वे परिवहन विभाग के खिलाफ सामूहिक विरोध करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
राजकीय महाविद्यालय खुंडियां में हुआ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय महाविद्यालय खुंडियां के वाणिज्य विभाग द्वारा छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें प्रमुख तौर पर प्रोडक्ट मेकिंग, एड मेकिंग कंपटीशन तथा क्विज कंपटीशन का आयोजन हुआ। प्रोडक्ट मेकिंग कंपटीशन के लिए बच्चों ने अलग-अलग तरह की सुंदर राखियां बनायी, जबकि एड मेकिंग कंपटीशन में बच्चों ने विभिन्न प्रोडक्ट्स की ऐड प्रस्तुत की। एड मेकिंग कंपटीशन में बीकॉम फर्स्ट ईयर के अमित ने प्रथम स्थान, आकांक्षा व उसकी टीम ने द्वितीय स्थान जबकि शिवानी और उसकी टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज कंपटीशन में रोहित और रोहन ने प्रथम स्थान, लक्ष्य और सरबजीत ने द्वितीय स्थान जबकि सुमित और सुधीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रोडक्ट मेकिंग कंपटीशन में कशिश ने प्रथम स्थान, शिल्पा ने द्वितीय स्थान व पूनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन गतिविधियों का सुचारू संचालन वाणिज्य विभाग के सहायक आचार्य सुरेंद्र कुमार और शिवानी शर्मा द्वारा किया गया। इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल के रूप डॉ. चेतना नेगी व सहायक आचार्या स्मृति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। राजकीय महाविद्यालय खुंडियां के प्राचार्य शिव कुमार ने इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी विद्यार्थियों व अध्यापकों को बधाई दी।
हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश आफत बन चुकी है। लगातार हो रही बारिश ने राज्य के हालात चुनौतीपूर्ण बना दिए हैं। जिसके चलते आम जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि 7 और 8 अगस्त को राजधानी शिमला सहित सिरमौर, सोलन और कांगड़ा में भी कुछ -एक क्षेत्रों में तीव्र बारिश होने की सम्भावना जताई है। इसके बाद 9 से 12 अगस्त तक प्रदेश में बारिश से होने की संभावना है। वही मौसम विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इन जगहों में येलो अलर्ट जारी राज्य में कई हिस्सों में 10 अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 7 अगस्त को सोलन और सिरमौर जिला में बारिश होने की संभावना जताई गई है। 8 अगस्त को कांगड़ा शिमला, सोलन, सिरमौर में वहीँ 9 अगस्त को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी और 10 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, मंडी व सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। बीते 24 घंटों में इन क्षेत्रों में हुई बारिश पिछले 24 घंटों में हिमाचल के शिमला, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, ऊना, नाहन, पालमपुर, सोलन, मनाली, कुकुम्सेरी, सराहन में हल्की से मध्यम बारिश और वहीँ कसौली, धरमपुर, गोहर, बग्गी, नैना देवी, सुंदरनगर, कांगड़ा जैसे कुछ एक क्षेत्रों में तीव्र से बहुत तीव्र बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वहीँ न्यूनतम तापमान केलोंग में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 533 सड़कें, 635 बिजली ट्रांसफार्मर ठप राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की बीते कल के नए जन उपयोगिता स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक पुरे राज्य में 533 सड़कें बाधित हैं, जिनमें NH-3, NH-5, NH-21 तथा NH-305 सम्मिलित हैं। इसके अलावा 635 बिजली ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे हैं और 266 जलापूर्ति योजनाएं अवरुद्ध हैं। 199 लोगों की गई जान हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि राज्य में इस साल 20 जून से 6 अगस्त तक मानसून में कुल 199 मौतें हुईं हैं, जिसमें 108 भूस्खलन, अचानक बाढ़, बादल फटने के साथ ही बिजली के झटके के कारण हुईं हैं। मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जैसे जिले सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं जिनमें केवल मंडी में बारिश से सबसे ज्यादा 23 मौतें हुई हैं। वहीँ 304 लोगों के घायल होने की और 36 लोगों के लापता होने की भी पुष्टि की है। अभी तक कुल नुकसान लगभग 1905.5 करोड़ रुपये का हुआ है जिसमें सड़कें, घर, कृषि, बागवानी, बिजली और जल क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।
सभी ऑर्डिनरी बसों में मुफ्त यात्रा हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाएं रक्षाबंधन और भैया दूज के दिन महिलाएं यात्रा मुफ्त में कर पाएगीं। एच. आर. टी. सी. के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने HRTC के सभी डिप्टी डिवीजनल और रीजनल मैनेजर को पत्र लिखकर महिलाओं की मुफ्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। HRTC के पास लगभग 2800 बसें हैं। इन निर्देशों के बाद रक्षाबंधन और भैया दूज वाले दिन राज्य की लगभग 30 लाख बहने सरकारी ऑर्डिनरी बसों में मुफ्त ट्रेवल कर पाएगी। फ्री ट्रैवल करने की सुविधा सुबह सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक रहेगी। आपको बता दें कि राज्य सरकार बीते कई सालों से महिलाओं को रक्षाबंधन और भैया दूज के मौके पर मुफ्त यात्रा की सुविधा देते आ रही है।
हिमाचल में बीती रात से ही मूसलाधार बारिश के चलते रोज़मर्रा की ज़िंदगी पूरी तरह से छिन्न-भिन्न हो गई हैं। वहीं तीव्र वर्षा की वजह से भूस्खलन और बाढ़ के चलते कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 8 अगस्त से मौसम की तीव्रता फिर से बढ़ने की संभावना है। 8-9 अगस्त को ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा जिला शिमला, सोलन और सिरमौर में विजिबिलिटी कम रहने का अनुमान है। खराब मौसम के दौरान लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है। संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि अगस्त महीने में अब तक प्रदेश में 34 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पूरे मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़क बंद है, जिसके चलते सिरमौर और सोलन जिला के कई उपमंडलों के शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के लिए आदेश हुआ हैं। वही प्रशासन ने भी आमजनों से अपील की है कि वे ऐसी स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रदेश में दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश से जगह- जगह लैंडस्लाइड और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई है जिसके प्रदेश में 4 एनएच सहित 613 सड़कें यातायात के बाधित हो गई हैं। इसके अलावा 1491 बिजली ट्रांसफार्मर और 265 पानी की स्कीमें बाधित हो गई है। 448 मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। मॉनसून सीजन में अबतक मरने वालों का आंकड़ा 194 पहुंच गया है। वही राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में मॉनसून की भारी बारिशों के कारण प्रदेश में 1600 करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया है जबकि कृषि और बागवानी का आंकलन अभी पूरा नहीं हुआ है ऐसे में आंकड़ा अभी बढ़ेगा। सभी बाधित सड़कों को खोलने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। लगातार भारी बारिश से नदी नाले उफान पर है। प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं और भूस्खलन में इज़ाफ़ा हो रहा है ऐसे में नदी नालों के समीप निर्माण पर सोचना होगा क्योंकि ज्यादातर क्षति नदी और नालों के समीप निर्माण से हो रही है। जगत सिंह नेगी ने उत्तरकाशी की खीर गंगा में बादल फटने की घटना से हुए नुकसान पर दुख प्रकट किया।
उपमंडल ज्वालामुखी तहसील खुंडियां लगड़ू गांव माहड निवासी 85 वर्षीय पूर्व सैनिक नायक चौधरी राम का मंगलवार देर रात अल्प बीमारी उपरांत निधन हो गया। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने बताया कि नायक चौधरी अप्रैल 1963 में सेना की मेडिकल कोर में भर्ती हुए थे तथा 1965 और 1971 भारत पाक युद्धों के सक्रिय हिस्सा रहे थे। 1979 में सोलह वर्षों की सेवा उपरांत सेवानिवृत हुए थे। तदोपरांत कुछ वर्षों तक हीरो साइकिल में भी कार्यरत रहे थे। वह बड़े मिलनसार व सामाजिक व्यक्तित्व के थे। बुधवार को अंतिम संस्कार पर इलाके के कैप्टन बाबू राम ने थलसेनाध्यक्ष की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंतिम सैल्यूट के अवसर पर इलाके के दर्जनों पूर्व सैनिक और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए तथा दिवंगत पूर्व सैनिक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को कई क्षेत्रों में बादल झमाझम बरसे। भारी बारिश के चलते रास्ता कई जगह अवरुद्ध होने पर किन्नौर कैलाश यात्रा अगले आदेशों तक स्थगित कर दी गई है। जबकि तांगलिंग खड्ड में आई बाढ़ के कारण पुल बहने से यात्रा पर निकले 100 श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए हैं। प्रशासन ने फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल रवाना कर दिया है। रिब्बा नाले में बाढ़ की चपेट में आने 15 मीटर एनएच ध्वस्त हो गया है। सांगला घाटी के चार नालों में बाढ़ आने से दो पैदल पुल बह गए हैं। उधर, ठियोग के नेरी पुल के समीप शिव मंदिर के पास मारुति कार पर पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरने से एक स्थानीय युवक की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार शाम तक रामपुर-किन्नौर, आनी-कुल्लू और मंडी-धर्मपुर एनएच समेत 446 सड़कें, 360 बिजली ट्रांसफार्मर और 257 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। मंडी और बल्ह में सोमवार रात से मंगलवार शाम तक 151.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी के गुटकर में वाहनों के शोरूम के बाहर पार्क गाड़ियां पानी में डूब गईं। बाद में इन्हें क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। जेल रोड में नाले का पानी घरों में घुस गया। कुल्लू में भूस्खलन की वजह से बालू स्कूल तहस-नहस हो गया है। दो गोशालाएं भी भूस्खलन की चपेट में आई हैं, जिससे पांच भेड़ों और एक बछड़ी की मौत हो गई है। गोहर उपमंडल के कई गांवों में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। नांडी पंचायत के कटवांडी गांव में शिव दास के घर में उफनते नाले का पानी घुस गया। पानी और मलबा मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। बाप-बेटे ने भागकर जान बचाई। बल्ह घाटी में सुकेती समेत अन्य खड्डें उफान पर हैं। बल्ह घाटी जलमग्न हो गई है। कई जगह पार्किंग में वाहन भी पानी में डूब गए हैं। सराज घाटी का सड़क संपर्क भी अन्य क्षेत्रों से कट गया है। जलस्तर बढ़ने से ब्यास के साथ पिन पार्वती, सरवरी खड्ड के साथ नदी-नाले उफान पर हैं। कांगड़ा में मंगलवार को दिल्ली से दो और चंडीगढ़ से एक फ्लाइट गगल हवाई अड्डा नहीं पहुंची। जिले में एक कच्चा मकान पूरी तरह से ढह गया। 12 घरों और 11 गोशालाओं को क्षति पहुंची है। पौंग बांध का जलस्तर 1361 फीट पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से 21 फीट दूर है। प्रशासन की ओर से बांध से निचले क्षेत्र के लोगों को अपना सामान समेटने के साथ सुरक्षित स्थान चिन्हित करने को कहा गया है। हिमाचल के कई क्षेत्रों में आज भी बारिश का येलो अलर्ट प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 11 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को राजधानी शिमला में दिन भर हल्की बारिश होती रही। सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा, मंडी और धौलाकुआं में भी बारिश दर्ज हुई।
हिमाचल प्रदेश में पांच बीघा भूमि नियमितीकरण वाली नीति पर 23 साल बाद मंगलवार को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला आया। प्रदेश हाईकोर्ट ने पांच बीघा भूमि नियमितीकरण वाली सरकार की नीति को खारिज कर दिया है। साथ ही अदालत ने 28 फरवरी 2026 तक सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटाने के आदेश पारित किए हैं। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। राज्य की नियमितीकरण नीति के तहत सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों लोगों से तत्कालीन प्रदेश सरकार ने आवेदन मांगे थे। इसके तहत भूमि को नियमितीकरण करने के लिए एक लाख पैंसठ हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। तत्कालीन भाजपा सरकार ने भू-राजस्व अधिनियम में संशोधन कर धारा 163-ए को जोड़ा जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। इसके तहत लोगों को पांच से 20 बीघा तक जमीन देने और नियमितीकरण करने का फैसला लिया गया था, जिससे प्रदेश में जरूरतमंद लोगों को जमीन दी जा सके। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने 8 जनवरी को सुनवाई के बाद इस फैसले को सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता पूनम गुप्ता की ओर से नीति की वैधता को लेकर हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। अगस्त 2002 में दो न्यायाधीशों की खंडपीठ ने प्रकिया जारी रखने के आदेश दिए थे, जबकि पट्टा देने से मना कर दिया था। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से दलीलें दी गईं कि प्रदेश सरकार ऐसी नीति नहीं बना सकती। हाई कोर्ट ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भूमि राजस्व अधिनियम की धारा 163-ए स्पष्ट रूप से मनमानी और असंवैधानिक है और इसके परिणामस्वरूप, हिमाचल प्रदेश भूमि राजस्व अधिनियम की धारा 163-ए और उसके अंतर्गत बनाए गए नियम रद्द किए जाते हैं। इस धारा के तहत सरकार ने अपने पास अतिक्रमणों को नियमित करने की शक्तियां प्राप्त कर ली थी जबकि मूल रूप से बनाए गए कानून के तहत ऐसा नहीं किया जा सकता था। कोर्ट ने आदेश दिए कि हिमाचल प्रदेश में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों की व्यापकता को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार को "आपराधिक अतिक्रमण" से संबंधित कानून में संशोधन पर विचार करना चाहिए और इसे उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और ओडिशा राज्यों में किए गए राज्य संशोधनों के अनुरूप लाना चाहिए। कोर्ट ने महाधिवक्ता को निर्देश दिया कि वे इस निर्णय की प्रति हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव और सभी संबंधितों को तत्काल अनुपालन हेतु प्रेषित करें और उन राजस्व अधिकारियों के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दें, जिनके अधिकार क्षेत्र में भूमि पर अतिक्रमण की अनुमति दी गई है। कोर्ट ने पाया कि उन दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिन्होंने मिलीभगत से पूरे राज्य में इस तरह के अतिक्रमण होने दिए। ऐसा नहीं है कि हजारों अतिक्रमण रातोंरात हो गए। अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं। आदेशों के बाद महाधिवक्ता अनूप रत्न ने कहा कि यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी प्रति मुख्य सचिव को भेजी जा रही है। सरकार इस पर विस्तृत अध्ययन कर उचित कार्रवाई करेगी। यह निर्णय हिमाचल प्रदेश में सरकारी भूमि की सुरक्षा और न्यायिक सक्रियता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इसका असर पंचायत चुनावों से लेकर राज्य की भूमि नीतियों पर भी देखा जा सकता है।
सोमवार को नव चेतना समाज सेवा संगठन जिला सोलन की बैठक ग्राम पंचायत पट्टा बरावरी के गांव घोड़ी में अध्यक्ष देशराज भाटिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जानकारी देते हुए संगठन के सचिव व प्रवक्ता एम एस सूर्यवंशी ने बताया कि बैठक में संगठन के प्रति समर्पित सेवा भावना व समर्पण पर जोर दिया गया । बैठक में अध्यक्ष देशराज भाटिया ने बताया कि हम सभी सामाजिक बुराईयों व नशाखोरी के खिलाफ एकजुट हैं और इसके लिए हम संगठित होकर काम करेंगे। हम गांवों के विकास के लिए सरकार व विभागों से सम्पर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक समाजसेवियों को संगठन के साथ जोड़ेंगे। बैठक में कृष्ण लाल, जगदीश, सोमप्रकाश, दिनेश, दीपराम, रामलाल आदि ने भाग लिया। अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की आगामी बैठक ग्राम पंचायत भारती के गांव सेरी में 8 अगस्त को आयोजित होगी।
भाजपा जिला कार्यकारिणी की नई कमेटी के गठन के बाद धरोहर गांव परागपुर निवासी सुमित वालिया को एक बार फिर से जिला आई टी संयोजक का दायित्व मिलने से क्षेत्र भर में खुशी की लहर है। परागपुर निवासी अजय कुमार, अमित चौधरी, मनीष शर्मा, सुमित कुमार, सैंटी शाह, विकास शर्मा, मनीष सरोच, वरुण पटियाल, राकेश भाटिया, सुरेंदर राणा, विवेक राणा आदि के अनुसार सुमित वालिया विगत कार्यकारिणी में भी जिला आईटी संयोजक का दायित्व बखूबी निभा चुके हैं। उनके कार्य की क्षेत्र भर में खूब प्रशंसा है। उपरोक्त स्थानीय निवासियों के अनुसार भाजपा नेताओं ने एक बार फिर से सुमित वालिया पर भरोसा जताकर बहुत बढ़िया काम किया है। क्षेत्रवासियों ने सुमित वालिया को एक बार फिर से भाजपा जिला आई टी सेल का संयोजक नियुक्त किए जाने पर भाजपा पदाधिकारियों का धन्यवाद किया और सुमित को शुभकामनाएं दी। साथ ही सुमित वालिया से ये आशा भी जताई है कि भविष्य में क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक इकाई अध्यक्ष रतन तनवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में इकाई के पैटर्न ई. वाई के ठाकुर विशेष अतिथि के रूप से उपस्थित रहे। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए रतन तनवर ने बताया कि बोर्ड की कार्यप्रणाली के प्रति सभी सदस्य पूरी तरह से निराश हो चुके है। इस बैठक में सभी सदस्यों ने बोर्ड तथा राज्य सरकार के रवैये के प्रति रोष व्यक्त किया। उन्होंने बोर्ड द्वारा जारी कर्मचारियों के कार्य स्थलों पर गेट मीटिंग व रैलियां न करने के आदेशों तथा इसे रोकने के लिए राज्य के डी.जी.पी.व सी.आई.डी. की सहायता लेने के आदेशों की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह सरकार व विद्युत बोर्ड JAC की 7 अगस्त को शिमला में होने वाली प्रस्तावित महारैली से डर गए है और जो भी व्यक्ति / संस्था इस महारैली को समर्थन देने की हामी भर रहा है उन्हें किसी न किसी झूठे केसों में फसाने की कोशिश की जा रही है। पेंशनर्स ने भी भारी संख्या में 'शिमला चलो; अभी नहीं तो कभी नही' महारैली में शामिल होने का सर्व सम्मति से निर्णय लिया है। उन्होंने सरकार से बोर्ड को ठीक ढंग से पुनर्गठन कर भ्रष्ट अधिकारियों को स्थानांतरित करने व नए ईमानदार अधिकारियों को जिम्मा देने का आग्रह किया। बैठक में वाई.के. ठाकुर, रतन तनवर, आर.पी. तनवर, राजेंद्र तनवर, आर.एन. कश्यप, संतराम कश्यप, प्रेम सिंह चौहान, नरेंद्र पाल, रूप रामपाल, देवीचंद, सोहनलाल, बृजलाल, देवी सिंह, हेमचंद, गोपालचंद, रतनलाल, ओमीदत्त, रामदास, सुरेश मेहता, रोशन लाल, प्रताप कुमार, कृष्ण चंद, दिलीप कुमार, शीशराम, कैलाश चंद सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
पुणे के महानिदेशक प्रोफेसर अभिजीत हनुमंत जोशी ने पिछले कल ज्वालामुखी माता के दरबार में धर्मपत्नी सहित शीश नवाया। इससे पूर्व उन्होंने वेदव्यास परिसर में एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। परिसर के साहित्य विभाग के सहायकाचार्य डॉ योगेश पांडे ने बताया कि प्रो अभिजीत हनुमंत जोशी इससे पूर्व पंजाब की शहीदभगत सिंह यूनिवर्सिटी में बतौर कुलपति कार्यरत रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रो अभिजीत आयुर्वेद पर व्याख्यान देने के लिए अब तक विश्व भर के करीब 20 देशों में जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आज धरोहर गांव के होटल जजिस कोर्ट में रात्रि विश्राम के पश्चात कल सुबह माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के उपरांत वापिस पुणे के लिए रवाना होंगे।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश के कारण एक बार फिर से तबाही का मंजर देखने को मिला है, खासकर सराज क्षेत्र में। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नदी-नालों के जलस्तर को बढ़ा दिया है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। इस आपदा से सराज की कई पंचायतें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिनमें बूंगरैलचौक, संगलबाड़ा, ढीम कटारू, लंबाथाच, चिऊणी, थुनाग, पखरैर, मुरहाग, शिकावरी, लेहथाच, कांढ़ा-बगस्याड, शरण, बहलीधार, शिल्हीबागी, बागाचनोगी, भाटकीधार, कलहणी, खबलेच, जैंशला, बस्सी, कुकलाह और बाखली प्रमुख हैं। बूंगरैलचौक और थुनाग जैसे बाजारों में, मलबा कई घरों में घुस गया है, जिससे वहां रह रहे हजारों लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया है। इस आपदा ने पूरे क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। सड़कें बंद, बिजली गुल लगातार बारिश के चलते सराज की सभी मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। हाल ही में पीडब्ल्यूडी द्वारा बाखलीखड्ड पर बनाए गए अस्थाई कलवर्ट भी बह गए हैं, जिससे मरम्मत का काम फिर से शुरू करना पड़ेगा। सबसे बड़ी समस्या यह है कि जंजैहली, जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, का शेष दुनिया से संपर्क टूट गया है। इसके अलावा, बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे पूरा सराज क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है।
उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन उनके कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार 79वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त शहीद भुवनेश्वर डोगरा स्टेडियम देहरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा 11:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड का निरीक्षण करने के उपरांत पुलिस ,होमगार्ड , राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या व बाल स्कूल ,डी0 ए0 वी0 पब्लिक स्कूल देहरा व एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी दी जाएगी । उन्होंने लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, नगर परिषद और अन्य संबंधित अधिकारियों को उचित प्रबंध और तय सीमा के भीतर आयोजन की तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों व महाविद्यालय द्वारा देश भक्ति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। वही बैठक का संचालन तहसीलदार प्रागपुर चिराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेंद्र सिंह, विद्युत बोर्ड शांति भूषण, जल शक्ति विभाग परविंदर सिंह, अध्यक्ष व्यापार मंडल मलकीत सिंह परमार और विभिन्न विद्यालय और महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुबाथू के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्र बरेठी ( देऊठी ) में सोमवार को जल शक्ति विभाग मंडल सोलन द्वारा एक जल जाँच परीक्षण का आयोजन किया गया। इसमें 5 पंचायतों के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 18 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान जल शक्ति विभाग सोलन मंडल के बीआरसी जय देव गौड़ ने फील्ड जाँच किट द्वारा सभी आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पानी की जाँच का प्ररिक्षण दिया। जय देव गौड़ ने बताया की बरसात के मौसम के दौरान पानी द्वारा जलजनित रोग सहित अन्य बीमारियों के पनपे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सोमवार को सभी आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जल जाँच का परीक्षण दिया गया है। ताकि वह अपने अपने केंद्रों के अंदर आने वाले लोगों को जल के प्रति जागरूक कर सके ।
हर साल की भांति इस वर्ष भी श्री सनातन धर्म मंदिर सुबाथू में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। संस्था के सदस्य मंदिर प्रांगण को सजाने में जुट गए हैं। 10 अगस्त से 15 अगस्त तक सुबह 4 बजे से 6 तक प्रभात फेरी निकली जायेगी। प्रभात फेरी सनातन धर्म मंदिर प्रांगण से शुरू होकर क्षेत्र की परिक्रमा करके वापस मंदिर पहुंचेगी । सनातन धर्म मंदिर के प्रधान दिनेश गुप्ता ने बताया कि 14 अगस्त वीरवार को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा । जिसमे कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी मुख्य अतिथि होंगे । शुक्रवार को श्री कृष्ण भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा जिसमे 14 जीटीसी सुबाथू के कमांडेंट पुनीत शर्मा मुख्य अतिथि होंगे । वही भाजपा उपाध्यक्ष डॉ राजीव सहजल विशेष अतिथि होंगे। जबकि सुबाथू छावनी की मुख्य अधिशासी अधिकारी रिद्धि पाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेगी । 16 अगस्त शनिवार को क्षेत्र में श्री कृष्ण भगवान की विशाल शोभायात्रा निकली जाएगी, जिसमे डीसी सोलन मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि होंगे । इस दौरान बाल गोपाल मंडली व अन्य द्वारा मटकी फोड़ कार्य्रकम सहित ढोल पार्टी , कीर्तन मण्डली , सैंकड़ो लोग उपस्थित रहेंगे ।
अटल शिक्षा कुंज कालूझींडा स्थित आई.ई.सी. यूनिवर्सिटी ने शाहपुर गाँव में एक निशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया। इस शिविर में यूनिवर्सिटी के फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा 50 से अधिक मरीजों का निशुल्क उपचार किया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को अपनी स्थिति में सुधार करने के बारे में विस्तार से समझाया और स्वस्थ जीवन जीने के लिए आवश्यक सलाह दी। उन्होंने मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आई.ई.सी. यूनिवर्सिटी की सीनियर मैनेजमेंट ने बताया कि वह निरंतर लोगों की सेवा करने और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस शिविर में शाहपुर गाँव के प्रधान वलदेव सिंह, बीडीसी सदस्य रविकांत शर्मा और पंचायत के अन्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने आई.ई.सी. यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित इस निशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर की सराहना की।
स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुशील रत्न राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी कॉलेज की बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा प्रियंका धीमान ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 2024-25 की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रियंका ने अपनी इस उत्कृष्ट उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर समर्थन के बिना संभव नहीं थी। इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने प्रियंका धीमान और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सुशील कुमार बस्सी ने प्रियंका की इस सफलता को प्रेरणास्रोत बताया और अन्य छात्रों को भी इसी प्रकार परिश्रमपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय विधायक संजय रत्न ने भी प्रियंका धीमान को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि प्रियंका आगे भी इसी तरह प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।
रक्कड़ के तहत पंचायत कलोहा के गांव सरड़ बम्मी में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक परिवार के सर से छत छीन ली है। गांव के निवासी प्रदीप कुमार, पुत्र निक्कू राम के रिहायशी मकान में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे पूरा ढांचा असुरक्षित हो गया है। घर में रहना खतरे से खाली नहीं रह गया है, जिससे परिवार दहशत में है और अस्थायी तौर पर घर से बाहर शरण लेने को मजबूर हो गया है। यह मकान कुछ ही समय पहले बना था और अभी पूरी तरह से उपयोग में भी नहीं आया था कि भारी बारिश ने इसकी नींव को हिला दिया। हालाकि उपरोक्त मकान का खतरा मंडराते देख अतिरिक्त कार्यवाहक पटवारी रवि कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हर साल बारिश से नुकसान होता है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। घर की हालत को देखकर स्पष्ट है कि ज़मीन धंसाव के चलते पूरी संरचना कमजोर हो चुकी है। अब प्रदीप कुमार का परिवार रात-दिन भय के साये में जी रहा है। घर की दीवारें किसी भी वक्त गिर सकती हैं, जिससे जान का खतरा बना हुआ है। यह हादसा केवल एक परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए चेतावनी है। यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो बरसात में और कई घर मलबे में तब्दील हो सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट आज से लेकर कल 5 अगस्त तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी से मध्यम बारिश की संभावना है। कुल्लू, मंडी, सोलन, ऊना, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। बीते कल, राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बारिश भी हुई। इस बारिश के कारण ऊँचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान पोंटा साहिब में 31.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
करीब डेढ़ माह बाद आज से शिमला-धर्मशाला के बीच विमानन कंपनी एलायंस एयर फिर से हवाई उड़ाने फिर से शुरू हो गई है।अगस्त में सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को यह उड़ान होगी, जबकि सितंबर में सप्ताह में चार दिन शिमला-धर्मशाला के बीच जहाज उड़ान भरेगा। जानकारी के अनुसार खराब मौसम के कारण एलायंस एयर ने जुलाई में शिमला-धर्मशाला के बीच होने वाली हवाई सेवा को बंद कर दिया था। लेकिन अब इस हवाई सेवा को चार अगस्त से फिर से शुरू किया जा रहा है। इस दौरान राजधानी शिमला से एलायंस एयर का जहाज सुबह 8:10 बजे धर्मशाला के लिए उड़ान भरेगा और 9:00 बजे गगल एयरपोर्ट पर लैंड होगा। इस दौरान यात्रियों से 1724 रुपये किराया वसूला जाएगा। वहीं धर्मशाला से शिमला के हवाई उड़ान सुबह 9:20 बजे होगी, जो 10:10 बजे शिमला पहुंचेगी। धर्मशाला-शिमला हवाई रूट पर यात्रियों से 2271 रुपये किराया वसूला जाएगा। विमानन कंपनी एलायंस एयर की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार अगस्त माह में यह उड़ान सप्ताह में केवल दो दिन ही होगी, जबकि सितंबर माह में धर्मशाला-शिमला के बीच चार दिन उड़ानें होंगी। इन उड़ानों के लिए विमानन कंपनी ने रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार का शेड्यूल जारी किया गया है। इस सस्ती हवाई सेवा के शुरू होने से उन यात्रियों को खासा लाभ होगा, जो शिमला से धर्मशाला के बीच सफर करते हैं। वहीं कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि विमान सेवा को शुरू करने को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। मौसम साफ रहा तो चार अगस्त से उड़ान शुरू हो जाएगी।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में शनिवार से बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू हुई। दूसरे चरण की काउंसलिंग के पहले दिन हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एचपीसीईटी) की मेरिट के आधार पर एससी, एसटी व ओबीसी मुख्य श्रेणी और उप श्रेणी के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हुई, जिसमें 65 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई। अब चार अगस्त को सामान्य श्रेणी, ऑल इंडिया कोटा, ईडब्ल्यूएस, बेटी है अनमोल आदि श्रेणी के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया है। वहीं, एम फार्मेसी के पहले चरण की काउंसलिंग में 10 सीटें आवंटित की गई।
शनिवार को ज्वालामुखी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एनएसयूआई की विशेष बैठक का आयोजन एनएसयूआई जिला कांगड़ा उपाध्यक्ष नीरज राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें ज्वालामुखी डिग्री कॉलेज एनएसयूआई अध्यक्ष शाहिद विशेष तौर पर उपस्थित रहे। बैठक में हाल ही में मझीन व खुंडिया कॉलेज में छात्रों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने पर बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की गई। नीरज ने कहा कि यह कॉलेज विधायक संजय रत्न द्वारा चंगर इलाके के लिए बहुत बड़ी सौगात रही है। मझीन व खुंडिया में महाविद्यालय खोलने के लिए एनएसयूआई ने विधायक संजय रत्न का दिल से आभार व्यक्त किया है। वही नीरज ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि मंडी जिला में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर की अध्यक्षता में राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है। मंडी जिला में हर एक आपदा ग्रस्त इलाके में एनएसयूआई पहुंच रही है। वहां पर राहत देने का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एनएसयूआई ने ज्वालामुखी भाजपा नेता पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा में भाजपा नेता टूरिस्ट की तरह आते हैं ,इसलिए उन्हें ज्वालामुखी का विकास नहीं दिख रहा है। इस दौरान आदी, दीपक,राहुल,सौरव,अरमान,देवांश,हर्षित,रोबिन,राज इत्यादि एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की एनसीसी इकाई ने पर्यावरण संरक्षण की तत्काल आवश्यकता के बारे में जनता और छात्रों को जागरूक करने के लिए एक पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ढलियारा के आस-पास के इलाकों से मार्च ,नारे और हरित, स्वच्छ भविष्य की वकालत करने वाले तख्तियां प्रदर्शित कीं। यह रैली 6 एचपी (1) एनसीसी कंपनी, ऊना के पीआई स्टाफ के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें हवलदार सुमेश कुमार और हवलदार कुलविंदर राणा की सक्रिय उपस्थिति रही। दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने कैडेटों को संबोधित किया और पर्यावरण संरक्षण में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिए, जिससे युवाओं में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना पैदा हुई। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंजू आर. चौहान ने एक प्रेरक भाषण दिया और कैडेटों को न केवल अनुशासन और कर्तव्य के माध्यम से, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा करके भी राष्ट्र की सेवा करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। गवर्नमेंट कॉलेज ढलियारा की एनसीसी इकाई के मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. कपिल सूद ने रैली को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागी कैडेटों और सम्मानित अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस पहल की स्थानीय निवासियों ने भी सराहना की, क्योंकि कैडेटों ने समुदाय के सदस्यों के बीच जागरूकता फैलाई और इस संदेश को पुष्ट किया कि पर्यावरण क्षरण के विरुद्ध लड़ाई में हर छोटा कदम एक बड़े उद्देश्य में योगदान देता है।
पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने अपने जन्मदिन पर मिसाल पेश करते हुए थुनाग में आपदा प्रभावितों को लगभग 21 लाख रुपए के चेक वितरित किए।थुनाग में आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,विधायक प्रकाश राणा व भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने आपदा में अपने परिवार खो चुकी निकिता का आजीवन पढ़ाई का खर्च उठाने का फ़ैसला भी लिया। इसके अतिरिक्त सुधीर शर्मा ने निकिता के नाम एक लाख रुपए की एफ॰डी॰ भी उपहार स्वरूप भेंट की। थुनाग और सराज में सुधीर शर्मा ने पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की तथा कहा कि वे इस दुख की घड़ी में खुदको अकेला न समझें और हौंसला रखें। वह आगे भी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के कारण पूरा प्रदेश प्रभावित है और आपदा की इस घड़ी में हम सभी को साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने अन्य दानी सज्जनों से भी आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने का आह्वान किया।
भारतीय संस्कृति, परंपरा और भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु समर्पित संस्कृत भारती आगामी सप्ताह को "संस्कृत सप्ताह" के रूप में मनाने जा रही है। इस अवसर पर देशभर में 6 अगस्त से 12 अगस्त तक विभिन्न स्तरों पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए संस्कृत भारती (हिमाचल प्रदेश) देहरा जनपद प्रचार प्रमुख एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. शैलेश कुमार तिवारी ने बताया कि संस्कृत सप्ताह का आयोजन श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) से तीन दिन पहले 6 अगस्त से आरंभ होगा और यह 12 अगस्त तक चलेगा। इस सप्ताह के दौरान शोभायात्रा, भजन संध्या, पत्र वितरण, स्तोत्र पाठ जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य आम जनमानस, विद्यार्थियों व शिक्षकों में संस्कृत भाषा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है तथा उन्हें इसके वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराना है। डॉ. शैलेश तिवारी ने बताया कि यह सप्ताह "संस्कृतम् जीवनस्य आधारम्" की भावना के साथ मनाया जा रहा है। संस्कृत भारती का मुख्य उद्देश्य सरल, वैज्ञानिक पद्धति एवं विशेष शैली के माध्यम से आमजन को संस्कृत संभाषण सिखाना है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त, सोमवार को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर (बलाहर) में इस सप्ताह का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अनेक विद्वान, शिक्षक, छात्र और संस्कृत प्रेमी सम्मिलित होंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार की चार दिवसीय महामंथन मंत्रिमंडल बैठक का सबसे प्रमुख निर्णय, प्रदेश में लॉटरी को पुनः आरंभ करने की निंदा की है। प्रो धूमल ने कहा कि आज से 30 वर्ष पहले 17 अप्रैल 1996 को उच्च न्यायालय ने प्रदेश में चल रही सिंगल डिजिट लॉटरी की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इसके उपरांत जब मैं स्वयं 1998 में पहली बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बना उसके अगले वर्ष 1999 में हमारी भाजपा सरकार ने एक मत में निर्णय लिया की हिमाचल प्रदेश में पूरा लॉटरी सिस्टम बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल मात्र एक निर्णय नहीं था, अपितु पूरे प्रदेश को बर्बादी से बचाने की एक दूरगामी सोच थी। उसे समय हिमाचल प्रदेश की सभी श्रेणियों के कर्मचारियों, सेवानिवृत कर्मचारी, मजदूरों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में लॉटरी खरीदनी शुरू कर दी थी, जिसके कारण कर्मचारियों की सैलरी, युवाओं की बचत, सेवानिवृत की पेंशन और मजदूरों का पैसा दाव पर लग गया था और कई परिवार एवं घर तबाह हो गए थे। इस अभिशाप लॉटरी की आदत हिमाचल प्रदेश की जनता को ना लग जाए इसलिए जनहित में लॉटरी को बंद किया गया था। उस समय कई कर्मचारी एवं सेवानिवृत कर्मचारियों ने अपना वेतनमान एवं रिटायरमेंट की कमाई लॉटरी में गंवा थी। प्रो प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि 2004 में कांग्रेस की सरकार ने लॉटरी को फिर शुरू किया और उसके उपरांत तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा इस लॉटरी सिस्टम के ऊपर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। शायद पूर्व मुख्यमंत्री को भी समझ आ गया था की लॉटरी एक अभिशाप है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिमाचल प्रदेश में कुल 231180 कर्मचारी काम कर रहा है, जिसमें से 160000 पक्के कर्मचारी है। इसी तरह से हिमाचल प्रदेश में 9 से 10 लाख बेरोजगार है जिनको इस लॉटरी प्रथा से बड़ा खतरा है, जिससे इनका जीवन दाव पर लग सकता है। हिमाचल की कांग्रेस की सरकार सत्ता में प्रथम कैबिनेट में 1 लाख युवाओं को और 5 साल में 5 लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने के वादे पर सत्ता में आई थी पर असलियत जिस प्रकार से निकल कर सामने आ रही है की हिमाचल प्रदेश शराब, चिट्टा, भांग, नशा और लॉटरी का गढ़ बनता दिखाई दे रहा है। भारतीय जनता पार्टी इस निर्णय की कड़ी निंदा करती है और सरकार से मांग करती है कि इस प्रकार के जन विरोधी निर्णय को तुरंत प्रभाव से वापस ले।
हिमाचल प्रदेश में बिकने वाली हर शराब की बोतल पर अब होलोग्राम और क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य होगा। यह फैसला आबकारी विभाग ने नकली और अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए लिया है। सरकार ने 'ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम' के तहत इस व्यवस्था को लागू किया है। इस सिस्टम से शराब की हर बोतल पर सिक्योरिटी होलोग्राम, क्यूआर कोड और बॉक्स पर बार कोड लगेगा। बॉटलिंग प्लांट से निकलते वक्त बोतलों और पेटियों को स्कैन किया जाएगा। फिर गोदाम और रिटेल शॉप तक पहुंचने के हर पड़ाव पर इनकी ट्रैकिंग होगी। ग्राहक भी मोबाइल से क्यूआर कोड और होलोग्राम स्कैन कर शराब की असली और नकली पहचान कर सकेंगे। सरकार ने अगले एक साल में 10 करोड़ होलोग्राम तैयार करने की योजना बनाई है।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को मौसम का कहर देखने को मिला। घाटी में तीन अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। सबसे पहले तिंदी के पास पूहरे नाले में बादल फटने से बाढ़ आ गई, जिसमें एक वाहन मलबे में फंस गया। गनीमत रही कि वाहन चालक समय रहते बाहर निकल आया और जान बच गई। इस घटना के बाद उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग भी अवरुद्ध हो गया, जिसे बीआरओ ने शाम तक बहाल कर दिया। दूसरी घटना यांगला घाटी में सामने आई, जहां बाढ़ का मलबा खेतों में घुस गया। किसान किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। वहीं, तीसरी घटना जिस्पा क्षेत्र में हुई, जहां अचानक आई बाढ़ के कारण सड़क पर मलबा आ गया। सड़क तीन घंटे तक बंद रही, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आगे भी भारी बारिश और बादल फटने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश में जुलाई 2025 के दौरान औसत से 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस बार प्रदेश में 250.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि जुलाई में सामान्य बारिश का आंकड़ा 255.9 मिमी माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार, यह वर्ष 1901 के बाद जुलाई में 73वीं सबसे अधिक वर्षा है। जुलाई में अब तक सबसे ज्यादा बारिश साल 1949 में 548.6 मिमी रिकॉर्ड की गई थी। जुलाई में मंडी जिला सबसे अधिक बारिश वाला क्षेत्र रहा, जहां 574.7 मिमी बारिश हुई। इसके उलट, लाहौल-स्पीति में सबसे कम 32.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और ऊना में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई, जबकि चंबा, कांगड़ा, सोलन और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम वर्षा देखी गई। आज और कल के लिए येलो अलर्ट मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार (3 और 4 अगस्त) को राज्य के कई हिस्सों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4 और 5 अगस्त को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, अगस्त से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दूसरे चरण में राज्य के कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।
भरमौर-चंबा मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लूणा के समीप एक प्राइवेट बस सेवा "लक्ष्मी बस" पर अचानक पहाड़ी से भारी भरकम पत्थर आ गिरा। हालांकि बस को क्षति पहुंची है, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई। यह घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही थी। बारिश के चलते पहाड़ियों से पत्थर व मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें। साथ ही यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग की निगरानी की जा रही है और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 31 जुलाई तक 173 लोगों की मौत हो गई, जबकि 281 घायल हुए हैं। 36 लोग अभी भी लापता हैं। 78 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1,766 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1,313 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,410 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,626 करोड़ रुपये पहुंच गया है। प्रदेश में 20 जून से 31 जुलाई तक सामान्य से 10 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। इस अवधि में 357 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस वर्ष 391 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम और शेष जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 24, हमीरपुर में 33, कांगड़ा में तीन, कुल्लू में 30, मंडी में 65, शिमला में 71, सिरमौर में 24, सोलन में आठ और ऊना में 22 फीसदी अधिक बारिश हुई। चंबा में सामान्य से 11, किन्नौर में 18 और लाहौल-स्पीति में 70 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई।
हिमाचल प्रदेश में वीरवार को राजधानी शिमला सहित ऊना, नाहन, मंडी में बादल बरसे। रोहतांग के साथ ऊंची चोटियों पर वीरवार को बर्फबारी भी हुई। खपीन जोत में पत्थर गिरने से शाहपुर के भेड़पालक की मौत हो गई। कुल्लू के सैंज में पिन पार्वती नदी में बाढ़ आने से शाक्टी मरोड़ को जोड़ने वाले पैदल रास्तों पर बनीं छह पुलियां बह गई हैं। वीरवार शाम तक प्रदेश में 291 सड़कें, 416 बिजली के ट्रांसफार्मर और 219 जल आपूर्ति योजनाएं ठप रहीं। उधर, मनाली-लेह मार्ग पर 24 घंटे बाद भी बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है, ऐसे में मनाली से लेह की तरफ जाने वाले करीब 300 ट्रक रास्ते में फंस गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को पांच जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 6 अगस्त तक प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में वीरवार को सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर को शहर में बादल बरसे। कांगड़ा जिले में वीरवार सुबह कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई और दिनभर बादल छाए रहे। धर्मशाला में दिनभर धुंध छाई रही। मुल्थान तहसील की दोनों मुख्य सड़कें मुल्थान-बड़ाग्रां व मुल्थान-बरोट-लोहरड़ी ल्हासे गिरने के कारण बंद हो गई हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक का चौथा और अंतिम दौर आयोजित हुआ। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें सबसे बड़ा निर्णय प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित करने को लेकर रहा। कैबिनेट की बैठक में 18 अगस्त से 2 सितंबर 2025 तक मानसून सत्र चलाने की सिफारिश की गई है। यह सत्र कुल 12 बैठकों का होगा और इसकी अंतिम मंज़ूरी के लिए प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा जाएगा। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद अधिसूचना जारी की जाएगी। राज्यपाल को मिलेगी नई मर्सिडीज, कीमत 92 लाख रुपए बैठक में एक और चर्चित निर्णय राज्यपाल के लिए नई गाड़ी ख़रीदने को लेकर लिया गया। कैबिनेट ने राज्यपाल के लिए 92 लाख रुपए की नई मर्सिडीज कार ख़रीदने को मंज़ूरी दी है। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल की आधिकारिक गाड़ी को हर पांच साल में बदला जाता है। उसी प्रक्रिया के तहत यह स्वीकृति दी गई है। सरकारी लॉटरी को फिर से शुरू करने का फ़ैसला कैबिनेट ने हिमाचल प्रदेश में सरकारी लॉटरी को दोबारा शुरू करने का भी फैसला किया है। यह योजना वर्ष 1998 में बंद कर दी गई थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू करने की मंज़ूरी मिल गई है। पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों में इस योजना से राजस्व अर्जन हो रहा है और अब हिमाचल भी इसी दिशा में आगे बढ़ेगा। OBC आरक्षण और स्क्रैप नीति पर भी मुहर बैठक में शहरी निकाय चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को आरक्षण देने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा, बिना पंजीकरण के चल रही वाहनों को स्क्रैप करने का निर्णय भी लिया गया है, जिससे सड़कों पर चल रहे अवैध और पुराने वाहनों पर लगाम लगाई जा सकेगी।
यहाँ आपकी स्क्रिप्ट को बेहतर भाषा, प्रवाह और न्यूज़ प्रेज़ेंटेशन के लिहाज से एडिट किया गया है: हिमाचल प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान को और तेज़ करते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश में पुलिस भर्ती से पहले सभी उम्मीदवारों का डोप टेस्ट ज़रूरी होगा। साथ ही, सभी नए सरकारी कर्मचारियों को यह शपथ पत्र देना होगा कि वे किसी भी तरह के नशे, खासकर सिंथेटिक ड्रग्स यानी चिट्टे का सेवन नहीं करते। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार ड्रग्स के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसी के तहत हर ज़िले में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनके लिए 14.95 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा, नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्रवाई के लिए पुलिस कांस्टेबलों के साथ आशा वर्करों और पंचायत सहायकों की टीम भी गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि सरकार ने PIT-NDPS एक्ट को लागू किया है, जिसके तहत सिर्फ शक के आधार पर भी संदिग्ध को हिरासत में लिया जा सकता है। इस एक्ट के तहत अब तक 44 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और ड्रग नेटवर्क से जुड़ी करीब 42.22 करोड़ की संपत्तियाँ ज़ब्त की गई हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है। राज्य भर के सभी पुलिस थानों को अब A, B, C और D ग्रेड में वर्गीकृत किया जाएगा। यह ग्रेडिंग संबंधित क्षेत्र की जनसंख्या और अपराध दर के आधार पर की जाएगी, ताकि सुधारात्मक कार्यवाही को और व्यवस्थित रूप दिया जा सके।
वन परिक्षेत्र अंब के तहत ज्वार ब्लॉक में अधिकारी के पद पर कार्यरत अरविंद शर्मा गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक वन विभाग में सेवाएं दीं। विभाग की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अरविंद शर्मा ग्राम पंचायत लूथान के निवासी हैं। उन्होंने 1 जनवरी 1986 को वन निगम में बतौर फॉरेस्ट गार्ड अपनी सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2003 में उन्होंने वन विभाग के नालागढ़ रेंज में कार्यभार संभाला। तत्पश्चात पदोन्नति के बाद ब्लॉक अधिकारी के रूप में ज्वार में दो वर्षों तक सेवा दी। सेवानिवृत्ति के अवसर पर अरविंद शर्मा ने डीएफओ ऊना सुशील राणा, रेंज ऑफिसर अंब राहुल ठाकुर और समस्त सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रेंजर राहुल ठाकुर ने कहा कि अरविंद शर्मा ने हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाया। उनकी सेवाओं को विभाग हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी और सहकर्मी उपस्थित रहे।
सोलन ज़िले की पट्टा बरावरी पंचायत में प्रदेश कोली समाज के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व पेंशनर कल्याण संघ अध्यक्ष (कुनिहार इकाई) जगदीश सिंह का 80वां जन्मदिवस सादगी और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पेंशनरों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पट्टा बरावरी-हरिपुर यूनिट और कुनिहार यूनिट के पेंशनरों की मौजूदगी में समारोह का आयोजन किया गया। जगदीश सिंह के पैतृक गांव पन्याली में, पेंशनर कार्यालय भवन से श्मशान घाट तक सड़क किनारे लगभग 50 पौधे जैसे आंवला, जरूनी, बांस और भेड़ा रोपे गए। समारोह की शुरुआत जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप ने की, जिन्होंने जगदीश सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद सभी पेंशनरों ने बारी-बारी से उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर रूपेन्द्र कौशल (सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता, विद्युत बोर्ड), रामनाथ कश्यप (जिला कोली समाज अध्यक्ष), जगदेव गर्ग (अध्यक्ष, पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन), ग्राम पंचायत प्रधान हरिश कौशल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जगदीश सिंह ने सभी पेंशनरों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
30 जून को आई प्राकृतिक आपदा के बाद स्याठी गांव के डेढ़ दर्जन से अधिक बेघर परिवारों को अब राहत की किरण दिखने लगी है। प्रशासन ने प्रभावितों को बसाने के लिए सरकारी भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार को राजस्व विभाग की टीम, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और प्रभावित परिवारों ने टौरीनाला क्षेत्र में भूमि का चयन किया। यह भूमि लौंगनी ग्राम पंचायत के हुक्कल मुहाल में चिन्हित की गई है, जिसे प्रशासन की ओर से अनुमोदन के लिए उपायुक्त मंडी को प्रस्तावित किया जाएगा। उपायुक्त को तीन विश्वा तक भूमि आवंटन की स्वीकृति देने का अधिकार है। पूर्व ज़िला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रभावितों को न केवल भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है, बल्कि उन्होंने रसोई गैस कनेक्शन व सिलेंडर भी शीघ्र दिलवाने की मांग प्रशासन से की है। पुराने मामले भी उठाए गए भूपेंद्र सिंह ने 2023 की आपदा में प्रभावित हियुन-बल्ह (तनियार पंचायत) के अनुसूचित जाति परिवारों की भी समस्या उठाई है। उन्होंने बताया कि इन एक दर्जन परिवारों को अब तक भूमि नहीं मिल पाई है और वे दो वर्षों से किराए के घरों में रह रहे हैं। जिन दो परिवारों को सरकार से मकान बनाने के लिए राशि मिली भी, उन्हें पहले ज़मीन खरीदनी पड़ी, जिससे बजट का बड़ा हिस्सा खर्च हो गया। फिलहाल 21 परिवारों को नैना माता मंदिर में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर मंदिर परिसर में छत तो डाल दी गई है, लेकिन वहां शौचालय और स्नानघर जैसी बुनियादी सुविधाएं नाकाफी हैं। सिंह ने मांग की है कि छत के नीचे अलग-अलग केबिन तैयार किए जाएं ताकि हर परिवार को थोड़ी निजता मिल सके। भविष्य को ध्यान में रख बसावट की ज़रूरत उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जब तक स्थायी ज़मीन न मिल जाए, तब तक प्रभावितों के लिए नाल्ड गौ सदन के पास अस्थायी शेड तैयार किए जाएं। साथ ही कहा कि अनुसूचित जाति समुदायों को बार-बार उन स्थानों पर बसाया गया है जो नदियों या नालों के किनारे, या गांवों से दूर रहे हैं, जो भविष्य के लिहाज़ से असुरक्षित हैं। इस बीच प्रभावितों, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और अन्य प्रतिनिधियों ने भूमि आवंटन प्रक्रिया शुरू करवाने के लिए प्रशासन का आभार जताया है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल की एक दुर्गम पंचायत क्यारी गुंडाहां से इंसानियत और साहस की एक अनोखी कहानी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गांव के ही एक किसान की गाय गंभीर रूप से बीमार हो गई थी। गाय की हालत हर बीतते दिन के साथ बिगड़ती जा रही थी, और उसे तुरंत इलाज की ज़रूरत थी। लेकिन गांव से एकमात्र पशु चिकित्सालय 3 किलोमीटर दूर था। बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण यह पहाड़ी रास्ता पूरी तरह से टूट चुका था। जगह-जगह मलबा और फिसलन थी, जिससे किसी भी वाहन का वहां तक पहुंचना नामुमकिन था। गांव वाले निराश हो चुके थे, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि अब गाय को बचाना संभव नहीं है। ऐसे मुश्किल समय में गांव के ही दो बहादुर व्यक्ति, दया राम और लाल सिंह, आगे आए। उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया जिसने सबको चौंका दिया। उन्होंने तय किया कि वे गाय को अपनी पीठ पर लादकर 3 किलोमीटर दूर अस्पताल तक पहुंचाएंगे। यह फैसला सिर्फ़ शारीरिक ताकत का नहीं, बल्कि अटूट साहस और गहरी आस्था का प्रतीक था। गाय का वज़न 2 क्विंटल से भी ज़्यादा था, लेकिन दोनों ने हार नहीं मानी। उन्होंने रस्सियों की मदद से गाय को सावधानी से अपनी पीठ पर बांधा और अपनी जान जोखिम में डालकर उस मुश्किल रास्ते पर निकल पड़े। बारिश में भीगी हुई फिसलन भरी पगडंडियों पर हर कदम पर खतरा था। ज़रा सी चूक किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी, लेकिन उनका एक ही लक्ष्य था: ''गौ माता को बचाना''। घंटों तक चले इस संघर्ष के बाद, जब वे अस्पताल पहुंचे और गाय को समय पर इलाज मिला, तो पूरा गांव भावुक हो गया। समय पर इलाज मिलने से गाय की जान बच गई और अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है।
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट आज से 5 अगस्त तक के लिए है। इस दौरान, राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, आज चंबा, कांगड़ा, मंडी, और कुल्लू जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बीते दिन भी हिमाचल प्रदेश के ज़्यादातर इलाकों में बादल छाए रहे और कई जगहों पर बारिश हुई। इसका असर ऊँचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिला, जहाँ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कल कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस और भुंतर में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। यह दिशानिर्देश खासकर आम जनता और पर्यटकों के लिए हैं।
प्रसिद्ध शक्ति पीठ चिंतपूर्णी मंदिर में चले सावन मेले के दौरान पहले पांच मेलों में मंदिर न्यास को 82 लाख 50 हज़ार 236 रोयेका नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि अभी तक छह मेलों के दौरान साढ़े तीन लाख श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। यह एक बड़ी संख्या है और यह दर्शाता है कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था कितनी गहरी है। विदेशी करेंसी के रूप में इटली,15 ,ऑस्ट्रेलिया के 50, सिंगापुर से दो, कनाडा से पांच, कतर से एक रियाल, कुवैत से एक ,इंग्लैंड से 110, यूएई से 630 ,यूएसए 140 डॉलर की विदेशी करेंसी भी प्राप्त हुई है। बता दे की सावन माह के इस नवरात्रि की शुरुआत हुई। इसमें 25 जुलाई को 14 लाख 51हज़ार 834 प्राप्त हुए, 26जुलाई को 17लाख76644 रुपये, प्राप्त हुए 27 जुलाई को 18 लाख 55747 प्राप्त हुए, 28 जुलाई को 16 लाख 23073 रुपए प्राप्त हुए व29 जुलाई को 15 लाख 42938 प्राप्त हुए। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि सावन मेले के दौरान मंदिर न्यास को मिलने वाला चढ़ावा बहुत महत्वपूर्ण होता है। यह चढ़ावा मंदिर के रख-राव और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को बढ़ाने में उपयोग किया जाता है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर हाटकोट में श्री मद भागवत कथा का आयोजन इस वर्ष बड़े ही धूम धाम से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष राम लीला जन कल्याण समिति ने भागवत करवाने का जिम्मा लिया है। कुनिहार में जन्माष्टमी कार्यक्रम व पहली बार मटकी फोड़ परियोगिता का आयोजन किया जायगा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित कार्यक्रमों को किस तरह आकर्षक व भव्य रूप से किया जा सकता है बारे चर्चा व विचार विमर्श कर रूपरेखा तैयार की गई। राम लीला जन कल्याण समिति अध्यक्ष रितेश जोशी व उपाध्यक्ष अमन अत्री ने बताया कि शनिवार 9 अगस्त को कलश यात्रा सांय 5 बजे नजदीक सिविल अस्पताल कुनिहार से प्रारम्भ कर पुराना बस स्टैंड से होते हुए कथा स्थल राज दरबार प्रांगण में पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर 16 वर्षीय बाल व्यास स्मृति अपने मुखारविंद से कथा का व्याख्यान करेगी। इसके अलावा समिति ने अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्था बारे चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति व समस्त कुनिहार वासियों के सहयोग से यह आयोजन किया जाता है। 15 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की रात्रि को मंदिर परिसर में कृष्ण जन्म व झांकियों द्वारा भव्य आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। 10 अगस्त से 15 अगस्त तक पुराण प्रवचन का समय 2 बजे से सांय 5 बजे तक रहेगा।16 अगस्त को प्रवचन 11 बजे, यज्ञ पूर्णाहुति दोपहर 1 बजे की जायगी। उन्होंने बताया कि इस बार दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी जिसका समय दोपहर 2 बजे रहेगा। सांय 4 बजे ठाकुर जी के रथ की पूरे कुनिहार की परिक्रमा की करवाई जाएगी। दोहपर 2 बजे से विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा ।वहीं इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट जगदीश अत्री, उप प्रधान रोहित जोशी, वार्ड सदस्य प्रदीप पुरी, संजय जोशी,राकेश झांझी, आशीष द्विवेदी, संदीप जोशी, अमन अत्री,मुकेश शर्मा, पंकज योगीराज, हनी खुराना,गोलू, मोनू जोशी, लक्ष्य जोशी, पवन पूरी, लबु, हर्षित भारद्वाज, सूर्यांश शर्मा,भूपेंद्र,भारद्वाज, सोनी अरोड़ा, सहित समिति के सदस्य मौजुद रहे।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई। लगातार तीसरे दिन हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चाैहान व यादवेंद्र गोमा ने दी। करुणामूलक आधार पर नौकरियों के लिए आय की सीमा को 2,50,000 लाख से बढ़ाकर तीन लाख सालाना किया गया है। इससे बहुत से अभ्यर्थी नाैकरियों की पात्रता पूरी कर सकेंगे। इसमें पहली प्राथमिकता विधवाओं को दी जाएगी, फिर अनाथ को दी जाएगी। इसके बाद अन्य को माैका मिलेगा। वही करुणामूलक आधार मंत्रिमंडल ने 500 पदों को स्वीकृत किया गया है। ये पक्की नाैकरियां होंगी, जोकि तीन व चार श्रेणी पदों पर मिलेगी। फैसला एसएनजीएनसी शिमला में बीएससी नर्सिंग की सीटों को 60 से बढ़ाकर 100 किया गया। टांडा मेडिकल काॅलेज में इसे 30 से बढ़ाकर 60 किया गया है। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चाैहान व यादवेंद्र गोमा ने दी। साथ ही मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश फैक्टरी नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत अब महिलाएं भी अपनी इच्छानुसार उद्योगों में आठ की बजाय 12 घंटे की ड्यूटी कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें ओवरटाइम मिलेगा। मंत्रिमंडल ने राज्य विद्युत बोर्ड की 200 करोड़ स्टेट गारंटी मंजूर की। विद्युत निगम की उधार सीमा को 6,200 करोड़ करने की मंजूरी दी। मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया गया कि अब बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा एचपीयू की ओर से आयोजित की जाएगी। मंत्रिमंडल ने इसकी मंजूरी दी है। वहीं महर्षि वाल्मीकि कामगार योजना में मकान निर्माण की राशि को तीन लाख रुपये किया गया है। हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त में होगा। इसकी तिथि 31 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में तय की जाएगी।
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत बलालडू के पास लोअर घल्लोर में सोमवार को एक कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चालक को मामूली चोटें पहुंची हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (नंबर HP 83A-3098) और बाइक (नंबर HP 83A-5971) के बीच यह टक्कर हुई। मोटरसाइकिल को प्रवीण कुमार पुत्र रमेश कुमार, गांव रिड़ी, डाकघर थिल चला रहा था। टक्कर में प्रवीण कुमार को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बाइक पर पीछे बैठे विशाल राणा पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी गांव लोहारकड़, तहसील खुंडिया, जिला कांगड़ा को गंभीर चोटें आई हैं। घायल विशाल राणा को उपचार हेतु तत्काल सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले जाया गया है। हादसे की सूचना संबंधित पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
भारत सरकार के डाक विभाग ने डिजिटल दक्षता की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए अगली पीढ़ी के एपिटे (APT) एप्लिकेशन को लागू करने की घोषणा की है। यह आधुनिक डिजिटल प्रणाली 4 अगस्त से कांगड़ा जिले के 19 डाकघरों में प्रभावी रूप से लागू की जाएगी। नया सिस्टम जिन डाकघरों में लागू किया जा रहा है, उनमें कांगड़ा, बरोह, सुन्ही, दौलतपुर, नगरोटा बगवान, सुनेहड़, टांडा, गग्गल, तियारा, रैत, जवाली, धमेटा, राजा का तालाब, भरमाड़, नगरोटा सूरियाँ, फतेहपुर, रेहन, लंज और रानीताल शामिल हैं। इस ट्रांज़िशन के सुचारु संचालन के लिए 2 अगस्त को एक नियोजित डाउनटाइम रहेगा। इस दिन उपरोक्त डाकघरों में कोई भी सार्वजनिक लेन-देन नहीं किया जाएगा। यह अस्थायी सेवा विराम डेटा माइग्रेशन, सिस्टम सत्यापन और कॉन्फ़िगरेशन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने हेतु आवश्यक है। एपिटे एप्लिकेशन को बेहतर ग्राहक अनुभव, तेज़ सेवा वितरण, और स्मार्ट तथा भविष्य-उन्मुख डाक सेवाओं के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह पहल डाक विभाग की राष्ट्र निर्माण और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। डाक विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने कार्यों की योजना पहले से बना लें। अत्यावश्यक सेवाओं के लिए नजदीकी डाकघरों जैसे बनखंडी, जवालामुखी, संसारपुर टेरेस और हरिपुर से संपर्क किया जा सकता है। डाक विभाग ने संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और भरोसा दिलाया है कि यह कदम नागरिकों को अधिक कुशल और डिजिटल रूप से सशक्त सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कुनिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 48 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस संबंध में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुनिहार से एएसआई जयराम अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि अर्की की ओर से एक संदिग्ध गाड़ी (नंबर HP 64C 2622) कुनिहार की तरफ आ रही है, जिसे सूरजीत नामक व्यक्ति चला रहा है, और गाड़ी में अवैध शराब हो सकती है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त गाड़ी को कुनिहार-अर्की सड़क पर स्थित पावर हाउस के पास रोका और चेकिंग की। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिक्की से चार गत्ता पेटियों में कुल 48 बोतल देशी शराब (ब्रांड: पैराडाइज संतरा) बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने की है।


















































