देश के कई हिस्सों में अक्टूबर महीने की शुरूआत में भी मानसून सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोन सर्कुलेशनकी वजह से देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी में कुछ देरी होने की संभावना है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश, एमपी, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली समेत कई इलाकों में 5 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश से अभी भी हाल बेहाल है। महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. वहीं, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की वजह से लोगों की मुसीबतें बढ़ गईं। भारी बारिश के बाद पहाड़ों पर अब पत्थरों की बरसात हो रही है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में जमीन खिसकने के बाद पहाड़ से बोल्डर के गिरने का सिलिसिला शुरू हुआ तो खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। पहले तो ऐसा लगा कि कुछ देर में पत्थरों का गिरना बंद हो जाएगा, लेकिन धीरे-धीरे इसने विकराल रूप ले लिया और सड़क पर मलबे का ढेर लग गया, जिससे वहां से गुजरने वालों के लिए रास्ता बंद हो गया। ये हाल गंगोत्री नेशनल हाईवे का है। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तरकाशी के अलग अलग हिस्सों में इसी तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे इलाके की कई सड़कें बंद हैं।
पाकिस्तान सरकार का ट्विटर अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है। भारतीय ट्विटर यूजर्स के लिए ये ट्विटर अकाउंट ब्लॉक है। ट्विटर की तरफ से बताया गया है कि शिकायत मिलने के बाद ऐसा किया गया है। पाकिस्तान सरकार का ट्विटर हैंडल @GovtofPakistan के नाम से है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत आपातकालीन शक्तियों को लागू कर कार्रवाई की गई थी। इस कदम के आदेश 16 अगस्त को दिए गए थे। इसके तहत कई यू-ट्यूब चैनल, फेसबुक और ट्विटर अकाउंट थे। कई भारतीय YouTube चैनलों को नकली और सनसनीखेज थंबनेल का उपयोग करते हुए देखा गया था। आरोप है कि इन चैनलों ने गुमराह करने का काम किया। केंद्र सरकार ने अब तक भारत के खिलाफ नफरत फैलाने के आरोप में 100 से ज्यादा यूट्यूब चैनल, 4 फेसबुक पेज, 5 ट्विटर अकाउंट और 3 इंस्टाग्राम अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है।
देश में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5G सर्विसेस लॉन्च कर दी है। पहले चरण में देश के सभी महानगरों समेत 13 शहरों में लोग इस सेवा का आनंद ले पाएंगे। इसमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, चंडीगढ़, गुरुग्राम, हैदराबाद, लखनऊ, पुणे, गांधीनगर, अहमदाबाद और जामनगर शामिल हैं, लेकिन इसके लिए आपका फोन 5G होना जरूरी है। 5G सर्विसेस के लॉन्च होने के बाद माना जा रहा है कि देश की स्थिति को और मजबूत कर सकता है। दूरसंचार ऑपरेटर राज्यों में इन सेवाओं को रोलआउट करने के लिए काफी समय से तैयारी कर रहे थे। सभी राज्यों के लिए एक साझा पोर्टल बनाया गया है, जिसमें बुनियादी ढांचे के एप्लिकेशन के प्रवेश के लिए एक केंद्रीय स्टॉप-शॉप है। बता दें, जियो ने देश के हर गांव में 5जी इंटरनेट सेवा को पहुंचाने के लिए 2 लाख करोड़ के निवेश की बात कही है। हालांकि इसे इतना आसान नहीं माना जा रहा है। तकनीकी जानकारों के अनुसार गांव-गांव में इस सेवा को पहुंचने में अभी कम से कम डेढ़ साल का समय लग सकता है। वहीं मोबाइल कंपनियां भी दावा कर रही हैं कि वो दिसंबर 2023 तक देश के हर कोने में 5जी सेवा को पहुंचा देंगी। अगर कंपनियों का दावा सही मान लें तो गांव में एक साल से पहले 5जी नहीं पहुंचेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 5G सर्विस की शुरुआत कर दी है। इस पल को देश भर के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है। भारत ने टेक्नोलॉजी के एक नए युग में प्रवेश कर लिया है। 5G सर्विस देश को तेज रफ्तार के साथ नई पहचान देने में मदद दिलाएगी। बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने1 अक्टूबर को दिल्ली के प्रगति मैदान में 5जी सेवाओं की शुरुआत की। उन्होंने प्रगति मैदान में प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। 5G दूरसंचार सेवाएं देशभर में कवरेज, हाय डाटा रेट और तेजी देगी। पीएम मोदी ने 5G सर्विस को 130 करोड़ भारतवासियों के लिए एक शानदार उपहार बताया है। उन्होंने इसे देश के द्वार पर नए दौर की दस्तक है और अवसरों के अनंत आकाश की शुरुआत बताया। साथ ही देश भर के लोगों को बधाई दी। देश के तीन प्रमुख दूरसंचार ऑपरेटरों ने भारत में 5G तकनीक की क्षमता दिखाने के लिए प्रधानमंत्री के सामने कई तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में पीएम के सामने हाई-सिक्योरिटी राउटर, साइबर थ्रेट डिटेक्शन प्लेटफॉर्म, अंबुपॉड जैसी 5G तकनीकों का अनुभव कराया गया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कहा कि उन्हें बेहद गर्व है। भारतीय मोबाइल कांग्रेस को अब एशियन मोबाइल कांग्रेस और ग्लोबल मोबाइल कांग्रेस बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि दिसंबर 2023 तक देश के हर तालुका तक जियो 5G की सेवा पहुंच जाएगी।
चीन से चल रही तनातनी के बीच देश के दूसरे सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार (30 सितंबर) को अपना पदभार संभाल लिया। इसके साथ ही ये भी साफ हो गया है कि अनिल चौहान अब फॉर-स्टार जनरल होंगे और उनका पद सेना के तीनों अंगों यानि थलसेना, वायुसेना और नौसेना के प्रमुखों से ऊपर होगा। शुक्रवार को अपना पदभार संभालने से पहले जनरल अनिल चौहान सुबह नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचें और वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके बुजुर्ग पिता भी मौजूद थे। इसके बाद नए सीडीएस साउथ ब्लॉक पहुंचें जहां सेना के तीनों अंगों की टुकड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी और सह-नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल एस एन घोरमाडे भी मौजूद थे।
आरबीआई ने लगातार चौथी बार रेपो रेट बढ़ाने का फैसला किया है। आरबीआई ने रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी करते हुए रेपो रेट को 5.40 फीसदी से बढ़ाकर 5.90 फीसदी कर दिया है। आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी की बैठक के बाद गर्वनर शक्तिकांत दास ने ये ऐलान किया है। यानि अब पांच महीने में 1.90 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है। आरबीआई के इस फैसले के बाद होम लोन से लेकर कार लोन और एजुकेशन लोन का महंगा होना तय है। वहीं जिन लोगों ने पहले से होम लोन लिया हुआ है उनकी ईएमआई और महंगी हो जाएगी। आरबीआई गर्वनर ने रेपो रेट में बढ़ोतरी का फैसला मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की तीन दिनों की बैठक के बाद लिया है। 28 सितंबर से मॉनिटरी पॉलिसी कमिटी की बैठक की शुरूआत हुई थी। अगस्त महीने में खुदरा महंगाई दर 7 फीसदी रहा है। जिसके चलते आबीआई को महंगाई पर नकेल कसने के लिए ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा है।
सोने के दाम में दो दिनों से जोरदार तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। देश का सर्राफा बाजार इस समय गुलजार है क्योंकि अच्छी मांग घरेलू बाजार से देखी जा रही है। वहीं दो दिनों से डॉलर के दाम में भी नरमी देखी जा रही है जिसके बाद निवेशकों का रुझान फिर से सोने की ओर मुड़ रहा है। वायदा बाजार में सोना एक बार फिर 50,000 रुपये के पार चला गया है। चांदी के दाम में कई दिनों से जारी तेजी आज भी बरकरार है और इसमें 400 रुपये प्रति किलो से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है। वायदा बाजार में आज सोने के दाम उछाल के साथ बने हुए हैं। सोना अक्टूबर वायदा 166 रुपये या 0.33 फीसदी की तेजी के साथ 50,160.00 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी के दाम देखें तो ये दिसंबर वायदा के लिए 418 रुपये यानी 0.74 फीसदी की उछाल के साथ 56,578 रुपये प्रति किलो के रेट पर बनी हुई है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। इस बीच दिल्ली पहुंचे सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि वह कांग्रेस हाईकमान का हर एक फैसला मानेंगे, उनके लिए पद मायने नहीं रखता है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद गहलोत ने शुक्रवार (30 सितंबर) को कहा कि राजस्थान में जो हुआ वो मेरे व्यवहार के खिलाफ था। गहलोत ने गुरुवार (29 सितंबर) को सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ पर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद गहलोत ने कहा था कि वह अब अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा था कि उनके मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के बारे में फैसला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी। गहलोत की सोनिया गांधी से मुलाकात के कुछ देर बाद राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी 10 जनपथ पहुंचे। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद पायलट ने कहा कि राजस्थान के घटनाक्रम को लेकर उन्होंने अपनी भावनाओं से कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत करा दिया है।
देश में कोरोना संक्रमण मामलों में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। बीते दिन कुल 3947 नए मामले सामने आए। अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 45 लाख 87 हजार 307 हो गई। वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 39,583 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 9 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5 लाख 28 हजार 629 पर पहुंच गई। 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1167 की कमी दर्ज की गई है. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.73 प्रतिशत हो गई। आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 1.23 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.44 प्रतिशत है। देश में अब तक कुल 4,40,19,095 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 218.52 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। इनमें से 94.84 करोड़ लोगों को दूसरी खुराक, जबकि 21.19 करोड़ लोगों को एहतियाती खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के नौ मामले सामने आए, जिनमें से महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के दो-दो और उत्तर प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के एक-एक मरीज थे।
Jammu Kashmir: बारामूला और शोपियां जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, 2 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बारामूला और शोपियां जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही रही है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों में कई आतंकियों को घेराव करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया है। ये मुठभेड़ शुक्रवार रात से जारी है। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया है कि बरामूला के पट्टन इलाके के येदुपोरा इलाके में मुठभेड़ जारी है। पुलिस और सुरक्षाबल अपना काम कर रहे हैं और आगे जानकारी थोड़ी देर में दी जाएगी। इससे पहले शोपियां जिले के चित्रगाम इलाके में भी सुक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। दरअसल, सुरक्षाबलों को देर रात सूचना मिली थी कि इन इलाकों में कुछ आतंकी इकट्ठे हुए हैं। इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। बारामूला में दो से तीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेर रखा है। पुलिस अधिकारी ने बताया है कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है।
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में चेहरों को लेकर सस्पेंस जारी है। इस बीच दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा, ''वह मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावक बनेंगे। उन्होंने कहा,"मैंने जीवन भर कांग्रेस का के लिए काम किया है और करता रहूंगा। मैं खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए सोच भी नहीं सकता हूं।'' इस बयान से पहले दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार) को अपने सहयोगी मल्लिकार्जुन खड़गे और के. सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। वहीं अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी खड़गे से मुलाकात के लिए पहुंचे हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हुई थी और शुक्रवार (30 सितंबर) आखिरी दिन है। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।
भारतीय शेयर बाजार गुरूवार की सुबह शानदार तेजी के साथ खुला था। लेकिन दिन के ट्रेड के दौरान और यूरोपीय बाजारों में गिरावट के देखते हुए भारतीय बाजारों में मुनाफावसूली लौटी। जिसके बाद बाजार लाल निशान में ट्रेड करने लगा। आज का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 183 अंकों की गिरावट के साथ 56,415 अंकों पर बंद हुआ है तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी 15 अंक गिरकर 16,853 अंकों पर क्लोज हुआ है। बाजार में सितंबर का आज मंथली एक्सपायरी था। आज के ट्रेडिंग में फार्मा, एफएमसीजी, मेटल्स, मीडिया में तेजी रही वहीं ऑटो, आईटी, एनर्जी, आयल एंड गैस सेक्टर के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार में आज मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में भी तेजी देखी गई। निफ्टी इंडेक्स के 50 शेयरों में 25 शेयर लाल निशान में तो 25 शेयर हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 12 शेयर हरे निशान में बंद हुए वहीं 18 शेयर गिरावट के साथ क्लोज हुए। जिन शेयरों में आज तेजी रही उन पर नजर डालें तो आईटीसी 2.51 फीसदी, डॉ रेड्डी 2.16 फीसदी, टाटा स्टील 1.68 फीसदी, सन फार्मा 1.38 फीसदी, नेस्ले 1.17 फीसदी, महिंद्रा 1.13 फीसदी, भारती एयरटेल 0.80 फीसदी, एनटीपीसी 0.66 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ है। गिरावट वाले शेयरों में एशियन पेंट्स 4.99 फीसदी, टेक महिंद्रा 1.86 फीसदी, टाइटन कंपनी 1.53 फीसदी, कोटक महिंद्रा 1.49 फीसदी, बजाज फाइनैंस 1.53 फीसदी, टीसीएस 1.20 फीसदी, विप्रो 1.14 फीसदी, मारुति सुजुकी 1.05 फीसदी की गिरावट के साथ क्लोड हुआ है।
सीबीआई ने इंटरपोल, एनसीबी और 8 राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर 'ऑपरेशन गरुड़' चलाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आपरेशन गरूड़ में सीबीआई ने 175 लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए हैं। आपरेशन गरुड़ के दौरान करीब 125 एफआईआर दर्ज की गई। ऑपरेशन गरुड़ का मकसद भारत मे मौजूद ड्रग्स माफियाओं के विदेशी नेटवर्क को तोड़ना था। जिससे भारत में ड्रग ट्रैफिकिंग पर लगाम लगाई जा सके। इस ऑपरेशन में सीबीआई ने एनसीबी और स्टेट पुलिस के साथ-साथ इंटरपोल के साथ कोऑर्डिनेटर किया। सीबीआई के मुताबिक इस आपरेशन में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडू, दिल्ली और मणिपुर की पुलिस ने करीब 6600 संदिग्धों को हिरासत में लिया और 175 तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया गया।
कांग्रेस में सियासी सरगर्मियां तेज़ है। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख जितनी नजदीक आ रही है चुनाव भी उतना ही दिलचस्प होता दिख रहा है। अभी तक अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच जारी इस टक्कर में अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का नाम भी सामने आ गया है। उन्होंने सारे कयासों पर पूर्ण विराम लगाते हुए खुद इसे लेकर बयान जारी कर दिया है। उन्होंने बयान जारी करते हुए साफ कर दिया है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अपना नामांकन फॉर्म लेने आए थे और वह कल यानि 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। गौरतलबन है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने केरल में पार्टी की भारत जोड़ी यात्रा में राहुल गांधी से मुलाकात की थी और कल देर शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे। आज उन्होंने अध्यक्ष पद के रेस में शामिल होने की बात को सबके सामने रख दिया है। बता दें कि, उनके अलावा अभी तक केवल शशि थरूर ने ही इस पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है।
अब अविवाहित महिलाएं भी 24 हफ्ते तक का गर्भ गिरा सकेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी रूल्स के नियम 3b का विस्तार किया है। अब तक सामान्य मामलों में 20 हफ्ते से अधिक और 24 हफ्ते से कम के गर्भ के अबॉर्शन का अधिकार विवाहित महिलाओं को ही था। कोर्ट ने यह भी कहा है कि अगर विवाहित महिला का गर्भ उसकी इच्छा के विरुद्ध है तो इसे बलात्कार की तरह देखते हुए उसे गर्भपात की अनुमति दी जानी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट में यह मामला इस साल जुलाई में पहुंचा था। 23 हफ्ते की गर्भवती अविवाहित महिला ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उसने बताया था कि हाई कोर्ट ने यह कहते हुए गर्भपात की अनुमति देने से मना कर दिया है कि नियमों के तहत सिर्फ विवाहित महिलाओं को ही इसका अधिकार दिया गया है। कोर्ट ने कहा है कि पति की जोर-जबरदस्ती से महिला गर्भवती हुई है तो उसे यह अधिकार होना चाहिए कि वह 24 हफ्ते तक गर्भपात करवा सके। इस तरह सुप्रीम कोर्ट ने लंबे समय से कानूनी बहस का मुद्दा बने वैवाहिक बलात्कार या मैरिटल रेप को गर्भपात के मामलों में मान्यता दे दी है। गौरतलब है कि MTP रूल्स के तहत 20 हफ्ते तक के गर्भ का अबॉर्शन करवाया जा सकता है। पहले यह अनुमति 12 हफ्ते तक के गर्भ के लिए थी लेकिन 2021 में नियमों में संशोधन हुआ। 20 हफ्ते से अधिक और 24 हफ्ते से कम के गर्भ को गिराने की अनुमति बहुत चुनिंदा मामलों में ही दी गई है। MTP रूल्स के नियम 3b के तहत, इस तरह के गर्भ का अबॉर्शन तभी हो सकता है जब-महिला बलात्कार या किसी निकट संबंधी के चलते गर्भवती हुई हो, गर्भवती नाबालिग हो, महिला विवाहित हो लेकिन गर्भ के दौरान उसकी वैवाहिक स्थिति बदल गई हो यानी पति की मृत्यु हो गई हो या तलाक हो गया हो, महिला शारीरिक या मानसिक रूप से अस्वस्थ हो, गर्भ में पल रहा भ्रूण अस्वस्थ हो यानि इस बात के मेडिकल प्रमाण हों कि बच्चा या तो गर्भ में ही मर जाएगा या अगर पैदा होगा तो वह लाइलाज शारीरिक या मानसिक विकृति वाला होगा।
भारत की पहली स्वदेशी रूप से विकसित वंदे भारत ट्रेन गांधीनगर से मुंबई के बीच चलेगी। इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल रन सफलतापूर्वक हो चुका है। ये ट्रेन 'कवच' तकनीक (ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम) से लैस है, यह एक स्वचालित सुरक्षा प्रणाली है जो दो ट्रेनों को टकराने से रोकती है। यहां यह बताना जरूरी है कि इस तकनीक को भारत में ही विकसित किया गया है और विदेशों से बनकर आने वाली आयातित ट्रेन से कम लागत में बनी है। केंद्र सरकार ने अपने बजट 2022 में 'कवच' तकनीक के तहत 2000 किलोमीटर के रेल नेटवर्क को शामिल करने की घोषणा की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका ख़ुद सफल परीक्षण किया और आयातित ट्रेनों की तुलना में इस पर 50 प्रतिशत कम लागत आई है। इस प्रकार इस ट्रेन मेक इन इंडिया उत्पादों के प्रति पीएम की प्रतिबद्धता को साकार किया है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला गया। यह मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम खेला गया। वहीं इस मुकाबले में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े। सूर्यकुमार के अलावा केएल राहुल ने भी 51 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए। वहीं साउथ अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा और एनरिक नार्खिया ने 1-1 विकेट चटकाया। 107 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए और सिर्फ 3 रन के स्कोर पर नार्खिया के गेंद पर आउट हुए। हालांकि इसके बाद भारत की पारी को सूर्यकुमार यादव (50) और केएल राहुल (51) ने संभाला और भारतीय टीम को 8 विकेट से आसान जीत दर्ज करवाई।
इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया का आधिकारिक ट्विटर हैंडल बैन कर दिया गया है। भारत सरकार द्वारा संगठन को प्रतिबंधित किए जाने के बाद ट्विटर ने यह कार्रवाई की है। ट्विटर ने लिखा है कि कानूनी मांग के जवाब में भारत में पीएफआई ऑफिशियल खाते को रोक दिया गया है। भारत सरकार ने मंगलवार (27 सितंबर) देर रात पीएफआई को बैन करने का आदेश जारी किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत पीएफआई को देश में प्रतिबंधित कर दिया है। सरकार ने देशभर के राज्यों से पीएफआई के खिलाफ कदम उठाने के लिए कहा था। केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए गए पीएफआई को केरल और तमिलनाडु की सरकार ने भी बैन कर दिया है। केरल और तमिलनाडु की सरकार ने आतंकवाद रोधी कानून ‘यूएपीए’ के तहत प्रतिबंधित किए गए पीएफआई और उसके सहयोगी संगठनों की सूची जारी की है। जिन संगठनों के नाम सूची में बताए हैं, उनमें पीएफआई, इसके सहयोगी और संबद्ध मोर्चे- रिहैब इंडिया फाउंडेशन, कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया इमाम्स काउंसिल, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन, नेशनल विमेंस फ्रंट, जूनियर फ्रंट, एम्पावर इंडिया फाउंडेशन और रिहैब फाउंडेशन शामिल हैं।
फीफा ने भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को उनके जीवन और करियर पर तीन एपिसोड की सीरीज जारी कर सम्मानित किया है। भारत के सबसे सफल फुटबॉलरों में से एक, छेत्री देश के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोरर और सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 12 जून 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू के बाद से 131 आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में 84 गोल किए हैं, जो मैसी के 90 और रोनाल्डो के 117 गोल से पीछे हैं। फीफा ने अपने विश्व कप हैंडल से ट्वीट किया, "आप रोनाल्डो और मैसी के बारे में सब जानते हैं। अब तीसरे सबसे अधिक गोल करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की कहानी के बारे में जान लें। सुनील छेत्री, कप्तान फैंटास्टिक अब फीफा प्लस पर उपलब्ध हैं।"
कांग्रेस नेताओं के भाजपा पर डरा धमकाकर पार्टी में शामिल करने के आरोपों पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को डराने धमकाने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस नेता पार्टी से तंग होकर खुद ही भाजपा में शामिल हो रह है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है और हर कोई जहाज़ से बाहर छलांग रहा है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि अभी और भी कांग्रेस नेता भाजपा में आएंगे। पूरे देश भर में कांग्रेस के विधायक भाजपा में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में पार्टी की हालत बेहद दयनीय है। उन्होंने कहा कि धीरे धीरे कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ हो रह है और हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मिशन रिपीट करेगी।
* गुहार : आचार सहिंता लगने से पहले सुध ले सरकार प्रदेश में सेवाएं दे रहे शारीरिक शिक्षक वर्तमान सरकार की कार्यशैली से नाराज है। इनका कहना है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विभाग ने वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में एक भी पद डीपीई का स्वीकृत नही किया है, जिसका खामियाजा शारीरिक शिक्षको को भुगतना पड़ रहा है। वहीं 180 के लगभग शारीरिक शिक्षक पिछले दो वर्षों से अपनी पदोन्नति की राह देख रहे है, लेकिन पद स्वीकृत नहीं होने की वजह से पदोन्नत नहीं हो पा रहे है। जानकारी के अनुसार प्रदेश के 375 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई पद स्वीकृत ही नहीं है, जबकि 90 के लगभग विद्यालयों में डीपीई के पद रिक्त चले हुये है। इतने बड़े पैमाने पर पद खाली होने के कारण शारीरिक अध्यापकों के पदोन्नति के मार्ग भी बंद हो गए है। वहीं इन स्कूलों में शारीरिक विषय पढ़ने वालों बच्चों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। राजकीय अध्यापक संघ हिमाचल प्रदेश के राजकीय उपाध्यक्ष सतीश पुंडीर, नरेश कुमार, सुरेश कुमार व नूतन कुमार का कहना कि सभी विषयों के अध्यापकों की पदोन्नति सूची विभाग जारी करता है लेकिन पीईटी से डीपीई की पदोन्नति को के लिये विभाग का उदासीन रवैया है, जोकि शारीरिक अध्यापक वर्ग के साथ अन्याय है। बार बार शारीरिक शिक्षक अपनी बात सरकार व विभाग पहुंचाते रहे है, लेकिन विभाग हर बार पद स्वीकृत नही होने कारण बता देता है। इनकी मांग है कि आचार सहिंता लागू होने से पहले सरकार इस संदर्भ में आवश्यक निर्णय ले।
बड़ी काशी के लोकप्रिय सांसद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देव भूमि हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी में पधार रहे हैं। उनका पधारने पर यहां स्वागत है, वहीं हिमाचल प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अपने दौरे के दौरान देकर जाते हैं जो हम सबके लिए गर्व का विषय रहता है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक का ताकतवर नेतृत्व है, ऐसा नेतृत्व जिसकी ताकत को पूरा विश्व मान रहा है। यह नेतृत्व यह देश को आगे बढ़ा कर बढ़ रहा है।वहीं भारत की उम्मीदों को विश्व भर में पंख भी लगा रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अपने नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है और एक सशक्त नेतृत्व बनकर उन्होंने राष्ट्र को मजबूत करने का काम किया है। आज मैं इस लेख में चर्चा इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और ताकत की कर रही हूं , क्योंकि इसका विशेष जुड़ाव हिमाचल के साथ है। देव भूमि हिमाचल के लिए यह बेहद सुखद पहलू है कि आज जो विश्व भर में ताकतवर नेता है, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी उनका हिमाचल के साथ गहरा नाता है। हिमाचल की देवभूमि में उन्होंने काम किया है संगठन को मजबूत बनाने के लिए चप्पे-चप्पे में घूमे है इसलिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में हिमाचल रहता है ,लगातार हिमाचल को योजनाएं देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को हर फील्ड में नई योजनाएं दी है, जिसके कारण हिमाचल प्रदेश विकास के शिखर की ओर बढ़ रहा है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। हिमाचल सरकार ने जब भी उनसे आग्रह किया उन्होंने कभी भी नकारा नहीं बल्कि उम्मीद से बढ़कर हिमाचल को देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किया है। प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर के हिमाचल खुशहाल प्रदेश बनकर उभरा है। केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य ,सड़क, पेयजल ,रेल,कृषि ,बागवानी, शिक्षा के क्षेत्र में अनेक योजनाएं दी वही इसके अलावा औद्योगिक विकास की ओर हिमाचल अधिक तेजी से बढ़े इस को लेकर केंद्र की सरकार ने हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया ।कोरोना काल में जरूरतमंदों के लिए राशन की व्यवस्था का काम हो, चाहे स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने का काम हो,वैक्सीन का सुरक्षा चक्र हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हिमाचल को लेकर के सतर्क रहें है और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इसको लेकर के लगातार फीडबैक देते रहे। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह हिमाचल को लेकर चिंतित रहते हैं ।प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी हिमाचल शिखर की ओर ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें प्रदेश सरकार अपने 5 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर रही है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विशेष स्नेह हिमाचल प्रदेश को मिला है। वहीं हिमाचल प्रदेश व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच के नाते को मजबूत करने का काम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया है ,समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल लाकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल के साथ जोड़ने में सफलता पाई है । इतनी बड़ी जिम्मेदारी के बीच भी वे हिमाचल के लिए समय निकालते हैं, हिमाचल प्रदेश का दौरा करते हैं, हिमाचल प्रदेश में रात बिताते हैं, यह अपने आप में बड़ी बात है और देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनको लेकर के विश्व में सम्मान है और हिमाचल प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा होता है, जब देवभूमि को अपना घर मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गर्व से कहते हैं कि हम हिमाचल मेरा दूसरा घर है।पीएम हिमाचल प्रदेश की समस्याओं को बारीकी से समझते हिमाचल प्रदेश के दर्द को समझते हैं, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के आग्रह को दूर नहीं किया है बल्कि उसका हल निकालने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद सदैव हिमाचल प्रदेश के कुशल इमानदार, कर्मठ नेतृत्व जयराम ठाकुर को रहा है। हिमाचल प्रदेश में लगातार प्रवास करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है। हिमाचल प्रदेश के लिए यह प्रसन्नता का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश के युवा साथियों के साथ संवाद करने के लिए आ रहे हैं ।मंडी में युवाओं की ऐतिहासिक रैली होने जा रही है ,जिसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है और प्रधानमंत्री जी का जोरदार स्वागत इस रैली के दौरान किया जाएगा। प्रदेशभर से युवा इस रैली में रिवाज बदलने की हुंकार भरेंगे और प्रधानमंत्री का संबोधन निश्चित रूप से हिमाचल प्रदेश को जोश देगा। विधानसभा चुनाव को समय कम है ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा अपने आप में चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है और इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी के गृह जिला में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लीक से हटकर जो नीतियां बनाई उनका उनका लाभ आम आदमी तक हिमाचल प्रदेश में पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं अनेक बार अनेक मंचों से हिमाचल प्रदेश की नीतियों की सराहना कर चुके हैं। कोरोना में किए गए कार्यकाल की सराहना कर चुके हैं ।ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल के साथ स्नेह हिमाचल के लिए बेहतर पल देने वाला है। केंद्र से हिमाचल को अनेक योजनाएं मिली है। चाहे मेडिकल कॉलेज की बात हो, चाहे औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की बात हो, चाहे रेलवे की बात हो ,चाहे उड़ान योजना की बात हो, चाहे स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुधार करने की बात हो, चाहे नदी नालों के तटीयकरण की बात हो, चाहे पेयजल योजनाओं की बात हो ,चाहे आपदा प्रबंधन में मदद की बात हो ,चाहे शिमला में आधुनिक यातायात के लिए विशेष प्रोजेक्ट रोप वे का सहमति का देने की बात हो। विश्व प्रसिद्ध अटल टनल तय समय में पूरा करवाने की बात,जो आज विश्व मे छाई है। पर्यटन को नए आयाम दिए है। अनेक सड़कों ,पुलों के लिए केंद्रीय मदद मिलने की बात ।ऐसी अनेक योजनाएं हैं ।जिनका मैं उल्लेख कर सकती हूं जो केंद्र सरकार के सक्रिय सहयोग से प्रदेश को मिली और इसका श्रेय जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है वहीं प्रदेश के कर्मठ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व को जाता है कि उन्होंने हिमाचल के केस को बेहतर से केंद्र के समक्ष रखा है और केंद्र ने भी हिमाचल को दिल खोल करके दिया है। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व में एक बार पुनः देश के लोकप्रिय, सशक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का देवभूमि में स्वागत करने जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी व समस्त नेतृत्व को शुभकामनाएं हैं। निश्चित रूप से यह हुंकार प्रदेश में रिवाज बदलने में सहायक होगी और भाजपा के चुनाव का तेज आधार जहां तैयार करेगी वही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ओर सशक्त कर आगे बढ़ाएगी। यह लेखिका रचना झीना शर्मा के स्वतंत्र विचार है..............
बांदा जेल में बंद माफिया पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी पर योगी आदित्यनाथ सरकार के बाद अब कोर्ट का भी शिकंजा कसा है। जेलर को धमकी देने के मामले में सात वर्ष कैद की सजा के बाद अब मुख्तार को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने गैंगस्टर एक्ट के 23 वर्ष पुराने मामले में पांच वर्ष कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही पचास हजार रुपया जुर्माना भी लगाया गया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 23 वर्ष पुराने एक मामले में भी जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने शुक्रवार को उसे पांच वर्ष कैद के साथ पचास हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह की एकल पीठ ने यह निर्णय राज्य सरकार की अपील पर पारित किया है। सरकारी वकील राव नरेन्द्र सिंह के अनुसार राज्य सरकार ने मुख्तार को गैंगस्टर के इस मामले में ट्रायल कोर्ट से बरी करने के आदेश को चुनौती दी थी। इस मामले की वर्ष 1999 में लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के लखनऊ बेंच ने इससे पहले बुधवार को वर्ष 2003 के एक मामले में मुख्तार अंसारी को सात वर्ष की कैद की सजा सुनाई है। मामला लखनऊ जेल के जेलर को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी से जुड़ा था।
भारतीय महिला क्रिक्रेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीत ली है। बुधवार रात को कैंटबरी में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 88 रन से करारी शिकस्त दी। इसी जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया था। साल 1999 के बाद यह पहली बार है जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को उसी की सरजमीं पर वनडे सीरीज में शिकस्त दी है। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर के यादगार शतक (143) की बदौलत 333 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत ने महज 111 गेंद पर यह ताबड़तोड़ पारी खेली। वह आखिरी तक नाबाद रहीं। उनके साथ-साथ हरलीन देओल (58) और स्मृति मंधाना (40) ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेलीं. इंग्लैंड की पांचों लीड बॉलर्स को 1-1 विकेट मिले। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ही बेहद खराब रही। टैमी (6) दूसरे ही ओवर में रनआउट हो गईं और इसके बाद रेणुका ने अगली दो इंग्लिश बल्लेबाजों को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेज दिया। 47 रन पर इंग्लैंड के तीन विकेट गिर चुके थे। यहां से एलिस (39), दानी याट (65) और एमी जोन्स (39) ने कुछ देर संघर्ष किया लेकिन यह नाकाफी रहा। पूरी इंग्लिश टीम 44.2 ओवर में 245 रन पर सिमट गई. रेणुका ने 57 रन देकर 4 विकेट झटके।
हिमाचल प्रदेश मंत्रीमंडल की बैठक में एनटीटी पॉलिसी को मंजूरी दे दी गई है। प्रत्येक शिक्षक को मासिक 9000 रुपए मानदेय मिलेगा। इस नीति के मुताबिक एक साल के डिप्लोमा धारक को ब्रिज कोर्स करना पड़ेगा l उसी के साथ हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नर्सरी ट्रेंड टीचर की भी भर्ती होगी है। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न स्कूलों में 4700 से ज्यादा की भर्ती की जानी है। हिमाचल प्रदेश में नवंबर माह में विधानसभा चुनाव होने है, इससे पहले सरकार इस भर्ती प्रक्रिया को शुरू करवा सकती है। इसके अलावा मंत्रीमंडल की बैठक में रिफाइंड और सरसों के तेल पर प्राप्त होने वाले उपदान को 7 महीने तक बढ़ा दिया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले उपभोक्ताओं को रिफाइंड व सरसों के तेल पर प्रति पैकेट 10 से 20 रुपये उपदान दिया जाएगा। गरीबी रेखा से ऊपर के उपभोक्ताओं को पांच से 10 रुपये उपदान प्रदान प्रदान किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में सात महीने के लिए यह व्यवस्था की है, जो कि अगले वर्ष मार्च तक रहेगी। फ़िलहाल मंत्रिमंडल की बैठक जारी है।
प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा के पांगी की ऊंची चोटियों पर सीज़न की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल घाटी के बारालाचा टॉप पर 3 इंच से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल के नॉर्थ पोल की चोटी पर भी हल्की बर्फ़बारी हुई है। बर्फ़बारी के कारण मनाली-लेह नेशनल हाईवे-3 दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए ठप पड़ा है। बर्फ़बारी के चलते तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का एहसास होना शुरू हो गया है। केलोंग का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। कुकुमसेरी के तापमान में 4 डिग्री से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की है। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में सोलन में सबसे ज्यादा 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं श्री रेणुका जी में 43 मिलीमीटर, नाहन में 37 मिलीमीटर, कांगड़ा में 27.5 मिलीमीटर, शिमला में 31.2 मिलीमीटर, चंबा में 23 मिलीमीटर और मनाली में 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई इलाकों में रात से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले 28 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है। आज यानि 22 सितंबर के लिए चंबा के किलाड़ और किन्नौर के कल्पा क्षेत्र में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 23 सितंबर को आनी में दोपहर बाद ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 24 और 25 सितंबर को कुल्लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 24 सितंबर को दोपहर बाद कुल्लू के आनी क्षेत्र और 25 सितंबर को आनी, मनाली व पच्छाद क्षेत्र में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया गया है।
अपने मजेदार जोक्स से सभी को हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव इस दुनिया को अलविदा कहकर जा चुके हैं। 21 सितंबर को राजू श्रीवास्तव ने सुबह करीब 10:20 बजे आखिरी सांस ली। राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर हुआ है। वह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। राजू श्रीवास्तव के भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी है। राजू श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर उनके भाई के घर दशरथपुरी में रखा गया था। जहां कई कलाकार उनके आखिरी दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त को वर्कआउट करते दौरान हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसी दिन उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। राजू श्रीवास्तव की तबीयत में थोड़ा सुधार हुआ था मगर लंबे समय तक उन्हें होश नहीं आया था। 42 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहे जंग को राजू श्रीवास्तव हार गए। राजू श्रीवास्तव के जाने से इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है।
बुधवार को रुपये की गिरावट का सिलसिला आज मार्केट खुलने के साथ ही जारी है। गुरुवार के दिन भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 80.285 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं 21 सितंबर 2022 को यह 79.97 पर बंद हुआ था। ऐसे में मार्केट खुलते ही रुपये में 0.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं डॉलर इंडेक्स की बात करें तो यह अपने दो दशक के उच्च स्तर 111 के पार पहुंच गया है। गौरतलब है कि 21 सितंबर को अमेरिका के फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 0.75 फीसदी की बढ़ोतरी की। डॉलर इंडेक्स 20 साल के उच्च स्तर 111.72 के स्तर पर पहुंच गया है।
आज रात 12 बजे से प्राइम मेंबर्स के लिए 'अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल' शुरू हो रही है। इस सेल के दौरान यूजर्स को स्मार्टफोन्स पर शानदार ऑफर्स दिए जाएंगे। इस सेल में स्मार्टफोन्स पर पूरे साल की बेस्ट डील मिलेंगी। यानी फोन्स पर बंपर डिस्काउंट और दूसरे कई शानदार ऑफर मिलेंगे। Samsung Galaxy M53 5G स्मार्टफोन में 6.7 इंच का Super AMOLED डिस्प्ले दी गई है। डिवाइस में 108MP क्वाड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन 5000mAh बैटरी और MTK D900 Octa Core प्रोसेसर के साथ आता है। इसमें 8GB तक RAM के साथ 128GB स्टोरेज दी गई है। इसकी कीमत 21999 रुपये से शुरू होती है। हालांकि, यह अमेजन सेल में 19,999 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है। IQOO Z6 44W स्मार्टफोन Snapdragon 680 प्रोसेसर से लैस है। इसमें 44W फ्लैश चार्जिंग सपोर्ट वाली बैटरी मिलती है। डिवाइस 50MP AI रियर कैमरा सेटअप पर काम करता है। फोन में AMOLED डिस्प्ले मिलती है। इसमें 8GB तक RAM और 128GB तक इंटरनल स्टोरेज दी गई है। इसकी कीमत 13,999 रुपये से शुरू होती है। सेल में फोन 11,499 रुपये की शुरुआती कीमत में उपलब्ध है।
डॉलर की मजबूती के बाद सोने-चांदी के दामों में भी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सोने का दाम 7 महीने के सबसे निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने के दाम में लगातार तीसरे दिन कमी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में 22 सितंबर 2022 को सोने के प्राइस में 0.25 प्रतिशत की कमी देके साथ 49,321 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। चांदी के प्राइस की बात करें तो इसमें 0.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसका प्राइस 57,059 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इंटरनेशनल मार्केट में सोने की दाम की बात करें तो इसके प्राइस में पूरे 1 प्रतिशत की कमी देखी गई है। सोने का प्राइस फिलहाल 1,656.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी के प्राइस में 1.7% की कमी देखी गई है और यह 9.26 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। प्लैटिनम के प्राइस में 1.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है और यह 897.92 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।
पंजाब की चंडीगढ़ यूनवर्सिटी में हुए MMS कांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बताया गया है कि जिस लड़की ने छात्राओं के वीडियो बनाए थे उसे भारतीय सेना का जवान ब्लैकमेल कर रहा था। यही शख्स लड़की को छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। आरोपी लड़की के पुराने दोस्त ने उसका अश्लील वीडियो इस जवान तक पहुंचाया था जिसे लीक करने की धमकी देकर सेना का जवान बाकी लड़कियों के वीडियो बनाने को मजबूर कर रहा था। जांच में पता चला है कि ये जवान जम्मू का रहने वाला है और इसका नाम संजीव कुमार बताया गया है। फिलहाल ये अरुणाचल प्रदेश के एटा नगर के पास पोस्टेड है। हालांकि पुलिस के मुताबिक आरोपी लड़की हॉस्टल की लड़कियों का कोई वीडियो नहीं बना पाई थी। फोन में उसके अपने ही वीडियो थे। फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने मोबाइल फोन की जांच के बाद पुलिस को ये बताया है। इस मामले में अब पुलिस सेना के जवान संजीव कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी।
टेरर फंडिंग मामले को लेकर देशभर में NIA और ईडी की छापेमारी चल रही है। इसी बीच दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां से पीएफआई के अध्यक्ष परवेज और उनके भाई को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पीएफआई के राष्ट्रीय सचिव वीपी नजरुद्दीन को भी हिरासत में लिया गया है। बताया गया है कि एनआईए की टीम इन्हें अपने साथ लेकर गई है। देश के 10 राज्यों में NIA छापेमारी कर रही है। इस दौरान 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीएफआई ने एक बयान जारी कर कहा, “पीएफआई के राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय नेताओं के घरों पर छापेमारी की जा रही है। राज्य समिति कार्यालय पर भी छापे मारे जा रहे हैं।” आंध्र प्रदेश से 5, असम से 9, दिल्ली से 3, कर्नाटक से 20, केरल से 22, एमपी से 4 और महाराष्ट्र से 20 गिरफ्तारी हुई है। मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन में भी एनआईए की रेड हुई है, जिसमें पीएफआई के मध्य प्रदेश के स्टेट लीडर्स को हिरासत में लिया गया है। इसमें 4 लीडर्स को मध्य प्रदेश के उज्जैन और इंदौर से एनआईए ने हिरासत में लिया है। मध्य प्रदेश के ठिकानों से टेरर फंडिंग का हिसाब किताब और साहित्य बरामद हुआ है।
उत्तरी कश्मीर में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां सोपोर पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर दो लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को बटिंगू गांव में आतंकवादियों के होने की खबर मिली थी। इस सूचना के आधार पर इस क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। सोपोर पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में पाए गए थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. इनकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के दो हाइब्रिड आतंकियों के रूप में हुई है। दोनों आतंकवादियों का नाम इम्तियाज अहमद गनेई और वसीम अहमद लोन बताया जा रहा है, जोकि बटिंगू के ही रहने वाले है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर यमुना की एक सहायक नदी टोंस नदी पर प्रस्तावित राष्ट्रीय महत्व की किशाऊ बांध परियोजना के क्रियान्वयन के संबंध में दिल्ली में एक बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जय रम ठाकुर चौपाल के नेरवा क्षेत्र से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस बैठक में हरियाणा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार से इनपुट पॉवर लागत को 2.30 रुपये प्रति किलोवाट ऑवर पर स्थिर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे बिजली घटक लागत को कम रखा जा सकेगा और हिमाचल प्रदेश इसे वहन कर सकेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना से उत्पन्न बिजली हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के मध्य समान रूप से बांटी जाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जल घटक की 90 प्रतिशत और लाभान्वित राज्य 10 प्रतिशत लागत वहन करेंगे। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड सरकारों ने पहाड़ी राज्यों के सीमित बजट संसाधनों और अन्य राज्यों की तुलना में कम लाभ के दृष्टिगत केन्द्र सरकार द्वारा ऊर्जा घटक की 90 प्रतिशत लागत को वित्तपोषित करने का भी आग्रह किया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस परियोजना में लागत वृद्धि के बचने के लिए इस मामले में तेजी लाने का आग्रह किया। क्योंकि हिमाचल और उत्तराखण्ड की सरकारें राहत और पुनर्वास संबंधी मामलों का भी वहन करेगी। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सभी हितधारक राज्यों के मुख्यमंत्रियों से राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना पर समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि इस परियोजना पर शीघ्र कार्य शुरू किया जा सके। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के सचिव अजय शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए 3 निर्णय लिए गए। मंत्रिमंडल ने उच्च दक्षता वाले सौलर पीवी मॉड्यूल ट्रांस-2 के लिए PLI स्कीम को मंजूरी दी है। अनुराग ठाकुर ने बताया कि इसके लिए 19,500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया। साथ ही 14 क्षेत्र में PLI स्कीम लाई गई है। इस स्कीम से सोलर पैनल को देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दूसरा फैसला सेमी कंडक्टर और डिसप्ले के उत्पादन को लेकर है। सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन पॉलिसी को और आकर्षक बनाया गया है। 2 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और 8 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि तीसरा फैसला राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति को लेकर है जिसका अनावरण पीएम ने 17 सितम्बर को किया था। बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत 17 सितंबर को ही राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति की रूपरेखा पेश कर चुके हैं। इसके माध्यम से देशभर में उत्पादों के निर्बाध आवागमन को प्रोत्साहन देकर परिवहन से जुड़ी लागत में कटौती करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री ने लॉजिस्टिक नीति जारी करते हुए कहा था कि इसका मकसद लॉजिस्टिक लागत को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 13-14 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से घटाकर इकाई अंक में लाना है। लॉजिस्टिक नीति के तहत एक एकीकृत लॉजिस्टिक इंटरफेस मंच (यूलिप) का विकास करने का प्रस्ताव रखा गया है जो विभिन्न सरकारी एवं निजी एजेंसियों के मददगार के तौर पर काम करेगा।
पिछले कई दिनों से कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर हलचल मची हुई है। आये दिन नेताओं की बैठक लग रही है।इस बात को मद्देनजर रखते हुए वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से कल यानी गुरुवार को अधिसूचना जारी करने की घोषणा हुई। इसके साथ ही औपचारिक रूप से चुनावी प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे। गौरतलब है कि, जब से राहुल गांधी ने पार्टी की कमान ना संभालने के संकेत दिये थे। उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला होने के आसार भी बढ़ भी गए थे।
केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्रालय ने हाथियों के डीएनए का प्रोफाइल बनाने का फैसला किया है। इसके तहत देशभर में मौजूद 2627 हाथियों का डीएनए डेटा तैयार किया जाएगा। सारे डेटा को सूचना ऐप 'गज' पर सुरक्षित रखा जाएगा। इस डेटा के जरिए सरकार को हाथियों से जुड़ी हर जानकारी मिल सकेगी। पर्यावरण मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में 100 हाथियों का एक पायलट प्रोजेक्ट को पूरा भी कर लिया गया है और जल्द ही सारे पालतू हाथियों का डीएनए डेटाबेस तैयार कर लिया जाएगा। इस काम की जिम्मेदारी भारतीय वन्यजीव संस्थान को दी गई है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर सीएसआईआर की प्रमुख प्रयोगशाला सीसीएमबी हैदराबाद की भी मदद ली जा सकती है। देशभर में कुल 27 हजार हाथी हैं, इनमें से करीब 10 प्रतिशत पालतू हाथी है। ज्यादातर हाथी दक्षिण भारत के मंदिरों में हैं। चिड़ियाघरों में मौजूद हाथियों को भी पालतू की श्रेणी में गिना जाता है। पालतू हाथियों के खो जाने और उनके चोरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके अलावा इन्हें एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाने में कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ता था। इन्हीं सब समस्याओं का हल निकालने के लिए वन मंत्रालय ने ऐसा फैसला किया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। स्पेशल सेल ने मुंबई के नवा शेरा पोर्ट पर दबिश देकर एक कंटेनर बरामद किया है। जिसमें करोड़ों रुपये की हेरोइन कोटेड मुलेठी भरी थी। बरामद किए गए नशे के सामान की कीमत 1800 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह दिल्ली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुछ दिनों पहले 2 अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। उन दोनों ने नार्को टेरर का किया था। उनकी निशानदेही पर स्पेशल सेल की टीम ने 1200 करोड़ की ड्रग बरामद की थी। जब उन दोनों विदेशी नागरिकों से लंबी पूछताछ की गई तो उन्होंने खुलासा किया था कि मुंबई के पोर्ट पर भी एक कंटेनर में ड्रग मौजूद है।
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम ने करवट बदली है। कुल्लू में सुबह से बारिश हो रही है। जबकि लाहौल व मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-003) बारालाचा टॉप के पास बर्फ जमने से बंद हो गया है। लाहौल स्पीति पुलिस ने बारालाचा दर्रे से यात्रा करने वाले सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे दर्रे की ओर न जाएं और मौसम के बेहतर होने की प्रतीक्षा करें। रोहतांग दर्रा, बारालाचा सहित मनाली और लाहौल ऊंची चोटियों में ताजा बर्फबारी से पहाड़ियां सफेद हो गई हैं वहीं मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। इस दौरान कई भागों में बारिश की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सक्रिय रहा। मनाली में 48.0, मशोबरा शिमला 21.0 और गोहर मंडी में 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान शिमला में न्यूनतम तापमान 11.8, सुंदरनगर 20.4, भुंतर 18.3, कल्पा 11.2, धर्मशाला 19.8, ऊना 23.4, नाहन 22.7, केलांग 8.3, पालमपुर 17.5, सोलन 19.0, मनाली 14.2, कांगड़ा 21.3, मंडी 21.1, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 21.0, चंबा 21.0, डलहौजी 15.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कुफरी 13.8, रिकांगपिओ 14.4 और पांवटा साहिब में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
देश के रिटेल बाजार में सोना आज 150 रुपये से ज्यादा सस्ता होकर मिल रहा है। वहीं वायदा बाजार में मामूली सस्ता होकर मिल रहा है। वायदा बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 49150 रुपये के करीब कारोबार कर रहा है। आज एमसीएक्स पर सोने का अक्टूबर वायदा 20 रुपये की गिरावट के बाद 49155 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी का दिसंबर वायदा 263 रुपये की उछाल के साथ 56,606 रुपये प्रति किलो के रेट पर बना हुआ है। चांदी में आज करीब आधा फीसदी की उछाल देखी जा रही है।
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली टी20 मैच में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 209 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन और मैथ्यू वेड ने शानदार प्रदर्शन किया। जबकि भारत के लिए अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। अक्षर भारत की हार के बावजूद चमक गए। उन्होंने युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अक्षर पटेल ने 4 ओवरों में 17 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने कैमरून ग्रीन को अहम मोड़ पर आउट किया। ग्रीन ने 30 गेंदों में 61 रन बनाए। उन्होंने जोश इंग्लिस और कप्तान आरोन फिंच को पवेलियन भेजा। अक्षर ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी के दम पर युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भारतीय गेंदबाजों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के मामले में अक्षर ने चहल को पछाड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के मामले में भारतीय स्पिन गेंदबाजों की लिस्ट में अश्विन पहले नंबर पर हैं। उन्होंने एक मैच में महज 11 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस मामले में क्रुणाल दूसरे नंबर पर हैं। क्रुणाल ने 36 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जबकि अक्षर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने 17 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि चहल इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 25 रन देकर 3 विकेट लिए हैं।
आम आदमी पार्टी के बाद माकपा ने भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। अब केवल शिमला, ऊना, सोलन और कुल्लू के प्रत्याशियों के नाम तय होने हैं। माकपा नेता और ठियोग के विधायक राकेश सिंघा फिर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माकपा राज्य कमेटी की बैठक मंडी में 2 अक्तूबर को होगी। अन्य सीटों पर माकपा विधानसभा चुनाव में भाकपा के साथ तालमेल करके चुनाव में जुटेगी। पार्टी के प्रदेश सचिव ओंकार शाद की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को अहम बैठक हुई। माकपा प्रदेश सचिव ओंकार शाद ने बताया कि ठियोग से विधायक राकेश सिंघा, आनी से देवकी नंद, जोगेंद्रनगर से कुशाल भारद्वाज, धर्मपुर मंडी भूपेंद्र सिंह, सराज महेंद्र राणा, हमीरपुर डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, चंबा नरेंद्र सिंह, पच्छाद आशीष कुमार, कसुम्पटी डॉ. कुलदीप सिंह तंवर और करसोग से किशोरी लाल जुब्बल कोटखाई से विशाल शागटा को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया है। अब शिमला, अर्की और कुल्लू सीटों के लिए माकपा प्रत्याशियों के नाम शीघ्र ही तय होने हैं।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बुधवार को दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट करने के दौरान राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। जिंदगी और मौत के बीच 42 दिनों की लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आज कॉमेडियन का निधन हो गया। बता दें कि हॉस्पिटल में एडमिट करवाने के बाद से ही राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक बनी हई थी। कॉमेडियन को पहले आईसीयू में एडमिट करवाया गया था, लेकिन तबीयत में कोई सुधार ना होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। भरपूर कोशिश के बाद भी डॉक्टर्स राजू श्रीवास्तव को बचा नहीं पाए और सबको हंसाने वाले कॉमेडियन सबको रुलाकर हमेशा के लिए इस दुनिया से चले गए।
इस साल का मानसून अब अपने अंतिम चरण में है, लेकिन देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार यानी आज के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई इलाके शामिल हैं। भारत मौसम विभाग के अनुसार आज ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। आईएमडी ने दिन के दौरान दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की भी संभावना जताई है। दिल्ली और एनसीआर में 21, 22 और 23 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी शिमला में हलकी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, मनाली व लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश से अगले सप्ताह दक्षिण पश्चिम मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 26 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान जुब्बड़हट्टी में 48, शिमला 35, पांवटा साहिब और कंडाघाट में 26-26, करसोग 19, पच्छाद 14, बंजार, गोहर, और जंजैहली में 13-13, संगड़ाह व बलद्वारा 12-12, रेणुकाजी 11 और पंडोह में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 15.3, सुंदरनगर 18.6, भुंतर 18.9, कल्पा 10.6, धर्मशाला 19.2, ऊना 23.8, नाहन 22.3, केलांग 9.0, पालमपुर 17.5, सोलन 17.2, मनाली 14.4, कांगड़ा 21.6, मंडी 20.0, बिलासपुर 22.0, हमीरपुर 21.4, चंबा 20.7, डलहौजी 16.4, जुब्बड़हट्टी 17.2, कुफरी 13.9 और पांवटा साहिब में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर डलहौजी में 21, चंबा 29.5, केलांग 15.2, कांगड़ा 29.6, धर्मशाला 28, पालमपुर 23.6, हमीरपुर 27.6, सुंदरगनर 29.4, ऊना 35, कल्पा 19.8, रिकांगपिओ 22.1, शिमला 22.2 और सोलन में 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमानदर्ज किया गया।
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय बाजार में तेजी जारी रही। सेंसेक्स फिर से 60,000 को आंकड़े को पार करने में कामयाब रहा था। हालांकि ऊपरी लेवल से बाजार में गिरावट आ गई। बावजूद इसके आज का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 578 अंकों की तेजी के साथ 59,719 अंकों पर बंद हुआ है। तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 194 अंकों के उछाल के साथ 17,816 अंकों पर क्लोज हुआ है। मंगलवार के ट्रेडिंग सेशन में बैंकिंग सेक्टर, ऑटो, आईटी, फार्मा, एफएमसीजी, मीडिया, ऑयल एंड गैस सेक्टर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एनर्जी, मेटल्स सेक्टर के शेयर में तेजी के साथ बंद हुए। बाजार में आज की तेजी में स्मॉल कैप और मिड कैप इंडेक्स में भी खरीदारी देखी गई. निफ्टी के 50 शेयरों में केवल 44 शेयर हरे निशान में बंद हुए केवल 6 शेयरों में गिरावट रही. सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल 24 शेयर हरे निशान में क्लोज हुआ है बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। आज के कारोबारी सत्र में सन फार्मा 4.22 फीसदी, डॉ रेड्डी 3.31 फीसदी, टाटा स्टील 2.86 फीसदी, इंडसइंड बैंक 2.77 फीसदी, टाइटन कंपनी 2.10 फीसदी, बजाज फिनसर्व 1.97 फीसदी, एशियन पेंट्स 1.935 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ है। गिरने वाले शेयरों पर नजर डालें तो नेस्ले 0.64 फीसदी, आईटीसी 0.22 फीसदी, इंफोसिस 0.21 फीसदी, पावर ग्रिड 0.15 फीसदी, रिलायंस 0.11 फीसदी, मारुति सुजुकी 0.06 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है।
हिमाचल सरकार द्वारा विधानसभा में धर्म की स्वतंत्रता संशोधन विधेयक 2022 को पारित किया गया है। लेकिन वहीं धर्म की स्वतंत्रता विधेयक में संशोधन के खिलाफ दलित सड़कों पर उतर आए है। धर्म की स्वतंत्रता विधेयक 2022 में संसोधन के खिलाफ दलित शोषण मुक्ति मंच व प्रदेश भर के दलित संगठनों ने मंगलवार को शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त कार्यालय से राजभवन तक रैली निकाली और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विधेयक को निरस्त करने की मांग उठाई है। इस प्रदर्शन में सीपीआईएम विधायक राकेश सिंघा भी मौजूद रहे। वहीं, शेर-ए-पंजाब से आगे जाने से रोके जाने पर पुलिस के साथ काफी देर तक बहस बाजी भी हुई। दलित शोषण मुक्ति मंच के राज्य संयोजक जगत राम ने कहा कि धर्मान्तरण विरोधी विधेयक 2022 सदन में लाया गया है। यह विधेयक दलित विरोधी हैं। यह दलित समाज पर मनुवादी सोच का हमला हैं। उन्होंने कहा कि यह संवेधानिक स्वतंत्रता के साथ धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला हैं। धर्म परिवर्तन संवेधानिक अधिकार हैं। उन्होंने आगे कहा कि अम्बेडकर ने भी धर्म परिवर्तन किया। संसोधन के बाद इसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान किया हैं। कोई एससी अगर धर्म परिवर्तन करता हैं तो उसको आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। इस विधेयक से हिमाचल के दलित समुदाय पर जबरदस्त हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसके मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। क्योंकि इस विधेयक में जो पहले से प्रावधान थे, उन प्रावधानों में और संशोधन कर इसे और कड़ा बनाया गया है। नए प्रावधानों में धर्म परिवर्तन नहीं कर सकते। यदि आप मैरिज दूसरे धर्म के साथ करते हैं और अपना धर्म छिपाते हैं तो उसमें व्यक्ति को 1.50 लाख का जुर्माना व 5 साल की कैद होगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति का व्यक्ति यदि धर्म परिवर्तन करता है तो उसको आरक्षण के साथ दूसरा जो लाभ मिलते हैं वो सारे खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दलित को गुलाम बनाने की साजिश की जा रही है। जिसका सभी संगठन विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को निरस्त करने के लिए आज राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया है। वहीं, माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि हिमाचल के अंदर दलितों के अधिकारों का हनन हो रहा है। दलित नेता जिदान की हत्या बेरहमी से कर दी गई थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राजधानी शिमला के होटल में ठहरे एक पर्यटक ने हवा में फायर कर दी। बीती रात को पेश आई इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद आरोपी ने खुद को होटल के कमरे में बंद कर दिया और वेटर को भी जान से मारने की धमकी दे डाली। वहीं पुलिस ने होटल मालिक के शिकायत के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। क्यू कैफे के मालिक मुकेश मल्होत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके होटल में रुके एक टूरिस्ट ने रात में होटल में अपनी पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की और खुद को पिस्टल के साथ कमरे में बंद कर लिया। आरोपी का नाम विश्वनाथ बताया गया है।शिकायतकर्ता का कहना है कि बीती आधी रात 2 बजे विश्वनाथ ने वेटर केदार सिंह से खाने-पीने का सामान लाने को कहा। जिस पर वेटर केदार सिंह ने उस समय ये चीजें लाने से मना कर दिया। वेटर के मना करने के बाद विश्वनाथ ने अपने हथियार से दो राउंड हवा में फायरिंग की और केदार को जान से मारने की धमकी दी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ हैं। शिकायत पर छोटा शिमला थाने में आईपीसी की धारा 336,506 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। मामले की जांच एसएचओ विकास शर्मा कर रहे हैं।
चंडीगढ़ वीडिओ लीक मामले को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। जाँच के दौरान इस मामले में नए खुलासे हुए है। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल से एक दर्जन से ज्यादा वीडियो रिकवर कर लिए है, लेकिन वह सभी वीडियो आरोपी छात्रा के खुद के है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों यानी छात्रा उसका बॉयफ्रेंड सनी मेहता और उसका दोस्त रंजक वर्मा से शुरुआती पूछताछ में कई तथ्य हाथ लगे हैं। पुलिस ने व्हाट्सएप चेट ट्रांसक्रिप्शन भी हासिल की है। इसके मुताबिक छात्रा एक और फोन नंबर पर किसी अन्य लड़के मोहित से बात करती थी। वह उसे फोटो और वीडियो डिलीट करने के लिए कह रहा था। वही आरोपियों के वकील और पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन में एक अन्य छात्रा की फोटो होने की बात कही है। हालाँकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि एमबीए की छात्रा गर्ल्स हॉस्टल में अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनाती थी। फिर वह उसे अपने दोस्तों के पास भेजती थी। लड़की का कहना है कि वह सारे काम लड़कों के कहने पर करती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सनी मेहता और उसका दोस्त रंजक वर्मा छात्रा को ब्लैकमेल कर रहे थे कि वह उसकी प्राइवेट वीडियो वायरल कर देंगे। यह वीडियो खुद एमबीए स्टूडेंट ने सनी मेहता के कहने पर उसे भेजा था। दोनों आरोपी एमबीए स्टूडेंट पर दबाव डाल रहे थे कि वह अन्य लड़कियों के वीडियो बनाकर उन्हें भेजें नहीं तो वे उसका वीडियो वायरल कर देंगे। बता दें कि इस मामले में सबसे पहले एमबीए स्टूडेंट को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसके कथित बॉयफ्रेंड को शिमला से गिरफ्तार किया गया। वहीं रविवार शाम को तीसरे आरोपी को भी हिमाचल से ही गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं की शिकायत पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की एसआईटी का गठन किया है। इसमें तीनों महिला अधिकारी है। वहीं तीनो आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड के सासंद राहुल गांधी इन दिनों कन्याकुमारी से कश्मीर तक ''भारत जोड़ो यात्रा'' निकाल रहें हैं। इस बीच राहुल गांधी ने गुजरात के लिए वादों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद अगर उनकी पार्टी की सरकार बनी तो राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह इस प्रदेश में भी पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल की जाएगी। राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पुरानी पेंशन खत्म कर बुजुर्गों को 'आत्मनिर्भर' से ‘निर्भर’ बना दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'पुरानी पेंशन खत्म कर, बीजेपी ने बुजुर्गों को आत्मनिर्भर से निर्भर बना दिया। देश को मजबूत करने वाले सरकारी कर्मचारियों का हक है पुरानी पेंशन।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'हमने राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन को बहाल किया है और अगर गुजरात में भी कांग्रेस की सरकार आएगी तो पुरानी पेंशन लाएगी।' इससे पहले राहुल गांधी ने पांच सितंबर को गुजरात में अपनी पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कई वादे किये थे। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने पर राज्य के किसानों को मुफ्त बिजली देने, 10 लाख नई नौकरियां सृजित करने और 500 रुपये में एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर देने का वादा भी किया था। राहुल गांधी ने आम उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति करने, अंग्रेजी माध्यम के 3000 स्कूल बनाने और लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा प्रदान करने का भी वादा किया था. बता दें कि गुजरात में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।


















































